Hindi Story: दंश – सोना भाभी क्यों बीमार रहती थी?

Hindi Story: सोना भाभी वैसे तो कविता की भाभी थीं. कविता, जो स्कूल में मेरी सहपाठिनी थी और हमारे घर भी एक ही गली में थे. कविता के साथ मेरा दिनरात का उठनाबैठना ही नहीं उस घर से मेरा पारिवारिक संबंध भी रहा था. शिवेन भैया दोनों परिवारों में हम सब भाईबहनों में बड़े थे. जब सोना भाभी ब्याह कर आईं तो मुझे लगा ही नहीं कि वह मेरी अपनी सगी भाभी नहीं थीं.

सोना भाभी का नाम उषा था. उन का पुकारने का नाम भी सोना नहीं था, न हमारे घर बहू का नाम बदलने की कोई प्रथा ही थी पर चूंकि भाभी का रंग सोने जैसा था अत: हम सभी भाईबहन यों ही उन्हें सोना भाभी बुलाने लगे थे. बस, वह हमारे लिए उषा नहीं सोना भाभी ही बनी रहीं. सुंदर नाकनक्श, बड़ीबड़ी भावपूर्ण आंखें, मधुर गायन और सब से बढ़ कर उन का अपनत्व से भरा व्यवहार था. उन के हाथ का बना भोजन स्वाद से भरा होता था और उसे खिलाने की जो चिंता उन के चेहरे पर झलकती थी उसे देख कर हम उन की ओर बेहद आकृष्ट होते थे.

शिवेन भैया अभी इंजीनियरिंग पढ़ रहे थे कि उन्हें मातापिता ही नहीं दादादादी के अनुरोध से विवाह बंधन में बंधना पड़ा. पढ़ाई पूरी कर के वह दिल्ली चले गए फिर वहीं रहे. हम लोग भी अपनेअपने विवाह के बाद अलगअलग शहरों में रहने लगे. कभी किसी खास आयोजन पर मिलते तो सोना भाभी का प्यार हमें स्नेह से सराबोर कर देता. उन का स्नेहिक आतिथ्य हमेें भावविभोर कर देता.

आखिरी बार जब सोना भाभी से मिलना हुआ उस समय उन्होंने सलवार सूट पहना हुआ था. वह मेरे सामने आने में झिझकीं. मैं ड्राइंगरूम में बैठने वाली तो थी नहीं, भाग कर दूसरे कमरे में पहुंची तो वह साड़ी पहनने जा रही थीं.

मैं ने छूटते ही कहा, ‘‘यह क्या भाभी, आज तो आप बड़ी सुंदर लग रही हो, खासकर इस सलवार सूट में.’’

‘‘नहीं,’’ उन्होंने जोर देते हुए कहा.

मैं ने उन्हें शह दी, ‘‘भाभी आप की कमसिन छरहरी काया पर यह सलवार सूट तो खूब फब रहा है.’’

‘‘नहीं, माया, मुझे संकोच लगता है. बस, 2 मिनट में.’’

‘‘पर क्यों? आजकल तो हर किसी ने सलवार सूट अपने पहनावे में शामिल कर लिया है. यहां तक कि उन बूढ़ी औरतों ने भी जिन्होंने पहले कभी सलवार सूट पहनने के बारे में सोचा तक नहीं था… सुविधाजनक होता है न भाभी, फिर रखरखाव में भी साड़ी से आसान है.’’

‘‘यह बात नहीं है, माया. मुझे कमर में दर्द रहता है तो सब ने कहा कि सलवार सूट पहना करूं ताकि उस से कमर अच्छी तरह ढंकी रहेगी तो वह हिस्सा गरम रहेगा.’’

‘‘हां, भाभी, सो तो है,’’ मैं ने हामी भरी पर मन में सोचा कि सब की देखादेखी उन्हें भी शौक हुआ होगा तो कमर दर्द का एक बहाना गढ़ लिया है…

सोना भाभी ने इस हंसीमजाक के  बीच अपनी जादुई उंगलियों से खूब स्वादिष्ठ भोजन बनाया. इस बीच कई बार मोबाइल फोन की घंटी बजी और भाभी मोबाइल से बात करती रहीं. कोई खास बात न थी. हां, शिवेन भैया आ गए थे. उन्होंने हंसीहंसी में कहा कि तुम्हारी भाभी को उठने में देर लगती थी, फोन बजता रहता था और कई बार तो बजतेबजते कट भी जाता था, इसी से इन के लिए मोबाइल लेना पड़ा.

साल भर बाद ही सुना कि सोना भाभी नहीं रहीं. उन्हें कैंसर हो गया था. सोना भाभी के साथ जीवन की कई मधुर स्मृतियां जुड़ी हुई थीं इसलिए दुख भी बहुत हुआ. लगभग 5 सालों के बाद कविता से मिली तब भी हम दोनों की बातों में सोना भाभी ही केंद्रित थीं. बातों के बीच अचानक मुझे लगा कि कविता कुछ कहतेकहते चुप हो गई थी. मैं ने कविता से पूछ ही लिया, ‘‘कविता, मुझे ऐसा लगता है कि तुम कुछ कहतेकहते चुप हो जाती हो…क्या बात है?’’

‘‘हां, माया, मैं अपने मन की बात तुम्हें बताना चाहती हूं पर कुछ सोच कर झिझकती भी हूं. बात यह है…

‘‘एक दिन सोना भाभी से बातोंबातों में पता लगा कि उन्हें प्राय: रक्तस्राव होता रहता है. भाभी बताने लगीं कि पता नहीं मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है. 50 से 5 साल ऊपर की हो रही हूं्…

‘‘भाभी पहले से भी सुंदर, कोमल लग रही थीं. बालों में एक भी रजत तार नहीं था. वह भी बिना किसी डाई के. वह इतनी अच्छी लग रही थीं कि मेरे मुंह से निकल गया, ‘भाभी, आप चिरयौवना हैं न इसीलिए. देखिए, आप का रंग पहले के मुकाबले और भी निखरानिखरा लग रहा है और चेहरा पहले से भी कोमल, सुंदर. आप बेकार में चिंता क्यों कर रही हैं.

‘‘यही कथन, यही सोच मेरे मन में आज भी कांटा सा चुभता रहता है. क्यों नहीं उस समय उन पर जोर दिया था कि आप के साथ जो कुछ हो रहा है वह ठीक नहीं है. आप डाक्टर से परामर्श लें. क्यों झूठा परिहास कर बैठी थी?’’

मुझे भी उन के कमर दर्द की शिकायत याद आई. मैं ने भी तो उन की बातों को गंभीरता से नहीं लिया था. मन में सोच कर मैं खामोश हो गई.

भाभी और भैया दोनों ही अस्पताल जाने से बहुत डरते थे या यों कहें कि कतराते थे. शायद कुछ कटु अनुभव हों. वहां बातबात में लाइन लगा कर खड़े रहना, नर्सो की डांटडपट, बेरहमी से सूई घुसेड़ना, अटेंडेंट की तीखी उपहास करती सी नजर, डाक्टरों का शुष्क व्यवहार आदि से बचना चाहते थे.

भाभी को सब से बढ़ कर डर था कि कैंसर बता दिया तो उस के कष्टदायक उपचार की पीड़ा को झेलना पड़ेगा. उन्हें मीठी गोली में बहुत विश्वास था. वह होम्योपैथिक दवा ले रही थीं.

‘‘माया, बहुत सी महिलाएं अपने दर्द का बखान करने लगती हैं तो उन की बातों की लड़ी टूटने में ही नहीं आती,’’ कविता बोली, ‘‘उन के बयान के आगे तो अपने को हो रहा भीषण दर्द भी बौना लगने लगता है. सोना भाभी को भी मैं ने ऐसा ही समझ लिया. उन से हंसी में कही बात आज भी मेरे मन को सालती है कि कहीं उन्होंने मेरे मुंह से अपनी काया को स्वस्थ कहे जाने को सच ही तो नहीं मान लिया था और गर्भाशय के अपने कैंसर के निदान में देर कर दी हो.

‘‘माया, लगता यही है कि उन्होंने इसीलिए अपने पर ध्यान नहीं दिया और इसे ही सच मान लिया कि रक्तस्राव होते रहना कोई अनहोनी बात नहीं है. सुनते हैं कि हारमोन वगैरह के इंजेक्शन से यौवन लौटाया जा रहा है पर भाभी के साथ ऐसा क्यों हुआ? मैं यहीं पर अपने को अपराधी मानती हूं, यह मैं किसी से बता न सकी पर तुम से बता रही हूं. भाभी मेरी बातों पर आंख मूंद कर विश्वास करती थीं. 3-4 महीने भी नहीं बीते थे जब रोग पूरे शरीर में फैल गया. सोने सी काया स्याह होने लगी. अस्पताल के चक्कर लगने लगे, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी.’’

मुझे भी याद आने लगा जब मैं अंतिम बार उन से मिली थी. मैं ने भी उन्हें कहां गंभीरता से लिया था.

‘‘माया, तुम कहानियां लिखती हो न,’’ कविता बोली, ‘‘मैं चाहती हूं कि सोना भाभी के कष्ट की, हमारे दुख की, मेरे अपने मन की पीड़ा तुम लिख दो ताकि जो भी महिला कहानी पढ़े, वह अपने पर ध्यान दे और ऐसा कुछ हो तो शीघ्र ही निदान करा ले.’’

कविता बिलख रही थी. मेरी आंखें भी बरस रही थीं. उसे सांत्वना देने वाले शब्द मेरे पास नहीं थे. वह मेरी भी तो बहुत अपनी थी. कविता का अनुरोध नहीं टाल सकी हूं सो उस की व्यथाकथा लिख रही हूं.

Family Story: अहिल्या – रज्जो को अपने चरित्र का क्यों प्रमाण देना पड़ा

Family Story, लेखिका- वंदना सोलंकी

रज्जो गांव की सीधीसादी,अल्हड़ पर बेहद खूबसूरत लड़की थी. उम्र यही कोई 18 या 19 साल रही होगी. 2 साल पहले उस के मांबाप की एक हादसे में मौत हो गई थी. उस के बाद भैयाभाभी ने उस की शादी रमेश से करा दी और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया. तब तक वह 12वीं जमात तक ही पढ़ पाई थी.

रमेश तकरीबन 25 साल का नौजवान था जो फौज में तैनात था. इस समय उस की पोस्टिंग पुणे में थी. शादी के समय रमेश को 15 दिन की छुट्टी मिली थी. तब से वह अब घर आया था और इस बार अपनी नई ब्याहता पत्नी रज्जो को साथ ले जा रहा था.

पति के साथ रेल के एयरकंडीशनर डब्बे में बैठी रज्जो बहुत रोमांचित हो रही थी. वह पहली बार ऐसे ठंडे डब्बे में सफर कर रही थी, वह भी अपने नएनवेले पति के साथ.

खिड़की के पास बैठी रज्जो भविष्य के सपने बुनने में इतनी तल्लीन थी कि उस का पति रमेश कब उस की बगल में आ कर बैठ गया, इस बात का उसे भान ही नहीं रहा.

जब रमेश ने रज्जो को कुहनी मार कर छेड़ा तब वह वर्तमान के धरातल पर आई. उस ने प्यार से पति को मुसकरा कर देखा और उस के कंधे पर अपना सिर टिका दिया.

रमेश की बर्थ रज्जो की बर्थ के ऊपर की थी. सामने की सीट पर एक नौजवान बैठा था, जो अजीब सी नजरों से रज्जो को घूरे जा रहा था. उस की गहरी नीली आंखें मानो रज्जो के शरीर के अंदर तक का मुआयना कर रही थीं.

रज्जो इस बात से असहज महसूस कर रही थी. उस नौजवान की उम्र भी रमेश के बराबर ही रही होगी. रमेश ने उस से अपने साथ सीट बदलने का आग्रह किया, तो उस ने बताया कि यह उस की सीट नहीं है, बल्कि उस की सीट ऊपर की है.

रमेश ने सोचा कि इस सीट पर जो भी आएगा तब वह उस से सीट बदलने की बात कर लेगा.

उन का आपस में परिचय हुआ. वह नौजवान एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था. उस की पोस्टिंग नवी मुंबई में थी. वह दिल्ली से किसी शादी समारोह से लौट रहा था. अभी उस की छुट्टियां बाकी थीं, तो वह अपनी बहन के पास पुणे जा रहा था.

रमेश उस के साथ बातों में मशगूल था, पर रज्जो को यह अच्छा नहीं लग रहा था. वह पति के साथ ढेर सारी बातें करना चाहती थी, पर यह कबाब में हड्डी बन उस की सारी उम्मीदों पर पानी फेर रहा था.

जब रज्जो से रहा नहीं गया तो वह बोली, “सुनिए, मुझे तो बहुत भूख लगी है… खाना निकालूं?”

रमेश के हां कहते ही रज्जो खाना निकालने लगी, तो सामने वाला नौजवान, जिस का नाम विपिन नाम था, वहां से उठ कर जाने लगा. रमेश ने उसे भी खाने के लिए पूछा तो थोड़ी नानुकर के बाद वह मान गया.

खाना खाने के बाद धन्यवाद कह कर विपिन ऊपर अपनी सीट पर चला गया.

रमेश अब रज्जो के साथ सट कर बैठ गया और धीरेधीरे प्यारभरी बातें करने लगा. रज्जो का शर्म से चेहरा लाल हो रहा था.

डब्बा तकरीबन खाली सा ही था. अमावस की रात थी और बाहर घनघोर अंधकार छाया था. दीनदुनिया से बेखबर पतिपत्नी का जोड़ा अपनी प्यार की दुनिया में खोया था, इस बात से अनजान कि 2 आंखें लगातार उन पर नजरें जमाए हुए थीं.

रमेश ने रज्जो के कान में धीमे से फुसफुसाते हुए कहा कि थोड़ी देर बाद सब के सो जाने पर वह उस की सीट पर आ जाएगा. यह सुन कर रज्जो के दिल की धड़कनें तेज हो गईं और पलकें खुद ही झुक गईं, पर अचानक उसे लगा कि कोई उन्हें घूर रहा है. उस की नजर ऊपर गई तो उस ने देखा कि विपिन उसे अपलक देखे जा रहा था.

तभी विपिन ने रमेश को कौफी के लिए पूछा तो रमेश ने हां में सिर हिला दिया. रज्जो ने पहले तो आनाकानी की, पर रमेश के कहने पर 2-4 घूंट कौफी पी कर डिस्पोजेबल कप सीट के नीचे सरका दिया, फिर बत्ती बुझा कर लेट गई. रमेश और विपिन सामने की सीट पर बैठ कर बातें करते हुए कौफी पीने लगे.

काफी ठंड थी तो रमेश ने बैग से मंकी कैप निकाल कर पहन ली. अगला स्टेशन आने पर एक बुजुर्ग औरत उस डब्बे में आ गईं. उन की सामने वाली बर्थ थी.

सुनहरे भविष्य के सपनों के झूले में झूलती रज्जो को कब नींद ने अपने आगोश में ले लिया, उसे पता ही नहीं चला.

अचानक नींद में रज्जो को महसूस हुआ जैसे किसी ने उसे अपनी बांहों में भर लिया हो. कुनमुनाती हुई रज्जो ने जान लिया कि यह रमेश है तो उस ने खिसक कर उस के लिए जगह बना दी. प्यार की खुमारी तो छाई ही थी दोनों पर, लिहाजा बिना किसी तीसरे की परवाह किए वे एकदूजे में समा गए.

थोड़ी देर बाद रमेश ऊपर अपनी सीट पर सोने चला गया. रज्जो तृप्त हो कर फिर गहरी नींद सो गई.

कुछ घंटों बाद फिर रज्जो की नींद में खलल पड़ा. रज्जो ने कहा, “अरे, अभी तो… हद है फिर से…” पर रमेश ने उस का मुंह बंद कर दिया. रज्जो ने आनाकानी की, पर रमेश पर प्यार का रंग छाया था, लिहाजा रज्जो भी लता सी उस के आगोश में सिमट गई.

सुबह होतेहोते उन की मंजिल आ गई थी. जल्दीजल्दी सामान समेट कर वे दोनों उतर गए. विपिन पता नहीं कब उतर गया था.

अपने नए आशियाने में आ कर रज्जो बेहद खुश थी. वह जल्द ही अपनी घरगृहस्थी में रम गई. उस ने रमेश के सामने आगे पढ़ाई करने की इच्छा जाहिर की तो रमेश मान गया. रज्जो ने एक अस्पताल में नर्सिंग की ट्रेनिंग के लिए दाखिला ले लिया और बड़ी लगन से पढ़ाई करने लगी.

आजकल रमेश अपने काम में बहुत बिजी हो गया था. वह देर रात को थकाहारा आता और सो जाता. कभीकभी रात की ड्यूटी भी रहती थी. इस से उन की शादीशुदा जिंदगी में पहले जैसा प्यार अब कहीं नजर नहीं आता था.

रेल की घटना याद कर के रज्जो को गुदगुदी हो जाती थी. उन पलों को याद कर के उस का रोमरोम खिल जाता था.

एक रात बात करते हुए रज्जो ने रमेश से यों ही पूछ लिया, “ए जी, आजकल आप को क्या हो गया है कि कभी दो घड़ी मेरे पास नहीं बैठते. आप के मुंह से प्यार के दो बोल सुनने को तरस जाती हूं मैं. उस दिन रेल में तो…” कहतेकहते बीते सुखद पलों को याद कर के उस के गोरे गाल लाल हो गए.

“क्या हुआ था रेल में…”

“अरे, उस दिन तो आप के प्यार का रंग ही नहीं उतर रहा था. लाजशर्म सब छोड़ कर एक ही रात में 2 बार..”

“क्याक्या सोचती रहती हो रज्जो तुम भी…” शायद रमेश ने ठीक से रज्जो की बातों पर ध्यान नहीं दिया था. वह बस इतना ही बोला था, “तब नईनई शादी हुई थी यार. इतने दिनों के बाद हम मिले थे. नहीं रहा गया मुझ से.

“वैसे मैडम, मैं ने एक ही बार जगाया था तुम्हें. तुम ने जरूर कोई सपना देखा होगा. हर समय सपनों की दुनिया में जो रहती हो, फिर उसे सच मान लेती हो.”

रज्जो लाज से मुसकरा दी, पर कुछ सोच में पड़ गई. फिर इस खयाल को महज खयाल समझ कर झटक दिया कि शायद वह सपना ही होगा.

आज रज्जो कुछ अनमनी सी थी. तबीयत भी ठीक नहीं लग रही थी. बिस्तर से उठी तो चक्कर आ गया. डाक्टर को दिखाया तो उस ने जांच कर के बताया कि रज्जो पेट से है. रमेश तो खुशी से उछल पड़ा. रज्जो लाज से दोहरी हो गई. साथ ही एक नया सुखद अहसास भी हुआ.

15 दिन बाद अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट में पता चला कि रज्जो जुड़वां बच्चों की मां बनने वाली है. अब तो खुशी दोगुनी जो गई थी. रमेश ने उस की देखभाल के लिए गांव से अपनी बहन कीर्ति को बुला लिया था.

निश्चित समय पर रज्जो ने 2 बेटों को जन्म दिया. घर खुशियों से और बच्चों की किलकारियों से भर गया. इस से ज्यादा पाने की उम्मीद भी नहीं की थी रज्जो ने, पर एक अनजाना सा डर हर पल उसे घेरे रहता था.

बच्चे बड़े होने लगे थे. बच्चों के दादाजी ने नाम रखे रघु और राघव. जुड़वां होने के बावजूद दोनों बच्चे एकदम अलग थे, देखने में भी और आदतों में भी.

रघु थोड़ा शांत, गंभीर स्वभाव का सेहतमंद बालक था, वहीं राघव चंचल, शरारती बच्चा था. वह थोड़ा दुबलापतला सा था और जल्दी बीमार पड़ जाता था. उस की नीली आंखें सब को आकर्षित करती थीं, पर रज्जो को डराती थीं.

इस तरह 3 साल बीत गए. एक बार राघव गंभीर रूप से बीमार पड़ गया. डाक्टर ने बताया कि खून चढ़ाना पड़ेगा. उस का ब्लड ग्रुप बी नैगेटिव निकला. अस्पताल में इस ग्रुप का खून नहीं था, तो मातापिता या दूसरे घर वालों को खून देने के लिए बुलाया गया.

रज्जो और रमेश का ब्लड ग्रुप ए पौजिटिव और बी पौजिटिव था. बाकी परिवार में भी किसी का ब्लड ग्रुप राघव के खून से मेल नहीं खा रहा था.

राघव की हालत बहुत नाजुक थी. रमेश किसी दूसरी जगह से खून लाने चला गया. रज्जो राघव के पास बैठी थी. डाक्टर ने उस ब्लूड ग्रुप के बारे में अस्पताल में भी अनाउंस कर दिया गया था.

तभी एक आदमी तेजतेज कदमों से चलता हुआ आया और उस ने कहा कि उस का ब्लड ग्रुप बच्चे से मेल खाता है. जल्दी से उस का खून ले कर बच्चे को चढ़ाया गया.

यह तो रेल वाला विपिन था, जो अपने किसी जानपहचान वाले मरीज को अस्पताल देखने आया था.

नीली आंखों वाले विपिन को देख कर रज्जो का दिल मानो उछल कर बाहर आने को तैयार हो गया था. वह वहीं बेहोश हो कर गिर पड़ी. इतने दिनों से बच्चे की चिंता में वह खुद बीमार सी हो गई थी.

जब रज्जो को होश आया तब वह अस्पताल में बिस्तर पर लेटी थी. उस ने चारों ओर नजर घुमाई. रमेश, उस का बेटा रघु और मांजी बिस्तर के पास खड़े थे. रज्जो और राघव की तबीयत देखते हुए रमेश ने अपनी मां को भी गांव से बुला लिया था.

नन्हा रघु रोनी सूरत लिए अपनी मां के पास आने को मचल रहा था. रज्जो ने उसे गोद मे ले कर खूब प्यार किया. उस ने विपिन से मिलने की इच्छा जताई जिस से कि उसे धन्यवाद कह सके, तो नर्स ने बताया कि वह तो जा चुका है, पर अपना विजिटिंग कार्ड छोड़ गया है.

रज्जो की तबीयत दिन ब दिन खराब रहने लगी थी. डाक्टर भी हैरान थे कि क्यों उस का ब्लड प्रैशर लगातार ऊपरनीचे हो रहा था?

कुछ दिनों में राघव की तबीयत ठीक हो गई, तो उसे डिस्चार्ज कर दिया गया. रज्जो भी जिद कर के घर आ गई. थोड़ा ठीक होने के बाद उस ने उसी अस्पताल में नर्स की नौकरी कर ली.

एक दिन रज्जो ने अस्पताल की सीनियर डाक्टर शालिनी से पूछा, “एक बात बताइए डाक्टर, क्या एक ही मां की कोख से पैदा हुए जुड़वां बच्चों के 2 पिता हो सकते हैं?”

डाक्टर शालिनी ने बताया, “बहुत ही रेयर केस में ऐसा होने की संभावना हो सकती है. जैसे एक ही समय में अनेक मर्दों के साथ किसी औरत ने संबंध बनाए हों या कोई लड़की या फिर औरत सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई हो, तभी यह मुमकिन हो सकता है. पर तुम क्यों पूछ रही हो यह सब?”

रज्जो ने कहा, “मैं ने कहीं पढ़ा था. मुझे ऐसी अनहोनी पर यकीन नहीं हो रहा था, इसलिए आप से पूछा.”

डाक्टर शालिनी ने कहा कि बहुत सी ऐसी अनहोनी और रहस्यमयी बातें होती हैं, जिन का जवाब विज्ञान के पास भी नहीं है.

डाक्टर शालिनी की बात सुन कर रज्जो का चेहरा सफेद पड़ गया, पर उस ने किसी तरह खुद को संभाला और 15 दिन की छुट्टी ले कर घर आ गई. सासू मां भी गांव चली गई थीं. कीर्ति ही बच्चों का खयाल रखती थी.

रज्जो खुद से नजरें नहीं मिला पा रही थी. वह अंदर ही अंदर घुट रही थी. इस से उस की तबीयत बिगड़ने लगी थी.

रमेश रज्जो को अस्पताल ले गया. डाक्टर शालिनी रज्जो की ऐसी हालत देख कर हैरान रह गईं. उन्होंने उस की ऐसी हालत की वजह पूछी तो रमेश ने बताया, “पता नहीं यह क्या सोचती रहती है? न किसी से बात करती है और न किसी से मिलतीजुलती है. अपनेआप को बस घर मे बंद कर के रखती है. इसे बच्चों का भी खयाल नहीं है.”

डाक्टर शालिनी ने चैकअप के बहाने रमेश को बाहर भेज दिया, फिर रज्जो से पूछा, “सचसच बताओ रज्जो, उस दिन तुम ने मुझ से जो सवाल पूछे थे क्या उन का संबंध तुम से है? क्या तुम्हारे साथ कोई घटना घटी है? घबराओ मत. तुम इस समय मेरी मरीज हो. हमारे बीच जो भी बातें होंगी वे राज रहेंगी. अगर तुम नहीं चाहोगी तो मैं तुम्हारे पति को भी नहीं बताऊंगी.”

यह सुन कर रज्जो फफकफफक कर रो पड़ी और रेल में हुई घटना सुनाई. उस ने कहा, “मुझे अभी भी शक ही है. मैं पक्का नहीं कह सकती कि वह सब वाकई मेरे साथ उस रात हुआ भी था या सिर्फ एक वहम है, क्योंकि मैं तब शायद अपने होशोहवास में नहीं थी या फिर इतने समय बाद पति मिलन को उतावली हो रही थी.”

डाक्टर शालिनी ने कहा, “अगर तुम्हें पक्का करना है तो उस आदमी का और अपने बच्चे का डीएनए टैस्ट करवा लो, सारी बात साफ पता चल जाएगी.”

रमेश के पूछने पर डाक्टर शालिनी ने बताया कि 2 बच्चों और घर की जिम्मेदारी से रज्जो की यह हालत हुई है और ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है.

घर आते ही रज्जो अलमारी में वह विजिटिंग कार्ड ढूंढ़ने लगी जो विपिन ने नर्स को दिया था. कार्ड मिलने पर उस ने कांपते हाथों से अपने मोबाइल से उस का नंबर मिलाया.

अगले दिन राघव को दिखाने के बहाने रज्जो अस्पताल पहुंच गई. विपिन पहले से वहां मौजूद था. उस ने अपने बुलाने की वजह पूछी तो डाक्टर ने कहा कि टैस्ट की सभी कार्यवाही पूरी करने के बाद बता दिया जाएगा.

विपिन ने आनाकानी करनी चाही तो डाक्टर शालिनी ने पुलिस बुलाने की धमकी दी और उस से रेल की उस घटना का सच पूछा. इसी बीच पुलिस को बुला लिया गया और उन लोगों की हाजिरी में डीएनए टैस्ट कराया गया.

विपिन ने सब के सामने अपना गुनाह कुबूल किया और कहा कि वह रेल में रज्जो की सुंदरता पर मोहित हो गया था और उसे पाने की चाहत में उस ने कौफी में नशे की दवा मिला कर उन दोनों को पिला दी थी.

रमेश के गहरी नींद में सो जाने के बाद उस ने रमेश की टोपी पहन कर अंधेरी रात में उस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था.

विपिन को पुलिस के हवाले कर दिया गया. एक हफ्ते बाद रिपोर्ट आ गई. विपिन और राघव का डीएनए मैच कर रहा था.

डाक्टर ने रज्जो को रिपोर्ट पढ़ कर बताया, “राघव का पिता विपिन ही है.”

उसी समय अस्पताल आए रमेश ने डाक्टर शालिनी की बात सुन ली और पूरी बात जानने के बाद तो वह अपना आपा खो बैठा. वहीं सब के सामने उस ने रज्जो को खरीखोटी सुनाई. यहां तक कि उस ने रज्जो को चरित्रहीन तक साबित कर दिया.

डाक्टर शालिनी ने उसे समझाने की लाख कोशिश की पर रमेश हिकारत भरी नजरों से रज्जो को देखता हुआ उसे छोड़ कर चला गया.

रज्जो अपने ऊपर लगा इतना बड़ा इलजाम सह न सकी और सदमे से बेहोश हो गई. इस के बाद वह कोमा में चली गई. महीनाभर कोमा में रहने के बाद आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गई.

आज एक और अहिल्या किसी इंद्र के छल से अपमानित हुई. कोई कुसूर न होते हुए भी अपने ही पति द्वारा कुसूरवार ठहरा दी गई और ठुकरा दी गई. आज कोई राम उस के पाषाण हृदय में प्राण न डाल पाया… उस का उद्धार करने नहीं आया… न ही कोई राम उस की निर्जीव देह में प्राण लौटा सका, क्योंकि वह पति था परमेश्वर नहीं.

Family Story: दगाबाज – आयुषा के साथ क्या हुआ

Family Story: सरन अपने बेटे विनय की दुलहन आयुषा का परिचय घर के बुजुर्गों और मेहमानों से करवा रही थीं. बरात को लौटे लगभग 2 घंटे बीत चुके थे. आयुषा सब के पैर छूती, बुजुर्ग उसे आशीर्वाद देते व आशीर्वाद स्वरूप कुछ भेंट देते. आयुषा भेंट लेती और आगे बढ़ जाती.

जीत का परिचय करवाते हुए सरन ने जब आयुषा से कहा, ‘‘ये मोहना के पति और तुम्हारे ननदोई हैं,’’ तो एकाएक उस की निगाह जीत पर उठ गई. जीत से निगाह मिलते ही उस के शरीर में झुरझुरी सी छूट गई. जीत उस का पहला प्यार था, लेकिन अब मोहना का पति. जिंदगी कभी उसे ऐसा खेल भी खिलाएगी, आयुषा सोचती ही रह गई. अंतर्द्वंद्व के भंवर में फंसी वह निश्चय नहीं कर पाई कि जीत के पैर छुए या नहीं? अपने मन के भावों को छिपाने का प्रयास करते हुए उस ने बड़े संकोच से उस के पैरों की तरफ अपने हाथ बढ़ाए.

जीत भी उसे अपने साले की पत्नी के रूप में देख कर हैरान था. वह भी नहीं चाहता था कि आयुषा उस के पैर छुए. आयुषा के हाथ अपने पैरों की ओर बढ़ते देख कर वह पीछे खिसक गया. खिसकते हुए उस ने आयुषा के समक्ष अपने हाथ जोड़ दिए. प्रत्युत्तर में आयुषा ने भी वही किया. दोनों के बीच उत्पन्न एक अनचाही स्थिति सहज ही टल गई.

जीत को देखते ही आयुषा के मन का चैन लुट गया था. जीवन में कुछ पल ऐसे भी होते हैं, जिन्हें भुलाने को जी चाहता है. वे पल यदि जीवित रहें तो ताजे घाव सा दर्द देते हैं. ठीक वही दर्द वह इस समय महसूस कर रही थी. सुहागशय्या पर अकेली बैठी वह अतीत में खो गई.

मामा की लड़की रंजना की शादी में पहली बार उस का साक्षात्कार जीत से हुआ था. मामा दिल्ली में रहते हैं. पेशे से वकील हैं. गली सीताराम में पुश्तैनी हवेली के मालिक हैं. तीनमंजिला हवेली की निचली मंजिल में बड़े हौल से सटे 4 कमरे हैं. मुख्य द्वार से सटे एक बड़े कमरे में उन का औफिस चलता है. बाकी कमरे खाली पड़े रहते हैं. बीच की मंजिल में 12 कमरे हैं, जिन में उन का 4 प्राणियों का परिवार रहता है. नानी, वे स्वयं, मामी और रंजना. बेटा प्रमोद भोपाल में सर्विस में है. ऊपरी मंजिल में 6 कमरे हैं, लेकिन सभी खाली हैं.

मैं अपनी मम्मी के साथ शादी अटैंड करने आई थी. पापा 2 दिन बाद आने वाले थे. मेहमानों को रिसीव करने के लिए मामा, मामी और उन के परिवार के कुछ सदस्य ड्योढ़ी पर खड़े थे. हवेली में घुसते हुए अचानक मेरे पैर लड़खड़ा गए थे. इस से पहले कि मैं गिरती, मामी के पास खड़े जीत ने मुझे संभाल लिया था. वह पहला क्षण था जब मेरी निगाहें जीत से टकराई थीं. प्रेम बरसात में उफनती नदियों की तरह पानी बड़े वेग से आता है, उस क्षण भी यही हुआ था. हम दोनों ने उस वेग का एहसास किया था.

उस के बाद शादी के दौरान ऐसा कोई क्षण नहीं आया जब हमारी नजरें एकदूसरे से हटी हों. जीत सा सुंदर और आकर्षक जवान मैं ने इस से पहले कभी नहीं देखा था. मैं मानूं या न मानूं पर सत्य कभी नहीं बदला जा सकता. कोई जब हमारी कल्पना से मिलनेजुलने लगता है, तो हम उसे चाहने लगते हैं. उस की समीपता पाने की कोशिश में लग जाते हैं. उस समय मेरा भी यही हाल था. मैं जीत की समीपता हर कीमत पर पा लेना चाहती थी.

मामा द्वारा रंजना की शादी हवेली से करने का फैसला हमारे लिए फायदेमंद सिद्ध हुआ था. इतनी विशाल हवेली में किसी को पुकार कर बुला लेना या ढूंढ़ पाना दूभर था. रंजना की सगाई वाले दिन सारी गहमागहमी निचली और पहली मंजिल तक ही सीमित थी. जीत ने सीढि़यां चढ़ते हुए जब मुझे आंख के इशारे से अपने पास बुलाया तो न जाने क्यों चाह कर भी मैं अपने कदमों को रोक नहीं पाई थी.

सम्मोहन में बंधी सब की नजरों से बचतीबचाती मैं भी सीढि़यों पर उस के पीछेपीछे चढ़ती चली गई थी. थोड़े समय में ही हम ऊपरी मंजिल की सीढि़यों पर थे. एकाएक उस ने मुझे अपनी बांहों में जकड़ कर अपने तपते होंठों को मेरे होंठों पर रख दिया था. अपने शरीर पर उस के हाथों का दबाव बढ़ते देख कर मैं ने न चाहते हुए भी उस से कहा था, ‘छोड़ो मुझे, कोई ऊपर आ गया तो?’

पर वह कहां सुनने वाला था और मैं भी कहां उस के बंधन से मुक्त होना चाह रही थी. मैं ने अपनी बांहों का दबाव उस के शरीर पर बढ़ा दिया था. न जाने कितनी देर हम दोनों उसी स्थिति में आनंदित होते रहे थे. लौट कर सारी रात मुझे नींद नहीं आई थी. जीत की बांहों का बंधन और तपते होंठों का चुंबन मेरे मनमस्तिष्क से हटाए भी नहीं हटा था.

अगली रात ऊपरी मंजिल का एक कमरा हमारे शारीरिक संगम का गवाह बना था. जीत और मैं एकदूसरे में समाते चले गए थे. दो शरीरों की दूरियां कैसे कम होती जाती हैं, यह मैं ने उसी रात जाना था. कितने सुखमय क्षण थे वे मेरी जवानी के, सिर्फ मैं ही जान सकती हूं. उन क्षणों ने मेरी जिंदगी ही बदल डाली थी.

शादी के बाद हम बिछुड़े जरूर थे पर इंटरनैट हमारे मिलन का एक माध्यम बना रहा था. हम घंटों चैट करते थे. एकदूसरे की समीपता पाने को तरसते रहते थे. हम निश्चय कर चुके थे कि हम शीघ्र ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे.

तभी एक दिन मैं ने पापा को मम्मी से कहते हुए सुना था, ‘आयुषा के लिए मैं ने एक सुयोग्य वर तलाश लिया है. लड़का सफल व्यवसायी है. पिता का अलग व्यापार है. लड़के के पिता का कहना है कि वे अपनी लड़की की शादी पहले करना चाहते हैं. उस की शादी होते ही वे बेटे की शादी कर देंगे. तब तक हमारी आयुषा भी एमए कर चुकी होगी.’

मम्मी तो पापा की बात सुन कर प्रसन्न हुई थीं, पर मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई थी. उसी शाम जीत से चैट करते हुए मैं ने उसे साफ शब्दों में कहा था, ‘जीत या तो तुम यहां आ कर पापा से मेरा हाथ मांग लो या फिर मैं पापा को स्थिति स्पष्ट कर के उन्हें तुम्हारे डैडी से मिलने के लिए भेज देती हूं.’

जीत ने कहा था, ‘तुम चिंता मत करो. यह समस्या अब तुम्हारी नहीं बल्कि मेरी है. मैं वादा करता हूं, तुम्हें मुझ से कोई नहीं छीन पाएगा. तुम सिर्फ मेरी हो. मुझे सिर्फ थोड़ा सा समय दो.’ उस ने मुझे आश्वस्त किया था.

उस के बाद जीत ने चैट करना कम कर दिया था. फिर धीरेधीरे मेरे और जीत के बीच दूरियों की खाई इतनी बढ़ती चली गई कि भरी नहीं जा सकी. जीत ने मुझ से अपना संपर्क ही तोड़ लिया. बरबस मुझे पापा की इच्छा के समक्ष झुकना पड़ा था.

सुहागकक्ष का दरवाजा बंद होने की आवाज के साथ मेरी तंद्रा टूट गई. विनय सुहागशय्या पर आ कर बैठ गए, ‘‘परेशान हो,’’ उन्होंने प्रश्न किया.

अपने मन के भावों को छिपाते हुए मैं ने सहज होने की कोशिश की, ‘‘नहीं तो,’’ मैं ने उत्तर दिया.

‘‘आयुष,’’ मुझे अपनी बांहों में भरते हुए विनय बोले, ‘‘मैं इस पल को समझता हूं. तुम्हें घर वालों की याद आ रही होगी, पर एक बात मेरी भी सच मानो कि मैं तुम्हारी जिंदगी में इतनी खुशियां भर दूंगा कि बीती जिंदगी की हर याद मिट जाएगी.’’

मेरे मन के कोने में हमसफर की एक छवि अंकित थी. विनय का व्यक्तित्व ठीक उस छवि से मिलता था. इसलिए मैं विनय को पा कर धन्य हो गई थी. ऐसे में हर पल मेरा मन यह कहने लगा था कि विनय जैसे सीधेसच्चे इंसान से कुछ भी छिपाना ठीक नहीं होगा. संभव है भविष्य में मेरे और जीत के रिश्तों का पता चलने पर विनय इन्हें किस प्रकार लें? तब पता नहीं हमारी विवाहित जिंदगी का क्या हश्र हो? मैं उस समय कोई भी कुठाराघात नहीं सह पाऊंगी. मुझे आत्मीयों की प्रताड़ना अधिक कष्टकर प्रतीत होती है, पर जबजब मैं ने विनय को सत्य बताने का साहस किया. मेरा अपना मन मुझे ही दगा दे गया. बात जबान पर नहीं आई. दिन बीतते गए. यहां तक कि हम महीने भर का हनीमून ट्रिप कर के यूरोप से लौट भी आए.

हनीमून के दौरान विनय ने मेरी उदासी को कई बार नोटिस किया था. उदासी का कारण भी जानना चाहा, पर मैं द्वंद्व में फंसी विनय को कुछ भी नहीं बता पाई. उसे अपने प्यार में उलझा कर मैं ने हर बार बातों का रुख ही बदल दिया था.

हनीमून से लौटते ही विनय 2 महीने के बिजनैस टूर पर फ्रांस और जरमनी चले गए. सासूमां ने उन्हें रोकने का बहुत प्रयास किया पर वे नहीं रुके. जीत और मोहना को उन्होंने जरूर रोक लिया.

उन्होंने जीत से कहा, ‘‘मोहना को तो मैं अभी महीनेदोमहीने और आप के पास नहीं भेजूंगी. आयुषा घर में नई है. उस का मन बहलाने के लिए कोई तो उस का हमउम्र चाहिए. वैसे आप भी यहीं से अपना बिजनैस संभाल सकें, तो मुझे ज्यादा खुशी होगी. कम से कम आयुषा को 2 हमउम्र साथी तो मिल जाएंगे.’’

जीत थोड़ी नानुकर के बाद रुक गया. मैं समझ चुकी थी कि उस के रुकने का आशय क्या है? वह मुझे फिर से पाने का प्रयास करना चाहता है. मैं तभी से सतर्क हो गई थी. उस ने पहले कुछ दिन तो मुझ से दूरियां बनाए रखीं. फिर एक दिन जब सासूमां मोहना के साथ उस के लिए कपड़े और आभूषण खरीदने बाजार गईं तो जीत मेरे कमरे में चला आया. वह अतिप्रसन्न था. ठीक उस शिकारी की तरह जिस के हाथों एक बड़ा सा शिकार आ गया हो.

मेरे समीप आते हुए उस ने कहा, ‘‘हाय, आयुषा. व्हाट ए सरप्राइज? वी आर बैक अगेन. अब हम फिर से एक हो सकते हैं. कम औन बेबी,’’ जीत ने कहते हुए अपने हाथ मुझे बांहों में भरने के लिए बढ़ा दिए.

मेरे सामने अब मेरा संसार था. प्यारा सा पति था. उस का परिवार था. जीत के शब्द मुझे पीड़ा देने लगे. उस के दुस्साहस पर मुझे क्रोध आने लगा. न जाने उस ने मुझे क्या समझ लिया था? अपनी बपौती या बिकाऊ स्त्री? मैं उस पर चिंघाड़ पड़ी, ‘‘जीत, यहां से चले जाओ वरना,’’ गुस्से में मेरे शब्द ही टूट गए.

‘‘वरना क्या?’’

‘‘मैं तुम्हारी करतूत का भंडाफोड़ कर दूंगी.’’

‘‘उस से मेरा तो कुछ नहीं बिगड़ेगा, लेकिन तुम कहीं की नहीं रहोगी. आयुषा, तुम्हारा भला अब सिर्फ इसी में है कि मैं जैसा कहूं तुम करती जाओ.’’

‘‘यह कभी नहीं होगा,’’ क्रोध में मैं ने मेज पर रखा हुआ वास उठा लिया.

मेरे क्रोध की पराकाष्ठा का अंदाजा लगाते हुए उस ने मेरे समक्ष कुछ फोटो पटक दिए और बोला, ‘‘ये मेरे और तुम्हारे कुछ फोटो हैं, जो तुम्हारे विवाहित जीवन को नष्ट करने के लिए काफी हैं. यदि अपना विवाह बचाना चाहती हो तो कल शाम 7 बजे होटल सनराइज में चली आना. मैं वहीं तुम्हारा इंतजार करूंगा,’’ जीत तेजी से मुझ पर एक विजयी मुसकान उछालते हुए कमरे से बाहर निकल गया.

अब मेरा क्रोध पस्त हो गया था. उस के जाते ही मैं फूटफूट कर रो पड़ी. मुझे अपना विवाहित जीवन तारतार होता हुआ लगा. जीत ने मेरी सारी खुशियां छीन ली थीं. बेशुमार आंसू दे डाले थे. मैं समझ नहीं पा रही थी कि क्या करूं? कैसे जीत से छुटकारा पाऊं? मेरी एक जरा सी नादानी ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा था, पर मैं ने यह निश्चय अवश्य कर लिया था कि यह मेरी लड़ाई है, मुझे ही लड़नी है. मैं किसी और को बीच में नहीं लाऊंगी. कैसे लड़ूंगी? यही सोचसोच कर सारी रात मेरी आंखों से अविरल अश्रुधारा बहती रही थी.

सवेरे उठी तो लग रहा था कि तनाव से दिमाग किसी भी समय फट जाएगा. विपरीत परिस्थितियों में कई बार इंसान विचलित हो जाता है और घबरा कर कुछ उलटासीधा कर बैठता है. मुझे यही डर था कि मैं कहीं कुछ गलत न कर बैठूं. दिन यों ही गुजर गया. शाम के 5 बजते ही जीत घर से निकल गया. जाते हुए मुझे देख कर मुसकरा रहा था. अब तक मैं भी यह निश्चय कर चुकी थी कि आज जीत से मेरी आरपार की लड़ाई होगी. अंजाम चाहे जो भी हो.

मैं जब होटल पहुंची तो जीत बड़ी बेताबी से मेरे आने का इंतजार कर रहा था. मुझे देखते ही वह बड़ी अक्कड़ से बोला, ‘‘हाय डियर, आखिर जीता मैं ही, अगर सीधी तरह मेरी बात मान लेती तो मैं तुम्हें परेशान क्यों करता?’’

‘‘जीत,’’ मैं ने उस की बात अनसुनी करते हुए कहा, ‘‘मैं बड़ी मुश्किल से अपनों की इज्जत दांव पर लगा कर तुम्हारी इच्छा पूरी करने आई हूं. मेरे पास ज्यादा समय नहीं है. आओ और जैसे चाहो मेरे शरीर को नोच डालो. मैं उफ तक नहीं करूंगी,’’ कहते हुए मैं ने अपनी साड़ीब्लाउज उतारना शुरू कर दिया, उस के बाद पेटीकोट भी.

अचानक मेरे इस व्यवहार को देख कर जीत चकित रह गया. उस ने इस स्थिति की कल्पना भी नहीं की थी. विचारों के बवंडर ने संभवत: उसे विवेकशून्य कर दिया. आयुषा से क्या कहे, कुछ नहीं सूझा. घबराते हुए उस ने मुझ से पूछा, ‘‘यह तुम्हारे हाथ में क्या है?’’

‘‘जहर की शीशी,’’ मैं ने उत्तर दिया, ‘‘तुम्हें तृप्त कर के इसे पी लूंगी. सारा किस्सा एक बार में खत्म हो जाएगा.’’

‘‘फिर मेरा क्या होगा?’’

‘‘चाहो तो तुम भी इसे पी सकते हो. हमारा प्यार भी अमर हो जाएगा और हम भी.’’

तभी मैं ने देखा उसे अपनी आशाओं पर पानी फिरता हुआ नजर आया था. उस के चेहरे से पसीना चूने लगा था. फिर उस के पैर मुझ से कुछ दूर हुए और दूर होतेहोते कमरे से बाहर हो गए.

सवेरे जब नींद टूटी तो मैं ने देखा कि जीत कहीं बाहर जा रहा था.

सासूमां और मोहना उस के पास दरवाजे पर खड़ी थीं. मुझ पर नजर पड़ते ही मोहना ने मुझे बताया कि आज जीत की एक जरूरी मीटिंग है, उसे 10 बजे की फ्लाइट पकड़नी है. सच क्या था. वह केवल जीत जानता था या मैं. जीत ने जाते समय मुझे देखा तक नहीं, पर मैं उसे जाते हुए देख कर मंदमंद मुसकरा रही थी. मैं अब विनय के प्रति पूरी तरह समर्पित थी.दगाबाज : आयुषा के साथ क्या हुआ

Family Story: नई सुबह – कैसे नीता की जिंदगी बदल गई

Family Story, लेखिका- परिणीता

‘‘बदजात औरत, शर्म नहीं आती तुझे मुझे मना करते हुए… तेरी हिम्मत कैसे होती है मुझे मना करने की? हर रात यही नखरे करती है. हर रात तुझे बताना पड़ेगा कि पति परमेश्वर होता है? एक तो बेटी पैदा कर के दी उस पर छूने नहीं देगी अपने को… सतिसावित्री बनती है,’’ नशे में धुत्त पारस ऊलजलूल बकते हुए नीता को दबोचने की चेष्टा में उस पर चढ़ गया.

नीता की गरदन पर शिकंजा कसते हुए बोला, ‘‘यारदोस्तों के साथ तो खूब हीही करती है और पति के पास आते ही रोनी सूरत बना लेती है. सुन, मुझे एक बेटा चाहिए. यदि सीधे से नहीं मानी तो जान ले लूंगा.’’

नशे में चूर पारस को एहसास ही नहीं था कि उस ने नीता की गरदन को कस कर दबा रखा है. दर्द से छटपटाती नीता खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रही थी. अंतत: उस ने खुद को छुड़ाने के लिए पारस की जांघों के बीच कस कर लात मारी. दर्द से तड़पते हुए पारस एक तरफ लुढ़क गया.

मौका पाते ही नीता पलंग से उतर कर भागी और फिर जोर से चिल्लाते हुए बोली,

‘‘नहीं पैदा करनी तुम्हारे जैसे जानवर से एक और संतान. मेरे लिए मेरी बेटी ही सब कुछ है.’’

पारस जब तक अपनेआप को संभालता नीता ने कमरे से बाहर आ कर दरवाजे की कुंडी लगा दी. हर रात यही दोहराया जाता था, पर आज पहली बार नीता ने कोई प्रतिक्रिया दी. मगर अब उसे डर लग रहा था. न सिर्फ अपने लिए, बल्कि अपनी 3 साल की नन्ही बिटिया के लिए भी. फिर क्या करे क्या नहीं की मनोस्थिति से उबरते हुए उस ने तुरंत घर छोड़ने का फैसला ले लिया.

उस ने एक ऐसा फैसला लिया जिस का अंजाम वह खुद भी नहीं जानती थी, पर इतना जरूर था कि इस से बुरा तो भविष्य नहीं ही होगा.

नीता ने जल्दीजल्दी अलमारी में छिपा कर रखे रुपए निकाले और फिर नन्ही गुडि़या को शौल से ढक कर घर से बाहर निकल गई. निकलते वक्त उस की आंखों में आंसू आ गए पर उस ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा. वह घर जिस में उस ने 7 साल गुजार दिए थे कभी अपना हो ही नहीं पाया.

जनवरी की कड़ाके की ठंड और सन्नाटे में डूबी सड़क ने उसे ठंड से ज्यादा डर से कंपा दिया पर अब वापस जाने का मतलब था अपनी जान गंवाना, क्योंकि आज की उस की प्रतिक्रिया ने पति के पौरुष को, उस के अहं को चोट पहुंचाई है और इस के लिए वह उसे कभी माफ नहीं करेगा.

यही सोचते हुए नीता ने कदम आगे बढ़ा दिए. पर कहां जाए, कैसे जाए सवाल निरंतर उस के मन में चल रहे थे. नन्ही सी गुडि़या उस के गले से चिपकी हुई ठंड से कांप रही थी. पासपड़ोस के किसी घर में जा कर वह तमाशा नहीं बनाना चाहती थी. औटो या किसी अन्य सवारी की तलाश में वह मुख्य सड़क तक आ चुकी थी, पर कहीं कोई नहीं था.

अचानक उसे किसी का खयाल आया कि शायद इस मुसीबत की घड़ी में वे उस की मदद करें. ‘पर क्या उन्हें उस की याद होगी? कितना समय बीत गया है. कोई संपर्क भी तो नहीं रखा उस ने. जो भी हो एक बार कोशिश कर के देखती हूं,’ उस ने मन ही मन सोचा.

आसपास कोई बूथ न देख नीता थोड़ा आगे बढ़ गई. मोड़ पर ही एक निजी अस्पताल था. शायद वहां से फोन कर सके. सामने लगे साइनबोर्ड को देख कर नीता ने आश्वस्त हो कर तेजी से अपने कदम उस ओर बढ़ा दिए.

‘पर किसी ने फोन नहीं करने दिया या मयंकजी ने फोन नहीं उठाया तो? रात भी तो कितनी हो गई है,’ ये सब सोचते हुए नीता ने अस्पताल में प्रवेश किया. स्वागत कक्ष की कुरसी पर एक नर्स बैठी ऊंघ रही थी.

‘‘माफ कीजिएगा,’’ अपने ठंड से जमे हाथ से उसे धीरे से हिलाते हुए नीता ने कहा.

‘‘कौन है?’’ चौंकते हुए नर्स ने पूछा. फिर नीता को बच्ची के साथ देख उसे लगा कि कोई मरीज है. अत: अपनी व्यावसायिक मुसकान बिखेरते हुए पूछा, ‘‘मैं आप की क्या मदद कर सकती हूं?’’

‘‘जी, मुझे एक जरूरी फोन करना है,’’ नीता ने विनती भरे स्वर में कहा.

पहले तो नर्स ने आनाकानी की पर फिर

उस का मन पसीज गया. अत: उस ने फोन आगे कर दिया.

गुडि़या को वहीं सोफे पर लिटा कर नीता ने मयंकजी का नंबर मिलाया. घंटी बजती रही पर फोन किसी ने नहीं उठाया. नीता का दिल डूबने लगा कि कहीं नंबर बदल तो नहीं गया है… अब कैसे वह बचाएगी खुद को और इस नन्ही सी जान को? उस ने एक बार फिर से नंबर मिलाया. उधर घंटी बजती रही और इधर तरहतरह के संशय नीता के मन में चलते रहे.

निराश हो कर वह रिसीवर रखने ही वाली थी कि दूसरी तरफ से वही जानीपहचानी आवाज आई, ‘‘हैलो.’’

नीता सोच में पड़ गई कि बोले या नहीं. तभी फिर हैलो की आवाज ने उस की तंद्रा तोड़ी तो उस ने धीरे से कहा, ‘‘मैं… नीता…’’

‘‘तुम ने इतनी रात गए फोन किया और वह भी अनजान नंबर से? सब ठीक तो है? तुम कैसी हो? गुडि़या कैसी है? पारसजी कहां हैं?’’ ढेरों सवाल मयंक ने एक ही सांस में पूछ डाले.

‘‘जी, मैं जीवन ज्योति अस्पताल में हूं. क्या आप अभी यहां आ सकते हैं?’’ नीता ने रुंधे गले से पूछा.

‘‘हां, मैं अभी आ रहा हूं. तुम वहीं इंतजार करो,’’ कह मयंक ने रिसीवर रख दिया.

नीता ने रिसीवर रख कर नर्स से फोन के भुगतान के लिए पूछा, तो नर्स ने मना करते हुए कहा, ‘‘मैडम, आप आराम से बैठ जाएं, लगता है आप किसी हादसे का शिकार हैं.’’

नर्स की पैनी नजरों को अपनी गरदन पर महसूस कर नीता ने गरदन को आंचल से ढक लिया. नर्स द्वारा कौफी दिए जाने पर नीता चौंक गई.

‘‘पी लीजिए मैडम. बहुत ठंड है,’’ नर्स बोली.

गरम कौफी ने नीता को थोड़ी राहत दी. फिर वह नर्स की सहृदयता पर मुसकरा दी.

इसी बीच मयंक अस्पताल पहुंच गए. आते ही उन्होंने गुडि़या के बारे में पूछा. नीता ने सो रही गुडि़या की तरफ इशारा किया तो मयंक ने लपक कर उसे गोद में उठा लिया. नर्स ने धीरे से मयंक को बताया कि संभतया किसी ने नीता के साथ दुर्व्यवहार किया है, क्योंकि इन के गले पर नीला निशान पड़ा है.

नर्स को धन्यवाद देते हुए मयंक ने गुडि़या को और कस कर चिपका लिया. बाहर निकलते ही नीता ठंड से कांप उठी. तभी मयंक ने उसे अपनी जैकेट देते हुए कहा, ‘‘पहन लो वरना ठंड लग जाएगी.’’

नीता ने चुपचाप जैकेट पहन ली और उन के पीछे चल पड़ी. कार की पिछली सीट पर गुडि़या को लिटाते हुए मयंक ने नीता को बैठने को कहा. फिर खुद ड्राइविंग सीट पर बैठ गए. मयंक के घर पहुंचने तक दोनों खामोश रहे.

कार के रुकते ही नीता ने गुडि़या को निकालना चाहा पर मयंक ने उसे घर की चाबी देते हुए दरवाजा खोलने को कहा और फिर खुद धीरे से गुडि़या को उठा लिया. घर के अंदर आते ही उन्होंने गुडि़या को बिस्तर पर लिटा कर रजाई से ढक दिया. नीता ने कुछ कहना चाहा तो उसे चुप रहने का इशारा कर एक कंबल उठाया और बाहर सोफे पर लेट गए.

दुविधा में खड़ी नीता सोच रही थी कि इतनी ठंड में घर का मालिक बाहर सोफे पर और वह उन के बिस्तर पर… पर इतनी रात गए वह उन से कोई तर्क भी नहीं करना चाहती थी, इसलिए चुपचाप गुडि़या के पास लेट गई. लेटते ही उसे एहसास हुआ कि वह बुरी तरह थकी हुई है. आंखें बंद करते ही नींद ने दबोच लिया.

सुबह रसोई में बरतनों की आवाज से नीता की नींद खुल गई. बाहर निकल कर देखा मयंक चायनाश्ते की तैयारी कर रहे थे.

नीता शौल ओढ़ कर रसोई में आई और धीरे से बोली, ‘‘आप तैयार हो जाएं. ये सब मैं कर देती हूं.’’

‘‘मुझे आदत है. तुम थोड़ी देर और सो लो,’’ मयंक ने जवाब दिया.

नीता ने अपनी भर आई आंखों से मयंक की तरफ देखा. इन आंखों के आगे वे पहले भी हार जाते थे और आज भी हार गए. फिर चुपचाप बाहर निकल गए.

मयंक के तैयार होने तक नीता ने चायनाश्ता तैयार कर मेज पर रख दिया. नाश्ता करते हुए मयंक ने धीरे से कहा, ‘‘बरसों बाद तुम्हारे हाथ का बना नाश्ता कर रहा हूं,’’ और फिर चाय के साथ आंसू भी पी गए.

जातेजाते नीता की तरफ देख बोले, ‘‘मैं लंच औफिस में करता हूं. तुम अपना और गुडि़या का खयाल रखना और थोड़ी देर सो लेना,’’ और फिर औफिस चले गए.

दूर तक नीता की नजरें उन्हें जाते हुए देखती रहीं ठीक वैसे ही जैसे 3 साल पहले देखा करती थीं जब वे पड़ोसी थे. तब कई बार मयंक ने नीता को पारस की क्रूरता से बचाया था. इसी दौरान दोनों के दिल में एकदूसरे के प्रति कोमल भावनाएं पनपी थीं पर नीता को उस की मर्यादा ने और मयंक को उस के प्यार ने कभी इजहार नहीं करने दिया, क्योंकि मयंक नीता की बहुत इज्जत भी करते थे. वे नहीं चाहते थे कि उन के कारण नीता किसी मुसीबत में फंस जाए.

यही सब सोचते, आंखों में भर आए आंसुओं को पोंछ कर नीता ने दरवाजा बंद किया और फिर गुडि़या के पास आ कर लेट गई. पता नहीं कितनी देर सोती रही. गुडि़या के रोने से नींद खुली तो देखा 11 बजे रहे थे. जल्दी से उठ कर उस ने गुडि़या को गरम पानी से नहलाया और फिर दूध गरम कर के दिया. बाद में पूरे घर को व्यवस्थित कर खुद नहाने गई. पहनने को कुछ नहीं मिला तो सकुचाते हुए मयंक की अलमारी से उन का ट्रैक सूट निकाल कर पहन लिया और फिर टीवी चालू कर दिया.

मयंक औफिस तो चले आए थे पर नन्ही गुडि़या और नीता का खयाल उन्हें बारबार आ रहा था. तभी उन्हें ध्यान आया कि उन दोनों के पास तो कपड़े भी नहीं हैं… नई जगह गुडि़या भी तंग कर रही होगी. यही सब सोच कर उन्होंने आधे दिन की छुट्टी ली और फिर बाजार से दोनों के लिए गरम कपड़े, खाने का सामान ले कर वे स्टोर से बाहर निकल ही रहे थे कि एक खूबसूरत गुडि़या ने उन का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया, तो उन्होंने उसे भी पैक करवा लिया और फिर घर चल दिए.

दरवाजा खोलते ही नीता चौंक गई. मयंक ने मुसकराते हुए सारा सामान नीचे रख नन्हीं सी गुडि़या को खिलौने वाली गुडि़या दिखाई. गुडि़या खिलौना पा कर खुश हो गई और उसी में रम गई.

मयंक ने नीता को सारा सामान दिखाया. बिना उस से पूछे ट्रैक सूट पहनने के लिए नीता ने माफी मांगी तो मयंक ने हंसते हुए कहा, ‘‘एक शर्त पर, जल्दी कुछ खिलाओ. बहुत तेज भूख लगी है.’’

सिर हिलाते हुए नीता रसोई में घुस गई. जल्दी से पुलाव और रायता बनाने लग गई. जितनी देर उस ने खाना बनाया उतनी देर तक मयंक गुडि़या के साथ खेलते रहे. एक प्लेट में पुलाव और रायता ला कर उस ने मयंक को दिया.

खातेखाते मयंक ने एकाएक सवाल किया, ‘‘और कब तक इस तरह जीना चाहती हो?’’

इस सवाल से सकपकाई नीता खामोश बैठी रही. अपने हाथ से नीता के मुंह में पुलाव डालते हुए मयंक ने कहा, ‘‘तुम अकेली नहीं हो. मैं और गुडि़या तुम्हारे साथ हैं. मैं जानता हूं सभी सीमाएं टूट गई होंगी. तभी तुम इतनी रात को इस तरह निकली… पत्नी होने का अर्थ गुलाम होना नहीं है. मैं तुम्हारी स्थिति का फायदा नहीं उठाना चाहता हूं. तुम जहां जाना चाहो मैं तुम्हें वहां सुरक्षित पहुंचा दूंगा पर अब उस नर्क से निकलो.’’

मयंक जानते थे नीता का अपना कहने को कोई नहीं है इस दुनिया में वरना वह कब की इस नर्क से निकल गई होती.

नीता को मयंक की बेइंतहा चाहत का अंदाजा था और वह जानती थी कि मयंक कभी मर्यादा का उल्लंघन नहीं करेंगे. इसीलिए तो वह इतनी रात गए उन के साथ बेझिझक आ गई थी.

‘‘पारस मुझे इतनी आसानी से नहीं छोड़ेंगे,’’ सिसकते हुए नीता ने कहा और फिर पिछली रात घटी घटना की पूरी जानकारी मयंक को दे दी.

गरदन में पड़े नीले निशान को धीरे से सहलाते हुए मयंक की आंखों में आंसू आ गए, ‘‘तुम ने इतनी हिम्मत दिखाई है नीता. तुम एक बार फैसला कर लो. मैं हूं तुम्हारे साथ. मैं सब संभाल लूंगा,’’ कहते हुए नीता को अपनी बांहों में ले कर उस नीले निशान को चूम लिया.

हां में सिर हिलाते हुए नीता ने अपनी मौन स्वीकृति दे दी और फिर मयंक के सीने पर सिर टिका दिया.

अगले ही दिन अपने वकील दोस्त की मदद से मयंक ने पारस के खिलाफ केस दायर कर दिया. सजा के डर से पारस ने चुपचाप तलाक की रजामंदी दे दी.

मयंक के सीने पर सिर रख कर रोती नीता का गोरा चेहरा सिंदूरी हो रहा था. आज ही दोनों ने अपने दोस्तों की मदद से रजिस्ट्रार के दफ्तर में शादी कर ली थी. निश्चिंत सी सोती नीता का दमकता चेहरा चूमते हुए मयंक ने धीरे से करवट ली कि नीता की नींद खुल गई. पूछा, ‘‘क्या हुआ? कुछ चाहिए क्या?’’

‘‘हां. 1 मिनट. अभी आता हूं मैं,’’ बोलते हुए मयंक बाहर निकल गए और फिर कुछ ही देर में वापस आ गए, उन की गोद में गुडि़या थी उनींदी सी. गुडि़या को दोनों के बीच सुलाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमारी बेटी हमारे पास सोएगी कहीं और नहीं.’’

मयंक की बात सुन कर नन्ही गुडि़या नींद में भी मुसकराने लग गई और मयंक के गले में हाथ डाल कर फिर सो गई. बापबेटी को ऐसे सोते देख नीता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए. मुसकराते हुए उस ने भी आंखें बंद कर लीं नई सुबह के स्वागत के लिए.

Hindi Story: आया – कैसी थी अधेड़ उम्र की नौकरानी लक्ष्मी?

Hindi Story: तुषार का तबादला मुंबई हुआ तो रश्मि यह सोच कर खुश हो उठी कि चलो इसी बहाने फिल्मी कलाकारों से मुलाकात हो जाएगी, वैसे कहां मुंबई घूमने जा सकते थे. तुषार ने मुंबई आ कर पहले कंपनी का कार्यभार संभाला फिर बरेली जा कर पत्नी व बेटे को ले आया.

इधरउधर घूमते हुए पूरा महीना निकल गया, धीरेधीरे दंपती को महंगाई व एकाकीपन खलने लगा. उन के आसपास हिंदीभाषी लोग न हो कर महाराष्ट्र के लोग अधिक थे, जिन की बोली अलग तरह की थी.

काफी मशक्कत के बाद उन्हें तीसरे माले पर एक कमरे का फ्लैट मिला था, जिस के आगे के बरामदे में उन्होंने रसोई व बैठने का स्थान बना लिया था.

रश्मि ने सोचा था कि मुंबई में ऐसा घर होगा जहां से उसे समुद्र दिखाई देगा, पर यहां से तो सिर्फ झुग्गीझोंपडि़यां ही दिखाई देती हैं.

तुषार रश्मि को चिढ़ाता, ‘‘मैडम, असली मुंबई तो यही है, मछुआरे व मजदूर झुग्गीझोंपडि़यों में नहीं रहेंगे तो क्या महलों में रहेंगे.’’

जब कभी मछलियों की महक आती तो रश्मि नाक सिकोड़ती. घर की सफाई एवं बरतन धोने के लिए काम वाली बाई रखी तो रश्मि को उस से भी मछली की बदबू आती हुई महसूस हुई. उस ने उसी दिन बाई को काम से हटा दिया. रश्मि के लिए गर्भावस्था की हालत में घर के काम की समस्या पैदा हो गई. नीचे जा कर सागभाजी खरीदना, दूध लाना, 3 वर्ष के गोलू को तैयार कर के स्कूल भेजना, फिर घर के सारे काम कर के तुषार की पसंद का भोजन बनाना अब रश्मि के वश का नहीं था. तुषार भी रात को अकसर देर से लौटता था.

तुषार ने मां को आने के लिए पत्र लिखा, तो मां ने अपनी असमर्थता जताई कि तुम्हारे पिताजी अकसर बीमार रहते हैं, उन की देखभाल कौन करेगा. फिर तुम्हारे एक कमरे के घर में न सोने की जगह है न बैठने की.

तुषार ने अपनी पहचान वालों से एक अच्छी नौकरानी तलाश करने को कहा पर रश्मि को कोई पसंद नहीं आई. तुषार ने अखबार में विज्ञापन दे दिया, फिर कई काम वाली बाइयां आईं और चली गईं.

एक सुबह एक अधेड़ औरत ने आ कर उन का दरवाजा खटखटाया और पूछा कि आप को काम वाली बाई चाहिए?

‘‘हां, हां, कहां है.’’

‘‘मैं ही हूं.’’

तुषार व रश्मि दोनों ही उसे देखते रह गए. हिंदी बोलने वाली वह औरत साधारण  मगर साफसुथरे कपडे़ पहने हुए थी.

‘‘मैं घर के सभी काम कर लेती हूं. सभी प्रकार का खाना बना लेती हूं पर मैं रात में नहीं रुक पाऊंगी.’’

‘‘ठीक है, तुम रात में मत रुकना. तुम्हारा नाम क्या है?’’

‘‘लक्ष्मी.’’

‘‘देखो लक्ष्मी, हमारी छोटी सी गृहस्थी है इसलिए अधिक काम नहीं है पर हम साफसफाई का अधिक ध्यान रखते हैं,’’ रश्मि बोली.

‘‘बीबीजी, आप को शिकायत का मौका नहीं मिलेगा.’’ लक्ष्मी ने प्रतिमाह 3 हजार रुपए वेतन मांगा, पर थोड़ी नानुकुर के बाद वह ढाई हजार रुपए पर तैयार हो गई और उसी दिन से वह काम में जुट गई, पूरे घर की पहले सफाईधुलाई की, फिर कढ़ीचावल बनाए और गोलू की मालिश कर के उसे नहलाया.

तुषार व रश्मि दोनों ही लक्ष्मी के काम से बेहद प्रभावित हो गए. यद्यपि उन्होंने लक्ष्मी से उस का पता तक भी नहीं पूछा था. लक्ष्मी शाम को जब चली गई तो दंपती उस के बारे में देर तक बातें करते रहे.

तुषार व रश्मि आश्वस्त होते चले गए जैसे लक्ष्मी उन की मां हो. वे दोनों उस का सम्मान करने लगे. लक्ष्मी परिवार के सदस्य की भांति रहने लगी.

सुबह आने के साथ ही सब को चाय बना कर देना, गोलू को रिकशे तक छोड़ कर आना, तुषार को 9 बजे तक नाश्ता व लंच बाक्स तैयार कर के देना, रश्मि को फलों का रस निकाल कर देना, यह सब कार्य लक्ष्मी हवा की भांति फुर्ती से करती रहती थी.

लक्ष्मी वाकई कमाल का भोजन बनाना जानती थी. रश्मि ने उस से ढोकला, डोसा बनाना सीखा. भांतिभांति के अचार चटनियां बनानी सीखीं.

‘‘ऐसा लगता है अम्मां, आप ने कुकिंग स्कूल चलाया है?’’ एक दिन मजाक में रश्मि ने पूछा था.

‘‘हां, मैं सिलाईकढ़ाई का भी स्कूल चला चुकी हूं’’

रश्मि मुसकराती मन में सोचती रहती कि उसे तो बढ़चढ़ कर बोलने की आदत है. डिलीवरी के लिए रश्मि को अस्पताल में दाखिल कराया गया तो लक्ष्मी रात को अस्पताल में रहने लगी.

तुषार और अधिक आश्वस्त हो गया. उस ने मां को फोन कर दिया कि तुम पिताजी की देखभाल करो, यहां लक्ष्मी ने सब संभाल लिया है.

रश्मि को बेटी पैदा हुई. तीसरे दिन रश्मि नन्ही सी गुडि़या को ले कर घर लौटी. लक्ष्मी ने उसे नहलाधुला कर बिस्तर पर लिटा दिया और हरीरा बना कर रश्मि को पिलाया.

‘‘लक्ष्मी अम्मां, आप ने मेरी सास की कमी पूरी कर दी,’’ कृतज्ञ हो रश्मि बोली थी.

‘‘तुम मेरी बेटी जैसी हो. मैं तुम्हारा नमक खा रही हूं तो फर्ज निभाना मेरा कर्तव्य है.’’

तुषार ने भी लक्ष्मी की खूब प्रशंसा की. एक शाम तुषार, रश्मि व बच्ची को ले कर डाक्टर को दिखाने गया तो रास्ते में लोकल ट्रेन का एक्सीडेंट हो जाने के कारण दंपती को घर लौटने में रात के 12 बज गए.

घर में ताला लगा देख दोनों अवाक् रह गए. अपने पास रखी दूसरी चाबी से उन्होंने ताला खोला व आसपास नजरें दौड़ा कर लक्ष्मी को तलाश करने लगे.

चिंता की बात यह थी कि लक्ष्मी, गोलू को भी अपने साथ ले गई थी. तुषार व रश्मि के मन में लक्ष्मी के प्रति आक्रोश उमड़ पड़ा था. रश्मि बोली, ‘‘यह लक्ष्मी भी अजीब नौकरानी है, एक रात यहीं रह जाती तो क्या हो जाता, गोलू को क्यों ले गई.’’

बच्चे की चिंता पतिपत्नी को काटने लगी. पता नहीं लक्ष्मी का घर किस प्रकार का होगा, गोलू चैन से सो पाएगा या नहीं.

पूरी रात चिंता में गुजारने के पश्चात जब सुबह होने पर भी लक्ष्मी अपने निर्धारित समय पर नहीं लौटी तो रश्मि रोने लगी, ‘‘नौकरानी मेरे बेटे को चोरी कर के ले गई, पता नहीं मेरा गोलू किस हाल में होगा.’’

तुषार को भी यही लग रहा था कि लक्ष्मी ने जानबूझ कर गोलू का अपहरण कर लिया है. नौकरों का क्या विश्वास, बच्चे को कहीं बेच दें या फिर मोटी रकम की मांग करें.

लक्ष्मी के प्रति शक बढ़ने का कारण यह भी था कि वह प्रतिदिन उस वक्त तक आ जाती थी. रश्मि के रोने की आवाज सुन कर आसपास के लोग जमा हो कर कारण पूछने लगे. फिर सब लोग तुषार को पुलिस को सूचित करने की सलाह देने लगे.

तुषार को भी यही उचित लगा. वह गोलू की तसवीर ले कर पुलिस थाने जा पहुंचा. लक्ष्मी के खिलाफ बेटे के अपहरण की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज करा कर वह लौटा तो पुलिस वाले भी साथ आ गए और रश्मि से पूछताछ करने लगे.

रश्मि रोरो कर लक्ष्मी के प्रति आक्रोश उगले जा रही थी. पुलिस वाले तुषार व रश्मि का ही दोष निकालने लगे कि उन्होंने लक्ष्मी का फोटो क्यों नहीं लिया, बायोडाटा क्यों नहीं बनवाया, न उस के रहने का ठिकाना देखा, जबकि नौकर रखते वक्त यह सावधानियां आवश्यक हुआ करती हैं.

अब इतनी बड़ी मुंबई में एक औरत की खोज, रेत के ढेर में सुई खोजने के समान है. अभी यह सब हो ही रहा था कि अकस्मात लक्ष्मी आ गई, सब भौचक्के से रह गए.

‘‘हमारा गोलू कहां है?’’ तुषार व रश्मि एकसाथ बोले.

लक्ष्मी की रंगत उड़ी हुई थी, जैसे रात भर सो न पाई हो, फिर लोगों की भीड़ व पुलिस वालों को देख कर वह हक्की- बक्की सी रह गई थी.

‘‘बताती क्यों नहीं, कहां है इन का बेटा, तू कहां छोड़ कर आई है उसे?’’ पुलिस वाले लक्ष्मी को डांटने लगे.

‘‘अस्पताल में,’’ लक्ष्मी रोने लगी.

‘‘अस्पताल में…’’ तुषार के मुंह से निकला.

‘‘हां साब, आप का बेटा अस्पताल में है. कल जब आप लोग चले गए थे तो गोलू सीढि़यों पर से गिर पड़ा. मैं उसे तुरंत अस्पताल ले गई, अब वह बिलकुल ठीक है. मैं उसे दूध, बिस्कुट खिला कर आई हूं. पर साब, यहां पुलिस आई है, आप ने पुलिस बुला ली…मेरे ऊपर शक किया… मुझे चोर समझा,’’ लक्ष्मी रोतेरोते आवेश में भर उठी.

‘‘मैं मेहनत कर के खाती हूं, किसी पर बोझ नहीं बनती, आप लोगों से अपनापन पा कर लगा, आप के साथ ही जीवन गुजर जाएगा… मैं गोलू को कितना प्यार करती हूं, क्या आप नहीं जानते, फिर भी आप ने…’’

‘‘लक्ष्मी अम्मां, हमें माफ कर दो, हम ने तुम्हें गलत समझ लिया था,’’ तुषार व रश्मि लक्ष्मी के सामने अपने को छोटा समझ रहे थे.

‘‘साब, अब मैं यहां नहीं रहूंगी, कोई दूसरी नौकरी ढूंढ़ लूंगी पर जाने से पहले मैं आप को आप के बेटे से मिलाना ठीक समझती हूं, आप सब मेरे साथ अस्पताल चलिए.’’

तुषार, लक्ष्मी, कुछ पड़ोसी व पुलिस वाले लक्ष्मी के साथ अस्पताल पहुंच गए. वहां गोलू को देख दंपती को राहत मिली. गोलू के माथे पर पट्टी बंधी हुई थी और पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था.

डाक्टर ने बताया कि लक्ष्मी ने अपने कानों की सोने की बालियां बेच कर गोलू के लिए दवाएं खरीदी थीं.

‘‘साब, आप का बेटा आप को मिल गया, अब मैं जा रही हूं.’’

तुषार और रश्मि दोनों लक्ष्मी के सामने हाथ जोड़ कर खड़े हो गए, ‘‘माफ कर दो अम्मां, हमें छोड़ कर मत जाओ.’’

दोनों पतिपत्नी इतनी अच्छी आया को खोना नहीं चाहते थे इसलिए बारबार आग्रह कर के उन्होंने उसे रोक लिया.

लक्ष्मी भी खुश हो उठी कि जब आप लोग मुझे इतना मानसम्मान दे रहे हैं, रुकने का इतना आग्रह कर रहे हैं तो मैं यहीं रुक जाती हूं. ‘‘साब, मेरा मुंबई का घर नहीं देखोगे,’’ एक दिन लक्ष्मी ने आग्रह किया.

तुषार व रश्मि उस के साथ गए. वह एक साधारण वृद्धाश्रम था, जिस के बरामदे में लक्ष्मी का बिस्तर लगा हुआ था. आश्रम वालों ने उन्हें बताया कि लक्ष्मी अपने वेतन का कुछ हिस्सा आश्रम को दान कर देती है और रातों को जागजाग कर वहां रहने वाले लाचार बूढ़ों की सेवा करती है.

अब तुषार व रश्मि के मन में लक्ष्मी के प्रति मानसम्मान और भी बढ़ गया था. लक्ष्मी के जीवन की परतें एकएक कर के खुलती गईं. उस विधवा औरत ने अपने बेटे को पालने के लिए भारी संघर्ष किए मगर बहू ने अपने व्यवहार से उसे आहत कर दिया था, अत: वह अपने बेटे- बहू से अलग इस वृद्धाश्रम में रह रही थी.

‘‘संघर्ष ही तो जीवन है,’’ लक्ष्मी, मुसकरा रही थी.

Family Story: दोस्तियाप्पा – आखिर दादी की डायरी में क्या लिखा था?

Family Story: दादी अकसर दादाजी से कहा करती थीं कि जिंदगी में एक यार तो होना ही चाहिए. सुनते ही दादाजी बिदक जाया करते थे.

‘किसलिए?’ वे चिढ़ कर पूछते.

‘अपने सुखदुख सा?ा करने के लिए,’ दादी का जवाब होता, जिसे सुन कर दादाजी और भी अधिक भड़क जाते.

‘क्यों? घरपरिवार, मातापिता, भाईबहन, पतिसहेलियां काफी नहीं हैं जो यार की कमी खल रही है. भले घरों की औरतें इस तरह की बातें करती कभी देखी नहीं. हुंह, यार होना चाहिए,’ दादाजी देर तक बड़बड़ाते रहते. यह अलग बात थी कि दादी को उस बड़बड़ाहट से कोई खास फर्क नहीं पड़ता था. वे मंदमंद मुसकराती रहती थीं.

मैं अकसर सोचा करती थी कि हमेशा सखीसहेलियों और देवरानीजेठानी से घिरी रहने वाली दादी का ऐसा कौन सा सुखदुख होता होगा जिसे सा?ा करने के लिए उन्हें किसी यार की जरूरत महसूस होती है.

‘‘दादी, आप की तो इतनी सारी सहेलियां हैं, यार क्या इन से अलग होता है?’’ एक दिन मैं ने दादी से पूछा तो दादी अपनी आदत के अनुसार हंस दीं. फिर मु?ो एक कहानी सुनाने लगीं.

‘‘मान ले, तुझे कुछ पैसों की जरूरत है. तू ने अपने बहुत से दोस्तों से मदद मांगी. कुछ ने सुनते ही बहाना बना कर तुझे टाल दिया. ऐसे लोगों को जानपहचान वाला कहते हैं. कुछ ने बहुत सोचा और हिसाब लगा कर देखा कि कहीं उधार की रकम डूब तो नहीं जाएगी. आश्वस्त होने के बाद तु?ो समयसीमा में बांध कर मांगी गई रकम का कुछ हिस्सा दे कर तेरी मदद के लिए जो तैयार हो जाते हैं उन्हें मित्र कहते हैं. और जो दोस्त बिना एक भी सवाल किए चुपचाप तेरे हाथ में रकम धर दे, उसे ही यार कहते हैं. कुछ सम?ां?’’ दादी ने कहा.

‘‘जी समझ यही कि जो दोस्त आप से सवालजवाब न करे, आप को व्यर्थ सलाहमशवरा न दे और हर समय आप के साथ खड़ा रहे वही आप का यार है. है न?’’ मैं ने अपनी समझ से कहा.

‘‘बिलकुल सही. लेकिन तेरे दादाजी को ये तीनों एक ही लगते हैं,’’ कहते हुए दादी की आंखों में उदासी उतर आई. यार न होने की टीस उन्हें सालने लगी.

मैं बचपन से ही अपने दादादादी के साथ रहती हूं, क्योंकि मेरे मम्मीपापा दोनों नौकरी करते हैं. चूंकि दादाजी भी सरकारी सेवा में थे, इसलिए दादी न तो उन्हें अकेला छोड़ सकती थीं और न ही वे चाहती थीं कि उन की पोती आया और नौकरों के हाथों में पले. इसलिए, सब ने मिल कर तय किया कि मैं अपनी दादी के पास ही रहूंगी. बस, इसीलिए मेरा और दादी का दोस्तियाप्पा बना हुआ है.

जब से हमारे सामने वाले घर में सीमा आंटी रहने के लिए आई हैं तब से हमारे घर में भी रौनक बढ़ गई है. सीमा आंटी हैं ही इतनी मस्तमौला. जिधर से निकलती हैं, हंसी के अनार फोड़ती जाती हैं. चूंकि हमारे घर आमनेसामने हैं, इसलिए इन अनारों की रोशनी सब से ज्यादा हमारे घर पर ही होती है.

सीमा आंटी शायद कहीं नौकरी करती हैं. आंटी को गप्पें मारने का बहुत शौक है. औफिस से आने के बाद वे शाम ढलने तक दादीदादाजी के साथ गप्पें मारती रहती हैं. दादी कहीं इधरउधर गई भी हों तो भी उन्हें कोई खास फर्क नहीं पड़ता. चायकौफी के दौर में डूबी वे दादाजी के साथ ही देर तक गपियाती रहती हैं.

मैं ने कई बार नोटिस किया है कि जब दादाजी अकेले होते हैं तब सीमा आंटी के ठहाकों में गूंज अधिक होती है. उस समय दादाजी के चेहरे पर भी ललाई बढ़ जाती है. पिछले कुछ दिनों से तो तीनों का बाहर आनाजाना भी साथ ही होने लगा है.

जब से सीमा आंटी हमारी जिंदगी का हिस्सा बनी हैं तब से दादाजी दादी के प्रति जरा नरम हो गए हैं. आजकल वे दादी के इस तर्क पर बहस नहीं करते कि जिंदगी में यार होना चाहिए कि नहीं. लेकिन हां, खुल कर इस की वकालत तो वे अब भी नहीं करते.

‘‘आप को नहीं लगता कि सीमा आंटी दादाजी में ज्यादा ही इंटरैस्ट लेने लगी हैं,’’ एक दिन मैं ने दादी को छेड़ा. दादी हंस दीं और बोलीं, ‘‘शायद इसी से उन्हें जिंदगी में यार की अहमियत सम?ा में आ जाए.’’

दादी की सहजता मुझे आश्चर्य में डाल रही थी. ‘‘आप को जलन नहीं होती?’’ मैं ने पूछा.

‘‘किस बात की जलन?’’ अब आश्चर्यचकित होने की बारी दादी की थी.

‘‘अरे, आप उन की पत्नी हो. आप के पति के साथ कोई और समय बिता रहा है. आप को इसी बात की जलन होनी चाहिए और क्या?’’ मैं ने अपनी बात साफ की.

‘‘तो क्या हुआ, यार कहां पति या पत्नी के अधिकारों का अतिक्रमण करता है?’’ दादी ने उसी सहजता से कहा. मैं उन की सरलता पर हंस दी.

आज दादी हमारे बीच नहीं हैं. अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे हम सब को हतप्रभ सा छोड़ कर अनंत यात्रा पर चल दीं. 15 दिनों बाद मम्मीपापा सामाजिक औपचारिकताएं निभा कर वापस चले गए. वे तो मु?ो और दादाजी को भी अपने साथ ले जाने की जिद कर रहे थे लेकिन दादाजी किसी सूरत में इस घर को छोड़ कर जाने को तैयार नहीं हुए. मैं उन की देखभाल करने के लिए उन के पास रुक गई. वैसे भी, मेरी स्नातक की पढ़ाई अभी चल ही रही थी.

एक दोपहर दादी की अलमारी सहेजते समय मु?ो उन के पुराने पर्स के अंदर एक छोटी सी चाबी मिली. सभी ताले टटोल लिए, लेकिन उस चाबी का कोई ताला मु?ो नहीं मिला. बात आईगई हो गई. फिर एक दिन जब मैं ने दादी का पुराना बक्सा खोल कर देखा तो उस में एक छोटी सी कलात्मक मंजूषा मु?ो दिखाई दी. उस पर लगा छोटा सा ताला मु?ो उस छोटी चाबी की याद दिला गया. लगा कर देखा तो ताला खुल गया.

मंजूषा के भीतर मुझे एक पुरानी पीले पड़ते पन्नों वाली छोटी सी डायरी मिली. ताले का रहस्य जानने के लिए मैं दादाजी को बिना बताए उसे छिपा कर अपने साथ ले आई. रात को दादाजी के सोने के बाद मैं ने वह डायरी निकाल कर पढ़ना शुरू किया.

पन्नादरपन्ना दादी खुलती जा रही थीं. डायरी में जगहजगह किसी धरम का जिक्र था. डायरी में लिखी बातों के अनुसार मैं ने सहज अनुमान लगाया कि धरम दादी की प्रेम कहानी का नायक नहीं था, वह उन का यार था. जब भी वे परेशान होतीं तो सिर्फ धरम से बात करती थीं.

मु?ो याद आया कि दादी अकसर छत पर जा कर फोन पर किसी से बात किया करती थीं. दादाजी के आते ही तुरंत नीचे दौड़ आती थीं. जब वे वापस नीचे आती थीं तो एकदम हवा सी हलकी होती थीं. मैं अंदाजा लगा रही हूं कि शायद वे धरम से ही बात करती होंगी.

दादी की डायरी क्या थी, दुखों का दस्तावेज थी. हरदम मुसकराती दादी अपनी हंसी के पीछे कितने दर्द छिपाए थीं, यह मुझे आज पता चल रहा है. पता नहीं क्यों दादाजी एक खलनायक की छवि में ढलते जा रहे हैं.

दादी और दादाजी का विवाह उन के समय के चलन के अनुसार घर के बड़ों का तय किया हुआ रिश्ता था. धरम उन दोनों के उन के बचपन का यार था. हालांकि, दुनियाजहान की बातेंशिकायतें दादी दादाजी से ही करती थीं लेकिन दादाजी का जिक्र या उन के प्रति उपजी नाराजगी को जताने के लिए भी तो कोई अंतरंग साथी होना चाहिए न. भावनाओं के मटके जहां छलकते थे, वह पनघट था धरम. यह बात दादाजी भी जानते थे लेकिन वे कभी भी स्त्रीपुरुष के याराने के समर्थक नहीं थे.

धीरेधीरे प्यार को अधिकार ढकने लगा और धरम दादाजी की आंखों में रेत सा अड़ने लगा. दादाजी को धरम के साथ दादी की निकटता डराने लगी. खोने का डर उन्हें अपराध करने के लिए उकसाने लगा. उन्होंने अपने प्यार का वास्ता दे कर दादी को उन के यार से दूर करने की साजिश की. दादाजी की खुशी और परिवार की सुखशांति बनाए रखने के लिए दादी ने धरम से दूरियां बना लीं. वे अब दादाजी के सामने धरम का जिक्र नहीं करती थीं. दादाजी को लगा कि वे अपने षड्यंत्र में कामयाब हो गए, लेकिन वे दादी को धरम से दूर कहां कर पाए.

डायरी इस बात की गवाह है कि दादी अपने आखिरी समय तक धरम से जुड़ी हुई थीं और मैं इस बात की गवाही पूरे होशोहवास में दे सकती हूं कि दादी की जिंदगी धरम को कलंकरहित यार का दर्जा दिलवाने की आस में ही पूरी हो गई.

आखिरी पन्ना पढ़ कर डायरी बंद करने लगी तो पाया कि मेरा चेहरा आंसुओं से तर था. दादी ने अपनी अंतिम पंक्तियों में लिखा था, ‘‘हमारे समाज में सिर्फ व्यक्ति ही नहीं, बल्कि कुछ शब्द भी लैंगिक भेदभाव का दंश ?ोलते हैं. स्त्री और पुरुष के संदर्भ में उन की परिभाषा अलग होती है. उन्हीं अभागे शब्दों में से एक शब्द है ‘यार’. उस का सामान्य अर्थ बहुत जिगरी होने से लगाया जाता है लेकिन जब यही शब्द कोई महिला किसी पुरुष के लिए इस्तेमाल करे तो उस के चरित्र की चादर पर काले धब्बे टांक दिए जाते हैं.’’

पता नहीं दादी द्वारा लिखा गया यही पन्ना आखिरी था या इस के बाद दादी का कभी डायरी लिखने का मन ही नहीं हुआ, क्योंकि दादी ने किसी भी पन्ने पर कोई तारीख अंकित नहीं की थी. लेकिन इतना तो तय था कि दादी के याराने को न्याय नहीं मिला. काश, कोई जिंदगी में यार की अहमियत सम?ा सकता. काश, समाज याराने को स्त्रीपुरुष की सीमाओं से बाहर स्वीकार कर पाता.

दादी के न रहने पर दादाजी एकदम चुप से हो गए थे. कितने दिन तो घर से बाहर ही नहीं निकले. सीमा आंटी के आने पर जरूर उन का अबोला टूटता था. सीमा आंटी भी उन्हें अकेलेपन के खोल से बाहर लाने की पूरी कोशिश कर रही थीं. कोशिश थी, आखिर तो कामयाब होनी ही थी. दादाजी फिर से हंसनेबोलने लगे. रोज शाम सीमा आंटी का इंतजार करने लगे. जब भी कभी परेशान या दादी की याद में उदास होते, सब से पहला फोन सीमा आंटी को ही जाता.

आंटी भी अपने सारे जरूरी काम छोड़ कर उन का फोन अटैंड करतीं. मैं कई बार देखती कि जब दादाजी बोल रहे होते तब आंटी चुपचाप उन्हें सुनतीं. न वे अपनी तरफ से कोई सलाह देतीं और न ही कभी किसी काम में दादाजी की गलती निकाल कर उन्हें कठघरे में खड़ा करतीं. क्या वे दादाजी की यार थीं?

सीमा आंटी दादाजी के लिए उस दीवार जैसी हो गई थीं जिस के सहारे इंसान अपनी पीठ टिका कर बैठ जाता है और मौन आंसू बहा कर अपना दिल भी हलका कर लेता है, यह जानते हुए भी कि यह दीवार उस की किसी भी मुश्किल का हल नहीं है. लेकिन हां, दुखी होने पर रोने के लिए हर समय हाजिर जरूर है.

दादी को गए साल होने को आया.  2 दिनों बाद उन की बरसी है. दादाजी पूरी श्रद्धा के साथ आयोजन में जुटे हैं. सीमा आंटी उन की हरसंभव सहायता कर रही हैं. मेरे मम्मीपापा भी आ चुके हैं. घर में एक उदासी सी छाई है. लग रहा है जैसे दादाजी के भीतर कोई मंथन चल रहा है.

‘‘मिन्नी, आज शाम मेरा एक दोस्त धरम आने वाला है,’’ दादाजी ने कहा. सुनते ही मैं चौंक गई. ‘धरम यानी दादी का यार… तो क्या दादाजी सब जान गए? क्या दादी की डायरी उन के हाथ लग गई?’ मैं ने लपक कर अपनी अलमारी संभाली. दादी की डायरी तो जस की तस रखी थी. धरम अंकल के आने का कारण मेरी समझ में नहीं आ रहा था. मैं ने टोह लेने के लिए दादाजी को टटोला.

‘‘धरम अंकल कौन हैं, पहले तो कभी नहीं आए हमारे घर?’’ मैं ने पूछा.

‘‘धरम तेरी दादी का जिगरी था. वह बेचारी इस रिश्ते को मान्यता दिलाने के लिए जिंदगीभर संघर्ष करती रही. लेकिन मैं ने कभी स्वीकार नहीं किया. आज जब अपने मन के पेंच खोलने के लिए किसी चाबी की जरूरत महसूस करता हूं तो उस का दर्द समझ में आता है,’’ दादाजी की आंखों में आंसू थे.

दादी की बरसी पर धरम अंकल आए. पता नहीं दादाजी ने उन से क्या कहा कि दोनों देर तक एकदूसरे से लिपटे रोते रहे. सीमा आंटी भी उन के पास ही खड़ी थीं. थोड़ा सहज हुए दादाजी ने सीमा आंटी की तरफ इशारा करते हुए धरम अंकल से उन का परिचय करवाया. ‘‘यह सीमा है. हमारी पड़ोसिन… मेरी यार.’’ और तीनों मुसकरा उठे.

मैं भी खुश थी. आज दादी के याराने को मान्यता मिल गई थी.

News Story: क्रिकेट और फिक्सिंग का गड़बड़झाला

News Story: अनामिका ने सोचा, ‘मैं ने केक का कोई और्डर नहीं दिया था और न ही किसी और से कहा था, तो फिर यह किस ने सरप्राइज दिया? विजय से तो अभी कहासुनी हुई है. कहीं उसी ने तो यह केक नहीं भिजवाया है?’

अनामिका ने दरवाजा खोला, तो विजय को डिलीवरी बौय की ड्रैस में देख कर हंसने लगी और बोली, ‘‘तुम पागलवागल तो नहीं हो… यह क्या हुलिया बना रखा है. पर, सच कहूं, तो इस ड्रैस में जंच रहे हो…’’

‘‘हो गई तुम्हारी मसखरी. यार, जैसे तुम नाक फुला कर आई हो न, मु झे तो लगा था कि तुम मु झे भगा दोगी. सौरी, मैं ने वह सब कहा, जो तुम से कहना नहीं चाहिए था,’’ विजय ने ईमानदारी के साथ कहा.

‘‘अरे बेबी, ठीक है. बहस अपनी जगह है और रिश्ता अपनी जगह. लेकिन कभी किसी को उस की जाति से जज नहीं करना चाहिए. मु झे दुख हुआ था, क्योंकि तुम ने मानो मेरे पापा की सारी मेहनत को एकदम से ही खारिज कर दिया था.’’

‘‘अनामिका, आई लव यू. चलो, अब मुंह मीठा करते हैं. तुम्हारा फेवरेट केक लाया हूं,’’ विजय बोला.

‘‘हमारी कैफे वाली डेट तो खराब हो गई थी, पर आज यह केक वाली डेट नहीं खराब होनी चाहिए. तुम अंदर आओ. मैं 5 मिनट में तैयार होती हूं. हम यह केक किसी पार्क में खाएंगे. मौसम भी अच्छा है और आज संडे भी है,’’ अनामिका बोली और सीधा अपने बाथरूम में जा घुसी.

थोड़ी देर के बाद अनामिका तैयार हो कर आई, तो उसे याद आया कि विजय तो डिलीवरी बौय की ड्रैस में है. वह बोली, ‘‘चलें, डिलीवरी बौय…’’

‘‘यार, तुम मेरी ज्यादा टांग मत खींचो. वैसे भी पार्क में किस के पास टाइम होगा मेरी ड्रैस पर ध्यान देने का.’’

पर विजय की एक ड्रैस वहां रखी थी. उस ने कपड़े बदल लिए थे. थोड़ी देर के बाद अनामिका और विजय एक बड़े से पार्कनुमा ग्राउंड में बैठे थे. चूंकि छुट्टी का दिन था, तो वहां कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे. वे दोनों एक बैंच पर जा कर बैठ गए और केक का लुत्फ उठाने लगे. रास्ते में उन्होंने कोल्डड्रिंक और कुछ चिप्स भी खरीद लिए थे.

‘‘अनामिका, याद है, जब उस दिन हम दोनों में जाति को ले कर तीखी बहस हुई थी, तब तुम्हारे जाने के बाद मैं ने सुधा दीदी को फोन कर के सब बता दिया था. यह केक लाने का आइडिया उन्हीं का था,’’ विजय ने कहा.

‘‘वही मैं सोचूं कि तुम में तो इतनी अक्ल है नहीं कि मेरे लिए केक ले आओ,’’ अनामिका हंसते हुए बोली.

‘‘वैरी फनी… और मारो ताना,’’ इतना कह कर विजय बच्चों का क्रिकेट मैच देखने लगा.

अनामिका जानती है कि विजय को क्रिकेट बहुत पसंद है. खेलना भी और देखना भी. वह बोली, ‘‘यार, इन बच्चों को देखो. सस्ते से बैट, गेंद भी ज्यादा महंगी नहीं, 3 विकेट और वे भी बिना बेल्स की… फिर भी इन सब के चेहरे ध्यान से देखो… कितना ऐंजौय कर रहे हैं ये सब.’’

‘‘वह सब तो ठीक है, पर जब मैच स्टेडियम में हो, जहां लाखों की भीड़ अपने पसंदीदा खिलाड़ी को चीयर कर रही हो, हर चौकेछक्के पर चीयरलीडर्स डांस कर रही हों, डीजे पर गाने बज रहे हों, तो मजा ही कुछ और आता है,’’ विजय ने अपनी ही धुन में कह दिया.

‘‘ओ हैलो, खेल तो खेल है. ये सामने खेल रहे बच्चे भी वही कर रहे हैं, जो स्टेडियम में स्टार क्रिकेटर करते हैं. वैसे भी मु झे यह खेल समझ ही नहीं आता है. मैदान पर अंपायर मिला कर 15 लोग होते हैं, पर हरकत में या तो गेंदबाज दिखता है या फिर बल्लेबाज. ज्यादा से ज्यादा वह फील्डर, जो बल्लेबाज के शौट पर गेंद उठाने जाता है. बाकी सब तो बुत ही बने खड़े रहते हैं.

‘‘सच कहूं, तो मु झे तो क्रिकेट पसंद ही नहीं है. इस से अच्छे खेल तो हमारे गुल्लीडंडा और पिट्ठू हैं. हर खिलाड़ी चौकस रहता है. थोड़ी ही देर में सब पसीनापसीना.’’

‘‘क्या तुम ने कभी आईपीएल का मैच स्टेडियम में देखा है? माहौल ही अलग होता है, जैसे कोई उत्सव.

नएनए खिलाड़ी एक मैच में बढि़या खेल कर रातोंरात स्टार बन जाते हैं,’’ विजय ने थोड़ा मुंह बनाते हुए कहा.

‘‘पर, फिर भी मु झे इस खेल से बढि़या तो स्विमिंग लगता है. हर तैराक को अपना बैस्ट देना होता है. सब को बराबर का मौका मिलता है. जो ज्यादा बड़ा और तेज तैराक, वही जीतता है.

‘‘अमेरिका का महान तैराक माइकल फेल्प्स का नाम तो याद होगा ही. उन्होंने ओलिंपिक खेलों में अकेले कुल 28 मैडल जीते हैं. इन में कुल 23 गोल्ड मैडल, 3 सिल्वर मैडल और 2 ब्रौंज मैडल शामिल हैं.

‘‘और सिंक्रोनाइज्ड स्विमिंग तो सुना ही होगा. माइकल फेल्प्स तो अकेला तैराक था, जिस ने अपने दम पर इतना ज्यादा नाम कमाया, पर सिंक्रोनाइज्ड स्विमिंग में तो टीम वर्क होता है. इस में कई तैराकों को संगीत की लय पर पानी में अपनी तैराकी का प्रदर्शन करना पड़ता है, जिस में डांस और जिमनास्टिक शामिल रहते हैं.’’

‘‘तुम क्रिकेट पसंद नहीं करती तो क्या इस की वैल्यू खत्म हो जाती है… इस खेल में पैसा है, नाम है, इज्जत है… और क्या चाहिए किसी को…’’ विजय ने कहा.

‘‘और मैच फिक्सिंग भी… सट्टेबाजी भी… क्यों?’’ अनामिका बोली, ‘‘अभी आईपीएल में भी यही खबर चल रही है. इस पर भी थोड़ी रोशनी डालिए विजय सरजी…’’ अनामिका बोली.

विजय पहले तो चुप रहा, पर अनामिका के ज्यादा जोर देने पर वह बोला, ‘‘खबरों के मुताबिक तो इंडियन प्रीमियर लीग पर मैच फिक्सिंग का साया मंडरा रहा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मैच फिक्सिंग के डर को देखते हुए सभी फ्रैंचाइजी मालिकों, खिलाडि़यों और सहयोगी स्टाफ ही नहीं, बल्कि कमेंटेटर्स तक को चेतावनी जारी कर दी है.

‘‘बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक सुरक्षा इकाई का मानना है कि हैदराबाद का एक तथाकथित कारोबारी के सट्टेबाजों से संबंध हैं. ऐसे में कोई भी उस के लालच के झांसे में न आए.

‘‘इतना ही नहीं, उस कारोबारी को टीम के होटलों और मैचों में भी देखा गया है, जहां वह खिलाडि़यों और कर्मचारियों से दोस्ती करने की कोशिश करता है और उन्हें निजी पार्टियों में इनवाइट करता है. ऐसी घटनाएं भी हुई हैं, जब उस ने न केवल खिलाडि़यों को, बल्कि उन के परिवारों को भी उपहार दिए हैं.

‘‘रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि इस शख्स द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरीए विदेश में रहने वाले खिलाडि़यों या कोचों के रिश्तेदारों से संपर्क करने की भी कोशिश की गई है.’’

‘‘पर आईपीएल के छठे सीजन में भी तो एक टीम के प्रदर्शन से ऐसा महसूस हुआ था कि मैच फिक्स किया गया था. यह क्या मामला था?’’ अनामिका ने पूछा.

‘‘अच्छा, वह मामला. आईपीएल के छठे सीजन में मैच फिक्सिंग के आरोप के बाद राजस्थान रौयल्स टीम के 3 खिलाड़ी एस. श्रीसंत, अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था.

हालांकि, लीग तो चलती रही थी, लेकिन राजस्थान रौयल्स पर 2 साल का बैन लगा था. खिलाडि़यों को कोर्ट से लंबी लड़ाई के बाद क्लीन चिट मिल गई थी, लेकिन उस के बाद उन का कैरियर चौपट हो गया था.

‘‘चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन पर भी धोखाधड़ी के आरोप लगे थे. इस के चलते इस टीम पर 2 साल का बैन भी लगा था. हालांकि, बाद में कोर्ट ने इस मामले में भी क्लीन चिट दे दी थी.’’

‘‘इस बार भी राजस्थान रौयल्स टीम पर आरोप लगे हैं. राजस्थान क्रिकेट संघ की तदर्थ समिति के संयोजक जयदीप बिहानी ने टीम पर मैच फिक्सिंग में शामिल होने का आरोप लगाया था,’’ अनामिका ने कहा.

‘‘यह खबर भी आई थी. इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रैंचाइजी राजस्थान रौयल्स टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ चौंकाने वाली हार के बाद विवादों में घिर गई थी.

‘‘मैच नंबर 36 में 181 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए संजू सैमसन की अगुआई वाली टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 9 रन चाहिए थे और उस के पास 6 विकेट भी हाथ में थे, लेकिन सभी को चौंकाते हुए टीम 2 रन से मुकाबला हार गई थी.

‘‘इस से पहले भी राजस्थान रौयल्स टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक और मैच में आखिरी ओवर में 9 रन नहीं बना सकी थी, जबकि 7 विकेट बाकी थे. राजस्थान रौयल्स यह मुकाबला सुपर ओवर में हार गई थी.

‘‘पर मैच फिक्सिंग के आरोप लगने से क्रिकेट की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है. आज भी लोग क्रिकेट मैच देखने के लिए हजारों रुपए खर्च करते हैं,’’ विजय बोला.

‘‘पर, यह गलत है. खेल मनोरंजन के लिए होता है. और अगर कोई मैच फिक्स है या उस पर सट्टा लग रहा है, तो यह खेल प्रेमियों के साथ चीटिंग है. उन्हें भरमाया जा रहा है. खेल पर पैसा हावी है और यह क्रिकेट की साख पर बट्टा लगा रहा है,’’ अनामिका बोली और विजय के पास से उठ कर उन बच्चों के पास जा बैठी, जो उस क्रिकेट मैच का मजा ले रहे थे. उन बच्चों में से एक मायूस बैठा था. अनामिका ने उस से पूछा, ‘‘क्या हुआ? तुम्हें क्रिकेट देखना पसंद नहीं है क्या?’’

वह बच्चा बोला, ‘‘ऐसा नहीं है दीदी, पर ये बड़े बच्चे मुझे खेलने का मौका ही नहीं देते हैं. हर रविवार को बुला लेते हैं, पर सिर्फ फील्डिंग करा कर भगा देते हैं. न बल्लेबाजी करने देते हैं और न ही गेंदबाजी.’’

इतने में एक बल्लेबाज ने एक ऐसा जोरदार शौट लगाया कि गेंद सीधा अनामिका के कंधे पर आ कर लगी. वह दर्द से बिलबिला उठी.

बल्लेबाज ने वहीं से कहा, ‘‘सौरी दीदी…’’

पर तब तक विजय भागता हुआ उस बल्लेबाज के पास पहुंच गया और उस का कान उमेठते हुए बोला, ‘‘खेलने की तमीज नहीं है. भला कोई इतनी तेज शौट मारता है क्या…’’

वह लड़का शर्मिंदा हो कर बोला, ‘‘भैया, मैं ने जानबू झ कर नहीं मारा.’’

इतने में अनामिका भी वहां पहुंच गई और विजय से बोली, ‘‘बच्चे को क्यों डांट रहे हो? अपनी भड़ास इस पर मत निकालो. खेल में तो छोटीमोटी चोट लगती रहती है. तुम इन्हें धमका कर इन सब का खेल मत खराब करो.’’

‘‘तुम्हारा दर्द कैसा है अब?’’ विजय ने पूछा.

‘‘तुम्हारी इस हरकत ने और बढ़ा दिया है. तुम्हें बच्चे को नहीं डांटना चाहिए था. मैं जा रही हूं,’’ इतना कह कर अनामिका वहां से जाने लगी.

विजय को लगा कि इतनी मुश्किल से तो अनामिका मानी थी, पर अब फिर नाराज हो गई है. वह उस के पीछे भागा और उस बच्चे से बोला, ‘‘सौरी, तुम सब खेलो. पर, आगे से ध्यान रखना कि किसी को चोट न लगे.’’

वह लड़का बोला, ‘‘कोई बात नहीं भैया, आप पहले दीदी को मनाओ. कहीं आप क्लीन बोल्ड न हो जाओ.’’

उस लड़के के इतना कहते ही बाकी बच्चे भी हंसने लगे. यह बात अनामिका ने भी सुन ली थी. वह मुसकराई जरूर, पर पलट कर नहीं देखा.

Funny Story: स से सरकारी शिक्षक, स से सत्यानाश

Funny Story: शर्माजी दिल्ली से पटना जाने वाली ट्रेन में सवार हुए. विंडो सीट पर बैठा साथी मुसाफिर हथेली पर खैनी रगड़ रहा था. तय समय पर ट्रेन चल पड़ी. थोड़ी देर बाद उस साथी मुसाफिर ने शर्माजी से बातचीत करना शुरू कर दिया और बीचबीच में खैनी मिले थूक को खिड़की से बाहर ट्रांसफर कर रहा था.

नाम, पता और मंजिल की जानकारी लेने के बाद वह साथी मुसाफिर पूछ बैठा, ‘‘और बताइए शर्माजी, क्या करते हैं आप?’’

शर्माजी ने कहा, ‘‘भाई, आज की तारीख में धरती पर कौन सा ऐसा काम है, जो हम नहीं करते.’’

साथी मुसाफिर ने चौंकते हुए पूछा, ‘‘आप का मतलब…?’’

शर्माजी ने बताया, ‘‘भाई साहब, हम लोगों के घर जाजा कर उन के परिवार की पूरी जानकारी जमा करते हैं. मसलन, परिवार में कितने लोग हैं, उन की उम्र, पढ़ाईलिखाई वगैरह…’’

साथी मुसाफिर ने बीच में टोकते हुए कहा, ‘‘अजी, हम सम झ गए… आप जनगणना महकमे में काम करते हैं.’’

शर्माजी ने हलकी मुसकान बिखेरते हुए कहा, ‘‘अरे, नहीं भाई. कैंप लगा कर कभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाते हैं, तो कभी अपने संस्थान में पेट के कीड़ों की गोली, एनीमिया की गोली, तो कभी हैपेटाइटिस का टीका भी लगवाते हैं.’’

साथी मुसाफिर तपाक से बोला, ‘‘सम झ गए, आप हैल्थ महकमे में कंपाउंडर हैं.’’

शर्माजी दोबारा मुसकराते हुए बोले, ‘‘अभी भी आप नहीं सम झे… हम न छोटेछोटे बच्चों को अपने संस्थान में दोपहर में मुफ्त भोजन करवाते हैं,

हर साल कपड़े, साइकिल वगैरह भी बांटते हैं…’’

साथी मुसाफिर ने बीच में टोकते हुए कहा, ‘‘तो ऐसा बोलिए न कि आप एनजीओ चलाते हैं. वाकई, बड़ा नेक काम कर रहे हैं भाई आप.’’

शर्माजी खिलखिला कर हंसते हुए बोले, ‘‘भैया, हम कोई एनजीओ या रिलायंस जियो नहीं चलाते हैं. हम तो संस्थान के लिए कपड़ा, चावल, अंडा, कौपीकिताब, जूताचप्पल, राजमा वगैरह की खरीदारी करते हैं और उस का हिसाबकिताब रखते हैं.’’

वह साथी मुसाफिर फिर बोला, ‘‘अच्छाअच्छा, आप अकाउंटैंट हैं.’’

शर्माजी भी अपनी गरदन हिलाते हुए बोले, ‘‘नहीं, वह भी नहीं हैं. दरअसल, मैं पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव से ले कर संसदीय चुनाव तक करवाता हूं.’’

साथी मुसाफिर मुसकराते हुए बोला, ‘‘तो ऐसे बोलिए न महाराज कि इलैक्शन कमीशन में काम करते हैं.’’

शर्माजी फिर बोले, ‘‘न… अभी भी आप नहीं सम झ पाए. हम वह भी नहीं हैं. वैसे, हम छात्रों को हर महीने स्कौलरशिप भी बांटते हैं.’’

साथी मुसाफिर ने चौंकते हुए कहा, ‘‘कहीं आप जनकल्याण महकमे में बड़े अफसर तो नहीं हैं…’’

शर्माजी ने गरदन उचकाते हुए कहा, ‘‘अरे नहीं भाई, बड़ा अफसर बनना हमारे नसीब में कहां… वैसे, कभीकभी हम अपने हक के लिए सरकार के खिलाफ मोरचा खोल कर अधनंगा आंदोलन भी करते हैं. हालांकि, इस के एवज में हम पुलिस की लाठियां भी खा लेते हैं.’’

साथी मुसाफिर ने सिर खुजाते हुए कहा, ‘‘मतलब, आप या तो क्रांतिकारी हैं या फिर समाजसेवी…’’

शर्माजी तल्ख शब्दों में बोले, ‘‘कमाल करते हैं भाई, क्या मैं आप को असामाजिक तत्त्व दिख रहा हूं? आप की जानकारी के लिए मैं बता दूं कि असामाजिक तत्त्वों और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कभीकभी हमें दंडाधिकारी भी बनना पड़ता है.’’

साथी मुसाफिर हैरानी से देखते हुए बोला, ‘‘तो फिर आप किसी कोर्ट में मजिस्ट्रेट हैं…’’

शर्माजी ने यह सुन कर भी ‘न’ के संकेत में मुंह बनाया.

साथी मुसाफिर ने झुं झलाते हुए कहा, ‘‘गजब है जनाब, आप तो अपनेआप में एक पहेली हैं जी. आखिर आप किस महकमे में और किस पद पर काम करते हैं भाई?’’

शर्माजी ने लंबी सांस लेते हुए कहा, ‘‘देखिए, जब हम इन कामों से फ्री होते हैं, तो कभीकभी बच्चों को पढ़ालिखा भी देते हैं.’’

साथी मुसाफिर खैनी को खिड़की से बाहर थूकते हुए धीरे से कहा, ‘‘मतलब, कहीं आप सरकारी स्कूल मास्टर…’’

शर्माजी ने उस आदमी के कंधे पर हाथ रख कर मुसकराते हुए कहा, ‘‘एकदम सही पकड़े हैं आप. दरअसल, मैं ‘शिक्षक दिवस’ पर हुए एक कार्यक्रम में सम्मानित होने के लिए दिल्ली आया था.’’

Hindi Story: एक अंबर सूना सा

Hindi Story: ‘‘अंबर, क्या कह रहे हो तुम… बहू को तलाक चाहिए… पर अभी तुम्हारी शादी को तो सिर्फ 4 महीने ही हुए हैं,’’ मां ने हैरान होते हुए कहा.

‘‘आप लोगों के कहने पर मैं ने शादी कर ली थी, पर अब दिल्ली की एक लड़की यहां इस छोटे से शहर में खुश नहीं रह पा रही है, तो मैं क्या करूं,’’ अंबर ने झल्लाते हुए कहा.

‘‘ठीक है, मैं बहू से बात करती हूं… देखती हूं कि माजरा क्या है,’’ मां ने कहा और अंदर चली गईं.

दिल्ली से 800 किलोमीटर की दूरी पर तराई के इलाके में बसा हुआ यह छोटा सा शहर था. यहां पर गन्ने की फसल ज्यादा होने के चलते लोग इसे ‘चीनी का कटोरा’ भी कहते थे.

इस जगह पर आज से 20 साल पहले देव रायजादा ने एक इंगलिश मीडियम स्कूल की स्थापना की थी और इसी जगह को अपनी कर्मभूमि भी बनाया था.

अच्छे स्कूलों की कमी के चलते देव रायजादा का ‘स्टार इंटरनैशनल स्कूल’ खूब चलने लगा था और देव रायजादा ने इस छोटी सी जगह पर अच्छा मुकाम हासिल कर लिया था.

देव रायजादा के 2 बेटे थे. बड़े बेटे का नाम अंबर और छोटे बेटे का नाम धीरज था. दोनों की पढ़ाईलिखाई नैनीताल में हुई थी. जब बड़ा बेटा अंबर नैनीताल में मैनेजमैंट का कोर्स पूरा कर के आया, तो देव रायजादा ने अपना स्कूल का बिजनैस उसे सौंपने में जरा भी देर नहीं की.

इस के बाद अंबर ने स्कूल में कई मौडर्न बदलाव किए. पहले से बेहतर स्टाफ बहाल किया और कुछ दिनों में ही ‘स्टार इंटरनैशनल स्कूल’ की गिनती शहर के ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के अच्छे स्कूलों में होने लगी.

स्कूल चलने लगा, तो देव रायजादा निश्चिंत हो गए और अंबर की शादी के लिए लड़की तलाशने लगे. अब अगर लड़का अच्छी पढ़ाई कर के आया है, तो लड़की भी पढ़ीलिखी और ऊंचे घराने की होनी चाहिए.

अंबर ने शादी के लिए बहुत नानुकर भी की, पर देव रायजादा को अपने बेटे की शादी कराने की बड़ी हसरत थी, इसलिए अंबर भी कुछ कह न सका.

अंबर की शादी दिल्ली से हुई थी. लड़की विद्या भी बड़े घराने से थी. विदाई के बाद वह ससुराल आ गई.

जहां ससुराल आने के बाद लड़की के चेहरे पर चमक आनी चाहिए, वहां विद्या का चेहरा मुरझाने लगा.

सभी घर के लोगों ने भी इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, क्योंकि शादी के बाद पहली बार ससुराल आने पर थोड़ाबहुत एडजस्ट करने में समय तो लगता ही है.

पर आज अचानक से बहू के द्वारा तलाक दिए जाने की बात ने सब को हिला कर रख दिया था, पर अंबर अब भी सामान्य ही दिख रहा था.

मां ने जब बहू से तलाक की वजह जाननी चाही, तो उस ने नपेतुले शब्दों में उन से यह कह दिया, ‘‘तलाक के पीछे की वजह आप अपने बेटे से ही पूछिएगा,’’ कह कर विद्या अपने मायके जाने की तैयारी करने लगी.

सब को लग रहा था कि हो सकता है कि पतिपत्नी में कोई ?ागड़ा हुआ हो और बहुत मुमकिन है कि विद्या वापस आ जाए, पर काफी समय बीतने के बाद भी विद्या तो नहीं आई, अलबत्ता तलाक के लिए उस के वकील का फोन जरूर आ गया.

तलाक देने के लिए अंबर भी उत्सुक दिखा. इस तरह अंबर और विद्या में तलाक हो गया.

कितने नाजों से अंबर की शादी कराई थी देव रायजादा ने और शादी के बाद इतनी जल्दी बेटे का तलाक हो जाने से देव रायजादा और उन की पत्नी बहुत दुखी हो रहे थे. पूरे कसबे में उन की किरकिरी हो रही थी.

अपनी पूरी जिंदगी में देव रायजादा ने औरतों को दोयम दर्जे की निगाह से ही देखा था और अपने स्कूल में
काम करने वाली हर औरत का जिस्मानी और दिमागी शोषण करने में भी देव रायजादा का कोई सानी नहीं था.

स्कूल के होस्टल में महिला वार्डन के पद पर जो भी महिला आती, देव रायजादा उस से पहले तो बहुत शालीनता से पेश आते, फिर धीरेधीरे उस से हंसीठिठोली और मजाक का मौका देख कर उसे अपनी हवस का शिकार बना लेते.

अगर महिला वार्डन को अपना जिस्मानी शोषण कराना मंजूर होता, तो वह चुपचाप काम करती रहती और अगर कोई इस के खिलाफ आवाज उठाती तो देव रायजादा उस पर ?ाठे आरोप लगा कर उसे नौकरी से ही निकाल देते थे.

कुछ इस तरह की नजर देव रायजादा रखते थे अपने महिला स्टाफ पर और आज उसी का लड़का ऐसा नकारा निकेलगा, जिस से अपनी एक खूबसूरत बीवी भी नहीं संभाली जाएगी, यह बात देव रायजादा के लिए बहुत बेइज्जती वाली थी.

एक तरफ तो देव रायजादा कसबे के एक इज्जतदार आदमी के रूप में अपनेआप को दिखाते थे, तो वहीं दूसरी तरफ उन का असली चेहरा एक ऐयाश का था, पर उन की बीवी मालिनी उतनी ही अंधविश्वासी और तंत्रमंत्र में यकीन करने वाली थीं. अपने विशाल भवन में वास्तु के आधार पर कुछ न कुछ तोड़फोड़ कराना व साधु और तांत्रिकों को अनुष्ठान के नाम पर घर पर बुलवाना और कुछ न कुछ देते रहना देव रायजादा के परिवार का पसंदीदा काम था.

‘‘देखो, हमारा अंबर कितना हैंडसम है. शादी में घोड़ी पर बैठा हुआ कितना बांका जवान लग रहा था. मैं तो कहती हूं कि हो न हो, उसे किसी की बुरी नजर लग गई है,’’ मालिनी ने अपने पति देव रायजादा से चिंता जाहिर की, तो उन की हां में हां मिलाते हुए देव रायजादा भी सोच में पड़ गए.

‘‘आप कहें तो हम एक तांत्रिक को बुला कर अंबर की बुरी नजर उतरवा दें, ताकि उस की जिंदगी भी दोबारा पटरी पर आ सके?’’ मालिनी ने कहा, तो देव रायजादा भी उन का खुल कर विरोध नहीं कर सके. उस दिन सुबह से ही मालिनी और देव रायजादा ज्यादा जोश में नजर आ रहे थे. होते भी क्यों न, आज उन के यहां एक बड़े तांत्रिक जो आने वाले थे… स्वर्णकांत महाराज.

इन तांत्रिक का रुतबा और अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती थी, क्योंकि ये एक ‘पुण्यात्मा’ नाम के टैलीविजन चैनल पर आते थे और देखने वालों को तंत्रमंत्र की जानकारी देते थे.

पूरे घर में स्वर्णकांत महाराज के लिए खास इंतजाम किए गए थे. गुरुजी के लिए फूस की एक कुटिया बना दी गई थी, पर उन्हें गरमी न लग जाए, इसलिए उसी कुटिया में एक एयरकंडीशनर लगा दिया गया था और नौकरचाकरों को भी उन की सेवा में रहने के लिए आदेश दे दिया गया था.

ये कोई ऐसे तांत्रिक नहीं थे, जो हवनकुंड के सामने बैठ कर धुएं में कुछ नशीली चीज मिला कर लोगों को ठगते हों, बल्कि तांत्रिक स्वर्णकांत का लोगों को ठगने का तरीका कुछ मौडर्न सा था.

तांत्रिक स्वर्णकांत लोगों का हाथ पकड़ते, उन से कुछ सवाल पूछते और उस के बारे में सबकुछ जान लेने का दावा करते थे. अंबर को भी आज शाम को उन के पास लाया जाना था.

अपनी फूस की झांपड़ी में आंखों को बंद किए हुए स्वर्णकांत महाराज बैठे हुए थे. रायजादा दंपती अपने बेटे अंबर को ले कर आए और तांत्रिक को प्रणाम करते हुए अंबर को उन के पास जाने को कहा.

तांत्रिक स्वर्णकांत ने अंबर की ओर देखा, उस का दायां हाथ अपने हाथ में पकड़ा और कुछ देर तक बुदबुदाने का नाटक किया और रायजादा दंपती की ओर देख कर बोले, ‘‘अंबर कुछ परेशान है. इसे कुछ समय चाहिए. मैं इसे कुछ क्रियाएं बता दूंगा, जिन्हें करने से इसे आराम मिलेगा.’’

‘‘पर स्वामीजी, शादी के 4 महीने बाद ही बहू का इस तरह मेरे बेटे से मोह भंग हो जाना कैसे हुआ?’’ देव रायजादा ने हाथ जोड़ते हुए पूछा.

‘‘कुलटा थी वह…’’ स्वर्णकांत ने थोड़ा गुस्सा होते हुए कहा, ‘‘किसी दूसरे मर्द के चक्कर में थी तेरी बहू… वह भी एक शादीशुदा मर्द के साथ, इसीलिए तेरे इस राजमहल जैसे घर में भी उसे अच्छा नहीं लगा और वह भाग गई.’’

अपनी बहू के बारे में ऐसी बातें सुन कर रायजादा दंपती सन्न रह गए और दांतों तले उंगली दबाने लगे.

‘‘चलो, अच्छा हुआ, जो ऐसी लड़की से पिंड छूट गया,’’ मालिनी ने धीरे से कहा.

तकरीबन एक हफ्ते तक तांत्रिक स्वर्णकांत ‘रायजादा हाउस’ में रुके और उन की तमाम तरह की समस्याओं का कुछ न कुछ हल बताते रहे. जाते समय पूरे 5 लाख रुपए का चैक देव रायजादा ने स्वर्णकांत महाराज के चरणों में अर्पित कर दिया.

स्वर्णकांत महाराज ने जातेजाते यह भी बताया कि ‘रायजादा हाउस’ में पौजिटिव ऊर्जा की कमी है, इसीलिए उन पर आएदिन कुछ न कुछ संकट आता रहता है. इस पौजिटिव एनर्जी को बढ़ाने के लिए अपने घर के बीचोंबीच एनर्जी बढ़ाने वाले लाल रंग के बड़ेबड़े पत्थर लगवाने होंगे, जो सिर्फ स्वर्णकांत के आश्रम में ही अभिमंत्रित किए जाते हैं.

स्वर्णकांत ने यहां से पहुंचते ही उन पत्थरों को तैयार कर के देव रायजादा को भेजने की बात कह दी और स्वर्णकांत के एक चेले ने उन पत्थरों को अभिमंत्रित कर के यहां तक भेजने का खर्चा साढ़े 3 लाख रुपए बताया, जिस का भुगतान भी बड़ी ही श्रद्धा के साथ चैक के रूप में देव रायजादा ने तुरंत ही कर दिया था.

अगले कुछ महीनों में देव रायजादा ने अंबर के अंदर कुछ पौजिटिव से बदलाव होते देखे. अब अंबर ने अपनी जिंदगी को थोड़ा संवारने की कोशिश की थी और अपनेआप को स्कूल के कामकाजों में बिजी कर लिया था.

अंबर के पापा को उस का यह बदला हुआ रूप देख कर बहुत अच्छा लग रहा था और वे मन ही मन एक बार फिर से अंबर की शादी बड़े ही धूमधाम से कराने की बात सोच रहे थे.

देव रायजादा इस बार एक ऐसी बहू लाना चाहते थे, जो कम पैसे वाली हो, ताकि इस घर में अपना मुंह न खोल सके और हर हाल में रहने को तैयार रहे.

इस बाबत उन्होंने सब से पहले अपने गुरुजी से बात की और उन्हें बताया कि वे अंबर के लिए एक लड़की ढूंढ़ रहे हैं.

इतना सुनते ही तांत्रिक स्वर्णकांत ने उन्हें तुरंत अपने एक भक्त की लड़की के बारे में बताते हुए कहा कि वे उस के पूरे परिवार को जानते हैं और लड़की व परिवार बहुत शालीन है और अंबर के साथ जोड़ी एकदम परफैक्ट रहेगी.

अंबर को लड़की की तसवीर दिखाई गई, पर वह अब भी शादी करने के लिए राजी नहीं था. देव रायजादा ने समझा कि एक बार शादी नाकाम हो जाने के चलते बेटा दोबारा शादी करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है, पर धीरेधीरे नई बहू सब सही कर देगी, ऐसा मान कर स्वर्णकांत द्वारा बताई गई लड़की के साथ शादी की बात आगे बढ़ानी शुरू कर दी गई.

ठीक उसी दौरान देश में कोरोना की दूसरी लहर आई, जिस में लौकडाउन लगा दिया गया और शादी जैसे कार्यक्रमों में भीड़ के जमा होने पर भी रोक लगा दी गई.

देव रायजादा इस बात से परेशान हो उठे, क्योंकि वे अपने लड़के की शादी बड़े ही धूमधाम से करना चाहते थे. उन की यह परेशानी दूर करते हुए स्वर्णकांत ने कहा कि वरवधू एक सादा समारोह में तंत्र विद्या से शादी कर लेंगे और तांत्रिक स्वर्णकांत के चारों ओर फेरे ले लेंगे तो शादी हो जाएगी.

तांत्रिक के रंग में रंगे हुए रायजादा दंपती को भला इस से अच्छी बात और क्या लग सकती थी. स्वर्णकांत के बताए मुताबिक ही अंबर की शादी रूही नाम की लड़की से हो गई. इस शादी में घर के लोगों को छोड़ कर और किसी को न्योता नहीं दिया गया था.

शादी के बाद देव रायजादा ने अंबर और रूही से हनीमून पर जाने को कहा, तो रूही तपाक से बोल पड़ी, ‘‘पापाजी, ये हनीमून वगैरह तो अंगरेजों के चोंचले हैं. हमें तो यहां रह कर आप लोगों की सेवा करनी है बस.’’

नईनवेली बहू के इस तरह से प्यार जताने पर रायजादा दंपती बहुत खुश हुए.

रूही दूसरी बहुओं की तरह शरमा कर घर के अंदर बैठने वाली नहीं थी, बल्कि उस ने तो स्कूल के कामों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना भी शुरू कर दिया था और बहुत जल्दी ही वह सारा कामकाज भी समझ गई थी.

रूही की लगन और टैलेंट को देख कर देव रायजादा ने उसे स्कूल का मैनेजिंग डायरैक्टर बना दिया था.

इस दौरान कई बार तांत्रिक स्वर्णकांत भी अपनी मरजी से ‘रायजादा हाउस’ में आता और अपनी एसी वाली कुटिया में कई दिन तक रहता. देव रायजादा खुश थे कि गुरुजी का आशीर्वाद भी उन्हें भरपूर मिल रहा है.

अंबर की दूसरी शादी हुए तकरीबन 7 महीने बीत गए थे. रात के 11 बजे होंगे. अंबर अपने मम्मीपापा के पास आया. वह बहुत परेशान सा लग रहा था. उस ने अपने पापा की ओर देखा और बताया, ‘‘पापा, वह बात ऐसी है कि रूही पेट से हो गई है.’’

‘‘अरे वाह, यह तो बड़ी खुशी की बात है,’’ देव रायजादा अंबर को गले लगाने के लिए आगे बढ़े, तो अंबर दो कदम पीछे हट गया, ‘‘पर पापा, दिक्कत वह नहीं है.’’

‘‘अरे, इस में दिक्कत की क्या बात है, मेरा शेर आज पापा बन गया है. यह तो खुशी की बात है.’’

‘‘नहीं पापा, मैं इस बच्चे का बाप नहीं हूं, बल्कि मैं तो बाप बन ही नहीं सकता, क्योंकि मैं गे हूं,’’ कह कर अंबर ने अपना सिर नीचे ?ाका लिया था और उस का स्वर भी एकदम धीमा पड़ गया था.

‘‘तो फिर उस बच्चे का बाप कौन है? तुम ने यह बात मुझे पहले क्यों नहीं बताई?’’ देव रायजादा ने पूछा, तो अंबर ने उन्हें बताया कि वह तो पहले ही उन्हें सब सच बताना चाहता था, पर आप ने सुनने की कोशिश ही नहीं की. अपनी पहली बीवी को जिस दिन अंबर ने यह राज बताया था, वह उसी दिन उसे छोड़ कर चली गई थी.

‘‘पर, गुरुजी तो कह रहे थे कि वह कुलटा है,’’ मां ने कहा.

गुरुजी का नाम आने पर अंबर ने कहना शुरू किया, ‘‘दरअसल, आप लोग जब उस दिन मुझे गुरुजी के सामने ले कर गए थे और उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा था, तभी मैं ने अपने बारे में उन्हें सब सचसच बता दिया था, जिस को सुनने के बाद उन्होंने मुझे निश्चिंत करते हुए कहा था कि मैं चिंता नहीं करूं, वे अपनी शक्ति से मुझे सही कर देंगे और जैसा वे कहते हैं, मैं वैसा ही करता चलूं,’’ कहते हुए अंबर की आंखों में आंसू तैरने लगे थे.

‘‘फिर तो तुम्हारे गे होने की बात गुरुजी को हम लोगों को भी बतानी चाहिए थी. शायद हम लोग तुम पर दूसरी शादी का दबाव ही नहीं डालते,’’ पापा ने कहा.

‘‘हमें अभी चल कर गुरुजी से इन सारी बातों और समस्याओं का हल पूछना होगा और फिर यह भी जानना होगा कि जब वह बच्चा तुम्हारा नहीं है, तो भला किस का है?’’ मां ने कहा.

वे तीनों स्वर्णकांत महाराज की कुटिया की ओर चल दिए, पर कुटिया के पास पहुंच कर उन्हें ठिठक जाना पड़ा, क्योंकि अंदर से रूही की आवाज आ रही थी, ‘‘मान गई तुम को… कितनी आसानी से इन पढ़ेलिखे और पैसे वाले लोगों को अंधविश्वास के चक्कर में फंसा कर बेवकूफ बनाते हो…

‘‘मैं ने अंबर के बैंक अकाउंट को खाली कर दिया है. जल्दी बताओ, अब हमें और क्या करना है?’’

बाहर खड़े रायजादा परिवार के कान यह सुनते ही सन्न रह गए थे.

‘‘करना क्या है मेरी मैना… यहां से सबकुछ बटोर कर किसी और मुरगे को तलाशना है, जो पैसे वाला भी हो और अंधविश्वासी भी. आखिर तुम्हें मेरे होने वाले बच्चे के लिए पैसे भी तो चाहिए,’’ स्वर्णकांत के बोलने का लहजा एकदम बदला हुआ था.

इतना सब सुनने के बाद अब और सहन कर पाने की ताकत देव रायजादा में नहीं थी. वे अंदर घुस गए और अपनी पिस्तौल स्वर्णकांत पर तान कर बोले, ‘‘मैं सब समझ गया. यह सब तुम दोनों का बनाबनाया खेल है. मैं अभी पुलिस को बुलाता हूं और तुम दोनो का गंदा खेल खत्म कराता हूं.’’

देव रायजादा कुछ और बोलते, इस से पहले ही स्वर्णकांत उलटा उन्हें ही धमकी देते हुए बोला कि अगर वे पुलिस को बुलाएंगे तो उन की ही बदनामी होगी कि उन का लड़का गे है और उन की बहू के पेट में एक तांत्रिक का बच्चा पल रहा है.

स्वर्णकांत महाराज की इस बात पर देव रायजादा खामोश ही रहे. इतना ही नहीं, अपनी इज्जत बचाने के लिए देव रायजादा को 10 लाख रुपए और देने पड़े.

Hindi Story: सवा किलो चांदी

Hindi Story, लेखक – सी. दुबे

आएदिन की कलह से ग्यारसीबाई तंग आ गई. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करे और क्या न करे. अपने घर वाले को वह पचासों बार समझा चुकी थी, मगर वह सवा किलो चांदी को भूल ही नहीं पाता था. जब देखो, तब ग्यारसीबाई को ताना मारता रहता था, ‘‘चिराग ले कर ढूंढ़ने पर भी ऐसे अक्लमंद कहीं नहीं मिलेंगे. सवा किलो चांदी अपने हाथ से उतार कर दे दी. चोरडाकू को भी लोग इतने सस्ते में नहीं निबटाते.’’

ऐसे तानों से तिलमिला कर ग्यारसीबाई ने बारबार कैफियत दी थी, ‘‘मुझे क्या पता था कि मां जाया सगा भाई ही मुझे लूट लेगा. मैं ने तो भोलेपन में अपने बदन के सारे गहने उतार कर उसे दे दिए थे.

‘‘उस ने कहा था, ‘बाई, तेरे ये गहने मैं जल्दी ही छुड़वा दूंगा. अभी मेरे गले की यह फांसी तू निकलवा दे.

इन गहनों को गिरवी रख कर बैंक का कर्ज जमा कर देने दे, नहीं तो घर पर कुर्की आ जाएगी. घर, जमीन सब नीलाम हो जाएंगे. बापदादा की लाज अब तेरे हाथ में है.’

‘‘मैं ने बाप के घर की लाज रखने को उस मुए को सारे गहने दे दिए थे. मुझे क्या पता था कि वक्त निकल जाने पर वह तोते की तरह आंखें फेर लेगा. मैं ने आफत जान कर भाई के गले की फांसी निकाली. मुसीबत के वक्त एकदूसरे की मदद करते ही हैं. मुझे क्या पता था कि होम करते हाथ जलेंगे?

‘‘उस मुए के पेट में ‘पाप’ था. वह कुछ सालों तक मुझे झांसा देता रहा. कहता रहा कि इस साल हाथ तंग है, फसल बिगड़ गई. आते साल तेरे गहने छुड़ा दूंगा. आते साल भी उस ने ऐसा ही बहाना कर दिया. इसी तरह 3-4 साल निकल गए. बाद में उस ने कह दिया कि तेरे गहने तो साहूकार के यहां डूब गए, ब्याज ही ब्याज में गल गए.

‘‘मैं ने तकाजा किया कि डूब गए तो दूसरे बनवा कर दे. मुझे तो अपनी सवा किलो चांदी चाहिए. तब मुए ने हाथ खड़े कर दिए. वह बोला, ‘सवा किलो चांदी तो 100 बरस में भी मुझ से नहीं दी जाएगी.’

‘‘तो क्या बाप के दिए गहने तू खा जाएगा? तब मुए ने बेशरम की तरह जवाब दे दिया था, ‘मैं ने कहां खाए? तेरे गहने तो साहूकार खा गया.’

‘‘मैं ने जब ज्यादा ही तकाजा शुरू किया, तो उस ने साफ कह दिया था, ‘गहनों का नाम मत ले. समझ ले, दादा ने दिए ही नहीं थे.’

‘‘उस के इन छक्केपंजों से मैं समझ गई थी कि उस की नीयत खराब है, इसलिए मैं ने भी साफसाफ कह दिया था, ‘देख बाबू, मेरी सवा किलो चांदी तो तुझे हर हालत में देनी होगी. मेरे घर वाले मेरी नाक में दम कर रहे हैं.’

‘‘मगर, उस बेशरम के पास तो बस एक ही जवाब था, ‘नहीं हैं मेरे पास. जब होंगे, तब दे दूंगा.’

‘‘मैं खूब रोई, गिड़गिड़ाई, मांबाप की बेइज्जती होने की बात कही, मगर वह बेईमान टस से मस न हुआ. मेरी भौजाई ने तो मुझे धक्के दे कर घर से बाहर निकाल दिया.

‘‘जिस भाई को ‘बीरबीर’ कह के इतराती रही, वह मुआ देखता रहा. अपनी औरत को उस ने नहीं टोका. जिस भाई के लिए मैं ने ‘मनौतियां’ मानी, उसी ने मुझे चालबाजी से लूट लिया.

‘‘तब सारी बात मेरी समझ में आ गई. दुनिया के छलकपट मैं समझने लगी. मगर ब्याह के बाद के उन शुरुआती सालों में तो पीहर ही प्यारा लगता था, इसीलिए ठगी गई. उस समय भाई और भौजाई की पढ़ाई पट्टी में मैं आ गई. अभी जैसा समय होता तो मैं उन बेईमानों को चांदी की सलाई भी न देती.

‘‘उन बेईमानों ने मेरी सवा किलो चांदी भी हड़प ली और नाता भी तोड़ लिया. बोलना ही बंद कर दिया. पीहर का मेरा रास्ता बंद कर दिया. मेरा इस में क्या कुसूर है?’’

ग्यारसीबाई की ऐसी कैफियतों का उस के घर वाले पर कोई असर नहीं होता था. वह बस एक ही बात की रट लगाए था, ‘‘सवा किलो चांदी ला.’’

ग्यारसीबाई झुंझला कर पूछती थी, ‘‘कहां से लाऊं?’’

घर वाला तपाक से कह देता था, ‘‘कहीं से भी ला. तेरे मांबाप ने जमाने के सामने तो बड़ा नाम कर दिया कि सवा किलो चांदी दी बेटी को. मगर, ससुराल वालों को उस में से छल्ला भी नहीं मिला.’’

फूटफूट कर रोती हुई ग्यारसीबाई विलाप करने लगती थी, ‘‘अगर मेरे मांबाप जिंदा होते, तो मैं उन के पास फरियाद ले कर जाती. उस मुए राक्षस से कहकह कर मैं तो हार गई. फरियाद कहां ले जाऊं?’’

ग्यारसीबाई के आदमी को इन बातों से कोई मतलब नहीं था. वह तो बस एक ही बात जानता था, ‘सवा किलो चांदी’. इसलिए घर में आएदिन कलह मची रहती थी.

ग्यारसीबाई को अपने घर वाले का यह तकाजा गलत नहीं लगता था. वह मानती थी कि उन की सवा किलो चांदी की रट ठीक है, क्योंकि उस पर उन का भी हक है. शादी में नातेरिश्ते वालों ने और जातबिरादरी वालों ने सवा किलो चांदी देखी थी.

वह चांदी के गहने पहन कर ससुराल आई थी. वे अगर चाहते तो सारे गहने यहीं उतरवा लेते, बिना गहनों के पीहर भेजते. किंतु दोनों घरों की इज्जत के लिए उन्होंने ऐसा नहीं किया.

जब भी वह ससुराल से पीहर गई, तो गहनों से सजीधजी ही गई. भाई की कारिस्तानी से ही वह पीहर से बिना गहनों के आई. फिर भी इन लोगों ने धीरज रखा. सोचा कि मुसीबत में ऐसा होता है.

मगर जब भाई ने हाथ ही ऊंचे कर दिए, तो इन का धीरज कैसे कायम रह सकता था? इन के हक की चीज उस बेईमान ने छीन ली. दूसरे कोई होते तो मारे जूतों के उस को ठीक कर देते. मगर ये तो अभी भी शरीफों की तरह ही तकाजा कर रहे थे. वही मुआ बदमाशी पर उतर आया था. लड़नेझगड़ने को तैयार था.

किंतु ग्यारसीबाई को इसी बात का दुख होता था कि उस का घरवाला उस की मजबूरी क्यों नहीं समझ रहा है. उस ने अपने आदमी को अगर धोखा दिया होता, तो वह अपनेआप को दोषी मानती. किंतु यहां तो धोखा उस के खुद के साथ ही हुआ था. फिर भी घरवाला उसी को टोंचता रहता. वह सोचती कि ऐसा ही है तो वह अपने साले से जा कर झगड़े. बीवी से झगड़ने में क्या तुक है.

ऐसी सलाह देने पर बात हमेशा बढ़ जाती थी. ग्यारसीबाई इस सवाल का जवाब देने के बजाय सवाल ही करती थी, ‘‘तुम और मैं क्या अलगअलग हैं?’’

‘‘अलगअलग भले ही नहीं हैं… मगर, भाईबहन के बीच में मैं कभी नहीं बोलूंगा.’’

‘‘क्यों नहीं बोलोगे? तुम उस से डरते हो क्या?’’

‘‘उस जैसे चार को पानी पिला सकता हूं मैं. उस से कम नहीं हूं.’’

‘‘नहीं हो… तभी तो कहती हूं कि जाओ, उस ठग को जूते मारो और अपनी सवा किलो चांदी ले आओ. बिना जूतों के वह खाक भी नहीं देगा.’’

‘‘नहीं, यह मुझ से नहीं होगा.’’

‘‘क्यों नहीं होगा?’’

‘‘उस ने कभी कुछ ऐसीवैसी बात कह दी, तो मामला बढ़ सकता है?’’

‘‘बढ़ सकता है तो बढ़ने दो. उस की लाश गिरा दोगे तो भी मैं उस के नाम ले कर नहीं रोऊंगी.’’

‘‘हां… तू तो यही चाहती है कि तेरी सवा किलो चांदी के लिए मैं फांसी पर चढ़ जाऊं?’’

‘‘तो चुपचाप बैठो. उठतेबैठते मुझे सुइयां क्यों चुभोते हो?’’

‘‘तुझे तो सुइयां चुभाऊंगा ही, क्योंकि तू ने ही यह बखेड़ा खड़ा किया है. सवा किलो चांदी कोई कम होती है? भाव मालूम है चांदी का? इतनी चांदी होती तो कई रुके काम पूरे हो जाते. मगर तू बैरिन बन गई. तू ने मुंह का कौर छीन लिया.’’

‘‘मैं ने छीना?’’

‘‘और नहीं तो किस ने छीना? हो सकता है कि यह सब भाईबहन की मिलीभगत हो?’’

अपने आदमी की यही तोहमत ग्यारसीबाई को जला देती थी. ऐसे में उस की मंशा होती थी कि कुछ खा कर सो जाए या किसी कुएं या नदी में छलांग लगा दे. किंतु आंचल से बंधी 3 औलादों की वजह से वह ऐसा नहीं कर पा रही थी. ऐसा इरादा करते ही उसे यह खयाल आ जाता था कि उन के न रहने से उस की औलाद यतीम हो जाएगी. घरवाले को तो दूसरी बीवी मिल जाएगी. वह सौत इन बच्चों की जिंदगी जहर बना देगी.

इसी खयाल से ग्यारसीबाई अपनी जिंदगी को खत्म नहीं कर पा रही थी. घर में घुसे कलह को वह बरदाश्त किए जा रही थी. अपने आदमी के तानों से उस का दिल छलनी सा हो गया था, फिर भी वह सहती जा रही थी.

एक रोज बात बहुत बढ़ जाने पर ग्यारसीबाई के घरवाले ने गुस्से में बावला सा हो कर उस की चोटी पकड़ कर दरवाजे के बाहर धकेलते हुए साफ कह दिया, ‘‘जा, सवा किलो चांदी ले कर आ, नहीं तो भाग यहां से.’’

‘फटाक’ से दरवाजा बंद हो जाने पर बच्चे फूटफूट कर रोने लगे. उन का बाप उन्हें डांटते हुए चुप कराने लगा. बच्चे जब चुप नहीं हुए तो वह उन्हें पीटने लगा. बाहर सीढि़यों पर बैठी ग्यारसीबाई से यह बरदाश्त नहीं हुआ.

उस ने अपने कानों में उंगलियां दे लीं. फिर वह भागने लगी. उस के पैर आगे नहीं बढ़ रहे थे, फिर भी वह अपनेआप को धकेलती हुई सी बढ़ती रही. गांव से बाहर पंचायती कुएं के पास जा कर उस ने सोचा कि इस में छलांग लगा दे और छुटकारा पा ले. बच्चे अपनी जिंदगी खुद भोगेंगे.

वह कुएं में छलांग लगाने ही वाली थी कि उसे खयाल आया कि सारे गांव के पानी को जहर बनाने से तो यही अच्छा होगा कि पीहर की देहरी पर जान दे दे. उस मुए पर जगत थूकेगा तो सही. यहां जान देने से तो उस पर आंच भी नहीं आएगी.

यही सोच कर ग्यारसीबाई ने अपनी बाट पकड़ ली. यादों का ज्वार सा उस के भीतर उठने लगा. उसे याद आया कि इसी राह से वह दुलहन बन कर ससुराल आई थी. उस समय इस राह को वह मुड़मुड़ कर देखती रही थी.

इसी राह ने उसे मौका मिलते ही पीहर की ओर दौड़ाया था. हर बार पीहर से लौटते समय वह आंसू बहाती हुई ससुराल लौटी थी. ससुराल में रहते हुए भी पीहर की याद उसे आती रहती थी.

बच्चे होने के बाद भी पीहर के प्रति उस का लगाव कम नहीं हुआ था. भाई ने मिठास में अगर खटाई नहीं घोली होती तो वह इस राह की दीवानी अभी भी रहती. भाई ने इस मनभावन राह पर कांटे बिछा दिए थे.

पर उस वक्त उस राह पर चलते हुए ग्यारसीबाई को यही लग रहा था कि जैसे वह कांटों पर चल रही है और उस के पैर लहूलुहान हो रहे हैं.

अपने पीहर के घर के पास आ कर ग्यारसीबाई ठिठक गई. वह आंखें फाड़फाड़ कर उस घर को देखने लगी.

उसे इस भरी दोपहरी में ऐसा लगा, जैसे उस के मांबाप खपरैल वाली छत पर बैठे हुए हाथ हिलाहिला कर
उसे बुला रहे हैं, ‘आ, ग्यारसी.’

ग्यारसीबाई ललक कर बढ़ी, तभी उस के भाई बाबू की तीखी आवाज गूंजी, ‘‘आगे कदम न बढ़ाना… नहीं तो टांगें तोड़ दूंगा.’’

ग्यारसीबाई ने गुस्से भरी आवाज में कहा, ‘‘तोड़.’’

बाबू ने राह रोकते हुए कहा, ‘‘देख, वापस हो जा, नहीं तो सच में…’’

‘‘मेरी चांदी दे दे… मैं अभी चली जाऊंगी.’’

‘‘कौन सी चांदी…? चांदी नहीं है मेरे पास.’’

‘‘क्यों नहीं है?’’

‘‘बस नहीं है.’’

‘‘नहीं देगा तो मैं इस देहरी पर धरना दूंगी. यहीं पर जान दे दूंगी.’’

‘‘तू यहां धरना देगी, तो मैं लात मार कर भगा दूंगा.’’

‘‘भगा… तू अगर ‘कंस’ है, तो यह भी कर ले,’’ कहते हुए ग्यारसीबाई देहरी की ओर बढ़ने लगी.

बाबू ने उस का हाथ थाम लिया और उसे खींचते हुए घर से दूर ले जाने लगा. ग्यारसीबाई जमीन पर बैठ गई और जोरजोर से चिल्लाने लगी, ‘‘बचाओ रे, बचाओ, यह ‘कंस’ मेरे गहने खा गया और अब मुझे यहां मरने भी नहीं दे रहा है.’’

शोर सुन कर आसपास के लोग आ गए. बाबू की बीवी और उस के बच्चे भी आ गए. वे ग्यारसीबाई का दूसरा हाथ पकड़ कर घसीटने लगे. लोगों ने बीचबचाव कर के उस के हाथ छुड़वाए.

उन लोगों ने बाबू को समझाया, ‘औरत जात पर हाथ मत उठा, नहीं तो फंस जाएगा. तू अपना दरवाजा बंद कर ले. यह कब तक बैठेगी? मरना आसान नहीं है. तू बेकार में परेशान न हो.’

ग्यारसीबाई को भी लोगों ने सलाह दी, ‘बाई, घर जा. इन तिलों में तेल नहीं है. यह समझ ले कि गहने चोरी
हो गए.’

ग्यारसीबाई अपना रोना रोने लगी. बाबू और उस के घर के लोग पड़ोसियों का कहना मान कर घर में चले गए और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया.

ग्यारसीबाई को दिलासा देदे कर लोग अपनेअपने काम में लग गए. अब वह अपने मांबाप का नाम लेले कर स्यापा करने लगी. भाई को कोसने लगी.

तभी ‘धड़ाम’ से दरवाजा खुला और ग्यारसीबाई की भौजाई झाड़ू लिए बाहर आई. अपनी ननद को झाड़ू से पीटते हुए वह गरजी, ‘‘मेरे दरवाजे पर यह नाटक मत कर. भाग यहां से.’’

ग्यारसीबाई ने झाड़ू पकड़ते हुए भौजाई को कस कर लात जमा दी. वह धड़ाम से गिर पड़ी.

ग्यारसीबाई उस की छाती पर चढ़ कर गरजी, ‘‘तू ने ही मेरे भाई को बिगाड़ा है. मैं तेरा खून पी जाऊंगी.’’

ऐसा कहते हुए ग्यारसीबाई अपनी भौजाई का गला दबाने लगी. बरसों का रुका गुस्सा तब फट पड़ा. उस पल उस में इतनी ताकत आ गई कि वह अपने से तगड़ी भौजाई को दबाए रही.

गला दबाने पर भौजाई चीखी, ‘‘बचाओ… बचाओ…’’

घर में से बाबू और उस के दोनों बच्चे दौड़े आए. वे ग्यारसीबाई के हाथों को खींचखींच कर उस की पकड़ ढीली करने के लिए जूझने लगे. मगर ग्यारसीबाई पर तो जैसे पागलपन सवार हो गया था. वह इन तीनों के काबू में नहीं आ रही थी.

वे लातघूंसे जमा रहे थे, फिर भी वह भौजाई को छोड़ नहीं रही थी. उस का गला दबाते हुए गरज रही थी, ‘‘तू ने मेरी जिंदगी में जहर घोल दिया. सवा किलो चांदी के लिए ही तू ने बेईमानी कर ली.’’

बाबू ने पूरी ताकत लगा कर ग्यारसीबाई को खींचा. उस की बेटी ने ग्यारसीबाई के हाथ में काट लिया, तब कहीं उस के हाथों की कैंची छूटी. भौजाई की चीखें अब बंद हो गईं. वह फुरती से उठी और ग्यारसीबाई पर लातघूंसों की बरसात सी करने लगी. तभी ग्यारसीबाई के 15 और 13 बरस के दोनों बेटे दौड़े हुए आए और अपनी मां पर ढाल की तरह पसरते हुए बोले, ‘‘मत मारो हमारी मां को.’’

ग्यारसीबाई की भौजाई ने दांत पीसते हुए कहा, ‘‘मेरा गला घोंट रही थी, तब तुम ढाल बनने नहीं आए? अब आ गए तुम भी? लो प्रसाद.’’

भौजाई और उस के बेटेबेटी उन दोनों पर लातघूंसे जमाने लगे. ग्यारसीबाई गरजी, ‘‘इन पर हाथ उठाओगे, तो मैं तुम्हारी बोटीबोटी काट डालूंगी.’’

भाई से हाथ छुड़ाने की कोशिश करते हुए ग्यारसीबाई बेटों को बचाने झपटी. हाथ छुड़ा पाने पर वे लातें
चलाने लगीं.

आसपास के लोग बीचबचाव की कोशिश करने लगे. जैसेतैसे वे दोनों तरफ के लोगों को अलगअलग कर पाए. ग्यारसीबाई और उस के दोनों बेटों को खींच कर घर से दूर ले जा कर वे बोले, ‘जाओ अब.’

मगर ग्यारसीबाई वापस जाने को राजी न हुई. वह बोली, ‘‘मैं तो यहीं मरूंगी.’’

आसपास वालों ने ग्यारसीबाई को समझाया, ‘बाई, तू जान भी दे देगी तो भी ये तेरी चांदी नहीं देंगे. इसलिए समझ ले कि चांदी चोर ले गए. ये बच्चे खालिस चांदी हैं. इन्हें संभाल.’

ग्यारसीबाई को समझाते हुए वे उस के बच्चों से बोले, ‘अपनी मां को ले जाओ.’

बच्चे तो यह चाहते ही थे. इसीलिए मां को धकेलते से वे ले चले.

घर आ कर उन दोनों ने अपने पिता से कहा, ‘‘अब सवा किलो चांदी का कभी नाम मत लेना. मां का यह कर्ज हम ने अपने सिर पर ले लिया है. उस सवा किलो चांदी के बदले हम ढाई किलो चांदी तुम को देंगे. हमारी मां से अब इस बाबत में एक लफ्ज भी मत कहना.’’

ग्यारसीबाई, उस का घरवाला और बड़ी बेटी इन उगते सूरज जैसे लड़कों को टकटकी लगा कर देखने लगे. हर चेहरा खुशियों और उम्मीदों के मीठे रस में डूब सा गया था.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें