⚲

गोरखधंधा: जनहित याचिकाएं बनाम संघ का एजेंडा

भारतीय जनता पार्टी के नेता और वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय आजकल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एजेंडा को देशभर में लागू कराने के लिए सड़क  से ले कर सुप्रीम कोर्ट तक जोर लगा  रहे हैं. कभी उन्हें हिंदुओं के अल्पसंख्यक हो जाने का डर सताता है, तो कभी मुसलिम ज्यादा बच्चे पैदा कर रहे हैं, इस बात का शक होने लगता है. कभी वे कोर्ट से राष्ट्रीय औसत के बजाय राज्य में किसी समुदाय की आबादी के आधार पर उसे ‘अल्पसंख्यक’ परिभाषित करने के लिए दिशानिर्देश जारी करने की गुजारिश करते हैं, तो कभी वे हिंदुओं की तादाद बचाने के लिए धर्मांतरण को रोकना चाहते हैं.

इतना ही नहीं, कभी वे आबादी पर कंट्रोल के लिए याचिका ले कर कोर्ट पहुंच जाते हैं, तो कभी मुसलिमों में प्रचलित निकाह, हलाला और बहुविवाह प्रथाओं को खत्म करने के लिए याचिका दाखिल कर मांग करते हैं कि मुसलिम समाज में प्रचलित इन प्रथाओं को असंवैधानिक करार दिया जाए.

देश में आबादी के कंट्रोल के लिए  2 बच्चों के मानदंड समेत कुछ उपायों पर अमल के लिए भी उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी. यह याचिका उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ दायर की थी. हालांकि इस पर भी कोर्ट ने साफ कह दिया था कि कानून बनाना अदालत का नहीं, बल्कि संसद और विधानमंडल का काम है.

ये भी पढ़ें- ऐसे बदलेगी बिहार की सियासत

हालिया याचिका अश्विनी कुमार उपाध्याय ने धर्मांतरण को रोकने के लिए डाली है. उन्हें लगता है कि तरहतरह के लालच और टोनेटोटकों के जरीए हिंदुओं को बहका कर उन का धर्म बदला जा रहा है. दरअसल, ये तमाम परेशानियां वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय की कोई निजी परेशानियां नहीं हैं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एजेंडा में जितनी बातें हैं, वही उन की ‘जनहित याचिकाओं’ में नजर आती हैं.

वे अदालतों को औजार की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं और चाहते हैं कि धर्मनिरपेक्ष देश भारत को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इच्छा के मुताबिक एक  हिंदू देश में बदलने के  लिए जो चीजें होनी जरूरी हैं, उन पर देश की सब से बड़ी अदालत अपनी मोहर लगा दे.

गौरतलब है कि ऊंची जाति के हाथों शोषित और मनुवादी व्यवस्था से उकता चुके दलित और आदिवासी लोग बीते कई सालों से बौद्ध, ईसाई या मुसलिम धर्म की ओर खिंच रहे हैं. उन्हें हिंदू धर्म में रोके रखने की कोशिश संघ और भाजपा की है.

यही वजह है कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दलितों की ?ांपडि़यों में नजर आने लगते हैं. कहीं उन के पैर पखारते दिखते हैं, तो कहीं उन के साथ पत्तल में खाना खाते नजर आते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही दलित फिर उन के लिए अछूत हो जाते हैं.

इन पाखंडों को अब दलित और आदिवासी समाज अच्छी तरह समझने लगा है. बीते कुछ सालों में बड़ी तादाद में दलितों ने बौद्ध धर्म अपना लिया है. संघ और भाजपा इस बात को ले कर चिंतित हैं और उन की चिंता का हल निकालने के लिए अश्विनी कुमार उपाध्याय जैसे वकील ‘जनहित याचिका’ के जरीए कोर्ट और सरकार के डंडे का इस्तेमाल कर के हिंदू धर्म को बचाने की बेढंगी कोशिशों में जुटे हैं.

यह कैसी ट्रैजिडी है कि सब से बेहतर धर्म को बचाने के लिए अब सरकारी डंडे की जरूरत आ पड़ी है. कोर्ट से गुजारिश की जा रही है कि वह सरकार को निर्देश दे कि वह हिंदू को हिंदू बनाए रखने के लिए कानून बनाए और सजा का प्रावधान करे, लेकिन क्या ऐसा मुमकिन है? बिलकुल नहीं.

अश्विनी कुमार उपाध्याय सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं. उन की हालिया याचिका काला जादू, अंधविश्वास और जबरन धर्मांतरण को ले कर थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 9 अप्रैल, 2021 को यह कह कर खारिज कर दिया कि यह किस तरह की याचिका है?

अश्विनी कुमार उपाध्याय हमेशा उन मुद्दों पर जनहित याचिका दायर करते हैं, जो उन की पार्टी के एजेंडा में सब से ऊपर हैं, जैसे योग, वंदे मातरम, निकाह, हलाला, धर्मांतरण रोकना वगैरह.

सुप्रीम कोर्ट ने 9 अप्रैल, 2021 को अश्विनी कुमार उपाध्याय की जो याचिका खारिज की है, उस में उन्होंने कोर्ट से गुजारिश की थी कि केंद्र और राज्यों को काले जादू, अंधविश्वास और धार्मिक रूपांतरण को कंट्रोल करने, धमकाने, धमकी देने और उपहारों और  पैसे से फायदा पहुंचाने के जरीए कंट्रोल करने के लिए निर्देश देने का कष्ट करें, मगर सुप्रीम कोर्ट में 3 जजों जस्टिस रोहिंटन फली नरीमन, जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस ऋषिकेश रौय की पीठ ने न सिर्फ उन की याचिका खारिज कर दी, बल्कि वह इस से काफी नाखुश भी दिखी और कह बैठी कि यह किस तरह की याचिका है?

अश्विनी कुमार उपाध्याय चाहते थे कि धर्म का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए एक कमेटी बना कर धर्म बदलने से जुड़ा कानून बनाने की संभावना का पता लगाने के लिए निर्देश देने का कष्ट सुप्रीम कोर्ट करे.
उन की याचिका में कहा गया था कि लालच और जोरजबरदस्ती से धर्मांतरण किया जाना न केवल अनुच्छेद 14, 21 और 25 का उल्लंघन है, बल्कि यह संविधान के मूल ढांचे के अभिन्न अंग धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांत के भी खिलाफ है और जादूटोना, अंधविश्वास और छल से धर्म बदलने पर रोक लगाने में
नाकाम रहे हैं, जबकि अनुच्छेद 51 ए के तहत इस पर रोक लगाना उन की जिम्मेदारी है.

समाज की कुरीतियों के खिलाफ ठोस कार्यवाही कर पाने में नाकामी का आरोप लगाते हुए याचिका में कहा गया कि केंद्र एक कानून बना सकता है, जिस में 3 साल की कम से कम कैद की सजा हो, जिसे 10 साल की सजा तक बढ़ाया जा सकता है और जुर्माना भी लगाया जा सकता है.

अश्विनी कुमार उपाध्याय चाहते हैं कि केंद्र राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी धार्मिक समूहों के मामलों से निबटने और उन के बीच धार्मिक भेदभाव का गहराई से स्टडी कराने के लिए हक दे.
याचिका में विधि आयोग को जादूटोना, अंधविश्वास और धर्मांतरण पर 3 महीने के भीतर एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए निर्देश देने की भी गुजारिश की गई थी. उन का मानना है कि  जनसंख्या विस्फोट और छल से धर्मांतरण के चलते 9 राज्यों और केंद्र शासितप्रदेशों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं और दिनोंदिन हालात और खराब होते जा रहे हैं.

इस याचिका के खारिज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर अश्विनी कुमार उपाध्याय के खिलाफ कई कड़ी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और मिलें भी क्यों न, जिस देश का कानून देश के हर नागरिक को बालिग होने के बाद उस का धर्म और जीवनसाथी चुनने की आजादी देता है, उसे कंट्रोल करने का आदेश भला सुप्रीम कोर्ट कैसे दे सकता है?

माथे पर तिलक लगाने वाले, पत्नी समेत मंदिरमंदिर जा कर पूजा करने वाले, बाबाओं और संतों की संगत करने वाले, उन के आध्यात्मिक विचारों (जिन का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं होता) से प्रभावित रहने वाले भाजपा नेता और वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय किसी दूसरे को उस की आस्था, उस के विश्वास और उस की पसंदनापसंद पर पाबंदी लगाने के लिए कैसे मजबूर कर सकते हैं, यह बात कोर्ट के जेहन में भी जरूर आई होगी.

ये भी पढ़ें- लाला रामदेव: कोरोनिल को ना उगल पा रहे, ना निगल

दरअसल, अश्विनी कुमार उपाध्याय भाजपा और संघ के एजेंडा को कानूनी जामा पहनाने की कोशिश में हैं, ताकि भविष्य की राजनीति में उन का सिक्का भी चल निकले, मगर हालिया याचिका पर उन की काफी भद्द पिट रही है.

याचिका खारिज होने के बाद वे अपने फेसबुक पेज पर लिखते हैं, ‘काला जादू, अंधविश्वास और साम, दाम, दंड और भेद द्वारा धर्मांतरण के खिलाफ मेरी पीआईएल खारिज नहीं हुई है, बल्कि मैं ने वापस ली है. मैं अब गृह मंत्रालय, कानून मंत्रालय और विधि आयोग को विस्तृत प्रार्थनापत्र दूंगा. अगर 6 महीने में सरकार ने धर्मांतरण के खिलाफ कानून नहीं बनाया, तो मैं फिर सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा.’

अश्विनी कुमार उपाध्याय की इस पोस्ट के जवाब में काफी लोगों ने उन की आलोचना की है. सूर्य विक्रम सिंह लिखते हैं, ‘उपाध्यायजी कभी जिंदगी की मूलभूत जरूरतों पर ध्यान दें, तो कितना अच्छा लगे. मगर, सत्ता की तरह आप भी गुमराह करने में लगे हैं.’

दीपक नागर कहते हैं, ‘हां, हम जानते हैं कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने आप की पीआईएल खारिज कर दी है और कहा है कि 18 साल का बालिग इनसान अपने लिए कोई भी धर्म चुन सकता है, यह उस का मूलभूत अधिकार है और इस तरह की पीआईएल सिर्फ ‘चीप पब्लिसिटी’ (घटिया प्रचार) के लिए की जाती है.’
कोरोना काल में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था बिलकुल चरमरा गई है, अस्पतालों में मरीजों के लिए बिस्तर, दवाएं, इंजैक्शन नहीं हैं, श्मशान घाटों पर लाशों के ढेर लग रहे हैं, डाक्टर खुद बीमार हो रहे हैं, क्योंकि खुद
को बचाने के लिए जरूरी सुरक्षा किट नहीं हैं.

यह अश्विनी कुमार उपाध्याय को नहीं दिखता. 10 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने के बाद अब वैक्सीन का भी टोटा पड़ने लगा है, बेरोजगारी की मार से जनता कराह रही है, नौकरीकारोबार सब ठप हो चुके हैं, प्लेन चलाने वाला पायलट डिलीवरी बौय बन गया है, शिक्षक मनरेगा में मजदूरी कर रहा है, बड़ीबड़ी पोस्ट पर काम कर चुके लोग सब्जी का ठेला खींच रहे हैं, चाय का खोखा खोलने को मजबूर हैं… आखिर देश को इस गड्ढे से निकालने के लिए सरकार क्या कर रही है, क्या इस पर भी कोई जनहित याचिका अश्विनी कुमार उपाध्यायजी डालेंगे?

न ताली, न थाली: लौकडाउन से मुकरे मोदी

केंद्र सरकार अब प्रदेशों का बोझ नहीं उठाना चाहती है. इस वजह से प्रदेशों को लौकडाउन का फैसला लेने की आजादी दे दी है.

एक साल पहले जिस लौकडाउन यानी तालाबंदी को केंद्र की मोदी सरकार कोरोना को रोकने का सब से मारक हथियार मान रही थी, कोरोना को रोकने के लिए ताली और थाली बजाने का काम करा रही थी, अब कोरोना की दूसरी लहर को रोकने के लिए मोदी सरकार पुराने टोटके आजमाने से बच रही है. एक साल बाद अब केंद्र सरकार लौकडाउन की पौलिसी पर खुद फैसला नहीं लेना चाहती है.

हालात ये हैं कि जब उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट ने राजधानी लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और गोरखपुर को 26 अप्रैल, 2021 तक लौकडाउन करने का आदेश दिया तब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने लौकडाउन करने से इनकार कर दिया. योगी सरकार ने कहा कि लौकडाउन से रोजीरोटी का संकट पैदा हो जाएगा. सरकार को प्रदेश के लोगों की जिंदगी के साथसाथ रोजीरोटी भी बचानी है.

ठीक एक साल पहले 2020 के मार्च महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लौकडाउन की शुरुआत ‘जनता कर्फ्यू’ से की थी. इस के बाद धीरेधीरे 3 महीने तक का पूरा लौकडाउन चला था. सरकार का मानना था कि लौकडाउन से ही कोरोना को रोकने में मदद मिलेगी.

एक साल बाद सरकार अपने फैसले पर ही अमल करने को तैयार नहीं है. इस से 2 बातें साफ होती हैं कि या तो पिछले साल लौकडाउन का फैसला सही नहीं था, बिना किसी आधार के लिए लिया गया था या इस साल लौकडाउन न कर के कोरोना सकंट को बढ़ाने का काम किया जा रहा है. कोर्ट के कहने के बाद भी सरकार हठधर्मी से काम कर रही है.

हाईकोर्ट का तर्क

इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और अजित कुमार की खंडपीठ ने जनहित याचिका पर सनवाई करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार को 26 अप्रैल, 2021 तक के लिए 5 शहरों लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और गोरखपुर में लौकडाउन करने को कहा. कोर्ट ने कहा, ‘लोग सड़कों पर बिना मास्क के घूम रहे हैं. पुलिस 100 फीसदी मास्क लागू करने में नाकाम है. संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है. अस्पतालों में दवा और औक्सीजन की भारी कमी है. लोग दवा और इलाज के बगैर दम तोड़ रहे हैं. सरकार ने कोई फौरी योजना नहीं बनाई है. न ही पूर्व में कोई तैयारी की है. डाक्टर, मैडिकल स्टाफ, मुख्यमंत्री तक संक्रमित हैं. मरीज इलाज के लिए अस्पतालों में दौड़ लगा रहे हैं.’

हाईकोर्ट ने सरकार से युद्ध स्तर पर आपदा से निबटने के लिए काम करने को कहा है. कोर्ट ने प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां 30 लाख की आबादी है. 12 अस्पतालों में 1977 बिस्तर और 514 आईसीयू हैं. इस से पता चलता है कि केवल 5 फीसदी लोगों को ही इलाज देने की व्यवस्था है. लखनऊ में बिस्तर काफी कम हैं. हर 5वें घर में सर्दीजुकाम से पीड़ित लोग हैं. जांच नहीं हो पा रही है. कोर्ट ने कहा कि वीआईपी लोगों की रिपोर्ट 12 घंटे में आ रही है, पर आम आदमी को 3 दिन बाद तक जांच रिपोर्ट मिल रही है.

ये भी पढ़ें- लोक जनशक्ति पार्टी: बिहार में लगातार गिरती साख

तीखी टिप्पणियां

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश  सरकार को आईना दिखाते हुए तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आप के पास खानेपीने की चीजों से भरी किराना की दुकान हो या बाइक और कार से भरे शोरूम, अगर दवा की दुकान खाली है, रेमेडीसीवर जैसी जीवनरक्षक दवाएं नहीं मिल रही हैं तो इन चीजों का कोई उपयोग नहीं है.

हाईकोर्ट ने आगे कहा कि संक्रमण की चेन बन गई है. यह और आबादी को चपेट में ले इस से पहले कठोर कदम उठा कर उस को तोड़ना होगा. कोविड अस्पतालों में सुविधाएं नहीं हैं. पिछले एक साल में सरकार ने कोविड से निबटने के लिए कोई तैयारी नहीं की है.

पर हाईकोर्ट की तीखी टिप्पणी के बाद भी उत्तर प्रदेश सरकार ने लौकडाउन लगाने का फैसला नहीं लिया. उत्तर प्रदेश में लौकडाउन के नाम पर योगी सरकार ने रविवार को ‘वीकऐंड लौकडाउन’ की घोषणा पहले से ही कर रखी है. इस के अलावा रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक पूरे प्रदेश में लौकडाउन रहता है. इस को ‘नाइट कर्फ्यू’ कहा जाता है.

योगी सरकार के इस कदम के बाद भी उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है. इस उपाय को फेल होते देख कर ही हाईकोर्ट ने 26 अप्रैल, 2021 तक पूरी तरह से लौकडाउन की बात कही थी, जिस पर सरकार ने अमल नहीं किया.

चलन में है ‘वीकऐंड लौकडाउन’

पूरे भारत में ‘आंशिक लौकडाउन’ और ‘वीकऐंड लौकडाउन’ लगाने का काम चल रहा है. महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली सभी प्रदेशों में लौकडाउन के फैसले वहां की प्रदेश सरकारें ले रही हैं. दिल्ली में एक हफ्ते का लौकडाउन होते ही लोगों में दिल्ली से पलायन की होड़ लग गई. बसअड्डे भर गए. बसों की कमी हो गई. महाराष्ट्र में पूरे साल ही ‘आंशिक लौकडाउन’ लगा रहा, जिस की वजह से वहां ज्यादा अफरातफरी नहीं हो रही है.

लौकडाउन पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला आते ही लोग सड़कों पर उतर कर जरूरी सामान की खरीदारी करने लगे हैं, जिस से सामान की कमी होने लगती है. पिछले साल लौकडाउन होने पर केवल खानेपीने की चीजों की ही खरीदारी हो रही थी. इस साल दवाओं की भी खरीदारी होने लगी है.

ये भी पढ़ें- बिहार पर पड़ेगा पश्चिम बंगाल चुनाव का असर

लौकडाउन लगने का सब से गलत असर यह होता है कि जमाखोरी बढ़ जाती है. जरूरी चीजों के दाम बढ़ जाते हैं. लौकडाउन लगने का फायदा यह होता है कि लोगों का इधर से उधर जाना कम हो जाता है, जिस की वजह से संक्रमण फैलने का खतरा कम हो जाता है. लौकडाउन से आर्थिक हालात खराब होते हैं. सरकार की जिम्मेदारी बढ़ जाती है. इस वजह से सरकार लौकडाउन से बच रही है और केंद्र सरकार लौकडाउन लगाने का फैसला प्रदेश सरकारों पर छोड़ रही है, जिस से केंद्र सरकार पर आर्थिक बोझ न पडे.

नरेंद्र मोदी वर्सेज राहुल गांधी:  “खरगोश और कछुए” की नई कहानी

राहुल गांधी ने 18 अप्रैल को ट्वीट करते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल की चुनावी रैलियों को रद्द कर रहे हैं.

दरअसल,जिस तरह देश में और पश्चिम बंगाल में कोरोना का अति संक्रमण हुआ है उसके मद्देनजर पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली आयोजित करना किसी भी तरह से लोकहित में नहीं कहा जा सकता है. राहुल ने देश की इसी मन भावना को , नब्ज को समझ कर के ट्वीट करते हुए जैसे ही या कहा कि वे चुनावी रैलियां कोरोना के मद्देनजर रद्द कर रहे हैं देश में उनका ट्वीट पसंद किया जाने लगा.

ऐसे में भी  जहां भाजपा राहुल गांधी पर आक्रमक हो गई वहीं देशभर में राहुल गांधी के पक्ष में का माहौल दिखाई पड़ रहा है.

अब सवाल यह है कि आगे भाजपा की रणनीति क्या होगी. क्या वह पश्चिम बंगाल के आगामी 3 चरणों का, जो चुनाव बाकी है उसमें प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की रैलियां अमित शाह की रैलियां आयोजित करने का दुस्साहस कर पाएगी.

देश में जारी पांच राज्य के विधानसभा चुनाव के अब अंतिम समय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की चुनाव रैलियां, कोरोना वायरस की भयंकर रूप से फैलाओ के परिप्रेक्ष्य में रद्द करने के साथ ही यह संदेश देशभर में दे दिया है कि   उन्होंने जो निर्णय लिया है वह  आम लोगों के भले के लिए है. राहुल गांधी के इस फैसले की अखबारों में संपादकीय लिखकर और सोशल मीडिया मे प्रशंसा का दौर शुरू हो गया है यह निसंदेह राहुल गांधी का एक साहसिक कदम है और साथ ही देश के सभी राजनीतिक दलों को एक यह सन्देश भी  की देशवासियों मतदाताओं की जान कीमती है, चुनाव में हार और जीत नहीं. और रैलिया बुलाकर जिस तरीके से भीड़ इकट्ठा की जा रही है वह बड़ी ही शर्मनाक है.

आपकी जानकारी में बताते चलें कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष

राहुल गांधी ने  अंग्रेजी में ट्वीट करते हुए यह  कहा,- ‘कोविड की स्थिति को देखते हुए मैं पश्चिम बंगाल में अपनी सभी सार्वजनिक रैलियों को स्थगित कर रहा हूं.मैं सभी राजनीतिक नेताओं को सलाह दूंगा कि मौजूदा परिस्थितियों में बड़ी सार्वजनिक रैलियों के आयोजन के परिणामों पर गहराई से विचार करें.’ आगे राहुल गांधी ने हिन्दी में ट्वीट करते हुए लिखा- “कोविड संकट को देखते हुए, मैंने पश्चिम बंगाल की अपनी सभी रैलियां रद्द करने का निर्णय लिया है राजनैतिक दलों को सोचना चाहिए कि ऐसे समय में इन रैलियों से जनता व देश को कितना ख़तरा है.’

राहुल के सामने मोदी की जुबां बंद!

यह देश जानता है कि भाजपा और भाजपा के नेता जो सत्ता का आनंद ले रहे हैं वे राहुल गांधी को फूटी आंख पसंद नहीं करते. लंबे समय से राहुल गांधी को पप्पू का कहकर उनका मजाक उड़ाने का काम भाजपा के शीर्ष नेता करते रहे हैं. ऐसे में राहुल गांधी ने अनेक दफा यह बताया है कि उनकी सोच कितनी गहरी है जिस का सबसे महत्वपूर्ण उदाहरण वर्तमान में देखने को मिल रहा है .

इस घटनाक्रम के पश्चात भाजपा के बड़े नेता कुछ भी बोलने से गुरेज कर रहे हैं. सभी जानते हैं कि कोरोना कोविड-19 का संक्रमण इस समय कितना भीषण है. ऐसे में जो इस देश के नेता है कर्णधार बने हुए हैं अगर पश्चिम बंगाल के कोने कोने में जाकर रेलिया कर रहे हैं, लाखों लोगों की भीड़ जुटा रहे हैं और सत्ता को किसी भी तरीके से प्राप्त कर लेना चाहते हैं, के सामने यह यक्ष प्रश्न है कि सत्ता बड़ी है या आम जनता का जीवन.

पश्चिम बंगाल के इस चुनाव में हो सकता है भाजपा बाजी मार ले मगर आने वाले समय में वह लोगों को क्या जवाब देगी, जब संक्रमण के कारण जाने कितने लोग हलाक हो चुके होंगे. भाजपा अपनी मोटी चमड़ी और आज के अपने ढीट स्वभाव के कारण चाहे कुछ भी कहे, मगर इतिहास में तो भाजपा को जवाब देना ही होगा.

राहुल गांधी ने  एक और ट्वीट के जरिए नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा, जिसमें अपनी पीठ ठोकते हुए  बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि-” रैली में इतनी भीड़ है कि जहां तक उनकी नजर जा रही है, लोग ही लोग दिख रहे हैं.”

इसी संदर्भ में राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा- “बीमारों और मृतकों की भी इतनी भीड़ पहली बार देखी है!’

राहुल गांधी के टि्वट में जो भाव है उसे आम लोगों ने महसूस किया और वहीं भाजपा के नेता बौखला गए और कहने लगे कि कांग्रेस की हालत पश्चिम बंगाल में तो खराब है, वह तो पिक्चर में ही नहीं है यही कारण है कि  राहुल की रैलिया रद्द की गई है. हो सकता है भाजपा आज आत्मविश्वास में है और अपनी हालत बहुत अच्छी समझ रही है. तो ऐसे में यह निर्णय करने में क्या गुरेज की रैलियां नहीं की जाएं और चुनाव को कोरोना प्रोटोकॉल के तहत लड़ा जाए.

ये भी पढ़ें- बिहार पर पड़ेगा पश्चिम बंगाल चुनाव का असर

आपको खबर रहे, पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है. यहां 17 वीं विधानसभा  के लिए  7,34,07,832 वोटर्स उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 27 मार्च से जारी है. पश्चिम बंगाल में कुल आठ चरणों में चुनाव हैं अब तक पांच चरणों के लिए मतदान हो चुके है और आगामी छठे चरण में 43 सीटों पर 22 अप्रैल को, सातवें चरण में 36 सीटों पर 26 अप्रैल को और आठवें और अंतिम चरण में 35 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान रखा गया है.

राहुल गांधी की भाजपा को धोबी पछाड़!

साधारण रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जिस तरीके से रैलीयों को रद्द करने की बात कही, उसका सभी और स्वागत किया जा रहा है. वहीं भाजपा आवाक है, मौन है या फिर आक्रमक है जो यह बताता है कि भाजपा हर चीज में राजनीति ढूंढ लेती है या फिर फर्जी राष्ट्रवाद का सहारा लेती है.

राहुल गांधी ने जिस तरीके से अपनी बात कही है उसे लोगों ने पसंद किया है और जब महसूस किया है कि इसमें सद्भावना है राजनीति नहीं और यही राजनीति का मूल तत्व भी है.

आने वाले समय में अगर राहुल गांधी के इस अपेक्षा पर मोदी और अन्य राजनीतिक दल खरे नहीं उतरे और आगे चलकर कोरोना के कारण लोगों का संक्रमण बढ़ा महामारी बढ़ गई तो भाजपा को यह महंगा पड़ेगा.

यहां यह आंकड़े भी दिलचस्प है कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने जहां अभी तक देश में 143 चुनावी रैलियां की हैं वहीं, अकेले पश्चिम बंगाल में उन्होंने 17 रैलियां को संबोधित किया हैं. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी पश्चिम बंगाल में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं. उन्होंने पश्चिम बंगाल में 17 रैलियां कर चुके हैं.  कांग्रेस के अध्यक्ष रहे राहुल गांधी ने भी रैलियां करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है लेकिन मोदी जी का मुकाबला करने के मामले में वे बहुत पीछे हैं .कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज दिनांक तक देश में 126 रैलियां की है. हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की तुलना में उन्होंने मात्र तीन रैलियां पश्चिम बंगाल में की है. राहुल गांधी इस चुनाव में अब तक 8 रोड शो कर चुके हैं जबकि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह 20 रोड शो कर चुके हैं.

ये भी पढ़ें- जातजमात की बैठकें- नेता बनने की जोर आजमाइश

मुख्तसर इस “खरगोश कछुआ की दौड़” की नई  कहानी में भले ही भाजपा आगे दिखाएं दे रही है नरेंद्र मोदी अमित शाह बहुत आगे दिखाई दे रहे हैं मगर कोरोना से लड़ने के परिपेक्ष में जिस तरीके से राहुल गांधी ने चुनावी रैलियों से कांग्रेस को पीछे कर लिया है उससे भाजपा के इन  नेताओं की बोलती बंद है.

भाजपा को न तो कुछ करते बन रहा है और न ही कुछ उगलते.

आंदोलन कारोबारी की रीढ़ है किसान

लेखक- रोहित और शाहनवाज

पंजाब राज्य के होशियारपुर नगरनिगम क्षेत्र में घोषित हुए रिजल्ट कई सवालों के साथ उभरे हैं. इस शहर में नगरनिगम की कुल 50 सीटें हैं और उन में से 41 सीटें कांग्रेस के हिस्से जाना इसीलिए भी हैरान करता है, क्योंकि इस इलाके में मिडिल क्लास कारोबारी तबका, जो पहले भारतीय जनता पार्टी के साथ था, ने पाला बदला है.

कांग्रेस की टिकट से जीते वार्ड नंबर 40 के पार्षद अनमोल जैन का औफिस सराजा चौक पर बना था. इस के आसपास कोतवाली बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार, शीशमहल बाजार थे. इन बाजारों की दुकानों के बाहर कांग्रेस और भाजपा के  झंडे साफ देखे जा सकते थे यानी होशियारपुर में जिस इलाके को दोनों पार्टियां अपने कंट्रोल में रखना चाह रही थीं, वह यही कारोबारी का इलाका था.

दिलचस्प यह था कि इन बाजारों के ज्यादातर दुकानदार जैन समुदाय से थे और यह समुदाय नगरनिगम के पिछले चुनावों में लगातार भाजपा को अपना मत देता आ रहा था.

ऐसे ही एक कपड़ा कारोबारी मानिक जैन ने वहां के कारोबारियों के कांग्रेस की तरफ शिफ्ट होने की वजह बताई. उन का मानना था कि पंजाब के लोकल कारोबारियों की रीढ़ किसान समाज ही है, जो उन्हें मजबूत करता है.

मानिक जैन कहते हैं, ‘इस बार यहां के कारोबारी साइलैंट वोटर थे, जो भाजपा के समर्थक भी थे. उन्होंने सामने से उम्मीदवार को ‘हां’ तो कह दिया, लेकिन बैकडोर से कांग्रेस को ही वोट दिया.’

मानिक जैन ने आगे बताया, ‘हमारी यह मार्केट 2 वजह से चलती है, एक एनआरआई और दूसरा किसान. एनआरआई अब यहां आ नहीं रहे हैं और किसान फिलहाल यहां हैं नहीं. हम कारोबारियों का मूल जुड़ाव किसानों के साथ है.

‘होशियारपुर शहर के बाहरी इलाके खेती कर रहे किसानों के ही हैं और यहां का कारोबारी यह बात नहीं भूल सकता कि यही किसान हमारे मूल ग्राहक भी हैं. इस समय कृषि कानूनों की वजह से किसान शहरों की तरफ खरीदारी करने कम आ रहे हैं, जिस के चलते होशियारपुर का बाजार मंदा पड़ा हुआ है.

ये भी पढ़ें- आंदोलन दंगा और मीडियागीरी

‘किसान निराशा में डूबे हैं. उन के शादीब्याह और किसी दूसरी तरह के फंक्शन में होने वाले खर्चे बंद हो गए हैं. इस से जो दुकान पहले 60 फीसदी चलती थी, वह अब 30-35 फीसदी पर आ गई है.

‘हमारे लिए ग्राहक ही सबकुछ हैं. अगर वे इस समय तकलीफ में हैं, तो  उन का समर्थन करना हमारा भी फर्ज बनता है.’

मानिक जैन दबी जबान से कहते हैं कि वे खुद भाजपा के कट्टर समर्थक हैं. उन्होंने अपनी दुकान के बाहर भाजपा का  झंडा दिखाते हुए हमें इस का इशारा किया. लेकिन जिस तरह की आर्थिक नीतियां भाजपा बना रही है, उस से उन का नुकसान हो रहा है.

जब एक और कारोबारी अमित जैन से पूछा गया कि क्या सिर्फ कृषि कानून के चलते ही उन्होंने भाजपा से दूरी बनाई है, तो वे जवाब देते हुए बोले, ‘बात सिर्फ कृषि की नहीं है. भाजपा मुद्दों को ले कर बात नहीं कर रही है. भाजपा ने वोट सिर्फ अपने नाम पर मांगे, काम पर नहीं. वे लोग ‘मोदीजीमोदीजी’ करते रहे. मोदीजी क्या यहां नगरनिगम के पार्षद बनेंगे? अभी इस समय महंगाई का हाल देख लो. पैट्रोलडीजल के दाम ऐसे बढ़ रहे हैं कि हमारा गाड़ी से चलना मुश्किल हो रहा है.

‘भाजपा तो बस अब ‘पिछली सरकार, पिछली सरकार’ की रट लगा कर घूमती है. अरे भई, जब शासन तुम्हारे हाथ में है तो तुम अपना बताओ न. महंगाई के लिहाज से देखा जाए तो पिछली सरकार तो इस से बेहतर थी. कम से कम इतनी महंगाई तो नहीं थी.’

कुछ कारोबारियों का कहना था कि सरकार के खिलाफ जो भी बोल रहा है, सरकार उसे देश के खिलाफ बता रही है. यही हाल आजकल किसानों के साथ हो रहा है.

कपड़े की दुकान चला रहे अंकित जैन ने बताया, ‘पहले से बढ़ती महंगाई में अब कपड़े पर भी 10 फीसदी रेट बढ़ा दिया गया है. ऐसे में ग्राहक कम आते हैं और महंगा सामान खरीदने से बचते हैं, जिस से दुकानदारी पर भारी असर पड़ रहा है. यहां भाजपा का गढ़ था, लेकिन लौकडाउन के समय जब लोगों को राशन पहुंचाने की बात थी तो भाजपा के लोग अपने लोगों को ही राशन बांटने में बिजी थे और आम लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा था.’

ये भी पढ़ें- कोरोनिल: बाबा रामदेव के सफेद झूठ

अंकित जैन ने अकाली दल के हारने की वजह बताते हुए कहा, ‘यहां अकाली दल वैसे भी खास मजबूत नहीं था. वह ज्यादातर गांवदेहात के इलाकों में मजबूत था, लेकिन रही बात अकाली दल की एक भी सीट न आने की तो गेहूं के साथ घुन पिसता ही है और अकाली दल  सिर्फ भाजपा के साथ होने का किया भोग रहा है.’

पार्षद अनमोल जैन ने मीडिया वालों के सवालों का कोई खास जवाब नहीं दिया और कहा, ‘अभी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से यह हिदायत मिली है कि जब तक शपथ नहीं ले लेते, तब  तक मीडिया में किसी तरह की कोई बात  न रखें.’

अनमोल जैन फिलहाल वहीं सर्राफा बाजार में एक गहनों की दुकान के मालिक हैं और इस बदले समीकरण के लिए किसान आंदोलन के असर को खास वजह मानते हैं. उन की सोच है कि कृषि कानूनों के चलते किसान अब शादी जैसे फंक्शन में दुकानों से खुल कर सामान लेने से कतरा रहे हैं, जिस का असर कारोबारियों पर बहुत बुरा पड़ रहा है.

महंगाई मार गई

गरीब को तो लगातार बढ़ती महंगाई मार रही है. जालंधर शहर में चाय की टपरी चलाने वाले 52 साल के मोहन बिहार से हैं. वे पिछले 22 सालों से अपने परिवार के साथ जालंधर शहर की मिट्ठू बस्ती में रहते हैं, जो एक स्लम एरिया है. इस आंदोलन से उन के चाय वगैरह के धंधे पर  बुरा असर पड़ा है.

मोहन ने दुखी मन से कहा, ‘किसान आंदोलन के चलते हमारा धंधा बुरी तरह से पिट रहा है. आजकल शहरों में भीड़ ज्यादा नहीं हो रही है. गांवदेहात के लोग शहरों में बहुत कम आ रहे हैं. मैं रोडवेज बसों में चने बेचने का काम भी करता हूं, लेकिन आजकल कमाई बिलकुल भी नहीं हो रही है.

‘मैं रोज चना, प्याज, टमाटर, मसाला, नीबू चाट बनाने का सामान खरीदता हूं. लेकिन, इस हिसाब से कमाई बिलकुल भी नहीं हो रही है. मेरा तकरीबन 700-800 रुपए का सामान ही बिक पाता है, जिस में से 150 रुपए तो ठेकेदार को देने ही पड़ते हैं, चाहे सामान बेचो या न बेचो, सिर्फ 250-300 रुपए की कमाई हो पाती है.

‘इस बार की केंद्र सरकार सब से खराब है. हर समय महंगाई रहती है.  अब देखो प्याज की कीमत आजकल  50 रुपए प्रति किलो चल रही है.

‘मैं अपने परिवार के साथ किराए पर रहता हूं. मिट्ठू बस्ती  झुग्गी इलाका है. वहां भी किराया 3-4 हजार रुपए हर महीने है. हम गरीब लोग तो बढ़ती महंगाई में मारे जाते हैं.’

‘जिस ठेकेदार के नीचे मैं काम करता हूं, वह अब 11-12 साल के बच्चों को नेपाल से काम करने के लिए यहां उठा लाया है. वह बच्चे भी हमारी तरह चलती बस में सामान बेचने के लिए चढ़तेउतरते हैं. कोई मास्क बेचता है, कोई पानी की बोतल, तो कोई मूंगफली और समोसा. वे बच्चे चरसगांजा पीते हैं. यह उन के लिए बहुत खतरनाक बात है.’

गरीबों को ही खत्म करेंगे

पंजाब में हाल ही में हुए निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के लिए गुस्सा साफतौर पर देखा जा सकता है.

मोगा में 63 साल के ओम प्रकाश और उन के 30 साल के बेटे धनपत राय की मिट्टी के बरतनों  की दुकान है. यह दुकान मोगा के मेन मार्केट रोड पर आते हुए वार्ड नंबर 20-21 में पड़ती है, जो मेन रोड से काफी अंदर की तरफ है.

ओम प्रकाश ने इस गली की खासीयत के तौर पर बताया कि इस गली की शुरुआत में फिल्म कलाकार सोनू सूद का घर है.

वैसे तो ओम प्रकाश और उन का परिवार उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से वे मोगा में ही रहते हैं और अब पंजाब के स्थानीय निवासी हो चुके हैं. उन की दुकान पर मिट्टी से बने बरतन, चूल्हा, घड़े और सजावट का दूसरा सामान बिकता है.

जब ओम प्रकाश के बेटे धनपत राय से पूछा गया कि यहां पर भाजपा का इतना बुरा हाल क्यों हुआ है, तो उन्होंने बताया, ‘यह तो नगरनिगम के चुनाव थे. यहां जो उम्मीदवार खड़े होते हैं, वे इन्हीं गलीमहल्लों के होते हैं. निगम के चुनाव में लोग पार्टी चाहे कैसी भी हो, कई बार उम्मीदवार के चालचलन, बातबरताव और उठनेबैठने के चलते ही जिता देते हैं. लेकिन भाजपा का अगर यह हाल हुआ है तो कुछ तो बात रही ही होगी.

‘मसला यह है कि जनता अभी भाजपा के फैसलों से परेशान है. नरेंद्र मोदी जो भी फैसले कर रहे हैं, वे बिना सोचेसम झे कर रहे हैं.

‘जिस इनसान के पास खाने के लिए पैसा नहीं है, वह क्या करेगा? एक दिहाड़ी मजदूर, जो यहां 200-300 रुपए रोजाना कमा रहा था, उस के लिए अब इतना कमाना भी बहुत मुश्किल हो गया है. ऊपर से जो पिछले साल लौकडाउन लगा, उस ने देश की कमर तोड़ दी. मेरे सामने तो एक भी ऐसा मामला नहीं है, जहां केंद्र सरकार ने गरीब को कोई फायदा पहुंचाया हो. यही वजह भी है कि भाजपा से लोग नाराज हैं.’

ओम प्रकाश के 2 बेटे हैं, जिन में से छोटे बेटे धनपत ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई और कंप्यूटर में डिप्लोमा किया हुआ है, इस के बावजूद वह बेरोजगार है.

इस बारे में धनपत ने बताया, ‘सरकार ने रोजगार के कोई मौके नहीं पैदा किए हैं. यह बात नहीं है कि योजनाएं नहीं हैं, लेकिन उन योजनाओं का असर जमीन पर होता हुआ दिखाई नहीं देता. बाजार में कुछ कामधंधा ही नहीं होगा, तो मेरे जैसे नौजवान आखिर करेंगे ही क्या?

‘मैं ने डिगरी ले ली, डिप्लोमा भी लिया हुआ है, फिर भी पापा के साथ दुकान पर बैठने को मजबूर हूं. मेरी उम्र 30 साल है और ऐसा नहीं है कि मैं नौकरी नहीं करना चाहता, लेकिन नौकरी मिल ही नहीं रही. जहां बात बनती है, वहां तनख्वाह 5-6 हजार रुपए महीना है. क्या उस से गुजारा हो सकता है?’

ये भी पढ़ें- रालोपा ने भी कहा राजग को अलविदा

यह बोल कर धनपत कुछ देर लिए शांत हो गए, फिर एकाएक जोश में बोले, ‘चुनाव के समय नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हर साल 2 करोड़ नौकरियां देंगे, लेकिन कहां है काम? हम तो अच्छे दिनों का सपना देख रहे थे, लेकिन हमें क्या पता था कि घर बैठने की नौबत आ जाएगी.’

इस बीच धनपत एनएसएसओ की राष्ट्रीय बेरोजगारी की उस रिपोर्ट को याद करने की कोशिश करने लगे, जो साल 2019 में ‘बिजनैस स्टैंडर्ड’ अखबार में छपी थी.

वे कहते हैं, ‘अच्छे दिनों की सरकार से हम ने क्या पाया है, कोई नहीं जानता. सब हवाहवाई चल रहा है. अभी पीछे एक आंकड़ा आया था, जिस में भारत 45 साल की सब से ज्यादा बेरोजगारी  झेल रहा है. इस में कोई दोराय नहीं कि लौकडाउन के बाद यह आंकड़ा और भी बढ़ गया होगा.’

इतने में धनपत के पिता ओम प्रकाश ने अंदर दुकान की ओर जा कर वहां रखे मटकों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘मार्केट ठप है. हम ने यह दुकान खोली, ताकि जिंदगी पटरी पर आ सके, लेकिन हाल यह है कि सुबह  7 बजे से रात के 10 बजे तक दुकान में बैठने के बावजूद हमारी कमाई 500 रुपए तक की भी नहीं है. कभीकभी तो गल्ला खाली भी देखना पड़ जाता है.’

धनपत ने बताया कि उन की यह दुकान साल 2016 तक परचून की दुकान हुआ करती थी, लेकिन उन्होंने इसे बाद में मिट्टी के बरतन व सामान बेचने वाली दुकान में बदल लिया और अपना जातिगत पेशा करना ही ज्यादा बेहतर सम झा.

ओम प्रकाश ने बताया, ‘महंगाई बहुत है. घर के खर्चे पूरे नहीं हो रहे हैं. पहले यह था कि घर का एक आदमी कमाता था और जैसेतैसे काम चल जाता था. लेकिन अब तो सारे भी कमा लें, फिर भी भुखमरी बनी रहती है.

‘हर चीज महंगी हो रही है. पैट्रोल 100 रुपए पार कर गया है, सिलैंडर का रेट बढ़ गया है, सब्सिडी खत्म हो गई है. आम लोगों के लिए अब कुछ भी सस्ता नहीं रहा है.

‘नरेंद्र मोदी अच्छे दिनों की बात कर रहे थे… देखो, अच्छे दिन आ गए हैं. देश ‘खुशहाल’ बन गया है. मोदी गरीबी खत्म करने के लिए आए थे और अब लग रहा है कि वे चुनचुन कर गरीबों को खत्म कर के ही गरीबी दूर करेंगे.’

उत्तर प्रदेश: जातीयता के जाल में उलझे राजा सुहेलदेव

राजनीति में जाति और धर्म का दबदबा पूरी तरह से हावी है. इस की सबसे बड़ी वजह है वोट. हमारे देश के लोकतंत्र की विडंबना यह है कि यहां जाति और धर्म के नाम पर ही वोट पड़ते हैं. संविधान में कुछ भी लिखा हो पर चुनाव में टिकट बंटवारे से लेकर मुद्दे तय करने में जाति और धर्म को आधार बनाया जाता है.

उत्तर प्रदेश में इस का सबसे बड़ा उदाहरण श्रावस्ती के राजा सुहेलदेव के रूप में देखा जा सकता है. राजा सुहेलदेव की जाति को लेकर राजनीति ने कैसे-कैसे रंग बदले यह देखना काफी दिलचस्प है. राजा सुहेलदेव को कभी दलित कहा गया, कभी उन्हें पिछड़े तबके से जोड़ा गया तो कभी राजपूत माना गया. जैसेजैसे राजनीति के रंग बदले, वैसेवैसे राजा सुहेलदेव की जाति भी बदलती रही.

ये भी पढ़ें- रालोपा ने भी कहा राजग को अलविदा

भारतीय जनता पार्टी ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में राजा सुहेलदेव का महिमामंडन शुरू किया था. योगी सरकार बनने के बाद साल 2021 में चित्तौरा झील के किनारे राजा सुहेलदेव की भव्य मूर्ति लगाने का काम शरू किया. वीडियो कौंफ्रैंसिंग के जरीए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने.

भाजपा के लिए राजा सुहेलदेव इस वजह से भी खास हो जाते हैं, क्योंकि उन्होंने गजनवी सेनापति सैयद सालार मसूद गाजी को हरा कर मार डाला था. ऐसे में भाजपा के लिए राजा सुहेलदेव धार्मिक धुर्वीकरण में खास हो जाते हैं. भाजपा अब यहां चित्तौरा झील के किनारे राजा सुहेलदेव का स्मारक बनवाना चाहती है. इस से नई तरह का विवाद भी खड़ा हो गया है. विवाद यह है कि दलित और पिछडी जातियों के साथसाथ अब राजपूत जातियां भी राजा सुहेलदेव पर अपना हक जताने लगी लगी हैं. पयागपुर के राजा यशुवेंद्र विक्रम सिंह ने अपनी 88 बीघा जमीन राजा सुहेलदेव के लिए दान कर दी है.

पत्रकार संजीव सिंह राठौर कहते हैं, ‘इस से बहराइच को पर्यटन स्थल के रूप में बदलने में मदद मिलेगी. पयागपुर राज परिवार और राजा यशुवेंद्र विक्रम सिंह ने जिस तरह से यह काम किया है, वह समाज के लिए एक मिसाल है.’

कौन थे राजा सुहेलदेव

सुहेलदेव श्रावस्ती के राजा थे. उन्होंने 11वीं शताब्दी की शुरुआत में बहराइच में गजनवी सेनापति सैयद सालार मसूद गाजी को हरा कर मार डाला था. 17वीं शताब्दी के फारसी भाषा की कथा ‘मिरात ए मसूदी’ में उन का जिक्र किया गया है. 20वीं शताब्दी के बाद से हिंदू राष्ट्रवादियों द्वारा उन को एक हिंदू राजा के रूप में पहचान दिलाने का काम शुरू किया, जिस ने मुसलिम आक्रमणकारियों को हरा दिया था.

‘मिरात ए मसूदी’ मुगल सम्राट जहांगीर (1605-1627) के शासनकाल के दौरान अब्द उर रहमान चिश्ती ने लिखी थी. इस के मुताबिक सुहेलदेव श्रावस्ती के राजा के सब से बड़े बेटे थे. एक दूसरी किताब के मुताबिक, सुहेलदेव के पिता का नाम प्रसेनजित था और सुहेलदेव वसंत पंचमी के दिन पैदा हुए थे. वे नागवंशी भारशिव क्षत्रिय थे, जिन्हें आज ‘भर’ या ‘राजभर’ कहा जाता है.

महमूद गजनवी के भतीजे सैयद सालार मसूद गाजी ने 16 साल की उम्र में सिंधु नदी को पार कर भारत पर हमला किया और मुलतान, दिल्ली, मेरठ और आखिर में सतरिख पर जीत हासिल की. सतरिख (बाराबंकी जिला) में उन्होंने अपना मुख्यालय बनाया था. वहां से राजाओं के साथ युद्व शरू किया गया. सैयद सैफ उद दीन और मियां राजब को बहराइच को भेज दिया गया था.

मसूद के पिता सैयद सालार साहू गाजी की अगुआई में सेना ने बहराइच के राजाओं को हरा दिया. वहां के राजा विद्रोह करने लगे. साल 1033 में मसूद ने खुद बहराइच में मोरचा संभाला. इसी दौर में राजा सुहेलदेव ने राजपाट संभाला. मसूद ने अपने दुश्मनों को हर बार हराया. आखिर में साल 1034 में सुहेलदेव की सेना ने मसूद की सेना को एक लड़ाई में हराया और मसूद की मौत हो गई.

ये भी पढ़ें- किसान आंदोलन जातीयता का शिकार

मसूद को बहराइच में दफनाया गया था और साल 1035 में यहां पर उस की याद में दरगाह शरीफ सैयद सालार जंग बनाई गई थी. बताया जाता है कि यहां पर हिंदू संत और ऋषि बलार्क का एक आश्रम था. फिरोज शाह तुगलक द्वारा उसे दरगाह में बदल दिया गया. इस तरह की पौराणिक वजहों से राजा सुहेलदेव की राजनीतिक अहमियत आज के दौर में बढ़ जाती है. राजा सुहेलदेव का स्मारक बनाना योगी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है. इस से राजनीतिक फायदा दिख रहा है.

जाति का विवाद

राजा सुहेलदेव को अलगअलग जातियों के लोग अपनीअपनी जाति का बताते रहे है. ‘मिरात ए मसूदी’ के मुताबिक, सुहेलदेव ‘भरथारू‘ समुदाय से संबंधित थे. पौराणिक कथाओं के कुछ के लेखकों ने उन की जाति को ‘भर राजपूत‘, ‘राजभर’, ‘थारू‘ और ‘जैन राजपूत’ रूप में भी लिखा है. साल 1940 में बहराइच के स्कूल में शिक्षक ने सुहेलदेव को जैन राजा और हिंदू संस्कृति के उद्धारकर्ता के रूप में पेश किया. साल 1947 में भारत के विभाजन के बाद कविता का पहला मुद्रित संस्करण 1950 में दिखाई दिया. आर्य समाज, राम राज्य परिषद और हिंदू महासभा संगठन ने सुहेलदेव को हिंदू नायक के रूप में प्रदर्शित किया.

समाजसेवी जितेंद्र चतुर्वेदी कहते हैं, ‘सुहेलदेव को भर समुदाय का नायक माना जाता है. दलित समुदाय में आने वाली पासी जाति भी उन पर अपना अधिकार मानती है और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ‘भर या राजभर’ जाति के लोग भी उन्हें अपना नायक बताते हैं. इस को ले कर राजनीकि दल का भी गठन किया गया.’

अप्रैल, 1950 में इन संगठनों ने राजा के सम्मान में सालार मसूद की दरगाह में एक मेला आयोजित करने की योजना बनाई. दरगाह समिति के सदस्य ख्वाजा खलील अहमद शाह ने सांप्रदायिक तनाव से बचने के लिए जिला प्रशासन को प्रस्तावित मेले पर प्रतिबंध लगाने की अपील की. इस के बाद धारा 144 (गैरकानूनी असेंबली) के तहत निषिद्ध आदेश जारी किए गए थे. बहराइच के हिंदुओं ने आदेश के खिलाफ आयोजन किया और तब उन्हें दंगा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. उन की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए हिंदुओं ने एक हफ्ते के लिए स्थानीय बाजारों को बंद कर दिया और गिरफ्तार होने की पेशकश की. इस में कांग्रेस के नेताओं ने भी विरोध किया था. तकरीबन 2 हजार लोग जेल गए थे. कुछ समय के बाद प्रशासन ने मुकदमा वापस ले लिया. वहां 500 बीघा भूमि पर सुहेलदेव का एक मंदिर बनाया गया था.

1950-60 के दशक के दौरान स्थानीय नेताओं ने सुहेलदेव को पासी राजा बताना शुरू किया. पासी एक दलित समुदाय है और बहराइच के आसपास एक खास वोटबैंक भी है. धीरेधीरे पासी समाज ने सुहेलदेव को अपनी जाति के सदस्य के रूप में महिमामंडित करना शुरू कर दिया. बहुजन समाज पार्टी ने मूल रूप से दलित वोटरों को आकर्षित करने के लिए सुहेलदेव का इस्तेमाल किया. भारतीय जनता पार्टी ने भी दलितों को आकर्षित करने के लिए सुहेलदेव के नाम का इस्तेमाल किया.

80 के दशक में राजा सुहेलदेव के नाम पर मेले और नौटंकी का आयोजन किया गया, जिस में उन्हें मुसलिम आक्रमणकारियों के खिलाफ लड़े एक हिंदू दलित के रूप में दिखाया गया. 29 दिसंबर, 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजा सुहेलदेव की याद में एक डाक टिकट जारी किया था. योगी सरकार अब वहां भव्य स्मारक बनाने जा रही है.

ये भी पढ़ें- किसान आंदोलन में ‘पिज्जा’ की तलाश

‘मिरात ए मसूदी’ के बाद के लेखकों ने सुहेलदेव को भर, राजभर, बैस राजपूत, भारशिव या फिर नागवंशी क्षत्रिय तक बताया है. इसी आधार पर क्षत्रिय समाज इस बात पर एतराज जता रहा है कि सुहेलदेव को उन की जाति के नायक के बजाय किसी और जाति को नायक के रूप में क्यों बताया जा रहा है? ट्विटर पर इस के खिलाफ बाकायदा अभियान छेड़ा गया और ‘राजपूतविरोधीभाजपा‘ हैशटैग को ट्रैंड कराया गया.

क्षत्रिय समाज के नेता मनोज सिंह चौहान कहते हैं, ‘क्षत्रिय समाज के राजा सुहेलदेव बैस के इतिहास से छेड़छाड़ करने को राजपूत समाज बरदाश्त नहीं करेगा. यह हमारे मानसम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा मामला है.’

पूर्वी उत्तर प्रदेश में तकरीबन 18 फीसद राजभर हैं और बहराइच से ले कर वाराणसी तक के 15 जिलों की 60 विधानसभा सीटों पर इस समुदाय का काफी असर है. राजभर उत्तर प्रदेश की उन अतिपिछड़ी जातियों में से हैं जो लंबे समय से अनुसूचित जाति में शामिल होने की मांग कर रहे हैं. साल 2002 में बहुजन समाज पार्टी से अलग होने के बाद ओमप्रकाश राजभर ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी बनाई.

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी पहले भाजपा के साथ राजग गठबंधन में थी. ओम प्रकाश राजभर साल 2017 में योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में मंत्री थे, लेकिन विवादों के बाद उन्हें साल 2019 में पिछड़ा कल्याण मंत्री के पद से हटा दिया गया था.

राजनीति का खेल

बहराइच जिले में सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर हर साल लाखों लोग आते हैं. यह जगह राजा सुहेलदेव स्मारक से 12 किलोमीटर दूर है. इस समाधि पर मुसलमानों के साथसाथ हिंदुओं की भी आस्था है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों से लोग यहां पहुंचते हैं. मसूद की दरगाह को गाजी मियां के नाम से भी जाना जाता है. वहां हर साल मई में उर्स के मौके पर बड़ा मेला लगता है. इस में हर जातिधर्म के लोग आते हैं और एक भाव से मन्नतें मांगते हैं. इस मौके पर गाजी मियां की बरात भी निकाली जाती है. माना जाता है कि उन्हें शादी से पहले कत्ल कर दिया गया था.

बहराइच का मेला गरमी में एक रविवार से तब शुरू होता है, जब बाराबंकी के देवा शरीफ से गाजी मियां की बरात आती है. लेकिन पिछले कई सालों से कट्टर हिंदुत्ववादी राजा सुहेलदेव का विजयोत्सव मनाने लगे हैं. जिस के चलते यहां तनाव रहने लगा है. अब सुहेलदेव का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं. सुहेलदेव को उन परम हिंदू राजा के तौर पर चित्रित किया जा रहा है, जिन्होंने मुसलिम आक्रांताओं को हराया. पौराणिक कहानियों में बताया गया कि सुहेलदेव को हराने के लिए सालार मसूद ने अपनी सेना के आगे गाएं खड़ी कर दी थीं, ताकि सुहेलदेव उस पर हमला न कर पाएं. लेकिन सुहेलदेव ने युद्ध से एक रात पहले गायों को छुड़वा लिया और फिर मसूद को हरा दिया.

साल 2001 में गाजी मियां की दरगाह की जगह मंदिर बनाने की मांग सुहेलदेव समिति ने की. मई, 2004 में गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ ने इस जगह पर 5 दिनों का उत्सव रखा. साल 2002 में खुद को राजभरों का मसीहा मानने वाले ओम प्रकाश राजभर ने सुहेलदेव के नाम पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी बनाई. साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 8 सीटें दी थीं, जिन में से वे 4 सीटें जीत पाए थे.

अब राजा सुहेलदेव के स्मारक और मसूद गाजी की दरगाह को ले कर नया विवाद खड़ा हो रहा है. ऐसे में बहराइच विवाद का एक नया केंद्र बनता दिख रहा है.

उत्तराखंड: टूटा ग्लेशियर, तबाही लाया इंसानी प्रोजेक्ट

यह तो होना ही था. साल 2013 में केदारनाथ में बादल फटने के बाद मचे हाहाकार और जानमाल के नुकसान से भी सरकारें नहीं जागी हैं. आज भी पहाड़ों पर ऐसी विवादित परियोजनाएं चल रही हैं, जो कुदरत को मानो उकसा रही हैं अपना गुस्सा दिखाने के लिए.

उत्तराखंड के चमोली जिले में हिम ग्लेशियर टूटने से जिस ऋषिगंगा पावर प्रोजैक्ट की तबाही का रोना रोया जा रहा है, वह शुरू से ही विवादों में रहा है. इस प्रोजैक्ट पर 10 साल से ज्यादा समय से काम जारी था. पर याद रहे कि यह कोई सरकारी नहीं, बल्कि प्राइवेट सैक्टर का प्रोजैक्ट था, जिसे ले कर जम कर विरोध हुआ था.

पर्यावरण की सुरक्षा के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस प्रोजैक्ट को बंद कराने के लिए अदालत का दरवाजा तक खटखटाया था, लेकिन वे नाकाम रहे थे. उन का मानना था कि इस तरह के प्रोजैक्ट हिमालय को नुकसान पहुंचा सकते हैं और उन का डर आज सच साबित हो गया.

उधर तमाम विवादों के बावजूद ऋषिगंगा पावर प्रोजैक्ट पर बिजली का उत्पादन शुरू हो गया था और वहां 63,520 एमडब्ल्यूएच बिजली बनाने का टारगेट रखा गया था. हालांकि अभी कितना उत्पादन हो रहा था, इस की कोई आधिकारिक जानकारी मौजूद नहीं है. शुरुआती दावों की बात करें तो यह कहा गया था कि जब यह प्रोजैक्ट अपनी पूरी क्षमता पर काम करेगा, तब यहां से बनने वाली बिजली दिल्ली, हरियाणा समेत कुछ दूसरे राज्यों में सप्लाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- अनीता प्रभा: हौसलों की उड़ान

वैसे, ऋषिगंगा नदी पर उत्तराखंड जल विद्युत निगम के साथ प्राइवेट कंपनी के भी कई पावर प्रोजैक्ट बन रहे हैं.

इस सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी की नेता उमा भारती ने कहा कि ग्लेशियर टूटने के चलते हुई त्रासदी चिंता की बात होने के साथसाथ चेतावनी भी है. साथ ही उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए वे गंगा और उस की मुख्य सहायक नदियों पर बांध बना कर पनबिजली परियोजनाएं लगाने के खिलाफ थीं.

नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली पहली राजग सरकार में उमा भारती जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री थीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘इस सिलसिले में मैं ने अपने मंत्रालय की तरफ से हिमालय उत्तराखंड के बांधों के बारे में जो हलफनामा दिया था, उस में यही आग्रह किया था कि हिमालय एक बहुत संवेदनशील स्थान है, इसलिए गंगा और उस की मुख्य सहायक नदियों पर पनबिजली परियोजना नहीं बननी चाहिए.’

उमा भारती की चेतावनी 7 फरवरी, 2021 की सुबह तब सच साबित हो गई, जब नंदादेवी ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटने से अलकनंदा की सहायक नदियों ऋषिगंगा और धौलीगंगा में विकराल बाढ़ आ गई.

अचानक उफनाई नदियों का बहाव देखते ही देखते इतना प्रचंड हो गया था कि जोशीमठ इलाके में ऋषिगंगा पावर प्रोजैक्ट और धौलीगंगा किनारे एनटीपीसी का प्रोजैक्ट पूरी तरह बरबाद हो गए. भारतचीन की सरहद पर आईटीबीपी की पोस्ट जोड़ने वाला पुल भी बह गया. साथ ही, तकरीबन डेढ़ सौ लोगों के लापता होने की खबरें भी आईं.

जब यह कुदरती आपदा आई उस से पहले इस इलाके के आसपास बसे गांवों में रोजाना की तरह शांति थी. रैणी गांव के लोगों ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे के आसपास हिमालय के ऊपरी इलाकों से सफेद धुएं के साथ ऋषिगंगा नदी मलबे के साथ बहती दिखी. इस तेज बहाव को नदी का भयंकर शोर और भी डरावना बना रहा था.

उसी समय धौलीगंगा पर बन रहे तपोवनविष्णुगाड़ पनबिजली प्रोजैक्ट से जुड़े मजदूर काम कर रहे थे. सुबह 10 के बाद जैसे ही धौली गांव के आसपास नदी का जल स्तर बढ़ने लगा, वैसे ही गांव वालों की बैचेनी भी बढ़ने लगी.

गांव के लोगों ने प्रोजैक्ट पर काम कर रहे लोगों को आवाज दे कर और सीटियां बजा कर खतरे से आगाह भी किया, पर नदी की तेज आवाज में गांव वालों की आवाज दब कर रह गई. नतीजतन, प्रोजैक्ट का बैराज और सुरंग मलबे में दफन हो गए.

इस पानी की तबाही देखते ही देखते जंगल में लगी आग की तरह हर जगह फैल गई. इस से स्थानीय प्रशासन के बाद उत्तराखंड सरकार और बाद में केंद्र सरकार भी हरकत में आ गई. इस आपदा से ज्यादा तबाही न मचे और बाढ़ के डर को देखते हुए प्रशासन ने नीचे ऋषिकेश और हरिद्वार तक अलर्ट कर दिया. लोगों को गंगा से दूर रहने की चेतावनी दी गई. राफ्टिंग और नदी किनारे कैंपिंग पर भी रोक लगा दी गई.

इस आपदा में राहत की बात यह रही कि उस समय पहाड़ों पर बारिश नहीं हो रही थी और आगे में मौसम साफ रहने की उम्मीद थी. पर तबाही तो मची थी, लिहाजा, एनडीआरएफ और दूसरे संस्थानों के जवानों ने मुसीबत में फंसे लोगों को बचाने का बीड़ा उठा लिया. आईटीबीपी के जवानों ने एनटीपीसी के बन रहे तपोवनविष्णुगाड़ पनबिजली प्रोजैक्ट की एक सुरंग में फंसे सभी 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. राहत के दूसरे काम भी जारी थे.

ये भी पढ़ें- जब पढ़ाई के लिए लड़कियां मां-बाप को छोड़ें!

हताहत होने वाले ज्यादातर मजदूर और दूसरे मुलाजिम तेलुगुभाषी बताए गए हैं, जो आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के एक इंजीनियर संजीवा रेड्डी के तहत प्रोजैक्ट पर काम कर रहे थे.

पर सवाल उठता है कि इस तरह की आपदाएं क्यों जन्म लेती हैं? अगर आबोहवा से जुड़े माहिर लोगों की मानें तो क्लाइमेट में हो रहे बदलाव और बढ़ती गरमी के चलते ग्लेशियर टूट रहे हैं. अगर इन समस्याओं पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो साल 2050 तक हालात और भी बदतर हो जाएंगे. जिस तरह से तरक्की के नाम में पहाड़ काटे जा रहे हैं, उस से ग्लेशियर भी सिकुड़ रहे हैं और वे अपना रास्ता भी बदलने लगे हैं.

इस के अलावा पहाड़ों पर घने और ऊंचे पेड़ देख कर मन में यह सवाल भी आता है कि जब वहां जंगलों की भरमार है, तो फिर ‘चिपको आंदोलन’ के अगुआ सुंदरलाल बहुगुणा और उन के ‘वन सैनानियों’ को कुछ पेड़ कट जाने का ऐसा क्या दर्द था, जो उन्होंने पेड़ों से चिपकचिपक कर उन्हें बचाया था? आज जब ग्लेशियर टूट रहे हैं और उस से पहाड़ों पर नदियों का कहर बरप रहा है, तो पता चलता है कि सुंदरलाल बहुगुणा जैसे लोग कुदरत को ले कर कितना आगे की सोच रहे थे.

ऐसी ही सोच को आगे बढ़ा रहे हैं नैनीताल के ओखलकांडा ब्लौक के नाई गांव के रहने वाले पर्यावरण प्रेमी चंदन सिंह नयाल जो अब तक 40,000 पौधे लगा कर अपना ही एक जंगल बना चुके हैं, जबकि अभी उन की उम्र महज 26 साल है.

ch
चंदन नयाल

चंदन सिंह नयाल कहते हैं कि उन के इलाके में चीड़ और बुरांश के जंगलों में आग लग रही थी. जमीन सूख रही थी. तब उन्होंने क्षेत्र में बांज के पौधे लगाने शुरू किए, क्योंकि ऐसा करना भूस्खलन रोकने में मदद करता है, साथ ही जल संरक्षण में भी अहम रोल निभाता है.

चंदन सिंह नयाल पर्यावरण को ले कर इतने सजग हैं कि उन्होंने हल्द्वानी मैडिकल कालेज को अपनी देह दान कर दी है, ताकि उन की मौत के बाद किसी पेड़ को न काटना पड़े.

चमोली जिले में हिम ग्लेशियर के टूटने पर चंदन सिंह नयाल ने दुखी मन से बताया, “इस तरह जाड़ों के समय ग्लेशियर का टूटना बहुत ही चिंता की बात है, क्योंकि ज्यादातर ग्लेशियर बरसात या गरमियों में ही टूटते हैं. इस साल हिमपात भी बहुत कम हुआ है, जिस वजह से ग्लेशियरों का आकार काफी कम हुआ है. यह भी इस ग्लेशियर के टूटने की एक खास वजह हो सकता है. साथ ही, इस साल मध्य हिमालय और उच्च हिमालयी इलाको में पिछले कई महीने से भीषण आग लगी हुई थी. यह गरमी भी ग्लेशियर टूटने की एक वजह हो सकती है.

“तेजी से चलता विकास का काम, लगातार कठोर चट्टानों पर ब्लास्टिंग कर के सड़क बनाना, ऊंचे पहाड़ों पर लगातार तोड़फोड़ की जा रही है, जिस से हिमालय को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है. जिस इलाके में यह आपदा आई है, मैं वहां का दौरा कर चुका हूं. यह जोन काफी सेंसिटिव है. यह नहीं कहा जा सकता कि आफत टल गई, बल्कि आगे भी कई ग्लेशियरों के टूटने का खतरा बना हुआ है.

“ग्लेशियरों में जो दरारें होती हैं, वे बर्फबारी होने पर भर जाती हैं जिस के चलते ग्लेशियर टूटने का खतरा नहीं होता. मैं यही कहूंगा कि सतर्कता बनी रहे. सरकार को इस पर गहराई से सोचने की जरूरत है और उसे आगे भी लगातार ग्लेशियरों पर नजर बनाए रखना होगा.”

heera-s
हीरा सिंह बिष्ट

जिला चमोली के गांव वाण के रहने वाले समाजसेवी हीरा सिंह बिष्ट गढ़वाली ने भी इस कुदरती कहर पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने बताया, “कई बार बहुत ज्यादा बर्फबारी से पहाड़ी नदियां या झीलें जम जाती हैं और ग्लेशियर नदी का बहाव रोक देती है. इस वजह से भी झील बड़ा ग्लेशियर बन जाती है, जिस के टूटने या फटने का डर बना रहता है.

“मैं आप को एक जानकारी और दे दूं कि चमोली जिले का रैणी गांव जो जोशीमठ के तपोवन से आगे है और जहां यह हादसा हुआ है, वह ‘चिपको आंदोलन’ से जुड़ी गौरा देवी का ससुराल है. उन का जन्म साल 1925 में चमोली जिले के लाता नामक गांव में हुआ था. उन्होंने 5वीं जमात तक पढ़ाई की थी. सिर्फ 11-12 साल की उम्र में उन की शादी रैणी गांव के मेहरबान सिंह नाम के आदमी से हुई थी. गौरा देवी ने अपने इलाके के पेड़ों को कटने से बचाने के बहुत बड़ी मुहिम चलाई थी.

“साल 1986 में गौरा देवी को तब के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पहला ‘वृक्षमित्र पुरस्कार’ दिया था. वे ‘चिपको आंदोलन’ की शुरुआत करने वाली महिलाओं में सब से आगे मानी जाती थीं.”

ratan-singh
रतन सिंह असवाल

‘पलायन : एक चिंतन’ समूह के रतन सिंह असवाल ने बताया, “हम कुदरती आपदा को रोक तो नहीं सकते पर उस से होने वाले जान और माल के नुकसान को कम जरूर कर सकते हैं. उत्तराखंड कुदरती आपदाओं से घिरा एक पर्वतीय राज्य है, लिहाजा वहां डौप्लर (वैदर राडार) सिस्टम की बेहद जरूरत है जो भूकंप आना, बादल फटना, ग्लेशियर का टूटना जैसी चेतावनियां समय रहते दे दे, जिस से नुकसान को कम से कम किया जा सके.

“हमारे यहां बड़ेबूढ़ों की कहावत है कि बांसुरी की धुन से नहीं पर इनसानी आवाज के शोर से पहाड़ों पर बर्फ दरक जाती है. पहाड़ों पर जो यह मशीनी शोर बढ़ा है, वह भी इस तरह की आपदाओं को न्योता देता है. केदारनाथ त्रासदी के बाद राज्य में डौप्लर (वैदर राडार) सिस्टम की सख्त जरूरत बताई गई थी, पर अभी भी इस सिस्टम पर ज्यादा काम नहीं हो पाया है, जो चिंता की बात है.”

बहरहाल, ग्लेशियर टूटने की यह घटना हम सब के लिए सबक है कि तरक्की के नाम पर मची इस आपाधापी में हम कुदरत को उतना ही छेड़े जिस से वह दर्द के मारे बिलबिलाए नहीं. भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में कुदरत अपना गुस्सा जाहिर करती रहती है. अभी तो वह छोटे स्तर पर चेतावनी दे रही है, पर अगर कहीं यह बड़े स्तर पर होने लगेगा तो इस धरती पर इनसान और दूसरे तमाम जीवों की हस्ती मिटते देर नहीं लगेगी.

ये भी पढ़ें- गंदगी भरे माहौल में साफ-सफाई का रखें ख्याल

आखिर पढ़ाई की संस्थाओं में अड़चनें क्यों आ रही है?

मोदी सरकार ने भीमराव अंबेडकर के आरक्षण का असर कम करने के लिए पढ़ाई की संस्थाओं में जो इकोनौमिकली वीकर सैक्शनों के लिए आरक्षण घोषित किया था, उस में भी अड़चनें आ रही हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय के कालेजों में बहुत सी सीटें खाली रह गई हैं क्योंकि चाहने वालों को सर्टिफिकेट नहीं मिले थे.

शायद बात दूसरी है. रिजर्वेशन के खिलाफ हल्ला इसलिए नहीं है कि ऊंची जातियों के लोगों को शिक्षा संस्थानों या नौकरियों में जगह नहीं मिल पा रही है और उन की जगह पिछड़े और दलित आ रहे हैं. यह हल्ला तो इसलिए मच रहा है कि आखिर पिछड़े और दलित पढ़ें ही क्यों और सरकारी नौकरी में बाबू अफसर क्यों बनें?

ऊंची जाति वालों को रोज पुराण पढ़ कर आज भी सुनाए जा रहे हैं कि साफ लिखा है कि पिछड़ी और निचली जाति के लोगों का काम न राज करना है, न ज्ञान पाना और देना है, न व्यापार करना है. ऊंची जातियों के लोगों ने पिछले 200 सालों में बड़ी मेहनत से पुराणों की महानता का बखान करकर के लोगों के दिमाग में बैठाया है कि जो भी इन में लिखा है वही पहला और आखिरी सच है और इन में अगर लिखा है कि शूद्र (सभी पिछड़े ओबीसी) व जाति बाहर (सभी तरह के दलित) न पैसे के हकदार हैं, न राज के, न पढ़ाई और ज्ञान के तो सही लिखा है. यह इन के पिछले जन्मों के पापों का फल है और इन्हें भुगता जाना चाहिए चाहे कोई भी कीमत हो. इन्हें न भोगना भगवान के आदेश के खिलाफ जाना है. अगर नासमझ पिछड़े व दलित इस ईश्वरवाणी को नहीं समझ रहे तो ज्ञानी स्वामियों का फर्ज व अधिकार है कि वे समझाएं चाहे बोल कर या डंडा मार कर या फिर जेल में बंद कर के.

ये भी पढ़ें- मोबाइल वीडियो एक मजबूत हथियार 

अगर कालेजों में इकोनौमिकली वीकर सैक्शन की सीटें नहीं भर रहीं तो इसलिए कि इन जातियों में गरीब हैं ही न के बराबर और जो हैं वे इतने निकम्मे हैं जो घटी कटऔफ में भी दाखिला नहीं ले पाते.

जो पिछड़े और दलित अच्छे नंबर पा कर ज्ञान और सत्ता पा रहे हैं उन से निबटना हमारे महाज्ञानी अच्छी तरह जानते हैं और तभी वे सत्ता में बैठ गए हैं जबकि उन की गिनती मुट्ठीभर है. पिछड़े और दलित किसानों की सरकारों को कहीं चिंता है क्या, जो वे दिल्ली की सरहदों पर धरना दिए बैठे हैं. अगर धर्म का काम, जैसे कांवड़ यात्रा, हो रहा होता तो नरेंद्र मोदी और अमित शाह खुद चल कर सिर नवाने जाते.

विश्वविद्यालयों में ईडब्ल्यूएस कोटे में जो सीटें खाली हैं वे आरक्षण के खिलाफ हल्ले की पोल खोलती हैं.

ये भी पढ़ें- क्या बैंक जनता का पैसा लूटती है ?

भाभी जी पापड़ का सच

पहले तो लगा कि वे अन्नू या अंगूरी भाभी की बात कर रहे हैं लेकिन सैकड़ों बार दर्जनों एंगल से गौर से देखने के बाद भी उस वीडियो में किसी भाभी के दर्शन नहीं हुए , हाँ इतना जरूर समझ आ गया कि जो पेकेट हाथ में लिए वे कोरोना को मारने का दावा कर रहे हैं उसमें पापड़ ही है और पापड़ के सिवा कुछ नहीं है . इस दिलचस्प और बेहूदे वाकिये के तीन पहलू हैं पहला भाभीजी दूसरा पापड़ और तीसरा कोरोना नाम का वायरस .  लेकिन आम और औसत भारतीय देवरों की तरह मेरी दिलचस्पी सिर्फ भाभीजी में थी है और रहेगी कि आखिर वह खुशकिस्मत भाभी है कौन जिसके पापड़ों का प्रचार एलएलबी और एमबीए पास केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कर रहे हैं जो शायद फिलीपींस यूनिवर्सिटी में पढ़कर आया मंत्रिमंडल का पहला सदस्य है .

देश के लोग उनके मुरीद इसलिए हुए थे कि वे साधारण परिवार के हैं और बचपन में अपने पिता के साथ बुनकरी का काम करते थे लेकिन पढ़ाई में वे अव्वल रहे और उद्ध्योग विभाग के आला अफसर बन गए फिर सरकार ने उन्हें प्रमोशन देते आईएएस के समकक्ष ला दिया . कई  सरकारी अधिकारियों की तरह महज सेवा करने के मकसद से अर्जुन मेघवाल भी व्हाया भाजपा  राजनीति में आ गए और बीकानेर से तीसरी बार जीते तो उन्हें मंत्री पद से भी नवाज दिया गया. चूँकि करने कुछ ख़ास है नहीं इसलिए वे भाभीजी पापड़ के ब्रांड एम्बेसडर बन गए.

ये भी पढ़ें- भारत नेपाल : दिलों में दरार क्यों? – सरकार की नीतियां जिम्मेदार या नेपाल की मजबूरी

मुझे उन पर गर्व हो आया कि विदेश जाकर भी वे अपने और अपनी पार्टी के संस्कार नहीं भूले यही हमारी असली पहचान भी है कि सात समुन्दर पार जाते हैं तो हम अपने झोले में आलू की सब्जी ,  पूरी अचार और बेग में रामायण गीता जरूर ठूंसते हैं जिससे कि मांसाहार और विदेशी सुन्दरियों के  दैहिक आकर्षण से बचे रहें .  लेकिन 8 – 10 दिन बाद ही ये दोनों व्रत खंडित हो जाते हैं . फिर जब ब्रह्मचर्य और एक पत्नी व्रत की बलि चढ़ाकर देश वापस आते हैं तो गंगा जी में डुबकी लगाकर पुनः पवित्र होकर राम राम श्याम श्याम करने भजने लगते हैं  . मनु महाराज ऐसे ही मौकों के लिए डिस्काउंट दे गए हैं कि पुरुष तो स्नान मात्र से शुद्ध हो जाता है .

खैर बात बीकानेर की अनाम भाभीजी के पापड़ की जो रातों रात इतना मशहूर हो गया कि उसकी डिस्ट्रीब्यूटरशिप के लिए लोग कोई भी कीमत चुकाने तैयार हैं . इसका उत्पादक जो भी हो विज्ञापनों पर लाखों करोड़ों रु खर्च करने के बाद भी पापड़ ही बेलता रहता उन्हें बेच नहीं पाता क्योंकि प्रतिस्पर्धा के चलते बाजार पहले से ही तरह तरह के पापड़ों से भरा पड़ा है और फुटकर दुकानदार भी नए ब्रांड का पापड़ रखने तैयार नहीं होता .लेकिन भाभीजी पापड़ की बात निराली है जिसका विज्ञापन नई शैली में हुआ कि यह कोरोना किलर है .

अर्जुन मेघवाल का मजाक बना रहे लोग नादान हैं जो यह नहीं समझ पा रहे कि हम पापड़ों के जरिये भी न केवल आत्मनिर्भर हो सकते हैं बल्कि 5 ट्रिलियन डालर बाली अर्थव्यवस्था का लक्ष्य भी छू सकते हैं . अपने मन की बात में 26 जुलाई को खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर होने की जिद दोहराते मधुबनी के डिजायनर मास्कों और लद्दाख में पैदा होने बाले खुबानी फल का जिक्र किया लेकिन जाने क्यों वे यह नहीं बता पाए कि हम वेंटिलेटर क्यों नहीं बना पा रहे . अब बात समझने की है कि यह नए ज़माने का आर्थिक ज्ञान है जिसमें आत्मनिर्भरता बड़े बड़े कारखानों , भारी भरकम उद्ध्योगों और बांधों से नहीं बल्कि मंदिरों पीपीई किटों मास्कों और अब पापड़ों से आएगी ( चाय पकोड़ों से तो पहले ही आ चुकी है ) . इस बाबत हर कोई अपने अपने तरीके से प्रचार भी कर रहा है .

आजकल जिसे देखो प्रचार के नए टोटके आजमा रहा है .  हर प्रोडक्ट में इम्युनिटी नाम की बला है जो सरकारी राशन की कृपा से 70 फ़ीसदी हिंदुस्तानियों की इतनी मजबूत है कि वे अनाज में अठखेलियाँ कर रहीं इल्लियाँ तक हजम कर जाते हैं .  बाकी 30 फ़ीसदी गिलोय के फेर में पड़े हैं . हाल तो यह है कि जिन पर कोरोना झपट्टा नहीं मार पा रहा वे गिलोय खा खा कर बीमार पड़ रहे हैं .  हर कोई कह रहा है कि हमारे प्रोडक्ट से वायरस की जुर्रत हमला करने की नहीं होती या हमारे प्रोडक्ट से इम्युनिटी बढ़ती है.

ये भी पढ़ें- नेपाल-भारत रिश्तों में दरार डालता चीन

अब तो अख़बार बाले भी पहले या आखिरी पेज पर मोटे मोटे अक्षरों में लिखने लगे हैं कि हम सिर्फ ख़बरें फैलाते हैं वायरस नहीं .  इसके बाद भी लोग अख़बार नहीं ले रहे और जो ले रहे हैं वे उसे बासा करने धूप में सुखोते हैं फिर सेनेटाईज कर अन्दर लाते हैं . 22 मार्च 2020 के पहले तक यही अख़बार सवर्णों जैसे पूछा जाता था बेचारा अब शूद्रों सरीखा देहरी के बाहर घंटों  अछूत सा पड़ा रहता है .

अभी तो कोरोना मारने बाला पापड़ ही मंत्री जी ने लांच किया है क्योंकि मोदी मंत्रिमंडल में सारे मंत्री दर्शनीय हुंडी हैं . कल को कोरोना मारने बाले या इम्युनिटी बढ़ाने बाले कच्छे बनियान यानी अंडर गारमेंट भी आने लगें तो हैरानी नहीं होनी चाहिए . अदरक , तुलसी , लहसुन , गिलोय , हल्दी और तरह तरह के काढ़ों से कोरोना नहीं मरा तो हम पापड़ ले आये .  उम्मीद है जल्द ही कोरोना मारक दादी , चाची , नानी , दीदी और बीबी छाप बडी , अचार , चटनी , मुरब्बे , सूप ,जेम , सास , चाकलेट , बिस्किट आदि भी आने लगेंगे . इसके बाद कोरोना अगर जरा भी समझदार और स्वाभिमानी होगा तो खुद ख़ुदकुशी कर लेगा .

एक वेक्सीन बनाने के अलावा हमने कोरोना को मारने और भगाने क्या क्या नहीं किया .  हिजड़ों जैसे ताली तक बजा डाली , घर की थालियाँ फोड़ डालीं , दिए जलाये , गौ मूत्र पिया , गोबर तक खा लिया , एक साध्वी सांसद की सलाह पर हनुमान चालीसा भी पढ़ रहे हैं,  ताबीज पहने और यज्ञ हवन तो अभी तक कर रहे हैं लेकिन मुआ नास्तिक कोरोना हमारे पाखंडों से इत्तफाक नहीं रख रहा .  कोई गैरतमंद हिंदूवादी भारतीय वायरस होता तो अब तक घबराकर भाग गया होता लेकिन कोरोना नास्तिक देश से आया है और हमारे धार्मिक पाखंडों की असलियत उजागर करने की विदेशी साजिश है . कोरोना के जरिये हमारा , हमारे धर्म का , संस्कृति का मजाक बनाया जा रहा है .  रोज इससे संक्रमित होने बालों और शहीद होने बालों की तादाद बढ़ रही है . यह जरुर वामपंथी है जो दक्षिणपंथ से नहीं मर रहा .

अब लगता है विष्णु को बहु प्रतीक्षित कल्किअवतार लेना ही पड़ेगा लेकिन उसके पहले 5 अगस्त तक देख लें शायद राम मंदिर शिलान्यास के हल्ले के डर से यह खिसक ले तब तक बीकानेरी भाभीजी का पापड़ खाइए लेकिन यह मत पूछिए कि ये पापड़ बाली भाभीजी हैं कौन और कोई हैं भी की नहीं.

ये भी पढ़ें- गांव में बेबस मजदूर

गहरी पैठ

कोरोना के कहर में तबलीगी जमात की नासमझी से जो समस्याएं बढ़ी हैं, उन्होंने केंद्र सरकार को फिर से हिंदू मुसलिम करने का कट्टर कार्ड थमा दिया है. देखा जाए तो देश की जनता को आराम से जीने का मौका देने का वादा दे कर जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने अपना एक और दांव, दंगे चला कर अब घरघर में दहशत का माहौल खड़ा कर दिया है. किसी को भी देश का गद्दार कहने का हक खुद ब खुद लेने के बाद अब उन्होंने जगहजगह गोली मारो गद्दारों को नारा गुंजाना शुरू कर दिया है. बिना सुबूत, बिना गवाह, बिना अदालत, बिना दलील, बिना वकील के किसी को भी गद्दार कह कर उसे मार डालने का हक बड़ा खतरनाक है.

न सिर्फ मुसलमानों को डराया जा सकता है, इस नारे से हर उस को डराया जा सकता है, जिस ने अपनी अक्ल लगा कर भगवा भीड़ की मांग को पूरी करने से इनकार कर दिया हो.

ये भी पढ़ें- गहरी पैठ

आज देश का दलित, किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा, बलात्कारों से परेशान लड़कियां, छोटे व्यापारी सरकारी फैसलों से परेशान हैं. दलितों के घोड़ी पर चढ़ कर शादी करने पर मारपीट ही नहीं हत्या कर दी जाती है और जिस ने भी उस के खिलाफ आवाज उठाई, उसे गद्दार कह कर गोली मारने का हक ले लिया गया है. अगर किसान कर्ज माफ करने के लिए सरकार के खिलाफ मोरचा खोलें तो उन्हें गद्दार कहा जा सकता है. अगर व्यापारी नोटबंदी, जीएसटी और बैंकों के फेल होने पर होने वाले नुकसान की बात करें तो उन्हें गद्दार कहा जा सकता है. नागरिकता कानून ?की फुजूल की बात करने वाले को गद्दार कहने का हक है. छोटीबड़ी अदालतों में वकीलों के झुंड मौजूद हैं जो अपने हकों को मांगने वालों को गद्दार कह कर जज के सामने तक नहीं जाने दे रहे. जजों को गद्दार कह कर उन का रातोंरात तबादला कर दिया जा रहा है.

सारे देश में सरकार डिटैंशन सैंटर बनवा रही है जो आधी जेल की तरह हैं जहां नाममात्र का खाना मिलेगा, नाममात्र के कपड़े मिलेंगे, पर बरसों रहना पड़ सकता है. उन को गुलाम बना कर उन से काम कराया जा सकता है. लड़कियों को बदन बेचने पर मजबूर किया जा सकता है. यह हिटलर ने जरमनी में किया था. स्टालिन ने रूस में किया था. माओ ने चीन में किया था. कंबोडिया में पोलपौट ने किया था.

गद्दार कह कर कैसे सिर फोड़े जा सकते हैं. घरों को जला कर सजा दी जा सकती है. इस का नमूना दिल्ली में दिखा दिया गया. जिन्होंने किया वे आजाद घूम रहे हैं. जो शांति के लिए जिम्मेदार हैं, वे भड़काऊ भाषण देने में लगे हैं.

इस सब से मुसलमानों को तो लूटा जा ही रहा है, दलित और पिछड़े भी लपेटे में आ गए हैं. आज सरकारी नौकरियों में केवल ऊंचों को पद देने का हक एक बार फिर मिल गया है, क्योंकि या तो सरकारी काम ठेके पर दे दिए गए हैं या बंद कर दिए गए हैं. दहशत के माहौल की वजह से कोई बोल नहीं पा रहा. कन्हैया कुमार जो बिहार में भारी भीड़ जमा कर रहा था को अब दिल्ली की अदालतों में बुला कर परेशान करने की साजिश की जा रही है. चंद्रशेखर आजाद को बारबार लंबी जेल में भेज दिया जाता है. हार्दिक पटेल का मुंह बंद कर दिया गया है.

देश को अमन चाहिए, क्योंकि अगर पेट में आधा खाना ही हो, कपड़े फटे हुए हों तो भी अगर चैन हो तो जिंदगी कट जाती है. अब यह चैन भी गद्दार के नारे के नीचे दब रहा है.

पूरी दुनिया कोरोना की महामारी से जूझ रही है. लौकडाउन के बाद जरूरी कीमती सामान से लदे ट्रक जहां थे वहीं खड़े हैं. पहले भी हालात ट्रक ड्राइवरों के पक्ष में कहां थे. देखें तो देश के ट्रक ड्राइवरों की जिंदगी वैसे ही उबाऊ और खानाबदोशी होती है, उस पर हर नाके पर, हर सड़क पर बैठे खूंख्वारों से निबटना एक आफत होती है. सेव लाइफ फाउंडेशन का अंदाजा है कि ट्रक ड्राइवर हर साल तकरीबन 50,000 करोड़ रुपए रिश्वत में देते हैं. रिश्वत ट्रैफिक पुलिस वाले, टैक्स वाले, नाके वाले, चुंगी वाले, पोल्यूशन वाले तो लेते ही हैं, अब धार्मिक धंधे करने वाले भी जम कर लेने लगे हैं. धार्मिक धंधे वाले ट्रकों और टैक्सियों को रोक कर ड्राइवरों से उगाही करते हैं.

ये भी पढ़ें- फुजूल की ट्रंप सेवा

कोई कह सकता है कि यह रिश्वत तो मालिक की जेब से जाती होगी, पर यह गलत है. बहुत से ट्रकों को लगभग ठेके पर दे दिया जाता है कि ट्रक पहुंचाओ, रास्ते में जो हो, भुगतो और एकमुश्त पैसा ले लो. ड्राइवर को ऐसे में अपने मुनाफे में कटौती नजर आती है. वह कानूनी, गैरकानूनी दोनों रोकटोक पर रिश्वत देने में हिचकिचाता है और अकसर झगड़ा हो जाता है और मारपीट तक हो जाती है तो नुकसान ट्रक ड्राइवर का ही होता है.

ड्राइवरों की जिंदगी वैसे ही बड़ी दुखद है. उन्हें 12 घंटे ट्रक चलाना होता है, इसलिए अकसर वे शराब और दवाओं का नशा करते हैं. देश की सड़कें बेहद खराब हैं जो ट्रक चलाने में ड्राइवर की हड्डीपसली दुखा देती हैं. आमतौर पर सड़कों पर लाइट नहीं होती. अंधेरे में चलाना मुश्किल होता है. भारत में अब तक सुरक्षित ट्रक नहीं बनने शुरू हुए हैं. ड्राइवरों के केबिन एयरकंडीशंड नहीं होते, उन ट्रकों के भी नहीं जिन में खाने के सामान या दवाओं के लिए रेफ्रीजरेटर लगे होते हैं, इसलिए बेहद गरमीसर्दी का मुकाबला करना पड़ता है. बहुत से ड्राइवरों को बदलते साथियों के साथ चलना होता है.

हमारे यहां ड्राइवरों को रास्ते में सोने के लिए ढाबों पर पड़ी चारपाइयां ही होती हैं, जिन पर न गद्दे होते हैं, न पंखे तक.

घरों से दूर रहने की वजह से ड्राइवर राह चलती बाजारू औरतों को पकड़ते हैं, पर वे लूटने की फिराक में रहती हैं. उन के गैंग अलग बने होते हैं जो परेशान करते हैं. ड्राइवरों को बीवियों की चिंता भी रहती है कि उन के पीछे वे औरों के साथ तो नहीं आंखें लड़ा रहीं.

ये भी पढ़ें- गहरी पैठ

यही वजह है कि आज 1000 ट्रकों पर 400-500 ड्राइवर ही मिल रहे हैं. ट्रांसपोर्ट उद्योग को ड्राइवरों की कमी की वजह से भारी नुकसान होने लगा है. एक तरफ बेरोजगारी है, पर दूसरी तरफ ट्रेनिंग न मिलने की वजह से ड्राइवरों की कमी है. ट्रेनिंग तो आज सिर्फ जय श्रीराम कह कर मंदिर के धंधे कैसे चलाए जाएं की दी जा रही है.

गुरुजी का नया बखेड़ा

झारखंड मुक्ति मोरचा के सुप्रीमो शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी ने राज्य में स्थानीय नीति यानी डोमिसाइल नीति को ले कर एक बार फिर बखेड़ा खड़ा कर दिया है.

उन्होंने यह कह कर नया सियासी बवाल मचा दिया है कि पिछली रघुवर दास सरकार की डोमिसाइल नीति आदिवासी विरोधी है. इस के बाद राज्य में एक नई बहस छिड़ गई है और आदिवासी आंदोलन नए सिरे से गोलबंद होता दिखाई देने लगा है.

इस पर शिबू सोरेन का कहना है कि स्थानीय नीति का आधार साल 1932 का खतियान होना चाहिए. गौरतलब है कि रघुवर दास सरकार ने डोमिसाइल नीति 1985 को कट औफ डेट रखा था.

हिंसक आंदोलनों के बाद साल 2015 में झारखंड की डोमिसाइल नीति जमीन पर उतरी थी. साल 2000 से इस मसले को ले कर भड़की आग ने कई सरकारों की लुटिया डुबो दी थी.

इस के पहले राज्य के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी हुए थे. शिबू सोरेन के सुर में सुर मिला कर झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य कहते हैं कि 1985 के आधार पर स्थानीय नीति जायज नहीं है. अब इस नीति को ले कर नए सिरे से विचार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- आपदा बनी सत्ता के लिए एक अवसर

साल 2015 में लागू की गई डोमिसाइल नीति के तहत 30 साल से झारखंड में रहने वाले अब झारखंडी (स्थानीय) करार दिए गए. इस के तहत झारखंड सरकार द्वारा संचालित व मान्यताप्राप्त संस्थानों, निगमों में बहाल या काम कर रहे मुलाजिमों, पदाधिकारियों और उन के परिवार को स्थानीय माना गया है.

झारखंड राज्य और केंद्र सरकार के मुलाजिमों को स्थानीयता का विकल्प चुनने की सुविधा दी गई है. अगर वे झारखंड राज्य को चुनेंगे तो उन्हें और उन की संतानों को स्थानीय नागरिक माना जाएगा.

इस के बाद वे अपने पहले के गृह राज्य में स्थानीयता का फायदा नहीं उठा सकेंगे, वहीं झारखंड को नहीं चुनने की हालत में वे अपने गृह राज्य में स्थानीयता का लाभ ले सकेंगे.

भौगोलिक सीमा में निवास करने वाले वैसे सभी लोग, जिन का खुद या पुरखों का नाम पिछले सर्वे खतियान में दर्ज हो व मूल निवासी, जो भूमिहीन हों, उन के संबंध में उन की प्रचलित भाषा, संस्कृति और परंपरा के आधार पर ग्राम सभा द्वारा पहचान किए जाने पर उन्हें स्थानीय माना गया है.

इस के साथ ही वैसे लोगों को भी स्थानीय माना गया है, जो कारोबार और दूसरी वजहों से पिछले 30 साल या उस से ज्यादा समय से झारखंड में रह रहे हों और अचल संपत्ति बना ली हो. ऐसे लोगों की बीवी, पति और संतानें स्थानीय मानी गई हैं.

गौरतलब है कि राज्य में आदिवासियों की आबादी 26 फीसदी ही है और 74 फीसदी गैरआदिवासी हैं. झारखंड मुक्ति मोरचा के विधायक नलिन सोरेन कहते हैं कि उन की पार्टी शुरू से ही साल 1932 को आधार मान कर स्थानीय नीति बनाने की मांग करती रही है. नई डोमिसाइल नीति से आदिवासियों का हक मारा गया है. इस नीति में आदिवासियों की अनदेखी कर गैरआदिवासियों का ध्यान रखा गया है.

गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने 22 सितंबर, 2001 को बिहार के नियम को अपनाया था. संकल्प संख्या-5, विविध-09/2001, दिनांक 22 सितंबर, 2001 द्वारा बिहार के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के सर्कुलर 3/स्थानीय नीति 5044/81806, दिनांक 3 मार्च, 1982 को आधार बनाया गया. इसी आधार पर खतियान (पिछला सर्वे रिकौर्ड औफ राइट्स) को स्थानीयता का आधार माना गया है.

साल 2000 में बिहार से अलग हो कर नया झारखंड राज्य बनने के बाद राज्य में डोमिसाइल नीति को ले कर आंदोलन चल रहा था. नया झारखंड राज्य बनने के बाद से 2015 तक 10 बार मुख्यमंत्रियों की अदलाबदली हुई, पर हर किसी ने डोमिसाइल नीति पर टालमटोल वाला रवैया ही अपनाया.

बहरहाल, शिबू सोरेन राजनीतिक फायदे को देख कर पाला बदलने और गुलाटी मारने के माहिर खिलाड़ी रहे हैं.

ये भी पढ़ें- पौलिटिकल राउंडअप : चिराग पासवान का ऐलान

साल 1980 में वे पहली बार जब सांसद बने, तो उस समय कांग्रेस के साथ थे. 1983 में जनता दल बना तो उन्होंने कांग्रेस को ठेंगा दिखा कर जनता दल का दामन थाम लिया.

2 साल बाद उन्हें लगा कि वहां उन की दाल नहीं गल रही है तो फिर कांग्रेस की गोद में जा बैठे और 1985 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिल कर लड़ा. 1990 आतेआते कांग्रेस से उन का मन भर गया और उन्होंने फिर से जनता दल का झंडा उठा लिया.

जनता दल के घटक दल के रूप में उन्होंने चुनाव लड़ा. उन की पार्टी झामुमो के 6 उम्मीदवार जीत कर संसद पहुंच गए.

साल 1993 में शिबू सोरेन का माथा फिर घूमा और वे अपने 6 सांसदों के साथ कांग्रेसी प्रधानमंत्री नरसिंह राव के पक्ष में खड़े हो गए, जिस के लिए वे 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की घूस लेने के आरोप में भी फंसे हुए हैं.

इस के कुछ समय बाद ही उन का कांग्रेस से मन उचट गया और वे भाजपा के साथ मिल कर नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मुहिम में लग गए.

साल 1996 में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री तो बने, पर सदन में बहुमत साबित नहीं कर पाए और जनता दल टूट गया. तब गुरुजी शिबू सोरेन लालू प्रसाद यादव के साथ खड़े हो गए.

साल 2000 में जब अलग झारखंड राज्य बना, तो वे मुख्यमंत्री बनने के लोभ में भाजपा की अगुआई वाले राजग में शामिल हो गए. जब भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को मुख्यमंत्री बना दिया तो शिबू बिदक कर कांग्रेसराजद गठबंधन की छत के नीचे जा बैठे.

साल 2007 में मधु कोड़ा को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाने में उन्होंने मदद की और साल 2008 में खुद मुख्यमंत्री बनने के चक्कर में कोड़ा की सरकार को गिरा दिया था. अब अपनी पार्टी और बेटे की सरकार में वे उलटपुलट बयान दे कर उन के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- Corona: यहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रहीं

14 मार्च, 2020 को एक पत्रकार ने पूछा कि अब झारखंड में आप की सरकार है, तो क्या राज्य का विकास होगा? इस के जवाब में शिबू सोरेन ने कहा, ‘हम विकास का ठेका लिए हुए हैं क्या?’

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें