Hindi Story : सौतन बनी सहेली

Hindi Story : ‘‘चंदा, मैं तुम से बहुत प्यार करता हूं और अगर तुम ने मुझ से शादी नहीं की तो मैं जी नहीं सकूंगा,’’ मनोज ने चंदा से कहा.

‘‘पर, मेरे मांबाबूजी तो कभी इस शादी के लिए राजी नहीं होंगे, क्योंकि उन का कहना है कि तू नशा करता है और पूरे गांव में आवारागर्दी करता है,’’ चंदा बोली.

‘‘मैं नशा करता हूं तो तेरी याद में दुखी हो कर करता हूं. अगर आवारागर्दी करता हूं, तो तेरी याद में पागल बन कर… तू मुझे नहीं मिली तो मैं तो दुनिया ही छोड़ जाऊंगा,’’ मनोज ने आंखों में आंसू लाने का नाटक करते हुए कहा.

कुछ इसी तरह की मीठीमीठी बातें कर के मनोज ने चंदा को अपनी बातों में फंसा लिया था और उसे इस बात का भरोसा दिलाया दिया कि दोनों भाग कर शादी कर लेंगे और जब मांबाबूजी का गुस्सा शांत हो जाएगा, तो वापस आ कर माफी मांग लेंगे.

चंदा भी मनोज की बातों में आ गई और एक रात उन दोनों ने गांव से भाग जाने का फैसला किया.

यह कौन सा शहर था, चंदा को नहीं मालूम था. वह तो बस मनोज पर यकीन कर के ही उस के साथ चली आई थी.

चंदा को ले कर मनोज एक बड़े से मकान में पहुंचा. उस कमरे में जरूरत की सारी चीजें पहले से ही मौजूद थीं.

मनोज ने चंदा को बताया कि उन दोनों को आज ही मंदिर में शादी करनी होगी और इस के लिए उसे बाजार जा कर जरूरी सामान लाना होगा.

मनोज के बाहर जाने के बाद चंदा वहीं पड़े एक बिस्तर पर लेट गई और उस की आंख लग गई.

जब थोड़ी देर बाद चंदा की आंख खुली, तो कमरे में मनोज कहीं नहीं दिखाई दिया. कोने में एक आदमी बैठा हुआ था, जो उसे खा जाने वाली नजरों से घूर रहा था.

एक अजनबी को इस तरह से घूरता हुआ देख कर चंदा घबरा उठी.

‘‘कौन हो तुम? मनोज कहां है?’’ कहते हुए चंदा हकला रही थी.

‘‘मेरा नाम राज है… उस ने कुछ बताया नहीं तुझे क्या?’’ चालबाजी से मुसकराते हुए राज ने पूछा.

‘‘मुझे मेरे पति के पास जाना है,’’ चंदा की घबराहट अब बढ़ने लगी थी.

‘‘अब उसे भूल जा… वह तो तुझे मेरे हाथों बेच गया है… और बदले में 2 लाख रुपए ले कर गया है,’’ राज ने कहा.

राज की बातें सुन कर चंदा चीखने लगी, ‘‘मेरा मनोज कहां है… मुझे वहीं पहुंचा दो.’’

राज इलाके का एक रसूख वाला आदमी था. चंदा का चीखना और रोना सुन कर उस को गुस्सा आ रहा था. वह उठा और चंदा को मारने की गरज से उस ने हाथ उठाया ही था कि तभी कमरे में एक बूढ़ी औरत आई, वे राज की मां थीं, ‘‘अरे राज, तू इसे छोड़ दे… मैं समझाती हूं इसे.

‘‘देख लड़की… अब मेरा बेटा राज ही तेरा पति है और जिसे तू अपना पति कह रही है न, वह आदमी ही तुझे यहां आ कर बेच गया है.’’

बूढ़ी की बात सुन कर चंदा को भरोसा नहीं हो रहा था. वह सहम रही थी.

‘‘अब डरने से काम नहीं चलेगा लड़की… जैसा मैं कहती हूं वैसा करती चल, रानी बन कर राज करेगी यहां पर.’’

थोड़ा रुक कर फिर उस बूढ़ी मां ने बोलना शुरू किया, ‘‘देख, सचाई यह है कि मेरी बहू बच्चा पैदा नहीं कर पा रही है. वह दुष्ट हमारे घर को जायदाद का वारिस नहीं दे पाई है… इसलिए हमें एक ऐसी लड़की की जरूरत थी, जो हमारे ठाकुर खानदान को वारिस दे सके… अब तू आसानी से मान गई तो ठीक… नहीं तो हम मजबूर हो जाएंगे… समझी…

‘‘इस इलाके में औरतों की तादाद मर्दों के मुकाबले वैसे भी बहुत कम है, इसलिए यहां तो केवल मेरा बेटा ही तेरे साथ संबंध बनाएगा और वे सारे सुख देगा, जो ये अपनी असली पत्नी को देता है. तू ने अगर भागने की कोशिश की, तो बाहर कितने लोग तेरा बलात्कार करेंगे… तू गिन भी नहीं पाएगी.’’

‘‘नहीं, ऐसा नहीं हो सकता… तुम लोग झूठ बोल रहे हो. मुझे मनोज के पास जाना है,’’ चंदा चीख रही थी.

‘‘हां… हां… चली जाना अपने मनोज के पास. एक बात कान खोल कर सुन ले… हमें भी तुम्हारी जरूरत नहीं है… हमें एक लड़का दे दे और फिर चली जाना यहां से,’’ राज गुस्से में बोल रहा था.

उस की बातें सुन कर चंदा कमरे में इधरउधर भागने लगी.

‘‘यह ऐसे नहीं मानेगी राज… ऐसा कर इसे रस्सियों में बांध कर डाल दे… कुछ दिनों में ही इस का दिमाग सही हो जाएगा,’’ बूढ़ी ने कहा.

राज ने एक रस्सी मंगवा कर चंदा को बिस्तर के पाए से बांध कर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और चंदा को 2 दिन का समय सोचविचार करने के लिए दिया.

चंदा कमरे में बंधी हुई सिसकती रही, उसे क्या पता था कि किसी से प्यार करने की इतनी बड़ी सजा मिलेगी, आज उसे पछतावा हो रहा था.

पूरे 24 घंटे हो चुके थे. चंदा ने कुछ भी नहीं खाया था. अचानक कमरे का दरवाजा खुला, चंदा किसी के आने की बात सोच कर अंदर तक दहल गई थी… उस ने अपनेआप को और भी समेट लिया था.

‘‘सुनो… कुछ खा लो… ऐसे कब तक पड़ी रहोगी,’’ यह एक औरत की आवाज थी. आवाज सुन कर चंदा ने आंखें ऊपर की, तो देखा कि एक खूबसूरत औरत सिर पर पल्ला डाले, हाथों में खाने की थाली लिए उस के सामने खड़ी है. चंदा समझ गई कि ये राज की पत्नी है.

‘‘मेरा नाम मंजुला है और तुम्हें मुझ से डरने की जरूरत नहीं है. हालांकि मेरे आदमी को अपने बस में कर के तुम मेरी सौत बन सकती हो, लेकिन फिर भी मैं तुम्हें खाना खिलाने आई हूं.’’

राज की पत्नी ने चंदा के बंधनों को खोला और चंदा के हाथमुंह को साफ किया.

‘‘ये कुछ कपड़े लाई हूं… चाहो तो नहा कर इन्हें पहन सकती हो और फिर खाना खा लो.’’

‘‘आप मुझे इतना बता दीजिए कि अगर मेरी जगह आप होतीं तो क्या आप खानापीना खा सकती थीं? अगर आप ने किसी से प्यार किया होता और वे आप को धोखा दे दे तो आप को कैसा लगता?’’

‘‘देखो, मैं यहां बरसों से हूं और मैं यहीं कहूंगी कि जो तुम से कहा जा रहा है उसे मान लो, क्योंकि तुम्हारे रोने का कोई भी असर इन पर नहीं होने जा रहा है,’’ मंजुला ने चंदा को समझाते हुए कहा.

पर फिर भी चंदा को मंजुला की बातें समझ नहीं आ रही थीं. उसे तो लग रहा था कि एक बार अगर वह यहां से भागने में कामयाब हो गई, तो सीधा अपने गांव जा कर मांबाबूजी से माफी मांग लेगी.

पर शायद यह सब इतना आसान नहीं होने वाला था, कुछ दिन बीतने के बाद राज की मां फिर से उस कमरे में आईं. उन के साथ में राज भी था.

‘‘सुन लड़की, जा कर नहाधो ले और साजसिंगार भी कर ले. वैसे तू सिंगार नहीं भी करेगी तो भी कोई असर नहीं पड़ने वाला है… और बेटे राज, तू आखिर किस दिन का इंतजार कर रहा है… अब समय आ गया है तुझे अपनी मर्दानगी साबित करनी होगी… दिखा दे दुनिया को, मेरा बेटा राज भी एक बेटा पैदा करने की ताकत रखता है.’’

राज को मानो इसी बात का इंतजार था. चंदा के लाख हाथपैर पटकने के बाद भी राज ने दरवाजा बंद किया और एकएक कर के चंदा के सारे कपड़े उतार फेंके और उस के अनछुए बदन को अपने बदन से रगड़ने लगा और उस का बलात्कार किया.

1-2 बार नहीं, बल्कि पूरे महीने तक, बिना नागा किए हुए राज चंदा के साथ बलात्कार करता रहा.

चंदा रोती रही और बलात्कार का शिकार होती रही, पर उस का रोना सुनने वाला वहां कोई नहीं था.

एक दिन राज की मां चंदा के कमरे में आईं. उन के साथ एक डाक्टर भी थी.

‘‘इसे चैक कर के बताओ कि यह पेट से हुई भी है कि नहीं.’’

डाक्टर अपने काम में लग गई और चंदा के कुछ सैंपल ले कर उन की जांच की. कुछ देर बाद डाक्टर ने चंदा के पेट से होने की सूचना दी.

राज को यह बात पता चली, तो वह खुशी से फूला न समाया. आज उसे अपनी मर्दानगी पर बड़ा घमंड हो रहा था और उस ने मान लिया था कि औरत बदलने से वह बेटे का बाप बन जाएगा.

चंदा पेट से क्या हुई, उस के कमरे में सूखे मेवे, फल का अंबार लगा दिया गया. किसी चीज की कोई कमी नहीं रहने दी गई चंदा के आसपास.

राज और उस की मां रोज आते और चंदा के पेट पर नजर डालते और इशारोंइशारों में ही खुश होते.

एक दिन सुबह से ही चंदा की खूब आवभगत हो रही थी, क्योंकि राज उसे अपने साथ ले कर पास के अस्पताल में ले जा रहा था.

राज वहां जा कर चंदा के पेट में पल रहे भ्रूण के लिंग की जांच कराता और अगर चंदा के पेट में लड़की पल रही होती तो उस का पेट गिरा देता.

अपनी कार में चंदा को ले कर बहुत खुशी के साथ वह अस्पताल पहुंचा था, पर उस की खुशी तब काफूर हो गई जब उसे पता चला कि चंदा के पेट में लड़की पल रही है.

‘‘मेरे तो सारे पैसे बरबाद हो गए, मां, इस औरत के पेट में लड़की पल रही है… लगता है, मेरी किस्मत में ही एक बेटे का सुख नहीं है,’’ रोने लगा था राज.

‘‘अरे, तू चिंता क्यों करता है… इस बार पेट में लड़की आ गई तो क्या… तू फिर से कोशिश कर, थोड़ा और बादाम खिला… और मुझे पोते का मुंह दिखवा दे… अभी भी रास्ता बंद नहीं हुआ है. इसे अस्पताल ले जा और बच्चा गिरवा दे.’’

राज की बीवी मंजुला ने मांबेटे में होने वाली बातें चुपके से सुन ली थीं. उस के कदम चंदा के कमरे की तरफ बढ़ चले.

चंदा कमरे में अपने सिर को पैरों में डाल कर बैठी थी. उस की सूनी आंखों में जीवन खत्म होता हुआ सा दिख रहा था.

मंजुला चंदा के करीब जा कर उसे पुचकारने लगी.

‘‘मुझे इस दर्द में देख कर तुम्हें तो बहुत ही अच्छा लग रहा होगा न, तुम तो ठहरी ठकुराइन, भला तुम मेरे दर्द को क्या समझोगी, आखिरकार तुम कैसी औरत हो?’’ चंदा का दुख अंदर से उमड़ पड़ा रहा था.

‘‘नहीं, मुझे तुम गलत मत समझो… जब भी मैं पेट से होती हूं, ये लोग मैडिकल जांच करा कर पेट में लड़का या लड़की होने का पता लगा लेते हैं. अगर लड़की होती है, तो मेरा बच्चा गिरवा देते हैं. मेरी सास और मेरे पति ने मिल कर मेरा 2 बार बच्चा गिरवाया है. बेटा न पैदा कर पाने के लिए मुझ पर कितना जुल्म ढाया है, इन लोगों ने वह मैं जानती हूं… मैं तो खुद ही अभागी हूं,’’ मंजुला की आंखों में भी नमी थी.

‘‘तो फिर तुम ने आवाज क्यों नहीं उठाई… या फिर तुम ने भागने की कोशिश क्यों नहीं की?’’ चंदा ने पूछा.

‘‘यहां से तो भागना मुमकिन नहीं है, क्योंकि आसपास के इलाके में राज के आदमी फैले हुए हैं, जो उस के इशारे पर कुछ भी कर सकते हैं.

‘‘मैं ने आवाज उठाई, तो मुझ पर कई तरह के जुल्म किए गए… और जब ये लोग मुझे शहर के एक अस्पताल में मेरा पेट गिरवाने ले गए, तब मैं बहाने से वहां के टौयलेट में गई… और मैं भागने की जगह तलाशने लगी… वहां खिड़की में लगे शीशे को सावधानी से हटा कर बाहर का रास्ता मिल सकता था और मैं ने वही किया, पर जैसे ही मैं पास ही बने एक पुलिस चौकी में पहुंचने वाली थी कि मेरे पति राज ने मुझे पकड़ लिया और मारते हुए घर ले आए… तब से ले कर आज तक मैं यहीं कैद हो कर रह गई हूं,’’

सिसकियों में टूट गई थी मंजुला.

चंदा ने उसे पानी पीने को दिया. मंजुला कुछ देर चुप रहने के बाद बोली, ‘‘ये लोग तुम्हें भी अस्पताल ले जा कर तुम्हारा बच्चा गिरवाने की कोशिश करेंगे… मुमकिन है कि यह वही अस्पताल हो, जहां मुझे ले जाया गया था. तुम टौयलेट में जा कर खिड़की के शीशे देखना. अगर तुम्हें लगे कि इन्हें हटा कर भागने में मदद मिल सकती है, तो तुम वहां से भाग जाना… पर मेरी तरह टौयलेट जाने का बहाना मत बनाना नहीं, तो इन्हें शक हो सकता है.

‘‘बेहतर होगा कि तुम किसी और बहाने से ऐसी जगह पहुंचो, जहां से बाहर भाग सको. बस तुम्हारी रिहाई का यही रास्ता है,’’ मंजुला ने चंदा को बताया.

मंजुला गलत नहीं थी. कुछ देर बाद ही राज चंदा को ले कर अस्पताल जाने के लिए रवाना हो गया.

अस्पताल में चंदा का बच्चा गिरवाया जाना था, पर चंदा सावधान थी. उस ने नर्स से उलटी आने की बात कही. नर्स ने उसे बाथरूम दिखा दिया. यह वही अस्पताल था, जहां मंजुला को पहले लाया गया था.

अंदर जा कर चंदा ने देखा कि खिड़की के शीशे को हटा कर भागा जा सकता है, पर ऐसा करने में बेहद सावधानी की जरूरत थी. कांच के टूटने की आवाज सुन कर बाहर बैठे राज को किसी भी तरह का शक हो सकता था, पर अपने ऊपर तरहतरह के जुल्मों की शिकार चंदा कोई भी रिस्क उठाने को तैयार थी.

उस ने शीशे हटा कर खिड़की में इतनी जगह बना ली थी, जिस में से वह बाहर निकल सकती थी. आखिरकार उस की कोशिश कामयाब हुई और खिड़की से बाहर आ कर उस को एक नई ताजगी का अहसास हुआ.

बाहर निकल कर चंदा सीधे पुलिस चौकी पहुंची और राज और उस की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई.

पुलिस राज के घर पहुंची और राज और उस की मां को गिरफ्तार कर लिया.

‘‘पर इंस्पैक्टर साहेब… इस बात का क्या सुबूत है कि मैं ने इस लड़की पर जुल्म किए हैं. इस के पेट में पल रहा मेरा बच्चा ही है,’’ राज तेज आवाज में बोल रहा था.

‘‘मैं देती हूं सुबूत आप को इंस्पैक्टर साहब,’’ मंजुला सामने से आती दिखाई दी. उसे इस रूप में इस तरह से बात करते हुए देख कर राज का मुंह खुला का खुला रह गया.

‘‘हां… मैं हूं गवाह… चंदा पर हुए हर जुल्म और सितम का… और न केवल चंदा पर, बल्कि मुझ पर भी इन लोगों ने एक लड़के की चाहत में अनगिनत जुल्म किए हैं… गिरफ्तार कर लीजिए इन को.’’

पुलिस ने राज और उस की मां को गुनाह साबित होने के बाद जेल भेज दिया.

उस के बाद पुलिस ने मनोज की खोज शुरू की और जल्द ही पुलिस ने पाया कि मनोज लड़कियों को अपने प्यार के जाल में फंसा कर भगा कर कहीं और ले जाता और बाद में उन्हें बेचने का काम बड़े पेशेवर ढंग से करता था.

पुलिस ने मनोज को पकड़ कर जेल भेज दिया.

प्यार में एक बार धोखा खाने के बाद चंदा ने फिर कभी किसी दूसरे मर्द पर भरोसा नहीं किया…

हां… मंजुला ने उस की सौतन से उस की सहेली बन कर उस का यकीन जिंदगीभर के लिए हासिल कर लिया था.

Hindi Story : शगुन का नारियल

Hindi Story : ‘‘दिमाग फिर गया है इस लड़की का. अंधी हो रही है उम्र के जोश में. बापदादा की मर्यादा भूल गई. इश्क का भूत न उतार दिया सिर से तो मैं भी बाप नहीं इस का,’’ कहते हुए पंडित जुगलकिशोर के मुंह से थूक उछल रहा था. होंठ गुस्से के मारे सूखे पत्ते से कांप रहे थे.

‘‘उम्र का उफान है. हर दौर में आता है. समय के साथसाथ धीमा पड़ जाएगा. शोर करोगे तो गांव जानेगा. अपनी जांघ उघाड़ने में कोई समझदारी नहीं. मैं समझाऊंगी महिमा को,’’ पंडिताइन बोली.

‘‘तू ने समझाया होता, तो आज यों नाक कटने का दिन न देखना पड़ता. पतंग सी ढीली छोड़ दी लड़की.

अरे, प्यार करना ही था, तो कम से कम जातबिरादरी तो देखी होती. चल पड़ी उस के पीछे जिस की परछाईं भी पड़ जाए तो नहाना पड़े. उस घर में देने से तो अच्छा है कि लड़की को शगुन के नारियल के साथ जमीन में गाड़ दूं,’’ पंडित जुगलकिशोर ने इतना कह कर जमीन पर थूक दिया.

बाप के गुस्से से घबराई महिमा सहमी कबूतरी सी गुदड़ों में दुबकी बैठी थी. आज अपना ही घर उसे लोहे के जाल सा महसूस हो रहा था, जिस में से सिर्फ सांस लेने के लिए हवा आ सकती है.

शगुन के नारियल के साथ जमीन में गाड़ देने की बात सुनते ही महिमा को ‘औनर किलिंग’ के नाम पर कई खबरें याद आने लगीं. उस ने घबरा कर अपनी आंखें बंद कर लीं.

21 साल की उम्र. 5 फुट 7 इंच का निकलता कद. धूप में संवलाया रंग और तेज धार कटार सी मूंछ. पहली बार महिमा ने किशोर को तब देखा था, जब गांव के स्कूल से 12वीं जमात पास कर वह अपना टीसी लेने आया था.

महिमा भी वहां खड़ी अपनी 10वीं जमात की मार्कशीट ले रही थी. आंखें मिलीं और दोनों मुसकरा दिए थे. किशोर झेंप गया, महिमा शरमा गई. तब वह कहां जातपांत के फर्क को समझती थी.

धीरेधीरे बातचीत मुलाकातों में बदलने लगी और आंखों के इशारे शब्दों में ढलने लगे. महक की तरह इश्क भी फिजाओं में घुलने लगा और जबानजबान चर्चा होने लगी.

इस से पहले कि चिनगारी शोला बन कर घर जलाती, किशोर आगे की पढ़ाई के लिए शहर चला गया, इसलिए उन की मुलाकातें कम हो गईं.

इधर महिमा ने 12वीं जमात पास करने के बाद कालेज जाने की जिद की. उधर, किशोर की कालेज की पढ़ाई पूरी होने वाली थी. महिमा होस्टल में रह कर कालेज की पढ़ाई करने लगी और किशोर ग्रेजुएट होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गया.

सही खादपानी मिलते ही दम तोड़ती प्यार की दूब फिर से हरी हो गई. मुलाकातें परवान चढ़ने लगीं. एक दिन गांव के किसी भले आदमी ने दोनों को साथसाथ देख लिया. बस, फिर क्या था तिल का ताड़ बनते कहां देर लगती है.

नमकमिर्च लगी खिचड़ी पंडित जुगलकिशोर के घर तक पहुंचने की ही देर थी कि पंडितजी राशनपानी ले कर किशोर के बाप मदना के दरवाजे पर जा धमके.

‘‘सरकार ने ऊपर चढ़ने की सीढ़ी क्या दे दी, अपनी औकात ही भूल बैठे. आसमान में बसोगे क्या? अरे, चार अक्षर पढ़ने से जाति नहीं बदल जाती. नींव के पत्थर कंगूरे में नहीं लगा करते,’’ और भी न जाने क्याक्या वे मदना को सुनाते, अगर बड़ा बेटा महेश उन्हें जबरदस्ती घसीट कर न ले जाता.

‘‘कमाल करते हो बापू. अरे, यह समय उबलने का नहीं है. जरा सोचो, अगर जातिसूचक गालियां निकालने के केस में अंदर करवा दिया, तो बिना गवाह ही जेल जाओगे. जमानत भी नहीं मिलेगी,’’ महेश ने अपने पिता को समझाया.

पंडित जुगलकिशोर को भी अपनी जल्दबाजी पर पछतावा तो हुआ, लेकिन गुस्सा अभी भी जस का तस बना हुआ था.

‘‘पंचायत बुला कर गांव बदर न करवा दिया तो नाम नहीं,’’ पंडितजी ने बेटे की आड़ में मदना को सुनाया.

पंडित जुगलकिशोर का गांव में बड़ा रुतबा था. मंदिर के पुजारी जो ठहरे. हालांकि अब पुरोहिताई में वह पहले वाली सी बात नहीं रही थी. बस, किसी तरह से दालरोटी चल जाती है, लेकिन कहते हैं न कि शेर भूखा मर जाएगा, लेकिन घास नहीं खाएगा. वही तेवर पंडितजी के भी हैं. चाहे आटे का कनस्तर रोज पैंदा दिखाता हो, लेकिन मजाल है, जो चंदन के टीके में कभी कोई कमी रह जाए.

वह तो पंडिताइन के मायके वाले जरा ठीकठाक कमानेखाने और दानदहेज में भरोसा करने वाले हैं, इसलिए समाज में पंडित जुगलकिशोर की पंडिताई की साख बची हुई है, वरना कभी की पोल चौड़े आ जाती. महिमा की पढ़ाईलिखाई का खर्चा भी उस के मामा यानी पंडिताइन के भाई सालग्राम ही उठा रहे हैं.

कुम्हार का कुम्हारी पर जोर न चले, तो गधे के कान उमेठता है. पंडित जुगलकिशोर ने भी महेश को भेज कर महिमा को शहर से बुलवा कर घर में नजरबंद कर दिया. पति का बिगड़ा मिजाज देख कर पंडिताइन ने अपने भाई को तुरंत आने को कह दिया.

50 साल का सालग्राम कसबे में क्लर्की करता था. सरकारी नौकरी में रहने के चलते राजकाज के तौरतरीके और सरकार की पहुंच समझता था. वह जानता था कि भले ही सरकारी काम सरकसरक कर होते हैं, लेकिन यह सरकार अगर गौर करने लगे तो फिर ऐक्शन लेने में मिनट लगाती है.

गांव से पहले घर में पंचायत बैठी. मामा को देख महिमा के जी को शांति मिली. प्यार मिले न मिले, किस्मत की बात… जान की सलामती तो रहेगी.

एक तरफ पंडित जुगलकिशोर थे, तो वहीं दूसरी तरफ पूरा परिवार, लेकिन अकेले पंडितजी सब पर भारी पड़ रहे थे. रहरह कर दबी हुई स्प्रिंग से उछल रहे थे.

‘‘चौराहे पर बैठा समझ लिया क्या ससुरों ने? अरे, शासन की सीढि़यां चढ़ लीं तो क्या गढ़ जीत लिया? चले हैं हम से रिश्ता जोड़ने… दो निवाले दोनों बखत मिलने क्या लगे तो औकात भूल गए…’’ पंडितजी ने अपने साले को सुनाया.

‘‘समय को समझने की कोशिश करो जीजाजी. अब रजवाड़ों का समय नहीं है. यह लोकतंत्र है. यहां भेड़बकरी एक घाट पर पानी पीते हैं,’’ सालग्राम ने पंडित जुगलकिशोर को समझाया.

‘‘मामा सही कह रहे हैं बापू. जातपांत आजकल पिछड़ी सोच वाली बात हो गई. आप कभी गांव से बाहर गए नहीं न इसलिए आप को अटपटा लग रहा है. शहरों में आजकल दो ही जात होती हैं, अमीर और गरीब,’’ मामा की शह पा कर महेश के मुंह से भी बोल फूटे.

पंडितजी ने उसे खा जाने वाली नजरों से घूरा. महेश सिर नीचा कर के खड़ा हो गया.

‘‘इस बच्चे को क्या आंखें दिखाते हो. सब सही ही तो कह रहे हैं. आप तो रामायण पढ़े हो न… भगवान राम ने केवट और शबरी को कैसा मान दिया था, याद नहीं…?’’ पंडिताइन बातचीत के बीच में कूदीं.

‘‘हां, रामायण पढ़ी है. माना कि समाज में सब का अपना महत्व है, लेकिन पैर की जूती को सिर पर पगड़ी की जगह नहीं पहना जाता,’’ पंडितजी ने पत्नी को घुड़क दिया.

‘‘चलो छोड़ो इस बहस को. बाहर चल कर चाय पी कर आते हैं,’’ सालग्राम ने एक बार के लिए घर की पंचायत बरखास्त कर दी. महिमा की उम्मीदों की कडि़यां जुड़तीजुड़ती बिखर गईं.

‘‘जीजाजी, मैं मानता हूं कि जो संस्कार हमें घुट्टी में पिलाए गए हैं, उन के खिलाफ जाना आसान नहीं है, लेकिन मैं तो सरकारी नौकर हूं और मेरे अफसर यही लोग हैं. हमें तो इन के बुलावे पर जाना भी पड़ता है और इन का परोसा खाना भी पड़ता है. इन्हें भी अपने यहां न्योतना पड़ता है और इन के जूठे कपगिलास भी उठवाने पड़ते हैं.

‘‘अब इस बात को ले कर आप मुझे जात बाहर करो तो बेशक करो,’’ सालग्राम के हरेक शब्द के साथ पंडित जुगलकिशोर की आंखें हैरानी से फैलती जा रही थीं.

‘‘आप छोरी की पढ़ाईलिखाई मत छुड़वाओ. उसे पढ़ने दो. हो सकता है कि वह खुद ही आप के कहे मुताबिक चलने लगे या फिर समय का इंतजार करो. ज्यादा जोरजबरदस्ती से तो गाय भी खूंटा तोड़ कर भाग जाती है,’’ सालग्राम ने कहा.

वे दोनों गांव के बीचोंबीच बनी चाय की थड़ी पर आ कर बैठ गए. लड़का 2 कप चाय रख गया. तभी शोर ने उन का ध्यान खींचा. देखा तो पुलिस की गाड़ी सरपंचजी के घर के सामने आ कर रुकी थी.

2 सिपाही उतर कर हवेली में गए और वापसी में सरपंचजी हाथ जोड़े उन के साथ आते दिखे.

‘‘देखें, क्या मामला है…’’ सालग्राम ने कहा और दोनों जीजासाला तमाशबीन भीड़ का हिस्सा बन गए.

सालग्राम ने पुलिस अफसर की वरदी पर लगी नाम की पट्टी को देखा और जीजा को कुहनी से ठेला मार कर उन का ध्यान उधर दिलाया. नाम पढ़ कर पंडितजी सोच में पड़ गए.

‘‘इन का यह रुतबा है. सरपंच भी हाथ जोड़े खड़ा है,’’ सालग्राम ने कहा, तो पंडित जुगलकिशोर समझने की कोशिश कर रहे थे.

तभी हवेली के भीतर से चायपानी आया और सरपंचजी मनुहार करकर के अफसर को खिलानेपिलाने लगे.

‘रामराम… धर्म भ्रष्ट हो गया…’ पंडितजी कहना चाह कर भी नहीं कह सके. वे साले के साथ चुपचाप वापस लौट आए.

रात को घर की पंचायत में फैसला हुआ कि महिमा की पढ़ाई जारी रखी जाएगी. उसे ऊंचनीच समझ कर मामा के साथ वापस शहर भेज दिया गया.

जब पंडित जुगलकिशोर के घर से इस चर्चा पर विराम लग गया, तो फिर किसी और की हिम्मत भी नहीं हुई बात का बतंगड़ बनाने की.

साल बीततेबीतते महिमा ग्रेजुएट हो गई और अब शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गई.

महेश ने भी शहर के कालेज में भरती ले ली थी. इस बीच न तो महिमा की जबान पर कभी किशोर का नाम आया और न ही बेटे ने कोई चोट देती खबर दी तो पंडितजी ने राहत की सांस ली. उन्हें लगा मानो यह दूध का उफान था, जो अब रूक गया है. लड़की अपना भलाबुरा समझ गई है.

‘‘जीजाजी, सुना आप ने… प्रशासनिक सेवाओं का नतीजा आ गया है. आप के गांव के किशोर का चयन हुआ है,’’ सालग्राम ने घर में घुसते ही कहा.

यह सुनते ही पंडिताइन खिल गईं. पंडितजी के माथे पर बल पड़ गए.

‘‘हुआ होगा.. हमें क्या? बहुत से लोगों के हुए हैं,’’ पंडित जुगलकिशोर ने लापरवाही से कहा.

‘‘बावली बातें मत करो जीजाजी. समय को समझो. जून सुधर जाएगी कुनबे की. अरे, छोरी तो राज करेगी ही, आगे की पीढि़यां भी तर जाएंगी. बच्चों के साथ तो बाप का नाम ही जुड़ेगा न,’’ सालग्राम ने जीजा को समझाया.

‘‘मामा सही कह रहे हैं बापू. जिस की लाठी हो भैंस उस की ही हुआ करे. राज में भागीदारी न हो तो जात का लट्ठ बगल में दबाए घूमते रहना. कोई घास न डालने का,’’ महेश भी मामा के समर्थन में उतर आया था.

‘‘अरे, ये तो छोराछोरी के भले संस्कार हैं जो इज्जत ढकी हुई है, वरना शहर में कोर्टकचहरी कर लेते तो क्या कर लेता कोई? कानून भी उन्हीं का साथ देता,’’ पंडिताइन कहां पीछे रहने वाली थीं.

‘‘लगता है, पूरा कुनबा ही ज्ञानी हो गया, एक मैं ही बोड़म बचा,’’ पंडितजी से कुछ बोलते नहीं बना, तो उन्होंने सब को झिड़क दिया, लेकिन इस झिड़क में उन की झोंप और कुछकुछ सहमति भी झलक रही थी.

मामला पक्ष में जाते देख पंडिताइन झट भीतर से नारियल निकाल कर लाईं और जबरदस्ती पति के हाथ में थमा दिया.

‘‘छोरा गांव आया हुआ है, आज ही रोक लो, वरना गुड़ की खुली भेली पर मक्खियां आते कितनी देर लगती है,’’ पंडिताइन ने सफेद कुरताधोती भी ला कर पलंग पर रख दिए.

पंडितजी कभी अपने कपड़ों को तो कभी सामने रखे मोली बंधे शगुन के नारियल को देख रहे थे. उन्होंने कुरता पहन कर धोती की लांग संवारी और नारियल को लाल गमछे में लपेट कर मदना के घर चल दिए बधाई देने.

Hindi Story : उम्मीदें – तसलीमा ने थामा उम्मीद का दामन

Hindi Story : भारत से पाकिस्तान जाने वाली अंतिम समझौता एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर आ कर लगी, तसलीमा को लगा कि उस का दिल बैठता जा रहा है.

उस ने अपने दोनों हाथों से उन 3 औरतों को और भी कस कर पकड़ लिया जिन के जीने की एकमात्र उम्मीद तसलीमा थी और अब न चाहते हुए भी उन औरतों को इन के हाल पर छोड़ कर उसे जाना पड़ रहा था, दूर, बहुत दूर, सरहद के पार, अपनी ससुराल.

तसलीमा का शौहर अनवर हर 3 महीने बाद ढेर सारे रुपयों और सामान के साथ उसे पाकिस्तान से भारत भेज देता ताकि वह मायके में अपने बड़े होने का फर्ज निभा सके. बीमार अब्बू के इलाज के साथ ही अम्मी की गृहस्थी, दोनों बहनों की पढ़ाई, और भी जाने क्याक्या जिम्मेदारियां तसलीमा ने अपने पति के सहयोग से उठा रखी हैं पर अब इस परिवार का क्या होगा?

तसलीमा के दोनों भाई तारिक और तुगलक जब से एक आतंकवादी गिरोह के सदस्य बने हैं तब से अब्बू भी बीमार रहने लगे. उन का सारा कारोबार ही ठप पड़ गया. ऊपर से थाने के बारबार बुलावे ने तो जैसे उन्हें तोड़ ही दिया. बुरे समय में रिश्तेदारों ने भी मुंह फेर लिया. अकेले अब्बू क्याक्या संभालें, एक दिन ऐसा आ गया कि घर में रोटी के लाले पड़ गए.

ऐसे में बड़ी बेटी होने के नाते तसलीमा को ही घर की बागडोर संभालनी थी. वह तो उसे अनवर जैसा शौहर मिला वरना कैसे कर पाती वह अपने मायके के लिए इतना कुछ.

तसलीमा सोचने लगी कि अब जो वह गई तो जाने फिर कब आना हो पाए. कई दिनों की दौड़धूप के बाद तो किसी तरह उस के अब्बू सरहद पार जाने वाली इस आखिरी ट्रेन में उस के लिए एक टिकट जुटा पाए थे.

कमसिन कपोलों पर चिंता की रेखाएं लिए तसलीमा दाएं हाथ से अम्मी को सहला रही थी और उस का बायां हाथ अपनी दोनों छोटी बहनों पर था.

तसलीमा ने छिपी नजरों से अब्बू को देखा जो बारबार अपनी आंखें पोंछ रहे थे और साथ ही नन्हे असलम को गोद में खिला रहे थे. उन्हें देख कर उस के मन में एक हूक सी उठी. बेचारे अब्बू की अभी उम्र ही क्या है. समय की मार ने तो जैसे उन्हें समय से पहले ही बूढ़ा बना दिया है.

नन्हे असलम के साथ बिलकुल बच्चा बन जाते हैं. तभी तो वह जब भी अपने नाना के घर हिंदुस्तान आता है, उन से ही चिपका रहता है.

लगता है, जैसे नाती को गले लगा कर वह अपने 2-2 जवान बेटों का गम भूलने की कोशिश करते हैं पर हाय रे औलाद का गम, आज तक कोई भूला है जो वह भूल पाते?

तसलीमा ने अपने ही मन से पूछा, ‘क्या खुद वह भूल पाई है अपने दो जवान भाइयों को खोने का गम?’

ससुराल में इतनी खुशहाली और मोहब्बत के बीच भी कभीकभी उस का दिल अपने दोनों छोटे भाइयों के लिए क्या रो नहीं पड़ता? अनवर की मजबूत बांहों में समा कर भी क्या उस की आंखें अपने भाइयों के लिए भीग नहीं जातीं? अगर वह अपने भाइयों को भूल सकी होती तो अनवर के छोटे भाइयों में तारिक और तुगलक को ढूंढ़ती ही क्यों?

‘‘दीदी, देखो, अम्मी को क्या हो गया?’’

तबस्सुम की चीख से तसलीमा चौंक उठी.

खयालों में खोई तसलीमा को पता ही नहीं चला कि कब उस की अम्मी उस की बांहों से फिसल कर वहीं पर लुढ़क गईं.

‘‘यह क्या हो गया, जीजी. अम्मी का दिल तो इतना कमजोर नहीं है,’’ सब से छोटी तरन्नुम अम्मी को सहारा देने के बजाय खुद जोर से सिसकते हुए बोली.

अब तक तसलीमा के अब्बू भी असलम को गोद में लिए ही ‘क्या हुआ, क्या हुआ’ कहते हुए उन के पास आ गए.

तसलीमा ने देखा कि तीनों की जिज्ञासा भरी नजरें उसी पर टिकी हैं जैसे इन लोगों के सभी सवालों का जवाब, सारी मुश्किलों का हल उसी के पास है. उस के मन में आ रहा था कि वह  खूब चिल्लाचिल्ला कर रोए ताकि उस की आवाज दूर तक पहुंचे… बहुत दूर, नेताओं के कानों तक.

पर तसलीमा जानती है कि वह ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि अगर वह जरा सा भी रोई तो उस के अब्बू का परिवार जो पहले से ही टूटा हुआ है और टूट जाएगा. आखिर वही तो है इन सब के उम्मीद की धुरी. अब जबकि कुछ ही मिनटों में वह इन्हें छोड़ कर दूसरे मुल्क के लिए रवाना होने वाली है, उन्हें किसी भी तरह की तकलीफ नहीं देना चाहती थी.

समझौता एक्सप्रेस जब भी प्लेटफार्म छोड़ती है, दूसरी ट्रेन की अपेक्षा लोगों को कुछ ज्यादा ही रुला जाती है. यही इस गाड़ी की विशेषता है. आखिर सरहद पार जाने वाले अपनों का गम कुछ ज्यादा ही होता है, पर आज तो यहां मातम जैसा माहौल है.

कहीं कोई सिसकियों में अपने गम का इजहार कर रहा है तो कोई दिल के दर्द को मुसकान में छिपा कर सामने वाले को दिलासा दे रहा है. आज यहां कोसने वालों की भी कमी नहीं दिखती. कोई नेताओं को कोस रहा है तो कोई आतंकवादियों को, जो सारी फसाद की जड़ हैं.

तसलीमा किसे कोसे? उसे तो किसी को कोसने की आदत ही नहीं है. सहसा उसे लगा कि काश, वह औरत के बजाय पुरुष होती तो अपने परिवार को इस तरह मझधार में छोड़ कर तो न जाती.

मन जितना अशांत हो रहा था स्वर को उतना ही शांत बनाते हुए तसलीमा बोली, ‘‘अम्मी को कुछ नहीं हुआ है, वह अभी ठीक हो जाएंगी. तरन्नुम, रोना बंद कर और जा कर अम्मी के लिए जरा ठंडा पानी ले आ और अब्बू, आप मेरा टिकट कैंसल करवा दो. मैं आप लोगों को इस हालात में छोड़ कर पाकिस्तान हरगिज नहीं जाऊंगी.’’

टिकट कैंसल करने की बात सुनते ही अम्मी को जैसे करंट छू गया हो, वह धीरे से बोलीं, ‘‘कुछ नहीं हुआ मुझे. बस, जरा चक्कर आ गया था. तू फिक्र न कर लीमो, अब मैं बिलकुल ठीक हूं.’’

इतने में तरन्नुम ठंडा पानी ले आई. एक घूंट गले से उतार कर अम्मी फिर बोलीं, ‘‘कलेजे पर पत्थर रख कर तेरा रिश्ता तय किया था मैं ने. लेदे कर एक ही तो सुख रह गया है जिंदगी में कि बेटी ससुराल में खुशहाल है, वह तो मत छीन. अरे, ओ लीमो के अब्बू, मेरी लीमो को ले जा कर गाड़ी में बैठा दीजिए. आ बेटा, तुझे सीने से लगा कर कलेजा ठंडा कर लूं,’’ इतना कह कर अम्मी अब्बू की गोद से नन्हे असलम को ले कर पागलों की तरह चूमने लगीं.

शायद नन्हे असलम को भी इतनी देर में विदाई की घंटी सुनाई पड़ने लगी. वह रोंआसा हो कर इन चुंबनों का अर्थ समझने की कोशिश करने लगा.

इतने में तीनों बहनें एकदूसरे से विदा लेने लगीं.

तबस्सुम धीरे से तसलीमा के कान में बोली, ‘‘दीदी, आप बिलकुल फिक्र न करो, आज से घर की सारी जिम्मेदारी मेरी है, मैं अम्मी और तरन्नुम को यहां संभाल लेती हूं, आप निश्ंिचत हो कर जाओ.’’

तसलीमा ने डबडबाई आंखों से तबस्सुम को देखा. उसे यकीन नहीं हो रहा था कि उस की चुलबुली बहन आज कितनी बड़ी हो गई है. सच, जिम्मेदारी उठाने के लिए उम्र नहीं, शायद परिस्थितियां ही जिम्मेदार होती हैं.

असलम को गोद में ले कर तसलीमा चुपचाप अब्बू और कुली के पीछे चल दी. वह जानती थी कि अब अगर आगे उस ने कुछ कहने की कोशिश की या पीछे मुड़ कर देखा तो बस, सारी कयामत यहीं बरपा हो जाएगी.

जब तक गाड़ी प्लेटफार्म पर खड़ी रही, अब्बू ने अपनेआप को सामान सजाने में व्यस्त रखा और तसलीमा ने अपने आंसुओं को रोकने में. पर गाड़ी की सीटी बजते ही उसे लगा कि अब बस, कयामत ही आ जाएगी.

जैसेजैसे अब्बू पीछे छूटने लगे, वह प्लेटफार्म भी पीछे छूटने लगा जहां की एक बेंच पर उस की अम्मी बहनों को साथ लिए बैठी हैं, वह शहर पीछे छूटने लगा जहां वह नाजों पली, वह वतन पीछे छूटने लगा जिसे तसलीमा परदेस जा कर और ज्यादा चाहने लगी थी.

तसलीमा को लगा कि गाड़ी की बढ़ती रफ्तार के साथ उस के आंसुओं की रफ्तार भी बढ़ रही है. अपने आंसुओं की बहती धारा में उसे ध्यान ही नहीं रहा कि कब नन्हा असलम सुबकने लगा. भला अपनी मां को इस तरह रोता देख कौन बच्चा चुप रहेगा?

‘‘बच्चे को इधर दे दो, बहन. जरा घुमा लाऊं तो इस का मन बहल जाएगा. आ मुन्ना, आ जा,’’ कह कर किसी ने असलम को उस की गोद से उठा लिया. वह थी कि बस, दुपट्टे में चेहरा छिपा कर रोए जा रही थी. उस ने यह भी नहीं देखा कि उस के बच्चे को कौन ले जा रहा है.

आखिर जब शरीर में न तो रोने की शक्ति बची और न आंखों में कोई आंसू बचा तो तसलीमा ने धीरे से चेहरा उठा कर चारों तरफ देखा. उस डब्बे में हर उम्र की महिलाएं मौजूद थीं. पर किसी की गोद में उस का असलम नहीं था और न ही आसपास कहीं दिखाई दे रहा था. मां का दिल तड़प उठा. अब वह क्या करे? कहां ढूंढ़े अपने जिगर के टुकड़े को?

इतने में एक नीले बुरके वाली युवती अपनी गोद में असलम को लिए उसी के पास आ कर बैठ गई. तसलीमा ने लपक कर अपने बच्चे को गोद में ले लिया और बोली, ‘‘आप को इस तरह मेरा बच्चा नहीं ले कर जाना चाहिए था. घबराहट के मारे मेरी तो जान ही निकल गई थी.’’

‘‘बहन, क्या करती, बच्चा इतनी बुरी तरह से रो रहा था और आप को कोई होश ही नहीं था. ऐसे में मुझे जो ठीक लगा मैं ने किया. थोड़ा घुमाते ही बच्चा सो गया. गुस्ताखी माफ करें,’’ युवती ने मीठी आवाज में कहा.

शायद यह उस के मधुर व्यवहार का ही अंजाम था कि तसलीमा को सहसा ही अपने गलत व्यवहार का एहसास हुआ. वाकई असलम नींद में भी हिचकियां ले रहा था.

‘‘बहन, माफी तो मुझे मांगनी चाहिए कि तुम ने मेरा उपकार किया और मैं एहसान मानने के बदले नाराजगी जता रही हूं,’’ थोड़ा रुक कर तसलीमा फिर बोली, ‘‘दरअसल, इन हालात में मायका छोड़ कर मुझे जाना पड़ेगा, यह सोचा नहीं था.’’

‘‘ससुराल तो जाना ही पड़ता है बहन, यही तो औरत की जिंदगी है कि जाओ तो मुश्किल, न जाओ तो मुश्किल,’’ नीले बुरके वाली युवती बोली, साथ ही उस का मुसकराता चेहरा कुछ फीका पड़ गया.

‘‘हां, यह तो है,’’ तसलीमा बोली, ‘‘पहले जब भी ससुराल जाती थी तो मायके वालों से दोबारा मिलने की उम्मीद तो रहती थी, मगर इस बार…’’ इतना कहतेकहते तसलीमा को लगा कि उस का गला फिर से रुंध रहा है.

फिर उस ने बात बदलने के लिए पूछा, ‘‘आप अकेली हैं?’’

‘‘हां, अकेली ही समझो. जिस का दामन पकड़ कर यहां परदेस चली आई थी, वह तो अपना हुआ नहीं, तब किस के सहारे यहां रहती. इसलिए अब वापस पाकिस्तान लौट रही हूं. वहां रावलपिंडी के पास गांव है, वैसे मेरा नाम नजमा है और तुम्हारा?’’

‘‘तसलीमा.’’

तसलीमा सोचने लगी कि इनसान भी क्या चीज है. हालात के हाथों बिलकुल खिलौना. किसी और जगह मुलाकात होती तो हम दो अजनबी महिलाओं की तरह दुआसलाम कर के अलग हो जाते पर यहां…यहां दोनों ही बेताब हैं एकदूसरे से अपनेअपने दर्द को कहने और सुनने के लिए, जबकि दोनों ही जानती हैं कि कोई किसी का गम कम नहीं कर सकता पर कहनेसुनने से शायद तकलीफ थोड़ा कम हो और फिर समय भी तो गुजारना है. इसी अंदाज से तसलीमा बोली, ‘‘क्या आप के शौहर ने आप को छोड़ दिया है?’’

‘‘नहीं, मैं ने ही उसे छोड़ दिया,’’ नजमा ने एक गहरी सांस खींचते हुए कहा, ‘‘सच्ची मुसलमान हूं, कैसे रहती उस काफिर के साथ जो अपने लालची इरादों को मजहब की चादर में ढकने की नापाक कोशिश कर रहा था.’’

तसलीमा गौर से नजमा को देख रही थी, शायद उस के दर्द को समझने की कोशिश कर रही थी.

इतने में नजमा फिर बोली, ‘‘जब पाकिस्तान से हम चले थे तो उस ने मुझ से कहा था कि हिंदुस्तान में उसे बहुत अच्छा काम मिला है और वहां हम अपनी मुहब्बत की दुनिया बसाएंगे, पर यहां आ कर पता चला कि वह किसी नापाक इरादे से भारत भेजा गया है जिस के बदले उसे इतने पैसे दिए जाएंगे कि ऐशोआराम की जिंदगी उस के कदमों पर होगी.

‘‘मुझ से मुहब्बत सिर्फ नाटक था ताकि यहां किसी को उस के नापाक इरादों पर शक न हो. मजहब और मुहब्बत के नाम पर इतना बड़ा धोखा. फिर भी मैं ने उसे दलदल से बाहर निकालने की कोशिश की थी. कभी मुहब्बत का वास्ता दे कर तो कभी आने वाली औलाद का वास्ता दे कर, पर आज तक कोई दलदल से बाहर निकला है जो वह निकलता. हार कर खुद ही निकल आई मैं उस की जिंदगी से. आखिर मुझे अपनी औलाद को एक नेकदिल इनसान जो बनाना है.’’

तसलीमा ने देखा कि अपने दर्द का बयान करते हुए भी नजमा के होंठों पर आत्मविश्वास की मुसकान है, आंखों में उम्मीदें हैं. उस ने दर्द का यह रूप पहले कभी नहीं देखा था.

क्या नजमा का दर्द उस के दर्द से कम है? नहीं तो? फिर भी वह मुसकरा रही है, अपना ही नहीं दूसरों का भी गम बांट रही है, अंधेरी राहों में उम्मीदों का चिराग जला रही है. वह ऐसा क्यों नहीं कर सकती? फिर उस के पास तो अनवर जैसा शौहर भी है जो उस के एक इशारे पर सारी दुनिया उस के कदमों पर रख दे. क्या सोचेंगे उस के ससुराल वाले जब उस की सूजी आंखों को देखेंगे. कितना दुखी होगा अनवर उसे दुखी देख कर.

नहीं, अब वह नहीं रोएगी. उस ने खिड़की से बाहर देखा. जिन खेत-खलिहानों को पीछे छूटते देख कर उस की आंखें बारबार भीग रही थीं, अब उन्हीं को वह मुग्ध आंखों से निहार रही थी. कौन कहता है कि इन रास्तों से दोबारा नहीं लौटना है? कौन कहता है सरहद पार जाने वाली ये आखिरी गाड़ी है? वह लौटेगी, जरूर लौटेगी, इन्हीं रास्तों से लौटेगी, इसी गाड़ी में लौटेगी, जब दुनिया नहीं रुकती है तो उस पर चलने वाले कैसे रुक सकते हैं?

तसलीमा ने असलम को सीने से लगा लिया और नजमा की तरफ देख कर प्यार से मुसकरा दी. अब दोनों की ही आंखें चमक रही थीं, दर्द के आंसू से नहीं बल्कि उम्मीद की किरण से.

Hindi Story : मुझे डाकू बनाया गया – एक आम इंसान कैसे बन गया डाकू

Hindi Story : हरसिंगार अपने छोटे से दवाखाने में एक मरीज को देख रहा था कि अचानक सबइंस्पैक्टर चट्टान सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वहां आ गया और उसे गाली देते हुए बोला, ‘‘डाक्टर के बच्चे, तुम डकैत नारायण को अपने घर में जगह देते हो और डाके की रकम में हिस्सा लेते हो?’’

हरसिंगार गालीगलौज सुन कर सन्न रह गया. उस ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उस के ऊपर इतना गंभीर आरोप लगाया जाएगा.

हरसिंगार खुद को संभालता हुआ बोला, ‘‘इंस्पैक्टर साहब, मुझे अपने पेशे से छुट्टी नहीं मिलती, फिर चोरडकैतों से मेलजोल कैसे करूंगा? शायद आप को गलतफहमी हो गई है या किसी ने आप के कान भर दिए हैं.’’

चट्टान सिंह का पारा चढ़ गया. उस ने हरसिंगार को पीटना शुरू कर दिया. जो भी बीचबचाव करने पहुंचा, उसे भी 2-4 डंडे लगे.

मारपीट कर हरसिंगार को थाने में बंद कर दिया गया. उस पर मुकदमा चलाया गया. गवाही के कमी में फैसला उस के खिलाफ गया. उसे एक साल की कड़ी सजा मिली. गवाही पर टिका इंसाफ कितना बेकार, कमजोर और अंधा हो है. हरसिंगार करनपुर गांव का रहने वाला था, पढ़ाई पूरी करने के बाद वह लाइसैंसशुदा डाक्टर बन गया था और उस ने बिजरा बाजार में अपना काम शुरू कर दिया था.

हरसिंगार बहुत ही नेक इनसान था. वह हर किसी के सुखदुख में शामिल होने की कोशिश करता था.

हरसिंगार के गांव का पंडित शिवकुमार एक टुटपुंजिया नेता और पुलिस का दलाल था. हरसिंगार उसे फूटी आंख नहीं सुहाता था. वह उसे नीचा दिखाने के लिए मौके की तलाश में लगा रहता. डकैत नारायण की हलचलों ने उस के मनसूबों को हवा दी और हरसिंगार उस की साजिश का शिकार बन गया.

पंडित शिवकुमार का तमाम नामी डाकुओं से संबंध था. डकैती के माल के बंटवारे में भी उस का हिस्सा होता था.

डाकू नारायण की हलचलें आसपास के गांवों में लोगों की नींद हराम किए हुए थीं. लोकल थाने को खानापूरी तो करनी थी. पंडित शिवकुमार के इशारे पर झूठ ने सच का गला दबोचा और हरसिंगार निशाना बना दिया गया.

हरसिंगार को कारागार की जिस कोठरी में रखा गया था, उसी में दूसरा फर्जी अपराधी रामदास बंद था. उस का कोई अपराध नहीं था. वह शहर के एक अमीर अपराधी की साजिश का शिकार बना था.

कुछ दिनों में ही हरसिंगार और रामदास दोस्त बन गए. एकदूसरे को समझने में उन्हें देर नहीं लगी.

एक दिन रामदास हरसिंगार से बोला, ‘‘तुम मुझ से बहुत छोटे हो. मुझे अंगरेजों के जमाने की बहुत सी बातें याद हैं. नेता कहते हैं कि अंगरेज भारत की धनदौलत लूट कर ले गए और देश को कंगाल बना दिया.

‘‘मैं भी मानता हूं कि देश कंगाल हो गया है. जमींदारों के जरीए अंगरेजों ने जनता को बहुत दबाया. अंगरेजों के भारत से चले जाने और जमींदारी खत्म हो जाने के बाद नेताओं, अफसरों और कारोबारियों ने जनता का खून चूसना शुरू कर दिया. शासक तो बदल गए, पर शासन के तौरतरीके में खास बदलाव नहीं हुआ.

‘‘आजादी मिलने से पहले लोग सोचते थे कि जब हम आजाद होंगे तो खुली हवा में सांस लेंगे. जोरजुल्म से छुटकारा पा जाएंगे, पर सबकुछ ख्वाब बन कर रह गया.

‘‘अंगरेजों के राज में चोरियां बहुत कम होती थीं, डकैतियां न के बराबर थीं. राहजनी का नामोनिशान नहीं था. यह अलग बात है कि वे अपने देश के फायदे के लिए गलत काम करते थे पर उन्होंने नियमकानूनों को ताक पर नहीं रख दिया था…’’

बोलतेबोलते रामदास जोश से भर उठा और अचानक उसे जोरों की खांसी आने लगी. खांसतेखांसते उस की सांस फूलने लगी.

हरसिंगार ने रामदास का सिर अपनी गोद में रख लिया और धीरेधीरे सहलाने लगा. कुछ देर बाद खांसी बंद हुई. हरसिंगार ने उसे एक गिलास पानी पिलाया, तब कहीं जा कर उस की हालत सुधरी.

जेल का कामकाज करने में वे दोनों ज्यादातर साथ रहा करते थे. अच्छा साथी मिल जाने पर समय भी अच्छी तरह कट जाता है.

एक साल बाद हरसिंगार को जेल से रिहा कर दिया गया. इस एक साल में ही उसे चारों ओर काफी बदलाव दिखाई देने लगा. उस की घर लौटने की इच्छा मर चुकी थी. वह जानता था कि घर पहुंचने पर गांव व पासपड़ोस के लोग ताने मार कर उस का कलेजा छलनी कर देंगे और उस का जीना दूभर हो जाएगा.

बहुत देर सोचने के बाद हरसिंगार अनजानी मंजिल की ओर चल पड़ा. घर वाले इंतजार कर रहे थे कि सजा खत्म होने पर जेल से छूटते ही वह घर लौट आएगा पर उन के जेल के फाटकपर पहुंचने से पहले ही वह वहां से जा चुका था.

महीनों बीत गए पर हरसिंगार का कहीं अतापता नहीं था. उस की बीवी उस का रास्ता देखती रही. बेटे के बहुत पूछने पर वह जवाब देती, ‘‘तुम्हारे बापू परदेश गए हैं. छुट्टी मिलने पर घर वापस आएंगे.’’

एक दिन रतीपुर थाने का असलहाघर लुट जाने और वहां के थाना इंचार्ज चट्टान सिंह की लाश के 4 टुकड़े कर दिए जाने की खबर ने आसपास के पूरे इलाके में दहशत फैला दी.

2 सिपाहियों के शरीर भी कई टुकड़ों में काट दिए गए थे. बेरहम हत्यारे छोटे से छोटा असलहा तक नहीं छोड़ गए थे. कई महीने तक लोगों की नींद हराम रही.

पुलिस वालों की ऐसी दर्दनाक हत्या पहले कभी सुनने में नहीं आई थी. प्रशासन थर्रा उठा. काफी छानबीन के बाद भी हत्यारे का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.

शक के आधार पर लोग पकड़े जाते और ठोस सुबूत न होने के चलते छोड़ दिए जाते. महीनों तक यही सिलसिला चलता रहा.

लोग अब खुल कर कहने लगे थे कि जब पुलिस अपनी हिफाजत करने में नाकाम है, तो वह जनता की हिफाजत कैसे कर पाएगी.

रतीपुर थाने की वारदात के महीनों बाद भी उस इलाके के लोगों का डर दूर नहीं हुआ. सेठों, महाजनों और रईसों

के घरों में डाके पड़ने लगे. डकैतों का एक नया गिरोह हरकत में आ गया था. पासपड़ोस के सभी जिले इस गिरोह की चपेट में थे.

कभीकभी महीनों तक खामोशी रहती और अचानक धड़ाधड़ डकैतियों का सिलसिला चल पड़ता. इस गिरोह का सरदार लखना था. उस में गजब की फुरती थी. जो पुलिस वाला उस के सामने पड़ता, वह जिंदा न बचता. लखना कभी किसी गरीब और बेसहारा को नहीं सताता था. समय और जरूरत के मुताबिक वह उन की मदद भी करता था. धीरेधीरे गरीब लोग उस को बेहद चाहने लगे और वक्तजरूरत पर इस गिरोह के लोगों को पनाह भी देने लगे.

गरीब जनता का भरोसा लखना पर जितना जमता गया, पुलिस महकमे पर उतना ही घटता गया.

लखना पुलिस स्टेशन को सूचितकर देता कि आज फलां जगह डकैती डालूंगा. मगर पुलिस लखना के डर से उस के जाने के बाद ही मौके पर पहुंचती थी.

गरीबों का दुखदर्द जानने के लिए लखना हुलिया बदल कर गांवों में घूमता रहता था. एक दिन वह तड़के ही किसान के रूप में विशनपुर गांव के उत्तरी छोर से निकला.

विशनपुर और महिलापुर की सरहद पर नीम का एक पेड़ था जिस के नीचे एक छोटा सा चबूतरा बना था. चबूतरे पर बैठी एक अधेड़ विधवा फूटफूट कर रो रही थी.

लखना का ध्यान उस की ओर गया तो वह उस के पास पहुंच कर बोला, ‘‘माई, तुम क्यों रो रही हो?’’

वह विधवा रुंधे गले से बोली, ‘‘5 साल पहले मेरे पति और बेटे को हैजा हो गया था. मैं अपनी बेटी के साथ बच गई. अब बेटी जवान हो चली है. उस के हाथ पीले करने की चिंता मुझे खाए जा रही है. शादी कोई हंसीखेल नहीं है. कहां से इतने रुपए इकट्ठे कर पाऊंगी?’’

विधवा की बातें सुन कर लखना का दिल भर आया और वह बोला, ‘‘माई, तुम लड़की ढूंढ़ो. आज से ठीक एक महीने बाद मैं इसी जगह पर मिलूंगा. पर ध्यान रखना कि यह बात किसी को पता न चले.’’

तय दिन और तय समय पर लखना नीम के चबूतरे पर पहुंचा. वहां विधवा पहले से ही मौजूद थी. लखना ने उसे कुछ रुपए दिए और जातेजाते कहा,

‘‘2 दिन बाद जरूरी सामान पहुंचना शुरू हो जाएगा.’’

आटा, चावल, दाल, चीनी, घी, तेल, बेसन, मैदा और लकड़ी समेत शादी में इस्तेमाल होने वाले सभी सामान तांगे पर लद कर विधवा के घर पहुंचने लगे.

गांव वाले अचरज में पड़ गए. शादी के दिन कन्यादान का इरादा कर के लखना भी वहां पहुंचा और समय पर कन्यादान किया. पुलिस को लखना के गांव में होने की खबर मिल चुकी थी. लखना के खिलाफ गई सभी मुहिमों में नाकाम होने के चलते पुलिस बहुत ही बदनाम हो चुकी थी. लेकिन वह इस सुनहरे मौके को गंवाना नहीं चाहती थी.

लखना भी बहुत चौकन्ना था. अपने साथियों के साथ वह गांव के बाहर के बगीचे में पहुंच गया.

पुलिस दल ने उसे ललकारा. दोनों ओर से गोलियों की बरसात होने लगी. पुलिस के कई जवान हताहत हुए. लखना के 2 साथी मारे गए और 2 उस के इशारे पर भाग निकले.

एक सनसनाती गोली लखना के सीने में लगी और वह वहीं जमीन पर गिर गया. गिरते समय उस की पगड़ी और मुंह पर बंधी काली पट्टी खिसक गई. सिपाही सूर्यपाल ने उसे पहचान लिया और हड़बड़ा कर बोला, ‘‘हरसिंगार भैया, तुम…’’

हरसिंगार ने टूटती आवाज में जवाब दिया, ‘‘हां सूर्यपाल, मैं ही हूं. तुम तो पुलिस में भरती हो गए. मैं भी अच्छी जिंदगी जीना चाहता था और उस दिशा में कदम बढ़े भी थे पर तुम्हारी खाकी वरदी ने मुझे डाकू बनने के लिए मजबूर कर दिया.’’

लखना के शरीर से बहुत ज्यादा खून निकल चुका था. वह कुछ और कहना चाहता था. उस के होंठ कुछकुछ हिले पर धड़कन अचानक रुक गई.

कार्तिक आर्यन की अगली फिल्म का टीजर हुआ रिलीज, फैंस ने नाम दिया ‘Aashiqui 3’

Aashiqui 3 : बौलीवुड ऐक्टर कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) किसी पहचान के मुहताज नहीं है. कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) ने बहुत ही कम समय में अपने लुक्स, क्यूटनैस और ऐक्टिंग स्किल्स से एक ऐसी पहचान और फैन फौलोइंग बनाई है कि उन के फैंस उन की फिल्म्स का इंतजार करते हैं. कार्तिक आर्यन हमें आखिरी बार फिल्म ‘भूलभुलैया 3’ (Bhool Bhulaiyaa 3) में दिखाई दिए थे, जिस में उन्हें फैंस ने खूब प्यार दिया था.

हाल ही में टी-सीरीज (T-Series) कंपनी की तरफ से यूट्यूब पर कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) की अपकमिंग फिल्म का टीजर रिलीज किया गया है जिस ने फैंस को दीवाना बना दिया है. हालांकि मेकर्स ने फिल्म का टाइटल अभी रिवील नहीं किया है, लेकिन टीजर को देख फैंस का मानना है कि यह फिल्म साल 2013 में आई ब्लौक बस्टर फिल्म ‘आशिकी 2’ (Aashiqui 2) का अगला पार्ट यानी कि आशिकी 3 (Aashiqui 3) है.

फैंस ऐसा इसलिए मान रहे हैं कि साल 2013 में आई ‘आदित्य रौय कपूर’ (Aditya Roy Kapur) और श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) की फिल्म ‘आशिकी 2’ (Aashiqui 2) में आदित्य रौय कपूर ने एक सिंगर का किरदार निभाया था और इस टीजर में भी हमें कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) एक सिंगर के रूप में ही दिखाई दे रहे हैं.

टीजर में कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) के साथ बेहद खूबसूरत ऐक्ट्रैस श्रीलीला (Sreeleela) भी दिखाई दे रही हैं. कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) के लुक यानी कि लंबे बाल, बड़ी दाढ़ी, मुंह में सिगरेट और हाथों में गिटार से साफ पता चल रहा है कि इस फिल्म की कहानी एक सीरियस लवस्टोरी होने वाली है. टीजर में कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) गाने की कुछ लाइन गाते दिखाई दे रहे हैं जो कि हमें फिल्म ‘आशिकी 2’ (Aashiqui 2) की याद दिला रहे हैं और गाने की लाइन्स हैं, “तू मेरी जिंदगी है, तू मेरी हर खुशी है, तू ही प्यार तू ही चाहत, तू ही आशिकी है.”

आप को बता दें कि यह फिल्म इस साल दीवाली पर रिलीज होने वाली है तो अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या सच में यह फिल्म ‘आशिकी 2’ का अगला पार्ट है ‘आशिकी 3‘ (Aashiqui 3) है या फिर कुछ और है जो मेकर्स ने सरप्राइज रखा है.

Relationship Problem : मेरी गर्लफ्रैंड सैक्स के बाद हर बार कोई गिफ्ट मांगती है.

Relationship Problem : अगर आप भी अपनी समस्या भेजना चाहते हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें.

सवाल –

मैं 23 साल का हूं और देहरादून का रहने वाला हूं. मेरी एक गर्लफ्रैंड है और हम दोनों कालेज से ही एकदूसरे को जानते हैं. मैं अपनी गर्लफ्रैंड से बेहद प्यार करता हूं और हमेशा उस के साथ रहना चाहता हूं. और तो और हमेशा उसे खुश देखना चाहता हूं. हमारे बीच जब पहली बार सैक्स हुआ तो उस ने मुझ से कहा कि उसे गिफ्ट में एक फोन चाहिए, तो मैं ने उसे फोन ले कर दे दिया, लेकिन यह सिलसिला तो अब रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है. हम दोनों जब भी सैक्स करते हैं तो सैक्स के बाद मेरी गर्लफ्रैंड कोई न कोई डिमांड रख देती है. मैं उसे हमेशा खुश रखना चाहता हूं लेकिन हर बार सैक्स के बाद कोई गिफ्ट देना मुझे ठीक नहीं लग रहा. मुझे डर भी लगता है कि अगर मैं ने उसे गिफ्ट देने के लिए मना किया तो कहीं वह मुझे छोड़ न दे. मुझे क्या करना चाहिए?

जवाब –

आप की बातों से साफ जाहिर हो रहा है कि आप की गर्लफ्रैंड आप के साथ सिर्फ आप के पैसों की वजह से है. अगर कोई लड़की आप से सच्चा प्यार करती है तो वह खुद कभी महंगे गिफ्ट नहीं मांगेगी और हर बार सैक्स करने के तुरंत बाद तो बिलकुल भी नहीं.

आप को उसी वक्त समझ जाना चाहिए था जब आप की गर्लफ्रैंड ने आप के साथ पहली ही बार सैक्स करने के बाद फोन गिफ्ट में मांग लिया था. मैं आप की भावनाएं अपनी गर्लफ्रैंड के प्रति अच्छे से समझ सकता हूं कि आप उसे खोना नहीं चाहते लेकिन जैसा कि मैं समझ पा रहा हूं वह लड़की आप के लिए ठीक नहीं है.

आप 1-2 बार उसे कोई गिफ्ट मत दीजिए जिस से कि आप को पता लग सके कि आप की गर्लफ्रैंड का गिफ्ट न पा कर क्या रिऐक्शन होता है. अगर आप की गर्लफ्रैंड गिफ्ट न मिलने पर आप को छोड़ने की बात करती है तो समझ जाइएगा कि वह लड़की आप से प्यार नहीं करती, बल्कि गिफ्ट के लालच में आप का इस्तेमाल कर रही है. आप को दिल के साथसाथ अपने दिमाग का भी इस्तेमाल करना चाहिए.

व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या इस नम्बर पर 8588843415 भेजें.

Fraud : झांसे‌ के‌ फांसे से बचना

Fraud : मध्य प्रदेश के कटनी थाना क्षेत्र में राजा रसगुल्ला की गली में सुबहसवेरे 60 साल की एक बूढ़ी औरत चंद्रकला जैन से जेवर ठग लिए. बाबा के वेश में पहुंचे ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और फिर उन के घर की परेशानियों का समाधान करने के नाम पर जेवर उतरवा कर चंपत हो गए.

ठगी का शिकार हुईं चंद्रकला जैन द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर आरोपियों की तलाश में जुट गई.

कोतवाली पानी की टंकी के पास रहने वाली चंद्रकला जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे सुबह पैदल राजा रसगुल्ला की गली से हनुमान ताल की तरफ जा रही थीं. वे बखरी वाले रोड पर पहुंची थीं कि तभी पीछे से एक आदमी ने उन्हें आवाज दी. आवाज देने वाला बाबा के वेश में था. उस ने आदमी ने उन से चश्मे की दुकान पूछी फिर बातचीत करते हुए कहा कि वह हरिद्वार से आया है. उस ने उन्हें दान देने के लिए कहा और फिर बातों में उलझा कर घर में कई परेशानियां होने और उन का समाधान करने का भरोसा दिलाते हुए सोने की चेन व कान टौप्स उतरवा कर पर्स में रखवाए. उस के बाद ठग ने पर्स अपने साथी को दिलवाया और चंद्रकला जैन से कहा कि वे 10 कदम आगे जाएं और लौट कर अपना पर्स उठाएं व घर जा कर पर्स पर दूध चढ़ाएं तो उन की सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी.

उस आदमी की बातों में आ कर चंद्रकला जैन 10 कदम आगे चलीं और पीछे मुड़ कर देखा तो दोनों ठग गायब थे.

सब से खास बात यह है कि हिंदू समाज में अगर कोई गेरुआ कपड़े पहन लेता है, दाढ़ी बड़ा लेता है, तो लोग उस की बात को पत्थर की लकीर समझने लगते हैं. इस तरह गलती हमारी खुद की है. हमें यह समझना चाहिए कि क्या सच है और क्या गलत. क्या फरेब है और क्या हकीकत. जब तक हम में यह समझ नहीं होगी, तब तक पुलिस और सरकार भी कुछ नहीं कर सकती. लिहाजा, हम ठगी के शिकार होते रहेंगे.

ऐसे करें बचाव

-लोगों खासकर बूढ़ी औरतों को अनजान लोगों से सावधान रहने की जरूरत है.

-बूढ़ों को अपने आसपास के माहौल को जानने की कोशिश करनी चाहिए. उन्हें जागरूक होना चाहिए कि आज का समय ठगी और फरेब का है और किसी की बातों में नहीं आना चाहिए.

-बूढ़ी औरतों को अपने परिवार और जानपहचान वालो को अपनी गतिविधियों के बारे में सूचना देते रहना चाहिए.

-बूढ़ी औरतों को अपने जेवर और पैसे सुरक्षित रखने चाहिए.

-बूढ़ों को सामाजिक समर्थन प्रदान करने के लिए सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए.

-ठगी के बारे में जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि लोगों को इस के बारे में जानकारी मिल सके.

-पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग कर के ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएं.

-बूढ़ी औरतों के लिए सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने के लिए सामुदायिक संगठनों को सामने आना चाहिए.

-ठगी की घटनाओं की जांच करने के लिए पुलिस को सूझबूझ के साथ कार्यवाही करनी चाहिए.

-ठगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश देना चाहिए.

ठगी होने की खास वजह लालच है. जैसे ही कोई रुपए या सोनाचांदी दोगुना करने का भरोसा देता है, लोग उस के पीछे घूमने लगते हैं. लोगों को यह समझना चाहिए कि अगर उस के पास कुछ चमत्कार है, तो वह खुद गरीब क्यों है.

Crime Story : नशेड़ी बेटे ने अपनी मां का किया बेरहमी से कत्ल

Crime Story : खासतौर पर आज अगर हम हत्या की बात करें, तो इस मामले में आसपास के लोग ही 90 फीसदी भागीदारी करते हैं. अगर आप हत्या के मामलों की पड़ताल करें, तो पाएंगे कि इस में आरोपी अपराधी आमतौर पर मारे गए लोगों के आसपास के ही होते हैं.

पिछले दिनों दिल्ली पुलिस के उत्तरपूर्व जिले के दयालपुर इलाके में नशे के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां की पीटपीट कर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, बेरहम आरोपी बेटे ने वारदात के बाद अपनी मां की लाश बाथरूम में छिपा दी और बेटी को भी मुंह बंद रखने के लिए धमकाने लगा.

देश की राजधानी में एक बेटे द्वारा अपनी मां की हत्या के इस मामले में आगे क्या हुआ हम आप को बताते हैं, मगर उस से पहले देखिए कि हाल ही में इस तरह के कैसेकैसे मामले सामने आए हैं :

-पत्नी ने खाने में ज्यादा नमक डाल दिया तो नाराज हो कर पति ने पत्नी को इतना मारा कि उस की मौत हो गई. यह वारदात छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब थाना क्षेत्र की है.

-छत्तीसगढ़ के जिला अंबिकापुर में एक आदमी ने अपने बेटे की हत्या कर दी. वजह बस इतनी थी कि बेटा कोई कामधंधा नहीं ढूंढ़ पाया था.

-छत्तीसगढ़ में ही बिलासपुर के रतनपुर में एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी, क्योंकि उस ने उसे समय पर शराब के लिए पैसे नहीं दिए थे.

इस तरह छोटीछोटी बातों में अपने ही आसपास के लोगों की हत्या करते हुए समाज में अनेक तरह की वारदात होती रहती हैं, जो यह बताती है कि आज इनसानियत किस तरह कमतर हो गई हैं. लोगों में सब्र खत्म हो गया है और उतावलापन अपनी हद पर है.

बिलासपुर हाईकोर्ट के ऐडवोकेट देवघर महंत के मुताबिक, दरअसल, इस तरह की घटनाएं सिर्फ और सिर्फ पलभर के जोश में हो जाती हैं. जहां लोगों में सामाजिकता में कमी आ रही है, वहीं पढ़ाईलिखाई की कमी भी इस की एक बड़ी वजह है.

मां, बेटा और बेटी

दिल्ली में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी और की लाश को छिपा दिया. जब बेटी आई और पूछने लगे कि दादी मां कहां हैं? तो पिता ने उसे सबकुछ बताते हुए धमकी दी कि अपना मुंह बंद रखो, नहीं तो तुम्हारा भी अंजाम वही होगा.

पुलिस के एक बड़े अफसर के मुताबिक, आरोपी की बेटी ने दादी के बारे में पूछा तो पिता पहले तो उसे गुमराह करता रहा और बाद में उस ने हत्या की बात बताई. इस के बाद किशोरी ने शोर मचाया तो चिल्लाने की आवाज सुन कर पड़ोसी आ गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.

मौके पर पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था. मारी गई औरत की पहचान 65 साल की मुन्नी देवी के रूप में हुई थी. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान 40 साल के सोनू के रूप में हुई.

उत्तरपूर्व जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मुन्नी देवी दयालपुर इलाके में परिवार के साथ रहती थी. उस के पति की मौत पहले हो चुकी है. परिवार में सिर्फ बेटा सोनू, उस की बेटी और बेटे ही हैं.

मुन्नी देवी की पहली बहू की मौत हो चुकी है और उस के बेटे ने दूसरी शादी की है. उस को पहली पत्नी से एक बेटी और दूसरी पत्नी से 3 बेटे हैं. फिलहाल सोनू बेरोजगार है और नशे का आदी है. कुछ दिन पहले हुए एक झगड़े के बाद उस की पत्नी अपने मायके चली गई थी. इधर सोनू अकसर अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांगता था और पैसे न देने पर उस के साथ झगड़ा करता था.

शुक्रवार, 14 फरवरी, 2025 की शाम सोनू की बेटी ट्यूशन गई हुई थी. इसी दौरान अचानक सोनू घर आ गया और अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगने लगा.

पुलिस के आला अफसर के मुताबिक मुन्नी देवी की पोती ने जैसे ही दादी की लाश देखी तो वह डर कर कांपने लगी और रोने लगी. इस पर उस के पिता ने कहा कि अगर वह हत्या की बात किसी को बताएगी तो वह उसे भी मार देगा. इस के बाद किशोरी घर में जोरजोर से रोने लगी. उस की आवाज सुन कर पड़ोसी घर की तरफ दौड़े. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और मौके की नजाकत देखते हुए किसी ने पुलिस को खबर कर दी.

Hindi Story : रफ कौपी – इसकी उम्र का किसी को नहीं पता

Hindi Story : मेरी रफ कौपी मेरे हाथ में है, सोच रही हूं कि क्या लिखूं? काफीकुछ उलटापुलटा लिख कर काट चुकी हूं. रफ कौपी का यही हश्र होता है. कहीं भी कुछ भी लिख लो, कितनी ही काटापीटी मचा लो, मुखपृष्ठ से ले कर आखिरी पन्ने तक, कितने ही कार्टून बना लो, कितनी ही बदसूरत कर लो, खूबसूरत तो यह है ही नहीं और खूबसूरत इसे रहने दिया भी नहीं जाता. इस पर कभी कवर चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ती. इस कौपी का यह हाल क्यों कर रखा है, कोई यह पूछने की जुर्रत नहीं करता. अरे, रफ कौपी है, रफ. इस से बेहतर इस का और क्या हाल हो सकता है.

यह बदसूरत इसलिए कि कई बार पुरानी आधीभरी कौपियों के पीछे के खाली पृष्ठ काट कर स्टैप्लर से पिन लगा कर एक नई कौपी बना ली जाती है. रफ कौपी में खाली पृष्ठों का उपयोग हो जाता है. इसे कोई सौंदर्य प्रतियोगिता में रखना नहीं होता है. रफ है, रफ ही रहेगी.

इस में खिंची आड़ीतिरछी रेखाएं, ऊलजलूल बातें, तुकबंदियां, चुटकुले, मुहावरे, डाक्टर के नुसखे, कहानीकिस्से, मोबाइल नंबर, कोई खास बात, टाइम टेबल, किसी का जन्मदिन, मरणदिन, धोबी का हिसाब, किराने का सामान, कहीं जानेमिलने की तारीख, किसी का उधार लेनादेना, ये सारी बातें इसे बदसूरत बनाती हैं.

दरअसल, इन बातों के लिखने का कोई सिलसिला नहीं होता है. जब जहां चाहा, जो चाहा, टीप दिया. कुछ समझ में नहीं आया तो काट दिया या पेज ही फाड़ कर फेंक दिया. पेज न फाड़ा जाए, ऐसी कोई रोकटोक नहीं है.

भर जाने पर फिर से एक नई या जुगाड़ कर बनाई गई रफ कौपी हाथ में ले ली जाती है. भर जाने पर टेबल से हटा कर रद्दी के हवाले या फिर इस के पृष्ठ, रूमाल न मिलने पर, छोटे बच्चों की नाक व हाथ पोंछने के काम भी आते हैं. हां, कभीकभी किसी आवश्यक बात के लिए रद्दी में से टटोल कर निकाली भी जाती है रफ कौपी. ऐसा किसी गंभीर अवस्था में होता है. वरना रफ कौपी में याद रखने लायक कुछ खास नहीं होता.

आदत तो यहां तक खराब है कि जो भी कागज खाली मिला उसी पर कुछ न कुछ टीप दिया. इसे हम डायरी की श्रेणी में नहीं रख सकते, क्योंकि डायरी गोपनीय होती है और उसे छिपा कर रखा जाता है. उस का काम भी गोपनीय होता है. इसी से बहुत बार व्यक्ति के मरने के बाद डायरी ही उस व्यक्ति के गोपनीय रहस्य उजागर करती है.

रफ कौपी में यह बात नहीं है. एकदम सड़कछाप की तरह टेबल पर पड़ी रहती है, जिस का जब मन चाहे उस पर लिख कर चला जाता है. सच बात बता दूं, यह रफ कौपी मेरे लिए बड़ी सहायक रही है. मैं ने अपने हस्ताक्षर इसी पर काटापीटी कर बनाने का अभ्यास किया. बहुत सी कविताएं इसी पर लिखीं, तुकबंदी भी की. विशेषपत्रों की ड्राफ्ंिटग भी इसी पर की. विशेष सूचनाएं व पते भी इसी पर लिखे. पत्रपत्रिकाओं के पते व ईमेल आज भी यहांवहां लिखे मिल सकते हैं.

यह तो मेरी अब की रफ कौपी है. पहली रफ कौपी सही तरीके से हाईस्कूल में हाथ में आई. तब टीचर कक्षा का प्रतिदिन का होमवर्क रफ कौपी में ही नोट कराती थीं. पहले छात्रों के पास डायरी नहीं होती थी, वे रफ कौपी में नोट्स बनवातीं. ब्लैकबोर्ड पर जो लिखतीं उसे रफ कौपी में उतारने का आदेश देतीं. उस समय रफ कौपी क्या हाथ लगी, कमाल ही हो गया. पीछे की पंक्ति में बैठी छात्राएं टीचर का कार्टून बनातीं. कौपी एक टेबल से दूसरी टेबल पर गुजरती पूरी कक्षा में घूम आती और छात्राएं मुंह पर दुपट्टा रख कर मुसकरातीं.

टीचर की शान में जुगलबंदी भी हो जाती. आपस में कमैंट्स भी पास हो जाते. कहीं जाने या क्लास बंक करने का कार्यक्रम भी इसी पर बनता. कई बार कागज फाड़ कर तितली या हवाई जहाज बना कर हम सब खूब उड़ाते. कभी टीचर की पकड़ में आ जाते, कभी नहीं.

थोड़ा और आगे बढ़े तो रफ कौपी रोमियो बन गई. मन की प्यारभरी भाषा को इसी ने सहारा दिया. शेरोशायरी इसी पर दर्ज होती, कभी स्वयं ईजाद करते, तो कभी कहीं से उतारते. प्रथम प्रेमपत्र की भाषा को इसी ने सजाना सिखाया. इसी का प्रथम पृष्ठ प्रेमपत्र बना जब कुछ लाइनें लिख कर कागज का छोटा सा पुर्जा किताब में रख कर खिसका दिया गया.

इशारोंइशारों में बातें करना इसी ने समझाया. ऐसेऐसे कोडवर्ड इस में लिखे गए जिन का संदर्भ बाद में स्वयं ही भूल गए. लिखनाकाटना 2 काम थे. उस की भाषा वही समझ सकता था जिस की कौपी होती थी. सहेलियों के प्रेमप्रसंग, कटाक्ष और जाने क्याक्या होता. फिल्मी गानों की पंक्तियां भी यहीं दर्ज होतीं.

जीवन आगे खिसकता रहा. रफ कौपी भी समयानुसार करवट लेती रही, लेकिन उस का कलेवर नहीं बदला. पति के देर से घर लौटने तथा उन की नाइंसाफी की साक्षी भी यही कौपी बनी.

रफ कौपी आज भी टेबल पर पड़ी है और यह लेख भी मैं उसी की नजर कर उसी पर लिख रही हूं. आप को भी कुछ लिखना है, लिख सकते हैं. रफ कौपी रफ है न, इसीलिए रफ बातें लिख रही हूं. शायद आप रफ या बकवास समझ कर इसे पढ़ें ही न. क्या फर्क पड़ता है. रफ कौपी के कुछ और पृष्ठ बेकार हो गए. रफ कौपी रक्तजीव की तरह मरमर कर जिंदा होती रहती है. फिर भी एक बात तो है कि भले ही किताबों पर धूल की परत जम जाए पर रफ कौपी सदा सदाबहार रहती है.

हां, उस दिन जरूर धक्का लगा था जब पड़ोसिन कह गई थी कि वह रफ कौपी का इस्तेमाल कभी नहीं करती क्योंकि उसे हमेशा लगता कि वह खुद रफ कौपी है. उस के मातापिता बचपन में मर गए थे और मामामामी ने उसे पाला था. पढ़ायालिखाया जरूर था पर उस का इस्तेमाल घर में मामामामी, ममेरे भाईबहन रफ कौपी की तरह करते – ‘चिन्नी, पानी ला दे,’ ‘चिन्नी, मेरा होमवर्क कर दे,’ ‘चिन्नी, मेरी फ्रौक पहन जा,’ ‘चिन्नी, मेरे बौयफ्रैंड कल आए तो मां से कह देना कि तेरा क्लासफैलो है क्योंकि तू तो बीएड कालेज में है, मैं रैजीडेंशल स्कूल में.’ उस ने बताया कि वह सिर्फ रफ कौपी रही जब तक नौकरी नहीं लगी और उस ने प्रेमविवाह नहीं किया.

Hindi Story : कुसूर किस का है – क्या था सुनीता का गुनाह?

Hindi Story : ‘‘कुछ सुना…’’ ‘‘क्या?’’

‘‘सुनीता ने उस मोची से शादी कर ली.’’ ‘‘मोची… कौन मोची?’’

‘‘अरे वही मोची, जिस की सदर बाजार में जूतों की बड़ी सी दुकान है. जिस के यहां 8-10 नौकर जूते बनाने का काम करते हैं.’’ ‘‘तुम राजेश की बात तो नहीं कर रहे हो?’’

‘‘हां, वही राजेश.’’ ‘‘अरे, उस से तो सुनीता का चक्कर बहुत दिनों से चल रहा था.’’

‘‘फिर भी मांबाप ने इस ओर ध्यान नहीं दिया.’’ ‘‘अरे, कैसे ध्यान दें, आगे रह कर उन्होंने ही तो छूट दी थी.’’

‘‘सुनीता का पैर टेढ़ा है, फिर भी उस राजेश ने क्यों शादी कर ली?’’ ‘‘उस की खूबसूरती के चलते.’’

‘‘मगर, उस के टेढ़े पैर की वजह से उस की शादी बिरादरी में नहीं हो रही थी, इसलिए उस ने राजेश को चुना.’’ ‘‘राजेश को ही क्यों चुना? क्या उसे अपनी बिरादरी में ऐसा लड़का नहीं मिला?’’

‘‘सुना है, बिरादरी में जो भी लड़का देखने आता, टेढ़े पैर के चलते उसे खारिज कर देता था.’’ ‘‘मगर, सुनीता को राजेश में क्या दिखा?’’

‘‘अरे, उस की दौलत दिखी…’’ ‘‘कुछ भी हो, उस ने शादी कर के कमल सिंह का बोझ हलका कर दिया.’’

यह चर्चा कमल सिंह के घर के ठीक सामने खड़े हो कर महल्ले के सारे लोग कर रहे थे. चर्चा ही नहीं कर रहे थे, बल्कि अपनी राय भी दे रहे थे. कमल सिंह और उन की पत्नी मालती अपने घर में बैठ कर मातम मना रहे थे. वे महल्ले वालों के ताने सुन रहे थे. वे जोकुछ कह रहे थे, गलत नहीं था. सुनीता एकलौती लड़की है. उस ने गैरबिरादरी में शादी कर के अपने ऊंचे कुल के समाज में नाक कटा दी, जबकि एक से एक लड़के उन्होंने तलाश किए. मगर उस के टेढ़े पैर के चलते सब उसे खारिज करते रहे.

जैसेजैसे सुनीता की उम्र बढ़ती जा रही थी, कमल सिंह को शादी की चिंता सता रही थी, जबकि उस के टेढ़े पैर का ऐब ज्यादा दहेज दे कर मिटाना भी चाहा, मगर फिर भी किसी ने स्वीकार नहीं किया. इसी चिंता में वे दिनरात घुल रहे थे. सुनीता से राजेश के कैसे संबंध हुए, आइए आप को उस की कहानी बता दें.

सुनीता सुशील, सुंदर और पढ़ीलिखी लड़की थी. उस के पिता ने अपने समाज में जितने भी रिश्ते तय किए, सब उस के टेढ़े पैर की वजह से खारिज होते रहे. सुनीता ने भी अपने लैवल पर लड़के टटोलने शुरू कर दिए थे मगर वे जिस्मानी खिंचाव तक ही सिमटे रहे. एक दिन सुनीता राजेश की दुकान पर चप्पल खरीदने गई. काउंटर पर बैठे राजेश से उस की आंखें चार हुईं.

राजेश तब अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठ कर बातें कर रहा था. उस के एक दोस्त ने पूछा था, ‘राजेश, तुम कब शादी करोगे?’ ‘शायद इस जनम में तो नहीं होगी,’ राजेश बोला था.

‘क्यों नहीं होगी… यह भी कोई बात हुई. इतना अच्छा कारोबार है तुम्हारा… हर लड़की तुम से शादी करने के लिए तैयार रहती होगी,’ उस दोस्त ने कहा था. ‘मगर, मेरे समाज में ऐसी लड़की नहीं है.’

‘तो दूसरे समाज में कर लो,’ उस के दूसरे दोस्त ने सलाह दी थी. सुनीता चप्पल जरूर देख रही थी, मगर उस के कान उन सब की बातों पर लगे हुए थे. सेल्समैन जो भी चप्पल दिखा रहा था, उसे वह रिजैक्ट करती जा रही थी. बातें सुन कर वह राजेश के प्रति खिंचती जा रही थी. वह वहां ज्यादा से ज्यादा समय गुजारना चाहती थी. सेल्समैन उस पर झल्लाया हुआ था. उस ने ढेर सारी चप्पलें रख दी थीं, मगर सुनीता तो इस बहाने समय बिता रही थी.

काफी देर बाद सुनीता ने चप्पल पसंद कर पैक करवाई और भुगतान करने के लिए जब काउंटर पर पहुंची तो राजेश को वह कई पलों तक घूरती रही, फिर पलकें झुका लीं. वह भुगतान कर के बाहर निकल गई. राजेश की छवि उस के मन में ऐसी पैठ गई कि वह उस की याद में खो गई. उस से शादी की बात कैसे करे. वह लगातार 3 दिनों तक चप्पलें खरीदने के बहाने उस की दुकान पर जाती रही.

एक दिन भुगतान करते हुए राजेश ने कहा था, ‘मैडम, आप 3 दिनों से चप्पल खरीदने आ रही हैं…’ ‘हां, मैं जो भी चप्पल खरीद कर ले जाती हूं वह मेरी किसी न किसी सहेली को पसंद आ जाती है और वह ले ले लेती है,’ सुनीता झूठ बोल गई थी.

‘तब तो आप की पसंद बहुत अच्छी है’, राजेश ने कहा था. ‘आप ने सही पहचाना. इसी बहाने मैं भी आप को जान चुकी हूं,’ सुनीता बोली थी.

‘वह कैसे?’ ‘आप को अपने समाज में आप के लायक लड़की नहीं मिल रही है.’

‘आप ने कैसे जाना…?’ राजेश ने हैरानी से पूछा था. ‘और आप दूसरी बिरादरी में शादी करना चाहते हैं,’ सुनीता ने उस का जवाब न दे कर अपनी बात कही थी.

‘अरे, आप तो मन की बात जान लेती हैं,’ राजेश ने कहा था. ‘दूसरी बिरादरी में कोई लड़की मिली क्या…?’ सुनीता ने पूछा था.

‘नहीं, मगर यह आप क्यों पूछ रही हैं?’ ‘क्योंकि मैं ने एक लड़की देखी है आप के लिए.’

‘कौन है वह लड़की?’ ‘आप के सामने खड़ी है? क्या आप मुझ से शादी करेंगे?’ सुनीता ने यह कह कर राजेश के लिए कई सवाल छोड़ दिए. उस से तत्काल जवाब देते न बना.

कुछ देर बाद सुनीता ने पूछा, ‘क्या सोच रहे हैं?’ ‘सोच रहा हूं, बिना सोचेसमझे इतना बड़ा फैसला आप ने कैसे ले लिया, जबकि आप मुझे जानती भी नहीं हैं,’ राजेश ने कहा था.

‘3 दिनों तक आप को जानने के लिए ही तो मैं चप्पल खरीदने का नाटक कर रही थी.’ ‘मगर, आप ने कहा था…’

‘वह सब झूठ था…’ बीच में बात काट कर सुनीता बोली थी, ‘सहेलियों का तो बहाना था. दरअसल, आप को समझने के लिए मैं चप्पल खरीदने के बहाने आप की दुकान पर आती रही. अब क्या सोचा है आप ने?’ ‘तुम्हारे मांबाप…’

‘उन की चिंता छोड़ो. उन से विद्रोह करना पड़ेगा.’ ‘अगर नतीजा उलटा पड़ गया तो…’

‘मैं लड़की हो कर नहीं घबरा रही हूं, आप मर्द हो कर पीछे हट रहे हैं.’ ‘मैं तैयार हूं. कब करें शादी?’

‘जब आप कहें,’ सुनीता बोली थी. बात आईगई हो गई. वे मौके का इंतजार करने लगे. वे रोज मिलने लगे. अफवाह उड़ती रही कि उन दोनों में प्यार गहराता जा रहा है. एक दिन उन्होंने चुपचाप आर्य समाज मंदिर में जा कर शादी कर ली.

कमल सिंह और उन की पत्नी मालती पर मानो बिजली सी टूट पड़ी. सुनीता ने गैरबिरादरी में शादी कर के समाज में उन की नाक काट दी थी. सारे महल्ले वाले और रिश्तेदार उन पर थूथू कर रहे हैं. मगर वे कानों में तेल डाल कर चुपचाप सुन रहे हैं. अब इस में कुसूर किस का है? जातिबिरादरी का या सुनीता का, जबकि उस के समाज का कोई भी लड़का उस के साथ शादी करने को तैयार नहीं हुआ था. ऐसे में सुनीता ने यह फैसला ले कर क्या कोई गुनाह किया था?

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें