डिजिटल इंडिया में कियोस्क केंद्रों की लूट

देश में तेजी से बढ़ते डिजिटाइजेशन के नाम पर हर कार्य औनलाइन किए जाने की अनिवार्यता के चलते जहां आमजन परेशानी का अनुभव करता है तो वहीं औनलाइन कार्य से जुड़े कियोस्क सैंटर्स लोगों की जेब पर डाका डालने का काम कर रहे हैं. मोदी सरकार द्वारा आधार कार्ड को बैंक खाते, मोबाइल नंबर, एलपीजी गैस आदि से लिंक कराने को अनिवार्य किए जाने से देश की जनसंख्या का एक बड़ा वर्ग अपने रोजमर्रा के काम छोड़ कर आधार लिंक कराने के लिए इन औनलाइन सैंटर्स के चक्कर लगाने पर मजबूर है. सरकारी नौकरियों में अब प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए चयन होने लगा है. अखबारों के माध्यम से पद विज्ञापित कर औनलाइन पोर्टल के माध्यम से परीक्षाओं के फौर्म भरवाए जाते हैं. ऐसे में बेरोजगार युवकयुवतियां सरकारी नौकरी की आस में इन औनलाइन कियोस्क सैंटर्स के इर्दगिर्द चक्कर पर चक्कर लगा कर अपना अमूल्य समय व धन खराब करने पर मजबूर हैं.

मध्य प्रदेश में पटवारी की भरती के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित होने जाने वाली परीक्षा के  9,235 पदों के लिए 10 लाख से अधिक आवेदन इन कियोस्क सैंटर्स द्वारा भरे गए हैं. इस परीक्षा को पास कर बेरोजगार युवकयुवतियां पटवारी बन कर रोजगार प्राप्त कर पाएं या नहीं, परंतु प्रदेशभर में स्थापित हजारों कियोस्क सैंटर्स ने 15 दिनों में अंधाधुंध कमाई कर अपना रोजगार स्थापित कर लिया है.

सर्वर डाउन होने के नाम पर आवेदकों से फौर्म भरने के नाम पर 500-500 रुपए  तक की राशि वसूल कर के लाचार और मजबूर आवेदकों का आर्थिक शोषण करने में इन के द्वारा कोई कसर नहीं छोड़ी गई है. मनमरजी से चलने वाले ये कियोस्क सैंटर्स ग्राहकों को खुलेआम लूट रहे हैं.

औनलाइन कियोस्क सैंटर

डिजिटल इंडिया के नाम पर नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हर गांव व शहर में औनलाइन कामकाज के लिए लोगों को सहूलियत देने हेतु कौमन सर्विस सैंटर खुलवाए गए थे. 10×10 फुट की दुकानों में स्थापित इन सर्विस सैंटर्स में कंप्यूटर सिस्टम, यूपीएस, प्रिंटर, स्कैनर की सुविधा होनी अनिवार्य है, लेकिन कई कियोस्क सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाते किसी सरकारी विभाग के दफ्तर की तरह सुविधा शुल्क के नाम पर खुलेआम वसूली कर रहे हैं. शहरों में हर गलीचौराहे पर खुले इन कियोस्क सैंटर्स पर आधार कार्ड, पैन कार्ड के आवेदन, संशोधन जैसे महत्त्वपूर्ण कार्यों के साथ केंद्र और राज्य सरकार की सभी प्रकार की भरतियों के लिए औनलाइन फौर्म भरने का काम भी किया जाता है.

बिजली बिल, टैलीफोन बिल, जीवन बीमा प्रीमियम भरने के साथ डीटीएच और मोबाइल रिचार्ज जैसे कार्य भी इन कियोस्क सैंटर्स के माध्यम से कराए जा रहे हैं. स्कूल या विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रछात्राओं की फीस हो या किसी भी प्रकार का सरकारी चालान, सरकारी विभागों की सभी प्रकार की निविदाएं भरने के कार्य भी कियोस्क सैंटर्स के माध्यम से औनलाइन ही किए जाते हैं.

औनलाइन कार्य के लिए इन सैंटर्स को पोर्टल शुल्क के नाम पर अलगअलग प्रकार के कार्यों के लिए 50 से ले कर 500 रुपए तक का कमीशन मिलता है. उपभोक्ताओं या ग्राहकों की मजबूरी यह है कि उन्हें इन कियोस्क सैंटर्स पर जा कर ही ये कार्य संपादित कराने पड़ते हैं. ऐसे में इन सैंटर्स द्वारा उन की मजबूरी का बेजा फायदा उठाया जाता है.

लूट पर नियंत्रण नहीं

आज सरकारी नौकरी के आवेदन के लिए बेरोजगारों से भारीभरकम फीस वसूल की जा रही है. सरकार के किसी भी विभाग द्वारा होने वाली परीक्षा के लिए 250 से ले कर 1,000 रुपए तक परीक्षा शुल्क लिया जा रहा है. मध्य प्रदेश सरकार द्वारा तो लाइसैंस फीस ले कर हर गांवशहर में एमपी औनलाइन कियोस्क सैंटर खोले गए हैं जिन्हें परीक्षा फौर्म भरने के लिए परीक्षा शुल्क के साथ

50 से 500 रुपए तक पोर्टल शुल्क मिलता है. बावजूद इस के, ये कियोस्क सैंटर्स परीक्षा संबंधी दस्तावेजों को स्कैन व अपलोड करने के नाम पर बेरोजगारों से पोर्टल शुल्क के अलावा अतिरिक्त राशि भी धड़ल्ले से वसूल कर के उन की जेबों पर डाका डाल रहे हैं.

नवोदय विद्यालय में कक्षा में प्रवेश के लिए ली जाने वाली प्रवेश परीक्षा के फौर्म भी इस बार मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा औनलाइन भरे गए और इन सैंटर्स द्वारा नन्हेंमुन्ने बच्चों के साथसाथ अभिभावकों को भी परेशान करने के लिए उन से मनमाफिक वसूली की गई. इसी प्रकार मध्य प्रदेश सरकार की राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा के औनलाइन आवेदन के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क कियोस्क सैंटर्स को न लेने के निर्देश दिए जाने के बाद भी उन के द्वारा पोर्टल शुल्क के नाम पर अवैध वसूली की गई.

फीस के नाम पर गड़बड़झाला

मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत लगभग 10 लाख छात्रछात्राओं के हाईस्कूल और हायर सैकंडरी परीक्षा के फौर्म तथा 9वीं कक्षा के नामांकन फौर्म भरने के नाम पर प्रतिपरीक्षार्थी 25 रुपए का पोर्टल शुल्क प्रतिवर्ष वसूल किया जा रहा है. नियम के अनुसार, इस पोर्टल फीस में परीक्षा फौर्म भरने के साथ परीक्षार्थी की फोटो के स्कैन करने का कार्य करना होता है, परंतु मध्य प्रदेश में परीक्षा फौर्म भरने का कार्य अधिकांश सरकारी स्कूलों द्वारा अपने संसाधनों से किया जाता है.

सरकारी स्कूल में कार्यरत एक प्राचार्य बताते हैं कि परीक्षा फौर्म के डाटा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इस के लिए स्कूल के शिक्षकों द्वारा स्कूल के कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से एमपी औनलाइन की वैबसाइट पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के लिंक पर जा कर परीक्षा फौर्म भरे जाते हैं, जबकि परीक्षार्थियों की फीस एमपी औनलाइन के माध्यम से भरी जाती है. इस में दिलचस्प बात यह है कि कियोस्क सैंटर्स भी फीस भरने के लिए ईपिन के रूप में जो पासवर्ड उपयोग करते हैं वह प्राचार्य के मोबाइल नंबर पर आता है.

साइबर क्षेत्र के जानकार बताते हैं कि जब परीक्षा फौर्म प्राचार्य अपने लौगइन से भरते हैं तो फीस की पेमैंट स्कूल बैंक खाते या डैबिड, क्रैडिट कार्य के माध्यम से की जा सकती है. एमपी औनलाइन और माध्यमिक शिक्षा मंडल के उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से यह गोरखधंधा 3 वर्षों से चल रहा है और कियोस्क सैंटर्स 25 रुपए प्रतिछात्र के हिसाब से कमीशन के रूप में करोड़ों का वारेन्यारे कर रहे हैं.

सुविधा नहीं दुविधा केंद्र

लोगों का कहना है कि जब मोबाइल के माध्यम से औनलाइन शौपिंग का चलन बढ़ रहा है और रुपयों का भुगतान भी ईवौलेट से हो रहा है, तो फिर औनलाइन पोर्टल की निर्भरता क्यों खत्म नहीं की जा रही है? इस का सीधा सा जवाब यही है कि सरकार प्रतिवर्ष लाखों रुपए लाइसैंस फीस की वसूली कर इन औनलाइन सैंटर्स? को प्रश्रय देने के साथ आम नागरिकों की जेब ढीली करने के षड्यंत्र में भागीदार है.

प्यार में रवि को मिला जहर का इंजेक्शन

26 वर्षीय रवि कुमार दिल्ली के सदर बाजार स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में कैशियर थे. रोज की तरह 7 जनवरी, 2017 को ड्यूटी खत्म कर के वह घर जाने के लिए निकले. वह उत्तरी दिल्ली के शास्त्रीनगर में रहते थे. वह बैंक से निकले थे तो उन के साथ साथ काम करने वाले शतरुद्र भी थे. सदर दिल्ली का थोक बाजार है, जिस से वहां दिन भर भीड़ लगी रहती है. माल लाने और ले जाने वाले रिक्शों की वजह से सड़कों पर जाम सा लगा रहता है. इसी वजह से रवि कुमार शतरुद्र के साथ पैदल ही जा रहे थे.

दोनों बैंक से कुछ दूर स्थित वेस्ट एंड सिनेमा के नजदीक पहुंचे, तभी उन के बीच एक ठेले वाला आ गया, जिस से दोनों अलगअलग हो गए. उसी बीच रवि कुमार की गरदन में किसी ने सुई जैसी कोई चीज चुभो दी. गरदन में जिस जगह सुई सी चुभी थी, रवि कुमार का हाथ तुरंत उस जगह पर तो गया ही, उन्होंने पलट कर भी देखा. एक युवक उन्हें भागता दिखाई दिया तो उन्हें लगा कि उसी ने उन की गरदन में कुछ चुभाया है.

रवि कुमार ने गरदन से हाथ हटा कर देखा तो उस में खून लगा था. उन्होंने उस युवक की ओर इशारा कर के शोर मचाया कि ‘पकड़ो पकड़ो’ तो उन के साथी शतरुद्र उस युवक के पीछे भागे. सदर और खारी बावली बाजार में अकसर छिनैती की घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए लोगों ने यही समझा कि युवक पैसे वगैरह छीन कर भागा है. कुछ अन्य लोग भी उसे पकड़ने के लिए उस के पीछे दौड़ पड़े.

बाराटूटी के पास भाग रहे उस युवक का पैर फिसल गया तो पीछे दौड़ रहे लोगों ने उसे पकड़ लिया और उस की पिटाई करने लगे. तभी किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन कर के उस के पकड़े जाने की सूचना दे दी. रवि अभी अपनी जगह पर ही खडे़ थे. उन का हाथ गरदन पर उसी जगह था, जहां कोई चीज चुभी थी. अब तक उन्हें चक्कर से आने लगे थे. किसी की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर गरदन पर क्या चीज चुभाई गई है. लेकिन यह साफ हो गया था कि उसी नुकीली चीज के चुभन से उन की तबीयत बिगड़ रही है. इस का मतलब वह कोई जहरीली चीज थी.

बाजार के तमाम लोग रवि को जानते थे. हमदर्दी में वे उन के पास आ कर खडे़ हो गए थे. उन्हीं लोगों में अजय साहू का बेटा इंद्रजीत भी था. अजय साहू सदर बाजार में ही कोटक महिंद्रा बैंक के पास गत्ते के डिब्बे बेचते हैं. इस में उन का बेटा इंद्रजीत हाथ बंटाता था. उस का कोटक महिंद्रा बैंक में एकाउंट था, जिस की वजह से कैशियर रवि कुमार से उस की दोस्ती थी.

रवि की बिगड़ती हालत देख कर लोग ऐंबुलैंस बुलाने की बात कर रहे थे. उस भीड़भाड़ वाली जगह में ऐंबुलैंस का जल्दी पहुंचना आसान नहीं था. इसलिए इंद्रजीत उन्हें मोटरसाइकिल से सेंट स्टीफंस अस्पताल ले गया. जांच के बाद डाक्टरों ने बताया कि जिस ने इन्हें जो भी चीज चुभोई है, उसी की वजह से इन की हालत बिगड़ रही है.

रवि की हालत देख कर साफ लग रहा था कि उन पर जहरीली दवा का असर हो रहा है. चूंकि यह पुलिस केस था, इसलिए डाक्टरों ने थाना सदर पुलिस को फोन द्वारा सूचना दे कर उन का इलाज शुरू कर दिया. शाम साढ़े 7 बजे के करीब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि सदर बाजार में बाराटूटी के पास कुछ लोगों ने एक चोर को पकड़ रखा है.

इस सूचना को थाना सदर के ड्यूटी अफसर ने एएसआई निक्काराम के नाम कर इस की जानकारी थानाप्रभारी रमेश दहिया को दे दी थी. इसी के कुछ देर बाद थाना सदर पुलिस को सेंट स्टीफंस अस्पताल से भी सूचना मिली कि कोटक महिंद्रा बैंक के कैशियर रवि कुमार को किसी ने जहरीला इंजेक्शन लगा दिया है, उन का इलाज वहां चल रहा है.

बाराटूटी थाने से लगभग 5-6 सौ मीटर ही दूर है, इसलिए एएसआई निक्काराम हैडकांस्टेबल विजय को ले कर तुरंत वहां पहुंच गए. कुछ लोग 24-25 साल के एक युवक को पकड़े थे. पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले कर पूछा तो उस ने अपना नाम डा. प्रेम सिंह बताया. थाने ला कर उस से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि वह चोर नहीं है.

‘‘तू चोर नहीं है तो लोगों ने तुझे क्यों पकड़ा?’’ थानाप्रभारी रमेश दहिया ने पूछा.

‘‘सर, मैं चोरी कर के नहीं, कोटक महिंद्रा बैंक के कैशियर रवि कुमार की गरदन पर जहर का इंजेक्शन लगा कर भाग रहा था, तभी लोगों ने मुझे पकड़ लिया था.’’ प्रेम सिंह ने कहा.

चाकू, गोली मार कर किसी की जान लेने की वारदातें तो अकसर होती रहती हैं, लेकिन राह चलते किसी को जहर का इंजेक्शन लगा कर जान लेने की कोशिश करने का यह अपनी तरह का अलग ही मामला था. इसलिए मामले की सूचना एसीपी आर.पी. गौतम और डीसीपी जतिन नरवाल को देने के बाद रमेश दहिया अतिरिक्त थानाप्रभारी इंसपेक्टर मनमोहन कुमार को साथ ले कर सेंट स्टीफंस अस्पताल पहुंच गए.

रवि कुमार के उपचार में जुटे डाक्टरों को रमेश दहिया ने बता दिया कि इन्हें जहर का इंजेक्शन लगाया गया है. डाक्टर चाहते थे कि यह पता लग जाता कि इंजेक्शन में कौन सा जहर इस्तेमाल किया गया था, जिस से उपचार में उन्हें आसानी हो जाती.

बहरहाल, डाक्टर रवि कुमार के शरीर में फैले जहर का असर कम करने की कोशिश कर रहे थे. अब तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी आ गए थे. डीसीपी और एसीपी के सामने प्रेम सिंह से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि रवि कुमार को जो इंजेक्शन लगाया गया था, उस में कोबरा सांप के जहर के अलावा मिडाजोलम और फोर्टविन नाम के कैमिकल भी मिले थे.

पुलिस ने प्रेम कुमार के खिलाफ धारा 328 (जहर देने) का मामला दर्ज कर के जहर के बारे में मिली जानकारी रवि कुमार के इलाज में जुटे डाक्टरों को दे दी. चूंकि अब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका  था, इसलिए रवि कुमार की हालत चिंताजनक होती जा रही थी.

पूछताछ में पता चला कि प्रेम कुमार से यह वारदात रवि कुमार के साले बौबी ने कराई थी. रवि कुमार अपनी पत्नी सविता के साथ मारपीट कर के उसे परेशान करते थे. उन की इस हरकत से बौबी बहुत परेशान रहता था, इसीलिए उस ने अपने बहनोई की हत्या की जिम्मेदारी उसे सौंपी थी.

डीसीपी जतिन नरवाल उस समय थाने में ही मौजूद थे. बौबी की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने एसीपी आर.पी. गौतम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बनाई, जिस में थानाप्रभारी रमेश दहिया, अतिरिक्त थानाप्रभारी मनमोहन कुमार, एसआई प्रकाश, आशीष, एएसआई निक्काराम, हैडकांस्टेबल विजय आदि को शामिल किया.

रवि कुमार का साला बौबी द्वारका की पालम कालोनी के राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रहता था. पुलिस टीम उस के घर पहुंची तो वह घर पर ही मिल गया. पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई. बौबी से पूछताछ की गई तो उस ने कहा, ‘‘सर, मेरी बहन सविता तो अपनी ससुराल में खुश है. उस के पति रवि कुमार बेहद सज्जन व्यक्ति हैं, भला मैं उन के बारे में इस तरह क्यों सोचूंगा? यह जो हमला करने वाला आदमी है, इसे तो मैं जानता तक नहीं.’’

बौबी को जब पता चला कि उस के बहनोई अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं तो वह बेचैन हो उठा. उस ने फोन द्वारा यह जानकारी बहन सविता को दी. बौबी की बातों से पुलिस को लगा कि प्रेम सिंह उसे झूठा फंसाने की कोशिश कर रहा है तो पुलिस ने उसे घर जाने की इजाजत दे दी.

बौबी घर न जा कर सीधे सेंट स्टीफंस अस्पताल पहुंचा. लेकिन उस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही रात करीब ढाई बजे उस के बहनोई रवि कुमार की मौत हो गई थी. रवि की मौत की खबर पा कर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ कर अगले दिन यानी 8 जनवरी, 2017 को प्रेम सिंह को तीस हजारी कोर्ट में ड्यूटी एमएम के समक्ष पेश कर सबूत जुटाने के लिए एक दिन के रिमांड पर ले लिया. चूंकि डा. प्रेम सिंह बौबी को इस मामले में झूठा फंसाना चाहता था, इस से पुलिस समझ गई कि यह आदमी बेहद शातिर है.

रिमांड अवधि के दौरान उस से की गई पूछताछ में उस ने जो सच्चाई बताई, उस के अनुसार, उस ने यह काम जिम ट्रेनर अनीश यादव के कहने पर किया था. अनीश ने इस के एवज में उसे डेढ़ लाख रुपए दिए थे.

‘‘यह अनीश यादव कौन है और वह कहां रहता है?’’ मनमोहन कुमार ने पूछा.

‘‘सर, अनीश रवि कुमार की पत्नी सविता का प्रेमी है और वह पालम कालोनी की राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रहता है.’’ प्रेम सिंह ने बताया.

प्रेम सिंह को ले कर पुलिस टीम जिम ट्रेनर अनीश यादव के घर पहुंची तो वह भी घर पर ही मिल गया. उसे थाने ला कर पूछताछ की गई तो रवि कुमार को अनूठे तरीके से मारने की जो कहानी सामने आई, वह प्रेमप्रसंग की चाशनी में सराबोर थी—

सविता दक्षिणीपश्चिमी दिल्ली की पालम कालोनी के राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रहने वाले सुरेशचंद की बेटी थी. सुरेशचंद उत्तर प्रदेश के जिला प्रतापगढ़ के रहने वाले थे. 15-20 साल पहले वह दिल्ली आ गए थे और औटो चलाने लगे थे. बेटी सविता के अलावा उन का एक ही बेटा था, जिस का नाम था बौबी.

छोटा परिवार था. औटो चलाने से जो कमाई होती थी, उस से परिवार का गुजरबसर बड़े आराम से हो जाता था. इसलिए उन्होंने अपने दोनों बच्चों को ठीक से पढ़ायालिखाया. पालम कालोनी में ही नवीन रहता था, जो कालेज में सविता के साथ पढ़ता था. साथ पढ़ने की वजह से दोनों में दोस्ती हो गई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई.

राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में ही नवीन का दोस्त अनीश रहता था. पढ़ाई के साथसाथ उसे बौडी बनाने का शौक था. इस के लिए वह घंटों जिम में एक्सरसाइज करता था. नवीन ने उसे अपनी प्रेमिका सविता के बारे में सब कुछ बता दिया था. यही नहीं, उस ने सविता से उसे मिलवा भी दिया था. पहली मुलाकात में ही सविता अनीश यादव से प्रभावित हो उठी थी. किसी तरह सविता को अनीश का फोन नंबर मिल गया तो वह उस से फोन पर बातें करने लगी.

अनीश सविता के बात करने का आशय समझ गया. दरअसल सविता का झुकाव नवीन के बजाए अनीश की तरफ हो गया था. दोनों एकदूसरे को प्यार करने लगे थे. नवीन को जब इस बात का पता चला तो उसे दोस्त की बेवफाई का बड़ा दुख हुआ.

अनीश ने एक तरह से नवीन की पीठ में छुरा घोंपा था. इसलिए नवीन ने उस से हमेशा के लिए संबंध खत्म कर लिए. उधर अनीश और सविता एकदूसरे को जीजान से चाहने लगे थे. वे प्यार के उस मुकाम पर पहुंच गए थे, जहां से वापस आना आसान नहीं होता. उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया था. लेकिन वे शादी कोर्ट में करने के बजाए घर वालों की सहमति से सामाजिक रीतिरिवाज से करना चाहते थे.

दोनों ने ही यह बात अपनेअपने घर वालों को कही तो अनीश ने तो किसी तरह अपने घर वालों को राजी कर लिया, पर सविता के घर वाले राजी नहीं हुए. उस की मां तो राजी हो गई थी, पर पिता किसी भी तरह तैयार नहीं हुए. इस की वजह यह थी कि दोनों अलगअलग जाति के थे. सुरेश बेटी सविता की शादी अपनी ही जाति के लड़के से करना चाहते थे.

पिता का यह फरमान सविता को बहुत अखरा. सुरेशचंद्र कैंसर पीडि़त थे. डाक्टरों ने कह दिया था कि वह कुछ ही दिनों के मेहमान हैं. इसलिए सविता जिद कर के पिता के दिल को दुखाना नहीं चाहती थी. यह बात उस ने प्रेमी अनीश को बताई तो अरमानों पर पानी फिरने का उसे भी दुख हुआ. सविता ने घर वालों की मरजी के खिलाफ शादी करने से इनकार कर दिया.

सविता का मानना था कि उस के पिता ज्यादा दिनों के मेहमान तो हैं नहीं, इसलिए उन के गुजर जाने के बाद वह अनीश से शादी कर लेगी. लेकिन अनीश इंतजार करने को तैयार नहीं था. लिहाजा उस ने 29 फरवरी, 2016 को दिल्ली के संगम विहार की एक लड़की से शादी कर ली.

सविता को जब पता चला कि अनीश ने शादी कर ली है तो उसे बड़ा दुख हुआ. उस ने इस बात की शिकायत अनीश से की तो उस ने  कह दिया कि यह शादी घर वालों ने जबरदस्ती की है. इस पर सविता ने मन ही मन ठान लिया कि वह अनीश को किसी और लड़की का नहीं होने देगी.

सविता अनीश की बीवी से मिली और उसे अपने और अनीश के प्रेमसंबंधों के बारे में बता दिया. यही नहीं, उस ने अनीश के साथ के अपने कुछ फोटो भी उसे दिखा दिए. फोटो देख कर अनीश की पत्नी को बहुत गुस्सा आया. शाम को उस ने अनीश से पूछा तो उस ने झूठ बोल दिया.

चूंकि वह सविता के साथ उस के फोटो देख चुकी थी, इसलिए वह उस पर भड़क उठी. दोनों के बीच जम कर नोकझोंक हुई. इस का नतीजा यह निकला कि अनीश की नवविवाहिता उसे छोड़ कर मायके चली गई. वह आज तक लौट कर ससुराल नहीं आई है.

अनीश की पत्नी के चली जाने से सविता बहुत खुश हुई, क्योंकि उस के और अनीश के बीच जो दीवार खड़ी हो गई थी, वह गिर चुकी थी. लिहाजा दोनों के बीच फिर पहले की तरह संबंध हो गए. पर ये संबंध ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सके. सविता के पिता की हालत दिनबदिन बिगड़ती जा रही थी. उन की इच्छा थी कि अपने जीतेजी वह सविता के हाथ पीले कर दें.

किसी रिश्तेदार से उन्हें रवि कुमार के बारे में पता चला. रवि कुमार उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी के कुआंगई गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार का बेटा था. प्रमोद कुमार सेना से रिटायर होने के बाद कानपुर की किसी कंपनी में नौकरी कर रहे थे. रवि कुमार दिल्ली के सदर बाजार स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में कैशियर था.

लड़की लड़का पसंद आने के बाद सुरेशचंद्र और प्रमोद कुमार ने बातचीत कर के 13 जुलाई, 2016 को सामाजिक रीतिरिवाज से उन की शादी कर दी. हालांकि सविता अनीश से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन रिश्ता तय होने के बाद पिता की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उस ने उचित नहीं समझा. शादी के बाद वह मैनपुरी स्थित अपनी ससुराल चली गई.

शादी के बाद सविता ने अनीश से संबंध खत्म कर लिए और पूरी तरह से ससुराल में रम गई. उस की शादी हो जाने से अनीश जल बिन मछली की तरह तड़पने लगा. सविता की वजह से ही उस की बसीबसाई गृहस्थी उजड़ी थी और अब वही उसे धोखा दे कर चली गई थी. इस का उसे बड़ा दुख हुआ.

अनीश ने सविता से बात की तो उस ने उसे अपनी मजबूरी बता दी. उस ने पति के बारे में सब कुछ बता कर वाट्सएप से उस का फोटो भी भेज दिया. जबकि वह उस की एक भी बात सुनने को तैयार नहीं था. उस ने सविता पर पति से तलाक लेने का दबाव बनाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई. कुल मिला कर किसी भी तरह से वह पति को छोड़ने को तैयार नहीं थी.

अनीश तो सविता के प्यार में जैसे पागल था. उस के बिना हर चीज उसे बेकार लगती थी. उस ने सदर बाजार जा कर एक बार रवि कुमार से मुलाकात भी की. उस ने उसे अपने और सविता के प्यार के बारे में बता भी दिया. इस पर रवि ने उस से कहा कि सविता शादी से पहले क्या करती थी, इस से उसे कोई मतलब नहीं है. वह उस के अतीत को नहीं जानना चाहता, अब वह उस की पत्नी है और अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभा रही है.

अनीश को रवि कुमार की बातों पर हैरानी हुई. वह सोचने लगा कि यह कैसा आदमी है, जो पत्नी की सच्चाई जान कर भी चुप है. बहरहाल निराश हो कर वह घर लौट आया. कहते हैं, जिम करने से ब्रेकअप का दर्द कम हो जाता है, पर अनीश तो खुद जिम टे्रनर था. इस के बावजूद वह सविता से बिछुड़ने की पीड़ा नहीं भुला पा रहा था. वह सविता को पाने के उपाय खोजने लगा.

ऐसे में ही उस के दिमाग में आइडिया आया कि अगर वह रवि की हत्या करा दे तो सविता उसे मिल सकती है. यही उसे उचित लगा. वह रवि को ठिकाने लगाने का ऐसा उपाय खोजने लगा, जिस से उस पर कोई आंच न आए. वह तरीका कौन सा हो सकता है, इस के लिए वह इंटरनेट पर सर्च करने लगा. उस ने तमाम तरीके देखे, पर हर तरीके में बाद में कातिल पकड़ा गया था.

वह ऐसे तरीके की तलाश में था, जिस में कातिल पकड़ा न गया हो. इंटरनेट पर महीनों की सर्च के बाद आखिर उसे वह तरीका मिल गया. लंदन और जर्मनी में 2 हत्याएं हुई थीं, जो पिन चुभो कर की गई थीं. पिन द्वारा जहर उन के शरीर में पहुंचाया गया था और वे मर गए थे. ठीक इसी तरह शीतयुद्ध के दौरान बुल्गारिया के रहने वाले बीबीसी के पत्रकार जर्जेई मर्कोव की हत्या की गई थी.

मर्कोव कम्युनिस्टों की निगाह में था. उन्होंने उसे मारने का फतवा भी जारी किया था. मर्कोव बस में जा रहा था, तभी एक हट्टेकट्टे आदमी ने एक छाता उस के ऊपर गिरा दिया था. इस के लिए उस आदमी ने मर्कोव से सौरी भी कहा था. मर्कोव ने भी सोचा कि छाता गलती से गिर गया होगा. लिहाजा उस ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया.

मर्कोव की जांघ में कुछ चुभा था, जहां उस ने हाथ से मसला भी था. 3 दिनों बाद उसे बहुत तेज बुखार आया और वह मर गया. यह बात सन 1978 की थी. जेम्स बौंड स्टाइल में उस छाते के पिन में रिसिन जहर लगाया गया था. रूस की खुफिया एजेंसी केजीबी ने इसे ईजाद किया था.

इस मामले में कोई पकड़ा नहीं जा सका था. इटली के जासूस पिकोडिली पर आरोप लगा था, पर कुछ साबित नहीं हो पाया था. मर्कोव खुद भी एक कैमिकल इंजीनियर था. अनीश को यह तरीका सब से अच्छा लगा.

इस के बाद वह ऐसे व्यक्ति को खोजने लगा, जो उस का यह काम कर सके. वह जहर कहां से लाए, यह भी उस के लिए समस्या थी. इस के लिए वह किसी डाक्टर की तलाश करने लगा, क्योंकि पढ़ाई के दौरान डाक्टरों को जहर के बारे में भी पढ़ाया जाता है. कोई डाक्टर उस का यह काम करने को तैयार हो जाएगा, इस बात का शंशय उस के मन में था. अनीश का एक दोस्त था डा. प्रेम सिंह. वह फिजियोथैरेपिस्ट था. प्रेम सिंह जालौन का रहने वाला था. करीब 4 साल पहले वह दिल्ली आया था. गाजियाबाद के एक इंस्टीट्यूट से फिजियोथैरेपिस्ट का कोर्स करने के बाद द्वारका के पालम विहार में उस ने अपना क्लीनिक खोला था, पर उस का काम ज्यादा अच्छा नहीं चल रहा था.

अनीश के घर के पास डा. प्रेम सिंह किसी के यहां फिजियोथैरेपी करने आता था. तभी उस की मुलाकात अनीश से हुई. अनीश भी जिम ट्रेनर था, इसलिए दोनों में दोस्ती हो गई. अपना काम कराने के लिए अनीश को प्रेम सिंह ही उचित लगा. एक दिन उस ने अपने प्रेम विरह की पीड़ा प्रेम सिंह से बता कर बीबीसी पत्रकार जर्जेई मर्कोव की तरह रवि कुमार की हत्या करने को कहा.

पढ़ाई और क्लीनिक खोलने के लिए प्रेम सिंह पर कुछ लोगों का कर्ज हो गया था. उसे पैसों की सख्त जरूरत थी. हत्या करने का जो प्लान अनीश ने उसे बताया था, उस में उस के फंसने की संभावना काफी कम थी. इसी बात को ध्यान में रख कर उस ने कहा कि इस काम को वह खुद तो नहीं करेगा, पर किसी से करवा जरूर देगा. आखिर 3 लाख रुपए में बात तय हो गई. अनीश ने डेढ़ लाख रुपए उसे एडवांस दे भी दिए.

पैसे लेने के बाद प्रेम सिंह सितंबर, 2016 में अपने गांव गया. उस के गांव के बाहर सपेरों के डेरे थे. उस ने एक सपेरे से कोबरा सांप का जहर मांगा तो उस ने उसे 7 सौ रुपए में एक, सवा एमएल जहर उसे एक सिरिंज में निकाल कर दे दिया. प्रेम सिंह जानता था कि कभीकभी सांप के जहर से भी इंसान बच जाता है.

इसलिए सांप के जहर में वह दूसरे जहर मिलाना चाहता था. उस में क्या मिलाया जाए, इस के लिए वह गूगल पर सर्च करने लगा. सर्च कर के उसे मिडाजोलम और फोर्टविन नाम की 2 दवाओं की जानकारी मिली. इन की अधिक मात्रा आदमी के लिए जानलेवा साबित होती है. इन में से फोर्टविन तो केमिस्ट के पास मिल जाती है, पर मिडाजोलम बडे़ अस्पतालों में ही मिलती है.

अनीश से पैसे ले कर प्रेम सिंह गांव में ही रुका था. जबकि अनीश फोन कर के काम जल्द करने को कह रहा था. वह कह रहा था कि अगर उस से काम नहीं हो रहा तो वह उस के पैसे लौटा दे. दबाव बढ़ने पर वह दिल्ली आ गया.

प्रेम सिंह का एक रिश्तेदार एम्स में भरती था. वह उसे देखने एम्स गया तो वहां टेबल पर उसे मिडाजोलम की शीशी दिखाई दी. 5 एमएल दवा का इंजेक्शन मरीज को लगा दिया गया था. उस में एक एमएल दवा बाकी थी. प्रेम सिंह ने उस शीशी को जेब में रख लिया. फोर्टविन उस ने एक केमिस्ट से खरीद ली. इस के बाद उस ने एक सिरिंज में कोबरा सांप का जहर, फोर्टविन और मिडाजोलम को मिला कर रख दिया.

इस के बाद वह अनीश के साथ रवि कुमार की रैकी करने लगा. 25 अक्तूबर, 2016 को दोनों ने उस का पीछा किया. उस दिन वह बिंदापुर में अपने चचिया ससुर से मिल कर लौट रहा था. जैसे ही वह औटो में बैठा, प्रेम सिंह ने इंजेक्शन लगाने के लिए सुई उस के हाथ में घुसेड़ी. सुई चुभते ही उस ने अपना हाथ घुमाया तो सुई हाथ से निकल गई. इस तरह वह उसे इंजेक्शन नहीं लगा सका.

रवि कुमार ने शोर मचाया तो प्रेम सिंह भीड़ का फायदा उठा कर जहर की सिरिंज ले कर भाग खड़ा हुआ. इस के बाद प्रेम सिंह चौकन्ना हो गया. लेकिन वह समझ नहीं पाया था कि उसे सुई लगाने वाला आखिर कौन था? उस की उस ने पुलिस में शिकायत भी नहीं की थी.

वारदात को कैसे अंजाम दिया जाए, इस बारे में प्रेम सिंह और अनीश की बात होती रहती थी. दोनों ने तय किया कि रवि कुमार ड्यूटी खत्म करने के बाद बाहर निकले तो उसे ऐसी जगह इंजेक्शन लगाया जाए कि वह जीवित न बचे. दोनों मौके की तलाश में लगे रहे. उन्हें लगा कि यह काम सदर बाजार में करना आसान रहेगा, क्योंकि वह भीड़भाड़ इलाका है.

वारदात को अंजाम देने के मकसद से 7 जनवरी, 2017 को अनीश और प्रेम सिंह द्वारका से मैट्रो पकड़ कर आर.के. आश्रम स्टेशन पर पहुंचे. वहां से ई-रिक्शा द्वारा वे सदर बाजार में बाराटूटी चौक पर पहुंचे. अनीश ने वहीं पर प्रेम सिंह को एक बोतल बीयर पिलाई. इस के बाद वे कोटक महिंद्रा बैंक की उस शाखा के नजदीक पहुंच गए, जहां रवि कुमार नौकरी करता था.

शाम सवा 7 बजे के करीब रवि कुमार अपने सहकर्मी शतरुद्र के साथ बैंक से निकला तो प्रेम सिंह उस के पीछे लग गया. जबकि अनीश वहीं खड़ा रहा. प्रेम सिंह को वेस्ट एंड सिनेमा के नजदीक जैसे ही मौका मिला, उस ने रवि की गरदन में फुरती से जहर का इंजेक्शन लगा दिया. इस बार उस ने इंजेक्शन का सारा जहर रवि के शरीर में पहुंचा दिया था.

इस के पहले अप्रैल, 2016 में चैन्नै में एक बिजनैसमैन पकड़ा गया था, जिस ने सन 2015 में इसी अंदाज में 3 लोगों को इंजेक्शन लगा कर मारा था. पहले उस ने इंजेक्शन कुत्तों पर ट्राई किए थे. इंजेक्शन को वह छाते में छिपा कर रखता था. छाते को वह जांघ में छुआ देता था. मरने वाले उन 3 लोगों में एक उस का साला भी था.

अनीश ने इंटरनेट पर महीनों तक सर्च करने के बाद रवि कुमार को मारने का जो उपाय खोजा, आखिर उस से उसे क्या हासिल हुआ? अपने किए अपराध में वह जेल तो पहुंच ही गया, साथ ही उस ने सविता की हंसतीखेलती गृहस्थी भी उजाड़ दी. प्रेम सिंह ने डाक्टर होने के बावजूद अपने पेशे को बदनाम कर के जो कृत्य किया, वह निंदनीय है. पैसे के लालच में वह अपना फर्ज भी भूल गया.

बहरहाल, थाना सदर बाजार पुलिस ने डा. प्रेम सिंह और जिम ट्रेनर अनीश यादव को गिरफ्तार कर के तीसहजारी न्यायालय में महानगर दंडाधिकारी सचिन सांगवान की कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. केस की तफ्तीश इंसपेक्टर मनमोहन कुमार कर रहे हैं.

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित, सविता परिवर्तित नाम है.

परपुरुष की बांहों में सुख की तलाश

कुलदीप सिंह को गायब हुए पूरे 2 हफ्ते गुजर चुके थे. उस का फोन भी बंद बता रहा था. उस की पत्नी कमलजीत कौर से जब कोई उस के बारे में पूछता तो वह यही कह देती कि वह नौकरी के लिए नोएडा गया है. कुलदीप नौकरी के लिए गया है तो उस का फोन क्यों बंद है? यह बात उस की बहन सुखमिंदर की समझ में नहीं आ रही थी.

उस ने भाई को हर संभावित जगह पर तलाशा, पर उस का कुछ पता नहीं चला. जब वह हर जगह कोशिश कर के थक गई तो पति देविंदर सिंह को साथ ले कर थाना दोराहा पहुंच गई. यह 22 मई, 2017 की बात है.

सुखमिंदर ने थानप्रभारी अश्वनी कुमार को बताया कि 7 मई, 2017 को उस का भाई कुलदीप यह कह कर घर से गया था कि वह अपने दोस्त हरप्रीत के साथ नौकरी के लिए नोएडा जा रहा है. हरप्रीत तो लौट आया, पर कुलदीप का कुछ पता नहीं है. हरप्रीत का कहना है कि नौकरी की बात कर के कुलदीप उसे छोड़ कर न जाने कहां चला गया था. कुलदीप का फोन भी बंद है.

पुलिस ने सुखमिंदर की शिकायत पर कुलदीप की गुमशुदगी दर्ज कर के उस की तलाश शुरू कर दी.

पंजाब के जिला लुधियाना की तहसील दोराहा के गांव बिलासपुर के रहने वाले सज्जन सिंह के 2 बच्चे थे, बेटा कुलदीप सिंह और बेटी सुखमिंदर कौर. सीधेसादे और साधारण आर्थिक स्थिति वाले सज्जन सिंह बच्चों को अधिक पढ़ा नहीं पाए. बच्चे बड़े हुए तो उन्होंने दोनों की शादियां कर दी.

बेटी सुखमिंदर की शादी जिला संगरूर के गांव बादशाहपुर मंडियाला के रहने वाले देविंदर सिंह से की थी. वह अपने पति के साथ खुश थी. इस के बाद 30 सितंबर, 2007 को बेटे कुलदीप की शादी मलहोद के लिहल गांव के रहने वाले दर्शन सिंह की बेटी कमलजीत कौर के साथ कर दी थी.

society

शादी के बाद कुछ सालों तक तो कुलदीप और कमलजीत कौर ठीकठाक से रहे. उन के 2 बेटे भी हुए, गुरचरण सिंह और हर्षवीर सिंह. लेकिन बाद ही में दोनों के बीच तूतूमैंमैं होने लगी. इस की वजह यह थी कि कुलदीप के पास कोई स्थाई काम नहीं था. उस के पिता के पास जो थोड़ी जमीन थी, उसे उन्होंने बच्चों के पालनपोषण और उन की शादीब्याह के समय बेच दी थी. इसीलिए कुलदीप छोटामोटा काम कर के किसी तरह घर चला रहा था.

थानाप्रभारी अश्वनी कुमार ने एएसआई जसविंदर सिंह, तेजा सिंह, हवलदार लखवीर सिंह, सुरजीत सिंह, सिपाही गुरप्रीत सिंह और नवजीत सिंह की एक टीम बनाई और लापता कुलदीप सिंह और घर से गायब हरप्रीत की तलाश में लगा दी. कुछ मुखबिरों को भी उन्होंने कमलजीत कौर के चालचलन के बारे में पता लगाने के लिए लगा दिया था, क्योंकि सुखमिंदर कौर ने पुलिस को यह भी बताया था कि उस की भाभी कमलजीत कौर का चालचलन ठीक नहीं है.

इसीलिए अश्वनी कुमार कुलदीप की पत्नी कमलजीत कौर के चरित्र के बारे में जानना चाहते थे. पुलिस की जांच और मुखबिरों द्वारा दी गई सूचना से कमलजीत कौर के बारे में काफी चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं. इस के बाद थानाप्रभारी ने कमलजीत कौर को पूछताछ के लिए सिपाही भेज कर थाने बुलवा लिया.

सिपाही जिस समय कमलजीत कौर के घर पहुंचे थे, वह कपड़े वगैरह बांध कर कहीं भागने की तैयारी में थी. सिपाही कमलजीत कौर को जिस समय थाने ले कर पहुंचे, इत्तफाक से उस समय एसपी नवजोत सिंह माहल भी थाना दोराहा आए हुए थे. अश्वनी कुमार ने महिला हवलदार सतजीत कौर की मदद से एसपी के सामने कमलजीत कौर से पूछताछ शुरू की. सख्ती से की गई पूछताछ में कमलजीत कौर ने स्वीकार कर लिया कि हरप्रीत से उस के नाजायज संबंध हैं.

कुलदीप सिंह के बारे में पूछने पर कमलजीत कौर ने बताया कि 7 मई को रात करीब 10 बजे हरप्रीत उसे यह कह कर अपने साथ ले गया था कि वह उस की नोएडा में नौकरी लगवा देगा. उस के बाद वे दोनों कहां गए, यह उसे पता नहीं है.

‘‘तुम्हारा पति 7 मई से लापता है और तुम ने न तो उसे ढूंढने की कोशिश की और न ही पुलिस को सूचना दी. तुम झूठ बोल रही हो. सचसच बताओ कि वह कहां है?’’ अश्वनी कुमार ने पूछा.

कमलजीत कौर पर सख्ती की गई तो उस ने कुलदीप के बारे में तो कुछ नहीं बताया, पर हरप्रीत के बारे में बता दिया कि वह कहां मिलेगा. पुलिस टीम तुरंत उस के बताए पते पर पहुंची, जहां वह एक दोस्त के घर छिपा बैठा था. पुलिस उसे हिरासत में ले कर थाने आ गई. थाने में कमलजीत कौर को बैठी देख कर उस की सिट्टीपिट्टी गुम हो गई.

इस के बाद उस ने बिना किसी हीलहुज्जत के अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उस ने अपने एक दोस्त रोशन के साथ मिल कर कुलदीप की हत्या 7 मई की रात कर दी थी. हत्या की योजना में कमलजीत कौर भी शामिल थी. इस के बाद पुलिस ने कमलजीत कौर से भी पूछताछ की. तो उस ने सारी सच्चाई बता दी.

पुलिस ने दोनों को उसी दिन लुधियाना की सक्षम अदालत में पेश कर 2 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया. रिमांड में की गई पूछताछ में कुलदीप सिंह के लापता होने से ले कर उस की हत्या तक की जो कहानी प्रकाश में आई, वह इस प्रकार थी—

2 बच्चों की मां होने के बावजूद कमलजीत कौर की सुंदरता में कोई कमी नहीं आई थी, बल्कि शरीर भर जाने से वह और ज्यादा सुंदर लगने लगी थी. उसे देख कर बिलकुल नहीं लगता था कि वह 2 बच्चों की मां है. वह हंसमुख स्वभाव की ऐसी खूबसूरत युवती थी, जिस की सूरत और शरीर से ही कामुकता झलकती थी.

गांव में शादी के एक समारोह में कमलजीत कौर की आंखें गांव के ही नौजवान हरप्रीत सिंह से लड़ गईं. हरप्रीत कमलजीत की सहेली का भाई था. हालांकि वह हरप्रीत को पहले से जानती थी, लेकिन उस दिन उन की जो आंखें लड़ी थीं, उन में चाहत थी.

समारोह के बाद जब हरप्रीत घर पहुंचा तो कमलजीत की याद में उसे नींद नहीं आई. अगले दिन वह मिठाई देने के बहाने कमलजीत के घर जा पहुंचा. कमलजीत भी जैसे पलकें बिछाए उसी का इंतजार कर रही थी. खुले दिल से अपनी बांहें फैला कर उस ने हरप्रीत का स्वागत किया. उस समय घर पर कोई नहीं था. कुलदीप अपने काम पर गया था और दोनों बच्चे स्कूल गए थे. घर पर अकेली कमलजीत कौर ही थी.

दुनिया भर के जितने भी नाजायज काम या अपराध होते हैं, वे एकांत मिलते ही अंगड़ाइयां लेने लगते हैं. कमलजीत और हरप्रीत के साथ भी उस दिन ऐसा ही हुआ. चाहत की आग दोनों ओर से बराबर लगी थी, जो एकांत मिलते ही भड़क उठी. दोनों ही दुनियाजहान से बेखबर एकदूजे की बांहों में समा गए. जब अलग हुए तो दोनों मर्यादा लांघ चुके थे.

society

समय के साथ कमलजीत कौर और हरप्रीत के नाजायज संबंध गहराते गए. स्थिति यह आ गई कि दोनों साथ जीनेमरने की कसमें खाने लगे. दूसरी ओर कुलदीप को पता नहीं था कि उस की पीठ पीछे घर में पत्नी क्या गुल खिला रही है. बाद में जब कुलदीप को इस बात की खबर लगी, तब तक पानी सिर के ऊपर से गुजर चुका था.

पत्नी की बेवफाई सुन कर कुलदीप का दिल टूट गया. वह समझ नहीं पा रहा था कि आखिर उस के प्यार में ऐसी क्या कमी रह गई, जो दोदो बच्चे होने के बावजूद कमलजीत को यह कदम उठाना पड़ा.

हरप्रीत अच्छी तरह जानता था कि कमलजीत कौर शादीशुदा औरत है. इस के बावजूद वह उसे जीजान से चाहता था. हरप्रीत दूसरी जाति का था, इस के बावजूद कमलजीत कौर एक दिन के लिए भी उस से जुदा नहीं होना चाहती थी. एक दिन उस ने रुआंसी हो कर कहा, ‘‘हरप्रीत, इस समय मेरी स्थिति 2 नावों पर सवारी करने जैसी है. इस स्थिति से अच्छा है मैं मर जाऊं.’’

हरप्रीत उस की बात समझ गया. उस ने उसे प्यार से समझाते हुए कहा, ‘‘तुम चिंता मत करो, जल्दी ही मैं कोई रास्ता निकालता हूं.’’

‘‘तुम हमेशा यही कहते हो. आज साफसाफ बता दो कि तुम मुझे अपनाओगे या फिर मैं कोई और रास्ता देखूं?’’

‘‘इस का मतलब तो यह हुआ कि कुलदीप को रास्ते से हटाना पड़ेगा.’’

‘‘जो करना है, जल्दी करो.’’ कमलजीत कौर ने कहा.

फिर उसी दिन कुलदीप की हत्या की योजना बन गई. 7 मई, 2017 की शाम को जब कुलदीप घर लौटा तो कमलजीत कौर ने कहा, ‘‘हरप्रीत, तुम्हें दिल्ली के पास स्थि त नोएडा में 15 हजार रुपए महीने की नौकरी दिलवा रहा है. वह कह रहा था कि 10 हजार रुपए महीने ऊपर से भी बन जाया करेंगे.’’

‘‘अरे ऊपर की गोली मारो, हमारे लिए तनख्वाह ही बहुत है.’’ पत्नी की भावनाओं से अंजान कुलदीप उस की बातों में आ गया. कुछ देर बाद ही हरप्रीत आया और कुलदीप को अपने साथ ले कर चला गया.

हरप्रीत पहले उसे अपने घर ले गया. घर से उस ने अपनी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल नंबर पीबी10जी ई6790 उठाई और उस पर कुलदीप को बैठा कर अपने दोस्त रोशन के घर पहुंचा. रोशन को साथ ले कर तीनों दोराहा अड्डे पर पहुंचे, जहां उन्होंने शराब पी.

योजना के अनुसार, उन्होंने कुलदीप को अधिक शराब पिलाई. उसी बीच कुलदीप ने हरप्रीत का मोबाइल फोन ले कर अपनी बहन सुखमिंदर कौर को फोन कर के बताया कि वह हरप्रीत के साथ नौकरी के लिए नोएडा जा रहा है. यह सुन कर सुखमिंदर कौर ने उसे हरप्रीत सिंह के साथ कहीं भी जाने से मना किया. उस समय कुलदीप नशे में था, इसलिए बहन की बातों पर उस ने ध्यान नहीं दिया.

कुलदीप को नशा चढ़ गया तो रोशन और हरप्रीत ने उसे मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाया और सरहिंद नहर के ऊपर बने फिलोटिंग रेस्टोरेंट के किनारे नहर के साथसाथ काफी दूर तक ले गए. रात होने की वजह से वहां सन्नाटा पसरा था.

एक जगह मोटरसाइकिल रोक कर दोनों उतरे और नशे में धुत कुलदीप को भी उतार कर उस के गले में साथ लाई रस्सी लपेट कर कस दी. कुछ ही देर में कुलदीप की मौत हो गई. वह गिर गया तो उन्होंने उस की लाश उठा कर सरहिंद नहर में फेंक दी. इस के बाद रोशन अपने घर चला गया तो हरप्रीत कमलजीत कौर के पास.

6 दिनों बाद 13 मई को पटियाला की थाना पसियाना पुलिस ने कुलदीप की लाश नहर से बरामद कर की थी, पर शिनाख्त न होने की वजह से लावारिस मान कर उस का अंतिम संस्कार कर दिया था. दोराहा पुलिस कुलदीप की लाश खोजते हुए थाना पसियाना पहुंची तो उस ने 13 मई को एक लाश मिलने की जानकारी दी. जब उस लाश के फोटो सुखमिंदर कौर को दिखाए गए तो उस ने उस की पुष्टि अपने भाई कुलदीप के रूप में की.

हरप्रीत और कमलजीत से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी रोशन को भी गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने उन की निशानदेही पर पल्सर मोटरसाइकिल, हत्या में प्रयुक्त रस्सी और 2 मोबाइल फोन बरामद कर लिए थे. रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने भादंवि की धारा 302, 201, 34 के तहत गिरफ्तार कमलजीत कौर, हरप्रीत और रोशन को 24 मई, 2017 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक तीनों आरोपी जेल में थे. उन की जमानतें नहीं हो सकी थीं.

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

रूपहले परदे के पीछे ओझल होती नौटंकी

60 साल के सरजूदास कभी नौटंकी के मुख्य कलाकार थे. वे बड़े और लंबे किरदार अदा किया करते थे. उन्हें देखने के लिए दूरदूर से लोग खिंचे चले आते थे. आज वे पटना की सड़कों पर रिकशा चला कर अपना और परिवार का पेट भरने के लिए दिनरात मेहनत करते हैं.

नौटंकी के बारे में पूछने पर वे कुछ देर के लिए चुप्पी साध लेते हैं और फिर कहते हैं, ‘‘नौटंकी के जनून पर पेट की आग भारी पड़ी. कब तक नौटंकी कर के अपने मन को आनंद पहुंचाता, इस के चक्कर में घर का सुकून खत्म हो गया था. बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और न जाने किनकिन राज्यों में सैकड़ों प्रोग्राम किए पर पेट की आग बुझाने और परिवार को पालने के लिए कोई काम तो करना ही था.

नौटंकी करने के अलावा कुछ और तो आता नहीं था. कई जगह काम ढूंढ़ा पर कोई काम देने को राजी नहीं हुआ. एक दोस्त की मदद से रिकशा मिल गया. बस, उसे ही चला कर पिछले 22 सालों से गुजारा चल रहा है. नौटंकी मन के किसी कोने में दफन हो गई.’’

दूसरे नौटंकीबाज मिले 47 साल के भीखू साह. ये बिहार के दरभंगा जिले के रहिका गांव के रहने वाले हैं. मेलों और त्योहारों के मौके पर नौटंकी करने वाले भीखू ने करीब 8 सालों तक जगहजगह घूम कर नौटंकी की और खूब तालियां बटोरीं. भीखू के अनुसार, वे लैला का रोल करने के लिए मशहूर थे.

यादों के दरीचे से धूल हटाते हुए वे कहते हैं, ‘‘जिंदा रहने के लिए कुछ कमाई जरूरी थी. तालियों और तारीफों से पेट तो भरता नहीं है. मजबूरी में नौटंकी को छोड़ना पड़ा और पैसों के लिए ढाबा चलाना शुरू किया. ढाबा चलाने के काम में मानइज्जत तो नहीं है पर दोजून की रोटी का जुगाड़ हो जाता है. 4 लोगों का परिवार का खर्च निकल आता है.’’

आज लोग भले ही बातबेबात यह कहते रहते हों, ‘नौटंकी मत करो’, ‘ज्यादा नौटंकी करोगे तो…’, ‘क्यों नौटंकी कर रहे हो’. पर नौटंकी असल में है क्या? इसे लोग न जानते हैं और न ही जानना चाहते हैं. सिनेमा, मल्टीप्लैक्स, वीडियो, कंप्यूटर और इंटरनैट के दौर में नौटंकी का कोई नामलेवा नहीं रहा है. कभी गांवों और शहरों के लोगों का दिल बहलाने वाली लोककला नौटंकी अब तकरीबन पूरी तरह से गायब हो चुकी है.

उत्तर प्रदेश में जन्मी और पलीबढ़ी नौटंकी 3 से 4 दशक पहले तक गांवों और कसबों के लोगों के मन को बहलाने का मजबूत और पसंदीदा जरिया थी. उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकल कर नौटंकी बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र में धूम मचाती हुई समूचे देश के कोनेकोने तक जा पहुंची थी. मनोरंजन के दूसरे साधनों के आने और नौटंकी के कलाकारों को जरूरत के मुताबिक पैसे नहीं मिलने की वजह से यह ताकतवर लोककला धीरेधीरे गायब होने लगी.

12 सालों तक नौटंकी में द्रौपदी का किरदार निभाने वाले अहसान मलिक कहते हैं कि नौटंकी और उस के कलाकारों को न सरकार की ओर से कोई मदद मिल सकी और न ही आज की तरह बड़ीबड़ी कंपनियां ही कोई सहायता देने को आगे आईं. कलाकार भला अपने शौक के लिए कब तक नौटंकी से जुड़े रह पाते? नौटंकी तो छूट गई और जिंदगी कई तरह की ‘नौटंकियों’ में उलझ कर रह गई है.

सारीसारी रात गांव की चौपाल पर चलने वाली नौटंकी का जमाल और धमाल अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है. कला के जानकार हेमंत राव कहते हैं कि नौटंकी के खत्म होने के पीछे कुछ हाथ तो मनोरंजन की नईनई तकनीकों का रहा है पर इस के लिए ज्यादा जिम्मेदार नौटंकी से जुड़े लोग भी रहे हैं. बदलते समय के साथ नौटंकी कला में कोई बदलाव ही नहीं किया गया.

वे रामायण और महाभारत की कहानियों को नौटंकी के जरिए दर्शकों के सामने परोसते रहे. हर बार वही घिसीपिटी कहानी और अभिनय से दर्शक बोर हो कर उस से कटने लगे. कई पीढि़यों से चले आ रहे एक ही ढर्रे की नौटंकी से पब्लिक दूर होती गई और नौटंकी वाले इस का ठीकरा कभी सरकार और कभी पब्लिक के माथे फोड़ कर अपनी जवाबदेही से बचने की कोशिश करते रहे. इन्हीं सब वजहों से एक मजबूत और लोकप्रिय लोककला का वजूद खत्म सा हो गया है.

नौटंकी कला से जुड़े ज्यादातर लोगों का मानना है कि सिनेमा नौटंकी को खा गया. नौटंकी की मशहूर कलाकार पद्मश्री गुलाबबाई भी अकसर कहा करती थीं कि सिनेमा की वजह से ही नौटंकी की हालत खराब हुई है. वे अकसर कहती थीं, ‘‘कभी हमारे प्रोग्राम के समय स्टेज के पास बैठने के लिए मारामारी होती थी, लाठियां तक चल जाती थीं. एक बार इतना हंगामा और मारपीट हो गई कि कोतवाल ने मु?ो शहर बदर की धमकी दे डाली.’’

हर कला का और तकनीक का एक सुनहरा दौर होता है. अगर बदलते समय के साथ कला या तकनीक में बदलाव नहीं किया जाए तो उस का नामोनिशान मिटने से कोई ताकत रोक नहीं सकती है. बिहार के शेखपुरा जिले के भदौंस गांव के बुजुर्ग किसान रामबालक सिंह बताते हैं कि पहले गांव में त्योहारों या शादी आदि के समय नौटंकी कंपनी को बुलाया जाता था और यह काफी सम्मान की चीज मानी जाती थी, पर आज शहर तो छोडि़ए, गांवों में भी इसे ओछी निगाह से देखा जाता है.

दरअसल, सिनेमा और मनोरंजन के कई नए तौरतरीकों के आने के बाद जब दर्शक नौटंकी से कटने लगे तो नौटंकी कंपनियों ने पब्लिक को बांधे रखने के लिए अपने कलाकारों से ऊलजलूल और भौंडी हरकतें करवानी शुरू कर दीं.

नतीजतन, लोग परिवार के साथ बैठ कर इस का मजा लेने से कतराने लगे. बदलते हालात से लड़ने के लिए मजबूत उपाय करने के बजाय नौटंकी कंपनियों ने फूहड़ और शौर्टकट तरीका अपनाना चालू कर दिया. इसी से नौटंकी का धीरेधीरे कबाड़ा होता चला गया. लोककला के रंग और ढंग के बजाय नौटंकी में मुंबइया रंगढंग दिखने लगा तो उस के दर्शकों ने नौटंकी के फूहड़ रूप को देखने के बजाय सिनेमा में ही दिलचस्पी लेना शुरू कर दिया और नौटंकी जैसी ताकतवर विधा का परदा धीरेधीरे गिरता चला गया.

मुफ्तखोरी की आदत बढ़ाती सरकारें

3 राज्यों में किसानों से किए गए कर्ज माफी के वादे के बाद कांग्रेस की जीत से अब दूसरे राज्यों में भी कर्ज माफी के वादों की बरसात शुरू हो गई है. असम में कर्ज माफी की घोषणा कर दी गई है. गुजरात में भाजपा सरकार ने भी कर्जमाफी का ऐलान कर दिया है. हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा है कि राज्य में उन की सरकार आने पर किसानों को कर्र्ज मुक्त कर दिया जाएगा. ओडिशा में भी भाजपा ने यह वादा किया है.

चुनावी वादों का हकीकत से सामना करना अब नेताओं के लिए बड़ा मुश्किल साबित हो रहा है. किसानों के किया गया कर्ज माफी का वादा अब राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ की नई सरकारों के लिए मुश्किल हो रहा है. मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरकारों ने 41,100 करोड़ रुपए के कर्ज माफ करने की घोषणा तो कर दी पर इन राज्यों के पास इतना बजट ही नहीं है. राजस्थान सरकार इसीलिए अब तक घोषणा नहीं कर पाई है. यहां के नवनियुक्त मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कह चुके हैं कि वसुंधरा सरकार ने खजाने में पैसा ही नहीं छोड़ा.

बावजूद इस के असम में 600 करोड़ का कर्ज और गुजरात में 625 करोड़ का बिजली बिल माफ करने की घोषणा की गई है. तीन राज्यों में कर्जमाफी का वादा हिट रहा.

किसानों की कर्जमाफी का केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ गया है. कर्जमाफी का मुद्दा ले कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेर रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी के पास साढ़े चार साल थे. उन्होंने किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं किया. हर किसान का कर्ज माफ होने तक हम मोदीजी को न बैठने देंगे, न सोने देंगे.

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अगर भाजपा सरकार कर्ज माफ नहीं करती है तो अगले लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में सरकार बनने पर कांग्रेस गारंटी के साथ किसानों का कर्ज माफ करेगी.

असल में हमारे यहां राजाओं द्वारा खैरात बांट कर जयजयकार कराने की प्राचीन आदत है. लोगों को भी मुफ्त की खाने और दान लेने और देने की पुरानी संस्कृति है. इस कार्य को पुण्य माना गया है. राजा ज्यादातर दान ब्राह्मणों से प्रशंसा और अपने प्रचार के लिए दिया करते थे. साथ पुण्य की बात भी उन कन के मन में पुरोहितों द्वारा भर दी जाती थीं.

पुराने राजा रहे हों या आज की सरकारें, मुफ्त में कुछ नहीं दे रहीं. मुफ्त के नाम पर बेवकूफ बनाया जाता है. सरकारों के लिए माफ किए गए उस करोड़ों के कर्ज की भरपाई के लिए तरहतरह के टैक्स लगाना जरूरी हो जाता है.

आर्थिक विशेषज्ञ कह चुके हैं कि कर्ज माफी के वादों से बचना चाहिए. इस से देश पर भार बढ़ता है.सरकारें किसानों की उत्पादकता पर ध्यान नहीं दे रहीं. इस के लिए उन्हें अधिक से अधिक सुविधाएं दी जा सकती हैं. राजनीतिक दल इस तरह के वादों से मुफ्तखोरी की आदत बढ रहे हैं. उन्हें अपनी जेब से तो पैसा देना होता नहीं. कर्ज माफी का पैसा किसानों और आम जनता की जेब से ही निकलेगा.

#मी टू का कसता फंदा

शहरी औरतों ने कुछ हद तक बगावत का झंडा खड़ा कर दिया है. जिन मर्दों ने कभी उन से छेड़खानी की थी उन का नाम ले कर उन्हें कठघरे में खड़ा करना शुरू कर दिया गया है. मुकदमे तो नहीं चल रहे पर इन औरतों ने हैसियत वाले मर्दों का नाजायज फायदा उठाने के लिए की गई भद्दी हरकतों का परदाफाश कर दिया है. भारत में आमतौर पर औरतें यह नहीं मान रहीं कि उन के साथ जबरन सैक्स किया गया था लेकिन अमेरिका और यूरोप में औरतों ने माना कि एक बार नहीं कईकई बार उन के साथ जबरन सैक्स किया गया ताकि उन्हें नौकरी या आगे बढ़ने के मौके मिलते रहें.

अपनी हैसियत का फायदा औरतों से उठाना जितना गांवों व कसबों में होता है, उतना कहीं नहीं. गुंडई तो एक अलग बात है जिस में लड़की या औरत को दबोच कर उस से जबरदस्ती की जाती है और लहूलुहान कर के छोड़ा जाता है. इस पर कभी मुकदमे हो जाते हैं पर आमतौर पर लाज के कारण मुंह छिपाना पड़ता है. बात हैसियत वालों की है जो जोरजबरदस्ती नहीं करते, लालच देते हैं या नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हैं और लड़कियों को बदन सौंपने पर मजबूर करते हैं.

जिस से प्यार करते हो उसे कौन कब अपना बदन शादी के पहले या बाद में दे यह उस लड़की की मरजी है पर जहां यह सिर्फ नौकरी, ओहदा, काम बचाए रखने के लिए किया जाए वह हरगिज गलत है.

शहरी औरतों के साथ जो मीटू हो रहा है वह तो लंबी रस्सी का सिरा भर है. गांवकसबों की औरतों के साथ तो यह घरों, स्कूलों, अस्पतालों, कैंपों, आश्रमों, खेतों, गाडि़यों में जम कर होता है जिन में शिकार औरत होने के बावजूद अपने शिकारी के साथ घूमती रहती है क्योंकि उसे जो चाहिए वह केवल बदन दे कर टांगें खोल कर मिल सकता है.

गांवों में अगर बात खुल जाए तो फैलते देर नहीं लगती इसलिए लड़कियां जीतेजी मुंह नहीं खोलतीं. मर्दों की पीढ़ी दर पीढ़ी औरतों को मांगने की आदत बन चुकी है. शहरी प्त मी टू का उफान गांवों और कसबों की जरूरत है क्योंकि इस की शिकार औरतें जिंदगीभर घुटन में रहती हैं. उन्हें हर पल डर रहता है कि कहीं राज खुल न जाए. कभीकभार मर्द को शक हो भी जाता है तो वह मारपीट पर उतर आता है और खुद दूसरी के पास जाने की धमकी दे कर सताता है.

प्त मी टू, यानी मैं भी शिकार रही हूं, गांवगांव, कसबेकसबे में उजागर होना चाहिए. हैसियत का फायदा कोई आदमी न उठा पाए. बदन प्यार में मिले, यह दूसरी बात है चाहे किसी की बीवी का हो या किसी और का पर फोकट में नहीं, बस दोनों की इच्छा हो. न जबरदस्ती हो, न ऐसी नौबत हो कि औरत को लगे कि बदन देने से ही उस का काम बनेगा.

जिंदगी के साथ भी जिंदगी के बाद भी

वह औरत कौन थी? कार में धीरज के साथ कहां जा रही थी? धीरज के साथ उस का क्या रिश्ता था? धीरज के पास से तो उस का मोबाइल और पर्स मिल गया था, लेकिन उस औरत का कोई पहचानपत्र या मोबाइल घटनास्थल से बरामद नहीं हुआ. इस वजह से यह सब एक रहस्य बन गया था.

धीरज के मित्र, औफिस वाले, रिश्तेदार और पड़ोसी सब जानना चाहते थे कि आखिर वह औरत थी कौन? और उस का धीरज से क्या रिश्ता था? सब को धीरज की मौत का गम कम, उस राज को जानने की उत्सुकता ज्यादा थी.

जिंदगी में कभीकभी ऐसा घटित हो जाता है कि इंसान समझ ही नहीं पाता कि यह क्या हो गया? ऐसी ही एक घटना नहीं बल्कि दुर्घटना घटी शोभा के साथ. उस का पति धीरज एक औरत के साथ सड़क दुर्घटना में मारा गया था.

पुलिस ने अपनी खानापूर्ति कर दी. दोनों लाशों का पोस्टमौर्टम हो गया. उस औरत की लाश को लेने कोई नहीं आया, सो, उस का अंतिम संस्कार पुलिस द्वारा कर दिया गया.

वह औरत शादीशुदा थी क्योंकि उस की मांग में सिंदूर था. सवाल यह था कि वह गैरमर्द के साथ कार में क्यों थी? कार के कागजात के आधार पर पता चला कि वह कार धीरज के मित्र की थी. एक दिन पहले ही धीरज ने उस से यह कह कर ली थी कि वह एक जरूरी काम से चंडीगढ़ जा रहा है, लेकिन कार दुर्घटनाग्रस्त हुई दिल्लीआगरा यमुना ऐक्सप्रैसवे पर यानी धीरज ने अपने मित्र से झूठ बोला.

जब दुर्घटना की गुत्थी नहीं सुलझ सकी तो लोगों ने खुल कर कहना शुरू कर दिया कि उस औरत के साथ धीरज के अवैध रिश्ते रहे होंगे और वे दोनों मौजमस्ती के लिए निकले होंगे.

लोगों की इस बेहूदा सोच पर शोभा खासी नाराज थी लेकिन वह कर भी क्या सकती थी. किसी का मुंह वह बंद तो नहीं कर सकती थी.

धीरज उसे बहुत प्यार करता था. शादी के 5 वर्षों में जब उन्हें संतान सुख नहीं मिला तब उन दोनों ने अपनाअपना मैडिकल चैकअप कराया. रिपोर्ट में पता चला कि वह मां नहीं बन सकती जबकि धीरज पिता बनने के काबिल था. यह जान कर वह बहुत रोई और धीरज से बोली, ‘तुम दूसरी शादी कर लो, मैं अपना जीवन काट लूंगी.’

‘शोभा, अगर कमी मुझ में होती तो क्या तुम मुझे छोड़ कर दूसरी शादी कर लेतीं,’ कहते हुए धीरज ने उसे अपनी बांहों में भर लिया था.

क्या उस से इतना प्यार करने वाला धीरज उस के साथ इस तरह बेवफाई कर सकता है? शोभा ने अपने मन को यह कह कर तसल्ली दी, हो सकता है उस औरत ने धीरज से लिफ्ट मांगी हो. लेकिन दिमाग में कुछ सवाल बिजली की तरह कौंध रहे थे कि धीरज ने अपने दोस्त से गाड़ी चंडीगढ़ जाने को कह कर ली तो फिर वह आगरा जाने वाले यमुना ऐक्सप्रैसवे पर क्यों गया? मित्र से उस ने झूठ क्यों बोला? आखिर वह जा कहां रहा था? और उसे भी कुछ बता कर नहीं गया जबकि वह उस को छोटी से छोटी बात भी बताता था. कुछ बात तो जरूर है तभी धीरज ने उस से अपने बाहर जाने की बात छिपाई थी.

शोभा को दुखी और परेशान देख कर उस के पिता ने कहा, ‘‘बेटी, जो होना था वह तो हो गया, तुम अब खुद को मजबूत करो और आर्थिक रूप से अपने पांवों पर खड़ी होने की कोशिश करो. धीरज की कोई सरकारी नौकरी तो थी नहीं कि जिस के आधार पर तुम्हें नौकरी या पैंशन मिलेगी. उस के कागजात देखो, शायद उस ने कोई इंश्योरैंस पौलिसी वगैरह कराई हो. उस के बैंक खातों को भी देखो. शायद तुम्हें कुछ आर्थिक मदद मिल सके.’’

‘‘नहीं पापा, मुझे सब पता है. उन्होंने कोई पौलिसी वगैरह नहीं कराई थी. न ही बैंक में कोई खास रकम है, क्योंकि उन की नौकरी मामूली थी और वेतन भी कम था. कुछ बचता ही कहां था जो वे जमा करते. वे अपने मांबाप की भी आर्थिक मदद करते थे.’’

‘‘फिर भी बेटा, एक बार देख लो, हर इंसान अपने आने वाले वक्त के लिए करता है और फिर धीरज जैसे समझदार इंसान ने भी कुछ न कुछ अवश्य किया होगा.’’

दुखी मन से शोभा ने धीरज की अलमारी खोली, शायद उस के कागजात के साथ ही उस के साथ हुए हादसे का भी कोई सूत्र मिल जाए. अलमारी में बैंक की एक चैकबुक मिली और भारतीय जीवन बीमा निगम की एक डायरी मिली. उस ने उसे जोश के साथ से खोला. पहले ही पृष्ठ पर लिखा था, ‘जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी.’ कुछ पृष्ठों पर औफिस से संबंधित कार्यों का लेखाजोखा था.

डायरी के बीच में एक मैडिकल स्टोर का परचा मिला, जिस में कुछ दवाइयां लिखी थीं. ये कौन सी दवाइयां थीं, खराब लिखावट की वजह से कुछ भी समझ नहीं आ रहा था. जिस तारीख का परचा था, शोभा को खासा याद था कि उस ने उस दौरान कोई दवाई नहीं मंगाई थी. इस का मतलब धीरज ने अपने लिए दवा खरीदी थी. यह सोच कर वह भयभीत हो उठी कि कहीं धीरज किसी गंभीर बीमारी से पीडि़त तो नहीं था.

उस ने फौरन मैडिकल स्टोर जाने का फैसला लिया. वह मैडिकल स्टोर उस के घर से काफी दूर था, लेकिन वह वहां गई. मैडिकल स्टोर वाले ने परचे पर लिखी दवाएं तो बता दीं लेकिन दवाएं लेने कौन आया था, वह न बता सका. दवाइयां दांतों की बीमारी से संबंधित थीं.

उस दौरान धीरज को दांतों से संबंधित कोई समस्या नहीं थी. अगर थी भी तो वह अपने घर या औफिस के नजदीक के मैडिकल स्टोर से दवा लेता. इतनी दूर आने की क्या जरूरत थी? तो इस का मतलब साफ था कि धीरज ने किसी और के लिए दवाइयां खरीदी थीं. किस के लिए खरीदी थीं, यह जानने के लिए शोभा ने घर आ कर धीरज का सामान फिर से टटोला.

उस ने उस की डायरी दोबारा अच्छी तरह से चैक की. 15 अगस्त वाले पृष्ठ पर उस ने लिखा था, ‘आज आजादी का दिन मेरे लिए खास बन गया.’ आखिर15 अगस्त को ऐसा क्या हुआ था जो उस के लिए खास बन गया था, इस बात का जिक्र नहीं था.

उस ने उस के मोबाइल पर भी एक चीज नोट की, उस ने अपने मोबाइल के वालपेपर पर तिरंगे के साथ अपनी हंसतीमुसकराती तसवीर लगा रखी थी. तभी उस का मोबाइल बज उठा. बच्चे की खिलखिलाहट की रिंगटोन थी. यह सत्य था कि उसे बच्चों से बहुत प्यार था, इसलिए उस ने बच्चे की खिलखिलाहट की रिंगटोन लगा रखी थी. लेकिन आज ध्यान से सुना तो बीच में कोई धीरे से बोल रहा था, ‘पापा, बोलो पापा.’

यह सुन कर उस का माथा ठनका. हो न हो, 15 अगस्त और बच्चे की खिलखिलाहट में कुछ न कुछ राज जरूर छिपा है.

वालपेपर को उस ने गौर से देखा. धीरज के पीछे एक अस्पताल था. अस्पताल का नाम साफ नजर आ रहा था. शायद उस ने सैल्फी ली थी यानी 15 अगस्त को धीरज उस अस्पताल के पास था. वह वहां क्यों गया था, यह जानने के लिए वह तुरंत उस अस्पताल के लिए चल पड़ी. वह भी काफी दूर था. वहां गई तो वास्तव में अस्पताल के बाहर तिरंगा लहरा रहा था. यह तो तय हो गया था कि धीरज ने सैल्फी यहीं ली थी. लेकिन वह यहां करने क्या आया था. अचानक उस के मस्तिष्क में बच्चे की खिलखिलाहट की रिंगटोन और ‘पापा, बोलो पापा’ की ध्वनि बिजली की तरह कौंध गई और वह फौरन अस्पताल के अंदर चली गई.

मैटरनिटी होम के रिसैप्शन पर जा कर उस ने 15 अगस्त को जन्मे बच्चों की जानकारी चाही. पहले तो उसे मना कर दिया गया, लेकिन काफी रिक्वैस्ट करने पर बताया गया कि उस दिन 7 बच्चे हुए थे जिन में 4 लड़के और 3 लड़कियां थीं. उन बच्चों के पिता के नाम में धीरज का नाम नहीं था. सातों मांओं के नाम उस ने नोट कर लिए. अस्पताल के नियम के मुताबिक उसे उन के पते और मोबाइल नंबर नहीं दिए गए.

घर आ कर उस ने धीरज के मोबाइल में उन नामों के आधार पर नंबर ढूंढ़े, लेकिन कोई नंबर नहीं मिला. एक नंबर जरूर ‘एस’ नाम से सेव था. उस ने उस नंबर पर फोन लगाया तो उधर से एक नारीस्वर गूंजा, ‘‘कौन?’’

‘‘जी, मैं बोल रही हूं.’’

‘‘कौन? तू सीमा बोल रही है क्या?’’

यह सुन कर वह थोड़ा घबराई, ‘‘आप मेरी बात तो सुनिए.’’

‘‘अरे सीमा, क्या बात सुनूं तेरी? तू उस दिन शाम तक आने को कह कर गई थी और आज चौथा दिन है. तेरे बच्चे का रोरो कर बुरा हाल है. जल्दबाजी में तू अपना मोबाइल और पर्स भी यहीं भूल गई. तेरे फोन भी आ रहे हैं. समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं कि तू है कहां?’’

‘‘जी, वह बात यह है कि…’’

‘‘तू इतना घबरा कर क्यों बोल रही है? कोई परेशानी है तो मुझे बता, क्या पति से झगड़ा हो गया है?’’

‘‘जी, मैं सीमा नहीं, उस की बहन शोभा बोल रही हूं.’’

‘‘शोभा? लेकिन सीमा ने कभी आप का जिक्र ही नहीं किया. आप बोल कहां से रही हैं?’’ उस ने हैरानी से पूछा.

‘‘मैं आप को फोन पर कुछ नहीं बता पाऊंगी. आप से मिल कर सबकुछ विस्तार से बता दूंगी. शीघ्र ही मैं आप से मिलना चाहती हूं. प्लीज, आप अपना पता बता दीजिए,’’ निवेदन करते हुए उस ने कहा.

‘‘ठीक है, मैं अभी आप को अपना पता एसएमएस करती हूं.’’

चंद मिनटों में ही उस का पता मोबाइल स्क्रीन पर आ गया और शोभा शीघ्र ही वहां के लिए रवाना हो गई.

जैसे ही शोभा ने दरवाजे की घंटी बजाई, एक अधेड़ उम्र की महिला ने दरवाजा खोला, ‘‘आप शोभाजी हैं न,’’ कहते हुए वे उसे बहुत सम्मान के साथ अंदर ले गईं.

पानी का गिलास पकड़ाते हुए बोलीं, ‘‘सीमा ने कभी आप का जिक्र तक नहीं किया था. वह मेरे यहां किराए पर अपने पति के साथ रहती थी. अभी 15 अगस्त को उस के बेटा  भी हुआ है. उस की ससुराल और मायके से कोई नहीं आया था. सारा काम मैं ने और उस के पति ने ही संभाला था. वह मुझे मां समान मानती है. अभी

4 दिनों पहले ही सुबह 6 बजे अपने बेटे को मेरे पास छोड़ कर जाते हुए बोली थी, ‘‘आंटी, एक बहुत जरूरी काम से हम दोनों जा रहे हैं, शाम तक वापस आ जाएंगे, प्लीज, तब तक आप आर्यन को संभाल लेना.’’

अपने पर्स से धीरज का फोटो निकाल कर उन्हें दिखाते हुए शोभा बोली, ‘‘आंटी, क्या यही सीमा के पति हैं?’’

‘‘हां, यही इस के पति हैं, लेकिन आप क्यों पूछ रही हैं? आप को तो सबकुछ पता होना चाहिए, क्योंकि आप तो सीमा की बहन हैं,’’ उन्होंने शंका जाहिर की.

‘‘आंटी, बात दरअसल यह है कि सीमा ने परिवार की मरजी के खिलाफ प्रेमविवाह किया था, इसलिए हमारा उस से संपर्क नहीं था. लेकिन अभी 4 दिनों पहले ही सीमा और उस के पति की एक कार ऐक्सिडैंट में मौत हो गई है. आखिरी समय में उस ने पुलिस को हमारा पता और आप का मोबाइल नंबर बताया था. उसी के आधार पर मैं यहां आई हूं,’’ कहते हुए उस ने अखबार की कटिंग जिस में दुर्घटना के समाचार के साथसाथ सीमा और धीरज की तसवीर थी, दिखा दी, और फिर सुबक पड़ी. वे बुजुर्ग महिला भी रो पड़ीं और सिसकते हुए बोलीं, ‘‘अब आर्यन तो अनाथ हो गया.’’

‘‘नहीं आंटी, आर्यन क्यों अनाथ हो गया. उस की मौसी तो जिंदा है. मैं पालूंगी उसे. आखिर मौसी भी तो मां ही होती है.’’

‘‘हां शोभा, तुम ठीक कह रही हो. अब तुम ही संभालो नन्हें आर्यन को,’’ कहते हुए वे अंदर से एक 7-8 माह के बच्चे को ले आईं जो हूबहू धीरज की फोटोकौपी था.

शोभा ने बच्चे को अपनी छाती से ऐसे चिपका लिया जैसे कोई उसे छीन न ले. वह जल्दी से जल्दी वहां से निकलना चाह रही थी.

आंटी ने कहा, ‘‘आप सीमा का कमरा खोल कर देख लो. बच्चे का जरूरी सामान तो अभी ले जाओ, बाकी सामान जब जी चाहे ले जाना. उस के बाद ही मैं कमरा किसी और को किराए पर दूंगी.’’

उस ने सीमा का कमरा खोला. कमरे में खास सामान नहीं था. बस, जरूरी सामान था. बच्चे का सामान और सीमा का पर्स व मोबाइल ले कर वह आंटी को फिर आने को कह कर घर चल पड़ी.

सारे रास्ते सोचती रही कि धीरज ने उस के साथ कितना बड़ा धोखा किया. दूसरी शादी रचा ली और बच्चा तक पैदा कर लिया. जब खुद उस ने दूसरी शादी के लिए कहा था तब कितनी वफादारी दिखा रहा था. ऐसे दोहरे व्यक्तित्व वाले इंसान के प्रति उस का मन घृणा से भर गया.

घर आ कर उस ने सब से पहले सीमा का पर्स चैक किया. पर्स में थोड़ेबहुत रुपए, दांतों के डाक्टर का परचा और थोड़ाबहुत कौस्मैटिक का सामान था. पैनकार्ड और आधारकार्ड से पता चला कि सीमा धीरज के ही शहर की थी. इस का मतलब धीरज शादी के पहले से ही सीमा को जानता था और उस का प्रेमप्रसंग काफी पुराना था.

फिर उस ने सीमा का मोबाइल चैक किया. वालपेपर पर सीमा, धीरज और बच्चे का फोटो लगा था. व्हाट्सऐप पर काफी मैसेज थे जो डिलीट नहीं किए गए थे.

‘‘सीमा, इतने सालों बाद तुम मुझे मैट्रो में मिली. मुझे अच्छा लगा. लेकिन यह जान कर दुख हुआ कि तुम्हारा पति से तलाक हो चुका है.’’

‘‘नहीं, मैं तुम्हारे घर नहीं आऊंगा क्योंकि अब मैं शादीशुदा हूं और अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता हूं. वैसे भी तुम अकेली रहती हो, मुझे देख कर तुम्हारी मकानमालकिन आंटी क्या सोचेंगी?’’

‘‘तुम ने आंटी को अपना परिचय मेरे पति के रूप में दिया, यह मुझे अच्छा नहीं लगा.’’

‘‘हमारे बीच जो कुछ क्षणिक आवेश में हुआ, उस के लिए मैं तुम से माफी चाहता हूं और अब मैं तुम से कभी नहीं मिलूंगा.’’

‘‘क्या? मैं पिता बनने वाला हूं.’’

‘‘सीमा, प्लीज जिद छोड़ दो, मैं शोभा को तलाक नहीं दे सकता. मैं

उसे सचाई बता दूंगा. वह स्वीकार कर लेगी. उस का दिल बहुत बड़ा है. हम सब साथ रहेंगे. हमारे बच्चे को 2-2 मांओं का प्यार मिलेगा.’’

‘‘सीमा, मुझे अपने बच्चे से मिलने दो. उस के बिना मैं मर जाऊंगा.’’

इस के अलावा औरों के भी मैसेज थे. तभी अचानक सीमा के मोबाइल की घंटी बजी. उस ने तुरंत रिसीव किया, ‘‘कौन?’’

‘‘कौन की बच्ची? इतने दिनों से फोन लगा रही हूं. हर बार तेरी खड़ूस आंटी उठाती है और कहती है कि तू अभी तक वापस नहीं आई. क्या बात है? मथुरा में शादी कर के वहीं से हनीमून मनाने भी निकल गई.’’

शोभा चुप रही. बस, ‘‘हूं’’ कहा.

‘‘अच्छा, व्यस्त है हनीमून में. वैसे सीमा, यह ठीक ही रहा वरना धीरज तो तुझे अपने घर में अपनी बीवी की नौकरानी बना कर रख देता. तेरा बच्चा भी तेरा अपना नहीं रहता. बच्चे से न मिलने देने की धमकी सुन कर आ गया न लाइन पर. मेरा यह आइडिया कामयाब रहा. अब मंदिर में तू ने शादी तो कर ली है लेकिन ऐसी शादी कोई नहीं मानेगा, इसलिए बच्चे को ढाल बना कर जल्दी से जल्दी धीरज को अपनी बीवी से तलाक के लिए राजी कर.’’

‘‘हांहां,’’ शोभा ने अटकते स्वर में कहा.

‘‘हांहां मत कर, पार्टी की तैयारी शुरू कर. मैं अगले हफ्ते ही दिल्ली आ रही हूं औफिस के काम से.’’

‘‘ठीक है,’’ कहते हुए शोभा ने फोन काट दिया.

धीरज के प्रति उस के मन में जो गलत भाव आ गए थे, वे एक पल में धुल गए. सच में धीरज ने एक पति होने के नाते उसे पूरा मानसम्मान और प्रेम दिया. वह धीरज पर गौरवान्वित हो उठी. धीरज की निशानी नन्हें आर्यन को पा कर उस का तनमन महक उठा. उस ने उसे कस कर सीने से लगा लिया और बरसों से सहेजा ममता का खजाना उस पर लुटा दिया.

उस के अनुभवी पिता ने सत्य ही कहा था कि धीरज जैसे समझदार इंसान ने भविष्य के लिए कुछ न कुछ जरूर किया होगा. वास्तव में उस ने अपनी जिंदगी की एक महत्त्वपूर्ण पौलिसी करा ही दी थी जो शोभा का सुरक्षित भविष्य बन गई थी. बीमा कंपनी की टैग लाइन ‘जिंदगी के साथ भी जिंदगी के बाद भी’ को सार्थक कर दिया था धीरज ने. वह जिंदगी में शोभा के साथ था और जिंदगी के बाद भी उस के साथ है नन्हें आर्यन के रूप में.

इस फिल्म के साथ प्रोडक्शन में डेब्यू करेंगी दीपिका

कुछ दिनों पहले दीपिका पादुकोण ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी शुरू करने की बात कही थी. हाल ही में खबर आई कि दीपिका शादी के बाद बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं. ताजा खबरों कि माने तो दीपिका प्रोड्यूसर के तौर पर डेब्यू करने वाली हैं. वो एसिड अटैक झेल चुकी लक्ष्मी अग्रवाल पर बन रही फिल्म को प्रोड्यूस करेंगी. इस फिल्म में वो लीड रोल में होंगी, जिसका निर्देशन मेघना गुलजार करेंगी.

फिल्म का नाम भी पब्लिक कर दिया गया है. इसकी जानकारी खुद ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर के दी. तरण ने बताया कि फिल्म का नाम ‘छपाक’ है.

कौन हैं लक्ष्मी

आपको बता दें कि लक्ष्मी 15 साल की थी जब उन पर एसिड अटैक हुआ. एक 32 साल के आदमी ने एक तरफा प्यार के चलते उनपर एसिड फेंका था. आज लक्ष्मी एक NGO की डायरेक्टर हैं. जो एसिड अटैक के शिकार लोगों की मदद करता है. इस अटैक में उनका पूरा चेहरा जल गया. लक्ष्मी ने 10वीं तक पढ़ाई की है. उन्हें ब्यूटी पार्लर का काम भी आता है. अपने जीवन पर बात करते हुए उन्होंने बताया था कि उनके जले हुए चेहरे के कारण कहीं काम नहीं मिलता था.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें