⚲

Historical Short Story : कोहिनूर

Historical Short Story. ईरान के एक कसबे खुरासान की छोटी सी गली के टूटेफूटे मकान में एक दर्जी रहता था. उस का नाम था इमाम कुली. जानवरों की खाल के लंबे चोगे और टोपियां बना कर वह अपना पेट भरता था. जो कुछ मिलता, उसी में उसे संतोष था.

इमाम कुली का 12 साल का बेटा था नादिर. बाप के साथ सिलाई में वह भी हाथ बंटाता था. वह अपनी खस्ता हालत से बहुत दुखी रहता था. अपने सारे दुखों के लिए वह दुनिया को कुसूरवार मानता था, इसलिए वह सारी दुनिया से नाराज था. उस का बस चलता तो वह दुनिया को जला कर राख कर देता.

एक रात को 2 बजे जब बापबेटे काम कर रहे थे, अचानक कुछ घुड़सवार खुरासान में आए. अपनी तलवारों की नाक पर उन्होंने खूब लूटपाट मचाई और कसबे से कई लोगों को वे गुलाम बना कर ले गए. नादिर भी उन में से एक था. 4 साल तक उज्बेकी डाकुओं की गुलामी में रह कर उस ने बहुत तकलीफें उठाईं.

इस के बाद वह खुद कुछ लोगों को इकट्ठा कर डाकू बन बैठा और ईरान में दूरदूर तक उस ने लूटपाट मचा दी. बेचारा इमाम कुली बदनामी के सदमे से चल बसा.

उन्हीं दिनों अफगानिस्तान ने अचानक चढ़ाई कर ईरान के अब्बास खानदान के कमजोर सुलतान को हरा दिया. शाह की शिकस्त के बाद 7 सालों में ईरान पर जबरदस्त जुल्म ढाए गए.

नादिर को गुलामी से अब सख्त नफरत थी. उस ने अफगानिस्तान के खिलाफ लोगों को ललकारा, देशवासियों में उस ने आजादी के लिए प्राण फूंके. ईरान उस के इशारों पर जाग उठा.

नादिर कुली ने न सिर्फ अफगानिस्तान, बल्कि रूस के कुछ हिस्सों, तुर्की यहां तक कि हिंदुस्तान के पेशावर और वजीराबाद शहरों पर भी कब्जा कर लिया. अब नादिर ईरान का सब से ताकतवर इनसान था.

बचपन से ही नादिर ने हिंदुस्तान की खुशहाली और बेशुमार दौलत की कई कहानियां सुनी थीं. सोने की इस चिडि़या पर कब्जा जमाने की उस की मंसा थी. दिल्ली के तख्त पर उन दिनों एक कमजोर और रंगीला बादशाह मुहम्मद बैठा हुआ था. वह रातदिन शराब और शबाब में डूबा रहता था. नाचगाने से उसे गहरा लगाव था. राजपूत उस से नाराज थे और मराठे उस की परवाह नहीं करते थे.

एक लाख, 60 हजार सैनिकों के साथ नादिर ने हिंदुस्तान पर धावा बोल दिया. दिल्ली के ‘तख्ते ताऊस’ पर उस ने कब्जा जमा लिया. रंगीले मुहम्मद बादशाह ने सारा खजाना नादिर के कदमों में डाल दिया.

‘‘सलाम हुजूर…’’ दीवाने खास की दीवारों और दिल्ली के मशहूर तख्त की खूबसूरती को हाथों से टटोलते नादिर कुली ने रस भरे बोल सुन कर उस ओर देखा कि एक बहुत ही खूबसूरत लड़की उस के आगे सिर झुकाए खड़ी थी. ऐसा हुस्न नादिर ने कहीं नहीं देखा था. उस ने पूछा, ‘‘कौन हो तुम?’’

‘‘मेरा नाम नूर है आलीजहां. मुझे आप की खिदमत के लिए बादशाह सलामत ने भेजा है. मैं आप के लिए यह तोहफा भी लाई हूं,’’ उस लड़की ने दुनिया का सब से कीमती कोहिनूर हीरा पेश कर दिया. पर नादिर की निगाहें तो नूर पर टिकी हुई थीं. वह बोला, ‘‘हमें इस की नहीं, तुम्हारी जरूरत है. मेरा कोहिनूर तो तुम हो.’’

‘‘हाय, मैं आप पर कुरबान,’’ नूरबाई ने अपनी नाजुक बांहें नादिर कुली के गले में डाल दीं. कोहिनूर को नादिर ने अपनी पगड़ी में खोंस लिया था.

4 घंटे बाद खर्राटे भरते नादिर को छोड़ कर नूर ने रंगीले बादशाह को कहलवाया, ‘‘अब आप चैन की बंसी बजाइए. आप का दुश्मन मेरी मुट्ठी में है.’’

यह सुन कर वह खिल उठा. उस ने खून का कतरा बहाए बिना ईरान के डाकू को जीत लिया था.

पर उसी रात को अफवाह फैल गई कि नादिर को किसी ने मार डाला है. 3 हजार ईरानी सैनिकों को तभी खत्म कर दिया गया.

नादिर ने यह सुन कर सिपहसालारों से कहा, ‘‘कोई बात नहीं, हिंदुस्तान की खातिर 3 हजार सिपाही हम ने कुरबान किए.’’

पर जब दूसरे और तीसरे दिन भी ईरानी सिपाही मारे जाते रहे, तो बगल में नूरबाई को थामे नादिर ने दिल्ली के लाल किले की छत से नंगी तलवार चलाते हुए चिल्ला कर कहा, ‘‘बदला…’’

फिर तो दिल्ली की सड़कों और गलियों में 5 घंटों तक औरतों, बच्चों और आदमियों का कत्लेआम होता रहा. करीब 20 हजार लोग कत्ल कर दिए गए.

‘‘रहम कीजिए, मेरे मालिक,’’ नूर नादिर के पैरों पर लोट गई. तुरंत कत्लेआम रोक दिया गया. नादिर नूर की गोद में सिर रख कर लेट गया.

‘‘शाहे आलम, क्या मुझे अपना वतन नहीं दिखाएंगे?’’ नूर ने कहा. ‘‘तुम चलोगी हमारे साथ?’’ खुशी से नादिर ने पूछा.

‘‘मैं आप की गुलाम हूं मालिक…’’ ‘‘हमें इस लफ्ज से गहरी चिढ़ है, तुम तो हमारी दिलेजाना हो,’’ नादिर ने फौज को वापस कूच का हुक्म दिया.

उस दिन से नादिर ने नूरबाई को हमेशा अपने साए की तरह साथ रखा. नूर की खूबसूरती, उस की भोली अदाओं पर वह जालिम डाकू जीजान से कुरबान था. अगले कई सालों तक नादिर कई देशों में खून की होली खेलता रहा. लोग उस के नाम से कांपने लगे थे.

एक दोपहर को खुरासान के महल में नूरबाई के दरवाजे पर एक पठान ने दस्तक दी, ‘‘बेगम हुजूर, आखिर आज हमें कामयाबी मिल ही गई.’’

‘‘सच?’’ नूरबाई के चेहरे पर रौनक नाच उठी. ‘‘जी हां, आप की कुरबानी आज रंग लाई है. मैं ने उसी खंजर से अपने और आप के वतन के दुश्मन नादिर शाह का काम तमाम कर दिया है.’’

‘‘तुम्हारा इनाम यही है कि आज से सिर से पैर तक मैं सिर्फ तुम्हारी हूं. जैसा भी तुम चाहो…’’ नूर ने हौले से कहा.

‘‘नहीं बेगम हुजूर, ऐसा कह कर मुझे छोटा मत बनाइए. मैं आप की बहुत इज्जत करता हूं. लोगों को मैं ने वतन के लिए सिर्फ एक बार मरते देखा है, पर आप तो उस दरिंदे के हाथों बारबार मरती रही हैं. ऐसी नेक औरत की सेवा कर के मुझे गहरा सुकून मिलेगा.’’

कई दिनों के बाद वे दोनों हिंदुस्तान की धरती पर खड़े थे. नूरबाई की आंखों में आंसू थे.

‘‘इस वतन को मेरा सलाम, जिस ने आप जैसी बेटी पैदा की,’’ कहते हुए पठान की आंखों में खुशी की चमक थी. Historical Short Story

Story : जलन

Story. जैसे ही उन दोनों की नजरें मिलीं, सुचित्रा ने आगे बढ़ कर नमस्ते करते हुए सौरभ से पूछा, ‘‘पहचाना मुझे?’’    सौरभ ने भी दोनों हाथ जोड़ कर नमस्ते करते हुए जवाब दिया, ‘‘न पहचानने का कोई सवाल ही नहीं उठता.’’

‘‘2 महीने पहले सिर्फ 2-3 घंटे के लिए ही मुलाकात हुई थी, इसलिए सोचा कि शायद आप मुझे न पहचान पाए हों,’’ सुचित्रा बोली. सौरभ जोर से हंसा और बोला, ‘‘आप जैसी खूबसूरत लड़की को कोई एक बार देख लेगा, तो आसानी से भूल नहीं पाएगा.’’

सुचित्रा का चेहरा शर्म से लाल हो उठा. उस की बड़ीबड़ी आंखें झुक गईं. वह थोड़ा सा मुसकराते हुए बोली, ‘‘क्यों मेरी झूठी तारीफ कर रहे हैं. तारीफ तो मुझे आप की करनी चाहिए कि आप कितने स्मार्ट हैं.’’

‘‘मैं लोगों की बाहरी खूबसूरती से ज्यादा उन के मन की खूबसूरती को अहमियत देता हूं. मन के काले लोगों को मैं कतई सहन नहीं कर पाता.’’

‘‘आप को देख कर और बातें कर के पता नहीं क्यों मुझे भी आप के स्वभाव और चालचलन के बारे में ठीक यही एहसास हुआ था, इसलिए उन लोगों द्वारा आप के साथ की गई इतनी बड़ी साजिश को मैं बरदाश्त न कर पाई.’’

‘‘साजिश… यह क्या कह रही हैं आप?’’ सौरभ की नजरें सुचित्रा पर टिकी हुई थीं.

थोड़ी देर के लिए सुचित्रा घबरा गई, फिर जल्दी ही वह खुद को संभाल कर बोली, ‘‘वही बात बताने के लिए तो आप को इस पार्क में चिट्ठी लिख कर बुलाया है. चलिए, उस पेड़ के नीचे बैठ कर आप को सारी बातें बताती हूं.’’

झील के किनारे फूलों से लदे गुलमोहर के पेड़ की छाया में दोनों आमनेसामने बैठ गए.

‘‘चिट्ठी में लिखा था कि आप मुझे राज की एक बात बताएंगी,’’ सौरभ ने कहा.

‘‘सुना है कि आप की शादी पक्की हो गई है… लेकिन अगले महीने की 12 तारीख को जिस लड़की के साथ आप की शादी हो रही है, वह सुमन मैं नहीं हूं… मेरा नाम सुचित्रा है.’’

सौरभ एकटक सुचित्रा को देख रहा था. इतने बड़े राज का परदाफाश होने के बावजूद उस के चेहरे पर हैरानी की एक हलकी सी लकीर भी नहीं उभरी. मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला.

सौरभ के शांत चेहरे की ओर देखते हुए सुचित्रा बुझी हुई आवाज में बोली, ‘‘इतनी बड़ी बात सुन कर भी आप के चेहरे पर परेशानी के भाव नहीं उभरे. मैं ने तो सोचा था कि यह बात सुनते ही आप गुस्से से भर उठेंगे, लेकिन आप के चेहरे से तो मालूम होता है कि…’’

सुचित्रा को बीच में ही टोकते हुए सौरभ ने कहा, ‘‘आजकल हमारे चारों ओर रोजाना ऐसी वारदातें हो रही हैं कि हम लोग हैरान होना ही भूलते जा रहे हैं. फिर भी आप को एक सच्ची बात बताऊं… इस वक्त मुझे सचमुच हैरानी हो रही है.’’

यह सुन कर सुचित्रा का निराशा से भरा चेहरा खुशी से खिल उठा. वह बोली, ‘‘वे लोग जिस लड़की के साथ आप की शादी करने की साजिश कर रहे हैं, उस सुमन को आप ने देखा भी नहीं. वह बदसूरत है, चेहरे का रंग काला है. साथ ही, वह बहुत गरीब घर की लड़की है.’’ ‘‘बदसूरत है… काली है… गरीब है… यह क्या कह रही हैं आप?’’

‘‘अगर आप को मेरी बातों पर यकीन न हो, तो किसी दिन अचानक उन के घर जा कर अपनी आंखों से ही देख आइए. ‘‘हां, पढ़ाई में वह हमेशा अव्वल आती है. लेकिन आप जैसे रईस और स्मार्ट आदमी की पत्नी होने की काबिलीयत उस में बिलकुल नहीं है. उस के साथ शादी कर के आप कभी सुखी नहीं रह पाएंगे.’’

‘‘आप ने सही वक्त पर सारी बातें बता कर मुझ पर बहुत बड़ा एहसान किया है.’’

‘‘अभी मैं ने सारी बातें बताई ही कहां हैं… सुमन के मामामामी उसे बोझ समझते हैं. लेकिन सुमन के 2 बदमाश किस्म के भाई उस से बेहद प्यार करते हैं. वे चाहते हैं कि उन की बहिन की शादी किसी अच्छी जगह हो जाए, वह जिंदगीभर सुख से रहे, इसलिए उन सब ने मिल कर यह साजिश रची है.

‘‘आप जिस दिन उसे देखने के लिए गए थे, उस दिन उन्होंने सुमन की जगह मुझे ही आप को दिखाया था.’’

‘‘लेकिन सुचित्राजी, आप ने यह सब करना क्यों कबूल कर लिया?’’ ‘‘इस की वजह यह है कि सुमन मेरी सहेली है. उस की सुखी जिंदगी के लिए ही मैं ने ऐसा किया. बेचारी बड़ी दुखी है. उस के मांबाप नहीं हैं, ऊपर से मामामामी की हालत भी कुछ अच्छी नहीं, इसलिए…’’ सुचित्रा लगातार बोले जा रही थी.

उधर सौरभ को याद आ रहा था कि अखबार में दिए गए इश्तिहार के जवाब में ढेर सारे खत और तसवीरें आई थीं. उन तसवीरों में उसे सुचित्रा ही सब से ज्यादा पसंद आई थी.

सौरभ ने अपनी शादी खुद पक्की की थी, क्योंकि विधवा मां ने पति की मौत के बाद खाट पकड़ ली थी.

सौरभ अनमना सा बैठा था और सुचित्रा बोले जा रही थी, ‘‘आप ने सुमन को नहीं, बल्कि मुझे देखा था और सुमन के परिवार वालों द्वारा कही गई सारी बातों को सच मान कर आप मुझ से शादी करने के लिए राजी हो गए थे.

‘‘पहलेपहल मैं ने इस बात को ज्यादा संजीदगी से नहीं लिया था, लेकिन आप को देखने, बातें करने और आप के बारे में सबकुछ जानने के बाद मुझे खुद से ही नफरत होने लगी कि यह मैं ने क्या कर दिया? एक पढ़ेलिखे इनसान के खिलाफ की जा रही साजिश में क्यों मदद की? उस की जिंदगी को अंधेरे में क्यों डुबो दिया?’’

‘‘अगर आप यह सचाई मुझे न भी बतातीं, तो भी इतनी बड़ी बात आखिर दबती तो नहीं… एक न एक दिन इस बात का पता तो लगना ही था.

‘‘शादी के दिन अगर आप की जगह सुमन को देख कर मैं शादी करने से इनकार कर देता, बरात लौट जाती, तो वह लड़की तो किसी को मुंह दिखाने के लायक भी न रहती,’’ सौरभ ने कहा.

सुचित्रा खिलखिला कर हंस पड़ी, ‘‘क्या कहा… हंगामा, बेइज्जती… आप शादी के मंडप से उठ कर चले आते… नहीं सौरभजी, ऐसा कुछ भी नहीं होता.

‘‘सुमन के दोनों भाइयों ने कसम खा रखी है कि वे अच्छे खातेपीते घर के लड़के के साथ ही अपनी छोटी बहिन का ब्याह करेंगे. चाहे इस के लिए उन्हें कुछ भी क्यों न करना पड़े.

‘‘शादी के मंडप से उठ कर चले आने का कोई सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि वे जोरजबरदस्ती से अपनी बहिन के साथ आप की शादी करा देते.

‘‘आप जो सोच रहे हैं, वैसा करना अगर मुनासिब होता, तो मैं क्यों आप को इस तरह चिट्ठी लिख कर यहां बुलाती?’’

‘‘थैंक्स, आप ने मुझे बरबाद होने से बचा लिया सुचित्राजी,’’ कहते हुए सौरभ ने अपनी घड़ी पर एक नजर डाली.

‘‘यह तो मेरा फर्ज था. मैं आप जैसे नेक इनसान के साथ इतनी बड़ी नाइंसाफी नहीं होने दूंगी. बस, यही सोच कर मैं ने ऐसा किया. यह रिश्ता तोड़ने के लिए अब आप के पास काफी समय है.’’

‘‘हां, आप ठीक कह रही हैं…’’ कह कर सौरभ को अचानक कुछ याद आ गया और वह जाने के लिए उठ खड़ा हुआ.

वह बोला, ‘‘काफी देर हो गई है. मुझे एक आदमी से मिलना है, इसलिए अब मुझे चलना चाहिए.’’

सौरभ को अचानक इस तरह जाते देख सुचित्रा परेशान हो गई. वह सोचने लगी, ‘यह कैसा आदमी है… इतना भी क्या जरूरी काम हो सकता है भला? इस सुहावनी शाम में मुझ जैसी खूबसूरत लड़की से क्या कुछ भी कहने का इस का मन नहीं कर रहा?’

फिर मन में पक्का इरादा कर के वह सौरभ के बिलकुल नजदीक आ कर बोली, ‘‘आप ने तो मुझे देखा था, मुझे ही पसंद किया था और शादी करने के लिए भी राजी हो गए थे, वह भी बिना किसी दानदहेज के, लेकिन मेरे पिताजी बहुत रईस हैं. मुझ से शादी कर के आप को खूबसूरत लड़की ही नहीं, बल्कि धनदौलत, जमीनजायदाद… सबकुछ मिलेगा.’’

‘‘शादी… ओह… हांहां… आप बहुत समझदार हैं. ठीक वक्त पर असली बात याद करा दी.

‘‘अच्छा, तो आप मुझे वह कार्ड दे दीजिए. आप ने मुझे यहां बुलाने के लिए जो चिट्ठी लिखी थी, वह मेरे दफ्तर के पते पर थी. लेकिन अब जो चीज मैं आप को देने जा रहा हूं, उस पर मेरे घर का पता लिखा हुआ है…’’ सौरभ ने अपनी जेब से एक लिफाफा निकाला और सुचित्रा को देते हुए कहा, ‘‘इस चिट्ठी में सबकुछ लिखा है. ध्यान रखिएगा, कहीं खो न जाए.’’

सुचित्रा ने पर्स से एक कार्ड निकाल कर सौरभ को दे कर उस के हाथ से वह लिफाफा ले लिया. इस के बाद दोनों चलतेचलते सड़क पर आ गए.

सौरभ ने सुचित्रा पर तीखी नजर डालते हुए कहा, ‘‘माफी चाहता हूं, अगर जल्दी न होती, तो आप को घर तक छोड़ देता, लेकिन…’’

‘‘नहींनहीं, इस में माफी मांगने की कौन सी बात है. मैं अकेली ही चली जाऊंगी,’’ कहते हुए मन ही मन सुचित्रा बेहद उदास हो गई थी. लेकिन फिर भी चेहरे पर मुसकान लाते हुए वह बोली, ‘‘मेरे पिताजी के साथ मुलाकात करना न भूलिएगा.’’

‘‘आप भी कैसी बातें करती हैं सुचित्राजी? अच्छा, अब मैं चलता हूं, नमस्ते.’’

सौरभ की आंखों से ओझल होते ही सुचित्रा के लिए अपनी उत्सुकता पर काबू पाना मुश्किल हो गया. सौरभ के दिए हुए लिफाफे से एक कागज निकालते ही वह खिल उठी. सड़क की रोशनी में अच्छी तरह से देखा, तो वह महज एक कागज का टुकड़ा नहीं था, बल्कि एक चिट्ठी थी, जिस पर तकरीबन डेढ़ महीने पहले की तारीख लिखी थी.

उस ने जल्दीजल्दी चिट्ठी को पढ़ना शुरू किया :

सौरभजी,

नमस्ते,

10 दिन पहले आप ने जिस खूबसूरत लड़की को देख कर उसे पसंद किया था और शादी भी पक्की कर गए थे, वह मैं नहीं हूं. मुझे आप ने कभी नहीं देखा. मातापिता को खो कर मैं अपने मामामामी पर बोझ बन कर रह रही हूं… यही मेरी पहचान है.

मेरी मरजी न होते हुए भी मेरे मामामामी ने मेरे बदले जिस खूबसूरत लड़की को सुमन कह कर आप को दिखाया था, असल में वह मेरी सहेली सुचित्रा है. मेरे मामामामी को इस बात का डर था कि आप जैसा अमीर और स्मार्ट आदमी किसी भी हालत में मेरे जैसी गरीब और बदसूरत लड़की को पसंद नहीं करेगा.

मेरे दोनों भैया मुझे किस कदर प्यार करते हैं, यह मैं आप को कैसे बताऊं. वे लोग मेरे कड़े विरोध के बावजूद जोरजबरदस्ती, धोखे से आप से मेरी शादी करना चाहते हैं. मेरी सहेली सुचित्रा भी मेरे भाइयों के साथ मिल गई है. मुझे  यह अच्छी तरह से पता है कि सुचित्रा कभी इस बात का जिक्र किसी बाहरी आदमी से नहीं करेगी. लेकिन मैं कैसे चुप रह जाऊं, कैसे आप के साथ नाइंसाफी होने दूं?

इतने बड़े जुर्म के लिए मैं आप से किस मुंह से माफी मांगूं? हालांकि लड़की दिखाने की इस साजिश में मेरा कोई हाथ नहीं था. मैं ने सुचित्रा को आप के सामने जाने से मना किया था, लेकिन उस ने मेरी एक न सुनी.

कोई दोष न होते हुए भी मैं अपनेआप को दोषी महसूस कर रही हूं, इसलिए इस घटना से जुड़ी सारी सचाई आप को बता कर इस जुर्म का पछतावा करने की कोशिश कर रही हूं.

खत के आखिर में सुचित्रा के पिता का नाम, पता और टैलीफोन नंबर लिख रही हूं. वे काफी अमीर लोग हैं. यह चिट्ठी मिलते ही उन से मुलाकात कर सुचित्रा के साथ शादी की बातचीत पक्की कर लीजिएगा. वह सब तरह से आप की पत्नी बनने लायक है.

उम्मीद है कि आप इस जुर्म के लिए मुझे माफ कर देंगे.

सुमन.

खत पढ़तेपढ़ते सुचित्रा बिलकुल बुत बन गई थी. अचानक पीछे से कार के हौर्न की आवाज सुन कर उस का ध्यान भंग हुआ. वह बड़ी मुश्किल से घर तक पहुंच पाई.

इस घटना के बावजूद सुचित्रा रोज इस आस में बैठी रहती कि शायद सौरभ आ कर उस के पिता से मिलेगा और शादी के बारे में बात करेगा, लेकिन सौरभ नहीं आया.

एक दिन जब सुचित्रा बरामदे में बैठी चाय पी रही थी, तभी नौकर ने आ कर शादी का कार्ड दिया. जैसे ही उस ने लिफाफे से कार्ड निकाल कर देखा, मानो बिजली का करंट सा लगा, क्योंकि कार्ड में वर की जगह पर सौरभ का नाम लिखा था और वधू का नाम था सुमन.

यह देख कर सुचित्रा के पैरों के नीचे से जैसे जमीन खिसकती जा रही थी.  Story

– संयुक्ता दास

Hindi Kahaani : उपहार

Hindi Kahaani. घर के पीछे उपले पाथती कजरी को जब उस की सास श्यामली ने बताया कि परसों मुंबई से कामता आ रहा है, तो वह खुशी से झूम उठी. गिर गए आंचल को गोबर सने हाथ से पकड़ सिर को ढकती हुई वह सास से पूछ बैठी, ‘‘किस ने बताया अम्मां?’’

‘‘सरस्वती बूआ के यहां हरीलाल का फोन आया था. उस ने बरखू की अम्मां को बुला कर बात की है. वही बता रही थी.

‘‘कामता के हाथ हरीलाल अपनी बीवीबच्चों के लिए कुछ चीजें भी भेज रहा है. यह बात भी उसी ने बताई है.’’

उपले पाथना बंद कर पानी से भरी बालटी में हाथ धो कर कजरी घर के भीतर जा कर उंगली पर दिन गिनने लगी. आज बैठेगा, कल नहीं, परसों तक आ जाएगा. कजरी के भीतर खुशी कुलांचें भरने लगी थी. उसे लग रहा था कि परसों आने में बरसों लग जाएंगे.

चारपाई पर बैठी सोचतेसोचते जब कामता का चेहरा कजरी की आंखों में उमड़ आया, तो उसे लगा कि सुहागरात वाले दिन की तरह वह अभी आ कर उसे पीछे से अपनी मजबूत बांहों में कस लेगा और उस के गाल पर एक चुंबन जड़ता हुआ कह देगा, ‘कजरी, तुम कितनी अच्छी लग रही हो?’

तब वह छटपटा कर उस से अलग होने की कोशिश करती हुई कह देगी, ‘हटो भी, तुम बड़े वो हो. अभी कोई देख लेगा तो?’ यह सोच कर उस के गाल गुलाबी हो गए थे.

कजरी का बस चलता, तो वह कामता को कभी भी परदेश न जाने देती. एक कोठरी वाले घर में एक ही चारपाई पर वह उस के साथ मेहनतमजदूरी कर के जिंदगी हंस कर गुजार देती.

उस को तो बस पति का प्यार और उस की नजदीकी ही मंजूर थी, दूरी नहीं. पर शादी में लिया गया कर्ज और उस का ब्याज… बीमार सास की दवा और छोटी ननद की शादी… वगैरह.

इन सब मुसीबतों का हल कैसे होगा? जब उसे कुछ न सुझाता, तब वह दुख से छटपटा उठती. वह सोचती, ‘इतना रुपया कहां से आएगा? गांव की मजदूरी से तो पेट ही नहीं भरता है, फिर कैसे इन सब का इंतजाम होगा.’

बेटे की शादी में घर आया हरीलाल जब मुंबई जाने लगा, तब श्यामली ने चिरौरी कर के कामता को भी अपने साथ ले जा कर रुपया कमाने के लिए उस से कहा, तो वह मान गया था. मुंबई जाने की बात का पता जब कामता को चला, तो उस का चेहरा उदास पड़ गया.

एक तरफ कर्ज का बढ़ता बोझ… परदेश में रुपया कमाने का लालच और दूसरी तरफ नईनवेली कजरी का रसभरा साथ. उस को छोड़ कर मुंबई जाने की उस की भी इच्छा नहीं थी. वह जब कजरी से सलाहमशवरा करने गया, तो भी काफी दुखी हो गई.

आने वाले फागुन में पति के साथ रंग भरी होली खेलने की अपनी इच्छा को मसोस कर वह कामता को मुंबई जाने की इजाजत तो दे दी, पर भीतर ही भीतर रोने लगी थी.

2-4 महीने साथ रहने का पल कोई पल होता है, किंतु कजरी ने पति के साथ बिताए उसी पल के सहारे किस तरह 3 साल बिता दिए, यह तो वह ही जानती है. पर यह 2 दिन का समय 2 युग के समान महसूस कर वह छटपटाने लगी.

उस की तड़प के साथ उस के प्यार के एहसास का एकएक पल भी छटपटा रहा था. वह चाह रही थी कि अभी ही परसों आ जाता, तो कितना अच्छा होता.

कामता परदेश क्या चला गया था, वह उस के सारे शौक भी छीन कर साथ ले गया था. वह सजती भी तो किस के लिए? जब देखने वाला ही न हो, तो सजनेसंवरने का मतलब ही क्या?

देखते ही देखते इंतजार का तीसरा दिन भी आज आ ही गया, तो कजरी खिल उठी. उस की खूबसूरती… और सजनेसंवरने को देख उस पर मुग्ध हो प्यार न्योछावर करने वाला जब आज आ रहा है, तो वह भला कैसे चुप बैठती.

सुबह ही गोबर से घर का भीतरी व बाहरी भाग लीपपोत, घर का सारा काम जल्दी से निबटा कर वह सजनेसंवरने में लग गई.

उलझे और धूल से सने बालों को काली मिट्टी से अच्छी तरह धो… तेलकंघी कर, भरे हुए सांवले चेहरे पर क्रीमपाउडर लगा कर मांग में गाढ़ा सिंदूर भर कर आईने में बारबार निहार कर वह यह पक्का कर लेती कि कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई है.

फिर माथे पर बिंदी लगा… गले में चांदी की चेन और कान में उसी का टौप्स डाल कर वह बहुत दिनों से सजा कर रखी हुई लाल रंग की कढ़ाई की हुई साड़ी पहन दुलहन की तरह सजने लगी थी. उसे लग रहा था कि उस का पति नहीं, आज कोई दूल्हा उस से शादी करने आ रहा है.

कामता जब घर पहुंचा, तो शाम का अंधेरा गहरा हो गया था. उसे देख कर कजरी खुशी से पागल हो गई. शीशी के ढक्कन में छेद कर बने दीए के उजाले में बैठे कामता से मिलने के लिए वह बेचैन होने लगी.

किंतु सासससुर और पासपड़ोस के बीच में बैठे कामता से वह कैसे बात कर लेती? उसे घर के भीतर खींच कर उस से लिपट वह अपने दिल की आग को कैसे शांत कर लेती? आखिर मर्यादा और शर्म भी तो कोई चीज होती है, जो अभी तक इन बेचारे गरीबों की धरोहर बन कर रह गई है.

पानी से भरा लोटा और कटोरी में गुड़ ले कर जब कजरी कामता के सामने गई, तो वह उस की आंखों में देख कर मुसकरा दिया. कजरी तिरछी नजरों से उसे देख इठलाती हुई अंदर आने की कह कर जब घर के भीतर चली गई, तो कामता उस से मिलने के लिए छटपटा उठा.

खानापीना खाते हुए काफी रात गुजर गई थी. जब कामता 3 साल का हिसाब कजरी से एक ही रात में पूरा करने लगा, तो वह बोली, ‘‘परदेश जल्दी जाओगे क्या? इस बार मैं होली तक नहीं जाने दूंगी.’’

‘‘तुम्हें छोड़ कर किस की इच्छा जाने की होगी. मैं तो सावन का झूला भी तुम्हारी बांहों में झूलूंगा,’’ कह कर जब कामता ने कजरी को सीने से लगा लिया, तो कजरी निढाल हो गई.

कजरी के दिन अब लौट आए थे. हंसता हुआ दिन… मदभरी रातें… कहकहों में जागना और मीठीमीठी बातें करते सोना उन की दिनचर्या बन गई थी.

इस तरह जब कई महीने बीत गए, तो कजरी को पूरा भरोसा हो गया कि कामता इस बार उसे मां बना कर ही परदेश जाएगा. एक नन्हे से बच्चे के लिए वह काफी दिनों से उतावली थी.

सब्जी काटते समय एक दिन कजरी की उंगली क्या कट गई, कामता बौखला गया. तुरंत झोलाछाप डाक्टरों की लाइन लगा दी, किंतु घाव का बढ़ना था, तो वह बढ़ता ही गया.

घाव की सड़न जब छोटे डाक्टरों के उपचार से ठीक नहीं हुई, तो वह कजरी को ले कर बड़े अस्पताल भागा.

पहले डाक्टर उस का साधारण इलाज करते रहे, पर जब उस से भी कोई फायदा नहीं हुआ, तो वह उस की जांचपड़ताल करने लगे.

जांचपड़ताल के बाद जब डाक्टरों को पक्का भरोसा हो गया कि सड़न एड्स के चलते ठीक नहीं हो रही है, तो कामता को एक किनारे ले जा कर पूछताछ करने लगे, ‘‘तुम गांव में ही मजदूरी करते हो या बाहर कहीं नौकरी करते हो?’’

‘‘3 साल मुंबई में नौकरी कर के कुछ महीने पहले घर वापस आया हूं…’’ ‘‘क्यों सर?’’ ‘‘बाद में बताऊंगा, पहले यह बताओ कि तुम्हारे साथ तुम्हारे बीवी भी गई थी या नहीं?’’

‘‘नहीं, वह तो यहीं पर थी.’’ ‘‘ठीक है, मुझे पहले तुम्हारे खून की जांच करनी पड़ेगी.’’ ‘‘जांच… मेरी जांच क्यों? बीमार तो मेरी बीवी है.’’

‘‘तुम्हारी भी जांच जरूरी है. हो न हो, उस के ठीक न होने का संबंध तुम से है.’’

जब कामता के खून की जांच हुई, तो उस में एचआईवी के कीटाणु पा कर डाक्टर हैरान रह गए. उस से पूछा, ‘‘क्या मुंबई में तुम्हारा किसी औरत से रिश्ता था?’’ डाक्टर के इस सवाल पर उस का सिर शर्म से झुक गया.

उस के इस तरह सिर झुका लेने से डाक्टर का रुख कुछ कड़क हो गया. उन्होंने घुड़क कर पूछा, ‘‘साफसाफ बताओ, यह तुम्हारी बीवी की जिंदगी का सवाल है.’’ ‘‘हां साहब, कई बार. मुझ से भूल हो गई है.’’

कामता के हामी भर लेने से डाक्टर का शक यकीन में बदल गया. उस ने कहा, ‘‘तुम्हें एड्स है. तुम्हारी वजह से तुम्हारी बीवी को एड्स हो चुका है.’’

‘‘क्या सर, एड्स?’’ एड्स का नाम सुन कर कामता सन्न रह गया था. शहर में वह लोगों के मुंह से एड्स के बारे में सुना जरूर था, पर उसे भी एड्स हो जाएगा, यह यकीन नहीं था.

वह सोचने लगा, ‘काश, हरीलाल का साथ छोड़ कर कदम का साथ न पकड़ा होता, तो आज मुझे यह दिन न देखना पड़ता.’

छोटे भाई की तरह हरीलाल के प्यार को कदम की दोस्ती के आगे जब यह दोस्ती उसे भारी लगने लगी, तो वह हरीलाल का साथ छोड़ कर कदम के साथ रहने आ गया.

कदम का अकेले का रहनसहन, खुशहाल जिंदगी… 2 कमरे की बड़ी खोली कामता को जब लुभा गई, तो वह हरीलाल के एक कमरे में कई लोगों के साथ रहने की तकलीफ भूल कर कदम के साथ सुख से रहने लगा.

कदम का संबंध सब्जी बेचने वाली कलावती से था. विधवा कलावती के दोनों बच्चों की पढ़ाई वगैरह का खर्च भी कदम ही देता था. उस की दुकान से सब्जी लातेलाते कामता भी कब उस के मोहजाल में फंस गया, उसे पता ही न चला.

कजरी का लंबा बिछोह और जवानी में तन की भूख, वह जब भी चाहता, कलावती को बांहों में लपेट कर मिटा लेता था.

कलावती जब उस के पसीने की गाढ़ी कमाई भी ऐंठने लगी, तो वह वहां से भाग खड़ा हुआ. बाहर दूर जा कर वह एक झोंपड़पट्टी में रहने लगा.

कुछ ही दिन बाद उस की जवानी की भूख फिर बढ़ने लगी. कलावती के साथ बिताए संग की याद जब उसे सताने लगी, तो वह बेचैन हो उठा. अकेले में उसे खोली जब काटने को दौड़ती, तब उस की छटपटाहट उसे बेचैन कर देती.

लाख कोशिश करने पर भी जब वह कलावती को न भूल पाता, तब उस के यहां जाने का मन बनाने लगता. एक दिन वह अपने को रोक न पाया था. आटोरिकशा पकड़ वह उस की तरफ चल पड़ा.

अपनी ही तरफ का समझ कर जब उसे रिकशे वाले ने समझाया, ‘कहां पचड़े में फंसने जा रहे हो? बेकार की मुसीबत मोल लेने से क्या फायदा? रुपया फेंको… मजा लो और चलते बनो.

‘मैं यही तो करता हूं. अगर ऐसा मैं न करूं, तो बीवी को घर छोड़ कर अकेले कैसे रहूं. मुझे घर से आए हुए 7 साल हो गए हैं, फिर भी मैं वैसा ही हूं. न कोई चिंता, न कोई टैंशन. चलो हमारे साथ, मैं तुम्हें ऐसी जगह ले चलूंगा कि तुम देख कर खुश हो जाओगे. तब तुम्हें किसी कलावती की याद नहीं आएगी.’

‘क्या तुम्हारा परिचय कइयों से है?’ ‘हां.’ ‘तब चलो… आज वहीं चलते हैं.’

कामता को एक बार जब कोठे की लत लग गई, तो वह उसी में डूब गया. एड्स उसे उन्हीं कोठों से मिला है. जब वह यह समझ गया, तो वह बहुत दुखी हुआ. पलभर के सुख के लिए आज वह अपनी ही नहीं, कजरी की जिंदगी भी तबाह कर चुका है.

कजरी को जब इन सारी बातों की जानकारी हुई, तो वह भी एड्स का नाम सुन कर डर गई. उस का चेहरा पीला पड़ गया.

वह रोती हुई कामता से बोली, ‘‘यही कमाई करने गए थे परदेश? जिस उपहार को पाने के लिए मैं भरी जवानी में तिलतिल मर कर तुम्हारा इंतजार करती रही, वह तो तुम हमें दे न सके और यह उपहार दे दिया. मेरे 3 साल के इंतजार का तुम ने मुझे यही फल दिया है,’’ कह कर वह बगल में खड़ी सास के गले से लिपट कर रोने लगी. Hindi Kahaani

Short Story : मेहनताना

Short Story. जून की चिलचिलाती गरमी में यों तो हर कोई घर के अंदर बैठ कर आराम करना पसंद करता है, मगर भुवन चंद को सेठजी से मिलने जाना था. फैक्टरी में मजदूर यूनियन का सचिव होने के नाते उसे मजदूरों की तनख्वाह बढ़ाने के बारे में सेठजी से बातचीत करनी थी.

सुबहसवेरे ही भुवन चंद अपने साथी और यूनियन के अध्यक्ष राधे लाल के घर पहुंच गया था. फिर दिन चढ़ने से पहले ही वे दोनों सेठजी के बंगले की ओर चल पड़े.

सेठजी घर में ही थे. कोठी के एक बड़े से कमरे में बैठ कर उन दोनों को गरमी से काफी राहत मिल गई. वे तरोताजा हो कर सेठजी के साथ तनख्वाह की बात पर समझौता करने में जुट गए.

‘‘अरे, आज तुम दोनों एकसाथ… सब ठीक तो है न?’’ सेठजी ने घबराहट भरी मुसकराहट के साथ पूछा.

‘‘ठीक कहां है सेठजी. महंगाई के इस जमाने में बच्चों को पालना बड़ा मुश्किल हो रहा है,’’ भुवन चंद सीधा मतलब की बात पर आ गया था.

‘‘हां सेठजी, फैक्टरी के लिए मेहनत करने वाले मजदूरों का परिवार अगर ठीक ढंग से रोटी भी न खा सके, तो आप को भी अच्छा कैसे लग सकता है?’’ राधे लाल ने भी तुरंत बात को आगे बढ़ा दिया.

‘‘तुम कहना क्या चाहते हो भाई?’’ सेठजी बात समझ तो गए थे, मगर फिर भी उन्होंने पूछ लिया.

‘‘हम किसलिए आए हैं, यह तो आप जानते ही हैं. पिछले साल भी हम आप के पास आए थे, तो आप ने मजदूरों की परेशानियों को समझ लिया था और उन की दैनिक मजदूरी को 60 रुपए से बढ़ा कर 75 रुपए कर दिया था,’’ भुवन चंद बोला.

‘‘जी हां सेठजी, मगर इस एक साल में महंगाई तो आग से निकलते धुएं की तरह ऊपर और ऊपर ही उठती चली गई है. 75 रुपए में मजदूर तो क्या धोए और क्या निचोड़े? एक दिन का कम से कम खर्च भी 150 रुपए से कम नहीं पड़ता. इस सिलसिले में एक बार फिर से आप की मेहरबानी हो जाए, तो सब ठीक हो जाएगा.’’

राधे लाल की बात पर सेठजी गंभीर हो गए और काफी देर तक कुछ सोचते रहे.

‘‘देखो भाई, फिलहाल तो मजदूरी में बढ़ोतरी करना मेरे लिए मुमकिन नहीं है. फैक्टरी अच्छी हालत में नहीं चल रही है,’’ सेठजी ने मजबूरी जताई.

‘‘फैक्टरी तो ठीक ही चल रही है सेठजी. बेलैंसशीट तो हम ने भी देखी है. फायदा भी ठीकठाक सा ही हो रहा है. मजदूरी बढ़ाना कोई मुश्किल काम नहीं है,’’ भुवन चंद ने कहा.

‘‘वैसे भी मजदूरों को तो आप को अपनी औलाद की तरह समझना चाहिए. उन का पेट खाली रहेगा, तो आप की तिजोरी कैसे भर पाएगी?’’ राधे लाल ने अपनी बात रखी.

भुवन चंद और राधे लाल दोनों ही सेठजी को समझाने की कोशिश करने लगे, मगर वे उन्हें टालते रहे.

‘‘75 रुपए भी कुछ कम नहीं होते भैया. मेरे खयाल से तो मैं पिछले साल से ही जरूरत से ज्यादा भुगतान करता आ रहा हूं. आज भी अगर नई भरती करने पर उतर आऊं, तो 50-50 रुपयों में सैकड़ों मजदूर मिल सकते हैं,’’ आखिर में सेठजी एक तरह की धमकी पर उतर आए, तो राधे लाल को भी गुस्सा आ गया.

‘‘तो फिर कर लीजिए नई भरती, मजदूरों ने तो हड़ताल पर जाने का फैसला ले लिया है,’’ राधे लाल ने भी मजदूरों वाली खास धमकी दे दी थी और सेठजी एक बार फिर सोच में पड़ गए थे.

हड़ताल की धमकी से वे कुछकुछ डरेडरे से दिखाई देने लगे थे. काफी बहस करने के बाद वह मुश्किल से 10 रुपए बढ़ाने को तैयार हो गए.

मगर राधे लाल और भुवन चंद सेठजी का काइयां स्वभाव जानते थे, इसलिए उन्हें तरहतरह से समझाते हुए अपनी 150 रुपए की मांग पर ही अड़े हुए थे.

सेठजी धीरेधीरे खिसक कर सौ रुपए पर पहुंच गए थे. दोपहर होतेहोते राधे लाल और भुवन चंद को भी 110 रुपए तक नीचे उतर जाना पड़ गया. सेठजी को भी हार कर 110 रुपए के लिए तैयार होना ही पड़ा.

तनख्वाह का समझौता होने के बाद राधे लाल और भुवन चंद कोठी से बाहर निकल आए. तब तक सूरज आसमान में ऊपर पहुंच चुका था. तेज गरमी के चलते धरती आग उगल रही थी.

कुछ ही आगे चलने पर वे दोनों पसीने से तरबतर हो गए, एक कदम भी आगे चलना मुश्किल हो रहा था.

‘‘बड़ी गरमी है. ऐसे तो घर पहुंचतेपहुंचते बिलकुल ही झुलस जाएंगे,’’ राधे लाल चेहरे का पसीना पोंछते हुए बोला.

तभी उन की नजर सड़क के किनारे पेड़ के नीचे खड़े एक रिकशे वाले पर पड़ी और उन्होंने आवाज दे कर उसे अपने पास बुला लिया.

रिकशे वाले को चलने का हुक्म दे कर वे दोनों उस पर सवार हो गए. चलने पर हलकी सी हवा उन के चेहरों से टकराई, तो कुछ राहत मिली.

भुवन चंद और राधे लाल फिर से सेठ के बारे में बातें करने लगे.

‘‘अगर सेठ न मानता, तो आज मैं उस को छोड़ने वाला नहीं था. फिर भी कमबख्त ने हमें 110 रुपए में ही टरका दिया है,’’ राधे लाल बोला.

‘‘ये सेठ लोग सब एक जैसे ही होते हैं, गरीब का पेट किसी को भी दिखाई नहीं देता. रातदिन मेहनत करवाते रहो और अपनी तिजोरी भरते रहो, यही आता है इन को.’’

बातों ही बातों में वे पूरे अमीर तबके को ही कोसने लगे. उन की बातों का सिलसिला तभी जा कर खत्म हुआ, जब एक जगह पर रिकशा रुक गया.

‘‘लीजिए साहब, आप की मंजिल आ गई है,’’ रिकशे वाले ने हांफते हुए कहा और एक ओर खड़ा हो कर बदन से टपटप गिरते पसीने को अंगोछे से पोंछने लगा. पसीने के चलते उस के सारे कपड़े पहले ही तर हो गए थे.

‘‘कितना पैसा दें भाई?’’ भुवन चंद ने पूछा. ‘‘बाबूजी, 10 रुपए तो दे ही दीजिए,’’ रिकशे वाले ने कहा.

‘‘क्या… 10 रुपए… तुम्हारा दिमाग तो खराब नहीं हो गया है, या फिर हमें नया आदमी समझ रहे हो?’’ राधे लाल थोड़ा गुस्से से बोला.

‘‘हां भाई, हम लोग तो रोज के आनेजाने वाले हैं. पिछले 3 सालों में 4 रुपए से ज्यादा हम से किसी ने भी नहीं लिए,’’ भुवन चंद ने कहा.

‘‘क्या कहते हैं बाबूजी, 3 साल पहले की बात होती, तो हम भी 4 रुपए ही लेते, मगर इन 3 सालों में महंगाई कहां से कहां पहुंच गई है. आप तो जानते ही हैं, इतना पसीना बहाया है उस का मेहनताना 10 रुपए तो बनता ही है,’’ रिकशे वाला फिर से पुरानी बात को दोहराने लगा.

‘‘अरे, कोई लूट मची है क्या, जो तुम चाहोगे, वही मिल जाएगा? कायदे से 4 रुपए बनते हैं. गरमी के चलते 5 रुपए ले लो. इस से आगे बात करोगे, तो एक पैसा भी नहीं मिलेगा, समझे…’’

राधे लाल ने रिकशे वाले की ओर 5 रुपए का एक मुड़ातुड़ा नोट फेंक दिया और फिर दोनों आगे बढ़ गए.

रिकशे वाला ‘बाबूजी… बाबूजी’ करता रह गया. भुवन चंद और राधे लाल आगे बढ़ते हुए फिर से अपने सेठ के बारे में बातें करने लगे.

‘‘न जाने हमारे देश में वह समय कब आएगा, जब ये पैसे वाले लोग गरीब मजदूरों को भी इनसान समझना शुरू करेंगे. काइयां सेठ, 150 रुपए की जगह केवल 110 रुपए पर माना है,’’ भुवन चंद सेठ को कोसने लगा था और राधे लाल उस की ‘हां’ में ‘हां’ मिला रहा था. Short Story

Hindi Fiction Story : गुरुजी का मटका

Hindi Fiction Story. अखबार में छपे ‘गुरुजी का प्रवचन’ के विज्ञापन को देख कर उस के दिमाग में षड्यंत्र का कीड़ा कुलबुलाने लगा.

अशोक ने जब आंखें खोलीं तो सुबह के 7 बजने वाले थे. उस ने एक अंगड़ाई ली और उठ कर बैठ गया और बैठेबैठे ही विचारों में खो गया. वह 10 साल पहले एक सैलानी की तरह गोआ आया था. वह ग्रेजुएट होने के बाद से ही नौकरी की तलाश करतेकरते थक गया था.

शाम का समय बिताने के लिए उस ने ला में यह सोच कर दाखिला ले लिया कि नौकरी नहीं मिली तो वकालत शुरू कर लेगा. रोपीट कर उस ने कुछ पेपर पास भी कर लिए थे, लेकिन नौकरी न मिलनी थी न मिली. मांबाप भी कब तक खिलाते.

रोजरोज के तानों से तंग आ कर एक दिन घर से नाराज हो कर अशोक भाग निकला और गोआ पहुंच गया. पर्यटकों को आकर्षित करते गोआ के बीच अशोक को भी अच्छे लगे थे लेकिन वे पेट की आग तो नहीं बुझा सकते थे.

नौकरी के लिए अशोक ने हाथपैर मारने शुरू किए तो उस का पढ़ालिखा होना और फर्राटे से अंगरेजी बोलना काम आ गया. उसे एक जगह ड्राइवर की नौकरी मिल गई. इस नौकरी से अशोक को कई फायदे हुए, पहला तो उस का ड्राइविंग का शौक पूरा हो गया तथा सफेद कपड़ों के रूप में रोजाना अच्छी डे्रस मिलती थी.

टैक्सी मालिक की कई कारें थीं, जोकि कांट्रेक्ट पर होटलों में लगी रहती थीं. उस का टैक्सी मालिक शरीफ आदमी था. उस को किलोमीटर के हिसाब से आमदनी चाहिए थी. देर रात से मिलने वाले ओवर टाइम का पैसा ड्राइवर को मिलता था.

अशोक की लगन देख कर कुछ ही दिनों में उस के मालिक ने उसे नई लग्जरी कार दे दी थी जिस का केवल विदेशी सैलानी अथवा बड़ेबड़े पैसे वाले इस्तेमाल करते थे. इस का एक बड़ा फायदा यह हुआ कि अशोक को हमेशा विदेशी अथवा बड़े लोगों के संपर्क में रहने का मौका मिलने लगा.

कई विदेशी तो उसे साथ खाना खाने को मजबूर भी कर देते थे, खासकर तब जब वह उन्हें एक बीच से दूसरे बीच घुमाता था. अच्छीखासी टिप भी मिलती थी जो उस की पगार से कई गुना ज्यादा होती थी.

धीरेधीरे अशोक ने एक कमरे का मकान भी ले लिया. विदेशी पर्यटकों की संगत का असर यह हुआ कि अब उस को शराब पीने की आदत पड़ गई. चूंकि वह अकेला रहता था इसलिए अन्य टैक्सी ड्राइवर मदन, आनंद आदि भी उस के कमरे में ही शराब पीते थे.

कल रात भी अशोक तथा उस के दूसरे टैक्सी ड्राइवर दोस्तों का जमघट काफी समय तक उस के कमरे पर लगा रहा. कारण था पर्यटन सीजन का समाप्त होना. बरसात का मौसम आ गया था. इस मौसम में विदेशी पर्यटक अपने देश चले जाते हैं. हां, स्कूल की छुट्टियां होने से देशी पर्यटक गोआ आते हैं जिन में उन की कोई रुचि नहीं थी.

मातापिता से मिलने या अपने शहर जाने का उस का कोई कार्यक्रम नहीं था. इतने में दरवाजे पर घंटी बजी तो अशोक अपने अतीत से निकल कर वर्तमान में लौट आया. दरवाजा खोल कर देखा तो बाहर अखबार वाला खड़ा था जिस का 2 महीने का बिल बाकी था. अशोक ने उस को 1-2 दिन में पैसा देने को कह कर भेज दिया और स्थानीय अखबार ले कर पढ़ने लगा. अखबार पढ़तेपढ़ते उस की इच्छा चाय पीने को हुई. उस ने कमरे में एक कोने में मेज पर रखे गैस चूल्हे पर अपने लिए चाय बनाई तथा चाय और अखबार ले कर बाथरूम में घुस गया.

यद्यपि स्थानीय समाचारों में अशोक की कोई खास रुचि नहीं थी. वह तो महज मोटीमोटी हैडिंग पढ़ता और कुछ चटपटी खबरों के साथ यह जरूर पढ़ता कि गोआ में कहां क्या कार्यक्रम होने वाले हैं और किस ओर के ट्रैफिक को किस ओर मोड़ा जाना है.

चाय समाप्त कर के अशोक अखबार फेंक ही रहा था कि उस की निगाह एक बड़े विज्ञापन पर पड़ी. विज्ञापन के अनुसार अगले महीने की 10 तारीख की शाम को मीरामार बीच पर गुरु रामदासजी का प्रवचन होना था. बिना किसी प्रवेश शुल्क के सभी लोग सादर आमंत्रित थे.

विज्ञापन से ही उसे पता चला कि गोआ का प्रसिद्ध औद्योगिक घराना ‘खोटके परिवार’ इस कार्यक्रम को आयोजित करा रहा है. अशोक को ध्यान आया कि कल उस के टैक्सी मालिक भी गुरु रामदास के गुणों का बखान कर रहे थे जिस को उन के परिवार के लोग बड़े ध्यान से सुन रहे थे. तभी उस ने जाना था कि गुरुजी बीमारी ठीक करने के उपाय तथा ‘बेटर लिविंग’ की शिक्षा देने में माहिर हैं, देशविदेश में उन का बड़ा नाम है. लाखों उन के अनुयायी हैं. बंगलौर में गुरुजी का बहुत बड़ा आश्रम है.

अशोक को गुरु रामदासजी प्रेरणा स्रोत लगे तथा उस ने भी उन के इस कार्यक्रम में जाने का मन बना लिया. अशोक तैयार हो कर टैक्सी मालिक के दफ्तर के लिए निकला तो यह देख कर उसे आश्चर्य हुआ कि शहर में जगहजगह गुरुजी की फोटो के साथ बड़ेबड़े होर्डिंग लगे हैं, पोस्टर लगे हैं.

उस ने टैक्सी ली और इस उम्मीद से मेरियट होटल की तरफ चल पड़ा कि पांचसितारा होटल में भूलेभटके कोई सवारी मिल ही जाएगी. वैसे भी होटल मैनेजर का कमीशन बंधा होता है. अत: निश्चित था कि यदि कोई सवारी होगी तो उस को ही मिलेगी. मेरियट होटल मीरामार बीच के साथ ही है. टैक्सी होटल में पार्क कर के अशोक बीच पर चला गया. बारिश रुकी हुई थी. उस को यह देख कर आश्चर्य हुआ कि कई मजदूर सफाई का काम कर रहे हैं.

पूछने पर पता चला कि गुरुजी के कार्यक्रम की तैयारी चल रही है. होटल पहुंचा तो मैनेजर ने उसे बताया कि 2 सवारी हैं जिन को शहर तथा आसपास के इलाकों को देखने के लिए जाना है. इतने में ही सफेद कपड़ों में 2 व्यक्ति काउंटर पर आ गए. उन के खादी के कपड़ों की सफेदी देखते ही बनती थी. मैनेजर के इशारे पर अशोक गेट पर टैक्सी ले आया. वे दोनों बैठे तो अशोक ने दरवाजा सैल्यूट के साथ बंद किया.

अशोक टैक्सी चला रहा था पर उस का ध्यान उन की बातों की ओर लगा था. उन की बातों से उसे पता चला कि वे दोनों गुरुजी के कार्यक्रम को आयोजित करने के बारे में आए हैं. लंबे व्यक्ति का नाम ओमप्रकाश है जिस को सभी ओ.पी. के नाम से जानते हैं. वह गुरुजी का ‘इवंट’ मैनेजर है तथा कार्यक्रमों को आयोजित करने की जिम्मेदारी गुरुजी ने उसे ही स्थायी रूप से दी हुई है.

दूसरे व्यक्ति का नाम विजय गोयल था जो चार्टर्ड अकाउंटेंट है और आयोजनों में लागत और खर्चों की जिम्मेदारी वह गुरुजी के निर्देश पर निभा रहा है. दोनों ही गुरुजी के 2 हाथ हैं, विश्वासपात्र हैं. दोनों व्यक्तियों ने शहर में लगे पोस्टर, होर्डिंग आदि का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए. समाचारपत्रों में छपे गुरुजी के विज्ञापन को देख कर वे दोनों उन समाचारपत्रों के दफ्तरों में गए और गुरुजी के चमत्कार के किस्से प्रकाशित करने के लिए कहा.

इस के बाद वे दोनों ‘खोटके परिवार’ के बंगले पर पहुंचे जहां उन का भरपूर स्वागत हुआ. शाम के समय लान में ही कुरसियां लगी थीं और उस लान के बगल में ही टैक्सी पार्क की गई. जलपान के बाद विजय गोयल ने समाचारपत्रों में प्रकाशित विज्ञापनों के बिल तथा होर्डिंग आदि के खर्चों का ब्योरा दिया जोकि लगभग 5 लाख रुपए का था. खोटके परिवार के मुखिया ने सभी बिल अपने पास खड़े मैनेजर को बिना देखे पेमेंट करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए.

तभी विजय गोयल ने कहा कि सारा भुगतान कैश में होना चाहिए, चेक नहीं और इस पर सभी सहमत थे. अशोक पास में खड़ा उन की बातें सुन रहा था. ‘खोटके परिवार’ का आग्रह था कि गुरुजी उन्हीं के यहां रुकें तथा व्यवस्था उन्हीं के अनुसार हो जाएगी.

मीरामार बीच कार्यक्रम में गुरुजी का स्वागत खासतौर से ‘खोटकेजी ही करेंगे और उन की पत्नी औरतों का प्रतिनिधित्व करेंगी. इस समारोह में. ओ.पी. ने बताया कि गुरुजी के साथ कितने लोग होंगे और उन सब की आवश्यकताएं क्याक्या होंगी. इतने में मैनेजर ने एक मोटा लिफाफा विजय गोयल को पकड़ा दिया जो शायद कैश पेमेंट था. 2 घंटे के बाद वे दोनों वापस होटल की ओर चल दिए.

अंधेरा हो चला था लेकिन गोआ की नाइट लाइफ अभी शुरू होनी थी. होटल पहुंचने से पहले विजय गोयल ने अपने साथी ओ.पी. से बोला कि मटकों का कार्यक्रम तो बाकी ही रह गया. इस पर ओ.पी. ने टैक्सी ड्राइवर अशोक से पूछा कि क्या यहां आसपास कुम्हार हैं जो मटका बनाते हैं? अशोक ने बताया कि मापसा में कुम्हार रहते हैं जो मिट्टी के बरतन बनाते हैं. और मापसा लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर दूसरा शहर है.

ओ.पी. ने विजय से कहा कि यह काम इस ड्राइवर को दे दो. यह 2-3 मटके ले आएगा. ‘‘हमारा काम तो 2 मटकों से ही हो जाएगा,’’ विजय बोला. ‘‘भाई, मैं ने ‘इवेंट मैनेजमेंट’ का कोर्स किया है. तीसरा मटका इमर्जेंसी के लिए रखो,’’ ओ.पी. ने जवाब दिया. विजय गोयल ने अशोक को समझाते हुए कहा, ‘‘देखो, तीनों मटके साधारण होने चाहिए जिन को सफेद रंग से पोता जाएगा और उस पर स्वस्तिक का निशान व ‘श्री गुरुजी नम:’ भी लिखाना होगा. उन मटकों की खासीयत यह होगी कि मुंह बंद होगा और जैसे मिट्टी की गोलक में लंबा सा चीरा होता है वैसे ही मटकों के मुंह पर होगा जिस से उस में रुपयापैसा डाला जा सके.’’

यह सबकुछ समझाने के बाद विजय बोले, ‘‘ओ.पी., मैं तो अब थक गया हूं. कल सुबह की फ्लाइट से बंगलौर वापस भी जाना है.’’ ओ.पी. ने अशोक को 2 हजार रुपए दिए और बोले, ‘‘अशोक, इस बात का खास ध्यान रखना कि मटके आकर्षक ढंग से पेंट होने चाहिए.’’ ‘‘सर, ये रुपए तो बहुत ज्यादा हैं,’’ अशोक बोला. ‘‘कोई बात नहीं, बाकी तुम रख लेना लेकिन याद रहे कि कार्यक्रम 10 तारीख को है और हम 8 तारीख को आएंगे. तब यह मटके तुम से ले लेंगे.

तब तक उन्हें अपने पास ही रखना.’’ रात के 10 बज गए थे. अशोक भी टैक्सी स्टैंड पर छोड़ कर अपने कमरे पर पहुंचा. थकान महसूस हो रही थी साथ ही भूख भी लग रही थी. जेब में 2 हजार रुपए पड़े ही थे इसलिए उस ने मदन को बुला लिया क्योंकि उस का दोस्त आनंद टैक्सी ले कर मुंबई गया था.

दोनों एक होटल में गए और खाना मंगा लिया. खाना खाते समय अशोक के दिमाग में एक विचार आया जिस ने एक षड्यंत्र को जन्म दिया. उस ने दोस्तों से कहा कि भाई मदन, मैं ने बहुत पहले कहीं पढ़ा था कि इन महंतोंगुरुओं के पास जो चंदे का पैसा आता है उस का कोई हिसाबकिताब नहीं रखा जाता और इस में हेराफेरी हो तो ये लोग उस की कहीं शिकायत भी नहीं करते हैं और फिर दोनों आपस में बाबाओं के किस्से सुनासुना कर ठहाके लगाते रहे.

रात के 12 बजे मदन अपने घर चला गया और अशोक भी कमरे पर आ कर सो गया. सुबह उस ने अखबार का पूरा पेमेंट कर दिया. इस के बाद तैयार हो कर वह बस पकड़ कर मापसा कुम्हारों की बस्ती में पहुंचा और मुंह बंद लेकिन चीरे के साथ मटकों का आर्डर दे दिया. सौदा 50 रुपए प्रति मटके पर तय हुआ तो कुम्हार ने 3 दिन का समय मांगा. अशोक ने 5 मटकों का आर्डर दिया तथा एडवांस भी 100 रुपए पकड़ा दिए.

अब अशोक पेंटर की तलाश भी वहीं करने लगा क्योंकि वह सारा काम मापसा में ही कराना चाहता था. इधरउधर नजर दौड़ाने पर बाजार की एक गली में उसे पेंटर की दुकान दिखाई दी. अशोक ने पेंटर को मटके पेंट करने के बारे में बताया. पेंटर जितेंद्र होशियार था, वह तुरंत समझ गया और उस ने अशोक को गुरुजी का चित्र भी बनाने का सुझाव दिया. अशोक ने जब उस से यह कहा कि उस के पास गुरुजी का फोटो नहीं है तो वह बोला, ‘‘आप इस के लिए परेशान न हों. अखबार में तो गुरुजी का चित्र छप ही रहा है उसे देख कर बना दूंगा.’’

इस के बाद उस ने अशोक को अपने द्वारा बनाई गई कुछ पेंटिंग भी दिखाईं. अशोक ने उस के काम से संतुष्ट हो कर कीमत तय की. जितेंद्र ने 100 रुपए प्रति मटका पेंटिंग की कीमत बताई. इस पर अशोक ने कहा कि अगर कार्य संतोषजनक होगा तो वह 200 रुपए अतिरिक्त देगा. इसलिए काम बहुत ही अच्छा करना होगा. जितेंद्र ने भरोसा दिया कि आप मटका दें. 3 दिन में कार्य पूरा हो जाएगा.

अशोक ने 3 दिन बाद मटके कुम्हार से ले कर जितेंद्र की दुकान पर पहुंचा दिए. एडवांस भी दे दिया. इस बीच वह खोटके परिवार के दफ्तर भी गया तथा गुरुजी के कार्यक्रम में रुचि दिखाई. खोटकेजी ने कहा कि वह सेवक के रूप में कार्यक्रम की तैयारी में भाग ले सकता है. चूंकि आफ सीजन के चलते अशोक बेकार था इसलिए बेकारी से बेगारी भली के सिद्धांत को मानते हुए उस ने हां कर दी.

कार्यक्रम में केवल 5 रोज रह गए थे अत: तैयारी जोरशोर से चल रही थी. ड्राइवर होने के कारण खोटकेजी ने सारी भागदौड़ की जिम्मेदारी अशोक को सौंप दी तथा एक कार भी, जिस को अशोक ने जीजान से पूरा किया. इस दौरान अशोक ने मीरामार बीच समारोह स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. एक भव्य मंच बनाया गया था जहां पर गुरुजी को विराजमान होना था.

मंच पर संगीतकारों सहित लगभग 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी. कार्यक्रम बड़े पैमाने पर होना था अत: टेलीविजन पत्रकारों, वीडियो आदि के साथ प्रतिष्ठित लोगों के बैठने की भी व्यवस्था की गई थी. मुख्यमंत्री अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ गुरुजी को माला पहना कर गोआ में उन के स्वागत की रस्म अदा करने वाले थे. मंच पर मुख्यमंत्री के साथ खोटकेजी को बैठना था.

बाद में सभी को खोटकेजी के बंगले पर गुरुजी के साथ भोजन पर आध्यात्मिक चर्चा में भाग लेने का कार्यक्रम था. यह सुनहरा अवसर था जिस को खोटकेजी खोना नहीं चाहते थे. बातोंबातों में अशोक को पता चला कि खोटकेजी ने सारा खर्चा इसी खास अवसर के लिए उठाया है वरना गुरुजी के दर्शन तो वह बंगलौर जा कर भी कर सकते थे.

खैर, इस बीच अशोक मटके ले आया. वास्तव में जितेंद्र ने अपने चित्रों से मटके बेहद खूबसूरत बना दिए. सफेद रंग के मटके तथा उन पर गुरुजी का आकर्षक फोटो, स्वस्तिक के निशान के साथ कुछ चित्रकारी भी की गई थी.

आखिर 10 तारीख यानी समारोह का दिन आ गया. गुरुजी दोपहर की फ्लाइट से गोआ आ गए थे तथा खोटकेजी के बंगले में विश्राम कर रहे थे. पिछले 2 दिनों से लगातार गुरुजी के आश्रम के सदस्य समूह में गोआ पहुंच रहे थे. हवाई अड्डे पर विशेष व्यवस्था की गई थी.

ओ.पी. तथा विजय गोयल भी कल ही आ गए थे और उन्होंने अशोक की भूरिभूरि प्रशंसा की शानदार मटके बनवाने के लिए. दोनों ही संतुष्ट थे. शाम को सभी कार्यकर्ता सफेद पोशाक पहने गुरुजी के चित्र, बैच, आई कार्ड लगाए मीरामार बीच पर पहुंच चुके थे. अशोक को भी आईकार्ड लगाए विजयजी ने विशेष जिम्मेदारी सौंप दी.

कार्यक्रम शुरू हो गया था. सभास्थल के बीच में लंबा प्लेटफार्म बनाया गया था जिस से सभास्थल 2 भागों में बंट गया था. लाउडस्पीकर पर बारबार घोषणा हो रही थी कि गुरुजी बस, आने ही वाले हैं. इतने में हलकी बरसात होने लगी तो थोड़ी हलचल सी मच गई. लोगों ने अपनेअपने छाते खोल लिए लेकिन भीड़ उठने का नाम नहीं ले रही थी, इस से पता चलता था कि गुरुजी के प्रति लोगों में कितना विश्वास है.

बारिश रुक गई तो गुरुजी बीच के प्लेटफार्म पर चल कर मंच पर आए और भक्तों का अभिवादन स्वीकार कर के उन के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी. लोगों ने फूलमालाएं पहना कर, दे कर तथा दूर से फेंक कर उन का अभिवादन किया. गुरुजी मंच पर पहुंचे तो खोटकेजी, मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों ने परंपरागत तरीके से उन का स्वागत किया.

गुरुजी ने हलकी बारिश का श्रेय लेते हुए मजाक के अंदाज में अपने भाषण की शुरुआत करने से पहले सभी को आदेश दिया कि वे आंखें बंद कर के 2 मिनट का ध्यान लगाएं. बाद में भक्तों को कहा गया कि लंबी सांस लें तथा धीरेधीरे छोड़ें.

यह प्रक्रिया अनेक बार दोहराई गई. इसी दौरान विजयजी ने अशोक को मटका देते हुए मंच की बाईं तरफ श्रद्धालुओं के बीच उसे घुमाने को कहा तथा दूसरा मटका खुद ले कर दाईं तरफ चले गए. ओ.पी. तो मंच पर विराजमान थे. कार्यक्रम निशुल्क था अत: हर श्रद्धालु ने क्षमतानुसार मटके में अपना योगदान दिया. कम से कम 10 रुपए का नोट तो देना ही था. कुछ ने 500 तो कुछ ने हजार तक का नोट दिया. जब बाईं तरफ बैठे सभी श्रद्धालुओं में मटका घूम चुका तो उस का वजन काफी बढ़ गया था.

अशोक मटका ले कर धीरेधीरे पंडाल में बैठे श्रद्धालुओं से निकल कर बाहर की तरफ खड़े श्रद्धालु, पुलिसकर्मी, टैक्सी वालों के बीच चला गया. अशोक ने बाहर खड़ी मदन की टैक्सी के पास मटका दिखाया तो मदन ने तुरंत झुक कर मटका ले लिया तथा बराबर में खाली रखा मटका अशोक को थमा दिया. अशोक पुन: मटके को ले कर टैक्सी वालों, पुलिस वालों के बीच घुमाने लगा. मंत्रीजी ने भी मटके में योगदान दिया.

अशोक धीरेधीरे वापस विजय के पास पहुंचा जोकि दाईं तरफ अभी भी आधे श्रद्धालुओं के बीच मटका घुमा पाए थे. इस बीच उन को स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं ने घेर रखा था तथा विजय अपने गुरुजी के साथ घनिष्ठ संबंधों की चर्चा से खुश हो रहे थे. अशोक ने विजय से कहा, ‘‘सर, उस तरफ से तो पूरा हो गया. इधर मैं करता हूं आप उधर वाला मटका पकड़ लें.’’ विजय ने मटका बदल लिया तथा अशोक ने उस तरफ के लोगों के बीच मटका घुमाना शुरू कर दिया.

जब पीछे की तरफ अशोक मटका ले कर गया तो देखा विजय पहले मटके को पकड़े महिला श्रद्धालुओं से हंसहंस कर बातें कर रहे हैं. अशोक ने बड़े अदब से विजय के पास जा कर पूछा, ‘‘सर, बाहर खड़े श्रद्धालुओं, टैक्सी, ड्राइवर, पुलिस वालों के बीच भी मटका घुमाना है?’’

विजय ने आदेशात्मक लहजे में कहा कि जल्दी करो…गुरुजी का कार्यक्रम अगले 20 मिनट में समाप्त होने वाला है. अशोक तेज कदमों से मदन की टैक्सी को ढूंढ़ने लगा. मदन की टैक्सी को न पा कर अशोक ने लंबी गहरी संतोष की सांस ली.

योजना के अनुसार वह आनंद की टैक्सी की तरफ बढ़ा जिस ने झुक कर मटका अंदर रख लिया तथा खाली मटका अशोक को पकड़ा दिया, जिस को ले कर वह पुन: ड्राइवरों, पुलिसकर्मियों एवं बाहर खडे़ श्रद्धालुओं के बीच घुमाता हुआ विजय के पास पहुंच गया तथा दूसरा मटका भी उन के हवाले कर दिया.

विजयजी ने दोनों मटकों को अपने संरक्षण में ले लिया. इतने में कार्यक्रम समाप्त करने की घोषणा हो चुकी थी. गुरुजी मंच छोड़ चुके थे. भजनों के द्वारा श्रद्धालुओं को रोका जा रहा था लेकिन भीड़ भी धीरेधीरे घटने लगी थी. तभी ओ.पी. जी मंच छोड़ कर वहां आ गए.

अशोक ने सफल कार्यक्रम कराने के लिए उन्हें बधाई दी. खुश हो कर ओ.पी. जी ने उस को बंगलौर आने को कहा तथा प्रस्तावित किया कि वह चाहे तो गुरुजी के स्टाफ में शामिल हो सकता है. अशोक ने तुरंत ओमप्रकाशजी के तथा विजयजी के पांव छुए तथा उन के आशीष वचन प्राप्त किए.

विजय और ओमप्रकाश दोनों को मटके ले कर अशोक की टैक्सी से होटल पहुंचना था जहां से उन्हें खोटकेजी के बंगले पर जाना था. टैक्सी स्टार्ट करने से पहले अशोक को यह देख कर राहत हुई कि आनंद भी टैक्सी ले कर गायब हो चुका था. अशोक ने विजय से कहा कि वह मटका फोड़ कर देख लें कि कितना कलेक्शन आया है क्योंकि गोआ की जनता पैसे देने के मामले में कंजूस है तथा धार्मिक कामों में कम ही योगदान देती है.

‘‘शराब से पैसे बचते ही नहीं होंगे,’’ ओमप्रकाशजी बोले तो तीनों हंस पड़े. दोनों मटके कमरे में बंद कर के, तीनों लोग खोटकेजी के बंगले की ओर चल पडे़. अशोक ने फिर मटकों के बारे में चर्चा करनी चाही लेकिन विजय ने डांटते हुए कहा कि मटके गुरुजी के सामने बंगलौर में फोडे़ जाएंगे. ऐसा उन का आदेश है.

‘‘आखिर अपने सुंदर चित्र को नक्काशी के साथ देख कर गुरुजी प्रसन्न होंगे,’’ ओ.पी. जी ने एक जुमला फिर जड़ दिया. तीनों पुन: हंस पड़े. खोटकेजी के बंगले पर उन दोनों को छोड़ कर अशोक वापस कमरे पर आया जहां उस के दोनों दोस्त मदन व आनंद खानेपीने के सामान के साथ उस की प्रतीक्षा कर रह थे. तीनों ने अपनेअपने जाम टकराए और बोले, ‘‘जय गुरुजी का मटका.’’  Hindi Fiction Story

– डा. सतीश चंद्रा

Short Story : योग की पोल…

Short Story. पिछले 3 दिनों से रतन कुमारजी का सुबह की सैर पर हमारे साथ न आना मुझे खल रहा था. हंसमुख रतनजी सैर के उस एक घंटे में हंसाहंसा कर हमारे अंदर एक नई ऊर्जा का संचार कर देते थे.

क्या बताएं, जनाब, हम दोनों ही मधुमेह से पीडि़त हैं. दोनों एक ही डाक्टर के पास जाते हैं. सही समय से सचेत हो, नियमपूर्वक दवा, संतुलित भोजन और प्रतिदिन सैर पर जाने का ही नतीजा है कि सबकुछ सामान्य चल रहा है यानी हमारा शरीर भी और हम भी.

बहरहाल, जब चौथे दिन भी रतन भाई पार्क में तशरीफ नहीं लाए तो हम उन के घर जा पहुंचे. पूछने पर भाभीजी बोलीं कि छत पर चले जाइए. हमें आशंका हुई कि कहीं रतन भाई ने छत को ही पार्क में परिवर्तित तो नहीं कर दिया. वहां पहुंच कर देखा तो रतनजी  योगाभ्यास कर रहे थे.

बहुत जोरजोर से सांसें ली और छोड़ी जा रही थीं. एक बार तो ऐसा लगा कि रतनजी के प्राण अभी उन की नासिका से निकल कर हमारे बगल में आ दुबक जाएंगे. खैर, साहब, 10 मिनट बाद उन का कार्यक्रम समाप्त हुआ.

रतनजी मुसकराते हुए बोले, ‘‘आइए, आइए, देखा आप ने स्वस्थ होने का नायाब नुस्खा.’’

मैं ने कहा, ‘‘यार, यह नएनए टोटके कहां से सीख आए.’’

वह मुझे देख कर अपने गुरु की तरह मुखमुद्रा बना कर बोले, ‘‘तुम तो निरे बेवकूफ ही रहे. अरे, हम 2 वर्षों से उस डाक्टर के कहने पर चल, अपनी शुगर केवल सामान्य रख पा रहे हैं. असली ज्ञान तो अपने ग्रंथों में है. योेग में है. देखना एक ही माह में मैं मधुमेह मुक्त हो जाऊंगा.’’

मैं ने कहा, ‘‘योगवोग अपनी जगह कुछ हद तक जरूर ठीक होगा पर तुम्हें अपनी संतुलित दिनचर्या तो नहीं छोड़नी चाहिए थी. अरे, सीधीसादी सैर से बढ़ कर भी कोई व्यायाम है भला.’’

उन्होंने मुझे घूर कर देखा और बोले, ‘‘नीचे चलो, सब समझाता हूं.’’

नीचे पहुंचे तो एक झोला लिए वह प्रकट हुए. बड़े प्यार से मुझे समझाते हुए बोले, ‘‘मेरी मौसी के गांव में योगीजी पधारे थे. बहुत बड़ा योग शिविर लगा था. मौसी का बुलावा आया सो मैं भी पहुंच गया. वहां सभी बीमारियों को दूर करने वाले योग सिखाए गए. मैं भी सीख आया. देखो, वहीं से तरहतरह की शुद्ध प्राकृतिक दवा भी खरीद कर लाया हूं.’’

मैं सकपकाया सा कभी रतनजी को और कभी उन डब्बाबंद जड़ीबूटियों के ढेर को देख रहा था. मैं ने कहा, ‘‘अरे भाई, कहां इन चक्करों में पडे़ हो. ये सब केवल कमाई के धंधे हैं.’’

रतनजी तुनक कर बोले, ‘‘ऐसा ही होता है. अच्छी बातों का सब तिरस्कार करते हैं.’’

इस के बाद मैं ने उन्हें ज्यादा समझाना ठीक नहीं समझा और जैसी आप की इच्छा कह कर लौट आया.

एक सप्ताह बाद एक दिन हड़बड़ाई सी श्रीमती रतन का फोन आया, ‘‘भाईसाहब, जल्दी आ जाइए. इन्हें बेहोशी छा रही है.’’

मैं तुरंत डाक्टर ले कर वहां पहुंचा. ग्लूकोज चढ़ाया गया. 2 घंटे बाद हालात सामान्य हुए. डाक्टर साहब बोले, ‘‘आप को पता नहीं था कि मधुमेह में शुगर का सामान्य से कम हो जाना प्राणघातक होता है.’’

डाक्टर के जाते ही रतनजी मुंह बना कर बोले, ‘‘देखा, मैं ने योग से शुगर कम कर ली तो वह डाक्टर कैसे तिलमिला गया. दुकान बंद होने का डर है न. हा…हा हा….’’

मैं ने अपना सिर पकड़ लिया. सोचा यह सच ही है कि हम सभी भारतीय दकियानूसी पट्टियां साथ लिए घूमते हैं. बस, इन्हें आंखों पर चढ़ाने वाला चाहिए. उस के बाद जो चाहे जैसे नचा ले.

एक माह तक रतनजी की योग साधना जारी रही. हर महीने के अंत में हम दोनों ब्लड टेस्ट कराते थे. इस बार रतनजी बोले, ‘‘अरे, मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं. कोई परीक्षण नहीं कराऊंगा.’’

अब तो परीक्षा का समय था. मैं बोला, ‘‘दादा, अगर तुम्हारी रिपोर्ट सामान्य आई तो कल से मैं भी योग को पूरी तरह से अपना लूंगा.’’

बात बन गई. शुगर की जांच हुई. नतीजा? नतीजा क्या होना था, रतनजी का ब्लड शुगर सामान्य से दोगुना अधिक चल रहा था.

रतनजी ने तुरंत आश्रम संपर्क साधा. कोई संतोषजनक उत्तर न पा कर  वह कार ले कर चल पड़े और 2 घंटे का सफर तय कर आश्रम ही जा पहुंचे.

मैं उस दिन आफिस में बैठा एक कर्मचारी से किसी दूसरे योग शिविर की महिमा सुन रहा था. रतनजी का फोन आया, ‘‘यार, योगीजी अस्वस्थ हैं. स्वास्थ्य लाभ के लिए अमेरिका गए हैं. 3 माह बाद लौटेंगे.’’

मैं ठहाके मार कर हंसा. बस, इतना ही बोला, ‘‘लौट आओ यार, आराम से सोओ, कल सैर पर चलेंगे.’’

लेखक- हिमांशु जोशी

Story in Hindi : कत्ल का सुराग

Story in Hindi. 2 बच्चों के बाप आशुतोष का दिल अपने बैंक में काम करने वाली मोना पर आ गया. वह उसे घर ले आया. आगे क्या हुआ?

यह बात है आज से 10 साल पहले की. कुरुक्षेत्र के एक सब्जी आढ़ती की बेटी संध्या का ब्याह करनाल में बैंक मैनेजर आशुतोष के साथ हुआ.

संध्या बीए पास थी, इसलिए वह केवल घरेलू औरत ही रही. वैसे भी आशुतोष की पुश्तैनी जमीनजायदाद बहुत ज्यादा थी. बैंक में तो वह केवल शौकिया नौकरी करता था. परिवार में भी और कोई नहीं था, इसलिए केवल आशुतोष और संध्या यही छोटी सी फैमिली थी.

शादी के 2 साल बाद संध्या ने एक बेटी को जन्म दिया. बहुत ही प्यारी और सुंदर परियों जैसी बेटी थी. आशुतोष बेटी को पा कर बहुत खुश था. उस ने बेटी का नामकरण बड़े ही धूमधाम से किया. बेटी 2 साल की थी तो एक बेटा पैदा हुआ. दोनों बच्चे बहुत ही प्यारे और सुंदर थे.

आशुतोष बच्चों को बहुत प्यार करता था. जाहिर सी बात है कि हर मातापिता अपने बच्चों को प्यार करते हैं. कभीकभी तो संध्या इस बात पर आशुतोष से नाराज हो जाती थी और कहती थी, ‘‘इतना लाड़ मत दो बच्चों को. बिगाड़ रहे हो.’’

इस पर आशुतोष कहता, ‘‘बच्चे ही तो हैं, बिगड़ेंगे नहीं तो क्या हमारी तरह सम झदार होंगे? जब वे बड़े हो जाएंगे खुद ही सम झ आ जाएगी. जो करते हैं करने दो.’’

आशुतोष और संध्या का बेटा रौनक पहली क्लास में और बेटी शनाया 5वीं क्लास में करनाल के सब से बड़े आदर्श निकेतन पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे.

संध्या अपने बच्चों और घर में ज्यादा बिजी रहने लगी, जिस के कारण जब आशुतोष घर आता तो वह उस को समय कम ही दे पाती थी. लिहाजा, आशुतोष कभी तो बच्चों के साथ खेलने में बिजी हो जाता और अगर बच्चे पढ़ाई में बिजी होते तो वह दोस्तों के साथ घूमने निकल जाता. इस तरह वह धीरेधीरे अपने दोस्तों के साथ ज्यादा समय बिताने लगा.

एक दिन आशुतोष रात को जब घर आया तो एक खूबसूरत जवान लगभग 25 साल की लड़की मोना को साथ लाया और पत्नी से मिलवाया व बोला, ‘‘संध्या, यह मोना है. और मोना यह संध्या है. संध्या, आज से मोना कुछ दिनों के लिए हमारे साथ रहेगी. तुम इस के लिए ऊपर का कमरा तैयार कर दो.’’

‘‘ठीक है, संध्या ने कहा.’’ ‘‘संध्या, तुम जब तक इस का कमरा तैयार करो, हम ड्राइंगरूम में इंतजार करते हैं,’’ यह कह कर आशु मोना को ड्राइंगरूम में ले गया.

संध्या के मन में खलबली मची थी कि आशु ने मोना के बारे में कुछ नहीं बताया. मोना कौन है? क्या वह आशुतोष की कजिन है या कोई दोस्त है? वह कुछ सम झ नहीं पा रही थी, लेकिन उस ने  झट से ऊपर का कमरा मोना के लिए तैयार कर दिया और ड्राइंगरूम में उन्हें बुलाने चली गई, ‘‘आशु, मैं ने मोनाजी के लिए कमरा तैयार कर दिया है.’’

‘‘आइए मोनाजी, मैं आप को अपने कमरे में छोड़ दूं,’’ संध्या बोली. ‘‘अरे संध्या, तुम क्यों तकलीफ करती हो. तुम भी थक गई होगी और रौनक भी अकेला सोया हुआ है. तुम उस के पास जा कर लेटो, मैं मोना को छोड़ कर आता हूं. आओ मोना, तुम्हें तुम्हारा कमरा दिखा दूं,’’ और आशुतोष मोना को ले कर ऊपर चला गया.

लगभग 15-20 मिनट के बाद आशुतोष नीचे आया. ‘‘आशु, बहुत देर लगा दी तुम ने ऊपर?’’ ‘‘हां, वह बस मोना से कुछ बातचीत करने लग गया था, चलो अच्छा मैं थक गया हूं, सो जाता हूं. तुम भी सो जाओ. शनाया सो गई क्या?’’

‘‘हां, आज तुम्हें बहुत याद कर रही थी. कह रही थी, बहुत दिनों से पापा कहीं घुमाने नहीं ले गए.’’ ‘‘हां, मैं भी यही सोच रहा था. चलो, इस वीकैंड पर कहीं बाहर घूमने का प्रोग्राम बनाते हैं.’’ ‘‘हां, यह ठीक रहेगा.’’

‘‘अच्छा, मैं एक मिनट शनाया को देख कर आता हूं,’’ यह कह कर आशुतोष बगल वाले कमरे में बेटी को देखने चला गया और थोड़ी देर बाद वापस कमरे में आ कर हंसने लगा.

‘‘क्या हुआ आशु?’’ ‘‘लगता है शनाया को कोई बात याद आ रही है. सोए हुए ऐसे हंस रही थी जैसे कोई चुटकुला सुन लिया हो,’’ और इस तरह हंसतेहंसते आशुतोष लेट गया.

‘‘आशु, तुम ने बताया नहीं यह मोना कौन है? क्या आप की कोई कजिन है या दोस्त है और इस वक्त यहां कैसे? कहीं बाहर से आई है क्या?’’ संध्या ने पूछा.

‘‘अरे हां, मैं तो तुम्हें बताना ही भूल गया. दरअसल संध्या, यह मोना सिंह है यानी सरदार है और मेरा एक दोस्त है अजय शर्मा. शर्मा यानी पंडित. ये दोनों प्यार करते हैं लेकिन इन दोनों के मातापिता इन की शादी नहीं कराना चाहते इसलिए यह अपने घर से भाग आई है.

‘‘अजय कहीं दूसरी जगह अपना इंतजाम कर के कोर्ट मैरिज कर के इसे ले जाएगा. अभी वह ट्रांसफर के लिए कोशिश कर रहा है. उम्मीद है जल्दी ही उस का ट्रांसफर हो जाएगा यहां से. जैसे ही उस का ट्रांसफर किसी दूसरे शहर में होगा वह इसे यहां से कोर्ट मैरिज कर के ले जाएगा.’’

‘‘लेकिन मोना के मातापिता ढूंढ़ते हुए अगर यहां तक आ गए तो हम बिना वजह फंस जाएंगे.’’ ‘‘वे नहीं आएंगे. मोना ने घर में चिट्ठी लिख छोड़ी है और कह दिया है कि ‘मैं अजय के बिना नहीं जी सकती. मैं अजय से शादी कर के अपना घर बसाने जा रही हूं. मु झे ढूंढ़ा न जाए. मैं आप के लिए मर चुकी हूं’. मोना के मातापिता उसे नहीं ढूंढ़ेंगे, क्योंकि मोना के पिता बहुत जिद्दी हैं.’’

‘‘लेकिन आशु, मु झे यह सब ठीक नहीं लग रहा. आप इस के लिए कहीं और रहने का इंतजाम करवा लो और शनाया भी कोई छोटी बच्ची नहीं है. वह पूछेगी कि यह कौन है तो क्या कहेंगे हम उसे? और आज पड़ोस वाले भी पूछेंगे तो क्या कहेंगे हम उन लोगों को कि यह कौन है?’’

‘‘अरे संध्या, तुम भी बात को कहां से कहां ले जाती हो. किसी से कुछ कहने की जरूरत नहीं, बस कह देना कि तुम्हारी कजिन है. यहां मेरे औफिस में इस का ट्रांसफर हुआ है. वह अकेले कहीं और रहे यह अच्छा नहीं लगता इसलिए मैं ने उसे अपने घर में रखा है.’’

‘‘लेकिन यह कितने दिन यहां रहेगी?’’ ‘‘बस 10-15 दिन, तब तक अजय का ट्रांसफर हो जाएगा तो वह इसे ले जाएगा.’’ ‘‘10-15 दिन…’’ संध्या बोली.

‘‘अरे संध्या….  तुम तो ऐसे कह रही हो जैसे 10-15 साल रहना हो. चलो, छोड़ो इन बातों को. मैं थक गया हूं अब मु झे सोने दो,’’ ऐसा कह कर मुंह फेर कर आशुतोष सो गया.

इस तरह मोना आशुतोष के घर में रहने लगी. रोज सुबह वह आशुतोष के साथ ही बैंक चली जाती और शाम को उस के साथ ही आती. आसपड़ोस वालों के पूछने पर संध्या ने बताया कि मोना उस की कजिन है, उस का ट्रांसफर आशु के बैंक में हुआ है, इसलिए वह उन्हीं के घर में रहती है और इसलिए आशु के साथ ही बैंक आतीजाती है.

लेकिन इधर आशुतोष और मोना कुछ अलग ही खेल रच रहे थे. दरअसल, वह अब संध्या से ऊब चुका था और उस के बैंक में दिल्ली से एक नई मुलाजिम आई थी मोना, जिसे देखते ही आशु अपना दिल दे बैठा और वह लड़की यानी मोना भी आशु को चाहने लगी. चाहत जब हद से बढ़ गई तो मोना ने आशु के सामने शादी का प्रस्ताव रखा.

लेकिन आशु ने उसे शादी के लिए मना करते हुए कहा, ‘‘मोना, मैं तुम से कुछ छिपाना नहीं चाहता. मैं शादीशुदा और 2 बच्चों का पिता हूं, लेकिन मैं अपनी गृहस्थी से बहुत परेशान हूं. अगर तुम मेरी जिंदगी में न आती तो मैं अब तक आत्महत्या कर चुका होता. अब तुम आ गई हो मु झे तुम्हारा सहारा मिल गया है. अब मैं अपनी पत्नी को तलाक दे कर तुम से शादी करूंगा. बस तुम मु झे छोड़ कर मत जाना वरना मैं मर जाऊंगा. मु झे थोड़ा वक्त दो.’’

इस तरह से आशु ने आंसू बहा कर मोना को इमोशनली ब्लैकमेल किया और मोना भी उस की बातों में आ गई. ‘‘आशु, मैं तुम्हारा साथ कभी नहीं छोड़ूंगी, और खबरदार जो आज के बाद मरने की बातें की तो. तुम जितना वक्त चाहे ले सकते हो लेकिन मु झे बीच राह में छोड़ कर कभी मत जाना,’’ मोना ने कहा. ‘‘नहीं मोना, तुम्हारे बिना तो मैं जीने की सोच भी नहीं सकता. मैं अपनी पत्नी से बहुत परेशान हूं.’’

इस तरह से मोना को पाने के लिए आशु ने न जाने कितने  झूठ बोले. मोना एक किराए के फ्लैट में अकेली रहती थी, इसलिए आशु के लिए रास्ता खुला था. दोनों जब भी शारीरिक संबंध बनाना चाहते तो बैंक के बाद मोना के फ्लैट पर चले जाते.

लेकिन अब ज्यादा दूरी दोनों को बरदाश्त न होती, इसलिए मोना और आशु ने मिल कर एकसाथ रहने के लिए यह प्लान बनाया. मोना के आने के बाद आशु संध्या से कुछ ज्यादा ही कटाकटा रहने लगा. अव्वल तो दोनों घर पर देर से ही आते और यदि समय पर आ जाते तो ज्यादातर आशु मोना के कमरे में ही ऊपर रहता.

संध्या और बच्चों को ऊपर जाने की मनाही थी, क्योंकि आशु उन्हें यह कह कर रोक देता कि वे दोनों बैंक का कुछ जरूरी काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें डिस्टर्ब न किया जाए.

लेकिन मोना के आने के बाद आशु में एक बदलाव आ गया था. जो आशु बिस्तर पर लेटने के बाद संध्या से दूध मांगता था वही आशु अब रोज रात को खुद अपने हाथों से सब के लिए दूध के गिलास तैयार करता, क्योंकि उस के दिमाग में एक खतरनाक प्लान चल रहा था.

आशु अब रोज ही संध्या के दूध में नींद की दवा डाल देता जिस से संध्या पूरी रात गहरी नींद में सोती और आशु पूरी रात मोना के कमरे में बिताता और संध्या को इस की कानोंकान खबर भी न हुई.

इस तरह से एक महीना बीत गया. अभी तक न तो आशु ने मोना के रहने के लिए किसी और जगह का इंतजाम किया और न ही कोई आशु का दोस्त कभी आया. इस पर एक दिन संध्या और आशु के बीच में कहासुनी भी हो गई.

‘‘आशु, कहां है तुम्हारा दोस्त? एक दिन भी मोना से मिलने नहीं आया और यह कब तक यहां रहेगी? मु झे मोना का यहां रहना ठीक नहीं लगता,’’ संध्या चिल्लाई.

संध्या को चुप कराने के लिए एक दिन आशु एक लड़के को साथ ले आया और उस का नाम अजय बताया. वह थोड़ी ही देर उन के घर रुका और चला गया. ‘‘लो, आज तुम्हें अच्छे से मिला दिया… अब तो तसल्ली हो गई या कुछ और भी बाकी है?’’

‘‘मैं यह सब नहीं जानती. बस इतना जानती हूं कि मोना का अब और यहां रहना ठीक नहीं, मु झ से अब और नहीं होता,’’ न जाने क्यों संध्या के मन में इन दोनों के लिए कुछ शक पलने लगा.

‘‘अरे संध्या, तुम्हें तो मैं ने कितनी बार कहा है कि तुम्हें जरूरत ही क्या है काम करने की. बाकी सब काम के लिए तो तुम ने कामवाली बाई रखी है, अगर तुम्हें चाहिए तो तुम खाना बनाने वाले को भी रख लो. क्यों अपने शरीर को कष्ट देती हो?’’

‘‘मु झे अपने बच्चों और अपने पति के लिए खाना बनाने में कोई कष्ट नहीं होता, लेकिन दूसरों के लिए मैं रोजरोज नहीं बना सकती.’’

‘‘संध्या, तुम भी न क्या यार… ठीक है कुछ दिन और बरदाश्त कर लो फिर मैं जल्दी मोना का कहीं इंतजाम कर दूंगा. और तुम कल से ही खाना बनाने वाली बाई को बुला लो. बस अब मैं ने कह दिया तो कह दिया. अब मैं तुम्हारी एक नहीं सुनूंगा, कल से तुम खाना बनाने वाली बाई रख लो…’’ यह कहते हुए संध्या के दोनों हाथ पकड़ कर आशु बोला, ‘‘देखो तो कैसे हो गए हैं तुम्हारे हाथ. कितने कोमल हुआ करते थे और अब कितने सख्त हो गए हैं. कल से तुम्हें कोई काम करने की जरूरत नहीं है. बस केवल अपना और बच्चों का ध्यान रखो.’’

अगले ही दिन खाना बनाने वाली बाई रख ली गई.

मोना और आशु आखिर कब तक यों छिपछिप कर अपने तन की प्यास बु झाते. एक दिन उन्होंने एक ठोस फैसला लिया. आशु संध्या को रोज नींद की दवा तो देता ही था, एक दिन उस ने उस को हमेशा की नींद सुलाने का फैसला कर लिया. आधी रात के समय मोना और आशु दोनों ने संध्या के मुंह पर तकिया रख कर दबा दिया और उसे हमेशा के लिए सुला दिया.

लेकिन अब सवाल था कि लाश को ठिकाने कैसे लगाया जाए? यह सोचतेसोचते उन्हें पूरी रात बीत गई. अगले दिन सुबह संध्या के न उठने पर बच्चे परेशान थे. उन्हें स्कूल के लिए कौन तैयार करेगा?

आशु ने बच्चों को यह कह कर स्कूल भेज दिया कि आज मम्मी की तबीयत ठीक नहीं है उसे सोने दो. और आशु और मोना दोनों ने बैंक से छुट्टी ले ली.

मोना को एक आइडिया आया. आशु ने संध्या को गोद में उठा कर गाड़ी की पिछली सीट पर लिटा दिया और मोना आगे की सीट पर आशु के साथ बैठ कर जब जाने लगे तो घर की नौकरानी आ गई. आशु ने उसे यह कहा कि संध्या की तबीयत ठीक नहीं है इसलिए हम दवा लेने जा रहे हैं और उसे छुट्टी दे दी गई.

तब एक पहाड़ी की तरफ गाड़ी ले जा कर मोना और आशु गाड़ी से उतर गए और संध्या को ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया, बैल्ट लगा दी और गाड़ी को पहाड़ी से नीचे की ओर धकेल दिया.

जब बच्चे स्कूल से घर आए तो उन्हें यह कहा गया कि संध्या कुरुक्षेत्र अपनी मम्मी के घर गई है.

‘‘लेकिन पापा, सुबह तो मम्मी की तबीयत ठीक नहीं थी.’’ ‘‘हां…. पर बाद में मम्मी अब ठीक हो गई थीं. दरअसल, तुम्हारी नानी की तबीयत ठीक नहीं है इसलिए मम्मी कुरुक्षेत्र गई हैं.’’ ‘‘लेकिन मम्मी अकेले क्यों गई हैं? हमें ले कर क्यों नहीं गई हैं? हमें भी नानी से मिलना था.’’

‘‘तुम्हारे एग्जाम आने वाले हैं न, तुम्हारी पढ़ाई का नुकसान न हो इसलिए मम्मी तुम्हें साथ ले कर नहीं गईं.’’

लेकिन साथ ही आशु के मन में एक डर भी बैठ गया कि किसी दिन संध्या की मौत का राज खुला तो क्या होगा, इसलिए उस ने 2 दिन के बाद संध्या के अकाउंट से एटीएम कार्ड द्वारा बैंक से कुछ रकम निकाली और संध्या के मोबाइल से कुछ सामान भी और्डर कर के मंगवाया, ताकि संध्या जिंदा साबित हो और तकरीबन एक हफ्ते बाद उस ने अपनी ससुराल फोन किया तो फोन उस के साले आकाश ने उठाया.

‘‘हैलो आकाश, कैसे हो? मम्मीजी की तबीयत कैसी है अब?’’ ‘‘जीजू, मम्मी तो ठीक हैं. क्या हुआ मम्मी  को?’’ ‘‘अरे, संध्या बता रही थी कि मम्मीजी की तबीयत ठीक नहीं, इसलिए एक हफ्ते से वह तुम्हारे यहां आई हुई है.’’

‘‘संध्या यहां आई है? नहीं जीजू, संध्या यहां नहीं आई.’’ ‘‘नहीं आकाश, संध्या एक हफ्ते पहले तुम्हारे यहां आई थी. कह रही थी कि मां की तबीयत ठीक नहीं इसलिए मैं कुछ दिनों के लिए मां के पास जा रही हूं.’’

‘‘मैं काम में बहुत ज्यादा बिजी था और बच्चों की जिम्मेदारी भी मु झ पर थी इसलिए मु झे फोन करने का समय ही नहीं मिला. सोचा कि आज संध्या से भी बात कर लूं और मम्मीजी का हालचाल भी पूछ लूं और संध्या से पूछूं कि कब वापस आना है. चाहता तो मैं भी था कि मम्मीजी को मिलने आऊं, लेकिन बैंक का काम इतना ज्यादा है कि मैं आ नहीं सका.’’

‘‘मैं सच कह रहा हूं जीजू, संध्या यहां नहीं आई है.’’ ‘‘क्या? संध्या वहां नहीं आई तो वह गई कहां? ऐसा कैसे हो सकता है? एक हफ्ते पहले तो संध्या कुरुक्षेत्र का कह कर यहां से गई थी. मैं ने खुद उसे बस में बैठाया था. मैं ने कहा भी था कि ड्राइवर ले जाओ.

‘‘दरअसल, एक गाड़ी खराब थी और दूसरी गाड़ी वह मेरे लिए छोड़ गई ताकि मु झे बैंक आनेजाने में परेशानी न हो, इसलिए बस में चली गई.’’

आकाश ने जब घर में सब को यह बताया कि संध्या एक हफ्ते से लापता है और घर से यह कह कर निकली है कि वह हमारे यहां आ रही है तो संध्या के मातापिता और आकाश उसी समय सब करनाल के लिए चल पड़े. उन लोगों के आते ही आशुतोष ने उन सब के साथ पुलिस स्टेशन जा कर संध्या के लापता होने की रिपोर्ट लिखवाई.

लगभग 15 दिन तक कोई सुराग न मिला लेकिन इसी बीच संध्या के एटीएम कार्ड से फिर से पैसे निकाले गए.

आशु ने कहा, ‘‘यह देखो आकाश, आज फिर संध्या ने अपने अकाउंट से पैसे निकाले हैं. ऐसा पहले भी एक बार हो चुका है. मैं ने आप लोगों को नहीं बताया कि कहीं आप लोग यह न सोचें कि मु झे संध्या की नहीं पैसों की फिक्र है. कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है. संध्या अपना फोन भी घर पर छोड़ गई है. न तो हम उसे फोन मिला सकते हैं, न कुछ उस के बारे में जान सकते हैं. ऐसा क्यों किया संध्या ने? मु झे कुछ समझ नहीं आ रहा कि संध्या कहां गई और क्यों गई?’’

‘‘जीजू, यही तो मैं भी सोच रहा हूं कि अचानक ऐसा क्या हो गया कि संध्या बिना किसी को बताए कहीं चली गई.’’

कुछ दिनों के बाद एक दिन आशुतोष बच्चों को अपने साथ अपनी ससुराल ले कर गया. इस पूरे समय में मोना भी आशुतोष और उस के परिवार के साथ रही, क्योंकि आशुतोष ने अपनी ससुराल वालों को यह बताया था कि मोना उस की कजिन है और दिल्ली से आशु के बैंक में ट्रांसफर हो कर आई है और संध्या के ही कहने पर मोना उन के घर में रह रही है.

जब आशु अपनी ससुराल में सब के साथ बैठा हुआ था तो उस के मोबाइल पर अनजान नंबर से एक फोन आया. आशु ने जानबू झ कर फोन को स्पीकर पर लगाया और बात करने लगा. उधर से इस तरह से बात की गई कि जिस से यह साबित हो कि संध्या अपनी मरजी से घर छोड़ कर गई है.

‘‘मैं वैभव बोल रहा हूं. मैं और संध्या एकदूसरे से प्यार करते हैं और हम ने शादी कर ली है. अब संध्या का किसी से कोई नाता नहीं है,’’ इतना कहते ही फोन कट गया किसी को बात करने का मौका नहीं मिला.

जब दोबारा उस नंबर पर फोन मिलाया गया तो फोन स्विच औफ बता रहा था. यह सब सुन कर सब के सब सकते में आ गए, लेकिन संध्या की मम्मी यह मानने को तैयार नहीं थीं कि संध्या ऐसा कर सकती है.

आशुतोष और आकाश ने यह सब सुन कर पुलिस केस वापस ले लिया और इस मामले को यहीं खत्म कर दिया, लेकिन संध्या की मम्मी को यह बात हजम नहीं हो रही थी. उन्होंने निजी तौर पर पुलिस से संपर्क बनाए रखा और उन्हें संध्या को ढूंढ़ने के लिए बारबार कहती रहीं.

इधर आशुतोष ने अपनी बेचारगी और बच्चों की मजबूरी दिखा कर मोना से शादी कर ली. इस बात को 3 महीने बीत गए.

एक दिन पहाड़ी के नीचे कबाड़ चुनने वाले एक शख्स को एक टूटीफूटी गाड़ी नजर आई और वह गाड़ी की तरफ चल पड़ा. उसे लगा कि गाड़ी में से कुछ न कुछ सामान निकाल कर कुछ पैसा मिल जाएगा. लेकिन जैसे ही वह गाड़ी के पास पहुंचा उसे गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर एक मानव कंकाल नजर आया. उस ने पुलिस स्टेशन जा कर यह बात बताई.

पुलिस ने आ कर तफतीश की और संध्या की मां को गाड़ी और कंकाल की तसवीर भेज दी.

गाड़ी का नंबर देखते ही संध्या की मां का माथा ठनका. वे  झट से पुलिस स्टेशन गईं और उन्होंने बताया कि यह गाड़ी तो आशुतोष की है. कंकाल को लैब में टैस्टिंग के लिए भेजा गया और पता चला कि वह संध्या का ही कंकाल था.

अब संध्या की मम्मी ने घर पर सारी बात बता कर आकाश और अपने पति को ले कर पुलिस स्टेशन में आशुतोष के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई और पुलिस आशुतोष को गिरफ्तार करने पहुंच गईं.

आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया गया. जब आशुतोष से उस की गाड़ी के बारे में पूछा गया तो उस ने गाड़ी चोरी होने की बात कही.

‘‘अगर गाड़ी चोरी हो गई थी तो आप ने रिपोर्ट क्यों नहीं लिखवाई?’’ ‘‘दरअसल मम्मीजी, जिस दिन संध्या आप के यहां आई थी उस के लगभग एक हफ्ते बाद मेरी गाड़ी चोरी हो गई थी. तब तक हमें पता चल चुका था कि संध्या लापता है. मु झे लगा शायद संध्या ने ही गाड़ी उठवाई हो, इसलिए मैं ने किसी को कुछ नहीं बताया.’’

‘‘लेकिन संध्या को गाड़ी चलानी आती नहीं तो वह गाड़ी कैसे ले जा सकती है?’’ ‘‘हो सकता है कि उस का वह आशिक वैभव ले गया हो.’’

इतनी बात सुनते ही संध्या की मम्मी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने आशुतोष के मुंह पर जोर से एक थप्पड़ जड़ दिया, ‘‘खबरदार जो मेरी बेटी के बारे में कुछ उलटासीधा कहा तो. मेरी बेटी ऐसी नहीं थी, तुम ने मेरी बेटी की हत्या की है, तुम मेरी बेटी के हत्यारे हो.’’

‘‘मैं आप की बेटी को क्यों मारूंगा, मैं तो उस से बहुत प्यार करता था.’’ ‘‘क्या यही प्यार है? उसे गए अभी 3-4 महीने भी नहीं हुए और तुम ने दूसरी शादी कर ली और शादी भी उस से, जिसे तुम अपनी कजिन कहते हो. शर्म आनी चाहिए तुम्हें.’’

‘‘यह मेरी कोई सगी कजिन नहीं, जिस से मैं शादी न कर सकूं. मुंहबोली कजिन है, मुंहबोली बूआ की बेटी है. मैं ने जो किया केवल बच्चों के लिए किया और फिर यह बच्चों को अच्छी तरह संभाल भी रही है.

‘‘मैं किसी और से शादी करता तो न जाने वह बच्चों के साथ कैसा बरताव करती. मोना संध्या की तरह ही बच्चों का और घर का खयाल रखती है.’’

आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया गया. आज टीवी के हर एक चैनल पर यही सनसनीखेज खबर चल रही है कि किस तरह एक कूड़ा बीनने वाले की वजह से हत्या का सुराग मिला. Story in Hindi.

Short Story : ढोंग

पंडित राम प्रसाद ढोंग और छुआछूत को मानने वाले थे. उन की नईनई शादी हुई थी. पंडिताइन को नई सोच पर यकीन था. वे ऊंचनीच और छुआछूत का जरा भी फर्क नहीं मानती थीं.

एक दिन तीखी धूप में तपते हुए पंडितजी बाहर से आए. उन्होंने पंडिताइन से पानी मांगा.

पंडिताइन ने देखा कि रसोई में बालटी, घड़े वगैरह सभी खाली थे. कुएं से पानी लाने में देर होती, इसलिए वे पड़ोस से पानी मांग लाईं.

प्यास लगने की वजह से पंडितजी का बुरा हाल था. ठंडा पानी पी कर उन्होंने राहत की सांस ली और प्यार से पंडिताइन से पूछा, ‘‘बहुत ही शीतल जल है… कहां से लाई हो?’’ ‘‘बगल के कुम्हार के घर से,’’ पंडिताइन ने कहा.

यह सुनते ही पंडितजी आगबबूला हो गए और चिल्लाए, ‘‘कुम्हार के घर से… तुम ने मेरा धर्म बिगाड़ दिया. क्या मेरी बिरादरी वाले सभी मर गए थे, जो कुम्हार का छुआ हुआ पानी मुझे पिला दिया… रामरामराम…’’

पंडिताइन ने हाथ जोड़ कर कहा, ‘‘गलती हो गई महाराज. मैं आगे से खयाल रखूंगी.’’ बात यहीं आईगई हो गई.

अगले दिन नहाधो कर पंडितजी ने अपने धुले हुए कपड़े मांगे. ‘‘मगर मैं ने तो सारे कपड़े जला दिए,’’ पंडिताइन बोलीं.

‘‘कपड़े जला दिए… पागल हो गई हो क्या?’’ पंडितजी ने गुस्से से कहा.

‘‘क्या करती महाराज…’’ पंडिताइन ने समझाया, ‘‘वे कपड़े मुसलिम दर्जी ने सिले थे और उन्हें धोबी ने अपने हाथों से धोया था… फिर मैं जानबूझ कर आप का धर्म कैसे बिगाड़ती?’’

पंडितजी झल्लाए और बोले, ‘‘तुम ने सबकुछ चौपट कर दिया. खैर, खाना लगाओ.’’

पंडिताइन ने थाली में नमक के साथ सूखी रोटियां रख दीं.

‘‘घर में सागसब्जी नहीं है क्या?’’ पंडितजी ने सवाल किया.

‘‘तरकारी तो फेंकनी पड़ गई. कोइरी के हाथों की सब्जी मैं भला आप को कैसे खिलाती? आप तो महान पंडित हैं,’’ पंडिताइन ने जवाब दिया.

खाना खा कर अनमने भाव से पंडितजी हाथ धोने लगे, फिर चारों ओर देख कर उन्होंने पूछा, ‘‘चारपाई कहां है? मैं थोड़ी देर आराम करना चाहता हूं.’’

‘‘आप की चारपाई तो मैं ने जला दी,’’ पंडिताइन का जवाब था.

‘‘चारपाई जला दी… मगर क्यों?’’ यह पूछते हुए पंडितजी की भौंहें तन गईं.

‘‘क्या करती… बढ़ई के हाथों तैयार की गई चारपाई मैं घर में कैसे रखती. अब हमें जमीन पर ही सोना पड़ेगा,’’ पंडिताइन बोलीं.

‘‘तुम पागल हो गई हो, तभी ऐसी हरकतें कर रही हो,’’ पंडितजी गुर्राए.

‘‘पागल तो आप हो गए हैं महाराज,’’ पंडिताइन ने समझाया, ‘‘जिन चीजों के बिना हम जी नहीं सकते, उन के बनाने वालों को ही हम अछूत मानते हैं. यह ढोंग नहीं तो और क्या है? अगर आप सचमुच छुआछूत मानते हैं, तो ऐसी चीजों से परहेज कर के दिखाइए और अगर नहीं, तो छुआछूत, ऊंचनीच जैसी पोंगापंथ फैलाने वाली बातों को दिमाग से दूर फेंकिए.’’

‘‘तुम ने मेरी आंखें खोल दीं. मैं भटक गया था, सचमुच पागल हो गया था. जिन चीजों के बिना हम जी नहीं सकते, उन्हें कैसे छोड़ सकते हैं.

‘‘हमें तो उन सभी लोगों का एहसान मानना चाहिए, जिन्होंने ये चीजें तैयार की हैं. वे हमारी नफरत के नहीं, प्यार के हकदार हैं.

‘‘अब मैं ऊंचनीच का फर्क भुला कर सब को प्यार करूंगा. मैं तुम्हारा एहसानमंद हूं… तुम ने ही तो मुझे सही राह दिखाई है,’’ कहते हुए पंडितजी ने पंडिताइन को गले लगा लिया.

पंडिताइन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. वे पड़ोस में छिपाई हुई चीजों को एकएक कर के घर में लाने लगीं.

पंडितजी अपनी पंडिताइन की चतुराई पर चकित थे. उन्होंने तय कर लिया कि अब वे पूरे गांव को छुआछूत जैसे समाज के कलंक और ढोंग से छुटकारा दिला कर ही दम लेंगे.  Short Story

-भगवती प्रसाद द्विवेदी

Short Story : रमऊ का मकान

Short Story. रमऊ के आगेपीछे कोई नहीं था. अछूत समझ कर गांव वालों ने उसे गांव से बाहर रहने को मजबूर कर दिया था.

रमऊ ने गांव से बाहर एक कच्चा घर बनाया था. उस के घर में मिट्टी के कुछेक बरतनों और एक फटी गुदड़ी के अलावा कुछ भी न था. वह सुबह आंखें मलता हुआ मजदूरी की तलाश में निकलता और शाम ढले घर पहुंचता. उस के अंगोछे के एक छोर में मजदूरी के एवज में मिले 3-4 मुट्ठी चावल बंधे होते.

एक गरीब ब्राह्मण उसी गांव में दिनभर घूमघूम कर भीख मांगता और रात को किसी के बरामदे में सो जाता. उस ब्राह्मण को लोग ‘देवता’ समझते थे.

बरसात का मौसम आ गया. ऐसे समय में बड़ी जगह भी छोटी पड़ने लगती है. ब्राह्मण को तो कुछ ज्यादा ही परेशानी होने लगी. बरामदे में अकसर उस के साथ कुत्ते भी शरण ले लेते थे. किसी ने सुझाया कि वह रमऊ के मकान पर कब्जा कर ले.

एक दिन जब रमऊ घर पर नहीं था, ब्राह्मण ने उस के मकान पर कब्जा कर के उस की गुदड़ी जला दी, मिट्टी के बरतन फेंक दिए, फिर उस ने साफसफाई करवाई और रंगरोगन करवाया.

शाम को रमऊ घर पहुंचा, तो देखा कि घर में ताला लगा है. उसे बहुत हैरानी हुई. वह वहीं सिर पकड़ कर बैठ गया. कुछ देर बाद ब्राह्मण भी आ पहुंचा. ताला खोल कर वह मकान में दाखिल होने लगा, तो रमऊ ने उसे रोका, ‘‘ठहरिए, यह मेरा घर है.’’

ब्राह्मण ने रमऊ को सिर से पैर तक देखा और डांटते हुए कहा, ‘‘दूर हट अछूत… इधर अब कभी मत फटकना, नहीं तो खूब मरम्मत करूंगा. यह मेरा घर है. समझे.’’

ब्राह्मण आंखें तरेर कर उसे घूरने लगा. रमऊ सहम गया. लेकिन अपने घर की दावेदारी कैसे छोड़ देता. वह गरज कर बोला, ‘‘अरे ब्राह्मण, किसी दूसरे के घर पर कब्जा करते हुए तुझे  लज्जा नहीं आती?’’

दोनों में जम कर ‘तूतू मैंमैं’ होने लगी. रमऊ कहता, यह मेरा घर है और ब्राह्मण कहता कि मेरा है. दोनों फैसला कराने काजी के पास पहुंचे.

‘‘काजीजी, आप इंसाफ कीजिए. यह दुष्ट मेरे घर पर अपना कब्जा जमाना चाहता है,’’ कहते हुए ब्राह्मण रोने लगा.

‘‘काजी साहब, वह तो मेरा घर है, जिस पर इस पाखंडी ब्राह्मण ने कब्जा कर रखा है,’’ रमऊ बोला.

काजी को ब्राह्मण की बात पर यकीन हो गया. उस ने रमऊ को कभी देखा नहीं था. उस का हुलिया काजी को चोर की तरह लगा. लेकिन फैसला तो करना ही था. उस ने उस मकान को देखने का इरादा जाहिर किया.

जब काजी उस घर में दाखिल होने लगा, तो दरवाजे की ऊंचाई कम होने के कारण उस का सिर टकरा गया. तभी उस के दिमाग में एक बात आई.

कमरे में ब्राह्मण के कपड़ेलत्ते, शंकर की मूर्ति के आगे ढेर सारी पूजा की सामग्री रखी थी. कमरे से बाहर निकलते वक्त भी काजी का सिर दरवाजे से टकराया. उस ने फौरन हुक्म दिया, ‘‘आप दोनों बारीबारी से मकान के अंदर जाओ और बाहर निकलो.’’

पहले रमऊ कमरे के अंदर गया और आराम से बाहर निकल आया. काजी ने गौर से देखा कि रमऊ का सिर दरवाजे से नहीं टकराया.

फिर ब्राह्मण ने मकान के अंदर जाने के लिए पैर बढ़ाए, तो दरवाजे से उस का सिर टकराया और वह वहीं बैठ गया.

काजी ने फैसला सुनाया, ‘‘यह रमऊ का मकान है,’’ फिर वह ब्राह्मण के पास पहुंचा और उस के कंधे पर हाथ रख कर बोला, ‘‘अब तो मानते हैं न कि यह मकान आप का नहीं है. अगर यह मकान आप का होता, तो आप को झुक कर चलने की आदत होती और आप का सिर दरवाजे से कभी न टकराता. कुछ समझे, पंडितजी.’’

ब्राह्मण शर्म से जमीन में गड़ गया. धोती की कांछ को कमर में खोंसते हुए वह वहां से भाग खड़ा हुआ.

रमऊ हाथ जोड़ कर बोला, ‘‘काजी साहब, आप का यह एहसान मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा.’’

काजी ने जवाब दिया, ‘‘रमऊ भाई, इस में एहसान कैसा, यह तो मेरा फर्ज था.’’

रमऊ ने पीतल के बरतनों में खाना बनाया, कांसे के बरतनों में खाया और मखमली बिस्तर पर सो गया. वैसे, वह सोच रहा था कि कभी न कभी ब्राह्मण अपना सामान लेने जरूर आएगा.  Short Story

-इंदरमन साहू

Story : डौलर और मिट्टी

Story. पिता का खेत बेच कर अमेरिका जाने वाले गगनदीप ने वहां जो देखा, वह रंगीन अमेरिका तो बिलकुल नहीं था. क्या अपनी मिट्टी बेच कर वह डौलर कमा पाया?

खन्ना के उस छोटे से गांव में उस दिन लड्डू बंट रहे थे. गुरबचन सिंह का सब से छोटा बेटा गगनदीप अमेरिका जा रहा था.

सुबह से ही लोग बधाई देने आ रहे थे, ‘‘वाह भाई गुरबचन, अब तो तेरे भी डौलर आएंगे.’’

गुरबचन सिंह बस मुसकरा देते. भीतर खुशी भी थी और एक ऐसी बेचैनी भी, जिसे वे कह नहीं पा रहे थे.

आंगन में गगनदीप की मां बारबार बैग खोल कर देख रही थीं, ‘‘ऊन का स्वेटर रख लिया? दवाएं?’’ ‘‘हां मां, रख लीं,’’ गगनदीप की आंखों में केवल अमेरिका था. उसे लगता था, कुछ घंटों बाद जिंदगी बदल जाएगी.

चारपाई पर बैठा गगनदीप का सब से करीबी दोस्त परमजीत चुपचाप सब देख रहा था. दोनों बचपन से साथ पढ़े, कबड्डी खेले थे, लेकिन पिछले 2 सालों में गगनदीप बदल गया था. जहां पहले वह फसल देख कर खुश होता था, अब वही खेत उसे पिछड़ापन लगते थे.

एक दिन गगनदीप ने परमजीत से कहा था, ‘‘यार, सच बताऊं… इस देश में रखा ही क्या है? रोजगार नहीं, सिस्टम नहीं… यहां तो बस मिट्टी में मिट्टी होना है. जिंदगी बनानी है तो अमेरिका जाना पड़ेगा.’’

परमजीत ने कहा था, ‘‘देश छोड़ना बुरा नहीं है गगन, लेकिन अपने देश को छोटा समझना ठीक नहीं.’’

गगनदीप हंस पड़ा था, ‘‘ये बातें वही करते हैं जिन्हें कभी मौका नहीं मिला.’’ उस दिन परमजीत ने बहस नहीं की. बस इतना कहा, ‘‘ठीक है. लौट कर मिलना, फिर बात करेंगे.’’ ‘‘लौटना? मैं? कभी नहीं,’’ गगनदीप ने जवाब दिया था.

गुरबचन सिंह किसान थे. 4 बेटों में गगनदीप सब से छोटा था. खेती से घर चल जाता था, पर बड़े सपने पूरे नहीं होते थे.

तभी गांव में डाला का नाम सुनाई देने लगा. लोग कहते, ‘‘बंदा महंगा है, पर काम कर देता है.’’ पहली मुलाकात में ही डाला ने कहा, ‘‘50 लाख लगेंगे.’’ गुरबचन के चेहरे का रंग उड़ गया, ‘‘इतने सारे?’’ ‘‘अमेरिका है बाऊजी, पड़ोस का शहर नहीं.’’

रातभर किसी को नींद नहीं आई. सुबह गुरबचन खेत की ओर निकल गए. गेहूं की बालियां हवा में झूम रही थीं. उन्होंने मुट्ठीभर मिट्टी उठा कर हथेली में रगड़ी. यही जमीन उन के पिता छोड़ गए थे, जिस ने कभी भूखा नहीं सोने दिया. शाम को उन्होंने फैसला कर लिया. खेत का एक हिस्सा बिकेगा. बेटा जाएगा.

रजिस्ट्री वाले दिन दस्तखत करते समय गुरबचन के हाथ एक पल को कांपे जरूर, मगर कलम नहीं रुकी. उन्हें लगा, यह सौदा जमीन का नहीं, बेटे के भविष्य का है.

दिल्ली एयरपोर्ट पर डाला जल्दी में था, ‘‘सब लोग यहीं तक. आगे मैं संभाल लूंगा.’’ मां ने गगनदीप को गले लगाया, ‘‘बेटा, ध्यान रखना.’’ गुरबचन ने जेब से 500 का नया नोट निकाला, ‘‘इसे खर्च मत करना, बस पास रखना.’’

गगनदीप ने हंसते हुए बटुए में रख लिया. उसे लगा, कुछ दिनों बाद यह नोट सिर्फ याद बन जाएगा.

हवाईजहाज जब बादलों के ऊपर पहुंचा तो गगनदीप ने नीचे देखा और मन में कहा, ‘अब मेरी असली जिंदगी शुरू होगी.’ उसे नहीं पता था, असली जिंदगी से पहले उसे एक ऐसे इम्तिहान से गुजरना होगा, जिस की उस ने कल्पना भी नहीं की थी.

हवाईजहाज के विदेशी धरती पर पहुंचते ही एयरपोर्ट के बाहर डाला के आदमी ने गगनदीप का पासपोर्ट रख लिया, ‘‘कुछ दिनों के लिए हमारे पास रहेगा.’’ ‘‘क्यों?’’ ‘‘यही नियम है. तुम ज्यादा सवाल मत पूछो.’’

उस जवाब में अपनापन नहीं, कठोरता थी. पहली बार उस के मन में शक उठा, पर अब वह हजारों किलोमीटर दूर था. 2 दिन बाद गगनदीप और कुछ और लड़कों के साथ एक सुनसान जगह ले जाया गया. वहां पंजाब, हरियाणा, गुजरात के कई लड़के थे. सब की कहानी अलग, सपना एक ही.

एक लड़के ने धीरे से पूछा, ‘‘तुम्हें भी सीधे अमेरिका का वादा किया था?’’ गगनदीप ने सिर हिलाया. वह लड़का मुसकराया, ‘‘यहां किसी को पूरी बात नहीं बताते. बता दें तो कोई आएगा ही नहीं.’’

रात के अंधेरे में उन्हें एक गाड़ी में बैठाया गया, फिर शुरू हुआ वह सफर, जिसे गगनदीप कभी भूल नहीं पाया. कभी सुनसान रास्ते, कभी जंगल, कभी घंटों पैदल चलना. कहा जाता, ‘‘रुकना मत, पीछे मत देखना.’’

दिन की धूप शरीर जला देती और रात की ठंड हड्डियों में उतर जाती. घर से पहने नए जूतों में अब गगनदीप के पैर सूज गए थे. एक रात बारिश में फिसलन भरे रास्ते पर पीछे चल रहा एक लड़का गिर पड़ा. गगनदीप उसे उठाने बढ़ा तो साथ चल रहे आदमी ने रोक दिया, ‘‘आगे चलो.’’ ‘‘लेकिन वह…’’ ‘‘रुके तो तुम भी यहीं रह जाओगे.’’

गगनदीप कुछ पल खड़ा रहा, फिर मजबूरी में आगे बढ़ गया. उस रात उसे लगा, कुछ रास्ते मंजिल तक नहीं, इनसान के अंदर तक जाते हैं.

कई दिनों बाद बताया गया कि वे अमेरिका की सीमा के पास हैं. सब के चेहरों पर उम्मीद लौट आई. गगनदीप ने सोचा, ‘बस, अब सब ठीक हो जाएगा.’ पर अमेरिका पहुंच कर पता चला कि कागजों के बिना आदमी कितना अकेला हो सकता है. उसे एक भारतीय मूल के आदमी के पास भेजा गया, जिस ने साफ कहा, ‘‘यहां वही करना जो कहा जाए.’’ ‘‘काम क्या होगा?’’ ‘‘जो मिलेगा.’’ ‘‘बाहर जा सकते हैं?’’

‘‘तुम्हारे पास सही कागज नहीं हैं. बाहर पुलिस गिरफ्तार कर सकती है,’’ उस एक वाक्य ने सारे सपने तोड़ दिए. जिस देश को गगनदीप आजादी की धरती समझा था, वहीं वह डर कर जीने को मजबूर था.

जिंदगी अब एक कमरे और एक गोदाम के बीच सिमट गई थी. सुबह अंधेरे में उठना, भारी सामान उठाना, पैकिंग करना. 12-13 घंटे काम के बाद थके शरीर से लौटना. छोटे से कमरे में कई लोग रहते थे. किसी के पास घर फोन करने की हिम्मत नहीं थी. सब अपने सपनों के मलबे पर बैठे थे.

एक रात गगनदीप ने बटुआ खोला. पिता का दिया हुआ 500 का नोट अब भी रखा था. उसे देखते ही मां का चेहरा, पिता के खेत और नहर किनारे बैठा परमजीत याद आ गया और अपनी ही आवाज, ‘मिट्टी से पेट नहीं भरता, डौलर से जिंदगी बनती है.’

आज वही वाक्य ताने की तरह गूंज रहा था. गगनदीप ने नोट सीने से लगा लिया और कई महीनों बाद खुल कर रोया. इस बार वह अमेरिका की मुश्किलों के लिए नहीं, अपनी गलती के लिए रो रहा था.

उधर गांव में भी सब बदल रहा था. शुरू में जब फोन आता तो मां पड़ोसियों को बतातीं, ‘‘मेरा बेटा अमेरिका में है,’’ फिर फोन कम हुए, फिर बंद हो गए.

गुरबचन ने डाला को फोन किया, ‘‘मेरे बेटे से बात क्यों नहीं हो रही?’’ डाला की आवाज बदल चुकी थी, ‘‘बाऊजी, चिंता मत करो. वहां थोड़ा माहौल खराब है.’’ गुरबचन समझ गए, बात सिर्फ फोन की नहीं है.

अमेरिका अब गगनदीप के लिए सपना नहीं, एक बंद कमरा था. एक दिन गोदाम में भारी सामान उठाते हुए उस की आंखों के आगे अंधेरा छा गया और वह गिर पड़ा. होश आया तो वह फर्श पर पड़ा था.

मालिक ने पानी का गिलास बढ़ा कर कहा, ‘‘थोड़ी देर बैठ जाओ, फिर काम शुरू कर देना.’’ गगनदीप को लगा कोई पूछेगा, ‘‘डाक्टर के पास चलें?’’ पर ऐसा कुछ नहीं हुआ. उस दिन समझ आया, पराए देश में सब से बड़ी तकलीफ अकेलापन नहीं, बेबसी होती है.

उसी गोदाम में काम करने वाला एक बुजुर्ग भारतीय मजदूर कई दिनों से उसे देख रहा था. एक रात उस ने पूछा, ‘‘बेटा, कब से हो यहां?’’ गगनदीप का दर्द फूट पड़ा. उस ने सब बता दिया… जमीन बिकना, डाला, गैरकानूनी रास्ता…

बुजुर्ग ने लंबी सांस ली, ‘‘तुम अकेले नहीं हो. हर साल बहुत लोग ऐसे आते हैं. अगर सच में घर जाना है तो भारतीय दूतावास वालों से बात करो.’’ ‘‘पर मेरे पास कोई कागज नहीं.’’ ‘‘बेटा, मुसीबत में अपने देश के दरवाजे पर जाने के लिए सब से पहले कागज नहीं, हिम्मत चाहिए.’’

यह बात गगनदीप के दिल में उतर गई. कई कोशिशों के बाद वह अफसरों तक अपनी बात पहुंचाने में कामयाब हुआ.

दूसरी ओर से आवाज आई, ‘‘आप अपना नाम बताइए…’’ कुछ पल चुप रह कर वह भर्राई आवाज में बोला, ‘‘गगनदीप सिंह… पंजाब से….’’ महीनों बाद उस ने अपनी पहचान दोबारा बोली थी.

कुछ दिन बाद भारत में गुरबचन के फोन की घंटी बजी. अनजान नंबर देख कर हाथ कांपने लगे. ‘‘गुरबचन सिंहजी?’’ ‘‘जी…’’ ‘‘आप के बेटे के बारे में बात करनी है…’’ और फिर वही आवाज आई, ‘‘पापा…’’  गुरबचन कुछ बोल नहीं पाए. आंखों से आंसू बह निकले, ‘‘बेटा… तू ठीक है?’’ गगनदीप ठीक कहां था, पर उस ने कहा, ‘‘हां पापा…’’ बस इतना ही कह पाया वह.

भारतीय दूतावास और अफसरों की मदद से औपचारिकताएं पूरी हुईं और आखिर वह दिन आया जिस का इंतजार था. भारत लौटने की इजाजत मिल गई.

दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाईजहाज उतरा. दरवाजा खुला तो गगनदीप कुछ पल वहीं खड़ा रहा. सामने वही देश था, जिसे छोड़ते समय उस ने कभी न लौटने की बात कही थी. आज उसी धरती पर कदम रखते हुए आंखें नम थीं.

वह धीरेधीरे बाहर आया, फिर अचानक झुक गया. उस ने जमीन को छुआ, थोड़ी सी धूल हथेली में ली और माथे से लगा ली. कुछ दिनों बाद गगनदीप गांव लौटा. गांव वही था, गलियां वही, खेत वही, लेकिन गगनदीप बदल चुका था.

परमजीत मिलने आया. दोनों देर तक बिना बोले बैठे रहे. आखिर में परमजीत ने पूछा, ‘‘अमेरिका कैसा लगा?’’ गगनदीप मुसकराया, ‘‘बहुत बड़ा था.’’ ‘‘और?’’ गगनदीप ने खेतों की ओर देखा, ‘‘बहुतकुछ था वहां… बस अपना कोई नहीं था.’’

गगनदीप धीरेधीरे खेत की मेंड़ तक गया, नीचे झुका और मुठ्ठी भर कर मिट्ठी उठा ली.

परमजीत ने पूछा, ‘‘क्या कर रहा है?’’ गगनदीप ने मिट्टी जेब में रखते हुए कहा, ‘‘इस बार इसे साथ रख रहा हूं.’’ ‘‘क्यों?’’ ‘‘ताकि फिर कभी भूल न जाऊं कि मैं कहां का हूं.’’

दूर खेतों में हवा चल रही थी. गेहूं की बालियां धीरेधीरे झूम रही थीं और गगनदीप को पहली बार लगा कि वह सचमुच घर लौट आया है.

— कुमार नवीन

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें