⚲

Humor: हमारा इटली प्रेम

Humor. इटली से हमारा संबंध 1968 के आसपास से ज्यादा गहरा हुआ, लेकिन जो लोकप्रियता साल 2026 में मिली वह अब तक न मिली थी. उस से पहले इटली की खूबसूरती हमारे गले नहीं उतरती थी. उस से पहले हमारे यहां के विद्वान लोग इटली की एक महिला को ‘जर्सी गाय’ और ‘बार डांसर’ के नाम से बुलाते थे.

ये वही लोग हैं, जो बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा देते हैं. ये वही लोग हैं, जिन्होंने महिला आरक्षण संसद से पास करवाया, लेकिन जो बहुत बड़ा टर्निंग पौइंट हमारे यहां आया वह मैलोनी और मैलोडी के कारण आया. 40 साल जो मैलोडी चौकलेट की दुनिया से गायब थी, वह अचानक से भारतीय राजनीति में नमूदार हुई. बच्चे तो बच्चे, बूढ़े भी ‘मैलोनीमैलोनी’ करने लगे.

यह भी संयोग है कि मैलोनी की तरह ही मैलोडी भी चौकलेटी है. कहने की जरूरत नहीं है कि मैलोनी ने भारतीय राजनीति में मैलोडी को और मैलोडी ने इटली में मैलोनी को लोकप्रियता के शिखर पर ला खड़ा किया.

यह सब प्रायोजित भी हो सकता है. इटली में भी अचानक से मैलोडी की बिक्री में तेजी आ गई होगी और मैलोडी के शेयर ऊपर चढ़े होंगे. हो सकता है कि मैलोनी और मैलोडी की बढ़ती लोकप्रियता ने चीनी के भाव बढ़ा दिए हों.

आखिर बेचने की कला आनी चाहिए. जो 40 सालों से फर्श पर था, वह अर्श पर चला गया. यह नाम की महिमा और संयोग भी हो सकता है, लेकिन मैलोनी चौकलेटी नहीं हैं, ऐसा नहीं हो सकता है. लेकिन संयोग में भी व्यापार की संभावना तलाशी जा सकती है. इस को ही मास्टरस्ट्रोक कहते हैं.

कुछ खास लोग एक ही समय में राजनीति में आते हैं और एकदूसरे के लिए पनौती साबित होते हैं. हालांकि, मैलोनी की खूबसूरती देख कर उन को पनौती कहने का दिल तो नहीं करता, लेकिन जो वैश्विक घटनाक्रम चल रहा है और जिस हिसाब से अभी इटली में जेनजी प्रदर्शन कर रहे हैं, उस को देखते हुए मैलोनी को पनौती ही कहेंगे या यह भी कह सकते हैं कि भारतीय नजरिए में अगर मैलोनी को मैलोडी न भेंट की जाती, तो हम मैलोनी को ‘मैलोनी भाभी’ न कह रहे होते.

कुछ लोग लंका लगाने के लिए ही हमारे जीवन में आते हैं. उन के आने से हमारे जीवन की बचीखुची शांति भी चली जाती है. उन को मैलोडी क्या दी, हमारे यहां जेनजी आंदोलन चालू हो गया. मैलोनी की सरकार ने देश में राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को चेतावनी दी है. जेनजी वहां भी महंगाई और जरूरी मुद्दों को ले कर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन हमारे यहां के लोग बेगानी शादी में अबदुल्ला दीवाना बने हुए हैं. भाई, किस मुकाबले में हम इटली के आसपास ठहरते हैं. न हमारा जीवन स्तर उन के मुकाबले का है, न उन की तरह हमारे यहां की नागरिक सुविधाएं हैं.

महंगाई और दूसरे मुद्दों को ले कर इटली के जेनजी सड़कों पर हैं. ‘मैलोनी भाभी’ का विरोध हो रहा है. ‘मैलोनी भाभी’ ने प्रदर्शन और राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले नाबालिगों के परिजनों से जुर्माना वसूलने को कहा है. यह तो इटली की बात हुई.

सोशल मीडिया पर इटली में हुए प्रदर्शनों और ऐसे सजा की घोषणाओं पर हमारे यहां के लोग फूले नहीं समा रहें हैं. यहां भी ऐसा ही होना चाहिए. लोग कूदकूद कर इटली और मैलोनी की तरफदारी कर रहे हैं, गोया भारत ही इटली हो गया है, गोया मामला इटली का नहीं बल्कि हमारे यहां का है.

जो लोग कूदकूद कर कह रहे हैं. ऐसी सजाओं का हमारे यहां भी प्रावधान  होना चाहिए. भाई, बात तो ठीक है. लेकिन जनता अब विरोध भी न करे. अपने हक के लिए आवाज भी न उठाए. बोलते जिंदा लोग हैं. लोगों का न बोलना, किसी गलत बात का विरोध न करना भी तो गलत है.

लोग अपने हकहकूक के लिए भी न बोलें. ऐसा कभी होता है. लेकिन क्या इटली की तरह हमें भी हमारी सरकार वैसा जीवन स्तर मुहैया करा रही है? क्या हमारी सड़कें इटली की तरह की बनी हुई हैं? हमारे जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकारों ने क्या किया है? स्कूलों की हालत बद से बदतर होती जा रही है. क्या इटली की तरह के हमारे स्कूल हैं? क्या इटली की तरह हमारे यहां स्वास्थ्य सुविधाएं हैं? क्या हमारा स्वास्थ्य बीमा सरकार करवाती है? क्या इटली की तरह हमारे अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं हैं?

इन बातों को ले कर सरकार से कभी सवाल मत पूछो. अपने हक के लिए मत लड़ो. हमारी खुद की हालत ठीक नहीं है और चले हैं इटली में हर्जाना वसूली पर खुश होने. पहले उस देश की तरह अपने यहां आंदोलन कर के दिखाओ. अपने हक की चीजों को  लेने के लिए वहां के लोगों की तरह  लड़ो, तब बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना होना.

ट्रेनों के डब्बे में 64 यात्री के बैठने की सीट पर 640 लोग लटक कर यात्रा कर रहे हैं और चले हैं इटली के प्रदर्शन पर बोलने.  Humor

Political Comedy: पत्नी व देश का संविधान

Political Comedy. इस समय देश का हर नागरिक संवैधानिक हो गया है. अवैधानिक काम करने वाला भी बातबात में संविधान की बात कर रहा है. एक कहता है कि भारतमाता की जय बोलना संविधान में कहां लिखा है, तो दूसरा कहता है कि कहां लिखा है कि नहीं बोल सकते.

अब छोटीछोटी बात में भी लोग संविधान की आड़ ले रहे हैं.  हमारा एक दोस्त मैसेजेस का जवाब नहीं देता था. एक दिन हम ने मैसेज किया कि भाई, थोड़ा सा सोशल हो जा सोशल मीडिया में, तो उस का मैसेज आ गया कि कहां लिखा है संविधान में कि हर मैसेज का जवाब देना आवश्यक है. मैं ने कहा कि यार, तूने तो मिलियन डौलर का प्रश्न खड़ा कर दिया. तू सही कह रहा है कि नहीं, यह मैं कैसे सही या गलत ठहराऊं.

अब यह संविधान की आड़ लेने वाली बात छूत के रोग की तरह हर तरफ फैलती जा रही है. उस दिन मैं सब्जी बाजार में था. मैं ने मोलभाव करना चाहा, तो सब्जी वाला बोला, ‘साहब पढ़ेलिखे हो कर भी एक दाम की तख्ती आप ने नहीं पढ़ी. संविधान में मोलभाव करने का उल्लेख नहीं है. कहां लिखा है, यदि लिखा हो तो हमें बताएं.’ मैं बहुत देर तक उस का थोबड़ा देखता रहा कि अब तो सब्जी मंडी में भी सब्जी वाला सब्जीभाजी की कम, संविधान की ज्यादा जानकारी रखने लगा है.

संविधान गलीकूचेबाजार से होते हुए घर के किचन में कब घर कर गया, हमें वैसे ही भान ही नहीं हुआ जैसे दिल्ली में भाजपाकांग्रेस का सफाया होने का नहीं हुआ था. पिछले रविवार को मैं ने पत्नी के सामने इच्छा प्रकट की कि आज रविवार है, कुछ खास डिश हो जाए? तो उस ने आंखें तरेर लीं कि पत्नी रविवार को पति के लिए खास डिश तैयार करेगी, यह संविधान में कहां लिखा है.

मैं भौचक था इस संविधान के घर के रसोई तक आ पहुंचने से. मैं ने सोचा, यह बाहर जो हवा बह रही है, शायद उसी का परिणाम है. वैसे, इस देश में आजकल किसी भी बात की हवा के चहुंओर पहुंचने में समय नहीं लगता है. मेड 2 दिन नहीं आई. वैसे यह कोई नई बात नहीं है. मेड इस तरह से मेड है कि वह आकस्मिक रूप से कभी भी गायब हो जाती है. पत्नी ने पूछ लिया कि 2 दिन कहां रही, बिना बताए छुट्टी मार ली, ऐसे नहीं चलेगा? तो वह हाथ नचा कर बोली कि संविधान में कहां लिखा है कि 2 दिन मेड बिना बताए नहीं आ सकती? और मैडमजी, आप की यह पड़ताल गैरसंवैधानिक ढंग की लग रही है? मैं मेड के संविधान के प्रति अचानक उपज आई सजगता से अचंभित था.

गांवों में नईनवेली आई पत्नियों के शौचालय के अभाव में ससुराल छोड़ने के तो आप ने कई किस्से पढ़े होंगे. अब नईनवेली बहू को किसी ने ज्ञान देने की कोशिश की कि सुबह उठ कर सासससुर के पैर छूना चाहिए. तो वह बोली कि फिर कहना कि रात को सास के पैर दबाना चाहिए. उस ने आंख मार कर आगे कहा कि संविधान में ऐसा कुछ नहीं लिखा है, इसलिए वह बाध्य नहीं है. उस के आराध्य न पति है और न सास. उस का कैरियर ही उस का आराध्य है, उस का संविधान है.

महिला मंडल की किटी पार्टियों का यह मौसम है. हम ने एक दिन हिम्मत बटोर कर, पत्नी से कहा कि अब किटी पार्टियां बंद कर दो क्योंकि बच्चों की परीक्षा नजदीक आ रही है. तो वह बोली कि संविधान का अध्ययन कर लो, उस में ऐसा कहीं लिखा नहीं है. मैं ने कहा कि बहुत जवाब देने लगी हो? तो वह तपाक से बोली कि संविधान में यह कहां लिखा है कि पत्नी केवल सुन सकती है, पलट कर जवाब नहीं दे सकती. आगे वह बोली, ‘‘जब मोदीजी कह रहे हैं कि उन का धर्म देश का संविधान है तो फिर हम कैसे इस का सम्मान करने में पीछे रह सकते हैं.’’

बौस के घर में एक कार्यक्रम था. हम ने पत्नी से गुजारिश की कि चलना है तो वह तपाक से बोली कि संविधान में कहां लिखा है कि पत्नी का बौस के यहां के हर बोरिंग फंक्शन में जाना जरूरी है. बौस आप का होगा, हमें तो उस दिन किटी पार्टी में जाना है.

ये दोटूक बातें आजकल संविधान की बैकिंग के कारण हमें हर जगह सुनने को मिल रही हैं. सरकार ने डाक्टरों को प्राइवेट प्रैक्टिस करने से रोका क्या, कि उन की यूनियन खड़ी हो गई कि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया है कि डाक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर सकता. उस ने तो शपथ ली हुई है मरीज का इलाज करने की. इस के बदले में यदि स्वेच्छा से कोई मरीज कुछ दे जाता है तो इस के लिए डाक्टर कहां जिम्मेदार है?

शाम को पत्नी घर पर नहीं थी. चाय खुद बनानी पड़ी. वह 8 बजे घर में आई. हम पूछ बैठे कि कहां चली गई थी, हमें चाय भी आज खुद ही बनानी पड़ी? हमारा इतना कहना था कि वह बिफर गई, नहीं, सही कर लेता हूं कि वह भड़क पड़ी. ध्यान रहे पत्नियां अकसर भड़कती हैं पति नामक जीव पर. और पति की बोलती बंद हो जाती है, ले बच्चू अब ऊंट पहाड़ के नीचे आया है. वह बोली कि देश के संविधान में कहां लिखा है कि मैं कहीं जाऊंगी तो पूछ कर जाऊं और आगे भी कि यह कहां लिखा है कि चाय रोज मैं ही बना कर दूंगी. और संवैधानिक जानकारी लो, काम आएगी कि, संविधान में पति द्वारा चाय बना कर पत्नी को पिलाने की कोई रोक नहीं है? सो, तुम्हें तो अपनी चाय के साथ ही एक अदद चाय मेरे लिए भी बना कर थर्मस में रख देनी थी.

मैं अब निरुत्तर था. आप के पास कोई उपाय हो तो बताएं संविधान के घेरे से निकलने का. वैसे, आप की भी स्थिति मेरे से कम बदतर नहीं होगी, यह मैं जानता हूं, फिर भी आप से पूछ रहा हूं. Political Comedy

Political Satire: नेताजी कहिन जनता से, भूखे मत मरना

Political Satire. गांव में अफरातफरी थी. लोगों की आंखें आसमान की तरफ लगी थीं. वे आसमान में पानी के लिए नहीं, बल्कि इसलिए टकटकी लगाए हुए थे, क्योंकि वहां हैलीकौप्टर से मंत्रीजी आने वाले थे.

मंत्रीजी वहां इसलिए आ रहे थे, क्योंकि अखबारों में यह खबर छपी थी कि उस गांव में कुछ लोग भूख से मर गए हैं. मंत्रीजी को इस बात पर कतई यकीन नहीं था कि कोई भूख से मरा होगा.

उन का मानना था कि आदमी अपने कर्मों से मरता है, भूख तो केवल एक बहाना है. इस में सरकार क्या करे. पर वे अपने मन की इन बातों को लोगों के सामने जाहिर नहीं करना चाहते थे. इस से वोट बैंक पर बुरा असर पड़ सकता था.

फिलहाल मंत्रीजी जिला हैडक्वार्टर पहुंच चुके थे. अफसरों के साथ बैठक और लंच के बाद गांव के दौरे पर जाने का कार्यक्रम था. बाहर विरोधी दल के लोग काले झंडे दिखा रहे थे. पुलिस दूर से ही उन्हें डंडे दिखा रही थी.

अभी तक केवल देखनेदिखाने का ही खेल चल रहा था. आगे क्याक्या होना था, यह किसी को पता नहीं था. भीतर अफसरों के साथ मंत्रीजी की मीटिंग चल रही थी. मंत्रीजी ने मिनरल वाटर का घूंट भरा. दिन में वे केवल मिनरल वाटर ही पीते थे.

उन्होंने बड़े अफसर से सवाल किया, ‘‘क्या यह सच है कि आप के जिले में लोग भूख से मरे हैं  ऐसी खबर छपने पर आप को शर्म आनी चाहिए. आप को पता है कि ऐसी खबरों से सरकार और हमारी इमेज पर कितना बड़ा धब्बा लग सकता है ’’

पीछे खड़ा एक छोटा अफसर, जिस का तबादला मंत्रीजी ने रुकवा दिया था, बुदबुदाया, ‘‘सर्फ ऐक्सल है न.’’ उधर मंत्रीजी कह रहे थे, ‘‘भूख से मरे या प्यास से, खबर तो नहीं छपनी चाहिए थी. कौन है जनसंपर्क अधिकारी  उसे तत्काल सस्पैंड करो, समझे. बोलिए, क्या कहना चाहते हैं आप ’’ उस अधिकारी ने बड़ी तमीज से अर्ज किया, ‘‘सर, यह खबर सरासर गलत है.

कुछ लोग मरे जरूर हैं, पर भूख से नहीं, वे उलटीसीधी चीजें खाने से मरे हैं. इस में प्रशासन की कोई गलती नहीं है. उन की पोस्टमार्टम रिपोर्टों में भी लिखा हुआ है कि उन के पेट में आम की गुठलियां पाई गई थीं, जो जहरीली थीं.

‘‘सर, वे लोग बहुत चालाक थे, यानी आम के आम और गुठलियों के दाम. भूख से मरने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता.’’

मंत्रीजी ने ऐसे सिर हिलाया, जैसे उन के मन की बात कह दी गई हो. वे बोले, ‘‘लगता तो यही है, यह सरकार को बदनाम करने की साजिश है. इस के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और विदेशियों का हाथ हो सकता है. क्या इस बारे में आप लोगों ने पता लगाया है ’’ अधिकारी महोदय ने जवाब दिया, ‘‘श्रीमानजी, हम भी इस की जांच करा रहे हैं.’’

मंत्रीजी ने पूछा, ‘‘क्या इस जिले में अनाज की कोई कमी है ’ अधिकारी बोले, ‘‘नहीं सर, गोदाम भरे पड़े हैं. सैकड़ों टन अनाज तो बाहर ही सड़ गया है. ऐसी हालत में भूख से मरने का तो सवाल ही नहीं उठता.’’

मंत्रीजी झुंझला कर बोले, ‘‘पर सवाल तो उठ ही गया है. विरोधी लोग चीखचीख कर रोज यही सवाल उठा रहे हैं. उस का क्या करोगे ’’ अफसर समझदार था. वह जानता था कि ऐसी हालत में चुप रहना ही समझदारी है.

मंत्रीजी ने फिर पूछा, ‘‘क्या मरने वाले गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के सदस्य थे’’

अधिकारी महोदय ने जवाब दिया, ‘‘बिलकुल नहीं श्रीमानजी, गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के लोगों का भूख से मरना नामुमकिन है. क्योंकि इस सूची में शामिल सभी लोगों के पास 10-15 एकड़ जमीन और नौकरी है. इन में से कुछ आप के दल के हैं और कुछ दूसरे रसूख वाले लोग हैं.

‘‘भूख से मरने वालों… सौरी सर, मेरा मतलब है कि आम की गुठली खा कर मरने वालों का तो नाम भी इस सूची में नहीं था. फिर गरीबी की वजह से मरना…  श्रीमानजी, यह अफवाह है.’’

मंत्रीजी ने सिर हिलाया और बोले, ‘‘हमें भी ऐसा ही लगता है. हम ने देश की बड़ीबड़ी पत्रपत्रिकाओं में इश्तिहार दे कर देश की जनता को यह बता दिया है कि हमारे यहां अनाज की कोई कमी नहीं है. गोदाम अनाजों से भरे पड़े हैं.’’

यह सुन कर सब लोग खुश हो गए. फिलहाल अपना पेट भरने का समय हो गया था. एक अधिकारी, जो इस के इंतजाम में सुबह से ही जुटा हुआ था, बोला, ‘‘सर, लंच का समय हो गया है. लंच करने चलिए, वरना पत्रकार घेर लेंगे. हम ने उन के खानेपीने का इंतजाम अलग से किया है. हम उन्हें आप की फिक्र से भी वाकिफ करा देंगे.’’

मंत्रीजी भी थक चुके थे, इसलिए मीटिंग बरखास्त करते हुए बोले, ‘‘ठीक है, तो लंच कर लिया जाए.’’

मंत्रीजी लंच के लिए चले गए, तो उन के साथ बड़ेबड़े अफसर और उन की पार्टी के कुछ छुटभैए नेता भी डाइनिंग रूम में घुस गए.

वहां दरवाजे पर एक आदमी खड़ा था, जो चेहरा पहचान कर ही लोगों को घुसने दे रहा था. एकदो लोगों से उस की कुछ बहस भी हुई. जो घुस गए, वे अपनी कामयाबी पर इठलाने लगे. जो रह गए, वे भड़ास निकाल रहे थे.

एक आदमी कुछ ज्यादा ही बोल रहा था, ‘‘देखो, वहां लोग भूखे मर रहे हैं और यहां मुरगमुसल्लम के साथ काजूकिशमिश पर हाथ साफ किए जा रहे हैं.’’

एक अफसर ने जब यह सुना, तो हाथ पकड़ कर उसे भीतर खींच लाया और उस के मुंह में एक पूरा भुना हुआ मुरगा ठूंस दिया. उस का मुंह बंद हो गया.

मंत्रीजी चटकारे ले कर खाना खा रहे थे. वे बोले, ‘‘खाना बढि़या बना है. रसोइया होशियार लगता है.’’

खाने का इंतजाम करने वाले अफसर की बांछें खिल गईं. उस ने कहा, ‘‘जी हां सर, काफी पुराना रसोइया है. अब तक सैकड़ों मंत्रियों और अफसरों को खाना खिला चुका है.

‘‘वह जानता है कि किस मौके पर क्या पकाना चाहिए. बाढ़ के समय मछली, सूखे के समय मुरगा और चक्रवात के समय दूसरे पक्षियों के बड़े जायकेदार आइटम पकाता है.

‘‘सर, आज जो मुरगे पके हैं, वे उसी गांव से मंगाए गए थे, जिस का आप को दौरा करना है.’’

मंत्रीजी बोले, ‘‘अच्छा, उसी गांव का मुरगा है. अरे भाई, जब वहां खाने को इतने मुरगे थे, तो लोगों को आम की गुठलियां खाने की क्या जरूरत थी. मुरगा भी तो खा सकते थे,’’ कह कर मंत्रीजी ने जोरदार ठहाका लगाया.

लंच के बाद थोड़ी देर आराम कर के मंत्रीजी का हैलीकौफ्टर उड़ा. अफसरों की कारों और जीपों का काफिला लंच के फौरन बाद ही रवाना हो गया था. उस गांव के लोगों के इंतजार की घडि़यां खत्म हुईं. हैलीकौप्टर नीचे उतरा.

मंत्रीजी हैलीकौप्टर से उतर कर आए. लोग उन को देख कर खुश हो गए.

मंत्रीजी के साथ हैलीकौप्टर से बड़ेबड़े बंडल भी उतारे गए. जनता ने समझा, शायद मंत्रीजी अपने साथ राहत का सामान लाए हैं, जबकि ऐसा होता नहीं है. आमतौर पर राहत की घोषणा दौरे के बाद राजधानी में पत्रकार सम्मेलन में की जाती है. यहां भी कुछ ऐसा नहीं था. वह सामान राशन नहीं कुछ और था.

अफसरों और पार्टी कार्यकर्ताओं को मंत्रीजी निर्देश दे रहे थे, ‘‘देखिए, इन बंडलों में ‘कोई भूख से नहीं मरेगा’ इश्तिहार वाले अखबार और पोस्टर हैं, जिस में हमारी सरकार ने बताया है कि देश में कितना अनाज है. साथ ही, गरीबों को मुफ्त अनाज देने की कितनी योजनाएं हैं. इन्हें सारे गांव में बंटवा दीजिए.

‘‘ध्यान रहे, उन परिवारों को, जिन के यहां मौतें हुई हैं, ये पोस्टर काफी तादाद में दें. गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को इन सब की 4-4 प्रतियां दी जाएं. इस में लापरवाही हुई, तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी.

‘‘चलिए, अब मालाएं रहने भी दीजिए, गरदन दुखने लगी है. सभा की जगह कहां है  वैसे भी हमें काफी देर हो गई है.’’

आखिर मंत्रीजी सभा की जगह पर पहुंचे. सभी छुटभैए नेता सरकार और मंत्रीजी की शान में तारीफ के पुल बांध रहे थे.

उस के बाद मंत्रीजी ने माइक संभाला, ‘‘भाइयो और बहनो, जब हमें यह पता चला कि इस गांव के कुछ लोग भूख से मरे हैं, तो हमें बेहद दुख हुआ. पर यहां आ कर मालूम हुआ है कि

वे भूख से नहीं, आम की जहरीली गुठली खा कर मरे हैं, तो हमें चैन आया. उन्हें आम की गुठली नहीं खानी चाहिए थी.

‘‘देखिए, देश के गोदाम अनाजों से भरे पड़े हैं. अनाज की कोई कमी नहीं है. अनाज गोदामों में पड़ापड़ा सड़ रहा है. यह मरने वालों की जल्दबाजी है. उन्हें हमारे इश्तिहार का इंतजार करना चाहिए था.

‘‘हम लोग टैलीविजन पर और अखबारों में जनता को समझाते हैं कि गंदा पानी नहीं पीना चाहिए और उलटासीधा भोजन नहीं करना चाहिए. कितनी बड़ी कंपनियां मिनरल वाटर और फास्ट फूड बना रही हैं. हमें उन का इस्तेमाल करना चाहिए. पर जो हो गया, सो हो गया.

‘‘हमें मरने वालों को ले कर गहरी हमदर्दी है. मैं अपने साथ ढेर सारे पोस्टर और अखबार लाया हूं, जिन में देश के बड़ेबड़े नेताओं के बयान और सरकारी इश्तिहार छपे हैं कि इस देश में अनाज की कोई कमी नहीं है.

‘‘आप लोगों तक शायद ये चीजें नहीं पहुंच पाती हैं, वरना आप लोग मरते नहीं. मेरा मतलब उन लोगों से है, जो मर गए हैं.

‘‘हमारे देश में ऐसे कई संतमहात्मा हुए हैं, जो महीनों तक कुछ नहीं खाते थे या घासपात चबा कर जिंदा रहते थे. आप भी उन्हीं संतों की संतान हैं. इस तरह भूख से मरना आप को शोभा नहीं देता. इस से देश बदनाम होता है.

मरने के और भी कई रास्ते हैं. ‘‘मेरी आम जनता से अपील है कि वह भूख से न मरे, क्योंकि हमारे देश के गोदामों में अनाज भरा पड़ा है. ये इश्तिहार और पोस्टर इस बात के गवाह हैं. मुझे यकीन है कि सरकार की इस कार्यवाही से अब कोई भूखा नहीं मरेगा. ‘जय हिंद’.’’ भूखे लोगों के मुंह से धीरे से ‘जय हिंद’ निकला.

कुछ दिनों बाद उस गांव में कुछ और लोग मर गए. उन के पोस्टमार्टम के बाद सरकार ने बयान दिया कि उन लोगों की मौत भूख से नहीं हुई, क्योंकि उन के पेट में ‘भूख से कोई नहीं मरेगा’ के इश्तिहारों और पोस्टरों की कतरनें मौजूद थीं. Political Satire

Hindi Satire : हौसले बुलंद रहें सरकार – पत्नी को खुश करने के लिए

Hindi Satire. आजकल पता नहीं ऐसा क्यों हो रहा है कि शाम को जब भी मैं औफिस से सहीसलामत घर लौट कर आता हूं तो पत्नी हैरान हो कर पूछती है, ‘आ गए आज भी वापस?’ कई बार तो मुझे उस के पूछने से ऐसा लगता है मानो मुझे शाम को सकुशल घर नहीं आना चाहिए था. उस के हिसाब से लगता है, वह मुझ से ऊब गई हो जैसे. वैसे, एक ही बंदे के साथ कोई 20 साल तक रहे, तो ऊबन, चुभन हो ही जाती है. मुझे भी कई बार होने लगती है.

हर रोज मेरे सकुशल घर आने पर उस में बढ़ती हैरानी को देख सच पूछो तो मैं भी परेशान होने लगा हूं. कई बार इस परेशानी में रात को नींद नहीं आती. अजीबअजीब से सपने आते हैं. कल रात के सपने ने तो मुझे तड़पा ही दिया.

मैं ने सपने में देखा कि जब मैं औफिस से सब्जी ले कर घर आ रहा था तो मेरा एनकाउंटर हो गया है. पुलिस कहानियां बना अपने को शेर साबित कर रही है. मीडिया में मरने के बाद मैं कुलांचे मार रहा हूं. इस देश में आम आदमी मरने के बाद ही कुलांचे मारता है वह भी मीडिया की कृपा से. बहरहाल, मामला आननफानन सरकार के द्वार पहुंचा तो उस ने मामले को सांत्वना देनी चाही. प्रशासन मेरी पत्नी के द्वार सांत्वना देने के बजाय मामला दबाने आ धमका. वह तो मेरे जाने से पहले ही प्रशासन का इंतजार कर रही थी जैसे.

मेरे फेक एनकाउंटर के बाद सरकार और पत्नी के बीच जो बातें हुईं, प्रस्तुत हैं, आने वाले समय में किए जाने वाले फेक एनकाउंटरों में शहीद होने वालों को प्रसन्न करने वाले उन बातों के कुछ अंश :

‘बहनजी, गलती हो गई, हमारे पुलिस वाले से आप के पति का एनकाउंटर हो गया,’ कोई सरकार सा मेरी बीवी के आगे दोनों हाथ जोड़े सांत्वना देने के बदले मेरी मौत की सौदेबाजी करने के पूरे मूड में.

‘कोई बात नहीं सर. पुलिस से बहुधा गलती हो ही जाती है. हमारी पुलिस है ही गलती का पुतला. उन के जाने के बाद ही सही, आप हमारे द्वार आए, हमें तो कुबेर मिल गया. अब हमें उन के एनकाउंटर का तनिक गम नहीं. वैसे भी इस धरती पर जो आया है, उसे किसी न किसी दिन तो जाना ही है. बंदा जाने के बाद भी कुछ दे कर जाए तो बहुत अच्छा लगता है सर.’ आह, मेरी बीवी का दर्द. वारि जाऊं बीवी की मेरे लिए श्रद्धांजलि के प्रति. काश, ऐसी बीवी ब्रह्मचारियों को भी मिले.

‘देखो बहनजी, हम वैसा दूसरा पति तो आप को ला कर दे नहीं सकते पर हम ऐसा करते हैं…’ सरकार ने बीच में अपनी वाणी रोकी तो मेरी बीवी की आर्थिक चेतना जैसे जागृत हुई. उन के जाने के बाद अब तो सरकार मुझे, बस, आप का ही सहारा है,’ पत्नी कुछ तन कर बैठी.

‘तो आप को अपने यहां आप के पति की जगह पर सरकारी नौकरी में लगा देते हैं. आप चाहो तो कल से ही आ जाओ. इस के साथ ही साथ आप को एक सरकारी टू रूम सैट भी हम अभी दे देते हैं. चाबियां निकालो यार. आप के खाते में अपनी गलतीसुधार के लिए जिंदा जनता के पैसों में से 20 लाख रुपए जमा करवा देते  हैं,’ सरकार ने मुसकराते हुए घोषणा की तो पत्नी के कान खड़े हुए.

‘पर सर, उस मामले में तो आप ने उन की पत्नी को पीआरओ बनाया है. वहां भी पति ही गया है. पति तो सारे एक से होते हैं. फिर मेरे साथ मुआवजे को ले कर भेदभाव क्यों? उस के खाते में आप ने 25 लाख रुपए डाले. उस के बच्चों की पढ़ाई के लिए 5-5 लाख रुपए की एफडी बना दी. मेरी आप से इतनी विनती है कि कम से कम पतियों के एनकाउंटर के मामले में हम महिलाओं के साथ भेदभाव तो न कीजिए. चलो, ऐसा करती हूं सास के खाते में डालने वाले पैसे आप की सरकार पर छोड़े. पर…’

‘देखिए बहनजी, आप उन से अपनी तुलना मत कीजिए. कहां राजा भोज, कहां आप का गंगू तेली.’

‘सरकार माफ करना, आप जात पर उतर रहे हैं,’ पत्नी ने सरकार को वैसे ही आंखें दिखाईं जैसे मुझे दिखाती थी तो सरकार सहमी. पत्नी की आंखों से बड़ेबड़े तीसमारखां सहम जाते हैं. ऐसे में भला सरकार की क्या मजाल.

‘जात पर नहीं बहनजी, मैं तो मुहावरे पर उतरा था,’ सरकार को लग गया कि किसी गलत बीवी से पाला पड़ा है. सो, सरकार ने मुहावरे पर स्पष्टीकरण जारी किया.

‘पर फिर भी?’  ‘देखिए बहनजी, सरकार को आप भी ब्लैकमेल मत कीजिए. सच पूछो तो, कहां उन की बीवी, कहां आप? वह मामला कुछ अधिक ही पेचीदा हो गया था. मीडिया बीच में आ गया था वरना…’

‘तो आप को क्या लगता है कि मेरे मामले में मीडिया बीच में नहीं आएगा? नहीं आएगा तो मैं ढोल बजाबजा कर सब को बताऊंगी कि मेरे पति को इन की पुलिस ने फ्री में निशाना बना दिया है,’ मेरी पत्नी की धमकी सुन सरकार डरीसहमी.

‘प्लीज, बहनजी, आप जो चाहेंगी हम करेंगे, पर मीडिया को बीच में मत डालिए. यह मसला मेरे, आप के और आप के पति के बीच हुए एनकाउंटर का है. मतलब हम तीनों के बीच का. अब पुलिस से गलती हो गई तो हो गई. सरकारी कर्मचारियों से बहुधा गलती हो ही जाती है. नशे में ही रहते हैं हरदम. पर इस गलती के लिए हम उन की जान भी तो नहीं ले सकते न. पर अब आप को भविष्य में आप के पति से भी अधिक खुश रखने के लिए दिल खोल कर मुआवजा तो दे सकते हैं न. सो दे रहे हैं. वैसे भी बहनजी, आज के इस दौर में क्या रखा है पतिसती में? अब तो कोर्ट ने भी साफ कर दिया है कि…’

‘देखो सर, अपने पति के फेक एनकाउंटर के बदले जितना आप ने पिछली दीदी को दिया है, उतना तो कम से कम लूंगी ही. इधर हर रोज पैट्रोलडीजल के दाम तो सुबह होते ही 4 इंच बढ़े होते हैं, पर अब आप ने गैस के दाम भी बढ़ा दिए. अब हमारे पास दिल जलाने के और बचा ही क्या? ऐसे में आप खुद ही देख लीजिए कि पति का मुआवजा ईमानदारी से दीदी को दिए मुआवजे से अधिक नहीं, तो उतना तो कम से कम बनता ही है.’

‘देखो बहनजी, हम ठहरे ब्रह्मचारी. हमें न पति के रेट पता हैं न पत्नी के. इस झंझट से बचने के लिए ही तो हम ने विवाह नहीं करवाया. तो अच्छा, ऐसा करते हैं, चलो, न मेरी न आप की. जो मेरे सलाहकार आप के पति के एनकाउंटर का तय करेंगे, सो आप को दे दूंगा. मेरा क्या? मेरे लिए तो सब टैक्स देने वालों का है. मैं तो बस बांटनहार हूं. अब पुलिस से गलती हो गई तो भुगतनी भी तो मुझे ही पड़ेगी. पर जो आप सरकार पर थोड़ा रहम करतीं तो…’  बीवी चुप रही.

आखिर, सरकार ने मेरी पत्नी को सांत्वना देते सहर्ष घोषणा की कि सरकार बहनजी के पति के फेक एनकाउंटर के मुआवजे के दुख में शरीक होते हुए उन्हें पुलिस में थानेदार की नौकरी, रहने को थ्री बैडरूम सरकारी आवास, उन के खाते में 25 लाख रुपए, बच्चों की सगाई के लिए 10-10 लाख रुपए और सास के लिए 5 लाख रुपए देने की सहर्ष घोषणा करती है.

सरकार की इस घोषणा के बाद मत पूछो कि पत्नी कितनी खुश. उस वक्त मेरा फेक एनकाउंटर उसे कितना पसंद आया, मत पूछो. उस ने ऊपर वाले को दोनों हाथ जोड़े और कहा, ‘हे ऊपर वाले, मेरे हर पति का ऐसा फेक एनकाउंटर हर जन्म में 4-4 बार हो.’

और मैं पत्नी से भी ज्यादा खुश. उसे इतना प्रसन्न मैं ने उस वक्त पहली बार देखा, तो मन गदगद हो गया. मेरी अंधी आंखें खुशी के आंसुओं से लबालब हो आईं. वाह, अपने एनकाउंटर के बाद ही सही, पत्नी को खुश तो देख सका.

हे जनपोषण को चौबीसों घंटे वचनबद्ध मित्रो, आप ने मेरा फेक एनकाउंटर कर मुझे मृत्यु नहीं, खुशियों भरा नया जीवन प्रदान किया है. आप के हौसले यों ही बुलंद रहें. Hindi Satire

Short Story in Hindi : कलियुग, काला धन और कौआ

Short Story in Hindi. यह कहा जाता है कि 3 चीजें जाने के बाद कभी वापस नहीं आतीं. मुंह से निकली हुई बात, कमान से निकला हुआ तीर और गुजरा हुआ वक्त. इस में चौथी चीज और जोड़ सकते हैं, जो है देश से बाहर गया हुआ काला धन.

अब तकनीक ने काफी तरक्की कर ली है तो पुराने वाले जो 3 ‘आइटम’ हैं, उन के वापस आने या अपना असर खत्म करने की काफी ज्यादा संभावनाएं पैदा हुई हैं. पर जो चौथा वाला जुड़ा है, उस का तोड़ किसी तांत्रिक तो क्या उस के फूफा के पास भी नहीं है.

कलियुग के कारनामों से यह सच निकल कर आया है कि एक बार देश से बाहर गया हुआ काला धन वापस नहीं आ सकता तो नहीं आ सकता.

हालांकि बड़े कौओं ने देश की मुंड़ेर पर बैठ कर काले धन के आने की सूचना दी है पर सूचना देने से क्या होता है? वह भी काले धन की सूचना. जमाना भी काला, कौआ भी काला और धन भी काला. ‘काला’ गुण समान है तीनों में. अंगरेजी में कहें तो ‘कौमन फैक्टर’ है.

इतिहास गवाह है कि जहांजहां गुण समान होते हैं वहां कोई भी असामान्य सी घटना नहीं घटती है. सब जुड़ा ही रहता है. वैरविरोध खत्म हो जाता है, चोरसिपाही का खेल नहीं रहता. हां, कभीकभार एकदूसरे के खिलाफ विरोध जरूर दिख जाता है. यह महज एक ही परिवार की अंदरूनी नोकझोंक सी होती है और कुछ नहीं. आप ही बताइए कि ऊपर से कई फांकों में दिखने वाला तरबूज अंदर से अलगअलग होता है क्या? पूरे का ‘ब्लड ग्रुप’ एक ही होता है. एक ही गुणधर्म.

वैसे तो हर एक का अपनाअपना गुणधर्म होता है. बिच्छू का डंक मारना, सांप का डसना, कुत्ते का भूंकना वगैरह. इसी तरह काले धन का गुणधर्म देश के बाहर जा कर न आना और कौओं का कांवकांव करना होता है. कौआ धीरे बोलेगा या कम बोलेगा तो भी कोयल जैसी ‘कुहूकुहू’ की आवाज तो आएगी नहीं. कांवकांव ही करेगा.

एक समय था जब अम्मां छत पर गेहूं सुखाते समय एक आईना रख देती थीं. कौआ जब आता तो अपना अक्स आईने में देख कर डर जाता. वह गेहूं को चोंच लगाए बिना ही उड़ कर चला जाता. अम्मां, बाबा और उन का पूरा परिवार भूखा नहीं रहता था.

अब धीरेधीरे कौओं ने आईने के पीछे से आ कर उस की पौलिश हटा दी है. इधरउधर उसे गेहूं ही गेहूं दिखता है. हमारीआप की रोटियों का एकमात्र आसरा.

अब कौआ इस आईने में अपनेआप को नहीं देख पाता तो डरता भी नहीं. आराम से अपने कौलर जैसे पंखों को ऊपर उठा कर खुश होता है और गेहूं के दानों को अपने दूसरे साथियों के साथ चोंच में भरता जाता है. अम्मां, बाबूजी और उन के बच्चे भूखे रह जाते हैं.

खैर, उदास होने की बात नहीं है. काला धन और काले कौए हमारे गौरवशाली इतिहास से सजेधजे देश पर काले टीके के समान हैं. देश पर नजर नहीं लगती. वह साफसुथरा रहता है.

अरे भई, घर की सफाई करने के बाद गंदगी बाहर ही तो डालते हैं, अंदर तो नहीं लाते? दाल साफ करते हैं तो भी कंकड़ों को बाहर निकाल दिया जाता है. उन्हें फिर थाली में तो नहीं डालते? शरीर की रोज की पाचन क्रियाओं से गंदगी बाहर ही तो निकलती है. इस से शरीर साफ रहता है.

तो मित्रो, देश की आर्थिक क्रियाओं से काला धन बाहर निकलता है तो देश भी सेहतमंद रहता है, खुशहाल रहता है, इसलिए कलियुग में कौओं को कोसना व काले धन की वापसी के बारे में सोचना बंद कर देना चाहिए. इस से देश की सेहत खराब होने का डर रहता है. देशद्रोही का आरोप लगेगा, सो अलग. ठीक कहा न…? Short Story in Hindi

Political Humor : देश संकट में है – आखिर ऐसा क्या हो गया

Political Humor. हमारे देश की जनता को लालकिले से प्रधानमंत्रीजी का भाषण हूबहू सुनाते हुए लोक संपर्क महकमे ने दुखी मन से सूचित किया कि मंत्रीजी की लोकप्रिय बकरी कई दिनों से गायब है. देश संकट की घड़ी से गुजर रहा है.

यह सुन कर देश के सरकारी तंत्र समेत कुछ भावुक किस्म के खाली दिमागों में हायतोबा मच गई.

बंधुओ, ऐसा नहीं है कि मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़ने के लिए प्रशासन ने कोई कोशिश न की हो.

प्रशासन ने मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़ने के लिए पूरी ईमानदारी से कोशिश की थी. अब प्रशासन के हाथ कुछ खास नहीं लगा, तो उस बेचारे का क्या कुसूर.

प्रशासन को तनख्वाह मिलती ही अपने देश के नेताओं के जानमाल की हिफाजत करने की है. जनता की हिफाजत करने के लिए तो ऊपर वाला बैठा है.

अब जब प्रशासन का सारा अमला मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़ने में नाकाम हो गया, तो प्रशासन को न चाहते हुए भी जनता की मदद लेनी पड़ी.

ऐसे में देश के नमक के साथ राशन की दुकान के सड़े आटे की चपाती खाने वाली जनता का भी फर्ज बनता था कि वह खानापीना छोड़ कर मंत्रीजी की बकरी ढूंढ़े.

जब तक प्रशासन को मंत्रीजी की बकरी नहीं मिल जाती, तब तक वह मंत्रीजी के दुख में शरीक होते हुए अपने महल्ले में दुख सभाएं कराए.

प्रशासन द्वारा इस बारे में पटवारी को जिला प्रशासन तक अपनी रिपोर्ट पहुंचानी होगी और जिला प्रशासन यह रिपोर्ट मंत्रीजी के मंत्रालय को सूचित करेगा.

पटवारी इस बात की तसदीक करेगा कि किसकिस महल्ले में मंत्रीजी के दुख से दुखी हो कर दुख सभाएं की जा रही हैं और फिर मंत्रालय का काम यह रहेगा कि वह तमाम दुख सभाओं की रिपोर्ट बना कर नेताजी को तब तक भेजेगा, जब तक मंत्रीजी की बकरी मिल नहीं जाती.

जिला लैवल पर प्रशासन की दुख सभाओं की रिपोर्ट को खंगालने के बाद ही आगे के लिए यह तय किया जाएगा कि अगले महीने सरकार द्वारा जनता को खिलाया जाने वाला राशन किस महल्ले को भेजा जाए और किस महल्ले में नहीं.

ऐसी जनता को राशन खिलाना अपने लिए हार के दरवाजे खोलने के समान है, जो राशन तो मंत्रीजी का खाए और गुणगान दूसरों के गाए.

मीडिया की मानें, तो सरकार ने मंत्रीजी की बकरी को ढूंढ़ने के लिए खुफिया महकमे की भी मदद ली है. ऐसा भी नहीं है कि मंत्रीजी का आदेश पा कर खुफिया महकमे ने उन की बकरी को ढूंढ़ने में कोई लापरवाही बरती हो.

हमारे खुफिया तंत्र का काम ही सरकार के हर काम को मुस्तैदी से करना है. सरकार के हर आदेश को कोई और माने या न माने, पर वह पूरी ईमानदारी से मानता आया है. अब इसे मंत्रीजी का सौभाग्य मानें या बकरी का कि इतना सब होने के बाद भी खुफिया महकमे के हाथ अब तक निराशा ही लगी है.

रही बात पुलिस वालों की, वे तो बेचारे अपने थाने के अंदर गुम हुए माल को ढूंढ़ने तक में नाकाम रहते हैं, तो उन की बकरी क्या खाक ढूंढ़ पाएंगे.

अब उन बेचारों का भी क्या कुसूर. उन्हें अपने आम के बागों की रखवाली करने से कोई बाहर आने दे तो बेचारे कुछ और नया सीखें, वरना बंदूक उलटी ही पकड़ेंगे, इसलिए इस बार यह काम मंत्रीजी ने उन्हें नहीं दिया.

अपने मंत्रीजी ऐसेवैसे तो हैं नहीं. वे जनता के लिए शहर में सरकारी अस्पताल खुलवाते हैं और अस्पताल जनता को समर्पित कर छींक तक आने पर अपना इलाज कराने चुपचाप विदेश चले जाते हैं.

अब तक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक हैरत की बात तो यह है कि इतनी छानबीन करने के बावजूद भी बकरी नहीं मिली, तो नहीं मिली.

अब बकरी के न मिलने पर मीडिया में ऐसे भी कयास लगाए जा रहे हैं कि बकरी को विपक्ष ने अगवा कर लिया है, ताकि इस बकरी के दम पर कुरसी को ले कर मंत्रीजी से परदे के पीछे कोई सौदा किया जा सके.

उधर एक खबरिया चैनल तो ब्रेकिंग न्यूज में यहां तक दावा कर रहा है कि मंत्रीजी की बकरी को आतंकवादियों ने अगवा कर लिया है और वे चाहते हैं कि बकरी को छोड़ने के बदले मंत्रीजी जेलों में बंद उन के दोस्तों को छोड़ें.

कहा तो यह भी जा रहा है कि मंत्रीजी की बकरी को ढूंढ़ने का काम अमेरिका की खुफिया एजेंसी को दिया जा रहा है. कुलमिला कर मंत्रीजी की बकरी के गुम होने पर जितने मुंह उतनी बातें.

पार्टी के ही लोग अपना नाम न छापने की शर्त पर यह बात कहते फिर रहे हैं कि बकरी खुद ही नेताजी के दुहने से तंग आ कर भाग गई है. कुछ लोगों का तो यही कहना है कि बकरी का दूध सूख जाने पर मंत्रीजी ने खुद ही उसे कहीं छिपा दिया है.

अब तो दबे शब्दों में मंत्रीजी ने अपनी बकरी के गुम होने पर विपक्ष पर आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं.

कुछ राजनीतिक माहिरों का तो यहां तक कहना है कि मंत्रीजी की बकरी के अपहरण के पीछे आईएसआई का हाथ भी हो सकता है.

दरअसल, बकरी हमारे दैनिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन का एक मूलभूत अंग रही है. यही वजह है कि संस्कृति मंत्रालय भी मंत्रीजी की बकरी को ढूंढ़ने में जनता से अपील कर रहा है.

बकरी की जगह अगर मंत्रीजी का कुछ और गुम होता, तो प्रशासन तो प्रशासन, मंत्रीजी तक उसे इतनी गंभीरता से नहीं लेते.

हे मेरे देश के वोटरो, बकरी न होती, तो हमारे साहित्य में यह कहावत न होती कि आखिर बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी. अगर हमारी जिंदगी में बकरी न होती तो क्या कबीर कभी यह लिख पाते :

‘बकरी खाती घास है, ताकी काडि़ खाल,

जो बकरी को खात है, तिनको कौन हवाल.’

अगर बकरी न होती, तो चुनाव में हार के बाद बलि का कोई बकरा न बन पाता.

दोस्तो, अगर बकरी न होती, तो बकरा भी कहां से होता? तब उस की जगह बलि चढ़ने के लिए कौन तैयार हो पाता? गीदड़, सियार तो समाज से आने से पहले ही चालाक रहे हैं. राजनीति में आने के बाद तो क्या मजाल, जो उन का कोई बाल तक बांका कर सके.

यह एक राष्ट्रीय बहस का मुद्दा है, पर इस मुद्दे पर बहस इसलिए जरूरी नहीं मानी जाती, क्योंकि राजनीतिक दलों के पास हार की बेदी पर बलि चढ़ाने के लिए अपनेअपने बकरे मौजूद होते हैं.

बकरी का सब से बड़ा फायदा यह होता है कि इस के केवल 2 ही थन होते हैं. इसे नेताजी कहीं भी दुह सकते हैं. बकरी का दूध निकालने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती. बकरी को जनता से ज्यादा आसानी से दुहा जा सकता है. बस, इसीलिए मंत्रीजी लोकप्रिय बकरी के गुम होने पर बहुत दुखी हैं.

जनता की सुविधा के लिए बकरी का रंगरूप, नैननक्श, कदकाठी से ले कर मिमियाने तक की सारी जानकारी देश के तमाम चैनलों, प्रिंट मीडिया को सरकारी विज्ञापन के रूप में दे दी गई है.

जिस किसी को भी लोकप्रिय बकरी का पता चले, वह तुरंत अपने नजदीकी थाने में खबर करे. सही खबर देने वाले को गणतंत्र दिवस के मौके पर मंत्रीजी द्वारा सम्मानित किया जाएगा. Political Humor

Funny Story : आइए आधार लिंक कराएं- जीवन और मोक्ष की चाबी

Funny Story. बिहार के गया तीर्थ में पिंडदान करने से पितर स्वर्गलोक का टिकट पा जाते हैं तो आधार कार्ड द्वारा व्यक्ति को मृत्युलोक की सुखसुविधाओं का लाभ मिल जाता है. पंडित हमारी जन्मकुंडली बनाता है और सरकार आधारकुंडली को लिंक करा कर आम आदमी के कर्मों का लेखाजोखा रखने लगी है. हम जब भी दुनियादारी से परेशान होते हैं, तो हमें भगवान की याद आती है और मठमंदिरों में बैठे पंडेपुजारी हम से चढ़ोतरी ले कर भगवान से हमारी सिफारिश कर देते हैं. ठीक वैसे ही, जब हमें सरकारी लाभ लेना होता है तो आधार कार्ड को सेवा शुल्क दे कर लिंक कराना पड़ता है. यदि आप का आधार कार्ड लिंक नहीं है, तो इस का मतलब है आप की नीयत में खोट है. सरकार की नजरों में आप चोर हैं.

सरकार चाहती है कि देश के विकास में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का योगदान हो. तभी तो सब्जी वाला, दूध वाला, कपड़ों की धुलाई करने वाला, चाय वाला, रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी करने वाला आम आदमी सरकार की मंशा पूरी करने के लिए आधार कार्ड को लिंक कराने में लगा है. सरकार ने भी योजनाओं का पिटारा खोल रखा है. कन्यादान योजना में मुफ्त शादी कराओ, बच्चे पैदा करने के लिए जननी सुरक्षा योजना और बंद करने के लिए नसबंदी योजना तो है ही. शिक्षकों का वेतन बढ़ाने पर भले ही सरकार पर आर्थिक संकट आ जाता हो परंतु देश के नौनिहालों को आंगनवाड़ी और स्कूलों में मध्याह्न भोजन, पुस्तकें, स्कौलरशिप, साइकिल सबकुछ बांटा जा रहा है. बूढ़ों को वृद्धापैंशन मिलती है, एक रुपए किलो गेहूंचावल मिलता है. इस के बावजूद गरीबी दूर नहीं हो रही, तो करमजले गरीब का ही दोष है.

नोटबंदी की अप्रत्याशित घटना से आम आदमी यह तो समझने लगा है कि सरकार कभी भी, कुछ भी कर सकती है. बगैर आधार शादीविवाह पर बैन लगा दे, हो सकता है आधार कार्ड लिंक न कराने वालों को राष्ट्रद्रोह के इलजाम में जेल में ठूंस दे. आधार से किसी का भला हो न हो, आधार बनाने वाली कंपनी की पांचों उंगलियां जरूर घी में हैं. कहते हैं आदमी इतना बुरा भी नहीं होता जितना वोटर लिस्ट में दिखता है. वह इतना अच्छा भी नहीं होता जितना आधार कार्ड में दिखता है. आज के दौर में आदमी की पहचान उस के रंग, रूप, कद, काठी, पद, प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि नामपते वाले 12 अंकों के यूनिक नंबर वाले आधार कार्ड से हो रही है.

यदि आप देश के आम आदमी हैं तो सावधान हो जाइए क्योंकि आप का आधार कार्ड अभी कई जगह लिंक नहीं है. आधार कार्ड को बैंक खाते, रसोईगैस, मोबाइल नंबर, बीमा पौलिसी व पैन कार्ड से लिंक कराने की जिम्मेदारी आप के मजबूत कंधों पर है. आधार कार्ड लिंक हुए बिना आप को सरकारी सुविधाएं नहीं मिल सकतीं. शायद तुलसीदासजी इसलिए बहुत पहले कह गए थे कि ‘कलियुग केवल नाम आधार’ अर्थात कलियुग में केवल आधार कार्ड का ही नाम होगा. आधार कार्ड जादू की वह पुडि़या है जो जब तक हर जगह अलगअलग लिंक नहीं होगा, सरकार का मिशन पूरा नहीं होगा. मेहनतमजदूरी करने वाला लच्छू अभी भी इसी भ्रम में है कि आधार लिंक होने से देश का कालाधन वापस आ जाएगा, सीमा पर पाक की नापाक हरकतों पर विराम लगेगा और हमारा देश फिर से सोने की चिडि़या बन जाएगा. इसलिए आम आदमी सब कामधाम छोड़ कर अपने आधार कार्ड को लिंक कराने पर डटा हुआ है.

अपना तो मानना है कि सरकार लगेहाथ आधार कार्ड को ससुराल से भी लिंक कराने का फरमान जारी कर दे, क्योंकि ससुर टाइप के लोग सब्सिडी के नाम पर दामाद को सुखसुविधाएं दिला कर कहीं अपनी आमदनी को छिपा कर आयकर बचाने का उपक्रम तो नहीं कर रहे हैं. दामादों के लिए यह चिंता का विषय हो सकता है क्योंकि बगैर आधार कार्ड के मिलने वाली ससुराली खैरात बंद हो गई तो उन के तो लेने के देने पड़ जाएंगे.

विपक्षी पार्टियों का काम तो विरोध करना है, तो करती रहें. उन्हें रोकता कौन है? सरकार तो आखिर सरकार है. उसे किस का डर? वह कब, कौन से नोट की शक्ल बदल दे, कहा नहीं जा सकता. लोग तो कहते हैं कि हमारे प्रधानमंत्रीजी को सूट का जो रंग पसंद आता है, वे नोटों को भी उसी रंग में देखना चाहते हैं. आधार लिंक कराने के बहाने सरकार ने देश के नागरिकों की कुंडली बना ली है, वह कभी भी, किसी की पोल खोल सकती है. कालेधन वाले सफेदपोशों को डर दिखा कर चुप रहना सिखा दिया है सरकार ने. तभी तो चारों ओर नमोनमो की धूम मची है. यह अलग बात है कि विजय माल्या जैसे लोग देश को लूट कर सरकार को ठेंगा दिखा रहे हैं. जो पार्टी कभी आधार कार्ड के विरोध में अपने झंडे गाड़ती थी, अब सरकार में आते ही उस के गुणगान करती नहीं थक रही.

हमारी सरकार की पिछले 4 साल की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि भी यही है कि वह देश के सवा सौ करोड़ भाईबहनों के आधार कार्ड उन के बैंक खातों और रसोईगैस से लिंक करवाने पर तुली हुई है. अब बारी है गरीबों के पैन कार्ड बनवा कर आधार से लिंक कराने की. आयकर विभाग भले ही केवल आयकरदाताओं के पैन कार्ड से मतलब रखता हो, मगर सरकार को गरीबों की सब से ज्यादा चिंता है. सरकार का मानना है कि आखिर गरीब आदमी का भी अपना स्टेटस है. वह आधार सैंटरों के चक्कर काट कर 500 रुपए का गांधी छाप वाला हरा नोट खर्च कर के पैन कार्ड बनवाता है. फिर उसे अपने जनधन अकाउंट से लिंक करवाता है. उसे पता है चुनाव वाले अच्छे दिन फिर से आने वाले हैं. हो सकता है कि इसी खाते में सरकार नोटबंदी से वापस आए कालेधन में से कभी भी 15-15 लाख रुपए जमा करवा दे और गरीब आदमी गरीबी की रेखा को पार कर बल्लेबल्ले करने लगे.

इन 5 वर्षों में राममंदिर, अनुच्छेद 370, गंगा की सफाई, सीमापार की घुसपैठ जैसे मसलों को दरकिनार कर आधार कार्ड को लिंक कराने का अभियान चला कर सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह आम आदमी के विकास के बारे में गंभीरता से सोच रही है.

आम आदमी को भी अब यह भरोसा हो गया है कि उस ने अपना कीमती वोट इसीलिए दिया था कि उस की असल पहचान वाला बेशकीमती आधार कार्ड कश्मीर से कन्याकुमारी तक लिंक हो जाए. कुछ विघ्नसंतोषी यह कुतर्क देते फिर रहे हैं कि आधार कार्ड से उन की निजता के अधिकार का हनन होगा. अपना तो मानना है कि गीता के उपदेश को केवल सुनें ही नहीं, उसे जीवन में भी उतारें, क्योंकि गीता में कहा गया है कि हम क्या ले कर आए थे, क्या ले कर जाएंगे, जो हमारा नहीं है उस के लिए क्यों व्यर्थ शोक करें. आज भले ही हम साक्षर होने का दम भर लें मगर आधार कार्ड बनवाने में लगा अंगूठा अब हमारी पहचान बन चुका है. अब हम अंगूठा लगाने में कोई शर्मसंकोच नहीं, बल्कि अपनी शान में इजाफा समझ रहे हैं. बैंक एटीएम, राशन दुकान, मोबाइल नंबर आदिआदि में लगा हमारा अंगूठा इस बात का साक्षी है. आधार कार्ड को और कहांकहां लिंक कराया जा सकता है, सरकार इस पर लगातार मंथन कर रही है. सरकारी नौकरचाकरों के आधार कार्ड सेलरी से, व्यापारियों के बहीखातों से लिंक होने की खबर सोलह आने सही है.

नशामुक्ति अभियान चलाने वाले एक भाईसाहब का सुझाव है कि सरकार शराब की दुकानों पर भी आधार कार्ड लिंक कराना अनिवार्य कर दे. सरकार एक बार अंगूठा लगाने पर अद्धापौआ का हिसाब निर्धारित कर शराबखोरी को नियंत्रित कर सकती है. इस प्रक्रिया से शराब पीने वालों के आंकड़े भी अगली जनगणना में सार्वजनिक हो जाएंगे. सरकार आसानी से इस तिलिस्म का राज भी जान सकती है कि गरीबीरेखा से नीचे जीवनयापन करने व राशन दुकानों से मुफ्त राशन लेने वाले महीने में अपनी आमदनी से ज्यादा की शराब कैसे गटक जाते हैं. नोटबंदी में अपने नोट बदलने के लिए कईकई दिनों तक लाइन में लगा रहने वाला आम आदमी यह सोच कर खुश है कि देश में किसी भी नेता के पास इतने पैसे नहीं थे कि वे जनसेवा का धर्म छोड़ कर बैंक की लंबी लाइन में लग कर अपना समय खराब करते और न ही हमारे नेताओं के इतने खर्चे हैं कि उन्हें अपनी घरगृहस्थी चलाने के लिए बैंक के किसी एटीएम की लाइन में लग कर पैसा निकालना पड़े. Funny Story

सरकार आम आदमी की नब्ज टटोल चुकी है. उसे पता है कि आम आदमी जब तक लाइन में खड़ा नहीं रहता उस का हाजमा खराब रहता है. इसीलिए सरकार समयसमय पर जनहित वाले ऐसे कामों को अंजाम देती रहती है. सरकारको मतदाताओं की बहुत फिक्र रहती है. यही कारण है कि अब तक उस ने वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से लिंक करने की तरफ ध्यान नहीं दिया है. सरकार को पता है कि आधार कार्ड यदि वोटर लिस्ट से लिंक हो गया तो असलीनकली के नाम पर मतदाता के स्वाभिमान को चोट पहुंच सकती है और देश का प्रजातंत्र दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है. प्रजातंत्र की सलामती के लिए यह कदम ठीक नहीं है.

धन्य है हमारा देश और धन्य है हमारी जनता जो बड़ेबड़े संकटों में भी मुसकराती है. चुनावी सभाओं और कुकरमुत्तों की तरह उग आए टैलीविजन चैनलों पर नेताओं के लच्छेदार भाषणों व जुमलों को सुन कर जनता ताली पीटती है. उसे भलीभांति पता है कि उस के हर मर्ज की दवा इन्हीं नेताओं के पास है. तभी तो नेताओं के भाषण और नारों को सुन कर आम आदमी की भूख गायब हो जाती है. आइए, हम भी सरकार के इस नेक काम में सहभागी बनें और अपनेअपने आधार कार्ड को जहांजहां लिंक नहीं है, लिंक कराएं क्योंकि आधार ही हमारी असली पहचान है. क्या पता आगे चल कर बिन आधार कार्ड हम कब, कौन सी सरकारी खैरात से वंचित रह जाएं. Funny Story

Humour : मैं दिमागी पैदल हूं

Humour. हमारे महल्ले में हफ्तों पानी आए या न आए, हमारे महल्ले में दिनों बिजली गुल रहे तो रहे, हमारे महल्ले में बिजली गुल होने की बीसियों बेकार की शिकायतें करने के बावजूद कोई बिजली महकमे की ओर से बिजली ठीक करने आए या न आए, हमारे महल्ले में सड़क साफ करने वाले हफ्तों नहीं, महीनों आएं या न आएं, पर प्रजा प्रिय सरकार की ओर से कोई न कोई, किसी न किसी की गणना, कोई न कोई सर्वे करने वाले सरकारी देवदूत आएदिन आते रहते हैं.

हालांकि, महल्ले के कुछ दिमागी नक्सली पानी न आने, बिजली गुल रहने, सड़कों की सफाई न होने पर आएदिन होहल्ला करते रहते हैं. होहल्ला करना इन दिमागी नक्सलियों का धर्म है तो उन के होहल्ले से व्यवस्था के कान पर जूं तक न रेंगना व्यवस्था का पेशा. ऐसे में मैं बस, अपनी एनर्जी बचाए रखता हूं.

गणना करने वालों के क्रम में कल एक और गणना करने वाले सरकारी गणक हमारे महल्ले में कोई गणना करते मेरे घर आ पहुंचे.

अजीब है मेरे घर के दरवाजे पर लगी घंटी भी. जब कोई सरकारी मुलाजिम किसी काम से आता है तो एकदम ठीक हो जाती है.

मतलब, अब सरकारी मुलाजिमों से दरवाजे पर लगी खराब घंटी तक डरने लगी है.

दरवाजे की घंटी के खराब बटन की ओर ज्यों ही उन्होंने व्यवस्थागत उंगली बढ़ाई ही कि खराब बटन पर व्यवस्थागत उंगली पड़ने से पहले ही दरवाजे की घंटी बज उठी तो मैं तुरंत सम झ गया कि शर्तिया सरकारी मुलाजिम पधारा है. कोई पड़ोसीवड़ोसी होता तो लाख बजाने के बाद भी घंटी न बजती.

घंटी बजते ही मैं ने भीतर से अनादर करते ससादर पूछा, ‘‘जनाब कौन? कहां से तशरीफ लाए हैं?’’

‘‘सरकार की ओर से तशरीफ लाया हूं.’’

‘‘सेवा करवाने आए हो या…?’’ ‘‘नहीं गणना द्वारा सेवा करने आया हूं.’’

‘‘जनाब, किस की? गधों की?’’ ‘‘नहीं, वह मैं पिछले महीने कर गया था.’’

‘‘तो जनाब, उल्लुओं की?’’ ‘‘नहीं, वह उस से पिछले महीने कर गया था.’’

‘‘तो जनाब,  झोटों की?’’ ‘‘नहीं. उसे करने के अभी सरकारी आदेश नहीं हुए हैं?’’

‘‘तो सरकारी नसबंदी हो जाने के बाद भी अपनी संख्या बढ़ा रहे कुत्तों की?’’

‘‘नहीं, दिमागी नक्सलियों की,’’ कह जनाब ने दरवाजा खोलने का अनायास प्रयास किया कि उस से पहले मैं ने ही डरते हुए दरवाजा खोल दिया ताकि उस वक्त तो कम से कम  मैं दिमागी होते हुए भी दिमागी नक्सली न लगूं.

वे सीना चौड़ा रख भीतर आए. आते ही इधरउधर  झांका. कोई दिमागी नक्सली होने की निशानी ढूंढ़ रहे थे शायद. ताक झांक करने के बाद बोले, ‘‘घर में कितने रहते हैं?’’

‘‘कौन जनाब?’’ ‘‘दिमागी नक्सली.’’

‘‘दिमागी नक्सली तो कोई नहीं. दिमागी पैदल 4 रहते हैं.’’

‘‘श्योर?’’ ‘‘श्योर नहीं जनाब, डैड श्योर.’’

‘‘सरकारी रिकौर्ड में दर्ज कर लिया जाए?’’ ‘‘जी, जनाब.’’

‘‘जेनजी कितने हैं?’’ ‘‘2 हैं.’’

‘‘और जेनडी?’’

‘‘जेनडी बोले तो?’ मैं ने अघोषित नई जेनरेशन जेनडी के बारे में पूछा तो वे बोले, ’’जेनडी बोले तो डिस्टर्ब्ड जेनरेशन.’’

‘‘वह तो केवल मैं हूं,’’  मैं ने ‘जो मैं हूं’, उसे खुले मन से हंसते हुए स्वीकारा कि अचानक उन्हें सामने टेबल पर कुछ किताबें, पत्रिकाएं दिखीं तो वे मेरे दिमागी पैदल होने पर सवाल खड़ा करते बोले, ‘‘तुम  झूठ बोलते हो कि तुम दिमागी नक्सली नहीं?’’

‘‘नहीं जनाब, सच बोल रहा हूं. आप की कसम.’’

‘‘देखो, मेरी कसम मत खाओ. अभी मेरी बहुत लंबी सर्विस पड़ी है. मु झे सरकार और जनता को अभी बहुत खाना है. तो ये टेबल पर किताबें, पत्रिकाएं क्यों?’’

‘‘ये कहानियों की किताबें, पत्रिकाएं हैं जनाब. दिमागी पैदल मनोहर कहानियां, कविताएं पढ़ते हैं, समाज के सच नहीं,’’ मैं ने कहा तो वे मु झ से कुछ कुछ संतुष्ट हुए और कुछकुछ असंतुष्ट रहे.

आखिर अपनी बची हुई असंतुष्टि को खत्म करने के लिए उन्होंने अपने सरकारी बैग से प्रश्नावली निकाली और मु झ से बोले, ‘‘सरकार ने एक प्रश्नावली तैयार की है.’’ ‘‘किसलिए जनाब?’’

‘‘ताकि इस प्रश्नावली से सवाल पूछ कर दिमागी नक्सलियों और दिमागी पैदलों को अलगअलग किया जा सके.’’

‘‘तो पूछिए जनाब, हाथ कंगन को आरसी क्या, दिमागी पैदल को फारसी क्या?’’

‘‘मतलब तुम फारसी जानते हो? पढ़ेलिखे हो?’’

‘‘पढ़ालिखा था, जब था. शादी के बाद से दिमागी पैदल चल रहा हूं. बस, दादी के समय का पता नहीं क्यों मुहावरा याद आ गया,’’ मैं ने माफी सहित विनम्र निवेदन किया तो वे कुछ विनम्र हुए, ‘‘तो मेरा पहला सवाल यह कि तुम सरकार को रक्षक मानते हो या भक्षक?’’

‘‘यह भी कोई सवाल हुआ जनाब. मैं तो सरकार को प्रजा का रक्षक मानता हूं.’’

‘‘चाहे वह भक्षक हो?’’ ‘‘जो सरकार को सपने में भी भक्षक होते हुए भक्षक माने उस के दिमाग में कीड़े पड़ें, वह भी गजगज भर लंबे,’’ उन के सवाल का जवाब दे कर मैं ने अपने को दूसरे सवाल के लिए तैयार किया.

‘‘तुम्हारे लिए सरकार किस का रूप है?’’  ‘‘जनाब, देवता का.’’

‘‘और सरकार के मुलाजिम?’’  ‘‘जनाब, देवता के देवदूत.’’

‘‘मतलब?’’ ‘‘मतलब जनाब यह कि जहांजहां देवता खुद नहीं जा सकते, वहांवहां वे अपने मुलाजिमों उर्फ अपने देवदूतों को प्रजा का हित करने को भेज देते हैं,’’ सुन उन का सीना 5 इंच बढ़ा.

‘‘तुम्हें कभी नहीं लगा कि देवता के किसी फैसले का तुम्हें विरोध करना चाहिए? उस से सवाल पूछना चाहिए?’’

‘‘जनाब नहीं. कभी नहीं लगा. सरकार से सवाल पूछना सब से नीचता का काम है. जिन्होंने उस से सवाल पूछे, उनउन को उन का श्राप ऐसा लगा कि… ऐसा लगा कि…’’

‘‘अगर सरकार अपने एजेंडे को ले कर प्रजा विरोधी काम करे तो तुम उसे क्या मानते हो?’’

‘‘जनाब, प्रजा के पिछले जन्म के पाप.’’

‘‘क्या सरकार जन कल्याण के नाम पर अपना और अपनों का कल्याण करती है?’’

‘‘जनाब, अब सरकार कुछ काम तो करती नहीं. पर पेट तो उस के और उस के अपनों के भी तो लगे हैं. ऐसे में जो वह प्रजा के असंख्य पेटों में से केवल एकएक दाना लेले तो प्रजा का इस से बड़ा सरकार हित में और त्याग क्या…’’

‘‘क्या सरकार का कोई गुप्त एजेंडा होता है?’’

‘‘नहीं जनाब, सरकार आसमान से भी ज्यादा खुली होती है.’’

‘‘सरकार किस के कल्याण के लिए बनी होती है, प्रजा के या पूंजीपतियों के?’’

‘‘पूंजीपति भी तो पूंजीपति से पहले प्रजा ही होते हैं जनाब.’’

‘‘तुम्हारा कोई अपना विचार या विचारधारा?’’

‘‘नहीं जनाब, मेरे तो विचार भी सरकार के और विचारधारा भी सरकार की.’’

‘‘मतलब?’’ पूछ कर वे मु झे भीतर से घूरे तो मैं ने कहा, ‘‘जनाब, अपना तो न कोई विचार, न कोई विचारधारा. केवल सरकार का जयकारा.’’

‘‘मजाक तो नहीं कर रहे हो?’’

‘‘जनाब, दिमाग से पैदल न मजाक करता है और न ही मजाक सम झता है.’’

‘‘गुड…’’ प्रश्नावली में दिए गए सवालों के मेरे द्वारा दिए जवाबों को सुन ज्योंज्यों वे धीरेधीरे आगे बढ़ते गए,  त्योंत्यों वे खुश से ज्यादा खुश होते गए कि हमारे महल्ले में अभी भी कोई तो दिमागी पैदल है.

‘‘प्रजा का असली धर्म क्या है?’’  ‘‘सरकार की दिमाग मूंद कर जयजयकार करना.’’

‘‘जो कोई जयजयकार न करे तो?’’

‘‘तो उसे तत्काल घुसपैठिया करार दे देश निकला दे दिया जाए.’’

‘‘क्या तुम अपने को दिमागी पैदल मानते हो?’’

‘‘मानता ही नहीं जनाब, शर्तिया दिमागी पैदल हूं. आप के पास समय हो तो मैं अपना दिमाग खोल कर आप को उस का पैदलपन दिखा सकता हूं.’’

‘‘और तुम्हारी बीवी?’’

‘‘वह तो जनाब मु झ से भी ज्यादा दिमागी पैदल है. शादी के समय छत्तीस नहीं, सैंतीस गुण मिले थे हमारे. कुछ भी नहीं सोचती. बस, हरदम बौराई सरकार… सरकार… सरकार… सरकार कहिए… जाहि विधि राखे सरकार, ताहि विधि रहिए, सरकारी मीरा हो बेसुध गाती रहती है. वह तो अपने प्रभु की भक्त नहीं, उन्मुक्त भक्त है.’’

‘‘और जो तुम्हारे घर में जेनजी हैं, वे क्या हैं?’’

‘‘जनाब, नयानया खून हैं. जवानी के जोश में थोड़ेथोड़े दिमागी नक्सली से हैं. बाप से भी सवाल पूछ लेते हैं. लाख सम झाने के बाद भी भगवान स्वरूप बाप तक का भी विरोध कर लेते हैं. वैसे मैं उन्हें अपनी तरह का बनाने की कोशिश तो पूरी कर रहा हूं, ताकि उन्हें जब विकास के  झूठ की हकीकत का पता चलेगा तो तय है कि धीरेधीरे वे भी…’’

‘‘गुड. अब अगली कोई गणना सरकार ने कराई तो दोबारा कष्ट देने आऊंगा,’’ जनाब ने मु झे और मेरी धर्मपत्नी को कम्पलिटली दिमागी पैदल और मेरी जेनजी को संभावित दिमागी पैदल के कौलम में डाल कर अपने कागज लपेटे और अगले घर की ओर लपके.  Humour

Short Story in Hindi : जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र

Short Story in Hindi. भक्तो, हमारे देश में सरकारी नौकरी में आज इतने ज्यादा खतरे बढ़ गए हैं कि अपने को तीसमार खां कहने वाले भी कुरसी पर बैठने से पहले सौ बार भगवान का नाम लेते हैं. क्या पता कब जनता से कुछ लेते हुए क्राइम ब्रांच वालों के हत्थे चढ़ जाएं. क्या पता कब कैसे तबादला हो जाए. क्या पता कब सस्पैंड हो जाएं.

सरकारी नौकरी में बुरे दिन आते देर नहीं लगती, इसीलिए हम ने सरकारी नौकरी में काम कर रहे अपने भाइयों और बहनों के लिए शास्त्रोक्त विधि से अपने ही देश में तैयार किया है जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र, ताकि हमारा हर भाई मजे से कुरसी पर बैठे और अपनी दोनों टांगें मेज पर रख कर मौज कर सके. साहब तो साहब, भगवान तक उसे पूछने की हिम्मत न कर सके कि यार, दिन में ही यह क्या रात वाली लूटमार शुरू कर रखी है.

दोस्तो, दुनिया में साहब को पटाने का ऐसा कोई यंत्र नहीं है, जैसा यह चापलूस चालीसा यंत्र है. इस यंत्र का हर शब्द जाग्रत मंत्र है. इस यंत्र के आगे एक ऐसा लैंस लगा है, जिस में एक खास कोण से देखने पर संपूर्ण चापलूस चालीसा मंत्र के हर शब्द को साफसाफ पढ़ा जा सकता है. यह अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र शुद्ध चौबीस कैरेट गोल्ड प्लेटिड साहब मूरत पर लिखा गया है. यह यंत्र पसीने से खराब नहीं होता.

इसे पहन कर मुलाजिम कुछ भी करे, उसे पसीना आता ही नहीं, बल्कि इस यंत्र को देख कर दूसरों को पसीने आने लगते हैं. इसे गले में जिसजिस ने डाला, आइए अब जानते हैं उन्हीं की जबानी इस अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र की रहस्यमयी कहानी :

मिस्टर राजेश : मैं ने जब से इस यंत्र को गले में डाला है, साहब मेरे वश में हो गए हैं. जब तक यह चमत्कारी यंत्र मेरे गले में नहीं था, तब तक साहब मेरी ओर देखते भी नहीं थे. साहब सामने आते थे, तो मेरे पसीने निकलने शुरू हो जाते थे. मैं उन के आगेपीछे दुम हिलाता हुआ थक जाता था, पर वे मुझ कुत्ते की ओर ध्यान तक न देते थे. सच कहूं, जब से मैं ने यह अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र गले में डाला है, तब से मैं साहब की बीवी से भी ज्यादा उन के नजदीक हो गया हूं. अब मैं नहीं, बल्कि वे मेरे आगेपीछे दुम हिलाते हैं. वे मुझे अपनी बीवी से भी ज्यादा प्यार करते हैं. जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र.

मिस्टर देवेंद्र : जब मेरे एक दोस्त ने मुझे इस अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र के बारे में बताया, तो मुझे जैसे जीने की नई राह मिली. पहले तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ था कि अपने देश में भी ऐसे आला दर्जे के चापलूस चालीसा यंत्र बन सकते हैं. सच कहूं, तो मेरे ऊपर रिश्वत लेते हुए हर समय सस्पैंड होने का खतरा मंडराता रहता था. अब पुरानी लत होने के चलते छोड़ी भी नहीं जा रही थी. दुविधा में था कि अब क्या करूं, क्या न करूं?

आखिरकार मेरी परेशानी को देख कर मेरे उस दोस्त ने मेरे गले में अपना श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र डाला, तो पहनते ही मेरी रिश्वत के बारे में नैगेटिव सोच एकदम बदल गई. मुझे ऐसा लगा कि रिश्वत लेना भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि यह तो मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है. देखते ही देखते मेरे मन से रिश्वत का डर जाता रहा और मैं ने यह अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र मंगवा कर अपने गले में डाल लिया. सच कहूं, जब से मैं ने इस अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र को गले में डाला है, तब से मेरे रिश्वत लेने के हौसले में सौ गुना इजाफा हुआ है.

अब मुझे महकमे के किसी मुलाजिम से कतई डर नहीं लगता. अब दफ्तर में लोग मुझे देवू नहीं, बल्कि रिश्वत का देवेंद्र कहने लगे हैं. जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र. भाइयो, इस देश में इन की ही तरह लाखों ऐसे मुलाजिम हैं, जो इस यंत्र को गले में डाल कर नौकरी में मजे कर रहे हैं. हमाम में नंगे नहा रहे हैं. भूख न होने के बाद भी बस खाए जा रहे हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि दफ्तर में कदम फूंकफूंक कर रखने से छुटकारा मिले, तो आज ही हमारे इस चापलूस चालीसा यंत्र को मंगवाइए. कीमत केवल 5 हजार रुपए. डाक खर्च 2 सौ रुपए अलग.

और हां, अगर आप अभी और्डर करते हैं, तो अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र के साथ 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिड चेन फ्री.

बंधुओ, हम अपने चापलूस चालीसा यंत्र का किसी अखबार में कोई इश्तिहार नहीं देते. नकली अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र से सावधान रहें. आप की सुविधा के लिए हम ने नकली यंत्र से बचने के लिए डब्बे पर आप के ही शहर के लोकप्रिय भ्रष्ट की तसवीर बनाई है, जो आंखें बंद कर के भी बिलकुल साफ दिखती है. कमाल का है यह जय श्री अद्भुत चापलूस चालीसा यंत्र. Short Story in Hindi

Short Story in Hindi : मैं… मैं…

Short Story in Hindi. देश की छोड़ो, वह तो बहुत बड़ी चीज है. इंसान भी मैं मैं मैं कर रहा है. देश के प्रधानमंत्री हो या राज्य के मुख्यमंत्री! मुंह से सिर्फ मैं मै ही निकल रहा है. प्रधानमंत्री इत्ते ऊंचे पद पर पहुंच गए हैं मगर हम नहीं कहते. अमेरिका गए, ऑस्ट्रेलिया गए, जापान और नेपाल गए कहीं भी हम, हमारा देश हमारी मातृभूमि नहीं कहा. कहा तो सिर्फ, मैं मैं मैं .जिसमें कुछ भी सत्य समाहित नहीं है. देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच गए इतने बड़े ज्ञानी धुरंधर मगर मैं मैं मैं.

मैं सोचता हूं आखिर इंसान मे,- मैं मैं आया कहां से ? हर साधु महात्मा ज्ञानी यही कहता है कभी मैं मैं मैं मत करो, यह अज्ञान का प्रतीक है.मगर मुझे कोई भी नहीं मिलता जो मैं मैं मैं नहीं करता हो .

एक बड़े साहित्यकार फेसबुक पर हैं .मै उनकी कृपा दृष्टि पाने उनकी हर एक स्टेट्स पर लाइक करता हूं .आंखें मूंद कर बिना पढ़े लाइक करता .मैं सोचता मेरी लाइक से कभी तो पिघलेंगे. मैं अनवरत नाटक करता रहा. मगर उन्होंने कभी मेरी और झांका तक नहीं .मैं फोटो अपलोड करूं या कुछ लिखूं, कभी लाइक नहीं किया, मैं तरस गया एक लाइक के लिए.

एक दिन उनके स्टेटस पर किसी क्षुब्ध आदमी ने विपरीत टिप्पणी कर दी .मैंने सोचा, आज मै को परखूंगा .मैंने उस टिप्पणी के खिलाफ टिप्पणी की .और चुपचाप इंतजार करने लगा. आश्चर्य, मै मैं पिघलने लगा, मेरी टिप्पणी को साहित्यकार ने लाइक किया । मैं समझ गया, वहां एक मैं नहीं, मैं मैं का साम्राज्य है.

हर जगह मैं मै है .हमारे एक मित्र हैं कहते हैं- एक बच्चे में भी मैं मै होता है .जिसको आप ने पैदा किया है, उसमें भी मैं मैं होता है, वह भी आपकी बेवजह मैं मैं को स्वीकार नहीं करता, उसका मैं में जागृत हो  उठता है . वे बड़े ज्ञानी पुरुष है . मैं देखता हूं वे हर किसी के मैं में को बड़ी चतुराई से शांत करते हैं . बात मनवानी हो तो चार बार रोहरा जी… रोहरा जी करते हैं .इतने मीठे स्वर में कि मैं समझ जाता हूं वे मेरे मै को जागृत करके अपनी मै की संतुष्टि करना चाहते हैं .

एक शख्स इतने पहुंचे हुए मै हैं की दावा करते हैं, दुनिया के किसी भी महिला को ज्यादा नहीं आधा एक घंटा अकेले बात करने का वक्त दिया जाए मैं उसे काबू में कर लूंगा. पहले मै, जब वह यह  कहते, तो मन ही मन हंसता, मगर तीन-चार प्रकरण अपनी आंखों से देखें, मैं डर गया .यह आदमी है या सम्मोहन का जानकार. वह कहता है कुछ मोहनी या सम्मोहन नहीं होता, यह बातों का मायाजाल है .मैं… मैं …बस उसके मैं… मैं… को पकड़ता हूं, सहलाता  हूं ,उत्सर्जित करता हूं बस…

शहर में एक प्रखर अखबार नवीस है. मैं… मैं… उनका विश्वामित्र की तरह नाक पर बैठा रहता है .लोग उक्त पंडित जी की मैं मैं को उनके क्रोध के कारण आंखें बंद करके सुनते रहते हैं. कौन अग्नि कुंड में हाथ डाले ? बहुतेरे बड़े पदों में हैं । पैसे वाले हैं . लोग उनकी मैं में को सिर्फ इसलिए सहते हैं की पद है रुपया है . मैं भी तब ही सर चढकर बोलता है जब उसे सत्ता का धन का रस्सा पकड़ में आ जाता है. लोग बड़े समझदार होते हैं, जानते हैं इनसे मुंह लगाना फिजूल हैसो आत्मसमर्पण कर देते हैं.

ऐसे लोगों में आपका यह शुद्र लेखक भी है.मैं अपनी यह योग्यता पहचानता नहीं था.जब कभी किसी सत्ताधारी से साबका पड़ता, मै सरेंडर कर जाता उसकी हर गलत बात में भी हां में हां मिलाता .कभी विनम्रता से बात काटता, मगर दुबारा अड़ते ही मै आत्मसमर्पण कर जाता. किसी धनपति के यहां भी यही स्थिति होती, मैं उसकी हर सही-गलत बात की हां में हां कहता.

मैं यह मानता हूं की धनाढृय आदमी का, अपना मैं होता है. वह कभी भी मुझ जैसे साधारण लेखक की मैं में को स्वीकार नहीं कर सकता.

मेरे एक ज्ञानी मित्र ने मेरी इस चलाकी को पकड़ा और हंस-हंस कर मित्रों को बताता .मैं दांत निकाल कर हंसता मुस्कुराता .मैं भी अनेक प्रकार के होते हैं .मैं एक दुर्लभ एक सहज मै. मेरा में सरल किस्म का है .मेरी प्रकृति के लोग सुखी रहते हैं, समन्ववादी . मगर जकड़ने वाला मै मैं खतरनाक होता है .जो इसकी जद में आते हैं, वह उन्हें निगल जाता है .मैं कहां नहीं है. संसार का निर्माण, संहार और पालन करने वालों मैं भी मैं मैं और मैं है .

उनकी तीनों देवियों में भी, मैं मैं मै है .वेदों में, स्मृतियों में, महाभारत में भी तो मैं मै ही मिलता है. सारी लड़ाई और अस्तित्व  मैं को लेकर ही है . यह मेरा घर है, यह मेरी जमीन, यहां का मै मालिक,यह मेरी बपौती.

यह सब जानते हैं, यह संसार  क्षण भंगुर है. यह मै निरा बेझडपन है,मगर हर कोई मैं मैं मैं कर रहा है . साधु हो या महात्मा हो, मतदाता हो या नेता, अथवा अभिनेता सभी मै की परिक्रमा कर रहे हैं .और क्यों न करें, जब गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है- मैं मृत्यु में भी हूं, जीवन में भी हूं, आग में भी हूं और पानी में भी .जब भगवान “मैं” को नहीं छोड़ सके, फिर हम आदम जात कैसे छोड़ सकते हैं.Short Story in Hindi

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें