Caste Violence: शर्मनाक – जातीय जहर ने बनाया बेटी को विधवा

Caste Violence, लेखक – अलखदेव प्रसाद ‘अचल’

बिहार के दरभंगा मैडिकल कालेज में जातीय जहर की वजह से एक बाप ने अपने दामाद को गोली मार कर बेटी को ही विधवा बना डाला. सिर्फ इसलिए कि हमारी जाति ऊंची है, तो हमारा दामाद निचली जाति (केवट) का कैसे हो सकता है?

सहरसा जिले के बनगांव के रहने वाले प्रेमशंकर झा की तकरीबन 19 साल की बेटी तनुप्रिया और पिपरा थाना इलाके के तुला पट्टी के बाशिंदे गणेश मंडल का 24 साल का बेटा राहुल मंडल दोनों डीएमसीएच दरभंगा में बीएसपी नर्सिंग के छात्र थे. राहुल सैकंड ईयर का छात्र था, तो तनुप्रिया फर्स्ट ईयर की छात्रा थी. दोनों में प्यार था और 5 मई को उन्होंने शादी रचा ली थी.

प्रेमशंकर झा को यह नागवार गुजर रहा था. उस ने पहले तो बेटी को समझाने की खूब कोशिश कि, पर जब वह उस में नाकाम रहा, तो उस ने मन ही मन दामाद को ही खत्म कर देने के लिए ठान लिया, जबकि शादी के कई महीने बीत जाने पर तनुप्रिया भी निश्चिंत हो गई थी कि अब सबकुछ ठीक है.

तनुप्रिया के सारे खर्च ससुराल वाले ही चला रहे थे. उधर प्रेमशंकर झा के दिल में जो आग धधक रही थी, वह शांत नहीं हुई थी. वह मन ही मन अपने दामाद को खत्म करने की योजना बनाता जा रहा था. इस के लिए शायद उस ने 5 अगस्त का दिन चुना था.

शादी के बाद राहुल मंडल और तनुप्रिया दोनों होस्टल की अलगअलग मंजिल पर रह रहे थे कि 5 अगस्त को प्रेमशंकर झा नकाब पहने कैंपस के अंदर आया, जो कट्टा छिपाए हुए था. पहले तो उस ने राहुल मंडल की मोटरसाइकिल के प्लग की तार काट दी, फिर पास में ही मोबाइल पर बात करते राहुल मंडल से पूछा कि यह मोटरसाइकिल किस की है?

राहुल ने नजदीक आ कर जैसे ही कहा कि ‘मेरी है’, तो प्रेमशंकर झा नजदीक से उस के सीने में 2 गोलियां उतार दीं.

कुछ ही दूरी पर तनुप्रिया भी खड़ी थी. राहुल गोली लगते ही दौड़ा और तनुप्रिया से लिपट गया, पर जल्दी ही जमीन पर गिर पड़ा. इधर होस्टल के गुस्साए लड़कों ने प्रेमशंकर ?ा को दबोच लिया और उस की धुनाई शुरू कर दी.

इसी बीच पुलिस आई और प्रेमशंकर झा को बचा लिया. जब तनुप्रिया देखने पहुंची कि आखिर उस के पति का हत्यारा कौन है, तो उस की आंखें फटी की फटी रह गईं कि वे तो उस के पिता प्रेमशंकर झा हैं, जिन्होंने उसे न सिर्फ विधवा बना डाला, बल्कि उस की जिंदगी भी कर दी.

इस घटना के बाद तनुप्रिया ने अपने ही पिता के लिए फांसी की मांग कर डाली थी. उस ने गुस्से में यह भी कह दिया था कि अगर कोर्ट से इंसाफ नहीं मिलेगा, तो मेरे पिता ने जिस तरह से मेरी जिंदगी बरबाद कर दी है, उसी तरह से उन की जिंदगी भी मैं बरबाद कर दूंगी.

तनुप्रिया ने अपने पति की हत्या के लिए अपने पिता, दोनों भाइयों और मां को भी जिम्मेदार माना है. इधर पिता का कहना था कि निचली जाति के लड़के से तनुप्रिया की शादी होने से उन्हें समाज से उलाहने मिल
रहे थे. लोग खिल्ली उड़ा रहे थे. उधर सोशल मीडिया पर ऊंची जाति के लोग प्रेमशंकर झा के इस कदम का स्वागत करते देखे गए थे.

ऐसे लोगों ने दलील दी थी कि मातापिता ने लड़की को पालापोसा होगा, पढ़ायालिखाया होगा, तो सपना भी देखा होगा कि इस की शादी किस से करनी है. पर बेटी ने मातापिता के मनसूबों पर पानी फेर दिया. ऐसी हालत में बेटी के बाप का गुस्सा होना लाजिमी था, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि प्रेमशंकर झा की नाक तो बेटी ने कटवाई थी, फिर उस ने तनुप्रिया को गोली न मार कर राहुल मंडल की जीवनलीला क्यों खत्म कर दी?

सिर्फ इसलिए न कि आगे से एससी या पिछड़ी जाति के लड़के ऊंची जाति की लड़की से शादी करने की हिम्मत न जुटाने पाएं कि इस का नतीजा राहुल की तरह हो सकता है.

पर कानून के हिसाब से न तनुप्रिया की गलती है, न राहुल मंडल की, क्योंकि दोनों की उम्र अपना फैसला लेने की हो गई थी. काबिलीयत के हिसाब से भी दोनों ने सही चुनाव किया था.

ऐसा भी नहीं था कि तनुप्रिया और राहुल मंडल ने शादी कर समाज में नया कर दिखाया था. हमारे देश में ऐसे अनगिनत उदाहरण हैं, जहां किसी भी जाति या मजहब में लोग अपनी मरजी से शादी करते रहे हैं और आज भी कर रहे हैं. वहां प्रेमशंकर झा ने अपने ही हाथों से अपनी ही बेटी को विधवा बना कर अपनी घटिया सोच को जाहिर कर दिया, क्योंकि उस ने न सिर्फ राहुल मंडल को मार दिया, बल्कि अपनी बेटी की भी जिंदगी बरबाद कर दी.

एक तो ऐसा नहीं लगता कि तनुप्रिया अपने मातापिता के पास जाएगी, अगर चली भी गई, तो उन लोगों में विधवा विवाह का प्रचलन नहीं है. इस से और ज्यादा घटिया सोच कुछ हो ही नहीं सकती. Caste Violence

Supreme Court Judgment: ‘बास्टर्ड’ जातिसूचक गाली नहीं – सुप्रीम कोर्ट

Supreme Court Judgment, लेखक – शकील प्रेम

एससी और एसटी के खिलाफ अपराध होना कोई नई बात नहीं है. इन्हीं अपराधों को रोकने के लिए एससीएसटी ऐक्ट बना था. इस अधिनियम के तहत एससीएसटी को जातिसूचक शब्द कहना भी अपराध माना गया है, लेकिन अगर यह अपशब्द जातिसूचक नहीं है, तो इसे एससीएसटी ऐक्ट की धाराओं में दर्ज नहीं किया जा सकता.

यहां तक कि अगर कोई शख्स किसी एससीएसटी को ‘बास्टर्ड’ (हरामजादा) जैसे शब्दों से भी नवाजे, तो इसे एससीएसटी ऐक्ट में अपराध की श्रेणी में नहीं गिना जा सकता.

16 अप्रैल, 2025 को सिधान नाम के एक आदमी ने एक एससी शख्स को सड़क पर रोका, धमकी दी और कुल्हाड़ी से हमला किया. हमले से पहले आरोपी सिधान ने उसे ‘बास्टर्ड’ कहा. एससी आदमी ने एफआईआर दर्ज करवाई, जिस में ‘बास्टर्ड’ शब्द के अलावा कोई जातिसूचक शब्द दर्ज नहीं हुआ.

‘बास्टर्ड’ शब्द के साथ ही पुलिस ने एससीएसटी ऐक्ट की धाराएं जोड़ दीं, जिस के बाद आरोपी ने अग्रिम जमानत के लिए केरल हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन हाईकोर्ट ने एससीएसटी ऐक्ट की धारा 18 के तहत जमानत खारिज कर दी.

आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ‘बास्टर्ड’ शब्द जाति पर आधारित अपमान नहीं है. यह सामान्य सा अपमानजनक शब्द है, जो एससीएसटी ऐक्ट के दायरे में नहीं आता.

सुप्रीम कोर्ट की बैंच ने इस मामले में टिप्पणी करते हुए कहा, ‘यह आश्चर्यजनक है कि शिकायत में जातिगत अपमान का कोई आरोप न होने पर भी पुलिस ने एससीएसटी ऐक्ट लगाया.’

सुप्रीम कोर्ट ने एससीएसटी ऐक्ट की धारा 3(1)(आर) का हवाला दिया जो कहती है कि अपमान तभी अपराध है, जब यह जाति की पहचान के आधार पर हो और यह अपमान सार्वजनिकतौर पर किया जाए, ताकि पीडि़त अपमानित महसूस हो. यह कह कर सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को अग्रिम जमानत दे दी.

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि केवल ‘बास्टर्ड’ जैसे अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल एससीएसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत अपराध नहीं माना जाएगा. जब तक कि कोई शब्द स्पष्ट रूप से जाति (कास्ट) से जुड़ा न हो, वह एससीएसटी ऐक्ट के तहत अपराध नहीं है. यह फैसला 3 नवंबर, 2025 को जस्टिस अराविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजरिया की बैंच ने सुनाया.

23 अगस्त, 2024 शजन स्केरिया बनाम केरल राज्य के मामले में भी जस्टिस पीबी परदीवाला ने कहा था कि एससीएसटी के खिलाफ कोई भी शब्द तभी अपराध है, जब यह जाति से जुड़ा हो. केवल पीडि़त के एससीएसटी होने से यह ऐक्ट लागू नहीं होता.

5 नवंबर, 2020 को एक अहम फैसले में भी कोर्ट ने कहा कि सभी अपमान एससीएसटी ऐक्ट के तहत नहीं आते जब तक कि उस अपमान का इरादा जातिगत अपमान न हो.

सुप्रीम कोर्ट ने साल 2022 में कृष्ण कुमार सिंह बनाम राज्य के एक फैसले में भी साफ किया था कि केवल अपमानजनक या मानहानिकारी शब्दों का उच्चारण मात्र से आईपीसी की धारा 294(बी) के तहत अपराध नहीं है.

कोर्ट ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया जारी करने से पहले मजिस्ट्रेट को जांच करनी चाहिए कि क्या शब्दों का प्रभाव सार्वजनिक नैतिकता पर पड़ता है या नहीं. ‘बास्टर्ड’ जैसे शब्दों को अकेले अपराध मानने के लिए पर्याप्त सुबूत जरूरी हैं.

साल 2007 के मायादेवी बनाम जगदीश प्रसाद के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि पत्नी को नियमित रूप से ‘बास्टर्ड’ जैसे अपशब्द कहना मानसिक क्रूरता है, जो तलाक का आधार बन सकता है.

सुप्रीम कोर्ट ने जिनिया कीटिन बनाम कुमार सीताराम मां?ा, 2003 के एक मामले में साफ किया था कि सिर्फ वैध विवाह से जन्मा बच्चा ही वैध माना जाता है. अगर किसी हिंदू की शादी हिंदू विवाह अधिनियम के अंतर्गत नहीं हुई है, तो बच्चा ‘बास्टर्ड’ माना जाता है और उसे उत्तराधिकार में अधिकार नहीं मिल सकता.

हालांकि, साल 2005 में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम (1956) में संशोधन के बाद अविवाहित माताओं के बच्चों को मां की संपत्ति में अधिकार मिला है.

साल 2014 में एनडी तिवारी के मामले में, रोहित शेखर ने सुप्रीम कोर्ट से ‘बास्टर्ड’, ‘इलिगिटिमेट’ जैसे शब्दों पर प्रतिबंध की मांग की थी, ताकि कानूनी कार्यवाही में मां की गरिमा बनी रहे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया.

हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के यह जजमैंट एससीएसटी ऐक्ट के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए दिए गए. इन मामलों में कोर्ट ने कहा भी कि इस ऐक्ट का मकसद असली अत्याचारों को रोकना है.

सवाल यह है कि कोर्ट असली अपराध किसे मानती है? जिस देश में एक एससी की बरात को सुरक्षित तरीके से सड़क पर निकलने के लिए पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ती है, वहां एससी के प्रति असली अपराध का मापदंड कैसे तय किया जा सकता है? अगर किसी एससी को उस की जाति के चलते ही ‘हरामजादा’ कहा जाए, तो क्या यह उस के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न नहीं है?

हाईकोर्ट बनाम वीजे प्रकाश, 1982 के एक मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने पुराने ब्रिटिश फैसलों की आलोचना की थी और ‘हरामजादा’ जैसे शब्दों को किसी भी नागरिक के लिए अपमानजनक माना था.

तब राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा था कि संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 के बाद, ऐसे अपमान मालिक और नौकर के रिश्ते में भी क्षतिपूर्ति योग्य नहीं हैं. राजस्थान हाईकोर्ट का यह फैसला ‘बास्टर्ड’ जैसे शब्दों को सामाजिक संदर्भ में मानसिक क्रूरता मानता है.

एक तरफ राजस्थान हाईकोर्ट ‘बास्टर्ड’ जैसे शब्दों को अपमानजनक और मानसिक क्रूरता मानती है, तो
वहीं सुप्रीम कोर्ट के लिए किसी एससी को ‘बास्टर्ड’ कहना सामान्य सी बात है. एससी समाज को ले कर अदालतों की यह मानसिकता विरोधाभासी तो है ही, साथ यह एससीएसटी के प्रति समाज के जातिवादी चरित्र को बढ़ावा भी देती है.

जरूरी नहीं है कि हर एससी को कोई उस की जाति का नाम ले कर ही गाली दे, लेकिन यह कड़वी सचाई है कि एससी को उन की जाति के चलते ही ‘बास्टर्ड’ जैसी गालियां दी जाती हैं. Supreme Court Judgment

Editorial: राहुल–तेजस्वी की जातीय रणनीति क्यों नहीं बदल सकी चुनावी हवा?

Editorial: बिहार के विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का वोट चोरी का पैंतरा बिलकुल काम न आया क्योंकि ऐसा लगता है कि मोटे तौर पर वोटों को मैनेज करने में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह आगे रही. वोट नहीं देने दिया गया हो इस की शिकायतें उतनी नहीं आईं जितनी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बातें कर रहे थे.

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव असल में सिर्फ जाति को ले कर राजनीति कर रहे थे पर जाति ऐसा उलझ सवाल है जिसे वोटों में बदलना न उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के बस का रहा और न ही लालू प्रसाद यादव के. लालू प्रसाद यादव ने लंबे समय तक राज किया तो इसलिए नहीं कि छोटी जातियों को परेशानी थी, इसलिए कि उनकी दबंग जाति को तब कांग्रेस ने वह जगह नहीं दी जो मिलनी चाहिए थी.

कांग्रेस ने ही पिछड़ी जातियों को 1850 से 1990 तक पढ़ालिखा तो दिया था पर इन्हें सत्ता में भागीदार नहीं बनाया था जबकि उन के पास जमींदारी हटने के बाद जमीनें आ गई थीं और वे पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गए थे. लालू प्रसाद यादव ने उस का फायदा उठाया पर वे लोगों को साथ ले कर नहीं चल सके  और एकएक कर के रामविलास पासवान और नीतीश कुमार जैसे साथी उन से बिछड़ जाए.

लालू प्रसाद यादव ने सत्ता में आने के बाद उन जातियों को विशेष भाव नहीं दिया जो इतनी दबीकुचली थीं कि कोविड के दिनों में मुंबईदिल्ली में न रह कर अपने गांवों तक जाने के लिए पैदल चलने को तैयार हो गई थीं, बिना यह सोचे कि उन की रास्ते में सोने, खाने, नहाने की क्या व्यवस्था होगी. लालू प्रसाद यादव की पार्टी या कांग्रेस ने उन लोगों का ध्यान रखा जिन्हें अपना देश छोड़ कर बाहर पराए लोगों के बीच में रहना पड़ा हो, लगता नहीं.

इस बीच भारतीय जनता पार्टी से जुड़े धार्मिक संगठनों ने बड़ा खेला खेल दिया. उन्होंने हर निचली, अछूत, दलित, पिछड़ी, अतिपिछड़ी जाति को अपने लोकल गांवदेहात के देवता देने शुरू कर दिए और उन्हें वर्णव्यवस्था बरकरार रखते हुए उन देवताओं के बड़े मंदिर बनवा दिए. इन लोगों को अपनी गरीबी से ज्यादा परेशानी यह होती थी कि उन्हें ऊंचे लोगों के मंदिरों में शूद्रअछूत कह कर घुसने नहीं दिया जा रहा.

उन की इस शिकायत को ही नहीं पूरा कर दिया, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मंत्री, मुख्यमंत्री, विधायक लाइनें लगा कर अतिपिछड़ों, अछूतों, भूमिहारों, दलितों के मंदिरों में सिर नवा आते कि लो बराबरी का दर्जा दे दिया.

रहीसही कसर पैसा दे कर पूरी कर दी गई. नीतीश कुमार ने औरतों के खाते में चुनाव घोषित होने से पहले 10,000 रुपए डलवा दिए. राहुल गांधी और तेजस्वी यादव नौकरियों के वादे करते रहे पर लगता है कि उन के वादे में दम नहीं रहा.

कुल वोटों को गिनें तो भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) को राष्ट्रीय जनता दल और कांगे्रस से इतने ज्यादा वोट नहीं मिले जितनी सीटें दिखा रही हैं पर यह तो 1950 से ही चल रहा है जब कांग्रेस को 50 फीसदी से कम वोट मिलने पर भी दोतिहाई बहुमत संसद और विधानसभाओं में एक के बाद एक चुनाव में मिलता रहा.

लालू प्रसाद यादव परिवार और गांधी परिवार अभी बिहार की राजनीति में बेमतलब के नहीं हैं. वे चुनाव हारे पर अपने वोट नहीं खोए. उन्हें जनता की देखभाल करनी है सरकार की अति से. सत्ता सुख नहीं मिलेगा तो क्या.

॥॥॥

आरक्षण का एक फायदा यह हुआ है कि अब पिछड़े और एससी वर्गोंके बच्चों के नंबर जनरल कैटेगरी के बच्चों से ज्यादा आने लगे हैं. रेलवे भरती बोर्ड की 2024 की परीक्षा के नतीजों में जूनियर इंजीनियर की पोस्ट के लिए कटऔफ ओबीसी के लिए 846.23 नंबर रहा, जनरल कैटेगरी के लिए 795.16 नंबर और एससी के लिए 720.07 नंबर. 403 पदों के लिए अब जिन्हें नौकरी मिलेगी वे सब बराबर के नंबर पाने वाले होंगे और नौकरी पाने पर जनरल कैटेगरी के लोग पिछड़ों और एससी को नौकरी खाऊ नहीं कह सकेंगे.

आजादी के बाद से आरक्षण को जो संवैधानिक दर्जा मिला उस ने करोड़ों युवाओं को पिछले 50-60 सालों में पढ़ने को और सम?ाने को तैयार कर दिया. उन्होंने सदियों की इस सोच को कि इस समाज में कुछ लोगों को पढ़नेलिखने का हक ही नहीं है, उन को नेचर ने इतना दिमाग भी नहीं दिया है, को झूठा साबित कर दिया है.

इस देश में आज जो भी बना है, उस की जड़ों में केवल पिछड़ों और एससी का हाथ है क्योंकि यहां के सवर्णों ने हाथ से कभी बड़ा काम किया ही नहीं. अंगरेजों ने किलों में उन्हें मशीनों में लगाया था पर जल्दी ही वे यूनियनों के मुखिया बन बैठे और उन्होंने अंगरेजों की लगाई सारी मिलों को आजादी के बाद बंद करवा दिया.

जवाहरलाल नेहरू ने सैकड़ों सरकारी उद्योग तो लगवाए पर वे भूल गए उन में कारीगरों में अगर ऊंची जातियों के लोग पिछड़ों और एससी के साथ काम पर रहेंगे तो काम तो पिछड़ों को करना पड़ेगा. ऊंची जातियों के जो भी लोग कारखानों में गए वे यूनियनों से कारखानों को बंद कराने में लग गए.

रेलवे बोर्ड के जूनियर इंजीनियर अगर अच्छे नंबर वाले पिछड़े और एससी जमात के होंगे तो उम्मीद कर सकते हैं कि सरकारी रेलें भी ठीक काम कर सकेंगी क्योंकि जिन्हें हाथ से काम करने की आदत है वे ही रेलें चला सकते हैं. आज भी जमीन पर काम करने वाले कमा रहे हैं, मंदिरों में घंटियों को बजाने वाले नहीं. रेलवे व्हाइट कौलरों से नहीं चलती.

ओबीसी और एससी अक्ल और लगन में दूसरों से कहीं ज्यादा आगे हैं और तभी उन्हें जब भी अंगरेजों ने बाहर समुद्र पार देशों में भेजा, वहां खाली हाथ पहुंच कर आज मालामाल हैं. हमारी वर्णव्यवस्था एक बहुत बड़े हिस्से के लिए जंजीर बनी हुई है जो इस वर्ग को तो आगे बढ़ने से रोकती है ही, पूरे देश को बढ़ने से रोक रही है.

संविधान में राजनीतिक व सेवाओं के 1950 और 1990 के आरक्षणों से देशको बड़ा लाभ हुआ है. एक समाज को बड़ा बनना है, सुखी रहना है, सेहतमंद रहना है तो हरेक को बराबर का काम करने का मौका मिलना चाहिए. हरेक की ताकत को पहचानो, उसे काम दो तो ही देश तरक्की करेगा वरना देश घंटियां बजाता रहेगा और खाली कटोरा लिए मुफ्त में अनाज की मांग करता रहेगा. Editorial

Social Conflict: पंजाब – प्रवासी मजदूरों के खिलाफ बढती नफरत

Social Conflict: पंजाब में तकरीबन 18 लाख बाहरी यानी प्रवासी मजदूर काम कर रहे हैं, जिन में से 80 फीसदी असंगठित मजदूर हैं, जो खेतीबारी, उद्योग और दूसरे क्षेत्रों में अपना खास योगदान देते हैं. हालांकि, हाल के समय में पंजाब में कुछ संगठनों और पंचायतों की ओर से प्रवासी मजदूरों के खिलाफ विरोध और उन्हें राज्य से बेदखल करने का माहौल बनाया जा रहा है.

ये हालात पंजाब की इकोनौमी और सामाजिक भाईचारे के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं. प्रवासी मजदूरों का यहां से भागना राज्य की फैक्टरियों और खेतों के काम पर बुरा असर डाल रहा है. एससी और अति पिछड़े मजदूरों का शोषण पंजाब में एससी तबके की आबादी तकरीबन 32 फीसदी है, लेकिन उन के पास केवल 3 फीसदी जमीन है. एससी और अति पिछड़े खेत मजदूर पंजाब की खेतीबारी में खास रोल निभाते हैं, साथ ही वे आमतौर पर कर्ज में डूबे हुए होते हैं.

पंजाब में किसानों की खुदकुशी में एससी मजदूरों की तादाद भी ज्यादा है. अमीर पंजाबी किसानों (जाट सिख) का शोषण और सामाजिक दबदबा इस वर्ग पर बना हुआ है.

यह वर्ग अपनी उथली जमीन और सामाजिक हालात के चलते मजबूर हो कर दूसरे राज्यों जैसे बिहार, उत्तर प्रदेश से पंजाब में मजदूरी के लिए आता है. इन प्रवासी मजदूरों में भी ज्यादातर एससी और पिछड़े वर्ग के होते हैं.

अमीर पंजाबी समाज का रवैया

पंजाबी समाज में अमीर वर्ग अपने सामाजिक और माली दबदबे के चलते एससी और अति पिछड़े मजदूरों के साथ शोषण से भरा बरताव करता है. हाल ही में प्रवासी मजदूरों के खिलाफ बढ़ते विरोध के पीछे पंजाबी अमीर वर्ग की चिंता और असुरक्षा की भावना भी है.

पंजाबी लड़कियों के साथ इन के प्रेम संबंध सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल में तनाव और विवाद की नई वजह बन सकते हैं. कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां ऐसे प्रेम संबंधों को ले कर सामाजिक टकराव भी बढ़ा है.

अमेरिका में ट्रंप की इमीग्रैंट नीति से तुलना

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इमीग्रैंट नीति के तहत गैरकानूनी प्रवासियों को वहां से बाहर निकालने को ले कर सख्त कार्रवाई की जा रही है.

डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा ऐसे बच्चों और नौजवानों को खुद से अमेरिका छोड़ने के लिए बढ़ावा दिया गया है, जो अमेरिका के सामाजिक और माली तानेबाने को दोबारा संजोने की कोशिश कर रहे हैं.

पंजाब में प्रवासी मजदूरों के खिलाफ माहौल भी इसी तरह के सामाजिक और माली दबावों का प्रतिबिंब हो सकता है.

बिहार में राज्य छोड़ने की वजह

बिहार के एससी और पिछड़े वर्ग के लोग मुख्य रूप से जाति पर आधारित सामाजिक दमन और माली मुसीबतों से छुटकारा पाने के लिए पंजाब जैसे राज्यों में जाते हैं. रोजगार की कमी, गरीबी और सामाजिक भेदभाव के चलते बिहार के बड़े हिस्से के मजदूर अपने परिवारों के लिए बेहतर जिंदगी की तलाश में राज्य से बाहर निकलते हैं.

पंजाब में अमीर पंजाबी वर्ग और प्रवासी मजदूरों के बीच यह विवाद जातीय और सामाजिक तनाव से जुड़े हालात को और मुश्किल बना रहा है.

इस मुद्दे पर यह साफ है कि पंजाब के प्रवासी मजदूर न केवल माली, बल्कि सामाजिक रूप से भी एक खुशहाली की बुनियाद हैं. उन के प्रति बढ़ते विरोध, शोषण और बहिष्कार से पंजाब की इकोनौमी और सामाजिक तानेबाने पर गहरा असर पड़ेगा.

एससी और अति पिछड़े प्रवासी मजदूरों का शोषण एक बड़ी चिंता है, जिस पर गंभीरता से सामाजिक और सरकारी ध्यान दिया जाना जरूरी है. पंजाबी समाज में अमीरगरीब के बीच सामाजिक दूरी और प्रेम संबंधों में विवाद इस समस्या को और पेचीदा बनाते हैं.

अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी इमीग्रैंट नीति की तरह पंजाब में भी प्रवासी मजदूरों के खिलाफ माहौल एक गहरे सामाजिक भेदभाव का परिचायक है.

पंजाब में हिंसा भड़काने में जातिगत तनाव और प्रेम संबंध दोनों का अहम योगदान रहा है. यहां जातिगत तनाव और हिंसा के चलते एससी और जाट जैसी जातियों के बीच पुराना संघर्ष दिखता है, जो सामाजिक और माली लैवल पर गहराता जा रहा है.

एससी परिवारों को उन के ही गांवों में डराधमका कर गांव छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है खासकर तब जब वे जाट लड़कियों के साथ लव मैरिज करते हैं. ऐसा एक मामला पंजाब के मुक्तसर जिले का है, जहां एक एससी परिवार को बेटे के जाट लड़की के साथ शादी करने के बाद उन्हें गांव छोड़ना पड़ा.

कई जगह पंचायतों ने लव मैरिज पर बैन लगा कर ऐसे जोड़ों को समाज से बेदखल किया उन्हें और हिंसा का भी सामना करना पड़ा.

प्रेम संबंधों और विवादों का रोल

पंजाब के कई गांवों में लव मैरिज को ले कर पंचायतें सख्त हो गई हैं खासकर जब यह शादी एक ही गांव या सामाजिक समूह के बाहर की हो. लव मैरिज के खिलाफ पंचायतों ने बेदखली, घर छोड़ने और हिंसा के फैसले लिए हैं. ऐसे विवादों से कई बार परिवारों में टकराव और हिंसा होती है.

मोगा जिले के एक गांव में पंचायत ने लव मैरिज करने वाले नौजवान के परिवार को पीटा और घर से निकाल दिया, जिस से सामाजिक तनाव और भी ज्यादा बढ़ गया.

प्रवासी मजदूरों के खिलाफ हिंसा के हालात

हाल के दिनों में होशियारपुर में 5 साल के बच्चे की हत्या जैसी घटनाओं के चलते प्रवासी मजदूरों के खिलाफ गुस्सा भड़क गया. इन घटनाओं ने जातीय और क्षेत्रीय नस्लभेद को और तेज कर दिया और कई पंचायतों ने प्रवासी मजदूरों को गांव छोड़ने का फरमान जारी किया.

इस से पंजाब में बाहरी राज्यों के मजदूरों के खिलाफ हिंसक माहौल पैदा हो गया, जिस में माली, सामाजिक और जातिगत तनाव के साथ प्रेम संबंधों के विवाद भी जुड़े हैं.

ये हालात संयुक्त रूप से पंजाब में जातिगत तनाव और प्रेम संबंधों के चलते हिंसा भड़काने की वजह बने हैं, जिस से सामाजिक मजबूती पर खतरा बना हुआ है, इसलिए यह साफ है कि पंजाब में इनसानी संबंधों की मुश्किलों में जातिगत तनाव और प्रेम संबंध दोनों ने हिंसा को हवा दी है.

पंजाब में हालिया घटनाओं का कानूनी नतीजा

प्रवासी मजदूरों के खिलाफ गांवों और पंचायतों द्वारा लिए गए कड़े और भेदभाव से भरे फैसलों को ले कर बेशक कई जगह अदालतों में मुकदमे दर्ज हुए हैं. कुछ मामलों में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट तक मुद्दा पहुंचा है, जहां प्रवासी मजदूरों को गैरकानूनी रूप से निकालने की याचिकाएं दी गई हैं.

अदालतों ने प्रवासी मजदूरों के पक्ष में रुख दिखाते हुए संविधान के तहत राज्यों को दूसरे राज्यों के नागरिकों को बाहर निकालने का हक न होने पर बल दिया है और इसे असंवैधानिक माना गया है.

कई पंचायतों ने बिना कानूनी दस्तावेजों वाले प्रवासी मजदूरों को गांवों में रहने से रोकने के लिए कड़े फैसले लिए हैं, जिन में निवास प्रमाणपत्र न देना, वोटरकार्ड न बनवाना और जमीन न देना शामिल है.

पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया है कि ऐसे भेदभाव करने वाले तत्त्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रवासी मजदूरों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए.

लव मैरिज को ले कर भी कई पंचायतों ने बैन लगा दिया है और ऐसा करने वालों को गांव से बेदखल करने का आदेश दिया है. इस पर पंजाब सरकार और प्रशासन का रुख मिलाजुला रहा है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने निजी हकों की हिफाजत करते हुए लव मैरिज को कानूनी हक दिलाया है.

लव मैरिज के विरोध में हुई हिंसा और पंचायत के फैसलों को अदालतों ने गैरकानूनी करार दिया है, फिर भी जमीन पर हालात चुनौती से भरे बने हुए हैं. पुलिस ने भी कुछ मामलों में जांच शुरू की है, पर ज्यादातर मामलों में कानूनी सिस्टम के काम करने में देरी देखी गई है. Social Conflict

Hindi Kahani: बूंदबूंद से घड़ा भरे – एक किसान की समझदारी

Hindi Kahani: मानस नदी के किनारे एक गांव बसा था राजपुरा. उस में आबाद 30 में से 25 घर छोटे किसानों और खेतिहर मजदूरों के थे. 2 घर दस्तकारों के और 3 खातेपीते किसानों के थे. वे खातेपीते किसान थे, रामसुख, हरदेव और सुखराम.

एक दिन उस गांव में एक नई और अजीब बात हुई. रामसुख शहर से ट्रैक्टर खरीद कर लाया था. नीले रंग का चमचमाता ट्रैक्टर जब गांव में आ कर रुका तो बच्चे खुशी के मारे उस के चारों ओर घेरा बना कर खड़े हो गए.

रामसुख ट्रैक्टर से नीचे उतरा ही था कि खेतों से लौटते हुए हरदेव से उस की मुलाकात हो गई.

रामसुख ने उसे ट्रैक्टर दिखाया और पूछा, ‘‘आप को कैसा लगा दादा?’’

‘‘बहुत अच्छा है, कितने में खरीदा?’’

‘‘तकरीबन साढ़े 6 लाख रुपए में पड़ा है.’’

कीमत सुन कर हैरानी से हरदेव की आंखें फैल गईं.

‘‘ऐसा है दादा कि 2 लाख रुपए तो मैं ने नकद दिए हैं, बाकी बैंक से कर्ज मिल गया है,’’ रामसुख ने बताया.

हरदेव की हैरानी फिर भी कम न हुई. उस की बराबर की हैसियत के रामसुख के पास 2 लाख रुपए नकद कहां से आ गए? उस के पास तो 50,000 रुपए भी जमा नहीं थे.

‘‘2 लाख रुपए क्या साहूकार से लिए हैं?’’

‘‘नहीं, मैं ने जमा किए हैं.’’

हरदेव को रामसुख की बात पर यकीन तो नहीं हुआ, किंतु उसी वक्त सारी बातें पूछना ठीक न समझ वह चुप हो गया.

रात में हरदेव ठीक से सो नहीं पाया. रामसुख के घर सारी रात मेला सा लगा रहा. गांव में लड्डू बांटे गए. हरदेव सवेरे उठा तो रात में ठीकसे सो न पाने के चलते उस का सिर भारी था. नहाने के लिए वह नदी की ओर जा ही रहा था कि रामसुख मिल गया. वह जुताई के लिए ट्रैक्टर लिए जा रहा था.

‘‘आओ दादा, बैठ कर चलते हैं,’’ रामसुख ने पुकारा. उस ने सहारा दे कर हरदेव को ट्रैक्टर पर बिठा लिया.

ट्रैक्टर खेतों की ओर चल दिया. कल वाला सवाल आज भी हरदेव के दिमाग में घूम रहा था. वह रामसुख से पूछ ही बैठा. ‘‘रामू, एक बात बता. तू ने 2 लाख रुपए जोड़े कैसे?’’

‘‘सीधी सी बात है दादा, बूंदबूंद कर के खाली घड़ा भर जाता है और बूंदबूंद टपकाते रहो तो भरा घड़ा भी खाली हो जाता है.’’

‘‘समझा कर बता. यों पहेलियां न बुझा,’’ हरदेव बोला.

‘‘बात अच्छी न लगे तो बुरा तो न मानोगे. इसी डर से मैं ने अब तक आप को नहीं कहा था.’’

‘‘कह, तेरी बात का बुरा नहीं मानूंगा.’’

‘‘सच तो यह है कि हमारे गलत रीतिरिवाज हमें पनपने नहीं देते. मैं ने अपने को इन से बचा कर रखा और आप इन के शिकार हुए. मैं ने अपने पिता की मौत पर थोड़ा सा पैसा खर्च किया. लोगों की नाराजगी की परवाह नहीं की. भाई व बच्चों की शादी भी साधारण तरीके से कम खर्च में की. न ढेर सारे मेहमान बुलाए और न तरहतरह के पकवानों का भोज दिया.

‘‘झूठी शान और दिखावे के लिए शादियों में ढेर सारे गहने भी मैं ने नहीं चढ़ाए, न ही बैंडबाजे बजवाए. एक ओर मैं ने फालतू खर्च बंद किए, वहीं दूसरी ओर लगातार बचत की. बचत के रुपयों से मुझे ब्याज तो मिला ही, बैंक में मेरी साख भी बनी.

‘‘यही नहीं, खाद, बीज के लिए मुझे बैंक या साहूकार को ब्याज भी नहीं देना पड़ा. 2 लाख रुपए नकद देने के बाद भी अभी कुछ हजार रुपए मेरे बैंक खाते में जमा हैं.

‘‘उधर मेरे बराबर कमाई करने पर भी आप के पास रुपया इसलिए नहीं है कि आप ने अपने पिताजी का लंबाचौड़ा ‘मृत्युभोज’ किया. शादीब्याज खूब शान से किए. इन में दूरदूर के बहुत से मेहमान बुलाए. इस के लिए आप को साहूकार से कर्ज भी लेना पड़ा. फिर आप अपनी फसल वाजिब कीमत पर मंडी में बेचने के बजाय साहूकार को औनेपौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर हुए.

‘‘छोटेछोटे मौकों पर भी आप ने दिल खोल कर खर्च करने में अपनी शान समझी. इन से आप की आमद और खर्च बराबर होते रहे. बचत कुछ हुई नहीं. पैसे से पैसा नहीं बढ़ा.’’

‘‘हमारे देश में गरीबी होने की यह भी एक बड़ी वजह है कि हम दिखावों में अपनी गाढ़ी कमाई खर्च कर देते हैं. इसी कारण हम साहूकारों के हाथों लुटते रहते हैं. अमीर किसानों की देखादेखी गरीब किसानों व खेतिहर मजदूरों को भी अपना पेट काट कर और उधार ले कर ऐसे रीतिरिवाजों को निभाना पड़ता है. इसी वजह से हमारा दिखावा हमें बरबाद कर देता है.’’

‘‘तुम सच कहते हो रामसुख, अब मेरी आंखें खुल गई हैं,’’ हरदेव ने सोचते हुए कहा.

हरदेव की आंखें तो खुलीं, पर खुलीं देर से. अब तक तो वह खेती की कमाई में रामसुख के बराबर था, पर अब वह पीछे रह जाएगा क्योंकि रामसुख ने अब तक की गई बचत के बल पर ट्रैक्टर खरीद लिया था. Hindi Kahani

Romantic Story In Hindi: मेरे हिस्से की वफा – कायनात और अंबर का प्यार

Romantic Story In Hindi: कायनात और अंबर एक ही कालेज में साथ पढ़ते थे, बस सब्जैक्ट दोनों के अलगअलग थे. कायनात उर्दू साहित्य की छात्रा और अंबर कंप्यूटर साइंस का छात्र.

दोनों की क्लासें एक ही फ्लोर पर होने से अकसर वे एकदूसरे से टकरा जाते थे. शुरुआती बातचीत के बाद दोनों पढ़ाई की बातें करतेकरते पहले पारिवारिक और फिर निजी बातें करने लगे थे और फिर हंसीमजाक तक करने लगे थे.

दिन, हफ्ते, महीने ऐसे ही हंसतेखिलखिलाते बीत रहे थे. कायनात के लिए अंबर के दिल में अब एक खास जगह बनने लगी थी, लेकिन वह कह नहीं पाया था.

अगले हफ्ते अंबर का जन्मदिन आने वाला था, जिस में उस ने कायनात को भी बुलाया, पर वह आने को मना करती रही.

अंबर उसे मना ही रहा था कि उस के पहले ही कायनात का फोन बज उठा. उस की मम्मी का फोन था…. जो उसे घर जल्दी आने को कहते हुए बता रही थीं कि शाम को 4 बजे कुछ लोग उस की बड़ी बहन को देखने आने वाले हैं.

‘‘ठीक है अम्मी,’’ कहते हुए कायनात ने फोन काट दिया.

कायनात अंबर से बोली, ‘‘सौरी, आज मैं जल्दी घर जाऊंगी… आखिरी क्लास अटैंड किए बिना.’’

‘‘अच्छा ठीक है, चली जाना, लेकिन यह तो बताओ कि इस शनिवार को मेरे जन्मदिन पर आ रही हो न?’’

‘‘अंबर, बिना अम्मीअब्बू की इजाजत के मैं घर से कहीं नहीं आतीजाती हूं. और अगर कहीं जाती भी हूं तो भाई साथ होते हैं.’’

यह सुन कर अंबर का चेहरा उतर गया. यह देख कायनात झट से बोली, ‘‘अरे बाबा, उदास मत हो. मम्मी को राजी करने की कोशिश करूंगी. अब मुसकराओ… ये देवदास वाली सूरत अच्छी नहीं लग रही है…’’ उस के कहने के अंदाज से दोनों खिलखिला उठे.

घर पहुंचते ही अम्मी की नसीहतें शुरू हो गईं, ‘‘जरा सलीके से कपड़े पहनना. दुपट्टा सिर पर रखना. तेज मत बोलना… अपनी आपा के साथ ही रहना…’’

‘‘जी अम्मी, कुछ और बचा हो तो परची बना कर दे दो… मैं आधे घंटे में रट लूंगी.’’

‘‘तेरी इन्हीं बचकानी हरकतों की वजह से समझाना पड़ता है,’’ अम्मी कह कर काम में लग गईं.

मेहमान आ चुके थे. चायपानी का दौर शुरू हुआ. निखत उन लोगों को पसंद आई, साथ में उन्होंने कायनात को भी अपने दूर के भतीजे के लिए पसंद कर लिया, जिस के लिए कायनात के अम्मीअब्बू ने 2 साल का समय मांग लिया. वे हंसीखुशी राजी हो गए.

कायनात कुछ कह न सकी, लेकिन न जाने क्यों उस के दिमाग में अंबर की तसवीर घूम गई. वह समझ भी नहीं पा रही थी कि इस समय उसे अंबर का खयाल क्यों आया.

इधर अंबर के दिल में कायनात के लिए अहसास और जवां हो रहे थे, उधर कायनात इस बात से बेखबर अंबर को केवल एक दोस्त की हैसियत से देखती थी. निखत की शादी हो गई. उस के बाद कायनात की पढ़ाई भी पूरी हो गई.

2 साल बीतने को आ रहे थे. निखत की ससुराल वालों ने कायनात के रिश्ते की याद दिलाने का संदेशा भेजा.

कायनात अब तक अंबर के प्यार को समझ चुकी थी और खुद भी अहसास कर चुकी थी कि उस का दिल भी अंबर का नाम लेता है.

‘‘कायनात, मैं तुम से मुहब्बत करता हूं,’’ एक दिन अंबर ने दिल की बात कही.

‘‘मगर, मेरा रिश्ता तय हो चुका है. मैं अम्मीअब्बू से बगावत नहीं कर सकती… उन का भरोसा कैसे तोड़ दूं… मैं बागी का कलंक ले कर जी नहीं पाऊंगी.’’

‘‘और हमारा प्यार… अपने दिल पर हाथ रख कर बताओ कि तुम मुझ से प्यार नहीं करती?’’

‘‘अंबर, ऐसा सवाल न पूछो, जिस का जवाब मैं न दे सकूं.’’

‘‘जिस सवाल का जवाब तुम जानती हो, फिर उस से क्यों भागती हो?’’

‘‘मैं मजबूर हूं.’’

‘‘मगर, मैं नहीं… मैं बात करूंगा तुम्हारे अब्बू से.’’

‘‘अंबर, शादी तो मैं अब्बू के कहने पर उन की इज्जत के लिए कर रही हूं, मगर मैं शादी से पहले कुंआरी विधवा की जिंदगी नहीं जी सकती.’’

‘‘मैं समझ गया. तुम अपनी वफा का हक अदा करो, मेरे हिस्से की वफा भी तुम्हारी…’’ इतना कहते ही अंबर की आंखें छलछला गईं और वह आगे कुछ न कह सका. Romantic Story In Hindi

Hindi Romantic Story: इंतजार तो किया होता – आरिफ की मासूम बेवफाई

Hindi Romantic Story: कालेज का पहला दिन था, इसलिए शब्बी कुछ जल्दी ही आ गई थी. वह बहुत ही सुंदर और शर्मीली लड़की थी. उसे कम बोलना पसंद था.

धीरेधीरे कालेज में शब्बी की जानपहचान बढ़ती गई. लड़के तो उस की तारीफ करते न थकते, पर शब्बी किसी भी लड़के की तरफ अपनी नजर नहीं उठाती थी.

एक दिन आसमान पर बादल घिर आए थे. बिजली चमक रही थी. शब्बी तेज कदम बढ़ाते हुए अपने घर की तरफ जा रही थी. अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई, तो वह एक घर के बरामदे में जा कर खड़ी हो गई.

अचानक शब्बी की नजर एक खूबसूरत लड़के आरिफ पर पड़ी. वह उसे देख कर घबरा गई. तभी आरिफ ने मुसकान फेंकते हुए कहा, ‘‘शब्बीजी, आप अंदर आइए न… बाहर क्यों खड़ी हैं?’’

शब्बी यह बात सुन कर शरमा गई और बारिश में ही अपने घर की तरफ चलने लगी. आरिफ ने बांह पकड़ कर उसे अपनी ओर खींच लिया, ‘‘बुरा मान गई. मैं कोई पराया थोड़े ही हूं…’’

‘‘नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है,’’ शब्बी ने झेंपते हुए कहा. बारिश धीरेधीरे कम होती जा रही थी. जल्दी ही शब्बी अपने घर की तरफ चल पड़ी.

शब्बी सारी रात करवटें बदलती रही. उस की आंखें आरिफ को खोज रही थीं. उस का बड़े ही प्यार से ‘शब्बीजी’ कहना उसे बहुत पसंद आया था. आरिफ भी उसी कालेज में पढ़ता था. धीरेधीरे दोनों की जानपहचान बढ़ी और फिर मुलाकातें होने लगीं.

एक दिन आरिफ ने कहा, ‘‘शब्बी, मैं तुम्हें बहुत चाहता हूं, अब एक पल की भी जुदाई मुझ से सहन नहीं होती… मैं तुम्हारे घर वालों से तुम्हें मांग लूंगा और दुलहन बना कर अपने घर ले आऊंगा.’’

उस दिन शब्बी ज्यों ही घर पहुंची, उस की नजर कुछ अनजानी औरतों पर पड़ी. पर वह नजरअंदाज करते हुए अपने कमरे की तरफ चली गई.

तभी उस की मां मिठाई का एक डब्बा लिए उस के कमरे में आईं, तो शब्बी झट पूछ बैठी, ‘‘मां, आज मिठाई किस खुशी में लाई हो?’’

सायरा बेगम ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘बेटी, बहुत बड़ी खुशखबरी है. पहले मिठाई खाओ, फिर मैं बताऊंगी.’’

‘‘अच्छा, अब बताइए,’’ शब्बी ने मिठाई खाते हुए पूछा.

‘‘बेटी, खुशी की बात यह है कि तुम्हारा रिश्ता पक्का हो गया है.’’

मां की यह बात सुन कर शब्बी का दिल जोर से धड़कने लगा. उस की नजरों में आरिफ का मासमू चेहरा घूमने लगा. वह बेकरार हो उठी और आरिफ के घर की ओर चल पड़ी.

आरिफ उस वक्त कोई गीत गुनगुना रहा था. शब्बी को इस कदर परेशान और दुखी देख कर वह चौंक उठा, ‘‘क्या हुआ शब्बी? तुम इस तरह परेशान क्यों हो?

‘‘आरिफ…’’ शब्बी कांपते हुए बोली, ‘‘मां ने मेरी शादी पक्की कर दी है. मैं अब तुम्हारे बिन एक पल भी…’’

‘‘छोड़ो भी यह फिल्मी अंदाज…’’ आरिफ ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘ठीक है, शादी कर लो… आखिर कब तक कुंआरी बैठी रहोगी. तुम अपनी मां की बात नहीं मानोगी क्या?’’

आरिफ की यह बात सुन कर शब्बी की आंखों के आगे अंधेरा छाने लगा. वह कांपती आवाज में बोली, ‘‘आरिफ, मैं नहीं जानती थी कि तुम इस कदर बेवफा हो,’’ इतना कह कर शब्बी ने खिड़की के रास्ते नीचे छलांग लगा दी.

यह देख कर आरिफ चीख पड़ा. वह दौड़ता हुआ लहूलुहान शब्बी के पास पहुंचा. ‘‘शब्बी, यह तू ने क्या कर लिया… देखो शब्बी, मैं हूं… हां, मैं… तुम्हारा आरिफ… तुम्हारा हमराज… आंखें खोलो… कुछ पल तो इंतजार किया होता.

‘‘वह तो मैं ने ही अपनी मां को तुम्हारे घर भेजा था तुम्हें अपनी दुलहन बनाने के लिए. उठो शब्बी, मेरी दुलहन.’’

आरिफ दीवानों की तरह चिल्लाए जा रहा था, लेकिन शब्बी तो अब इस दुनिया से बहुत दूर जा चुकी थी. Hindi Romantic Story

Hindi News Story: क्रीमी लेयर पर सियासी जंग

Hindi News Story: एक तरफ अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण हो रहा था, दूसरी तरफ दिल्ली और एनसीआर मास्क लगा कर जहरीली हवा से जूझ रहा था. दिसंबर का महीना आने वाला था और यह साल भी अपना वजूद खोने जा रहा था.

इस बीच अनामिका ने एक दिन विजय को फोन किया, ‘‘यार, कल सुबह तुम मेरे साथ बैंक चलना. एक छोटा सा काम है, फिर हम दोनों ट्रेड फेयर देखने चलेंगे. ज्यादा दिन नहीं बचे हैं.’’

‘‘बैंक तो मैं चल लूंगा, पर ट्रेड फेयर जाने के नाम पर मेरी टांगें कांपने लगती हैं. बहुत भीड़ होती है और खर्च होता है, सो अलग,’’ विजय बोला.

‘‘तुम न बड़े बोरिंग इनसान हो. अभी बोल दूं कि किसी होटल में एक रात बिताते हैं, तो तुम्हारी बांछें खिल जाएंगी. पर अगर मुझे कहीं घूमने जाना हो, तो तुम बहाने बनाने लगते हो. यह गलत बात है,’’ अनामिका ने रूठते हुए कहा.

‘‘अच्छा ठीक है, पहले बैंक का काम निबटाएंगे, फिर देखते हैं कि ट्रेड फेयर जाने का समय बचता भी है या नहीं,’’ विजय बोला.

अगले दिन विजय और अनामिका सुबह 10 बजे ही बैंक चले गए थे. बैंक सरकारी था. अनामिका को अपना केवाईसी अपडेट कराना था. चूंकि बैंक की वैबसाइट में दिक्कत थी, तो उन्हें थोड़ा समय लग रहा था.

वैसे, केवाईसी अपडेट के लिए आप को पहचान और पते के प्रमाण के लिए जिन दस्तावेज की जरूरत होती है, उन में पैनकार्ड और आधारकार्ड सब से खास हैं, साथ ही पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड, या ड्राइविंग लाइसैंस जैसे दस्तावेज की जरूरत हो सकती है.

इस के अलावा, आप को एक हालिया पासपोर्ट साइज की तसवीर और हाल का उपयोगिता बिल (जैसे बिजली या गैस बिल) या बैंक स्टेटमैंट जैसे पते के प्रमाण की भी जरूरत हो सकती है.

बैंक में एक चपरासी और गार्ड के बीच किसी बात को ले कर बहस हो रही थी. वे दोनों कौन्ट्रैक्ट पर वहां लगे थे. चपरासी ऊंची जाति का था, जबकि गार्ड एससी तबके से था.

गार्ड ने चपरासी को कोई काम करने को कहा था, जबकि चपरासी उसे भाव नहीं दे रहा था. मुद्दा बस इतना था कि चपरासी को एक कागज पर मैनेजर के दस्तखत और मुहर लगवानी थी. चूंकि बैंक में भीड़ ज्यादा थी तो गार्ड अपनी सीट नहीं छोड़ सकता था.

इसी बात पर चौकीदार चिढ़ गया था. वह बोला, ‘‘अब इन्हें भी सीट पर ही काम चाहिए. रिजर्वेशन से सब हड़प रहे हैं और अब काम भी हम से ही कराना चाहते हैं. जिस दिन रिजर्वेशन हट गया न, तब देखना.

मुफ्त की मलाई नहीं मिलेगी, तो आटेदाल का भाव पता चल जाएगा.’’

‘‘तो इस में क्या गलत है. तुम लोगों ने सदियों से हमें दबाया है. हमें हमारा हक मिलना चाहिए,’’ गार्ड ने भी ऊंची आवाज में कहा.

‘‘चिंता मत करो. नई सरकार क्रीमी लेयर वाले मामले पर कुछ धमाका करने वाली है. बहुत फायदा उठा लिया तुम लोगों ने रिजर्वेशन का. थोड़े दिनों के बाद सब बराबर हो जाएंगे,’’ चपरासी ने भड़ास निकालते हुए कहा.

‘‘क्यों अफवाह फैला रहे हो. बात का बतंगड़ बनाना तो कोई तुम से सीखे. मैं लंच टाइम में अपना काम करा लूंगा,’’ इतना कह कर वह गार्ड मेन गेट के बाहर जा कर अपनी सीट पर बैठ गया.

तब तक अनामिका का काम हो चुका था. अभी 12 बज रहे थे. वह और विजय ट्रेड फेयर की तरफ चल दिए.

चूंकि 1-2 दिन में मेला खत्म होने वाला था, तो भीड़ ज्यादा थी. वे दोनों अंदर जा कर सब से पहले एक रैस्टोरैंट में गए. उन्हें चाय पीने की तलब थी.

इसी बीच अनामिका बोली, ‘‘उस चपरासी ने कितनी आसानी से कह दिया कि अब देश से रिजर्वेशन खत्म हो जाएगा. उसे क्या पता कि क्रीमी लेयर क्या होता है.’’

‘‘अच्छा, यह बताओ कि क्रीमी लेयर बला क्या है?’’ विजय ने अनामिका को कुरेदते हुए पूछा.

यह सुन कर अनामिका बोली, ‘‘मैं ने बीबीसी के एक लेख में पढ़ा था और वहां इसे अच्छे से समझाया गया था कि ‘क्रीमी लेयर’ की सोच इंद्रा साहनी मामले (1992) में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पेश की गई थी, जिसे मंडल आयोग मामले के रूप में भी जाना जाता है.

‘‘अदालत ने फैसला सुनाया कि ओबीसी में उन्नत वर्गों को आरक्षण के लाभ का दावा नहीं करना चाहिए, लेकिन इस वर्ग के वास्तव में जरूरतमंद लोगों को यह लाभ मिलना चाहिए.

‘‘इस के मुताबिक, 8 लाख से ज्यादा सालाना आमदनी वाले परिवारों को क्रीमी लेयर का हिस्सा माना जाता है. यह आमदनी सीमा सरकार की ओर से समयसमय पर बदली जाती है. इस के अलावा, ग्रुप ए और ग्रुप बी सेवाओं में ऊंचे पद के अफसरों के बच्चे भी क्रीमी लेयर में शामिल हैं.

‘‘डाक्टर, इंजीनियर और वकील जैसे अमीर पेशेवरों के बच्चों को भी क्रीमी लेयर का हिस्सा माना जाता है. इस के अलावा बड़े पैमाने पर खेतीबारी की जमीन के मालिक परिवारों को भी क्रीमी लेयर में शामिल किया गया है.

‘‘क्रीमी लेयर के सदस्य सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों समेत ओबीसी के लिए आरक्षित लाभों के लिए पात्र नहीं हैं.

‘‘वर्तमान में क्रीमी लेयर की सोच एससी और एसटी पर लागू नहीं होती है. एससी और एसटी के तकरीबन सभी लोगों को आरक्षण का लाभ मिलता है. लेकिन अब कोर्ट की इस ऐतिहासिक सिफारिश के बाद इस में बदलाव की संभावना है.’’

‘‘तो फिर अब इसे क्यों मुद्दा बनाया जा रहा है?’’ विजय ने पूछा.

‘‘मैं तुम्हें हाल की एक खबर बताती हूं. रिटायरमैंट से ठीक पहले चीफ जस्टिस बीआर गवई ने क्रीमी लेयर नौकरियों के कोटे को ले कर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक है कि एससीएसटी समुदायों में सामाजिक और मालीतौर पर अमीर लोग जाति को हथियार बना कर नौकरियों में आरक्षण का बड़ा हिस्सा हथिया रहे हैं.

‘‘एक बड़े अखबार से बातचीत में चीफ जस्टिस बीआर गवई ने कहा कि केंद्र और राज्यों को एससीएसटी समुदायों को उपवर्गीकृत करने का समय आ गया है, ताकि इन समुदायों में वे लोग जो सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े बने हुए हैं, सरकारी नौकरियों में कोटे के लाभ उठा सकें.

‘‘चीफ जस्टिस बीआर गवई की अध्यक्षता वाली 7 जजों की बैंच ने राज्यों को एससी समुदायों के भीतर जातियों को सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन व सरकारी नौकरियों में कम प्रतिनिधित्व के आधार पर उपवर्गीकृत करने की इजाजत दी, यह पक्का करते हुए कि कोटे का बड़ा हिस्सा सब से पिछड़े लोगों को जाए.

‘‘इस बारे में चीफ जस्टिस ने कहा कि अपने ही समुदाय से आलोचना के बावजूद, वे दृढ़ता से महसूस करते हैं कि एससीएसटी समुदायों में क्रीमी लेयर को इन समुदायों में वंचितों के लिए जगह देनी चाहिए.’’

‘‘इस में गलत क्या है? जब क्रीमी लेयर वालों ने पहले ही आरक्षण का फायदा ले लिया है, तो उन की अगली पीढ़ी को खुद ही इस सब का फायदा नहीं लेना चाहिए, तभी तो गरीब एससीएसटी को आरक्षण का असली हक मिल पाएगा,’’ विजय ने कहा.

‘‘विजय, तुम मामले की गहराई नहीं समझ रहे हो. दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 1 अगस्त, 2024 को अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण बारे में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कहा था कि सरकार इन समुदायों के आरक्षण सीमा के भीतर अलग से वर्गीकरण कर सकती है.

‘‘तब चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बेला त्रिवेदी, जस्टिस पंकज मित्तल, जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की 7 जजों की बैंच के 6 जस्टिस ने एससीएसटी आरक्षण में उपवर्गीकरण के पक्ष में फैसला सुनाया, जबकि एक जस्टिस ने इस का विरोध किया.

‘‘फैसला सुनाते समय यह सिफारिश भी की गई कि एससी और एसटी के लिए आरक्षण में क्रीमी लेयर का प्रावधान होना चाहिए और यह ओबीसी वर्ग पर लागू क्रीमी लेयर के प्रावधान से अलग होना चाहिए.

‘‘इस फैसले को ले कर कई पहलुओं की तरफ लोगों का ध्यान गया है कि क्या एससी और एसटी के आरक्षण में क्रीमी लेयर देने की जरूरत है?’’

‘‘पर मैं इस फैसले को ऐतिहासिक मानता हूं. तुम इस तरह से यह बात समझो. अगर एक छात्र दिल्ली के किसी बड़े और नामचीन या किसी और बड़े शहर के बढि़या कालेज में पढ़ रहा है और एक छात्र गांवदेहात के किसी साधारण स्कूल या कालेज में पढ़ रहा है, तो इन दोनों छात्रों को एकसमान नहीं माना जा सकता है. अगर एक पीढ़ी आरक्षण का लाभ ले कर आगे बढ़ी है, तो अगली पीढ़ी को आरक्षण नहीं मिलना चाहिए,’’ विजय ने अपना पक्ष रखा.

‘‘ओह, तो यह बात है. पर तुम इस मुद्दे को बड़ा हलके में ले रहे हो. ‘वंचित बहुजन अघाड़ी’ के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने इस फैसले का विरोध किया है. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सुप्रीम कोर्ट का फैसला एससी के तहत पिछड़ेपन को मापने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मानदंडों पर चुप है.

‘‘प्रकाश अंबेडकर ने आगे कहा कि आरक्षण से न केवल एससी, एसटी और ओबीसी को लाभ होता है, बल्कि सामान्य श्रेणियों को भी लाभ होता है. सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन है.

‘‘और तो और सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ के सुनाए फैसले के बारे में बौम्बे हाईकोर्ट के वकील संघराज रूपवते ने कहा कि सत्तारूढ़ राजनीतिक दलों ने एक बार फिर अदालत की आड़ में वही किया है, जो वे चाहते थे. यह एक ऐसा फैसला है जो हमें जातिविहीन समाज से दूर ले जाता है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उपवर्गीकरण की अनुमति देना 6 जस्टिस की एक बड़ी गलती है.

‘‘वैसे भी एससी और ओबीसी के क्रीमी लेयर अलग होते हैं. इस बारे में ‘नैशनल कौन्फेडरेशन औफ दलित और्गनाइजेशन’ के अध्यक्ष अशोक कुमार भारती इस बारे में कहते हैं कि एससीएसटी सामाजिक, आर्थिक और ऐतिहासिक रूप से वंचित रहे हैं, इन्हें समाज से बाहर रहने के लिए मजबूर किया गया था. इन के खिलाफ अन्याय का भाव अब भी समाज में बरकरार है, जबकि ओबीसी के बारे में ऐसा नहीं है. उन के पास भूमि है, साधन हैं. हालांकि, शिक्षा के मामले में वे भी वंचित हैं.’’

‘‘तो तुम यह मानती हो कि यह सरकार की साजिश है?’’ विजय ने पूछा.

‘‘एक तरह से कह सकते हैं. जनरल कैटेगरी में जज का बच्चा जज बन सकता है, डाक्टर का बच्चा डाक्टर बन सकता है, इंजीनियर का बच्चा इंजीनियर बन सकता है, पर वंचितों में क्रीमी लेयर की फांस लगा कर उन्हें ऐसा करने से रोक दो कि आप की एक पीढ़ी ने आरक्षण का फायदा ले लिया है, अब अगली पीढ़ी को अपने दम पर यह मुकाम हासिल करना होगा.

‘‘यहां पर एक सामाजिक पहलू भी है. जिस एससीएसटी और ओबीसी के बच्चे अपने मांबाप की बड़ी सरकारी नौकरी की वजह से अब पढ़ाईलिखाई में बेहतर रिजल्ट दे रहे हैं, यह उन्हें मानसिक रूप से दबाने की भी कोशिश है.

‘‘लेकिन टीना डाबी जैसे होनहार जनरल कैटेगरी को टक्कर दे रहे हैं. वे आईएएस टौपर तो थीं ही, उन्हें कथिततौर पर 12वीं जमात के बोर्ड इम्तिहान में 93 फीसदी अंक मिले थे, जिस में राजनीति विज्ञान और इतिहास दोनों में 100 अंक शामिल हैं. सोशल मीडिया पर उन की मार्कशीट वायरल हुई थी,’’ अनामिका बोली.

‘‘मान ली तुम्हारी बात, पर सोशल मीडिया पर कही बात जरूरी नहीं कि सही हो,’’ विजय ने शक जाहिर किया.

‘‘उत्तर प्रदेश में सर्वोदय विद्यालय, मिर्जापुर की 25 छात्राओं में से 12 ने इस साल देश की सब से मुश्किल मैडिकल प्रवेश परीक्षा यानी नीट पास की थी. ये सभी छात्राएं एससी, एसटी और ओबीसी परिवारों से आती हैं.

‘‘तो हम यह नहीं कह सकते हैं कि इन तबकों के बच्चे होनहार नहीं हैं. वे अब पढ़ाईलिखाई की कीमत समझ रहे हैं. अगर उन्हें सही सीख मिले तो वे खुद को साबित करने में कोई कोरकसर नहीं छोड़ते हैं,’’ अनामिका बोले जा रही थी.

‘‘ठीक है, ठीक है, पहले तुम पानी पी लो. मान ली तुम्हारी बात. सरकार को एकदम से कोई कड़ा फैसला नहीं लेना चाहिए. चीफ जस्टिस बीआर गवई ने अपनी बात रखी है और उस पर बहस की जा सकती है.

‘‘देश में अभी जाति के नाम की समानता बनाने में समय लगेगा. यह कोई ऐसा फैसला नहीं है कि आज लागू हुआ और कल से देश में बदलाव की बयार बहने लगेगी. यहां बात किसी वंचित समुदाय के मालीतौर पर मजबूत होने की नहीं है, बल्कि उन्हें साथ खड़ा रहने की हिम्मत भी देनी होगी.

‘‘जिन बच्चों के मांबाप ने आरक्षण से खुद को ऊंचा उठाया है, उन बच्चों में थोड़ा आत्मविश्वास आया है, पर अभी दूर तक जाना है और सरकार को कोई भी फैसला लेने से पहले हर पहलू पर गौर करना होगा,’’

विजय ने अनामिका की बात को बैलेंस देते हुए कहा.

‘‘यही आज की जरूरत है. राजनीति और जातिवाद दोनों अलगअलग बातें हैं. अगर कोई सरकार ‘सब का साथ सब का विकास’ का नारा देने की पहल करती है, तो उसे वाकई सब को साथ ले कर चलना होगा, तभी देश में तरक्की दिखाई देगी,’’ अनामिका ने अपनी बात खत्म की.

इस के बाद विजय ने लंच का बिल दिया और वे दोनों उस रैस्टोरैंट से बाहर निकल गए. अभी मेला देखना जो बाकी था. Hindi News Story

Story In Hindi: मजबूरी – क्या रिहान कर पाया तबस्सुम से शादी?

Story In Hindi: आज भी बहुत तेज बारिश हो रही थी. बारिश में भीगने से बचने के लिए रिहान एक घर के नीचे खड़ा हो गया था.

बारिश रुकने के बाद रिहान अपने घर की ओर चल दिया. घर पहुंच कर उस ने अपने हाथपैर धो कर कपड़े बदले और खाना खाने लगा. खाना खाने के बाद वह छत पर चला गया और अपनी महबूबा को एक मैसेज किया और उस के जवाब का इंतजार करने लगा.

छत पर चल रही ठंडी हवा ने रिहान को अपने आगोश में ले लिया और वह किसी दूसरी ही दुनिया में पहुंच गया. वह अपने प्यार के भविष्य के बारे में सोचने लगा. रिहान तबस्सुम से बहुत प्यार करता था और उसी से शादी करना चाहता था. तबस्सुम के अलावा वह किसी और के बारे में सोचता भी नहीं था. जब कभी घर में उस के रिश्ते की बात होती थी तो वह शादी करने से साफ मना कर देता था.

रिहान के घर वाले तबस्सुम के बारे में नहीं जानते थे. वे सोचते थे कि अभी यह पढ़ाई कर रहा है इसलिए शादी से मना कर रहा है. पढ़ाई पूरी होने के बाद वह मान जाएगा.

तभी अचानक रिहान के मोबाइल फोन पर तबस्सुम का मैसेज आया. उस का दिल खुशी से झूम उठा. उस ने मैसेज पढ़ा और उस का जवाब दिया. बातें करतेकरते दोनों एकदूसरे में खो गए.

तबस्सुम भी रिहान को बहुत प्यार करती थी और शादी करना चाहती थी. अभी तक उस ने भी अपने घर पर अपने प्यार के बारे में नहीं बताया था. वह रिहान की पढ़ाई खत्म होने का इंतजार कर रही थी.

ऐसा नहीं था कि दोनों में सिर्फ प्यार भरी बातें ही होती थीं, बल्कि दोनों में लड़ाइयां भी होती थीं. कभीकभी तो कईकई दिनों तक बातें बंद हो जाती थीं. लड़ाई के बाद भी वे दोनों एकदूसरे को बहुत याद करते थे और कभी किसी बात पर चिढ़ाने के लिए मैसेज कर देते थे. मसलन, तुम्हारी फेसबुक की प्रोफाइल पिक्चर बहुत बेकार लग रही है. बंदर लग रहे हो तुम. तुम तो बहुत खूबसूरत हो न बंदरिया. और लड़तेलड़ते फिर से बातें शुरू हो जाती थीं.

पिछले 3 सालों से वे दोनों एकदूसरे को प्यार करते थे और अब जा कर शादी करना चाहते थे. रिहान ने सोच लिया था कि इस साल पढ़ाई पूरी होने के बाद कोई अच्छी सी नौकरी कर वह अपने घर वालों को तबस्सुम के बारे में बता देगा. अगर घर वाले मानते हैं तो ठीक, नहीं तो उन की मरजी के खिलाफ शादी कर लेगा. वह किसी भी हाल में तबस्सुम को खोना नहीं चाहता था.

एक दिन रिहान की अम्मी बोलीं, ‘‘तेरे मौसा का फोन आया था. उन्होंने तुझे बुलाया है.’’

‘‘मुझे क्यों बुलाया है? मुझ से क्या काम पड़ गया उन्हें?’’ रिहान ने पूछा.

‘‘अरे, मुझे क्या पता कि क्यों बुलाया है. वह तो हमें वहीं जा कर पता चलेगा,’’ उस की अम्मी ने कहा.

कुछ देर बाद वे दोनों मोटरसाइकिल से मौसा के घर की तरफ चल दिए. रिहान के मौसा पास के शहर में ही रहते थे. एक घंटे में वे दोनों वहां पहुंच गए. वहां पहुंच कर रिहान ने देखा कि घर में बहुत लोग जमा थे. उन में उस के पापा, उस की शादीशुदा बहन और बहनोई भी थे.

यह सब देख कर रिहान ने अपनी अम्मी से पूछा, ‘‘इतने सारे रिश्तेदार क्यों जमा हैं यहां? और पापा यहां क्या कर रहे हैं? वे तो सुबह दुकान पर गए थे?’’

अम्मी बोलीं, ‘‘तू अंदर तो चल. सब पता चल जाएगा.’’ रिहान और उस की अम्मी अंदर गए. वहां सब को सलाम किया और बैठ कर बातें करने लगे.

तभी रिहान के मौसा चिंतित होते हुए बोले, ‘‘आसिफ की हालत बहुत खराब है. वह मरने से पहले अपनी बेटी की शादी करना चाहता है.’’

आसिफ रिहान के मामा का नाम था. कुछ दिन पहले हुई तेज बारिश में उन का घर गिर गया था. घर के नीचे दब कर मामा के 2 बच्चों और मामी की मौत हो गई थी. मामा भी घर के नीचे दब गए थे, लेकिन किसी तरह उन्हें निकाल कर अस्पताल में भरती करा दिया गया था. वहां डाक्टर ने कहा था कि वे सिर्फ कुछ ही दिनों के मेहमान हैं. उन का बचना नामुमकिन है.

‘‘फिर क्या किया जाए?’’ रिहान की अम्मी बोलीं.

‘‘आसिफ मरने से पहले अपनी बेटी की शादी रिहान के साथ करा देना चाहता है. यह आसिफ की आखिरी ख्वाहिश है और हमें इसे पूरा करना चाहिए,’’ मौसा की यह बात सुन कर रिहान एकदम चौंक गया. उस के दिल में इतना तेज दर्द हुआ मानो किसी ने उस के दिल पर हजारों तीर एकसाथ छोड़ दिए हों. उस का दिमाग सुन्न हो गया.

‘‘ठीक है, हम आसिफ के सामने इन दोनों की शादी करवा देते हैं,’’ रिहान की अम्मी ने कहा.

रिहान मना करना चाहता था, लेकिन वह मजबूर था. उसी दिन शादी की तैयारी होने लगी और आसिफ को भी अस्पताल से मौसा के घर ले आया गया. शाम को दोनों का निकाह करवा दिया गया.

शादी के बाद रिहान अपनी बीवी और मांबाप के साथ घर आ गया. पूरे रास्ते वह चुप रहा. उस का दिमाग काम नहीं कर रहा था. वह समझ नहीं पा रहा था कि उस के साथ हुआ क्या है.

घर पहुंच कर रिहान कपड़े बदल कर छत पर चला गया. उस ने तबस्सुम को एक मैसेज किया. थोड़ी देर बाद तबस्सुम का फोन आया. रिहान के फोन उठाते ही तबस्सुम गुस्से में बोली, ‘‘कहां थे आज पूरा दिन? एक मैसेज भी नहीं किया तुम ने.’’

तबस्सुम नाराज थी और वह रिहान को डांटने लगी. रिहान चुपचाप सुनता रहा. जब काफी देर तक वह कुछ नहीं बोला तो तबस्सुम बोली, ‘‘अब कुछ बोलोगे भी या चुप ही बैठे रहोगे?’’

‘‘मेरी शादी हो गई है आज,’’ रिहान धीमी आवाज में बोला.

तबस्सुम बोली, ‘‘मैं सुबह से नाराज हूं और तुम मुझे चिढ़ा रहे हो.’’

‘‘नहीं यार, सच में आज मेरी शादी हो गई है. उसी में बिजी था इसलिए मैं बात नहीं कर पाया तुम से.’’

‘‘क्या सच में तुम्हारी शादी हो गई है?’’ तबस्सुम ने रोंआसी आवाज में पूछा.

‘‘हां, सच में मेरी शादी हो गई है,’’ रिहान ने दबी जबान में कहा. उस की आवाज में उस के टूटे हुए दिल और उस की बेबसी साफ झलक रही थी. ऐसा लग रहा था जैसे वह जीना ही नहीं चाहता था.

‘‘तुम ने मुझे धोखा दिया है रिहान,’’ तबस्सुम ने रोते हुए कहा.

‘‘मैं कुछ नहीं कर सकता था, मेरी मजबूरी थी,’’ यह कह कर रिहान भी रोने लगा.

‘‘तुम धोखेबाज हो. तुम झूठे हो. आज के बाद मुझे कभी फोन मत करना,’’ कह कर तबस्सुम ने फोन काट दिया. फोन रख कर रिहान रोने लगा. वहां तबस्सुम भी रो रही थी. Story In Hindi

Hindi Funny Story: गर्व से कहो हम भ्रष्ट हैं

Hindi Funny Story, लेखक – जे. शर्मा

बस कंडक्टर की रोचक बातों ने मेरा दिल जीत लिया था. मैं जब भी अपना 500 रुपए का कड़क नोट उस की तरफ बढ़ाता, वह बारबार मेरी अनदेखी करते हुए आगे निकल जाता और दूसरी सवारियों की टिकटें काटने लगता.

मेरा माथा ठनका कि आज कुछ न कुछ गलत हो कर रहेगा. यह 500 का नोट कई बार बहुत बड़ी मुसीबत में डाल देता है.

खैर, सब की टिकटें काटने के बाद वह बस कंडक्टर मुसकराता हुआ मेरे पास आ कर बैठते हुए बोला, ‘‘बाबूजी, मैं ने आप को पहले भी इस रूट पर देखा है. आप फूड सप्लाई महकमे में काम करते हैं न?’’

मैं ने सोचा कि शायद इस गलतफहमी में मैं टिकट लेने से बच जाऊंगा. लिहाजा, मैं ने हामी भर दी.

कंडक्टर ने अपनी बात जारी रखी, ‘‘बाबूजी, हमारे चाचा के साले का लड़का भी आप के महकमे में है.

संपत दलाल… नाम सुना होगा आप ने… बहुत ऊंची पोस्ट पर है. राजधानी में एक बड़ी सी कोठी है उस की.

‘‘वैसे, एक बात है बाबूजी कि आप के महकमे में पैसा बहुत है. राइस मिल या फ्लोर मिल वालों को जरा सा इशारा कर दो, बोरी भर कर नोट आप के आंगन में फेंक जाएंगे. आप रातभर बैठे गिनते रहो, सुबह हो जाएगी…’’

वह थोड़ी सांस ले कर आगे बोला, ‘‘मेरा तो यही मानना है कि मुझे अगले जनम में फूड सप्लाई की नौकरी मिले, चाहे चपरासी ही क्यों न बनना पड़े…

‘‘और एक बात सुनो… हमारे पड़ोस में मोहनलाल की कोठी है. वह कस्टम महकमे में चपरासी है. क्या शान है उस की. गाड़ी है, घर में एयरकंडीशनर लगा है. वह हर समय मोबाइल फोन पर बातें करता रहता है और उस के घर के लोग काजूकिशमिश ऐसे चबाते हैं, जैसे मूंगफली के दाने चबा रहे हों. यह सब देख कर मेरे मन में लड्डू फूटने लगते हैं…’’

लेकिन कुछ देर बाद वह थोड़े उदास लहजे में बोला, ‘‘और एक हम सरकारी बसों के कंडक्टर हैं कि सारी उम्र रुपए 10 रुपए का टांका लगालगा कर ही बूढ़े हो जाते हैं. पता नहीं, हमारा अच्छा समय कब आएगा.

‘‘मैं ने 2 लाख रुपए की रिश्वत दे कर अपने छोटे बेटे को म्यूनिसिपल के दफ्तर में चपरासी लगवा दिया है, लेकिन वह ससुरा तो मुफ्त में लोगों के काम करवाता फिरता है. मैं उस से कहता हूं कि 2 लाख रुपए जमा करने में मेरी कमर टेढ़ी हो गई है, वे तो वसूल कर के ला.

‘‘मैं ने भी उसे बोल दिया है कि बेटा, जल्दी ही तेरी शादी कर के तुझे अलग कर दूंगा. जब तेरे बच्चे होंगे और खर्च बढ़ेगा, तब तू खुद ही हाथपैर मारेगा. सारे उसूल धरे के धरे रह जाएंगे.

‘‘अच्छा बाबूजी, आप से हुई बातें बहुत मजे की रहीं. रास्ता कट गया. आप वह 500 रुपए का नोट दिखा रहे थे न… लाओ, मैं आप का टिकट बना देता हूं.

‘‘आजकल टिकट चैकर भी बहुत दुखी करते हैं. महीना तो बंधा है, मगर फिर भी उन की नीयत खराब रहती है. सोचते हैं कि पता नहीं कंडक्टर कितनी लूट मचाते हैं.’’

मीठीमीठी बातें करता हुआ वह कंडक्टर 35 रुपए अपनी जेब में रख लेता है और टिकट नहीं बनाता.

बाकी रुपए वापस करते हुए वह कहता है कि आप जहां कहोगे, हम वहीं उतार देंगे.

मैं भी सोचता हूं कि चलो इसी बहाने मेरे ईरिकशा के 20 रुपए बच जाएंगे. Hindi Funny Story

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें