इस दमदार फिल्म के साथ बौलीवुड में एंट्री करेंगे ‘बाहुबली’

साउथ सिनेमा के स्टार और दुनिया भर में फिल्म बाहुबली से नाम कमाने वाले प्रभास अपनी अगली फिल्म के साथ बौलीवुड में एंट्री करने वाले हैं. उनकी फिल्म ‘साहो’ जल्दी ही बड़े पर्दे पर आने वाली है. ये फिल्म एक साथ तीन भाषाओं में रिलीज हो रही है. फिल्म में प्रभास जबरदस्त एक्शन अवतार में नजर आएंगे.

prabhas to debut in bollywood

असल में साहो किसी गैर हिंदी भाषिय फिल्म से अलग है. ये हिंदी डब फिल्म नहीं है, बल्कि  इसे तीन अलग अलग भाषाओं में शूट किया गया है. इस फिल्म से प्रभास बौलीवुड में एंट्री करेंगे. उनके एक्शन अवतार को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक बेहद उत्सुक हैं.

फिल्म बाहुबली के बाद प्रभास देश के कुछ चुनिंदा एक्टर्स में शुमार हो चुके हैं, जिन्हें दर्शकों से बेहद प्यार मिला. बाहुबली के दोनों पार्ट्स में अपने जबरदस्त अभिनय से वो केवल देश ही नहीं, दुनिया भर में काफी पौपुलर हुए. बाहुबली: द बिगिनिंग की रिलीज के बाद लोगों के दिलों में अपनी जगह बना ली और बाहुबली का दूसरा भाग प्रभास को और अधिक लोकप्रियता और स्टारडम हासिल करवाने में मददगार साबित हुआ.

सिंबा: रणवीर सिंह की ओवरएक्टिंग…

किसी भी सफल फिल्म का रीमेक बनाते समय फिल्मकार उसे तहस नहस कर देते हैं. इससे पहले मराठी फिल्म ‘सैराट’ की जब हिंदी रीमेक ‘धड़क’ आयी, तो बात नहीं जमी थी. अब रोहित शेट्टी 2015 में प्रदर्षित तेलुगू की सुपर हिट फिल्म ‘‘टेम्पर’’ का हिंदी रीमेक एक्शन व हास्य प्रधान फिल्म ‘‘सिंबा’’ लेकर आए हैं, पर इस बार वह भी मात खा गए.

फिल्म ‘‘टेंम्पर’’ में जिस तरह का अभिनय जूनियर एनटीआर ने किया है, उसके सामने रणवीर सिंह फीके पड़ जाते हैं. जिन लोगों ने तेलुगू फिल्म ‘टेम्पर’ या हिंदी में डब इस फिल्म को देखा है, उन्हे ‘सिंबा’ पसंद नहीं आएगी. अन्यथा यह मनोरंजक मसाला फिल्म है, जिसमें एक्शन, हास्य, रोमांस, इमोशंस के साथ ऐसा हीरो है, जो कि वक्त पड़ने पर बीस पच्चीस लोगों को धूल चटा देता है.

संग्राम भालेराव उर्फ सिंबा (रणवीर सिंह) एक अनाथ बालक से शिवगढ़ के एसीपी बने हैं, जो कि भ्रष्ट पुलिस आफिसर है. यह वही शहर है, जहां डीसीपी बाजीराव सिंघम (अजय देवगन) की परवरिश हुई थी. बाजीराव इमानदार पुलिस अफसर रहा है, जबकि सिंबा को भ्रष्ट तरीके से जिंदगी का आनंद उठाते दिखाया गया है. वास्तव में बचपन में ही सिनेमाघर के सामने ब्लैक में टिकट बेचते हुए सिंबा समझ जाता है कि पैसा कमाने के लिए पावर चाहिए, इसीलिए वह पुलिस अफसर बनना चाहता है. पुलिस अफसर बनने के बाद सिंबा बेईमानी पूरी इमानदारी से करता है. पुलिस अफसर की ड्यूटी निभाते हुए उसका ध्यान सिर्फ जायज व नाजायज ढंग से पैसा कमाने पर ही होता है. कुल मिलाकर संग्राम उर्फ सिंबा को भ्रष्ट पुलिस अफसर की जीवनशैली जीने में ज्यादा आनंद आता है. उसे प्रदेश के गृहमंत्री का वरदहस्त हासिल है.

simba-movie-review-simba-trailer

संग्राम भालेराव, गृहमंत्री को अपना पिता और उनकी बेटी को बहन मानता है. गृहमंत्री उसका तबादला गोवा में मीरा मार पुलिस स्टेशन में इस हिदायत के साथ करते हैं कि वह वहां पर दुर्वा रानाडे (सोनू सूद) को क्रास नही करेगा. मीरा मार पुलिस स्टेशन पहुंचने पर सिंबा का सामना हेड कांस्टेबल मोहिले (आशुतोष राणा) से होती है, जोकि बहुत इमानदार है, उसने सिंबा के बारे में सब कुछ सुन रखा है, इसलिए वह उन्हे सलाम नहीं करता है. गुस्से में सिंबा उसे अपनी गाड़ी का ड्राइवर बना लेता है. पर सब इंस्पेक्टर संतोष तावड़े (सिद्धार्थ जाधव) से सिंबा की जमती है और दोनों मिलकर हर नाजायज काम को अंजाम देते हैं. पुलिस स्टेशन के सामने ही कैटरिंग चलाने वाली शगुन (सारा अली खान) पर सिंबा लट्टू हो जाता है.

तो वहीं वह शगुन की सहेली आकृति को अपनी बहन बना लेता है. एक दिन शगुन भी सिंबा से प्यार करने की बात कबूल कर लेती है.दु र्वा रानाडे के ड्रग्स के अवैध व्यापार से अनभिज्ञ सिंबा, दुर्वा के हर अपराध में उसका साथ देता है, जिसके बदले में उसे एक बड़ी रकम मिलती रहती है. दुर्वा के ड्रग्स का व्यापार उसके दो भाई संभालते हैं. यह छोटे स्कूल जाने वाले बच्चे के बैग में ड्रग्स के पैकेट भरकर एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाते रहते हैं. जब इसकी भनक आकृति को लगती है, तो वह उनके अड्डे पर पहुंच जाती है, जिसके साथ बलात्कार करने के बाद दुर्वा के भाई उसकी हत्या कर देते हैं. आकृति के साथ जो कुछ होता है, वह जानकर सिंबा में परिवर्तन आता है और वह सही राह पर चलना शुरू कर देता है.अं ततः दुर्वा के दोनो भाईयों का पुलिस स्टेशन के ही अंदर इनकाउंटर होता है. मामला अदालत में पहुंचता है. डीसीपी बाजीराव सिंघम भी आते हैं और अंत में सिंबा बरी और दुर्वा को सजा हो जाती है.

तेलगू फिल्म ‘टेम्पर’ की यह आधिकारिक रीमेक है, मगर रोहित शेट्टी ने थोड़ा सा बदलाव करते हुए इसे मसालेदार बनाने की कोशिश की है. फिल्म में गाने काफी डाले गए हैं. इंटरवल से पहले फिल्म की कहानी ह्यूमर व हास्य के साथ एक भ्रष्ट पुलिस अफसर की कहानी है. इंटरवल से पहले हास्य का तगड़ा डोज है. मगर इंटरवल के बाद कहानी का केंद्र लड़की के साथ बलात्कार व बलात्कारियों को सजा देने की तरफ मुड़ जाता है. इंटरवल के बाद फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के हाथ से फिसल सी जाती है. क्योंकि उन्होंने देश के लोगों के मिजाज को भुनाने का ही प्रयास किया है.

जिसके चलते फिल्म काफी बोरिंग हो जाती है. फिल्म में अदालत के दृष्य प्रभाव नहीं डालते. निर्भया केस के साथ फिल्म को जोड़कर उपदेशात्मक बना दिया है, जो कि बहुत बोर करता है. यह एक बलात्कार पर आधारित मैलोड्रैमेटिक फिल्म बनकर रह गयी है.

बौलीवुड की सबसे बड़ी कमजोरी है कि कोई भी फिल्मकार फिल्म में मनोरंजन के साथ उपदेश नहीं परोस पाते हैं. इस कमजोरी के शिकार रोहित शेट्टी भी नजर आए. समस्या का निराकरण तलाशने की बजाय हवाई समाधान देना इनका हक बन गया है. पुलिस स्टेशन में एनकाउंटर/मुठभेड़ का दृष्य अवास्तविक लगता है. अंत में अजय देवगन को लाकर एक्शन दृष्यों की मदद से निर्देशक ने फिल्म को संभालने का असफल प्रयास किया है.

पटकथा के स्तर पर तमाम कमियां हैं. कई दृष्यों में अजीब सा विरोधाभास है. एक तरफ बलात्कार की शिकार आकृति का पिता दुःखी व सदमे में है, तो उसी क्षण वह एक कप चाय की मांग करता है. अदालती दृष्य तो बेवकूफी से भरे हैं. जिस तरह की भाषणबाजी अदालती दृष्य मे है, वह गले नहीं उतरती. जज के चैंबर में अपराधी, पुलिस व वकीलों के साथ ही राज्य के गृहमंत्री की मौजूदगी तो लेखक के दिमागी सोच की पराकास्ठा है.

जहां तक अभिनय का सवाल है तो इंटरवल से पहले हास्य के दृश्यों में रणवीर सिंह ने पूरा जोश दिखाया है, मगर वह खुद को दोहराते हुए ही नजर आए हैं. कई दृश्यों में उनका अभिनय देखकर फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ की याद आ जाती हैं. कई दृष्यों में रणवीर सिंह ने जूनियर एनटीआर की नकल की है, तो कई जगह वह ओवरएक्टिंग करते हुए नजर आते हैं. शगुन के किरदार में सारा अली खान सिर्फ सुंदर लगी हैं, अन्यथा उनके हिस्से में करने के लिए कुछ है ही नहीं. दुर्वा रानाडे के किरदार में सोनू सूद जरुर प्रभावित करते हैं. एक अति ईमानदार हेड पुलिस कौंस्टेबल की भ्रष्ट अधिकारी के साथ काम करने की बेबसी को पेश करने में आशुतोष राणा काफी हद तक कामयाब रहे हैं. संतोष तावड़े के किरदार में सिद्धार्थ जाधव भी अपना असर छोड़ जाते हैं.

फिल्म में गीतों की भरमार है, मगर वह गीत संगीत असरदार नहीं है. फिल्म देखकर अहसास होता है कि अब धर्मा प्रोडकशन मौलिक बेहतरीन गीत संगीत रचने में असमर्थ हो गया है.

दो घंटे 40 मिनट की अवधि वाली फिल्म ‘‘सिंबा’’ का निर्माण करण जौहर, हीरू जौहर, अपूर्वा मेहता व रोहित शेट्टी ने किया है. फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी हैं. तेलुगू फिल्म ‘‘टेम्पर’’ की हिंदी रीमेक वाली इस फिल्म के पटकथा लेखक युनूस सेजावल व साजिद सामजी, संवाद लेखक फरहाद सामजी, संगीतकार तनिष्क बागची, कैमरामैन जोमोन टी जौन तथा इसे अभिनय से संवारने वाले कलाकार हैं – रणवीर सिंह, सारा अली खान, सोनू सूद, अजय देवगन, वृजेष हीरजी, आषुतोष राणा, सिद्धार्थ जाधव, अरूण नलावड़े, सुलभा आर्या, अष्विनी कलसेकर, विजय पाटकर, सौरभ गोखले, अषोक समर्थ, वैदेही परषुरामी, सुचित्रा बांदेकर के अलावा मेहमान कलाकार के तौर पर तुषार कपूर, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, अरशद वारसी व करण जौहर.

आसान नहीं था फिल्म ‘ठाकरे’ बनाना, ये थी चुनौती

अमूमन बौलीवुड में हर बायोपिक फिल्म में उस इंसान का महिमा मंडन ही किया जाता रहा है, फिर चाहे वह संजय दत्त की बायोपिक फिल्म ‘संजू’ हो या कोई अन्य बायोपिक फिल्म. ऐसा करते समय संबंधित इंसान के स्याह पक्ष को पूरी तरह से फिल्म में नजरंदाज किया जाता रहा है.

मगर शिवसेना प्रमुख स्व. बाला साहेब ठाकरे की बायोपिक फिल्म ‘ठाकरे’ के निर्देशक अभिजीत पनसे का दावा है कि बाला साहेब ठाकरे स्वंय हीरो हैं, इसलिए उन्हे उनकी हीरोइक छवि दिखाने के लिए महिमा मंडित करने की जरुरत नहीं पड़ी. वो कहते हैं, ‘मुझे लगता है कि बाला साहेब को हीरोइक दिखाने की हमारे सामने कोई चुनौती नहीं थी. बल्कि फिल्म के इंटरवल से पहले के हिस्से में हमारे सामने इस बात की चुनौती थी कि उन्हे हीरोइक किस तरह न दिखाया जाए. वो तो पूरे देश के हीरो थे. हमने फिल्म में वास्तविकता का दामन नहीं छोड़ा. दो ढाई घंटे में उनकी पूरी जीवनी को दिखाना संभव नहीं है. मगर देश और महाराष्ट्र को लेकर उनके जो विचार थे, उन्हें हमने पूरी ईमानदारी और वास्तविक रूप से चित्रित किया है. हमने कुछ भी कल्पना नहीं की.’

बौक्स औफिस कलेक्शन में औंधे मुंह गिरी ‘जीरो’

‘तनु वेड्स मनु’, ‘रांझणा’ और‘ ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न’ को मिली अपार सफलता के बाद फिल्म निर्देशक आनंद एल राय के बारे में कहा जाने लगा था कि वह जिस फिल्म में भी हाथ डालते हैं, वह सोना बन जाती है. उसके बाद आनंद एल. राय ने ‘निल बटे सन्नाटा’, ‘न्यूटन’ सहित कई सफल फिल्मों का सिर्फ निर्माण किया. अब वह शाहरुख खान के साथ बड़े बजट की अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘जीरो’ लेकर आए हैं. जिसमें शाहरुख खान ने मेरठ निवासी चार फुट छह इंच कद के बौने बउआ का किरदार निभाया है, जो कि मेरठ से अमरीका के नासा तक पहुंचकर अंतरिक्ष यात्री बनता है. पर ‘जीरो’ में आनंद एल राय असफल हो गए. इस फिल्म को लेकर आनंद एल राय को काफी उम्मीदें थी. उन्होने बड़े बड़े दावे कर रखे थे. फिल्म ‘जीरो’ को इस वर्ष की सफलतम फिल्म बनाने के लिए शाहरुख खान ने रोहित शेट्टी व करण जोहर से बात कर फिल्म ‘सिंबा’ के प्रदर्शन की तारीख बदलवा कर 21 दिसंबर से 28 दिसंबर करवायी. इसके बावजूद फिल्म ‘जीरो’ बाक्स आफिस पर मुंह के बल गिरी.

अमूमन हर फिल्म के बौक्स आफिस की कमाई रविवार के दिन बढ़ जाती है, मगर ‘जीरो’ पहली फिल्म रही जिसकी कमाई शुक्रवार के मुकाबले रविवार को कम रही. शुक्रवार को ‘जीरो’ ने बाक्स आफिस पर 19 करोड़ 35 लाख पए कमाए थे, पर रविवार के दिन महज 18 करोड़ पच्चीस लाख रूपए ही कमा सकी. सोमवार को यह घटकर नौ करोड़ पचास लाख रूपए हो गयी, पर क्रिसमस की छुट्टी के चलते मंगलवार को यह फिल्म 11 करोड़ 75 लाख रूपए ही कमा सकी. जबकि आनंद एल राय और शाहरुख खान को पूरी उम्मीद थी कि कम से कम मंगलवार को क्रिसमस की छुट्टी के दिन उनकी फिल्म ‘जीरो’ बाक्स आफिस पर बीस करोड़ रूपए से अधिक कमाएगी. छठे दिन यानी कि बुधवार को इसकी कमाई साढ़े चार से पांच करोड़ के बीच ही रही. अफसोस की बात यह रही कि दो सौ करोड़ रूपए की लागत से बनी फिल्म ’जीरो’ छह दिन में लगभग 81 करोड़ रूपए (ज्ञातव्य है कि बाक्स आफिस की कमाई का चालिस प्रतिशत ही निर्माता को मिलता है. बाकी थिएटर के खर्च में कट जाता है) ही कमा सकी. यानी कि ‘जीरो’ को दर्शकों ने बुरी तरह से नकार दिया है.

फिल्म ’जीरो’ से दर्शकों की दूरी की मुख्य वजह यह है कि पूरी फिल्म एक बौने की कहानी है, मगर पूरी फिल्म में शाहरुख खान का स्टारडम इस कदर हावी है कि वह बौने इंसान बउआ की जगह शाहरुख खान ही नजर आते हैं. इसी के चलते पूरी कहानी अविश्वसनिय लगती है. हमें शुरू से इस बात की आशंका थी. इसीलिए अगस्त 2017 में एक खास मुलाकात के दौरान हमने फिल्म के निर्देशक आनंद एल राय से पूछा था कि ‘जब फिल्म में स्टार होता है, तो कहानी से बड़ा स्टार हो जाता है?’ इस पर उस वक्त तक ‘जीरो’ का आधा फिल्मांकन कर चुके आनंद एल राय ने इस बात को नकराते हुए हमसे कहा था, ‘सच तो यह है कि शाहरुख खान मुझसे स्टार के रूप में मिले ही नहीं. वह मुझसे एक बेहतरीन इंसान व बेहतरीन कलाकार के रूप में मिले. उन्होंने मुझे अब तक इस बात का अहसास नहीं होने दिया कि वह एक बड़े स्टार हैं. उन्होंने तो मेरी जिंदगी बड़ी आसान बनाकर रखी हुई है. ’’

फिल्म के निर्देशक आनंद एल राय भले ही सच न स्वीकार करे, पर ‘जीरो’ की असफलता की एक वजह यह भी है कि वह स्टार के स्टारडम के आगे इस कदर समर्पित हो गए कि उनकी अपनी निर्देशन शैली की छाप ‘जीरो’ में नजर नहीं आती.

फिल्म ’जीरो’ की बौक्स आफिस पर इसी तरह से दुर्गति होनी है, इस बात के कयास बौलीवुड में उसी दिन से लगने शुरू हो गए थे, जिस दिन आनंद एल राय ने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जीरो’ के निर्माण का ऐलान किया था. इतना ही नहीं लगभग एक साल पहले यानी कि 25 नवंबर 2017 को एक खास मुलाकात के दौरान अभिनेता व लेखक लिलिपुट, जो कि स्वयं बौने हैं, ने फिल्म ‘जीरो’ की सफलता पर आशंका व्यक्त की थी.

उस दिन लिलिपुट ने फिल्म ‘जीरो’ के संदर्भ में हमसे कहा था, ‘अब आप ही बताइए, क्या शाहरुख खान को परदे पर बौने के रूप में देख दर्शक उनसे रिलेट कर पाएगा? जब मैने बौने को हीरो लेकर पटकथा लिखी थी, तब मुझसे निर्माता ने कहा था कि वह मेरी जगह किसी अन्य को इस फिल्म का हीरो बनाना चाहते हैं. अनुपम खेर बौने बनकर आ गए, अरे भाई आप कहां से बौने लगेंगे. आप नकली ही नजर आएंगे. कमल हासन ने फिल्म ‘अप्पू राजा’ में जो किया, तो वह जानता था, उसने एक कल्पित किरदार ही गढ़ा. उसने बहुत बैलेंस किया. यदि वह राजा को न रखता, सिर्फ बौने को रखता, तो नहीं चलता. उसका लेखक बुद्धिमान था. अब शाहरुख खान तो उतनी परफार्मेंस दे नहीं सकते. तुम्हारी मानसिकता वैसी नहीं है. तुमने उस तरह से जिंदगी को झेला ही नहीं है. इसलिए तुम्हारे दिमाग में उस तरह के विचार आ ही नहीं सकते. चांदी के चम्मच में खाकर रिक्शावाले का दर्द कैसे परदे पर लाएंगे? आप बलराज साहनी तो हैं नहीं. पहले उस स्तर के बड़े कलाकार तो बनिए. यदि आप गिमिक को अभिनय कहते हैं, तो गिमिक, गिमिक ही होता है. आप दिलीप कुमार भी नहीं है. हां, यदि इस किरदार को नसिरूद्दीनशाह निभा रहे होते तो कुछ हद तक वह कर ले जाते. आप बौने बने हैं, पर आप बौने हैं नहीं, यह हम सब जानते हैं. इस बात से शाहरुख खान के फैन भी वाकिफ है. तो आपके साथ हमदर्दी नहीं हो सकती. जो धन शाहरुख खान को दिया, वही धन लिलिपुट को देकर उनसे इस किरदार को निभवाकर देखते?’

फिल्म ’जीरो’ की असफलता के पीछे कमजोर पटकथा, संवाद व कलाकारों का स्तरहीन अभिनय भी है. इसी के साथ सोशल मीडिया ने भी फिल्म को नुकसान पहुंचाया. काश यह बात हर कलाकार समझ पाता. फिल्म के प्रदर्शन से पहले इस फिल्म को सोशल मीडिया पर ही सर्वाधिक पारित किया गया, पर यह स्टार भूल जाते हैं कि सोशल मीडिया से बाक्स आफिस प्रभावित नहीं होता. सोशल मीडिया से कलाकार के स्टारडम को नुकसान हो रहा है. यह एक अद्भुत सत्य है. अमिताभ बच्चन के सोशल मीडिया यानी कि ट्वीटर, इंस्टाग्राम व फेसबुक पर एक करोड़ फालोअर्स होने के बावजूद उनकी फिल्म ‘शमिताभ’ ने बाक्स आफिस पर पानी नहीं मांगा था.

शाहरुख खान के भी सिर्फ ट्वीटर पर 35 मिलियन फालोअर्स हैं. पर ‘दिलवाले’, ‘फैन’, ‘रईस’, ‘जब हैरी मेट सेजल’ के बाद ‘जीरो’ उनकी पांचवी लगातर असफल होने वाली फिल्म है.

सारा अली खान के इस गाने को सुनकर रो पड़ा ‘बच्चा’

बौलीवुड एक्टर सारा अली खान इन दिनों खबरों में छाई हुई हैं. अपनी फिल्मों से ज्यादा सारा पब्लिक अपीयरेंस को लेकर चर्चा में हैं. सारा के बात करने का अंदाज, कौन्फिडेंस सारी चीजें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं. सारा की फोटोज और उनके वीडियोज के अलावा इस न्यूकमर एक्टर के इंटरव्यू भी तेजी से वायरल हो रहे हैं.

जीटीवी के सिंगिंग रियलिटी शो ‘सारेगामापा 2018’ में पहुंचे रणवीर सिंह और सारा अली खान को कंटेस्टेंट ने गाना गाने के लिए कहा. सारा ने शाहरुख खान की फिल्म ‘वीर-जारा’ का ‘तेरे लिए’ गाया. सारा का गाना इतना बेसुरा था कि सेट पर मौजूद कंटेस्टेंट, जज और एंकर्स की हंसी निकल गई. इससे भी ज्यादा ये हुआ कि सेट पर मौजूद एंकर हाथ में डौल लेकर खड़ी थी और उसी दौरान बच्चे के रोने की आवाज का साउंड बजा दिया गया. इस फनी वीडियो को देखकर आपकी भी हंसी निकल जाएगी.

 

sara
View this post on Instagram

 

A post shared by Bollywoodlovesong 🎧 (@bollywood_lovesong) on

आपको बता दें, सारा की दूसरी फिल्म ‘सिंबा’ 28 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है और इससे पहले फिल्म की टीम जबरदस्त प्रमोशन में लगी हुई है. टीवी रियलिटी शो में भी सारा और रणवीर की जोड़ी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने पहुंच रही है. इसी प्रमोशन का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हिना खान ने कराया हौट फोटोशूट, देखें तस्वीरें

छोटे पर्दे की धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘कसौटी जिंदगी की’ से लाखों दर्शकों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री हिना खान जल्दी ही बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं. हाल ही में हिना खान ने एक फोटोशूट कराया है, जिसकी वजह से वो काफी चर्चा में हैं.

फोटो में हिना काले रंग लौन्जरी टौप पहनी हुई हैं और उसके उपर वो लाल रंग का ब्लेजर पहनी हुई हैं. अपने इस लुक में वो बेहद हौट दिख रही हैं. उनकी इन तस्वीरों को एक फैन पेज ने शेयर किया है.

हिना अपने फैशन सेंस के लिए काफी पौपुलर हैं. ट्रेडिशनल से  लिए वेस्टर्न आउटफिट, वो दोनों में काफी जंचती हैं. खुद वह भी काफी फोटोशूट्स कराती रहती हैं और अपने फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं.

आपको बता दें कि हिना ‘कसौटी जिंदगी की’ के बात काफी बोल्ड हो गई हैं. इस सीरियल में उन्होंने नेगेटिव रोल निभाया है. अपने डेब्यू शो में हिना खान को ‘गर्ल नेक्स्ट डोर’ और ‘आदर्श बहू व पत्नी’ वाली छवि में देखा गया था, लेकिन कोमोलिका के किरदार में वह हर रोज चौंका रही हैं.

अब आत्मसंतुष्टि के लिए ज्यादा काम कर रहा हूं: धर्मेश व्यास

1982 में गुजराती फिल्म ‘धूम्रसर’ में अभिनय कर राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता धर्मेश व्यास लगातार रंगमंच, टीवी फिल्मों में अभिनय करते आ रहे हैं. 1992 से 2010 तक वह हिंदी सीरियलों में काफी व्यस्त रहे. मगर पिछले पांच वर्षां से वह टीवी को अलविदा कहकर गुजराती भाषा की फिल्मों व रंगमंच पर व्यस्त हो गए थे. पर अब वह ‘मुबू टीवी’ चैनल के सीरियल ‘गुजरात भवन’ में अहम किरदार में नजर आ रहे हैं. प्रस्तुत है उनसे हुई बातचीत के अंश…

आप पिछले कुछ समय से गुजराती फिल्में ही ज्यादा कर रहे हैं?

जी हां, पिछले चार वर्षों से मैंने टीवी पर काम करना बंद कर दिया था और गुजराती फिल्मों में व्यस्त हो गया था. इन दिनों गुजराती फिल्में काफी अच्छी बन रही हैं. गुजराती भाषा में मैं एकमात्र ऐसा कलाकार हूं, जो कि उस वक्त के वरिष्ठ कलाकार उपेंद्र त्रिवेदी व नरेश कनोडिया के साथ गुजराती फिल्में कर रहा था और अब नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ भी काम कर रहा है.

चार वर्ष तक टीवी से दूरी बनाए रखने की मूल वजह क्या रही?

सच यह है कि टीवी जिस तरह से नारी प्रधान हो गया है, उसमें जिस तरह के सीरियल या कार्यक्रम बन रहे हैं, उसमें हम पुरूष कलाकारों के लिए करने को कुछ होता ही नही है. हम कहीं भी महज शो पीस की तरह खड़े नजर आते हैं. इसलिए मैंने टीवी से दूरी बनाई. मैं तो थिएटर से हूं, तो मुझे ऐसे सीरियलों में अभिनय कर मजा नहीं आ रहा था. फिर एक कलाकार के तौर पर मेरी अपनी एक अलग पहचान बन चुकी है. दर्शक पहचानते हैं. पैसा भी कमा ही लिया था. ऐेसे में मैने सोचा कि अब जो भी करना है, सिर्फ श्रेष्ठ ही करना है. मुझे रूटीन जिंदगी जीना पसंद ही नही है. टीवी पर अब 12 घंटे काम होने लगा है. तो मुझे लगा कि मैं तो मर जाउंगा. इसलिए मैं वापस फिल्म और थिएटर की तरफ लौट आया. पिछले चार वर्ष के दौरान मैंने करीबन 25 गुजराती भाषा की फिल्में की. हर फिल्म में मैंने अलग तरह के किरदार निभाए.

तो अब मुबू टीवी के सीरियल गुजरात भवन से जुड़ने की क्या खास वजह रही?

इस सीरियल के निर्देषक धर्मेश मेहता मेरे काफी पुराने दोस्त हैं. हम दोनो ने थिएटर पर एक साथ ही काम करना शुरू किया था. तो जब वह मेरे पास इस सीरियल का आफर लेकर आए,तो उसने मुझसे सिर्फ इतना ही कहा कि,‘धर्मेश इस सीरियल में एक किरदार है, जिसे करने में तुझे मजा आएगा.’ फिर उसने मुझे किरदार के बारे में विस्तार से बताया. मैंने किरदार के बारे में सुनते ही तुरंत हामी भर दी. उसके बाद मुझे पता चला कि यह एक नए चैनल ‘मुबू टीवी’ पर आने वाला है.

मैने कहा कि नया चैनल होगा तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता. क्योंकि सीरियल का विषय बहुत सशक्त है. ऐसें में यदि चैनल ने प्रचार सही ढंग से किया और दर्शक ने एक बार सीरियल देखा, तो इस बात की गारंटी हे कि वह लगातार इस सीरियल को देखना चाहेगा. मैं अब जबकि इसका प्रसारण शुरू हो चुका है, तो भी दावा कर रहा हूं कि यह सीरियल बहुत जल्द सर्वाधिक लोकप्रिय सीरियल बनने वाला है.

नए चैनल मुबूके सीरियल गुजरात भवनमें अभिनय करने का आफर मिलने पर आपके मन मस्तिष्क में पहला विचार क्या आया?

आज से तीस वर्ष पहले जब मैंने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा था, उस वक्त कोई सेटेलाइट चैनल नहीं था. तब दूरदर्शन था. और मैं दूरदर्शन पर कई सीरियलों में अभिनय किया. उससे पहले थिएटर व फिल्में भी की थी. जब 1992 में जी टीवी नामक पहले सेटेलाइट चैनल की शुरुआत हुई, तो मेरे पास ‘परंपरा’ नामक सीरियल का आफर आया था,तो मैने उसे तुरंत स्वीकार कर लिया था. जबकि उस वक्त ‘जीटीवी’ चैनल को कोई जानता ही नहीं था. इस सीरियल को जबरदस्त लोकप्रियता मिली और मुझे भी. इसके बाद ‘तारा’, ‘बनेगी अपनी बात’, ‘हसरते’, ‘कैम्पस’ सहित कई सीरियल सफल हुए. आज जीटीवी किस मुकाम पर है, आप स्वयं जानते हैं. तब से लगातार मैंने कई सेटेलाइट चैनलों के सीरियलों में अभिनय करता रहा.

जब सोनी टीवी शुरू हुआ था,तब इसके पहले सीरियल ‘जदूगर’ में मैंने अभिनय किया था. जब ‘स्टार प्लस’ शुरू हुआ,तो ‘स्टार प्लस’ पर मेरा दूसरा सीरियल ’भाभी’ था, यह डेलीसोप था. इसे रौनीस्कू्रवाला और जरीन खान ने बनाया था. यह सभी हिट हुए थे. तो मैं काम कर चुका हूं और देख चुका हूं कि चैनल नया हो या पुराना, अच्छा सीरियल ही लोग देखना चाहते हैं. ‘गुजरात भवन’ इतना बेहतरीन सीरियल है कि इसे एक बार दर्शकों ने देखना शुरू किया, तो फिर इससे कोई दूर नहीं जाएगा, इसका फायदा चैनल के स्थापित होने को भी मिलेगा.

सीरियल गुजरात भवन को लेकर क्या कहेंगे?

यह रोजमर्रा की जिंदगी की कहानी है. यह मुंबई में रहने वाले गुजराती परिवार की कहानी हैं, जिनके दिलों में गुजरात समाया हुआ है. वह गुजरात से बाहर निकल ही नहीं पा रहे हैं. इसी के चलते इन लोगों ने घर के हर कमरे को गुजरात के शहरों का नाम दिया हुआ है. मसलन बेड रूम को बरोदा, किचन को अहमदाबाद, ड्राइंग रूम को गांधी नगर. क्योंकि ड्राइंग रूम में ही हर निर्णय बैठकर लिए जाते हैं. टेरेस को कछ का नाम दिया है. सीरियल में इस तरह की सामान्य बातें की जा रही हैं कि दर्शक रिलेट कर पा रहा है. इमानदारी की बात यह है कि 1992 में मैंने सीरियल ‘हसरतें’ में काम करते हुए जितना इंज्वौय किया था, उतना ही इंज्वौय अब मैं पहली बार ‘गुजरात भवन’ करते हुए कर रहा हूं.

गुजरात भवन के अपने किरदार को लेकर क्या कहेंगे?

यह किरदार मेरे टेम्परामेंट के विपरीत है. पूरी टीवी इंडस्ट्ी और दर्शक जानते हैं कि मुझे मुंबई बम की तरह जानते हैं कि यह सीन में आया, तो तोड़फोड़ धमाल होनी ही है. पर निर्देशक धर्मेश मेहता ने इस सीरियल में मेरे किरदार को खूबसूरती से गढ़ा है.

थिएटर में नया क्या कर रहे हैं?

थिएटर तो मेरा पैशन है. थिएटर की ही वजह से मैंने कई हिंदी फिल्में भी छोड़ी हैं. थिएटर में पिछले तीस वर्ष से मेरे समर्पित दर्शक हैं. दर्शक मेरा नाटक देखने के लिए इंतजार करते रहते हैं. कुछ दिन पहले मैने ‘बाप कमाल डीकरो धमाल’ नाटक किया था. इसका निर्देशन भी मैंने किया. इसके शो विदेशों में भी काफी किए.

क्या अब आप निर्देशन में कदम रखना चाहेंगें?

फिलहाल टीवी और फिल्म दोनों जगह मेरे अभिनय की दुकान बहुत अच्छी चल रही है. इसलिए निर्देशन में जाने की नहीं सोच रहा हूं. क्योंकि अब पैसा कमाने की मेरी चाहत नही रही. ईश्वर की अनुकंपा से मैंने एक अच्छी जिंदगी जीने लायक धन कमा लिया है. रंगमंच, फिल्म व टीवी ने मुझे अच्छा पैसा दिया. अब तो सिर्फ यादगार काम करना है. अब मैं आत्मसंतुष्टि के लिए ज्यादा काम कर रहा हूं.

आने वाली दूसरी फिल्में?

मेरी चार गुजराती भाषा की फिल्मं जल्द प्रदर्शित होंगी. एक फिल्म ’और्डर और्डर’ आउट औफ और्डर’ है, यह पारिवारीक और कोर्ट रूम ड्रामा वाली फिल्म है. दूसरी फिल्म ‘सफर द जीरो किलोमीटर’ है, जिसमें धर्मेश इलांडे हीरो है और मैने इसमें नगेटिव किरदार निभाया है. तीसरी फिल्म ‘पास ना पास जिंदगी की रेस मां’ है. इसके अलावा एक फिल्म ‘पटेल वर्सेस पथिक’ है. इसमें दर्शन रावल हीरो हैं. इसकी 10 प्रतिशत शूटिंग लंदन में होनी बाकी है.

सपना चौधरी का भोजपुरी गाना हुआ वायरल

सपना चौधरी हरियाणा से निकलकर अब पूरे देश में मशहूर हो चुकी हैं. अपने टैलेंट की बदौलत सपना ने बौलीवुड से लेकर भोजपुरी सिनेमा तक खूब नाम कमाया है. कुछ दिन पहले सपना चौधरी बिहार के वैशाली में शो के लिए गई हुई थीं. वहां पर सपना ने भोजपुरी में गाना गाकर अपने फैंस का दिल जीत लिया सपना का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sapna Choudhary Club (@isapnachaudhary) on

सपना चौधरी से जब एक फैन ने भोजुपरी में बात करने को कहा था तो उन्होंने कहा कि हमें बुड़बक समझे हो का हमें सब बोलना आता है. सपना ने फिर भोजपुरी गाना ‘ठीक है’ भी गया. सपना ने कहा कि हम सब को हर बोली-भाषा सम्मान करना चाहिए क्योंकि हम सब भारत देश के वासी हैं.

बता दें कि हाल ही में सपना ने अपनी आगामी बौलीवुड फिल्म ‘दोस्ती के साइड इफेक्ट्स’ का पोस्टर रिलीज किया था. इस पोस्टर में सपना का अलग ही अंदाज नजर आ रहा है. यलो टौप में सपना बेहद खूबसूरत लग रही हैं वहीं उनके गाल का डिंपल सपना की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम कर रहा है.

‘आंख मारे’ गाने पर देखिए इन लड़कियों का ‘हौट डांस’

बौलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और सारा अली खान की आने वाली फिल्म ‘सिंबा’ इसी महीने 28 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. फिल्म रिलीज से पहले ही इसका एक गाना ‘आंख मारे’ इंटरनेट पर काफी पसंद किया जा रहा है. अब तक इस गाने को यूट्यूब पर 147,970,664 बार देखा जा चुका है. इस गाने में रणवीर सिंह के अपोजिट सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान नजर आ रही हैं.

इस गाने का क्रजे युवाओं में इतना ज्यादा हो गया है कि कइयों ने तो इस गाने के डांस स्‍टेप को फौलो करके अपने डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया है. इसी क्रम में इन दिनों इंटरनेट पर इसी गाने पर डांस का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. इस वीडियो को ‘टीम नाच’ नाम के एक यू-ट्यूब चैनल ने अपलोड किया है. बता दें,  इस वीडियो में दो लड़कियों ने शानदार डांस का किया है. जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं. महज कुछ दिनों के अंदर इस वीडियो को 11 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और साथ ही काफी प्रतिक्रियाएं भी मिली हैं.

इस वीडियो में परफौर्म कर रही लड़कियों ने इस गाने में सारा अली द्वारा किए गए डांस को एक अलग एंगल से पेश किया है. इसलिए लोगों को इनका डांस काफी पसंद आ रहा है. बता दें,  निर्देशक रोहित शेट्टी की आने वाली फिल्‍म ‘सिंबा’ में एक बार फिर पुराने गाने के रीमेक करने की प्रथा को जारी रखी है.

सलमान के साथ झगड़े पर शाहरुख ने जो कहा आपको पढ़ना चाहिए

शाहरुख और सलमान की जोड़ी दोस्ती के लिए नहीं बल्कि दुश्मनी के लिए जानी जाती है.  अब भले ही दोनों बड़े पर्दे पर साथ दिख जाते हों, पर करीब 5 सालों तक दोनों अपनी दुश्मनी के किस्सों के कारण चर्चा में रहे. हालांकि दोनों में से कोई भी इसपर खुल के कभी नहीं बोला. इनकी लड़ाई खान-वार के नाम से मशहूर है.

हाल ही में शाहरुख ने इस लड़ाई के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि, कभी भी हम दोनों के बीच लड़ाई नहीं रही, वो बस मामूली सी तू-तू, मैं-मैं थी. शाहरुख ने कहा कि वो सलमान और उनके परिवार की बहुत इज्जत करते हैं. अपने पुराने दिनों को याद करते हुए शाहरुख कहते हैं कि, ‘जब मैं अपने परिवार के साथ नया नया मुंबई आया था तो उनके पूरे परिवार ने किसी अपने की तरह मेरा बहुत ख्याल रखा. मुझे लगता था कि मैं अपने दोस्तों और घरवालों के साथ हूं.’

किंग खान ने कहा कि, हमारे बीच छोटी मोटी नोंकझोंक होती रही हैं, पर प्यार भी बहुत ज्यादा है. हम एक दूसरे के बेहद करीब हैं.

आपको बता दें कि हाल ही में रिलीज हुई शाहरुख की फिल्म जीरो में सलमान का स्पेशल अपियरेंस था. इस फिल्म में शाहरुख के साथ अनुष्का और कटरीना कैफ मुख्य भुमिका में हैं. फिल्म का निर्देशन आनंद एल राय ने किया है. दर्शकों के बीच फिल्म का रिस्पौंस बहुत अच्छा नहीं रहा. अब देखने वाली बात होगी कि कमाई के मामले में फिल्म हिट रहती है या फ्लौप.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें