Hindi Story : नसीब

Hindi Story : पूरे महल्ले में यही सुगबुगाहट थी कि करीम की बेटी खुशबू का निकाह है, वह भी उस की बाप की उम्र के हमीदुल्ला मास्टर के साथ.

जब खुशबू को यह बात पता चली थी कि उस की शादी एक 50 साल के बूढ़े के साथ तय हो गई है, उस दिन वह पूरी रात रोई थी, लेकिन उस के बाद वह खामोश ही रही. वह सम झ चुकी थी कि बूढ़ा शौहर ही उस का नसीब है.

इस के बाद खुशबू एक जिंदा लाश में बदल गई थी, जो केवल देख और सुन सकती थी, लेकिन बोल नहीं सकती थी.

लेकिन इस रिश्ते का विरोध उस की अम्मी ने उस के अब्बू से किया था, मगर खुशबू ने खुद ही अम्मी को चुप करा दिया था.

खुशबू के अब्बू फलों का ठेला लगाते थे, जिसे बेच कर उन्हें मुश्किल से दो वक्त का खाना मिल पाता था, जिस के चलते खुशबू भी पड़ोस की शाहीन खाला के यहां से कढ़ाई करने के लिए साड़ी वगैरह ले आती थी, जिस से उसे भी कुछ पैसे मिल जाते थे और वह अपनी जरूरतें उन्हीं से पूरी कर लेती थी.

लेकिन इधर कुछ दिनों से खुशबू के अब्बू की तबीयत ठीक नहीं थी. सही से इलाज न होने के चलते वे धीरेधीरे बिस्तर से लग गए और फिर तो भूखों मरने की नौबत आ गई.

यह सब देख कर खुशबू की अम्मी आसपास के घरों में चौकाबरतन करने लगी थीं, जिस से अब्बू की दवा और जैसेतैसे घर का खर्च चलने लगा था.

खुशबू खूबसूरत ही नहीं, जहीन भी थी. उस ने घर पर रह कर ही अपनी सहेली गुलशन की मदद से हिंदी में भी पढ़नालिखना सीख लिया था. सभी उस की तारीफ करते नहीं थकते थे.

पहले तो खुशबू के अम्मीअब्बू को लगता था कि उन की बेटी को कोई न कोई रिश्तेदार अपना ही लेगा. अम्मी ने खाला के यहां उस के रिश्ते की बात चलाई थी, लेकिन उस की खाला ने अम्मी से साफ इनकार कर दिया था, क्योंकि उन्हें ऐसी बहू चाहिए थी, जो ढेर सारा दहेज ले कर आए.

अब्बू ने भी खुशबू के रिश्ते के लिए कई जगह कोशिश की थी, लेकिन उन के हालात को देख कर सब ने इनकार कर दिया था. आसपड़ोस और उस के ददिहाल वाले रमजान में हर रोजाइफ्तारी भिजवा कर सवाब कमाने में कोई कसर नहीं छोड़ते थे.

ऐसे ही एक बार ईद पर जब खुशबू के चाचा और बड़े अब्बू 5,000 रुपए फितरा व जकात निकाल कर उस के घर देने पहुंचे थे, तो अम्मी का गुस्सा फट पड़ा था और अम्मी ने जम कर चाचा और बड़े अब्बू को खरीखोटी सुनाई थी और रुपए भी उन के मुंह पर फेंक दिए थे.

अम्मी का गुस्सा देख कर खुशबू के चाचा और बड़े अब्बू चुपचाप वहां से चले गए थे.

खुशबू ने अम्मी को पहली बार इतने गुस्से में देखा था. लेकिन वह जानती थी कि अम्मी को मेहनतमजदूरी करना मंजूर है, लेकिन ऐसी मदद उन को नागवार थी.

ऐसे ही एक दिन जब अब्बू की तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, तब अम्मी ने सब रिश्तेदारों के पास जा कर 500 रुपए उधार मांगे थे, लेकिन किसी के पास से एक रुपया भी नहीं निकला था, जबकि सभी के अच्छेखासे कारोबार चल रहे थे.

तब खुशबू के अब्बू के एक दोस्त रमेश चाचा ने खुद ही घर पहुंच कर अम्मी को रुपए दिए थे और आगे किसी चीज की जरूरत पड़ने पर बेझिझक कहने के लिए बोल कर गए थे.

खुशबू की अम्मी अकसर कहा करती थीं, ‘‘खुशबू के लिए कोई ऐसा लड़का ही मिल जाए, जो मजदूरी करता हो, कम से कम वह दो वक्त की रोटी तो उसे खिला सकेगा.’’

पिछले दिनों महल्ले में ही शहरुद्दीन के एक रिश्तेदार हमीदुल्ला मास्टर आए हुए थे, जो अच्छेखासे पैसे वाले थे. उन का चूडि़यों का थोक का कारोबार था. एक दिन वे महल्ले के लोगों के साथ बैठ कर बातें कर रहे थे.

‘‘मास्टर साहब, और बताइए कि घर के हालचाल कैसे हैं?’’ मोबिन मियां ने मास्टर साहब से पूछा.

‘‘क्या बताएं मोबिन मियां, औरत के बिना घर कोई घर होता है. जब से रजिया का इंतकाल हुआ है, तब से सबकुछ बदल गया है. घर तो जैसे काटने को दौड़ता है,’’ हमीदुल्ला मास्टर मायूस हो कर बोले.

‘‘मास्टर साहब, आप करीम की लड़की खुशबू से निकाह कर लें,’’ वहां बैठे साजिद ने सलाह दी.

‘‘हां, बेचारा करीम बहुत ही गरीब है और फिर वह आएदिन बीमार ही रहता है. एक ही लड़की है, वह भी जवान हो गई है. उस के पास तो देने के लिए कुछ है भी नहीं और फिर बिना दहेज के उस की शादी होने से रही.

‘‘अगर साबिहा भाभी चौकाबरतन न करने जाएं, तो दो वक्त का खाना भी नसीब न हो,’’ मास्टर साहब कुछ बोलते, इस से पहले ही वहां बैठे नबीरुल ने अपनी बात रखी.

‘‘आप का भी घर बस जाएगा और बेचारे करीम और साबिहा के सिर का बो झ भी हट जाएगा,’’ मोबिन मियां ने भी मास्टर साहब से कहा.

‘‘आप लोगों के भी तो लड़के जवान होंगे, आप लोग करीम की बेटी को बहू बना कर क्यों नहीं ले आते?’’ मास्टर साहब धीरे से बोले.

‘‘आप अगर निकाह कर लेंगे, तो बेचारी खुशबू की जिंदगी सुधर जाएगी. बचपन तो गरीबी में कट गया, कम से कम जवानी में तो अच्छा खा और पहन लेगी,’’ नबीरुल ने मास्टर साहब की बात अनसुनी कर उन पर दबाव डालते हुए कहा.

‘‘अच्छा, ठीक है. लेकिन क्या वह लड़की निकाह के लिए राजी हो जाएगी?’’ मास्टर साहब ने सवाल किया. ‘‘अरे, मास्टर साहब, गरीब की लड़की की जबान कहां होती है. बस, आप हां करें, बाकी हम पर छोड़ दें,’’ मोबिन मियां ने कहा.

‘‘चलिए, तो फिर लड़की भी दिखा दीजिए. आए हैं तो रिश्ते की बात भी कर ली जाए,’’ मास्टर साहब बोले.
इस के बाद वे सभी करीम के घर की ओर चल दिए.

‘‘हमीदुल्ला मास्टर तुम्हारी लड़की से निकाह करना चाहते हैं. उन की बीवी का इंतकाल… और रोटीपानी के लिए भी परेशानी होती है, इसलिए वे दोबारा घर बसाना चाहते हैं,’’ करीम के घर पहुंचते ही मोबिन मियां ने कहा.

‘‘आप को कोई एतराज तो नहीं है?’’ हमीदुल्ला मास्टर ने करीम से पूछा.

‘‘मु झे क्या एतराज हो सकता है. आप चाहें तो आज ही खुशबू से निकाह कर अपने साथ ले जाएं,’’ करीम धीरे से बोला.

‘‘ठीक है, आने वाली 15 तारीख को 8-10 लोगों को ला कर निकाह पढ़वा कर ले जाऊंगा तुम्हारी लड़की को. और हां, इस में जो भी खर्च आएगा, वह मैं आप को घर पहुंचते ही भिजवा दूंगा,’’ हमीदुल्ला मास्टर करीम से बोले.

‘‘मास्टर साहब, आप परेशान न हों. निकाह का सारा इंतजाम मैं करवा दूंगा,’’ मोबिन मियां ने मास्टर साहब से कहा.

‘‘और खाने का इंतजाम मैं कर दूंगा,’’ नबीरुल बोले.

जल्द ही निकाह का दिन भी आ गया. खुशबू अपने अम्मीअब्बू को देख रही थी, जिन के चेहरों पर न खुशी दिखाई दे रही थी और न गम, बस यही लग रहा था कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश कर रहे थे.

खुशबू दुलहन बनी बैठी थी, लेकिन शादी जैसा कुछ लग ही नहीं रहा था. सहेलियां भी उस से किसी तरह की छेड़छाड़ या फिर किसी तरह का मजाक करने की हिम्मत नहीं कर रही थीं.

‘‘बरात आ गई,’’ गाडि़यों की आवाज सुन कर खुशबू की एक सहेली नजमा बोली और बाकी सभी सहेलियां बरात देखने के लिए उस के कमरे से बाहर चली गईं.

खुशबू ने एक बार फिर एक नजर आईने पर डाल कर खुद को देखा. वह बहुत ही खूबसूरत लग रही थी. लेकिन क्या फायदा ऐसी खूबसूरती का, जो उसे एक अच्छा शौहर न दिला सके.

बाहर 2 गाडि़यां करीम के दरवाजे पर आ कर रुकीं और गाड़ी से शेरवानी पहने हमीदुल्ला मास्टर और 4-5 लोग बाहर आए. उन के साथ मौलाना साहब भी थे, जिन्हें शायद मास्टर साहब निकाह पढ़वाने के लिए लाए थे.

बरात आने की खबर मिलते ही आसपड़ोस की औरतें और बच्चे अपनेअपने घरों से बाहर आ गए. सब को यही उत्सुकता थी कि क्या खुशबू इस निकाह से राजी है भी या नहीं?

‘‘आइए मास्टर साहब, आप लोग उधर चलिए,’’ मोबिन मियां ने सलाम कर मास्टर साहब से एक ओर इशारा करते हुए चलने की गुजारिश की.

‘‘अरे, रुकिए तो मोबिन मियां, अभी दूल्हे मियां और उन के दोस्तों को तो आने दीजिए,’’ मास्टर साहब हंसते हुए बोले.

‘‘मैं कुछ सम झा नहीं,’’ मोबिन मियां ने हैरानी से मास्टर साहब से पूछा.

मास्टर साहब कुछ बोलते, इस से पहले ही एक और कार वहां आ कर रुकी. कार फूलों से सजी हुई थी और उस में से सेहरा पहने हुए एक नौजवान गाड़ी से बाहर आया और उस के साथ 4 दोस्त और बाहर निकले.

‘‘दूल्हे मियां आ गए. चलिए, मोबिन मियां, अब कहां चलना है?’’ मास्टर साहब हंसते हुए बोले.

‘‘यह सब क्या है?’’ मोबिन मियां ने पूछना चाहा. वहां खड़े बाकी लोग भी हैरान थे कि यह क्या माजरा है.

‘‘यह मेरा बेटा समीर है और मैं अपनी शादी की नहीं, बल्कि अपने बेटे की शादी की बात कर रहा था. आप लोगों को क्या लगा कि इस बुढ़ापे में मैं अपनी शादी करता? मु झे बहू चाहिए थी, जो मेरे परिवार को सही से चला सके. दहेज का न मु झे लालच है और न ही मेरे बेटे को,’’ मास्टर साहब बोले.

उधर नौजवान दूल्हे को देख कर चारों ओर हलचल मच गई थी कि खुशबू का दूल्हा कोई बूढ़ा नहीं, बल्कि एक बांका जवान है.

आसपड़ोस के लोग तो खुश हुए, पर बहुत से दुखी नजर आ रहे थे कि इस गरीब की बेटी की तो किस्मत ही खुल गई, क्योंकि लड़का बड़ा ही हैंडसम था.

जब यह बात खुशबू को पता चली, तो खुशी से उस की आंखों में आंसू आ गए. उस ने देखा कि उस की अम्मी और अब्बू के चेहरे भी खुशी से खिल उठे थे.

Funny Story : भैयाजी का चुनावी कन्फैशन

Funny Story : मेरे मोबाइल फोन पर उन के मैसेज बारबार रहे थे कि मेरा वोट मेरी आवाज है. मैं अपनी आवाज को किसी के पास बिकने दूं. पर दूसरी ओर भैयाजी बराबर कह रहे थे कि रे लल्लू, मेरा वोट केवल और केवल उन की आवाज है. वे मेरी आवाज खरीदने के बाद ही संसद में अपनी आवाज उठाने लायक हो पाएंगे. मैं ने उन के मैसेज को इग्नोर कर इस बार भी मान लिया कि मेरा वोट उन की ही आवाज है.

वैसे दोस्तो, मेरे पास बेचने को अब मेरी आवाज बोले तो मेरा वोट ही बचा है. बाकी तो मेरा सबकुछ बिक चुका है, देश की संपत्तियों की तरह. सो, चुनाव के दिनों में उसे बेच कर कुछ दिन मैं भी हलकीफुलकी मस्ती कर लेता हूं.

अब के फिर चुनाव केड्राई डेको भी मुझे तर रखने वाले भैयाजी को वोट डालने के बाद मैं उन के घर गया उन का धन्यवाद करने. धन्य हों ऐसे भैयाजी, जोड्राई डेको भी अपने वोटरों को ड्राई नहीं रहने देते. उन को तर रखने का इंतजाम वे पहले ही कर देते हैं.

ऐसे भैयाजी जनता को बहुत सत्कर्मों के बाद मिलते हैं. हम ने पिछले जन्म में पता नहीं ऐसे क्या सत्कर्म किए थे, जो इस जन्म में हमें ऐसे ही खानदानी भैयाजी मिले.

भैयाजी केड्राई डेका कर्ज उतारने मैं उन के घर गया, तो वे अंधेरे कमरे में बैठे थे. राजमुजरा या राजमुद्रा में, वे ही जानें. पहले तो मैं ने सोचा कि चुनाव की थकान निकाल रहे होंगे. चुनाव के दिनों में तो जो नेता लोहे का भी हो तो वह भी थकान से चूरचूर हो जाए.

अपने भैयाजी तो ठहरे हाड़मांस के. इतने दिनों तक जागे, नींद आई. सोएसोए भी जागते रहते, जागतेजागते ही सोए रहते. जितना नेता चुनाव के दिनों में दिनरात एक करते हैं, इतना जो कोई साधारण से साधारण जीव स्वर्ग पाने के लिए करे तो उसे मोक्ष प्राप्त करने से कोई रोक पाए.

मैं ने उन के कमरे की दीवारों से आंखकान लगाए, तो भीतर अपने भैयाजी की आवाज सुनाई दी, भैयाजी दिखाई दिए. उन के चारों ओर मच्छर गुनगुना रहे थे. उन्होंने अपने आगे संविधान रखा था और खुद संविधान के आगे घुटने टेके क्षमायाचना की मुद्रा में.

तब पहली बार पता चला कि नेता भी किसी के आगे घुटने टेकते हैं, वरना मैं तो सोचता था कि नेता सभी को अपने आगे घुटने टिकवाते हैं.

भैयाजी हाथ जोड़े संविधान के आगे घुटने टेके कह रहे थे, ‘हे संविधान, चुनाव के दिनों में जो मैं ने अपने मौसेरे भाइयों को भलाबुरा कहा, मैं तुम्हें साक्षी मान कर उस के लिए उन से माफी मांगता हूं. यह मेरी नहीं, कुरसी की मांग थी. जो रोटी के बदले मुझे कुरसी की भूख होती, तो मैं अपने मौसेरे भाइयों को जो मैं ने इस चुनाव में कहा, कभी कहता. इस अपराध के लिए वे मुझे माफ करें.

चुनाव के दिनों में जो मैं ने दिवंगत नेताओं को भलाबुरा कहा, मैं तुम्हें साक्षी मान कर उस के लिए उन से माफी मांगता हूं. यह मेरी नहीं, कुरसी की मांग थी. जो रोटी के बदले मुझे कुरसी की भूख होती, तो मैं अपने दिवंगत नेताओं को जो मैं ने इस चुनाव में कहा, कभी कहता. इस अपराध के लिए वे मुझे माफ करें.

हे संविधान, चुनाव के दिनों में जो मैं ने जनता को लुभाने, रिझाने पटाने के लिए उन को झूठे आश्वासन दिए, तुम्हें साक्षी मान कर उस के लिए मैं दिल की गहराइयों से जनता से माफी मांगता हूं. ये मेरी नहीं, कुरसी की मांग थी. जो रोटी के बदले मुझे कुरसी की भूख होती, तो मैं भोलीभाली जनता को जो मैं ने इस चुनाव में झाठी गारंटियां दीं, कभी देता. इस अपराध के लिए झूठे आश्वासन हेतु मुझे माफ करें.

हे संविधान, झू बोलना हर पार्टी के, हर किस्म के नेता के अधिकार क्षेत्र में आता है. जनता से झू बोलना उस का मौलिक अधिकार है. जनता को छलना, दलना उस का पहला फर्ज है. पर चुनाव के दिनों में स्वयंमेव हर नेता को झू बोलने का विशेषाधिकार प्राप्त हो जाता है.

इस महापर्व में नेता के हजार झू भी माफी लायक होते हैं. दरअसल, इन दिनों उसे खुद पता नहीं होता कि वह जो बोल रहा है, क्या बोल रहा है. चुनाव के दिनों में जो मन में आए, बोलना उस का धर्म होता है, क्योंकि इन दिनों वह केवल और केवल अपने प्रचारी धर्म का पालन कर रहा होता है. यह मेरी नहीं, कुरसी की मांग थी. इस अपराध के मेरा झू मुझे माफ करे.

हे संविधान, तुम मुझे समाज में जातिगत, धार्मिक, सांस्कृतिक प्रदूषण को फैलाने के दोष से दोषमुक्त करना.

मैं मानता हूं कि प्रदूषणों में सब से खतरनाक प्रदूषण जातिगत प्रदूषण होता है. पर क्या करूं, इन प्रदूषणों को समाज में फैलाने पर ही कोई अच्छा नेता बन पाता है.

समाज में जातिगत, धार्मिक और सांस्कृतिक प्रदूषण फैलाए बिना स्वस्थ राजनीति हो ही नहीं सकती. यह मेरी नहीं, कुरसी की मांग थी. इस अपराध के लिए जाति, धर्म मुझे माफ करे.

हे संविधानहे संविधान…’  

Family Story : नरगिस

लेखक – मनोज शर्मा, Family Story : घर की दहलीज पर चांदनी हाथ बांधे खड़ी थी. सामने आतेजाते लोगों में अपनी शाम ढूंढ़ रही थी. कोई दूर से देख लेता तो एक पल के लिए दिल मचल जाता, पर उसे वापस लौटते देखते ही सारी उम्मीदें टूट जातीं.

लौकडाउन से पहले ही आखिरी बार कोई आया था शायद…वह बंगाली, जिस के पास पूरे पैसे तक नहीं थे, फिर अगली बार रुपए देने का वादा कर के सिर्फ 50 का नोट ही थमा गया था.

उस रोज ही नहीं, बल्कि उस से पहले से ही लगने लगा था कि अब इस धंधे में भी चांदनी जैसी अधेड़ औरतों के लिए कुछ नहीं रखा, पर उम्र के इस पड़ाव पर कहां जाएं? उम्र का एकतिहाई हिस्सा तो यहीं निकल गया. सारी जवानी, सारे सपने इसी धंधे में खाक हो चुके हैं. अब तो यही नरक उस का घर है.

कभी जब चांदनी कुछ खूबसूरत थी, सबकुछ जन्नत लगता था. हर कोई उस की गदराई जवानी पर मचल जाता था. पैसे की चाह में सब की रात रंगीन करना कितना अच्छा लगता था.

पर, अब तो जिंदगी जहन्नुम बन चुकी है. लौकडाउन में पहले कुछ दिन बीते, फिर हफ्ते और अब तो महीने. यहां कई दिनों से फांके हैं. कैसे जी रही है, चांदनी खुद ही जानती है. सरकार कुछ नहीं करती इस के लिए. न अनाज का दाना है अब और न ही फूटी कौड़ी. कोई फटकता तक नहीं है अब.

जब चांदनी नईनई आई थी, तब बात ही अलग थी. 12 साल पहले, पर ठीक से याद नहीं. वे भी क्या दिन थे, जब दर्जनों ड्रैस और हर ड्रैस एक से बढ़ कर एक फूलों से सजी. कभी गुलाबी, कभी सुनहरी और कभी लाल. कभी रेशमी साड़ी या मखमली लाल चमकीला गाउन.

रोजरोज भोजन में 3 किस्म की तरकारी, ताजा मांस, बासमती पुलाव, पूरीनान. क्या स्वाद था, क्या खुश थी. घर पर पैसा पहुंचता था, तो वहां भी चांदनी की तूती बोलती थी. नएनए कपड़े, साजोसामान के क्या कहने थे. बस राजकुमारी सी फीलिंग रहती थी.

हर ग्राहक की पहली पसंद उन दिनों चांदनी ही थी और दाम भी मनचाहा. जितना मांगो उतना ही. और कई बार तो डबल भी. हर शिफ्ट में लोग उस का ही साथ मांगते थे. सोने तक नहीं देते थे रातभर. और वह बूढ़ा तो सबकुछ नोच डालता था और फिर निढाल हो कर पड़ जाता था. वे कालेज के लड़के तो शनिवार की शाम ही आते थे, पर मौका पाते ही चिपट जाते थे. हां, पर एक बात तो थी, अगर शरीर चाटते थे तो पैसा भी मिलता था और फिर कुछ घंटों में ही हजारों रुपए.

आज देह भी काम की नहीं रही और एक धेला तक साथ में नहीं. शक्ल ही बदल गई, जैसे कोई पहचानता ही न हो. बूढ़ा बंगाली या गुटका खाता वह ट्रक ड्राइवर या 2-4 और उसी किस्म के लोग, बस वही दोचार दिनों में. सब मुफ्तखोर हैं. मुफ्त में सब चाहते हैं. अब यहां कुछ भी नहीं बचा. यह तो जिंदगी का उसूल है कि जब तक किसी से कोई गर्ज हो, फायदा हो, तभी तक उस से वास्ता रखते हैं, वरना किसी की क्या जरूरत.

अब तो कालेज के छोकरे चांदनी की सूरत देखते ही फूहड़ता से हंसने लगते हैं, पास आना तो दूर रहा. 100-50 में भी शायद अब कोई इस शरीर को सूंघे. आंखें यह सब सोचते हुए धरती में गढ़ गईं. चांदनी रेलिंग पर हथेली टिकाए सुनसान सड़क को देखती रहती है.

कितना बड़ा घर था, पर अब समय के साथसाथ इसे छोटा और अलहदा छोड़ दिया गया है. कभी यह बीच में होता था. जब सारी आंखें चांदनी को हरपल खोजती थीं, पर अब इसे काट कर या मरम्मत कर एक ओर कर दिया है, ताकि चांदनी जवान और पैसे वाले ग्राहकों के सामने न आ सके, शायद ही कभीकभार कोई आंखें इस ओर घूरती हैं.

और फिर गलती से यहां कोई पहुंच भी जाता है तो आधे पैसे तो दलाल ले जाता है. वह मुच्छड़ वरदी वाला या वह टकला वकील और छोटेमोटे व्यवसायी या दूरदराज से आए नौकरीपेशा लोग ही यहां आते हैं. इस शरीर की इतनी कम कीमत, यह सोच कर ही मन सहम जाता है.

टैलीविजन का स्विच औन करते हुए चांदनी खिड़की से बाहर सुनसान सड़क पर देखती है. 2-1 पियक्कड़ इस ओर घूर रहे हैं. जाने कभी आए हों यहां किसी रोज. अब तो याद भी नहीं.

आज चांदनी का उदास चेहरा और अलसाई सी आंखें उन्हें खींचने में पूरी तरह नाकाम हैं. शायद भूखा पेट किसी की हवस को पूरा करने में अब नाकाम है और शरीर का गोश्त भी ढल चुका है.

चांदनी ने चैनल बदलतेबदलते किसी न्यूज चैनल पर टीवी पर कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखा. मर्तबान से मुट्ठीभर चने निकाल कर धीरेधीरे चबाने लगी. कुछ ही देर में टैलीविजन बंद कर के वह पलंग पर लेट गई. उस की खुली आंखें छत पर घूमतेरेंगते पंखे की ओर कुछ देर देखती रहीं और फिर वह गहरी नींद में खो गई.

सुबह कमरे के बाहर से चौधरी के चीखने की सी आवाज सुनाई पड़ी. रात की चुप्पी कहीं खो गई और सुबह का शोर चल पड़ा.

जाने क्यों लगा, सींखचों से कोई कमरे में झांक रहा है. आवाज बढ़ने लगी और गहराती गई.

‘‘3 महीने हो गए भाड़ा दिए हुए…’’ चौधरी के स्वर कानों में पड़ने लगे, ‘‘तुम्हारे बाप का घर है? मुझे शाम तक भाड़ा चाहिए, कैसे भी दो.’’

वही पुरानी तसवीर, जो 10-12 बजे के आसपास 2-3 महीनों में अकसर उभरती है.

चांदनी ने सींखचों से झांक कर देखा चौधरी का रौद्र रूप. लंबातगड़ा गंजा आदमी, सफेद कमीज पर तहमद बांधे मूंछों पर ताव देता गुस्से में चीख रहा था. वह बारीबारी से हर बंद कमरे की ओर देख कर दांत पीसता और आंखें तरेरता.

उस के सामने कुरसी रख दी गई, पर वह खड़ा ही खड़ा सब को आतंकित करता रहा.

‘‘अरे चौधरी साहब, बैठ भी जाइए अब,’’ अमीना बानो ने कुरसी पर बैठने के लिए दोबारा इशारा किया.

एक बनावटी हंसी लिए अमीना कितने ही दिनों से चौधरी को फुसला रही है, ‘‘अच्छा बताइए, आप चाय लेंगे या कुछ और?’’

‘‘मुझे कुछ नहीं चाहिए, केवल भाड़ा चाहिए.’’

8-9 साल की लड़की के कंधे को मसलते हुए अमीना ने चौधरी के लिए चाय बनवा कर लाने को बोला.

‘‘नहींनहीं, मैं यहां चाय पीने नहीं आया हूं. अपना भाड़ा लेने आया हूं.’’

छोटी लड़की झगड़ा देखते हुए तीसरे कमरे में घुस जाती है.

उसी कमरे के बाहर झड़ते पलस्तर की ओर देखते हुए चौधरी ने कहा, ‘‘घर को कबाड़खाना बना कर रख दिया है अमीना तुम लोगों ने… न साफसफाई, न लिपाईपुताई. देखो, हर तरफ बस कूड़ाकरकट और जर्जर होती दीवारें. सोचा था कि इस बार इस घर की मरम्मत करा दूंगा, पर यहां तो भाड़ा तक नहीं मिलता कभी टाइम से.

‘‘मैं 10 तारीख को फिर आऊंगा. मुझे भाड़ा चाहिए जैसे भी दो. घर से पैसा मंगवाओ या कहीं और से, मुझे
नहीं मालूम.’’

‘‘अरे चौधरी साहब, इन दिनों कोई नहीं आता यहां,’’ दूसरी कुरसी करीब सरका कर चौधरी को समझाने की कोशिश करते हुए अमीना ने कहा.

‘‘आप का भाड़ा क्यों नहीं देंगे… हाथ जोड़ कर देंगे. बहुत जल्दी सब ठीक हो जाएगा, टैंशन न लो आप. आप के चलते ही तो हम सब हैं यहां, वरना इस धरती पर हमारा कोई वजूद कहां.’’

सामने एक कमरे से एक जवान होती लड़की उठी. दरवाजा खोल कर अमीना के पास आई और ऊंघने लगी, ‘‘अम्मां क्या हुआ? कौन है ये बाबू? क्या कह रहे हैं?’’

इतना कह कर चौधरी की तरफ देख कर वह जबान पर जीभ फिरा कर हंसने लगी. उस लड़की की शक्लोसूरत पर अजीब सी मासूमियत है, पर उस की छाती पूरी भरी है, जिस पर इस अल्हड़ लड़की को खास गुमान है. उस के बदन पर एक टाइट मैक्सी है.

चेहरे पर गिरी जुल्फें उसे और खूबसूरत बना रही हैं. चौधरी की नजरें अमीना से हट कर उस ओर चली गईं और रहरह कर उस के गदराए बदन पर टिक जाती हैं.

अमीना की तरफ देखते हुए चौधरी बोला, ‘‘कौन है यह? नई आई है क्या? पहले तो इसे कभी नहीं देखा?’’

लड़की अपनी उंगलियों से बालों की लटों के गोले बनाती रही.

‘‘हां, यह कुछ दिन पहले ही यहां आई है. मुस्तफाबाद की जान है. अभी 17 की होगी, शायद दिसंबर में.’’

‘‘क्या नाम है तेरा?’’ लड़की को देखते हुए चौधरी बोला.

लड़की चुप रही, पर मुसकराती रही.

अमीना ने लड़की की कमर सहलाते हुए कहा, ‘‘बेटी, नाम बताओ अपना. ये चौधरी साहब हैं अपने. यह पूरा घर इन्हीं का है.’’

चौधरी किसी रसूखदार आदमी की तरह अपने गालों पर उंगली फिराने लगा.

लड़की गौर से देखती रही, कभी अमीना को तो कभी चौधरी को.

‘‘नरगिस है यह. नमस्ते तो करो साहब को.’’

लड़की हंसते हुए दोनों हथेलियां जोड़ कर सीने तक ले आई, पर चौधरी की आंखें अभी भी नरगिस के सीने पर थीं.

‘‘ओह नरगिस, कितना अच्छा नाम है,’’ एक भौंड़ी मुसकराहट लिए चौधरी बोला.

नरगिस अपनी तारीफ सुन कर चहकने लगी और अमीना की एक बांह पर लहर गई.

घड़ी में समय देखते हुए चौधरी कुछ सोचते हुए कुरसी से उठा. पहले इधरउधर देखा, पर जल्दी ही लौटने की बात कहता हुआ देहरी की ओर बढ़ने लगा.

अमीना ने कहा, ‘‘चाय की एक प्याली तो ले ही लेते?’’

मुंह पर मास्क लगाते हुए चौधरी ने नरगिस को भी मास्क लगाने की सलाह दी, ‘‘फिर आऊंगा. सब अपना खयाल रखना.’’

नरगिस के सीने पर नजर रखता और जबान पर होंठ फिराता हुआ चौधरी चला गया.

एकएक कर के कमरों की सांकलें खुलने लगीं. भूखेअलसाए चेहरे, जो अभी तक कमरों में बंद थे, बाहर दालान में इकट्ठा हो गए मानो किसी खास बात पर जिरह करनी हो.

‘‘कौन था? चौधरी?’’ एक अधेड़ उम्र की धंधे वाली ने अमीना से पूछा.

‘‘हां, चौधरी ही लग रहा था,’’ दूसरी ने बेमन से कहा.

‘‘और क्या हुआ तेरे सेठ का? कल भी नहीं आया क्या?’’ रोशनी की तरफ देखते हुए एक ने पूछा.

‘‘नहीं. लौकडाउन है न. फोन पर ही मजा लेता रहा, पर मैं ने भी पेटीएम से 500 रुपए झाड़ ही लिए.’’

‘‘अरे, यहां तो कोई ऐसा भी नहीं,’’ एक बोली और फिर वे एकदूसरे को देखते हुए बतियाने लगीं.

‘‘जैसे भी हो, अपनेअपने ग्राहकों को बुलाओ, नहीं तो चौधरी यहां से निकाल देगा,’’ अमीना ने नेता भाव से सब को इकट्ठा कर के कहा.

‘‘3 महीने हो गए हैं, एक धेला तक नहीं दे पाए उन को. वह महारानी कहां है? उसे यह सब दिखता नहीं क्या?’’ चांदनी के कमरे की तरफ देख कर अमीना ने आवाज दी, ‘‘चांदनी, ओ चांदनी.’’

चांदनी जैसे सपने से जाग गई हो.

एक बार तो दिल ने चाहा कि सांकल खोल कर सब की जबान पर लगाम लगा दे कि एक वक्त था, जब सारे उस की आमदनी पर जीते थे, पर आज मुश्किल घड़ी में ऐसे दिन देखने पड़ रहे हैं और यह चौधरी जब मूड करता था आ जाता था मुंह मारने, पर देखो तो आज कैसे सुर बदल गए हैं इस मरदूद के.

बाहर दालान में कुछ देर की बहस हुई. सब एकदूसरे को देखती रहीं, पर नतीजा कुछ नहीं निकला. सब को लगा कि अब नए सिरे से शुरुआत करनी होगी.

सुरैया पास ही खड़ी थी. चांदनी की रोंआसी सूरत देख और करीब आ गई. उस की ठुड्डी को सहलाते हुए बोली, ‘‘चांदनी दीदी, सब ठीक हो जाएगा.’’

सब अपनेअपने कमरे में लौट गईं. सुरैया न केवल शक्लोसूरत से खूबसूरत थी, बल्कि अच्छा गाती भी थी.

लौकडाउन से पहले सब से ज्यादा ग्राहक इसी के होते थे. कुछ तो केवल गायकी के फन को तराशने आते थे और 2-1 ने तो गाने के लिए बुलावा भी भेजा. जिस्म तो यहां सभी बेचती हैं, पर उस के सुर की बात ही अलग है. अगर वह यहां न आती और गायकी पर फोकस रखती तो जरूर ही नाम कमाती.

वह खाकी वरदी वाला रोज नई उम्मीद की किरण दे कर मुफ्त में सुरैया को नोच जाता है. बेचारी पढ़ीलिखी है. 10वीं तक स्कूल गई है, पर यहां आ कर सब एकसमान हो जाते हैं. आई तो यहां बाप के साथ कुछ बनने, पर इस खाकी वरदी वाले ने झूंठा झांसा दे कर इस धंधे में उतार दिया. अब खुद तो आता है 2-4 और भी आ जाते हैं. सुरैया न सही, मेरे जैसी अधेड़ ही मिल जाए.

सुरैया चांदनी का हाथ पकड़ कर अपने कमरे में ले गई.

‘‘क्या हुआ? रो क्यों रही हो?’’ सुरैया ने चांदनी के बालों में उंगलियां फिराते हुए पूछा.

‘‘कुछ नहीं बस ऐसे ही. परसों देर रात तक तुम्हारे कमरे से आवाजें आ रही थीं,’’ चांदनी ने सुरैया से पूछा.

‘‘कब? अच्छा, परसों? वही वरदी वाला आया था. 3 और भी थे. मुंह पर मास्क बांधे थे. मैं ने जब पूछा कि दारोगा साहब कुछ बात बनी, मेरे गाने की तो वह हंसने लगा और मेरे सीने को छूने लगा. मैं ने उस से कुछ पैसे मांगे तो गाली देने लगा, पर एक धेला तक नहीं दिया…

‘‘उस का मुंह सूखे पान से भरा था. बीड़ी की राख फेंकते हुए बोला, ‘रानी, हो जाएगा सब. देखती नहीं कि अभी सब बंद है.’

‘‘और पीछे से उस ने आगोश में भर लिया. मैं ने कहा कि अच्छा दारोगा साहब थोड़े पैसे ही दे दो?’’

यह सुन कर उस का सारा नशा जाता रहा और गालीगलौज करने लगा.

‘‘चांदनी दीदी, आप ही बताओ कि अब कैसे चलेगा? सब मुफ्त में मजा चाहते हैं. कुत्ते कहीं के.’’

सुरैया बोलती रही, चांदनी सब ध्यान से सुनती रही.

‘‘पर, अब चारा भी क्या है. जब पेट की प्यास बुझाने को पैसा नहीं तो कोई क्या देह को दिखाए. वह रातभर के लिए अपने कमरे पर ले जाना चाहता था. बोलता था, ‘मेरी रानी, ऐश करवा दूंगा, चल तो बस एक बार.’

‘‘जब मैं ने मना किया तो मुझे घसीटने लगा. अमीना मैम ने समझाबुझा कर उसे चलता किया.’’

‘‘तुम ने बताया क्यों नहीं मुझे?’’ चांदनी बोली.

‘‘चांदनी दीदी, अब क्या किसी को तंग करूं. तुम्हें मैं अपना मानती हूं, फिर यह सब देख कर तुम और ज्यादा दुखी होगी.’’

सुरैया की रोती आंखें चांदनी को देखती रहीं, कुछ देर तक वे दोनों चुप रहीं.

‘‘सुरैया एक काम करोगी मेरे लिए?’’

‘‘हांहां, कहो न?’’

‘‘नरगिस… जो अभी नई लड़की आई है न…’’

‘‘हां…’’

‘‘उसे यहां से कहीं दूर भेज दो, जहां वह जिस्मबाजारी न कर सके.’’

‘‘अभी तो वह बच्ची है. मैं उस में अपनी सूरत देखती हूं. इस जुम्मेरात जब अमीना बाई 1-2 घंटे के लिए बाहर जाए, तब किसी भी तरह उसे वापस भिजवा दो. तुम्हारा एहसान मैं कभी नहीं भूलूंगी या तुम 500-600 रुपए का इंतजाम कर दो, मैं ही उसे घर छोड़ आऊंगी सुरैया.’’

‘‘अरे दीदी, अभी सब बंद है. तुम कैसे जाओगी? और उस लड़की को भी तो समझाना होगा. वह तो अभी नासमझ है. देह ही निखरी है अभी, दिमाग से तो नादान ही है?’’

‘‘मैं जानती हूं, पर मौका पाते ही उसे भी समझा दिया जाएगा. वह चौधरी ही कहीं 1-2 दिन में… उस की नजर ही गंदी है. अब तो उस का वह छोकरा भी…’’

‘‘नहींनहीं दीदी, ऐसा नहीं होगा.’’

‘‘सुनो, एक बात बताऊं. यहां पास ही कालेज है. उस में पढ़ने वाला एक शरीफ लड़का है. उस से फोन पर बात करती हूं. वह कोई पढ़ाई कर रहा है धंधे वाली औरतों की जिंदगी पर. शायद, वह कुछ मदद कर दे.

‘‘जैसे भी हो, हम सब तो यहां बरबाद हो गईं अब और किसी नई को यहां न खराब होने दें.’’

‘‘ठीक है दीदी. आज दोपहर जब सब सोए होंगे, तब बात करते हैं. अच्छा, मैं भी अब चलती हूं. तुम से बतिया कर सच में सुकून पाती हूं. बहुत उम्मीद है तुम से.’’

‘‘अरे दीदी, ये बिसकुट तो खाती जाओ.’’

‘‘नहींनहीं, बस.’’

कमरे में लौट कर मानो चांदनी सब भूल गई. काम हो जाए. हमारा तो अब कोई नहीं हो सकता, पर उस की तो पूरी जिंदगी बन जाएगी. वह लड़का जरूर कुछ करेगा.

आज ही उस लड़के का फोन भी आना है. मेरी जिंदगी पर कुछ लिख रहा है वह. हां, रिसर्च कर रहा है. ये लोग काफी पढ़ेलिखे हैं, जरूर हमारी कुछ न कुछ मदद करेंगे.

चांदनी का दिल कहता है कि वह लड़का नरगिस के लिए कुछ करेगा. क्या नाम था उस का…?

जो भी हो, इस जहन्नुम भरी जिंदगी से इस लड़की को भेजना ही पहला काम होगा. सरकार और ग्राहकों के भरोसे भी कब तक बैठे रह सकते हैं. कोई किसी का नहीं इस नरक में.

अभी लौट गई तो कोई अपना भी लेगा. नहीं तो यह भी दूसरी धंधे वालियों जैसी हो जाएगी. जरूर कुछ होगा. अच्छा होगा, यकीनन.

3 महीने बाद…

‘‘ओह, कितना अच्छा लग रहा है आज 3 महीने बाद. नरगिस कैसी होगी? सुरैया, बात हुई कोई?’’

‘‘हां दीदी, कल रात हुई थी,’’ सुरैया चहकते हुए बोली.

चांदनी जैसे खुशी से झूम गई.

‘‘यह नया सूट कब लाई सुरैया? पहले तो कभी न देखा इस में.’’

‘‘दीदी, यह सूट उस पढ़ने वाले साहब ने दिया है. बहुत अच्छे हैं ये पढ़ने वाले लोग. हमारे जज्बात समझते हैं. कभी छुआ तक नहीं, पर हरमुमकिन मदद देते हैं. आप की बहुत तारीफ करता है वह.’’

‘‘कौन सा…?’’ चांदनी ने पूछा.

‘‘अरे वही, जिस ने नरगिस को यहां से उस के घर तक भिजवाया था. और न केवल भिजवाया था, बल्कि उस के घर वालों को अच्छे से समझाया भी था.’’

‘‘अच्छा…’’

‘‘हां, दीदी…’’

‘‘एक बात कहूं?’’

‘‘कहो न…’’

‘‘वे प्रोफैसर बन जाएंगे, कालेज में जल्दी ही.’’

‘‘अच्छा.’’

‘‘हां, वे बोलते हैं कि मेरे साथ घर बसाएंगे.’’

‘‘अरे वाह सुरैया, तेरा सपना अब पूरा हो जाएगा.’’

‘‘दीदी आप बहुत अच्छी हो, सब तुम्हारी बदौलत ही मुमकिन हुआ है. तुम सच में महान हो.’’

‘‘अरे नहीं सुरैया, मैं इस लायक कहां.’’

‘‘दीदी, अगर उन की किताब छप गई न, तो वे तुम्हें भी तुम्हारे घर पर भिजवा देगा.’’

‘‘अरे नहीं सुरैया, मेरा तो यही है सब स्वर्ग या नरक.’’

इस के बाद वे दोनों चहकते हुए घंटों तक बतियाती रहीं.

Short Story : मोम की गुड़िया

Short Story : जिंदगी में सबकुछ तयशुदा नहीं होता. कभी कुछ ऐसा भी हो जाता है, जिस की आप ने ख्वाब में भी उम्मीद नहीं की होती है. हालांकि अब मैं उस बुरे ख्वाब से जाग गई हूं. राशिद ने मेरी तकदीर को बदलना चाहा था. मु झे मोम की गुडि़या समझ कर अपने सांचे में ढालना चाहा था.

यों तो राशिद मेरी जिंदगी में दबे पैर चला आया था. वह मेरी बड़ी खाला का बेटा था. पहली बार वह तरहतरह के सांचे में ढली मोमबत्तियां ले कर आया था और एक दिन मु झ से कहा था, ‘‘इनसान को मोम की तरह होना चाहिए. वक्त जब जिस सांचे में ढालना चाहे, इनसान को उसी आकार में ढल जाना चाहिए.’’

राशिद का मोमबत्ती बनाने का बहुत पुराना कारोबार था. हमारे शहर में भी राशिद की बनाई मोमबत्तियों की काफी मांग बढ़ गई थी. अब वह दिल्ली से कुछ नए सांचे ले कर आया, तो हमारे ही घर पर रुका.

राशिद ने मेरे सामने मोम पिघला कर सांचे से मोमबत्तियां बनाईं. तब मु झे भी अपना वजूद मोम की तरह पिघला महसूस हुआ. मैं सोचने लगी, ‘काश, मु झे भी कोई पसंदीदा सांचा मिल जाता, जिस में मैं मनमुताबिक ढल जाती.’

एक दिन तपती दोपहर में राशिद ने मेरे दोनों बाजुओं को अपने हाथों से ऐसे जकड़ लिया मानो मैं मोम हूं और वह जैसे चाहेगा, मुझे सांचे में ढाल देगा.

राशिद बड़ी मासूमियत भरे अंदाज में फुसफुसाया, ‘‘मैं तुम से बेहद मुहब्बत करता हूं.’’

वह मेरे जवाब के इंतजार में था और मैं सोच में पड़ गई. उस ने फिर फुसफुसाना शुरू किया, ‘‘जेबा, तुम्हारे बगैर सुबह सूनी, दोपहर वीरान और शाम उदास नजर आती है.’’

मैं इतना सुनते ही न जाने क्यों बेतहाशा हंसने लगी और हंसतेहंसते मेरी आंखें भर आईं. राशिद हैरान सा मेरी ओर देखने लगा.

मैं ने अपनी बांहें छुड़ा कर राशिद से कहा, ‘‘मर्द की फितरत अजीब होती है. जब तक वह किसी चीज को पा नहीं लेता, उस पर जान छिड़कता है. मगर उसे पा लेने के बाद वह उसे भूल जाता है. मर्द हमेशा उस पहाड़ की चोटी पर चढ़ना चाहता है, जिसे अभी तक किसी ने छुआ न हो, मगर चोटी पर चढ़ने के बाद वह आगे बढ़ जाता है दूसरी अजेय पहाड़ की चोटी को जीतने के लिए.’’

राशिद न तो स्कूली तालीम ज्यादा ले पाया था और न ही जिंदगी की पाठशाला में होनहार था, जबकि मैं जिंदगी की पाठशाला में काफीकुछ सीख चुकी थी.

मर्द के सामने पूरी तरह खुल जाना औरत की बेवकूफी होती है. उसे हमेशा राज का परदा सा बनाए रखना चाहिए. ऐसी औरत मर्द को ज्यादा अपनी तरफ खींचती है. यह बात जिंदगी की पाठशाला में मैं सीख चुकी थी.

2 साल पहले मैं 12वीं जमात पास करने के बाद घर बैठ गई थी. मेरा आगे पढ़ने का मन ही नहीं हुआ. दुनिया बेरौनक सी लगती थी. कहीं किसी काम में मन नहीं लगता था. जी चाहता था कि दुनिया से छिप कर किसी अंधेरी कोठरी में बैठ जाऊं, जहां मु झे कोई देख न पाए.

फिर पता नहीं क्यों मेरे दिल ने एक करवट सी ली. मैं ने एक दिन अम्मी से आगे पढ़ने की बात की. वे खुश हो गईं. औरत ही औरत के दर्द को पहचान पाती है. वे चाहती थीं कि मैं पढ़ने में मन लगाऊं और खुश रहूं. मैं भी अब खुशीखुशी स्कूल से कालेज में पहुंची. बीएससी में जीव विज्ञान मेरा पसंदीदा विषय रहा. इनसान के भीतर देखने की चाह ने इस विषय में मेरी और दिलचस्पी पैदा कर दी थी. अब विषय के साथसाथ और भी बहुतकुछ बदल गया था.

जमात बढ़ने के साथसाथ स्टूडैंट में भी काफीकुछ बढ़ोतरी हो जाती है. दिमाग के जाले साफ हो जाते हैं. पुराने दोस्त काफी पीछे रह जाते हैं. नया माहौल, नए दोस्त हवा में नई खुशबू सी घोल देते हैं.

एक दिन मैं बायोलौजी का प्रैक्टिकल कर के घर पहुंची, तो घर में कुछ ज्यादा ही चहलपहल नजर आई. बड़ी खाला, खालू और राशिद घर पर दिखाई दिए. खाला, खालू को सलाम कर मैं अंदर अपने कमरे में चली गई.

रात का खाना खाने के वक्त मैं ने एक बात नोट की कि राशिद मु झे एक अलग तरह की मुसकान से देख रहा था.

खाना खाने के बाद मौका मिलने पर राशिद मेरे पास आया और बोला, ‘‘जेबा, अब वक्त आ गया है तुम्हें मेरे सांचे में ढलना होगा. तुम्हें तो मालूम है कि मेरे पास कितने सांचे हैं. मैं जब जिस सांचे में चाहूं, मोम पिघला कर नई शक्ल दे देता हूं.’’

मैं राशिद की सोच से काफी आगे बढ़ चुकी थी. उसे जवाब देना मैं ने मुनासिब नहीं सम झा.

सुबह कालेज जाते वक्त अम्मी मेरे पास आईं. कुछ देर तक वे मु झे देखती रहीं, फिर धीरे से बोलीं, ‘‘जेबा, बाजी तेरा रिश्ता मांगने आई हैं. तेरे अब्बा तो खामोश हैं, तू ही कि बता क्या जवाब दूं?’’

मैं ने अम्मी की तरफ देखा. वे अजीब से हालात में थीं. एक तरफ उन की बहन थी, तो वहीं दूसरी तरफ बेटी.

मैं ने अब अपनी जबान खोलना वक्त का तकाजा सम झा. मैं ने कहा, ‘‘अम्मी, अब वक्त काफी आगे बढ़ चुका है और ये लोग पुराने वक्त पर ही ठहरे हुए हैं. आप खुद बताइए कि क्या राशिद मेरे लायक है? वैसे भी मु झे आगे पढ़ना है, काफी आगे जाना है. मेरे अपने सपने हैं, जो मु झे पूरे करने हैं.

‘‘मैं पिंजरे में बंद मजबूर बेसहारा पक्षी की तरह नहीं हूं, जिस का कोई भी मोलभाव कर ले. मैं खुले आसमान में उड़ने वाला वह पक्षी हूं, जो अपनी मंजिल खुद तय करता है.’’

मेरे इनकार के बाद मुझ पर मेरे ही घर में राशिद ने तेजाब का एक भरा हुआ मग फेंका था. वह तो मैं समय पर पलट गई थी और सारा तेजाब मेरी पीठ और हाथ पर ही गिर सका था.

घर में कुहराम मच गया था. अब्बा घर पर नहीं थे. अम्मी ही फौरन मुझे अस्पताल ले गई थीं. एक महीने के इलाज के बाद मैं बेहतर हो सकी थी. मैं अपने विचारों में, इरादों में पहले से भी ज्यादा मजबूत हो गई थी.

राशिद को तो उस के किए की सजा मिली ही, मगर मैं ने भी अपनी जीने की इच्छा को जिंदा रखा और आज एक कामयाब टीचर के तौर पर अपने पैरों पर खड़ी हूं.

Funny Story In Hindi: रिश्वत का ऐक्सक्लूसिव कोड

Funny Story In Hindi: हे मेरे शहर की सेम पदों पर सेम काम की फाइल खुलवाने, निकलवाने की मनमरजी की रिश्वत लेने वालों से परेशान रिश्वत खिलाने को मजबूर आत्माओ, तुम्हें यह जान कर खुशी नहीं, हद से ज्यादा खुशी होगी कि जनाब ने शहर के ढाबों में चाय, परांठों, लंच, कच्चे, उबले अंडों के रेटों को ले कर ऐक्सक्लूसिव कोड जारी करने के बाद अब शहर के तमाम औफिसों में रिश्वत प्रोटोकाल में चल रही गड़बड़ी को ले कर बड़ी सर्जरी की है.

छोटीमोटी सर्जरी तो वे अकसर करते रहते हैं, पर यह सर्जरी असल में रिश्वत लेने वालों की नहीं होती, रिश्वत देने वालों की ही होती रही है. रिश्वत कोड लागू होने के बाद भी शहर के तमाम महकमों में एक से काम की अलगअलग दर के हिसाब से रिश्वत लेने पर जनाब को आ रही जनता की शिकायतों की अलगअलग प्रैक्टिस से तंग आ कर जनाब ने आखिर भ्रम के हालात अपने कठोर फैसले के बाद साफ कर दिए हैं.

जनाब मानते हैं कि उन के औफिसों में काम करवाने के बदले रिश्वत देने का कोड नहीं, ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड जारी किया है, ताकि जनता औफिसों के स्वच्छ प्रशासन के नारे के धोखे में रह कर धक्के खातेखाते परेशान न हो.

जनाब द्वारा अब पूरे शहर के औफिसों में सेम तरह के काम करवाने के सब महकमों में दाम तय कर दिए गए हैं. अब हर महकमे में किस तरह की फाइल के कितने रुपए रिश्वत में लिए दिए जाएंगे, जनाब द्वारा यह फिक्स कर दिया गया है.

जनाब की ओर से जारी हुए ताजा आदेशों में जनाब ने साफ कर दिया है कि अब छोटा बाबू, बड़ा बाबू या कोई और काबिल अफसर किसी काम के अपनी मरजी से किसी से रिश्वत नहीं वसूल कर पाएगा.

ऐक्सक्लूसिव रिश्वत प्रोटोकाल के तहत अब हर महकमे में एकसमान रिश्वत कोड होगा और वही हर मुलाजिम के लिए लास्ट कोड माना जाएगा. जनाब ने यह फैसला जनहित में जनता द्वारा रिश्वत देने की हड़बड़ी से निकालने के लिए लिया है.

गौर हो, पहले के रिश्वत प्रोटोकाल में रिश्वत लेने की असमानता, गलतफहमियों और जनता की नाराजगियों के मामले लगातार जनाब के सामने आ रहे थे, जिस के चलते जनाब को हालात हाथ में लेते हुए यह कठोर कदम उठा कर उस में दखल देने को न चाहते हुए भी मजबूर होना पड़ा.

पिछले कुछ समय से शहर के दफ्तरों में आम देखा जा रहा था कि किसी महकमे में एक ही टाइप की फाइल को निकलवाने के इतने तो दूसरे महकमे में उसी तरह की फाइल को निकलवाने के जनता से दोगुने पैसे वसूले जा रहे थे. ऐसे में रिश्वत लेने और रिश्वत देने वाले दोनों ही अपने अपने को असहज महसूस कर रहे थे.

इस सिलसिले में रिश्वत देने वालों का कहना था कि औफिसों में काम के बदले रिश्वत देना तो ठीक है, पर सभी औफिसों में एक से काम होने के बाद भी रिश्वत कोड में समानता क्यों नहीं, जबकि संविधान में सब को समानता का अधिकार है? ऐसे में हर जगह सेम काम का रिश्वत प्रोटोकाल अलगअलग क्यों?

इसी के बाद जनाब ने महसूस किया कि असल में रिश्वत के पुराने जनाब ने जो नियम तय किए थे, वे क्लियर होते हुए भी क्लियर नहीं थे. उन में संशोधन इतने हुए थे कि न रिश्वत देने वाला उन नियमों को समझ पा रहा था, न रिश्वत लेने वाला समझ पा रहा था कि रिश्वत लेनेदेने का नियम है तो सही, पर लास्ट नियम क्या है?

और उस से भी ज्यादा यह कि रिश्वत के प्राटोकाल जैसे सैंसेटिव मामले में समानता के न होने के चलते जनाब के औफिसों की कोई इमेज न होने के बाद उस की इमेज को नुकसान हो रहा था, इसलिए जनाब ने पुराने रिश्वत लेने के सारे नियमों को रद्द करते हुए ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड बनाने की सोची, ताकि अब उन के औफिसों की इमेज और खराब न हो, उन के वर्करों की इमेज तो उसी दिन खराब हो जाती है, जिस दिन जनता उन के पास अपने काम करवाने जेब पकड़े आती है.

जनाब मानते हैं कि कुछ वीवीआईपी मामलों में रिश्वत लेनेदेने के अलग नियम हो सकते हैं, पर इस का मतलब यह नहीं हो जाता कि ये नियम सब जगह लागू हों और इन का मनमाना गलत इस्तेमाल किया जाए.

बाकी नियमों की तरह समाज में रिश्वत के नियमों में भी नियम बने रहने से समाज में अफरातफरी के माहौल से बचा जा सकता है, इसलिए जनाब ऐक्सक्लूसिव कोड औफ रिश्वत के जरीए नए सिरे से सब के लिए कुरसी के हिसाब से रिश्वत लेना तय कर रहे हैं, ताकि पद के हिसाब से रिश्वत लेने में समानता बने.

जनाब का यह भी मानना है कि और जगह कंफ्यूजन होता हो तो होता रहे, पर इस ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड के लागू हो जाने के बाद से रिश्वत लेनेदेने में किसी तरह का कोई कंफ्यूजन नहीं रहेगा.

बड़े अफसरों से ले कर चपरासी तक को ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड के हिसाब से ही रिश्वत लेनी होगी. उस से आगे दाता जो मुलाजिम को अपनी खुशी के हिसाब से दे, उस की इच्छा.

ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड लागू हो जाने के बाद भी जो किसी मुलाजिम ने ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड का पालन नहीं किया और जनता ने किसी की शिकायत उन से की तो वे रिश्वतनिष्ठ मुलाजिम को ले कर इतने सख्त होंगे कि… ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड का पालन न करने पर उस का पक्ष सुने बिना मजे से उसे बरखास्त तक किया जा सकेगा.

जनाब मानते हैं कि कायदे से वैसे तो रिश्वत लेने के बाद जनता का काम पहली बार में ही हो जाना चाहिए, पर जो किसी वजह से वह काम करवाने को रिश्वत देने के बाद भी जो किसी कानूनी रुकावट के चलते दोबारा जनता को औफिस में विजिट करना जरूरी हो, तो अब से काम करवाने वाले से हर बार ऐक्स्ट्रा रिश्वत नहीं ली जाएगी.

जनाब जनहित में ऐक्सक्लूसिव रिश्वत कोड इसलिए भी ला रहे हैं, ताकि जनता की जेब पर रिश्वत देने का ऐक्स्ट्रा भार न पड़े, क्योंकि जनता पहले ही बहुत से ऐक्स्ट्रा भारों से दबी हुई है. और जगह ट्रांसपेरेंसी, इज्जत बची हो या नहीं, पर रिश्वत लेने ओर देने में इज्जत और ट्रांसपेरेंसी बची रहे. Funny Story In Hindi

Best Hindi Story: गांव से बौलीवुड का सफर

Best Hindi Story, लेखिका – नीलम झा

रानी एक छोटे से गांव की साधारण लड़की थी, जिस के भीतर असाधारण सपने पलते थे. उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बसे रामपुर गांव में उस का जन्म हुआ था. पिता किसान थे, जो खेतों में दिनरात मेहनत कर के अपनी जमीन और बच्चों को सींचते थे.

पिता की हथेली पर उकेरी मेहनत की रेखाएं रानी के लिए संघर्ष की पहली पाठशाला थीं. मां घर संभालती थीं, बच्चों को पढ़ाती थीं और गांव की औरतों के साथ हलकीफुलकी गपशप कर के जिंदगी को आसान बनाती थीं.

रानी को पढ़ाई का जुनून था, लेकिन गांव की सामाजिक और भौगोलिक सीमाएं उसे बांधे रखती थीं. स्कूल खत्म होते ही वह घर के कामों में हाथ बंटाती, गायों को चारा डालती और भाईबहनों की देखभाल करती.

उस की रातें सपनों में बीतती थीं. ऐसे सपने जो बौलीवुड की नकली चमक से भरे थे, जहां हीरोइनें स्क्रीन पर राज करती थीं और रानी उस चमक को असली मानती थी.

एक शाम, जब रानी किताबों में खोई थी, मां ने उस के माथे पर हाथ फेरते हुए कहा, ‘‘रानी, ये सपने देखना छोड़ दे. गांव में ही बस जा, शादी कर ले. यही तेरी किस्मत है मेरी बच्ची.’’

रानी ने मुसकराते हुए मां की ओर देखा. उस की आंखों में गांव की मिट्टी से निकली एक अजीब सी जिद थी, जो आसमान छूने को बेताब थी.

‘‘मां, मैं शहर जाऊंगी. कुछ बनूंगी, नाम कमाऊंगी और आप को गर्व महसूस कराऊंगी,’’ रानी ने कहा.
स्कूल खत्म होते ही रानी ने अपना अटूट फैसला लिया. मुंबई, वहां का नाम सुनते ही उस का दिल उत्साह से धड़क उठता. उस ने ट्यूशन पढ़ा कर, घर के काम कर के पाईपाई जोड़ी. जब उस ने ट्रेन का टिकट लिया, तो गांव वालों ने ताने मारे, उन की आवाजें उस के कानों में जहर घोल रही थीं, ‘पागल है यह लड़की.

शहर खा जाएगा इसे. लड़की अकेली क्या करेगी वहां? कोई इज्जत नहीं बचेगी…’

लेकिन रानी नहीं रुकी. बैग में कपड़े, कुछ पैसे और असीम सपने ले कर वह मुंबई पहुंची. उस की आंखें फटी की फटी रह गईं… ऊंची इमारतें, हुजूम, स्टूडियो की चमकदमक. उस का संघर्ष तुरंत शुरू हो गया.

ऐक्स्ट्रा रोल्स करना, चाय सर्व करना, आडिशन के पीछे भूखे पेट भागना और रातें एक छोटे से रूम में संघर्षरत साथी लड़कियों के साथ गुजारना. यह उस की कठोर दिनचर्या बन गई, जिस ने उस की इच्छाशक्ति को और मजबूत किया है.

एक सीनियर ऐक्ट्रैस ने एक रात उसे हिम्मत देते हुए कहा, ‘‘तुम्हें कभी हार नहीं माननी है रानी. यहां टूटना आसान है, क्योंकि अकेलापन बहुत है.’’

रानी ने मजबूती से सिर हिलाया, ‘‘जी, मैं हार नहीं मानूंगी. मैं गांव की लड़की हूं, मैं ने सिर्फ संघर्ष देखा है, हारना नहीं आता मुझे.’’

दिन बीतते गए, महीने गुजरते गए. एक दिन रानी को एक फिल्म ‘देस विदआउट बौर्डर्स’ के आडिशन में छोटा सा चांस मिला. डायरैक्टर ने उस की मासूमियत और ऐक्टिंग की भूख को पहचाना. रोल मिल गया.

फिल्म रिलीज हुई और बौक्स औफिस पर हिट हो गई. रानी रातोंरात स्टार बन गई. गांव में जश्न मनाया गया.

मां ने फोन पर रोते हुए कहा, ‘‘बेटी, तू ने कर दिखाया. तू ने मेरी आंखों में खुशी के आंसू ला दिए.’’

अब रानी का नाम था, शोहरत थी. उस ने एक के बाद एक कामयाब फिल्में दीं… ‘हार्टबीट’, ‘फ्लेम्स औफ लव’, ‘पल्स’. उस ने हर रोल में जान डाल दी. फैंस पागल थे, मीडिया उस के पीछे लगा था. लेकिन उस का दिल कहीं और था, सपनों के बीच प्यार की तलाश में.

2003 का साल था. मुंबई की एक भव्य पार्टी में रानी पहुंची. वहीं उस की मुलाकात विक्रम सिंह से हुई, जो लौन टैनिस का नैशनल चैंपियन और एक चमकता सितारा था. लंबा कद और एक दिलकश मुसकान जो किसी का भी दिल चुरा ले.

विक्रम ने सीधे रानी को देखा और कहा, ‘‘हाय, आप रानी हैं न? ‘देस विदआउट बौर्डर्स’ देखी. कमाल की अदाकारा.’’

रानी शरमाई, अपनी गांव की जड़ों को याद करते हुए, फिर बोली, ‘‘थैंक यू. आप विक्रम सिंह? मैं ने आप के बारे में बहुत सुना है.’’

‘‘हां. टैनिस खेलता हूं. लेकिन आप की फिल्में भी देखता हूं, मैं आप का फैन हूं.’’

बात बढ़ी. डिनर डेट्स हुईं, मीडिया ने फोटोज खींचे. ‘बौलीवुड स्टार और टेनिस हीरो का रोमांस’, यह हैडलाइन हर पत्रिका पर छाई थी. रानी खुश थी. विक्रम का साथ उसे अच्छा लगता था. उस की स्पोर्ट्स वर्ल्ड और रानी की फिल्मी दुनिया, यह एक शानदार जोड़ी लगती थी.

विक्रम ने एक शाम समंदर किनारे कहा, ‘‘रानी, तुम्हारे साथ समय बिताना बहुत मजा आता है. तुम लाइमलाइट में हो कर भी बहुत सच्ची हो.’’

रानी ने विक्रम का हाथ थामा. ‘‘मुझे भी लेकिन हमारा फ्यूचर क्या है विक्रम? तुम शादी के लिए तैयार हो?’’

विक्रम चुप रहा. यह चुप्पी कई महीनों तक चली. रोमांस चलता रहा, लेकिन शादी की बात नहीं हुई. विक्रम का कैरियर, ट्रेनिंग, टूर्नामैंट्स सब प्राथमिकता में थे.

रानी इंतजार करती रही, उस के दिल में असुरक्षा घर करने लगी. साल 2006 तक यह रिश्ता चला, फिर अचानक ब्रेकअप हुआ. मीडिया में खबरें फैलीं ‘रानी और विक्रम अलग हो गए?’

रानी ने कुछ नहीं कहा. उस का दिल टूटा, लेकिन वह मजबूत बनी रही, प्रोफैशनल मुखौटा लगाए रखा.
फिर रानी की मुलाकात हुई अर्जुन मेहरा से, एक शांत, कामयाब आर्किटैक्ट. वह कोलकाता का लड़का था, जिस ने अपने दम पर ‘मेहरा डिजाइंस’ फर्म खड़ी की थी. अर्जुन शांत था और लाइमलाइट से दूर रहता था.

एक कौमन फ्रैंड की पार्टी में उन की मुलाकात हुई, ‘‘हाय, मैं अर्जुन. आप की फिल्में पसंद हैं.’’

रानी मुसकराई. ‘‘थैंक यू. आप क्या करते हैं?’’

‘‘आर्किटैक्ट. बिल्डिंग्स डिजाइन करता हूं. मैं शोरगुल से दूर रहना पसंद करता हूं.’’

बातें हुईं. अर्जुन की सादगी रानी को भा गई. विक्रम के तूफान के बाद यह शांति उसे ठहराव का वादा लगी. डेट्स शुरू हुईं, ट्रिप्स लगे. अर्जुन ने 3 महीने बाद प्रपोज किया, ‘‘रानी, मुझ से शादी करोगी? मैं तुम्हें खुश रखूंगा.’’

रानी ने सोचा. उस का दिल अब अस्थायी चमक नहीं, बल्कि हमेशा का सुकून चाहता था. उस ने हां कहा.
19 मार्च 2006, रानी 33 की उम्र में अर्जुन से शादी के बंधन में बंधी. गांवभर में खुशी थी.

मां ने कहा, ‘‘बेटी, अब बस. तेरा घर बस गया और यही जरूरी है.’’

शादी के बाद रानी की जिंदगी बदल गई. उस ने फिल्में कम कीं. फैमिली फर्स्ट. अर्जुन का साथ, घर की शांति. 2007 में खुशी दोगुनी हुई, बेटी हुई आर्या मेहरा. रानी आर्या को गोद में ले कर रो दी, ‘‘मेरी जान. तू मेरा ग्लो है, मेरी सब से बड़ी कामयाबी.’’

अर्जुन ने रानी को गले लगाया, ‘‘हमारा परिवार पूरा हो गया रानी.’’

रानी ने कहा, ‘‘हां, अब सब ठीक है. मुझे और कुछ नहीं चाहिए.’’

पहले साल सुहाने थे. घर में शांति, आर्या की नन्ही हंसी. रानी मां बनी, फिल्मों से ब्रेक. लेकिन धीरेधीरे दरारें आईं. अर्जुन कारोबार में इतना बिजी रहने लगा कि उस का प्रैक्टिकल दिमाग रानी की भावनात्मक जरूरतों को समझ नहीं पाया.

रानी अकेली पड़ गई, आर्या को संभालना. फिर मुश्किलें आईं. रानी दोबारा प्रेग्नेंट हुई. खुशी थी, लेकिन डाक्टर ने कहा, ‘‘प्रौब्लम है. अबौर्शन करना पड़ेगा, नहीं तो तुम्हारी जान को खतरा है.’’

रानी रोई. अर्जुन ने हिम्मत दी, ‘‘अगली बार रानी. हम फिर कोशिश करेंगे, हिम्मत रखो.’’

फिर दूसरी बार, वही दर्द.

2 अबौर्शन, जिस ने रानी को अंदर से तोड़ दिया. रानी उदासी में डूब गई, उसे लगा कुदरत उस से उस का दोबारा मां बनने का सपना छीन रही है.

अर्जुन ने कहा, ‘‘सब ठीक हो जाएगा रानी. हम एकदूसरे के लिए काफी हैं. बच्चों के लिए खुद को खतरे में मत डालो.’’

लेकिन तनाव बढ़ा. झगड़े छोटी बातों पर होने लगे. अर्जुन प्रैक्टिकल, रानी भावुक. अर्जुन का बिजनैस माइंड, रानी का फिल्मी बैकग्राउंड. यह फर्क एक गहरी खाई बन गया.

अर्जुन ने एक यूरोप ट्रिप कैंसल की, ‘‘बिजनैस में बड़ा प्रैशर है रानी. क्लाइंट्स जरूरी हैं.’’

रानी गुस्से से बोली, ‘‘आर्या के लिए प्लान था. तुम हमेशा काम को चुनते हो, मैं नहीं, आर्या भी नहीं.’’

स्वभाव का फर्क बढ़ने लगा. झगड़े रोज होने लगे.

आर्या डरती थी, ‘‘मम्मी, पापा से लड़ाई मत करो. मुझे डर लगता है.’’

रानी रोई, बेटी को गले लगाया, ‘‘नहीं बेटी. सब ठीक हो जाएगा, अब नहीं लड़ेंगे, मैं वादा करती हूं.’’

2013 तक चला यह संघर्ष, 6 साल. आखिरकार तलाक.

अर्जुन ने यह कहते हुए फाइल किया, ‘‘हम दोनों को शांति चाहिए रानी.’’

रानी सदमे में थी, ‘‘क्यों अर्जुन? हम कोशिश करें. सब ठीक हो सकता है.’’

अर्जुन ने शांत मगर दृढ़ स्वर में कहा, ‘‘नहीं चलेगा रानी. अब बहुत देर हो गई है. हम दोनों एकदूसरे को बस दुख दे रहे हैं.’’

कोर्ट, कस्टडी की लड़ाई. आर्या किस के साथ? रानी पूरी ताकत से लड़ी, ‘‘वह मेरी जान है अर्जुन. मैं उसे नहीं छोड़ सकती. मैं उस की मां हूं.’’

जज ने फैसला रानी के पक्ष में दिया… कस्टडी रानी को, लेकिन विजिटेशन राइट्स अर्जुन को. तलाक के बाद रानी अकेली रह गई. सिंगल मदर.

रानी ने टूटे दिल के साथ आर्या को संभाला. अब उसे वापसी करनी थी, आर्या के भविष्य के लिए, अपनी
अधूरी पहचान के लिए. वह शूटिंग पर जाती, आर्या को नानी के पास छोड़ती, ‘‘बेटी, मां काम पर जा रही है. यह सब तुम्हारे लिए है. शाम को आऊंगी.’’

आर्या ने समझदारी से कहा, ‘‘ओके मम्मी. लव यू… और आप अपना ध्यान रखना.’’

रानी मुसकराती, दर्द छिपाया. अबौर्शन का सदमा, तलाक का दर्द, कस्टडी फाइट… सब सहा.

2025 में रानी की फिल्म ‘क्राइसिस’ आई. एक पत्रकार ने रानी से पूछा, ‘‘तलाक दर्दनाक था, लेकिन आप ने सीखा क्या रानीजी?’’

रानी ने ईमानदारी से जवाब दिया, ‘‘तलाक दर्दनाक था. लेकिन मैं ने सीखा कि प्यार काफी नहीं होता.

एकदूसरे को समझना और इज्जत करना जरूरी है. अब मैं जानती हूं कि मेरी कीमत क्या है.’’

आर्या बड़ी हो रही थी, 18 की, स्कूल टौपर. रानी को गर्व था.

‘‘तू डाक्टर बनेगी,’’ रानी ने कहा.

आर्या जोर से हंसी और बोली, ‘‘हां मम्मी. आप जैसी स्ट्रौन्ग बनूंगी. मैं टूटना नहीं सीखूंगी.’’

रानी की जिंदगी गांव से बौलीवुड, प्यार से तलाक, दर्द से सीख. वह मजबूत बनी. अब वह अकेली रानी नहीं थी, वह एक योद्धा थी, जिस की चमक कभी फीकी नहीं पड़ने वाली थी.

रानी का सफर अनोखा था, प्रेरणा से भरा. तलाक ने उसे तोड़ा नहीं, बल्कि एक नया रास्ता दिखाया… आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का.

रानी की चमक अब नकली नहीं, बल्कि अनुभव की असली चमक थी. वह जानती थी कि उस के गांव की लड़कियां अब उस के नाम से सपने देखेंगी और यह उस की सब से बड़ी जीत थी. Best Hindi Story

Hindi News Story: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड

Hindi News Story: 6 दिसंबर, 2025. विजय और अनामिका मस्ती करने गोवा गए हुए थे. चूंकि उन दोनों ने पहले से प्रोग्राम बना रखा था, तो वे अरपोरा विलेज के एक नाइट क्लब में बैठे हुए थे. माहौल बड़ा रंगीन था और शराब और शबाब की पूरी मस्ती थी.

विजय और अनामिका की सीट से सटी सीटों पर 4 जने बैठे हुए थे. एक लड़की और 3 लड़के. चारों जम कर शराब पी रहे थे.

अभी रात के 11 बजे थे. बर्च बाय रोमियो लेन नाम के इस नाइट क्लब का माहौल बड़ा गजब का था. क्लब की सजावट के लिए अंदर और आसपास बहुत सारे पाम ट्री लगे हुए थे.

हो भी क्यों न, बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब ‘नोमाडिक जंगल’ थीम पर बनाया गया था. इस में अंदर हर तरफ छोटेछोटे पुल और पैदल रास्ते बने थे, बीचबीच में स्विमिंग पूल और तालाब जैसे पानी वाले एरिया भी थे. स्ट्रा और बांस की सजावट में हर रात यहां आतिशबाजी भी होती थी.

‘‘विजय, मुझे लगता है यह लड़की पूरी तरह से शराब के नशे में मस्त हो गई है,’’ अनामिका ने विजय के कान में फुसफुसा कर कहा.

‘‘यार, यहां का माहौल ही ऐसा है. ऊपर से यह म्यूजिक माहौल को मादक बना रहा है,’’ विजय बोला.
इतने में वह लड़की उठी, पर थोड़ा लड़खड़ा गई. फिर संभलते हुए अकेले ही वाशरूम की तरफ बढ़ गई. उन 3 लड़कों को कोई फर्क नहीं पड़ा. वे तो बैली डांस का मजा ले रहे थे. शायद उन्होंने ड्रग भी ले रखी थी. कजाकिस्तान की एक खूबसूरत बैली डांसर क्रिस्टीना डांस कर रही थी.

‘‘मुझे लगता है कि वह लड़की संभल नहीं पाएगी. मुझे वाशरूम जा कर देखना चाहिए,’’ अनामिका ने कहा और वाशरूम की तरफ बढ़ गई.

पर वह लड़की वाशरूम में नहीं थी. अनामिका अपना मेकअप ठीक करने लगी. इधर बाहर विजय भी डांस का मजा ले रहा था.

अंगदिखाऊ नीले रंग की ड्रैस में वह बैली डांसर अपने बाल हिलाती हुई मादक डांस कर रही थी. उस के बदन में कमाल की लचक थी. डांस इतना भड़काऊ था कि विजय भी बेकाबू हो रहा था. डांसर के पीछे ड्रम वगैरह पर सफेद ड्रैस में साथी कलाकार पूरा साथ दे रहे थे.

इतने में क्लब की छत पर अचानक से आग की लपटें उठीं. किसी ने ज्यादा गौर नहीं किया, पर जब चिनगारियां नीचे गिरने लगीं, तो लोगों को होश आया कि आग लग गई है. वे तीनों लड़के अभी भी अपने मोबाइल से रील बना रहे थे.

इसी बीच किसी मनचले ने बैली डांसर की तारीफ में कहा, ‘‘आग लगा दी.’’

पर यह आग सच में लगी थी और इतनी ज्यादा भयंकर थी कि लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया. वे तीनों लड़के पहली फुरसत में वहां से बाहर निकलने की जुगत भिड़ाने लगे.

विजय को अनामिका की याद आई. वह वाशरूम की तरफ भागा और अनामिका को देख कर चिल्लाया, ‘‘जल्दी बाहर चलो, आग लग गई है.’’

अनामिका को कुछ समझ नहीं आया. उस पर नशे का सुरूर था. वह बोली, ‘‘पर वह लड़की वाशरूम में नहीं है. कहां गई होगी?’’

‘‘तुम चिंता मत करो, मैं देखता हूं,’’ विजय बोला और उन दोनों ने अपने मुंह पर पानी के छींटे मारे. आग लगने से उन का आधा नशा तो पहले ही काफूर हो चुका था.

वहां से एक रास्ता बेसमेंट में जाता था. वहां भी काफी लोग थे. वह लड़की गलती से बेसमेंट में चली गई थी और सीढि़यों पर बेसुध बैठी थी. वहां आग अपना असर दिखा चुकी थी. शायद वह लड़की जल चुकी थी, पर वहां धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था.

अनामिका और विजय ने बड़ी फुरती से काम किया. विजय ने वहां चिल्ला कर कहा, ‘‘सब यहां से ऊपर की तरफ भागो.’’

पर शायद ज्यादातर लोग सुन नहीं पाए थे. 1-2 लोग किसी तरह हिम्मत दिखा कर भागे. विजय ने उस लड़की को उठा कर पीठ पर लाद लिया. अनामिका ने अपनी जैकेट उस लड़की को ओढ़ा दी.

वे तीनों जैसेतैसे बाहर निकले, पर तब तक आग का तांडव शुरू हो चुका था. क्लब की सजावट ही उस की सब से बड़ी दुश्मन साबित हुई. क्लब के इंटीरियर में सूखी घास, ताड़ के पत्ते, रैटन (बेंत) और बांस का भारी इस्तेमाल किया गया था. यहां तक कि छत भी इन्हीं ज्वलनशील चीजों से बनी थी. यह क्लब असल में एक ‘टिंडरबौक्स’ (बारूद के ढेर) जैसा था, जिसे बस एक चिनगारी की जरूरत थी.

क्लब में आनेजाने के लिए केवल एक ही रास्ता था, जो बेहद संकरा था. इस रास्ते पर भी ज्वलनशील पदार्थों से मेहराब बनाए गए थे, जिस ने आग भड़कने पर निकलने का रास्ता और मुश्किल कर दिया.

‘‘इस के साथी तो यहां नहीं दिख रहे. लगता है भाग गए हैं. हमें इसे जल्दी से डाक्टर के पास ले जाना होगा,’’ अनामिका बोली.

आधा घंटे में ही वे दोनों एक अस्पताल में थे. डाक्टर ने बड़ी तेजी दिखाई और उस लड़की का उचित इलाज किया. तब तक वह लड़की होश में आ चुकी थी. खुद को अस्पताल में देख कर वह रोने लगी.

‘‘आप घबराइए मत, ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है. आप के जले के घाव जल्दी भर जाएंगे. निशान भी नहीं रहेंगे. आप किसी अपने को खबर कर दीजिए,’’ डाक्टर ने कहा.

‘‘जो लड़के मेरे साथ थे, वे सब कहां हैं?’’ उस लड़की ने सवाल किया.

‘‘वे तो आग लगते ही वहां से भाग गए. आप चिंता मत कीजिए, हम दोनों आप के साथ हैं…’’ अनामिका बोली, ‘‘वैसे मेरा नाम अनामिका है और ये हैं विजय.’’

‘‘मेरा नाम दीप्ति है और मैं नोएडा में रहती हूं. घर से यह बोल कर आई थी कि चेन्नई में कोई ऐग्जाम है. पर सब झूठ था. मैं अपने इन 3 दोस्तों के साथ यहां गोवा आ गई थी. सोचा था कि कुछ दिन मस्ती कर के चली जाऊंगी, पर अब बुरी तरह से फंस गई हूं.’’

‘‘वे तीनों कौन थे?’’ विजय ने पूछा.

‘‘कहने को तो मेरे दोस्त थे, पर मुझ पर मुसीबत आते ही भाग खड़े हुए,’’ दीप्ति ने बताया.

‘‘तुम अभी आराम करो. हम दोनों बाहर बैठे हैं. सुबह होने वाली है,’’ अनामिका ने कहा.

इस के बाद वे दोनों बाहर जा कर एक बैंच पर बैठ गए. विजय ने मोबाइल में खंगाला तो खबरों से पता चला कि वह क्लब पूरी तरह जल गया था. अस्पताल में भी कुछ लोग बात कर रहे थे कि तकरीबन 25 लोग मर गए हैं.

अगले दिन अखबार में खबर छपी कि बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में वीकैंड पार्टी चल रही थी. डांस फ्लोर पर 100-150 लोग ?ाम रहे थे. बैली डांसर भी थिरक रही थी.

रात के तकरीबन 12 बजे क्लब की बेसमेंट में बनी किचन में अचानक एक सिलैंडर ब्लास्ट हुआ. कुछ ही मिनट में आग किचन से पहले फ्लोर तक पहुंच गई, जहां पार्टी हो रही थी.

आग देख कर डांस फ्लोर पर अफरातफरी मच गई. लोग इधरउधर भागने लगे. इस दौरान कई लोग आग की लपटों के शिकार हो गए. इन में से कई लोग बचने के लिए बेसमेंट की किचन में चले गए, जहां पहले से क्लब का स्टाफ फंसा हुआ था.

जब तक फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाती, तब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी थी. इस में 14 स्टाफ और 4 टूरिस्ट थे. 7 लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई. बताया जा रहा है कि ज्यादातर मौतें जलने की बजाय दम घुटने के चलते हुईं.

सुबह तक दीप्ति भी थोड़ा ठीक महसूस कर रही थी. पर वह इस बात से डरी हुई थी कि घर पर क्या कहेगी?

‘‘आप को सब सच बताना होगा,’’ विजय दीप्ति से बोला.

‘‘विजय, आप समझ नहीं रहे हैं. मैं कैसे अपने परिवार वालों को कह दूं कि यहां गोवा में 3 लड़कों के साथ मस्ती कर रही थी. चेन्नई और गोवा के बीच बहुत ज्यादा दूरी है. मेरे घर वाले बिना शादी किए ही मेरी औनर किलिंग कर देंगे. और वैसे भी जब से यह इंडिगो वाला मामला हुआ है, कोई कैसे यहां आ सकता है.

‘‘मेरा तो दिमाग खराब हो गया है. मैं अपने मम्मीपापा को कह दूंगी कि यहां चेन्नई में फंस गई हूं और बाद में आऊंगी,’’ दीप्ति ने कहा.

‘‘पर कब तक सच को छिपाया जाएगा. यह ठीक है कि कुछ दिनों बाद तुम्हारे घाव भर जाएंगे, पर इन के दाग जाने में समय लगेगा. फिर क्या जवाब दोगी? तुम्हें सब सच बता देना चाहिए. वे तुम्हारे अपने हैं, सब समझ जाएंगे,’’ अनामिका बोली.

‘‘एक तो यह हादसा हो गया है, ऊपर से इंडिगो ने नरक मचा रखा है. यह सब लापरवाही बरतने का नतीजा है कि मुसाफिरों को इतनी ज्यादा परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं.

‘‘दरअसल, पिछले कुछ दिनों से इंडिगो छोटी तकनीकी खराबियों का सामना कर रही थी. साथ ही फ्लाइट भी लेट हो रही थीं. तब यह एयरलाइन कंपनी इस के लिए खराब मौसम को जिम्मेदार ठहरा रही थी.

हालांकि, इस संकट की शुरुआत तब हुई, जब सरकार ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के नए नियम लागू करने का फैसला लिया, जिस के तहत पायलटों को बहुत ज्यादा थकान से बचाना था. लेकिन एयरलाइन कंपनी पहले से ही स्टाफ की कमी झेल रही थी. नए नियमों से उन पर दबाव बढ़ गया, जिस से कई फ्लाइट रद्द की गईं.

‘‘सरकार के फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन लागू करने से इंडिगो को अपने पायलटों को आराम देना पड़ा. कंपनी में पहले ही स्टाफ की कमी थी, जिस से पूरा सिस्टम की चरमरा गया. कंपनी ने कई उड़ानें रद्द कर दीं, जिस से यह समस्या और बड़ी हो गई.

‘‘सच कहूं तो देश की सब से बड़ी एयरलाइन होना इस बार इंडिगो के लिए ही भारी पड़ गया. इतने बड़े नैटवर्क में जब एक चीज कमजोर हुई, तो उस का असर पूरे आपरेशन पर दिखने लगा. हजारों क्रू मैंबर, कई एयरपोर्ट और रोज चलने वाली 2,000 से ज्यादा फ्लाइट्स सब पर एकसाथ दबाव आ गया, जिस के कारण और ज्यादा हालात खराब हो गए,’’ विजय ने इंडिगो में मचे बवाल पर अपनी राय दी.

यह सुन कर अनामिका बोली, ‘‘अरे यार, मैं ने बीबीसी का एक लेख पढ़ा था, जिस में एविएशन ऐक्सपर्ट हर्षवर्धन ने बीबीसी न्यूज हिंदी से कहा, ‘कुछ हद तक यह बात सही है कि एविएशन इंडस्ट्री में इंडिगो की मोनोपौली है, तकरीबन 65 फीसदी. लेकिन यह मोनोपौली राजग सरकार के ही समय में नहीं बनी है.’

‘‘उन्होंने आगे कहा, ‘आज जोकुछ हो रहा है, उस में इस मोनोपौली का बहुत बड़ा हाथ है. इस की वजह से पूरा देश तकरीबन बंधक बन गया है. हमारे देश में एविएशन मार्केट काफी बढ़ गया है और ऐसे में जिस के पास 65 फीसदी हिस्सेदारी है, अगर उस कंपनी में दिक्कत आएगी तो यह संकट पूरे मार्केट को बैठा ही देगा.’

‘‘उन्होंने यह भी कहा, ‘किसी भी तरह का यातायात, खासकर हवाई यातायात किसी भी अर्थव्यवस्था के विकास में अहम भूमिका निभाता है. यह अर्थव्यवस्था की नसों में बहते खून की तरह है… सिर्फ राजग को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. संप्रग की सरकार भी उतनी ही जिम्मेदार रही है.’

‘‘यह तो राजनीतिक बात हुई, पर इस सब में जनता ही पिसी. वे लोग अपनी मंजिल तक तो जा ही नहीं पाए, मानसिक पीड़ा हुई सो अलग.

‘‘दीप्ति, मेरा तो यह मानना है कि तुम इस हादसे को भूलने की कोशिश करो और अपने मांबाप को एकदम सही जानकारी दो. तुम्हारी जान बच गई है. यह ठीक है कि तुम झूठ बोल कर यहां आई, पर जिन 3 दोस्तों पर तुम ने भरोसा किया, वे तो हादसे वाले दिन ही दुम दबा कर भाग गए थे. उन्होंने अब तक तुम्हारी कोई खैरखबर नहीं ली.’’

‘‘तुम सही कह रही हो अनामिका. तुम दोनों ने न सिर्फ मेरी जान बचाई है, पर मेरा हौसला भी बढ़ाया है. मैं ने आज 2 सच्चे दोस्त पाए हैं. तुम मुझे फोन दो, मैं अभी पापा से बात करती हूं,’’ दीप्ति ने कहा.

अनामिका और विजय के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई. Hindi News Story

Best Hindi Kahani: किनारे पर आ कर डूब गए

Best Hindi Kahani: मांगीलाल एससी समाज से था. वह अक्ल से जरा पैदल था. वह पिछले तकरीबन 20 साल से रामनारायण की पार्टी का सदस्य था और रामनारायण का विश्वासपात्र भी. वह गरीब जरूर था, मगर पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता था. वह पार्टी की मीटिंग में दरिया बिछानाउठाना करता था. भले ही कार्यकर्ता उसे गालियां दें, मगर वह उन की बात का बुरा नहीं मानता था, बल्कि पार्टी का काम ईमानदारी से करता था. वह तो हमेशा कहा करता था कि उस का जनम तो पार्टी के लिए ही हुआ है.

मांगीलाल खोपरा गांव का रहने वाला था. उस की बीवी और 3 बच्चे थे. वह 5वीं जमात तक पढ़ा था, पर उस की बीवी कंचन हायर सैकंडरी तक पढ़ी थी. उस के 2 भाई थे, थोड़ी खेतीबारी थी. जब पिता जिंदा थे, तब वे खेत और घर का बंटवारा कर गए थे. कुछ खेतीबारी मांगीलाल के हिस्से में आई थी, इसलिए वह खेती करता था. मगर खेती से इतनी आमदनी नहीं होती थी कि दो वक्त का पेट भर सके.

जब मांगीलाल की 20 साल पहले कंचन से शादी हुई थी, तब कंचन ने प्राइमरी स्कूल में मास्टर की नौकरी का फार्म भर दिया था. कंचन अपने मायके से ही बीटीआई कर के आई थी. इस का फायदा उसे मिला और वह गांव के प्राइमरी स्कूल में ही नौकरी पा गई. आज वह 30,000 रुपए महीना से ज्यादा पगार ले रही थी.

कंचन की जैसे ही मास्टरनी की नौकरी लगी, मांगीलाल निश्चिंत हो गया और ज्यादा समय पार्टी को देने लगा. रामनारायण उसे शहर ले जाते थे. ऐसे में कंचन बहुत नाराज रहती थी. आएदिन उसे सुनाती रहती थी, मगर वह एक कान से सुनता, दूसरे कान से निकाल देता. अब बच्चे भी जवानी की दहलीज पर आ चुके थे. मांगीलाल और ज्यादा लापरवाह हो गया था.

इधर, जैसे पंचायत चुनाव का ऐलान हुआ, उस के पहले सरपंच की सीट का रिजर्वेशन तय हो चुका था. यह देख कर रामनारायण ने मांगीलाल को सरंपच पद पर खड़ा होने का ऐलान कर दिया. पार्टी में विरोध हुआ कि मांगीलाल जैसे मंदबुद्धि को क्यों टिकट दे दिया, मगर रामनारायण ने तरकीब लगा कर सारा विद्रोह दबा दिया.

जैसे ही कंचन को मालूम पड़ा कि मांगीलाल को सरपंच का चुनाव लड़वाया जा रहा है, तब वह आगबबूला हो उठी. वह मांगीलाल से बोली, ‘‘यह मैं क्या सुन रही हूं…’’

‘‘क्या सुन रही हो?’’ मांगीलाल ने हैरान हो कर पूछा.

‘‘क्या सरपंच के चुनाव में तुम्हें खड़ा कर रहे हैं?’’ कंचन ने पूछा.

‘‘हां,चुनाव में खड़ा तो कर रहे हैं,’’ मांगीलाल ने बताया.

‘‘अरे, पैसा कहां है तुम्हारे पास खर्च करने के लिए?’’ कंचन ने पूछा.

‘‘सब रामनारायणजी देंगे. मेरी बात हो गई,’’ मांगीलाल बोला.

‘‘तुम मना कर दो,’’ कंचन बोली

‘‘क्यों मना कर दूं. मेरी सेवा से खुश हो कर मुझे टिकट दिया,’’ मांगीलाल ने कहा.

‘‘सेवा के चलते नहीं, बल्कि मजबूरी के चलते ताकि तुम सरपंच बन जाओ, तो वे तुम्हें कठपुतली की तरह नचा सकें…’’ समझाती हुई कंचन बोली, ‘‘कोई यों ही मुफ्त में पैसा थोड़े ही लगाता है, इसलिए मना कर दो.’’

‘‘अरे, पैसा वे लगा रहे है, फिर क्यों न लड़ूं?’’ मांगीलाल ने सवाल किया.

‘‘रामनारायण तुम्हारा इस्तेमाल कर रहे हैं. अगर तुम जीत गए न तुब तुम्हारे कंधे पर बंदूक रख कर घपला कर के कमीशन खाएंगे और अगर तुम हार गए, तो अंजाम क्या होगा जानते हो?’’ कंचन बोली.

‘‘हारना तो मुझे है नहीं,’’ मांगीलाल जोश के साथ बोला.

‘‘तुम भ्रम में जी रहे हो. अगर हार गए न, तब रामनारायणजी ने चुनाव में जितना पैसा खर्च किया है, उस से दोगुना वसूल कर लेंगे. इस बात को जानते हो?’’ समझाती हुई कंचन बोली, ‘‘इसलिए कहती हूं कि मना कर दो.’’

‘‘कंचन, तुम मुझ से जलने लगी हो, इसलिए ऐसी बात करती हो,’’ मांगीलाल को बुरा लगा.

‘‘ठीक है, अगर तुम्हारी समझ में नहीं आए, तब मरो,’’ गुस्से से लालपीली हो कर कंचन बोली.

पर फिर कंचन ने भी सोचा कि मांगीलाल को समझाना बेकार है, क्योंकि उस के पास समझने की ताकत नहीं है. भैंस के आगे बीन बजाना कहावत मांगीलाल के लिए ही बनाई गई है.

फिर क्या था, रामनारायण ने मांगीलाल से फार्म शहर जा कर भरवा दिया और चुनाव की सारी बागडोर उन्होंने ही संभाल ली. मांगीलाल को जिताने के लिए अपनी सारी ताकत झोंक दी. पैसा भी खर्च किया.

मांगीलाल के पोस्टरों से सारा गांव पट गया. जो मांगीलाल के खिलाफ खड़ा हुआ था, वह भी कम नहीं पड़ रहा था. वह भी जबरदस्त प्रचार कर रहा था.

इस तरह पूरे गांव में चुनाव का घमासान मचा हुआ था. गांव वाले मजा ले रहे थे और साथ में मांगीलाल की खिल्ली भी उड़ा रहे थे. रामनारायण ने मांगीलाल को खड़ा कर के बहुत बड़ा दांव खेला है. अगर वह हार गया तब वे डूब जाएंगे.

जैसेजैसे वोट डालने की तारीख पास आती जा रही थी, चुनाव का जोश दोनों उम्मीदवारों में बढ़ता जा रहा था. सभी पर पागलपन सवार था. जैसे चुनाव ही अब सबकुछ हो गया था. कई बार झगड़े होतेहोते भी बचे, क्योंकि दोनों दल वाले अपनीअपनी जीत के प्रति आश्वस्त थे. पर रामनारायण की इज्जत इस समय दांव पर लगी हुई थी. अगर मांगीलाल हार गया, तब गांव में वे मुंह दिखाने के काबिल न रहेंगे. लिहाजा, उन्होंने चुनाव जीतने के सारे हथकंडे अपना रखे थे.

चुनाव का दिन भी आ गया. बिना किसी विवाद के चुनाव पूरा हो गया. जब गिनती हुई तब मांगीलाल 25 वोटों से हार गया. मगर मांगीलाल को तो अपनी हार से कोई फर्क नहीं पड़ा. पर रामनारायण की नाक कट गई. मांगीलाल को ले कर जो दांव खेला था, जिस पर पैसा खर्च किया था, वह सब बेकार हो गया. किनारे पर आ कर नाव डूब गई.

वे अपनी हवेली में मांगीलाल के साथ बैठ कर गम मना रहे थे. अफसोस के साथ भीतर का गुस्सा फूट पड़ा था, ‘‘मांगीलाल, तुम ने मुझे डुबो दिया.’’

‘‘मैं ने आप को कहां डुबोया साहब?’’ मांगीलाल बोला.

‘‘तू हारा तो मेरी नाक कट गई…’’ गुस्से से रामनारायण बोले, ‘‘जानता है, तेरे पीछे मैं ने कितने पैसे खर्च किए.’’

‘‘कितने किए साहब?’’

‘‘2 लाख से ऊपर हो गए. अब इस की भरपाई किस से करूंगा?’’

‘‘हां, आप ने मेरे लिए पैसा तो खर्च किया,’’ सहमति देते हुए मांगीलाल बोला.

‘‘ये 2 लाख रुपए अब तुझे मुझ को देने होंगे.’’

‘‘मैं कहां से दूंगा?’’ मांगीलाल हाथ खड़े करते हुए बोला.

‘‘कहीं से भी ला कर दे, मगर…’’

‘‘मैं ने तो पहले ही कहा था, मैं ठनठन गोपाल हूं,’’ बीच में ही बात काटते हुए मांगीलाल बोला.

‘‘तब चुनाव में क्यों खड़ा हुआ?’’

‘‘मैं कहां खड़ा हुआ, आप ने ही जबरदस्ती खड़ा किया,’’ सच बात उगलते हुए मांगीलाल बोला.

‘‘मैं ने तो तुझ से यह कहा था कि पैसे की मदद मैं करूंगा. जीतने के बाद सब उतार देना. अब तू हार गया तो 2 लाख रुपए वापस कर.’’

‘‘मगर आप ने ऐसा नहीं कहा था.’’

‘‘अब हार गया तो बदल गया. मुझे पूरे 2 लाख रुपए चाहिए,’’ रामनारायण गुस्से से बोले.

‘‘मगर मेरे पास एक भी पैसा नहीं है, मैं कहां से दूंगा?’’ एक बार फिर मांगीलाल इनकार करते हुए बोला.

‘‘मकान बेच या खेत बेच, मगर मुझे 2 लाख रुपए चाहिए. 2 दिन की मोहलत देता हूं. अगर नही दिए तो…’’ कह कर रामनारायण चुप हो गए. फिर पलभर रुक कर वे बोले, ‘‘अगर नहीं दिए तो तेरी बीवी का ट्रांसफर काले पानी में करवा दूंगा. जा बंदोबस्त कर के आ. अब मुझे अकेला छोड़ दे.’’

मांगीलाल उठ कर चल दिया. अब वह कहां जाए. कहां से दे 2 लाख रुपए, जबकि ऐसा कोई करार नही हुआ. उसे रहरह कर कंचन की कही बातें याद आ रही थीं. वह रामनारायण का सारा गणित समझ गया.

अब वह कंचन के सामने जाने से डरने लगा. अब उस के सामने एक तरफ कुआं दूसरी तरफ खाई थी. क्या करे? कंचन के पास जा भी नहीं सकता. उस ने पहले ही सचेत कर दिया था कि तुम अगर हार गए, रामनारायण दोगुना रकम वसूलेंगे. कंचन की बात सच निकली.

कहां जाए? क्या कुएं में कूद कर खुदकुशी कर ले? मगर उस के भीतर के मन ने कहा कि खुदकुशी करना गलत है, बुजदिलों का काम है. तब खुदकुशी करने का विचार उस ने त्याग दिया. वह कंचन के पास जा कर सब बातें कह देगा कि वह गुनाहगार है, जो सजा देनी है, वह झेलने को तैयार है. तब अपना मन कड़ा कर के वह घर की तरफ चल दिया. Best Hindi Kahani

Family Story In Hindi: मुखौटा

Family Story In Hindi: अमित अख्तर ने जब परचा मेरे आगे रखा, तो मैं हैरान हो उठा, ‘‘तुम एमएलए का चुनाव लड़ोगे?’’

‘‘हां, वकील बाबू, लेकिन आप को हैरानी क्यों हुई?’’

‘‘दरअसल…’’ मैं थोड़ा हिचकिचाया, ‘‘तुम तो हिस्ट्रीशीटर हो… क्या तुम्हें कोई पार्टी टिकट देगी? क्या तुम चुनाव जीत जाओगे? क्यों अपनी जिंदगीभर की कमाई मुफ्त में गंवाना चाहते हो?’’

‘‘वकील बाबू, इसी को तो राजनीति कहते?हैं. अगर आप को राजनीति के हथकंडे मालूम होते, तब चुनाव हम नहीं आप लड़ रहे होते. और रही हमारे हिस्ट्रीशीटर होने की बात, तो आप को बता दें, हमारे प्रदेश के एक भूतपूर्व मुख्यमंत्री हैं, उन पर 38 मुकदमे चले हैं, जबकि हम पर तो अभी 22 ही चल रहे हैं.’’

मैं ने अमित अख्तर का परचा भर कर दे दिया. फिर शाम को उस के घर भी पहुंच गया.

अमित अख्तर के घर पर उस के चेलेचपाटों की महफिल जमी थी. शहर के नामीगिरामी गुंडे वहां मौजूद थे.

मुझे देखते ही अमित अख्तर ने हाथ मिलाया और अपने बराबर में ही एक कुरसी पर बैठा लिया, फिर मेरे कान में फुसफुसाते हुए बोला, ‘‘वकील बाबू, अब आप हमारे हथकंडे देखिए.’’

फिर उस ने अपने एक चेले को आवाज दी, ‘‘मुकीम, तुम अपने साथ बब्बू, राम सिंह, राजू और अनीस को ले कर सेठ जहांगीरी के यहां चले जाओ और उस से कहो कि अमित दादा ने 50 हजार रुपए मंगवाए हैं.’’

‘‘जैसा हुक्म दादा…’’ मुकीम ने किसी पालतू कुत्ते की तरह गरदन हिलाई, ‘‘अगर सेठ रुपए देने से मना करे, तो उस का काम तमाम कर दूं?’’

‘‘नहीं, अगर वह मना करे, तो मुझे टैलीफोन करना. मैं उस से खुद बात कर लूंगा. और हां, एक बात और सुन… तुम और तुम्हारे सभी साथी आज से मुझे दादा नहीं, बल्कि नेताजी कह कर पुकारा करेंगे.’’

‘‘जैसा हुक्म, नेताजी.’’

कुछ ही पलों में 2 मोटरसाइकिलें स्टार्ट हुईं और तेज रफ्तार से दूर होती चली गईं.

करीब 15 मिनट बाद टैलीफोन की घंटी बजी, तो अमित अख्तर ने चोंगा उठा कर कान से लगाया, ‘‘मुकीम, क्या कहा सेठ ने?’’

‘‘सेठ पैसा देने से मना कर रहा है.’’

‘‘तुम सेठ को फोन दो.’’

अगले ही पल सेठ की आवाज सुनाई दी, ‘‘अमित बाबू, हम पर दया कीजिए. 2-4 हजार की बात हो तो दे देता हूं, लेकिन 50 हजार रुपए मेरे बस की बात नहीं है.’’

‘‘सेठ, हमारी बात गौर से सुनो, हम चुनाव लड़ रहे हैं. हमें तलवार पार्टी से टिकट लेना है… हम एमएलए भी बनेंगे और बाद में मंत्री भी.

‘‘अगर हम मंत्री बन गए, तो तेरे सारे लाइसेंस रद्द करवा देंगे, तुझे भिखारी बना देंगे. अगर हम कुछ न बन पाए, तो सुन… हमारे ऊपर 22 मुकदमे चल रहे हैं, इन में से 10 कत्ल के हैं, 23 वां मुकदमा तेरे कत्ल का शुरू हो जाएगा… मैं चोंगा रखूं या तू कुछ बकता है?’’

‘‘मैं 50 हजार रुपए दे रहा हूं… लेकिन तुम मंत्री बनने के बाद हमारा खयाल जरूर रखना.’’

‘‘चिंता मत कर, तू अभी से गेहूं, चावल, चीनी जमा कर ले, चुनाव के बाद मैं मुख्यमंत्री से कह कर सभी चीजों के दाम बढ़वा दूंगा.’’

‘‘क्या आप की मुख्यमंत्री से बात हो गई है?’’

‘‘हां, उन्होंने ही मुझे मंत्री बनने के नुसखे बताए हैं. उन्होंने पार्टी का टिकट देने के लिए 5 लाख का चंदा मांगा है… यह चंदा मुझे तुम्हारे जैसे लोग ही तो देंगे.’’

चोंगा रख कर अमित अख्तर मेरी तरफ देख कर मुसकराया.

कुछ ही देर में उस के गुंडे सेठ जहांगीरी से 50 हजार रुपए ले आए.

‘‘नेताजी, इन रुपयों का क्या करना है?’’ मुकीम ने नोटों का बैग अमित अख्तर के आगे रख दिया.

‘‘सुनो, 1-1 हजार की 50 गड्डियां बनाओ. हर मंदिरमसजिद को हमारी तरफ से चंदा दे दो. जो रुपया बचे, उस की हरिजन बस्ती में शराब और गरीब मुसलमानों में बिरयानी बांट दो.’’

मुकीम और उस के साथियों के जाने के बाद मैं ने अमित अख्तर को घूरा, ‘‘तुम यह हराम की दौलत मंदिर, मसजिद को दान दे रहे हो?’’

‘‘अरे वकील बाबू, यह हराम… हलाल क्या होता है… रुपया तो रुपया होता है… इस पर हराम या हलाल कुछ नहीं लिखा होता. फिर मंदिर, मसजिद वालों को क्या मालूम, यह रुपया मैं ने कहां से और कैसे
कमाया है.’’

‘‘अच्छा, एक बात बताओ, कुछ देर पहले तुम ने टैलीफोन पर मुख्यमंत्री को 5 लाख का चंदा देने की बात कही थी… यह 5 लाख तुम कहां से लाओगे?’’

अमित अख्तर ने जोरदार कहकहा लगाया, ‘‘बताए देता हूं, लेकिन इस बात का खयाल रखना, चुनाव से पहले यह यह बात किसी को बताना नहीं… अगर बताई तो… खैर सुनो, कुछ जगहों पर लूटखसोट होगी और 2-4 अपहरण की घटनाएं…’’

‘‘अगर पकड़े गए, तब क्या होगा?’’

‘‘यह काम मैं थोड़े ही करूंगा, चेले किस काम आएंगे.’’

‘‘अच्छा, एक बात बताओ, तुम अख्तर से अमित अख्तर क्यों बन गए?’’

‘‘यह वोटों की राजनीति है. मैं ने हिंदू व मुसलिम वोटों को अपनी ओर खींचने के लिए अमित अख्तर नाम रखा है. मुसलमानों से मिलने जाऊंगा, तो सिर पर टोपी लगा लूंगा और हिंदुओं से मिलूंगा, तो माथे पर तिलक लगा लूंगा.’’

‘‘अगर दोनों धर्म वालों से एकसाथ मिले, तब…’’

‘‘तब मैं सिर पर गांधी टोपी लगा कर आदर्शवादी बन जाऊंगा,’’ कहते हुए उस ने जोरदार ठहाका लगाया.

फिर वैसा ही हुआ, जैसा अमित अख्तर ने कहा था. तलवार पार्टी ने अपने पुराने एमएलए को टिकट न दे कर अमित अख्तर को टिकट दे दिया. अमित अख्तर के गुंडों ने कहीं डराधमका कर, कहीं मतपेटियां लूट कर, तो कहीं दौलत लुटा कर चुनाव जीत लिया.

इस के बाद अमित अख्तर ने तलवार पार्टी के अध्यक्ष को सोने की तलवार भेंट की. इस के बदले में पार्टी ने उसे उपमंत्री बना दिया.

मंत्री बनने के बाद अमित अख्तर का नगर में शानदार स्वागत किया गया. जब वह मंच पर भाषण दे रहा था, तब लोगों की भीड़ में खड़े हुए मैं ने कहा, ‘‘अरे, यह तो हिस्ट्रीशीटर अमित अख्तर है, मंत्री कैसे बन गया?’’

लोगों ने मुझे घूर कर देखा. एक आदमी बोला, ‘‘लगता है, तुम पुलिस के आदमी हो… शायद तुम्हें मालूम
नहीं, नेताजी के ऊपर पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे चलाए गए थे. नेताजी तो गरीबों के हमदर्द हैं, दयालु हैं और महान देशभक्त हैं.’’

तभी वहां मौजूद भीड़ ‘नेताजी जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगी.

मैं हैरान था और साथ ही मुझे गुस्सा भी आ रहा था कि हमारे देश की जनता कितनी जल्दी मुखौटों के पीछे छिपे चेहरों को भूल जाती है. Family Story In Hindi

Family Story In Hindi: दांव पर सत्या

Family Story In Hindi: जुए का नशा सब से मादक होता है. दांव हारने वाला जुआरी भी तब तक हार नहीं मानता, जब तक वह पूरी तरह से बरबाद न हो जाए.

गांव जटपुर का नेतराम, जिसे सब ‘नेतिया’ कह कर पुकारते थे, दांव पर दांव लगा रहा था और आज वह हर दांव हार रहा था. ऐसा लगता था कि आज का दिन उस का नहीं था. सबकुछ गंवाने के बाद भी वह वहां से उठने का नाम नहीं ले रहा था.

यही जुआ खेलने का नशा होता है कि आदमी चाह कर भी इस से अपना दामन छुड़ा नहीं पाता है, बल्कि दांव हारने पर खेलने का और ज्यादा जज्बा पैदा होता है.

‘‘नेतिया, अब तू अपना क्या दांव पर लगाएगा? अब तो तेरी जेब खाली हो गई,’’ बेलू ने हंसते हुए कहा.

‘‘क्यों? पैसा ही तो खत्म हुआ है, अभी तो मेरे पास बहुतकुछ है.’’

‘‘लगा तो फिर क्या लगाएगा दांव पर नेतिया? बिना कुछ दांव पर लगाए तो अगली बाजी खेल नहीं पाएगा,’’ शेरा ने ताश के पत्ते फेंटते हुए कहा.

‘‘तुम बताओ, इस बार की बाजी कितने की लगा रहे हो? देखना, नेतिया अपने बाप से नहीं अगर पीछे हट गया,’’ नेतिया ने बीड़ी सुलगाते हुए कहा.

नेतिया को छोड़ कर सब बाजी जीते हुए बैठे थे. पीपल की छांव में बैठे हुए गांव के ये गरीब मजदूर तबके के लोग आखिर कितनी बड़ी बाजी खेल सकते थे. उन की बाजी 50-100 रुपए से शुरू हो कर हजार 2 हजार पर जा कर टिक जाती थी.

नेतिया के पास इकन्नी भी नहीं थी, लेकिन जुए की मादकता ने उसे अपनी गिरफ्त में ले रखा था. उसे हर हारे हुए जुआरी की तरह लग रहा था कि अगली बाजी उस की होगी, हर हाल में वही जीतेगा.

‘‘देख नेतिया, इस बार हम लोग 2-2 हजार का दांव खेलने जा रहे हैं. इस से ज्यादा रकम हम ले कर नहीं बैठे. अब तू बता दांव पर क्या लगाएगा?’’ शेरा ने पूछा.

नेतिया को लगा कि अगर वह यह दांव जीत जाता है, तो उस की पूरी वसूली ही नहीं हो जाएगी, बल्कि वह बड़ी रकम उठाने में भी कामयाब हो जाएगा और उसे पूरा यकीन था कि यह बाजी उस की होने वाली है.
जुआरी का यही विश्वास और लालच उस के अंदर आगे खेलने की आग और ललक पैदा करता है.

नेतिया ने जोश में कहा, ‘‘मैं दांव पर अपना ‘गबरू’ बछड़ा लगाता हूं.’’

‘‘न भाई न. बछड़े अब किसी काम के नहीं. अब खेतों की जुताई बैलबछड़ों से होती नहीं. छोटे से छोटा किसान भी अपने खेतों की जुताई ट्रैक्टर से कराता है. बछड़ा तो हम मुफ्त में भी न लें,’’ बेलू ने नकारते हुए कहा.

‘‘अरे, तो दांव पर क्या लगाऊं, कुछ सम?ा में नहीं आ रहा…’’ नेतिया बोला.

‘‘अरे नेतिया, सोचता क्या है… सत्या भाभी को दांव पर लगा दे युधिष्ठिर की तरह. जैसे द्वापर में युधिष्ठिर ने द्रौपदी को जुएं में दांव पर लगा दिया था,’’ मलखान ने मजाक भी किया और सुझाव भी दिया.

‘‘ओ मल्खे, अपनी सलाह अपने पास रख. औरत को दांव पर नहीं लगाऊंगा.’’ नेतिया बोला.

‘‘तो फिर क्या लगाएगा? अब तेरे पास बचा ही क्या है? मकान पुश्तैनी है. उसे तू दांव पर लगा नहीं सकता. उस में तेरे भाई चेतराम का बराबर का हिस्सा है. खेतखलिहान पहले ही तेरी जोरू ने तेरे जुआरी होने के चलते अपने नाम लिखा रखे हैं, तो फिर तू अपनी जोरू को ही दांव पर लगा सकता है. उसे दांव पर लगा या फिर यहां से उठ जा और जुआ खेलने से तोबा कर.’’

नेतिया यह सुन कर बड़ी दुविधा में फंस गया कि या तो वह अपनी बीवी सत्या को दांव पर लगाए या फिर जुए का ‘रणक्षेत्र’ छोड़ कर भागे.

नहींनहीं, वह रणक्षेत्र छोड़ कर नहीं भागेगा. वह ऐसा कर के ‘रणछोड़’ नहीं कहलाएगा. वह दांव जरूर खेलेगा. वह बहादुर है कोई कायर नहीं. वैसे भी वह यह दांव जरूर जीतेगा…

यह सोच कर नेतिया जोश में आ कर बोला, ‘‘आओ बे, लगी सत्या दांव पर. मैं युधिष्ठिर, सत्या द्रौपदी. आओ बे कौरवो, देखना आज पांडव जीतेगा, कौरव हारेंगे. अब कोई उठ कर नहीं जाएगा. नहीं तो मुझ से बुरा कोई नहीं,’’ नेतिया ने ऐलान किया.

कोलाहल. उत्सुकता का माहौल. भीड़ पर भीड़. बाजी लग गई. सब के चेहरे पर एक ही सवाल कि अगर नेतिया हार गया तो सत्या का क्या होगा?

ताश के एकएक पत्ते पर सब की निगाह… और फिर एक और महाभारत की शुरुआत. नेतिया दांव हार गया. भीड़ हैरान. चारों तरफ बेचैनी का ज्वारभाटा कि अब आगे क्या होगा? क्या सत्या जुआरियों की हो जाएगी?

सत्या का छोकरा दौड़ता हुआ घर आया, ‘‘मांमां, तू हार गई.’’

सत्या को एकदम से कुछ समझ में नहीं आया. वह झंझला कर चीख कर बोली, ‘‘क्या बक रहा है नाशपिटे? कौन हार गई?’’

‘‘मां, तू जुए में हार गई. बापू ने तुझे दांव पर लगाया था. वह दांव हार गया. पीपल के नीचे बापू सिर पकड़े बैठा है. लोग उस पर हंस रहे हैं.’’

सत्या को जैसे अपने कानों पर विश्वास नहीं हो रहा था. हजारों बिच्छुओं ने जैसे उसे एकसाथ डंक मार दिया
हो. उसे पता था उस का आदमी जुआरी है, लेकिन वह उसे ही दांव पर लगा देगा, उसे इस बात का भरोसा नहीं हो पा रहा था.

लेकिन जुआरी कौन सा दांव खेल जाए, इस का क्या भरोसा… किसी अनहोनी के डर से सत्या ने अपने देवर चेतराम को आवाज लगाई, ‘‘चेता, ओ चेता.’’

चेतराम उस समय जानवरों को चारा डाल रहा था. वह अपनी भाभी की आवाज सुन कर आया, ‘‘हां, क्या हुआ भाभी?’’

‘‘देख, तेरे भैया ने क्या नरक रचा है,’’ फिर सत्या ने सारी बात चेतराम को बताई.

चेतराम भाभी की बात सुनते ही भड़क गया, ‘‘भाभी, ऐसे काम नहीं चलेगा. इन्होंने इस युग को भी द्वापर युग ही समझ रखा है. ये द्रौपदी की जगह तेरा चीरहरण करना चाहते हैं. जरा मोटा वाला लट्ठ ला और तू भी लाठीडंडा उठा. मैं देखता हूं इन ससुर जुआरियों को.’’

‘‘सही कह रहा है तू चेता. इन सब के दिमाग में आज भी वही गोबर भरा हुआ है कि जब देखो औरत को दांव पर लगा दो. तू रुक जरा. मैं शेरा, भूरा, बेलू, मल्खे और टेलू जुआरियों की बीवियों को भी बुला लाती हूं.

वे सब की सब भी दुखी हैं इन की करतूतों से. अब इन्हें ठीक करने का समय आ ही गया है,’’

सत्या की आवाज सुन कर केवल जुआरियों की बीवियां ही नहीं, बल्कि घर की दूसरी औरतें भी आ गईं. इन
10-12 औरतों के हाथों में झाड़ूडंडे थे.

ये सब की सब चेतराम के साथ चुपके से पीपल के पेड़ के पास जा पहुंची, जहां पहले से ही भीड़ जमा थी. फिर इन्होंने अचानक से अपने जुआरी पतियों की ?ाड़ूडंडों से खबर लेनी शुरू कर दी… दे दनादन.

जुआरियों ने भागना चाहा तो औरतों ने मिल कर उन्हें नीचे गिरा लिया और उन की औरतें उन की छातियों पर चढ़ कर बैठ गईं.

सत्या नेतिया की छाती पर बैठी चीख रही थी, ‘‘चीरहरण करवाने चले थे मेरा इन जुआरियों, कबाबियों से. द्वापर की द्रौपदी समझ रखा है क्या सत्या को. द्वापर नहीं, यह कलियुग है कलियुग. किसी ने हाथ भी लगाया तो खून पी जाऊंगी उस का.’’

सत्या नेतिया का गरीबान पकड़े उस की छाती पर सवार थी. वह इस समय खतरनाक शेरनी बनी हुई थी.
तभी ग्राम प्रधान ने 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया. दारोगा रामप्रकाश ने भी जुआरियों को खूब हड़काया, फिर उन्हें जीप में डाल कर आगे की कार्रवाई के लिए थाने ले गया.

एक सोचीसमझी रणनीति के तहत इन जुआरियों के परिवार में से कोई भी उन की मदद के लिए थाने नहीं गया. किसी ने उन की जमानत भी नहीं करवाई.

जब धरे गए सभी जुआरी सजा काट कर वापस आए, तो उन्हें घर में तभी घुसने दिया गया जब उन्होंने कान
पकड़ कर फिर कभी जुआ न खेलने की कसम खाई. Family Story In Hindi

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें