Romantic Story: निर्णय – क्या था जूही का अतीत?

Romantic Story, लेखिका – निर्मला डोसी 

‘‘यह आप क्या कह रहे हैं? जय के बारे में तो जरा सोचिए. और फिर इस सब का सुबूत क्या है?’’ उस ने आश्चर्य से पूछा.

‘‘जो कुछ कह रहा हूं, वह पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही कह रहा हूं. जिस लड़की को तुम मांबेटे अपनी कुलवधू बनाने को बेताब हो उठे हो, उस के उजले चेहरे के पीछे कैसा काला अतीत है, उसे सुन कर मैं हैरत में पड़ गया था. वह सुलतानपुर के चौधरी की भानजी जरूर है पर जिन मांबाप के लिए तुम्हें कहा गया था कि वे मर चुके हैं, यह सत्य बात नहीं है. पिता का तो पता नहीं पर मां किसी रईस की रखैल है.’’

‘‘कहीं कोई भूल…?’’

‘‘फिर वही दुराग्रह…सुलतानपुर जा कर मैं उस के मामा से मिला, सबकुछ तय कर के लौट रहा था कि मेरे कालेज के जमाने का एक साथी ट्रेन में मिला. उस से जब मैं ने सुलतानपुर आने की वजह बताई तो मालूम हुआ कि जूही की मां ही अपने ‘पेशे’ से कमा कर बेटी को बड़ीबड़ी रकमें भेजती रहती है. चौधरी ने तो मुफ्त में भानजी के पालनपोषण का नाम कमाया है.

‘‘इस पर भी मुझे विश्वास नहीं हुआ तो पहुंचा देहरादून, जहां उस की मां के होने की सूचना मिली थी. और तब सबकुछ मालूम होता चला गया. देहरादून के एक प्राइवेट संस्थान में कभी टाइपिस्ट का काम करने वाली वंदना जूही की मां है. अब वह उस संस्थान के मालिक रंजन की रखैल है,’’ आवेश से विकास का मुख तमतमा उठा.

सुचित्रा ठगी सी उन्हें देखती रह गई.

‘‘यह क्या हो गया? जय का तो दिल ही टूट जाएगा. कितने सपने सजा लिए थे उस ने, जूही को ले कर. अपनी स्वीकृति का रंग स्वयं मैं ने ही सहर्ष भरा था उन सपनों में, एक स्नेहमयी मां की तरह.’’

वैसे जय को कुछ कहना भी कहां पड़ा था. उस के जन्मदिन की पार्टी में जब उस के कालेज के साथियों के हुजूम में सुचित्रा ने जूही को देखा तो देखती रह गई. फूलों की तरह तरोताजा, युवतियों की उस माला का सब से आबदार मोती ही लग रही थी जूही. सुंदरसलोनी लड़की को देख कर ब्याह योग्य पुत्र की जननी स्वयं उस अलभ्य रत्न को तत्काल अपनी गांठ में बांध लेने को व्यग्र हो उठी.

फिर जय का उस की तरफ झुकाव व नाटकीयता से कोसों दूर उस की आदतों और उस के सरल, सौम्य व्यक्तित्व ने मोह लिया था सब को. पर यह क्या हुआ? उस ने तो बताया था कि सुलतानपुर के चौधरी उस के मामा हैं, मांबाप बचपन में ही किसी हादसे का शिकार हो गए. मामा ने ही उसे पढ़ाया और पाला है.

दिल्ली के ऊंचे स्कूल व कालेज में पढ़ने व बचपन से ही होस्टल में रहने वाली जूही सिर्फ छुट्टियों में ही सुलतानपुर जाती थी. यही उस के पिछले जीवन का संक्षिप्त इतिहास था.

शाम को पिता का गंभीर चेहरा देख कर स्वयं जय ही मां के पास चला आया, ‘‘मां, पिताजी जूही के मामा से मिलने गए थे न. फिर?’’

‘‘बेटा, अब क्या कहूं तुम से… मैं नहीं समझती कि उस लड़की ने तुम्हारे साथ छल किया होगा. स्वयं वह भी कदाचित अपने अतीत से अनजान है. समझ में नहीं आता और विश्वास करने को जी भी नहीं चाहता, पर तुम्हारे पिताजी ने भी पूरी तहकीकात कर के ही कहा है सबकुछ मुझ से, स्वयं वे भी दुखी हैं.’’

‘‘पर बात क्या है, मां? स्पष्ट कहो.’’

सुचित्रा धीरेधीरे सबकुछ बताती चली गई. सुन कर जय हतप्रभ रह गया. कुछ पल चुप रह कर शांत स्वर में बोला, ‘‘जूही ने जानबूझ कर हम से कुछ छिपाया हो, यह तो मैं सोच भी नहीं सकता. रही बात उस की मां की, सो मुझे उस से कोई फर्क नहीं पड़ता. फिर भी मां, मैं सबकुछ तुम पर छोड़ता हूं. तुम्हें यदि जूही हमारे घर के अनुपयुक्त लगे तो तुम कह दोगी कि उस का खयाल छोड़ दो तो मैं तुम्हारी बात मान लूंगा. मगर मां, मुझे विश्वास है कि तुम किसी निरपराध के साथ अन्याय नहीं करोगी,’’ फिर वह बेफिक्री से चला गया.

रातभर चिंतन कर के सुचित्रा ने एक निर्णय लिया और सुबह पति से बोली, ‘‘मैं देहरादून जाना चाहती हूं.’’

‘‘सुचित्रा, तुम जाना ही चाहती हो तो जाओ, पर फायदा कुछ भी नहीं होगा.’’

‘‘सभी कार्य फायदे के लिए नहीं किए जाते, नुकसान न हो, इसलिए भी कुछ काम किए जाते हैं.’’

‘‘ठीक है, कल चली जाना.’’

‘‘मां, तुम देहरादून जा रही हो, मैं भी चलूं?’’ जय ने धीरे से पूछा.

‘‘नहीं, इस की कोई जरूरत नहीं. और हां, जूही को कुछ मत बताना.’’

पति के बताए पते पर गाड़ी जा कर खड़ी हुई. दिल्ली से देहरादून की लंबी यात्रा से सुचित्रा पूरी तरह थक चुकी थी.

छोटे से सुंदर बंगले के बाहर उतर कर सुचित्रा ने ड्राइवर को 2 घंटे के लिए बाहर खापी कर घूम आने को कहा और स्वयं अंदर चली गई.

2-3 मिनट में ही जो स्त्री बाहर आई, उसे देख कर सुचित्रा हड़बड़ा कर खड़ी हो गई. लगभग 40 वर्षीया उस अत्यंत रूपसी आकृति को देख कर वह ठगी सी रह गई.

‘‘मैं दिल्ली से आई हूं. आप से पूर्व परिचय न होने पर भी मिलने चली आई. मेरा पुत्र जय…’’  लेकिन सुचित्रा की बात अधूरी ही रह गई.

‘‘मेरी पुत्री जूही को पसंद करता है. उस से ब्याह करना चाहता है. माफ कीजिएगा, मैं ने आप की बात काट दी… लेकिन जूही के अतीत की भनक पड़ते ही आप भागी चली आईं. मैं आप लोगों की तरफ से किसी के आने का इंतजार ही कर रही थी. पिछले सप्ताह मेरे भाई का फोन आया था सुलतानपुर से कि जूही की सगाई दिल्ली में कर दी है. खैर…हां, तो आप क्या पूछना चाहती हैं, कहिए?’’ बहुत ही ठहरे हुए दृढ़ शब्दों में वह बोली.

जूही की मां के सौंदर्य से सुचित्रा  अभिभूत जरूर हो गई थी और  उस के दृढ़ शब्दों की गूंज से अचंभित भी. लेकिन उस के जीवन को ले कर समूचा मन व्यथित हो रहा था.

‘‘जूही मेरे बेटे की ही नहीं, हम पतिपत्नी की भी पसंद है. उस ने हमें बताया था कि बचपन में उस के मातापिता चल बसे. मामा ने ही उस का पालनपोषण किया. मेरे पति सुलतानपुर जा कर रिश्ता भी तय कर आए थे, किंतु बाद में मालूम हुआ कि…’’

‘‘उस की मां जीवित है. आप ने जो कुछ भी सुना, सत्य है. मुझे इतना ही कहना है कि जूही को मेरे बारे में कुछ भी मालूम नहीं है. सो, इस सारी कहानी के साथ उसे मत जोड़ें. वह निरपराध है. वह आप के पुत्र की पत्नी बने, ऐसा अब शायद नहीं हो सकेगा. मांबाप के अच्छेबुरे कर्मों का फल संतान को भुगतना ही पड़ता है. और अधिक क्या कहूं?’’

उस का गौरवान्वित मुखमंडल व्यथा- मिश्रित निराशा से घिर गया. पर मेरे बेटे ने मुझे जिस चक्रव्यूह में फंसा दिया था, उस से मुझे निकलना भी तो था.

‘‘हम ने जूही को कभी दोषी नहीं माना है लेकिन आप ने ऐसा क्यों किया? माफ कीजिएगा, यह मेरे बेटे के जीवन का प्रश्न है, इसलिए आप की निजी जिंदगी के बारे  में पूछने की गुस्ताखी कर रही हूं?’’

‘‘मुझे कुछ भी बताने में कोई संकोच नहीं है किंतु इस से फायदा भी कुछ नहीं होगा. मेरे जीवन की भयानक त्रासदी सुन कर भी मेरे प्रति आप के मन में आए नफरत के भाव कभी दूर नहीं हो सकते. मेरी पुत्री का वरण आप का पुत्र कर सके, यह शायद अब संभव नहीं. फिर पुरानी बातें कुरेदने का अर्थ ही क्या रह जाता है?’’

‘‘न रहे कोई अर्थ, पर मुझे अपने इनकार के पीछे सही व ठोस कारण तो जय को बताना ही होगा. एक मां को उस की संतान गलत न समझे, मेरे प्रति उस के मन के विश्वास को ठेस न लगे, इस का वास्ता दे कर मैं आप से विनती करती हूं. कृपया आप हकीकत से परदा उठा दें. जूही को इस की भनक भी नहीं लगेगी. यह वादा रहा.’’

‘‘आप चाहती हैं तो सुनिए…

‘‘करीब 11-12 वर्ष पहले की बात है, आप को याद होगा, यह वह वक्त था जब आतंकवाद अपनी जड़ें जमा रहा था. एक दिन मैं अपने मायके सुलतानपुर से अपनी ससुराल भटिंडा जा रही थी, अपने पति के साथ. जूही उस समय 9-10 वर्ष की थी. मेरे भाई और उन के तीनों बेटों ने जबरन उसे सुलतानपुर में ही रख लिया था. इकलौती बहन की इकलौती पुत्री के प्रति भाई और भतीजों का विशेष स्नेह था.

‘‘उन के विशेष आग्रह पर मुझे कुछ दिनों के लिए जूही को वहीं छोड़ना पड़ा. बीच रास्ते में ही 8-10 आतंकवादियों ने बस रोक कर कहर बरपा दिया. हम 9-10 औरतों पर उस दिन जो जुल्म हुआ उसे देख कर न धरती धंसी, न आसमान फटा. बस में बैठे सभी मर्द, जिन्हें ‘मर्द’ कहना एक गाली ही है, थरथर कांपते हुए अपनी बहन, बेटी व पत्नी की आबरू लुटते देखते रहे. उन में से एक भी माई का लाल ऐसा न निकला जिस के सर्द लहू में उबाल आया हो. वरना क्या 40-45 पुरुष उन 8-10 सिरफिरों पर भारी न पड़ते? बेशक उन के पास बंदूकें थीं, वे गोलियों से भून देते, जैसा कि बाद में उन्होंने किया भी. पर वे प्रतिकार तो करते.

‘‘लेकिन नहीं, किसी ने भी अपनी जान दांव पर लगाने की जहमत नहीं उठाई. बाद में उन आतंकवादियों ने सभी यात्रियों को गोलियों से छलनी कर दिया. मुझे भी मरा समझ कर छोड़ गए थे. पर उस कुचले शरीर की सांस भी बड़ी बेशर्म थी, जो चल रही थी, बंद नहीं हुई थी.’’

अपनी कहानी समाप्त कर वह सिसकने लगी थी. सुचित्रा का सिर शर्म से झुक गया था. वह सोचने लगी कि जो लोग अपनी जान के डर से अपनी आंखों के सामने अपनी स्त्रियों की बेइज्जती होती देखते रहे, उन्हें जीवित रहने का कोई अधिकार भी नहीं था. इस तरह की घटनाओं के बाद प्रशासन से सुरक्षा की मांग और उस की लापरवाही की निंदा करते लोग थकते नहीं. लेकिन क्या यह संभव है कि सरकार प्रत्येक नागरिक के साथ सुरक्षा के लिए एक बंदूकधारी लगा दे? क्या लोगों को थोड़ाबहुत प्रयास स्वयं नहीं करना चाहिए?

वंदना कुछ संयत हुई तो सुचित्रा ने उस से पूछा, ‘‘फिर क्या हुआ?’’

‘‘फिर क्या होना था, पति को तो मेरे सामने ही वे लोग गोली मार चुके थे. मैं किसी तरह गिरतीपड़ती अपने भाई के पास पहुंची. दुख व अपमान से घायल क्षतविक्षत हुआ मेरा तनमन अपने इकलौते भाई का स्नेह और आश्रय पा कुछ संभलता भी, पर जान छिड़कने वाला मेरा वही भाई मेरी आपबीती सुन कर पत्थर हो गया. मेरे साथ हुए बर्बर हादसे के कारण मुझे सांत्वना देने की जगह कोढ़ लगे अंग की तरह मुझे तुरंत वहां से दूर हटा देने को व्यग्र हो उठा.

‘‘भाई के बदले तेवर का अंदाजा होते ही मेरी आंखों के सामने अंधेरा छा गया. सवाल सिर्फ मेरा ही नहीं था. मेरे सामने मेरी मासूम बच्ची का समूचा भविष्य था.

‘‘जिस जूही को मेरे लाख मना करने पर भी मेरा भाई और भतीजे मेरे साथ भेजना नहीं चाहते थे, अब उसे ही आश्रय देने को मैं भिक्षुक की तरह उन के समक्ष गिड़गिड़ा रही थी लेकिन वे टस से मस न हो रहे थे. मैं ने जब आश्वासन दिया कि मैं अपनी शक्ल उन्हें कभी नहीं दिखाऊंगी और जूही पर होने वाला खर्च भेजती रहूंगी, वे जूही को संरक्षण दें और मुझे हादसे में मरा घोषित कर दें, तब बेमन से वे माने थे.

‘‘मैं जानती थी बहन, मेरी बच्ची अब उन के चरणों की धूल हो जाएगी… पर और उपाय ही क्या था?

‘‘एक दिन मैं इस शहर में चली आई. मैं ने कितनी ठोकरें खाईं, कितना अपमान और अभाव मैं ने झेला, उस की एक अंतहीन कहानी है. कुदरत ने सौंदर्य दान दे कर मेरा नाश ही तो कर डाला था. बच्ची की परवरिश के लिए पैसा चाहिए था, और उस के लिए मैं छोटे

से छोटा काम करने का संकोच छोड़ चुकी थी.

‘‘पर एक खूबसूरत जवान औरत से लोगों को रुपए के बदले काम नहीं, कुछ और चाहिए था. मैं ने वर्षों तक उस जानलेवा स्थिति का सामना किया था. धीरेधीरे जूही बड़ी हो रही थी. उस की पढ़ाई पर होने वाले खर्च बढ़ने लगे थे. उन्हीं दिनों रंजनजी से मुलाकात हुई थी. मुझे उन के दफ्तर में टाइपिस्ट के पद पर नौकरी मिल गई. एक दिन एक सहयोगी द्वारा छेड़खानी करने पर मैं उसे फटकार रही थी. रंजनजी ने केबिन में बैठेबैठे सब कुछ सुना और मुझे अंदर बुलाया.

‘‘मैं उस समय तक समय की मार और कामी पुरुषों की जलती नजरों के चाबुक से पूरी तरह टूट चुकी थी. सहानुभूति पा कर उन से सबकुछ कह बैठी.

‘‘एक दिन वे मुझे अपने घर ले गए जहां फालिज से अपाहिज, दुखी उन की पत्नी लंबे समय से बिस्तर पकड़े थीं. पति को दूसरी शादी के लिए स्वयं वे लंबे समय से विवश भी कर रही थीं. तब मैं ने एक कठोर निर्णय लिया. विश्वास कर सकें तो कीजिएगा कि उस निर्णय के पीछे भी मेरी किसी कमजोरी या इच्छा का जरा सा भी हाथ नहीं था. पर स्वयं को इस बेमुरव्वत दुनिया से बचा पाने व पुत्री को ऊंची शिक्षा दिला पाने में स्वयं को सर्वथा असमर्थ पा रही थी.

‘‘मैं सोचती थी कि कभी किसी से ठगी जा कर पहले की तरह लुटने से यही अच्छा है कि किसी एक के संरक्षण में रहूं. कम से कम अपनी जूही को तो वे सभी सुविधाएं दे सकूं जिन का सपना हर मां संतान के जन्म के साथ देखने लगती है.

‘‘रंजनजी की पत्नी की सहर्ष स्वीकृति मेरे साथ थी. जब तक वे रहीं, मैं ने सदैव बड़ी बहन समझ कर उन की सेवा की. उस अपाहिज स्त्री ने ही उदारता से मुझे सुरक्षा दी थी.

‘‘मुझे तो लोग ‘वेश्या’ भी कह देते हैं और ‘रखैल’ भी. पर एक औरत होने के नाते आप सच बताएं, क्या इन शब्दों की परिभाषा से मेरे जीवन की त्रासदी मेल खाती है?’’

‘‘माफ करना बहन, मैं ने भावावेश में बिना आप की आपबीती सुने ही आप को गलत कह दिया,’’ भावुक हो कर वंदना के हाथ थाम कर खड़ी हो गई सुचित्रा, ‘‘अब चलूंगी…देखती हूं, क्या कर सकती हूं.’’

‘‘क्या…सबकुछ सुन कर भी…?’’

‘‘हां, अब ही तो कुछ करना है. अच्छा, शीघ्र फिर मिलेंगे.’’

सुचित्रा आ कर गाड़ी में बैठ गई. गाड़ी वापस दौड़ पड़ी दिल्ली की तरफ.

सुचित्रा ने सबकुछ पति को बताया और अपना निर्णय भी सुना दिया,

‘‘जूही ही इस घर की बहू बनेगी.’’

‘‘तुम जो कहती हो वह सब ठीक है. पर सोचो, लोग क्या कहेंगे?’’

‘‘भाड़ में जाएं लोग, जूही का कोई दोष नहीं. मैं तो उस की मां का भी कोई दोष नहीं मानती. जब उसे रंजनजी अपना सकते हैं, पत्नी सा मान व प्यार दे सकते हैं तो हम जूही को क्यों ठुकरा दें? किस बात की सजा दें मांबेटी को?’’

‘‘मैं कब कहता हूं कि उन का कोई दोष है. लेकिन क्या…’’

‘‘लेकिन क्या? तूफानी वर्षा में तो बड़ीबड़ी पुख्ता इमारतें तक हिल जाती हैं. घनघोर हिमपात में तो बड़ेबड़े पर्वतशिखर भी भूस्खलन से नहीं बच पाते, जिस पर वह तो सिर्फ अकेली निहत्थी नारी थी. सच, कुछ लोग होते हैं जिन्हें जिंदगी क्रूरतापूर्वक छलती है, निर्दोष होने पर भी जिन्हें दंड मिलता है. पर उन की निरपराध संतान भी क्यों भोगे कोई कठोर सजा?’’

सुचित्रा के गंभीर स्वर की गूंज बापबेटे के अंतर में प्रतिध्वनित होने लगी. अपने पिता के पास खड़े जय ने आगे बढ़ कर मां के कंधे पर अपना सिर रख दिया. मां ने उस के विश्वास की रक्षा की थी, उस की जूही के साथ न्याय किया था.

Social Story: लौटते कदम – जिंदगी के खूबसूरत लम्हों को जीने का मौका

Social Story: जीवन में सुनहरे पल कब बीत जाते हैं, पता ही नहीं चलता है. वक्त तो वही याद रहता है जो बोझिल हो जाता है. वही काटे नहीं कटता, उस के पंख जो नहीं होते हैं. दर्द पंखों को काट देता है. शादी के बाद पति का प्यार, बेटे की पढ़ाई, घर की जिम्मेदारियों के बीच कब वैवाहिक जीवन के 35 साल गुजर गए, पता ही नहीं चला.

आंख तो तब खुली जब अचानक पति की मृत्यु हो गई. मेरा जीवन, जो उन के आसपास घूमता था, अब अपनी ही छाया से बात करता है. पति कहते थे, ‘सविता, तुम ने अपना पूरा वक्त घर को दे दिया, तुम्हारा अपना कुछ भी नहीं है. कल यदि अकेली हो गई तो क्या करोगी? कैसे काटोगी वो खाली वक्त?’

मैं ने हंसते हुए कहा था, ‘मैं तो सुहागिन ही मरूंगी. आप को रहना होगा मेरे बगैर. आप सोच लीजिए कि कैसे रहेंगे अकेले?’ किसे पता था कि उन की बात सच हो जाएगी. बेटा सौरभ, बहू रिया और पोते अवि के साथ जी ही लूंगी, यही सोचती थी. जिंदगी ऐसे रंग बदलेगी, इस का अंदाजा नहीं था.

बहू के साथ घर का काम करती तो वह या तो अंगरेजी गाने सुनती या कान में लीड लगा कर बातें करती रहती. मेरे साथ, मुझ से बात करने का तो जैसे समय ही खत्म हो गया था. कभी मैं ही कहती, ‘रिया, चल आज थोड़ा घूम आएं. कुछ बाजार से सामान भी लेना है और छुट्टी का दिन भी है.’

उस ने मेरे साथ बाहर न जाने की जैसे ठान ली थी. वह कहती, ‘मां, एक ही दिन तो मिलता है, बहुत सारे काम हैं, फिर शाम को बौस के घर या कहीं और जाना है.’ बेटे के पास बैठती तो ऐसा लगता जैसे बात करने को कुछ बचा ही नहीं है. एक बार उस से कहा भी था, ‘सौरभ, बहुत खालीपन लगता है. बेटा, मेरा मन नहीं लगता है,’ कहतेकहते आंखों में आंसू भी आ गए पर उन सब से अनजान वह बोला, ‘‘अभी पापा को गए 6 महीने ही तो हुए हैं न मां, धीरेधीरे आदत पड़ जाएगी. तुम घर के आसपास के पार्क क्यों नहीं जातीं. थोड़ा बाहर जाओगी, तो नए दोस्त बनेंगे, तुम को अच्छा भी लगेगा.’’

सौरभ का कहना मान कर घर से बाहर निकलने लगी. पर घर आ कर वही खालीपन. सब अपनेअपने कमरे में. किसी के पास मेरे लिए वक्त नहीं. जहां प्यार होता है वहां खुद को सुधारने की या बदलने की बात भी खयाल में नहीं आती. पर जब किसी का प्यार या साथ पाना हो तो खुद को बेहतर बनाने की सोच साथ चलती है. आज पास्ता बनाया सब के लिए. सोचा, सब खुश हो जाएंगे. पर हुआ उलटा ही. बहू बोली, ‘‘मां, यह तो नहीं खाया जाएगा.’’

यह वही बहू है, जिसे खाना बनाना तो दूर, बेलन पकड़ना भी मैं ने सिखाया. इस के हाथ की सब्जी सौरभ और उस के पिता तो खा भी नहीं पाते थे. सौरभ कहता, ‘‘मां, यह सब्जी नहीं खाई जाती है. खाना तुम ही बनाया करो. रिया के हाथ का यह खाना है या सजा?’’

जब रिया के पिता की एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी तब उसे दर्द से संभलने में मैं ने उस का कितना साथ दिया था. तब मैं अपने पति से कहती, ‘रिया का ध्यान रखा करो. पिता को यों अचानक खो देना उस के लिए बहुत दर्दनाक है. अब आप ही उस के पिता हैं.’

मेरे पति भी रिया का ध्यान रखते. वे बारबार अपनी मां से मिलने जाती, तो पोते को मैं संभाल लेती. उस की पढ़ाई का भी तो ध्यान रखना था न. इतना कदम से कदम मिला कर चलने के बाद भी आज यह सूनापन…

एक दिन बहू से कहा, ‘‘रिया, कालोनी की औरतें एकदूसरे के घर इकट्ठी होती हैं. चायनाश्ता भी हो जाता है. पिछले महीने मिसेज श्वेता की बहू ने अच्छा इंतजाम किया था. इस बार हम अपने घर सब को बुला लें क्या?’’ सुनते ही रिया बोली, ‘‘मां, अब यह झमेला कौन करेगा? रहने दो न, ये सब. मैं औफिस के बाद बहुत थक जाती हूं.’’

मैं ने कहा, ‘‘आजकल तो सब की बहुएं बाहर काम पर जाती हैं, पर उन्होंने भी तो किया था न. चलो, हम नहीं बुलाते किसी को, मैं मना कर देती हूं.’’ उस दिन से मैं ने उन लोगों के बीच जाना छोड़ दिया. कल मिसेज श्वेता मिल गईं तो मैं ने उन से कहा, ‘‘मुझे वृद्धाश्रम जाना है, अब इस घर में नहीं रहा जाता है. अभी पोते के इम्तिहान चल रहे हैं, इस महीने के आखिर तक मैं चली जाऊंगी.’’

यह सुन कर मिसेज श्वेता कुछ भी नहीं कह पाई थीं. बस, मेरे हाथ को अपने हाथ में ले लिया था. कहतीं भी क्या? सबकुछ तय कर लिया था. फिर भी जाते समय हमारे बच्चे को हम से कोई तकलीफ न हो, हम यही सोचते रहे. वक्त भी बड़े खेल खेलता है. वृद्धाश्रम का फौर्म ला कर रख दिया था. सोचा, जाने से पहले बता दूंगी.

आज दोपहर को दरवाजे की घंटी बजी. ‘इस समय कौन होगा?’ सोचते हुए मैं ने दरवाजा खोला तो सामने बहू खड़ी थी. मुझे देखते ही बोली, ‘‘मां, मेरी मां को दिल का दौरा पड़ा है. वे अस्पताल में हैं. मुझे उन के पास जाना है. सौरभ पुणे में है, अवि की परीक्षा है, मां, क्या करूं?’’ कहतेकहते रिया रो पड़ी. ‘‘तू चिंता मत कर. अवि को मैं पढ़ा दूंगी. छोटी कक्षा ही तो है. सौरभ से बात कर ले वह भी वहीं आ जाएगा.’’

4 दिनों बाद जब रिया घर आई तो आते ही उस ने मुझे बांहों में भर लिया. ‘‘क्या हो गया रिया, तुम्हारी मां अब कैसी है?’’ उस के इस व्यवहार के लिए मैं कतई तैयार नहीं थी. ‘‘मां अब ठीक हैं. बस, आराम की जरूरत है. अब मां ने आप को अपने पास बुलाया है. भाभी ने कहा है, ‘‘आप दोनों साथ रहेंगी तो मां को भी अच्छा लगेगा. वे आप को बहुत याद कर रही थीं.’’

रिया ने मेरा हाथ अपने हाथ में ले कर कहा, ‘‘मां, इस घर को आप ने ही संभाला है. आप के बिना ये सब असंभव था. यदि आप सबकुछ नहीं संभालतीं तो अवि के एक साल का नुकसान होता या मैं अपनी मां के पास नहीं जा पाती.’’ ‘‘अपने बच्चों का साथ नहीं दिया तो यह जीवन किस काम का. चल, अब थोड़ा आराम कर, फिर बातें करेंगे.’’

अगले दिन सुबह जब रिया मेरे साथ रसोई में काम कर रही थी, तो हम दोनों बातें कर रहे थे. दोपहर में तो घर सूना होता है पर आज हर तरफ रौनक लग रही थी. सोचा, चलो, मिसेज श्वेता से मिल कर आती हूं. उन के घर गई तो उन्होंने बड़े प्यार से पास बिठाया और बोलीं, ‘‘कल रात को रिया हमारे घर आई थी. मुझ से और मेरी बहू से पूछ रही थी कि हम ने अपने घर कितने लोगों को बुलाया और पार्टी का कैसा इंतजाम किया. इस बार तुम्हारे घर सब का मिलना तय कर के गई है. तुम्हें सरप्राइज देगी. तुम्हारे दिल का हाल जानती हूं, इसलिए तुम्हें बता दिया. बच्चे अपनी गलती समझ लें, यही काफी है. हम इन के बगैर नहीं

जी पाएंगे.’’ ‘‘यह तो सच है, हम सब को एकदूसरे की जरूरत है. सब अपनाअपना काम करें, थोड़ा वक्त प्रेम को दे दें, तो जीवन आसान लगने लगता है.’’

मिसेज श्वेता के घर से वापस आते समय मुझे धूप बहुत सुनहरी लग रही थी. लगा कि आज फिर वक्त के पंख लग गए हैं.

Hindi Story: निकम्मा – जिसे जिंदगीभर कोसा, उसी ने किया इंतजाम

Hindi Story: दीपक 2 साल बाद अपने घर लौटा था. उस का कसबा भी धीरेधीरे शहर के फैशन में डूबा जा रहा था. जब वह स्टेशन पर उतरा, तो वहां तांगों की जगह आटोरिकशा नजर आए. तकरीबन हर शख्स के कान पर मोबाइल फोन लगा था.

शाम का समय हो चुका था. घर थोड़ा दूर था, इसलिए बीच बाजार में से आटोरिकशा जाता था. बाजार की रंगत भी बदल गई थी. कांच के बड़े दरवाजों वाली दुकानें हो गई थीं. 1-2 जगह आदमीऔरतों के पुतले रखे थे. उन पर नए फैशन के कपड़े चढ़े हुए थे. दीपक को इन 2 सालों में इतनी रौनक की उम्मीद नहीं थी. आटोरिकशा चालक ने भी कानों में ईयरफोन लगाया हुआ था, जो न जाने किस गाने को सुन कर सिर को हिला रहा था.

दीपक अपने महल्ले में घुस रहा था, तो बड़ी सी एक किराना की दुकान पर नजर गई, ‘उमेश किराना भंडार’. नीचे लिखा था, ‘यहां सब तरह का सामान थोक के भाव में मिलता है’. पहले यह दुकान भी यहां नहीं थी.

दीपक के लिए उस का कसबा या यों कह लें कि शहर बनता कसबा हैरानी की चीज लग रहा था.

आटोरिकशा चालक को रुपए दे कर जब दीपक घर में घुसा, तो उस ने देखा कि उस के बापू एक खाट पर लेटे हुए थे. अम्मां चूल्हे पर रोटी सेंक रही थीं, जबकि एक ओर गैस का चूल्हा और गैस सिलैंडर रखा हुआ था.

दीपक को आया देख अम्मां ने जल्दी से हाथ धोए और अपने गले से लगा लिया. छोटी बहन, जो पढ़ाई कर रही थी, आ कर उस से लिपट गई.

दीपक ने अटैची रखी और बापू के पास आ कर बैठ गया. बापू ने उस का हालचाल जाना. दीपक ने गौर किया कि घर में पीले बल्ब की जगह तेज पावर वाले सफेद बल्ब लग गए थे. एक रंगीन टैलीविजन आ गया था.

बहन के पास एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन था, तो अम्मां के पास एक पुराना मोबाइल फोन था, जिस से वे अकसर दीपक से बातें कर के अपनी परेशानियां सुनाया करती थीं.

शायद अम्मां सोचती हैं कि शहर में सब बहुत खुश हैं और बिना चिंता व परेशानियों के रहते हैं. नल से 24 घंटे पानी आता है. बिजली, सड़क, साफसुथरी दुकानें, खाने से ले कर नाश्ते की कई वैराइटी. शहर यानी रुपया भरभर के पास हो. लेकिन यह रुपया ही शहर में इनसान को मार देता है. रुपयारुपया सोचते और देखते एक समय में इनसान केवल एक मशीन बन कर रह जाता है, जहां आपसी रिश्ते ही खत्म हो जाते हैं. लेकिन अम्मां को वह क्या समझाए?

वैसे, एक बार दीपक अम्मां, बापू और अपनी बहन को ले कर शहर गया था. 3-4 दिनों बाद ही अम्मां ने कह दिया था, ‘बेटा, हमें गांव भिजवा दो.’

बहन की इच्छा जाने की नहीं थी, फिर भी वह साथ लौट गई थी. शहर में रहने का दर्द दीपक समझ सकता है, जहां इनसान घड़ी के कांटों की तरह जिंदगी जीने को मजबूर होता है.

अम्मां ने दीपक से हाथपैर धो कर आने को कह दिया, ताकि सीधे तवे पर से रोटियां उतार कर उसे खाने को दे सकें. बापू को गैस पर सिंकी रोटियां पसंद नहीं हैं, जिस के चलते रोटियां तो चूल्हे पर ही सेंकी जाती हैं. बहन ने हाथपैर धुलवाए. दीपक और बापू खाने के लिए बैठ गए.

दीपक जानता था कि अब बापू का एक खटराग शुरू होगा, ‘पिछले हफ्ते भैंस मर गई. खेती बिगड़ गई. बहुत तंगी में चल रहे हैं और इस साल तुम्हारी शादी भी करनी है…’

दीपक मन ही मन सोच रहा था कि बापू अभी शुरू होंगे और वह चुपचाप कौर तोड़ता जाएगा और हुंकार भरता जाएगा, लेकिन बापू ने इस तरह की कोई बात नहीं छेड़ी थी.

पूरे महल्ले में एक अजीब सी खामोशी थी. कानों में चीखनेचिल्लाने या रोनेगाने की कोई आवाज नहीं आ रही थी, वरना 2 घर छोड़ कर बद्रीनाथ का मकान था, जिन के 2 बेटे थे. बड़ा बेटा गणेश हाईस्कूल में चपरासी था, जबकि दूसरा छोटा बेटा उमेश पोस्ट औफिस में डाक रेलगाड़ी से डाक उतारने का काम करता था.

अचानक न जाने क्या हुआ कि उन के छोटे बेटे उमेश का ट्रांसफर कहीं और हो गया. तनख्वाह बहुत कम थी, इसलिए उस ने जाने से इनकार कर दिया. जाता भी कैसे? क्या खाता? क्या बचाता? इसी के चलते वह नौकरी छोड़ कर घर बैठ गया था.

इस के बाद न जाने किस गम में या बुरी संगति के चक्कर में उमेश को शराब पीने की लत लग गई. पहले तो परिवार वाले बात छिपाते रहे, लेकिन जब आदत ज्यादा बढ़ गई, तो आवाजें चारदीवारी से बाहर आने लगीं.

उमेश ने शराब की लत के चलते चोरी कर के घर के बरतन बेचने शुरू कर दिए, फिर घर से गेहूंदाल और तेल वगैरह चुरा कर और उन्हें बेच कर शराब पीना शुरू कर दिया. जब परिवार वालों ने सख्ती की, तो घर में कलह मचना शुरू हो गया.

उमेश दुबलापतला सा सांवले रंग का लड़का था. जब उस के साथ परिवार वाले मारपीट करते थे, तो वह मुझे कहता था, ‘चाचा, बचा लो… चाचा, बचा लो…’

2-3 दिनों तक सब ठीक चलता, फिर वह शराब पीना शुरू कर देता. न जाने उसे कौन उधार पिलाता था? न जाने वह कहां से रुपए लाता था? लेकिन रात होते ही हम सब को मानो इंतजार होता था कि अब इन की फिल्म शुरू होगी. चीखना, मारनापीटना, गली में भागना और उमेश का चीखचीख कर अपना हिस्सा मांगना… उस के पिता का गालियां देना… यह सब पड़ोसियों के जीने का अंग हो गया था.

इस बीच 1-2 बार महल्ले वालों ने पुलिस को बुला भी लिया था, लेकिन उमेश की हालत इतनी गईगुजरी थी कि एक जोर का थप्पड़ भी उस की जान ले लेता. कौन हत्या का भागीदार बने? सब बालबच्चों वाले हैं. नतीजतन, पुलिस भी खबर होने पर कभी नहीं आती थी.

उमेश को शराब पीते हुए 4-5 साल हो गए थे. उस की हरकतों को सब ने जिंदगी का हिस्सा मान लिया था. जब उस का सुबह नशा उतरता, तो वह नीची गरदन किए गुमसुम रहता था, लेकिन वह क्यों पी लेता था, वह खुद भी शायद नहीं जानता था. महल्ले के लिए वह मनोरंजन का एक साधन था. उस की मित्रमंडली भी नहीं थी. जो कुछ था परिवार, महल्ला और शराब थी. परिवार के सदस्य भी अब उस से ऊब गए थे और उस के मरने का इंतजार करने लगे थे. एक तो निकम्मा, ऊपर से नशेबाज भी.

लेकिन कौऐ के कोसने से जानवर मरता थोड़े ही है. वह जिंदा था और शराब पी कर सब की नाक में दम किए हुए था.

लेकिन आज खाना खाते समय दीपक को पड़ोस से किसी भी तरह की आवाज नहीं आ रही थी. बापू हाथ धोने के लिए जा चुके थे.

दीपक ने अम्मां से रोटी ली और पूछ बैठा, ‘‘अम्मां, आज तो पड़ोस की तरफ से लड़ाईझगड़े की कोई आवाज नहीं आ रही है. क्या उमेश ने शराब पीना छोड़ दिया है?’’

अम्मां ने आखिरी रोटी तवे पर डाली और कहने लगीं, ‘‘तुझे नहीं मालूम?’’

‘‘क्या?’’ दीपक ने हैरानी से पूछा.

‘‘अरे, जिसे ये लोग निकम्मा समझते थे, वह इन सब की जिंदगी बना कर चला गया…’’ अम्मां ने चूल्हे से लकडि़यां बाहर निकाल कर अंगारों पर रोटी को डाल दिया, जो पूरी तरह से फूल गई थी.

‘‘क्या हुआ अम्मां?’’

‘‘अरे, क्या बताऊं… एक दिन उमेश ने रात में खूब छक कर शराब पी, जो सुबह उतर गई होगी. दोबारा नशा करने के लिए वह बाजार की तरफ गया कि एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. बस, वह वहीं खत्म हो गया.’’

‘‘अरे, उमेश मर गया?’’

‘‘हां बेटा, लेकिन इन्हें जिंदा कर गया. इस हादसे के मुआवजे में उस के परिवार को 18-20 लाख रुपए मिले थे. उन्हीं रुपयों से घर बनवा लिया और तू ने देखा होगा कि महल्ले के नुक्कड़ पर ‘उमेश किराने की दुकान’ खोल ली है. कुछ रुपए बैंक में जमा कर दिए. बस, इन की घर की गाड़ी चल निकली.

‘‘जिसे जिंदगीभर कोसा, उसी ने इन का पूरा इंतजाम कर दिया,’’ अम्मां ने अंगारों से रोटी उठाते हुए कहा.

दीपक यह सुन कर सन्न रह गया. क्या कोई ऐसा निकम्मा भी हो सकता है, जो उपयोगी न होने पर भी किसी की जिंदगी को चलाने के लिए अचानक ही सबकुछ कर जाए? जैसे कोई हराभरा फलदार पेड़ फल देने के बाद सूख जाए और उस की लकडि़यां भी जल कर आप को गरमागरम रोटियां खाने को दे जाएं. हम ऐसी अनहोनी के बारे में कभी सोच भी नहीं सकते.

Housefull 5 में दिखेंगे ट्विस्ट पर ट्विस्ट, हर थिएटर में होगा अलग क्लाइमैक्स

अक्षय कुमार, रितेश देशमुख सहित कई बड़े कलाकार एकसाथ बड़े परदे पर दिखने जा रहे हैं और इस का क्रेडिट जाता है प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला को. जी हां, ‘हाउसफुल 5’ (Housefull 5) का ट्रेलर यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया है, जिसे देख कर फैंस के लिए अब इस फिल्म का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है. ‘हाउसफुल 5’ (Housefull 5) 6 जून को रिलीज होने के लिए बिलकुल तैयार है. हालांकि ‘हाइसफुल 5’ (Housefull 5) का ट्रेलर लौंच इवैंट मुंबई में रखा गया, जिस में इस फिल्म के सभी कलाकारों को एकसाथ देखा गया.

ट्रेलर लौंच इवैंट के चलते ‘हाउसफुल 5’ (Housefull 5) के प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने फिल्म को ले कर एक बहुत ही इंट्रस्टिग बात बताई जिसे सुन हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने बताया कि वे एक कौन्सैप्ट पर पिछले 30 सालों से काम कर रहे थे और ऐसा कौन्सैप्ट आज तक कभी इंडियन सिनेमा में देखने को नहीं मिला है. साजिद इस फिल्म का क्लाइमैक्स कुछ इस कदर बनाना चाहते थे कि फिल्म देखने के बाद लोग लंबे समय तक इस फिल्म के बारे में बात कर सकें.

साजिद नाडियाडवाला ने बताया कि ‘हाउसफुल 5’ (Housefull 5) के क्लाइमैक्स की कहानी कुछ ऐसी है जो हर थिएटर में अलग होगी तो यह आप के ऊपर निर्भर करता है कि आज किस मूवी थिएटर में फिल्म देख रहे हैं.

साजिद नाडियाडवाला ने इस फिल्म के क्लाइमैक्स के बारे में बात करते हुए आगे बताया, “अगर आप इसे गेयटी में देखेंगे, तो इस में क्लाइमैक्स में आप को अलग किलर देखने को मिलेगा. पीवीआर स्क्रीन नंबर 4 में, आप को एक अलग हत्यारा दिखाई देगा और पीवीआर स्क्रीन नंबर 5 में कोई और दोषी होगा. कुलमिला कर जब भी आप इस मूवी को अलगअलग थिएटर में देखेंगे, तो आप को अलग ही एंडिंग देखने को मिलेगी.”

अब देखने वाली बात यह होगी कि दर्शकों को साजिद का यह यूनीक कौन्सैप्ट कैसा लगता है. आप को बता दें, ‘हाउसफुल 5‘ (Housefull 5) में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, फरदीन खान, श्रेयस तलपड़े, नाना पाटेकर, जैकी श्रौफ, डिनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडीज, नरगिस फाखरी, चित्रांगदा सिंह, सोनम बाजवा, सौंदर्या शर्मा, चंकी पांडे और जौनी लीवर जैसे कई बड़े एक्टर्स शामिल हैं.

Sexual Favour: एक आदमी पैसों के बदले मेरे साथ रात गुजारने को कह रहा है

Sexual Favour: अगर आप भी अपनी समस्या भेजना चाहते हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें.

सवाल –

मैं मुरादाबाद की रहने वाली लड़की हूं और मेरी उम्र 31 साल है. हमारे घर में मैं, मेरा छोटा भाई और मेरी मां रहती हैं. मेरे पिताजी का देहांत पिछले साल ही हुआ है. मेरे भाई को नशे की लत लग चुकी है, जिस के चलते उस ने एक दबंग आदमी से पैसे उधार ले लिए. मैं बड़ी ही मुश्किल से नौकरी कर अपना घर चलाती हूं और नशे की आदत लगने की वजह से मेरा भाई भी कुछ नहीं कमाता. जिस आदमी से उस ने पैसे लिए हैं वह हर दूसरे दिन हमारे घर आ कर पैसे मांगता है, लेकिन उसे देने के लिए हमारे पास पैसे नहीं हैं. उस ने कुछ दिनों पहले मेरी मां को धमकी दी है कि अगर हम ने उस के पैसे जल्दी नहीं लौटाए तो वे लोग मुझे उठा कर ले जाएंगे. शहर में उन का दबदबा भी बहुत है, जिस कारण उन के आगे कोई कुछ नहीं बोलता. कल ही वह आदमी दोबारा आया था और मेरी मां घर नहीं थीं, तो उस ने मुझे अकेला पा कर मेरे साथ बदतमीजी की और यह कह कर गया है कि अगर और ज्यादा टाइम चाहिए तो उस के साथ मुझे एक रात गुजारनी पड़ेगी. मैं क्या करूं मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा?

जवाब –

आप के भाई ने ऐसे आदमी से पैसे उधार ले कर बहुत बड़ी गलती की है. सब से पहले तो आप अपने भाई को किसी नशा मुक्ति केंद्र में भेजें ताकि वह नशा छोड़ सके और उसे अपनी गलती का पछतावा हो और अपने घर की हालत समझे. अगर वह ऐसा नहीं करेगा तो न जाने और कितने लोगों से पैसे उधार लेता रहेगा, जिस के लिए आप को और भी ज्यादा परेशान होना पड़ सकता है.

आप इस केस में पुलिस की मदद लीजिए और पुलिस को सारी बातें बता दीजिए. ऐसा करने से पुलिस आप के साथ उस आदमी के पास जा कर बात कर सकती है और पुलिस के रहते वे कोई बदतमीजी भी नहीं कर पाएगा. आप उस आदमी को शांति से अपनी हालत समझाइए और वादा कीजिए कि धीरेधीरे आप उस के पैसे लौटा देंगी. पैसे आप के भाई ने लिए हैं तो चुकाने तो पड़ेंगे.

अगर उस के बाद वह आदमी आप के साथ कोई घिनौना काम करने की कोशिश करना है या धमकी देता है तो आप पुलिस में उस के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दीजिए और ऐसा करने से पहले वह जब भी आप के घर आए तो कोशिश कीजिए कि किसी तरह उस की वीडियो बना ली जाए, ताकि आप के पास भी कोई सुबूत हो पुलिस को दिखाने के लिए. ऐसे केस में जरूरी है किसी लेडी पुलिस का होना तो आप पुलिस स्टेशन जा कर हमेशा लेडी पुलिस की हाजिरी में ही बात कीजिए.

व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या इस नम्बर पर 8588843415 भेजें.

Meerut Crime News: प्रेमिका को नशा देकर बनाया संबंध, फिर क्यों ली जान?

Meerut News : दिल्ली से करीब 50 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में एक कस्बा है दौराला. यहीं पर एक गांव है लोइया, जहां 13 जून 2019 को इसी गांव के रहने वाले शबी अहमद के खेत से एक कुत्ता किसी मानव अंग को ले कर भाग रहा था. कुत्ते को मानव अंग ले कर भागते हुए गांव में रहने वाले ईश्वर पंडित ने देख लिया था. उसे शक हुआ कि हो ना हो वहां किसी इंसान को मार कर दबाया गया है. ईश्वर ने पहले गांव के कुछ लोगों को ये बात बताई. सब उस जगह पहुंचे, जहां से कुत्ता मानव अंग ले कर भागा था. तलाश करने पर खेत में एक जगह वो गड्ढा मिल गया, जहां एक लाश दबी थी और कुत्ते के खोदने से लाश का कुछ हिस्सा बाहर झांक रहा था. लिहाजा ईश्वर पंडित ने गांव वालों के साथ इस की सूचना दौराला पुलिस को दे दी.

दौराला थाने के एसएचओ इंसपेक्टर जनक सिंह चौहान तत्काल अपनी टीम के साथ लोइया गांव पहुंच गए. पुलिस ने आ कर शबी अहमद के खेत की खुदाई करवाई तो वहां वाकई एक लाश मिली. लाश किसी महिला की थी, जिस का सिर और दोनों हाथ गायब थे. शरीर पर अंतर्वस्त्र को छोड़ कर कोई भी कपड़ा नहीं था. देखने से ही लग रहा था कि शायद उस के साथ दुष्कर्म किया गया है जिस के बाद बेदर्दी से उस की हत्या कर के शव को वहां दबा दिया गया है. घटना दिल दहलाने और किसी को भी झकझोर देने वाली थी. इसलिए एसएचओ ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी.

सूचना मिलते ही सीओ जितेंद्र सिंह सरगम, एसपी (सिटी) अखिलेश नारायण सिंह और मेरठ के एसएसपी अजय कुमार साहनी भी क्राइम टीम और डौग स्क्वायड को ले कर मौके पर पहुंच गए. आमतौर पर पुलिस के लिए हत्या के मामले सामने आने की घटना होना कोई आश्चर्य वाली बात नहीं थी. लेकिन जिस तरह से इस महिला की हत्या की गई थी, वह जरूर हैरत में डालने वाली बात थी. क्योंकि उस का सिर तथा दोनों हाथ काटने के पीछे का रहस्य किसी की समझ में नहीं आ रहा था. सिर काटने के पीछे का मकसद तो समझ में आता था कि क्योंकि चेहरा देखने से उस की पहचान हो सकती थी इसलिए कातिल ने उस का सिर काटा होगा. लेकिन उस के दोनों हाथ कंधे से काट दिए गए थे, ये सब की समझ से परे था.

शव बुरी तरह से सड़गल चुका था. इस का मतलब था कि हत्या कर के शव कई दिन पहले दबाया गया होगा. शव की हालत देखने से एक दूसरी बात भी साफ हो रही थी कि लाश के सिर और हाथ काटने वाला अपराधी बेहद क्रूर होगा तथा उसे गांव में लड़की की पहचान का डर रहा होगा. इस के बाद क्राइम टीम ने पहले डौग स्क्वायड की मदद से शव के दूसरे हिस्सों और कातिल का सुराग लगाने का प्रयास किया. लेकिन काफी समय बीत जाने के कारण शायद कातिल की गंध और शव के दूसरे हिस्सों की गंध उड़ चुकी होगी . इसलिए डिटेक्टिव कुत्तों से कोई मदद नहीं मिल सकी.

इस के बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की मदद से पूरे खेत की खुदाई करवाई लेकिन खेत में शरीर का कोई दूसरा हिस्सा बरामद नहीं हो सका. इस दौरान पुलिस की एक टीम ने लोइया गांव के लोगों को बुला कर शव दिखाया और यह जानने की कोशिश की कि कहीं इस गांव की किसी लड़की का तो ये शव नहीं है. लेकिन पता चला कि गांव से कोई महिला या लड़की गायब नहीं थी. हालांकि उस की पहचान बिना सिर के कारण कोई नहीं कर पा रहा था. एसएसपी अजय साहनी के निर्देश पर उसी दिन शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और थाना दौराला में अपराध संख्या भादंसं की धारा 302 पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया.

सीओ जितेंद्र सिंह सरगम ने एसएचओ जनक सिंह चौहान की निगरानी में इस केस की जांच का जिम्मा एसआई एम.पी. सिंह को सौंप दिया और उन के सहयोग के लिए एसआई राजकुमार तथा कुछ पुलिसकर्मियों को नियुक्त कर दिया. शव का पोस्टमार्टम होने के बाद जांच अधिकारी ने 3 दिन तक अज्ञात महिला की लाश को अस्पताल में सुरक्षित रखवाया लेकिन आसपास के इलाके में मुनादी और समाचार पत्रों में उस लाश की जानकारी छपवाने के बाद भी जब कोई उस की पहचान के लिए नहीं आया तो पुलिस ने लावारिस के तौर पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

लाश के ब्लड सैंपल और टिश्यू सैंपल सुरक्षित रख लिए गए. दौराला थाने की पुलिस अपने तरीके से इस हत्याकांड की जांच को सुलझाने के काम में लगी थी. लेकिन इस के अलावा एसएसपी अजय कुमार साहनी ने सर्विलांस टीम के इंचार्ज हैड कांस्टेबल मनोज दीक्षित को उन की टीम के साथ इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के काम पर लगा दिया. सर्विलांस टीम ने जांच तो शुरू कर दी, मगर पुलिस को तत्काल ऐसे साक्ष्य नहीं मिले, जिस से पुलिस मृतका की पहचान कर पाती या पुलिस के हाथ कातिल की गरदन तक पहुंचते. वक्त धीरेधीरे गुजरता रहा और लोइया गांव में मिले अज्ञात महिला के शव की फाइल पर धूल की परतें जमती रहीं. कहते हैं कातिल कितना भी चालाक हो, लेकिन एक दिन पुलिस के हाथ उस की गरदन तक पहुंच ही जाते हैं.

2 जून, 2020 को मेरठ के एसएसपी अजय साहनी के कौन्फ्रैंस कक्ष में पत्रकारों की भीड़ जमा थी. कोरोना की महामारी का संकट पूरे जोरों पर था और लौकडाउन के कारण पूरा देश अपने घरों के अंदर था. लेकिन उस दिन एसएसपी ने एक साल पहले लोइया गांव में मिली अज्ञात लड़की की हत्या के राज से परदा हटा दिया. लोइया गांव के खेत में मिली वह लाश एकता जसवाल (20) की थी और उस की हत्या लोइया गांव में रहने वाले शाकेब ने अपने भाई मुशर्रत, अपनी पत्नी इस्मत, पिता मुस्तकीम, एक अन्य भाई नावेद की पत्नी रेशमा और गांव के रहने वाले दोस्त अयान के साथ मिल कर की थी. एकता की हत्या करने वाले सभी 6 आरोपियों को सर्विलांस टीम के मुखिया मनोज दीक्षित ने अपनी टीम के कांस्टेबल शाहनवाज राणा, कांस्टेबल बंटी सिंह, महेश कुमार और सौरभ सिंह ने गहन जांच के बाद गिरफ्तार किया था.

मांबाप की एकलौती बेटी थी एकता आरोपियों से पूछताछ के बाद जब एकता की हत्या का पूरा सच सामने आया तो लव जेहाद की एक ऐसी कहानी से परदा उठा, जिस से पता चला कि बिना विचार किए अंजान लड़कों के प्रेम जाल में फंसने वाली लड़कियां किस तरह लव जेहाद का शिकार हो कर अपनी जिंदगी को दांव पर लगा देती हैं. एकता जसवाल मूलरूप से हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले की तहसील डेहरा के गांव चिनौर में रहने वाले कर्मवीर जसवाल और बबीता जसवाल की एकलौती बेटी थी. एकता के पिता कांगड़ा की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर थे, जबकि मां घरेलू महिला.

मध्यवर्गीय परिवार में जन्मी एकता के सपने पढ़लिख कर बड़ी नौकरी हासिल करने के थे. घर में कोई कमी नहीं थी, इसलिए मातापिता ने एकलौती बेटी की ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए उसे पढ़नेलिखने की पूरी आजादी दी, मनचाही जिंदगी जीने का मौका दिया. कांगड़ा में अच्छे स्कूल नहीं थे, न ही ऊंची पढ़ाई करने का माहौल, इसलिए इंटरमीडिएट करने के बाद एकता पढ़ाई करने के लिए लुधियाना आ गई और बीकौम की पढ़ाई करने के लिए एक अच्छे कालेज में दाखिला ले लिया. पढ़ाई करने के साथ एकता अपने खर्चे चलाने के लिए पार्टटाइम जौब भी करने लगी थी. धीरेधीरे उस ने बीकौम की पढ़ाई पूरी कर ली. एक साल पहले वह लुधियाना की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करती थी और लुधियाना अंकुजा आनंद नगर, खब्बेवार गली नंबर 1 में बी-34 नंबर मकान में किराए का कमरा ले कर रहती थी.

यहीं पर उस की जिंदगी में पंकज सिंह नाम का एक नौजवान आया. पंकज भी एक दूसरी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में नौकरी करता था. जल्द ही पंकज तथा एकता की दोस्ती प्यार में बदल गई. पंकज संपन्न और प्रतिष्ठित परिवार का युवक था. पंकज और एकता के बीच कुछ ही दिनों में इतनी प्रगाढ़ता हो गई कि एकता उस के साथ जिंदगी गुजारने के सपने देखने लगी. लेकिन पंकज एक ऐसा मनचला भंवरा था, इसलिए दूसरी लड़की से संपर्क में आने के बाद उस ने एकता से दूरी बना ली. एकता की समझ में नहीं आ रहा था कि उस में आखिर ऐसी कौन सी कमी है जो पंकज उसे नजरअंदाज करने लगा है. पंकज को उस ने कई बार मनाने और जानने की कोशिश की लेकिन पंकज ने हर बार उसे झिड़क दिया. एकता पर पंकज को पाने का जुनून सवार था. वह किसी भी तरह पंकज को हासिल कर के अपनी लाइफ सेटल करना चाहती थी.

पंजाब और हरियाणा ऐसी जगह है, जहां लोग टोनेटोटके और झाड़फूंक करने वाले तथाकथित तांत्रिकों पर जरूरत से ज्यादा विश्वास करते हैं. एकता ने भी तांत्रिक की वशीकरण विद्या के कई किस्से सुन रखे थे, लिहाजा उस ने पंकज को अपने वश में करने के लिए किसी तांत्रिक से वशीकरण उपाय कराने का मन बनाया. एक समाचार पत्र में छपे विज्ञापन के आधार पर एक दिन उस ने फोन पर अमन नाम के एक तांत्रिक से बात की. अमन ने एकता को भरोसा दिलाया कि वह सौ फीसदी ऐसा उपाय कर देगा कि उस का आशिक पूरी तरह उस पर लट्टू हो जाएगा.

प्रेमी को वश में करने के लिए गई एकता तांत्रिक के पास  2 दिन बाद ही एकता मोतीनगर स्थित तांत्रिक अमन के औफिस पहुंची. अमन तंत्रमंत्र का काम जरूर करता था लेकिन बातचीत में वह बेहद सलीकेदार था. पहनावे और शक्लसूरत से भी वह बेहद आकर्षक था. फीस तय होने के बाद एकता ने अमन को अपनी समस्या बताई. बातों ही बातों में अमन ने यह भी जान लिया कि एकता कांगड़ा में रहने वाले अपने परिवार से दूर लुधियाना में अकेली रहती है और अपने परिवार की इकलौती लड़की है. अमन समझ गया कि एकता उस के लिए सोने का अंडा देने वाली मुर्गी साबित हो सकती है. क्योंकि उस के आगेपीछे रोकटोक करने वाला कोई नहीं था.

लिहाजा अमन ने उस दिन के बाद और भी ज्यादा सलीके से रहना और बातचीत करना शुरू कर दिया. उस ने कुछ ऐसा चक्कर चलाया कि धीरेधीरे एकता पंकज को भूल कर सिर्फ अमन के बारे में सोचने लगी. अमन और एकता के बीच कुछ ही दिनों में एक तांत्रिक और पीडि़त वाले संबंधों की जगह दोस्ती के संबंध कायम हो गए. दोनों के बीच अब घंटों तक वाट्सऐप चैटिंग, कालिंग और फोन पर बात होने लगी. धीरेधीरे एकता को अमन से बात करतेकरते इस बात का भी आभास हो गया कि अमन कम पढ़ालिखा जरूर है लेकिन जिस काम को वो करता है उस में इतना पैसा है कि वह चाहे तो लाखों कमा सकता है. जब भी समय मिलता अमन एकता को कभी किसी रेस्टोरेंट में ले जाता तो कभी सिनेमा में मूवी दिखाता.

एकता के दिलोदिमाग से अब पंकज की मोहब्बत का जुनून लगभग पूरी तरह से उतर चुका था. अमन के साथ उस की दोस्ती धीरेधीरे दीवानगी की हद तक परवान चढ़ती जा रही थी. दोनों की दोस्ती को करीब डेढ़ महीने बीत चुका था कि इसी दौरान अमन को अपने पार्टनर तांत्रिक से पैसे के लेनदेन को ले कर झगड़ा हो गया. दरअसल अमन दिलशाद नाम के जिस तांत्रिक के औफिस में काम करता था, उस के ऊपर धीरेधीरे अमन का ग्राहक पटा कर लाने का 3 लाख रुपए का कमीशन जमा हो चुका था. एक दिन हुआ यूं कि लेनदेन के इसी विवाद में अमन और दिलशाद के बीच हाथापाई हो गई.

दिलशाद ने अमन को अपने यहां से हटा दिया. इस के बाद अमन ने लुधियाना के किसी दूसरे तांत्रिक के साथ मिल कर काम शुरू कर दिया. लेकिन वहां भी एक महीने से ज्यादा अमन की नहीं पटी. क्योंकि दिलशाद की तरह वह तांत्रिक भी आसामियों से मिलने वाला सारा पैसा खुद ही हजम कर लेता था. अब उस ने मन बना लिया कि वह अंजान लोगों के इस इलाके में काम ही नहीं करेगा. उस ने करनाल जाने की तैयारी कर ली. करनाल में उस के गांव के कई लड़के तंत्रमंत्र और टोनेटोटके का काम करते थे. उस ने सोचा क्यों न वह अपने दोस्तों के सहयोग से करनाल में अपना खुद का काम शुरू करे.

लेकिन इस काम के लिए तो पैसे की जरूरत थी. अचानक उसे एकता का खयाल आया. उस ने सोचा क्यों न एकता को झांसे में ले कर उस से मोटी रकम ऐंठी जाए. करनाल छोड़ने से पहले अमन ने एकता से मुलाकात की और उसे पिछले दिनों में अपने साथ पार्टनर तांत्रिकों द्वारा किए गए धोखे के बारे में बताया. उस ने कहा कि वह करनाल जा रहा है, वहां जा कर वह कोई ठीया देख कर खुद का औफिस शुरू कर देगा. अपना काम होगा तो वह लाखों रुपए कमा लेगा. कामधंधा जमाने के बाद अमन ने एकता से शादी करने का भी वायदा कर लिया.

अमन करनाल में गांव के रहने वाले अपने दोस्तों के पास करनाल चला गया और वहां कुछ दिन में ही उस ने अपना एक दफ्तर खोल कर तंत्रमंत्र जादू टोने और वशीकरण का काम शुरू कर दिया. अमन ने किराए का एक कमरा भी ले लिया. कमरा लेने के बाद अमन ने एक दिन एकता को फोन किया. इधर अमन के करनाल जाने के बाद जैसे एकता पर मुसीबतों का दौर शुरू हो गया था. अचानक उस की नौकरी छूट गई. वह समझ नहीं पा रही थी कि क्या करे. ऐसे में उसे अमन की बेहद याद सता रही थी. अचानक उस दिन जब अमन का फोन आया तो उसे लगा जैसे डूबते को किनारा मिल गया हो. बातचीत में एकता ने उसे बता दिया कि उस की नौकरी चली गई है और वह खुद को अकेला महसूस कर रही है.

अमन ने कहा, ‘‘अब तुम लुधियाना छोड़ो, क्योंकि यहां मैं ने अपना औफिस खोल लिया है. सामान ले कर मेरे पास चली आओ. यहीं पर तुम्हारी नौकरी का भी इंतजाम कर दूंगा. इस के बाद हम दोनों यहीं पर अपनी गृहस्थी बसाएंगें.’’

अमन की बातें सुन कर एकता भविष्य के सुनहरे ख्वाब संजोने लगी. अमन ने उसे अपना पता भेज दिया और अगले कुछ दिन बाद ही एकता लुधियाना से अपना बोरियाबिस्तर समेट कर करनाल अमन के पास पहुंच गई. 1-2 दिन साथ रहने के बाद अमन ने एकता से कहा, ‘‘देखो एकता, अगर हमें अपना भविष्य सुनहरा बनाना है और अपने काम से मोटा पैसा कमाना है तो इस के लिए हमें कुछ मोटी रकम खर्च करनी होगी ताकि हम अपने काम को बड़े स्तर से कर सकें. इसलिए अगर तुम अपने परिवार से कुछ पैसा मांग कर मेरी मदद कर सको तो हमारी आगे की जिंदगी बहुत हसीन हो जाएगी.’’

प्रेमी की मदद करने के लिए,एकता पहुंची अपने घर एकता अमन के प्यार में इस कदर दीवानी हो चुकी थी कि उस पर आंख मूंद कर विश्वास करने लगी थी. कुछ महीने पहले जो एकता अमन के पास किसी और के वशीकरण के लिए आई थी वह अब खुद अमन के वशीकरण का शिकार हो चुकी थी. अमन की बातों का एकता पर ऐसा असर हुआ कि वह पैसे लेने के लिए अपने परिवार के पास कांगड़ा चली गई. कांगड़ा में अपने घर पहुंच कर उस ने अपनी मां बबीता को यह नहीं बताया कि वह लुधियाना छोड़ कर करनाल चली गई है. उस ने यह बताया कि अमन नाम के एक लड़के से वह प्यार करती है.

‘‘कौन है, कहां का रहने वाला है और किस जाति का है?’’ मां ने पूछा

‘‘मां ये तो पता है कि वो मेरठ का रहने वाला है, लेकिन जाति का नहीं पता वैसे जितना मैं ने उसे जाना है, अच्छी जाति का ही होगा.’’

एकता ने जिस भोलेपन से जवाब दिया उसे देखसुन कर मां बबीता ने अपना सिर पीट लिया, ‘‘तेरा दिमाग तो ठीक है लड़की, जिस लडके से शादी करना चाहती है, यह तक नहीं पता कि वह किस जाति का है, गोत्र क्या है. अरे वह कुछ कामधाम भी करता है या उसे भी हमारी छाती पर ही ला कर पालेगी.’’ बबीता का पारा चढ़ने लगा.

‘‘देखो मां, वह अच्छाखासा पैसा कमाता है. लोगों की समस्याएं सुलझाता है. कंसलटेंसी का काम करता है.’’ एकता ने मां से अमन के असल कामधंधे की बात छिपा कर इस तरीके से उस के काम का परिचय दिया ताकि मां को अच्छा लगे.

‘‘देख लड़की तेरे पापा ने बड़ी मेहनत से एकएक पाई जोड़ कर तेरी शादी के लिए कुछ गहने बनवाए हैं और पैसा जोड़ा है. अब तू पढ़लिख चुकी है…बहुत हो चुका, छोड़ ये नौकरी और घर आ जा. कोई अच्छा सा लड़का देख कर तेरे हाथ पीले कर देंगे.’’ मां ने समझाया. मां का लहजा देख कर एकता भी समझ गई कि वह अमन से उस की शादी कतई नहीं करेंगी और न ही उस के लिए मातापिता से उसे कोई आर्थिक मदद मिलेगी. लिहाजा जल्दी ही एकता यह कह कर अपने घर से लुधियाना के लिए चली गई कि वह अंबाला में मामाजी के घर होते हुए लुधियाना चली जाएगी और कुछ दिन में नौकरी से सारा हिसाबकिताब कर के वापस यहां आ जाएगी.

लेकिन इस दौरान एकता ने अपने घर में मां की अलमारी में रखे करीब 3 लाख रुपए की नकदी और 12 लाख रुपए के गहने चुरा कर अपने बैग में रख लिए थे. क्योंकि वह मानती थी कि इन पैसों और गहनों पर तो उसी का अधिकार है. अब वह इन्हें जिस तरह चाहे अपने ऊपर खर्च करे. अपने ही घर से गहने और रुपया चुरा कर एकता अंबाला में अपने मामा के घर पहुंची और वहां एक रात रुकी. मामा अच्छे संपन्न व्यापारी थे. घर में रुपएपैसे और गहनों की कमी नहीं थी. उसी रात एकता ने अमन के प्यार की दीवानगी में अपने मामा के घर से करीब 2 लाख रुपए नकद और 7 लाख रुपए के गहने चुरा कर अपने बैग में रख लिए.

अगली सुबह जब तक किसी को कुछ पता चलता तब तक वह मामा के घर से लुधियाना जाने की बात कह कर निकल गई. एकता ने अपने माता और मामा के घर से करीब 25 लाख के गहने और नकदी चुरा ली थी. वह लुधियाना के बजाय सीधे करनाल पहुंच गई. एकता ने मातापिता और मामा के घर से चुराए गए नकद रुपए और गहने ले जा कर अमन के हाथों में सौंप दिए और बोली, ‘‘देखो अमन, मैं अपने घर से जेवर और रुपए चुरा कर ले तो आई हूं, लेकिन एक बात साफ समझ लो कि अब मैं अपने घर में नहीं जा सकती. मैं ने तुम पर भरोसा किया है, मेरे भरोसे का खून मत कर देना.’’

इतनी बड़ी रकम और लाखों के गहने देख कर अमन की खुशी की सीमा नहीं रही. उस ने महीनों की मोहब्बत के बाद आज पहली बार एकता को अपनी बांहों में भर लिया. उस के माथे पर एक प्यारभरी जुंबिश दे कर बोला, ‘‘कैसी बात करती हो पगली, मेरी दुनिया भी तो तुम तक ही सीमित है. तुम फिक्र मत करो, हम 1-2 दिन में ही शादी कर लेंगे और तुम्हें परिवार की चिंता करने की जरूरत नहीं है. मेरा परिवार भी तो तुम्हारा ही परिवार है. शादी के बाद मैं तुम्हें अपने परिवार वालों के पास ले चलूंगा. देखना मेरा परिवार तुम्हें इतना प्यार देगा कि तुम दुनिया को भूल जाओगी.’’

अमन की बातें सुन कर एकता की आंखें डबडबा आईं. एकता अपनी किस्मत पर इतराने लगी क्योंकि वह तो पंकज की चाहत में अमन से मिली थी, लेकिन उसे क्या पता था कि किस्मत उस के लिए पंकज से भी अच्छा जीवनसाथी चुन चुकी है.  इधर जब एकता अपने परिवार और मामा के घर से नकदी और गहने चोरी कर के भागी तो अगले दिन तक ही उस के मातापिता और मामा के घर में पता चल गया कि वह घर से चोरी कर के भागी है. मामा और मामी एकता के मातापिता के पास पहुंचे तो उन्हें सारी बात पता चली. पूरा परिवार चिंता में डूब गया. क्या किया जाए इस पर विचार किया गया. एक बात तो साफ थी कि एकता ने अपने ही घर में चोरी करने का ये काम अमन नाम के अपने उस प्रेमी की मदद करने के लिए किया था, जिस से वह शादी करना चाहती थी.

बेटी नहीं मिली तो लिखाई थाने में गुमशुदगी परिवार ने लुधियाना जा कर एकता की तलाश करने का फैसला किया. लेकिन यह क्या, जब परिवार के लोग लुधियाना पहुंचे तो उन्हें पता चला कि एकता एक महीना पहले ही उस मकान को छोड़ कर जा चुकी थी, जहां वह रहती थी. एकता कहां गई है, किसी को भी इस बात का पता नहीं था. एकता के घर वाले समझ गए कि एकता पूरी तरह अमन नाम के लड़के के प्यार में पागल हो चुकी है. इसलिए अब एक ही चारा था कि एकता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी जाए. घर वालों ने पुलिस को यह बात तो नहीं बताई कि उन की बेटी अपने ही घर से बड़ी रकम और गहने चुरा कर भागी है, लेकिन उन्होंने लुधियाना के मोतीनगर थाने में उस की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को यह जरूर बताया कि उन की बेटी किसी अमन नाम के लड़के से प्यार करती थी और शायद उसी के बहकावे में आ कर भाग गई है.

मोतीनगर पुलिस ने एकता की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया और एक एएसआई को उस की तलाश तथा मुकदमे की जांच का काम सौंप दिया. पुलिस ने आसपास के सभी जिलों की पुलिस और नैशनल क्राइम रिकौर्ड ब्यूरो में एकता के फोटो और गुमशुदगी से जुड़ी सभी जानकारी भेज दी. एकता जब अपने परिवार में चोरी कर के अमन के पास आई थी तब यह बात मई, 2019 की थी. दूसरी तरफ जब एकता ने करीब 25 लाख रुपए की नकदी और गहने अमन को ले जा कर दिए तो उस ने करनाल में तंत्रमंत्र का काम करने वाले अपने 5-6 दोस्तों की उपस्थिति में एकता से घर में ही एक पंडित को बुला कर हिंदू रीतिरिवाज से शादी कर ली और अगले ही दिन वह एकता को ले कर अपने गांव दौराला चला गया.

दौराला में अमन ने पहले से ही अपने कुछ परिचितों की मदद से फोन पर बातचीत कर के किराए के एक मकान की व्यवस्था भी कर ली थी. अमन और एकता के पास अपने पहनने के कपड़े तथा जरूरत का कुछ सामान था. बाकी की घरगृहस्थी का जरूरी सामान उन्होंने वहां जा कर खरीद लिया. लेकिन सब से बड़ी बात यह थी कि एकता से शादी के बाद भी अमन ने उस के शरीर को छुआ तक नहीं था. एकता के पूछने पर वह हमेशा यही कहता कि कुछ दिन बाद वह अपने परिवार वालों से उसे मिलाने के लिए ले जाएगा तब परिवार वालों का आशीर्वाद लेने के बाद ही वह उस के साथ सुहागरात मनाएगा. अपने परिवार और मातापिता के लिए ऐसे आदर्शवादी पति के मुंह से ये बातें सुन कर एकता का सिर गर्व से ऊंचा हो गया. उसे लगा कि उस ने अमन को अपना जीवनसाथी चुन कर कोई गलती नहीं की है.

इस दौरान एकता ने अपनी मां को 1-2 बार वाट्सऐप पर मैसेज कर के यह बात जरूर बता दी थी कि उस ने अमन से शादी कर ली है और वह बहुत खुश है. साथ ही उस ने यह भी कहा कि उसे ढूंढने की कोशिश न करें. इस बीच करीब एक महीना गुजर गया. एकता को घर में अकेला छोड़ कर काम की तलाश में जाने की बात कर के अमन रोज कई घंटों के लिए कहीं चला जाता था. शाम को जब वह देर से आता तो पूछने पर एकता को यही बताता कि वह नया काम शुरू करने के लिए जगह की तलाश कर रहा है, जल्द ही उसे औफिस मिल जाएगा.

एकता से टालमटोल करता रहा अमन जब एक महीना पूरा हो गया तो एकता ने थोड़ा सख्त लहजे में अमन से पूछना शुरू कर दिया कि वह जल्द ही उसे अपने परिवार से मिला देगा और उन का आशीर्वाद ले कर उसे पत्नी का दरजा देगा लेकिन एक महीना होने के बाद भी वह न तो उसे परिवार से मिला रहा था और न ही कोई नया काम शुरू किया. इस तरह तो सारा पैसा भी खत्म हो जाएगा. एकता ने उस दिन थोड़ा सख्त लहजे में कहा कि उस ने अपने परिवार के साथ छल किया और उस पर भरोसा कर के बहुत बड़ी गलती की है. अमन को उस दिन लगा कि अब अगर उस ने एकता को जल्द ही पत्नी का दरजा नहीं दिया तो वह बगावत कर के उसे छोड़ कर चली जाएगी.

2 दिन बाद ईद का त्यौहार था. इस से एक दिन पहले अमन दोपहर को अचानक बाहर से काम निबटा कर घर पहुंचा और एकता को बांहों में भर लिया, ‘‘लो जी मैडम, आज वह खुशी का दिन आ गया, जब तुम्हें अपनी ससुराल वालों से मिलना है. जल्दी से तैयार हो जाओ, हमें गांव चलना है घरवालों के पास.’’ एकता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इस दिन का वह कितनी बेसब्री से इंतजार कर रही थी जब वह पूरी तरह अमन की हो जाएगी. एकता झटपट तैयार हो गई. अमन उसे एक आटोरिक्शा में बैठा कर अपने गांव लोइया आ गया. लेकिन यह क्या अमन तो उसे किसी मुसलिम परिवार में ले आया था.  घर में मौजूद लोगों के मुसलिम लिबास, रहनसहन और बोलचाल देख कर साफ समझ आ रहा था कि वह जिस घर में आई है, वह एक मुसलिम परिवार है.

प्रेमी की असलियत जान कर बिफर पड़ी एकता एकता ने हैरतभरी निगाहों से अमन की तरफ देखा तो अमन बोला, ‘‘अरे देख क्या रही हो, यही मेरा परिवार है. ये मेरे अब्बू हैं, ये बड़े भाईजान और ये दोनों मेरी भाभीजान हैं.’’

‘‘लेकिन अमन तुम ने तो कभी नहीं बताया कि तुम मेरे धर्म के नहीं और तुम ने तो अपना नाम अमन बताया था.’’ एकता फटी आखों से अमन को देख कर बिफरते हुए बोली.

‘‘अरे..अरे मेरी प्यारी बीवी, इस में नाराज होने की क्या बात है. भई मेरा प्यार का नाम अमन ही है, इस में मैं ने झूठ कहां बोला. हां, वैसे घर वाले मुझे शाकेब कह कर बुलाते हैं. तुम ने तो अपना घरबार मेरे लिए ही छोड़ा है अब मेरा नाम शाकेब हो या अमन, मैं हिंदू हूं या मुसलमान क्या फर्क पडता है.’’

अमन जो वास्तव में शाकेब था, उस ने बड़ी ही धूर्तता के साथ एकता के कंधों को पकड़ कर कहा.

‘‘दूर हट जाओ मुझ से. खबरदार जो मुझे छूने की कोशिश की. तुम्हारा धर्म क्या है, तुम्हारा असली नाम क्या है, मेरे लिए यह बहुत मायने रखता है. तुम ने मेरे साथ छल किया है. इसलिए भूल जाओ कि अब मैं तुम्हारे पास रहूंगी. मुझे अभी अपने घर जाना है, अपने परिवार वालों के पास जाना है. मैं ने तुम्हारे लिए उन का जो दिल दुखाया है, उन से मिल कर मैं माफी मांगना चाहती हूं. तुम्हारी खातिर मैं ने अपने ही घर में चोरी की है. उन की मेहनत की कमाई वापस लौटा कर, मैं उन से माफी मांग कर अपने पाप को कम करना चाहती हैं.’’ एकता ने एक ही सांस में अपनी सारी भड़ास अमन उर्फ शाकेब पर निकाल दी.

दूसरी तरफ शाकेब जो अब तक खुद को अमन के रूप में पेश करता रहा था. उसे लग गया कि एकता के ऊपर चढ़ा उस के सम्मोहन का जादू अब टूट गया है और मामला बिगड़ चुका है. उस ने एक ही क्षण में फैसला कर लिया कि उसे क्या करना है. उस ने किसी तरह सब से पहले एकता को शांत कराया और उस से कहा कि वह उस के साथ किसी तरह की जोरजबरदस्ती नहीं करेगा. अगर वह उस के साथ नहीं रहना चाहती तो वह ईद से अगले दिन उस के घर भेज देगा और उस ने जो गहने और पैसे दिए हैं, उसे वापस दे देगा. शाकेब उर्फ अमन ने एक दिन शांति के साथ एकता को अपने घर पर ही एक मेहमान की तरह रुकने का अनुरोध किया तो एकता भी विरोध न कर सकी. शाकेब के इरादों से अनजान एकता एक दिन के लिए उसी घर में रुकने के लिए मान गई.

इस के बाद शाकेब ने एकता का अपने पूरे परिवार से बेहद सलीके से परिचय कराया. शाकेब के परिवार में उस के पिता मुस्तकीम के अलावा 4 भाई थे, जिन में शाकेब खुद सब से छोटा था. मां का इंतकाल हो चुका था. उस से बड़े 3 भाई मुशर्रत, नावेद और जावेद हैं. शाकेब के पिता पेशे से ड्राइवर हैं जबकि चारों भाई दौराला से बाहर अलगअलग शहरों में तंत्रमंत्र और झाड़फूंक का काम करते हैं. मुशर्रत की शादी इस्मत से हुई थी, जबकि नावेद की पत्नी रेशमा है, आशिया तीसरे नंबर के भाई जावेद की पत्नी थी, जो अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल गया हुआ था. नावेद भी इन दिनों किसी अपराध में शामिल होने के कारण मेरठ जेल में बंद था.

एकता ने की अपने घर जाने की जिद एकता शाकेब के परिवार के बारे में जानने के बाद यह तो समझ गई थी कि उस का परिवार अच्छा नहीं है. शाकेब के साथ उस के गांव आने के बाद एकता को पूरी तरह आभास हो चुका था कि वह तथाकथित अमन के सम्मोहन में पड़ कर बुरी तरह फंस चुकी थी. लेकिन जिस तरह शाकेब ने उसे भरोसा दिया था कि वह ईद के अगले दिन उसे उस के पैसों के साथ सकुशल घर वापस पहुंचा देगा, उसे जानने के बाद वह सुकून महसूस कर रही थी कि चलो उसे अपनी भूल सुधारने का मौका मिल गया है.

वह किसी तरह अगले दिन मनाई जाने वाली ईद का इंतजार करने लगी, ताकि उस के खत्म होते ही वह अपने परिवार के पास वापस लौट सके. रात में एकता ने शाकेब के पूरे परिवार के साथ मिल कर खाना खाया. खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोगों ने सोने से पहले कोल्डड्रिंक पी. शाकेब की भाभी रेशमा ने एकता को भी एक गिलास में डाल कर कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी, जिस के बाद सभी लोग खुशनुमा माहौल में कुछ देर बात करने लगे. चंद मिनटों बाद एकता को नींद की उबासी आने लगी तो उस ने कहा कि उसे सोना है. यह सुनने के बाद सभी लोग उसे कमरे में सोने के लिए छोड़ कर बाहर चले गए.

दरअसल अब तक जो घटनाक्रम हो रहा था, वह एक एक साजिश का हिस्सा था जिसे अब अंजाम दिया जाना था. जिन दिनों अमन बना शाकेब दौराला में एकता के साथ किराए का घर ले कर रह रहा था, उस वक्त वह रोज अपने घर वालों से मिलने के लिए आता था. उस ने घर वालों को बता दिया था कि उस ने एक हिंदू लडकी को अपने जाल में फंसाया है और उस से दिखावे के लिए शादी भी कर ली है. क्योंकि उस ने लड़की को अपने बारे में यही बताया था कि वह हिंदू है.

परिवार वालों को जब ये पता चला कि एकता शाकेब के प्यार में फंसने के बाद अपने घर से करीब 25 लाख रुपए के गहने व नकदी भी चुरा कर ले आई है तो सब बहुत खुश हुए. चूंकि एक दिन तो एकता के ऊपर अमन उर्फ शाकेब के मुसलिम होने की हकीकत पता चल ही जानी थी और उस के परिवार की हकीकत भी उजागर हो जानी थी. शाकेब का परिवार यह भी जानता था कि अगर शाकेब से हिंदू लड़की एकता निकाह के लिए राजी भी हो गई तो उन की बिरादरी के लोग उन का गैरमजहब में शादी के कारण जीना हराम कर देंगे. अगर शाकेब और एकता की शादी नहीं हुई तो यह भी तय था कि वह शाकेब को दी गई अपनी सारी रकम मांग लेगी.

इसलिए शाकेब ने अपने पिता, भाई और भाभियों के साथ मिल कर पहले ही यह साजिश तैयार कर ली थी कि एकता को अपने घर ला कर उस की हत्या कर दी जाए. इस से उसे एकता की रकम भी नहीं लौटानी पड़ेगी और उस से छुटकारा भी मिल जाएगा. एकता के नशे में बेसुध हो जाने के बाद शाकेब ने उस के कपड़े उतारे और नशे की अवस्था में ही उस के शरीर से अपनी हवस की भूख शांत की. एकता के शरीर से खिलवाड़ करने के बाद बिस्तर से उठ कर अंगड़ाई लेने के बाद शाकेब बुदबुदाया, ‘‘मूर्ख लड़की तुझे मेरे साथ सुहागरात मनाने की बड़ी जल्दी थी न…चल मरने से पहले मैं ने तेरी ये ख्वाहिश भी पूरी कर दी. अब अगले जन्म में हमारी मुलाकात होगी.’’

शाकेब ने उस के बाद दूसरे कमरों में बेसब्री से इंतजार कर रहे अपने भाई, भाभियों और पिता को बुलाया. इस के बाद उन्होंने मिल कर एकता की गला दबा कर हत्या कर दी. चूंकि पूरी साजिश पहले ही तैयार कर ली गई थी. एकता की लाश को भी ठिकाने लगाना था. इस काम के लिए शाकेब ने अपने ही गांव में रहने वाले एक कम उम्र के लड़के अयान को भी अपने साथ मिला लिया था. अयान कुछ दिनों से शाकेब के साथ मिल कर तंत्रमंत्र का काम सीख रहा था. शाकेब ने उसे 20 हजार रुपए भी देने का वायदा किया. एकता की हत्या करने के बाद शाकेब ने अपने भाई, पिता और अयान के साथ मिल कर ईद पर दी जाने वाली बलि की पहले बलकटी से एकता की गरदन काट कर उसे धड़ से अलग किया. उस के बाद दोनों हाथों को कंधे से काट कर अलग किया.

दरअसल सिर और दोनों हाथ काटने की खास वजह थी. शाकेब को डर था कि अगर कल को किसी वजह से एकता का शव बरामद भी हो जाए तो उस की पहचान न हो सके. क्योंकि उस के हाथ पर उस का अपना नाम गुदा हुआ था और दूसरे पर उस ने अमन का नाम गुदवाया हुआ था. इसीलिए शाकेब ने उस के दोनों हाथ भी धड़ से अलग कर दिए थे. एकता की हत्या के बाद उस के शरीर के चारों टुकड़ों को 4 अलगअलग बोरियों में भर कर उसी रात शाकेब अपने भाई व दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर लाद कर उन्हें ठिकाने लगाने के लिए ले गए.

सब से पहले लोइया गांव में ही ईश्वर पंडित के खेत में गड्ढा खोद कर एकता के धड़ वाले हिस्से को दफना दिया गया. शव जल्द से गल जाए, इस के लिए शाकेब ने शव के ऊपर 5 किलो नमक डाल दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी. धड़ को ठिकाने लगाने के बाद शाकेब ने भाई व दोस्त के साथ मिल कर एकता के सिर व दोनों कटे हुए हाथों को बोरी समेत गांव के आसपास के कीचड़ भरे तालाबों के किनारे दफना दिया. अगले दिन शाकेब के पूरे परिवार ने धूमधाम से ईद मनाई. उस दिन 5 जून, 2019 थी. ईद मनाने के कुछ दिन बाद ही शाकेब फिर से करनाल में आ कर अपने दोस्तों के साथ तंत्रमंत्र के काम में लग गया.

लेकिन इस दौरान कहीं न कहीं उस के मन में एक डर भी बना रहा. वह जानता था कि एकता ने अपने परिवार को उस के बारे में बता रखा है और यह भी बता दिया है कि उस ने अमन से शादी कर ली है. इसलिए उस ने एकता के मोबाइल का सिम निकाल कर उस के वाट्सऐप तथा फेसबुक को खुद ही अपडेट करने का काम शुरू कर दिया. ताकि उस के परिवार को लगे कि एकता ठीक है. शाकेब अमन बन कर एकता के वाट्सऐप तथा फेसबुक की गैलरी में पड़ी प्रोफाइल फोटो भी चेंज करता रहता था, जिस से एकता के परिवार को लगता कि वह खुश है. कभीकभी एकता की मां उसे मैसेज करती थी, जिस का वह चैटिंग के जरिए तो एकता बन कर जवाब देता मगर जब वह उस से फोन पर बात करने के लिए कहती तो वह एकता बन कर कह देता कि सौरी मम्मी, मैं फोन पर बात नहीं करूंगी.

इधर कुछ दिन बाद 13 जून को कुत्तों ने ईश्वर पंडित के खेत में उस जगह को खोद दिया, जहां एकता की लाश को दबाया गया था. कुत्ता शव के एक हिस्से को मुंह में दबा कर जा रहा था तो गांव वालों पर ये भेद खुल गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया. सर्विलांस टीम ने खोला केस चूंकि पुलिस को एकता की लाश का केवल धड़ मिला था, इसलिए पुलिस के सामने सब से बडी चुनौती थी कि शव की शिनाख्त कैसे की जाए. इसलिए एसएसपी अजय साहनी ने अपनी सर्विलांस टीम को जांच के काम में लगा दिया. ये टीम एसएसपी के कैंप औफिस में उन्हीं की निगरानी में काम करती है और छोटी से छोटी जानकारी के बारे में एसएसपी को ही रिपोर्ट करती है.

सर्विलांस टीम ने जब अपना काम शुरू किया तो उसे लोइया गांव या आसपास के इलाके में किसी भी महिला अथवा युवती के लापता होने की जानकारी नहीं मिली. अलबत्ता यह जरूर पता चला कि लोइया गांव के ज्यादातर नौजवान पंजाब व हरियाणा के अलगअलग स्थानों पर तंत्रमंत्र झाड़फूंक और टोनेटोटके, वशीकरण का काम करते हैं. एसएसपी के निर्देश पर सर्विलांस टीम ने एक साथ 2 तरह से विवेचना के काम को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया. टीम ने सब से पहले लोइया गांव से 13 जून से एक महीने पहले तक के उन तमाम फोन नंबरों का डं डाटा एकत्र किया जो उस वक्त वहां सक्रिय थे. सर्विलांस टीम ने पंडित ईश्वर चंद के खेत के आसपास से मिले मोबाइल फोनों के डंप डाटा की जांच शुरू करनी शुरू कर दी जो एक थका देने वाली प्रक्रिया थी.

इसी के साथ सर्विलांस टीम ने डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिकौर्ड ब्यूरो और स्टेट क्राइम रिकौर्ड ब्यूरो में दर्ज लापता युवतियों के बारे में सूचना एकत्र करनी शुरू की. लेकिन ब्यूरो से मिले कोई तथ्य शव से मेल नहीं खा रहे थे. इस के बाद पुलिस ने यह पता लगाना शुरू किया कि इस गांव के कौनकौन से लोग दूसरे राज्यों में काम करते हैं. क्योंकि अगर मेरठ या आसपास के इलाकों की मृतक महिला होती तो अब तक उस के परिजन पुलिस से संपर्क कर चुके होते. पुलिस ने जब इस ऐंगल पर पड़ताल शुरू की तो पता चला कि करनाल और लुधियाना भी ऐसे शहर हैं, जहां इस गांव के युवक तंत्रमंत्र और वशीकरण का काम करते हैं. पुलिस की पड़ताल जब लुधियाना तक पहुंची तो उन शहरों में महिलाओं की रिपोर्ट खंगाली गई.

आखिरकार, लुधियाना पहुंची मेरठ की सर्विलांस टीम के हाथ सफलता लग गई. पुलिस को पता चला कि लुधियाना के मोतीनगर इलाके में रहने वाली करीब 20 साल की एक युवती जिस का नाम एकता है, उस के परिवार वालों ने उस की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई है. युवती की मिसिंग रिपोर्ट के साथ उस का फोटो भी था और उस के परिजनों का पता व फोन नंबर भी थे. पुलिस ने परिजनों से जब संपर्क साधा तो उन्हें पता चला कि उन की बेटी एकता ने तो अमन नाम के एक लड़के से शादी कर ली है. परिजनों ने बताया कि उन की बेटी को कुछ नहीं हुआ है क्योंकि वह तो वाट्सऐप पर उन से चैटिंग करती रहती है और अपना स्टेटस भी चेंज करती रहती है.

हालांकि पुलिस निराश जरूर हो गई थी लेकिन फिर भी उस ने एकता और उस के प्रेमी अमन का मोबाइन नंबर उस के परिवार वालों से हासिल कर लिया. मेरठ आने के बाद पुलिस ने इन दोनों नंबरों की काल डिटेल्स निकाल कर पड़ताल शुरू कर दी तो पता चला कि एकता का फोन तो कई महीनों से एक्टिव ही नहीं है. अलबत्ता उस के नंबर पर वाट्सऐप जरूर चल रहा है. जबकि अमन का जो नंबर है वह भी लुधियाना के ही किसी फरजी पते से लिया गया था. इसलिए पुलिस ने एक बार फिर लुधियाना का रुख किया.

पुलिस ने लुधियाना में उन दफ्तरों की खाक छाननी शुरू की, जहां एकता काम करती थी. पुलिस का एकता के आखिरी दफ्तर में काम करने वाली उस की एक खास सहेली प्रीति (परिवर्तित नाम) से पता चला कि एकता जब वहां काम करती थी तो वह मोतीनगर में ही दिलशाद नाम के एक तांत्रिक के यहां काम करने वाले अमन से मिलने जाती थी. तांत्रिक दिलशाद से मिली खास जानकारी अमन के बारे में यह सुराग मिलते ही सर्विलांस टीम की बांछें खिल गईं. बस फिर क्या था, पुलिस टीम ने दिलशाद को उठा लिया. दिलशाद से अमन के बारे में पूछा गया तो उस ने बता दिया कि उस के यहां अमन नाम का जो लड़का काम करता था, उस का असली नाम शाकेब था और वह अब उस के यहां काम नहीं करता. हां, दिलशाद ने इतना जरूर बताया कि अमन उर्फ शाकेब मेरठ के दौराला में लोइया गांव का रहने वाला है.

इतनी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम उछल पडी. क्योंकि जिस कातिल को वह दुनिया भर में ढूंढ रही थी, वह तो लोइया गांव में ही मौजूद था. इस के बाद का काम बहुत आसान था. दिलशाद से जो जानकारी मिली थी, उस के आधार पर पुलिस ने लोइया गांव के शाकेब के बारे में जानकारी हासिल कर ली. 20 मई, 2020 को सर्विलांस टीम ने शाकेब को उस वक्त उस के घर से उठा लिया जब वह परिवार से मिलने के लिए गांव की तरफ जा रहा था. बाद में शाकेब ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और एकता की हत्या में सहयोग करने वाले अन्य नामों का खुलासा कर दिया. जिस के बाद पुलिस ने उसी रात को दबिश दे कर शाकेब के पिता, भाई, दोनों भाभियों और उस के दोस्त अयान को गिरफ्तार कर लिया.

उसी रात पुलिस ने काल कर के एकता के घर वालों को भेज कर एकता की हत्या और उस के कातिलों के पकड़े जाने की पूरी जानकारी दे दी. घर वाले अगले ही दिन कांगड़ा से मेरठ पहुंच गए. पुलिस ने सभी आरोपियों को साथ में ले जा कर उन स्थानों की पहचान की, जहां एकता के शव के दूसरे अंग ठिकाने लगाए थे. पुलिस टीम ने उन जगहों की गहराई से छानबीन की, लेकिन एकता के शव के बाकी हिस्से कहीं नहीं मिले. दरअसल वक्त इतना बीत चुका था कि शरीर के बाकी हिस्सों का मिलना अब वैसे भी नामुमकिन था. एकता के शव की सच्चाई स्थापित करने के लिए पुलिस ने उस के परिवार के लोगों के ब्लड सैंपल लिए. पुलिस ने एकता के शव के रिजर्व रखे गए अंश से फोरैंसिक जांच के बाद डीएनए कराने की प्रक्रिया शुरू की है ताकि यह साबित किया जा सके कि लोइया गांव में जो शव मिला था वह एकता का ही था.

पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन की निशानेदही पर एकता का मोबाइल फोन, शाकेब का मोबाइल फोन, एकता के शव के टुकड़े करने में इस्तेमाल बलकटी और गड्ढा खोदने में इस्तेमाल फावड़ा बरामद कर लिया है. आरोपियों से विस्तृत पूछताछ व जांच के बाद मामले की जांच कर रहे विवेचक ने एकता हत्याकांड के मुकदमे में सबूत मिटाने की धारा 201, 147,148 व 149 भी जोड़ दी. पुलिस ने सभी आरोपियों को मेरठ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रैट की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. एक साल पुराने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने वाली सर्विलांस टीम को एसएसपी अजय साहनी ने 20 हजार रुपए का पुरस्कार दिया है.

—कथा पुलिस की जांच आरोपियों के बयान और पीडि़त परिवार से मिली जानकारी पर आधारित

EV Charging Stations खोलने वाली प्रमुख कंपनियां

EV Charging Station: भारत में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने वाली प्रमुख कंपनियों में टाटा पावर, चार्जपौइंट, डेल्टा इलैक्ट्रोनिक्स और फोर्टम इंडिया शामिल हैं. रैंकिंग के हिसाब से टाटा सब से अच्छी क्वालिटी के प्रोडक्ट्स का प्रयोग करती है. चार्जपौइंट, डेल्टा इलैक्ट्रोनिक्स इंडिया, फोर्टम इंडिया, एबीबी इंडिया और सर्वोटेक पावर सिस्टम भी ईवी चार्जिग स्टेशन बनाने का काम करती हैं. एक ईवी चार्जिंग स्टेशन की औसत लागत 40-50 लाख रुपए आती है. कई कंपनियां अब अपने ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए फ्रैंचाइजी भी देती हैं. इस की लागत 1 से 2 करोड़ रुपए तक होती है. ईवी स्टेशन पर चार्जिंग की लागत 100 रुपए से 200 रुपए तक होती.

जैसेजैसे यह बिजनैस बढ़ रहा है, तमाम कंपनियां इस काम को करने को आगे आ रही हैं. ऐसे में बिजनैस बढ़ने के साथसाथ इन की लागत कम होगी. इस का लाभ ग्राहकों को मिलेगा. कम दूरी पर जैसेजैसे ईवी चार्जिंग स्टेशन खुलते जाएंगे वैसैवैसे ईवी वाहनों की मांग बढ़ेगी. आज ईवी वाहन रखने वालों को लंबी दूरी का सफर तय करने के पहले सोचना पड़ता है कि कैसे उन का सफर पूरा होगा. सड़कों पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ने के बाद ईवी वाहनों से सफर सुविधाजनक हो जाएगा. सफर करने से पहले सोचना नहीं पड़ेगा.

Bollywood News: आर्यन कुमार की डेब्यू फिल्म ‘नफरतें’ का पोस्टर हुआ आउट

Bollywood News: बौलीवुड को एक नया चेहरा मिलने जा रहा है – आर्यन कुमार, जिनकी डेब्यू फिल्म ‘नफ़रतें’ का धमाकेदार पोस्टर इस हफ्ते रिलीज हुआ और सोशल मीडिया पर छा गया. पोस्टर में आर्यन का तीखा और प्रभावशाली अंदाज लोगों को आकर्षित कर रहा है. कैमरे से दूर उनकी उभरी पीठ, सुलगती सिगरेट, और बैकग्राउंड में जलते रंगों का तड़का, यह सब फिल्म के इंटेंस और ग्रिट्टी टोन की झलक देता है. पोस्टर की टैगलाइन “नफ़रत की राख से, मोहब्बत उठती है” फिल्म के भीतर चल रहे गहरे भावनात्मक संघर्ष की ओर इशारा करती है.

फिल्म नफ़रतें  से आर्यन कुमार अपना बौलीवुड डेब्यू कर रहे हैं, और उनके इस डेब्यू पोस्टर ने ही फैंस के दिलों में हलचल मचा दी है. फिल्म में उनके अपोजिट होंगी एक्ट्रेस तनिष्क तिवारी, जिनकी केमिस्ट्री भी दर्शकों के लिए देखने लायक होगी.

इस एक्शन-ड्रामा फिल्म का निर्देशन किया है जौय भट्टाचार्य ने, जबकि निर्माण किया है प्रख्यात निर्माता महेंद्र धारीवाल ने. फिल्म के संगीतकार हैं संजीव चतुर्वेदी, जिनका म्यूज़िक इस कहानी की तीव्रता में और जान डालने वाला है.

पोस्टर से जाहिर होता है कि ‘नफ़रतें’ सिर्फ एक रिवेंज ड्रामा नहीं, बल्कि एक गहरे भावनात्मक सफर से भरी फिल्म होगी जो दर्शकों को थ्रिल और इमोशन दोनों देगी. यह फिल्म गर्मियों में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

अगर फिल्म ने अपनी विज़ुअल टोन और इंटेंस नैरेटिव को निभाया, तो आर्यन कुमार इंडस्ट्री में एक धमाकेदार एंट्री करने वाले हैं और ‘नफ़रतें’ बन सकती है इस साल की सबसे चर्चित डेब्यू फिल्म.

Bhojpuri Actor Gopal Rai Died: 76 की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में दौड़ी दुख की लहर

Bhojpuri Actor Gopal Rai Died: भोजपुरी इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन कलाकार और सितारा खो दिया है. जी हां, हम यहां बात कर रहे हैं मशहूर भोजपुरी एक्टर गोपाल राय की जिन्होनें 100 से भी अधिक भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों के दिलों में अपनी एक खास जगह बनाई थी. भोजपुरी एक्टर गोपाल राय ने 76 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली.

इस खबर को सुन पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री में दुख का माहौल है और इतना ही नहीं बल्कि सभी भोजपुरी सितारे जिसने गोपाल राय के साथ काम किया है वे सब सोशल मीडिया के माध्यम से शोक प्रकट कर रहे हैं. आपको बता दें कि एक्टर गोपाल राय की तबियत कुछ दिनों से काफी खराब थी और इसी के चलते उन्होनें मुजफ्फरनगर में अपने घर पर ही रविवार की शाम दम तोड़ दिया.

भोजपुरी सिनेमा में गोपाल राय का योगदान काफी अहम रहा है और उनके हर किरदार को लोगों ने खूब पसंद भी किया है. लोगों के दिलों में इसके लिए खूब प्यार और इज्जत बरकरार है और हमेशा रहेगी. इसी के चलते पौपुलर भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि, “भोजपुरी एक्टर श्री गोपाल राय जी के निधन से स्तब्ध हूं, भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के इस क्षति को कभी पूरा नहीं किया जा सकता, भगवान उन्हें श्री चरणों में स्थान दे, एवं उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में सहन शक्ति प्रदान करे. #RIPGopalrai”

दिनेश लाल निरहुआ ने भी अपने इस्टाग्राम पर गोपाल राय की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि, “ओम शांति, आपकी कमी कोयी पुरा नही कर सकता. ईश्वर अपने श्री चरणों में स्थान दे. शत शत नमन”

भोजपुरी सिनेमा ने एक बेहतरीन कलाकार को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी. गोपाल राय अपने दमदार अभिनय और विनम्र स्वभाव के लिए हमेशा याद किए जाएंगे. उनके निधन ने उनके परिवार, प्रशंसकों और भोजपुरी फिल्म जगत को गहरे शोक में डाल दिया है.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें