⚲

कलंक- भाग 3 : बलात्कारी होने का कलंक अपने माथे पर लेकर कैसे जीएंगे वे तीनों ?

उन की खामोशी से इन तीनों की घबराहट व चिंता और भी ज्यादा बढ़ गई. संजय के पिता की माली हालत अच्छी नहीं थी. इसलिए रुपए खर्च करने की बात सुन कर उस के माथे पर पसीना झलक उठा था.

‘‘फोन कर के तुम दोनों अपनेअपने पिता को यहीं बुला लो. सब मिल कर ही अब इस मामले को निबटाने की कोशिश करेंगे,’’ रामनाथ की इस सलाह पर अमल करने में सब से ज्यादा परेशानी नरेश ने महसूस की थी.

नरेश का रिश्ता कुछ सप्ताह पहले ही तय हुआ था. अगले महीने उस की शादी होने की तारीख भी तय हो चुकी थी. वह रेप के मामले में फंस सकता है, यह जानकारी वह अपने मातापिता व छोटी बहन तक बिलकुल भी नहीं पहुंचने देना चाहता था. उन तीनों की नजरों में गिर कर उन की खुशियां नष्ट करने की कल्पना ही उस के मन को कंपा रही थी. मन के किसी कोने में रिश्ता टूट जाने का भय भी अपनी जड़ें जमाने लगा था.

नरेश अपने पिता को सूचित न करे, यह बात रामनाथ ने स्वीकार नहीं की. मजबूरन उसे अपने पिता को फौरन वहां पहुंचने के लिए फोन करना पड़ा. ऐसा करते हुए उसे संजय अपना सब से बड़ा दुश्मन प्रतीत हो रहा था.

करीब घंटे भर बाद वकील राकेश का फोन आया.

‘‘रामनाथ, उस इलाके के थानाप्रभारी का नाम सतीश है. मैं ने थानेदार को सब समझा दिया है. वह हमारी मदद करेगा पर इस काम के लिए 10 लाख मांग रहा है.’’

‘‘क्या उस लड़की ने रिपोर्ट लिखवा दी है?’’ रामनाथ ने चिंतित स्वर में सवाल पूछा.

‘‘अभी तो रिपोर्ट करने थाने में कोई नहीं आया है. वैसे भी रिपोर्ट लिखाने की नौबत न आए, इसी में हमारा फायदा है. थानेदार सतीश तुम से फोन पर बात करेगा. लड़की का मुंह फौरन रुपयों से बंद करना पड़ेगा. तुम 4-5 लाख कैश का इंतजाम तो तुरंत कर लो.’’

‘‘ठीक है. मैं रुपयों का इंतजाम कर के रखता हूं.’’

संजय के लिए 2 लाख की रकम जुटा पाना नामुमकिन सा ही था. उस के पिता साधारण सी नौकरी कर रहे थे. वह तो अपने दोस्तों की दौलत के बल पर ही ऐश करता आया था. जहां कभी मारपीट करने या किसी को डरानेधमकाने की नौबत आती, वह सब से आगे हो जाता. उस के इसी गुण के कारण उस की मित्रमंडली उसे अपने साथ रखती थी.

वह इस वक्त मामूली रकम भी नहीं जुटा पाएगा, इस सच ने आलोक, नरेश और रामनाथ से उसे बड़ी कड़वी बातें सुनवा दीं.

कुछ देर तो संजय उन की चुभने वाली बातें खामोशी से सुनता रहा, पर अचानक उस के सब्र का घड़ा फूटा और वह बुरी तरह से भड़क उठा था.

‘‘मेरे पीछे हाथ धो कर मत पड़ो तुम सब. जिंदगी में कभी न कभी मैं तुम लोगों को अपने हिस्से की रकम लौटा दूंगा. वैसे मुझे जेल जाने से डर नहीं लगता. हां, तुम दोनों अपने बारे में जरूर सोच लो कि जेल में सड़ना कैसा लगेगा?’’ यों गुस्सा दिखा कर संजय ने उन्हें अपने पीछे पड़ने से रोक दिया था.

थानेदार ने कुछ देर बाद रामनाथ से फोन पर बात की और पैसे के इंतजाम पर जोर डालते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो रात में आप को बुला लूंगा या सुबह मैं खुद ही आ जाऊंगा.

नरेश के पिता विजय कपूर ने जब रामनाथ की कोठी में कदम रखा तो उन के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं.

रामनाथ ने उन्हें जब उन तीनों की करतूत बताई तो उन की आंखों में आंसू भर आए थे.

अपने बेटे की तरफ देखे बिना विजय कपूर ने भरे गले से रामनाथ से प्रार्थना की, ‘‘सर, आप इस समस्या को सुलझवाइए, प्लीज. अगले महीने मेरे घर में शादी है. उस में कुछ व्यवधान पड़ा तो मेरी पत्नी जीतेजी मर जाएगी.’’

अपने पिता की आंखों में आंसू देख कर नरेश इतना शर्मिंदा हुआ कि वह उन के सामने से उठ कर बाहर बगीचे में निकल आया.

अब संजय व आलोेक के लिए भी उन दोनों के सामने बैठना असह्य हो गया तो वे भी वहां से उठे और बगीचे में नरेश के पास आ गए.

चिंता और घबराहट ने उन तीनों के मन को जकड़ रखा था. आपस में बातें करने का मन नहीं किया तो वे कुरसियों पर बैठ कर सोचविचार की दुनिया में खो गए.

उस अनजान लड़की के रेप करने से जुड़ी यादें उन के जेहन में रहरह कर उभर आतीं. कई तसवीरें उन के मन में उभरतीं और कई बातें ध्यान में आतीं.

इस वक्त तो बलात्कार से जुड़ी उन की हर याद उन्हें पुलिस के शिकंजे में फंस जाने की आशंका की याद दिला रही थी. जेल जाने के डर के साथसाथ अपने घर वालों और समाज की नजरों में सदा के लिए गिर जाने का भय उन तीनों के दिलों को डरा रहा था. डर और चिंता के ऐसे भावों के चलते वे तीनों ही अब अपने किए पर पछता रहे थे.

संजय का व्यक्तित्व इन दोनों से अलग था. इसलिए सब से पहले उस ने ही इस समस्या को अलग ढंग से देखना शुरू किया.

‘‘हो सकता है कि वह लड़की पुलिस के पास जाए ही नहीं,’’ संजय के मुंह से निकले इस वाक्य को सुन कर नरेश और आलोक चौंक कर सीधे बैठ गए.

‘‘वह रिपोर्ट जरूर करेगी…’’ नरेश ने परेशान लहजे में अपनी राय बताई.

‘‘तुम्हारी बात ठीक है, पर बलात्कार होने का ढिंढोरा पीट कर हमेशा के लिए लोगों की सहानुभूति दिखाने या मजाक उड़ाने वाली नजरों का सामना करना किसी भी लड़की के लिए आसान नहीं होगा,’’ आलोक ने अपने मन की बात कही.

‘‘वह रिपोर्ट करना भी चाहे तो भी उस के घर वाले उसे ऐसा करने से रोक सकते हैं. अगर रिपोर्ट लिखाने को तैयार होते तो अब तक उन्हें ऐसा कर देना चाहिए था,’’ संजय ने अपनी राय के पक्ष में एक और बात कही.

‘‘मुझे तो एक अजीब सा डर सता रहा है,’’ नरेश ने सहमी सी आवाज में वार्त्तालाप को नया मोड़ दिया.

‘‘कैसा डर?’’

‘‘अगर उस लड़की ने कहीं आत्महत्या कर ली तो हमें फांसी के फंदे से कोई नहीं बचा सकेगा.’’

‘‘उस लड़की का मर जाना उलटे हमारे हक में होगा. तब रेप हम ने किया है, इस का कोई गवाह नहीं रहेगा,’’ संजय ने क्रूर मुसकान होंठों पर ला कर उन दोनों का हौसला बढ़ाने की कोशिश की.

‘‘लड़की आत्महत्या कर के मर गई तो उस के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट रेप दिखलाएगी. पुलिस की तहकीकात होगी और हम जरूर पकड़े जाएंगे. यह एसएचओ भी तब हमें नहीं बचा पाएगा. इसलिए उस लड़की के आत्महत्या करने की कामना मत करो बेवकूफो,’’ आलोक ने उन दोनों को डपट दिया.

‘‘मुझे लगता है एसएचओ को इतनी जल्दी बीच में ला कर हम ने भयंकर भूल की है, वह अब हमारा पिंड नहीं छोड़ेगा. लड़की ने रिपोर्ट न भी की तो भी वह रुपए जरूर खाएगा,’’ संजय ने अपनी खीज जाहिर की.

‘‘तू इस बात की फिक्र क्यों कर रहा है? रेप करने में सब से आगे था और अब रुपए निकालने में तू सब से पीछे है.’’

आलोक के इस कथन ने संजय के तनबदन में आग सी लगा दी. उस ने गुस्से में कहा, ‘‘अपना हिस्सा मैं दूंगा. मुझे चाहे लूटपाट करनी पड़े या चोरी, पर तुम लोगों को मेरा हिस्सा मिल जाएगा.’’

संजय ने उसी समय मन ही मन जल्द से जल्द अमीर बनने का निर्णय लिया. उस का एक चचेरा भाई लूटपाट और चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य था. उस ने उस के गिरोह में शामिल होने का पक्का मन उसी पल बना लिया. उस ने अभावों व जिल्लत की जिंदगी और न जीने की सौगंध खा ली.

नरेश उस वक्त का सामना करने से डर रहा था जब वह अपनी मां व जवान बहन के सामने होगा. एक बलात्कारी होने का ठप्पा माथे पर लगा कर इन दोनों के सामने खड़े होने की कल्पना कर के ही उस की रूह कांप रही थी. जब आंतरिक तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया तो अचानक उस की रुलाई फूट पड़ी.

रामनाथ ने अब उन्हें अपने फार्महाउस में भेजने का विचार बदल दिया क्योंकि एसएचओ उन से सवाल करने का इच्छुक था. उन के सोने का इंतजाम उन्होंने मेहमानों के कमरे में किया.

विजय कपूर अपने बेटे नरेश का इंतजार करतेकरते सो गए, पर वह कमरे में नहीं आया. उस की अपने पिता के सवालों का सामना करने की हिम्मत ही नहीं हुई थी.

सारी रात उन तीनों की आंखों से नींद कोसों दूर रही. उस अनजान लड़की से बलात्कार करना ज्यादा मुश्किल साबित नहीं हुआ था, पर अब पकड़े जाने व परिवार व समाज की नजरों में अपमानित होने के डर ने उन तीनों की हालत खराब कर रखी थी.

सुबह 7 बजे के करीब थानेदार सतीश श्रीवास्तव रामनाथ की कोठी पर अपनी कार से अकेला मिलने आया.

उस का सामना इन तीनों ने डरते हुए किया. थाने में बलात्कार की रिपोर्ट लिखवाने वह अनजान लड़की रातभर नहीं आई थी, लेकिन थानेदार फिर भी 50 हजार रुपए रामनाथ से ले गया.

‘‘मैं अपनी वरदी को दांव पर लगा कर आप के भतीजे और उस के दोस्तों की सहायता को तैयार हुआ हूं,’’ थानेदार ने रामनाथ से कहा, ‘‘मेरे रजामंद होने की फीस है यह 50 हजार रुपए. वह लड़की थाने न आई तो इन तीनों की खुशकिस्मती, नहीं तो 10 लाख का इंतजाम रखिएगा,’’ इतना कह कर वह उन को घूरता हुआ बोला, ‘‘और तुम तीनों पर मैं भविष्य में नजर रखूंगा. अपनी जवानी को काबू में रखना सीखो, नहीं तो एक दिन बुरी तरह पछताओगे,’’ कठोर स्वर में ऐसी चेतावनी दे कर थानेदार चला गया था.

वे तीनों 9 बजे के आसपास रामनाथ की कोठी से अपनेअपने घरों को जाने के लिए बाहर आए. उस लड़की का रेप करने के बाद करीब 1 दिन गुजर गया था. उसे रेप करने का मजा उन्हें सोचने पर भी याद नहीं आ रहा था.

इस वक्त उन तीनों के दिमाग में कई तरह के भय घूम रहे थे. कटे बालों वाली लंबे कद की किसी भी लड़की पर नजर पड़ते ही पहचाने जाने का डर उन में उभर आता. खाकी वरदी वाले पर नजर पड़ते ही जेल जाने का भय सताता. अपने घर वालों का सामना करने से वे मन ही मन डर रहे थे. उस वक्त की कल्पना कर के उन की रूह कांप जाती जब समाज की नजरों में वे बलात्कारी बन कर सदा जिल्लत भरी जिंदगी जीने को मजबूर होंगे.

अगर तीनों का बस चलता तो वे वक्त को उलटा घुमा कर उस लड़की को रेप करने की घटना घटने से जरूर रोक देते. सिर्फ 12 घंटे में उन की हालत भय, चिंता, तनाव और समाज में बेइज्जती होने के एहसास से खस्ता हो गई थी. इस तरह की मानसिक यंत्रणा उन्हें जिंदगी भर भोगनी पड़ सकती है, इस एहसास के चलते वे तीनों अपनेआप और एकदूसरे को बारबार कोस रहे थे.

सूखता सागर: करण की शादी को लेकर क्यों उत्साहित थी कविता?

उधर मझली दीदी को अपनी ननद के घर जा कर रिश्ते की बात करनी थी. अत: खाना खा कर कविता चुपचाप अपने कमरे में आ गई.

उधर बच्चे भी उकताने लगे भैया का ड्राइवर कार से स्टेशन तक छोड़ गया था. अटैची, बैग और थैला कुली को दे कर कविता छोटू और बबली के हाथ थाम प्लेटफार्म की तरफ बढ़ गई. बैंच पर बैठने के बाद कविता सोच में डूब गई कि लो भतीजे करण की शादी भी निबट गई. इतने महीनों से तैयारी चल रही थी, कितना उत्साह था इस शादी में आने का. पूरे 8 वर्ष बाद घर में शादी का समारोह होने जा रहा था. भैया ने तो काफी समय पहले ही सब को बुलावे के पत्र डाल दिए थे, फिर आए दिन फोन पर शादी की तैयारी की चर्चा होती रहती कि दुलहन का लहंगा जयपुर में बन रहा है… ज्वैलरी भी खास और्डर पर बनवाई जा रही है… मेहमानों के ठहरने की भी खास व्यवस्था की जा रही है…

इस में संदेह नहीं कि काफी खर्चा किया होगा भैयाभाभी ने. उन के इकलौते बेटे की शादी जो थी. पर पता नहीं क्यों इतने अच्छे इंतजाम के बावजूद कविता वह उत्साह या उमंग अपने भीतर नहीं पा सकी, जिस की उसे अपेक्षा थी. एक तो चलने के ऐन वक्त पर ही पति अनिमेष को जरूरी काम से रुकना पड़ गया था. वह तो डर रही थी कि पता नहीं भैयाभाभी क्या सोचेंगे कि इतने आग्रह से इतने दिन पहले से बुला रहे थे और दामादजी को ऐन वक्त पर कोई काम आ गया. पूरे रास्ते वह इसी भावना से आशंकित रही थी. मगर कानपुर पहुंचने पर जैसा ठंडा स्वागत हुआ उस से उस की यह धारणा बदल गई.

यहां भी तो स्टेशन पर यही ड्राइवर खड़ा था, उस के नाम की तख्ती लिए हुए. ठीक है भैया व्यस्त होंगे पर कोई और भी तो आ सकता था, लेने. घर पहुंचने पर भी किसी ने ध्यान नहीं दिया कि वह अकेली ही बच्चों के साथ आई है.

‘‘चलो कविता आ गई, बच्चे ठीक हैं, ऐसा करो श्यामलाल को साथ ले कर अपने कमरे में सामान रखवा लो, वहीं तुम्हारा चायनाश्ता भी पहुंच जाएगा. फिर नहाधो कर तैयार हो कर नीचे डाइनिंगहौल में लंच के लिए आओगी तो सब से मिल लेना,’’ भाभी बोलीं.

थकान तो थी ही सफर की, पर अब कविता का मन भी बुझ चला था. दोनों बड़ी बहनें पहले ही आ चुकी थीं. वे भी अपनेअपने कमरे में थीं. एक बड़े होटल में भैया ने सब के ठहरने का इंतजाम किया था.

थर्मस में चाय और साथ में नाश्ते की प्लेटें रख कर नौकर चला गया. चाय पी कर कुछ देर लेटने का मन हो रहा था पर बच्चों का उत्साह देख कर उन्हें नहला कर तैयार कर दिया. स्वयं भी तैयार हुई.

तभी कमरे में इंटरकौम की घंटी बजने लगी. शायद खाने के लिए सब लोग नीचे पहुंचने लगे थे. बड़ी दीदी और मझली दीदी से वहीं मिलना हुआ.

‘‘अरे कविता, इधर आ… बहुत दिनों बाद मिली है,’’ मझली दीदी ने दूर से ही आवाज दी.

बड़ी दीदी के घुटनों में तकलीफ थी, इसलिए सब उन्हें घेरे बैठे थे. भैया भी 2 मिनट को उधर आए. कुछ देर की औपचारिकता के बाद उन्हें ध्यान आया, ‘‘अरे, अनिमेष कहां है?’’

‘‘आ नहीं पाए भैया, क्या करें ऐन वक्त पर ही…’’

वह कुछ और कहने की भूमिका बना ही रही थी कि भैया ने बीच में ही टोक दिया, ‘‘कोई बात नहीं, तुम आ गईं, बच्चे आ गए… चलो अब बहनों के साथ गपशप करो,’’ कहते हुए भैया आगे बढ़ गए.

बड़ी दीदी के पास अपने घरपरिवार की उलझनें थीं तो मझली दीदी यहां अपनी बेटी के लिए रिश्ता खोज रही थीं.

‘‘दीदी, हम लोग एक ही हौल में रहते तो अच्छा रहता, देर रात तक गपशप करते… अब अपनेअपने कमरे में बंद हैं तो किसी की शक्ल तक नहीं दिखती कि कौनकौन मेहमान आए हैं, कहां ठहरे हैं, कैसे हैं. बस, खाने के समय मिल लो,’’ कविता के मुंह से निकल ही गया.

पर बड़ी दीदी तो अपनी ही उधेड़बुन में थीं. बोलीं, ‘‘मुझे तो अभी बाजार निकलना होगा. दर्द तो है घुटनों में पर किसी का साथ मिल जाता तो हो आती, बहू ने साडि़यां मंगवाई थीं… आज ही समय है. भाभी से ही कहती हूं कि गाड़ी का इंतजाम कर दें…’’

थे, ‘‘ममा, हम किस के साथ खेलें? हमारी उम्र का तो कोई है ही नहीं.’’

‘‘नीचे बगीचे में घूम आओ या फिर टीवी देख लेना.’’

बच्चों को भेज कर कविता लेट तो गई, पर नींद आंखों से कोसों दूर थी. 12 वर्ष पहले उस का स्वयं का विवाह हुआ था. फिर 8 साल पहले चचेरी बहन पिंकी का. अभी तक सारे विवाह अपने पुश्तैनी घर में ही होते रहे थे. घर छोटा था तो क्या हुआ, सारे मेहमान उस में आ जाते. आंगन में ही रात को सब की खाटें बिछ जातीं. दिन भर गहमागहमी रहती. शादी का माहौल दिखता. ढोलक की थाप पर नाचगाना होता. पिंकी के विवाह में जब आशा बूआ नाच रही थीं तो बच्चे हंसहंस कर लोटपोट हो रहे थे.

‘‘हाय दइया ततैयों ने खा लयोरे…’’ कहते हुए वे साड़ी घुटनों तक उठा लेतीं.

सब लोग हा…हा… कर के हंसते. तभी बड़ी ताईजी सब को डांटतीं कि बेटी का ब्याह है कोई नौटंकी नहीं हो रही, समझीं? पर फिर भी सब हंसते रहते और वही माहौल बना रहता. आज मांबाबूजी हैं नहीं, ताईजी भी इतनी बूढ़ी हैं कि कहीं आ जा नहीं सकतीं. बस छोटी बूआ आई हैं, दीदी बता रही थीं. पर वे भी शायद अकेली किसी कमरे में होंगी.

हां, दीदी कह तो रही थीं किसी से कि एक थाली कमरे में भिजवा दो. उस समय तो हलवाइयों की रौनक, मिठाई, नमकीन सब की खुशबू हुआ करती थी शादीब्याह के माहौल में, पर यहां तो बस चुपचाप अपने कमरे में बंद हैं. लग ही नहीं रहा है कि अपने घर की शादी में आए हैं.

शाम को बरात को रवाना होना था, बरात क्या होटल में ठहरे मेहमानों को ही चलना था, पास ही के एक दूसरे होटल में लड़की वाले ठहरे थे, वहीं शादी होनी थी.

पर जब तक कविता तैयार हो कर बच्चों को ले कर नीचे आई तो पता चला कि भैयाभाभी और करण तो पहले ही जा चुके हैं. कुछ लोग अब जा रहे थे, दोनों दीदियां भी नीचे खड़ी थीं.

‘‘अरे दीदी, करण का तिलक भी तो होना था,’’ कविता को याद आया.

‘‘अब रहने दे, सब लोग वहां पहुंच चुके हैं… नीचे ड्राइवर इंतजार कर रहा है,’’ कहते हुए मझली दीदी आगे बढ़ गईं.

ऐसा लग रहा था जैसे किसी दूसरे परिचित की शादी हो, खाने की अलगअलग मेजें लगी थीं, जैसा कि होटलों में होता है. सब लोग मेजों पर पहुंचने लगे.

‘‘फेरों के समय तो अपनी कोई जरूरत है नहीं,’’ बड़ी दीदी कह रही थीं.

‘‘और क्या, मेरी तो वैसे भी रात को देर तक जागने की आदत है नहीं. सुबह फिर जल्दी उठना है, 7 बजे की ट्रेन है, तो 6 बजे तक तो निकलना ही होगा,’’ मझली दीदी बोलीं.

तभी भाभी की छोटी बहन ममता हाथ में ढेर से पैकेट लिए आती दिखी.

‘‘दीदी आप लोग तो कल ही जा रहे हो न तो अपनेअपने गिफ्ट संभालो,’’ कहते हुए उस ने सभी को पैकेट और मिठाई के डब्बे थमा दिए.

‘‘पर मेरी तो ट्रेन सुबह 10 बजे की है, अभी इतनी जल्दी क्या है?’’ कविता के मुंह से निकला.

‘‘वह तो ठीक है पर दीदी जीजाजी को कहां सुबह समय मिल पाएगा, रात भर के थके होंगे. हां, आप अपने नाश्ते के समय लंच का डब्बा जरूर सुबह ले लेना.’’

मझली दीदी ने तो तब तक एक पैकेट के कोने से अंदर झांक भी लिया, ‘‘साड़ी तो बढि़या दी है भाभी ने,’’ वे फुसफुसाईं.

पर कविता चुप थी. अंदर कमरे में आ कर भी उसे देर तक नींद नहीं आई थी. रिश्ते क्या इतनी जल्दी बदल जाते हैं? क्या अब लेनादेना ही शेष रह गया है? प्रश्न ही प्रश्न थे उस के मन में जो अनुत्तरित थे.

सुबह चायनाश्ते के बाद वह तैयार हो कर नीचे उतरी तो भैयाभाभी नीचे ही खड़े थे.

‘‘कविता, तुम्हारा गिफ्ट पैक मिल गया है न… और हां, ड्राइवर नीचे ही है. तुम्हें स्टेशन तक छोड़ देगा. श्याम, गाड़ी में सामान रखवा दो,’’ भैया ने नौकर को आवाज दी.

इस तरह कविता की विदाई भी हो गई. दोनों दीदियां सुबह ही जा चुकी थीं. ड्राइवर को किसी और को भी छोड़ना था, इसलिए कविता को 2 घंटे पहले ही स्टेशन उतार गया.

बैंच पर बैठेबैठे कविता अनमनी सी हो गई थी. अभी भी घोषणा हो रही थी कि ट्रेन और 2 घंटे लेट है.

‘‘लो…’’ उस के मुंह से निकल ही गया.

‘‘ममा, हमें तो भूख लगी है…’’ छोटू की आवाज गूंजी तो उस ने एक पैकेट खोल लिया.

‘‘और कुछ खाना हो तो सामने से ले आऊं, अभी ट्रेन के आने में देर है.’’

‘‘हां ममा, जूस पीना है.’’

‘‘मुझे भी…’’

‘‘ठीक है, अभी लाती हूं.’’

‘बच्चे साथ थे तो मन कुछ बहल गया… अकेली होती तो…’ सोचते हुए कविता आगे बढ़ गई.

ट्रेन में बैठ कर बच्चे तो सो गए पर कविता चुपचाप खिड़की के बाहर देख रही थी… ‘पीछे छूटते वृक्ष, इमारतें… शायद ऐसे ही बहुत कुछ छूटता जाता है…’ सोचते हुए उस ने भी आंखें मूंद लीं.

अजनबी: आखिर कौन था उस दरवाजे के बाहर

‘‘नाहिद जल्दी उठो, कालेज नहीं जाना क्या, 7 बज गए हैं,’’ मां ने चिल्ला कर कहा. ‘‘7 बज गए, आज तो मैं लेट हो जाऊंगी. 9 बजे मेरी क्लास है. मम्मी पहले नहीं उठा सकती थीं आप?’’ नाहिद ने कहा.

‘‘अपना खयाल खुद रखना चाहिए, कब तक मम्मी उठाती रहेंगी. दुनिया की लड़कियां तो सुबह उठ कर काम भी करती हैं और कालेज भी चली जाती हैं. यहां तो 8-8 बजे तक सोने से फुरसत नहीं मिलती,’’ मां ने गुस्से से कहा. ‘‘अच्छा, ठीक है, मैं तैयार हो रही हूं. तब तक नाश्ता बना दो,’’ नाहिद ने कहा.

नाहिद जल्दी से तैयार हो कर आई और नाश्ता कर के जाने के लिए दरवाजा खोलने ही वाली थी कि किसी ने घंटी बजाई. दरवाजे में शीशा लगा था. उस में से देखने पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था क्योंकि लाइट नहीं होने की वजह से अंधेरा हो रहा था. इन का घर जिस बिल्ंि?डग में था वह थी ही कुछ इस किस्म की कि अगर लाइट नहीं हो, तो अंधेरा हो जाता था. लेकिन एक मिनट, नाहिद के घर में तो इन्वर्टर है और उस का कनैक्शन बाहर सीढि़यों पर लगी लाइट से भी है, फिर अंधेरा क्यों है? ‘‘कौन है, कौन,’’ नाहिद ने पूछा. पर बाहर से कोई जवाब नहीं आया.

‘‘कोई नहीं है, ऐसे ही किसी ने घंटी बजा दी होगी,’’ नाहिद ने अपनी मां से कहा. इतने में फिर घंटी बजी, 3 बार लगातार घंटी बजाई गई अब.

?‘‘कौन है? कोई अगर है तो दरवाजे के पास लाइट का बटन है उस को औन कर दो. वरना दरवाजा भी नहीं खुलेगा,’’ नाहिद ने आराम से मगर थोड़ा डरते हुए कहा. बाहर से न किसी ने लाइट खोली न ही अपना नाम बताया. नाहिद की मम्मी ने भी दरवाजा खोलने के लिए मना कर दिया. उन्हें लगा एकदो बार घंटी बजा कर जो भी है चला जाएगा. पर घंटी लगातार बजती रही. फिर नाहिद की मां दरवाजे के पास गई और बोली, ‘‘देखो, जो भी हो चले जाओ और परेशान मत करो, वरना पुलिस को बुला लेंगे.’’

मां के इतना कहते ही बाहर से रोने की सी आवाज आने लगी. मां शीशे से बाहर देख ही रही थी कि लाइट आ गई पर जो बाहर था उस ने पहले ही लाइट बंद कर दी थी. ‘‘अब क्या करें तेरे पापा भी नहीं हैं, फोन किया तो परेशान हो जाएंगे, शहर से बाहर वैसे ही हैं,’’ नाहिद की मां ने कहा. थोड़ी देर बाद घंटी फिर बजी. नाहिद की मां ने शीशे से देखा तो अखबार वाला सीढि़यों से जा रहा था. मां ने जल्दी से खिड़की में जा कर अखबार वाले से पूछा कि अखबार किसे दिया और कौनकौन था. वह थोड़ा डरा हुआ लग रहा था, कहने लगा, ‘‘कोई औरत है, उस ने अखबार ले लिया.’’ इस से पहले कि नाहिद की मां कुछ और कहती वह जल्दी से अपनी साइकिल पर सवार हो कर चला गया.

अब मां ने नाहिद से कहा बालकनी से पड़ोस वाली आंटी को बुलाने के लिए. आंटी ने कहा कि वह तो घर में अकेली है, पति दफ्तर जा चुके हैं पर वह आ रही हैं देखने के लिए कि कौन है. आंटी भी थोड़ा डरती हुई सीढि़यां चढ़ रही थी, पर देखते ही कि कौन खड़ा है, वह हंसने लगी और जोर से बोली, ‘‘देखो तो कितना बड़ा चोर है दरवाजे पर, आप की बेटी है शाजिया.’’ शाजिया नाहिद की बड़ी बहन है. वह सुबह में अपनी ससुराल से घर आई थी अपनी मां और बहन से मिलने. अब दोनों नाहिद और मां की जान में जान आई.

मां ने कहा कि सुबहसुबह सब को परेशान कर दिया, यह अच्छी बात नहीं है.

शाजिया ने कहा कि इस वजह से पता तो चल गया कि कौन कितना बहादुर है. नाहिद ने पूछा, ‘‘वह अखबार वाला क्यों डर गया था?’’ शाजिया बोली, ‘‘अंधेरा था तो मैं ने बिना कुछ बोले अपना हाथ आगे कर दिया अखबार लेने के लिए और वह बेचारा डर गया और आप को जो लग रहा था कि मैं रो रही थी, दरअसल मैं हंस रही थी. अंधेरे के चलते आप को लगा कि कोई औरत रो रही है.’’

फिर हंसते हुए बोली, ‘‘पर इस लाइट का स्विच अंदर होना चाहिए, बाहर से कोई भी बंद कर देगा तो पता ही नहीं चलेगा.’’ शाजिया अभी भी हंस रही थी. आंटी ने बताया कि उन की बिल्ंिडग में तो चोर ही आ गया था रात में. जिन के डबल दरवाजे नहीं थे, मतलब एक लकड़ी का और एक लोहे वाला तो लकड़ी वाले में से सब के पीतल के हैंडल गायब थे.

थोड़ी देर बाद आंटी चाय पी कर जाने लगी, तभी गेट पर देखा उन के दूसरे दरवाजे, जिस में लोहे का गेट नहीं था, से पीतल का हैंडल गायब था. तब आंटी ने कहा, ‘‘जो चोर आया था उस का आप को पता नहीं चला और अपनी बेटी को अजनबी समझ कर डर गईं.’’ सब जोर से हंसने लगे.

आखिर क्या कमी थी- भाग 3 : क्यों विजय की पत्नी ने किया उसका जीना हराम

‘‘जानती थी कि तुम अपने भाई की वकालत करोगे. उसी विजय के सगे हो न. वही तुम्हारा सबकुछ है. मैं तो कल भी आप सब के लिए मुफ्त की नौकरानी थी और आज भी. इस घर में मेरी बस इतनी ही जगह है कि आने वाले को सलाम करूं और जाने वाले से कुछ भी न पूछूं…इस में मैं किसी को कोई दोष नहीं देती क्योंकि मेरा यही हाल होना चाहिए था. ज्यादा शराफत भी इनसान को कहीं का नहीं छोड़ती.’’

अवाक् रह गए थे हम दोनों. शोभा की सूरत तो रोने जैसी हो गई. नीरा भाभी का यह रूप उस ने कहां सोचा था. कभी मेरा मुंह देखती और कभी भाभी का.

‘‘भाभी, आप ऐसा क्यों कह रही हैं? मेरी जान निकल जाएगी घबराहट से.’’

‘‘मैं ने भी सोचा था, मेरी जान निकल जाएगी लेकिन निकली कहां है… देखो न मैं जिंदा हूं. रिश्तों की मानमर्यादा का बहुत महत्त्व होता है. इतना तो तुम जानते हो न. सच कहा तुम ने, इनसान विश्वास की डोर के सहारे ही दूरदूर तक उड़ता है. मैं भी उसी डोर के सहारे 15 साल से उड़ रही थी. कितना कर्ज था विजय के सिर पर. सब तुम जानते हो न, तब कैसेकैसे मेहनत कर मैं पैसे बचाती रही. कुछ पैसे जमा हो जाते तो कर्ज की एक किस्त उतर जाती. मैं पाईपाई जोड़ती रही और तुम्हारा दोस्त पाईपाई बाहर लुटाता रहा.

‘‘बोनस मिलता रहा और आफिस के काम के बहाने दोस्तों के साथ बाहर घूमनेफिरने जाता रहा. वह हर साल जाता है. उसे कभी मेरा सूना गला या सूनी कलाइयां नजर नहीं आईं? मेरी कुरबानी को उस ने अपना अधिकार ही मान लिया, क्या यह घर सिर्फ मेरा है?

‘‘मैं किसी शक के बिना पर ऐसा नहीं कह रही हूं. अपने कानों से मैं ने विजय को अग्रवाल के साथ बातें करते सुना है. 3 महीने पहले उसे जो बोनस मिला उस का इस्तेमाल कैसे हुआ था. वही चटखारे लगालगा कर दोनों आपस में बातें कर रहे थे. विजय को लगा था कि मैं घर पर नहीं हूं. अपने भीतर के जानवर को उस ने कबकब, कहांकहां और कैसेकैसे खुश किया, कहो तो एकएक शब्द बोल कर सुनाऊं आप दोनों को? सुनोगे?’’

मुझ में काटो तो खून नहीं रहा. यह तो सच है कि हर साल विजय कुछ दिन के लिए बाहर जाता है. वैसे भी जब से उस की पदोन्नति हुई है, उस का बाहर का काम ज्यादा रहता है. कोई कब कहां जा रहा है और वहां क्या करता है, कोई कैसे जान सकता है?

‘‘तुम्हारे दोस्त के पास पत्नी के लिए एक सूती धोती तक लाने के पैसे कभी नहीं हुए. खुद बाहर से मौजमस्ती कर के आता रहा और मैं आगेपीछे घूमती रही कि बेचारे आफिस के काम से थक कर आए हैं.

‘‘तुम्हीं बताओ मुझ से कहां चूक हुई? कभी कुछ मांगा नहीं, क्या इसी का असर यह हुआ कि मेरी सारी इच्छाएं ही मर गईं. उन की हर इच्छा जागती रही और मेरी इच्छाओं का क्या?’’

रो रही थीं भाभी. तनिक झुकीं फिर आंसू पोंछ हंस दीं.

‘‘अच्छा बेवकूफ बनाया मुझे मेरे पति ने…’’

‘‘आप के इस व्यवहार का बच्चों पर क्या असर होगा, भाभी?’’

‘‘बच्चे सिर्फ मेरे हैं क्या? अब तो जो हो गया सो हो गया. जब बच्चों के पिता ने घर की चौखट लांघी थी तब क्या उस ने सोचा था कि इस का उस

के बच्चों पर क्या असर होगा. जानती हूं, विजय ने ही तुम्हें मेरे पास समझाने के लिए भेजा है क्योंकि अब घर पर उन के पैर दबाने को मैं जो नहीं मिलती उन्हें.’’

क्या उत्तर देता मैं? भाभी कहां गलत हैं? क्या करतीं वे जब उन्होंने अपने पति की रासलीलाएं उसी के मुंह से सुनी होंगी. बुरी तरह ठगा हुआ महसूस किया होगा स्वयं को. रिश्ते को काट कर फेंक न देती तो क्या करतीं. मुझे भी तो ठगा है न विजय ने, इतनी पुरानी दोस्ती में अपने चरित्र का यह रूप तो मुझे कभी दिखाया ही नहीं. अपनी वकालत के लिए भाभी के पास भी भेज दिया. चुपचाप वापस लौट आए हम, लेकिन रात भर सो नहीं पाए. शोभा की नजर मुझ पर यों पड़ रही थी मानो मैं भी कहीं न कहीं भाभी का गुनहगार हूं.

दूसरी सुबह विजय मुझ से मिला. तरस भी आ रहा था मुझे उस पर और क्रोध भी.

‘‘भाभी ने सब से पहले कब तुम पर चीखनाचिल्लाना शुरू किया बता सकते हो, कोई बात हुई थी क्या?’’

‘‘नहीं तो, कोई भी बात नहीं हुई थी.’’

‘‘पिछली बार जब तुम शिमला गए थे तब वहां होटल में क्याक्या किया था, क्या याद है तुम्हें…दिल्ली और उदयपुर का तजरबा भी खासा रंगीन था, याद आया…’’

विजय के चेहरे का उड़ता रंग मुझे सारी सचाई बता गया और उसी पल मुझे लगा भाभी की तरह मैं ने भी विजय को खो दिया.

‘‘भाभी ने तुम्हारी वे सारी बातें सुन ली थीं जब तुम शिमला से वापस आने पर अपने सहयोगी अग्रवाल से बात कर रहे थे. तब तुम्हें यह पता नहीं था कि वे घर में ही हैं.’’

मानो विजय नंगा हो गया. क्या कहे अपनी सफाई में? प्रत्यक्ष को प्रमाण की क्या जरूरत थी.

‘‘अपनी गृहस्थी में तुम ने खुद आग लगाई है. चरित्र तुम्हारा घिनौना है और आरोप भाभी पर लगा रहे हो. क्या तुम्हारी आंखों में जरा सी भी शर्म है? सारी कालोनी में तुम बदनाम हो गए, इस में दोष किस का है?…

‘‘…और कैसे प्रतिक्रिया करे वह औरत जिस के अटूट विश्वास को ही तुम ने चौराहे का मजाक बना दिया. ईमानदार पति तो पत्नी का अभिमान होता है न. तुम ने जो किया उस के बाद वे तुम्हारी परछाईं से दूर न भागें तो क्या करेें. बेचारी अपना लहूलुहान विश्वास ले कर अलग कमरे में क्यों न चली जाएं.’’

‘क्योंभरोसा करें भाभी उस इनसान पर जो खुद को पाकसाफ बताता रहा और भाभी को ही चरित्रहीन कहता रहा. वजह यह बताई कि शायद वही अपनी जरूरतों के लिए कहीं और से जुड़ गई है जिस कारण अब विजय की जरूरत कभी महसूस ही नहीं होती उन्हें.

‘‘तुम्हें आज भी बच्चों के भविष्य की चिंता नहीं है. तकलीफ है तो इस बात की कि अब भाभी ने तुम्हारी जरूरतें पूरी करनी छोड़ दी हैं. मुफ्त की औरत नसीब नहीं होती तुम्हें.’’

‘‘नीरा सबकुछ जान कर भी चुप रह सकती थी. अकेला मैं ही तो ऐसा नहीं हूं जो बाहर से मौजमस्ती कर के लौटता हूं,’’ विजय का उत्तर था.

वास्तव में मुझे उस पर शर्म आई उस पल. क्या यह वही विजय है? सच कहा है बुजुर्गों ने. कोई भी अनैतिकता अपनाने जाओ तो बस एक बार की ही जरा सी झिझक होती है. किसी पर गोली चलाने वाले के हाथ भी बस पहली बार ही कांपते हैं. समझ नहीं पा रहा हूं विजय के संस्कार क्यों और कब भटक गए. वह इतना कमजोर तो कभी नहीं था.

‘‘इतने महंगे शौक क्या उस इनसान को शोभा देते हैं जिस के सिर पर आज तक बहन की शादी का कर्ज है.

‘‘ईमानदार के सामने चरित्रहीनता परोस दोगे तो बेचारा कैसे निगल पाएगा? नहीं पचा सकीं सो उलट दिया उस गरीब ने. सहने की भी एक सीमा होती है, विजय. और मुझे अफसोस हो रहा है कि अपनी करनी पर तुम्हें जरा सी भी आत्म- ग्लानि नहीं है.’’

चुप रहा विजय. अपनी भूल पर शर्म तो नहीं आई उसे लेकिन इस बात की चिंता अवश्य हो रही थी कि लोग क्या कहेंगे. समाज क्या कहेगा, क्योंकि समाज से कट कर रहने के लिए बहुत बड़ा कलेजा चाहिए.

‘‘जवान होते बेटों के पिता हो तुम. यह मत सोचना भाभी अकेली हैं. जरूरत पड़ी तो मैं भी तुम्हारा साथ नहीं दूंगा. जो कर चुके हो सो कर चुके हो, आगे की सोचो, तुम्हारी भूल तुम्हारी है, प्रायश्चित्त भी तुम्हीं को करना है. किसी तरह अपना घर बचाने का प्रयत्न करो, विजय.’’

विजय को समझाबुझा कर किसी तरह मैं चला तो आया लेकिन मेरे प्रयास का क्या प्रभाव होगा, नहीं जानता. आसार भी इस तरह के नहीं लग रहे थे कि जल्दी कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी.

‘‘भाभी ने कल बच्चों का और अपना एचआईवी टैस्ट कराया है. अभी रिपोर्ट नहीं आई. पता नहीं क्या होगा. दम घुट रहा है मेरा.’’

शाम को रोंआसी सी शोभा ने खबर सुनाई. सकते में आ गया मैं भी. एक इनसान का गलत कदम पूरे परिवार को कैसे मुसीबत में डाल देता है, मैं बड़ी गहराई से महसूस कर रहा था.

कल से शोभा के चेहरे की भावभंगिमा भी विचित्र सी ही है. प्रश्न सा लिए मुझे निहारती हैं उस की बड़ीबड़ी आंखें. भाभी का परिवार सदा से मेरा भी परिवार रहा है. कहीं उसी का दुष्प्रभाव तो नहीं, जो शोभा की आंखों में भी संदेह के बादल मैं साफसाफ पढ़ रहा हूं.

‘‘क्या मैं भी शीना और अपना टैस्ट करवा लूं? क्या मुझे भी इस की जरूरत है?’’

हजारों प्रश्न अपने एक ही प्रश्न में समेटे शोभा ने अपने होंठ खोले. कल रात से ही शोभा भी परेशान सी है. चौंक कर मैं ने उस की ओर देखा.

‘‘क्या मतलब?’’ बड़ी मेहनत करनी पड़ी मुझे यह सवाल पूछने में 10 साल पुराना संबंध क्या किसी ऐेसे प्रश्न का मोहताज हो गया? विजय का परम मित्र हूं न जिस का हरजाना मुझे भी भरना पड़ेगा, विजय के घर में उठने वाला तूफान मेरे भी घर की दीवारें फाड़ कर भीतर चला आया था.

शोभा का चेहरा सफेद पड़ गया मेरा चेहरा देख कर. क्या समझ रही है वह मेरे चुप रहने का मतलब. लपक कर समीप चला आया मैं. यह क्या हो रहा है शोभा को?

‘‘अगर आप भी वैसे ही हैं तो पास मत आइए…’’

‘‘शोभा, यह क्या कह रही हो तुम?’’

‘‘अगर मेरी आंखों पर कोई परदा है तो बता दीजिए…विजय भैया की तरह आधे रास्ते में…’’

‘‘पागल हो गई हो क्या?’’

रो पड़ा था मैं भी. कस कर छाती से भींच लिया शोभा को. माथे पर प्रगाढ़ चुंबन देते हुए समझाने का प्रयास किया.

‘‘शीना की कसम. कहीं कोई परदा नहीं है. जो तुम्हारी आंखों के सामने है वही तुम्हारी पीठ के पीछे भी है.’’

फूटफूट कर रोने लगी शोभा. पास खड़ी शीना भी सहम गई मां की इस हालत पर. इशारे से बच्ची को पास बुलाया. अपने छोटे से परिवार को बांहों में बांध मैं सोचने लगा, ‘आखिर क्या कमी थी विजय को? क्षणिक सुख की चाह में क्यों उस ने पूरे परिवार की खुशी और जान सूली पर चढ़ा दी.’

शीना मेरे गाल चूम रही थी और उस मासूम के चुंबन में भी मैं इस का उत्तर खोज रहा था कि क्या कमी है मुझे जो मैं भटक जाऊं? क्या कमी थी विजय के पास जो वह भटक गया? आखिर क्या कमी थी?

क्या आप का बिल चुका सकती हूं : भाग 3

फिर हम झील में बदलते नजारों में डूबने का अभिनय सा करते रहे.

चुप्पी लंबी हो गई तो मैं ने कहा, ‘‘उस रोज तुम ने मेरी पुकार नहीं सुनी और चले गए…मुझ से बचना चाहा तुम ने…मगर आज क्यों तुम ने मुझे पुकारा?’’

वह मेरे चेहरे को देखता रहा, फिर बोला, ‘‘आप अकेली बैठी थीं. कितनी ही देर से आप के चेहरे पर अकेलेपन की मायूसी देखता रहा, कैसे न पुकारता? पुकारने से बचना और किसी मायूस से बच कर भागना एक ही बात है. कैसी विडंबना है…अब सोच रहा हूं, आप से यह भी नहीं पूछा कि आप करती क्या हैं?’’

मैं यह सोच कर हंसी कि फंस गए बच्चू, इस दुनिया में बहुत कुछ तय नहीं किया जा सकता. अगर किया भी जा सके तो अगले ही पल वह होता है जिस की कल्पना भी नहीं की जा सकती.

वह चुप रहा. काफी देर के बाद उस ने पूछा, ‘‘घर से निकलते वक्त आप के मन में क्या होता है?’’

‘‘अज्ञात ऐडवैंचर. मैं लगातार घूमती हूं. अपना खुद का तकिया और चादर भी साथ रखती हूं, ताकि देह जहां तक हो, बनी रहे लेकिन जानती हूं कि मेरे हाथ में कल नहीं है.’’

वह मुसकराया, ‘‘इस क्षण मेरे लिए क्या सोचती हैं आप?’’

मैं हंसी, ‘‘इतना तो तय हो ही सकता है कि मैं अपने खाएपिए के अपने हिस्से का हिसाब चुकता करूं…तुम्हें ‘आप’ कह कर तुम से मिला हुआ परिचय तुम्हें लौटाऊं और हम अपनाअपना रास्ता लें.’’

‘‘ऐसा रास्ता है क्या, जिस पर सामने ठिठक जाने वाले लोग मिलते ही नहीं? ऐसा परिचय होता है क्या जिसे समूचा पोंछा जा सके? और अनाम रिश्तों में ‘तुम’ से ‘आप’ हो जाने से क्या होता है?’’

‘‘बातें तो बहुत बड़ीबड़ी कर रहे हो…तुम्हारी उम्र क्या है?’’

‘‘दुनिया से दफा हो जाने तक की तो नहीं जानता, पर अगली 1 जून को 30 का हो रहा हूं.’’

मैं चौंकी, ‘‘तुम तो मुझ से बड़े निकले… लगते तो छोटे हो.’’

‘‘हां, अकसर इसी धोखे में बच्चा ही बना रह जाता हूं बड़ों में…’’

‘‘जैसा दिखते हो वैसा स्वभाव भी है तुम्हारा…इसे चलनेफलने दो.’’

‘‘ऐसा मैं भी सोचता रहा, पर…’’

‘‘पर क्या?’’ मैं बीच में बोल पड़ी, ‘‘यही न कि अगर मेरे जैसी कोई तुम्हें पसंद आए तो तुम ज्यादा बचाव न कर उस पर हक जमा सको.’’

‘‘नहीं…ऐसा तो नहीं, क्योंकि मैं स्वयं नहीं चाहता अपने पर किसी का ऐसा अधिकार…फिर जो भीतरबाहर से सुंदर और बहुत हट कर होते हैं, उन का मेरे जैसे घुमक्कड़ व्यक्ति के लिए सुलभ रहना संभव नहीं है.’’

‘‘अगर तुम्हें पता चले कि राशा कुछ महीने की मेहमान है तो?’’

‘‘मुझे ऐसा मजाक पसंद नहीं.’’

‘‘लेकिन मौत ऐसे मजाक पसंद करती है.’’

‘‘क्या राशा को कुछ हुआ है?’’

‘‘किस को कब क्या नहीं हो सकता? मैं इतना जानती हूं कि अगर अभी राशा को यह पता चल जाए कि तुम मेरे साथ हो तो वह हमें अपने पास बुला लेगी या खुद यहां चली आएगी.’’

‘‘मिलन को बुनती ज्यादातर बातें सच तो होती हैं पर झूठ हो जाने के लिए ही. सच तभी बनता है जब किसी आकस्मिक घटना पर सहसा हम कुछ करने को बेचैन हो उठते हैं. जैसे कि हमारा उस रोज का मिलना और अचानक आज मिलना…आप जिंदगी को वाक्यसूत्रों में नहीं पिरो सकतीं.’’

‘‘ओह…मैं भूल ही गई थी…मुझे जल्दी होटल पहुंचना है…’’ कह कर मैं काउंटर पर बिल देने के लिए जाने लगी तो वह मुझे रोक कर बोला, ‘‘आज का दिन मेरा है. प्लीज, यह बिल भी मुझे चुकाने दीजिए न.’’

‘‘किसी पर अधिकार जताने के मौके हमारे हाथ कितनी खूबसूरती से लग जाते हैं,’’ मेरे मुंह से निकला और हम दोनों हंस पड़े.

वह काउंटर पर जा कर लौटा तो मैं ने उस की तरफ हाथ बढ़ा कर कहा, ‘‘चलती हूं…कभी सहसा संयोग बना तो फिर मिलेंगे…बहुत अच्छे हो तुम…अच्छे यानी जैसे भी हो…’’

उस ने मेरे बढ़े हुए हाथ को देखा… मुसकरा कर हाथ जोड़े और बोला, ‘‘हाथ नहीं मिलाऊंगा.’’

उस ने मेरे लौटते हुए हाथ को अपने हाथ में सहेज लिया और मेरे साथ चल पड़ा. हम आगे तक निकल गए.

‘‘क्या करती हैं आप?’’ बहुत देर बाद मेरा हाथ छोड़ कर उस ने पूछा.

‘‘गलती से साइकिएट्रिस्ट हूं. मनोविद या मनोचिकित्सक कहलाना बहुत आसान है. इस दुनिया में जीने के लिए फलसफे और मन के विज्ञान नहीं, अनाम प्रेम चाहिए…या मजबूरी में कोई मौलिक जुगाड़.’’

वह मेरे होटल तक आया और चुपचाप खड़ा हो गया.

मैं सहसा हंस पड़ी.

वह भी हंसा.

‘‘अब क्या करें?’’ मेरे मुंह से निकला.

‘‘अलविदा और क्या?’’ उस ने हाथ बढ़ाया.

‘‘मैं मन में उस लड़की की तसवीर बनाने की कोशिश करूंगी, जिसे उस रोज मुझे देख कर तुम ने याद किया था…’’ मैं ने उस का हाथ बहुत आहिस्ता से छोड़ते हुए कहा.

‘‘कोई जरूरत नहीं…तिल भर का भी फर्क नहीं है. आप के पास आईना नहीं है क्या?’’ कह कर वह चला गया.

मैं देर तक ठगी सी खड़ी रह गई.

मंजिल पर अ बैठी थी. दूसरे एक विभाग की इंचार्ज डा. सविता मेरे साथ थी. तभी उस की एक सहयोगी आ कर बोली, ‘‘डाक्टर…आप की वह 14 नंबर की मरीज…उसे आज डिस्चार्ज करना है, मगर उस के बिल अभी तक जमा नहीं हुए…आपरेशन के बाद से अब तक 25 हजार की पेमेंट बकाया है.’’

‘‘ओह, इतनी नहीं होनी चाहिए. 30 हजार रुपए तो जमा कर चुके हैं बेचारे. बड़ा नाम सुन कर आए थे इस अस्पताल का…और ये लोग मजबूर मरीजों को लूट रहे हैं. उस का पति क्या कहता है?’’

‘‘कह रहा है कि उस ने अपनी जानपहचान वालों को फोन किए हैं…शायद कुछ उपाय हो जाएगा.’’

‘‘अभी कहां है?’’

‘‘बीवी के लिए फल लेने बाजार गया है…कुछ देर पहले उस से गजल सुन रहा था…’’

‘‘गजल?’’ मैं ने हैरत से पूछा.

‘‘हां…’’ डा. सविता बोली, ‘‘वह लड़की बंद आंखों में लेटेलेटे बहुत प्यारी गजलें गुनगुनाती रहती है. शायद अपने पति की लाचारी को व्यक्त करती है… और क्या तो गजब की किताबें पढ़ती है. चलो, देखते हैं…उस की फाइनल रिपोर्ट भी डा. प्रिया से साइन करानी है…’’

उन दोनों के साथ मैं भी नीचे आ गई. फिर हम सामने की बड़ी इमारत की ओर बढ़ीं और वहां एक अधबने कमरे में पहुंचीं.

देखा, एक युवती बेहद कमजोर हालत में बेड पर पड़ी छत की ओर देख रही है. कमजोरी में भी वह सुंदर लग रही थी. हमें देख कर वह किसी तरह उठ कर बैठने की कोशिश करने लगी.

‘‘लेटी रहो,’’ मैं ने उस के सिरहाने बैठते हुए कहा और पास रखी ‘बुक औफ द हिडन लाइफ’ को हाथ में ले कर पलटने लगी. जीवन और मौत के रिश्ते को अटूट बताने वाली अनोखी किताब.

मैं उस से बतियाने लगी. थकी हुई सांसों के बीच उस ने बताया कि साल भर पहले एक हादसे में उस के घर के सब लोग मारे गए थे और उस के बचपन के एक साथी ने उस से शादी कर ली… ‘‘तभी पता चला कि मेरे अंदर तो भयंकर रोग पल रहा है…अगर मुझे पता होता तो मैं कभी उस से शादी न करती…बेचारा तब से जाने कहांकहां दौड़भाग कर के मेरा इलाज करा रहा है…साल होने को आया…’’

‘‘अब तुम रोग मुक्त हो,’’ मैं ने उस के सिर पर हाथ रखा, ‘‘सब ठीक हो जाएगा.’’

उस ने कातरता से मुझे देखा और आंखें बंद कर लीं. इसी में उस की आंखों में से कुछ बूंदें बाहर निकल आईं और कुछ शब्द भी… ‘‘हां, होता तो सब ठीक ही होगा…पर मुझे अपना जिंदा रहना ठीक नहीं लगता…हालांकि दिमागी तौर पर बिलकुल तंदुरुस्त हूं…जीना भी चाहती हूं…’’

डा. सविता उस की जांच कर के जा चुकी थीं. उसे स्पर्श की एक और तसल्ली दे कर मैं भी उठी. अभी कुछ ही कदम आगे निकली थी कि मेरे कानों में एक गुनगुनाहट पहुंची. देखा, वह आंखें बंद कर के गा रही है :

‘धुआं बना के फिजा में उड़ा दिया मुझ को,

मैं जल रहा था, किसी ने बुझा दिया मुझ को…

खड़ा हूं आज भी रोटी के चार हर्फ लिए,

सवाल ये है किताबों ने क्या दिया मुझ को…’

मैं खड़ी रही. उस की गुनगुनाहट धीमी होती चली गई और फिर उसे नींद आ गई. मुझे वे दिन याद आए जब मां के न रहने पर मैं बहुत अकेली पड़ गई थी और नींद में उतरने के लिए इसी तरह अपने दर्द को लोरी बना लेती थी.

रिसेप्शन पर पहुंची. वहां से अस्पताल के प्रबंध निदेशक को फोन कर के बिल के पेमेंट का जिम्मा लिया और लौट आई.

देखा, उस के सिरहाने बैठा एक युवक सेब काट कर प्लेट में रख रहा है. पुरानी पैंटशर्ट के भीतर एक दुबली काया. सिर पर उलझे हुए बाल. युवती शायद सो रही थी.

मैं धीमे कदमों से उस के निकट पहुंची.

वह युवक कह रहा था, ‘‘अब दोबारा मत कहना कि तुम से शादी कर के मैं बरबाद हो गया. नाउ यू आर ओ.के. …मेरे लिए तुम्हारा ठीक होना ही महत्त्वपूर्ण है…पैसों का इंतजाम नहीं हुआ…बट आई एम ट्राइंग माई बेस्ट…’’ उस की आवाज में पस्ती भी थी और उम्मीद भी.

मैं ने देखा, आंखें बंद किए पड़ी वह युवती उस की बात पर धीरेधीरे सिर हिला रही थी. अचानक मेरा हाथ उस युवक की ओर बढ़ा और उस के कंधे पर चला गया. इसी के साथ मेरे मुंह से निकला :

‘‘कैन आइ पे फौर यू?…आप का बिल चुका सकती हूं मैं?’’

वह चौंक कर पलटा और खड़ा हो गया, ‘‘आप?’’

अब मैं ने उस का चेहरा देखा… ‘‘ओह…शेषांत…तुम?’’

एक तूफान उमड़ा और उस ने हमें अपने में ले लिया.

मेरे कंधे से लगा वह सिसकता रहा और मेरे हाथ उस के सिर और पीठ पर कांपते रहे. मेरी आंखें सामने उस लड़की की आंखों से झरते आनंद को देखती रहीं. पता नहीं, कब से चट्टान हो चुकी मेरी आंखों में से कुछ बाहर आने को मचलने लगा.

‘‘राशा…ये हैं…जोया…’’ शेषांत ने मेरे कंधे से हट कर चश्मा उतारते हुए उस से कहा तो मैं चौंकी, ‘‘राशा?’’

वह लड़की अपनी खुशी को समेटती हुई बोली, ‘‘मेरा नाम राशि है…इन्होंने आप लोगों के बारे में बताया था तो मैं ने जिद की थी कि मुझे राशा ही कहा करें.’’

मैं चुप रही…सोचती रही…‘राशा तो अब नहीं है…पर तुम दोनों ने उसे सहेज लिया…बहुत अच्छे हो तुम दोनों.’

हम तीनों अपनीअपनी आंखें पोंछ रहे थे कि सामने से एक नर्स आई. उस ने हंस कर मेरे हाथ में बिलों के भुगतान की रसीद और राशि के डिस्चार्ज की मंजूरी थमाई और चली गई.

मेरी राशा तो खो गई थी पर उस बिल की रसीद के साथ एक और राशा मिल गई. लगा कि जिंदगी अब इतनी वीरान, अकेली न रहेगी. राशा, शेषांत और मैं…एक पूरा परिवार…

प्यार की तलाश

धुंधली तस्वीरें – भाग 3 : क्या बेटे की खुशहाल जिंदगी देखने की उन की लालसा पूरी हुई

विकी को देखने लिंडा की मां और बहन आई थीं, पर घंटे भर से अधिक कोई नहीं रुका. ‘लिंडा अभी बहुत कमजोर है, उसे आराम की जरूरत है,’ कह कर वे चली गईं. वे हैरान थीं यह सब देख कर. सोचने लगीं कि क्या उन्हें भी वहां नहीं रुकना चाहिए. शायद उन की उपस्थिति से लिंडा को परेशानी होती हो पर किसी तरह 2 महीने का समय तो काटना ही था.

लिंडा को उन की जरूरत नहीं, विकी को भी उन की जरूरत नहीं क्योंकि गोद में लेने से उस की आदत बिगड़ जाएगी और विक्रम को तो कभी फुरसत ही नहीं मिलती, उन के पास घड़ीभर बैठने की. घरबाहर के सब काम उसे ही तो संभालने थे. काम करते हुए थक जाता बिलकुल. घर में होता भी तो टीवी चालू कर देता. कब बैठे उन के पास, और बातें भी करे तो क्या?

विकी 2 महीने का था, जब वे उसे छोड़ कर आई थीं. तब से कितना अंतर आ गया था. तसवीरें तो विक्रम हमेशा भेजा करता था, तकरीबन हर महीने. इस बार ढाई महीने के बाद पत्र आया था. तसवीरें भी ढेर सारी थीं, एकएक तसवीर को निहारती वे निहाल हुई जा रही थीं, रहरह कर आंखें छलछला उठतीं. उन की खुशी का अनुमान लगा कर ही सुमि ने मिठाई मांगी थी.

भरापूरा परिवार होते हुए भी वे बिलकुल अकेली थीं. बस चिट्ठियां ही थीं जो बीच में जोड़ने का काम करती थीं. पूरे ढाई महीने बाद विक्रम का पत्र और विकी की तसवीरें देख उन की खुशी रोके नहीं रुक रही थी. सब से पहले जा कर उमा और उस के पति को तसवीरें दिखाईं, ‘‘देखो तो, अपना विकी कितना सुंदर लगता है. बिलकुल विक्रम की तरह है न?’’ फिर पासपड़ोस में सब को दिखाईं,

दूसरे दिन कालेज जाने लगीं तो तसवीरों को अपने पर्स में डाल लिया. सब को दिखाती फिरीं, ‘‘अब तो मुझ से रहा नहीं जाता यहां. इच्छा हो रही है, उड़ कर पहुंच जाऊं अपने विकी के पास. उसे सीने से लगा लूं.’’

‘‘विक्रम तो हमेशा बुलाता है आप को. इस बार गरमी की छुट्टियों में चली जाइए,’’ शैलजा ने कहा तो वे और उत्साहित हो उठीं, ‘‘हां, जरूर जाऊंगी इस बार. छुट्टियां तो अभी बहुत पड़ी हैं. रिटायर होने से पहले क्यों न सब इस्तेमाल कर लूं.’’

‘‘यह भी आप ने ठीक ही सोचा. तो पहले ही चली जाइए, छुट्टियों का इंतजार क्यों करना भला?’’

‘‘वही तो. लिखूंगी विक्रम को, टिकट भेज दे. वीजा तो मेरा है ही, पिछली बार ही 5 साल का मिल गया था.’’

‘‘फिर तो जल्दी निकल जाइए. क्या धरा है यहां, रोज किसी न किसी बात को ले कर खिचखिच लगी ही रहती है. 5-6 महीने चैन से बीत जाएंगे.’’

विक्रम पहले तो उन्हें हर चिट्ठी में आने के लिए लिखता था. कारण जान कर भी वे अनजान बनने की कोशिश करती रही थीं. दरअसल, विक्रम और लिंडा दोनों ही काम पर चले जाते थे. कुछ दिनों तक विकी को शिशुसदन में डाला, फिर ‘बेबीसिटर’ के पास छोड़ने लगे. लिंडा के लिए तो यह कोई नई बात नहीं थी, पर विक्रम हमेशा महसूस करता कि बच्चे को जो आत्मीयता और प्यार मिलना चाहिए मातापिता की ओर से, उस में कमी हो रही है.

इसीलिए वह उन्हें बारबार आने को लिखता था. एक बार लिखा था, ‘अब नौकरी छोड़ ही दो मां, हम दोनों इतना कमाते हैं कि तुम्हारी सब जरूरतें पूरी कर सकते हैं. क्या कमी है तुम्हें? आ जाओ यहां और बाकी के दिन चैन से बिताओ, वहां तो रोज कुछ न कुछ लगा ही रहता है, आज बिजली नहीं तो कल पानी नहीं.’

उन्होंने लिख दिया था, ‘बेटे, हम अभावों में रहने के अभ्यस्त हो चुके हैं. हम ने वे दिन भी देखे हैं जब बिजली नहीं थी, पानी के नल नहीं थे, लेकिन केरोसिन तेल के लैंप और मिट्टी के दीए तो थे, कुएं का पानी तो था. वह सब अब भी है यहां. तुम मेरी चिंता बिलकुल मत करो, मैं मजे में हूं.’

पर अब वे इंतजार कर रही थीं विक्रम के बुलावे का. उस की चिट्ठी आई पूरे 4 महीने बाद, वह भी बिलकुल मामूली सी. सिर्फ कुशलक्षेम पूछा था. कालेज में सहकर्मियों के सामने उन्होंने झूठमूठ का बहाना बनाया, ‘‘यहां सब लोग विकी को देखना चाहते थे न, इसलिए मैं ने विक्रम को ही लिखा है आने के लिए. छुट्टी मिलते ही आ जाएगा. मैं अगले साल जाऊंगी.’’

विक्रम के पत्र अब भी आते, लेकिन बहुत ही देर में, बिलकुल संक्षिप्त से. फिर वे अपनी ओर से लिख न सकीं, ‘मैं आना चाहती हूं विक्रम, विकी को और तुम लोगों को देखने की बड़ी इच्छा है.’

पत्रों की भाषा बताती थी कि विक्रम उन से दिनबदिन दूर होता जा रहा है. वह इस के लिए मन ही मन खुद को ही दोषी ठहराया करतीं कि वह तो बराबर बुलाता था पहले, मैं ही तो इनकार करती रही. जब विकी छोटा था, उसे दादीमां की गोद की जरूरत थी. अब तो बड़ा हो गया है, कुछ दिनों में स्कूल जाने लगेगा. शायद, इसी कारण विक्रम नाराज हो गया हो. नाराज होना भी चाहिए. इतना बुलाया लेकिन वे बारबार इनकार करती गईं. शायद अच्छा नहीं किया. अब यही लिखूं कि एक बार यहां आओ विक्रम, लिंडा और विकी के साथ, सब लोग तुम सब से मिलना चाहते हैं.

इस बीच विक्रम का संक्षिप्त पत्र आया, ‘मैं ने अब तक तुम्हें लिखा नहीं था मां, विकी से अब हमारा कोई संबंध नहीं. विकी जब कुल 15 महीने का था, तभी लिंडा से मेरा तलाक हो गया. विकी चूंकि बहुत छोटा था, इसलिए कोर्ट के फैसले के अनुसार वह लिंडा के पास रह गया. तब से मैं ने उसे देखा भी नहीं. वह तो मुझे पहचान भी नहीं पाएगा.’

पत्र पढ़ कर वे सन्न रह गईं. यह क्या लिखा है विक्रम ने. लिंडा को तलाक दे दिया. अब तक विक्रम के सारे कुसूर वे माफ करती रही थीं, अमेरिका में रहने का फैसला किया, तब भी कुछ नहीं कहा. लिंडा से शादी की, तब भी कुछ नहीं कहा, लेकिन तलाक वाली बात ने उन्हें अंदर से तोड़ ही दिया.

दूसरे ही दिन उसे पत्र लिखा, ‘‘मुझे तुम से ऐसी उम्मीद नहीं थी, विक्रम. जरूर मेरी शिक्षादीक्षा में ही कोई कमी रह गई, जो तुम ऐसे निकले. हमारे यहां रिश्ते जोड़े जाते हैं, उन्हें तोड़ने में हम विश्वास नहीं रखते. तुम्हारी इस गलती को मैं कभी क्षमा नहीं कर सकूंगी, कभी भी नहीं. तुम ने मेरी, अपनी और साथसाथ अपने देश की तौहीन की है. ऐसे संस्कार तुम्हें मिले कहां?’’

पत्र को लिफाफे में डाल कर पता लिखते हुए वे फूटफूट कर रो पड़ीं. लग रहा था कि अंदर कोई महीन सा धागा था, जो टूट गया है, छिन्नभिन्न हो गया है. सामने दीवार पर विक्रम, लिंडा और विकी की तसवीरें लगी थीं, मुसकराती लिंडा, हंसता विक्रम और नन्हा सा गोलमटोल विकी. आंसुओं के कारण सारी तसवीरें धुंधली लग रही थीं. उन्होंने आंसू पोंछे नहीं, बस रोती रहीं देर तक.

 

सफर कुछ थम सा गया

मनोहर कहानियां : ट्यूशन के बहाने प्यार की पाठशाला

अलवर जिले में निमराणा की एक खास पहचान है. उस के अंतरगत कस्बाई इलाका ततारपुर में 16
मार्च, 2022 को थानाप्रभारी विजय चंदेल बोरी में लाश की सूचना पा कर चौंक गए थे. वह सोचने लगे आखिर कौन है, जिस ने इलाके की शांति भंग करने की कोशिश की. सूचना देने वाला कोई अज्ञात राहगीर था, जिस ने फोन पर शास्त्री कालोनी में पुलिया के नीचे एक प्लास्टिक की बोरी में लाश होने की जानकारी दी थी. उस से बदबू आने की भी बात कही थी.

सूचना पाते ही थानाप्रभारी चंदेल तुरंत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए थे. तब तक वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी. सभी नाकमुंह बंद किए हुए सड़क पर से ही पुलिया के नीचे प्लास्टिक की बोरी को देख रहे थे. उन की नजरें बोरी पर टिकी थीं. 2 पुलिसकर्मी बोरे के पास गए. उस में से आ रही बदबू से लाश के 2-3 दिन पुरानी होने का अंदाजा लगाया. सावधानी से बोरी के बंधे मुंह को खोला.
बोरी में लाश ठूंस कर कसी गई थी. ऊपर मुड़े हुए पैर थे, जिसे देख कर किसी महिला की लाश होने की पहचान हुई. लाश को बोरी से बाहर निकाला गया, जो एक सुंदर युवती की थी. चंदेल ने लाश का मुआयना किया.

अंदाज से उस की उम्र 30 के करीब आंकी गई. पहनावे, बालों व चेहरे के बनाव शृंगार से वह शहरी और किसी साधनसंपन्न घराने की लग रही थी. उसे बोरी में भर कर फेंकने का मतलब साफ था कि उस की किसी ने हत्या कर ठिकाने लगाने की कोशिश की थी. पुलिस ने लाश की पहचान आसपास खड़े लोगों के जरिए कराने की कोशिश की, किंतु अधिकतर ने बताया कि वह ततारपुर इलाके की नहीं है.

उस की शिनाख्त नहीं होने पर थानाप्रभारी ने अधिकारियों के निर्देश पर लाश का पंचनामा बनाया और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. चंदेल ने थाने लौट कर एक अज्ञात युवती की लाश बरामदगी की प्राथमिकी दर्ज कर ली. जल्द ही लाश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई. रिपोर्ट में युवती की गला घोट कर मौत होने की बात कही गई थी. उस के बाद पुलिस के सामने 2 उलझनें थीं. पहली, लाश की जल्द से जल्द सही पहचान हो जाए. दूसरी, उस के हत्यारे को दबोच लिया जाए. इस के लिए ततारपुर थानाप्रभारी ने कुछ तरीके अपनाए. मुखबिरों को अलर्ट करने के साथसाथ शास्त्री कालोनी और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के बीते हफ्ते भर की फुटेज निकलवाई.

मुखबिरों से मालूम हुआ कि ततारपुर के कुछ लोगों ने घटनास्थल पर 14 मार्च की शाम करीब 7 बजे एक सफेद कार देखी थी. इस का सुराग लगते ही भिवाड़ी एसपी शांतनु कुमार सिंह के निर्देश पर थानाप्रभारी विजय चंदेल की अगुवाई में एक पुलिस टीम बनाई गई. टीम में एएसआई सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अमर सिंह, महिला कांस्टेबल बलकेश, कांस्टेबल अनिल कुमार आदि शामिल किए गए.
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे से निकाले गए फुटेज की जांच की. उन्हें सफेद कार दिखी, जिस का नंबर डीएल10 सीएन 9908 था. यह संदिग्ध कार 14 मार्च, 2022 को बहरोड़ से ततारपुर के घटनास्थल पर आ कर रुकी थी और कुछ देर बाद उसी रास्ते से वापस लौटती दिखाई दी थी.

दिल्ली के रजिस्ट्रैशन वाली यह कार पुलिस की निगाह में चढ़ गई. उस की डिटेल से कार मालिक का नाम और पता मालूम हो गया. कार का मालिक कपिल गुप्ता (39 वर्ष) आनंद विहार में कड़कड़डूमा में दयानंद विहार का रहने वाला था. पुलिस को उस तक पहुंचने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. दिल्ली पहुंच कर राजस्थान पुलिस ने कपिल को दबोच लिया. हालांकि पकड़े जाने पर कपिल अड़ गया. नाराजगी दिखाते हुए बोल पड़ा, ‘‘ऐसे क्यों पकड़ा है मुझे? मैं एक इज्जतदार बिजनैसमैन हूं, कोई ऐरागैरा नहीं जो…’’

‘‘तुम्हें अभी बताता हूं कि तू कौन है. और सुन, ज्यादा तावतेवर दिखाने की जरूरत नहीं है. यह फोटो देख और बता इस बोरी को पहचानता है? अच्छा छोड़, इसे देख कर बता, इस कार को तो पहचानता ही होगा?’’ जांच करने वाले पुलिस अधिकारी ने एक झापड़ मारते हुए कहा. ‘‘कार तो मेरी है, लेकिन बोरी को नहीं पहचानता हूं.’’ कपिल हकलाता हुआ बोला.

‘‘तू अभी सब कुछ पहचान लेगा. पहले ये बता तुम्हारी कार 14 मार्च को दिल्ली से निमराणा में ततारपुर क्यों गई थी?’’ पुलिस ने कड़कती आवाज में पूछा.‘‘मैं तो एक महीने से दिल्ली के दूसरे इलाके में भी नहीं गया और आप राजस्थान की बात कर रहे हैं.’’ कपिल ने सफाई दी. लेकिन तुरंत उस के गाल पर एक और झन्नाटेदार झापड़ लगा.

‘‘इस वीडियो में देखो, गाड़ी कौन चला रहा है? और तुम्हारी बगल में बैठी औरत कौन है?’’
‘‘जी…जी…यह तो मैं ही हूं, बगल में मेरी पत्नी है. लेकिन यह वीडियो दिल्ली की है,’’ कपिल बोला.
‘‘दिल्ली की है? लगता है तुम पुलिस का डंडा खाए बगैर सच नहीं बताओगे… वीडियो में समय और तारीख क्या दिख रहा है 14 मार्च 2022. समय है 18:52 यानी शाम के 6 बज कर 52 मिनट. अब यहीं पूरी बात बताएगा या दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच में ले चलूं. मैं ने वहां की परमिशन ले रखी है.’’
‘‘बताता हूं, यहीं बताता हूं. सब सच बताऊंगा. मैं ने वह सब तंग आ कर किया. बहुत परेशान हो गया था साहब. मेरे पास और कोई रास्ता नहीं था. मैं अपनी ही गलतियों के कारण ब्लैकमेल हो रहा था.’’ बोलतेबोलते कपिल भावुक हो गया.

उस की आवाज भर्रा गई. आंखों से आंसू निकल आए. यह देख कर पुलिस ने उसे अपना रूमाल निकाल कर दे दिया. एक गिलास पानी मंगवाया.कपिल गटागट आधा गिलास पानी एक सांस में ही पी गया. नम आंखें साफ कीं. फिर उस ने जो कुछ बताया, वह काफी चौंकाने वाली जानकारी थी.सब से पहले तो उस ने स्वीकार कर लिया कि वह 14 मार्च को अपनी गाड़ी से ततारपुर के इलाके में गया था. उस के साथ पत्नी सुनैना के अलावा 2 नौकर भी थे. वहां जाने का कारण थी प्रियंका बंसल खत्री.

वह उस के बच्चों को पिछले 9 सालों से ट्यूशन पढ़ा रही थी, लेकिन बीते 2 सालों से उसे ब्लैकमेल भी कर रही थी. पैसे ऐंठ रही थी. 6-7 महीने से तो 50 लाख रुपए मांग रही थी. नहीं देने पर मुझे बलात्कार के जुर्म में जेल भेजने की धमकी दे रही थी. पुलिस बड़े ध्यान से कपिल की बातें सुन रही थी. उस के बयान की रिकौर्डिंग भी की जा रही थी. पुलिस ने बीच में ही कपिल को टोका, ‘‘तुम ने प्रियंका के खिलाफ पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की?’’

‘‘उस की क्या शिकायत करता साहब, किस मुंह से करता. मैं ही उस के रूपजाल और जवानी में फंसा हुआ था. उस के साथ मेरा सालों से अवैध रिश्ता बना था.‘‘वह चाहती थी कि मैं अपनी पत्नी को छोड़ कर उस से शादी कर लूं. जब मैं ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता है, तब उस ने पत्नी की हत्या करवाने की भी बात की. वह मुझे बारबार जेल भेजने की धमकी देती थी. सो एक दिन मैं ने ही उसे खत्म करवा दिया.’’
‘‘खत्म करवा दिया मतलब?’’
‘‘मैं ने अपनी पत्नी से कह कर नौकरों के द्वारा उस की हत्या करवा दी. उस के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए ततारपुर गया था. वहीं हम ने बोरी में रखी प्रियंका की लाश को सुनसान इलाके में फेंक दिया. उसी रात 11 बजे वापस दिल्ली भी आ गए.’’ कपिल ने बात पूरी की.
‘‘प्रियंका की हत्या किस ने की? उसे कैसे मारा?’’ पुलिस ने पूछा.

‘‘वह भी बताऊंगा साहब, सब कुछ बताऊंगा. मैं ने उसे नहीं मारा और न ही उस की लाश तक को हाथ लगाया. पहले थोड़ा पानी पी लेता हूं.’’ कपिल शांति से बोला. ‘ठीक है, ठीक है. …और पानी मंगवाऊं क्या? कहो तो चाय या कौफी मंगवाता हूं.’’‘‘नहीं, नहीं. करीब 29 साल की छरहरी देह वाली प्रियंका को हमारे 2 नौकरों, राजकिशोर यादव और सचिन देवल ने झांसे में लेने के बाद गला दबा कर मार दिया था.’’

‘‘प्रियंका के बारे में भी बताओ. वह कौन थी? कैसे तुम्हारी जिंदगी में आई, उस के परिवार वाले मातापिता, भाईबहन पति या कोई और प्रेमी आदि…’’ पुलिस ने कहा.‘प्रियंका पास के ही चांद मोहल्ला गांधी नगर में अपने परिवार के साथ रहती थी. मेरी जानपहचान तब से है, जब वह मात्र 20 साल की थी. उन दिनों मेरी उम्र भी 30 साल थी. मेरी शादी हो चुकी थी और 2 बच्चे स्कूल जाने लगे थे. उन की घर पर ट्यूशन के लिए मैं ने प्रियंका को लगा दिया था…’’

इस पूछताछ के बाद उसी वक्त पुलिस की एक टीम प्रियंका के घर पर भी गई. घर पर प्रियंका की मां मिलीं. उन से प्रियंका के बारे में पूछा. इस पर उस की मां ने बताया कि वह 14 मार्च को बैंक से पैसे लाने को कह कर निकली थी, उस के बाद से वापस नहीं लौटी है.पुलिस ने प्रियंका के मांबाप से 3 दिनों तक जवान बेटी के घर नहीं लौटने पर भी उस की किसी तरह की खोजखबर नहीं लेने का कारण पूछा. इस पर उन्होंने बेरुखी से जवाब दिया, ‘‘साहब, वह अपने मनमरजी की मालिक थी. बेफिक्र रहती थी. पहले भी 3-4 दिनों तक बगैर बताए चली जाती थी. लौटने पर बताती थी कि जिस बिजनैसमैन के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है, उस के काम के सिलसिले में टूर पर अचानक जाना पड़ता है. अपने जरूरी सामान का एक बैग वहीं पैक रखती थी.’’

‘‘अभी तुम्हारी बेटी किस हाल में है नहीं देखना चाहोगी?’’ पुलिस ने कहा.‘‘किस हाल में है का क्या मतलब साहब! क्या हुआ उसे?’’ प्रियंका की मां बोली.‘‘यह जानने के लिए तुम्हें मेरे साथ निमराणा चलना होगा. वहीं सब कुछ मालूम पड़ जाएगा.’’इस तरह राजस्थान पुलिस को लावारिस लाश के बारे में करीबकरीब तमाम आवश्यक जानकारियां मिल चुकी थीं. हत्यारे के बारे में भी मालूम हो गया था. वे हिरासत में भी ले लिए गए थे.

लाश की पहचान होते ही मामले की सिलसिलेवार रिपोर्ट तैयार करनी रह गई थी. अगले रोज सभी के साथ जांच टीम ततारपुर थाने में थी.सब से पहले लाश की पहचान करवाई गई, जिस की शिनाख्त उस के मांबाप ने प्रियंका के रूप कर ली. अपनी बेटी को अचानक मृत पा कर वे वहीं रोनेपीटने लगे. खुद को कोसने लगे और अपने भविष्य को ले कर मातम मनाने लगे. कारण वही घर का खर्च उठाए हुए थी.
अलवर के ततारपुर थाने में कपिल गुप्ता, सुनैना गुप्ता, राजकिशोर यादव और सचिन देवल को प्रियंका की हत्या का आरोपी बना कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया. प्रियंका की लाश उस के मातापिता को सौंप दी गई, जिस का ततारपुर में ही अंतिम संस्कार करवा दिया गया.

प्रियंका हत्याकांड का विस्तार से खुलासा करने के लिए सभी आरोपियों से बारीबारी पूछताछ की गई. मुख्य आरोपी के रूप में कपिल गुप्ता के दोनों नौकरों का नाम सामने आया, जबकि कपिल और सुनैना का नाम हत्या की योजना बनाने और लाश को ठिकाने लगाने में आया.हालांकि इस पूरे हत्याकांड का इकलौता जिम्मेदार कपिल गुप्ता ही था, जिस की प्रेम कहानी और अवैध संबंध का अंजाम था. उस के बाद हत्याकांड की जो कहानी उभर कर सामने आई, वह इस प्रकार थी—

पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार स्थित दयानंद विहार, कड़कड़डूमा में रेडीमेड गारमेंट्स के व्यापारी कपिल गुप्ता परिवार समेत रहते थे. परिवार में पत्नी सुनैना और 2 बच्चों का खुशहाल परिवार था. उन का अच्छाखासा करोड़ों के टर्नओवर का बिजनैस था.बात साल 2014 की है. कपिल ने अपने बच्चों का अच्छे पब्लिक स्कूल में नाम लिखवा दिया था. उन के होमवर्क आदि के लिए प्रियंका को ट्यूशन पर रख लिया था. वह कुछ समय के लिए घर आ कर हर रोज बच्चों को पढ़ा दिया करती थी.
दरअसल, मध्यमवर्गीय परिवार की प्रियंका बंसल भी उन दिनों दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रैजुएशन कर टीचर की नौकरी की तलाश में थी. टीचर ट्रेनिंग का कोर्स भी करना चाहती थी.

वैसे प्रियंका बहुत ही सुंदर थी. मौडल की तरह फिगर था. सिनेमा और सीरियल जैसी हीरोइन जैसा चेहरा मासूमियत से दमकता रहता था. बगैर मेकअप के भी वह गजब की खूबसूरत दिखती थी. फिर भी बनठन कर रहती थी. उस की सुंदरता ऐसी थी कि जो कोई उसे एक नजर में देख लेता, बारबार निहारे बगैर नहीं रहता था.महत्त्वाकांक्षी भी कम नहीं थी प्रियंका. अपनी हर इच्छा पूरी करने की कोशिश करती थी. स्वभाव से जिद्दी. वह चाहती थी कि हमेशा सुंदर दिखती रहे. इस के लिए अपने खानपान से ले कर सेहतमंद बने रहने के लिए दूसरे तरीके भी अपनाती थी.

यहां तक कि हर्बल टैबलेट्स और स्किन ग्लो करने के लिए दवाइयां तक खाती थी. अपनी आमदनी की अच्छी रकम अपने शरीर की देखभाल और नए ड्रैस पर किया करती थी. मौजमस्ती की जिंदगी की लालसा थी.कपिल के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के दरम्यान उस की मुलाकात कपिल और सुनैना से होती रहती थी. अपने मिलनसार स्वभाव के कारण जल्द ही वह सभी की प्रिय बन गई. उस की पढ़ाई से बच्चे भी संतुष्ट रहते थे. उन का रिजल्ट अच्छा आने लगा था. इसे देखते हुए कपिल उस की तारीफ करने लगा था.

2 सालों में प्रियंका एक घर की सदस्य की तरह बन गई थी. बेरोकटोक घर में आनेजाने लगी थी. इसी बीच प्रियंका ने महसूस किया कि कपिल उस से अकेले में मिलने और बातें करने के बहाने ढूंढने लगा है. कई बार उस के ड्रैस की तारीफ भी कर चुका था. बाल बनाने के स्टाइल के बारे में पूछते हुए कहा था कि सुनैना को भी वह स्टाइल सिखा दे.संयोग से एक बार कपिल को उसे गाड़ी में ले जाने का मौका मिल गया था. दरअसल, मौका मिला नहीं था, बल्कि उस ने जनबूझ कर ऐसा किया था, ताकि उस से अकेले में बातें कर सके.

उस दिन कपिल ने अपने प्रेम का इजहार प्रियंका को एक गिफ्ट दे कर किया. गुदगुदी तो प्रियंका के दिल में भी काफी समय से हो रही थी. उस ने भी थैंक्स कहने के बजाय सीधे गले गई थी. कपिल के लिए यह अनोखा अनुभव था. वह हतप्रभ हो गया था. खुश था, बोल पड़ा, ‘‘बड़ी अच्छी परफ्यूम लगाई है, कौन सी है?’’‘‘आप भी तो हमेशा अच्छी परफ्यूम लगाते हो. भीनीभीनी हो कर भी प्यारी लगती है.’’ प्रियंका हंसती हुई बोली.

इस के जवाब में कपिल सिर्फ मुसकरा कर रह गए. प्रियंका भी ‘बाय’ बोलती हुई जाने लगी.
कपिल उसे जाते हुए तब तक देखता रहा, जब तक वह सड़क पार नहीं कर गई. कपिल को उस का लचकती कमर मटकाते हुए चलने का अंदाज अच्छा लग रहा था. उस ने प्रियंका को जींस में पीछे से सैक्स अपील का अनुभव किया था.अगले ही रोज कपिल ने प्रियंका को एक जींस गिफ्ट करते हुए कहा, ‘‘यह मेरी फैक्ट्री का नया आइटम है.’’

प्रियंका अचकचाती हुई बोली, ‘‘कल ही तो आप ने महंगा सलवारसूट का गिफ्ट दिया था. तो आज फिर क्यों?’’‘‘यूं ही रख लो, मुझे तुम कल जींसटौप में बहुत ही हौट लगी थी, इसीलिए मैं ने सोचा…’’ कपिल की बात पूरी होने से पहले ही प्रियंका चहकती हुई बोल पड़ी, ‘‘हांहां, मेरी फ्रैंड्स भी कहती हैं कि मैं जींस में हौट और सैक्सी दिखती हूं.’’‘दिखती क्या हो, तुम तो हो ही ऐसी. किसी हीरोइन से कम दिखती हो क्या. तुम्हारा फिगर अच्छेअच्छों को भी नसीब नहीं होता है. तुम खुशनसीब हो.’’
प्रियंका अपनी तारीफ सुन कर शरमाने लगी, लेकिन कपिल के इस बदले रूप को उस ने पहली बार देखा था. थैंक्स बोली. कपिल ने भी जवाब में कहा कि उसे जब भी कुछ जरूरी हो बेझिझक उस से कह सकती है.

इस तरह दोनों के बीच दिलों की दूरियां कम होती चली गईं. दोनों कभी एकदूसरे की तारीफ करते तो कभी साथ समय गुजारने का मौका निकाल लेते.कुछ समय में ही प्रियंका ने महसूस किया कि कपिल की नजर उस पर अपनी पत्नी सुनैना से अधिक रहती है. इस का फायदा उठाते हुए वह जबतब पैसे की मदद भी लेने लगी थी. प्रियंका के लिए कपिल एक मालदार व्यक्ति था, जिस के दिल में उस ने जगह बना ली थी.दूसरी तरफ कपिल के लिए प्रियंका पैसे खर्च कर दिल बहलाने वाली खूबसूरत लड़की थी. वह उस की देह पर भी नजर गड़ाए हुए था.

एक दिन उसे मौका मिल गया. प्रियंका कपिल की आंखों में इस चाहत को अच्छी तरह से भांप चुकी थी. मन ही मन में उस की पत्नी बनने का सपना देखने लगी थी. आग दोनों तरफ से लग चुकी थी और फिर उन्होंने शारीरिक संबंध भी कायम कर लिए.यहीं से दोनों की जिंदगी में बदलाव आने की शुरुआत हो गई. प्रियंका कपिल से और अधिक खुल गई. कपिल उसे घुमाने के लिए दिल्ली से बाहर हिल स्टेशनों पर ले जाने लगा. दोनों खुल कर मौजमस्ती करने लगे. उन के अवैध संबंध की भनक कई सालों तक किसी को नहीं लगी.

इस बीच प्रियंका के मातापिता ने उस की शादी के कई रिश्ते देखे, लेकिन प्रियंका कोई न कोई बहाना बना कर टाल देती थी. उस की उम्र बढ़ती जा रही थी, लेकिन उस ने तो कपिल की बीवी बनने की ठान ली थी.2 साल पहले कोरोना काल का दौर आ गया. उन दिनों कपिल का बिजनैस बंद हो गया. कपिल और प्रियंका के प्रेम संबंध पर भी इस का असर हुआ. हिल स्टेशनों पर घूमने जाना तो दूर, राजधानी में ही उन के मिलनजुलने की समस्या आ गई.

बीते साल महामारी के बाद स्थिति सामान्य होने पर प्रियंका ने एक बार फिर कपिल के करीब आने की कोशिश की. प्रियंका ने कपिल से सीधे लहजे में बात की और शादी करने के लिए दबाव बनाया.
कपिल बोला कि पहली पत्नी के रहते हुए वह ऐसा कैसे कर सकता है. ऊपर से वह उस के बच्चों को राखी बांधती है, लोगबाग क्या कहेंगे? इसे ले कर एक बार घर में ही तीखी बहस हो गई. संयोग से बच्चे घर पर नहीं थे, लेकिन सुनैना दूसरे कमरे में थी.

हाल में उन के बीच बहस हो रही थी.भागीभागी हाल में आ कर सुनैना ने उन से पूछा कि क्या बात है प्रियंका इतनी नाराज क्यों है? सुनैना के आते ही प्रियंका आंखें दिखाती हुई बोली, ‘‘देख लेना, मैं ने जो कहा है उसे हलके में मत लेना. मैं कमजोर नहीं पड़ने वाली हूं.’’ उस के बाद प्रियंका तेजी से मेन गेट से बाहर चली गई.कपिल समझ गया था कि उस के छिपे अनैतिक कर्मों की पोल खुलने वाली है. प्रियंका के साथ उस के संबंध लोगों को मालूम होने वाला है. वह और शोर मचाए और घरपरिवार में लोगों को इस की जानकारी हो जाए, इस से पहले कुछ करना होगा. लेकिन क्या करे, समझ नहीं पा रहा था. अपना सिर पकड़ कर वहीं सोफे पर बैठ गया.

वहीं खड़ी सुनैना ने अपने पति को इस तरह से असहाय पहले कभी नहीं देखा था. उसे परेशान देख कर चिंता जताते हुए पूछा, ‘‘क्या बात हो गई? प्रियंका इतने गुस्से में क्यों थी?’’‘‘बात तो बड़ी है, मुझे ही उस का समाधान निकालना पड़ेगा,’’ कपिल बोला.‘‘सामाधान निकालना पड़ेगा? क्या समस्या है? मुझे बताओ, शायद मैं तुम्हारी कुछ मदद कर सकूं,’’ सुनैना बोली.

‘‘तुम उस में कुछ नहीं कर पाओगी, वह मुझे ब्लैकमेल कर रही है.’’ कपिल निराशा से बोला.
‘‘ब्लैकमेल! किस बात के लिए?’’ सुनैना चौंक गई.
‘‘अरे हां भई, हां. पिछले कई महीने से 50 लाख रुपए की डिमांड कर रही है. अगर नहीं दिया तो मुझे तिहाड़ जेल भिजवा देगी.’’ कपिल के मुंह से अचानक यह बात निकल गई.
‘‘तिहाड़ जेल क्यों? तुम ने क्या किया है?’’ सुनैना बोली.

यह सुनते ही कपिल फफक पड़ा, उस की आंखों से आंसू निकल आए. सुनैना ने उसे पकड़ कर उठाया. दुपट्टे से आंसू पोछे. बोली, ‘‘पूरी बात साफसाफ बताओ, मैं देखती हूं कि उस पिद्दी सी प्रियंका की इतनी औकात जो तुम्हें कुछ कहे. आने दो उसे, मैं सबक सिखाती हूं.’’
सुनैना की बातों से कपिल को बल मिला. सामान्य हो कर उस ने पूरी बात विस्तार से बता दी. अपने संबंधों को ले कर उस से माफी मांगी. सुनैना बोली, ‘‘तुम सुबह के भूले की तरह लौट आए, यही मेरे लिए बहुत है. अब तुम देखते जाओ मैं तुम्हारे लिए क्या करती हूं.’’

पत्नी की बदौलत कपिल में भी हिम्मत आ गई. उस के मन पर से एक बड़ा बोझ उतर चुका था. सुनैना की बातों से महसूस हुआ कि आगे भी सब कुछ सामान्य होने वाला है. उस रोज वह अपने काम में लग गए. उस के ठीक एक सप्ताह बाद सुनैना ने 14 मार्च को सुबहसुबह प्रियंका को फोन कर बुलाया. उसे बताया कि उस के लिए कपिल ने कुछ पैसे रखे हैं, आ कर ले जाए.

प्रियंका यह सुन कर भागीभागी आई. आ कर सुनैना के गले लग गई. बीते दिनों कपिल से गुस्से में बात करने के लिए माफी मांगी. सुनैना ने कहा, ‘‘कोई बात नहीं है. कपिल बोल रहे थे कि तुम्हें मकान खरीदने के लिए कुछ पैसों की जरूरत है. उस का उन्होंने इंतजाम कर दिया है. कुछ कैश इस पैकेट में है और कुछ बैंक से निकालने होंगे. तुम हमारे दोनों स्टाफ राजकिशोर और सचिन के साथ चली जाओ. वहीं कपिल मिल जाएंगे.’’
इस की जानकारी प्रियंका ने फोन से अपनी मां को दे दी और कपिल के दोनों स्टाफ के साथ गाड़ी में बैठ कर चली गई. जैसा कि सुनैना ने बताया था कपिल बैंक में ही मिल गया. प्रियंका पैसा निकाल कर कपिल के साथ गाड़ी में आगे बैठ गई.

कपिल उस के साथ इधरउधर की बातें करने लगा. उस की शादी तय होने की बातें करते हुए गाड़ी सुनसान लंबे हाईवे पर ले आया.
‘‘अरे यह क्या मुझे तो पहले ही मुड़ना था, अब कट यहां से ढाई किलोमीटर दूर आएगा.’’ प्रियंका हंसती हुई बोली, ‘‘कोई बात नहीं, कभीकभी ऐसी मिस्टेक हो जाती है. वैसे भी तुम बातें करने में लगे हुए थे. तुम्हारा ध्यान मुझ पर अधिक था.’’

तभी पीछे बैठे राजकिशोर और सचिन ने प्रियंका के गले में रस्सी डाल कर खींच ली. प्रियंका इस अचानक हुए हमले के लिए तैयार नहीं थी. कुछ समय में ही उस की गला घुटने से मौत हो गई.
कपिल ने गाड़ी किनारे रोक दी. राजकिशोर और सचिन तुरंत आगे आए और प्रियंका को बोरी में बंद कर दिया. बोरी को पीछे डिक्की में डाल कर वीडियो काल कर दिया, ‘‘मैडम, आप प्लाईओवर खत्म होने के बाद मौल के सामने मिल जाइए, काम हो गया है. यह देखिए हम लोग अभी इस जगह से चलने वाले हैं.’’

कपिल फिर अपनी ड्राइविंग सीट पर आ गया. थोड़ी देर में ही सुनैना मौल के सामने खड़ी मिल गई. वह कपिल के साथ वाली सीट पर बैठ गई. पीछे मुड़ कर दोनों स्टाफ को थैंक्स बोला और अपने पर्स से एकएक पैकेट निकाल कर दोनों को दे दिया. उस में पैसे थे. बाकी का काम पूरा होने पर और पैसे देने का आश्वासन दिया.

अब कपिल की गाड़ी राजस्थान के अलवर जाने वाले रास्ते पर थी. वे शाम के 7 बजे के करबी ततारपुर इलाके में पहुंच गए थे. वहीं मौका पा कर उन के स्टाफ ने बोरी में रखी प्रियंका की लाश को एक पुलिया के नीचे गिरा दी और रात के 11 बजे तक सभी वापस दिल्ली आ गए.

पूरी कहानी सुनने के बाद ततारपुर थानाप्रभारी ने चारों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अगले रोज मजिस्ट्रैट के सामने पेश कर दिया. वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

कलंक- भाग 2 : बलात्कारी होने का कलंक अपने माथे पर लेकर कैसे जीएंगे वे तीनों ?

उन में से एक की ऊंची आवाज ने इन तीनों को बुरी तरह चौंका दिया, ‘‘हे… कौन हो तुम लोग? इस लड़की को यहां फेंक कर क्यों भाग रहे हो?’’

‘‘रुको जर…सोनू, तू कार का नंबर नोट कर, मुझे सारा मामला गड़बड़ लग रहा है,’’ एक दूसरे आदमी की आवाज उन तक पहुंची तो वे फटाफट कार में वापस घुसे और आलोक ने झटके से कार सड़क पर दौड़ा दी.

‘‘संजय, तुझे तो मैं जिंदा नहीं छोड़ूंगी,’’ उस लड़की की क्रोध से भरी यह चेतावनी उन तीनों के मन में डर और चिंता की तेज लहर उठा गई.

‘‘उसे मेरा नाम कैसे पता लगा?’’ संजय ने डर से कांपती आवाज में सवाल पूछा.

‘‘शायद हम दोनों में से किसी के मुंह से अनजाने में निकल गया होगा,’’ नरेश ने चिंतित लहजे में जवाब दिया.

‘‘आज मारे गए हमसब. मैं ने उन आदमियों में से एक को अपनी हथेली पर कार का नंबर लिखते हुए देखा है. उस लड़की को ‘संजय’ नाम पता है. पुलिस को हमें ढूंढ़ने में दिक्कत नहीं आएगी,’’ आलोक की इस बात को सुन कर उन दोनों का चेहरा पीला पड़ चुका था.

नरेश ने अचानक सहनशक्ति खो कर संजय से चिढ़े लहजे में पूछा, ‘‘बेवकूफ इनसान, क्या जरूरत थी तुझे उस लड़की को उठा कर कार में डालने की?’’

‘‘यार, उस ने हमारी मांबहन…तो मैं ने अपना आपा खो दिया,’’ संजय ने दबे स्वर में जवाब दिया.

‘‘तो उसे उलटी हजार गालियां दे लेता…दोचार थप्पड़ मार लेता. तू उसे उठा कर कार में न डालता, तो हमारी इस गंभीर मुसीबत की जड़ तो न उगती.’’

‘‘अरे, अब आपस में लड़ने के बजाय यह सोचो कि अपनी जान बचाने को हमें क्या करना चाहिए,’’ आलोक की इस सलाह को सुन कर उन दोनों ने अपनेअपने दिमाग को इस गंभीर मुसीबत का समाधान ढूंढ़ने में लगा दिया.

पुलिस उन तक पहुंचे, इस से पहले ही उन्हें अपने बचाव के लिए कदम उठाने होंगे, इस महत्त्वपूर्ण पहलू को समझ कर उन तीनों ने आपस में कार में बैठ कर सलाहमशविरा किया.

अपनी जान बचाने के लिए वे तीनों सब से पहले आलोक के चाचा रामनाथ के पास पहुंचे. वे 2 फैक्टरियों के मालिक थे और राजनीतिबाजों से उन की काफी जानपहचान थी.

रामनाथ ने अकेले में उन तीनों से पूरी घटना की जानकारी ली. आलोक को ही अधिकतर उन के सवालों के जवाब देने पड़े. शर्मिंदा तो वे तीनों ही नजर आ रहे थे, पर सब बताते हुए आलोक ने खुद को मारे शर्म और बेइज्जती के एहसास से जमीन में गड़ता हुआ महसूस किया.

‘‘अंकल, हम मानते हैं कि हम से गलती हुई है पर ऐसा गलत काम हम जिंदगी में फिर कभी नहीं करेंगे. बस, इस बार हमारी जान बचा लीजिए.’’

‘‘दिल तो ऐसा कर रहा है कि तुम सब को जूते मारते हुए मैं खुद पुलिस स्टेशन ले जाऊं, लेकिन मजबूर हूं. अपने बड़े भैया को मैं ने वचन दिया था कि उन के परिवार का पूरा खयाल रखूंगा. तुम तीनों के लिए किसी से कुछ सहायता मांगते हुए मुझे बहुत शर्म आएगी,’’ संजय को आग्नेय दृष्टि से घूरने के बाद रामनाथ ने मोबाइल पर अपने एक वकील दोस्त राकेश मिश्रा का नंबर मिलाया.

राकेश मिश्रा को बुखार ने जकड़ा हुआ था. सारी बात उन को संक्षेप में बता कर रामनाथ ने उन से अगले कदम के बारे में सलाह मांगी.

‘‘जिस इलाके से उस लड़की को तुम्हारे भतीजे और उस के दोनों दोस्तों ने उठाया था, वहां के एसएचओ से जानपहचान निकालनी होगी. रामनाथ, मैं तुम्हें 10-15 मिनट बाद फोन करता हूं,’’ बारबार खांसी होने के कारण वकील साहब को बोलने में कठिनाई हो रही थी.

‘‘इन तीनों को अब क्या करना चाहिए?’’

‘‘इन्हें घर मत भेजो. ये एक बार पुलिस के हाथ में आ गए तो मामला टेढ़ा हो जाएगा.’’

‘‘इन्हें मैं अपने फार्म हाउस में भेज देता हूं.’’

‘‘उस कार में इन्हें मत भेजना जिसे इन्होंने रेप के लिए इस्तेमाल किया था बल्कि कार को कहीं छिपा दो.’’

‘‘थैंक्यू, माई फैं्रड.’’

‘‘मुझे थैंक्यू मत बोलो, रामनाथ. उस थाना अध्यक्ष को अपने पक्ष में करना बहुत जरूरी है. तुम्हें रुपयों का इंतजाम रखना होगा.’’

‘‘कितने रुपयों का?’’

‘‘मामला लाखों में ही निबटेगा मेरे दोस्त.’’

‘‘जो जरूरी है वह खर्चा तो अब करेंगे ही. इन तीनों की जलील हरकत का दंड तो भुगतना ही पड़ेगा. तुम मुझे जल्दी से दोबारा फोन करो,’’ रामनाथ ने फोन काटा और परेशान अंदाज में अपनी कनपटियां मसलने लगे थे.

 

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें