Story In Hindi: अंधविश्वास का जाल – क्या था गुरु जी का गुरु मंत्र

Story In Hindi: आज फिर सुबह से घर में उठापटक शुरू हो गई थी. मनोरमा देवी से सब को हिदायत मिल रही थी, ‘‘जल्दीजल्दी सब अपना काम निबटा कर तैयार हो जाओ. आज गुरुजी आएंगे. उन्हें इतनी अफरातफरी पसंद नहीं है.

‘‘और हां, जैसे ही गुरुजी आएं, तब सब उन के चरणों को धो कर चरणामृत लेना और साष्टांग प्रणाम करना. गुरुजी को भी तो पता चले कि मनोरमा देवी अपने बच्चों को कितने अच्छे संस्कार दे रही हैं.’’

मनोरमा देवी के अंदर अहम की भावना कूटकूट कर भरी थी, जो अपने हर काम में किसी न किसी बहाने खुद को ऊंचा रखने की कोशिश में लगी रहती थीं, चाहे वह काम ईमानदारी

का हो या फिर बेईमानी का.

छोटी बहू शिवानी सोच में पड़ गई, ‘गुरुजी के चरणों को धो कर पीना पड़ेगा… नहीं, मैं ऐसा नहीं कर सकती. मांजी भी पता नहीं किस दुनिया में जीती रहती हैं. मैं उन से जा कर कह देती हूं कि ऐसा नहीं कर पाऊंगी.

‘पर कहीं मांजी का गुस्सा मेरे ऊपर ही फूट गया तो क्या होगा? मैं उस चरणामृत को फेंक दूंगी…’ और वह घर के कामों में लग गई.

गुरुजी आते हैं. उन के आवभगत में पूरा परिवार लगा हुआ था. गुरुजी अपनी सेवा का आनंद ले रहे थे. मनोरमा देवी अपनी बहुओं पर कड़ी निगरानी रख रही थीं. गुरुजी के स्वागत में कोई कमी न रह जाए.

दोनों बहुएं आपस में कानाफूसी कर रही थीं कि पता नहीं गुरुजी ने क्या जादूटोना कर दिया है मांजी के ऊपर. गुरुजी के कहने पर वे अपना सबकुछ लुटाने को तैयार रहती हैं.

बड़ी बहू ऊषा ने झेंपते हुए कहा, ‘‘मैं यह नाटक कई सालों से देखती आ रही हूं. अब तुम भी झेलो. मेरा मानो तो इस नाटक में तुम भी शामिल हो जाओ, इसी में ही तुम्हारी भलाई है.

‘‘मैं ने एक बार गुरुजी के खिलाफ आवाज उठाई थी, तो मेरे ऊपर किसी देवी की छाया कह कर मेरी बोलती बंद कर दी गई थी, जिस का शिकार मैं आज तक हूं.’’

‘‘ऐसा क्या कहा था आप ने गुरुजी को?’’ शिवानी ने पूछा.

‘‘गुरुजी की आदतें मुझे पसंद नहीं थीं. मैं ने सोहम से बात करने की कोशिश की, पर सोहम मेरी बातों को नहीं माना. सोहम ने मुझे ही समझा दिया था, ‘जब मैं एक बार बीमार पड़ा था, तो जब कोई डाक्टर मुझे ठीक नहीं कर पाया, तो गुरुजी की तंत्र विद्या ने ही मुझे ठीक किया था.’

‘‘इस के बाद गुरुजी और मांजी के कहने पर मुझे गांव से दूर जंगल में ले जा कर गरम चिमटे से मारना शुरू कर दिया गया. मेरी एक भी नहीं सुनी गई. मुझे सख्त हिदायत दी गई कि अगर कभी भी गुरुजी के खिलाफ आवाज उठाई, तो यहीं इस जंगल में ला कर

मार देंगे.

‘‘सच कहूं, तो इतना सब होने के बावजूद गुरुजी की हरकतें मुझे बिलकुल पसंद नहीं आती थीं. वे बारबार मेरे हाथ के बने भोजन की तारीफ करने के बहाने अपने पास बुलाते रहते थे.’’

गुरुजी के बारे में जब भी ऊषा सोहम से कुछ कहती, तो वह उस की बातें टाल देता था. वह अपनी कमी को छिपा कर सोहम ऊषा के बांझ होने की अफवाह फैला रहा था. इस अफवाह से लोग उस से नफरत करते थे. उस का सुबह मुंह देखना पसंद नहीं करते थे.

ऊषा के मुंह से ये सारी बातें सुन कर शिवानी हक्कीबक्की रह गई. वह मन ही मन उधेड़बुन में लग गई और रात का इंतजार करने लगी.

गुरुजी का समय तंत्र विद्या के लिए तय था. गुरुजी के आदेशानुसार पूजा की सारी सामग्री आ गई थी, जिस में एक जोड़ा सफेद कबूतर भी थे, जिन की बलि अगले दिन देनी थी.

यह देख कर शिवानी की रूह कांप गई. भला ये कैसे गुरुजी हैं, जो जीव हत्या को पूजा का नाम दे रहे हैं?

रात में गुरुजी एक कोठरी में आसीन होते थे. वहां सब हाथ जोड़ कर बैठते थे. यह पूजा शिवानी के नाम ही रखी गई थी. शिवानी भी वहां आई.

मनोरमा देवी ने शिवानी का परिचय गुरुजी को देते हुए कहा, ‘‘गुरुजी, यह मेरी छोटी बहू और छोटे बेटे सोहन की पत्नी है. काफी बड़े घराने की है. अच्छी पढ़ीलिखी है. जितनी यह देखने में खूबसूरत है, उतनी ही होशियार भी है. जिस चीज को छू देती है, वह चीज सोना हो जाती है. पर एक ही कमी है कि

यह अभी तक इस घर का चिराग नहीं दे पाई है.’’

शिवानी पसोपेश में पड़ गई कि मांजी उस की तारीफ कर रही हैं या फिर उसे नीचा दिखा रही हैं. लेकिन वह होशियार थी और भांप गई मनोरमा देवी की बातों को.

गुरुजी शिवानी को देख कर मन ही मन न जाने कितने सपनों को बुने जा रहे थे. वे अपनी तंत्र विद्या को भुला कर शिवानी को एकटक देखे जा रहे थे.

इतने में पंखों के फड़फड़ाने की आवाज आने लगी. शिवानी ने नजर दौड़ाई, तो उन कबूतरों पर चली गई.

‘मैं इन्हें मरते हुए कैसे देख सकती हूं. कैसे आजादी दिलाऊं इस जोड़े को ढोंगी से. दीदी सच ही कह रही थीं

इस पाखंडी के बारे में…’ शिवानी सोच रही थी.

पूजा खत्म होने के बाद गुरुजी ने शिवानी के सिर पर हाथ फेरते हुए ‘दूधो नहाओ पूतो फलो’ का आशीर्वाद दे दिया. उन्होंने उस से पूछा, ‘‘तुम क्या चाहती हो?’’

‘‘मुझे ये कबूतर दे दीजिए. मैं इन्हें खुले आसमान में उड़ाना चाहती हूं.’’

गुरुजी भांप गए कि शिवानी उन की तंत्र विद्या को नाकाम कराना चाहती है.

वे उस से पूछ बैठे, ‘‘क्या तुम्हें मेरा आना यहां पसंद नहीं?’’

शिवानी बोल उठी, ‘‘नहीं गुरुजी, ऐसा कुछ नहीं है, पर मुझे इन बेजबानों की हत्या बरदाश्त नहीं होती.’’

गुरुजी सोच में पड़ गए, फिर वे बोले, ‘‘तुम इस घर की छोटी बहू हो, इसलिए मै तुम्हें अधिकार देता हूं कि तुम इस जोड़े को ले जा सकती हो.’’

शिवानी ने कबूतर के उस जोड़े को आसमान में छोड़ दिया. गुरुजी ने पिंजरे पर सफेद कपड़ा डाल दिया.

सुबह कबूतर के जोड़े को पिंजरे में न देख कर घर वाले काफी हैरान हुए, पर गुरुजी से पूछने की हिम्मत किसी की नहीं हो रही थी.

लड़खड़ाती आवाज में मनोरमा देवी पूछ बैठीं, ‘‘गुरुजी, कबूतर का जोड़ा कहां है?’’

गुरुजी तपाक से बोल उठे, ‘‘तुम्हारे घर में किसी चुड़ैल का वास है, जो हमारी तंत्र विद्या में विघ्न डाल रही है. उस ने बलि दिए जाने वाले जोड़े को अपने हक में ले लिया है. आने वाला समय आप सब के लिए कठिन होगा. इस से बचने के लिए तुम्हें बहुत बड़ा अनुष्ठान करना पड़ेगा.’’

इस के बाद गुरुजी अपने आश्रम की ओर चल दिए. मनोरमा देवी गुरुजी की बात से परेशान रहने लगीं. धीरेधीरे वे बीमार रहने लगीं.

शिवानी से रहा नहीं गया. उस ने बताया, ‘‘हमारे परिवार पर किसी चुड़ैल का साया नहीं है. कबूतर के उस जोड़े को मैं ने आजाद किया था और वह पाखंडी गुरु भी इस बात को जानता था. वह अंधविश्वास के जाल में फंसा कर हमें और ज्यादा लूटना चाहता था. अब हम सब उस की तंत्र विद्या से आजाद हैं.’’

मनोरमा देवी को सारी बात समझ में आ गई थी. वे सब से कहे जा रही थीं, ‘‘मेरी बहू का जवाब नहीं.’ Story In Hindi

Hindi Story: जन्म समय – एक डौक्टर ने कैसे दूर की शंका

Hindi Story: रिसैप्शन रूम से बड़ी तेज आवाजें आ रही थीं. लगा कि कोई झगड़ा कर रहा है. यह जिला सरकारी जच्चाबच्चा अस्पताल का रिसैप्शन रूम था. यहां आमतौर पर तेज आवाजें आती रहती थीं. अस्पताल में भरती होने वाली औरतों के हिसाब से स्टाफ कम होने से कई बार जच्चा व उस के संबंधियों को संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाता था.

अस्पताल बड़ा होने के चलते जच्चा के रिश्तेदारों को ज्यादा भागादौड़ी करनी पड़ती थी. इसी झल्लाहट को वे गुस्से के रूप में स्टाफ व डाक्टर पर निकालते थे.

मुझे एक तरह से इस सब की आदत सी हो गई थी, पर आज गुस्सा कुछ ज्यादा ही था. मैं एक औरत की जचगी कराते हुए काफी समय से सुन रहा था और समय के साथसाथ आवाजें भी बढ़ती ही जा रही थीं. मेरा काम पूरा हो गया था. थोड़ा मुश्किल केस था. केस पेपर पर लिखने के लिए मैं अपने डाक्टर रूम में गया.

मैं ने वार्ड बौय से पूछा, ‘‘क्या बात है, इतनी तेज आवाजें क्यों आ रही हैं?’’

‘‘साहब, एक शख्स 24-25 साल पुरानी जानकारी हासिल करना चाहते हैं. बस, उसी बात पर कहासुनी हो रही है.’’ वार्ड बौय ने ऐसे बताया, जैसे कोई बड़ी बात नहीं हो.

‘‘अच्छा, उन्हें मेरे पास भेजो,’’ मैं ने कुछ सोचते हुए कहा.

‘‘जी साहब,’’ कहता हुआ वह रिसैप्शन रूम की ओर बढ़ गया.

कुछ देर बाद वह वार्ड बौय मेरे चैंबर में आया. उस के साथ तकरीबन 25 साल की उम्र का नौजवान था. वह शख्स थोड़ा पढ़ालिखा लग रहा था. शक्ल भी ठीकठाक थी. पैंटशर्ट में था. वह काफी परेशान व उलझन में दिख रहा था. शायद इसी बात का गुस्सा उस के चेहरे पर था.

‘‘बैठो, क्या बात है?’’ मैं ने केस पेपर पर लिखते हुए उसे सामने की कुरसी पर बैठने का इशारा किया.

‘‘डाक्टर साहब, मैं कितने दिनों से अस्पताल के धक्के खा रहा हूं. जिस टेबल पर जाऊं, वह यही बोलता है कि यह मेरा काम नहीं है. उस जगह पर जाओ. एक जानकारी पाने के लिए मैं 5 दिन से धक्के खा रहा हूं,’’ उस शख्स ने अपनी परेशानी बताई.

‘‘कैसी जानकारी?’’ मैं ने पूछा.

‘‘जन्म के समय की जानकारी,’’ उस ने ऐसे बोला, जैसे कि कोई बड़ा राज खोला.

‘‘किस के जन्म की?’’ आमतौर पर लोग अपने छोटे बच्चे के जन्म की जानकारी लेने आते हैं, स्कूल में दाखिले के लिए.

‘‘मेरे खुद के जन्म की.’’

‘‘आप के जन्म की? यह जानकारी तो तकरीबन 24-25 साल पुरानी होगी. वह इस अस्पताल में कहां मिलेगी. यह नई बिल्डिंग तकरीबन 15 साल पुरानी है. तुम्हें हमारे पुराने अस्पताल के रिकौर्ड में जाना चाहिए.

‘‘इतना पुराना रिकौर्ड तो पुराने अस्पताल के ही रिकौर्ड रूम में होगा, सरकार के नियम के मुताबिक, जन्म समय का रिकौर्ड जिंदगीभर तक रखना पड़ता है.

‘‘डाक्टर साहब, आप भी एक और धक्का खिला रहे हो,’’ उस ने मुझ से शिकायती लहजे में कहा.

‘‘नहीं भाई, ऐसी बात नहीं है. यह अस्पताल यहां 15 साल से है. पुराना अस्पताल ज्यादा काम के चलते छोटा पड़ रहा था, इसलिए तकरीबन 15 साल पहले सरकार ने बड़ी बिल्डिंग बनाई.

‘‘भाई यह अस्पताल यहां शिफ्ट हुआ था, तब मेरी नौकरी का एक साल ही हुआ था. सरकार ने पुराना छोटा अस्पताल, जो सौ साल पहले अंगरेजों के समय बना था, पुराना रिकौर्ड वहीं रखने का फैसला किया था,’’ मैं ने उसे समझाया.

‘‘साहब, मैं वहां भी गया था, पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. बोले, ‘प्रमाणपत्र में सिर्फ तारीख ही दे सकते हैं, समय नहीं,’’’ उस शख्स ने कहा.

आमतौर पर जन्म प्रमाणपत्र में तारीख व जन्मस्थान का ही जिक्र होता है, समय नहीं बताते हैं. पर हां, जच्चा के इंडोर केस पेपर में तारीख भी लिखी होती है और जन्म समय भी, जो घंटे व मिनट तक होता है यानी किसी का समय कितने घंटे व मिनट तक होता है, यानी किसी का समय कितने घंटे व मिनट पर हुआ.

तभी मेरे दिमाग में एक सवाल कौंधा कि जन्म प्रमाणपत्र में तो सिर्फ तारीख व साल मांगते हैं, इस को समय की जरूरत क्यों पड़ी?

‘‘भाई, तुम्हें अपने जन्म के समय की जरूरत क्यों पड़ी?’’ मैं ने उस से हैरान हो कर पूछा.

‘‘डाक्टर साहब, मैं 26 साल का हो गया हूं. मैं दुकान में से अच्छाखासा कमा लेता हूं. मैं ने कालेज तक पढ़ाई भी पूरी की है. मुझ में कोई ऐब भी नहीं है. फिर भी मेरी शादी कहीं तय नहीं हो पा रही है. मेरे सारे दोस्तों व हमउम्र रिश्तेदारों की भी शादी हो गई है.

‘‘थकहार कर घर वालों ने ज्योतिषी से शादी न होने की वजह पूछी. तो उस ने कहा, ‘तुम्हारी जन्मकुंडली देखनी पड़ेगी, तभी वजह पता चल सकेगी और कुंडली बनाने के लिए साल, तारीख व जन्म के समय की जरूरत पड़ेगी.’

‘‘मेरी मां को जन्म की तारीख तो याद है, पर सही समय का पता नहीं. उन्हें सिर्फ इतना पता है कि मेरा जन्म आधी रात को इसी सरकारी अस्पताल में हुआ था.

‘‘बस साहब, उसी जन्म के समय के लिए धक्के खा रहा हूं, ताकि मेरा बाकी जन्म सुधर जाए. शायद जन्म का सही समय अस्पताल के रिकौर्ड से मिल जाए.’’

‘‘मेरे साथ आओ,’’ अचानक मैं ने उठते हुए कहा. वह उम्मीद के साथ उठ खड़ा हुआ.

‘‘यह कागज व पैन अपने साथ रखो,’’ मैं ने क्लिप बोर्ड से एक पन्ना निकाल कर कहा.

‘‘वह किसलिए?’’ अब उस के चौंकने की बारी थी.

‘‘समय लिखने के लिए,’’ मैं ने उसे छोटा सा जवाब दिया.

‘‘मेरी दीवार घड़ी में जितना समय हुआ है, वह लिखो,’’ मैं ने दीवार घड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा.

उस ने हैरानी से लिखा. सामने ही डिलीवरी रूम था. उस समय डिलीवरी रूम खाली था. कोई जच्चा नहीं थी. डिलीवरी रूम में कभी भी मर्द को दाखिल होने की इजाजत नहीं होती है. मैं उसे वहां ले गया. वह भी हिचक के साथ अंदर घुसा.

मैं ने उस कमरे की घड़ी की ओर इशारा करते हुए उस का समय नोट करने को कहा, ‘‘अब तुम मेरी कलाई घड़ी और अपनी कलाई घड़ी का समय इस कागज में नोट करो.’’

उस ने मेरे कहे मुताबिक सारे समय नोट किए.

‘‘अच्छा, बताओ सारे समय?’’ मैं ने वापस चैंबर में आ कर कहा.

‘‘आप की घड़ी का समय दोपहर 2.05, मेरी घड़ी का समय दोपहर 2.09, डिलीवरी रूम का समय दोपहर 2.08 और आप के चैंबर का समय दोपहर 2.01 बजे,’’ जैसेजैसे वह बोलता गया, खुद उस के शब्दों में हैरानी बढ़ती जा रही थी.

‘‘सभी घडि़यों में अलगअलग समय है,’’ उस ने इस तरह से कहा कि जैसे दुनिया में उस ने नई खोज की हो.

‘‘देखा तुम ने अपनी आंखों से, सब का समय अलगअलग है. हो सकता है कि तुम्हारे ज्योतिषी की घड़ी का समय भी अलग हो. और जिस ने पंचांग बनाया हो, उस की घड़ी में उस समय क्या बजा होगा, किस को मालूम?

‘‘जब सभी घडि़यों में एक ही समय में इतना फर्क हो, तो जन्म का सही समय क्या होगा, किस को मालूम?

‘‘जिस केस पेपर को तुम ढूंढ़ रहे हो, जिस में डाक्टर या नर्स ने तुम्हारा जन्म समय लिखा होगा, वह समय सही होगा कि गलत, किस को पता?

‘‘मैं ने सुना है कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार एक पल का फर्क भी ग्रह व नक्षत्रों की जगह में हजारों किलोमीटर में हेरफेर कर देता है. तुम्हारे जन्म समय में तो मिनटों का फर्क हो सकता है.

‘‘सुनो भाई, तुम्हारी शादी न होने की वजह यह लाखों किलोमीटर दूर के बेचारे ग्रहनक्षत्र नहीं हैं. हो सकता है कि तुम्हारी शादी न होने की वजह कुछ और ही हो. शादियां सिर्फ कोशिशों से होती हैं, न कि ग्रहनक्षत्रों से,’’ मैं ने उसे समझाते हुए कहा.

‘‘डाक्टर साहब, आप ने घडि़यों के समय का फर्क बता कर मेरी आंखें खोल दीं. इतना पढ़नेलिखने के बावजूद भी मैं सिर्फ निराशा के चलते इन अंधविश्वासों के फेर में फंस गया. मैं फिर से कोशिश करूंगा कि मेरी शादी जल्दी से हो जाए.’’ अब उस शख्स के चेहरे पर निराशा की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास की चमक थी. Hindi Story

Story In Hindi: फर्क – पल्लव के धोखे के बाद क्या था रवीना का खतरनाक कदम

Story In Hindi: 18 वसंत पूरे करते ही जैसे ही रवीना के हाथ में वोटर कार्ड आया, उसे लगा जैसे सारी दुनिया उस की मुट्ठी में समा गई हो.

‘अब मैं कानूनी रूप से बालिग हूं. अपनी मरजी की मालिक. अपनी जिंदगी की सर्वेसर्वा. अपने निर्णय लेने को स्वतंत्र, जो चाहे करूं. जहां चाहे जाऊं, जिस के साथ मरजी रहूं. कोई बंधन, कोई रोकटोक नहीं. बस खुला आसमान और ऊंची उड़ान,’ मन ही मन खुश होती हुई रवीना पल्लव के साथ अपनी आजादी का जश्न मनाने का नायाब तरीका सोचने लगी.

ग्रैजुएशन के आखिरी साल की स्टूडैंट रवीना अपने मांपापा की इकलौती बेटी है. फैशन और हाई प्रोफाइल लाइफ की दीवानी रवीना नाजों से पली होने के कारण थोड़ी जिद्दी और मनमौजी भी है. मगर पढ़ाईलिखाई में औसत छात्रा ही है, इसलिए पास होने के लिए हर साल उसे ट्यूशन और कोचिंग का सहारा लेना पड़ता है.

कसबाई युवक पल्लव पिछले दिनों ही इस कोचिंग इंस्टिट्यूट में पढ़ाने लगा है. पहली नजर में ही रवीना उस की तरफ झुकने लगी थी. लंबा ऊंचा कद. गेहुआं रंग, गहरी गंभीर आंखें और लापरवाही से पहने कसबाई फैशन के हिसाब से आधुनिक लिबास. बाकी लड़कियों की निगाहों में पल्लव कुछ भी खास नहीं था, मगर उस का बेपरवाह अंदाज अतिआधुनिक शहरी रवीना के दिलोदिमाग में खलबली मचाए हुए था.

पल्लव कहने को तो कोचिंग इंस्टिट्यूट में पढ़ाता था, लेकिन असल में तो वह खुद भी एक स्टूडैंट ही था. उस ने इसी साल अपनी ग्रैजुएशन पूरी की थी और अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए शहर में रुका था. कोचिंग इंस्टिट्यूट में पढ़ाने के पीछे उस का यह मकसद भी था कि इस तरीके से वह किताबों के संपर्क में रहेगा साथ ही जेबखर्च के लिए कुछ अतिरिक्त आमदनी भी हो जाएगी.

पल्लव के पिता उस के इस फैसले से सहमत नहीं थे. वे चाहते थे कि पल्लव अपना पूरा ध्यान केवल अपने भविष्य की तैयारी पर लगाए लेकिन पल्लव से पूरा दिन एक ही जगह बंद कमरे में बैठ कर पढ़ाई नहीं होती, इसलिए उस ने अपने पिता की इच्छा के विरुद्ध पढ़ने के साथसाथ पढ़ाने का विकल्प भी चुना और इस तरह से रवीना के संपर्क में आया.

2 विपरीत धु्रव एकदूसरे को आकर्षित करते हैं, इस सर्वमान्य नियम से भला पल्लव कैसे अछूता रह सकता था. धीरेधीरे वह भी खुद के प्रति रवीना के आकर्षण को महसूस करने लगा. मगर एक तो उस का शर्मीला स्वभाव. दूसरे सामाजिक स्तर पर कमतरी का एहसास उसे दोस्ती के लिए आमंत्रित करती रवीना की मुसकान के निमंत्रण को स्वीकार नहीं करने दे रहा था.

आखिर विज्ञान की जीत हुई और शुरुआती औपचारिकता के बाद अब दोनों के बीच अच्छीखासी ट्यूनिंग बनने लगी थी. फोन पर बातों का सिलसिला भी शुरू हो चुका था.

‘‘लीजिए जनाब, सरकार ने हमें कानूनन बालिग घोषित कर दिया है,’’ पल्लव के चेहरे के सामने अपना वोटर कार्ड हवा में लहराते हुए रवीना खिलखिलाई.

‘‘तो, जश्न मनाया जाए?’’ पल्लव ने भी उसी गरमजोशी से जवाब दिया.

‘‘चलो, आज तुम्हें पिज्जा हट ले चलती हूं.’’

‘‘न, पिज्जा हट नहीं. तुम अपने खूबसूरत हाथों से एक कप चाय बना कर पिला दो. मैं तो इसी में खुश हो जाऊंगा,’’ पल्लव ने रवीना के चेहरे पर शरारत करते बालों की लट को उस के कानों के पीछे ठेलते हुए कहा.

रवीना उस का प्रस्ताव सुन कर हैरान थी, ‘‘चाय? मगर कैसे? कहां?’’ रवीना ने पूछा.

‘‘मेरे रूम पर और कहां?’’ पल्लव ने उसे आश्चर्य से बाहर निकाला.

रवीना राजी हो गई.

रवीना ने मुसकरा कर अपना स्कूटर स्टार्ट करते हुए पल्लव को पीछे बैठने के लिए आमंत्रित किया. यह पहला मौका था जब पल्लव उस से इतना सट कर बैठा था.

कुछ ही मिनटों के बाद दोनों पल्लव के कमरे पर थे. जैसाकि आम पढ़ने वाले युवाओं का होता है, पल्लव के कमरे में भी सामान के नाम पर एक पलंग, एक टेबलकुरसी और थोड़ाबहुत रसोई का सामान था. रवीना अपने बैठने के लिए जगह तलाश कर ही रही थी कि पल्लव ने उसे पलंग पर बैठने का इशारा किया. रवीना सकुचाते हुए बैठ गई. पल्लव भी वहीं उस के पास आ बैठा.

एकांत में 2 युवा दिल एकदूसरे की धड़कनें महसूस करने लगे और कुछ ही पलों में दोनों के रिश्ते ने एक लंबा फासला तय कर लिया. दोनों के बीच बहुत सी औपचारिकताओं के किले ढह गए. एक बार ढहे तो फिर बारबार ये वर्जनाएं टूटने लगीं.

कहते हैं कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते. दोनों की नजदीकियों की भनक जब रवीना के घर वालों को लगी तो उसे लाइन हाजिर किया गया.

‘‘मैं पल्लव से प्यार करती हूं,’’ रवीना ने बेझिझक स्वीकार किया.

बेटी की मुंहजोरी पर पापा आगबबूला हो गए. यह उम्र कैरियर बनाने की है, रिश्ते नहीं. समझी?’’ पापा ने उसे लता दिया.

‘‘मैं बालिग हूं. अपने फैसले खुद लेने का अधिकार है मुझे,’’ रवीना बगावत पर उतर आई.

इसी दौरान बीचबचाव करने के लिए मां उन के बीच आ खड़ी हुई.

‘‘कल से इस का कालेज और इंस्टिट्यूट, दोनों जगह जाना बंद,’’ पापा ने उस की मां की तरफ मुखातिब होते हुए कहा तो रवीना पांव पटकते हुए अपने कमरे की तरफ चल दी. थोड़ी ही देर में कपड़ों से भरा सूटकेस हाथ में लिए खड़ी थी.

‘‘मैं पल्लव के साथ रहने जा रही हूं,’’ रवीना के इस ऐलान ने घर में सब के होश उड़ा दिए.

‘‘तुम बिना शादी किए एक पराए मर्द के साथ रहोगी? क्यों समाज में हमारी नाक कटवाने पर तुली हो?’’ इस बार मां उस के खिलाफ हो गई.

‘‘हम दोनों बालिग हैं. अब तो हाई कोर्ट ने भी इस बात की इजाजत दे दी है कि 2 बालिग लिव इन में रह सकते हैं, उम्र चाहे जो भी हो,’’ रवीना ने कुछ समय पहले दिए गए केरल हाईकोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए मां के विरोध को चुनौती दी.

‘‘कोर्ट अपने फैसले नियम, कानून और सुबूतों के आधार पर देता है. सामाजिक व्यवस्थाएं इन सब से बिलकुल अलग होती हैं. कानून और समाज के नियम सर्वथा भिन्न होते हैं,’’ पापा ने उसे नरमाई से समझाने की कोशिश की.

मगर रवीना के कान तो पल्लव के नाम के अलावा कुछ और सुनने को तैयार ही  नहीं थे. उसे अब अपने और पल्लव के बीच कोई बाधा स्वीकार नहीं थी. वह बिना पीछे मुड़ कर देखे अपने घर की दहलीज लांघ गई.

यों अचानक रवीना को सामान सहित अपने सामने देख कर पल्लव अचकचा गया. रवीना ने एक ही सांस में उसे पूरे घटनाक्रम का ब्योरा दे दिया.

‘‘कोई बात नहीं, अब तुम मेरे पास आ गई हो न. पुराना सब भूल जाओ और मिलन का जश्न मनाओ,’’ कमरा बंद कर के पल्लव ने उसे अपने पास खींच लिया और कुछ ही देर में हमेशा की तरह उन के बीच रहीसही सारी दूरियां भी मिट गईं. रवीना ने एक बार फिर अपना सबकुछ पल्लव को समर्पित कर दिया.

2-4 दिन में ही पल्लव के मकानमालिक को भी सारी हकीकत पता चल गई कि पल्लव अपने साथ किसी लड़की को रखे हुए है. उसने पल्लव को धमकाते हुए कमरा खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया. समाज की तरफ से उन पर यह पहला प्रहार था, मगर उन्होंने हार नहीं मानी. कमरा खाली कर के दोनों एक सस्ते होटल में आ गए.

कुछ दिन तो सोने से दिन और चांदी सी रातें गुजरीं, मगर साल बीततेबीतते ही उन के इश्क का इंद्रधनुष फीका पढ़ने लगा. ‘प्यार से पेट नहीं भरता,’ इस कहावत का मतलब पल्लव अच्छी तरह समझने लगा था.

समाज में बदनामी होने के कारण पल्लव की कोचिंग छूट गई और अब आमदनी का कोई दूसरा जरीया भी उन के पास नहीं था. पल्लव के पास प्रतियोगी परीक्षाओं का शुल्क भरने तक के पैसे नहीं बच पा रहे थे. उस ने वह होटल भी छोड़ दिया और अब रवीना को ले कर बहुत ही निम्न स्तर के मुहल्ले में रहने आ गया.

एक तरफ जहां पल्लव को रवीना के साथ अपना भविष्य अंधकारमय नजर आने लगा था वहीं दूसरी तरफ रवीना तो अब पल्लव में ही अपना भविष्य तलाशने लगी थी. वह इस लिव इन को स्थाई संबंध में परिवर्तित करना चाहती थी. पल्लव से शादी करना चाहती थी. रवीना को भरोसा था कि जल्द ही ये अंधेरी गलियां खत्म हो जाएंगी और उन्हें अपनी मंजिल का रास्ता मिल जाएगा. बस किसी तरह पल्लव कहीं सैट हो जाए.

एक बार फिर विज्ञान का यह आकर्षण का नियम पल्लव पर लागू हो रहा है कि दो  विपरीत धु्रव जब एक निश्चित सीमा तक नजदीक आ जाते हैं तो उन में विकर्षण पैदा होने लगता है. पल्लव भी इसी विकर्षण का शिकार होने लगा था.

हालात के सामने घुटने टेकता वह अपने पिता के सामने रो पड़ा तो उन्होंने रवीना से अलग होने की शर्त पर उस की मदद करना स्वीकार कर लिया. मरता क्या नहीं करता. पिता की शर्त के अनुसार उस ने फिर से कोचिंग जाना शुरू कर दिया और वहीं होस्टल में रहने लगा. इस बार कोचिंग में पढ़ाने नहीं बल्कि स्वयं पढ़ने के लिए.

यह रवीना के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था. वह अपनेआप को ठगा सा महसूस करने लगी. मगर दोष दे भी तो किसे? यह तो उस का अपना फैसला था. इस रास्ते पर चलना उस ने खुद चुना था.

पल्लव के जाने के बाद वह अकेली ही उस महल्ले में रहने लगी. इतना सब होने के बाद भी उसे पल्लव का इंतजार था. वह भी उस की बैंक परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार कर रही थी.

‘‘एक बार पल्लव का चयन हो जाए, फिर सब ठीक हो जाएगा. हमारा दम तोड़ता रिश्ता फिर से जी उठेगा,’’ इसी उम्मीद पर वह हर चोट सहती जा रही थी.

आखिर रिजल्ट भी आ गया. पल्लव की मेहनत रंग लाई और उस का बैंक परीक्षा में में चयन हो गया. रवीना यह खुशी उत्सव की तरह मनाना चाहती थी. वह दिनभर तैयार होकर उस का इंतजार करती रही मगर वह नहीं आया. रवीना पल्लव को फोन पर फोन लगाती रही, मगर उस ने फोन भी नहीं उठाया. आखिर रवीना उस के होस्टल जा पहुंची. वहां जा कर पता चला कि पल्लव तो सुबह रिजल्ट आते ही अपने घर चला गया.

रवीना बिलकुल निराश हो गई. क्या करे कहां जाए. वर्तमान तो खराब हुआ ही, भविष्य भी अंधकारमय हो गया. आसमान तो हासिल नहीं हुआ, पांवों के नीचे की जमीन भी अपनी नहीं रही. पल्लव का प्रेम तो मिला नहीं, मांपापा का स्नेह भी वह छोड़ आई. काश, उस ने अपनेआप को कुछ समय सोचने के लिए दिया होता. मगर अब क्या हो सकता है. पीछे लौटने के सारे रास्ते तो वह खुद ही बंद कर आई थी. रवीना बुरी तरह से हताश हो गई. वह कुछ भी सोच नहीं पा रही थी. कोई निर्णय नहीं ले पा रही थी. आखिर उस ने एक खतरनाक निर्णय ले ही लिया.

‘‘तुम्हें तुम्हारा रास्ता मुबारक हो. मैं अपने रास्ते जा रही हूं. खुश रहो,’’ रवीना ने एक मैसेज पल्लव को भेजा और अपना मोबाइल स्विच्ड औफ कर लिया. संदेश पढ़ते ही पल्लव के पांवों के नीचे से जमीन खिसक गई.

‘अगर इस लडकी ने कुछ उलटासीधा कर लिया तो मेरा कैरियर चौपट हो जाएगा,’ सोचते हुए उसने 1-2 बार रवीना को फोन लगाने की कोशिश की, मगर नाकाम होने पर तुरंत दोस्त के साथ बाइक ले कर उस के पास पहुंच गया. जैसाकि उसे अंदेशा था, रवीना नींद की गोलियां खा कर बेसुध पड़ी थी. पल्लव दोस्त की मदद से उसे हौस्पिटल ले गया और उस के घर पर भी खबर कर दी. डाक्टरों के इलाज शुरू करते ही दवा लेने के बहाने पल्लव वहां से खिसक गया.

बेशक रवीना अपने घर वालों से सारे रिश्ते खत्म कर आई थी मगर खून के  रिश्ते भी कहीं टूटे हैं भला? खबर पाते ही मांपापा बदहवास से बेटी के पास पहुंच गए. समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से रवीना अब खतरे से बाहर थी. मापापा को सामने देख कर वह फफक पड़ी.

‘‘मां, मैं बहुत शर्मिंदा हूं. सिर्फ आज के लिए ही नहीं बल्कि उस दिन के अपने फैसले के लिए भी, जब मैं आप सब को छोड़ आई थी,’’ रवीना ने कहा तो मां ने कस कर उस का हाथ थाम लिया.

‘‘यदि मैं ने उस दिन घर न छोड़ा होता तो आज कहीं बेहतर जिंदगी जी रही होती. मेरा वर्तमान और भविष्य, दोनों ही सुनहरे होते. मैं ने स्वतंत्र होने में बहुत जल्दबाजी की. अपने प्यार के फल को विश्वास की आंच पर पकने नहीं दिया. मैं तो आप लोगों से माफी मांगने के लायक भी नहीं हूं…’’ रवीना ने आगे कहा.

‘‘बीती ताहि बिसार दे. आगे की सुध लेय. तुम घर लौट चलो. अपनेआप को वक्त दो और फिर से अपने फैसले का मूल्यांकन करो. जिंदगी किसी एक मोड़ पर रुकने का नाम नहीं बल्कि यह तो एक सतत प्रवाह है. इस के साथ बहने वाले ही अपनी मंजिल को पाते हैं,’’ पापा ने उसे समझाया.

‘‘हां, किसी एक जगह अटके रहने का नाम जिंदगी नहीं है. यह तो अनवरत बहती रहने वाली नदी है. तुम भी इस के बहाव में खुद को छोड़ दो और एक बार फिर से अपनी तकदीर लिखने की कोशिश करो. हम सब तुम्हारे साथ हैं,’’ मां ने उस का हाथ अपने हाथ में लेते हुए कहा.

मन ही मन अपने फैसले से सबक लेने का दृढ़ संकल्प करते हुए रवीना मुसकरा दी. अब उसे स्वतंत्रता और स्वच्छंदता में फर्क साफसाफ नजर आ रहा था. Story In Hindi

Hindi Romantic Story: समर की रोशनी

Hindi Romantic Story, लेखक – सागर चौधरी

समर एक ऐसी मुहब्बत को जी रहा था, जो शायद बहुत पहले मर चुकी थी. वह इस रिश्ते में कब से अकेला था, बस उसे अहसास नहीं था कि रोशनी कब की, किसी और की हो चुकी थी. वह अब जो भी अपना समय उसे देती, वह सिर्फ पुरानी यादों के नाते.

यों तो एक जमाने में वे दोनों पूरापूरा दिन एकदूसरे को देखते गुजारते थे. हैदराबाद के एक माल में दोनों शोरूम सेल्स स्टाफ थे. समर मैंस वियर में कस्टमर्स को कपड़े दिखाता, तो दूसरी तरफ किड्स वियर में रोशनी मम्मियों की मदद करती.

शाम को वे दोनों 45 नंबर की बस पकड़ते और हुसैन सागर ?ाल के एक किनारे पर उतर जाते. एक घंटा दोनों एकदूसरे के हाथ में हाथ डाल कर बैठते और बातें करते. ?ाल की तरफ से आने वाली हवा रोशनी के घुंघराले बालों को रहरह कर उड़ाती रहती.

समर के लिए सबकुछ स्लो मोशन जैसा चलता था, इसलिए वह अकसर रोशनी की जुल्फों में खो जाता. वह उस की तरफ देख तो रहा होता, मगर कई बार रोशनी की आवाज उसे सुनाई न देती.

फिर वे दोनों वापस 45 नंबर की बस पकड़ते. समर मुशीराबाद उतरता तो रोशनी टोली चौकी. दोनों ही बस्तियों में रहते थे, मगर एकदूसरे से 10 किलोमीटर दूर.

यह साल 2014 था. एक शाम ऐसी बारिश में दोनों फंसे कि घंटों बाद भी 1-2 बसें ही आई थीं, सब ठसाठस भरी हुईं. 2 घंटे के बाद भी बारिश के थमने का नाम न था. रोशनी की अप्पी (बड़ी बहन) कई बार फोन कर चुकी थीं.

रोशनी ने कहा कि वह आटोरिकशा से चली जाएगी और समर को अब लौटना चाहिए, मगर उस ने कहां सुनना था.

आटोरिकशा आते ही समर एकदम से रोशनी के साथ उस में बैठ गया और आटोरिकशा वाले को कहा, ‘‘टोली चौकी ले लो.’’

रोशनी ने परेशान होते हुए उसे कहा, ‘‘तुम क्यों जा रहे हो? तुम वापसी में काफी लेट हो जाओगे.’’

समर ने जवाब दिया, ‘‘लेकिन उतने समय मैं तुम्हारे साथ भी तो रह पाऊंगा.’’

रोशनी कुछ न बोली, बस समर के कंधे पर अपना सिर रख दिया. समर ने भी अपनी बाजू पीछे से सरकाते हुए रोशनी को कमर से पकड़ लिया और दोनों यों ही टोली चौकी पहुंच गए.

पैसे रोशनी ने दिए. उसे मालूम था कि समर के आधे से ज्यादा पैसे तो किराए में खर्च हो जाते हैं.

रोशनी ने समर से कहा, ‘‘तुम इसी आटोरिकशा से लौट जाना.’’

समर ने कहा, ‘‘हां, ठीक है.’’

मगर समर को घर पहुंचने की जल्दी भी तो नहीं थी. अपनी यादों के साथ उसे बस की खिड़की पर बैठ कर जाना ज्यादा पसंद था.

बस स्टौप तक जाते हुए समर खुद ब खुद मुसकरा रहा था. कभी दौड़ता तो कभी चलने लगता. बारिश अब थम सी गई थी और रात इतनी ज्यादा कि अब बस स्टौप पर लोग भी कम थे.

5 साल गुजर गए थे, मगर वह बारिश की रात जैसे कल ही की बात हो. समर आज भी बारिश को बड़ी मुहब्बत से देखता है.

2 साल पहले समर दिल्ली आ गया था. अब वह एक बड़े होटल में स्टीवर्ड था. रोशनी ने उसे इंगलिश बोलना सिखाया था, जिस की वजह से एक दिन जब यह औफर आया था तो रोशनी ने ही जिद की थी कि वह चला जाए. माल की नौकरी में स्टाफ को मैनेजर से बहुत भलाबुरा सुनना पड़ता है. पैसे भी मुश्किल से 8,000 रुपए मिलते थे.

समर ने कहा था कि वह वहां जाते ही रोशनी के लिए भी कुछ देखेगा. उस ने सोचा था एक साल के अंदर वे दोनों फिर साथ होंगे, मगर दूसरा और तीसरा साल भी गुजर गया. समर और रोशनी अब भी एकदूसरे को देख नहीं पाए थे.

वे दोनों फोन पर कुछ कहते नहीं, मगर अंदर ही अंदर उन का प्यार एकदूसरे के लिए जहर बनता जा रहा था. न वे एकसाथ रह पा रहे थे, न एकदूसरे से दूर.

समर का अकेलापन उस के अंदर के प्यार के महासागर को कोयला बन कर सोख रहा था. उस की जरूरत अब सिर्फ रोशनी की आवाज सुन कर खत्म नहीं होती थी. वह उसे छूना चाहता था, अपनी बांहों में भरना चाहता था, उस के होंठों को चूमना चाहता था, मगर रोशनी कहीं भी नहीं होती.

दूसरी ओर, रोशनी के लिए समर का होना ही सबकुछ था. उसे फर्क नहीं पड़ता था कि समर उस के पास मौजूद था या नहीं. वह हर रोज उसे अपने दिनभर की बात अब भी वैसे ही शेयर करती, जैसे 5 साल पहले हुसैन सागर झील के किनारे पर किया करती थी. समर के अकेलेपन को खत्म करने के लिए उस ने अपनी तसवीरें भी भेजी थीं. वैसी तसवीरें जिन का हकदार सिर्फ समर ही था.

हालांकि, रोशनी ने शुरू से ही समर को कह दिया था कि उन की शादी नहीं हो सकती. जैसे वह भविष्य को देख चुकी हो. उस का परिवार और समाज कभी समर, एक हिंदू दलित, को स्वीकार नहीं करता.

मगर दिल के अंदर के फासले जिस तरह से बढ़ रहे थे, वे रोशनी को डराने लगे थे. ‘अगर समर सचमुच चला गया तो…’ रोशनी के दिल में यह सवाल अब रहरह कर उठता था.

एक समय वह भी आया जब समर 10 मिनट की फोन काल पर भी प्यार से बात नहीं कर पाता था. किसी न किसी बात पर उस का गुस्सा रोशनी पर निकल आता था.

‘‘जब तुम औफिस से घर जा रही होती हो तभी तुम फोन करती हो. मुझे बस के हौर्न के बीच में तुम्हारी आवाज सुननी पड़ती है… और जब मैट्रो लेती हो तो तुम्हारी आवाज चली जाती है. मुझे नहीं करना बात इस तरह. रखो फोन,’’ समर कहता.

रोशनी अप्पी या बच्चों के सामने घर पर बात नहीं कर पाती थी. एक दिन उस के जीजाजी ने उन के सारे मैसेज पढ़ लिए थे. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर उसे उन के साथ रहना है तो समर को अपनी जिंदगी से निकालना पड़ेगा.

समर और रोशनी की मुहब्बत ने पिछले 5 साल में ऐसी कई दीवारों को पार किया था, मगर बरसों की दूरी ने उन के बीच एक गहरी खाई बना दी थी सबकुछ खत्म होता लग रहा था.

तभी रोशनी ने समर से कहा कि वह 2 दिन के लिए दिल्ली आएगी और उस के साथ रहेगी. खुशी के मारे समर की आंखों से आंसू निकल आए थे. वह 5 साल बाद रोशनी से मिलने वाला था.

रोशनी ने अपने घर वालों से कहा था कि कंपनी वाले उसे ट्रेनिंग के लिए भेज रहे हैं और रहनेसहने का इंतजाम भी उन्होंने ही किया है.

तब पतझड़ शुरू ही हुआ था. धूप में गरमी और छांव में हलकी सी सिहरन महसूस होती. वे 3 दिन रोशनी और समर की जिंदगी के सब से खूबसूरत पल थे. समय जैसे ठहर सा गया था. वे सब कसमेवादे, सपने जो कुछ महीने पहले टूटते नजर आ रहे थे, वे फिर से जुड़ गए थे.

रोशनी ने इन सब के बीच समर को यह नहीं बताया था कि घर पर उस की शादी की बात चल रही थी. वह उन 3 दिनों में समर को खुश देखना चाहती थी. वह सबकुछ देना चाहती थी, जो समर का था. मगर उस ने यह भी तय कर लिया था कि यह उन की आखिरी मुलाकात थी.

मानो एक कर्ज था समर के प्यार का जो रोशनी सूद समेत वापस करने आई हो. उस ने सोचा था, ‘समर अब अधूरा महसूस नहीं करेगा और अपनी जिंदगी में आगे बढ़ेगा.’

मगर समर के लिए तो यह उम्मीद का नया रास्ता था. उसे लगने लगा था कि अब सबकुछ नामुमकिन है. शायद रोशनी उस के साथ भाग कर शादी करने को तैयार हो जाए. जहां रोशनी उस मुलाकात के जरीए 5 साल के मुहब्बत को दफन करने आई थी, वहीं समर की मरी मुहब्बत में एक नई जान आ गई थी.

रोशनी के वापस जाते ही समर फिर से दिनभर उसे फोन करने लगा. इंतजार करना समर का सब से खूबसूरत टाइमपास बन गया.

तभी एक दिन रोशनी ने समर का भरम थोड़ा और कहा, ‘‘मैं सलमान से मिली समर. पहली बार तुम्हें छोड़ कर कोई और आदमी मुझे अच्छा लगा है.’’

समर उस दिन नाइट शिफ्ट में था. किसी बहुत बड़े उद्योगपति ने होटल में पार्टी रखी थी. समर का काम था लोगों का मुसकरा कर स्वागत करना. उस ने रोशनी से कहा था, ‘‘मुबारक हो. अपना खयाल रखना.’’

इतना कह कर समर ने फोन रख दिया था. उस दिन समर ने सब का स्वागत किया. चेहरे पर से मुसकराहट तब तक नहीं गई, जब तक उस ने पार्टी फ्लोर नहीं छोड़ा.

शिफ्ट खत्म होते ही समर ने खुद को बाथरूम में बंद किया और फिर ऐसे रोया जैसे दुनिया खत्म हो गई हो.

एक महीने बाद रोशनी का फोन आया. उस ने कहा, ‘‘समर, अभी मत जाओ प्लीज. इतनी दूर चले हो मेरे साथ, कुछ दूर और चल लो. मैं तुम्हारे बिना यह नहीं कर सकती. एक बार मेरी शादी हो जाए, फिर चले जाना.’’

समर ने रोशनी से इतना प्यार किया था कि वह अगर उसे कह देती कि जीना छोड़ दो तो शायद वह अपनी सांसें बंद कर लेता.

समर ने कहा कि वह जैसा कहेगी वैसा ही होगा. रोशनी जितना और जब चाहती, समर उस के लिए मौजूद रहता.

रोशनी ने कहा, ‘‘समर, हम कभी अलग नहीं होंगे. यह शादी सिर्फ समाज के लिए है. तुम्हारी जगह कोई नहीं ले सकता.’’

फिर एक दिन वह समय भी आया जब शादी की रस्में शुरू हुईं. रोशनी के हाथों में मेहंदी लगी थी.

समर ने उस से पूछा था, ‘‘क्या चाहिए तुम्हें मेरी जान? शादी है तुम्हारी आज, तुम जो कह दोगी वह ला देंगे हम तुम्हें.’’

रोशनी ने कहा था, ‘‘तुम मुझ से एक वादा करो…’’

समर मुसकराया और बोला, ‘‘एक और वादा… तुम जो चाहे मांग लो सब तुम्हारा है.’’

रोशनी ने कहा, ‘‘वादा करो, हम कभी अलग नहीं होंगे.’’

समर ने हामी भर दी.

रोशनी की शादी हुए कई हफ्ते बीत गए थे. समर ने उसे सैकड़ों मैसेज भेजे थे, मगर जवाब एक भी नहीं मिला था उसे.

फिर एक दिन समर ने मैसेज में लिखा, ‘आई लव यू.’

जवाब आया, ‘समर प्लीज, आगे बढ़ो अब.’

Story In Hindi: सबक

Story In Hindi, लेखक – सुनील

‘‘जरा यहां गाड़ी रोकना…’’ मीना के इतना कहते ही ड्राइवर ने झट से ब्रेक लगा दिए.

‘गांव तो अभी डेढ़ किलोमीटर दूर है. मैडम ने अभी एकदम से गाड़ी क्यों रुकवाई?’ आईएएस मीना की इस पहेली से जूझते ड्राइवर मनोहर ने सोचा.

मीना गाड़ी से बाहर निकलीं. कच्ची सड़क पर अभी भी धूल उड़ रही थी. तेज धूप में उन्होंने अपने काले चश्मे लगाए और एक खेत की पगडंडी की तरफ चल दीं. जब उन के साथ के लोग पीछेपीछे आने लगे, तो उन्होंने बिना मुड़े ही हाथ के इशारे से उन्हें रोक दिया.

उस पगडंडी पर तकरीबन 100 मीटर दूर एक ट्यूबवैल नजर आ रहा था. पानी चल रहा था. धान की फसल में पानी छोड़ा गया था. भरी दोपहर में वहां कोई नहीं था. एक पेड़ की छांव में कुत्ता ऊंघ रहा था.

जब मीना उस कुत्ते के करीब से गुजरीं, तो उस के कान खड़े हो गए. एक बार आंखें खोलीं और फिर सुस्ताने लगा. उस की सांसें धौकनी की तरह बड़ी तेज चल रही थीं.

मीना थोड़ा आगे बढ़ीं और उस ट्यूबवैल के पास जा कर खड़ी हो गईं.

दूर खड़े स्टाफ ने सोचा कि मैडम को प्यास लगी होगी, पर पानी तो गाड़ी में भी रखा था, वह भी बोतलबंद, तो इतनी दूर जाने की क्या जरूरत थी?

उधर आईएएस मीना के मन में बड़ी कशमकश थी और कुछ पुरानी यादें भी, जो आज भी नासूर बन कर उन को टीस दे रही थीं.

आज से 10 साल पहले की बात है, जब 15 साल की मीना सरकारी स्कूल में 10वीं जमात में पढ़ती थी. पढ़ाई में बड़ी होशियार, पर जाति से दलित थी, तो उस के तेज दिमाग की कोई कीमत नहीं थी.

मीना के मांबापू सरपंच के खेतों में मजदूर थे और अपने 5 जनों के परिवार को जैसेतैसे पाल रहे थे. मीना के 2 छोटे भाई आवारा थे और दिनभर यहांवहां पैर भिड़ाते घूमते रहते थे.

‘‘अरी ओ मीना, उठ जा. आज स्कूल नहीं जाना क्या?’’ जब मां की यह आवाज मीना के कानों में पड़ी तो वह झट से उठ बैठी.

मीना पढ़ाई में तो तेज थी ही, अच्छी देह की मालकिन भी थी. लंबा चेहरा, काले घने बाल, उभरी हुई बड़ी छातियां, चौड़े कूल्हे, जो उसे 20 साल की भरीपूरी लड़की दिखाते थे. यही वजह थी कि वह कई लोगों की हवसभरी निगाहों में आ चुकी थी. चूंकि दलित थी, तो ऊंची जात के लोग उसे अपने बाप का माल समझ कर हाथ साफ करना अपना जन्मजात हक समझते थे.

स्कूल के हैडमास्टर सेवकराम ऊंची जाति के थे और हमेशा मीना की ऊंची छातियों को मसलने के सपने देखते थे. उन्हें पता था कि अकेले यह काम इतना आसान नहीं होगा, क्योंकि मीना दबंग लड़की थी. अकेले उस पर हावी होना सेवकराम की बूढ़ी हड्डियों के बस की बात नहीं थी.

यही वजह थी कि उन्होंने स्कूल के 2 लड़कों महेश और दीपक को अपना परम चेला बनाया हुआ था. वे जानते थे कि महेश और दीपक की लार भी मीना की देह पाने के लिए टपकती रहती है. पर चूंकि मीना उन दोनों लड़कों को पसंद नहीं करती थी, तो सेवकराम ने एक टीचर बनवारी दास को भी अपने ‘हवसी गिरोह’ में शामिल कर लिया था. वे चारों ऊंची जाति के थे.

आज जब मीना स्कूल पहुंची, तो उस की पक्की सहेली गीता ने कहा, ‘‘मीना, तू हैडमास्टर साहब से मिल लेना.

उन्होंने तो तुझे कल ही अपने पास बुलाया था, पर मैं तुझे बताना भूल गई. तू उस समय बनवारी दास सर ने नोट्स ले रही थी.’’

थोड़ी देर के बाद मीना हैडमास्टर साहब के कमरे में पहुंची. उस समय वे अकेले थे. मीना को देखते ही वे कुरसी से खड़े हो गए और उस के पास आ गए.

‘‘सर, आप ने मुझे बुलाया था?’’ मीना ने पूछा.

हैडमास्टर साहब ने मीना को ऊपर से नीचे तक देखते हुए कहा, ‘‘हां. मैं तुम्हारी पढ़ाई से बहुत खुश हूं. मुझे उम्मीद है कि तुम हमारे स्कूल का नाम रोशन करोगी.’’

‘‘सर, मैं बड़ी मेहनत कर रही हूं. आप के आशीर्वाद से अच्छा रिजल्ट आएगा,’’ मीना ने कहा.

इतने में हैडमास्टर साहब ने मीना के गाल पर चुटकी काटते हुए कहा, ‘‘यह हुई न बात. मैं शाम को 5 बजे हमारे खेत वाले ट्यूबवैल पर कुछ बच्चों को पढ़ाता हूं. आज शाम से तुम भी आ जाना. जितनी ज्यादा मेहनत करोगी, उतना ऊपर जाओगी,’’ और इतना कह कर हैडमास्टर साहब मीना की छातियों को घूरने लगे.

मीना को इस तरह हैडमास्टर का घूरना थोड़ा अखरा, पर उस ने सोचा, ‘ऐसा नहीं हो सकता. हैडमास्टर साहब बड़े अच्छे इनसान हैं. ये तो मुझे शाम को पढ़ाने की बात भी कर रहे हैं. अपने दिमाग पर काबू पा. और अगर कोई ऐसीवैसी बात हुई तो मैं संभाल लूंगी.’

‘‘जी सर, मैं शाम को आ जाऊंगी,’’ इतना कह कर मीना वहां से चली गई. मीना के जाने के बाद हैडमास्टर सेवकराम ने महेश, दीपक और बनवारी दास को अपने पास बुलाया. उन के आते ही सेवकराम ने कहा,

‘‘मीना शाम को खेत पर आने के लिए मान गई है. हमारे पास आज का ही मौका है. शाम को वहां लोगों की ज्यादा आवाजाही नहीं होती है. उसे आसानी से अपने काबू में कर लेंगे.’’

‘‘बड़ी पढ़ाकू बनती है. छोटी जात की हो कर बड़ी सरकारी अफसर बनने का सपना देख रही है. आज शाम को इस का सारा नशा उतार देंगे,’’ महेश ने कहा.

‘‘कल इस का बापू मेरे पास आ कर गिड़गिड़ा रहा था और कह रहा था कि यही हमारी आखिरी आस है. पढ़ने में ठीक है, तो कोटे से सरकारी नौकरी मिल जाएगी.

‘‘इतना ही नहीं, मुझ से 500 रुपए उधार ले गया था. मुझे पता है कि वापस नहीं मिलेंगे. इस की बेटी से ही वसूल कर लेंगे,’’ हैडमास्टर सेवकराम ने कहा.

‘‘आप की चाल तो एकदम बढि़या है. बस, किसी तरह मीना आज शाम को ट्यूबवैल पर आ जाए,’’ बनवारी दास ने कहा.

‘‘तू मिल आई हैडमास्टर साहब से? वे क्या बोल रहे थे?’’ वापस क्लास में आई मीना से गीता ने पूछा.
मीना ने सारी बात बता दी. गीता भी खुश हुई कि मीना को खुद हैडमास्टर साहब कोचिंग देंगे, वह भी फ्री में.

दोपहर को घर का काम कर मीना ने खाना बनाया और अपने दोनों निकम्मे भाइयों को खिलाया. उस के मांबापू सरपंच के खेत पर गए थे.

मीना ने घर के सारे काम निबटाए और फिर स्कूल से मिला होमवर्क किया. उसे आज हैडमास्टर साहब से पढ़ने की जल्दी थी.

शाम के साढ़े 4 बजे मीना ने अपना सूटसलवार बदला और बस्ता ले कर हैडमास्टर साहब के खेतों की ओर चल दी. वहां तक जाने में आधा घंटे का समय लगना था.

हैडमास्टर साहब का ट्यूबवैल वाला खेत पगडंडी से थोड़ा अंदर था और वहां कोई नहीं आताजाता था. उस समय भी वहां सन्नाटा छाया हुआ था.

जब मीना ट्यूबवैल पर पहुंची, तो देखा कि हैडमास्टर रामसेवक के साथ वहां महेश और दीपक के अलावा बनवारी दास भी मौजूद थे. वह थोड़ा चौकन्ना हो गई, क्योंकि उसे महेश और दीपक कतई पसंद नहीं थे.

‘‘अरे, आओ मीना. तुम तो समय की बड़ी पाबंद हो,’’ हैडमास्टर रामसेवक बोले. उस समय उन्होंने बनियान और लुंगी पहनी हुई थी.

वहां एक खाट बिछी थी और 2-3 कुरसियां पड़ी हुई थीं. मीना ने हैडमास्टर रामसेवक और टीचर बनवारी दास को ‘नमस्ते’ कहा और फिर एक तरफ खड़ी हो गई.

उन चारों ने पहले ही प्लान बना लिया था कि पानी देने के बहाने मीना के गिलास में नशे की गोली मिला देंगे, फिर उस की जवानी का रस पीएंगे.

महेश ट्यूबवैल के कोठरे से 3-4 गिलास पानी के लिए आया. उस ने अपने हाथ से मीना को पानी दिया और कहा, ‘‘गरमी बहुत है. पहले पानी पी लो, फिर हम तीनों पढ़ाई करेंगे.’’

मीना ने गिलास हाथ में ले लिया, पर सारा पानी नहीं पीया, बस कुछ घूंट ही हलक के नीचे उतारा.

पता नहीं क्यों मीना को वहां अच्छा नहीं लग रहा था. उस ने अपनी चुन्नी को कमर पर कस कर बांध लिया था. जब तक वह कुरसी पर बैठती, तब तक उसे लगा कि सिर घूम रहा है.

मीना ने हैडमास्टर सेवकराम से कहा कि उसे पेशाब करने जाना है. यह सुन कर उन सब की बांछें खिल गईं.

रामसेवक बोले, ‘‘हां, यहीं पीछे एक छोटी सी कोठरी और है, वहां चली जाओ.’’

मीना जल्दी से वहां से निकली. उस का सिर अब तेजी से घूम रहा था. वह उस कोठरी में गई और हलक में उंगली डाल कर उलटी कर दी. इस से नशे का असर कम हुआ और फिर उस ने मटके में रखे पानी से अपना मुंह अच्छी तरह से धोया और फिर मन ही मन कुछ सोच कर वह ट्यूबवैल की तरफ बढ़ गई.

वहां जाते ही मीना ने कहा, ‘‘सर, मेरे सिर में दर्द हो रहा है. मुझे नींद भी बहुत आ रही है.’’

इतना सुनते ही दीपक बोला, ‘‘कोई बात नहीं, तुम खाट पर लेट जाओ. थोड़ी देर में आराम आ जाएगा.’’

मीना खाट पर लेट गई और सोने की ऐक्टिंग करने लगी. थोड़ी देर के बाद जब सब को लगा कि नशे का असर हो गया है, तो वे चारों उस पर छाने लगे.

दीपक ने मीना की चुन्नी खोलनी चाही कि तभी मीना ने कस कर एक लात उसे जमा दी. लात सीधी छाती पर पड़ी थी. दीपक दूर जा गिरा और एक ईंट उस के सिर पर लगी. उसे चक्कर आने लगे.

इस बीच उन तीनों को जैसे सांप सूंघ गया, क्योंकि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि मीना ही उन पर यह चाल चल देगी.

तभी मीना ने अपनी कुहनी महेश के जबड़े पर मारी और घायल शेरनी की तरह उठ बैठी. टीचर बनवारी दास उस का यह खतरनाक रूप देख कर वहां से चंपत हो गया. अब बचे थे हैडमास्टर सेवकराम. मीना ने उन का बनियान खींच कर फाड़ दिया और जोर से चिल्लाई, ‘‘कोई बचाओ. ये लोग मेरी इज्जत पर हाथ डाल रहे हैं.’’

इतने में वहां बैठा एक कुत्ता जोर से भौंकने लगा. कुत्ते का शोर सुन कर उस खेत से थोड़ा दूर कुछ किसान चारा काट रहे थे. वे एकदम से ट्यूबवैल की तरफ दौड़े.

हैडमास्टर सेवकराम की घिग्गी बंध गई. फटी बनियान को संभालते हुए वे वहां से भागना चाहते थे, पर मीना ने उन पर मुक्कों की बरसात कर दी और चिल्लाई, ‘‘नीच आदमी. तेरी इतनी हिम्मत. मैं गरीब घर की बेटी जरूर हूं, पर कमजोर नहीं.’’

सेवकराम हाथ जोड़ने लगे, पर तब तक बाकी लोग वहां पहुंच गए. उन्होंने वहां का सीन देखते ही सबकुछ समझ लिया और हैडमास्टर पर पिल पड़े…

आईएसएस मीना जैसे अपनी यादों से लौट आईं. उस दिन के बाद हैडमास्टर सेवकराम ने वह स्कूल छोड़ दिया था. टीचर बनवारी दास को भी स्कूल से निकाल दिया गया. महेश और दीपक कहां गए, किसी को पता नहीं चला.

आईएसएस मीना ने काला चश्मा लगाया और वहां से लौटने लगीं. ऊंघ रहे कुत्ते ने उन्हें दोबारा देखा. उन्होंने बड़े प्यार से उसे पुचकारा और गाड़ी की तरफ बढ़ गईं. Story In Hindi

Hindi News Story: उपराष्ट्रपति के बहाने तीर तानों के चलाने

Hindi News Story: ‘‘यार, बहुत दिनों से मैं अपने पुराने दोस्तों से नहीं मिली हूं. सोच रही हूं कि कल उन के साथ लंच का प्रोग्राम बना लूं,’’ अनामिका ने विजय से कहा.

‘‘बना लो, पर मैं नहीं चल पाऊंगा,’’ विजय बोला.

‘‘क्यों? तुम कहीं जा रहे हो क्या?’’ अनामिका ने पूछा.

‘‘नहीं, पर उन लोगों के साथ मैं बोरियत महसूस करता हूं. वे हर बात में राजनीति घुसेड़ देते हैं. कभी भी अपनी बातें नहीं करते हैं. और वह जो तुम्हारा बैस्ट फ्रैंड है न जितेश, वह तो मुझे फूटी आंख नहीं सुहाता है,’’ विजय ने कहा.

‘‘विजय, तुम मेरे दोस्तों का नाम सुन कर इतना बिदक क्यों जाते हो? मैं इतने दिनों के बाद उन के साथ लंच का प्रोग्राम बना रही हूं और तुम मेरा मूड खराब कर रहे हो,’’ अनामिका थोड़ा नाराज हो कर बोली.

‘‘मैं कब मना कर रहा हूं. तुम जाओ अपने दोस्तों के पास और मजे करो,’’ विजय ने माहौल को थोड़ा हलका बनाते हुए कहा.

‘‘मैं तो जाऊंगी ही. जितेश से मेरी बात हुई थी. वह आज कन्फर्म कर देगा. फिर मैं, जितेश, राहुल, सुरजीत और सोनिया सब कल लंच पर मिलेंगे,’’ अनामिका ने अपना प्लान बता दिया.

इतने में जितेश का फोन आ गया, ‘‘हां जितेश, बोलो… कल हम सब मिल रहे हैं न?’’ अनामिका ने पूछा.

‘हां, हम सब ठीक दोपहर 1 बजे अनुपम रैस्टोरैंट पर मिलेंगे. तुम देर मत करना. कल बड़ा मजा आएगा,’ उधर से जितेश की आवाज आई.

‘‘ठीक है. मैं टाइम से पहुंच जाऊंगी,’’ इतना कह कर अनामिका ने फोन काट दिया.

अगले दिन अनामिका ने अपना पसंदीदा सूटसलवार पहना और ठीक दोपहर 1 बजे अनुपम रैस्टोरैंट जा पहुंची. उस के सारे दोस्त पहले ही वहां आ गए थे.

‘‘विजय ने परमिशन दे दी यहां आने की?’’ जितेश ने चुटकी ली.

‘‘क्या मतलब?’’ अनामिका ने आंखें तरेरते हुए पूछा.

‘‘पहले अपनी रिजर्व्ड सीट पर बैठते हैं, लंच का और्डर करते हैं, फिर कुछ टांग खिंचाई करेंगे. क्यों, सही कहा न जितेश?’’ सोनिया ने एक आंख दबाते हुए कहा.

‘‘एकदम सही पकड़े हैं आप. आज हमारा टारगेट ही यह सूटसलवार वाली दबंग लड़की है, जो विजय के प्यार में ऐसी बावली हो गई है कि अपने दोस्तों को भी भूल गई है,’’ राहुल बोला.

अनामिका को कुछ समझ नहीं आया. उसे भूख लगी थी. वह बोली, ‘‘विजय पुराण बाद में बांच लेना, पहले कुछ पेट पूजा कर लेते हैं.’’

‘‘जो हुक्म हमारी राजदुलारी,’’ जितेश ने रैस्टोरैंट का मेन दरवाजा खोलते हुए कहा.

दरअसल, जब से अनामिका की विजय से गहरी दोस्ती हुई थी, तब से वह अपने पुराने दोस्तों से बिलकुल कट गई थी. जब भी वे अनामिका को मिलने के लिए कहते, तब अनामिका विजय के साथ होने की मजबूरी जाहिर करती. फोन पर अपने दोस्तों को सिर्फ विजय की अच्छाइयां ही बताती थी. इस बात से अनामिका के सारे दोस्त उकता गए थे.

आज जब अनामिका लंच पर आई तो सब को मौका मिल गया उस की खिंचाई करने का. सब से पहले सुरजीत ने ताना कसा, ‘‘वैसे आज सूरज जरूर पश्चिम से निकला होगा, तभी तो अनामिका आज बिना विजय के हमारे साथ यहां बैठी है.’’

‘‘अबे यार, क्यों इसे तंग कर रहा है. अगर विजय को पता चल गया तो इसे अभी यहां से ले जाएगा,’’ सोनिया बोली.

‘‘मेरा विजय है ही ऐसा. मेरी एक आवाज पर कुछ भी कर सकता है. दुनिया में वही मेरी सब से ज्यादा केयर करता है,’’ अनामिका राहुल की प्लेट में मंचूरियन राइस सर्व करते हुए बोली.

‘‘हां, मैं ने भी देखा है विजय को अच्छी तरह, मेरे 1,000 रुपए तो आज तक वापस नहीं किए… पर तेरे लिए वह दुनिया हिला सकता है,’’ जितेश ने कहा.

‘‘यह ज्यादा हो रहा है. अगर विजय ने तुम्हारे 1,000 वापस नहीं किए, तो मैं कर देती हूं, पर उस पर इतना बड़ा इलजाम तो मत लगा,’’ अनामिका झल्ला कर बोली.

‘‘तू इलजाम की बात करती है. विजय की पैरवी करने में तू उपराष्ट्रपति रह चुके जगदीप धनखड़ से भी आगे निकल चुकी है, जिन्हें हाल ही में अपनी सेहत का हवाला दे कर पद से इस्तीफा देना पड़ा था.

‘‘कभी राजग सरकार के चहेते उपराष्ट्रपति रहे जगदीप घनखड़ पर अचानक ऐसी कौन सी गाज गिरी कि वे एकदम से एकांतवास में चले गए?’’ जितेश ने कहा.

‘‘तुम्हारा मतलब क्या है? मेरे और विजय के रिश्ते के बीच ये जगदीप धनखड़ अचानक कहां से आ गए? उन का हम सब से क्या लेनादेना?’’ अनामिका ने सवाल किया.

‘‘तुम्हारा रवैया हमें जगदीप धनखड़ की याद दिलाता है, जिन्होंने हमेशा राजग की हां में हां मिलाई. तुम भी विजय के मामले में ऐसा ही बरताव करती हो. पर जो हाल अब जगदीप धनखड़ का हुआ है, वह किसी से छिपा नहीं है,’’ सोनिया बोली.

‘‘ऐसा क्या हुआ है जगदीप धनखड़ के साथ?’’ अनामिका ने सवाल किया.

‘‘जगदीप धनखड़ ने सत्ता पक्ष राजग का हमेशा साथ दिया. उन्होंने इंदिरा गांधी के आपातकाल के दौरान संविधान की प्रस्तावना में ‘सैक्यूलरिज्म’ और ‘सोशलिज्म’ जैसे शब्दों को जोड़े जाने को ‘नासूर’ करार दिया था.

‘‘इतना ही नहीं, जगदीप धनखड़ ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान साफ कहा था कि ‘संसद सब से ऊपर है’ और संविधान के मुताबिक कोई भी संस्था इस से ऊपर नहीं हो सकती है.

‘‘उन्होंने कहा था कि सब से ऊपर तो संसद ही है, उस से ऊपर कोई अथौरिटी नहीं है. ऐसा इसलिए है, क्योंकि संसद में जो सांसद चुन कर आते हैं, वे आम जनता की नुमाइंदगी करते हैं. संसद ही सबकुछ होती है, इस से ऊपर कोई नहीं होता है.’’

‘‘तुम अनुच्छेद 142 वाली बात भी तो बताओ. चलो, रहने दो. मैं ही सुनाती हूं…’’ सोनिया ने कहा, ‘‘जगदीप धनखड़ ने अनुच्छेद 142 को ‘न्यूक्लियर मिसाइल’ की संज्ञा देते हुए कहा था कि हम ऐसे हालात नहीं बना सकते, जहां आप भारत के राष्ट्रपति को निर्देश दें और वह भी किस आधार पर?

‘‘संविधान के तहत आप के पास एकमात्र अधिकार अनुच्छेद 145(3) के तहत संविधान की व्याख्या करना है. इस के लिए 5 या उस से ज्यादा जस्टिसों की जरूरत होती है.

‘‘हाल ही में जजों ने उपराष्ट्रपति को तकरीबन आदेश दे दिया और उसे कानून की तरह माना गया, जबकि वे संविधान की ताकत को भूल गए. अनुच्छेद 142 अब लोकतांत्रिक ताकत के खिलाफ एक ‘न्यूक्लियर मिसाइल’ बन गया है, जो चौबीसों घंटे न्यायपालिका के पास उपलब्ध है.’’

‘‘जगदीप धनखड़ ने एक कार्यक्रम के दौरान सुनियोजित धर्मांतरण का आरोप लगाया और कहा कि शुगर कोटेड फिलौसफी बेची जा रही है. उन्होंने कहा कि सनातन कभी विष नहीं फैलाता, सनातन स्वशक्तियों का संचार करता है. एक और संकेत दिया गया है जो बहुत खतरनाक है और देश की राजनीति को भी बदलने वाला है. यह नीतिगत तरीके से हो रहा है, संस्थागत तरीके से हो रहा है, सुनियोजित साजिश के तरीके से हो रहा है और वह है धर्म परिवर्तन.

‘‘उन्होंने आगे कहा कि शुगर कोटेड फिलौसफी बेची जा रही है. वे समाज के कमजोर वर्गों को निशाना बनाते हैं. वे हमारे आदिवासी लोगों में ज्यादा घुसपैठ करते हैं. लालच देते हैं. हम एक नीति के रूप में संरचित तरीके से बहुत दर्दनाक धार्मिक रूपांतरण देख रहे हैं और यह हमारे मूल्यों और संवैधानिक सिद्धांतों के विपरीत है,’’ सुरजीत ने बताया.

अनामिका उन सब की बातें बड़ी ध्यान से सुन रही थी.

राहुल ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘‘जगदीप धनखड़ ने मार्च, 2023 में शैक्षणिक संस्थानों और छात्र राजनीति पर बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि कुछ यूनिवर्सिटी देश विरोधी विचारधारा का अड्डा बन चुकी हैं. उन के इस बयान को जेएनयू और कुछ दूसरी केंद्रीय यूनिवर्सिटियों की ओर इशारा समझ गया था.

‘‘जगदीप धनखड़ ने राज्यसभा में रुकावट से ले कर बिना चर्चा के विधेयक पास होने के आरोपों तक, कई मुद्दों पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया था. उन्होंने खासतौर पर उन बड़े वकीलों पर निशाना साधा था, जो विपक्षी दलों खासकर कांग्रेस की नुमाइंदगी करने वाले राज्यसभा सदस्य भी हैं.

‘‘जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग अधिनियम को रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले की कड़ी आलोचना की थी, जिस में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जजों की नियुक्ति की कौलेजियम सिस्टम को पलटने की कोशिश की गई थी.

‘‘इतना ही नहीं, जगदीप धनखड़ ने भारत के तत्कालीन चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की हाजिरी में दोनों सदनों द्वारा तकरीबन सर्वसम्मति से पास कानून को रद्द करने के लिए बड़ी अदालत पर सवाल उठाया था.

उन्होंने सांसदों की भी आलोचना करते हुए कहा था कि जब कानून को रद्द किया गया, तो सांसदों की तरफ से विरोध का एक स्वर तक नहीं उभरा,’’ सुरजीत ने जैसे जगदीप धनखड़ की एकतरफा राय की बखिया उधेड़ दी.

अनामिका थोड़ी देर तक चुप रही, फिर वह बोली, ‘‘ठीक है कि किसी उपराष्ट्रपति को अपने पद की गरिमा बना कर रखनी चाहिए. उन्हें सत्ता पक्ष का राग नहीं अलापना चाहिए. उन्हें विपक्ष की बातों का भी मान रखना चाहिए.

‘‘पर अब तो देश को नया उपराष्ट्रपति भी मिल गया है. राजग के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन देश के अगले उपराष्ट्रपति चुने गए हैं. मंगलवार, 9 सितंबर, 2025 को उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनावों में उन के हक में कुल 452 वोट पड़े. कुल 767 सांसदों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट दिया. इन में से 752 वैलिड थे और बाकी 15 अमान्य करार दिए गए.

‘‘सीपी राधाकृष्णन के सामने विपक्षी पार्टियों के साझा उम्मीदवार के तौर पर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस रह चुके बी. सुदर्शन रेड्डी चुनौती पेश कर रहे थे. बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 फर्स्ट प्रैफरैंस वोट मिले और सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट,’’ बताते हुए अनामिका ने अपना ज्ञान बघारा.

‘‘इस से ज्यादा बदलाव नहीं आएगा. ये भी जगदीप धनखड़ जैसे ही साबित होंगे. जब तक सरकार की राजी में राजी रखेंगे, तब तक इन्हें अच्छा ट्रीटमैंट मिलेगा, जब बागी सुर अपनाएंगे तो दूध में पड़ी मक्खी की तरह बाहर निकाल दिए जाएंगे,’’ जितेश बोला.

‘‘तुम भी विजय का ऐसे ही राग अलापती हो. किसी दिन उस की खामियों पर अपनी राय देना, तब सारी असलियत सामने आ जाएगी,’’ सोनिया बोली.

‘‘यार, इतना भी शर्मिंदा मत करो. ठीक है, विजय मेरी जिंदगी में बहुत खास है, पर मैं उस की अंधी पैरवी नहीं करती. लेकिन अगर तुम्हें ऐसा लगता है, तो आज के बाद मैं ध्यान रखूंगी और सही को सही और गलत को गलत कहूंगी, चाहे मेरी और विजय की अनबन ही क्यों न हो जाए,’’ अनामिका बोली.

‘‘यह हुई न बात. अब आई अनामिका अपने पुराने रंग में. इसी बात पर आज के लंच का बिल अनामिका देगी,’’ राहुल बोला.

यह सुनते ही सब ने ठहाका लगा दिया. अनामिका सब को टेढ़ी निगाहों से देख रही है. उस ने अपनी हंसी रोक रखी थी. Hindi News Story

Hindi Family Story: रंग लौट आए

Hindi Family Story: इस समय गोवा के खुशनुमा मौसम को चार चांद लग रहे थे. हवाओं में खूबसूरत नमी सिमट रही थी. मानसून की पहली बारिश ने कितनी ही मटमैली हो गई चीजों से कैसीकैसी धूल की परतें मिटा कर उन की चमक वापस लौटा दी थी.

मिसाल के तौर पर गुलमोहर का दरख्त कितना चटख हरा लगने लगा था. इतना ही नहीं, रिमझिम के मधुर संगीत के साथ धरती अपनी प्यास पूरी तरह बुझा लेने को उतावली थी, मगर अभी बस रिमझिम ही चल रही थी. तेज बौछारों का आना तो अभी बाकी था.

इस रिमझिम के सुर में डूबे हुए नारियल के पेड़ तो जैसे इतराए जा रहे थे. उन के पास बशर्ते मीठा जल था, लेकिन बादलों का यह उपहार उन को दीवाना कर देता था.

नारियल के पेड़ सड़क के किनारे इतने अनुशासित खड़े थे, जैसे किसी प्राइमरी पाठशाला की सभा में सीधे खड़े विद्यार्थी. हवा और रिमझिम की संगत में नारियल के पेड़ दीवाने बन कर संगीत के दीवानों की तरह झूम रहे थे.

गोवा की राजधानी पणजी से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर कैंडोलिम बीच पर एक नौजवान इस रिम?िम में सराबोर हो कर लहरों का आनाजाना देख रहा था.

इस नौजवान का नाम रोशन है. वह साफसाफ महसूस कर रहा है कि गोवा राज्य के उत्तरी भाग में बने इस छोटे से शहर कैंडोलिम में इस बार गिनेचुने सैलानी ही आए हैं, जबकि यह गोवा के सब से लंबे समुद्री बीच में से एक है.

रोशन को इस बार यहां लगातार हो रही बरसात की वजह से कम सैलानी होने का कोई दुख नहीं हो रहा था. इस की वजह यह थी कि उस की कुछ महीने की पक्की कमाई कुछ दिन पहले ही हो गई थी. अब वह एकदम निश्चिंत था.

अब वे जमाने गए कि जब रोशन घबराया सा रहता था. रोज रात को एक रजिस्टर में अपनी कमाई का हिसाबकिताब लिखा करता था. डरता रहता था कि कल को क्या होगा. अब उसे कोई फिक्र नहीं.

मीठी रिमझिम की तो लगातार झड़ी लगी हुई थी. इस समय सुबह के 10 बजे थे और रोशन का मन सूरज की तरह खिलाखिला था. इस तरह खिले रहने की आदत बनाने में उस की पुरानी प्रेमिका झलक का बड़ा ही योगदान रहा था. वह हमेशा खुश ही रहती थी.

रिमझिम की हर रिमझिम में कमाल और धमाल था. चाहे माहवारी की वजह से पूरे बदन में भयंकर दर्द हो रहा हो, पेट और कमर पर बल पड़े हों, मगर रिमझिम भी न जाने कौन सी मिट्टी की बनी थी कि वह अपनी एक सांस से दर्द को खींच लेती, फिर दूसरी सांस से मुसकराना, खिलखिलाना शुरू कर देती.

रोशन ने ‘आल इज वैल’ का यह सूत्र झलक से ही पाया था. वह उस शाम को आज तक न भूला है. हंस कर कैसे बोली थी झलक, ‘‘ऐ रोशन, इधर देख तो. नजर मिला न. कैसी उदासी और कैसा सुबकना?

‘‘देखो, कुछ भी हो, मगर तुम मुझे भूलना मत. बस इसी तरह हमारा प्यार अमर रहेगा. शादी की दावत खा कर जाना. भूलना मत,’’ ऐसी सीख दे गई वह. उस भावुक दिन, जब अपनी शादी का कार्ड देने बुलाया था.

इसी तरह की बातें हुआ करती थीं झलक की. वह तो अपनेआप में अनोखी थी. शादी के एक महीने बाद जब मायके आई तो वह सीधा रोशन को मिलने आ गई. घबराए से रोशन की सम?ा में नहीं आ रहा था कि झलक इतनी बेखौफ हो भी कैसे सकती है.

‘‘ओहो, इस में खौफ की कौन सी बात है रोशन?’’ रोशन के दिल की बात पढ़ कर बोली थी झलक, ‘‘सुन अब, गौर से सुन, तुझे एक बढि़या सलाह देने आई हूं,’’ वह किलक कर बोली थी.

‘‘झलक, तू मुझ को सलाह देगी… ठीक है, पर शादी करने की सलाह तो बिलकुल मत ही देना मुझे,’’ रोशन ने बिदक कर कह दिया था.

‘‘अरे पगले, कभी नहीं. शादी तो बरबादी है रे. अगर मेरे बाप पर इतना कर्ज न होता तो मै भी कौन सा शादी कर के ससुराल जाने वाली थी. कतई नहीं. बिलकुल नहीं,’’ झलक की यह सच्ची और खरी सी यह बात सुन कर रोशन ने भी बस गरदन हिला दी थी. इस सच से तो वह एकदम वाकिफ था, इसीलिए तो झलक से आज भी खफा न था. उस से नफरत नहीं करता था.

रोशन को सब मालूम था कि सट्टे और जुए का शौकीन झलक का बाप कितना गलीज है. झलक का बाप इतना गिरा हुआ था कि तब भी झलक ने अपनी सोच मैली न होने दी. ऐसे बाप की इतनी समझदार औलाद थी झलक. इतना नीच और नशेड़ी कि हर किसी से रुपए उधार मांगता फिरता था. शरमलाज तो जैसे सब बेच कर खाई थी उस जानवर ने. कितनी जगह से कर्ज ले रखा था. सब से ज्यादा तो लिया था उस डोलम होटल वाले से.

डोलम होटल वाले का एक भाई था. उस ने झलक से शादी की जिद कर ली थी. डोलम होटल वाला तो ?ालक को जैसे कोई चीज समझ कर डील कर रहा था.

गरीब की बेटी सारे गांव की दिलरुबा झलक ने यह कड़वी हकीकत बहुत पहले ही निगल कर पचा ली थी, इसलिए उस को रत्तीभर भी फर्क नहीं पड़ता था. उस ने वैसे भी अपनी मनमरजी की छोटी सी जिंदगी 14 साल की उम्र से 19 साल की उम्र तक तबीयत से जी ली थी. अब 20 की उम्र में बाप के कर्ज के बदले बेटी बलिदान कर दी गई थी.

डोलम होटल वाले को लगता था कि मासूम और कोमल झलक उस के भाई की पत्नी बनने जा रही है, पर यह उस की नादानी ही थी.

दरअसल, रोशन और झलक पिछले कई महीने से एकदूजे के हो गए थे. एकदूसरे की बांहों में दोनों को सांस आती और फिर हर तरह के प्यार की प्यासी झलक तो रोशन को ही अपना सबकुछ मानती थी.

रोशन ही तो उस का मातापिता, सगा, बंधु, परिचित, रिश्तेदार था. पिछले साढ़े 5 साल से हर साल उस के साथ शादी की सालगिरह मनाती थी.

वे दोनों दुनिया के लिए भले ही कुंआरे थे, मगर उन दोनों को ही पता था कि वे एकदूजे के लिए पतिपत्नी थे. दोनों देर तक गोमती पुल के नीचे एक कोने में समोसा और जलेबी खाते हुए अपने होने वाले बेटाबेटी के नाम तय करते थे. नाटकनाटक में झगड़ा भी किया करते थे, ताकि पतिपत्नी जैसा अहसास कर सकें.

और आज वही झलक गोवा में किसी और के संग हनीमून मना कर मायके लौटी थी.

यह झलक भी गजब थी कि ‘रोशनरोशन’ करती हुई सीधा उसी से मिलने आ गई थी.

‘‘गोवा में तेरा यह सब सामान खूब बिकेगा. मैं ने देखा है वहां मछलीचावल खाते हुए. एक से बढ़ कर एक चीनी मिट्टी की प्लेट. तू तो लखनऊ से मुंबई जा और वहां से बस का किराया 520 रुपए. सीधा पणजी चला जा,’’ यही राय देने आई थी झलक.

रोशन का घर लखनऊ में था. उस के पिता चीनी मिट्टी के बरतन बनाते और बेचा करते थे. रोशन को भी इस काम में बहुत ही चाव था. वह महज 9 बरस की कच्ची उम्र में सब सीख गया था. चिकनी मिट्टी को गीला कर के कितना सुखाना है, उसे आकार देते समय कितना धीरज रखना है, कैसे पकाना है वगैरहवगैरह.

रोशन ने आगे पढ़ाई भी नहीं की. किसी तरह 10वीं कर पाया था. सबक याद ही नहीं होता था उस को.
‘‘जितनी देर में यह सबक याद होता है उतनी देर में तो मैं कितने बरतन बना लेता,’’ एक दिन रोशन ने अपने लंगोटिया यार पामू से कहा.

‘‘नहींनहीं रोशन, कभी भी जल्दी नहीं. इस मिट्टी में कोई राज होता है. इसे हौलेहौले सामने आने दिया करो,’’ पामू उसे प्यार से समझाया करता.

पामू का परिवार भी चीनी मिट्टी के बरतन बनाया करता था. पामू भी तो इस काम को कुछ अलग ही ढंग से सीखने की कोशिश करता था, मगर कभी कुछ का कुछ बना देता, फिर कहता कि यह कलाकृति है. इस के पीछे एक सोच है.

मगर पामू के मातापिता को वह कलाकृति किधर से भी समझ नहीं आती थी. उसे वह एक तरफ रख कर अपने और्डर को पूरा करने लगते. उन को कप और प्लेट के बहुतायत में और्डर मिला करते थे.

पामू को कप और प्लेट के सिवा सबकुछ बनाने का मन करता. कभी मीनार, कभी टोपी, कभी गुटका तो कभी मुड़ा हुआ सांप. उस का दिमाग कुछ और ही किया करता था. खैर, वे तो पुराने दिन हो गए थे.

अब झलक की उस हौसलाअफजाई के बाद रोशन की आज की तसवीर एकदम अलहदा है.

28 साल के रोशन को अब इस जगह का सबकुछ मालूम था. वह सब जानतासमझता था. जिस गैस्ट हाउस में वह रहता था, उधर भी सब से जानपहचान हो गई थी.

गैस्ट हाउस में उस को ‘रोशन दादा’ कहने वाले कितने ही नौजवान थे. ज्यादातर तो हिमाचल प्रदेश के थे. सीधेसरल पहाड़ी नौजवान. मेहनती और सच्चे. इन के भरोसे ही यहां के ज्यादातर होटल चल पा रहे थे.

अब रोशन एक अलग ही उमंग में भरा हुआ है. वह 2 दिन बाद कार्निवाल के लिए जाने वाला है. कार्निवाल
की तैयारी का आलम इधर गजब ही रहता है. कितने तरह के तो बैंड आते हैं. देशीविदेशी पर्यटक बैंड की धुन पर खूब झूमते और नाचते हैं.

रोशन को तो कितनी बार यह भी लगता है कि कार्निवाल के चलते ही यहां की रंगत है. मगर फिर कितनी बार उस को लगता है कि इस के इतने सारे रंगबिंरगे तट हैं. इस वजह से गोवा एकदम खास है और अलग है.

रोशन के सोचने या न सोचने से कुछ फर्क नहीं पड़ने वाला था, मगर कैंडोलिम बीच पर कार्निवाल की धूम ने कुछेक सैलानियों को मस्ती के सागर में तैरा दिया था.

‘अरे… अरे…’ खुशी के मारे एकाएक रोशन की आंखें चौड़ी हो गईं. कार्निवाल में रोशन ने अचानक ही पामू को देखा.

‘‘पामू… पामू… ओ पामू… पहचाना?’’ रोशन चीख कर बोला.

‘‘ओह रोशन, मैं ने एक ही बार में पहचान लिया,’’ कह कर पामू बच्चों के जैसे खिलखिला उठा.

पामू इधर कुछ नया करने का सोच कर आया था, पर इतना भी नया कर न सका. रोशन जानता था कि उस का लंगोटिया यार पामू एक सच्चा कलाकार है. उस की मदद करनी चाहिए.

रोशन ने एक उपाय सोचा. उस की जेब में 10,000 रुपए थे. इस समय उसे बारबार झलक याद आ रही थी.

‘‘पामू, इस बार इधर कम सैलानी हैं. लेकिन फिक्र मत कर, तेरी कलाकृतियां यहां बिक जाएंगी. दिखाना तो कैसा सामान लाया है?’’ रोशन उत्सुक हो कर पूछने लगा.

पामू ने अपना बक्सा खोल कर दिखाया. रोशन ने गौर से देखा. कुछ काम तो कमाल का कर रखा था पामू ने. उस ने छोटेछोटे प्रतीक बना रखे थे.

‘‘ये किस सांचे में ढाल कर बनाए?’’ रोशन कुछ पेपरवेट देखने लगा.

‘‘नहींनहीं रोशन, कोई भी सांचा नहीं है. अपनी कल्पना से ढाला है इन को. मगर यह तो सब को समझ नहीं आता है न,’’ कह कर पामू किसी गहरी सोच में डूब गया था.

‘‘पामू, तू इतने दिन इधर कैसे रहा? जब कमाई नहीं तो फिर रोटीपानी कैसे किया सब?’’

‘‘वह सब हो गया था.’’

‘‘कैसे मगर?’’ रोशन ने पूछा.

‘‘वह बस्तरिया बाजार है न, उधर गिटार बजाते हैं लड़के. उन के लिए नाचता था मैं, तो रोज का 200 रुपए हो जाता था. खाना वे ही देते थे, बस सोने का किसी न किसी जगह इंतजाम हो जाता था,’’ पामू ने हंस कर कहा.

वह आगे बोला, ‘‘2 दिन पहले ही इधर आया हूं. इधर होटल में किराया कम है न,’’ मगर ऐसा उस ने अपनी मजबूरी और परेशानी छिपाने के लिए कहा था. उस का यह अंदाज पुराना था और यह तो रोशन ने खूब भांप ही लिया था.

‘‘पामू, अभी तो शुरुआत है. मगर यहां कभीकभार ऐसे टूरिस्ट मिल जाते हैं, जो कलाकार को मुंहमांगी रकम देते हैं,’’ रोशन बोला.

‘‘हांहां, ऐसा हुआ है न मेरे साथ. 2 बार हुआ है. मुझे रुपया भी दिया और सैंडविच भी खिलाया, इसलिए तो मुझे भरोसा है,’’ पामू अब भी उम्मीद का दामन छोड़ना नहीं चाहता था.

‘‘कल मिलते हैं,’’ कह कर रोशन ने पामू से विदा ली.

रोशन झलक से फोन पर बात करता हुआ चला जा रहा था. ?ालक के ब्याह को अब 4 साल से भी ऊपर हो चले थे, इसलिए झलक अब एकदम बिंदास रहती थी. बच्चे उस ने पैदा किए नहीं. अपने तरीके से दिल से जिंदगी जीने लगी थी झलक.

रोशन ने बातों ही बातों में झलक को पामू की दशा का भी सच्चा हाल बयान कर दिया था. झलक ने इस बात को काफी गंभीरता से सुना.

झलक के साथ एक कमाल की बात हो गई थी. वह अब अपनी जिंदगी को खेल सम?ाने लगी थी. इसी खेलखेल में एक दिन झलक लौटरी के 50 टिकट खरीद कर ले आई. हर टिकट 500 रुपए का था. मगर कमाल की बात यह हुई कि 5 लाख का नकद इनाम झलक के नाम खुल गया. झलक की महिमा ही बढ़ गई.

मगर झलक भी ऐसी मजेदार कि उस ने एक रुपया तक न रखा. तथाकथित पति को ही सारे नोट थमा दिए. बस, उस घटना के बाद तो जैसे जादू ही हो गया था. अब ससुराल में झलक को कोई न रोकता था, न टोकता था.

झलक भी कोई बावली न थी कि पागलपंथी ही करने लगे. आचरण तो उस का संतुलित ही था, मगर अब वह अपने तरीके से बड़े फैसले लेने लग गई थी.

मिसाल के तौर पर झलक का देवर अपनी गर्लफ्रैंड को काठमांडू घुमाने ले जाना चाहता था. झलक ने उस की इस इच्छा का मान रखा. उस के पास पूरे 20 रुपए न थे, तो झलक ने उसे 20,000 रुपए दिए.

देवर झलक का मुरीद बन गया था. बात बाद में खुल गई थी. सारे परिवार को भी पता चल गया, मगर झलक पर किसी ने उंगली तक न उठाई. उस की पहली वजह यह कि झलक ने जो किया अपने परिवार के लिए किया. दूसरी और जोरदार वजह यह कि उसी गर्लफ्रैंड से देवर की सगाई और शादी भी हो गई थी.

अब देवरदेवरानी झलक की मुट्ठी में बंद थे, मगर झलक ने अपनी मुट्ठी कभी कस कर रखी ही नहीं.

इस बार रोशन की बात का मतलब महसूस कर झलक ने अपने तेज और बल का इस्तेमाल कर लिया. एक ही घंटे की चर्चा में देवरदेवरानी ने हां भर दी. गोवा जा कर और वहां का मुआयना कर के एक छोटा होटल खोलने की इच्छा बन गई उन की.

उसी रात को तीनों रवाना हो गए. झलक और देवरानी पीछे बैठे. आगे की सीट पर कार ड्राइवर और देवर. कार ड्राइवर भी इतना होशियार था कि उस ने तय समय से 4 घंटे पहले गोवा पहुंचा दिया.

कार्निवाल की धूम से सारा गोवा जवांजवां था. झलक अपने हनीमून के बाद अब आई थी, मगर कैंडोलिम
तो उस ने आज ही देखा था. रोशन से मुलाकात हो गई. खूब गपशप हुई.

इस दफा रोशन को यह वाली झलक कुछ अलगअलग सी लगी. मगर रोशन कुछ ही देर में सामान्य भी हो गया था, क्योंकि अब वह खुद भी पहले वाला रोशन तो था नहीं.

24 घंटे बाद देवरदेवरानी ने रोशन की मदद से कुछेक जगह बातचीत कर ली थी. एक बनाबनाया होटल मिल रहा था. थोड़ी मरम्मत की दर कार थी. उस की जिम्मेदारी रोशन ने उठा ली थी.

धीरेधीरे होटल की सजावट के लिए पामू को और्डर मिल गया था. पामू को तो जैसे मनचाही मुराद मिली, बिन मांगे मोती मिले.

रोशन ने पामू को ठीक से समझा दिया था. उस के लिए रहने और खाने का मुफ्त इंतजाम हो गया था. इस के अलावा टीम लगा कर कलाकृति बनाने का अलग से एडवांस मिल रहा था. इस तरह अब एक साल तक पामू को इधर ही काम करना था.

झलक ने पामू की जीवन नैया भी डगमग होने से बचा ली थी. इस डील को पक्का कर के यह तीनों अब लौट रहे थे. रोशन ने हाथ हिला कर वापस जाती झलक के चेहरे को गौर से देखा था.

रोशन को लगा जैसे उस की जन्मजन्मांतर की पत्नी झलक उस से कह रही है, ‘रोशन, तुम मुझे भी लौटा कर ले चलो. चलो, हम गोमती के पुल के नीचे बैठ कर समोसाजलेबी खाएं. अपनी वहीं बातें करें.’

रोशन का हिलता हुआ हाथ एकाएक रुक गया. उस के कान में झनझनाहट सी हुई. लगा, जैसे उस से कोई फुसफुसा कर कह रहा था. इस झलक ने रोशन की जिंदगी संवारने और अपनी बरबाद करने के लिए यह जन्म लिया है. Hindi Family Story

Hindi Funny Story: हनीमून की सनक

Hindi Funny Story: पिछले हफ्ते सब से छोटे बेटे की शादी ईएमआई पर निबटाते ही इधर मेरे मन में गंगा स्नान की भावना कुलांचें मारने लगी, तो उधर मेरी बीवी के मन में हनीमून पर जाने की.

सब से छोटे बेटे की शादी कर के लगा ज्यों गंगू तेली ने गृहस्थी का रण नहीं, बल्कि महारण जीत लिया हो. मैं अपने को सिकंदर से महान फील कर रहा था. हर शादीशुदा अपने घर में बच्चा पैदा होने पर उतना खुश नहीं होता जितना खुश वह उस का ब्याह हो जाने पर होता है.

बच्चों की शादियों से निबटीं तो एक दोपहर अचानक बीवी ने मेरे दिमाग पर भिनभिनाते हुए कहा, ‘‘सुनो जी…’’

‘‘अब क्या है?’’ मैं ने मिमियाते हुए पूछा तो वे बोलीं, ‘‘हे पतित देव, इस गृहस्थी में कदमकदम पर हम जहन्नुम तक गए, पर आज तक हनीमून पर नहीं गए. हनीमून में हुए बलिदानी कहते हैं कि शादी के बाद हनीमून पर गए बिना स्वर्ग नहीं जाया जाता.

‘‘बीतिकाल के कवि बीमारी लाल भी कह गए हैं कि हनीमून स्वर्ग का मारग है, जहां सयानप चालाकी सब सही. तहां झूठे चलै संग एक्स फ्रैंड के, जग जो कहै अब सो कही.’’

‘‘मतलब?’’ मैं दोबारा मिमियाया.

‘‘मतलब यह कि स्वर्ग का रास्ता हनीमून से हो कर जाता है. गृहस्थी में रहते बहुत नरक भोग लिया, अब…’’

अपनी पीठ पर पत्नी का सिर ढोते उस के मुख से ज्यों ही जहर से भी जहर वचन सुने तो मैं तो मैं, मेरी रूह तक कांप उठी. लगा, ज्यों उस में उस समय सोनम की आत्मा प्रवेश कर गई हो.

पर मैं राजा नहीं हूं भाई साहब… माना, मैं ने कदमकदम पर उस की हर इच्छा का खून किया है, ऐसे में अब कहीं इस ने किसी को मेरे नाम की सुपारी दे कर मेरा फाइनल खून कराने की तो नहीं सोची होगी? पर फिर सोचा कि अपनी मैरिज लव मैरिज तो है नहीं.

वैसे अंदर की बात कहूं सज्जनो, आजकल भाई लोगों से उतना डर नहीं लगता जितना डर नएनए तो छोडि़ए, 50 साल पुराने मुझ जैसे पतिपत्नियों को भी एकदूसरे से लग रहा है.

आह, क्या हनीमून जमाना आ गया भाई साहब. नहीं कहीं हनी, न कहीं मून. बस जिधर देखो, उधर खून ही खून.

मतलब, मेरा इधर का काम खत्म तो अब उधर का काम भी खत्म? आह रे गृहस्थी, तेरी यही कहानी. जिम्मेदारियां खत्म तो आत्मा हनीमूनयानी. लगता है, गृहस्थी की चक्की में पिसते मर्द की जरूरत परिवार को तभी तक रहती है जब तक उस के कंधों पर जिम्मेदारियों का बोझ रहता है. जैसे ही जिम्मेदारियां खत्म, वह काम का न काज का दुश्मन अनाज का.

आखिर मैं ने अपने को गुप्त हौसला देते हुए उसे समझा कर कहा, ‘‘देखो बेगम, जो अरेंज्ड मैरिज करते हैं, वे हनीमून पर नहीं जाया करते. वे हर शाम अपने से भी अपना मुंह छिपाते गलीसड़ी सब्जियां लाने सब्जी मंडी जाया करते हैं.

‘‘हनीमून जाने की तो छोड़ो, हम तो अब श्मशान घाट जाने लायक भी नहीं. अरेंज्ड मैरिज वालों के लिए हनीमून पर जाना पाप नहीं, महापाप होता है.

‘‘अरेंज्ड मैरिज वाले जो हनीमून पर जाते हैं तो वे मरने से पहले ही नरक को जाते हैं. हनीमून पर लव मैरिज करने वाले जाया करते हैं.

‘‘हनीमून पर जाना लव मैरिज वालों को ही शोभा देता है. हनीमून पर लव मैरिज करने वालों का ही एकाधिकार है. अरेंज्ड मैरिज करने वालों को ऐसी छिछोरी हरकत शोभा नहीं देती है.’’

हे मेरे समय के घोड़ी की लात खाने वाले अरेंज्ड विवाहितो, पता नहीं मैं कितना उन दिनों का बचाखुचा अरेंज्ड मैरिड खुशनसीब हूं जिन दिनों की शादियों में न फोटोग्राफर कदमकदम पर वरवधू को फेरे लगाने से रोका करता था और न ही शादी के तुरंत बाद हनीमून पर जाने के बाद मरवाए जाने की परंपरा थी.

उन दिनों शादी के तुरंत बाद हर शादीशुदा अपनी बीवी को दिल में लिए चार पैसे कमाने चुपचाप शहर चला जाया करता था और बीवी घर में बारहमासे गा कर पति की कमी को पूरा किया करती थी.

वैसे अब काबिलेगौर है यह कि मेरी जायज हरकत पर हरपल सोशल मीडिया के टच में रहने वाली मेरी परमादणीय बीवी अब मुझे हनीमून पर जाने के लिए उकसाने हेतु अगला क्या तीर चलाती है?

वैसे किसी भी वर्ग के परिवार की जिम्मेदारियां दुनियाभर के झूठ बोल, इधरउधर ठगी करने के बाद शायद ही कोई बाप होगा, जो स्वर्ग जाना नहीं चाहता होगा. Hindi Funny Story

Hindi Story: दूसरा मौका

Hindi Story: सदैव की प्रेमिका शीरी उस से उम्र में बड़ी थी और निचली जाति की भी. बड़ी मुश्किलों से उन की शादी हुई, पर ससुराल में शीरी को ज्यादा इज्जत नहीं मिली. बाद में वह औफिस में भी तरक्की करती गई, तो सदैव को यह बाद खटकने लगी. उस ने एक प्लान के तहत शीरी से शादी की थी. क्या था वह प्लान?

लखनऊ शहर के बाहरी छोर पर बना हुआ यह एक ओपन एयर रैस्टोरैंट था. ओपन एयर यानी सबकुछ खुला हुआ, यहां तक कि किचन में बनने वाली डिश को भी ग्राहक अपनी आंखों के सामने देख सकता था.

रैस्टोरैंट के बीच में अमलतास का एक पेड़ था, जिस के पीले रंग के फूल अपनी छठा बिखेर रहे थे. इस पेड़ के चारों तरफ कुरसियों और टेबलों को सजाया गया था और किनारे की क्यारियों में देशीविदेशी फूल लगे हुए थे.

एक किनारे पर आर्टिफिशियल झरना बना हुआ था, जिस से गिरता हुआ पानी आंखों को सुकून देता था. कभीकभी जब हवा का झौंका आता तो मिलेजुले फूलों की खुशबू फैल जाती. तब यहां बैठे प्रेमी जोड़ों का मन और भी रूमानी हो उठता था.

सदैव और शीरी ने किनारे वाली टेबल चुनी थी और दोनों अपने लिए मनपसंद चीजों का और्डर भी दे चुके थे. उन के यहां आने का मकसद सिर्फ टेस्टी खाना ही नहीं था, बल्कि अपने भविष्य के बारे में संजीदा बातें भी करना था.

सदैव और शीरी दोनों एक ही न्यूज चैनल ‘खबर तक’ में काम करते थे. सदैव एसोसिएट प्रोड्यूसर था, जबकि शीरी न्यूज रिपोर्टर थी.

साथ काम करतेकरते कब दोनों को एकदूसरे से प्यार हो गया पता ही नहीं चला और दोनों एकदूसरे के प्यार को 4 साल तक ईमानदारी की कसौटी पर जांचतेपरखते रहे और फिर जब दोनों ने समझ लिया कि उन के प्यार का रंग पक्का है, जिस पर पानी की कोई बौछार कोई असर नहीं डालेगी, तब उन दोनों ने शादी के बंधन में बंध जाने का फैसला कर लिया.

पर सदैव और शीरी के लिए शादी की राह इतनी आसान नहीं हो जाने वाली थी. सदैव अभी 25 साल का था और शीरी 27 साल की. उन दोनों का अलगअलग जाति से होना भी समस्या था, क्योंकि सदैव ब्राह्मण कुल से था, जबकि शीरी लोहार जाति की थी.

सदैव साधारण मिडिल क्लास परिवार का था. उस के परिवार वालों ने सदैव को पढ़ाने के लिए बैंक से
लोन लिया था, जिसे वे कई सालों तक चुकाते रहे थे, दूसरी तरफ शीरी मिर्जापुर के एक अमीर परिवार से ताल्लुक रखती थी.

शीरी के पापा एक मेकैनिकल वर्कशौप चलाते थे और तकरीबन 15 लोगों का स्टाफ था उन की वर्कशौप पर और इसी के सामने उन का आलीशान मकान बना हुआ था.

सदैव और शीरी दोनों जानते थे कि दूसरी जाति में शादी करना अब भी उतना आसान नहीं है, पर शीरी बहुत आशावादी लड़की थी. उस का मानना था कि अच्छा सोचने से अच्छा होता है, जबकि सदैव पर नैगेटिव सोच हावी रहती थी, क्योंकि जिस परिवार से वह ताल्लुक रखता था, वह परिवार भी छोटी सोच से अभी तक ऊपर नहीं उठ पाया था.

हालांकि, शीरी और सदैव ने जब शादी करने का फैसला किया था उस के बाद से शीरी अकसर ही सदैव की मां से, सदैव के दोस्त की हैसियत से फोन पर बात किया करती और उन का हालचाल लिया करती थी.

सदैव की मां भी बड़े प्यार से शीरी से बातें करती थीं, पर तब तक ही जब तक उन्हें यह नहीं पता चला कि उन का बेटा शीरी से शादी करना चाहता है.

‘‘क्या, अब उस लोहारिन से शादी करेगा तू, हमारा धर्म नष्ट कराएगा तू… नीच जाति की लड़की को घर लाएगा,’’ बम फूट गया था जैसे सदैव के घर में और कई बार बेटे और मातापिता में शादी को ले कर तीखी बहस भी हुई.

मिर्जापुर में जब शीरी ने फोन पर अपने मांबाप को उस की उम्र से छोटे और एक ब्राह्मण लड़के से शादी करने की बात बताई थी, तो उसे भी नाराजगी और गुस्सा ही झेलना पड़ा था.

शीरी के मांबाप ने खूब खरीखोटी सुनाई. उन्हें लोहार जाति का होने पर कोई अफसोस नहीं था और इसीलिए वे लोग चाहते थे कि शीरी अपनी जाति वाले किसी लड़के से ही शादी करे, ब्राह्मण जाति का लड़का उन्हें बिलकुल लुभा नहीं रहा था.

पर शीरी अपने मन और सदैव के प्यार के आगे मजबूर थी, सो उस ने अपने घर में साफ कर दिया था कि सदैव के अलावा वह किसी और से शादी नहीं करेगी.

‘‘तो क्या तुम अपनी ब्राह्मण सास से अपने लिए ‘लोहारिन’ और ‘छोटी जाति’ जैसे शब्द सुन पाओगी?’’

शीरी की मां ने कहा तो शीरी ने बदले जमाने और नई सोच का हवाला देते हुए कहा, ‘‘आप लोग अपने मन से कहानियां मत बनाओ. जहां तक सदैव के घर वालों की बात है तो सदैव उन्हें मना लेगा, पर पहले आप लोग तो मान जाओ.’’

सदैव ने भी अपने घर में अल्टीमेटम दे दिया था कि अगर उस की शादी शीरी से नहीं होगी तो वह खुदकुशी कर लेगा. उस की बात सुन कर मांबाप दोनों सन्न रह गए थे और बेटे की इस बात ने उन्हें कुछ सोचने पर मजबूर कर दिया था.

दोनों परिवार आपस में मिले. उन लोगों की मुलाकात के समय काफी तनाव का माहौल था, पर दोनों परिवार ही अपने बच्चों की जिद के आगे मजबूर थे, इसलिए तमाम जद्दोजेहद और उठापटक के बाद बड़े बेमन से दोनों तरफ से शादी के लिए हां तो कर दी गई.

लेकिन सदैव के मांबाप चाहते थे कि शादी के कार्ड पर लड़की के नाम के आगे ‘विश्वकर्मा’ की जगह ‘शर्मा’ लिखवा दिया जाता तो ठीक रहता, क्योंकि उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाके में एक ब्राह्मण वर्ग शर्मा नामक सरनेम का इस्तेमाल करता है, जिस से ब्राह्मण परिवार की साख बनी रहती और रिश्तेदारी में लड़की के लोहार होने की बात दब जाती.

पर अपना सरनेम बदला जाना शीरी के मांबाप को कतई मंजूर नहीं हुआ और उन्होंने इस बात से साफ इनकार कर दिया.

इस बात पर सदैव ने भी नाराजगी जताई तो सदैव की शादीशुदा बहन रोमी ने बीच का रास्ता बताया कि वे लोग 2 तरह के कार्ड छपवाएं. एक पर ‘विश्वकर्मा’ सरनेम हो जो लड़की वालों का रियल सरनेम है, इसलिए वे कार्ड उन्हें दिखा दिए जाएं, जबकि जो कार्ड उन्हें अपनी रिश्तेदारी में बांटने हैं उस पर वे लोग ‘शर्मा’ सरनेम डलवा दें और इस कार्ड की भनक लड़की वालों को न दी जाए.

बहन की इस सलाह पर ही अमल किया गया और इसे बड़ी चालाकी से अंजाम दिया गया.

शादी के कर्मकांड में भी कई रुकावटें आईं, पर सदैव के पापा सब बातों को सुलझे दिमाग से संभालते गए और शीरी और सदैव की शादी हो गई.

सदैव और शीरी को शादी के बाद सदैव के पुश्तैनी घर यानी मनमीत नगर जाना था जो नोएडा से तकरीबन 550 किलोमीटर की दूरी पर तराई इलाके में बसा हुआ था.

शीरी ने कार में बैठेबैठे ही सदैव के मकान पर नजर डाली जो एक छोटा सा साधारण मकान था. अंदर जा कर देखने पर भी घर और घर के लोग सामान्य से ही लगे, पर इस से शीरी को रत्तीभर भी फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि उसे तो कुछ दिन यहां रुकने के बाद वापस नोएडा अपने 3 बीएचके के फ्लैट में ही जाना था, जिसे सदैव ने किराए पर ले रखा है.

पहलेपहल ही शीरी का स्वागत अच्छा नहीं हुआ. उस को लंबा घूंघट न करने के लिए डांट पड़ी और किचन में घुसने को मना कर दिया गया, जबकि शीरी पहले से ही इन सब बातों के लिए तैयार थी.

शीरी किसी आदर्श बहू की तरह रोज सुबह 5 बजे जाग जाती और घर का झाड़ूपोंछा करने के बाद नहाती, फिर नाश्ते की तैयारी करने लगती, जबकि घर के सभी लोग तब तक सोते ही रहते. सास के जागने के बाद वह उन्हें रात की भीगी हुई मेथी का पानी देती और ससुर को अंकुरित स्प्राउट, जबकि देवर का नाश्ता रोज बदल कर देने का फरमान था सास का, सो देवर के लिए रोज इंटरनैट से देख कर नया नाश्ता बना देती.

‘‘ये चावल किस ने पकाए हैं? जरूर शीरी भाभी ने पकाए होंगे,’’ किचन में ननद की आवाज गूंज रही थी.
पर शीरी ने बिना सब्र खोए कहा, ‘‘दीदी, अगर आप को दूसरे चावल खाने हैं, तो मैं दोबारा पका देती हूं.’’

इस बात के बदले में ननद से कुछ न बोला गया. वह किचन से बाहर पैर पटकती चली गई.

जब तक शीरी अपनी ससुराल में रही, तब तक कोई ऐसा दिन नहीं गया होगा कि उस के काम में कोई कमी नहीं निकाली गई हो.

पर फिर भी शीरी अपनी जबान को दांतों तले दबाए रही और किसी के खिलाफ कुछ भी नहीं कहा.

आज शीरी और सदैव को नोएडा अपने काम पर लौटना था, इसलिए शीरी किसी विजेता की तरह नोएडा वापस आ रही थी. दोनों ने वापस आ कर औफिस जौइन कर लिया था.

अपनी शादी से पहले शीरी ने कश्मीर में हुए एक आतंकी हमले के दौरान तमाम खतरों के बीच जा कर बहुत शानदार रिपोर्टिंग की थी. आज काम पर लौटते ही उस के क्रिएटिव हैड ने अपने केबिन में बुला कर उसे शादी की बधाई देने के बाद शाबाशी दी और साथ ही उस की बेहतर और बेबाक रिपोर्टिंग के लिए उसे ‘न्यूज स्टार’ नामक अवार्ड मिलने की बधाई भी दी.

शीरी ने तुरंत ही यह बात बताने के लिए सदैव को फोन लगाया तो उस ने फोन काट दिया. उस की किसी गलती पर बौस ने उसे डांटा था. शाम को भी वह अनमना सा था.

‘‘यह सब होता रहता है,’’ शीरी ने कहा तो सदैव को बुरा लग गया.

‘‘तुम्हें तो अवार्ड दिया जा रहा है, इसलिए तुम खुश हो,’’ सदैव ने झंझलाते हुए कहा.

सदैव का यह रूप देख कर शीरी ने शांत हो जाना ही ठीक समझा. अगले 2-3 दिन तक घर का माहौल काफी बोझिल सा रहा.

अगले दिन सदैव ने शीरी से अपनी मंशा जाहिर कर दी कि उन के फ्लैट का किराया बहुत ज्यादा जाता है, तो क्यों न वे कोई फ्लैट खरीद लें. शीरी को इस में कोई बुराई नहीं नजर आई.

सदैव और शीरी ने अपने अपार्टमैंट्स से कुछ दूरी पर बने ‘शालीमार अपार्टमैंट्स’ में एक फ्लैट बुक कर दिया और 50 फीसदी रकम का भुगतान कर के बाकी पैसों की मासिक किस्त बनवा ली. शीरी ने अपनी सैलेरी से ईएमआई का पेमेंट करना स्वीकार कर लिया था.

कुछ दिनों के बाद ही शीरी ने अंबेडकरनगर में जा कर गरीब बच्चों के दुखदर्द को सामने लाने के लिए रिपोर्टिंग की, जिस की खूब तारीफ हुई और अब स्टाफ के लोगों को लगने लगा था कि हो न हो बहुत जल्दी ही शीरी को उस के लगातार अच्छे काम के लिए प्रमोशन दिया जाएगा.

और हुआ भी वही, शीरी को प्रमोट कर दिया गया, जबकि सदैव का साधारण सा इन्क्रीमेंट ही किया गया.
शाम को जब सदैव घर आया तो चाय पीते समय काफी गुस्से में लग रहा था और बौस और मैनेजमैंट के भेदभाव वाले रवैए के बारे में अनापशनाप बोल रहा था.

कहीं न कहीं सदैव के मुंह से यह बात भी निकल गई कि शीरी का अवार्ड और प्रमोशन उस के लड़की होने के चलते है, क्योंकि लड़कियों के लिए बहुत सारी चीजें पाना आसान हो जाता है. बौस लोग लड़कियों को पसंद करते हैं और उन्हें आगे बढ़ाने से उन का भी उल्लू सीधा होता है.

‘‘उल्लू सीधा होने से क्या मतलब है सदैव? तुम भी मेहनत करो तो तुम भी आगे बढ़ सकोगे,’’ शीरी का सब्र जवाब दे रहा था, इसलिए उस ने सवाल किया.

‘‘अरे, यह बात तुम अच्छी तरह समझती हो. अब भला उस अंबेडकरनगर वाली रिपोर्टिंग में तो ऐसी कोई खास बात नहीं थी, जिस के लिए वाहवाही की जाए.

‘‘पर आजकल तो दलित जाति के लिए दो हमदर्दी भरे शब्द बोल कर कोई भी लाइमलाइट में आ सकता है,’’ सदैव गुस्से में बक रहा था.

कितना जहर भरा था सदैव के मन और उस की बातों में, यह शीरी को अब धीरेधीरे पता चल रहा था, पर उस के पास सदैव के इस बरताव पर सिर्फ अवाक और दुखी होने के अलावा और कोई रास्ता नहीं था.

4 महीने बीत चुके थे और इन्हीं खट्टीमीठी बातों के बीच शीरी को पता चला कि वह पेट से है. तुरंत ही उस ने यह खबर सदैव को सुनाई.

बाप बनने की खबर सुन कर सदैव भी खुशी से फूला नहीं समाया और शीरी ने जल्द ही अपनी मां को फोन लगा कर यह खुशखबरी सुना दी.

मां ने ढेर सारी सावधानियां रखने की ताकीद करनी शुरू कर दी, जबकि अभी तो शीरी का पेट से होना शुरुआती दौर में था.

7 महीने हो गए और अब शीरी को औफिस से मैटरनिटी लीव ले कर घर पर ही रहना था.

एक दिन शीरी ने कहा, ‘‘सासू मां यहां आ जातीं, तो ठीक रहता.’’

इस बात पर सदैव ने भी रजामंदी जताई और अपनी मां को नोएडा आ कर रहने को कहा, पर उसे अपनी मां की तरफ से कड़वे शब्द ही सुनने को मिले, ‘‘तो तू क्या चाहता है कि अब मैं आ कर तेरी बीवी की सेवा करूं और जब उस का बच्चा हो तो नौकरानी की तरह काम करूं?’’

सदैव समझ गया था कि उस की मां नोएडा नहीं आएंगी, इसलिए उस ने शीरी से मिर्जापुर से अपनी मां को ही बुला लेने को कहा.

शीरी ने अपनी मां को बुला लिया और उस की मां ने आते ही किचन और शीरी की देखभाल का जिम्मा संभाल लिया.

समय आने पर शीरी ने एक खूबसूरत सी बेटी को जन्म दिया. सदैव बहुत खुश हुआ, पर उस की मां और पापा की तरफ से कड़वे शब्द ही आए कि ‘एक तो करेला ऊपर से नीम चढ़ा. ऊंचे कुल की लड़की से शादी करता तो लड़का पैदा होता. इस ने तो लड़की पैदा कर के रख दी है. और करो नीची जाति की लड़की से शादी’.

सदैव को अपने मांबाप से ऐसी उम्मीद तो नहीं थी, पर अब तो शीरी से शादी कर के वह भी जैसे परेशान ही हो रहा था.

औफिस में शीरी का बढ़ता हुआ कद और फिर लड़की पैदा होने पर अपने घर वालों द्वारा कोसे जाने से तो सदैव परेशान था ही कि इसी समय एक घटना और हो गई.

शीरी के चचेरे भाई हर्ष का उस की पत्नी से घरेलू विवाद के चलते तलाक हो गया, जिस के चलते शीरी परेशान थी, तो सदैव ने कहा, ‘‘तलाक के मामले हम लोगों में बहुत कम होते हैं, जबकि तुम लोगों में तो बातबात में तलाक हो जाता है.’’

सदैव की इस बात पर शीरी ने एतराज जताते हुए ‘हम लोग’ और ‘तुम लोग’ जैसे शब्दों का मतलब पूछा, जिस पर सदैव ने ‘हम लोग’ का मतलब ऊंची जाति और ‘तुम लोग’ का मतलब नीची जाति बताया.

शीरी को सम?ा में आ रहा था कि सदैव भले ही अच्छी नौकरी कर रहा था, देखने में भी अच्छा था, पर उस की सोच बहुत छोटी थी और वह उस सोच से ऊपर भी नहीं बढ़ पा रहा था.

न जाने कितनी बार शीरी ने सदैव से कहा कि अगर उसे औफिस में तरक्की नहीं मिल पा रही है, तो उसे किसी दूसरे चैनल में नौकरी करनी चाहिए, पर सदैव तो जहां था वहीं पड़े रहना चाहता था, उलटे शीरी की ये बातें उसे बुरी लग जाती थीं, तो वह उस से सीधे मुंह बात नहीं करता था.

2 दिन बाद शीरी का बर्थडे था. शीरी बहुत खुश थी, पर सदैव के चेहरे पर खुशी का कोई नामोनिशान नहीं था. हालांकि, उस ने बेमन से शीरी को विश जरूर किया और औफिस के लिए निकल गया.

शाम को सदैव जल्दी नहीं आया तो पूछने पर उस ने बताया कि वह औफिस में बिजी है. सदैव रात के 10 बजे घर आया. उस ने शराब पी हुई थी. वह सीधा अपने कमरे में चला गया. उस के इस बरताव पर शीरी का सब्र जवाब दे गया था.

शीरी ने सदैव से बात शुरू की, ‘‘मैं ने तो अपनी जाति और अपनी उम्र नहीं छिपाई थी. तुम्हारे परिवार से जो भी दर्द मिला, वह भी मैं ने सब हंस कर सहा, पर शादी के बाद तुम्हारे बरताव और प्यार में जमीनआसमान का फर्क क्यों आया?’’

शीरी आज सबकुछ साफ कर लेना चाहती थी. सदैव ने भी लड़खड़ाती जबान में उसे जवाब दिया, ‘‘दरअसल, तुम से शादी करना मेरा एक कैलकुलेशन था.

‘‘कैसा कैलकुलेशन?’’ शीरी ने पूछा, जिस के बदले में सदैव ने जो बताया उसे सुन कर शीरी चौंक गई थी.

सदैव ने नशे की झांक में शीरी को बताया कि उस ने शीरी से शादी सिर्फ इसलिए की है, क्योंकि आमतौर पर उस जैसी अमीर लड़की से उस की शादी नहीं हो पाती, वह नोएडा में कभी अपना फ्लैट नहीं खरीद पाता. मतलब, सदैव ने शीरी के परिवार के रुतबे और पैसे को देखते हुए सोचासमझा जाल बिछाया और शीरी से शादी की.

शीरी की समझ में आ रहा था कि उस ने सदैव से शादी कर के भारी भूल कर दी है. उस ने तो सदैव से प्यार किया था पर सदैव ने उसे अपना झूठा चेहरा ही दिखाया था.

लेकिन आज सदैव शराब के नशे में था, इसलिए न चाहते हुए भी उस की जबान चल रही थी, ‘‘और सच कहूं तो मुझे लगता है कि यह बच्चा मेरा नहीं है. मुझे तुम्हारे उस कलीग आशु पर शक है. आखिर वह भी तो छोटी जाति काही है.’’

सदैव ने यह बात कह कर एक हिचकी ली, पर उस के इन शब्दों ने मानो शीरी के कानों में पिघला सीसा उड़ेल दिया था. उसे लगा कि अपने गुस्से को संभालने में उस के शरीर का सारा जोर लगा जा रहा है.

शीरी के नथुने फड़कने लगे थे और पीछे खड़ी उस की मां की आंखों से आंसू लगातार बहे जा रहे थे.

‘‘मुझ से बहुत बड़ी गलती हो गई. मुझ से तुम को समझने में भूल हो गई,’’ शीरी यह कहते हुए उठ खड़ी हुई थी.

अगली सुबह ही शीरी ने सदैव के खिलाफ घरेलू हिंसा और दिमागीतौर पर परेशान का केस दायर कर दिया और सदैव के पास तलाक के कागजात भिजवा दिए.

पहले तो सदैव ने इस बात को हलके में लिया, पर जब उसे लगातार कोर्ट के चक्कर लगाने पड़े और केस और वकीलों का खर्चा उठाना पड़ा, तो उस की जेब जवाब देने लगी. अभी तो उसे शीरी का खर्चा देना था और अपनी बेटी को हर महीने तय रकम भी देनी थी… और अब तो उस के हाथ से उस का फ्लैट भी निकल जाएगा.

सदैव ने शीरी से माफी मांग कर समझौता करना चाहा, पर शीरी अपने फैसले पर अडिग थी.

‘‘मैं ने तुम्हें समझने में पहली बार तो भूल कर दी थी, पर दूसरी बार भूल नहीं करूंगी. बड़ी मुश्किल से दूसरा मौका मिला है अपनी जिंदगी को संवारने का,’’ शीरी के चेहरे पर कठोर भाव थे.

शीरी ने ठीक मौके पर सदैव को पहचान लिया था, जिस ने प्रेम का जाल सिर्फ इसलिए फैलाया ताकि शीरी जैसी अमीर लड़की को अपनी पत्नी बना कर उस के पैसे पर ऐश कर सके.

जाति और ऊंचनीच के ढेर में पड़े हुए सदैव को तलाक दे कर शीरी ने खुद की जिंदगी को दूसरा मौका दिया था. Hindi Story

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें