⚲

Political Satire: नेताजी कहिन जनता से, भूखे मत मरना

Political Satire. गांव में अफरातफरी थी. लोगों की आंखें आसमान की तरफ लगी थीं. वे आसमान में पानी के लिए नहीं, बल्कि इसलिए टकटकी लगाए हुए थे, क्योंकि वहां हैलीकौप्टर से मंत्रीजी आने वाले थे.

मंत्रीजी वहां इसलिए आ रहे थे, क्योंकि अखबारों में यह खबर छपी थी कि उस गांव में कुछ लोग भूख से मर गए हैं. मंत्रीजी को इस बात पर कतई यकीन नहीं था कि कोई भूख से मरा होगा.

उन का मानना था कि आदमी अपने कर्मों से मरता है, भूख तो केवल एक बहाना है. इस में सरकार क्या करे. पर वे अपने मन की इन बातों को लोगों के सामने जाहिर नहीं करना चाहते थे. इस से वोट बैंक पर बुरा असर पड़ सकता था.

फिलहाल मंत्रीजी जिला हैडक्वार्टर पहुंच चुके थे. अफसरों के साथ बैठक और लंच के बाद गांव के दौरे पर जाने का कार्यक्रम था. बाहर विरोधी दल के लोग काले झंडे दिखा रहे थे. पुलिस दूर से ही उन्हें डंडे दिखा रही थी.

अभी तक केवल देखनेदिखाने का ही खेल चल रहा था. आगे क्याक्या होना था, यह किसी को पता नहीं था. भीतर अफसरों के साथ मंत्रीजी की मीटिंग चल रही थी. मंत्रीजी ने मिनरल वाटर का घूंट भरा. दिन में वे केवल मिनरल वाटर ही पीते थे.

उन्होंने बड़े अफसर से सवाल किया, ‘‘क्या यह सच है कि आप के जिले में लोग भूख से मरे हैं  ऐसी खबर छपने पर आप को शर्म आनी चाहिए. आप को पता है कि ऐसी खबरों से सरकार और हमारी इमेज पर कितना बड़ा धब्बा लग सकता है ’’

पीछे खड़ा एक छोटा अफसर, जिस का तबादला मंत्रीजी ने रुकवा दिया था, बुदबुदाया, ‘‘सर्फ ऐक्सल है न.’’ उधर मंत्रीजी कह रहे थे, ‘‘भूख से मरे या प्यास से, खबर तो नहीं छपनी चाहिए थी. कौन है जनसंपर्क अधिकारी  उसे तत्काल सस्पैंड करो, समझे. बोलिए, क्या कहना चाहते हैं आप ’’ उस अधिकारी ने बड़ी तमीज से अर्ज किया, ‘‘सर, यह खबर सरासर गलत है.

कुछ लोग मरे जरूर हैं, पर भूख से नहीं, वे उलटीसीधी चीजें खाने से मरे हैं. इस में प्रशासन की कोई गलती नहीं है. उन की पोस्टमार्टम रिपोर्टों में भी लिखा हुआ है कि उन के पेट में आम की गुठलियां पाई गई थीं, जो जहरीली थीं.

‘‘सर, वे लोग बहुत चालाक थे, यानी आम के आम और गुठलियों के दाम. भूख से मरने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता.’’

मंत्रीजी ने ऐसे सिर हिलाया, जैसे उन के मन की बात कह दी गई हो. वे बोले, ‘‘लगता तो यही है, यह सरकार को बदनाम करने की साजिश है. इस के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और विदेशियों का हाथ हो सकता है. क्या इस बारे में आप लोगों ने पता लगाया है ’’ अधिकारी महोदय ने जवाब दिया, ‘‘श्रीमानजी, हम भी इस की जांच करा रहे हैं.’’

मंत्रीजी ने पूछा, ‘‘क्या इस जिले में अनाज की कोई कमी है ’ अधिकारी बोले, ‘‘नहीं सर, गोदाम भरे पड़े हैं. सैकड़ों टन अनाज तो बाहर ही सड़ गया है. ऐसी हालत में भूख से मरने का तो सवाल ही नहीं उठता.’’

मंत्रीजी झुंझला कर बोले, ‘‘पर सवाल तो उठ ही गया है. विरोधी लोग चीखचीख कर रोज यही सवाल उठा रहे हैं. उस का क्या करोगे ’’ अफसर समझदार था. वह जानता था कि ऐसी हालत में चुप रहना ही समझदारी है.

मंत्रीजी ने फिर पूछा, ‘‘क्या मरने वाले गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के सदस्य थे’’

अधिकारी महोदय ने जवाब दिया, ‘‘बिलकुल नहीं श्रीमानजी, गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के लोगों का भूख से मरना नामुमकिन है. क्योंकि इस सूची में शामिल सभी लोगों के पास 10-15 एकड़ जमीन और नौकरी है. इन में से कुछ आप के दल के हैं और कुछ दूसरे रसूख वाले लोग हैं.

‘‘भूख से मरने वालों… सौरी सर, मेरा मतलब है कि आम की गुठली खा कर मरने वालों का तो नाम भी इस सूची में नहीं था. फिर गरीबी की वजह से मरना…  श्रीमानजी, यह अफवाह है.’’

मंत्रीजी ने सिर हिलाया और बोले, ‘‘हमें भी ऐसा ही लगता है. हम ने देश की बड़ीबड़ी पत्रपत्रिकाओं में इश्तिहार दे कर देश की जनता को यह बता दिया है कि हमारे यहां अनाज की कोई कमी नहीं है. गोदाम अनाजों से भरे पड़े हैं.’’

यह सुन कर सब लोग खुश हो गए. फिलहाल अपना पेट भरने का समय हो गया था. एक अधिकारी, जो इस के इंतजाम में सुबह से ही जुटा हुआ था, बोला, ‘‘सर, लंच का समय हो गया है. लंच करने चलिए, वरना पत्रकार घेर लेंगे. हम ने उन के खानेपीने का इंतजाम अलग से किया है. हम उन्हें आप की फिक्र से भी वाकिफ करा देंगे.’’

मंत्रीजी भी थक चुके थे, इसलिए मीटिंग बरखास्त करते हुए बोले, ‘‘ठीक है, तो लंच कर लिया जाए.’’

मंत्रीजी लंच के लिए चले गए, तो उन के साथ बड़ेबड़े अफसर और उन की पार्टी के कुछ छुटभैए नेता भी डाइनिंग रूम में घुस गए.

वहां दरवाजे पर एक आदमी खड़ा था, जो चेहरा पहचान कर ही लोगों को घुसने दे रहा था. एकदो लोगों से उस की कुछ बहस भी हुई. जो घुस गए, वे अपनी कामयाबी पर इठलाने लगे. जो रह गए, वे भड़ास निकाल रहे थे.

एक आदमी कुछ ज्यादा ही बोल रहा था, ‘‘देखो, वहां लोग भूखे मर रहे हैं और यहां मुरगमुसल्लम के साथ काजूकिशमिश पर हाथ साफ किए जा रहे हैं.’’

एक अफसर ने जब यह सुना, तो हाथ पकड़ कर उसे भीतर खींच लाया और उस के मुंह में एक पूरा भुना हुआ मुरगा ठूंस दिया. उस का मुंह बंद हो गया.

मंत्रीजी चटकारे ले कर खाना खा रहे थे. वे बोले, ‘‘खाना बढि़या बना है. रसोइया होशियार लगता है.’’

खाने का इंतजाम करने वाले अफसर की बांछें खिल गईं. उस ने कहा, ‘‘जी हां सर, काफी पुराना रसोइया है. अब तक सैकड़ों मंत्रियों और अफसरों को खाना खिला चुका है.

‘‘वह जानता है कि किस मौके पर क्या पकाना चाहिए. बाढ़ के समय मछली, सूखे के समय मुरगा और चक्रवात के समय दूसरे पक्षियों के बड़े जायकेदार आइटम पकाता है.

‘‘सर, आज जो मुरगे पके हैं, वे उसी गांव से मंगाए गए थे, जिस का आप को दौरा करना है.’’

मंत्रीजी बोले, ‘‘अच्छा, उसी गांव का मुरगा है. अरे भाई, जब वहां खाने को इतने मुरगे थे, तो लोगों को आम की गुठलियां खाने की क्या जरूरत थी. मुरगा भी तो खा सकते थे,’’ कह कर मंत्रीजी ने जोरदार ठहाका लगाया.

लंच के बाद थोड़ी देर आराम कर के मंत्रीजी का हैलीकौफ्टर उड़ा. अफसरों की कारों और जीपों का काफिला लंच के फौरन बाद ही रवाना हो गया था. उस गांव के लोगों के इंतजार की घडि़यां खत्म हुईं. हैलीकौप्टर नीचे उतरा.

मंत्रीजी हैलीकौप्टर से उतर कर आए. लोग उन को देख कर खुश हो गए.

मंत्रीजी के साथ हैलीकौप्टर से बड़ेबड़े बंडल भी उतारे गए. जनता ने समझा, शायद मंत्रीजी अपने साथ राहत का सामान लाए हैं, जबकि ऐसा होता नहीं है. आमतौर पर राहत की घोषणा दौरे के बाद राजधानी में पत्रकार सम्मेलन में की जाती है. यहां भी कुछ ऐसा नहीं था. वह सामान राशन नहीं कुछ और था.

अफसरों और पार्टी कार्यकर्ताओं को मंत्रीजी निर्देश दे रहे थे, ‘‘देखिए, इन बंडलों में ‘कोई भूख से नहीं मरेगा’ इश्तिहार वाले अखबार और पोस्टर हैं, जिस में हमारी सरकार ने बताया है कि देश में कितना अनाज है. साथ ही, गरीबों को मुफ्त अनाज देने की कितनी योजनाएं हैं. इन्हें सारे गांव में बंटवा दीजिए.

‘‘ध्यान रहे, उन परिवारों को, जिन के यहां मौतें हुई हैं, ये पोस्टर काफी तादाद में दें. गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को इन सब की 4-4 प्रतियां दी जाएं. इस में लापरवाही हुई, तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी.

‘‘चलिए, अब मालाएं रहने भी दीजिए, गरदन दुखने लगी है. सभा की जगह कहां है  वैसे भी हमें काफी देर हो गई है.’’

आखिर मंत्रीजी सभा की जगह पर पहुंचे. सभी छुटभैए नेता सरकार और मंत्रीजी की शान में तारीफ के पुल बांध रहे थे.

उस के बाद मंत्रीजी ने माइक संभाला, ‘‘भाइयो और बहनो, जब हमें यह पता चला कि इस गांव के कुछ लोग भूख से मरे हैं, तो हमें बेहद दुख हुआ. पर यहां आ कर मालूम हुआ है कि

वे भूख से नहीं, आम की जहरीली गुठली खा कर मरे हैं, तो हमें चैन आया. उन्हें आम की गुठली नहीं खानी चाहिए थी.

‘‘देखिए, देश के गोदाम अनाजों से भरे पड़े हैं. अनाज की कोई कमी नहीं है. अनाज गोदामों में पड़ापड़ा सड़ रहा है. यह मरने वालों की जल्दबाजी है. उन्हें हमारे इश्तिहार का इंतजार करना चाहिए था.

‘‘हम लोग टैलीविजन पर और अखबारों में जनता को समझाते हैं कि गंदा पानी नहीं पीना चाहिए और उलटासीधा भोजन नहीं करना चाहिए. कितनी बड़ी कंपनियां मिनरल वाटर और फास्ट फूड बना रही हैं. हमें उन का इस्तेमाल करना चाहिए. पर जो हो गया, सो हो गया.

‘‘हमें मरने वालों को ले कर गहरी हमदर्दी है. मैं अपने साथ ढेर सारे पोस्टर और अखबार लाया हूं, जिन में देश के बड़ेबड़े नेताओं के बयान और सरकारी इश्तिहार छपे हैं कि इस देश में अनाज की कोई कमी नहीं है.

‘‘आप लोगों तक शायद ये चीजें नहीं पहुंच पाती हैं, वरना आप लोग मरते नहीं. मेरा मतलब उन लोगों से है, जो मर गए हैं.

‘‘हमारे देश में ऐसे कई संतमहात्मा हुए हैं, जो महीनों तक कुछ नहीं खाते थे या घासपात चबा कर जिंदा रहते थे. आप भी उन्हीं संतों की संतान हैं. इस तरह भूख से मरना आप को शोभा नहीं देता. इस से देश बदनाम होता है.

मरने के और भी कई रास्ते हैं. ‘‘मेरी आम जनता से अपील है कि वह भूख से न मरे, क्योंकि हमारे देश के गोदामों में अनाज भरा पड़ा है. ये इश्तिहार और पोस्टर इस बात के गवाह हैं. मुझे यकीन है कि सरकार की इस कार्यवाही से अब कोई भूखा नहीं मरेगा. ‘जय हिंद’.’’ भूखे लोगों के मुंह से धीरे से ‘जय हिंद’ निकला.

कुछ दिनों बाद उस गांव में कुछ और लोग मर गए. उन के पोस्टमार्टम के बाद सरकार ने बयान दिया कि उन लोगों की मौत भूख से नहीं हुई, क्योंकि उन के पेट में ‘भूख से कोई नहीं मरेगा’ के इश्तिहारों और पोस्टरों की कतरनें मौजूद थीं. Political Satire

Hindi Short Story : ले वोटर हलवा खा

जो बहुमत में हों वे सबकुछ तल्लीनता से ही करते हैं. करना भी चाहिए. कल को सरकार हो या न हो. सच कहूं तो जब से हाशिए पर गया हूं हलवा खाना तो दूर, हलवे का गीत सुनने तक को कान तरस गए हैं. समझते देर न लगी कि जनाब का हलवा पक रहा है.

जनता तक पहुंचे या न पहुंचे, इस से उन्हें क्या सरोकार. हलवा गातेपकाते उन के बीच जश्न का माहौल था. कोई गैस की आंच कम तेज कर रहा था तो कोई हलवे में डालने को लाए मेवों से एकदूसरे से मुंह छिपा कर अपनीअपनी जेबें भर रहा था.

सरकारी फंड से बन रहे हलवे की बू आते ही मुंह में कुछ पानी भर आया तो वे चिल्लाए, ‘‘रुक…’’ उन के चिल्लाने पर मैं रुका नहीं, ठिठक गया. उन्हें खुशी हुई कि चलो, उन के हलवे की बू से कोई तो रुका.

‘‘क्या है सर?’’ हलवा उन का था, सो अनजान सा बनते हुए पूछा. ‘‘देखो डियर, हम क्या बना रहे हैं?’’ वे मुझे गरदन से पकड़ कर कड़ाहे के पास ले गए.

मैं डरा भी कि कहीं कड़ाहे में ही डाल दिया तो? जनता का राज है भाई साहब, ऐसे में जनता के साथ कुछ भी हो सकता है.

‘‘वाह सर, कमाल. यह क्या बन रहा है? वाह, इस से तो स्वर्ग वाली छप्पन भोगों सी खुशबू आ रही है,’’ मैं ने नाक बंद कर सूंघते हुए कहा तो वे आहआह की जगह वाहवाह कर उठे.

‘‘सरकारी हलवा बन रहा है,’’ कहते हुए हलवा चीफ गदगद थे. ‘‘किस के लिए?’’ ‘‘जनता के लिए यार. अपना तो सब काम जनता के लिए है प्यारे. तन से ले कर मन तक सब. हम तो बस जनता की खाल उतारने के लिए ही यहां आए हैं.’’

‘‘जनता की खाल उतारने?’’ ‘‘नहीं यार, जबान फिसल गई.’’ ‘‘इसे हलवा कहते हैं क्या सर?’’ हलवा ऐसा होता है क्या सर? हलवा किस खुशी में? आप ने कोई और जनता गतिरोधी काम कर दिया है क्या?’’ मैं ने हलवे में सड़ी सूजी देख कर पूछा. पानी में मुसकराते कीड़े तैर रहे थे. सरकारी थे या अर्धसरकारी, यह तो उन को ही पता होगा.

‘‘नहीं यार, मजाक मत कर. हमें पता है कि तुम सरकार के साथ जब देखो मजाक ही करते रहते हो.’’ ‘‘तो यह हलवा किस खुशी में? प्रभुभोगी साधुओं को पैंशनभोगी करने की खुशी में या…’’

‘‘अरे, हम ने साधुसज्जनों को पैंशन की घोषणा क्या कर दी कि… बेचारों को पैंशन मिलेगी तो जोगी का जोगपना कम से कम चैन से तो कटेगा. वे अपने को मोक्ष पर, समाज कल्याण पर और ज्यादा फोकस कर पाएंगे?’’

‘‘मतलब है कि आप उन को भी आरामभोगी बना कर ही दम लोगे? देखो बंधु, तुम सब पर राजनीति करो, पर साधुसंतों पर तो राजनीति मत ही करो.’’ ‘‘अच्छा चल, इस बारे में बाद में टैलीविजन पर डिबेट करेंगे कभी. अभी तो हलवा खा और बकबका मत,’’ कहते हुए वे कड़ाहे से जलताजलता हलवा मेरे हाथ पर धरने को हुए, तो मैं ने कहा, ‘‘यह क्या कर रहे हैं सर? मेरा हाथ जल जाएगा तो…?’’

‘‘जल जाए. हम तो तुम जैसों का मुंह भी जलाना चाहते हैं, ताकि… बहुत सच कहते फिरते हो न तुम. अबे ला बे गरमागरम हलवा, जनाब के मुंह में डाल देते हैं और तब तक अपना मुंह बंद रखिएगा प्लीज, जब तक हलवा बंट नहीं जाता.’’

Short Story in Hindi : कलियुग, काला धन और कौआ

Short Story in Hindi. यह कहा जाता है कि 3 चीजें जाने के बाद कभी वापस नहीं आतीं. मुंह से निकली हुई बात, कमान से निकला हुआ तीर और गुजरा हुआ वक्त. इस में चौथी चीज और जोड़ सकते हैं, जो है देश से बाहर गया हुआ काला धन.

अब तकनीक ने काफी तरक्की कर ली है तो पुराने वाले जो 3 ‘आइटम’ हैं, उन के वापस आने या अपना असर खत्म करने की काफी ज्यादा संभावनाएं पैदा हुई हैं. पर जो चौथा वाला जुड़ा है, उस का तोड़ किसी तांत्रिक तो क्या उस के फूफा के पास भी नहीं है.

कलियुग के कारनामों से यह सच निकल कर आया है कि एक बार देश से बाहर गया हुआ काला धन वापस नहीं आ सकता तो नहीं आ सकता.

हालांकि बड़े कौओं ने देश की मुंड़ेर पर बैठ कर काले धन के आने की सूचना दी है पर सूचना देने से क्या होता है? वह भी काले धन की सूचना. जमाना भी काला, कौआ भी काला और धन भी काला. ‘काला’ गुण समान है तीनों में. अंगरेजी में कहें तो ‘कौमन फैक्टर’ है.

इतिहास गवाह है कि जहांजहां गुण समान होते हैं वहां कोई भी असामान्य सी घटना नहीं घटती है. सब जुड़ा ही रहता है. वैरविरोध खत्म हो जाता है, चोरसिपाही का खेल नहीं रहता. हां, कभीकभार एकदूसरे के खिलाफ विरोध जरूर दिख जाता है. यह महज एक ही परिवार की अंदरूनी नोकझोंक सी होती है और कुछ नहीं. आप ही बताइए कि ऊपर से कई फांकों में दिखने वाला तरबूज अंदर से अलगअलग होता है क्या? पूरे का ‘ब्लड ग्रुप’ एक ही होता है. एक ही गुणधर्म.

वैसे तो हर एक का अपनाअपना गुणधर्म होता है. बिच्छू का डंक मारना, सांप का डसना, कुत्ते का भूंकना वगैरह. इसी तरह काले धन का गुणधर्म देश के बाहर जा कर न आना और कौओं का कांवकांव करना होता है. कौआ धीरे बोलेगा या कम बोलेगा तो भी कोयल जैसी ‘कुहूकुहू’ की आवाज तो आएगी नहीं. कांवकांव ही करेगा.

एक समय था जब अम्मां छत पर गेहूं सुखाते समय एक आईना रख देती थीं. कौआ जब आता तो अपना अक्स आईने में देख कर डर जाता. वह गेहूं को चोंच लगाए बिना ही उड़ कर चला जाता. अम्मां, बाबा और उन का पूरा परिवार भूखा नहीं रहता था.

अब धीरेधीरे कौओं ने आईने के पीछे से आ कर उस की पौलिश हटा दी है. इधरउधर उसे गेहूं ही गेहूं दिखता है. हमारीआप की रोटियों का एकमात्र आसरा.

अब कौआ इस आईने में अपनेआप को नहीं देख पाता तो डरता भी नहीं. आराम से अपने कौलर जैसे पंखों को ऊपर उठा कर खुश होता है और गेहूं के दानों को अपने दूसरे साथियों के साथ चोंच में भरता जाता है. अम्मां, बाबूजी और उन के बच्चे भूखे रह जाते हैं.

खैर, उदास होने की बात नहीं है. काला धन और काले कौए हमारे गौरवशाली इतिहास से सजेधजे देश पर काले टीके के समान हैं. देश पर नजर नहीं लगती. वह साफसुथरा रहता है.

अरे भई, घर की सफाई करने के बाद गंदगी बाहर ही तो डालते हैं, अंदर तो नहीं लाते? दाल साफ करते हैं तो भी कंकड़ों को बाहर निकाल दिया जाता है. उन्हें फिर थाली में तो नहीं डालते? शरीर की रोज की पाचन क्रियाओं से गंदगी बाहर ही तो निकलती है. इस से शरीर साफ रहता है.

तो मित्रो, देश की आर्थिक क्रियाओं से काला धन बाहर निकलता है तो देश भी सेहतमंद रहता है, खुशहाल रहता है, इसलिए कलियुग में कौओं को कोसना व काले धन की वापसी के बारे में सोचना बंद कर देना चाहिए. इस से देश की सेहत खराब होने का डर रहता है. देशद्रोही का आरोप लगेगा, सो अलग. ठीक कहा न…? Short Story in Hindi

Political Humor : देश संकट में है – आखिर ऐसा क्या हो गया

Political Humor. हमारे देश की जनता को लालकिले से प्रधानमंत्रीजी का भाषण हूबहू सुनाते हुए लोक संपर्क महकमे ने दुखी मन से सूचित किया कि मंत्रीजी की लोकप्रिय बकरी कई दिनों से गायब है. देश संकट की घड़ी से गुजर रहा है.

यह सुन कर देश के सरकारी तंत्र समेत कुछ भावुक किस्म के खाली दिमागों में हायतोबा मच गई.

बंधुओ, ऐसा नहीं है कि मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़ने के लिए प्रशासन ने कोई कोशिश न की हो.

प्रशासन ने मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़ने के लिए पूरी ईमानदारी से कोशिश की थी. अब प्रशासन के हाथ कुछ खास नहीं लगा, तो उस बेचारे का क्या कुसूर.

प्रशासन को तनख्वाह मिलती ही अपने देश के नेताओं के जानमाल की हिफाजत करने की है. जनता की हिफाजत करने के लिए तो ऊपर वाला बैठा है.

अब जब प्रशासन का सारा अमला मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़ने में नाकाम हो गया, तो प्रशासन को न चाहते हुए भी जनता की मदद लेनी पड़ी.

ऐसे में देश के नमक के साथ राशन की दुकान के सड़े आटे की चपाती खाने वाली जनता का भी फर्ज बनता था कि वह खानापीना छोड़ कर मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़े.

जब तक प्रशासन को मंत्रीजी की बकरी नहीं मिल जाती, तब तक वह मंत्रीजी के दुख में शरीक होते हुए अपने महल्ले में दुख सभाएं कराए.

प्रशासन द्वारा इस बारे में पटवारी को जिला प्रशासन तक अपनी रिपोर्ट पहुंचानी होगी और जिला प्रशासन यह रिपोर्ट मंत्रीजी के मंत्रालय को सूचित करेगा.

पटवारी इस बात की तसदीक करेगा कि किसकिस महल्ले में मंत्रीजी के दुख से दुखी हो कर दुख सभाएं की जा रही हैं और फिर मंत्रालय का काम यह रहेगा कि वह तमाम दुख सभाओं की रिपोर्ट बना कर नेताजी को तब तक भेजेगा, जब तक मंत्रीजी की बकरी मिल नहीं जाती.

जिला लैवल पर प्रशासन की दुख सभाओं की रिपोर्ट को खंगालने के बाद ही आगे के लिए यह तय किया जाएगा कि अगले महीने सरकार द्वारा जनता को खिलाया जाने वाला राशन किस महल्ले को भेजा जाए और किस महल्ले में नहीं.

ऐसी जनता को राशन खिलाना अपने लिए हार के दरवाजे खोलने के समान है, जो राशन तो मंत्रीजी का खाए और गुणगान दूसरों के गाए.

मीडिया की मानें, तो सरकार ने मंत्रीजी की बकरी को ढूंढ़ने के लिए खुफिया महकमे की भी मदद ली है. ऐसा भी नहीं है कि मंत्रीजी का आदेश पा कर खुफिया महकमे ने उन की बकरी को ढूंढ़ने में कोई लापरवाही बरती हो.

हमारे खुफिया तंत्र का काम ही सरकार के हर काम को मुस्तैदी से करना है. सरकार के हर आदेश को कोई और माने या न माने, पर वह पूरी ईमानदारी से मानता आया है. अब इसे मंत्रीजी का सौभाग्य मानें या बकरी का कि इतना सब होने के बाद भी खुफिया महकमे के हाथ अब तक निराशा ही लगी है.

रही बात पुलिस वालों की, वे तो बेचारे अपने थाने के अंदर गुम हुए माल को ढूंढ़ने तक में नाकाम रहते हैं, तो उन की बकरी क्या खाक ढूंढ़ पाएंगे.

अब उन बेचारों का भी क्या कुसूर. उन्हें अपने आम के बागों की रखवाली करने से कोई बाहर आने दे तो बेचारे कुछ और नया सीखें, वरना बंदूक उलटी ही पकड़ेंगे, इसलिए इस बार यह काम मंत्रीजी ने उन्हें नहीं दिया.

अपने मंत्रीजी ऐसेवैसे तो हैं नहीं. वे जनता के लिए शहर में सरकारी अस्पताल खुलवाते हैं और अस्पताल जनता को समर्पित कर छींक तक आने पर अपना इलाज कराने चुपचाप विदेश चले जाते हैं.

अब तक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक हैरत की बात तो यह है कि इतनी छानबीन करने के बावजूद भी बकरी नहीं मिली, तो नहीं मिली.

अब बकरी के न मिलने पर मीडिया में ऐसे भी कयास लगाए जा रहे हैं कि बकरी को विपक्ष ने अगवा कर लिया है, ताकि इस बकरी के दम पर कुरसी को ले कर मंत्रीजी से परदे के पीछे कोई सौदा किया जा सके.

उधर एक खबरिया चैनल तो ब्रेकिंग न्यूज में यहां तक दावा कर रहा है कि मंत्रीजी की बकरी को आतंकवादियों ने अगवा कर लिया है और वे चाहते हैं कि बकरी को छोड़ने के बदले मंत्रीजी जेलों में बंद उन के दोस्तों को छोड़ें.

कहा तो यह भी जा रहा है कि मंत्रीजी की बकरी को ढूंढ़ने का काम अमेरिका की खुफिया एजेंसी को दिया जा रहा है. कुलमिला कर मंत्रीजी की बकरी के गुम होने पर जितने मुंह उतनी बातें.

पार्टी के ही लोग अपना नाम न छापने की शर्त पर यह बात कहते फिर रहे हैं कि बकरी खुद ही नेताजी के दुहने से तंग आ कर भाग गई है. कुछ लोगों का तो यही कहना है कि बकरी का दूध सूख जाने पर मंत्रीजी ने खुद ही उसे कहीं छिपा दिया है.

अब तो दबे शब्दों में मंत्रीजी ने अपनी बकरी के गुम होने पर विपक्ष पर आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं.

कुछ राजनीतिक माहिरों का तो यहां तक कहना है कि मंत्रीजी की बकरी के अपहरण के पीछे आईएसआई का हाथ भी हो सकता है.

दरअसल, बकरी हमारे दैनिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन का एक मूलभूत अंग रही है. यही वजह है कि संस्कृति मंत्रालय भी मंत्रीजी की बकरी को ढूंढ़ने में जनता से अपील कर रहा है.

बकरी की जगह अगर मंत्रीजी का कुछ और गुम होता, तो प्रशासन तो प्रशासन, मंत्रीजी तक उसे इतनी गंभीरता से नहीं लेते.

हे मेरे देश के वोटरो, बकरी न होती, तो हमारे साहित्य में यह कहावत न होती कि आखिर बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी. अगर हमारी जिंदगी में बकरी न होती तो क्या कबीर कभी यह लिख पाते :

‘बकरी खाती घास है, ताकी काडि़ खाल,

जो बकरी को खात है, तिनको कौन हवाल.’

अगर बकरी न होती, तो चुनाव में हार के बाद बलि का कोई बकरा न बन पाता.

दोस्तो, अगर बकरी न होती, तो बकरा भी कहां से होता? तब उस की जगह बलि चढ़ने के लिए कौन तैयार हो पाता? गीदड़, सियार तो समाज से आने से पहले ही चालाक रहे हैं. राजनीति में आने के बाद तो क्या मजाल, जो उन का कोई बाल तक बांका कर सके.

यह एक राष्ट्रीय बहस का मुद्दा है, पर इस मुद्दे पर बहस इसलिए जरूरी नहीं मानी जाती, क्योंकि राजनीतिक दलों के पास हार की बेदी पर बलि चढ़ाने के लिए अपनेअपने बकरे मौजूद होते हैं.

बकरी का सब से बड़ा फायदा यह होता है कि इस के केवल 2 ही थन होते हैं. इसे नेताजी कहीं भी दुह सकते हैं. बकरी का दूध निकालने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती. बकरी को जनता से ज्यादा आसानी से दुहा जा सकता है. बस, इसीलिए मंत्रीजी लोकप्रिय बकरी के गुम होने पर बहुत दुखी हैं.

जनता की सुविधा के लिए बकरी का रंगरूप, नैननक्श, कदकाठी से ले कर मिमियाने तक की सारी जानकारी देश के तमाम चैनलों, प्रिंट मीडिया को सरकारी विज्ञापन के रूप में दे दी गई है.

जिस किसी को भी लोकप्रिय बकरी का पता चले, वह तुरंत अपने नजदीकी थाने में खबर करे. सही खबर देने वाले को गणतंत्र दिवस के मौके पर मंत्रीजी द्वारा सम्मानित किया जाएगा. Political Humor

Humour : मैं दिमागी पैदल हूं

Humour. हमारे महल्ले में हफ्तों पानी आए या न आए, हमारे महल्ले में दिनों बिजली गुल रहे तो रहे, हमारे महल्ले में बिजली गुल होने की बीसियों बेकार की शिकायतें करने के बावजूद कोई बिजली महकमे की ओर से बिजली ठीक करने आए या न आए, हमारे महल्ले में सड़क साफ करने वाले हफ्तों नहीं, महीनों आएं या न आएं, पर प्रजा प्रिय सरकार की ओर से कोई न कोई, किसी न किसी की गणना, कोई न कोई सर्वे करने वाले सरकारी देवदूत आएदिन आते रहते हैं.

हालांकि, महल्ले के कुछ दिमागी नक्सली पानी न आने, बिजली गुल रहने, सड़कों की सफाई न होने पर आएदिन होहल्ला करते रहते हैं. होहल्ला करना इन दिमागी नक्सलियों का धर्म है तो उन के होहल्ले से व्यवस्था के कान पर जूं तक न रेंगना व्यवस्था का पेशा. ऐसे में मैं बस, अपनी एनर्जी बचाए रखता हूं.

गणना करने वालों के क्रम में कल एक और गणना करने वाले सरकारी गणक हमारे महल्ले में कोई गणना करते मेरे घर आ पहुंचे.

अजीब है मेरे घर के दरवाजे पर लगी घंटी भी. जब कोई सरकारी मुलाजिम किसी काम से आता है तो एकदम ठीक हो जाती है.

मतलब, अब सरकारी मुलाजिमों से दरवाजे पर लगी खराब घंटी तक डरने लगी है.

दरवाजे की घंटी के खराब बटन की ओर ज्यों ही उन्होंने व्यवस्थागत उंगली बढ़ाई ही कि खराब बटन पर व्यवस्थागत उंगली पड़ने से पहले ही दरवाजे की घंटी बज उठी तो मैं तुरंत सम झ गया कि शर्तिया सरकारी मुलाजिम पधारा है. कोई पड़ोसीवड़ोसी होता तो लाख बजाने के बाद भी घंटी न बजती.

घंटी बजते ही मैं ने भीतर से अनादर करते ससादर पूछा, ‘‘जनाब कौन? कहां से तशरीफ लाए हैं?’’

‘‘सरकार की ओर से तशरीफ लाया हूं.’’

‘‘सेवा करवाने आए हो या…?’’ ‘‘नहीं गणना द्वारा सेवा करने आया हूं.’’

‘‘जनाब, किस की? गधों की?’’ ‘‘नहीं, वह मैं पिछले महीने कर गया था.’’

‘‘तो जनाब, उल्लुओं की?’’ ‘‘नहीं, वह उस से पिछले महीने कर गया था.’’

‘‘तो जनाब,  झोटों की?’’ ‘‘नहीं. उसे करने के अभी सरकारी आदेश नहीं हुए हैं?’’

‘‘तो सरकारी नसबंदी हो जाने के बाद भी अपनी संख्या बढ़ा रहे कुत्तों की?’’

‘‘नहीं, दिमागी नक्सलियों की,’’ कह जनाब ने दरवाजा खोलने का अनायास प्रयास किया कि उस से पहले मैं ने ही डरते हुए दरवाजा खोल दिया ताकि उस वक्त तो कम से कम  मैं दिमागी होते हुए भी दिमागी नक्सली न लगूं.

वे सीना चौड़ा रख भीतर आए. आते ही इधरउधर  झांका. कोई दिमागी नक्सली होने की निशानी ढूंढ़ रहे थे शायद. ताक झांक करने के बाद बोले, ‘‘घर में कितने रहते हैं?’’

‘‘कौन जनाब?’’ ‘‘दिमागी नक्सली.’’

‘‘दिमागी नक्सली तो कोई नहीं. दिमागी पैदल 4 रहते हैं.’’

‘‘श्योर?’’ ‘‘श्योर नहीं जनाब, डैड श्योर.’’

‘‘सरकारी रिकौर्ड में दर्ज कर लिया जाए?’’ ‘‘जी, जनाब.’’

‘‘जेनजी कितने हैं?’’ ‘‘2 हैं.’’

‘‘और जेनडी?’’

‘‘जेनडी बोले तो?’ मैं ने अघोषित नई जेनरेशन जेनडी के बारे में पूछा तो वे बोले, ’’जेनडी बोले तो डिस्टर्ब्ड जेनरेशन.’’

‘‘वह तो केवल मैं हूं,’’  मैं ने ‘जो मैं हूं’, उसे खुले मन से हंसते हुए स्वीकारा कि अचानक उन्हें सामने टेबल पर कुछ किताबें, पत्रिकाएं दिखीं तो वे मेरे दिमागी पैदल होने पर सवाल खड़ा करते बोले, ‘‘तुम  झूठ बोलते हो कि तुम दिमागी नक्सली नहीं?’’

‘‘नहीं जनाब, सच बोल रहा हूं. आप की कसम.’’

‘‘देखो, मेरी कसम मत खाओ. अभी मेरी बहुत लंबी सर्विस पड़ी है. मु झे सरकार और जनता को अभी बहुत खाना है. तो ये टेबल पर किताबें, पत्रिकाएं क्यों?’’

‘‘ये कहानियों की किताबें, पत्रिकाएं हैं जनाब. दिमागी पैदल मनोहर कहानियां, कविताएं पढ़ते हैं, समाज के सच नहीं,’’ मैं ने कहा तो वे मु झ से कुछ कुछ संतुष्ट हुए और कुछकुछ असंतुष्ट रहे.

आखिर अपनी बची हुई असंतुष्टि को खत्म करने के लिए उन्होंने अपने सरकारी बैग से प्रश्नावली निकाली और मु झ से बोले, ‘‘सरकार ने एक प्रश्नावली तैयार की है.’’ ‘‘किसलिए जनाब?’’

‘‘ताकि इस प्रश्नावली से सवाल पूछ कर दिमागी नक्सलियों और दिमागी पैदलों को अलगअलग किया जा सके.’’

‘‘तो पूछिए जनाब, हाथ कंगन को आरसी क्या, दिमागी पैदल को फारसी क्या?’’

‘‘मतलब तुम फारसी जानते हो? पढ़ेलिखे हो?’’

‘‘पढ़ालिखा था, जब था. शादी के बाद से दिमागी पैदल चल रहा हूं. बस, दादी के समय का पता नहीं क्यों मुहावरा याद आ गया,’’ मैं ने माफी सहित विनम्र निवेदन किया तो वे कुछ विनम्र हुए, ‘‘तो मेरा पहला सवाल यह कि तुम सरकार को रक्षक मानते हो या भक्षक?’’

‘‘यह भी कोई सवाल हुआ जनाब. मैं तो सरकार को प्रजा का रक्षक मानता हूं.’’

‘‘चाहे वह भक्षक हो?’’ ‘‘जो सरकार को सपने में भी भक्षक होते हुए भक्षक माने उस के दिमाग में कीड़े पड़ें, वह भी गजगज भर लंबे,’’ उन के सवाल का जवाब दे कर मैं ने अपने को दूसरे सवाल के लिए तैयार किया.

‘‘तुम्हारे लिए सरकार किस का रूप है?’’  ‘‘जनाब, देवता का.’’

‘‘और सरकार के मुलाजिम?’’  ‘‘जनाब, देवता के देवदूत.’’

‘‘मतलब?’’ ‘‘मतलब जनाब यह कि जहांजहां देवता खुद नहीं जा सकते, वहांवहां वे अपने मुलाजिमों उर्फ अपने देवदूतों को प्रजा का हित करने को भेज देते हैं,’’ सुन उन का सीना 5 इंच बढ़ा.

‘‘तुम्हें कभी नहीं लगा कि देवता के किसी फैसले का तुम्हें विरोध करना चाहिए? उस से सवाल पूछना चाहिए?’’

‘‘जनाब नहीं. कभी नहीं लगा. सरकार से सवाल पूछना सब से नीचता का काम है. जिन्होंने उस से सवाल पूछे, उनउन को उन का श्राप ऐसा लगा कि… ऐसा लगा कि…’’

‘‘अगर सरकार अपने एजेंडे को ले कर प्रजा विरोधी काम करे तो तुम उसे क्या मानते हो?’’

‘‘जनाब, प्रजा के पिछले जन्म के पाप.’’

‘‘क्या सरकार जन कल्याण के नाम पर अपना और अपनों का कल्याण करती है?’’

‘‘जनाब, अब सरकार कुछ काम तो करती नहीं. पर पेट तो उस के और उस के अपनों के भी तो लगे हैं. ऐसे में जो वह प्रजा के असंख्य पेटों में से केवल एकएक दाना लेले तो प्रजा का इस से बड़ा सरकार हित में और त्याग क्या…’’

‘‘क्या सरकार का कोई गुप्त एजेंडा होता है?’’

‘‘नहीं जनाब, सरकार आसमान से भी ज्यादा खुली होती है.’’

‘‘सरकार किस के कल्याण के लिए बनी होती है, प्रजा के या पूंजीपतियों के?’’

‘‘पूंजीपति भी तो पूंजीपति से पहले प्रजा ही होते हैं जनाब.’’

‘‘तुम्हारा कोई अपना विचार या विचारधारा?’’

‘‘नहीं जनाब, मेरे तो विचार भी सरकार के और विचारधारा भी सरकार की.’’

‘‘मतलब?’’ पूछ कर वे मु झे भीतर से घूरे तो मैं ने कहा, ‘‘जनाब, अपना तो न कोई विचार, न कोई विचारधारा. केवल सरकार का जयकारा.’’

‘‘मजाक तो नहीं कर रहे हो?’’

‘‘जनाब, दिमाग से पैदल न मजाक करता है और न ही मजाक सम झता है.’’

‘‘गुड…’’ प्रश्नावली में दिए गए सवालों के मेरे द्वारा दिए जवाबों को सुन ज्योंज्यों वे धीरेधीरे आगे बढ़ते गए,  त्योंत्यों वे खुश से ज्यादा खुश होते गए कि हमारे महल्ले में अभी भी कोई तो दिमागी पैदल है.

‘‘प्रजा का असली धर्म क्या है?’’  ‘‘सरकार की दिमाग मूंद कर जयजयकार करना.’’

‘‘जो कोई जयजयकार न करे तो?’’

‘‘तो उसे तत्काल घुसपैठिया करार दे देश निकला दे दिया जाए.’’

‘‘क्या तुम अपने को दिमागी पैदल मानते हो?’’

‘‘मानता ही नहीं जनाब, शर्तिया दिमागी पैदल हूं. आप के पास समय हो तो मैं अपना दिमाग खोल कर आप को उस का पैदलपन दिखा सकता हूं.’’

‘‘और तुम्हारी बीवी?’’

‘‘वह तो जनाब मु झ से भी ज्यादा दिमागी पैदल है. शादी के समय छत्तीस नहीं, सैंतीस गुण मिले थे हमारे. कुछ भी नहीं सोचती. बस, हरदम बौराई सरकार… सरकार… सरकार… सरकार कहिए… जाहि विधि राखे सरकार, ताहि विधि रहिए, सरकारी मीरा हो बेसुध गाती रहती है. वह तो अपने प्रभु की भक्त नहीं, उन्मुक्त भक्त है.’’

‘‘और जो तुम्हारे घर में जेनजी हैं, वे क्या हैं?’’

‘‘जनाब, नयानया खून हैं. जवानी के जोश में थोड़ेथोड़े दिमागी नक्सली से हैं. बाप से भी सवाल पूछ लेते हैं. लाख सम झाने के बाद भी भगवान स्वरूप बाप तक का भी विरोध कर लेते हैं. वैसे मैं उन्हें अपनी तरह का बनाने की कोशिश तो पूरी कर रहा हूं, ताकि उन्हें जब विकास के  झूठ की हकीकत का पता चलेगा तो तय है कि धीरेधीरे वे भी…’’

‘‘गुड. अब अगली कोई गणना सरकार ने कराई तो दोबारा कष्ट देने आऊंगा,’’ जनाब ने मु झे और मेरी धर्मपत्नी को कम्पलिटली दिमागी पैदल और मेरी जेनजी को संभावित दिमागी पैदल के कौलम में डाल कर अपने कागज लपेटे और अगले घर की ओर लपके.  Humour

Short Story in Hindi : जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र

Short Story in Hindi. भक्तो, हमारे देश में सरकारी नौकरी में आज इतने ज्यादा खतरे बढ़ गए हैं कि अपने को तीसमार खां कहने वाले भी कुरसी पर बैठने से पहले सौ बार भगवान का नाम लेते हैं. क्या पता कब जनता से कुछ लेते हुए क्राइम ब्रांच वालों के हत्थे चढ़ जाएं. क्या पता कब कैसे तबादला हो जाए. क्या पता कब सस्पैंड हो जाएं.

सरकारी नौकरी में बुरे दिन आते देर नहीं लगती, इसीलिए हम ने सरकारी नौकरी में काम कर रहे अपने भाइयों और बहनों के लिए शास्त्रोक्त विधि से अपने ही देश में तैयार किया है जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र, ताकि हमारा हर भाई मजे से कुरसी पर बैठे और अपनी दोनों टांगें मेज पर रख कर मौज कर सके. साहब तो साहब, भगवान तक उसे पूछने की हिम्मत न कर सके कि यार, दिन में ही यह क्या रात वाली लूटमार शुरू कर रखी है.

दोस्तो, दुनिया में साहब को पटाने का ऐसा कोई यंत्र नहीं है, जैसा यह चापलूस चालीसा यंत्र है. इस यंत्र का हर शब्द जाग्रत मंत्र है. इस यंत्र के आगे एक ऐसा लैंस लगा है, जिस में एक खास कोण से देखने पर संपूर्ण चापलूस चालीसा मंत्र के हर शब्द को साफसाफ पढ़ा जा सकता है. यह अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र शुद्ध चौबीस कैरेट गोल्ड प्लेटिड साहब मूरत पर लिखा गया है. यह यंत्र पसीने से खराब नहीं होता.

इसे पहन कर मुलाजिम कुछ भी करे, उसे पसीना आता ही नहीं, बल्कि इस यंत्र को देख कर दूसरों को पसीने आने लगते हैं. इसे गले में जिसजिस ने डाला, आइए अब जानते हैं उन्हीं की जबानी इस अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र की रहस्यमयी कहानी :

मिस्टर राजेश : मैं ने जब से इस यंत्र को गले में डाला है, साहब मेरे वश में हो गए हैं. जब तक यह चमत्कारी यंत्र मेरे गले में नहीं था, तब तक साहब मेरी ओर देखते भी नहीं थे. साहब सामने आते थे, तो मेरे पसीने निकलने शुरू हो जाते थे. मैं उन के आगेपीछे दुम हिलाता हुआ थक जाता था, पर वे मुझ कुत्ते की ओर ध्यान तक न देते थे. सच कहूं, जब से मैं ने यह अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र गले में डाला है, तब से मैं साहब की बीवी से भी ज्यादा उन के नजदीक हो गया हूं. अब मैं नहीं, बल्कि वे मेरे आगेपीछे दुम हिलाते हैं. वे मुझे अपनी बीवी से भी ज्यादा प्यार करते हैं. जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र.

मिस्टर देवेंद्र : जब मेरे एक दोस्त ने मुझे इस अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र के बारे में बताया, तो मुझे जैसे जीने की नई राह मिली. पहले तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ था कि अपने देश में भी ऐसे आला दर्जे के चापलूस चालीसा यंत्र बन सकते हैं. सच कहूं, तो मेरे ऊपर रिश्वत लेते हुए हर समय सस्पैंड होने का खतरा मंडराता रहता था. अब पुरानी लत होने के चलते छोड़ी भी नहीं जा रही थी. दुविधा में था कि अब क्या करूं, क्या न करूं?

आखिरकार मेरी परेशानी को देख कर मेरे उस दोस्त ने मेरे गले में अपना श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र डाला, तो पहनते ही मेरी रिश्वत के बारे में नैगेटिव सोच एकदम बदल गई. मुझे ऐसा लगा कि रिश्वत लेना भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि यह तो मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है. देखते ही देखते मेरे मन से रिश्वत का डर जाता रहा और मैं ने यह अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र मंगवा कर अपने गले में डाल लिया. सच कहूं, जब से मैं ने इस अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र को गले में डाला है, तब से मेरे रिश्वत लेने के हौसले में सौ गुना इजाफा हुआ है.

अब मुझे महकमे के किसी मुलाजिम से कतई डर नहीं लगता. अब दफ्तर में लोग मुझे देवू नहीं, बल्कि रिश्वत का देवेंद्र कहने लगे हैं. जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र. भाइयो, इस देश में इन की ही तरह लाखों ऐसे मुलाजिम हैं, जो इस यंत्र को गले में डाल कर नौकरी में मजे कर रहे हैं. हमाम में नंगे नहा रहे हैं. भूख न होने के बाद भी बस खाए जा रहे हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि दफ्तर में कदम फूंकफूंक कर रखने से छुटकारा मिले, तो आज ही हमारे इस चापलूस चालीसा यंत्र को मंगवाइए. कीमत केवल 5 हजार रुपए. डाक खर्च 2 सौ रुपए अलग.

और हां, अगर आप अभी और्डर करते हैं, तो अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र के साथ 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिड चेन फ्री.

बंधुओ, हम अपने चापलूस चालीसा यंत्र का किसी अखबार में कोई इश्तिहार नहीं देते. नकली अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र से सावधान रहें. आप की सुविधा के लिए हम ने नकली यंत्र से बचने के लिए डब्बे पर आप के ही शहर के लोकप्रिय भ्रष्ट की तसवीर बनाई है, जो आंखें बंद कर के भी बिलकुल साफ दिखती है. कमाल का है यह जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र. Short Story in Hindi

story in hindi : बड़ा फील करने के अवसर पगपग पर

story in hindi. हर आदमी बड़ा होना, बड़ा बनना चाहता है. लेकिन हर आदमी बड़ा बन नहीं सकता. यदि सभी बड़े बन जाएं तो फिर कोई बड़ा नहीं रहेगा क्योंकि कोई छोटा नहीं बचेगा. आदमी जो मुकाम हासिल नहीं कर पाता है, वह उस के अवचेतन में बैठ जाता है और समयसमय पर प्रकट होता है. कोई सोते में सपने देखता है तो कोई जागते में देखता है.
वैसे, जो बड़ा नहीं बन पाया उस के लिए हर जगह अवसर उपलब्ध हैं कि वह अपनेआप को दूसरों से बड़ा फील करे. एक उदाहरण ले लें, एक प्रसिद्ध गायक का कार्यक्रम शहर के औडिटोरियम में चल रहा था. हजारों की भीड़ होने से जगह की मारामारी हो रही थी. कुरसियां भीड़ से काफी कम थीं. जो पहले आ गए वे कुरसी पा गए. जो देर से आए उन्हें यहांवहां खड़ा होना पड़ा. अब जो कुरसी में बैठे थे वे इन खड़े लोगों से अपने को बड़े समझने लगे. यह भाव उन में ज्यादा झलक रहा था जिन की कुरसी के बिलकुल पास 10-15 लोग खड़े थे. वे अब कार्यक्रम कम देख रहे थे, खड़े लोगों को ज्यादा देख रहे थे. यहां अवसर था छोटे होते हुए भी अपने को बड़ा फील करने का. एकदो चवन्नी के चलन से बाहर होने के बाद भी अपनेआप को हजार रुपए के सिक्के के बराबर समझ रहे थे. बड़े होने के अवसर बड़ा न होते हुए भी हर जगह हैं.
दूसरी स्थिति लीजिए, आप भद्र पुरुष हैं. अचानक शहर से बाहर जाना पड़ा. ट्रेन में आरक्षण नहीं मिला. आप को स्लीपर में बिना आरक्षण के जाना पड़ा. ट्रेन में खचाखच भीड़ थी. कई लोग अर्थ पर थे, मतलब फर्श पर. आप जिस बर्थ पर बैठे, वह आरक्षित थी. बैठे हुए सज्जन ने पहले तो कोई प्रतिक्रिया नहीं की लेकिन बाद में पूछ बैठे कि आप का बर्थ नंबर कौन सा है. आप ने कहा कि अभी तो टीटीई का इंतजार कर रहे हैं. आप ने उसे बड़ा फील करने का अवसर प्रदान कर दिया. वह बड़ा फील कर रहा था लगातार और आप उस के रहमोकरम पर थे. आप जब कभी अर्थ पर बैठे लोगों और कभी इस को देखते तो आप को लगता कि वह आप से बड़ा है. उस के चेहरे के हावभाव से ऐसा लगता भी था. ऐसे ही स्थिति सिटी बसों में भी बनती है यदि आप को खड़ा होना पड़े और कोई बैठा हो. लेकिन यहां बड़ा होने का खयाल बहुत कम समय के लिए रहता है. जो आज सीट पर बैठा है वह कल खड़ा हो कर छोटा फील कर सकता है.
छोटा होते हुए बड़ा फील करने के बड़े अवसर हैं. आप सिनेमा देखने सपरिवार गए हैं. लाइन में लगे हैं टिकट लेने के लिए और आप के पहले वाले को टिकट मिल गया है. आप के आते ही टिकटखिड़की धड़ाम से बंद हो जाती है. अब जिसे टिकट मिल गया है उस के चेहरे पर मुसकान है. आप के चेहरे पर मायूसी. वह बड़ा फील कर रहा है. छोटा आदमी हो सकता है, फेरी लगा कर पेट भरता हो या गुब्बारे बेचता हो लेकिन इस समय उस का मुंह प्रसन्नता की हवा से गुब्बारे की तरह फूल कर कुप्पा हो गया है. आज सपरिवार वह इस हिट मूवी को देखेगा और आप टिकटरूपी खेल में हिटविकेट हो गए हैं. आप की पत्नी का भी मुख फूल कर कुप्पा हो गया है लेकिन यह नाराजगी की हवा भरने से हुआ है.
यही तत्काल के आरक्षण की लाइन में भी होता है. आप सुबह 6 बजे से जा कर लाइन में लग गए हैं. आप के पहले 4 बजे से ही कई लोग लगे हैं. 8 बजे खिड़की छपाक से खुलती है, काम शुरू हो गया है. कैसे पता चला? रेलवे के चरमराते हुए डौट मैट्रिक्स प्रिंटर की कर्णभेदी ध्वनि लय में सुनाई दे रही है.
लाइन में सब बराबर हैं रिकशे वाला, आटो वाला, फेरी वाला, बाबू, अधिकारी, व्यापारी, प्रोफैशनल. लेकिन आप के नंबर आने के पहले 4 आदमी और हैं. आप व पीछे के सभी हाथ मलते रह गए जब छपाक से खुली खिड़की धड़ाम से बंद हो गई. ऐसी कि लगा कि धड़कन न बंद हो जाए. अब जो आदमी आरक्षण करवा कर जा रहा था, वह आप जैसे छोटे रह गए लोगों के सामने अपने को बड़ा समझेगा ही. आप बड़े बाप की औलाद हो, कार से कालेज आते हो. आप के कालेज का आज रिजल्ट आया है. आप सैकंड ग्रेड में आए हैं जबकि रामरतन मोची का साइकिल में आने वाला लड़का फर्स्ट ग्रेड में है. अब उस का समय है बड़ा फील करने का.
बड़ा फील करने का अवसर तो किसी होटल बुक करते समय भी उपलब्ध है. सीजन है, होटल्स बुक हैं. पर्यटकों से भरे पड़े हैं. आप भी पहुंच गए हैं. होटलों के चक्कर काट रहे हैं. कहीं कमरा नहीं मिला. 7वीं होटल में आए हैं. एक ही कमरा बचा है. एक अनार और 4 बीमार, 3 और लोग कमरे को खोजते आ गए हैं. एक ज्यादा व्यावहारिक निकला. ऐसे मौके पर उस ने बिना कमरे को देखे ही हां कर बुक कर दिया. अब आप तीनों छोटों के सामने वह अंदर ही अंदर मुसकराता हुआ बड़ा फील कर रहा है.
भगवानों की दुकानों में भी लोग अपने को बड़ा फील करते हैं या करवाते हैं. कहने को यहां सब बराबर होने चाहिए लेकिन कई लोग खुद दुकानदार पंडों को पैसा दे कर उन से वीआईपी पास बनवा लेते हैं और लाइन से हट कर सीधे पूजा के प्रोडक्ट के सामने पतली गली से पहुंच जाते हैं. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखते ही रह जाती है और ये अपने को बड़ा फील करने लगते हैं. बड़ा फील करने के अवसर हर जगह हैं. बड़ा बनना बड़ा कठिन है, बड़ा फील करना बड़ा आसान है. बस, मौका मिलना चाहिए. ठीक है समय ने आप को अभी तक छोटा ही रखा है. लेकिन बड़ा फील करने, थोड़ी देर के लिए बड़ा बन जाने के अवसर पगपग पर हैं.
वैसे भी, इस देश में आम आदमी छोटा ही रह जाता है ताउम्र. यहां बड़ा माना जाता है उस को जिस के पास धनदौलत हो, भले ही वह घोटालेबाजी से, कालाबाजारी से या सरकारी धन में पलीता लगा कर की गई कमाई हो. और यहां बड़ा बनने के अवसर अधिकारी, ठेकेदार, नेता व दलालों को ज्यादा मिलते हैं. तो फिर, बड़ा फील करने के जितने अवसर मिलते हैं उन को एंजौय करने में ही समझदारी है. story in hindi

Story in Hindi: ऐरावत का इंतजार – क्या देश में आ पाया ऐरावत

Story in Hindi. महाराजा ने एकाएक ऐलान किया कि वे देश में ऐरावत हाथी लाएंगे. महाराजा के ऐलान पर किसी को शक करने की जरूरत ही नहीं पड़ी. महाराजा जो कहें वही सही. सभी ने महाराजा की तारीफ की. कहने लगे जो ऐरावत हम ने पुराणों में पढ़ा है वह अब हमारे सामने होगा. दूध जैसा सफेद. दूब खाने वाला. उस के पंख होंगे. पलक झपकते ही चाहे जहां उड़ कर जा सकेगा. सुबहसुबह उस के दर्शन करने से दिन अच्छा जाता है.

लेकिन विकास का शिकार बने आदिवासियों को एकदम यकीन नहीं हुआ. उन्होंने सोचा कि जब उन के जंगलों की हजामत की जा रही थी और जमीन का सीना खोदा जा रहा था तब तो उन्होंने कोई सोने का हिरन नहीं देखा था. तो यह ऐरावत हाथी कैसे आ सकता है? वे सब मिल कर गांव के मास्टरजी के पास पहुंचे.

‘‘मास्टर साहब, क्या यह सच है कि अपने यहां पंख वाला ऐरावत हाथी आने वाला है?’’

‘‘क्या बकते हो?’’ मास्टर साहब ने नाराज हो कर कहा.

गांव वालों ने कहा कि लेकिन हमारे महाराजा का तो यही कहना है.

मास्टर साहब कई सालों से इस खुले शौचालय वाले गांव में रह रहे थे. इस वजह से उन की पत्नी शहर में रह रही थी. दूसरे गांवों में तो कागजों पर कई शौचालय बन चुके थे, लेकिन यहां तो वह भी नहीं. कई बार तबादले की कोशिश की लेकिन यहीं सड़ रहे थे.

इस बार पक्की उम्मीद थी. आखिर में मास्टर साहब ने महाराजा के जन्मदिन पर स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम करवाया और उन्हें शुभकामना संदेश भिजवाया. ऐसे में महाराजा के ऐरावत हाथी लाने की बात पर शक करना यानी देशद्रोह माना जा सकता है.

मास्टर साहब डर गए. उन्होंने हा कि जब महाराजा कह रहे हैं तो जरूर ऐरावत हाथी आएगा.

गांव वालों को विश्वास नहीं हुआ. वे सरपंच के पास गए. सरपंच किसी जमाने में हिंदी साहित्य के अच्छे छात्र माने जाते थे. भक्तिकाल उन की रगरग में समाया हुआ था.

उन्होंने भी महाराजा की बात का समर्थन किया. उन्होंने गांव वालों को समझाया कि ऐरावत की लीद में औषधि गुण होते हैं. इसे शरीर पर चुपड़ने से चमड़ी की बीमारी नहीं होती. इस के मूत्र से स्नान करने से गंगा नहाने जितना पुण्य मिलता है.

महामंत्री ने राज खोला कि रावण के पास भी ऐरावत हाथी था, लेकिन ऐन दशहरे के दिन वह नाराज हो कर राम की सेना में चला गया, इसलिए रावण की मौत हो गई.

महाराजा के शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐरावत सिर्फ दूध पीता है और हीरेमोती खाता है. वह हथिनी की गंध पा कर ही अपने शरीर से बच्चा पैदा करता है.

उधर महाराजा ने प्रजा को बताया कि देश के स्वर्णिम काल में ऐरावत हाथी थे, लेकिन पिछली खानदानी राजशाही के पापाचार के चलते वे खत्म हो गए.

उन्होंने आगे कहा कि खानदानी महाराजा तो अरबी गधा तक नहीं ला पाए, लेकिन हम देश का पुराना गौरव वापस लाएंगे. जो अभी भूंक रहे हैं वे देखेंगे कि भले दिन आएंगे और देश में ऐरावत की धूम होगी.

उन्होंने वेदों का हवाला देते हुए कहा कि सूरदास ने भी अपनी कविता रामलला नहछू में ऐरावत का जिक्र किया है. इस पर उन के दीवान ने उन के कान में कहा कि तुलसीदास रामभक्त थे इसलिए उन्होंने रामलला नहछू कविता लिखी.

सूरदास तो कृष्ण भक्त थे. महाराजा ने बिना रुके उसी जोश में कहा कि सूरदास ने कृष्णलला नहछू में ऐरावत हाथी के गुण लिखे हैं.

उन्होंने आगे कहा कि वे देश का स्वर्णकाल वापस लाने को कृतसंकल्प थे. वह ऐरावत पर सवार हो कर आएगा. ऐरावत किसी ऐसेवैसे देश से नहीं बल्कि सूरज के देश से लाएंगे. वे खुद उसे लाने जाएंगे.

अब तो गांव में सिर्फ ऐरावत हाथी की बातें होने लगीं. आखिर महाराजा जो कह रहे हैं. उन के हाथ में जादू है. जानते नहीं, कैसे उन्होंने देखते ही देखते गंदा पैसा गायब कर दिया था. कैसे वे बिना बताए बेधड़क दुश्मन के देश में घुस गए थे और हलवा खा आए थे. अब वे गटर को पवित्र नदी बना कर ही रहेंगे.

महाराजा की जादूगरी के किस्से गरमागरम पकौडि़यों की खुशबू की तरह फैलने लगे. इस वजह से इंद्रदेव की नाराजगी और उस वजह से किसानों की आत्मा का परमात्मा से मिलन, रोजगार की बाट जोहते नौजवान, सस्ती दालरोटी की उम्मीद लगाए गरीब जैसे मुद्दे इतिहास में जमा हो गए.

सभी ऐरावत पर सवार होने की सोचने लगे. बगैर जाने कि वे उस पर सवार होने की हैसियत रखते भी हैं या नहीं. वह कैसे पंख फड़फड़ाते हुए पलक झपकते ही कहां से कहां पहुंच जाएगा. वह बादलों से भी ऊपर उड़ेगा. ऊपर से धरती कैसी दिखेगी, यही सोचसोच कर वे रोमांचित हो रहे थे.

ऐरावत के स्वागत की तैयारियां होने लगीं. वह कोई ऐरागैरा हाथी तो था नहीं इसलिए उस के रास्ते भी खास होने थे. गंदगी भरी धरती पर तो वह चल ही नहीं सकता. उस के लिए रेशम की चादरें बिछाई जाएंगी. धरती के नीचे, धरती पर और धरती के ऊपर भी.

देश में तो इतना रेशम नहीं था इसलिए विदेशों से रेशम की चादरें मंगवाने की कोशिशें की जाने लगीं. सौदा पक्का करने के लिए महाराजा खुद विदेश दौरे पर रहने लगे. सारा देश मानो ऐरावत के सपनों में खो गया.

Political Humor : री गैया पार करो मोरी चुनावी नैया 

Political Humor : वे अब के चुनाव के बहाव में किसी भी तरह अपनी सीट निकालने की फिराक में थे, ताकि इज्जत के साथ देश को खापचा सकें. बिना चुनाव जीते देश को खाने की हिम्मत और हिमाकत करने पर कब्ज होने का कभीकभार डर सा बना रहता है.

रात को जब वे सोए हुए भी जागे से थे तो अचानक सपना आया और उन्हें सुनाई दिया, ‘जो अब के चुनावी तरणी पार करना चाहते हो तो गाय की शरण में जाओ. उस का गोबर अपने बदन पर मलो. उस के मूत्र से नहाओ. अब के चुनाव में जनता का नहीं, गाय का सिक्का जम कर चलेगा. गाय का जिस पर आशीर्वाद होगा, वही सत्ता की लंगड़ी घोड़ी चढ़ेगा. इस बार जो गाय को रिझाने में कामयाब रहेगा, वही देश का भार अपने कंधों पर सहेगा.’

सपने की उस आवाज को सुनते ही वे कच्छेबनियान में ही उठे और निकल पड़े शहर के किसी कूड़े के ढेर के पास गाय ढूंढ़ने. अंधेरे में भी अपना मुंह छिपाते… पता नहीं, किस से. ओह, उन्होंने अभी भी अपने मुंह को छिपाने का रिवाज कायम रखा था.

मजे की बात तो यह रही कि उन को अपने घर के बाहर ही रात को फेंके गए कूड़े के पास गाय मिल गई, पर दिक्कत यह थी कि उस के साथ देश का एक नागरिक भी था, उन के फेंके कूड़े में रोटी ढूंढ़ता हुआ. गाय उसे अपने सींग से हटा रही थी तो वह उसे अपनी जबान से डरा रहा था. अब तो आम आदमी के पास जबान ही बची है डराने के लिए, जिसे कानों से बहरी सत्ता ने कभी का सुनना बंद कर दिया है.

पहले तो वे थोड़ा सहमे कि देश के तथाकथित अव्वल दर्जे के नेता होने के चलते एक उंगली भर के नागरिक ने उन्हें उन के द्वारा रात को खापी कर फेंके गए उन्हीं के कूड़े के पास देख लिया तो…?

पर जब जीत का खयाल आया तो वे हुंकार उठे. एकाएक उन्हें गाय में तैंतीस करोड़ वोटर दिखने लगे… अपने चुनाव क्षेत्र के वोटरों से कई गुना ज्यादा.

वे कूड़े के ढेर के पास चंदन की खुशबू लेते खड़ेखड़े सोचने लगे, ‘इतने वोटरों से तो मैं अकेला ही सरकार भी बना सकता हूं.’

कुछ देर और सोचने के बाद उन्होंने कूड़े के ढेर के पास से उस रोटी ढूंढ़ने वाले को हड़काया, धमकाया, भगाया. जब वह उन के डर से सिर पर पैर रख दूर भाग गया तो उन्होंने बिना इधरउधर देखे, कूड़े की परवाह किए बिना गाय की पूंछ के बदले उस के गंदे खुर पकड़े और हो गए आदतन चरणम् शरणम् गच्छामि.

गाय भी उन से जितना अपने खुर छुड़वाने की कोशिश करती, वे उतनी ही जोर से गाय के खुर पकड़ लेते.

कुछ देर कूड़े के ढेर में ही उन के खुर पकड़ने और गाय के खुर छुड़वाने के बीच काफी जद्दोजेहद हुई. आखिरकार जीत उन की हुई तो उन्हें चुनाव में भी अपनी जीत तय लगी.

वे पूरे बदन पर कूड़ा लगा होने के बाद भी खुश हो उठे. उन का जोश अब दोगुना हो गया था. अब बाजी उन के हाथ में थी.

जब गाय ने जनता की तरह उन के आगे लंगर डाल दिए तो गाय ने उन पर अपनी पूंछ घुमाते हुए पूछा, ‘‘क्या चाहते हो तुम चुनाव के दिनों में मुझ से?’’

‘‘हे गऊ मैया, अब के चुनाव में मैं बस आप का साथ चाहता हूं.’’

‘‘मेरा साथ, बोले तो…?’’

‘‘अगर तुम मुझ से खुश हो जाओ गऊ मैया, तो पार लग जाए मेरी

चुनावी नैया.’’

‘‘मतलब, मैं तुम्हारी नाव को चुनाव के दलदल से पार लगाऊं? न बाबा न. यह हम से न होगा. गांवदेश से ‘छोड़ी गईं’ भला कैसे किसी की नैया पार लगा सकती हैं? हम तो खुद ही अपना आसरा ढूंढ़ने के लिए मजबूर हैं.’’

‘‘हे गऊ मैया, मैं अब के तुम्हारे खुर पकड़ कर चुनावी तरणी पार करना चाहता हूं बस. मैं पिछले 20 सालों से चुनावी तरणी के भंवर में फंसा हूं. मत पूछो, देश सेवा करने को उतावले इस मन के क्या हाल हैं.’’

‘‘पर, आज तक तो मेरी पूंछ मरने

के बाद ही वैतरणी पार कराने में ही मददगार होती रही है. ऐसे में… मुझे शक है कि…’’

‘‘मां, कुछ भी करो. वोटरों के सिर पर बहुत चुनाव लड़ लिया. अब के चुनाव तुम्हारे सिर पर लड़ा जा रहा है, सो…’’ कह कर वे घोर मतलबी गाय के चरणों में लोटपोट हुए.

‘‘कल जो सूअर के सिर पर चुनाव लड़ा गया तो क्या तुम उस के भी खुर पकड़ लोगे? हद है तुम लोगों की भी. जब चुनाव के लिए मुद्दे न बचे तो मुझ लावारिस गाय को ही चुनावी मुद्दा बना लिया. कम से कम हम ढोरों को तो छोड़ देते देश के कर्णधारो.’’

‘‘हे गऊ मैया, यह वक्त बहस करने का नहीं है. जैसेतैसे चुनावी तरणी पार लगाने का है. अब के जो तुम मुझे जिता दोगी तो मैं तुम्हें वचन देता

हूं कि तुम्हारे लिए एक फाइवस्टार तबेला बनवाऊंगा.

‘‘हे गऊ, मैया, अगर तुम मुझे जीत का आशीर्वाद दोगी तो मैं हर गलीमहल्ले से वहां के लोगों को बेदखल कर तुम्हारे लिए आलीशान गौशाला बनवाऊंगा.

‘‘जो तुम मुझे जीत का आशीर्वाद दोगी तो मैं तुम्हें सड़क से उठा कर संसद में ले जाऊंगा.

‘‘तुम मुझे जीत का आशीर्वाद दोगी तो मैं तुम्हें राष्ट्रमाता घोषित करवाऊंगा. तुम मुझे जीत का आशीर्वाद दोगी तो…’’ कहतेकहते उन का गला सूख गया.

यह देख कर अपने मुंह में देश का कचरा जुगालती गाय ने अपने मुंह में की गई जुगाली में से कुछ हिस्सा उन के मुंह में डाला तो वे उस से अपना मुंह गीला कर आगे कहने लायक हुए, ‘‘हे गऊ मैया, जो तुम मुझे अपना आशीर्वाद दोगी तो मैं…’’

तभी गाय ने उन्हें जोर से लात मारी और उन की नींद की खुमारी झट से गायब हो गई. वे इधरउधर ताकते हुए घर के अंदर भागे. Political Humor

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें