Crime Story: धोखाधड़ी-ऐसी भी लूट

Crime Story: रमेश नौकरी की तलाश में था. घर की माली हालत ठीक नहीं होने से अब आगे वह पढ़ते हुए नौकरी करना चाहता था. यहांवहां पूछतेपूछते 2 महीने हो गए थे, लेकिन उसे उस के लायक कहीं काम नहीं मिला.

अचानक रमेश के दिमाग में यह आइडिया कौंध गया, ‘क्यों मैं मोबाइल पर ही यह नौकरी ढूंढ़ लूं?’
गूगल पर सर्च करते ही वर्क फ्रौम होम के जबरदस्त इश्तिहात और वीडियो देख कर रमेश को खुशी हुई.
सिर्फ 2 घंटे मेहनत कर के महीने में एक लाख रुपए कमाओ, कंपनी दे रही है घर बैठे माल, पैंसिल पैकिंग बैस्ट वर्क फ्रौम होम, रिलायंसजिओ में टैलीककौलर की आवश्यताघर से काम करें और कमाएं हजारों रुपए…’

और भी तरहतरह के दसों विज्ञापन स्क्रीन पर उभर आए. रिलायंसजिओ का नाम देख कर रमेश को इस इश्तिहार में दम लगा. उस ने उस की वैबसाइट और औफिस डिटेल्स देख कर कौन्टैक्ट नंबर पर फोन किया. सामने से जवाब संतोषजनक था, ‘रजिस्ट्रेशन के लिए सिर्फ 2,000 रुपए आप को भरना है, हमारा बंदा वहां कर आप को लैपटौप दे जाएगा और साथ ही बताएगा कि घर बैठे कैसे आप को काम करना है?’

रमेश के पास इतने रुपए नही थे. उस ने मांपिता को भी यह बात नहीं बताई, क्योंकि वह जानता था उन के पास इतने रुपए नहीं है और ही बताने पर वे उस की कुछ मदद कर पाएंगेलिहाजा, रमेश ने 2,000 रुपए अपने चाचा से मांगे. चाचा ने उस की जरूरत समझ कर पैसे दे दिए. रमेश ने वे रुपए बैंक जा कर अपने अकाउंट में डाले और फिर जिओ के उस कंपनी अकाउंट पर ट्रांसफर कर दिए.

दूसरे दिन रमेश को फोन आया, ‘आप ने हमारे यहां वर्क फ्रौम होम के लिए रजिस्ट्रेशन किया है. आप को बहुतबहुत बधाई. आप को जल्द से जल्द लैपटौप और अदर एसैसरिज के इंश्योरैंस के लिए 10,000 रुपए भरने होंगे. हम आप से लैपटौप वगैरह का पैसा नहीं ले रहे. ये रुपए इंश्योरैंस कंपनी लेगी. अगर लैपटौप वगैरह खराब होता है, तो यह जिम्मेदारी उन की होगी. आप को जल्द रुपए भरने होंगे वरना आप की फाइल पैंडिंग पड़ी रहेगी.’

रमेश ने कहा, ‘‘सर, मुझे पहले ऐसा नहीं बताया गया था कि इतने रुपए देने होंगे. मैं ने बहुत मुश्किल से उन रुपयों का इंतजाम किया है. आप मेरे रुपए वापस दीजिए प्लीज.’’ जवाब मिला, ‘आप की फाइल बन चुकी है और इसी प्रोसैस के लिए ये रुपए थे. पड़ी है आप की फाइल, हम क्या करें इस फाइल का…’
रमेश ठगा सा रह गया. दिनभर उस का कहीं दिल नहीं लगा, रात में वह बिना खाना खाए ही सो गया.

सिमरन के मोबाइल की घंटी बजी. उसे बताया गया कि फलांफलां प्रतियोगिता में उस के मोबाइल नंबर पर इनाम लगा है, जिस में 50 लाख रुपए कैश उसे मिलने वाले हैं. इस के लिए सिर्फ 3,500 रुपए प्रोसैस फीस उसे देनी है, ताकि जल्द से जल्द प्राइज अमाउंट उस के अकाउंट नंबर पर ट्रांसफर किया जा सके.
सिर्फ 3,500 ही तो देने हैं. मैं अपनी जमा की गई पौकेट मनी में से दे देती हूं,’ यह सोच कर सिमरन मचल उठी थी, लेकिन उस के पिता ने उसे रोक लिया.

गली से आवाज आई, ‘अपना लकी ड्रा खोलें और सिर्फ 3,000 रुपए में पाएं फ्रिज, वाशिंग मशीन…’
संजना ने आवाज सुनी और उसे बुला लिया. उस सेल्समैन ने बताया कि सिर्फ 1,000 रुपए में आप को यह
2 चादरों का एक पैकेट खरीदना है. इस में एक कूपन है. कूपन स्क्रैच करने पर 21 इंच का कलर टीवी, फ्रिज, इंडक्शन सिगड़ी जो भी कूपन पर खुले, उसे 2,000 रुपए दे कर आप को लेना ही पड़ेगा.
मतलब सिर्फ 3,000 रुपए में 2 चादर, फ्रीज या कलर टीवी…’ यह सोच कर संजना ने कूपन लेना तय किया. उसे विश्वास भी था कि लकी ड्रा में इंडक्शन सिगड़ी खुलेगा और हुआ भी यही. 2,000 रुपए में इंडक्शन सिगड़ी उसे लेना ही पड़ा. बिना जरूरत के संजना के 3,000 रुपए खर्च हो गए.

लूट के इन तरीकों में एक नया तरीका सामने आया, जब पता चला कि एक नामचीन मैरिज मैट्रीमोनी का नाम बोल कर किसी ने उस मैट्रीमोनी औफिस के नाम पर 20-25 लोगों से 4 से 5 हजार रुपए ऐंठ लिए.
एक कहावत है किकाली गाय कांटा खाए’. रोजगार की खोज में यहांवहां फंस रहे बेरोजगार नौजवानों के साथ यही हो रहा है. वे नएनए तरह के लालच में फंसते जा रहे हैं. यह साफ करना जरूरी नहीं है कि जो लूट रहे हैं, वे रोजगार नहीं चाहते. हो सकता है उन की भी बुरी हालत हो. भूखे मरने की जगह उन्होंने इस गलत रास्ते को अपना लिया हो.

मतलब यह है कि रोजगार के हालात इतने बदतर हैं कि हर महीने चंद हजार रुपए किए 10-10 घंटे काम करना पड़ रहा है. जरूरत है कि सरकार गांवशहरों में समय के मुताबिक रोजगार के सही रास्ते दिखाने की कोशिश करे और ठगने वालों पर कठोर कानून कार्रवाई करे.  

Sexual Blackmailing: प्रोफैसर का बनाया न्यूड वीडियो

Sexual Blackmailing: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में कुछ लोगों ने एक प्रोफैसर को धोखे से अगवा कर उस का न्यूड वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. इतना ही नहीं, उन्होंने प्रोफैसर से 25 लाख रुपए की फिरौती भी मांगी. खास बात यह है कि इस कांड में ब्लैकमेलिंग गैंग का मास्टरमाइंड सीएफ का एक जवान भी निकला.

लूटपाट, अपहरण और फिरौती के इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों पर बीएनएस की धारा 140(2), 308(2), 309(6), 61(2) के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया. पकड़े गए इन आरोपियों में करन दिनकर, अरुण मनहर, श्यामजी सिन्हा, कार्तिकेश्वर रात्रे शामिल रहे. वहीं नाबालिग को बाल सुधारगृह में भेज दिया गया. ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे गैंग सरगना सीएफ जवान के पास पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए. Sexual Blackmailing

Fraud : झांसे‌ के‌ फांसे से बचना

Fraud : मध्य प्रदेश के कटनी थाना क्षेत्र में राजा रसगुल्ला की गली में सुबहसवेरे 60 साल की एक बूढ़ी औरत चंद्रकला जैन से जेवर ठग लिए. बाबा के वेश में पहुंचे ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और फिर उन के घर की परेशानियों का समाधान करने के नाम पर जेवर उतरवा कर चंपत हो गए.

ठगी का शिकार हुईं चंद्रकला जैन द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर आरोपियों की तलाश में जुट गई.

कोतवाली पानी की टंकी के पास रहने वाली चंद्रकला जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे सुबह पैदल राजा रसगुल्ला की गली से हनुमान ताल की तरफ जा रही थीं. वे बखरी वाले रोड पर पहुंची थीं कि तभी पीछे से एक आदमी ने उन्हें आवाज दी. आवाज देने वाला बाबा के वेश में था. उस ने आदमी ने उन से चश्मे की दुकान पूछी फिर बातचीत करते हुए कहा कि वह हरिद्वार से आया है. उस ने उन्हें दान देने के लिए कहा और फिर बातों में उलझा कर घर में कई परेशानियां होने और उन का समाधान करने का भरोसा दिलाते हुए सोने की चेन व कान टौप्स उतरवा कर पर्स में रखवाए. उस के बाद ठग ने पर्स अपने साथी को दिलवाया और चंद्रकला जैन से कहा कि वे 10 कदम आगे जाएं और लौट कर अपना पर्स उठाएं व घर जा कर पर्स पर दूध चढ़ाएं तो उन की सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी.

उस आदमी की बातों में आ कर चंद्रकला जैन 10 कदम आगे चलीं और पीछे मुड़ कर देखा तो दोनों ठग गायब थे.

सब से खास बात यह है कि हिंदू समाज में अगर कोई गेरुआ कपड़े पहन लेता है, दाढ़ी बड़ा लेता है, तो लोग उस की बात को पत्थर की लकीर समझने लगते हैं. इस तरह गलती हमारी खुद की है. हमें यह समझना चाहिए कि क्या सच है और क्या गलत. क्या फरेब है और क्या हकीकत. जब तक हम में यह समझ नहीं होगी, तब तक पुलिस और सरकार भी कुछ नहीं कर सकती. लिहाजा, हम ठगी के शिकार होते रहेंगे.

ऐसे करें बचाव

-लोगों खासकर बूढ़ी औरतों को अनजान लोगों से सावधान रहने की जरूरत है.

-बूढ़ों को अपने आसपास के माहौल को जानने की कोशिश करनी चाहिए. उन्हें जागरूक होना चाहिए कि आज का समय ठगी और फरेब का है और किसी की बातों में नहीं आना चाहिए.

-बूढ़ी औरतों को अपने परिवार और जानपहचान वालो को अपनी गतिविधियों के बारे में सूचना देते रहना चाहिए.

-बूढ़ी औरतों को अपने जेवर और पैसे सुरक्षित रखने चाहिए.

-बूढ़ों को सामाजिक समर्थन प्रदान करने के लिए सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए.

-ठगी के बारे में जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि लोगों को इस के बारे में जानकारी मिल सके.

-पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग कर के ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएं.

-बूढ़ी औरतों के लिए सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने के लिए सामुदायिक संगठनों को सामने आना चाहिए.

-ठगी की घटनाओं की जांच करने के लिए पुलिस को सूझबूझ के साथ कार्यवाही करनी चाहिए.

-ठगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश देना चाहिए.

ठगी होने की खास वजह लालच है. जैसे ही कोई रुपए या सोनाचांदी दोगुना करने का भरोसा देता है, लोग उस के पीछे घूमने लगते हैं. लोगों को यह समझना चाहिए कि अगर उस के पास कुछ चमत्कार है, तो वह खुद गरीब क्यों है.

Honey Trap : सोशल मीडिया पर डाक्टर को ठगा

Honey Trap : आरोपियों ने अपने अपराध को अंजाम देने के लिए एक शातिर योजना बनाई थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर डाक्टर को अपना निशाना बनाया और उन्हें अपने जाल में फंसाया.

आरोपियों ने डाक्टर को यह यकीन दिलाया कि वे दिल्ली पुलिस में हैं और उन्हें अपनी सेवाओं के लिए पैसे देने होंगे. डाक्टर ने आरोपियों की बातों पर यकीन कर लिया और उन्हें तकरीबन 9 लाख रुपए दे दिए. पर जब डाक्टर को यह एहसास हुआ कि वे ठगी के शिकार हो गए हैं, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और आखिरकार उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोपियों की पहचान तिलक नगर के बाशिंदे 42 साल के नीरज त्यागी उर्फ धीरज उर्फ धीरू, कराला के रहने वाले 32 साल के आशीष माथुर और खरखौदा, हरियाणा के रहने वाले 30 साल के दीपक उर्फ साजन के रूप में हुई थी.

पुलिस ने आरोपियों के पास से हैड कांस्टेबल की पूरी वरदी और दिल्ली पुलिस के 3 पहचानपत्र, एक कार और 3 मोबाइल फोन बरामद किए.

आरोपी नीरज त्यागी और दीपक उर्फ साजन के खिलाफ पहले से ही बिंदापुर थाने में प्रेमजाल में फंसा कर वसूली करने का मामला दर्ज है.

हनी ट्रैप की शुरुआत का सटीक समय नहीं बताया जा सकता है, क्योंकि यह एक तरह की धोखाधड़ी है, जो अलगअलग रूप में और अलगअलग समयों में हुई है.

हालांकि, यह कहा जा सकता है कि हनी ट्रैप की शुरुआत प्राचीनकाल में हुई थी, जब लोगों को औरतों के बहाने से लुभाने और उन से फायदा उठाने के लिए अलगअलग तरीकों का इस्तेमाल किया जाता था.

दरअसल, आधुनिक समय में हनी ट्रैप की शुरुआत 60 के दशक में हुई थी, जब अमेरिकी और सोवियत जासूसों ने अपने फायदे की जानकारी हासिल करने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल करना शुरू किया था.

इंटरनैट और सोशल मीडिया के आने के साथ हनी ट्रैप की शुरुआत और भी आसान हो गई है और अब यह एक आम तरह की धोखाधड़ी बन गई है, जो दुनियाभर के देशों में होती है.

कुछ दिलचस्प बातें

* 60 के दशक में अमेरिकी और सोवियत जासूसों ने हनी ट्रैप का इस्तेमाल करना शुरू किया था.

* 80 के दशक में हनी ट्रैप का इस्तेमाल व्यावसायिक जासूसी में किया जाने लगा था.

* 90 के दशक में इंटरनैट के आने के साथ हनी ट्रैप औनलाइन हो गई और यह और भी आसान हो गई.

हनी ट्रैप की कुछ घटनाएं

मध्य प्रदेश के इंदौर में हनी

ट्रैप का एक मामला सामने आया, जिस में एक औरत ने कई मर्दों को अपने जाल में फंसा कर उन से पैसे ऐंठे. इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था.

इसी तरह दिल्ली में भी हनी ट्रैप का एक मामला सामने आया था, जिस में एक औरत ने एक मर्द को अपने प्रेमजाल में फंसा कर उसे पैसे देने के लिए मजबूर किया था. इस मामले में पुलिस ने आरोपी औरत को गिरफ्तार किया था.

मुंबई में हनी ट्रैप का एक मामला सामने आया, जिस में एक औरत ने कई मर्दों को अपने प्रेमजाल में फंसा कर उन से पैसे ऐंठे. इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया.

हनी ट्रैप के प्रकार

औनलाइन हनी ट्रैप : औनलाइन हनी ट्रैप में आरोपी सोशल मीडिया या औनलाइन डेटिंग प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर के पीडि़त को अपने प्रेमजाल में फंसाता है.

औफलाइन हनी ट्रैप : औफलाइन हनी ट्रैप में आरोपी किसी पीडि़त से निजीतौर पर मिलता है और उसे अपने जाल में फंसाता है.

कौरपोरेट हनी ट्रैप : कौरपोरेट हनी ट्रैप में आरोपी किसी कंपनी के शख्स को अपने जाल में फंसाता है और उस से कारोबारी जानकारी हासिल करता है.

हनी ट्रैप के लक्षण

* अगर कोई किसी अनजान शख्स से अचानक मिलता है और उस के साथ बहुत जल्दी गहरे संबंध बनाने की कोशिश करता है, तो यह हनी ट्रैप का एक लक्षण हो सकता है.

* अगर कोई किसी के प्रति बहुत ज्यादा प्यार और आकर्षण दिखाता है, तो यह हनी ट्रैप का एक लक्षण हो सकता है.

* यदि कोई किसी की निजी जानकारी मांगता है, जैसे कि पता, फोन नंबर या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, तो यह हनी ट्रैप का एक लक्षण हो सकता है.

बचाव के कानूनी उपाय

* अगर आप हनी ट्रैप के शिकार हुए हैं, तो तुरंत ही पुलिस थाने में अपनी शिकायत दर्ज करें.

* हनी ट्रैप से संबंधित कानूनी सलाह लेने के लिए किसी माहिर वकील से बात करें.

* आप औनलाइन हनी ट्रैप के शिकार हुए हैं, तो साइबर सैल में शिकायत दर्ज करें.

हनी ट्रैप में लड़कियां और लड़के दोनों ही शामिल हो सकते हैं. हालांकि, ज्यादातर मामलों में लड़कियां ही हनी ट्रैप के लिए इस्तेमाल की जाती हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं है कि हर बार ऐसा ही हो. कुछ मामलों में लड़के भी हनी ट्रैप में शामिल हो सकते हैं.

हनी ट्रैप में शामिल होने वाले के लिए उस के लिंग या उम्र की कोई अहमियत नहीं है. यह एक ऐसी धोखाधड़ी है, जिस में कोई भी शामिल हो सकता है और किसी को भी अपना शिकार बना सकता है. ऐसे शातिर लोग अमीरों को फांसते हैं. वे लड़की को आगे रख कर अपने शिकार को गुमराह करते हैं और उन से फायदा उठाते हैं.

Love Crime : प्रेमिका के पापा ने कहा मर कर दिखाओ तो होगी शादी

अतुल लोखंडे और प्रीति 13 सालों से एकदूसरे को जानते थे. नजदीकियों ने उन्हें प्यार की सौगात दी, लेकिन एक की कामयाबी और दूसरे की नाकामी ने प्यार में बैरन का काम किया. फलस्वरूप जो हुआ, वह बहुत धमाकेदार और हैरतंगेज था…  

हांमैं अत्तू को 7 साल से जानती थी और उस के साथ रिलेशनशिप में थीलेकिन 7 साल में वह कुछ नहीं कर पाया. वह अपने कैरियर के प्रति लापरवाह था. मैं ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह स्टेबल नहीं हो पाया. इस वजह से एक साल से मैं ने उस से दूरियां बनानी शुरू कर दी थीं. मैं एक ऐसे आदमी से शादी नहीं करना चाहती थी, जो मेरी या परिवार की जिम्मेदारी निभा पाए.’

बीती 4 जुलाई को प्रीति जब मीडिया से रूबरू हुई, तब उस का चेहरा हालांकि उतरा और निचुड़ा हुआ था, लेकिन इस के बावजूद वह यह जताने की कोशिश करती नजर आई कि अतुल लोखंडे उर्फ अत्तू की आत्महत्या में उस का या उस के पिता का कोई हाथ नहीं हैमतलब उसे खुदकुशी के लिए उकसाया नहीं गया था. यह खुद अतुल का फैसला था, लेकिन जबरन उस के पिता का नाम बीच में घसीटा जा रहा है कि उन के कहने पर उस ने प्यार का सबूत देने के लिए आत्महत्या करने की कोशिश की. प्यार की यह दुखद कहानी भोपाल के शिवाजी नगर इलाके की है, जिसे शहर की सब से शांत और खूबसूरत जगहों में शुमार किया जाता है

हबीबगंज रेलवे स्टेशन और व्यवसायिक इलाके एम.पी. नगर से महज डेढ़ किलोमीटर की दूर स्थित शिवाजी नगर में सरकारी आवासों की भरमार है. यह जगह शहर के वीआईपी इलाके चार इमली से भी सटी हुई है, जहां प्रदेश भर की दिग्गज हस्तियां रहती हैं. शिवाजी नगर में रहने वाले नाम से कम अपने क्वार्टरों के टाइप और नंबरों से ज्यादा जाने जाते हैं. अगर आप अतुल लोखंडे के घर जाना चाहते हैं तो आप को 121 की लाइन ढूंढनी पड़ेगी. लेकिन अतुल लोखंडे को लोग नाम से भी जानते थे, क्योंकि वह भाजपा अरेरा मंडल के युवा मोर्चे का उपाध्यक्ष था

नेतागिरी में सक्रिय युवाओं को बरबस ही लोग जानने लगते हैं. ऐसे आवासों में अकसर पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाजाही लगी रहती है. कभीकभार कोई बड़ा नेता या मंत्री भी उन के घर जाता है. ऐसे में बैठेबिठाए मुफ्त का प्रचार मिल जाता है. 30 वर्षीय अतुल हंसमुख और जिंदादिल नवयुवक था, लेकिन बीती 3 जुलाई को उस ने निहायत ही नाटकीय अंदाज में खुदकुशी कर ली. ऐसे में भोपाल में सनाका खिंचना स्वाभाविक सी बात थी. प्रेम में जिंदगी हारा आशिक जब अतुल अपने घर से महज 2 सौ मीटर दूर रहने वाली प्रीति के घर पहुंचा, तब रात के लगभग साढ़े 9 बजे का वक्त था. प्रीति की इसी साल बैंक में नौकरी लगी थी और वह विदिशा से रोजाना हबीबगंज स्टेशन से अपडाउन करती थी. रोजाना की ही तरह उस के पिता उस दिन भी अपनी आई10 कार से उसे लेने स्टेशन पहुंचे थे.

दोनों अभी घर लौटे ही थे कि अतुल भी वहां पहुंच गया. प्रीति के पिता जल संसाधन विभाग में अधिकारी हैं. पहुंचते ही बगैर किसी भूमिका के, जिस की जरूरत भी नहीं थी, अतुल ने कहा कि वह प्रीति से शादी करना चाहता है. जवाब उम्मीद के मुताबिक नहीं मिला तो अतुल ने बिना किसी हिचकिचाहट या घबराहट के अपनी कमर में खोंसा हुआ देसी कट्टा निकाला और माथे पर लगा कर उस का ट्रिगर दबा दिया. गोली उस के भेजे में जा कर धंस गई. धांय की आवाज के साथ ही अतुल कटे पेड़ की तरह धड़ाम से जमीन पर गिर गया तो प्रीति और उस के पिता को माजरा समझ में आया. स्थिति देख कर वे घबरा गए. शोरशराबा शुरू हुआ तो आसपास के लोग दौड़े चले आए. भीड़ ने अतुल को उठा कर नजदीक के पारूल अस्पताल में भरती करा दिया. थोड़ी देर में उस के घर वाले भी अस्पताल पहुंच गए.

खबर तेजी से फैली कि भाजपा युवा मोर्चे के एक पदाधिकारी अतुल लोखंडे ने प्रेम प्रसंग के चलते खुद को गोली मार ली. अस्पताल के सामने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई. वारदात की खबर मिलते ही पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंच गई. सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल के सामने पुलिस बल तैनात कर दिया गया. एकत्र भीड़ में मौजूद अधिकांश लोगों को नहीं मालूम था कि आखिर माजरा क्या है, लेकिन एक घंटे की बातचीत और चर्चा के बाद अतुल और प्रीति की लव स्टोरी सामने आई तो कोहरा छंटता नजर आया. अब हर कोई यह दुआ मांगने लगा था कि अतुल बच जाए. पुलिस अपनी काररवाई में लग गई थी और डाक्टर अतुल के इलाज में जुट गए थे. अतुल के कुछ नजदीकी दोस्त गुट सा बना कर चर्चा कर रहे थे कि अतुल तो यह कहा करता था कि कुछ भी हो जाए, कभी खुदकुशी जैसा बुजदिली भरा कदम नहीं उठाएगा और आज वही

ब्लू व्हेल सा चैलेंज इसी चर्चा से सामने आई अतुल और प्रीति की प्रेमकथा, जिसे कई लोग पहले से ही जानते थे. अतुल और प्रीति करीब 13 साल से एकदूसरे को जानते थे और जल्द ही शादी करने वाले थे. कुछ लोग तो यह तक मानते थे कि दोनों शादी कर चुके थे, बस उन्हें पारिवारिक स्वीकृति और सामाजिक मान्यता का इंतजार था. फिर ऐसा क्या हो गया कि अतुल को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा. इस सवाल का जवाब मिला अतुल की फेसबुक वाल से, जिसे उस ने प्रीति के घर आने के पहले ही अपडेट करते हुए किसी ज्योतिषी की तरह अपनी मौत की सटीक भविष्यवाणी कर दी थी.

अतुल ने प्रीति के घर रवाना होने से चंद मिनटों पहले फेसबुक पर लिखा था

उस के पापा ने कहा कि आज शाम घर आओ, अपनी प्रेमिका के लिए मर के दिखाओअगर उस से प्यार करते हो तो. बच गए तो तुम दोनों की शादी पक्की, मर गए तो सात जन्म हैं हीफिर पैदा हो कर कर लेना शादी

मैं प्रीति के घर पर ही हूं, मुझे यहां से ले जाना. जिंदा रहा तो खुद जाऊंगा, उस से भी वादा किया था. एक वादा तो पूरा नहीं कर पाया दूसरा वादा, मैं तेरे बिना नहीं जी सकता, इसलिए मर रहा हूं

सब यही कहेंगे कि लड़की के चक्कर में चला गया, घर वालों के बारे में नहीं सोचा. सब के बारे में सोचसमझ कर ही यह कदम उठाया है. इस के अलावा कहीं कुछ नहीं दिख रहा, बहुत कोशिश कर ली पर भूल ही नहीं पा रहा. वैसे भी भुलाया तो पराए को जाता है अपने को नहीं.’

सहजता से समझा जा सकता है कि यह सब लिखते वक्त प्यार में असफल होने वाले एक आशिक की मनोदशा क्या रही होगी. एक आशिक दुनिया से लड़ सकता है लेकिन अपनी माशूका से नहीं लड़ पाता. उसे घर वालों की चिंता भी थी पर प्रीति के पिता की यह चुनौती उसे मजबूर कर रही थी कि वह अपने प्यार की सच्चाई साबित करे, भले ही इस के लिए उसे जान ही क्यों देनी पड़े. अस्पताल में भरती अतुल 4 जुलाई को जब जिंदगी से भी हार रहा था, तब प्रीति मीडियाकर्मियों के सामने यह साबित करने की कोशिश कर रही थी कि उस के पिता ने ऐसा कोई चैलेंज उसे नहीं दिया था, बल्कि यह एक नाकाम आशिक के खुराफाती दिमाग की उपज है.

अपनी बात में दम लाने के लिए प्रीति ने बताया कि हादसे के दिन वह अपनी ड्यूटी पूरी कर के रात लगभग 9.25 बजे घर पहुंची थी. उस के पिता भी साथ थे. घर के बाहर आल्टो कार में अत्तू बैठा था. हमें देखते ही वह भी घर के गेट तक गया. उस ने कहा कि एक मिनट पापा से बात करनी है. इस पर प्रीति ने कहा कि कोई बात नहीं होगी, तुम जाओ. उस ने जिद की तो पापा मान गए. तब तक गेट पर प्रीति की मां और बड़ी बहन भी गई थीं. गेट पर ही अतुल ने प्रीति से पूछा, ‘‘क्या मैं तुम्हें परेशान करता हूं?’’

जवाब में प्रीति ने कहा, ‘‘अब इन बातों का कोई मतलब नहीं, मैं शादी नहीं करूंगी.’’

उस का जवाब सुनते ही अतुल ने जेब से देशी कट्टा निकाला और कनपटी पर लगा कर गोली चला दी. बकौल प्रीति, फेसबुक पर अतुल ने जो लिखा है वह गलत है. हमारी कोई शादी नहीं हुई है और ही मेरे पिता ने उसे घर पर बात करने के लिए बुलाया था. प्रीति ने यह भी बताया कि अतुल ने कुछ दिन पहले उस के साथ सरेराह मारपीट भी की थी. उस की स्कूटी का मिरर, मोबाइल और हेलमेट तोड़ दिए थेप्रीति उस से दूर रहना चाहती थी पर एक महीने से अतुल के सिर पर पागलपन सवार था. उस के बडे़ भाई मुकुल ने भी उस के पिता को भलाबुरा कहा था. इसी दौरान अतुल ने उस के औफिस जा कर भी बात करने की कोशिश की थी. इस पर प्रीति ने उसे समझाया था कि अब हमारा कुछ नहीं हो सकता, तुम अपना कैरियर बनाओ.

मीडिया से रूबरू होते समय प्रीति के पिता का कहना था कि उन्होंने कुछ दिनों पहले ही अतुल के घर वालों से उस की शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने कहा कि उन का बेटा मरता है तो मर जाए, आप यहां से चले जाएं. चूंकि अतुल उन के घर के चक्कर लगाता रहता था, इसलिए वे प्रीति को लेने स्टेशन जाने लगे थे, जिस से किसी तरह का फसाद खड़ा हो. अतुल ने खुदकुशी कर के जो फसाद खड़ा किया, वह शायद ही लोग आसानी से भूल पाएं. इस मामले में फसाद की जड़ माशूका की बेरुखी थी, जो साफ दिखती है. जबकि यह बात अतुल की समझ में नहीं रही थी कि ऐसा क्या हो गया जो नौकरी लगते ही प्रीति का दिमाग फिर गया और वह उस से रूठीरूठी रहने लगी. मुमकिन है इस दौरान उसे अपने निकम्मे होने का खयाल भी आया हो, जिस का अहसास खुद प्रीति भी उसे करा चुकी थी.

4 जुलाई को जब अतुल जिंदगी की जंग में हार रहा था, तब केवल प्रीति और उस के घर वाले अतुल पर आरोप लगा रहे थे, बल्कि अतुल के घर वाले भी खामोश नहीं बैठे थे. सच के इर्दगिर्द अतुल की मां सुनंदा का कहना था कि प्रीति का 12-13 सालों से उन के घर आनाजाना था. वह उन के घर के हर कार्यक्रम में हिस्सा लेती थी और हर मामले में घर के सदस्य जैसा ही अधिकार जमाती थी. उन्होंने स्वीकारा कि अतुल और प्रीति दोनों एकदूसरे से प्यार करते थे. लेकिन बैंक में नौकरी लगने के बाद प्रीति के तेवर बदल गए थे. उस की ख्वाहिशें बढ़ गई थीं. उसे रहने के लिए बंगला और घूमने के लिए गाडि़यां चाहिए थीं. 15 दिन में मेरा बेटा यह सब कहां से अरेंज करता, प्रीति शर्तों पर जीना चाहती थी, लेकिन प्यार में शर्तें कहां होती हैं?

अतुल की मां भी सरकारी कर्मचारी हैं और उस के पिता मधुकर लोखंडे जेल विभाग में कार्यरत हैं जो कुछ नामालूम वजहों के चलते घर से अलग रहते हैं. इन बातों का प्रीति और अतुल के प्यार की गहराई से कोई संबंध नहीं लगता, जो किशोरावस्था में ही पनप चुका था और इतना परिपक्व हो चुका था कि पूरा शिवाजी नगर इस प्रेम प्रसंग को जानता था. दूसरे प्रेमियों की तरह उन्हें चोरीछिपे नहीं मिलना पड़ता थालाख टके और मुद्दे की बात अतुल का खुदकुशी का फैसला है, जिस की वजह यही समझ आती है कि वाकई नौकरी लगने के बाद प्रीति बदल गई थी. यह बात दूसरे शब्दों में वह खुद भी स्वीकार कर रही है और अतुल की मां का भी यही कहना है.

हंसमुख अतुल मौत के 15 मिनट पहले तक दोस्तों को हंसा रहा था, पर तब कोई नहीं समझ पाया था कि इस नाकाम आशिक के दिलोदिमाग में कौन सा तूफान उमड़ रहा हैप्रीति की यह नसीहत अपनी जगह ठीक थी कि अतुल को कैरियर पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन उस की बेरुखी अतुल बरदाश्त नहीं कर पाया तो खुद की चलाई गोली उस के भेजे में उतरी और 5 जुलाई को उस ने अपने घर के ठीक सामने बने पारूल अस्पताल में दम तोड़ दिया. लगता है कि अतुल नफरत और प्यार के द्वंद में फंस गया था. फेसबुक पर उस ने यह लिखा भी था कि प्रीति को कोई कुछ कहे, सारी गलती खुद उसी की है. सब कुछ मेरी वजह से ही बिगड़ा. प्रीति के लिए उस ने लिखा कि मैं 13 साल उस के साथ रहा, लेकिन उस के सपने पूरे नहीं कर पाया.

तू भी हमारे 13 साल के रिश्ते को कैसे भूल गई. अपने पापा के सामने डर क्यों गई? एक बार हिम्मत दिखाती तो आज जिंदगी कुछ और होती. अपनी मां को संबोधित करते हुए उस ने बड़े भावुक अंदाज में इच्छा जताई थी कि अगर यह सच है कि 7 जन्म होते हैं तो हर जन्म में वह अपनी मां का बेटा बनना चाहेगा, उस की मां जैसी कोई मां दुनिया में नहीं है.

साइबर ठगी का शिकार हुआ शिवम, 8-9 लाख का बैंक खाते से हुआ फ्रौड

मध्य प्रदेश के जिला नरसिंहपुर का गोटेगांव कस्बा जिस का नाम श्रीधाम है, शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की तपोस्थली के रूप में पूरे देश में जाना जाता है. 9 मई, 2023 की बात है. श्रीधाम रेलवे स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर ही पुलिस स्टेशन गोटेगांव में टीआई हिमलेंद्र पटेल अपने कक्ष में बैठे एक पुराने केस की फाइल पलट रहे थे, तभी एक 20-21 साल के नवयुवक ने उन के कमरे के सामने दस्तक देते हुए कहा, “सर, क्या मैं अंदर आ सकता हूं?”

“हां, आ जाइए.” टीआई ने कहा.

वह युवक कमरे में दाखिल हुआ और टीआई के इशारे पर कुरसी पर बैठ गया.

“बोलो क्या काम है?” फाइल से नजरें हटाते हुए टीआई बोले.

“सर, मेरा नाम शिवम कहार है. मेरे पिताजी सुनील कहार इस दुनिया में नहीं हैं. मैं बैलहाई इलाके में रहता हूं. सर, मेरे साथ बैलहाई में रहने वाले कमलेश पटेल और उस के साथियों ने मारपीट की है, मैं इस की रिपोर्ट लिखाने आया हूं.” घबराते हुए युवक बोला.

“आखिर मारपीट की कोई वजह भी तो होगी, राह चलते कोई किसी के साथ भला मारपीट क्यों करेगा?” टीआई पटेल ने उस से पूछा.

“सर, वजह कोई खास नहीं, पैसों के लेनदेन की वजह से कहासुनी हुई तो कमलेश और उस के दोस्त ब्रजेश, छोटू और अमन हाथापाई पर उतर आए.” शिवम ने बताया.

“किस तरह का लेनदेन था? क्या तुम ने उन लोगों से पैसे उधार लिए थे? उधारी का पैसा देने में कोताही कर रहे होगे?” टीआई पटेल सख्त हो कर बोले.

“नहीं सर, मैं ने किसी से पैसे उधार नहीं लिए थे. मुझे पैसों की जरूरत थी तो मैं ने अपने बैंक का एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम कमलेश पटेल को दिया था. जब मैं ने अपने अकाउंट की डिटेल निकलवाई तो मुझे पता चला कि इस में 8-9 लाख रुपए का लेनदेन हुआ है. जब मैं ने कमलेश से अपना एटीएम वापस मांगा तो वह गालियां देने लगा. तभी उस के दोस्त भी वहां आ गए और सभी ने मिल कर मुझे खूब पीटा.” शिवम रोते हुए बोला.

टीआई हिमलेंद्र पटेल ने शिवम कहार की शिकायत नोट करते हुए इस की जांच के लिए अधीनस्थ स्टाफ को निर्देशित कर दिया.

ठगों ने शिवम के खाते में की 8-9 लाख की ट्रांजैक्शन

गोटेगांव में रहने वाले 21 साल के शिवम कहार की रिपोर्ट की जांच करने पर पता चला कि कमलेश पटेल निवासी गोटेगांव द्वारा लोन दिलाने एवं सिबिल स्कोर अच्छा करने का लालच दे कर शिवम से यूनियन बैंक औफ इंडिया और एक्सिस बैंक में खाते खुलवाए गए थे. बाद में कमलेश ने शिवम का खाता नंबर, एटीएम कार्ड और पिन ले कर उस के एक्सिस बैंक के खाते से 8-9 लाख रुपए का ट्रांजैक्शन कमलेश पटेल और उस के साथियों द्वारा मिल कर किया गया था.

पुलिस थाना गोटेगांव में शिवम कहार की रिपोर्ट पर कमलेश और उस के साथियों के खिलाफ भादंवि की धारा 420, 467, 120बी का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया. इस मामले की सूचना एसपी अमित कुमार को मिली तो उन्होंने आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए एडिशनल एसपी सुनील शिवहरे के निर्देशन और एसडीओपी (गोटेगांव) भावना मरावी की अध्यक्षता में विशेष पुलिस टीम गठित की गई.

पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई और स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया. जानकारी एकत्रित की गई. पुलिस टीम ने रिपोर्टकर्ता शिवम कहार से एक बार फिर पूछताछ की तो उस ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जो कहानी बताई, उस से पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए.

दोस्त के जरिए ठग गैंग से हुआ संपर्क

बैलहाई आजाद वार्ड, गोटेगांव का रहने वाला शिवम कहार कुल जमा नौवीं जमात तक पढ़ा है. शिवम के पिता की साल 2020 में कोरोना से मौत हो गई थी. घर में मां और छोटी बहन को पालने की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर आ गई थी. भाईबहन दोनों ही अविवाहित हैं. पिछले 3 सालों से वह चायनाश्ते की दुकान पर काम कर रहा है.

5 महीने पहले दिसंबर, 2022 में शिवम की मम्मी की तबीयत खराब हुई तो वह अपने दोस्त सरदार पटेल वार्ड में रहने वाले जय मुडिय़ा के पास पहुंच कर बोला, “यार जय, घर में मम्मी की तबीयत खराब है और मेरे पास उन की दवाइयों के लिए पैसे भी नहीं है. कुछ रुपए मुझे उधार दे दे, मैं जल्द तुझे लौटा दूंगा.”

“मेरे भाई, तुझे तो पता है कि मेरी माली हालत इतनी अच्छी नहीं है कि तुझे रुपए उधार दे सकूं. लेकिन एक शख्स है जो तुझे रुपए उधार दे सकता है.” जय ने शिवम को समस्या का हल बताते हुए कहा.

“बता यार कौन है वो, जो मुझे इस बुरे वक्त में रुपए उधार दे सकता है?” शिवम उतावला हो कर बोला.

“2-3 महीने पहले मुझे भी पैसों की जरूरत थी, तब मेरा संपर्क गोटेगांव के एक लडक़े से हुआ था जिस का नाम कमलेश पटेल है. उस ने मुझ से बैंक का एटीएम कार्ड, बैंक से लिंक सिम कार्ड लिया था. इस के एवज में उस ने मुझे 3 हजार रुपए दिए थे.

तभी उस ने कहा था कि यदि किसी और को पैसे कमाने हो तो उस से भी बैंक अकाउंट मांग लेना.” जय ने पूरी बात शिवम को समझाते हुए कहा.

“लेकिन इस में कोई गड़बड़ तो नहीं होगी?” आशंका जताते हुए शिवम ने पूछा.

“काहे की गड़बड़… हमारे अकाउंट में कहां के लाख रुपए जमा हैं.” भरोसा दिलाते हुए जय बोला.

जय ने शिवम की तसल्ली के लिए स्पीकर औन कर के कमलेश से बात की.

जय ने पूछा, “कमलेश भाई मेरा एक दोस्त शिवम है, जो अपना अकाउंट आप को देना चाहता है, लेकिन वह जानना चाहता है कि आप इस अकाउंट का क्या उपयोग करते हो?”

इस पर कमलेश ने फोन पर ही बताया, “मैं इस तरह कई लोगों से खाते ले कर आगे दूसरे व्यक्तियों को भेजता हूं. वे लोग इन

खातों में 3-4 लाख रुपए ओटीपी और लिंक के माध्यम से जमा कराते हैं. इस के बाद एटीएम और सिम के जरिए रुपए अकाउंट से निकाल लेते हैं. कुछ समय बाद फिर बैंक अकाउंट का उपयोग बंद कर देते हैं.”

साइबर कैफे वाला भी शामिल था ठग गैंग में

जय मुडिय़ा और कमलेश पटेल की बातों पर भरोसा करते हुए शिवम ने जय की मार्फत अपना यूनियन बैंक औफ इंडिया का एटीएम कार्ड व खाते से जुड़ा सिम कार्ड कमलेश को दे दिया. कमलेश से इस के बदले में उसे 2 हजार रुपए मिल गए. करीब 10 दिनों बाद शिवम के पास कमलेश पटेल का फोन आया.

उस ने जय का हवाला देते हुए बताया कि जो एटीएम कार्ड और सिम उस ने दिया है, वह सही ढंग से काम नहीं कर रहा है. उस ने दूसरा एटीएम जारी कराने और अकाउंट से दूसरा मोबाइल नंबर भी रजिस्टर्ड करवाने के लिए कहा.

इस काम के लिए कमलेश ने उसे रिपटा के पास साइबर पौइंट दुकान पर भेजा, जहां उस दुकानदार ने उस के नाम पर दूसरी सिम एक्टिवेट कर खुद रख ली और नंबर दे कर उसे बैंक खाते में लिंक कराने के लिए कहा.

साइबर पौइंट संचालक के कहे अनुसार शिवम ने बैंक जा कर अपने अकाउंट से नया मोबाइल नंबर लिंक करा कर दूसरा एटीएम कार्ड जारी करवा लिया और उसी साइबर पौइंट वाली दुकान के संचालक को दे दिया.

इस के एक सप्ताह बाद फिर कमलेश का फोन आया. उस ने शिवम से कहा, “और रुपयों की जरूरत हो तो दूसरे बैंक का एटीएम कार्ड और दूसरा सिम कार्ड लिंक करा कर दे सकते हो.”

कमलेश की बातों से शिवम के मन में लालच आ गया. कमलेश के कहे अनुसार शिवम ने एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड साइबर पौइंट दुकान पर दे दिया और दूसरी सिम भी लिंक करा दी. लेकिन इस बार दुकानदार ने 2 हजार रुपए नहीं दिए. इस के कुछ दिन बाद उस ने बैंक जा कर वह एटीएम कार्ड ब्लौक करा दिया. जब शिवम ने कमलेश से रुपए न मिलने की शिकायत की तो इस के बाद कमलेश ने संपर्क करना बंद कर दिया.

8 मई को वह कमलेश को दिए गए एक्सिस बैंक खाते की डिटेल पता करने बैंक गया तो पता चला कि उस के खाते में 9 लाख रुपए से अधिक का लेनदेन हुआ है. उस के खाते से लगातार लेनदेन किया जा रहा था, जबकि उस ने खाता खुलवाने के बाद खुद कभी एक भी रुपया जमा नहीं किया था. इस बात का उलाहना जब शिवम ने कमलेश और उस के साथियों को दिया तो वे हाथापाई पर उतर आए.

साइबर ठगों तक पहुंच गई पुलिस

शिवम की बात सुन कर पुलिस समझ गई कि यह एक गैंग है जो सुनियोजित तरीके से धंधा कर रहा है. पुलिस टीम को अब उस गैंग तक पहुंचना था. पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि कमलेश पटेल ने इस तरह की डील और भी कई लोगों के साथ की हुई है. एसडीओपी भावना मरावी और गोटेगांव टीआई हिमलेंद्र पटेल ने जब इस की कडिय़ां जोड़ीं तो एक बड़े साइबर ठग गिरोह की जानकारी सामने आई.

जांच के दौरान पता चला कि शिवम जैसे ही कई लोगों के साथ कमलेश पटेल और उस की गैंग ने बैंक अकाउंट में धोखाधड़ी की है. पुलिस ने जब एकएक कर के 35 बैंक खातों की डिटेल खंगाली तो पता चला कि पिछले 5 महीने के दौरान इन बैंक खातों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा आदि राज्यों के लोगों के साथ धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपयों का लेनदेन किया गया है.

बैंक अकाउंट को किराए पर लेने वाला यह गिरोह गोटेगांव और आसपास के लोगों को यह बोल कर बैंक खाते खुलवाते थे कि वे उन्हें आसानी से लोन दिलवाएंगे. इस के लिए उन का सिबिल स्कोर बढ़ाएंगे, जिस से ज्यादा लोन मिल सके. इस के लिए वे लोगों के बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और खाते से लिंक मोबाइल का सिम कार्ड खुद रख लेते थे.

फिर यह लोग ऐसे बैंक अकाउंट आकाश राजपूत नाम के ठग को बेचते थे. आकाश इन बैंक खातों को जामताड़ा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली के साइबर फ्रौड करने वाले गिरोह को बेच देता था. ज्यादातर खाताधारकों को यह पता ही नहीं चलता था कि उन के खातों में लाखों का लेनदेन किया जा रहा है.

डिजिटल टेक्नोलौजी के दौर में देश में साइबर क्राइम जिस तेजी से बढ़ रहे हैं, पुलिस के सामने चुनौतियां भी बढ़ी हैं. पढ़ेलिखे नौजवानों को सरकार नौकरी नहीं दे पा रही. ऐसे में युवा पीढ़ी अपराध की ओर बढ़ रही है. साइबर क्राइम की घटनाएं केवल अब बड़े शहरो में ही नहीं, छोटेछोटे गांवकस्बों में तेजी से बढ़ रही हैं.

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में साइबर क्राइम का यह अनूठा मामला था, जिस में साइबर ठग बैंक अकाउंट को किराए पर दे कर उन अकाउंट में करोड़ों रुपए का लेनदेन करते थे.

मध्य प्रदेश के तमाम लोगों के अकाउंट ले रखे थे किराए पर

साइबर ठगों को किराए पर बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने वाले इस गैंग ने नरसिंहपुर, बैतूल, जबलपुर समेत दूसरे शहरों के लोगों को टारगेट कर रखा था. इस के पहले मध्य प्रदेश के ग्वालियर, शिवपुरी और गुना में यह गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ चुका था.

पुलिस ने जिन साइबर ठगी करने वाले लोगों को हिरासत में लिया है, उन में से एक आकाश सिंह राजपूत गैंग का सरगना है.

27 साल का आकाश गोसलपुर जबलपुर का रहने वाला है. उस के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के शिमला, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में साइबर फ्रौड और अन्य मामलों के 25 अपराध दर्ज हैं. जबलपुर पुलिस उसे जिलाबदर कर चुकी है.

ग्रेजुएट आकाश ने साइबर ठगी से एक महीने में 20 लाख रुपए कमीशन के जरिए कमाए थे. उस के पास से जब्त की गई कार इसी रकम से खरीदी गई थी.

दूसरा आरोपी शिवम उर्फ ब्रजेश राजपूत का काम लोगों से बैंक खाता खुलवाना था. वह पशु चिकित्सालय गोटेगांव के सामने रहता है और साइबर कैफे चलाता है. कैफे में आने वाले कम उम्र के लडक़ों को वह रुपयों का लालच दे कर बैंक में अकाउंट खुलवाता था. फिर अकाउंट का एटीएम कार्ड और सिम कार्ड को अपने पास रख कर युवाओं को 2-3 हजार रुपए दे देता था. इस के खिलाफ मारपीट के मामले भी दर्ज हैं.

पकड़ा गया एक आरोपी अश्विन पटेल गोटेगांव के कुम्हड़ाखेड़ा का रहने वाला है, जो आकाश का खास साथी है. यह बैंक खाता नंबर, पैसे, फरजी सिम आदि पहुंचाने कई बार पश्चिम बंगाल के हावड़ा जा चुका है. इसे इस ठगी के नेटवर्क के बारे में काफी कुछ पता है. अनिल उर्फ छोटू पटेल गोटेगांव के बैलहाई का रहने वाला है, जो लोगों के बैंक खाते खुलवाता था और उन की डिटेल्स आकाश और अश्विन को देता था.

वाट्सऐप ग्रुप में बोली लगती थी बैंक अकाउंट की

एक और आरोपी आजाद वार्ड गोटेगांव का रहने वाला अमन गोरिया है, जिस का काम भी बैंक खातों की व्यवस्था करना था. यह लोगों को उन का सिबिल स्कोर बेहतर बनाने का झांसा देता था तथा बैंक से लोन दिलाता था. पकड़ा गया छठवां आरोपी अवधेश उर्फ राणा राजपूत गोटेगांव के समीप गांव गोहचर का रहने वाला है. राणा भी ग्रामीणों के बीच जा कर लोन दिलाने का झांसा दे कर बैंक खाते खुलवाता था.

जीतने का लालच देते हैं और फिर लौटरी का अमाउंट ट्रांसफर करने के नाम पर लोगों के बैंक खाते की सीक्रेट डिटेल्स जैसे- कार्ड नंबर, सीवीवी कोड, ओटीपी आदि हासिल कर के उन के बैंक खाते में मौजूद सारे पैसे उड़ा लेते हैं.

ऐसे धोखेबाजों और साइबर फ्रौड से बचे रहने के लिए सरकार लगातार लोगों को जागरूक करती रहती है. लोगों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि कोई भी अनजान व्यक्ति आप के बैंक अकाउंट की डिटेल के लिए फोन, एसएमएस या ईमेल करे तो इसे इग्नोर कर दें. इस के बावजूद भी यदि कोई साइबर फ्रौड का शिकार हो तो सब से पहले बैंक को सूचना दे कर नजदीकी पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत अवश्य दर्ज कराएं.

—भावना मरावी

एसडीओपी (गोटेगांव) नरसिंहपुर

साइबर क्राइम : ‘लाइक’ के नाम पर 37 अरब की ठगी

Crime News in Hindi: दिल्ली के लक्ष्मीनगर के रहने वाले गौरव अरोड़ा नोएडा की एक रियल एस्टेट कंपनी में बढ़िया नौकरी करते थे. लेकिन पिछले 2 सालों से वह काफी परेशान थे. इस की वजह यह थी कि जब से केंद्र में भाजपा सरकार आई, तब से रियल एस्टेट के क्षेत्र में मंदी आ गई है. पहले जहां प्रौपर्टी की कीमतें आसमान छू रही थीं, अब वह स्थिर हो चुकी हैं. केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से इनवैस्टर भी अब प्रौपर्टी में इनवैस्ट करने से कतरा रहे हैं. इस का सीधा प्रभाव उन लोगों पर पड़ रहा है, जिन की रोजीरोटी रियल एस्टेट के धंधे से चल रही थी. गौरव को हर महीने अपनी कंपनी का कुछ टारगेट पूरा करना होता था. पहले तो वह उस टारगेट को आसानी से पूरा कर लेता था, लेकिन प्रौपर्टी के क्षेत्र में आई गिरावट से अब बड़ी मुश्किल से घर का खर्च चल रहा था.

बच्चों की पढ़ाई के खर्च के अलावा उसे घर के रोजाना के खर्च पूरे करने में खासी परेशानी हो रही थी. एक दिन बौस ने उसे अपनी केबिन में बुला कर पूछा, ‘‘गौरव, यहां नौकरी के अलावा तुम और कोई काम करते हो?’’

‘‘नहीं सर, समय ही नहीं मिलता.’’ गौरव ने कहा.

‘‘देखो, मैं तुम्हें एक काम बताता हूं, जिसे तुम कहीं भी और दिन में कभी भी कर सकते हो. काम इतना आसान है कि तुम्हारी पत्नी या बच्चे भी घर बैठे कर कर सकते हैं.’’ बौस ने कहा.

‘‘सर, ऐसा क्या काम है, जो कोई भी कर सकता है?’’ गौरव ने पूछा.

‘‘नोएडा की ही एक कंपनी है सोशल ट्रेड. इस कंपनी के अलगअलग पैकेज हैं. आप जो पैकेज लेंगे, कंपनी उसी के अनुसार आप को लाइक करने को देगी. हर लाइक का 5 रुपए मिलता है.’’ बौस ने कहा.

‘‘सर, मैं कुछ समझा नहीं.’’ गौरव ने कहा.

‘‘मैं तुम्हें विस्तार से समझाता हूं.’’ कह कर बौस ने एक खाली पेपर निकाला और उस पर समझाने लगे, ‘‘देखो, कंपनी के 4 तरह के प्लान हैं. पहला है एसटीपी-10, दूसरा है एसटीपी-20, तीसरा है एसटीपी-50 और चौथा है एसटीपी-100.

‘‘एसटीपी-10 का पैकेज 5750 रुपए का है. इस में तुम्हें रोजाना 10 लाइक करनी होंगी. एसटीपी-20 का पैकेज 11500 रुपए का है. इस में तुम को रोजाना 20 लाइक करने को मिलेंगे. एसटीपी-50 के पैकेज में 28,750 रुपए जमा कर के 50 लाइक प्रतिदिन करने को मिलेंगे और एसटीपी-100 के पैकेज में 57,500 रुपए जमा कर के 125 लाइक तुम्हारी आईडी पर करने को आएंगे.

‘‘पैकेज की इस धनराशि में 15 प्रतिशत टैक्स भी शामिल है. यह लाइक शनिवार, रविवार और सरकारी छुट्टियों को छोड़ कर एक साल तक आएंगे. हर लाइक के 5 रुपए मिलेंगे. तुम्हें जो इनकम होगी, उस में से सरकार के नियम के अनुसार टैक्स भी काटा जाएगा.‘‘तुम्हें फायदे की एक बात बताता हूं. तुम जिस पैकेज में जौइन करोगे, 21 दिनों के अंदर उसी पैकेज में 2 और लोगों को जौइन करा दिया तो तुम्हारी आईडी बूस्टर हो जाएगी. यानी उस आईडी पर दोगुने लाइक आएंगे. अगर और ज्यादा कमाई करनी है तो ज्यादा से ज्यादा लोगों को जौइन कराओ, इस से डाइरेक्ट इनकम के अलावा बाइनरी इनकम भी मिलेगी.’’

बौस ने आगे बताया, ‘‘कंपनी हंडरेड परसेंट लीगल है. बिना किसी डर के तुम यहां काम कर के अच्छी कमाई कर सकते हो. यकीन न हो तो तुम मेरी बैंक पासबुक देख सकते हो.’’ इतना कह कर बौस ने गौरव को अपनी पासबुक दिखाई.

गौरव ने पासबुक देखी तो सचमुच उस में कंपनी की तरफ से कई हजार रुपए आने की एंट्री थी. उसे यह स्कीम अच्छी लगी. उसे लगा कि यह तो बहुत अच्छा काम है, जो घर पर कोई भी कर सकता है. उस ने बौस से कह दिया कि अभी उस के पास पैसे नहीं हैं. जैसे ही पैसों का जुगाड़ हो जाएगा, वह काम शुरू कर देगा.

घर पहुंचने के बाद गौरव के दिमाग में बौस द्वारा दिखाया गया सोशल ट्रेड कंपनी का प्लान ही घूमता रहा. उस ने सोचा कि अगर वह 57,500 रुपए जमा कर देगा तो 625 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे. सब कटनेकटाने के बाद 1,33,594 रुपए मिलेंगे यानी एक साल में उस के पैसे दोगुने से अधिक हो जाएंगे.

गौरव ने इस बारे में पत्नी को बताया तो पत्नी ने कहा कि इस तरह की कई कंपनियां लोगों के पैसे ले कर भाग चुकी हैं. इन के चक्कर में न पड़ा जाए तो बेहतर है. वैसे आप की मरजी. गौरव ने पत्नी की सलाह को अनसुना कर दिया. सोचा कि इसे कंपनी के बारे में जानकारी नहीं है, इसलिए यह ऐसी बातें कर रही है. बहरहाल उस ने ठान लिया कि वह यह काम जरूर करेगा. अगले दिन उस के एक नजदीकी दोस्त ने भी सोशल ट्रेड के प्लान के बारे में बताते हुए कहा कि वह खुद पिछले एक महीने से इस प्लान से अच्छी इनकम हासिल कर रहा है.

दोस्त ने गौरव से भी सोशल ट्रेड जौइन करने को कहा. गौरव को सोशल ट्रेड में काम करना ही था, इसलिए उस ने बौस के बजाय दोस्त के साथ जुड़ कर सोशल ट्रेड में काम करना उचित समझा.

गौरव के पास कुछ पैसे बैंक में थे, कुछ पैसे बैंक से लोन ले कर उस ने 1,15,000 रुपए कंपनी के खाते में जमा करा कर 2 आईडी ले लीं. उस की आईडी के बाईं साइड में उस की एक और आईडी लग चुकी थी. अगर उस के दाईं साइड में 57,500 रुपए की एक आईडी और लग जाती तो उस की मुख्य आईडी पर बूस्टर लग सकता था.

इसलिए गौरव इस फिराक में था कि 57,500 रुपए की एक आईडी किस की लगवाई जाए. उस ने अपने बड़े भाई कपिल अरोड़ा को सोशल ट्रेड के प्लान की इनकम के बारे में बताया. लालच में कपिल भी तैयार हो गया और उस ने भी 25 जनवरी, 2017 को 57,500 रुपए जमा करा दिए.

कपिल अरोड़ा की आईडी लगते ही गौरव की मुख्य आईडी बूस्टर हो गई और उस पर 125 के बजाए 250 लाइक आने लगे, जिस से उसे रोजाना 1250 रुपए की इनकम होने लगी. गौरव ने पेमेंट मोड 15 दिन का रखा था. 23 जनवरी, 2017 को उसे पहला पेआउट 4800 रुपए का मिला. कपिल की आईडी लग जाने के बाद उसे अगला पेआउट इस से डबल आने की उम्मीद थी, पर अगले 15 दिनों बाद उस का पेआउट नहीं आया.

यह बात गौरव ने अपने उस दोस्त से कही, जिस ने उसे जौइन कराया था. दोस्त ने उसे बताया कि कंपनी में अपग्रेडेशन का काम चल रहा है, इसलिए सभी के पेमेंट रुके हुए हैं. चिंता की कोई बात नहीं है, जो भी पेमेंट इकट्ठा होगा, वह सारा मिल जाएगा. यही नहीं, उस ने गौरव से कहा कि वह अपनी टीम बढ़ाए, जिस से इनकम बढ़ सके.

गौरव रोजाना अपनी आईडी पर आने वाले लाइक करता रहा. चूंकि उस का पेआउट नहीं आ रहा था, इसलिए उस ने और किसी को सोशल ट्रेड में जौइन नहीं कराया. उस का भाई कपिल भी अपनी आईडी पर आने वाले 125 लाइक रोजाना करता रहा. गौरव और कपिल कंपनी के एफ-472, सेक्टर-63 नोएडा स्थित औफिस भी गए.

उन की तरह अन्य सैकड़ों लोग वहां अपनी इसी समस्या को ले कर आजा रहे थे. सभी को यही बताया जा रहा था कि आईटी एक्सपर्ट सिस्टम को अपग्रेड करने में लगे हुए हैं. सोशल ट्रेड कंपनी से लाखों लोग जुड़े थे. उन में से अधिकांश के मन में इसी बात का संशय था कि पता नहीं कंपनी उन का रुका हुआ पेआउट देगी या नहीं. बहरहाल बड़े लीडर्स और कंपनी की ओर से परेशानहाल लोगों को आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिल रहा था.

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के सूरजपुर के रहने वाले दिनेश सिंह और पूर्वी दिल्ली के आजादनगर की रहने वाली पूजा गुप्ता ने भी दिसंबर, 2016 में अलगअलग 57,500 रुपए कंपनी के खाते में जमा करा कर आईडी ली थीं. ये भी रोजाना अपनी आईडी पर 125 लाइक करते थे. जौइनिंग के एक महीना बाद भी इन को इन के किए गए लाइक का पैसा नहीं मिला तो इन्हें भी चिंता होने लगी. न तो इन्हें अपने अपलाइन से और न ही कंपनी से कोई संतोषजनक जवाब मिल रहा था.

थकहार कर दिनेश सिंह ने 31 जनवरी, 2017 को गौतमबुद्धनगर के थाना सूरजपुर में कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी. इस की जांच एसआई मदनलाल को सौंपी गई. पेआउट न मिलने से असंतुष्ट कई लोगों ने पुलिस और जिला प्रशासन से शिकायतें करनी शुरू कर दी थीं. सोशल ट्रेड कंपनी के खिलाफ  ज्यादा शिकायतें मिलने पर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया.

नोएडा पुलिस ने जांच की तो पता चला कि सोशल ट्रेड कंपनी के नोएडा सेक्टर-63 स्थित कंपनी के औफिस में देश के अलगअलग शहरों से सैकड़ों लोग अपने पेमेंट न मिलने की शिकायत करने आ रहे हैं. तमाम लोगों ने कंपनी में मोटी रकम जमा करा रखी है.

पुलिस को मामला बेहद गंभीर लगा, इसलिए नोएडा पुलिस प्रशासन ने पुलिस महानिदेशक को इस मामले से अवगत करा दिया. पुलिस महानिदेशक ने स्पैशल टास्क फोर्स के एसएसपी अमित पाठक को इस मामले में आवश्यक काररवाई करने के निर्देश दिए.

एसएसपी अमित पाठक ने एसटीएफ के एडिशनल एसपी राजीव नारायण मिश्र के नेतृत्व में एक टीम बनाई, जिस में एसटीएफ लखनऊ के एडिशनल एसपी त्रिवेणी सिंह, एसटीएफ के सीओ आर.के. मिश्रा, एसआई सौरभ विक्रम, सर्वेश कुमार पाल आदि को शामिल किया गया.

टीम ने करीब 15 दिनों तक इस मामले की जांच कर के रिपोर्ट एसएसपी अमित पाठक को सौंप दी. कंपनी के जिस औफिस पर पहले सोशल ट्रेड का बोर्ड लगा था, उस पर हाल ही में 3 डब्ल्यू का बोर्ड लग गया. एसटीएफ को जांच में यह जानकारी मिल गई थी कि सोशल ट्रेड के जाल में कोई 100-200 नहीं, बल्कि कई लाख लोग फंसे हुए हैं.

इस के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्पैशल स्टाफ टीम ने सोशल ट्रेड के एफ-472, सेक्टर-63 नोएडा औफिस पर छापा मार कर वहां से कंपनी के डायरेक्टर अनुभव मित्तल, सीओओ श्रीधर प्रसाद और टेक्निकल हैड महेश दयाल से पूछताछ कर के हिरासत में ले लिया. इसी के साथ पुलिस ने उन के औफिस से जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान जांच के लिए जब्त कर लिए.

एसटीएफ टीम ने सूरजपुर स्थित अपने औफिस ला कर तीनों से पूछताछ की. इस पूछताछ में सोशल ट्रेड के शुरुआत से ले कर 37 अरब रुपए इकट्ठे करने की जो कहानी सामने आई, वह इस प्रकार थी—

अनुभव मित्तल उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुआ कस्बे के रहने वाले सुनील मित्तल का बेटा था. उन की हापुड़ में मित्तल इलैक्ट्रौनिक्स के नाम से दुकान है. अनुभव मित्तल शुरू से ही पढ़ाई में तेज था. स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद अनुभव का रुझान कोई नौकरी करने के बजाए अपना खुद का कोई बिजनैस करने का था. उस का रुझान आईटी क्षेत्र में ही कुछ नया करने का था, इसलिए वह नोएडा के ही एक संस्थान से कंप्यूटर साइंस से बीटेक करने लगा.

सन 2011 में उस का बीटेक पूरा होना था. वह समय के महत्त्व को अच्छी तरह समझता था, इसलिए नहीं चाहता था कि बीटेक पूरा होने के बाद वह खाली बैठे. बल्कि कोर्स पूरा होते ही वह अपना काम शुरू करना चाहता था. पढ़ाई के दौरान ही वह इसी बात की प्लानिंग करता रहता था कि बीटेक के बाद कौन सा काम करना ठीक रहेगा.

बीटेक पूरा होने के एक साल पहले ही उस ने अपने एक आइडिया को अंतिम रूप दे दिया. सन 2010 में इंस्टीट्यूट के हौस्टल में बैठ कर उस ने अब्लेज इंफो सौल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी बना ली और इस का रजिस्ट्रेशन 878/8, नई बिल्डिंग, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक, नई दिल्ली के पते पर करा लिया. अनुभव ने अपने पिता सुनील मित्तल को इस का डायरेक्टर बनाया.

बीटेक फाइनल करने के बाद उस ने छोटे स्तर पर सौफ्टवेयर डेवलपमेंट का काम शुरू कर दिया. अपनी इस कंपनी से उस ने सन 2015 तक मात्र 3-4 लाख रुपए का बिजनैस किया. जिस गति से उस का यह बिजनैस चल रहा था, उस से वह संतुष्ट नहीं था. इसलिए इसी क्षेत्र में वह कुछ ऐसा करना चाहता था, जिस से उसे अच्छी कमाई हो.

उसी दौरान सन 2015 में उस ने सोशल ट्रेड डौट बिज नाम से एक औनलाइन पोर्टल बनाया और सदस्यों को जोड़ने के लिए 5750 रुपए से 57,500 रुपए का जौइनिंग एमाउंट फिक्स कर दिया. इस में 15 प्रतिशत टैक्स भी शामिल कर लिया. जौइन होने वाले सदस्यों को यह बताया गया कि औनलाइन पोर्टल पर कुछ पेज लाइक करने पड़ेंगे. एक पेज लाइक करने के 5 रुपए देने की बात कही गई.

शुरुआत में अनुभव ने अपने जानपहचान वालों की आईडी लगवाई. धीरेधीरे लोगों ने माउथ टू माउथ पब्लिसिटी करनी शुरू कर दी. जिन लोगों की जौइनिंग होती गई, उन्हें कंपनी से समय पर पैसा भी दिया जाता रहा, जिस से लोगों का विश्वास बढ़ने लगा और कंपनी में लोगों की जौइनिंग बढ़ने लगी.

कंपनी ने सन 2015 में 9 लाख रुपए का बिजनैस किया. लोगों को बिना मेहनत किए पैसा मिल रहा था. उन्हें काम केवल इतना था कि कंपनी का कोई भी पैकेज लेने के बाद अपनी आईडी पर निर्धारित लाइक करने थे. एक लाइक लगभग 30 सैकेंड में पूरी हो जाता था. इस तरह कुछ ही देर में यह काम पूरा कर के एक निर्धारित धनराशि सदस्य के बैंक एकाउंट में आ जाती थी. शुरूशुरू में लोगों ने इस डर से कंपनी में कम पैसे लगाए कि कंपनी भाग न जाए. पर जब जौइन किए हुए सदस्यों के पैसे समय से आने लगे तो अधिकांश लोगों ने अपनी आईडी बड़े पैकेज में अपग्रेड करा लीं.

सन 2016 में ही अनुभव ने श्रीधर प्रसाद को अपनी कंपनी का चीफ औपरेटिंग औफीसर (सीओओ) बनाया. श्रीधर प्रसाद भी एक टेक्निकल आदमी था. उस ने सन 1994 में कौमर्स से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली के एनआईए इंस्टीट्यूट से एमबीए किया था. इस के बाद उस ने 1996 में ऊषा माटेन टेलीकौम कंपनी में सेल्स डिपार्टमेंट में काम किया. मेहनत से काम करने पर सेल्स मैनेजर बन गया.

सन 2001 में उस की नौकरी विजय कंसलटेंसी हैदराबाद में बिजनैस डेवलपर के पद पर लग गई. इस दौरान वह कई बार यूके भी गया. सन 2005 में उस ने आईबीएम कंपनी जौइन कर ली. इस कंपनी में वह सौफ्टवेयर सौल्यूशन कंसल्टैंट के पद पर बंगलुरु में काम करने लगा. यहां पर उसे कंट्री हैड बनाया गया. आईबीएम कंपनी में सन 2009 तक काम करने के बाद उस ने नौकरी छोड़ कर सन 2010 में ओरेकल कंपनी जौइन कर ली.

कंपनी ने उसे बिजनैस डेवलपर के रूप में नाइजीरिया भेज दिया. बिजनैस डेवलपमेंट में उस का विशेष योगदान रहा. सन 2013 में श्रीधर प्रसाद बंगलुरु आ गया. लेकिन सफलता न मिलने पर वह सन 2014 में वापस नाइजीरिया ओरेकल कंपनी में चला गया.

सन 2016 में श्रीधर प्रसाद की पत्नी ने किसी के माध्यम से सोशल ट्रेड डौट बिज में अपनी एंट्री लगाई. पत्नी ने यह बात उसे बताई तो श्रीधर को यह बिजनैस मौडल बहुत अच्छा लगा. बिजनैस मौडल समझने के लिए वह कई बार अभिनव मित्तल से मिला.

बातचीत के दौरान अभिनव श्रीधर प्रसाद की काबिलियत को जान गया. उसे लगा कि यह आदमी उस के काम का है, इसलिए उस ने श्रीधर को अपनी कंपनी में नौकरी करने का औफर दिया. विदेश जाने के बजाय श्रीधर को अच्छे पैकेज की अपने देश में ही नौकरी मिल रही थी, इसलिए वह अनुभव मित्तल की कंपनी में नौकरी करने के लिए तैयार हो गया और सीओओ के रूप में नौकरी जौइन कर ली.

अनुभव मित्तल ने मथुरा के महेश दयाल को कंपनी में टेक्निकल हैड के रूप में नौकरी पर रख लिया. अनुभव के पास टेक्निकल विशेषज्ञों की एक टीम तैयार हो चुकी थी. उन के जरिए वह कंपनी में नएनए प्रयोग करने लगा. लालच ही इंसान को ले डूबता है. जिन लोगों की सोशल टे्रड डौट बिज से अच्छी कमाई हो रही थी, उन्होंने वह कमाई अपने सगेसंबंधियों व अन्य लोगों को दिखानी शुरू की तो उन की देखादेखी उन लोगों ने भी कंपनी में मोटे पैसे जमा करा कर काम शुरू कर दिया.

बड़ेबड़े होटलों में कंपनी के सेमिनार आयोजित होने लगे. फिर तो लोग थोक के भाव से जुड़ने लगे. इस तरह से भेड़चाल शुरू हो गई और सन 2016 तक कंपनी से 4-5 लाख लोग जुड़ गए. जब इतने लोग जुड़े तो जाहिर है कंपनी का टर्नओवर बढ़ना ही था. सन 2016 में कंपनी का कारोबार उछाल मार कर 26 करोड़ हो गया.

कारोबार बढ़ा तो कंपनी ने आगामी योजनाएं बनानी शुरू कीं. पहला कदम ईकौमर्स में रखना था. इस के जरिए वह जरूरत की हर चीज ग्राहकों को उपलब्ध कराना चाहता था. सोशल ट्रेड डौट बिज के बाद उस ने फ्री हब डौटकौम नाम की कंपनी  बनाई. ईकौमर्स के लिए उस ने इनमार्ट डौटकौम नाम की कंपनी बनाई. इस के जरिए खरीदारी करने पर भी उस ने अतिरिक्त इनकम का प्रावधान रखा.

अभिनव जानता था कि भारत में करोड़ों लोग फेसबुक यूज करते हैं, जिस से मोटी कमाई फेसबुक के ओनर को होती है. फेसबुक की ही तरह भारतीय सोशल साइट बनाने का विचार उस के दिमाग में आया. इस बारे में उस ने अपनी आईटी टीम से विचारविमर्श किया. अपनी टीम के साथ मिल कर अनुभव ने इस तरह की सोशल साइट बनाने पर काम शुरू कर दिया, जिस में फेसबुक से ज्यादा फीचर हों. अपनी इस सोशल साइट का नाम उस ने डिजिटल इंडिया डौट नेट रखा. इस में इस तरह की तकनीक डालने की उन की कोशिश थी कि किसी की आवाज या फोटो डालने पर उस व्यक्ति के एकाउंट पर पहुंचा जा सके.

उधर सोशल ट्रेड में भारत से ही नहीं, विदेशों से भी एंट्री लगनी शुरू हो चुकी थीं. इनवेस्टरों ने भी मोटा पैसा यहां इनवेस्ट करना शुरू कर दिया. अब कंपनी को करोड़ों रुपए की कमाई होने लगी. किसी वजह से कंपनी ने लोगों को पेआउट देना बंद कर दिया. लोगों ने अपने सीनियर लीडर्स और कंपनी औफिस जा कर संपर्क किया तो उन्हें यही बताया गया कि कंपनी के सौफ्टवेयर में अपग्रेडिंग का काम चल रहा है. जैसे ही यह काम पूरा हो जाएगा, सारे पेआउट रिलीज कर दिए जाएंगे.

अब तक कंपनी में करीब साढ़े 6 लाख लोगों ने 9 लाख से अधिक आईडी लगा रखी थीं. कंपनी के पास इन्होंने लगभग 3 हजार 726 करोड़ रुपए जमा करा रखे थे. जब उन्हें कंपनी की तरफ से पैसे आने बंद हो गए तो लोगों में बेचैनी बढ़नी स्वाभाविक थी. कुछ लोगों ने मोटी रकम लगाई थी, उन की तो नींद हराम हो गई.

सीनियर लीडर उन्हें यही भरोसा दिलाते रहे कि उन का पैसा कहीं नहीं जाएगा. जो लोग कंपनी से लंबे समय से जुड़े थे, उन्हें विश्वास था कि कंपनी कहीं जाने वाली नहीं है. अपग्रेडेशन का काम पूरा होने के बाद सभी के पैसे खाते में भेज देगी. लेकिन जिन लोगों को जौइनिंग के बाद फूटी कौड़ी भी नहीं मिली थी, उन की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी. आखिर वे भरोसे की गोली कब तक लेते रहते.

लोगों ने नोएडा के जिला और पुलिस प्रशासन से सोशल ट्रेड की शिकायतें करनी शुरू कर दीं. लोगों ने सोशल ट्रेड के औफिस पर जब 3 डब्ल्यू का बोर्ड लगा देखा तो उन्हें शक हो गया कि कंपनी भाग गई है. कंपनी के अंदर ही अंदर बदलाव की क्या प्रक्रिया चल रही है, इस से लोग अनजान थे.

15 दिनों की गोपनीय जांच करने के बाद पुलिस प्रशासन को भी लगा कि अनुभव मित्तल ने सोशल ट्रेड कंपनी के नाम पर लोगों से अरबों रुपए की ठगी की है. तब पुलिस ने 1 फरवरी, 2017 को अनुभव मित्तल और कंपनी के 2 पदाधिकारियों श्रीधर प्रसाद और महेश दयाल को हिरासत में ले लिया.

अनुभव मित्तल से पूछताछ के बाद पता चला कि उस की कंपनी के गाजियाबाद के राजनगर में कोटक महिंद्रा बैंक में एक एकाउंट, यस बैंक में 2 एकाउंट, एक्सिस बैंक में 2 एकाउंट, केनरा बैंक में 3 एकाउंट हैं. जांच में पुलिस को केनरा बैंक में 480 करोड़ रुपए और यस बैंक में 44 करोड़ रुपए मिले. पुलिस ने इन खातों को फ्रीज करा दिया.

जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि कंपनी ने दिसंबर, 2016 के अंत में सोशल ट्रेड डौट बिज से माइग्रेट कर के फ्री हब डौटकौम लांच कर दिया और उस के 10 दिन के अंदर ही फ्री हब डौटकौम से इनमार्ट डौटकौम पर माइग्रेट किया. इस के बाद 27 जनवरी, 2017 को इनमार्ट से फ्रिंजअप डौटकौम पर माइग्रेट कर लिया.

कंपनी में इतनी जल्दीजल्दी बदलाव करने के बाद अनुभव मित्तल ने गिरफ्तारी के 7 दिनों पहले ही दिल्ली की एक नई कंपनी 3 डब्ल्यू खरीद कर उस का बोर्ड भी अपने औफिस के बाहर लगा दिया. इस के अलावा अनुभव मित्तल ने सोशल ट्रेड डौट बिज के डोमेन पर प्राइवेसी प्रोटेक्शन प्लान भी ले लिया था, ताकि कोई भी व्यक्ति या जांच एजेंसी डोमेन की डिटेल के बारे में पता न लगा सके.

पुलिस को पता चला कि वह फेसबुक पेज लाइक करने के नाम पर लोगों को बेवकूफ बना रहा था. कंपनी द्वारा सदस्यों को धोखे में रख कर उन से पैसे लिए जाते थे और जब अपने पेज को लौगइन करते तो विज्ञापन पेजों के या तो गलत यूआरएल होते थे या उन्हीं सदस्यों के यूआरएल को आपस में ही लाइक कराया जा रहा था. कंपनी द्वारा कोई वास्तविक विज्ञापन या कोई लौजिकल या रियल सर्विस नहीं उपलब्ध कराई जा रही थी.

कंपनी के पास आमदनी का कोई जरिया नहीं था, वह सदस्यों के पैसों को ही इधर से उधर घुमा रही थी, जोकि द प्राइज चिट्स ऐंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स (बैनिंग) एक्ट 1978 की धारा 2(सी)/3 के तहत अवैध है. इस एक्ट की धारा 4 में यह अपराध है.

पुलिस ने अनुभव मित्तल, सीओओ श्रीधर प्रसाद और टेक्निकल हैड महेश दयाल को विस्तार से पूछताछ करने के बाद 2 फरवरी, 2017 को गौतमबुद्धनगर के सीजेएम-3 की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

पुलिस ने लखनऊ की फोरैंसिक साइंस लेबोरैटरी, रिजर्व बैंक औफ इंडिया, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट, सेबी, कारपोरेट अफेयर मंत्रालय की फ्रौड इनवेस्टीगेशन टीम को भी जानकारी दे दी है. सभी विभागों के अधिकारी अपनेअपने स्तर से मामले की जांच में लग गए हैं. जांच में पता चला है कि अनुभव मित्तल ने लाइक के जरिए 3700 करोड़ रुपयों की ठगी की है.

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने मामले की गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है. आईजी (क्राइम) भगवानस्वरूप के नेतृत्व में बनी इस जांच टीम में मेरठ रेंज के डीआईजी के.एस. इमैनुअल, एडिशनल एसपी (क्राइम) गौतमबुद्धनगर, एसटीएफ के एडिशनल एसपी राजीव नारायण मिश्रा, सीओ राजकुमार मिश्रा, गौतमबुद्धनगर के 2 इंसपेक्टर, एसआई सर्वेश कुमार पाल, सौरभ आदि को शामिल किया गया है.

टीम ने इस ठगी में फंसे लोगों को अपनी शिकायत भेजने के लिए एक ईमेल आईडी सार्वजनिक कर दी है. मीडिया में यह ईमेल जारी हो जाने के बाद देश से ही नहीं, विदेशों से भी भारी संख्या में शिकायतें आनी शुरू हो गई हैं. कथा लिखे जाने तक एसटीएफ के पास करीब साढ़े 6 हजार शिकायतें ईमेल से आ चुकी थीं. इन में से 100 से अधिक नाइजीरिया से मिली है. केन्या और मस्कट से भी पीडि़तों ने ईमेल से शिकायतें भेजी हैं.

पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि अभिनव ने इतनी मोटी रकम आखिर कहां इनवैस्ट की है. बहरहाल जिन लोगों ने अनुभव मित्तल की कंपनी में पैसा लगाया है, अब उन्हें पछतावा हो रहा होगा.

– कथा पुलिस सूत्रों और जनचर्चा पर आधारित

(कहानी सौजन्य- मनोहर कहानी) 

साइबर अपराध के जाल से रहें सावधान

बिहार में साइबर अपराध की तादाद में तेजी से इजाफा होता जा रहा है. इस के लिए नएनए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. बैंकिंग फ्राड की वारदातें सब से ज्यादा बिहार में ही हो रही हैं. औनलाइन शौपिंग साइटों से ले कर औनलाइन सामान बेचने वाली वैबसाइटों पर साइबर फ्राड के मामले बड़ी तेजी में सामने आ रहे हैं. घर बैठे रुपए कमाने का लालच दे कर नोएडा की एक कंपनी ने 6 लाख, 30 हजार लोगों से 37 अरब रुपए ठग लिए. उत्तर बिहार के 7 हजार से ज्यादा लोग भी ठगी का शिकार बने. सोशल ट्रेड डौट बिज नाम की कंपनी ने बिहार से भी 42 करोड़ रुपए ठग लिए थे.

कई सोशल साइटों पर धोखाधड़ी और किसी को बदनाम करने की वारदातें भी बढ़ती जा रही हैं. फेसबुक पर हजारोंलाखों अकाउंट फर्जी नाम और फोटो से बने हुए हैं. इस पर रोक लगाने के लिए फेसबुक वाले भी समयसमय पर एहतियात बरतते रहते हैं, पर फर्जी अकाउंट पर रोक नहीं लग सकी है.

पटना से सटे बिहटा इलाके का रंजय मिश्रा बताता है कि उस ने सुनीता कुमारी के नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना रखा है और फोटो भी किसी मौडल का लगा दिया है. वह लड़की बन कर तकरीबन 4 लड़कों के साथ चैटिंग करता है और प्यार व सैक्स की बातें करता है.

रंजय मिश्रा ने आगे बताया कि एक दिन एक लड़के से उस से मोबाइल नंबर मांगा और फोन पर बात करने को कहा. रंजय ने चैट बौक्स में लिखा कि उस के मोबाइल में बैलैंस नहीं है. लड़के ने उस का मोबाइल नंबर मांगा और तुरंत ही 2 सौ रुपए का रीचार्ज करा दिया. उस के बाद रंजय लड़की की आवाज बना कर उस से बातें करने लगा.

उस के बाद रंजय ने बाकी तीनों फेसबुक फ्रैंड्स के साथ भी यही नुसखा आजमाया और अपने मोबाइल फोन को रीचार्ज कराया. रंजय बताता है कि उस के मोबाइल फोन में हमेशा हजार 2 रुपए का बैलैंस रहता है. इस तरह के न जाने कितने फर्जी अकाउंट फेसबुक पर होंगे और न जाने कौन किस तरह से उन का बेजा इस्तेमाल कर रहा होगा.

पिछले 5 सालों के दौरान साइबर अपराध में 4 गुना इजाफा हो गया है. साल 2012 में जहां ऐसे मामलों की तादाद 51 थी, वहीं साल 2016 में यह बढ़ कर 225 हो गई और साल 2017 में तो 3 महीने में ही सौ मामले दर्ज हो गए. ऐसे मामलों के बढ़ने से साइबर दारोगा की बहाली की कवायद शुरू की गई है. हर जिले के थाने में एकएक साइबर यूनिट भी बनाई जाएगी.

हाल ही में साइबर ठगी का एक नया ही रूप देखने सामने आया. सैकंडहैंड सामान बेचने वाली एक बड़ी वैबसाइट पर नकली मोबाइल फोन बेचने का मामला सामने आया.

पटना के कुम्हरार महल्ले के रहने वाले एक शख्स ने सैमसंग का एस-7 मौडल मोबाइल फोन खरीदने के लिए और्डर किया. आधी कीमत पर मिल रहे मोबाइल फोन को फुलवारीशरीफ महल्ले का रहने वाला लड़का बेच रहा था. खरीदने के बाद पता चला कि वह मोबाइल फोन नकली है. कंपनी में शिकायत करने पर आईडी ब्लौक कर दी गई.

भागलपुर के चार्टर्ड अकाउंटैंट पल्लव पराशर के पैन नंबर पर साइबर ठगों ने विदेश में 50 अरब रुपए का ट्रांजैक्शन कर लिया. पल्लव पराशर को इस की जरा भी भनक नहीं लगी. पटना से आयकर विभाग ने जब उन्हें नोटिस भेजा, तो वे चौंक गए. उन्होंने 7 जनवरी को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में केस दर्ज किया.

दिल्ली पुलिस ने लोगों के बैंक खाते से औनलाइन करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया. इस गिरोह ने पिछले 2 सालों में करोड़ों रुपयों की औनलाइन ठगी की थी. ठगों की पहचान 34 साल के सुभाष और 32 साल के रामशरण राय के रूप में हुई है.

सुभाष ने पुलिस को बताया कि वह लोगों को फोन कर के बैंक का मुलाजिम बताता था और कहता था कि यह काल उन के कार्ड की क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के लिए की गई है. उस के बाद एटीएम का नंबर और पिन मांगा जाता था.

उस के बाद पलक झपकते ही अकाउंट से लाखों रुपए उड़ा लिए जाते थे. उड़ाए गए रुपयों को पेटीएम और औक्सिजन जैसे अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाता था. बाद में उस रकम को औनलाइन रीचार्जिंग अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाता. फिर अलगअलग जगहों पर रीचार्ज करने वाले दुकानदारों से संपर्क कर मोटा कमीशन देने का लालच दिया जाता था.

मिसाल के तौर पर अगर एयरटेल कंपनी उन्हें रीचार्ज करने पर 2 फीसदी कमीशन देती है, तो साइबर ठग उसे 30 से 35 फीसदी कमीशन दे देते थे. औनलाइन वालेट से रकम खत्म होने पर दुकानदार और ठग आपस में रकम बांट लेते थे. दुकानदार अपना कमीशन काट कर बाकी रकम ठग को दे देते थे.

पिछले साल बिहार के जानेमाने अर्थशास्त्री शैवाल गुप्ता भी साइबर फ्राड के शिकार बन गए थे. उन से 72 हजार, 8 सौ रुपए की ठगी कर ली गई थी. शैवाल गुप्ता के मोबाइल फोन नंबर  पर 07503434669 नंबर से विजय सिंह नाम के आदमी ने काल कर के कहा था कि वह दिल्ली पुलिस का सहायक अवर निरीक्षक है. उस ने शैवाल गुप्ता को बताया कि उन के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया गया?है.

जब शैवाल गुप्ता ने इस की वजह जाननी चाही, तो कहा गया कि इस मामले में वे सरकारी वकील विनोद अग्रवाल के मोबाइल फोन नंबर 09716801457 पर बात कर लें.

शैवाल गुप्ता ने जब उस नंबर पर बात की, तो बताया गया कि उन के क्रेडिट कार्ड पर 72 हजार, 8 सौ रुपए बकाया हैं. उसी रकम की वसूली के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने केस किया है. उस वकील ने भारतीय स्टेट बैंक का एक अकाउंट नंबर देते हुए कहा कि अगर सैटलमैंट कराना है, तो 72 हजार, 8 सौ रुपए उस में डाल दें.

शैवाल गुप्ता ने 14 अक्तूबर को ऐक्सिस बैंक की बोरिंग रोड शाखा के अपने अकाउंट से भारतीय स्टेट बैंक के बताए अकाउंट में रुपए ट्रांसफर कर दिए. रुपए ट्रांसफर कराने के बाद उन्हें कुछ शक हुआ. जब उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के अकाउंट के बारे में पता किया तो पता चला कि वह अकाउंट तो बिहार के ही सुपौल जिले की भारतीय स्टेट बैंक की एक शाखा का है.

शैवाल गुप्ता ने इस ठगी की सूचना आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) को दी. ईओयू ने जब पूरे मामले की जांच की, तो इंस्पैक्टर विजय सिंह और वकील विनोद अग्रवाल दोनों फर्जी निकले.

सुपौल की जिस भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के अकाउंट में रुपए ट्रांसफर किए गए थे, वह सुपौल के ही जगतपुर गांव के अरविंद कुमार का पाया गया. अरविंद ने कबूल किया कि उस के खाते में 72 हजार, 8 सौ रुपए ट्रांसफर हुए हैं. अरविंद ने पूरी रकम वापस कर दी.

पिछले साल पटना की एक शादीशुदा और 5 महीने के बच्चे की मां फेसबुक के प्यार के चक्कर में फंस कर अपना सबकुछ गंवा बैठी थी. वह एक करोड़ रुपए के गहने और नकदी ले कर अपने आशिक के साथ ससुराल से फुर्र हो गई. इतना ही नहीं, वह अपने साथ 5 महीने के बच्चे को भी ले भागी थी.

पटना के कंकड़बाग इलाके की एक पाइप फैक्टरी के मालिक निखिल कुमार ने कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी कि उन की बीवी स्वाति करोड़ों रुपए के गहने और नकदी ले कर अपने प्रेमी शैलेंद्र के साथ भाग गई है.

स्वाति और निखिल की 5 साल पहले बड़े ही धूमधाम से शादी हुई थी. स्वाति को इंटरनैट से काफी लगाव था और वह अकसर कंप्यूटर पर समय गुजारती थी. इसी दौरान फेसबुक पर चैटिंग के जरीए उस की पहचान आस्ट्रेलिया के एक नौजवान शैलेंद्र शर्मा से हुई. वह वहां एमबीए की पढ़ाई कर रहा था.

शैलेंद्र पंजाब के फिरोजपुर जिले के अबोहर सिटी-2 के अजीमगढ़ गांव का रहने वाला था. चैटिंग के जरीए प्यार की कसमें खाते हुए वे दोनों घर से भाग निकले. स्वाति के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर सिकंदराबाद में पुलिस ने उसे धर दबोचा था.

पटना के एसएसपी मनु महाराज बताते हैं कि बिहार पुलिस का साइबर सैल अब सीबीआई की तरह जांच पड़ताल करेगा.

याद रखें ये बातें

* कभी भी लैंडलाइन फोन या मोबाइल फोन पर किसी को भी अपने बैंक अकाउंट, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी न दें.

* अगर कोई फोन पर खुद को बैंक का मुलाजिम बता कर भी कोई जानकारी मांगे तो भी कोई जानकारी न दें. अपने बैंक जा कर मैनेजर से खुद ही इस सिलसिले में पूछताछ कर लें.

* क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या अकाउंट से रुपए निकालने की सीमा कम रखें.

* हर 5-6 दिन पर अपने बैंक अकाउंट की जांच करते रहें और किसी भी तरह की गड़बड़ी की भनक लगने पर बैंक को सूचित करें.

* अपने बैंक अकाउंट का एसएमएस अलर्ट जरूर रखें.

* कोई भी फोन पर आधार कार्ड नंबर मांगे, तो उसे न बताएं.

* लौटरी लगने, डौलर में इनाम मिलने, गिफ्ट मिलने जैसे ईमेल का कोई जवाब न दें.

गहरी पैठ: गांवों की जमीनों को हथियाने की साजिश

देश के सब से पिछड़े राज्य बिहार ने हाल में दावा किया है कि उस ने जमीनों की मिल्कीयत का डिजिटल नक्शा एक सौफ्टवेयर के जरीए बना लिया है और जब भी कोई बदलाव मालिक का होगा, यह नक्शा अपनेआप बदल जाएगा और कोई भी विवाद खड़ा न होगा. फरवरी, 2021 में बिहार विधानसभा ने इस बारे में कानून पास किया था और केंचुए की स्पीड से चलने वाली नौकरशाही का दावा है कि अब यह लोगों के लिए लगभग तैयार है.

बिहार में सरकार के हिसाब से कोई 37,000 मामले जमीन की मिल्कीयत को ले कर चल रहे हैं. हर जना जो मेहनत से कमाए पैसे से जमीन खरीदना चाहता है, डरता रहता है कि कहीं उस का मालिक या दावेदार और कोई नहीं निकल आए. वर्षों बाद भी किसी पुराने दस्तावेज को चुनौती दे दी जाती है.

यह काम लोगों के भले के लिए किया जा रहा है, इस में पूरा शक है. असल में शहरों में रहने वालों की नजर अब गांवों की जमीनों पर फिर जा रही है जो पहले कोडि़यों के भावों में बिका करती थीं. अब इन के दाम लाखोंकरोड़ों में होने लगे हैं. रिश्वत या ऊपरी कमाई वाले शहरी बाबू, नेता, माफियाई और पैसे के भंडार वाली कंपनियां अब गांवों की जमीनों पर कब्जा चाहती हैं और उन्होंने कंप्यूटर टैक्नोलौजी को हथियार बनाया है.

बिहार का यह डिजिटल नक्शा करोड़ों की लागत में बना है. 20 जिलों के एरियल ड्रोनों और हवाईजहाजों से फोटो लिए गए, हर खसरे के कागज निकाल कर मिलान किए गए, 5,000 लोग इस काम में लगे ताकि 5,127 गांवों की जमीनों के 22,000 नक्शे तैयार हो सकें. यह सब काम जनता और किसानों के लिए किया गया हो, यह नामुमकिन है.

यह तो कंप्यूटर की मारफत पढ़ेलिखों की साजिश है जो कंप्यूटर नक्शों में हेरफेर आसानी से कर सकेंगे. बैंक उन के आधार पर कर्जदार की जमीन पर कब्जा जमा सकेंगे. बड़ी कंपनियां हजारों एकड़ जमीन खरीद कर इन के आधार पर कर्जदार की जमीन पर कब्जा जमा सकेंगे. बड़ी कंपनियां हजारों एकड़ जमीन खरीद कर अपना हक सुरक्षित रख सकेंगी. दलितों, अधपढ़ों, पिछड़ों को जिन्हें कंप्यूटर सम?ा नहीं आता बरगलाना और आसान हो जाएगा.

कंप्यूटर के रिकौर्डों का फायदा यह भी है कि कोई भी कंप्यूटर जानकार सौफ्टवेयर में हैकिंग कर के रिकौर्ड बदल दे और एक बार बदला गया रिकौर्ड पत्थर की लकीर बन जाता है. शहरी बाबू, शहरी कंप्यूटर ऐक्सपर्ट, शहरी पैसे वाले मनचाहा फैसला कंप्यूटर के हिसाब से ले सकते हैं.

जीएसटी और इनकम टैक्स में ऐसा होने लगा है कि लाखोंकरोड़ों की डिमांड निकल आती है. वर्षों पहले अगर सरकारी अफसरों ने अपने खाते ठीक नहीं किए तो जो गलती रह गई वह कंप्यूटर सौफ्टवेयर बनाने वाले जनता के सिर पर मढ़ देते हैं क्योंकि सरकारी दफ्तर से तो उन्हें मोटी कमाई प्रोग्राम बनाने से हो रही है.

बिहार का कंप्यूटरी नक्शा एक अच्छा कदम है पर इस का जो नुकसान आम लोग सहेंगे यह अंदाजा नहीं लगाया जा सकता.

देशभर में अगर कंप्यूटरों की बिक्री हो रही है तो उस के पीछे सरकारी वरदहस्त है. आज कमाई करने वाली कंपनियों में कंप्यूटर सौफ्टवेयर कंपनियां हैं जो बिहार जैसे गरीब राज्य से 100-200 करोड़ छोटेछोटे कंप्यूटर प्रोग्रामों के ले जाती हैं. जनता वहीं रह रही है. उस की न बिजली ठीक है, न पानी, न सड़क, न रंगदारी, न रिश्वतखोरी कम. डिजिटल नक्शेबाजी पढ़ों और अधपढ़ों के बीच एक और खाई पैदा करेगी और जमीनों को हड़प करने का एक कदम बनेगी.

सावधान! अगर आप भी हैं सचिन, धोनी के फैन तो हो सकता है वायरस अटैक

कई बार तो ऐसे वायरस हमारे डिवाइस में आ जाते हैं जिनसे हमारे डिवाइस खराब हो जाते हैं इससे भी ज्यादा खतरनाक ये होता है कि ये वायरस आपके फोन की गोपनीय सामाग्री भी चुरा सकते हैं. ऐसे वायरसों से सावधान रहना चाहिए. इसके अलावा एक और चौंकाने वाली रिपोर्ट आई है.

भारत को दो बार विश्व खिताब दिलाने वाले देश के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक महेंद्र सिंह धोनी मैकफे की मोस्ट डेंजरस सेलिब्रिटी सूची में पहले स्थान पर हैं. अपने 13वें संस्करण में मैकफे की शोध ने लोकप्रिय सेलिब्रिटीज की पहचान की है, जो सर्वाधिक जोखिमभरे सर्च परिणाम निर्मित करते हैं और जिनसे उनके फैंस को मैलिशियस वेबसाइट्स एवं वाइरस का खतरा रहता है.

ये भी पढ़ें- हिटमैन के बल्ले से निकला पहला दोहरा शतक, तोड़ा सर डौन ब्रैडमैन का रिकौर्ड

धोनी ने 2011 के विश्व कप में 28 सालों के बाद भारत के सर पर ताज का सेहरा बांधने के लिए टीम का नेतृत्व किया था. धोनी पूरी दुनिया में अपने धैर्य व स्थिर चित्त के लिए मशहूर हैं. उनकी अपार लोकप्रियता ने साइबर अपराधियों को उपभोक्ताओं को मैलिशियस वेबसाइट्स की ओर लुभाने का मौका दे दिया, जो मालवेयर इंस्टॉल कर व्यक्तिगत जानकारी एवं पासवर्ड चुरा सकते हैं.

सूची में दूसरे स्थान पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर हैं. सर्वाधिक जोखिमभरे सर्च परिणाम निर्मित करने वाली टॉप-10 हस्तियों में धोनी और सचिन के अलावा महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, विश्व चैम्पियनशिप जीत चुकीं बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और पुर्तगाल के महान फुटबाल खिलाड़ी क्रिस्टीयानो रोनाल्डो शामिल हैं.

साथ ही टौप-10 में रियल्टी टीवी शो-बिग बौस के विजेता गौतम गुलाटी, बौलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन, पौप आइकौन बादशाह, अभिनेत्री राधिका आप्टे और श्रृद्धा कपूर भी शामिल हैं. मैकफे इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंजीनियरिंग एवं मैनेजिंग डायरेक्टर वेंकट कृष्णापुर ने कहा, “इंटरनेट की आसान उपलब्धता एवं अनेक कनेक्टेड डिवाईसेस ने यूजर्स को पूरी दुनिया से कंटेंट प्राप्त करना आसान बना दिया है.

ये भी पढ़ें- सौरव गांगुली का बीसीसीआई अध्यक्ष बनना, बीजेपी की प. बंगाल में बैक डोर एंट्री है!

जहां भारत में सब्सक्रिप्शन पर आधारित कंटेंट प्लेटफार्म बढ़ रहे हैं, वहीं नेटिजंस बड़ी स्पोटिर्ंग ईवेंट्स, मूवीज, टीवी शो एवं अपने चहेते सुपरस्टार की इमेजेस के लिए निशुल्क एवं पायरेटेड कंटेंट तलाशते हैं. दुर्भाग्य से उन्हें इस तरह का कंटेंट प्रदान करने वाली मैलिशियस वेबसाइट्स द्वारा उत्पन्न जोखिम का अनुमान नहीं होता.”

उन्होंने आगे कहा, “साइबर अपराधी इस अवसर का लाभ उठाकर उपभोक्ताओं की कमजोरियों पर सेंध लगाते हैं, क्योंकि वो सुविधा के बदले अपनी सुरक्षा से समझौता करते हैं. उपभोक्ताओं के लिए यह जरूरी है कि वो इन जोखिमों को समझें, क्लिक करने से पहले विचार करें और ऐसे संदेहास्पद लिंक्स पर न जाएं, जो उन्हें निशुल्क कंटेंट दिखाने के लिए लुभाता हो. ऐसे में मैकफे ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन सुरक्षित रखने में मदद करने के लिए कुछ सुझाव जारी किए हैं.

ये भी पढ़ें- 1954 के बाद पहली बार कोई भारतीय कप्तान बना BCCI का अध्यक्ष, ये होंगी चुनौतियां

  1. आप क्लिक करने से पहले सावधान रहें. एमएस धोनी से संबंधित कंटेंट मुफ्त में प्राप्त करने के इच्छुक यूजर्स सावधान रहें और केवल भरोसेमंद स्रोत से ही कंटेंट स्ट्रीम व डाउनलोड करें. सबसे सुरक्षित यह है कि आप मालवेयर युक्त थर्ड पार्टी वेबसाइट पर विजिट करने की बजाए ऑफिशल रिलीज का इंतजार कर लें.
  2. गैरकानूनी स्ट्रीमिंग साइट्स का उपयोग न करें। जोखिमभरे ऑनलाइन व्यवहार के मामले में गैरकानूनी स्ट्रीमिंग साइट्स का उपयोग आपकी डिवाइस के लिए उतना ही खतरनाक है, जितनी खतरनाक जंगल की आग होती है. कई गैरकानूनी स्ट्रीमिंग साइट्स पर पाइरेटेड वीडियो फाइल के रूप में मालवेयर या एडवेयर छिपे होते हैं. इसलिए वीडियो केवल प्रतिष्ठित स्रोत से ही स्ट्रीम करें.
  3. अपनी ऑनलाइन दुनिया को साइबर सिक्योरिटी समाधान की सुरक्षा दें. मैकफे टोटल प्रोटेक्शन जैसे विस्तृत सिक्योरिटी समाधान की मदद से मैलिशियस जोखिमों को अलविदा कर दें. इससे आप मालवेयर, फिशिंग के हमलों एवं अन्य जोखिमों से सुरक्षित रहेंगे.
  4. वेब रेप्युटेशन टूल का इस्तेमाल करें. वेब रेप्यूटेशन टूल, जैसे निशुल्क मैकफे वेब एडवाईजर का उपयोग करें, जो आपको मैलिशियस वेबसाईट के बारे में सचेत कर देता है.
  5. पैरेंटल कंट्रोल सॉफ्टवेयर का उपयोग करें. बच्चे भी सेलिब्रिटीज के फैन होते हैं, इसलिए डिवाइस पर अपने बच्चे के लिए लिमिट्स सुनिश्चित कर दें और मैलिशियस एवं अनुचित वेबसाइट्स से उनको सुरक्षित रखने के लिए पैरेंटल कंट्रोल सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करें.

ये भी पढ़ें- ICC ने हटाया वो नियम, जिसने इंग्लैंड को बनाया था पहली बार क्रिकेट का विश्व कप

तकनीकि के युग में जहां हम बहुत तेजी से आगे बढ़ते जा रहे हैं. लेकिन तकनीकि की बारीक जानकारियां हमें नहीं होती जिसकी वजह से हम किसी बड़ी समस्या में फंस सकते हैं. हम अपने मोबाइल में तरह-तरह के मोबाइल एप डाउनलोड करते हैं. इन ऐप्स को जब आप इन्सटॉल करते हैं तो ये आपसे परमिशन मांगते हैं आपके मोबाइल के कॉन्टेक्ट, फोटोज, वीडियो, कैमरा आदि के एक्सेस का. हम आप बड़ी आसानी से उसको ओके कर देते हैं. हम जाने अनजाने में उस ऐप को ये एक्सेस दे देते हैं कि वो हमारी हर चीज को देख सके. इस तरह हम खुद ही अपनी प्राइवेसी को ऐप के हवाले कर देते हैं.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें