⚲

Story: दुश्मनी

कालेज के गेट पर राजेश को हांफता हुआ देख कर केसी दादा बिना पूछे ही समझ गया कि कयूम फिर महल्ले में आ गया है.

फिर भी केसी दादा ने पूछा, ‘‘क्या हुआ राजेश?’’   ‘‘कमरे से तुम्हारा सब सामान फेंक दिया है?’’

‘‘किस ने?’’    ‘‘महल्ले वालों ने.’’

‘‘क्यों? उन की इतनी हिम्मत? वंदना और उस के पापा?’’ ‘‘वे भी उन के साथ हो गए हैं.’’

राजेश की बात सुन कर केसी दादा जैसे आसमान से गिरा. अब तक तो पूरा महल्ला उसे जीजान से चाहता था. पर अब?

केसी दादा ने मोटरसाइकिल में किक मारी और राजेश को साथ ले कर चल पड़ा. इस समय उस के गुस्से की हद नहीं थी. कमरे से सामान फेंके जाने से बड़ा अपमान और क्या होगा. वह भी उन आदमियों द्वारा, जो अब तक उस की हर बात मानते थे.

वह जयपुर में ‘राजस्थान स्कूल आफ आर्ट्स’ का छात्र था. पूरे कालेज में वह केसी दादा के नाम से मशहूर था. वह नाइंसाफी सहन नहीं करता था और खुद भी किसी के साथ नाइंसाफी नहीं करता था. वह चंबल के बगल के गांव का रहने वाला था. उस का पूरा नाम कालीचरन था. पर सब उसे केसी दादा कहते थे.

पहले साल में रैगिंग लेते समय जब सीनियर छात्रों ने उस पर दादागीरी दिखाई, तो वह टस से मस नहीं हुआ. उन की कोई बात नहीं मानी. जब नौबत लड़ाई तक आ गई, तो अकेले सभी की अच्छीखासी धुनाई कर दी. सब गीदड़ों की तरह मार खा कर भाग खड़े हुए.

सीनियर छात्रों में आपस में कानाफूसी होने लगी. जाने कैसे उन को पता लग गया कि यह लड़का चंबल घाटी का है. फिर तो सभी सीनियर छात्र उस से माफी मांगने लगे.

अब तो कालेज के सभी छात्र उसे केसी दादा पुकारने लगे. कालेज के दूसरे छात्र, जो जूनियर छात्रों पर अपना रोब झाड़ते, अब सब उस के आगेपीछे घूमते.

कालेज में जहां उस की धाक जम गई थी, वहीं चंबल घाटी का होने के चलते जयपुर में काफी घूमनेफिरने के बावजूद भी उसे कहीं किराए पर कमरा नहीं मिल रहा था. मकान मालिक जब पूछता कि आप कहां के हैं, तो जवाब में चंबल घाटी का नाम सुनते ही मना कर देता.

कमरे के चक्कर में वह 10-20 दिन जयपुर में घूमा, पर कहीं भी कमरा नहीं मिला. कालेज में दादागीरी तो उस ने दूसरे दिन ही दिखा दी थी, इसलिए सब उसे जान गए थे. आखिर में कालेज के कैंटीन वाले ने उसे अपने महल्ले में एक कमरा किराए पर दिलवा दिया.

मकान मालिक को कैंटीन वाले ने केसी की दादागीरी की सारी बातें बता दीं, इसलिए मकान मालिक उस से बातें करने में भी डरता था. जल्दी ही पूरे महल्ले में उस का रुतबा हो गया. उस से किसी ने यह पूछने की हिम्मत भी नहीं की कि उस का पूरा नाम क्या है या उस की जाति क्या है.

जिस दिन से उस ने सीनियर छात्रों की पिटाई की थी, उस दिन से पूरा कालेज उसे सलाम करता. छात्रों में लड़ाई हो जाती, तो समझौता केसी दादा के हाथों ही होता.

कालेज में कोई घटना घटती, तो केसी दादा वाले महल्ले में वह बात फौरन पहुंच जाती. इस घटना को सुन कर पूरा महल्ला केसी दादा की वाहवाह कर उठता, ‘आदमी हो तो ऐसा.’

चंबल घाटी की वजह से वह नाम का दादा नहीं था, बल्कि ताकतवर भी था. वह रोजाना कसरत करता था और इसीलिए उस का बदन पहलवानों जैसा लगता था.

खानेपीने के मामले में तो वह बड़ी सावधानी से काम लेता था. वह अपने गांव से इकट्ठा 10-15 किलो देशी घी लाता था.

केसी दादा के कमरे पर रोजाना 2-4 चमचे तो जमे ही रहते थे. उसी के साथ खातेपीते थे. वे अपनेआप को किसी डकैत से कम नहीं समझते थे. वे अब केसी दादा को ‘धौलपुरिया दादा’ कहने लगे थे, क्योंकि केसी का गांव राजस्थान के धौलपुर जिले में आता था.

धौलपुरिया दादा का कमरा दूसरी मंजिल पर था. उस के ठीक सामने ठाकुर प्रताप सिंह का मकान था, जिस की लड़की वंदना अकसर अपने कमरे की खिड़की से झांक कर धौलपुरिया दादा को देखती रहती और उस की तमाम सूचनाएं पासपड़ोसियों और अपनी हमउम्र लड़कियों से इकट्ठा करती रहती थी.

एक दिन वह किवाड़ बंद कर अपने कमरे में लेटा हुआ था कि ‘भड़ाक’ की आवाज सुन कर उस की आंखें खुल गईं. देखा तो सामने वंदना खड़ी थी.

केसी दादा अचानक उसे देख कर कुछ समझा नहीं. वह उस से पूछना ही चाह रहा था कि अंदर से किवाड़ की सांकल लगा कर वंदना हाथ जोड़ते हुए बोली, ‘‘मुझे बचा लो.’’

‘‘किस से?’’ पूछते हुए केसी दादा पलंग पर बैठ गया. ‘‘कयूम के गुंडे मुझे पकड़ कर ले जा रहे हैं. मुझे बचा लो धौलपुरिया,’’ यह कहते हुए वंदना उस के पैरों में गिर पड़ी.

‘‘कौन है कयूम?’’ केसी दादा ने पूछा. ‘‘हमारे महल्ले से हफ्ता लेता है. जो हफ्ता नहीं देता, उस के घर से एक औरत को एक रात के लिए उठा ले जाता है. पापा ने 2 हफ्ते से रुपए नहीं दिए हैं, इसलिए वह मुझे उठा कर ले जा रहा है.’’

‘‘इतनी गुंडागर्दी…’’ केसी दादा का चेहरा गुस्से से लाल हो गया. वह खड़ा हो कर किवाड़ की तरफ आया ही था कि तब तक कयूम के गुंडे आ गए और किवाड़ पर लात मारते हुए बोले, ‘खोल इसे.’

केसी दादा ने दरवाजा खोल दिया. वंदना किवाड़ की ओट में हो गई. केसी दादा को देख कर वे गुंडे एकदम चौंक गए, ‘‘तू कौन है बे?’’

‘‘तेरा बाप,’’ केसी ने दरवाजे से पैर अड़ा कर कहा.

‘‘वह लड़की कहां है? चुपचाप बाहर निकाल उसे, नहीं तो.’’ ‘‘नहीं तो क्या कर लेगा?’’

धौलपुरिया दादा ने इतना कहा ही था कि वे गुंडे उस पर टूट पड़े. पर धौलपुरिया ही लातघूंसों से सब की मरम्मत करने लगा. वे 3 गुंडे थे. धौलपुरिया ने उन की ऐसी पिटाई की कि तीनों अपने सूजे हुए मुंह ले कर सिर पर पैर रख कर भाग गए.

धौलपुरिया दादा के पास सारा महल्ला इकट्ठा हो गया. सभी उस के इस कारनामे से हैरान रह गए थे.

धौलपुरिया दादा ने महल्ले वालों से पूछा, ‘‘तुम इन लोगों की पुलिस से शिकायत क्यों नहीं करते?’’

‘‘सब जगह उस के आदमी हैं. पुलिस तो उस के आगेपीछे घूमती है. वह पुलिस को भी हिस्सा देता है,’’ किसी ने बताया.

‘‘चलो, मैं थाने चलता हूं. देखें, कैसे काररवाई नहीं होती है?’’

धौलपुरिया के साथ महल्ले के लोग थाने गए और कयूम की शिकायत की.

थानेदार बोला, ‘‘आप अर्जी दे जाओ. हम जल्दी ही काररवाई करेंगे.’’

लेकिन कोई काररवाई नहीं हुई. उलटे थानेदार ने कयूम को फोन किया कि धौलपुरिया महल्ले वालों को ले कर उस के खिलाफ रिपोर्ट कराने आया था.

अपने 3 चमचों की पिटाई से कयूम पहले से ही लालपीला हो रहा था. यह बात सुन कर वह और दहक उठा. दूसरे दिन वह महल्ले में अपनी जीप ले कर आ धमका और अनापशनाप गालियां बकने लगा.

धौलपुरिया दादा से अब कैसे रुका जाता. पूरा महल्ला तो उस के साथ था ही. वह कयूम पर टूट पड़ा. कहां पूरा महल्ला और कहां 10-12 गुंडे. धौलपुरिया दादा का साथ पा कर आज महल्ले वालों ने पहली बार नाइंसाफी के खिलाफ हाथ उठाया था. कयूम समेत सब की अच्छीखासी मरम्मत कर दी गई.

केसी दादा ने उन को जीप में पटकते हुए कहा, ‘‘फिर कभी इस महल्ले की तरफ आंख उठा कर देखा, तो आंखें निकाल दूंगा.’’

कुछ दिनों बाद कयूम के इशारे पर थानेदार भी धौलपुरिया को धमकाने आया था. पर पूरा महल्ला उस के साथ था, इसलिए थानेदार भी अपना सा मुंह ले कर लौट गया.

हार कर एक दिन खुद कयूम धौलपुरिया से मिला और उस से कहा, ‘‘यह जंग कब तक चलती रहेगी?’’

‘‘जब तक तुम गुंडागर्दी बंद नहीं कर देते.’’ ‘‘लेकिन कयूम ऐसा नहीं करेगा.’’

‘‘तो केसी दादा अपनी आंखों के आगे नाइंसाफी सहन नहीं करता.’’ ‘‘एक बात मानोगे.’’

‘‘बताओ.’’ ‘‘हम दोनों लड़ते हैं. तुम जीत गए, तो मैं इस महल्ले में कभी नहीं आऊंगा और मैं जीत गया, तो तुम्हें इस महल्ले से चले जाना पड़ेगा.’’

‘‘मंजूर है.’’ कयूम कद में केसी से 2 इंच लंबा था. घनी काली दाढ़ी और चेहरे पर चाकुओं के निशान. देखने में वह बड़ा ही भयानक लगता था.

महल्ले के चौराहे पर दोनों में लड़ाई शुरू हुई. वहां भीड़ जमा हो गई.

जब केसी उर्फ धौलपुरिया दादा का घूंसा कयूम के चेहरे पर पड़ता, तो महल्ले वाले झूम उठते, लेकिन जब कयूम का घूंसा केसी के चेहरे पर पड़ता, तो पूरी भीड़ का खून जम जाता. वंदना के तो दिल की धड़कनें बढ़ जातीं.

केसी दादा बहुत ताकतवर था. दानव से लगने वाले कयूम की कुछ मिनटों में ही उस ने हालत पस्त कर दी. आखिर में कयूम गिर पड़ा और उस ने अपनी हार मान ली.

अब तो उस महल्ले में केसी दादा की धाक जम चुकी थी. सारा महल्ला उस की इज्जत करने लगा. अब केसी को खाना नहीं बनाना पड़ता. किसी न किसी के यहां से उस का न्योता आता ही रहता. ठाकुर प्रताप सिंह ने तो वंदना से कह दिया था कि वह केसी के लिए खाना बना आया करे.

ठाकुर प्रताप सिंह तो मन ही मन केसी को अपना दामाद मान चुके थे. उस से वैसे उन्होंने अभी कोई जिक्र तो नहीं किया था, पर उन्हें पूरा यकीन था कि केसी वंदना को चाहता है और वह इस शादी से मना नहीं करेगा.

केसी दादा काफी समय बाद अपने गांव गया. वहां उस ने अपने साथियों को सारी बातें बताईं कि किस तरह उस ने जयपुर के एक मशहूर दादा को हरा कर महल्ले में अपनी धाक जमा ली.

बेरोजगारी से बुरी तरह टूट चुके बीए पास एक नौजवान राजेश ने जब यह सुना कि कालीचरन जयपुर में दादागीरी करता है और उस की धाक जम चुकी है, तो वह उस के पास आया और पूछा, ‘‘भैया, क्या जयपुर में मेरे लायक कोई काम मिल सकता है?’’

‘‘क्या काम कर लेगा?’’ ‘‘कुछ भी.’’

‘‘चल मेरे साथ. वैसे तो मेरा कोई जुगाड़ नहीं है, पर अच्छेअच्छे लोगों से जानकारी हो गई है. तेरे लायक कोई न कोई काम मिल ही जाएगा.’’

जब केसी जयपुर आया, तो राजेश भी उस के साथ आ गया. केसी ने एक प्राइवेट कंपनी में उसे लगवा दिया. धीरेधीरे राजेश भी महल्ले के लोगों से घुलमिल गया. राजेश स्वभाव से सीधासादा था, इसलिए सब उस से बेहिचक बात करते थे.

एक दिन ठाकुर प्रताप सिंह ने उसे अपने घर बुलवा लिया. केसी उस दिन कालेज गया हुआ था.

प्रताप सिंह ने उसे पलंग पर बिठा लिया और वंदना को चाय बनाने के लिए कह दिया.

चाय पीते हुए ठाकुर प्रताप सिंह ने उस से पूछा, ‘‘आप तो परमार होंगे?’’

‘‘जी नहीं.’’ ‘‘तो कौन हैं… चौहान?’’

‘‘जी नहीं.’’ ‘‘तो?’’

‘‘हम ठाकुर नहीं हैं.’’ ‘‘ठाकुर नहीं हैं तो कौन हैं?’’ ठाकुर प्रताप सिंह ने चौंकते हुए पूछा.

‘‘एससी.’’ ‘‘एससी?’’ ‘‘हां.’’ ‘‘क्या केसी भी एससी है?’’

‘‘जी हां, केसी भी एसएसी है,’’ राजेश ने सरलता से कहा और चाय पीने लगा.

ठाकुर प्रताप सिंह की आंखें फटी की फटी रह गईं.

‘‘केसी एससी है. इस में चौंकने की क्या बात है?’’ थोड़ी देर बाद राजेश ने कहा और कप जमीन पर रख दिया. उस ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया.

ठाकुर प्रताप सिंह ने उस से एक शब्द भी नहीं कहा. लेकिन कुछ देर बाद ठाकुर प्रताप सिंह घर से निकला और फिर पूरे महल्ले में खुसुरफुसुर होने लगी.

कुछ ही देर में पूरा महल्ला इकट्ठा हो गया और राजेश को कमरे से बाहर निकाल दिया. फिर केसी के कमरे का सारा सामान गली में फेंक दिया.

राजेश केसी के पास यह खबर देने चल दिया था.

हार्न बजाते हुए भीड़ के पास आ कर केसी ने मोटरसाइकिल रोक दी. उस का सामान नीचे पड़ा हुआ था और सारा महल्ला वहां खड़ा था.

‘‘मेरे सामान को फेंकने की हिम्मत किस ने की?’’ मोटरसाइकिल से उतरते हुए केसी दादा चीखा.

उस की बात सुन कर सारे महल्ले के लोग एकसाथ चिल्लाए, ‘हम ने.’ ‘‘क्यों?’’ केसी की भौंहें तन गईं.

‘निचली जाति का होने के बावजूद ठाकुरों के महल्ले में रहने की हिम्मत कैसे की तुम ने?’ सभी ने कहा.

केसी ने देखा कि यह बात उन लोगों ने कही थी, जो कयूम को डर से हफ्ता देते थे और अपनी औरतों को उस के पास भेज देते थे. जिन लोगों की खातिर वह एक मशहूर गुंडे से भिड़ पड़ा था.

केसी का खून खौल गया. उस ने ऊपर खड़ी वंदना समेत वहां खड़े सभी लोगों पर निगाह डाली. सब उस की ओर ऐसे देख रहे थे, जैसे उस से उन की पुरानी दुश्मनी हो.

Motivational Story: एक रात की उजास

Motivational Story. शाम ढलने लगी थी. पार्क में बैठे वयोवृद्घ उठने लगे थे. मालतीजी भी उठीं. थके कदमों से यह सोच कर उन्होंने घर की राह पकड़ी कि और देर हो गई तो आंखों का मोतियाबिंद रास्ता पहचानने में रुकावट बन जाएगा. बहू अंजलि से इसी बात पर बहस हुआ करती थी कि शाम को कहां चली जाती हैं. आंखों से ठीक से दिखता नहीं, कहीं किसी रोज वाहन से टकरा गईं तो न जाने क्या होगा. तब बेटा भी बहू के सुर में अपना सुर मिला देता था.

उस समय तो फिर भी इतना सूनापन नहीं था. बेटा अभीअभी नौकरी से रिटायर हुआ था. तीनों मिल कर ताश की बाजी जमा लेते. कभीकभी बहू ऊनसलाई ले कर दोपहर में उन के साथ बरामदे मेें बैठ जाती और उन से पूछ कर डिजाइन के नमूने उतारती. स्वेटर बुनने में उन्हें महारत हासिल थी. आंखों की रोशनी कम होने के बाद भी वह सीधाउलटा बुन लेती थीं. धीरेधीरे चलते हुए एकाएक वह अतीत में खो गईं.

पोते की बिटिया का जन्म हुआ था. उसी के लिए स्वेटर, टोपे, मोजे बुने जा रहे थे. इंग्लैंड में रह रहे पोते के पास 1 माह बाद बेटेबहू को जाना था. घर में उमंग का वातावरण था. अंजलि बेटे की पसंद की चीजें चुनचुन कर सूटकेस में रख रही थी. उस की अंगरेज पत्नी के लिए भी उस ने कुछ संकोच से एक बनारसी साड़ी रख ली थी. पोते ने अंगरेज लड़की से शादी की थी. अत: मालती उसे अभी तक माफ नहीं कर पाई थीं. इस शादी पर नीहार व अंजलि ने भी नाराजगी जाहिर की थी पर बेटे के आग्रह और पोती होने की खुशी का इजहार करने से वे अपने को रोक नहीं पाए थे और इंग्लैंड जाने का कार्यक्रम बना लिया था.

उस दिन नीहार और अंजलि पोती के लिए कुछ खरीदारी करने कार से जा रहे थे. उन्होंने मांजी को भी साथ चलने का आग्रह किया था लेकिन हरारत होने से उन्होंने जाने से मना कर दिया था. कुछ ही देर बाद लौटी उन दोनों की निष्प्राण देह देख कर उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ था. उस से अधिक आश्चर्य उन्हें इस बात पर होता है कि इस भयंकर हादसे के 7 साल बाद भी वह जीवित हैं.

उस हादसे के बाद पोते ने उन्हें अपने साथ इंग्लैंड चलने का आग्रह किया था पर उन्होंने यह सोच कर मना कर दिया कि पता नहीं अंगरेज पतोहू के साथ उन की निभ भी पाएगी कि नहीं. लेकिन आज लगता है वह किसी भी प्राणी के साथ निबाह कर लेंगी. कोई तो होता, उन्हें आदर न सही, उलाहने ही देने वाला. आज इतना घोर एकांत तो नहीं सहना पड़ता उन्हें. पोते के बच्चे भी अब लगभग 6-7 साल के होंगे. अब तो संपर्क भी टूट गया. अचानक जा कर कैसे लाड़प्यार लुटाएंगी वह. उन बच्चों को भी कितना अस्वाभाविक लगेगा यह सब. इतने सालों की दूरियां पाटना क्या कोई आसान काम है. उस समय गलत फैसला लिया सो लिया. मालतीजी पश्चात्ताप की माला फेरने लगीं. उस समय ही क्यों, जब नीहार और अंजलि खरीदारी के लिए जा रहे थे तब वह भी उन के साथ निकल जातीं तो आज यह एकाकी जिंदगी का बोझ अपने झुके हुए, दुर्बल कंधों पर उठाए न घूम रही होतीं.

अतीत की उन घटनाओं को बारबार याद कर के पछताने की आदत ने मालतीजी को घोर निराशावादी बना डाला था. शायद यही वजह थी जो चिड़चिड़ी बुढि़या के नाम से वह महल्ले में मशहूर थीं. अपने ही खोल में आवृत्त रह कर दिन भर वह पुरानी बातें याद किया करतीं. शाम को उन्हें घर के अंदर घुटन महसूस होती तो पार्क में आ कर बैठ जातीं. वहां की हलचल, हंसतेखेलते बच्चे, उन्हें भावविभोर हो कर देखती माताएं और अपने हमउम्र लोगों को देख कर उन के मन में अगले नीरस दिन को काटने की ऊर्जा उत्पन्न होती. यही लालसा उन्हें देर तक पार्क में बैठाए रखती थी.

आज पार्क में बैठेबैठे उन के मन में अजीब सा खयाल आया. मौत आगे बढ़े तो बढ़े, वह क्या उसे खींच कर पास नहीं बुला सकतीं, नींद की गोलियां उदरस्थ कर के.

इतना आसान उपाय उन्हें अब तक भला क्यों नहीं सूझा? उन के पास बहुत सी नींद की गोलियां इकट्ठी हो गई थीं.

नींद की गोलियां एकत्र करने का उन का जुनून किसी जमाने में बरतन जमा करने जैसा था. उन के पति उन्हें टोका भी करते, ‘मालती, पुराने कपड़ों से बरतन खरीदने की बजाय उन्हें गरीबों, जरूरतमंदों को दान करो, पुण्य जोड़ो.’

वह फिर पछताने लगीं. अपनी लंबी आयु का संबंध कपड़े दे कर बरतन खरीदने से जोड़ती रहीं. आज वे सारे बरतन उन्हें मुंह चिढ़ा रहे थे. उन्हीं 4-6 बरतनों में खाना बनता. खुद को कोसना, पछताना और अकेले रह जाने का संबंध अतीत की अच्छीबुरी बातों से जोड़ना, इसी विचारक्रम में सारा दिन बीत जाता. ऐसे ही सोचतेसोचते दिमाग इतना पीछे चला जाता कि वर्तमान से वह बिलकुल कट ही जातीं. लेकिन आज वह अपने इस अस्तित्व को समाप्त कर देना चाहती हैं. ताज्जुब है. यह उपाय उन्हें इतने सालों की पीड़ा झेलने के बाद सूझा.पार्क से लौटते समय रास्ते में रेल लाइन पड़ती है. ट्रेन की चीख सुन कर इस उम्र मेें भी वह डर जाती हैं. ट्रेन अभी काफी दूर थी फिर भी उन्होंने कुछ देर रुक कर लाइन पार करना ही ठीक समझा. दाईं ओर देखा तो कुछ दूरी पर एक लड़का पटरी पर सिर झुकाए बैठा था. वह धीरेधीरे चल कर उस तक पहुंचीं. लड़का उन के आने से बिलकुल बेखबर था. ट्रेन की आवाज निकट आती जा रही थी पर वह लड़का वहां पत्थर बना बैठा था. उन्होंने उस के खतरनाक इरादे को भांप लिया और फिर पता नहीं उन में इतनी ताकत कहां से आ गई कि एक झटके में ही उस लड़के को पीछे खींच लिया. ट्रेन धड़धड़ाती हुई निकल गई.

‘‘क्यों मरना चाहते हो, बेटा? जानते नहीं, कुदरत कोमल कोंपलों को खिलने के लिए विकसित करती है.’’

‘‘आप से मतलब?’’ तीखे स्वर में वह लड़का बोल पड़ा और अपने दोनों हाथों से मुंह ढक फूटफूट कर रोने लगा.

मालतीजी उस की पीठ को, उस के बालों को सहलाती रहीं, ‘‘तुम अभी बहुत छोटे हो. तुम्हें इस बात का अनुभव नहीं है कि इस से कैसी दर्दनाक मौत होती है.’’ मालतीजी की सर्द आवाज में आसन्न मृत्यु की सिहरन थी.

‘‘बिना खुद मरे किसी को यह अनुभव हो भी नहीं सकता.’’

लड़के का यह अवज्ञापूर्ण स्वर सुन कर मालतीजी समझाने की मुद्रा में बोलीं, ‘‘बेटा, तुम ठीक कहते हो लेकिन हमारा घर रेलवे लाइन के पास होने से मैं ने यहां कई मौतें देखी हैं. उन के शरीर की जो दुर्दशा होती है, देखते नहीं बनती.’’

लड़का कुछ सोचने लगा फिर धीमी आवाज में बोला,‘‘मैं मरने से नहीं डरता.’’

‘‘यह बताने की तुम्हें जरूरत नहीं है…लेकिन मेरे  बच्चे, इस में इस बात की भी कोई गारंटी नहीं है कि पूरी तरह मौत हो ही जाए. हाथपैर भी कट सकते हैं. पूरी जिंदगी अपाहिजों की तरह गुजारनी पड़ सकती है. बोलो, है मंजूर?’’

लड़के ने इनकार में गरदन हिला दी.

‘‘मेरे पास दूसरा तरीका है,’’ मालतीजी बोलीं, ‘‘उस से नींद में ही मौत आ जाएगी. तुम मेरे साथ मेरे घर चलो. आराम से अपनी समस्या बताओ फिर दोनों एकसाथ ही नींद की गोलियां खाएंगे. मेरा भी मरने का इरादा है.’’

लड़का पहले तो उन्हें हैरान नजरों से देखता रहा फिर अचानक बोला, ‘‘ठीक है, चलिए.’’

अंधेरा गहरा गया था. अब उन्हें बिलकुल धुंधला दिखाई दे रहा था. लड़के ने उन का हाथ पकड़ लिया. वह रास्ता बताती चलती रहीं.

उन्हें नीहार के हाथ का स्पर्श याद आया. उस समय वह जवान थीं और छोटा सा नीहार उन की उंगली थामे इधरउधर कूदताफांदता चलता था.

फिर उन का पोता अंकुर अपनी दादी को बड़ी सावधानी से उंगली पकड़ कर बाजार ले जाता था.

आज इस किशोर के साथ जाते समय वह वाकई असहाय हैं. यह न होता तो शायद गिर ही पड़तीं. वह तो उन्हेें बड़ी सावधानी से पत्थरों, गड्ढों और वाहनों से बचाता हुआ ले जा रहा था. उस ने मालतीजी के हाथ से चाबी ले कर ताला खोला और अंदर जा कर बत्ती जलाई तब उन की जान में जान आई.

‘‘खाना तो खाओगे न?’’

‘‘जी, भूख तो बड़ी जोर की लगी है. क्योंकि आज परीक्षाफल निकलते ही घर में बहुत मार पड़ी. खाना भी नहीं दिया मम्मी ने.’’

‘‘आज तो 10वीं बोर्ड का परीक्षाफल निकला है.’’

‘‘जी, मेरे नंबर द्वितीय श्रेणी के हैं. पापा जानते हैं कि मैं पढ़ने में औसत हूं फिर भी मुझ से डाक्टर बनने की उम्मीद करते हैं और जब भी रिजल्ट आता है धुन कर रख देते हैं. फिर मुझ पर हुए खर्च की फेहरिस्त सुनाने लगते हैं. स्कूल का खर्च, ट्यूशन का खर्च, यहां तक कि खाने का खर्च भी गिनवाते हैं. कहते हैं, मेरे जैसा मूर्ख उन के खानदान में आज तक पैदा नहीं हुआ. सो, मैं इस खानदान से अपना नामोनिशान मिटा देना चाहता हूं.’’

किशोर की आंखों से विद्रोह की चिंगारियां फूट रही थीं.

‘‘ठीक है, अब शांत हो जाओ,’’ मालती सांत्वना देते बोलीं, ‘‘कुछ ही देर बाद तुम्हारे सारे दुख दूर हो जाएंगे.’’

‘…और मेरे भी,’ उन्होंने मन ही मन जोड़ा और रसोईघर में चली आईं. परिश्रम से लौकी के कोफ्ते बनाए. थोड़ा दही रखा था उस में बूंदी डाल कर स्वादिष्ठ रायता तैयार किया. फिर गरमगरम परांठे सेंक कर उसे खिलाने लगीं.

‘‘दादीजी, आप के हाथों में गजब का स्वाद है,’’ वह खुश हो कर किलक रहा था. कुछ देर पहले का आक्रोश अब गायब था.

उसे खिला कर खुद खाने बैठीं तो लगा जैसे बरसों बाद अन्नपूर्णा फिर उन के हाथों में अवतरित हो गई थीं. लंबे अरसे बाद इतना स्वादिष्ठ खाना बनाया था. आज रात को कोफ्तेपरांठे उन्होेंने निर्भय हो कर खा लिए. न बदहजमी का डर न ब्लडप्रेशर की चिंता. आत्महत्या के खयाल ने ही उन्हें निश्चिंत कर   दिया था.

खाना खाने के बाद मालती बैठक का दरवाजा बंद करने गईं तो देखा वह किशोर आराम से गहरी नींद में सो रहा था. उन के मन में एक अजीब सा खयाल आया कि सालों से तो वह अकेली जी रही हैं. चलो, मरने के लिए तो किसी का साथ मिला.

मालती उस किशोर को जगाने को हुईं लेकिन नींद में उस का चेहरा इस कदर लुभावना और मासूम लग रहा था कि उसे जगाना उन्हें नींद की गोलियां खिलाने से भी बड़ा क्रूर काम लगा. उस के दोनों पैर फैले हुए थे. बंद आंखें शायद कोई मीठा सा सपना देख रही थीं क्योंकि होंठों के कोनों पर स्मितरेखा उभर आई थी. किशोर पर उन की ममता उमड़ी. उन्होंने उसे चादर ओढ़ा दी.

‘चलो, अकेले ही नींद की गोलियां खा ली जाएं,’ उन्होंने सोचा और फिर अपने स्वार्थी मन को फटकारा कि तू तो मर जाएगी और सजा भुगतेगा यह निरपराध बच्चा. इस से तो अच्छा है वह 1 दिन और रुक जाए और वह आत्महत्या की योजना स्थगित कर लेट गईं.

उस किशोर की तरह वह खुशकिस्मत तो थी नहीं कि लेटते ही नींद आ जाती. दृश्य जागती आंखों में किसी दुखांत फिल्म की तरह जीवन के कई टुकड़ोंटुकड़ों में चल रहे थे कि तभी उन्हें हलका कंपन महसूस हुआ. खिड़की, दरवाजों की आवाज से उन्हें तुरंत समझ में आया कि यह भूकंप का झटका है.

‘‘उठो, उठो…भूकंप आया है,’’ उन्होंने किशोर को झकझोर कर हिलाया. और दोनों हाथ पकड़ कर तेज गति से बाहर भागीं.

उन के जागते रहने के कारण उन्हें झटके का आभास हो गया. झटका लगभग 30 सेकंड का था लेकिन बहुत तेज नहीं था फिर भी लोग चीखते- चिल्लाते बाहर निकल आए थे. कुछ सेकंड बाद  सबकुछ सामान्य था लेकिन दिल की धड़कन अभी भी कनपटियों पर चोट कर रही थी.

जब भूकंप के इस धक्के से वह उबरीं तो अपनी जिजीविषा पर उन्हें अचंभा हुआ. वह तो सोच रही थीं कि उन्हें जीवन से कतई मोह नहीं बचा लेकिन जिस तेजी से वह भागी थीं, वह इस बात को झुठला रही थी. 82 साल की उम्र में निपट अकेली हो कर भी जब वह जीवन का मोह नहीं त्याग सकतीं तो यह किशोर? इस ने अभी देखा ही क्या है, इस की जिंदगी में तो भूकंप का भी यह पहला ही झटका है. उफ, यह क्या करने जा रही थीं वह. किस हक से उस मासूम किशोर को वे मृत्युदान करने जा रही थीं. क्या उम्र और अकेलेपन ने उन की दिमागी हालत को पागलपन की कगार पर ला कर खड़ा कर दिया है?

मालतीजी ने मिचमिची आंखों से किशोर की ओर देखा, वह उन से लिपट गया.

‘‘दादी, मैं अपने घर जाना चाहता हूं, मैं मरना नहीं चाहता…’’ आवाज कांप रही थी.

वह उस के सिर पर प्यार भरी थपकियां दे रही थीं. लोग अब साहस कर के अपनेअपने घरों में जा रहे थे. वह भी उस किशोर को संभाले भीतर आ गईं.

‘‘तुम्हारा नाम क्या है?’’ ‘‘उदय जयराज.’’

अभी थोड़ी देर पहले तक उन्हें इस परिचय की जरूरत महसूस नहीं हुई थी. मृत्यु की इच्छा ने अनेक प्रश्नों पर परदा डाल दिया था, पर जिंदगी के सामने तो समस्याएं भी होती हैं और समाधान भी.

ऐसा ही समाधान मालतीजी को भी सूझ गया. उन्होंने उदय को आदेश दिया कि अपने मम्मीपापा को फोन करो और अपने सकुशल होने की सूचना दो.

उदय भय से कांप रहा था, ‘‘नहीं, वे लोग मुझे मारेंगे, सूचना आप दीजिए.’’

उन्होेंने उस से पूछ कर नंबर मिलाया. सुबह के 4 बज रहे थे. आधे घंटे बाद उन के घर के सामने एक कार रुकी. उदय के मम्मीपापा और उस का छोटा भाई बदहवास से भीतर आए. यह जान कर कि वह रेललाइन पर आत्महत्या करने चला था, उन की आंखें फटी की फटी रह गईं. रात तक उन्होेंने उस का इंतजार किया था फिर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

उदय को बचाने के लिए उन्होेंने मालतीजी को शतश: धन्यवाद दिया. मां के आंसू तो रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे.

‘‘आप दोनों से मैं एक बात कहना चाहती हूं,’’ मालतीजी ने भावनाओं का सैलाब कुछ थमने के बाद कहा, ‘‘देखिए, हर बच्चे की अपनी बौद्घिक क्षमता होती है. उस से ज्यादा उम्मीद करना ठीक नहीं होता. उस की बुद्घि की दिशा पहचानिए और उसी दिशा में प्रयत्न कीजिए. ऐसा नहीं कि सिर्फ डाक्टर या इंजीनियर बन कर ही इनसान को मंजिल मिलती है. भविष्य का आसमान हर बढ़ते पौधे के लिए खुला है. जरूरत है सिर्फ अच्छी तरह सींचने की.’’

अश्रुपूर्ण आंखों से उस परिवार ने एकएक कर के उन के पैर छू कर उन से विदा ली.

उस पूरी घटना पर वह पुन: विचार करने लगीं तो उन का दिल धक् से रह गया. जब उदय अपने घर वालों को बताएगा कि वह उसे नींद की गोलियां खिलाने वाली थीं, तो क्या गुजरेगी उन पर.

अब तो वह शरम से गड़ गईं. उस मासूम बचपन के साथ वह कितना बड़ा क्रूर मजाक करने जा रही थीं. ऐन वक्त पर उस की बेखबर नींद ने ही उन्हें इस भयंकर पाप से बचा लिया था.

अंतहीन विचारशृंखला चल पड़ी तो वह फोन की घंटी बजने पर ही टूटी. उस ओर उदय की मम्मी थीं. अब क्या होगा. उन के आरोपों का वह क्या कह कर खंडन करेंगी.

‘‘नमस्ते, मांजी,’’ उस तरफ चहकती हुई आवाज थी, ‘‘उदय के लौट आने की खुशी में हम ने कल शाम को एक पार्टी रखी है. आप की वजह से उदय का दूसरा जन्म हुआ है इसलिए आप की गोद में उसे बिठा कर केक काटा जाएगा. आप के आशीर्वाद से वह अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करेगा. आप के अनुभवों को बांटने के लिए हमारे इष्टमित्र भी लालायित हैं. उदय के पापा आप को लेने के लिए आएंगे. कल शाम 6 बजे तैयार रहिएगा.’’

‘‘लेकिन मैं…’’ उन का गला रुंध गया.

‘‘प्लीज, इनकार मत कीजिएगा. आप को एक और बात के लिए भी धन्यवाद देना है. उदय ने बताया कि आप उसे नींद की गोलियां खिलाने के बहाने अपने घर ले गईं. इस मनोवैज्ञानिक तरीके से समझाने के कारण ही वह आप के साथ आप के घर गया. समय गुजरने के साथ धीरेधीरे उस का उन्माद भी उतर गया. हमारा सौभाग्य कि वह जिद्दी लड़का आप के हाथ पड़ा. यह सिर्फ आप जैसी अनुभवी महिला के ही बस की बात थी. आप के इस एहसान का प्रतिदान हम किसी तरह नहीं दे सकते. बस, इतना ही कह सकते हैं कि अब से आप हमारे परिवार का अभिन्न अंग हैं.’’

उन्हें लगा कि बस, इस से आगे वह नहीं सुन पाएंगी. आंखों में चुभन होने लगी. फिर उन्होंने अपनेआप को समझाया. चाहे उन के मन में कुविचार ही था पर किसी दुर्भावना से प्रेरित तो नहीं था. आखिरकार परिणाम तो सुखद ही रहा न. अब वे पापपुण्य के चक्कर में पड़ कर इस परिवार में विष नहीं घोलेंगी.

इस नए सकारात्मक विचार पर उन्हें बेहद आश्चर्य हुआ. कहां गए वे पश्चात्ताप के स्वर, हर पल स्वयं को कोसते रहना, बीती बातों के सिर्फ बुरे पहलुओं को याद करना.

उदय का ही नहीं जैसे उन का भी पुनर्जन्म हुआ था. रात को उन्होंने खाना खाया. पीने के पानी के बरतन उत्साह से साफ किए. हां, कल सुबह उन्हेें इन की जरूरत पड़ेगी. टीवी चालू किया. पुरानी फिल्मों के गीत चल रहे थे, जो उन्हें भीतर तक गुदगुदा रहे थे. बिस्तर साफ किया. टेबल पर नींद की गोलियां रखी हुई थीं. उन्होंने अत्यंत घृणा से उन गोलियों को देखा और उठा कर कूड़े की टोकरी में फेंक दिया. अब उन्हें इस की जरूरत नहीं थी. उन्हें विश्वास था कि अब उन्हें दुस्वप्नरहित अच्छी नींद आएगी. Motivational Story

Hindi Kahani: दान

Hindi Kahani. मेरी उतरन पहनने वाली कविता ने मुझे कुछ ऐसा दे दिया कि…

चारों ओर गहरी खामोशी थी. खामोशी बाहर ही नहीं, बल्कि मेरे भीतर भी थी. अस्पताल में चारों ओर सन्नाटा पसरा था. डाक्टर या नर्सों के जूतों की आवाज ऐसे लगती मानो कई हथौड़े सीने पर बज रहे हों. बाहर शाम का धुंधलका धीरेधीरे गहराता जा रहा था. कुछ वक्त पहले यहां सब थे… मां, बाबूजी और नितिन.

मेरे ठीक सामने एक तसवीर लगी हुई थी, जिस पर फूलों का एक हार चढ़ा था.

अब तो केवल तसवीर ही थी, पर वह नहीं थी. लेकिन नहीं, शायद वह थी इन फूलों में, इस कमरे में और… और… शायद मेरे अपने अंदर ही.

कुछ समय पहले ही मेरी आंखों से पट्टी उतरी थी. डाक्टर ने आंखों पर ज्यादा जोर देने से मना किया था. आंखें बंद करते ही दिल गुजरे दिनों की गहराई में गोते खाने लगता.

मैं अपने मांबाप की एकलौती बेटी थी, इसलिए घरभर की लाड़ली थी. पिताजी का लंबाचौड़ा कारोबार था.

हमारी बड़ी सी हवेली में कई नौकर थे. उन के बीच ‘उन्हें’ भी मैं बचपन से देखती आई थी.

सावित्री और उस की बेटी कविता पिछवाड़े वाले क्वार्टर में रहती थी. मैं ने मां से ही सुना था कि सावित्री पिताजी की फर्म के किसी सफाई मुलाजिम की बीवी थी.

फर्म के एक काम के दौरान सावित्री के पति की मौत हो गई थी. उस का कोई रिश्तेदार नहीं था, इसलिए पिताजी ने दया कर के उसे व उस की बेटी को पिछवाड़े वाला क्वार्टर रहने को दे दिया था. बदले में वह हमारे घर का काम कर दिया करती थी.

मेरी मां गुस्सैल और घमंडी स्वभाव की थीं. उन्हें सावित्री और उस की बेटी का घर में रहना पसंद नहीं था. मां जबतब बातबात पर सावित्री को डांटती रहतीं.

उस दिन मेरा जन्मदिन था. पूरे घर में चहलपहल थी. मां को सुबह से ही फुरसत नहीं थी.

‘‘मांजी, ये कपड़े कहां रखने हैं?’’ नुक्कड़ वाले दर्जी ने आ कर मां से पूछा.

उस दिन सावित्री भी सुबह से ही काम में लगी हुई थी. अचानक कुछ टूटने की आवाज आई. मां भाग कर वहां पहुंचीं, तो देखा कि सावित्री से कपप्लेट का नया कीमती सेट टूट गया था.

मां चिल्लाती हुई उसे डांटने लगीं, ‘‘अरी कमबख्त, करमजली, इतने महंगे प्याले तोड़ दिए. तुझ से कुछ भी काम ढंग से नहीं होता.’’

अचानक मैं भी वहां पहुंच गई और झुक कर प्यालों के टुकड़ों को देखने लगी. हड़बड़ाहट में सावित्री का हाथ अचानक मेरे हाथ से छू गया.

मां पर तो मानो बिजली गिर पड़ी. वह सावित्री पर बरस पड़ीं, ‘‘मेरी बच्ची को छू दिया. जानती नहीं, तेरी जात क्या है…’’ बड़बड़ाती हुई मां मुझे वहां से घसीट कर बाहर ले गईं.

तब मेरे बाल मन में यह सवाल उठा कि मां जब सावित्री से घर की सफाई करवाती हैं, तब भी तो वह चीजों को छूती है. तब तो मां कुछ नहीं कहतीं. पर आज मुझे जरा सा छू दिया, तो मां ने इतना हंगामा खड़ा कर दिया.

धीरेधीरे समय के साथ मैं कब बड़ी हो गई, पता ही न चला. मां की सारी आदतें मेरे अंदर समा चुकी थीं. वैसा ही गुस्सा और घमंड. मुझे अपनी खूबसूरती और अमीरी पर बहुत नाज था.

मैं अपने आगे किसी को कुछ न समझती थी. इस बीच कविता भी मेरी तरह ही खूबसूरत निकल आई थी, इसलिए मुझे हमेशा उस से जलन होती थी. वह मेरे दिए हुए पुराने कपड़ों में भी बहुत खूबसूरत लगती थी. इस से मुझे बहुत चिढ़ होती थी.

मैं भी मां की तरह सावित्री और कविता पर जुल्म ढाने लगी थी. उन को बातबात पर डांटना मेरी आदत बन गई थी.

इस बीच नितिन से मेरी सगाई हो गई. वे लोग तो शादी जल्दी करना चाहते थे, पर मां अभी मुझे अपनी आंखों से दूर नहीं करना चाहती थीं. वह चाहती थीं कि पहले मेरी पढ़ाई पूरी हो जाए, इसलिए शादी की बात कुछ समय के लिए टल गई थी.

अब तो मैं सारा दिन हवा में उड़ती रहती थी. कालेज जाना तो महज खानापूरी थी.

एक दिन मैं थकी हुई कालेज से घर लौटी. कमरे में घुसते ही अचानक मेरी नजर सिंगार मेज पर गई. सारा सामान उलटा पड़ा था. लिपस्टिक कहीं, तो नेलपालिश कहीं. यह देख कर मेरा दिमाग गुस्से से बेकाबू होता जा रहा था.

मुझे लगा कि यह कविता का ही काम होगा, क्योंकि वही मेरे कमरे को साफ किया करती थी.

मैं चीख उठी, ‘‘मां, देखो तो सही कविता ने क्या किया है?’’

मां भागती हुई मेरे कमरे में आईं. तभी कविता डरतेडरते कमरे में दाखिल हुई. मैं ने उसे डांटते हुए एक चांटा रसीद कर दिया और कहा, ‘‘बेशर्म, तुझे इतना ही शौक है तो मंगवा क्यों नहीं लेती अपनी मां से? क्यों करती है इतना फैशन, किसे दिखाती है?’’ मैं गुस्से में अनापशनाप बके जा रही थी.

‘‘दीदी, यह मैं ने नहीं किया,’’ वह रोए जा रही थी, ‘‘मैं सच बोल रही हूं दीदी, ये सब चीजें मैं ने नहीं गिराई हैं.’’

तभी मेरी चचेरी बहिन, जो छुट्टियों में हमारे घर आई हुई थी, शोर सुन कर वहां पहुंची, ‘‘सुमन, यह सामान तो मेरी बेटी मुन्नी ने बिखराया है. उस ने खुद भी अभीअभी मुझे बताया.’’

यह सुनते ही मैं अपनेआप पर झुंझला उठी.

उस रात अचानक कविता को बुखार चढ़ आया. 2-3 दिन ऐसे ही बीत गए, पर बुखार उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था. पिताजी इस बीच कई डाक्टर बदल चुके थे, पर कोई फायदा नहीं हो रहा था. उस की मां दिनभर काम करती रहती, पर किसी से भी अपना दुखड़ा न कहती.

एक दिन मां ने पिताजी को कहा, ‘‘अरे, इस का बुखार तो उतर ही नहीं रहा, न जाने किस का भूत चढ़ आया है. अब तो हद हो गई है. अब इन्हें फौरन यहां से निकाल बाहर करो.’’

पिताजी पहले ही हम मांबेटी के बरताव से दुखी थे, इसलिए उन्होंने फैसला कर लिया कि वह सावित्री व कविता का कहीं और रहने का इंतजाम कर देंगे.

इधर कविता का बुखार बिगड़ रहा था. हार कर पिताजी ने कविता को पास के ही एक अस्पताल में भरती करवा दिया. उस की मां को भी थोड़ी दूर एक कमरा किराए पर दिलवा दिया.

अब हम मांबेटी बहुत खुश रहतीं. उन लोगों के जाने के 2 दिन बाद ही मैं खुशीखुशी पिताजी की नई कार ले कर अकेली ही घूमने निकल पड़ी. पर क्या मालूम था कि वह दिन मेरी आने वाली जिंदगी को अंधेरे में भर देगा. मैं अभी कार चलाती हुई कुछ ही दूर पहुंची थी कि पता नहीं कब मेरी कार एक ट्रक से जा टकराई.

जब होश आया तो पाया कि मैं अपनी आंखें गंवा बैठी थी. मेरे चारों ओर अंधेरा ही अंधेरा था. मां का रोरो कर बुरा हाल था. पिताजी को गहरा सदमा लगा था. मैं खुद अपनी जिंदगी से निराश हो चुकी थी.

पर नहीं, कुछ देर पहले ही तो अपनी इन्हीं आंखों से उस महान लड़की की तसवीर को देखा था, जिस ने मुझे नई जिंदगी दी थी. अब मैं अपनी आंखों से नहीं, बल्कि कविता की आंखों से देख रही थी.

दरअसल, मेरे एक्सिडेंट के कुछ दिन बाद ही कविता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. बहुत कोशिश करने के बाद भी डाक्टर उसे बचा नहीं पाए. सावित्री को मेरे साथ घटे हादसे के बारे में मालूम था.

उस ने मेरे बारे में शायद डाक्टरों को भी बताया था, इसलिए डाक्टरों के कहने पर उस महान औरत ने अपनी एकलौती बेटी का गम भुला कर कविता की आंखें मुझे दान कर दी थीं.

अब तो कविता की आंखें ही मेरी जिंदगी थी. अब तक तो मैं अपने पुराने कपड़े, बेकार चीजें कविता को दे कर अपनेआप को बहुत बड़ा समझती थी. सोचती थी कि मैं बहुत बड़ी दानी हूं, पर सावित्री ने मुझे एक ऐसा ‘अनमोल दान’ दिया था, जिस की कोई कीमत नहीं थी.

मां की और मेरी आंखें सावित्री के आगे शर्म से झुकी हुई थीं. उस महान औरत ने अपनी बेटी का गम भुला कर हमारी जिंदगी खुशियों से भर दी थी. मेरी नजरों के सामने से जातपांत, अमीरीगरीबी, भेदभाव जैसी दीवारें गिर चुकी थीं.

दूर कहीं आकाश में एक नई सुबह की रोशनी फैल रही थी.    Hindi Kahani

-अमिता

Story: कर्ण के टीले पर पिघलते द्रोण

Story. हेडमास्टर बहुत दुखी थे. उन का सिर झुका हुआ था. वह बोले, ‘‘टेस्ट में तुम्हारी दूसरी पोजीशन है… निराश मत होना. बोर्ड के इम्तिहान असली कसौटी हैं. तुम अव्वल आओगी. जाओ, मेहनत करो.’’

‘‘सर, मैं हर साल क्यों दूसरी पोजीशन पर फेंक दी जाती हूं?’’

‘‘मैं स्कूल में नौकर हूं. पंडित मोहन लाल मालिक हैं. विनीता उन की बेटी है. वह फर्स्ट आई नहीं है, उसे यह पोजीशन दी गई है. मैं मजबूर हूं. पर बोर्ड में उन की नहीं चलेगी. मेरा सिर झुका है… तुम ही उसे उठाओगी.’’

हेडमास्टर साहब जानबूझ कर जातपांत की बात टाल गए थे.

मैं सोचने लगी, ‘वह करें भी तो क्या करें? मुझे स्कूल से निकाल देने का हुक्म था उन्हें. ममता स्कूल को गंदा कर देगी. जाति की मानमर्यादा भंग करेगी.

‘पर वह हुक्म टालते रहे. धर्म से उपजी गालियां झेलते रहे. स्कूल से निकाली न जाऊं, इसलिए हमेशा मुझे दूसरी पोजीशन देते रहे.’

मैं अपनी पीड़ा पी गई. अपने में नई ताकत पैदा की और बोर्ड के इम्तिहान की तैयारी में लग गई.

बापू ने काम का बोझ बढ़ा लिया. उन्हें पैसे की चिंता थी. वह अकसर कहते, ‘‘सोने चली है क्या? अभी दीए में काफी तेल है. यह जूता जब तक सिलता हूं, तू भी बैठ… कुछ देर और पढ़ ले.’’

नतीजा अच्छा निकला. चमनगढ़ का नाम चमका. एक दलित बाला क्लास में सब से ऊपर थी.

आगे की पढ़ाई के लिए मैं शहर जा रही थी. बापू ने सीख दी, ‘‘बेटी, अपने सुखदुख को चुपचाप सह लेना. ताने सुन लेना. गुस्सा न करना, जंग जीत कर आना… समाज का मौसम बदलना चाहता है. झोंपड़ीझोंपड़ी धूप खिलना चाहती है, सब्र रखना. बदलाव की एक कड़ी तुम भी बनना…’’

बीए का मेरा आखिरी साल था. उस दिन मुझे समाजशास्त्र की क्लास में ‘समाज और धर्म’ पर लेख पढ़ना था. प्रोफेसर सत्यकाम तिलक लगाए बैठे थे.

मैं अपना लेख पढ़ने लगी, ‘‘धर्म अपना असली रूप खो चुका है. धर्म पाखंड हो गया है. काम कारोबार हो गया है. आदर्श बहुत पीछे छूट गए हैं. स्वर्ग का रास्ता दक्षिणा में है. काशी करवट में है, सती होने में है. छुआछूत में है, जातपांत में है. जनेऊ बंधन में है, संस्कार जाति में है… यहां धर्म नहीं. पंडित ज्ञानी नहीं. धर्म के नाम पर पाखंड ने समाज को गंदा कर दिया है…’’

मैं अपना लेख पूरा पढ़ भी नहीं पाई थी कि प्रोफेसर सत्यकाम चीखे, ‘‘बंद करो यह बकवास. ममता, तुम धर्म

को नहीं मानती हो क्या? उग्रवादी हो क्या? नास्तिक रूस का हाल देखा? टुकड़ेटुकड़े बिखर गए. रूस के टूटने से सीख लो. अभी भी वक्त है. नास्तिकता से उबरो, धर्म की राह पर चलो.’’

मैं चुप रह गई, पर मेरा दिल प्रोफेसर सत्यकाम से पूछ रहा था, ‘बताओ सत्यकाम, छोटी जातियों का दमन धर्म है? क्या नई ब्याहता की डोली ‘आशीष’ के लिए हवेली पर उतरवाना धर्म है? हमारी जाति के लोगों के गले में घंटी टांगना धर्म है? सत्यकाम, तुम्हारा झूठ भी सच हो जाता है. धर्म के नाम पर तुम कोई भी अधर्म कर सकते हो, लेकिन कब तक?’

मेरे सवालों का उन के पास कोई जवाब नहीं है, मैं यह जानती थी. उन की आंखों पर पाखंड का चश्मा चढ़ा था, वह भी 5 हजार साल पुराना.

नए आए प्रोफेसर घनश्याम की वह पहली क्लास थी. वह पसीने से तरबतर थे. घबराहट पर काबू पाने की कोशिश करते रहे. स्मार्ट बनते हुए मुझ से पूछा, ‘‘ममता, कोई सवाल पूछना है?’’ ‘‘नहीं, पर एक बात कहनी है सर.’’

‘‘कहो.’’ ‘‘सर, आप अकबर के बारे में पढ़ा रहे हैं, लेकिन नाम बाबर का ले रहे हैं.’’

पूरी क्लास में हंसी फूट पड़ी. घनश्यामजी झेंप गए. क्लास खत्म होने पर उन्होंने मुझ से पूछताछ की, ‘‘कहां की रहने वाली हो?’’ ‘‘सर, चमनगढ़ की…’’

‘‘इसीलिए तुम को बात करने की तमीज नहीं. चमनगढ़ के पास ही मेरा गांव है बामन टोला. चमनगढ़ वालों को मैं अच्छी तरह जानता हूं. उन की तरह तुम भी ढोल पीटना जानती हो. क्लास खत्म होने के बाद तुम मुझे मेरी गलती नहीं बता सकती थीं? अरे, पढ़लिख गई हो, कुछ तो अच्छे संस्कार सीखो. मेरे पिता पंडित मोहन लाल तो तुम जैसों से बात करना भी पाप समझते हैं…’’

मैं ने कोई जवाब नहीं दिया. ताने के रूप में दी गई सलाह भी सुन ली. उन की बातें उन के संस्कारों की कोख से उपजी थीं. उन के संस्कारों के मुताबिक हम लोग इनसान नहीं थे.

घनश्याम ने उस दिन के बाद से मुझ से बात करना बंद कर दिया. वैसे भी वे द्रोणवंशी थे. मुझे अपनी शिष्या मान कर असल में वह एकलव्य का अंगूठा कटवा लेने वाले द्रोण की बेइज्जती कर रहे थे.

आईएएस के इम्तिहान का वह पहला दिन था. मैं इम्तिहास के सेंटर पहुंची. वहां घनश्यामजी मिल गए. उन्हें नमस्कार किया, पर वह कुछ बोले नहीं. मुंह फेर लिया.

इम्तिहान दे कर मैं बाहर निकली. गेट पर प्रोफेसर सत्यकाम स्कूटर लिए खड़े थे.

‘‘तुम आईएएस का इम्तिहान दे रही हो?’’ उन्होंने पूछा. ‘‘हां.’’

इसी बीच वहां घनश्यामजी पहुंच गए. हीनता उन के दिमाग में उफन रही थी. वह बोल पड़े, ‘‘यह तो 30 फीसदी भी ला कर आईएएस हो जाएगी. असली इम्तिहान तो हम लोगों का होता है.’’

मैं चुप न रह सकी, बोली, ‘‘सर, आप भरम में हैं. इस इम्तिहान में क्या, मैं ने किसी भी इम्तिहान में अपनी जाति का फायदा नहीं उठाया. मैं जाति प्रथा नहीं मानती.’’

दोनों प्रोफेसर चुपचाप खिसक गए. मैं दुखी हो उठी. बापू की सीख भूल गई कि सचाई बताने की जरूरत नहीं होती. वह तो खुद उजागर होती है. खैर, मैं आईएएस के इम्तिहान में कामयाब रही. घनश्यामजी फेल हो गए.

नौकरी पर जाने के पहले चमनगढ़ पहुंची. बापू खुशी से निहाल थे. हेडमास्टर साहब तो बारबार रो पड़ते. फूलन चाचा ने ढोल पकड़ लिया, महफिल जम गई. पूरा चमनगढ़ गा उठा, ‘उगतई सूरजवा मोरे अंगनवा…’

उधर पंडित मोहन लाल मंदिर में बांच रहे थे, ‘‘एक और छोटी जाति की लड़की आईएएस बन गई है. संस्कारहीन को हक मिल गया. अरे, इस से अच्छा तो अंगरेजों का राज था, तब कुलीन लोग ही नौकरी के हकदार थे.

‘‘अंगरेजों का राज गया, जनतंत्र आया. धर्मजाति की मर्यादा पर अब रोज चोट पड़ती है. घोर कलयुग आ गया. अब सूखा पड़ेगा, बाढ़ आएगी, लोग मरेंगे. कोई बचाने वाला नहीं होगा…’’

सूदन मामा ने पंडितजी को बीच में ही टोक दिया, ‘‘आप ही तो कहते थे कि जबजब धर्म की हानि होती है, भगवान अवतार लेते हैं. बुलाइए किसी अवतार को. बजाइए अपना धर्म शंख, बचाइए अपनी जाति, संस्कार… बचाइए अपना…’’

पंडितजी इस बात को बरदाश्त न कर पाए. एकदम उबल पड़े. उन की पवित्र खड़ाऊं सूदन मामा पर बरसने लगी.

मामा लहूलुहान हो कर चमनगढ़ लौटे. उन्हें देख कर मैं रो पड़ी. तभी लखन चाचा की पुकार सुनाई दी, ‘‘अरे, उत्तरी बांध टूट गया… बामन टोला में पानी घुस गया… भागने की तैयारी करो… चलो, कर्ण के टीले पर… चलो, जल्दी चलो…’’

गांव में भगदड़ मच गई. सारे लोग कर्ण के ऊंचे टीले पर पहुंच गए. टीले पर से मैं बाढ़ के पानी का उफान देखने लगी. सहम गई. दूर एक नाव दिखी, भंवर में फंसी. उस नाव पर पंडित मोहन लाल और उन का पूरा परिवार बैठा था.

नाव धीरेधीरे गहरे पानी की ओर बढ़ती जा रही थी. घनश्यामजी के हाथ से पतवार छूट गई थी. पंडिताइन और विनीता चीख रही थीं.

पंडितजी ‘हरहर गंगे’ नहीं रट रहे थे. गंगा आज उन्हें माता नहीं, विमाता लग रही थी. वैसे भी वह किसी देवीदेवता में श्रद्धा नहीं रखते थे, सब दिखावे के लिए करते थे. साहूकारी का धंधा था, गहने बंधक रखते और सूद पर रुपया देते.

उन के कर्ज के भंवर से न कभी कोई गहना मुक्त होता और न कर्जदार. वही पंडितजी परिवार समेत गंगा के भंवर में फंस चुके थे. अब वे भंवर के बंधक थे.

पंडितजी की खड़ाऊं से घायल सूदन मामा ने हल्ला किया, ‘‘पंडितजी की नाव उलट गई है. उन को और उन के परिवार को बचाना होगा. चलो राधे, चलो हरिया…’’

राधे चाचा उबल पड़े, ‘‘उन्हें डूब जाने दो. वे द्रोणवंशी हैं… वे क्यों कर्ण के टीले पर शरण लेंगे? फिर हमारे छूने से उन का धर्म भ्रष्ट हो जाएगा. उन्होंने ही तो कहा था कि बाढ़ आएगी, लोग मरेंगे, कोई बचाने वाला नहीं होगा. हम उन की बात को क्यों झुठलाएं?’’

सूदन मामा पानी में कूदते हुए बोले, ‘‘पंडित की तरह मत बोल राधे.’’

इस के बाद फूलन चाचा, राधे चाचा, हरिया, रमना, बिजना के साथ मैं खुद भी पानी में उतर गई.

उफनती गंगा में तैरनानहाना मेरा शौक था, वही काम आ गया. विनीता को मैं बचा लाई कर्ण के टीले पर. पंडित, पंडिताइन और घनश्यामजी भी बचा लिए गए.

उस दिन मैं ने कर्ण के टीले पर कुछ द्रोणों को पिघलते देखा. Story

-दिलीप कुमार तेतरवे

Story: दाढ़ी वाले बाबा बावरा बना कर छोड़ते

Story. पूरी कालोनी शोर के चलते परेशान हो गई थी. कालोनी में एक सरकारी जमीन का टुकड़ा था. शर्माजी को उस पर कब्जा करना था. उन के मकान से लगालगाया वह टुकड़ा था. उन्होंने थोड़ी सी ईंटें और सीमेंट डलवा कर मंदिर बनवा लिया. आनेजाने वालों को दिक्कत हो रही थी. लेकिन किसी के बाप की हिम्मत जो भगवान के मंदिर के खिलाफ बोल दे.

शर्माजी ने उसी मंदिर से लग कर एक दुकान खोल ली जहां मोटा पेट लिए वे सेठजी बन कर बैठ गए थे. लेकिन अभी उन का मन भरा नहीं था. उन्होंने विचार किया- भगवानजी तो स्वर्ग में रहते हैं, सो उन भगवानजी का ट्रांसफर एकमंजिला बना कर ऊपर कर दें और नीचे पूरा एक हौल निकल आएगा जिस में काफी जगह निकलेगी. उस का गोदाम के तौर पर उपयोग हो जाएगा.

जयपुर से एक पत्थर लाया गया. फिर एकमंजिला ऊंचा मंदिर निर्माण कर के नीचे वाले हिस्से पर शर्माजी ने दुकान और गोदाम निकाल लिया. 5-6 महीने बाद आधी दुकान किराए पर दे कर वे चांदी काटने लगे. लेकिन शर्माजी पूजापाठ करें या दुकानदारी-वे कुछ निर्णय नहीं कर पा रहे थे.

इधर कालोनी वाले ईर्ष्या कर रहे थे, शिकायतें भी हो रही थीं. अभी दुकानों की लागत निकली नहीं थी और यदि यह अवैध कब्जा हट गया तो लाखों का नुकसान हो जाएगा. उन्होंने तरकीब भिड़ाई और आननफानन अपने गांव से एक अनाथ प्रौढ़ को बाबा बनवा कर बुलवा लिया.

उस बाबा का प्रचारप्रसार कालोनी में हो जाए, इसलिए उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्र लगा कर धार्मिक दोहों का वाचन रखवा दिया था. रातदिन चलने वाले इस पाठ का शोर इतना अधिक होता था कि कालोनी में सोने वाले जाग जाए और जागने वाले कालोनी छोड़ कर भाग जाए. लेकिन किसी की हिम्मत नहीं थी कि कोई भगवानजी के खिलाफ आवाज उठाए.

शानदार तरीके से शर्माजी ने दुकानदारी जमा ली थी जिस के परिणामस्वरूप मंदिर का चढ़ावा, दुकान का किराया, किराने का फायदा मिला कर शर्माजी धन कूट रहे थे. कालोनी या उस में रहवासी जाए भाड़ में, उन्हें उस से कोई मतलब नहीं था.

इस बीच, शर्माजी ने अपने पुजारी महाराज के चमत्कारों का प्रचार कर दिया था. हवा से भभूत निकालना, पानी में दीपक जलाना, जबान पर कपूर को जलाना…एकदो नहीं पूरे आधा दर्जन से अधिक चमत्कारों को बतलाने के परिणामस्वरूप मंदिर में भीड़ बढ़ गई. चढ़ावा भी बढ़ गया. दुकान की बिक्री भी बढ़ गई.

शर्माजी बहुत खुश थे. एक पसेरी उन का वजन और बढ़ गया था. जब दुकान चल निकली तो चमत्कारों को बढ़ाना तथा भक्तिरस में डूबा बताना भी कर्तव्य हो गया. शर्माजी का मंदिर ही उस जगह का नाम हो गया था और भीड़ बढ़ती जा रही थी. लोग अंधश्रद्घा में डूबे रहे. कोई प्रश्न खड़ा ही नहीं करे, इस के लिए शर्माजी ने भजनमंडल, पाठों का आयोजन पूरे डीजे साउंड के साथ शुरू कर दिया ताकि पूरी कालोनी में आवाज जाए.

मैं ने सोचा कि अब कालोनी का मकान बेच कर चला जाऊं. सो, मैं ग्राहक खोजने लगा. जिस भी ग्राहक को मेरे घर बेचने का कारण पता चलता, वह मुझे अधर्मी कह कर मकान खरीदने से मना कर देता. मैं बहुत परेशान था.

तब ही हमारी एकमात्र सासूजी अचानक आ गईं. सुबहसुबह का समय था. इतना शोर था कि पक्षी भी कोलाहल करना भूल कर पेड़ छोड़ कर उड़ गए थे. सासूजी ने घर में प्रवेश किया और हमारी एकमात्र धर्मपत्नी का चेहरा देखा तो दंग हो गईं.

दरअसल, वह पूरे एक महीने से शोर के चलते सो नहीं पाई थी. मेरे सिर के रहेसहे बाल भी उड़ गए थे और सिर खेल का मैदान हो गया था. सासूजी बहुत दुखी हुईं. यात्रा की थकान के चलते आराम करना चाहा, लेकिन दरवाजेखिड़की बंद कर लेने के बाद भी वे शोर से मुक्ति नहीं पा सकीं और सो नहीं पाईं. दोपहर वे कुछ नाराज हो कर खाने की टेबल पर आईं और बेटी से कह उठीं, मैं लौट कर जा रही हूं.

हमारी पत्नीजी ने दुखी हो कर कहा, ‘मम्मीजी, आप के बुद्धि के चर्चे विदेशों में हैं और आप अगर ऐसी स्थिति में हमें छोड़ कर चली जाएंगी तो आखिर हमारा क्या होगा? उपाय करो, मम्मीजी. हम ने भी हाथ जोड़ लिए, प्लीज सासूजी, कुछ विचार तो करो, आखिर हमारे परिवार का ही नहीं, पूरी कालोनी वालों का सवाल है.’

‘ठीक है,’ कुछ सोचती हुईं सासूजी ने कहा.

हम तो खुशी से गुब्बारे की तरह फूल गए. जानते थे कि प्रत्येक स्थिति में सासूजी ही सब को कंट्रोल कर लेंगी. शाम को भगवे कपड़े पहन कर सासूजी अपनी पूर्व परिचित कालोनी की सहेलियों के साथ मंदिर में दर्शन करने गईं. प्रसाद चढ़ाया, चंदा दिया और हाथ जोड़ कर प्रसाद लिया और अपनी सहेलियों के साथ लौट आईं. अगली सुबह हम सो कर भी नहीं उठे थे कि सासूजी सहेलियों के साथ मंदिर चली गईं जहां भयानक ध्वनिप्रदूषण हो रहा था. उन्होंने तत्काल प्रौढ़ महाराज के हाथों में 500 रुपए का नोट रखा.

महाराज तो दंग रह गया कि आखिर इतना चंदा उसे ही क्यों दिया गया. उस ने खुश हो कर प्रश्न किया, ‘‘मैडमजी, बताइए यह 500 रुपए का चंदा मुझे क्यों दिया जा रहा है?’’ सासूजी की सहेली ने कमान संभाली और कहा, ‘‘पंडितजी, ये 500 रुपए तो कम हैं, इन की इच्छा तो 5,000 रुपए देने की थी.’’

‘‘आखिर क्यों भाई? ऐसी क्या बात हो गई थी?’’ ‘‘बात ही कुछ ऐसी थी. इन के पेट में पूरे 3 वर्षों से दर्द था, कल आप का प्रसाद ले गईं…सहेली अपना वाक्य पूरा भी नहीं कर पाई कि पंडित ने कहा, ‘‘ओह, वो खा कर ये ठीक हो गईं?’’

‘‘नहीं जी.’’ ‘‘फिर क्या बात हो गई?’’

‘‘पंडितजी, उस प्रसाद में आप की दाढ़ी का एक बाल था. मैडमजी ने सोचा प्रसाद में बाल आया है, निश्चितरूप से इस का कोई महत्त्व तो होगा. बस, उन्होंने उस बाल को अपने पेट में बांध दिया और देखतेदेखते पेट का दर्द गायब हो गया.’’ ‘‘धन्य हो पंडितजी,’’ सब सहेलियों ने समवेत स्वर में कहा.

‘‘ऐसे बाल मैं विशेष लोगों को ही देता हूं, जिस को सौ प्रतिशत लाभ देना होता है,’’ पंडित ने आत्मप्रशंसा से भर कर कहा. ‘‘हम धन्य हो गए,’’ कह कर सब सहेलियों ने चरणस्पर्श किए और चली आईं.

बस फिर क्या था-एक ने दूसरे से, दूसरे ने तीसरी से पूरी बात पूरी कालोनी में 1 घंटे में फैला दी गई. लगभग 9 बजे तक वहां एक हजार लोगों की भीड़ जमा हो गई जो पंडितजी से सौ प्रतिशत लाभ लेना चाहते थे.

मरता क्या न करता. पंडितजी ने एकएक व्यक्ति से दाढ़ी का बाल नुचवाया, सिर टकला हो गया तो जो श्रद्धालु (ग्राहक) थे उन्होंने सिर के बाल नोचने शुरू कर दिए और देखतेदेखते बिना भौंह, बिना पलकों के, टकले, दाढ़ीविहीन पंडित भूत जैसे लगने लगे. पीड़ा से बिलबिला रहे थे. अभी भीड़ और बढ़ गई थी जो उन की टांगों व बगलों तक के केशलोचन करने के लिए आमादा थी. शर्माजी 11 बजे तक बिजनैस करते रहे. भारी ग्राहकी से वे खुश थे.

लेकिन जब ज्ञात हुआ कि गांव से लाया पंडित पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश कर रहा है तो वे उस की छाती पर आ कर डट गए. सैकड़ों लोग उन के सिर पर बाल उगने की प्रतीक्षा में नंबर लगा कर बैठ गए थे. पंडितजी शौचक्रिया के नाम से जो बाहर गए तो फिर दोबारा लौट कर नहीं आए. 2 दिनों में ही शर्माजी का मंदिर श्मशान की तरह सुनसान हो गया था.

जब कोई नहीं रहा तो ग्राहकों ने आना बंद कर दिया. ग्राहक नहीं तो ध्वनि विस्तारक यंत्र बंद हो गया. जब शोर बंद हो गया तो भीड़ लापता हो गई. चढ़ावा खत्म हो गया. मंदिर के देवता एक दिन चोर के हाथों चोरी हो गए.

देखतेदेखते शर्माजी की दुकानदारी पूरी तरह से खत्म हो गई. शर्माजी आजकल हाथठेले पर सब्जी बेच रहे हैं और हमारी सासूजी उन से सब्जी खरीद कर मनपसंद खाना पकवा कर खा रही हैं. है न हमारी सासूजी बुद्धिमान? हम तो यही कामना करते हैं कि सब को ऐसी सास मिले. Story

Heart Touching Story : अपना  घर

Heart Touching Story. ‘‘बाप रे, आप का घर तो बहुत बड़ा है. इतने बड़े घर में अकेली कैसे रहती हैं? डर नहीं लगता क्या?’’ रश्मि ने बूढ़ी हो चुकीं मालकिन लक्ष्मीजी से पूछा.

‘‘डर तो नहीं लगता है, पर बहुत अकेलापन महसूस होता है. क्या करूं… सेठजी को मरे तकरीबन 2 साल होने को आए हैं. दोनों बेटे विदेश चले गए हैं. एक आस्ट्रेलिया में, तो दूसरा अमेरिका में. शादी भी वहीं कर ली है. अब मैं अकेली इस अपार धनदौलत की चौकीदार बनी बैठी हूं.”

‘‘खैर, तुम को एक काम के लिए बुलाया था. रश्मि, मुझे एक माहिर और भरोसेमंद ड्राइवर ला दो. मेरा पुराना ड्राइवर अपनी बीवी की बीमारी की खबर पा कर फौरन गांव चला गया है. जल्दी में मुझे कोई दूसरा ड्राइवर भी नहीं दे गया है.”

‘‘ड्राइवर के बगैर न तो मैं डाक्टर के पास जा सकती हूं, न मंदिर. कभीकभार रिश्तेदारों के यहां भी चली जाया करती हूं, पर ड्राइवर के बिना सब रुका पड़ा है. अब इस बुढ़ापे में हिम्मत नहीं होती है. सांस की मरीज हूं, सो अलग.’’

‘‘अच्छा मांजी, मैं जरूर देखूंगी कि आप की इस परेशानी को हल कर सकती हूं या नहीं.’’

रश्मि घर आ कर सोचने लगी कि इतने में उस की भाभी ने आ कर पूछा, ‘‘रश्मि, क्या सोच रही हो?’’

‘‘भाभी, क्या आप को मां की मालकिन की याद है? मां के गुजरने के बाद जिन्होंने मुझे सहारा दे कर बड़ा किया था, आज मैं यों ही उन का हालचाल पूछने चली गई, तो उन्होंने मुझे एक अच्छा भरोसेमंद ड्राइवर ला देने की बात कही. क्या करूं, कुछ समझ नहीं आता?’’

‘‘क्यों… तुम्हारे भाई साहब के दोस्त का छोटा भाई राजू भी तो ड्राइवर है, जो कई महीनों से खाली बैठा है. उसे ही भेज दो.’’ ‘‘आप ने ठीक कहा भाभी, उसी को भेजती हूं.’’

किसी ने दरवाजे पर दस्तक दी. मालकिन लक्ष्मीजी ने पूछा, ‘‘कौन?’’ चौकीदार ने दरवाजे से कहा, ‘‘मालकिन, आप ने ड्राइवर के लिए कहा था क्या? रश्मि ने एक लड़के को भेजा है. उस के भाई की जानपहचान वाला है. नाम है राजू.’’

राजू पहले किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था. उस ने कभी इतना शानदार घर नहीं देखा था. सेठानी का कमरा देख कर उस की तो आंखें ही चौंधिया गईं. उस ने सेठानीजी को नमस्ते कर ड्राइवर की नौकरी वाली बात बताई.

लड़के का अच्छा बरताव देख लक्ष्मीजी का दिल पसीज गया. उन्होंने उसे 3 हजार रुपए महीना व मुफ्त क्वार्टर दे कर अपने पास रख लिया.

राजू मन लगा कर काम करने लगा. लक्ष्मीजी घर से कम ही बाहर जाती थीं. फिर भी हफ्ते में 2-3 चक्कर तो लग ही जाते थे. राजू सेठानीजी के ऐशोआराम के दिखावे से बहुत प्रभावित था. उस के मन में धीरेधीरे इस दौलत को पाने के लिए लालच पैदा हो रहा था.

कई बार उस के मन में होता कि वह कोई भारी रकम चुरा कर भाग जाए और गरीबी की इस जिंदगी से छुटकारा पा ले, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाता था. घर में और भी कई नौकरचाकर थे. वे सभी पुराने और भरोसेमंद थे, सो पकड़े जाने का खतरा भी बहुत था.

लक्ष्मीजी को सांस की तकलीफ थी. उन को रहरह कर अस्थमा इनहेलर इस्तेमाल करना पड़ता था. बगैर उस पंप के उन की हालत बहुत ही खराब हो जाती थी.

राजू ने देखा कि मालकिन के पास ऐसे कई पंप हैं. एक सोने के कमरे में, एक गाड़ी में व एक बैठक में भी रखा रहता था. घर पर कोई मिलने आए, तो मालकिन जरूरत पड़ने पर वहीं बैठेबैठे पंप उठा कर मुंह में ठूंस लिया करती थीं.

राजू ने यह गौर किया था कि पंप के बिना मालकिन मर भी सकती हैं. उस के मन में यह बात जम गई थी.

दिन बीतते गए. राजू के काम और बरताव से लक्ष्मीजी बहुत खुश थीं. उन के मन में धीरेधीरे उस के लिए स्नेह का भाव जागने लगा था.

कई दिनों से काफी सर्दी हो रही थी. इस की वजह से लक्ष्मीजी की तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब थी. वह अपने बेडरूम में एक आरामकुरसी पर बैठी थीं. राजू पास ही बैठा इधरउधर की बातें कर उन का दिल बहला रहा था. नौकरचाकर सब नीचे रसोईघर में थे.

तभी अचानक लक्ष्मीजी को दमे का जबरदस्त दौरा आया. उन का मानो दम ही घुटने लगा. वह हांफती हुई इधरउधर हाथ फैलाती पंप ढूंढ़ने लगीं. राजू की तरफ कातर आंखों से देखा कि वह उन को पंप पकड़ा दे.

अचानक राजू को लगा कि यह अच्छा मौका है. अगर वह पंप नहीं देगा, तो मालकिन कुछ ही मिनटों में चल बसेंगी और वह अच्छा माल बटोर कर पीछे के दरवाजे से भाग निकलेगा. इस तरह हमेशाहमेशा के लिए गरीबी से छुट्टी.

इसी समय उसे अपनी मरी हुई दादी की याद आ गई, जो कहा करती थीं, ‘दया करने से ही सुख मिलता है. गलत करोगे, तो पछताना पड़ता है.’

ऐसी बातों से तो राजू कोसों दूर था. वह एक नंबर का चोर भी था. गाड़ी से पेट्रोल चुराना और उस के छोटेमोटे पुरजे निकाल कर बेच देना तो उस के बाएं हाथ का खेल था.

चोरी पकड़े जाने की वजह से ही उस की पिछली नौकरी गई थी. पर देखने में वह भोला था और बातें भी खूब बना लिया करता था. लोगों को उस पर भरोसा होते देर नहीं लगती थी. ऐसे ही उस ने इस मालकिन को भी पटा रखा था.

पर आज वह क्या करेगा, दया दिखाएगा या उन को मर जाने देगा? उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था. उस का मरा हुआ जमीर फिर से जागा.

दरअसल, राजू की दादी अपने आखिरी दिनों में बहुत ही लाचार थीं. दादाजी के गुजरने के बाद वह एकदम बेसहारा और अकेली पड़ गई थीं. घर में कोई उन्हें नहीं पूछता था. बिलकुल इस मालकिन की तरह अकेली थीं वह.

अचानक मालकिन कराहीं और छटपटाते हुए राजू के उस हाथ की ओर इशारा किया, जिस में उस ने पंप पकड़ रखा था. राजू को एहसास हुआ, मानो दादी ही उस का हाथ पकड़ रही हैं और पंप मालकिन के मुंह में ठूंस दिया.

पंप से थोड़ी देर में मालकिन को कुछ होश आया और उन्होंने आंखें बंद रख कर ही कहा, ‘‘डाक्टर…’’

राजू झट उठा और फोन कर फैमिली डाक्टर बासु को खबर कर दी. डाक्टर बासु आए और लक्ष्मीजी को आक्सिजन पर रख दिया.

अब तक तो घर के सारे नौकरचाकर कमरे में इकट्ठा हो गए थे और राजू की खूब तारीफ कर रहे थे.

डाक्टर बासु ने भी चलते हुए राजू की पीठ थपथपाई. पर राजू खुद जानता था कि उस के मन में क्या था.

कुछ दिनों में लक्ष्मीजी ठीक तो हुईं, पर उन की सेहत पहले से कहीं ज्यादा गिर गई थी. राजू को उन्होंने अपना बेटा मान लिया था. घर में उस की खूब खातिरदारी होने लगी थी.

अब राजू खूब मन लगा कर उन की सेवा करता था. एक साल बाद एक दिन उन्होंने राजू को अकेले में बुला कर कहा, ‘‘बेटा, मैं तो अब इस दुनिया से चलने के इंतजार में हूं. मरने से पहले मैं तुम से कुछ कहना चाहती हूं.

‘‘मैं ने अपना वसीयतनामा तैयार कर लिया है और सारी जायदाद तुम्हारे नाम कर दी है. तुम अपनी समझ से घर के नौकरों व दफ्तर के मुलाजिमों को कुछ पैसा दे देना. कारोबार तुम्हीं संभालना और सारा धन जनसेवा में लगाना, खासकर बेसहारा बूढ़ों की सेवा में.

‘‘मेरा यह घर बहुत बड़ा है. आधे में बढ़ी औरतों के लिए और बाकी आधे में बूढ़ों के लिए वृद्धाश्रम बना देना. इस दुनिया में लोग अपने लिए जीते हैं, लेकिन बेटे, तुम दूसरों के लिए जीना. मेरा आशीर्वाद सदा तुम्हारे साथ रहेगा.’’

यह सुन कर राजू दंग रह गया. मालकिन ने यह क्या किया? चोर के हाथ खजाना सौंप दिया?

इस के कुछ ही दिनों बाद मालकिन गुजर गईं. सबकुछ उन्हीं के कहे मुताबिक हुआ. घर 2 हिस्सों में बंट गया. एक तरफ बूढ़ी औरतें तो दूसरी तरफ बूढ़े रहने लगे, बिलकुल अपने घर जैसे.

वे अपनी मरजी से खातेपीते, कभी खुद बनाते, कभी रसोइए से बनवाते. आपस में मिलजुल कर रहते. एकदूसरे का सुखदुख बांटते. जिस का मन होता, वह बगीचे में जा कर बागबानी भी करता.

इन सब का सेवक था राजू. वह सब की देखभाल करता था. कभी उन के बीच कोई आपसी मतभेद पैदा हो जाता, तो उन्हें भी निबटाता था. यह उस का ‘अपना घर’ था. घर के बाकी सदस्य भी उस को अपना सगा व घर को ‘अपना घर’ समझते थे.

लक्ष्मीजी के भरोसे ने चोर, घमंडी राजू को, जिस ने एक बार उन की जान लेने की बात भी सोची थी, शरीफ राजू में बदल दिया था.  Heart Touching Story

बदला

Story. खूबसूरत और कमसिन लड़कियां गोपाल की कमजोरी थीं. वह उन्हें अपने जाल में फंसाता और उन की जवानी से खेलता था. जब उस का मन भर जाता, तो दूध में पड़ी मक्खी की तरह अपनी जिंदगी से बाहर निकाल फेंकता था.

गोपाल खूबसूरत और स्मार्ट तो था ही, वह बात बनाने में भी उस्ताद था. लड़कियों को अपनी ओर खींचने की कला में वह काफी माहिर था. लड़कियां उस के जादू में बंधी पके आम की तरह उस की गोद में टपक पड़ती थीं. अब तक न जाने कितनी लड़कियों को वह अपना शिकार बना चुका था.

गोपाल के पिता एक कारोबारी थे. उन के पास धनदौलत की कोई कमी नहीं थी. जब गोपाल 10 साल का था, तभी उस की मां इस दुनिया को छोड़ कर चली गई थीं. उस के पिता ने उसे मां और पिता दोनों का प्यार दिया था.

जब गोपाल जवान हो गया, तो एक दिन उस के पिता ने वंदना नामक एक खूबसूरत लड़की से उस की शादी कर दी. गोपाल की शादी के बाद उस के पिता की भी मौत हो गई.

शादी के बाद तकरीबन 2 सालों तक गोपाल ने अपनी बीवी वंदना को भरपूर प्यार किया. वंदना भी अपने घर में रानी बनी पूरी तरह खुश थी. सास के शासन और ननद के तानोंउलाहनों से उस का वास्ता ही नहीं पड़ा था. लेकिन एक बच्चे की मां बनते ही वंदना गोपाल की निगाह से उतर गई.

वंदना का अब अपने बच्चे के लालनपालन में ही ज्यादा समय बीत जाता था. साथ ही, घर के ढेरों झंझट भी रहते थे. वंदना अब पहले की तरह पति की इच्छानुसार बनीठनी नहीं रह पाती थी. वह गोपाल की नजर में अब मनमोहिनी नहीं रह गई थी.

एक दिन वंदना दरवाजे पर खड़ी थी, तभी उस के पास एक औरत आ कर खड़ी हो गई. वंदना ने उस की ओर देखा, तो वह अजीब नजरों से एकटक उसी की ओर ताक रही थी.

वंदना से रहा नहीं गया, तो उस ने पूछा, ‘‘क्या बात है?’’

वह औरत कुछ जवाब देने के बजाय एकदम रोंआसी हो गई.

वंदना समझ गई कि जरूर कोई बात है. उस ने कहा, ‘‘अरेअरे, क्या बात है? कुछ बताओ भी तो?’’

‘‘मेम साहब, एक दिन अचानक मेरे पति की मौत हो गई. अब मेरा इस दुनिया में कोई नहीं है. 3 दिनों से पेट में एक दाना नहीं है. मैं ने काम की तलाश में पूरा शहर छान डाला, मगर कोई काम नहीं मिला. कोई काम है, तो दीजिए. मैं हर काम करने के लिए तैयार हूं.’’

अपना दुखड़ा बतातेबताते वह औरत रो पड़ी, तो वंदना का दिल पिघल गया. वह बोली, ‘‘चुप हो जाओ, अब घबराने की कोई बात नहीं है. आज से तुम मेरे यहां काम करना. तुम्हारा नाम क्या है?’’

‘‘सुषमा,’’ उस औरत ने आंसू पोंछते हुए कहा. ‘‘तुम कहां रहती हो?’’ ‘‘गांधी नगर में,’’ उस ने बताया.

वंदना ने सुषमा को घर के अंदर ले जा कर सब से पहले खाना खिलाया, फिर बोली, ‘‘अब तुम थोड़ी देर आराम कर लो.’’

लेकिन सुषमा ने वंदना की एक नहीं सुनी और उस के साथ काम में जुटी रही. अपने बरताव से उस ने कुछ ही घंटों में वंदना का दिल जीत लिया.

दूसरे दिन सवेरे ही सुषमा आ गई. उस ने बड़ी फुरती से पूरे घर की साफसफाई कर डाली. इस के बाद उन लोगों के लिए चायनाश्ता तैयार किया, फिर खाना बनाने में जुट गई.

उस के काम करने के तरीके को देख कर वंदना खुश हो गई. सब को खिलानेपिलाने के बाद सुषमा ने भी खाना खाया, फिर जूठे बरतन धो कर अपने घर चली गई.

एक दिन सुबह सुषमा काम करने आई, तो वंदना को घर में न देख गोपाल से पूछा, ‘‘मेम साहब कहां हैं?’’

‘‘मेम साहब की मां की तबीयत अचानक खराब हो गई. वह तुम्हारे आने के पहले ही मायके चली गई. शाम को लौटेगी. तुम अपना काम करो,’’ गोपाल ने कहा.

सुषमा अपने काम में जुट गई. यों तो अकसर सुषमा के काम करते समय गोपाल पास ही होता था. वह सुषमा के भरेपूरे जिस्म को दूर से ही निहार कर खुश हो जाता था, पर आज गोपाल को किसी न किसी बहाने से सुषमा को नजदीक से देखने का मौका मिल रहा था.

सुषमा बहुत खूबसूरत थी. उस का गदराया बदन था. वह संगमरमर की खूबसूरत मूर्ति सी दिखती थी. उस का गोरा रंग गोपाल को बारबार अपनी ओर खींच रहा था.

काम करते समय सुषमा की साड़ी का पल्ला बारबार कंधे से नीचे खिसक जाता या जब कभी वह साड़ी के पल्ले से अपना पसीना पोंछती, तो गोपाल सुषमा के उभारों को बिना झिझके देख लेता था. हर पल गोपाल की नजर सुषमा पर ही टिकी रहती.

सुषमा खाना बना चुकी थी. रसोई से निकलने के लिए वह जैसे ही पीछे मुड़ी, उस की दबी चीख निकल गई. गोपाल ने उसे पीछे से कस कर पकड़ लिया था.

‘‘बाबूजी, ये क्या कर रहे हैं आप? छोडि़ए मुझे. यह आप को शोभा नहीं देता,’’ सुषमा गिड़गिड़ाते हुए बोली.

‘‘तुम भरी जवानी में विधवा हो गई. तुझे भी तो मेरे जैसे जवान मर्द की जरूरत महसूस होती होगी? घबरा मत, मैं किसी को कुछ नहीं बताऊंगा,’’ कहतेकहते गोपाल ने सुषमा को तेजी से अपनी तरफ घुमा लिया.

‘‘ऐसा मत करो बाबूजी. मैं वैसे भी किस्मत की मारी हूं, तभी तो आप के यहां काम करने लगी हूं. मुझे जाने दीजिए,’’ सुषमा गिड़गिड़ाने लगी.

‘‘मुझे कौन सा तेरे साथ घर बसाना है? थोड़ी देर बाद चली जाना,’’ कहतेकहते गोपाल सुषमा को घसीट कर बिस्तर की तरफ ले गया. उस ने सुषमा को बिस्तर पर धक्का दे कर गिरा दिया.

‘‘बाबूजी, मुझे जाने दो. मैं किसी को मुंह दिखाने के काबिल नहीं रहूंगी, बाबूजी…’’ सुषमा गिड़गिड़ाई, पर गोपाल ने उस की एक न सुनी.

सुषमा कसमसाती रही, छटपटाती रही, पर वह अपने को गोपाल की बांहों से छुड़ा नहीं पाई. गोपाल अपने मकसद में कामयाब हो गया.

सुषमा के मखमली जिस्म से गोपाल को अनोखा सुख मिला था. अब तक भोगी गई सभी लड़कियों में सुषमा सब से ज्यादा खूबसूरत और मादक थी.

‘‘तुम किसी से कुछ नहीं बताओगी, नहीं तो तुम्हारी ही बदनामी होगी,’’ गोपाल ने सुषमा को धमकाते हुए कहा.

‘‘मैं अब कुछ कहूं या न कहूं, इस से क्या फर्क पड़ता है,’’ सुषमा खिलखिला कर हंसते हुए बोली, ‘‘तुम क्या सोच रहे हो बाबूजी कि तुम मेरा बलात्कार करने में कामयाब हो गए? बहुत गलत सोच रहे हो. सच कहूं, तो मैं ने अपना बलात्कार करवाया है तुम से.’’

‘‘क्या?’’ गोपाल चौंक पड़ा. ‘‘हां,’’ गोपाल की तरफ देख कर सुषमा बोली, ‘‘जानते हो, मैं कौन हूं?’’

‘‘नहीं,’’ गोपाल ने कहा. ‘‘मैं अर्चना की बड़ी बहिन सुषमा हूं,’’ वह बोली.

‘‘कौन अर्चना?’’ ‘‘अच्छा, अब तुम अर्चना को भी भूल गए. ठीक है, मैं याद करा देती हूं.’’

कुछ देर रुक कर सुषमा ने कहा, ‘‘मैं उस अर्चना की बात कर रही हूं, जिसे तुम प्यार करते थे और जो तुम्हारे बच्चे की मां बनने वाली थी. मगर तुम ने उस के साथ छल किया.

‘‘इस से उस की काफी बदनामी हुई. मां को उस ने अपने पेट से होने की बात कही, तो मां को जबरदस्त धक्का लगा. मां दिल की मरीज थीं. यह सुन कर मां इस दुनिया से चल बसीं.

‘‘मां के मरने के बाद पिताजी भी ज्यादा दिनों तक जिंदा नहीं रहे. एक हफ्ते बाद ही उन्होंने खुदकुशी कर ली.

‘‘पिताजी की खुदकुशी करने से अर्चना बुरी तरह टूट गई. एक दिन जहर खा कर उस ने भी खुदकुशी कर ली, मगर खुदकुशी करने से पहले उस ने मुझे तुम्हारे बारे में सबकुछ सच बता दिया था. मैं ने कसम खाई थी, जब तक मैं तुम से अपनी बहिन अर्चना की मौत का बदला नहीं ले लूंगी, चैन की सांस नहीं लूंगी…

‘‘आज मेरी कसम पूरी हो गई. मैं ने अपनी बहिन अर्चना की मौत का बदला ले लिया. तुम्हें शायद पता नहीं है कि मुझे एड्स है. मेरे पति से ही यह बीमारी मुझे मिली है. वह भी तुम्हारे जैसा ऐयाश था. वह तो इस दुनिया से जा चुका है. मैं भी अब कुछ दिनों की मेहमान हूं.

‘‘बाबूजी, अब तुम्हारी बचीखुची जिंदगी के दिन कैसे होंगे, सोच लो,’’ सचाई का जहर पिला कर सुषमा शान से वहां से निकल गई.

गोपाल को लगा कि एक भयंकर जलजला आया और उस में उस का सबकुछ बिखर गया. Story

खौफ

Hindi Kahaniyan. रजत के दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे और थानेदार बाबूलाल उस की पीठ पर दनादन लाठियां बरसा रहा था. वह दर्द से बुरी तरह चीख रहा था.

‘‘बोल, प्रियंका का बलात्कार तू ने ही किया है, नहीं तो तेरी हड्डीपसली एक कर दूंगा,’’ थानेदार ने उस के सिर के बाल खींचते हुए कहा.

‘‘बलात्कार मैं ने नहीं किया साहब,’’ रजत ने तड़प कर कहा, ‘‘मैं तो उसे केवल घर छोड़ने गया था. यकीन नहीं आता, तो प्रियंका से ही पूछ लो.’’

‘‘ठहर जा, वह भी अभी आने वाली है,’’ थानेदार ने हाथ में डंडा हिला कर कहा और बड़बड़ाते हुए कुरसी पर जा बैठा.

अगले पल प्रियंका अपने मांबाप के साथ थाने पहुंच चुकी थी. उसे देखते ही रजत का चेहरा खिल उठा. उस के दिल में रिहाई की उम्मीद जाग उठी थी.

वह रिरिया कर बोला, ‘‘प्रियंका, ये लोग मुझे तंग कर रहे हैं. प्लीज, इन्हें सचाई बता दो न.’’

‘‘बोलो प्रियंका,’’ थानेदार ने पुलिसिया अंदाज में दबाव दे कर पूछा.

प्रियंका ने एकटक रजत को देखा और फिर थानेदार से बोली, ‘‘बलात्कार इसी ने किया था.’’

यह सुन रजत हैरानी से प्रियंका को देखने लगा. वह प्रियंका के मकसद को भांप नहीं पाया था. वह फिर गिड़गिड़ा कर बोला, ‘‘मैं तुम्हारे सामने हाथ जोड़ता हूं प्रियंका. मुझे मत फंसाओ, वरना मेरी जिंदगी बरबाद हो जाएगी.’’

रजत चिल्लाचिल्ला कर अपनी बेगुनाही की भीख मांगता रहा, लेकिन प्रियंका ने उस की एक न सुनी. वह फौरन मांबाप के साथ थाने से खिसक गई.

‘‘अब ज्यादा नाटक मत कर,’’ थानेदार ने उस के गाल पर तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘‘इश्क की इतनी ही भूख थी, तो किसी धंधेवाली के पास चला जाता. अब पीसना सारी उम्र जेल की चक्की.’’

कुछ देर बाद थानेदार ने चार्जशीट तैयार कर के धारा 376 के जुर्म में उस का चालान कर दिया था.

रजत के जेल जाते ही सारे महल्ले में हंगामा मच गया था. कल तक जो लोग उस के मांबाप की इज्जत करते थे, आज उन पर थूथू करने लगे थे. घर से बाहर निकलते तो गुस्साए लोग उन्हें गालियां तक देने लगे.

रजत के मांबाप का जीना दूभर हो गया था. अब उन्हें भी अपने बेटे से नफरत होने लगी थी, क्योंकि प्रियंका ने रजत के मांबाप को भी उस की करतूत बता दी थी.

अपनी छोटी सी नौकरी से बचत करकर के गिरधर ने एकलौते बेटे को कितनी लगन से पढ़ाया था. मां प्रभा के हाथों में सिलाई करतेकरते छेद हो गए थे. वे दोनों रजत के लिए अच्छी नौकरी के सपने देखते थे.

वह भी उन की उम्मीदों पर खरा उतरा था. इसी साल उस ने बीए का इम्तिहान अव्वल दर्जे में पास किया था. पढ़ना तो वह आगे भी चाहता था, लेकिन घर की हालत देख कर उस ने पढ़ाई छोड़ दी और एक फैक्टरी में नौकरी करने लगा.

रिश्तेदारों और मिलनेजुलने वालों ने भी गिरधर और प्रभा से संबंध तोड़ लिए थे. आखिरकार उन दोनों ने एक दिन गले में रस्सी का फंदा डाल अपनी जीवनलीला खत्म कर ली थी. उन्होंने सुसाइड नोट में लिखा था कि वे अपनेआप को समाज के सामने मुंह दिखाने लायक नहीं समझ रहे थे. उन के नालायक बेटे ने उन की आबरू धो डाली थी.

मांबाप की मौत की खबर सुन कर रजत फड़फड़ा उठा. उसे समझने में देर न लगी कि उस के जेल जाने के सबब से उस के मांबाप ने खुदकुशी की है.

आज रजत के केस का आखिरी फैसला होना था. अदालत सुबह से ही खचाखच भरी थी. सभी रजत की सजा सुनने के लिए बेचैन थे.

रजत नजरें झुकाए कठघरे में खड़ा था. उस को सजा होना तो तय था, क्योंकि विधायक कई झूठे गवाह पहले ही खड़े कर चुका था.

इंसाफ की कुरसी पर बैठे जज साहब पैनी आवाज में बोले, ‘‘तमाम सुबूतों और गवाहों के मद्देनजर अदालत इस नतीजे पर पहुंची है कि रजत ने प्रियंका का बलात्कार किया है. लिहाजा, उसे धारा 376 का मुजरिम करार देते हुए…’’

‘‘ठहर जाइए, जज साहब,’’ किसी की तेज आवाज सुन कर जज साहब एकाएक चुप हो गए थे.

अगले पल प्रियंका दूसरे कठघरे में आ खड़ी हुई थी. उस की आंखों में आंसू थे. एक सुबकी ले कर वह बोली,’’ जज साहब, रजत बेकुसूर है.’’

‘‘क्या…’’ हैरानी से जज साहब के हाथ से कलम तक छूट गई.

अदालत में मौजूद लोग भी एकदूसरे के कानों में फुसफुसाने लगे थे. रजत के वकील का चेहरा भी एकदम खिल उठा. वह बोले, ‘‘बताओ बेटी, रजत कैसे बेकुसूर है?’’

‘‘वो… मुझे…’’ किसी डर ने प्रियंका की जबान पर जैसे ताला लगा दिया था.

‘‘डरो मत बेटी,’’ वकील ने उसे हिम्मत बंधाई, ‘‘अदालत तुम्हारी जान की पूरी हिफाजत कराएगी.’’

जज साहब ने भी उसे अपनी बात कहने की इजाजत दे दी, तो प्रियंका बेखौफ हो कर एकएक सचाई उगलने लगी, ‘‘जज साहब, मैं बीए में पढ़ती थी. कालेज आतेजाते राजू दादा अकसर मेरा पीछा करता था, लेकिन मेरी समझदारी की वजह से वह अपने मकसद में नाकाम रहा.

‘‘मैं उस की हरकतों की शिकायत अपने मांबाप से भी करना चाहती थी, मगर विधायक बाप के बिगड़ैल बेटे ने मेरे भीतर दहशत भर दी थी. ऊपर से मुझे अपनी इज्जतआबरू की चिंता भी सताती थी.

‘‘नतीजतन, मैं सबकुछ सह कर भी खामोश बनी रही. उस से बचने के लिए मैं ने पढ़ाई में मन न लगने का बहाना बना कर कालेज जाना ही छोड़ दिया.

‘‘एक रात तकरीबन 8 बजे मैं अपनी दोस्त की बर्थ डे पार्टी से लौट रही थी. एकाएक मेरे पास आ कर एक मारुति गाड़ी रुकी. इस से पहले मैं कुछ सोचतीसमझती, उन लोगों ने मुंह दबा कर मुझे कार में खींच लिया.

‘‘वे 4 आदमी थे. उन में राजू दादा भी था. उन्होंने फैक्टरी के बगल में कार रोक कर मुझे झाडि़यों में खींच लिया.

‘‘मैं रोईगिड़गिड़ाई… इज्जत के लिए उन के सामने हाथ जोड़े, लेकिन उन दरिंदों को मुझ पर दया नहीं आई थी. फिर बारीबारी से मेरे साथ सभी मुंह काला कर के चले गए.’’

‘‘दर्द से मैं तड़प रही थी. मेरी मदद करने वाला कोई नहीं था. तभी वहां रजत आ पहुंचा. शायद वह फैक्टरी से ओवरटाइम कर के आया था. उस ने मुझे पहचान लिया. मेरे कपड़े संभाल कर बोला, ‘प्रियंका… ये सब…’ ‘‘मैं ने कहा, ‘मैं बरबाद हो गई रजत…’

‘‘मेरे फटे कपड़े और बिखरे बाल देख कर वह समझ गया कि मेरे साथ क्या हुआ है. बस, सहारा देता हुआ वह मुझे घर छोड़ गया.

‘‘मैं ने रोरो कर यह दर्दनाक घटना मांबाप को बताई, तो वे गुस्से से तमतमाते हुए मुझे ले कर थाने पहुंचे और विधायक के बेटे राजू दादा के खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट लिखवा दी.

‘‘हम लौट कर घर आए, तो दंग रह गए. विधायक और थानेदार बाबूलाल हमारे दरवाजे पर खड़े थे. विधायक की आंखों में आग बरस रही थी, मानो बलात्कार मेरा नहीं, उसी की बेटी का हुआ था.

‘‘विधायक ने कहा, ‘लड़की होश में तो है. सौदा कर ले. इसी में हम दोनों की भलाई है.’

‘‘मेरे पिताजी ने गुस्से में पूछा, ‘किस का सौदा विधायकजी? अगर आप की बेटी की इज्जत लुट जाए, तो फिर भी आप सौदा करेंगे?’

‘‘इस पर थानेदार ने मेरे पिताजी के गाल पर तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘देख, जो बाबूजी कह रहे हैं, उसे कर वरना…’

‘‘इस पर मेरे पिताजी बोले, ‘मेरा क्या कर लोगे?’

‘‘विधायक ने हमें धमकाते हुए कहा, ‘अगर तुम्हें अपने एकलौते बेटे की जान प्यारी है, तो चुपचाप राजू दादा की जगह रजत का नाम लिखवा दो, नहीं तो मैं क्या करूंगा, यह तुम अच्छी तरह जानते हो. वैसे भी मेरे बेटे की रजत से बहुत पुरानी दुश्मनी है.’

‘‘इस तरह जज साहब मैं ने अपना परिवार बचाने के लिए रजत का परिवार उजाड़ दिया.’’

प्रियंका के बयान ने अंधे कानून की आंखों में रोशनी भर दी थी. अदालत में सन्नाटा पसर गया था. जज साहब हाथ में कलम थाम कर कुछ सोच रहे थे. अदालत की काररवाई बंद हो गई थी.

अगले दिन के अखबारों में प्रियंका के बलात्कार के केस की खबरें छपीं. मामला एकाएक तूल पकड़ता चला गया. पुलिस और न्याय व्यवस्था दोनों की तौहीन हो रही थी. आखिरकार पुलिस अधीक्षक ने अपनी देखरेख में मामले की जांच फिर से शुरू कर दी.

राजू दादा को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर के थरथर कंपकंपाने लगा.

8 दिन में ही दूध का दूध और पानी का पानी हो गया. राजू दादा के तीनों साथी भी पुलिस ने धरदबोचे. थानेदार बाबूलाल को भी नौकरी से हाथ धोना पड़ा. विधायक भी जेल जाने से नहीं बच पाया था.

रजत को बाइज्जत रिहा कर के जज साहब ने फैसला सुनाया, ‘‘प्रियंका के बयान और राजू दादा के इकबाले जुर्म के आधार पर अदालत राजू दादा, उस के तीनों साथियों और विधायक ज्वाला प्रसाद को उम्रकैद की सजा सुनाती है.’’

कानून ने रजत को रिहा तो कर दिया, लेकिन उस के मरे मांबाप को कौन लौटाएगा, यह सवाल हर जबान पर था.      Hindi Kahaniyan

-धर्मेंद्र परवाना

Short Story: सबक

Short Story. शबनम की गदराई जवानी कमल के लिए कयामत बन गई थी. वह हाथ धो कर शबनम के पीछे पड़ गया था.

एक दिन शबनम ने देखा कि कमल उसे भद्दे इशारे कर रहा था. वह बुदबुदाई, ‘‘गरीब की जोरू को हर कोई अपनी जोरू समझता है. फिर इन अमीरों के लौंडों को कोई कामधाम तो रहता नहीं, बस दिनरात नैनमटक्का करना है.’’

कमल की इशारेबाजी तेजी पकड़ती गई. वह देख कर अनदेखा कर देती. इस से कमल का हौसला और बढ़ता गया. अब वह जबतब उस पर फिकरे भी कसने लगा.

एक बार सुबहसवेरे जब वह गोबर फेंकने खेत में गई, तो अचानक चौंक सी पड़ी. गन्ने के खेत में छिपा कमल कूद कर उस के सामने आ गया. वह टोकरी फेंक कर उलटे पैर घर की ओर भागी. कमल भी दौड़ा, पर तब तक वह बहुत दूर जा चुकी थी.

शबनम घर पहुंच कर अकेले में खूब रोई. फिर देर तक कमल की हरकतों के बारे में सोचती रही.

एकबारगी तो शबनम के मन में आया कि वह अपने पति शकूर को सबकुछ साफसाफ बता दे, पर शकूर के शक्की स्वभाव के बारे में सोच कर उस ने उसे कुछ न बताना ही ठीक समझा.

उस ने सोचा, ‘शकूर बड़े बाप के बेटे कमल का भले ही कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा, पर उलटे मुझ पर तोहमत मढ़ कर मेरा जीना मुश्किल कर देगा.’

शबनम को अच्छी तरह याद था, जब उस ने एक बार शकूर को अपने मायके के एक ऐसे ही मजनूं की दास्तान सुनाई थी, तो उस ने महीनों तक उस का खानापानी हराम कर रखा था. यही नहीं, कई बार शकूर ने उस मजनूं का नाम ले कर शबनम को पीटा भी था.

शबनम ने फैसला किया कि बिगड़े अमीरजादे कमल को वह खुद सबक सिखाएगी.

एक दिन अकेली पा कर कमल ने शबनम का हाथ पकड़ लिया. शबनम मुसकराते हुए बोली, ‘‘कमल बाबू, मैं बदनाम नहीं होना चाहती. काम ऐसा करो कि किसी को कानोंकान न पता चले. कहीं अकेले में मिलो, तो तुम्हारे मन की मुराद पूरी कर दूं.’’

कमल तड़पते हुए बोला, ‘‘तो बोलो, कहां आ जाऊं? मैं भी यही चाहता हूं. कसम से, मैं इस बात की भनक किसी को न लगने दूंगा.’’

‘‘आज रात 12 बजे मेरे घर के पिछवाड़े आ जाओ. पीछे वाला कमरा खाली रहता है. फिर हम दोनों मिल कर मौज करेंगे,’’ शबनम ने शरारती लहजे में कहा.

कमल खुशी से झूम उठा. उस का अंगअंग थिरकने लगा. वह बोला, ‘‘ठीक है शबनम.’’

रात 12 बजे के करीब शबनम ने घर के पिछवाड़े किसी के खंखारने की आवाज सुनी. वह गहरी नींद में सोए शकूर के बगल से धीरे से उठी, फिर पीछे वाला दरवाजा खोल दिया. कमल लपक कर भीतर आ गया.

कमल ने शबनम को बांहों में भर लिया. शबनम फुसफुसाते हुए बोली, ‘‘मैं देख कर आती हूं कि शकूर कहीं जाग तो नहीं गया है. तुम चुपचाप यहीं बैठे रहना, कुछ खटरपटर मत करना.’’

शबनम धीरे से आंगन में आई, फिर सीढि़यों से हो कर छत पर जा पहुंची. उस ने ईंट का एक टुकड़ा अपने पिछवाड़े के मनोरथ की टिन वाली छत पर फेंका. फिर वह तेजी से छत से उतर कर शकूर के बगल में लेट गई.

मनोरथ के घर में सुगबुगाहट शुरू हो गई. कुछ ही देर में ‘चोरचोर’ का शोर मच गया. कुछ लोग टार्च ले कर शबनम के पिछवाड़े वाली जमीन में कूद पड़े.

शबनम ने शकूर को कुहनी मार कर जगाया. वह बोली, ‘‘सुनो, पीछे वाले घर में कुछ खटरपटर हुई है. कहीं चोर हमारे ही घर में तो नहीं है. बाहर ‘चोरचोर’ का शोर मचा है. कहीं घर के पिछवाड़े का दरवाजा खुला तो नहीं रह गया था.’’

शकूर ने तमक कर लाठी उठाई, फिर उधर ही जा लपका. कमल हड़बड़ा कर पिछवाड़े में कूद पड़ा. वहां खड़े लोग उस पर पिल पड़े.

लाठी पड़ते ही कमल जमीन सूंघने लगा. चिल्लाया, ‘‘अब न पीटो भैया, मैं कमल हूं, कमल.’’

लोग हक्केबक्के रह गए. शकूर ने आगे बढ़ कर पूछा, ‘‘यहां क्या करने आया था?’’

उस ने शकूर के पैर पकड़ लिए. बोला, ‘‘अब कुछ न पूछो चाचा. बस यह समझो कि मेरी नीयत खराब हो गई थी. मुझे अपने करनी की सजा मिल गई.’’

शबनम वहीं थोड़ी दूर खड़ी मुसकरा रही थी.      Short Story

-सुशील कुमार यादव

Short Story : पानो की मंजिल

Short Story. गरीब सुक्का और पानो के 7 बच्चे थे. वे उन्हें पढ़ालिखा कर काबिल बनाना चाहते थे. पर एक सफाई कर्मचारी और घरों में काम करने वाले इस जोड़े के लिए यह आसान नहीं था. क्या उन्हें मंजिल मिली?

तड़के 4 बजे का अंधेरा अभी पूरी तरह छंटा भी नहीं होता था कि पानो अपने काम पर निकल पड़ती. उस के हिस्से में पूरे 30 घर थे. किसी घर से 20 रुपए महीना मिलते, किसी से नकद मजदूरी के साथ हर घर से 4 रोटियां और थोड़ी सी सब्जी भी मिल जाती, जो उस के बड़े परिवार का सहारा थी.

30 घरों की सफाई करतेकरते पानो अपने घर का चूल्हाचौका कब देख पाती, उसे खुद भी पता नहीं चलता.

पानो का पति सुक्का छावनी में सफाई कर्मचारी था. सैनिकों के बीच रहने से उसे शराब आसानी से मिल जाती. रोज पीता, घर लौट कर झगड़ा भी करता, लेकिन अपने सातों बच्चों पर जान छिड़कता था. 4 बेटियां और 3 बेटे, यही उस की दुनिया थे.

2 कमरों के कच्चे मकान में रहने वाला सुक्का जब छावनी में बड़ेबड़े अफसरों को देखता, तो मन ही मन ठान लेता कि उस के बच्चे भी एक दिन इज्जत की नौकरी करेंगे.

सुक्का की ड्यूटी सैनिकों की बैरकों के शौचालय साफ करने की थी. सुबह 4 बजे सैनिकों की ट्रेनिंग शुरू होने से पहले उसे 10-10 शौचालय साफ करने होते. असहनीय बदबू से लड़ने के लिए वह अंधेरे में ही शराब की पूरी बोतल गले से उतार लेता और फिर तेजी से अपना काम पूरा करता. यह उस की मजबूरी थी, शौक नहीं.

उधर पानो भी सुबहसुबह काम पर निकल जाती. ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी सब से बड़ी बेटी रचना पर आ जाती. दादी के जिंदा रहते रचना भी 5वीं तक स्कूल जाती थी, लेकिन दादी के मरने के बाद उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी. अब वही छोटे भाईबहनों… अमर, विजय, सुरेश, निधि, सुनीता, सीमा और सब से छोटी शालू की मां बन गई थी.

रचना सब को उठाती, नहलाती, तैयार करती और स्कूल भेजती.

खुद का बचपन कब जिम्मेदारियों के बोझ तले दब गया, उसे पता ही नहीं चला.

सुक्का का काम एक ही बैरक में था, इसलिए वह जल्दी घर लौट आता. लेकिन पानो को 2 महल्लों में सफाई करनी पड़ती. घर लौटतेलौटते 11 बज जाते. नहा कर वह फिर रोटियां और सब्जी लेने निकल पड़ती.

रास्ते में उस की आवाज गूंजती, ‘‘डाक्टरनी के घर भी जाना है… सुनारनी और सरदारनी के यहां भी खाना लेना है… और रिफ्यूजी वाले घर में तो रोज की तरह पहले क्लेश होगा, फिर रोटी मिलेगी… जल्दी कर…’’

समय बदला. बड़ा बेटा अमर 8वीं पास करते ही सेना में भरती हो गया. 2 साल बाद उस की शादी हो गई और उसी के साथ रचना भी अपनी ससुराल विदा हो गई.

विजय ने 10वीं के बाद वन विभाग में क्लर्क की नौकरी पा ली. सुरेश कालेज की पढ़ाई पूरी कर टीचर बनने की राह पर चल पड़ा. सुक्का ने बेटियों निधि और सुनीता को भी कालेज भेजा.

लेकिन सीमा की दिलचस्पी पढ़ाई में नहीं थी. उसे मां के साथ बड़ेबड़े घरों में जाना अच्छा लगता था.

कई बार तो वह मां से पहले ही खाने की टोकरी ले कर रोटियां लेने निकल पड़ती.

सब से छोटी शालू अलग थी. वह मां को लोगों की गंदगी साफ करते देख तिलमिला उठती.

एक दिन उस ने कहा, ‘‘अमर भैया फौज में हैं, विजय भैया क्लर्क हैं. अब तुम क्यों यह काम करती हो? छोड़ दो इसे.’’

पानो ने शालू के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, ‘‘बेटी, इसी मैला ढोने ने तुम सब को इस काबिल बनाया है. अब यह काम तो मेरी चिता के साथ ही छूटेगा.’’

शालू ने यह बात गांठ बांध ली. उस ने पढ़ाई जारी रखी, कालेज पूरा किया और आखिरकार अपने भाई सुरेश की तरह सरकारी स्कूल में टीचर बन गई.

सुक्का का देखा गया सपना सच हो चुका था.

एक दिन बैरक में सैनिकों से गर्व से बोला, ‘‘तुम लोगों को रोज अफसर बनते और वरदी में सम्मान पाते देखा. बस वहीं से सपना लिया था. मैं ने अपने बच्चों को भी इस काबिल बना दिया. अब वे मैला नहीं ढोएंगे, बल्कि सम्मान से नौकरी करेंगे.’’

उस दिन सुक्का के हाथों से भले ही बैरक की सफाई हो रही थी, लेकिन उस के चेहरे पर पहली बार आत्मसम्मान की चमक थी. उस ने अपने बच्चों को वह विरासत नहीं दी जो उसे मिली थी, बल्कि वह भविष्य दिया जिस के लिए उस ने और पानो ने पूरी जिंदगी अपने हिस्से का अंधेरा सहा.

यही उन दोनों की सब से बड़ी जीत थी. Short Story

-शारदा नंद गौतम

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें