⚲

Editorial : गहरी पैठ-कौकरोच से बेचैन ऊंची जातियां

Editorial. दिल्ली की रामलीलाओं ने अब कौकरोचों के पुतलों को भी रावणों के साथ जलाया है. यह सारे देश में हुआ हो तो बड़ी बात नहीं है. और दूसरे शहरों में भी ऐसा हुआ हो तो बड़ी बात नहीं है. यह पुरानी पौराणिक पद्धति है जिसे आज का सवर्ण समाज दलितों पर थोप रहा है और सब से बड़े गुस्से की बात यह है कि इस पुतले को बनाने वाले ब्राह्मण, बनिए, क्षत्रिय नहीं होंगे, दलित और पिछड़े ही होंगे जिन्हें सदियों से समाज ने दुत्कारा है, कौकरोच समझा  है.

गीता के 8वें अध्याय में कृष्ण से कहलवाया गया है कि वासनाओं और कर्मों के कारण मानव कीड़ोंमकोड़ों की तरह पैदा और मरता रहता है. भृतहरि के नीति शतक में इन लोगों को बदबूदार मांस चबाने वाले कुत्तों के समान माना गया है. भगवत पुराण के 10वें स्कंध में ऊंची जातियोें के दान न देने वालों को मल के कीड़े की तरह माना गया है.

आज का ऊंची जातियों का समाज कौकरोच आंदोलन से बेचैन है क्योंकि यहां कौकरोच जनता पार्टी के मंच पर हिंदूमुसलिम, लड़केलड़कियां, ब्राह्मण, दलित, अमीरगरीब साथसाथ खड़े हो कर एग्जामों, बदहाल स्कूलों, वोट चोरी से वर्ण व्यवस्था को बनाए रखने की कोशिश में लगे हैं.

हिंदू धर्म में पूजापाठ, दानदक्षिणा इतना जरूरी नहीं है जितना जातिवाद है. लोग पूजापाठ और दान को कुछ पाने के लिए क्या जातिवाद को कायम रखने के लिए करते हैं.

कौकरोचों की युवाओं में बढ़ती ललक को देख कर ऊंची जातियां बेचैन हैं कि अगर वर्ण व्यवस्था टूट गई तो उन्हें घर बैठे आराम कैसे मिलेगा. देश की नई ईकौमर्स हो या फौरन करैंसी, यह कौकरोचों की देन है जो गंद में रह कर, गंदे रास्तों से चल कर तेज रफ्तार से ऊंची जातियों की सेवा के लिए हाजिर रहते हैं.

कौकरोच हैं तो ही 10 मिनट डिलीवरी हो रही है. कौकरोच हैं तो ही शहरों के अमीरों के इलाकों में सफाई हो रही हैं, कौकरोच हैं तो ही घर में सफाई करने वाली ऊंची जातियों ने कंपनियां बना ली हैं, कौकरोचों को ले कर देशभर में ऊंची जातियों के कौंट्रैक्टरों की बाढ़ आ गई है जो कौकरोचों को रख कर ऊंचों के घरों को साफ करते हैं. ये कौकरोच जबान खोलने लगें तो हिंदू धर्म का फायदा ही क्या है? दानदक्षिणा देने का फायदा ही क्या है?

कौकरोचों को रावणों की तरह जला डालना बड़े पुण्य का काम है. चिंता न करें कौकरोचों को जलाने के लिए बेवकूफ कौकरोच ढेरों में मिल जाएंगे. Editorial

Short Story : रमऊ का मकान

Short Story. रमऊ के आगेपीछे कोई नहीं था. अछूत समझ कर गांव वालों ने उसे गांव से बाहर रहने को मजबूर कर दिया था.

रमऊ ने गांव से बाहर एक कच्चा घर बनाया था. उस के घर में मिट्टी के कुछेक बरतनों और एक फटी गुदड़ी के अलावा कुछ भी न था. वह सुबह आंखें मलता हुआ मजदूरी की तलाश में निकलता और शाम ढले घर पहुंचता. उस के अंगोछे के एक छोर में मजदूरी के एवज में मिले 3-4 मुट्ठी चावल बंधे होते.

एक गरीब ब्राह्मण उसी गांव में दिनभर घूमघूम कर भीख मांगता और रात को किसी के बरामदे में सो जाता. उस ब्राह्मण को लोग ‘देवता’ समझते थे.

बरसात का मौसम आ गया. ऐसे समय में बड़ी जगह भी छोटी पड़ने लगती है. ब्राह्मण को तो कुछ ज्यादा ही परेशानी होने लगी. बरामदे में अकसर उस के साथ कुत्ते भी शरण ले लेते थे. किसी ने सुझाया कि वह रमऊ के मकान पर कब्जा कर ले.

एक दिन जब रमऊ घर पर नहीं था, ब्राह्मण ने उस के मकान पर कब्जा कर के उस की गुदड़ी जला दी, मिट्टी के बरतन फेंक दिए, फिर उस ने साफसफाई करवाई और रंगरोगन करवाया.

शाम को रमऊ घर पहुंचा, तो देखा कि घर में ताला लगा है. उसे बहुत हैरानी हुई. वह वहीं सिर पकड़ कर बैठ गया. कुछ देर बाद ब्राह्मण भी आ पहुंचा. ताला खोल कर वह मकान में दाखिल होने लगा, तो रमऊ ने उसे रोका, ‘‘ठहरिए, यह मेरा घर है.’’

ब्राह्मण ने रमऊ को सिर से पैर तक देखा और डांटते हुए कहा, ‘‘दूर हट अछूत… इधर अब कभी मत फटकना, नहीं तो खूब मरम्मत करूंगा. यह मेरा घर है. समझे.’’

ब्राह्मण आंखें तरेर कर उसे घूरने लगा. रमऊ सहम गया. लेकिन अपने घर की दावेदारी कैसे छोड़ देता. वह गरज कर बोला, ‘‘अरे ब्राह्मण, किसी दूसरे के घर पर कब्जा करते हुए तुझे  लज्जा नहीं आती?’’

दोनों में जम कर ‘तूतू मैंमैं’ होने लगी. रमऊ कहता, यह मेरा घर है और ब्राह्मण कहता कि मेरा है. दोनों फैसला कराने काजी के पास पहुंचे.

‘‘काजीजी, आप इंसाफ कीजिए. यह दुष्ट मेरे घर पर अपना कब्जा जमाना चाहता है,’’ कहते हुए ब्राह्मण रोने लगा.

‘‘काजी साहब, वह तो मेरा घर है, जिस पर इस पाखंडी ब्राह्मण ने कब्जा कर रखा है,’’ रमऊ बोला.

काजी को ब्राह्मण की बात पर यकीन हो गया. उस ने रमऊ को कभी देखा नहीं था. उस का हुलिया काजी को चोर की तरह लगा. लेकिन फैसला तो करना ही था. उस ने उस मकान को देखने का इरादा जाहिर किया.

जब काजी उस घर में दाखिल होने लगा, तो दरवाजे की ऊंचाई कम होने के कारण उस का सिर टकरा गया. तभी उस के दिमाग में एक बात आई.

कमरे में ब्राह्मण के कपड़ेलत्ते, शंकर की मूर्ति के आगे ढेर सारी पूजा की सामग्री रखी थी. कमरे से बाहर निकलते वक्त भी काजी का सिर दरवाजे से टकराया. उस ने फौरन हुक्म दिया, ‘‘आप दोनों बारीबारी से मकान के अंदर जाओ और बाहर निकलो.’’

पहले रमऊ कमरे के अंदर गया और आराम से बाहर निकल आया. काजी ने गौर से देखा कि रमऊ का सिर दरवाजे से नहीं टकराया.

फिर ब्राह्मण ने मकान के अंदर जाने के लिए पैर बढ़ाए, तो दरवाजे से उस का सिर टकराया और वह वहीं बैठ गया.

काजी ने फैसला सुनाया, ‘‘यह रमऊ का मकान है,’’ फिर वह ब्राह्मण के पास पहुंचा और उस के कंधे पर हाथ रख कर बोला, ‘‘अब तो मानते हैं न कि यह मकान आप का नहीं है. अगर यह मकान आप का होता, तो आप को झुक कर चलने की आदत होती और आप का सिर दरवाजे से कभी न टकराता. कुछ समझे, पंडितजी.’’

ब्राह्मण शर्म से जमीन में गड़ गया. धोती की कांछ को कमर में खोंसते हुए वह वहां से भाग खड़ा हुआ.

रमऊ हाथ जोड़ कर बोला, ‘‘काजी साहब, आप का यह एहसान मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा.’’

काजी ने जवाब दिया, ‘‘रमऊ भाई, इस में एहसान कैसा, यह तो मेरा फर्ज था.’’

रमऊ ने पीतल के बरतनों में खाना बनाया, कांसे के बरतनों में खाया और मखमली बिस्तर पर सो गया. वैसे, वह सोच रहा था कि कभी न कभी ब्राह्मण अपना सामान लेने जरूर आएगा.  Short Story

-इंदरमन साहू

Editorial : पैसे वालों का खेल है पेपर लीक कराना

Editorial. महाराष्ट्र पब्लिक सर्विस कमीशन के फूड एंड ड्रग डिपार्टमैंट में भरती के लिए हुए एग्जाम को अब कैंसिल कर दिया गया है क्योंकि मार्च में हुए इस एग्जाम के पेपर लीक हो गए थे. नैशनल कांग्रेस पार्टी के रोहित पवार ने कहा है कि इस के पेपर 40 लाख रुपए में बेचे गए थे.

ये 40 लाख रुपए देने की हैसियत किस की है? क्या किसान, मजदूर, आटोरिकशा चलाने वाला, बस ड्राइवर, डिलीवरी मैन, फैक्टरी वर्कर इतने पैसे खर्च कर सकता है? नहीं न. तो ये पैसे खर्च किए होंगे किसी पैसे वाले सरकारी मुलाजिम ने अपने बेटे के लिए जो जानता है कि इस पोस्ट पर मोटी नहीं बहुत मोटी कमाई है.

फूड एंड ड्रग डिपार्टमैंट में सैकड़ों की नहीं लाखों की रिश्वतें मिलती हैं. महाराष्ट्र में जुलाईअगस्त में एक अफसर का नाम हुआ है जिस ने बीसियों होटल, रैस्टोरैंट, ढाबे बंद करा दिए कि वहां गंदगी थी या सड़ा सामान था. उस अफसर ने कोई महान काम नहीं किया क्योंकि उस के पीछे स्टेट की, सत्ता की पावर थी जिसे लागू करने में उसे कोई चाह कर भी नहीं रोक पा रहा था.

इसी पावर को भुना कर फूड एंड ड्रग डिपार्टमैंट के बड़े अफसर से ले कर छोटे इंस्पैक्टर तक बड़ा मोटा पैसा बनाते हैं और अपना रोब दिखा कर मुफ्त में रैस्टोरैंटों में खाते हैं, होटलों में रहते हैं.

ये सब ऊंची जातियों के ही होते हैं क्योंकि ओबीसी और एससी जमातों के पास इतना पैसा कहां से आएगा. ये चाहते हैं कि 51 फीसदी सीटों पर तो कम से कम ऊंची जातियों के ही बच्चे आएं और इसीलिए ऐसा सिस्टम बनाया गया है कि 51 फीसदी जनरल कोटे में कोई ओबीसी, एससीएसटी मैरिट पर न घुस सके.

न केवल पेपर लीक किया जाता है, पेपर में सवाल भी ऐसे पूछे जाते हैं तो सिर्फ कोचिंग वाले ही सम?ा सकते हैं. सरकारी स्कूल में 12वीं या सरकारी कालेज में बीए करने वाला सम?ा ही न सके.

इसीलिए ज्यादातर एग्जाम सैंट्रलाइज कर दिए गए हैं ताकि लीक करे पेपर्स कोचिंग क्लासों के जरीए ऊंची फीस देने वाले ऊंची जातियों के बच्चों को मोटी रकम ले कर दिए जा सकें. सैंट्रलाइज एग्जाम का एकजैसी परीक्षा लेने के दावे से कोई लेनादेना है ही नहीं.

पेपर लीक करना हमेशा पैसे वालों का खेल रहा है. यह पैसे वालों की साजिश है कि मैरिट और नंबर्स की आड़ में पौराणिक जाति को जिंदा रखा जा सके.  Editorial

Editorial : गहरी पैठ-गुजरात मॉडल में स्कूल हुए बदहाल

Editorial. जरात मौडल की पढ़ाई, इकोनौमी, सत्ता, कारखानों का बड़ा बखान किया जाता है पर असलियत यह है कि गुजरात के ही 44,000 सरकारी स्कूलों के साढ़े 6 लाख स्टूडैंट्स पिछले साल पढ़ाई छोड़ कर या तो मांबाप के साथ उन के पुश्तैनी धंधे में लग गए या फिर भगवा  झंडा ले कर किसी धर्म की जगह सफाई, दंगाई, चंदा उगाहने का काम करने लगे.

गुजरात हिंदुत्व का गढ़ है और यहां और चीजों के साथ यह भी माना जाता है कि गरीब अछूत, दलित, पिछड़ों के बच्चों को पढ़ने की जरूरत क्या है. वे या तो सड़कों की सफाई करें, मजदूरी करें, स्टेशनों पर कुली का काम करें या फिर कांवड़ यात्रा में जा कर जुड़ें.

जो 6 लाख स्टूडैंट्स पढ़ाई छोड़ बैठे उन के मांबाप असल में दोषी नहीं हैं, वे समाज के सिस्टम के दोषी हैं. जब से राम मंदिर के नाम पर हिंदुत्व ने सिर उठाया है, कास्ट को ले कर भेदभाव भी बहुत फैल गया है. गुजरातियों की ऊंची जातियों के पास पैसा टपका है, कुछ धर्म की वजह से, कुछ राजनीति की कृपा से और कुछ उन की मेहनत से.

पर इस पैसे के साथ इन का यह अहसास भी बढ़ गया है कि दलित, ओबीसी, मुसलिम को पढ़ने की जरूरत क्या है. ये नए पैसे वाले चाहे सरकारी स्कूलों से पढ़ कर आए हों, अब जम कर उन स्वामियों के प्रवचनों में जाते हैं जहां रातदिन यह बताया जाता है कि पैसा या तो पिछले जन्मों के कर्मों के फल से आता है या आज किसी पूजा की जगह सिर नवा कर पूजापाठ, दानपुण्य कर के.

केंद्र और राज्य में अपने लोगों की सत्ता होने की वजह से गुजरात में अमीरों के हाथ बहुत पैसा लगा है पर गरीब नीची छोटी जाति वालों को कुछ नहीं मिला. उन के  बच्चे स्कूल छोड़ रहे हैं क्योंकि एक तो वहां ऊंची जाति के टीचर उन्हें नीची जाति का मान कर पढ़ाते नहीं दूसरे उन के मांबाप घर में एक और कमाऊ जने को चाहते हैं.

गुजरात मौडल का ढोल पीटा गया है पर स्कूलों में लड़कियों के शौचालय न होने की वजह से गरीब घरों की लड़कियों ने माहवारी शुरू होने के बाद स्कूल जाना बिलकुल बंद कर दिया है. इस की जिम्मेदारी केंद्र, राज्य सरकार के साथ उन अमीर उद्योगपतियों को लेनी होगी जो सारे देश का पैसा गुजरात में जमा कर रहे हैं पर सिर्फ 44,000 स्कूलों को ढंग से चलवा नहीं सकते. अफसोस यही है कि दलित, पिछड़े भी इस गरीबी को पिछले जन्मों के कर्मों का फल मानते हैं और इस जन्म को सुधारने के लिए धर्म का  झंडा लहराने वाली पार्टी को सपोर्ट करते हैं, उस से सवाल तक नहीं पूछते. Editorial

VIP Culture : हवा होते सपने

VIP Culture. सपना एयरपोर्ट के मेन गेट पर खड़ीखड़ी थक गई थी. यहां तो उस ने सुना था कि सभी काम समय पर होते हैं, मगर वह जिन नेता के इंतजार में खड़ी की गई थी, उन का कहीं अतापता नहीं था.

कोई बलदेव भाई किसी मशीन की तरह अलर्ट मोड में खड़े थे जैसे. कहीं कोई कमी न रह जाए, इस बात का बलदेव को खास खयाल था. उन्हीं ने करुणा चाची को फोन किया था कि तकरीबन आधा घंटे में एक सजीधजी लड़की चाहिए.

यह सुन कर करुणा चाची सपना के पास सुबहसुबह ही आ धमकी थीं. वे बोली थीं, ‘‘थोड़ी देर की तो बात है. बस जो मेहमान हैं, उन पर फूल की पंखुडि़यां बिखेरनी हैं, टीका लगाना है, आरती उतारनी और और माला पहनानी है. इसी के 2,000 रुपए मिल रहे हैं, तो क्या बुरा है. बस, शर्त यही है कि तुझे आधा घंटे में ही तैयार हो कर निकल लेना है.’’

‘‘ठीक है, मैं आज कालेज नहीं जाऊंगी…’’ सपना थोड़ा कशमकश में थी, ‘‘लेकिन किसी के स्वागत के लिए मैं ऐसे ही कैसे चली जाऊं? माना कि मुझे वहां जा कर कुछ खास नहीं करना है. लेकिन ऐसे हर काम के पहले मुझे ब्यूटीपार्लर जाना होता है. किसी के स्वागत में लोग मुझसे से क्या उम्मीद रखते हैं, उस का तो मुझे खयाल रखना ही होगा न?’’

‘‘उन के पास समय नहीं है. वे बड़े लोग हैं. उन्हें मना नहीं करना चाहिए…’’ करुणा चाची गिड़गिड़ाईं, ‘‘तुम वैसे ही बहुत खूबसूरत हो. कुछ भी पहन लोगी, तो खूबसूरत ही लगोगी. वैसे, तुम्हारे पास जो गुलाबी रंग का घाघराचोली है, वह पहन लेना और कुछ मेकअप कर लेना. इमिटेशन वाले आभूषण तो तुम्हारे पास ढेर सारे हैं ही. कुछ ढंग का पहन लेना.

‘‘राधिका भी तो साथ जा ही रही है.  जाओ, जल्दी तैयार हो जाओ. गाड़ी आती ही होगी. मैं ने तुम्हारी तरफ से हां कर दिया है.’’ अब आधा घंटे में कोई कैसे तैयार हो सकता है. वह तो गनीमत है कि सपना कालेज जाने के लिए नहा चुकी थी. कोई बात नहीं, वह तैयार हो लेगी. घर बैठे काम मिले, तो दिक्कत क्या है. उस के लिए तो यह अच्छा ही है.

जल्दीजल्दी तैयार हो कर सपना चौराहे के पास गाड़ी का इंतजार कर ही रही थी कि थोड़ी देर में ही गाड़ी भी आ गई थी.

सपना को एक तरह से खुशी ही हुई. आमतौर पर शादीब्याह, रिसैप्शन वगैरह में वह यही काम करती थी. किसी सजीधजी गुडि़या की तरह मेन गेट पर खड़ी रहो और लोगों पर फूल की पंखुडि़यां छितरा कर उन्हें टीका लगाओ. इसी काम के उसे 1,000 रुपए मिल जाते थे, तो उसे लगता था कि यह बहुत बड़ी नेमत है.

पड़ोस की करुणा चाची ने सपना को पहलेपहल यह काम दिलवाया था कि तू तो बड़ी खूबसूरत है और पार्टियों में तो ऐसे ही चेहरों की डिमांड रहती है. करना क्या है, बस सजधज कर खड़ी रहना है. मेहमानों को जरा मुसकरा कर देखना है, ताकि वे खुश हो जाएं. इन पार्टियों या रिसैप्शन में चायनाश्ता और रात का राजसी भोजन अलग से मिलता है. क्या पता, कोई खुश हो कर टिप भी दे दे.

करुणा चाची शहर की जानीमानी समाज सेविकाओं में गिनी जाती थीं. तकरीबन रोज ही उन का कहीं न कहीं आनाजाना लगा रहता था. अब तो वे राजनीतिक सभाओं और सम्मेलनों में भी जाती थीं. उन का शाही खर्च ऐसे ही नहीं चलता.

करुणा चाची के कहने पर सपना महंगी चीजें खरीदती थी. पहले तो वह किराए के कपड़ों से काम चलाती थी, मगर इधर उस ने कुछ अच्छे कपड़े खरीद भी लिए थे. बहुत मन था कि उस के पास अपना बढि़या घाघराचोली हो. कुछ संयोग ऐसा लगा कि उसे पिछले सीजन में लगातार काम मिले, तो उस की

अच्छी कमाई हो गई. तब उस ने पूरे 10,000 रुपए में गुलाबी रंग का सलमेसितारों से टंका घाघराचोली खरीद लिया था. अच्छे कपड़े रहने से एक फायदा यह तो है ही कि डिमांड बढ़ जाती है. फिर उस के किराए के पैसे बच जाते थे. दूसरे लौटाने की हड़बड़ी नहीं रहती. न यह डर कि कहीं फट जाए, तो दुगनाचौगुना जुर्माना भरो.

आमतौर पर इस काम में ब्यूटीपार्लर का भी खर्च शामिल रहता है. यह अलग बात है कि सपना पार्टियों से ब्यूटीपार्लर के खर्च का चार्ज अलग से लेती है.

अब वह इस पर खर्च क्यों करे. उसे सजनाधजना आता है. कुछ ब्यूटीपार्लर के टिप्स उस ने देखसुन कर सीख भी लिए हैं. सो, अपनी अलमारी में वह कुछ लिपस्टिक, पाउडर, स्नो, क्रीम वगैरह रखती भी है. ये सब इतने महंगे भी हैं कि उन के दाम सुन कर कलेजा मुंह को आता है. मगर अब जरूरी है, तो है. खरीदना तो पड़ेगा ही.

इमिटेशन के आभूषणों के अनेक सैट सपना के पास हैं. जब वह तैयार हो कर निकलती है, तो कितना कुछ सुनना भी तो पड़ता है उसे. मगर अब उस ने इसे नजरअंदाज करना सीख लिया है. इस में गलत क्या है. वह खूबसूरत है तो है. वह इस के बदले कीमत वसूल करती है, तो क्या बुरा है.

करुणा चाची ने बताया था कि आज के मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए कोई नेता दिल्ली से आने वाले हैं, जिन के स्वागत के लिए उसे एयरपोर्ट जाना होगा, तो वह खुश हो गई थी. उन नेता का नाम क्या है, वे कहां के रहने वाले हैं, इस से उसे कोई मतलब नहीं. करोड़ों में खेलने वाले इन नेताओं का नामपता जान कर करना भी क्या है.

दरअसल, उन नेता को अंदाजा नहीं था कि उन्हें मंत्रिमंडल में लिया जाएगा, इसलिए अपनी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए वे दिल्ली चले गए थे. एक दिन पहले ही पार्टी हाईकमान से खबर मिली कि उन्हें मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना है, तो वे भागेभागे चले आए थे हवाईजहाज से. उन के समर्थकों की तो पौबारह हो गई. जब उन का आदमी मंत्री बनेगा, तभी तो उन को मलाई और मिठाई रूपी ठेका और सप्लाई का काम मिलेगा.

आननफानन में नेता के स्वागत की तैयारी होने लगी थी और यह एयरपोर्ट से ही शुरू होना था. उस कालेकलूटे, गोभी के पकौड़े जैसे बड़े नाक, थुलथुल काया वाले नेता का स्वागत एयरपोर्ट पर कोई सुंदरी करे, तो दिन बेहतर होगा और इसी के लिए सपना का नाम आया था.

फट से करुणा चाची का संदेश सपना के पास गया था और वह तैयार हो कर लगभग भागते हुए गाड़ी से 8 बजे सुबह ही यहां आ पहुंची थी. अब वह यहां चाय मांगे, तो किस से? चाय पीने के चक्कर में लिपस्टिक बिगड़ भी तो सकती है.

आज तक सपना एयरपोर्ट नहीं आई थी. उस का भी बहुत मन करता था कि वह देखे कि हवाईजहाज कैसे उड़ता है और जमीन पर कैसे उतरता है. इसी बहाने आज उस की सालों की साध भी पूरी हो जाएगी.

एयरपोर्ट को देख कर तो सपना एकदम से दंग रह गई. राधिका भी इसी काम के लिए उसी के साथ आई थी. दरअसल, पहले तो एक लड़की ही को बुलाया गया था, मगर दल के नेता ने फरमान जारी किया कि 2 लड़कियां सम्मान करेंगी, तो ज्यादा अच्छा होगा, इसलिए आननफानन सपना को भी बुला लिया गया था.

लड़की को तैयार होने में देर तो लगेगी ही. तब और, जब किसी के स्वागत के लिए सजनासंवरना हो. और यहां एयरपोर्ट पर इतनी साफसफाई और सजावट. लकदक करती कुरसियां और सोफा सैट. ऊंची छतों पर लगे भव्य ?ाड़फानूस और दीवारों पर टंगी खूबसूरत बड़ीबड़ी पेंटिंग्स.

सुबह होने के बावजूद वहां भीड़ थी. हो भी क्यों नहीं. नई सरकार बनने की खुशी में या हड़बड़ी में वीआईपी लोगों का आनाजाना जारी था. चार्टर्ड हवाईजहाजों के बीच पब्लिक हवाईजहाज से उतरने वाले शायद वे आखिरी नेता थे.

10 बजे हवाईजहाज को उतरना था. मगर वीआईपी को लाने वाली फ्लाइट को प्राथमिकता दी जा रही थी. ऐसे में पब्लिक फ्लाइट हवा में ही मंडराती रही. उन नेता का हवाईजहाज कभी बनारस, तो कभी गया की ओर हवा में ही चक्कर काटता रहा.

साढ़े 11 बजे हवाईजहाज उतरा, तो वे नेता बेहद हड़बड़ी में थे. एयरपोर्ट के मेन गेट पर सपना से उन्होंने जल्दीजल्दी टीका लगवाया, माला पहनी. राधिका ने उन की जल्दीजल्दी आरती उतारी. नेताजी ने उतनी ही तेजी से माला उतारी और उसे नोंच कर किनारे फेंक कर बाहर की ओर भागे.

सुबह के 11 बजे से कार्यक्रम शुरू होना था और अभी यहीं साढ़े 11 बज रहे थे. मुख्यमंत्री से भी लेट पहुंचेंगे क्या वे नेता राजभवन? इस तुनकमिजाज मुख्यमंत्री का कोई भरोसा नहीं. कहीं देरी का बहाना कर मंत्रिमंडल में शामिल करने से इनकार कर दे, तो कोई क्या कर लेगा.

इन लोगों ने आज भारी अफरातफरी मचाई पटना एयरपोर्ट पर. नीचे उतरने ही नहीं दिया पब्लिक फ्लाइट को, इसलिए तो देर हो गई न. मुसाफिरों को लिए हवाईजहाज डेढ़ घंटे चक्कर काटता रहा हवा में, आसमान में. कभी मुजफ्फरपुर के आसमान में, तो कभी गया या बक्सर के आसपास.

भारी अफरातफरी के बीच मेन हाईवे को भी रोक दिया गया था. यह कोई बात नहीं. मगर किसी को आसमान में भी यों रोका जाता है क्या. गाड़ी में बैठ कर छूमंतर होते ही उन के समर्थकों की भीड़ भी दूसरी गाडि़यों में बैठ कर छूमंतर हो गई थी.

सपना और राधिका को पता नहीं था कि जिन नेता की उन्होंने आरती उतारी है, चंदन का टीका लगाया है, गुलाब की पंखुडि़यां उन पर निछावर की हैं, उन का नाम क्या है. एक खतरनाक से दिखने वाले आदमी ने सपना को बताया था कि यही हैं नेताजी. इन्हें टीका लगाओ, माला पहनाओ.

सपना और राधिका ने वह कर दिया था. ताबड़तोड़ तसवीरें भी ली गई थीं. पर हड़बड़ी में उन्होंने घर से अपना पर्स भी नहीं लिया था, जिस से उन के हाथ खाली थे. अब घर वापसी के लिए शेयर आटोरिकशा के लिए भी तो कुछ पैसे चाहिए न.

अचानक उन दोनों को वह आदमी बलदेव दिखा. वह अपनी बुलेट में किक मार रहा था कि राधिका ने उसे जा पकड़ा और पैसे मांगे. ‘‘तुम्हारे पैसे बाद में मिल जाएंगे…’’ बलदेव बोला, ‘‘अभी जल्दी है. मुझे राजभवन जाना है. अभी मुझे जाने दो.’’

‘‘अरे, हमारा मेहनताना बाद में देना,’’ मुंहफट राधिका तुरंत बोली, ‘‘हमें इतनी जल्दी सुबहसुबह आप लोगों ने बुला लिया. हम अपना पर्स भी नहीं ले पाई हैं. सुबह से मुंह में एक दाना नहीं डाला, चाय का एक कप भी नहीं. पर कोई बात नहीं. लेकिन हमें घर जाने का किराया तो दे जाओ. हम 10 किलोमीटर दूर पैदल तो अपने घर नहीं जा सकती हैं न.’’

बलदेव ने तुरंत अपनी जेब को टटोला और 50 रुपए का एक नोट निकाल कर उन की ओर उछाल दिया. बुलेट की ‘फटफट’ आवाज के बीच वे दोनों एकदूसरे का मुंह देख रही थीं. इज्जत करने वालों की इसी तरह बेइज्जती होती है शायद.

पैसे वाले और पैसा बनाते जाएंगे और उन जैसे लोग इसी तरह चंद रुपयों के लिए रौंदे जाते रहेंगे. सामंतवाद और पूंजीवाद का यही बिगड़ा रूप है. काम खत्म होने के बाद भी मेहनताने की गारंटी नहीं. चाय का एक प्याला तक उन्हें इस एयरपोर्ट पर पीने को नहीं मिला. फिर भी उन्हें इस पूंजीवादी सामंतवाद की इसी तरह आरती उतारनी होगी, टीका लगाना होगा, फूलों की पंखुडि़यां निछावर करते हुए माला पहनाते समय मुसकराना होगा. बदले में वे देंगे नफरत भरा बरताव और वे मुंह से उफ तक नहीं कर पाएंगी. VIP Culture

Hindi Kahani: संकरा

Hindi Kahani: ‘बायोसिस्टम्स साइंस ऐंड इंजीनियरिंग लैब में कंप्यूटर स्क्रीन पर जैसेजैसे डीएनए की रिपोर्ट दिख रही थी, वैसेवैसे आदित्य के माथे की नसें तन रही थीं. उस के खुश्क पड़ चुके हलक से चीख ही निकली, ‘‘नो… नो…’’ आदित्य लैब से बाहर निकल आया. उसे एक अजीब सी शर्म ने घेर लिया था. अचानक आदित्य के जेहन में वह घटना तैर गई, जब पिछले दिनों वह छुट्टियों में अपनी पुश्तैनी हवेली में ठहरा था.

एक सुबह नींद से जागने के बाद जब आदित्य बगीचे में टहल रहा था, तभी उसे सूरज नजर आया, जो हवेली के सभी पाखानों की सफाई से निबट कर अपने हाथपैर धो रहा था. आदित्य बोला था, ‘सुनो सूरज, मैं एक रिसर्च पर काम करने वाला हूं और तुम्हारी मदद चाहिए.’
सूरज बोला था, ‘आप के लिए हम अपनी जान भी लड़ा सकते हैं. आप कहिए तो साहब?’
‘ तुम्हारे खून का सैंपल चाहिए.’
सूरज बोला था, ‘मेरा खून ले कर क्या कीजिएगा साहब?’
‘मैं देखना चाहता हूं कि दलितों और ठाकुरों के खून में सचमुच कितना और क्या फर्क है.’
‘बहुत बड़ा फर्क है साहब. यह आप का ऊंचा खून ही है, जो आप को वैज्ञानिक बनाता है और मेरा दलित खून से पाखाना साफ करवाता है.’
यह सुन कर आदित्य बोला था, ‘ऐसा कुछ नहीं होता मेरे भाई. खूनवून सब ढकोसला है और यही मैं विज्ञान की भाषा में साबित करना चाहता हूं.’

आदित्य भले ही विदेश में पलाबढ़ा था और उस के पिता ठाकुर राजेश्वर सिंह स्विट्जरलैंड में बस जाने के बाद कभीकभार ही यहां आए थे, पर वह बचपन से ही जिद कर के अपनी मां के साथ यहां आता रहा था. वह छुट्टियां अपने दादा ठाकुर रणवीर सिंह के पास इस पुश्तैनी हवेली में बिताता रहा था. पर इस बार आदित्य लंबे समय के लिए भारत आया था. अब तो वह यहीं बस जाना चाहता था. दरअसल, एक अहम मुद्दे को ले कर बापबेटे हो गया था. उस के पिता ने वहां के एक निजी रिसर्च सैंटर में उस की जगह पक्की कर रखी थी, पर उस पर मानवतावादी विचारों का गहरा असर था, इसलिए वह अपनी रिसर्च का काम भारत में ही करना चाहता था. पिता के पूछने पर कि उस की रिसर्च का विषय क्या है, तो उस ने बताने से भी मना कर दिया था.

आदित्य
ने समाज में फैले जातिवाद, वंशवाद और उस से पैदा हुई समस्याओं पर काफी सोचाविचारा था. इस रिसर्च की शुरुआत वह खुद से कर रहा था और इस काम के लिए अब उसे किसी दलित का डीएनए चाहिए था. उस के लिए सूरज ही परिचित दलित था. सूरज के बापदादा इस हवेली में सफाई के काम के लिए आते थे. उन के बाद अब सूरज आता था. सूरज के परदादा मैयादीन के बारे में आदित्य को मालूम हुआ कि वे मजबूत देह के आदमी थे. उन्होंने बिरादरी की भलाई के कई काम किए थे. नौजवानों की तंदुरुस्ती के लिए अखाड़ा के बावजूद एक भले अंगरेज से गुजारिश कर के बस्ती में उन्होंने छोटा सा स्कूल भी खुलवाया था, जिस की बदौलत कई बच्चों की जिंदगी बदल गई थी. पर मैयादीन के बेटेपोते ही अनपढ़ रह गए थे. उस सुबह, जब आदित्य सूरज से खून का सैंपल मांग रहा था, तब उसे मैयादीन की याद आई थी.

पर इस समय आदित्य को बेकुसूर सूरज पर तरस आ रहा था और अपनेआप पर बेहद शर्म. आदित्य ने लैब में जब अपने और सूरज के डीएनए की जांच की, तब इस में कोई शक नहीं रह गया था कि सूरज उसी का भाई था, उसी का खून. आदित्य को 2 चेहरे उभरते से महसूस हुए. एक उस के पिता ठाकुर राजेश्वर सिंह थे, तो दूसरे सूरज के पिता हरचरण. आदित्य को साफसाफ याद है कि वह बचपन में जब अपनी मां के साथ हवेली आता था, तब हरचरण उस की मां को आदर से ‘बहूजीबहूजी’ कहता था. हरचरण ने उस की मां की तरफ कभी आंख उठा कर भी नहीं देखा था. ऐसे मन के साफ इनसान की जोरू के साथ उस के पिता ने अपनी वासना की भूख मिटाई थी. जाने उस के पिता ने उस बेचारी के साथ क्याक्या जुल्म किए होंगे. यह सच जान कर आदित्य को अपने पिता पर गुस्सा आ रहा था. तभी उस ने फैसला लिया कि अब वह इस खानदान की छाया में नहीं रहेगा. वह अपने दादा ठाकुर रणवीर सिंह से मिल कर हकीकत जानना चाहता था.

दादाजी अपने कमरे में बैठे थे. आदित्य को बेवक्त अपने सामने पा कर वे चौंक पड़े और बोले, ‘‘अरे आदित्य, इस समय यहां… अभी पिछले हफ्ते ही तो तू गया था?’’
‘‘हां दादाजी, बात ही कुछ ऐसी हो गई है.’’
‘‘अच्छा… हाथमुंह धो लो. भोजन के बाद आराम से बातें करेंगे.’’
‘‘नहीं दादाजी, अब मैं इस हवेली में पानी की एक बूंद भी नहीं पी सकता.’’
यह सुन कर दादाजी हैरान रह गए, फिर उन्होंने प्यार से कहा, ‘‘यह तु?ो क्या हो गया है? तुम से किसी ने कुछ कह दिया क्या?’’
‘‘दादाजी, आप ही कहिए कि किसी की इज्जत से खेल कर, उसे टूटे खिलौने की तरह भुला देने की बेशर्मी हम ठाकुर कब तक करते रहेंगे?’’
दादाजी आपे से बाहर हो गए और बोले, ‘‘तुम्हें अपने दादा से ऐसा सवाल करते हुए शर्म नहीं आती? अपनी किताबी भावनाओं में बह कर तुम भूल गए हो कि क्या कह रहे हो…
‘‘पिछले साल भी तारा सिंह की शादी तुम ने इसलिए रुकवा दी, क्योंकि उस के एक दलित लड़की से संबंध थे. अपने पिता से भी इन्हीं आदर्शों की वजह से तुम ?ागड़ कर आए हो.
‘‘मैं पूछता हूं कि आएदिन तुम जो अपने खानदान की इज्जत उछालते हो, उस से कौन से तमगे मिल गए तुम्हें?’’

‘‘तमगेतोहफे ही आदर्शों की कीमत नहीं हैं दादाजी. तारा सिंह ने तो अदालत के फैसले पर उस पीडि़त लड़की को अपना लिया था. लेकिन आप के सपूत ठाकुर राजेश्वर सिंह जब हरचरण की जोरू के साथ अपना मुंह काला करते हैं, तब कोई अदालत, कोई पंचायत कुछ नहीं कर सकती, क्योंकि बात को वहीं दफन कर उस पर राख डाल दी जाती है.’’ यह सुन कर ठाकुर साहब के सीने में बिजली सी कौंध गई. वे अपना हाथ सीने पर रख कर कुछ पल शांत रहे, फिर भारी मन से पूछा, ‘‘यह तुम से किस
ने कहा?’’
‘‘दादाजी, ऊंचनीच के इस ढकोसले को मैं विज्ञान के सहारे  साबित करना चाहता था. मैं जानता था कि इस से बहुत बड़ा तूफान उठ सकता है, इसलिए मैं ने आप से और पिताजी से यह बात छिपाई थी, पर मैं ने सपने में भी नहीं सोचा था कि इस तूफान की शुरुआत सीधे  से ही होगी… मैं ने खुद अपने और सूरज के डीएनए की जांच की है.’’

‘‘बरसों से जिस घाव को मैं ने सीने में छिपाए रखा, आज तुम ने उसे फिर कुरेदा… तुम्हारा विज्ञान सच जरूर बोलता है, लेकिन अधूरा…
‘‘तुम ने यह तो जान लिया कि सूरज और तुम्हारी रगों में एक ही खून दौड़ रहा है. अच्छा होता, अगर विज्ञान तुम्हें यह भी बताता कि इस में तेरे पिता का कोई दोष नहीं.
‘‘अरे, उस बेचारे को तो इस की खबर भी नहीं है. मु?ो भी नहीं होती, अगर वह दस्तावेज मेरे हाथ न लगता… बेटा, इस बात को सम?ाने के लिए तुम्हें शुरू से जानना होगा.’’
‘‘दादाजी, आप क्या कह रहे हैं? मु?ो किस बात को जानना होगा?’’
दादाजी ने उस का हाथ पकड़ा और उसे तहखाने वाले कमरे में ले गए. उस कमरे में पुराने बुजुर्गों की तसवीरों के अलावा सभी चीजें ऐतिहासिक जान पड़ती थीं.
एक तसवीर के सामने रुक कर दादाजी आदित्य से कहने लगे, ‘‘यह मेरे परदादा शमशेर सिंह हैं, जिन के एक लड़का भानुप्रताप था और जिस का ब्याह हो चुका था. एक लड़की रति थी, जो मंगली होने की वजह से ब्याह को तरसती थी…’’

आदित्य ने देखा कि शमशेर सिंह की तसवीर के पास ही 2 तसवीरें लगी हुई थीं, जो भानुप्रताप और उन की पत्नी की थीं. बाद में एक और सुंदर लड़की की तसवीर थी, जो रति थी.
‘‘मेरे परदादा अपनी जवानी में दूसरे जमींदारों की तरह ऐयाश ठाकुर थे. उन्होंने कभी अपनी हवस की भूख एक दलित लड़की की इज्जत लूट कर शांत की थी.
‘‘सालों बाद उसी का बदला दलित बिरादरी वाले कुछ लुटेरे मौका पा कर रति की इज्जत लूट कर लेना चाह रहे थे. तब ‘उस ने’ अपनी जान पर खेल कर रति की इज्जत बचाई थी.’’
कहते हुए दादाजी ने पास रखे भारी संदूक से एक डायरी निकाली, जो काफी पुरानी होने की वजह से पीली पड़ चुकी थी.
‘‘रति और भानुप्रताप की इज्जत किस ने बचाई, इस दस्तावेज से मालूम हुआ.
‘‘बेटा, इसे आज तक मेरे सिवा किसी और ने नहीं पढ़ा है. शुक्र है कि इसे मैं ने भी जतन से रखा, नहीं तो
आज मैं तुम्हारे सवालों के जवाब कहां से दे पाता…’’

रात की सुनसान लंबी सड़क पर इक्कादुक्का गाडि़यों के अलावा आदित्य की कार दौड़ रही थी, जिसे ड्राइवर चला रहा था. आदित्य पिछली सीट पर सिर टिकाए आंखें मूंदे निढाल पड़ा था. दादाजी की बताई बातें अब तक उस के जेहन में घटनाएं बन कर उभर रही थीं.
कसरती बदन वाला मैयादीन, जिस के चेहरे पर अनोखा तेज था, हवेली में ठाकुर शमशेर सिंह को पुकारता हुआ दाखिल हुआ, ‘ठाकुर साहब, आप ने मु?ो बुलाया. मैं हाजिर हो गया हूं… आप कहां हैं?’
तभी गुसलखाने से उसे चीख सुनाई दी. वह दौड़ता हुआ उस तरफ चला गया. उस ने देखा कि सुंदरसलोनी रति पैर में मोच आने से गिर पड़ी थी. उस का रूप और अदाएं किसी मुनि के भी अंदर का शैतान जगाने को काफी थीं. उस ने अदा से पास खड़े मैयादीन का हाथ पकड़ लिया.

‘देवीजी, आप क्या कर रही हैं?’ ‘सचमुच तुम बड़े भोले हो. ‘आप के ऊपर वासना का शैतान हावी हो गया है, पर माफ करें देवी, मैं उन लोगों में से नहीं, जो मर्दऔरत के पवित्र बंधन को जानवरों का खेल हैं.’
‘तुम्हारी यही बातें तो बावला बनाती हैं. लो…’ कह कर रति ने अपना पल्लू गिरा दिया, जिसे देख कर मैयादीन ने एक तमाचा रति को जड़ दिया और तुरंत वहां से निकल आया. मैयादीन वहां से निकला तो देखा कि दीवार की आड़ में बूढ़े ठाकुर शमशेर सिंह अपना खड़े थे. वह कुछ कहता, इस से पहले ही ठाकुर साहब ने उसे चुप रहने का इशारा किया और पीछेपीछे अपने कमरे में आने को कहा. मैयादीन ठाकुर साहब के पीछेपीछे उन के कमरे में चल दिया और अपराधबोध से बोला, ‘‘ठाकुर साहब, आप ने सब सुन लिया?’’ शर्म पर काबू रखते हुए थकी आवाज में उन्होंने कहा, ‘‘हां मैयादीन, मैं ने सब सुन लिया और अपने खून को अपनी जाति पर आते हुए भी देख लिया…

तुम्हारी बहादुरी ने पहले ही तुम्हारा कर्जदार बनाया था, आज तुम्हारे चरित्र ने तुम्हारे सामने भिखारी बना दिया. ‘धन्य है वह खून, जो तुम्हारी रगों में दौड़ रहा है… अपनी बेटी की तरफ से यह लाचार बाप तुम से माफी मांगता है. जवानी के बहाव में उस ने जो किया, तुम्हारी जगह कोई दूसरा होता, तो न जाने क्या होता. मेरी लड़की की इज्जत तुम ने दोबारा बचा ली… ‘अब जैसे भी हो, मैं इस मंगली के हाथ जल्द से जल्द पीले कर दूंगा, तब तक मेरी आबरू तुम्हारे हाथों में है. वचन दो मैयादीन…’ ‘ठाकुर साहब, हम अछूत हैं. समय का फेर हम से पाखाना साफ कराता है, पर इज्जतआबरू हम जानते हैं, इसलिए आप पर भरोसा कर सकते हैं.  मैयादीन का वचन सुन कर ठाकुर साहब को ठंडक महसूस हुई. उन्होंने एक लंबी सांस ले कर कहा, ‘अब किसी बात की चिंता नहीं… तुम्हारी बातें सुन कर मन में एक आस जगी है. पर सोचता हूं, कहीं तुम मना न कर दो.’ ‘ठाकुर साहब, मैं आप के लिए जान लड़ा सकता हूं.’

‘‘मैयादीन, तुम्हारी बहादुरी से खुश हो कर मैं तुम्हें इनाम देना चाहता था और इसलिए मैंने तुम्हें यहां बुलाया था… पर अब मैं तुम से ही एक दान मांगना चाहता हूं.’ मैयादीन हैरानी से बोला, ‘मैं आप को क्या दे सकता हूं? फिर भी हुक्म करें.’ ठाकुर साहब ने हिम्मत बटोर कर कहा, ‘‘तुम जानते हो, मेरे बेटे भानुप्रताप का ब्याह हुए 10 साल हो गए हैं, लेकिन सभी उपायों के बावजूद बहू की गोद आज तक सूनी है, इसलिए बेटे की कमजोरी छिपाने के लिए मैं लड़के की चाहत लिए यज्ञ के बारे में सोच रहा था. ‘‘मैं चाहता था, किसी महात्मा का बीज लूं, पर मेरे सामने एक बलवान और शीलवान बीजदाता के होते हुए किसी अनजान का बीज अपने खानदान के नाम पर कैसे पनपने दूं?’

यह सुन कर मैयादीन को जैसे दौरा पड़ गया. उसने कहा, ‘ठाकुर साहब… आज इस हवेली को क्या हो गया है? अभी कुछ देर पहले आप की बेटी… और अब आप?’ ‘मैयादीन, अगर तुम्हारा बीज मेरे वंश को आगे बढ़ाएगा, तो  मेरे बेटे को बिरादरी की आएदिन की चुभती बातों से नजात मिल जाएगी. मेरी आबरू एक दफा और बचा लो.’ ठाकुर साहब की लाचारी मैयादीन को ठंडा किए जा रही थी, फिर भी
वह बोला, ‘‘ठाकुर साहब, किसी इनाम का लालच नहीं, और न ही मैं लूंगा, फिर भी मैं आप की बात कैसे
मान लूं?’’ ठाकुर साहब ने अपनी पगड़ी मैयादीन के पैरों में रखते हुए कहा, ‘मान जाओ बेटा. तुम्हारा यह उपकार मैं कभी नहीं भूलूंगा.’’ ठाकुर साहब उस का हाथ अपने हाथ में ले कर बोले, ‘‘तुम ने सच्चे महात्मा का परिचय दिया है… अब से एक महीने तक तुम हमारी जंगल वाली कोठी में रहोगे. तुम्हारी जरूरत की सारी चीजें तुम्हें वहां मौजूद मिलेंगी. सही समय आने पर हम वहीं बहू को ले आएंगे…’

आदित्य का ध्यान टूटा, जब उस के कार ड्राइवर ने तीसरी बार कहा, ‘‘साहब, एयरपोर्ट आ गया है.’’
जब तक आदित्य खानदानी ठाकुर था, तब तक उस के भीतर एक मानवतावादी अपने ही खानदान के खिलाफ बगावत पर उतर आया था, पर अब उसे मालूम हुआ कि वह कौन है, कहां से पैदा हुआ है, उस का और सफाई करने वाले सूरज का परदादा एक ही है, तब उस की सारी वैज्ञानिक योजनाएं अपनी मौत आप मर गईं. जिस सच को आदित्य दुनिया के सामने लाना चाहता था, वही सच उस के सामने नंगा नाच रहा था, इसलिए वह हमेशा के लिए इस देश को छोड़े जा रहा था. अपने पिता के पास, उन की तय की हुई योजनाओं का हिस्सा बनने. पर जाने से पहले उस ने अपने दादा की गलती नहीं दोहराई. उन के परदादा के जतन से रखे दस्तावेज को वह जला आया था.                         

Social Inequality: पूरन कुमार की मौत: ऊंचे ओहदे पर भारी जाति के सवाल

Social Inequality, लेखक – शकील प्रेम

एससी तबके को सताने की खबरें आएदिन अखबारों में छपती रहती हैं. कहीं दूल्हे को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता है, तो कहीं किसी एससी को बेरहमी से पीटा जाता है. यह आम एससी समाज के हालात हैं.

कहते हैं कि आम और खास में फर्क होता है, लेकिन दुख तो इस बात का है कि इस तबके को सताने के मामले में आम और खास में कोई फर्क नहीं दिखता. एससी अगर आईपीएस अफसर भी बन जाए, तो वहां भी उस का शोषण होता है. एससी अगर राष्ट्रपति भी हो तो भी दबाया जाता है. सेना, पुलिस, यूनिवर्सिटी या देश का कोई भी इंस्टिट्यूटशन हो, हर जगह एससी तबके के साथ भेदभाव और शोषण होता ही है. बस, सताने के तरीके बदल जाते हैं.

7 अक्तूबर, 2025 को हरियाणा के सीनियर आईपीएस अफसर वाई. पूरन कुमार ने चंडीगढ़ के सैक्टर 11 के अपने सरकारी आवास के बेसमैंट में अपनी सर्विस रिवौल्वर से खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर ली थी.

वाई. पूरन कुमार 2001 बैच के एडीजीपी रैंक के अफसर थे. 8 पन्नों के सुसाइड नोट में उन्होंने 8 आईपीएस और 2 आईएएस अफसरों के नाम लिए थे. इस नोट के मुताबिक इन तमाम बड़े अफसरों ने उन्हें लगातार सताया था.

सुसाइड नोट में वाई. पूरन कुमार ने कैरियर में भेदभाव और अपने सीनियरों के द्वारा जातिवादी बरताव का जिक्र किया था. उन की पत्नी आईएएस अमनीत पी. कुमार ने भी अपनी शिकायत में कहा था कि उन के पति की खुदकुशी ‘सिस्टमैटिक उत्पीड़न’ का नतीजा है.

वाई. पूरन कुमार की खुदकुशी से 24 घंटे पहले उन के गनमैन हैड कांस्टेबल सुशील कुमार को रोहतक में शराब कारोबारी से ढाई लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में गनमैन ने
वाई. पूरन कुमार का नाम लिया था.

गनमैन सुशील कुमार के इसी बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई.

वाई. पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार ने इस एफआईआर को एक साजिश बताया और उन्होंने कहा, ‘पूरन कुमार पहले से ही सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाते रहे थे. उन्होंने कोर्ट में कई याचिकाएं और शिकायतें लगाई हुई थीं, जिस से वे बड़े अफसरों के लिए मुसीबत बने हुए थे, इसलिए उन्हें रिश्वतखोरी की झूठी साजिश में फंसाया गया.’

वाई. पूरन कुमार ने अपने सुसाइड नोट में आला अफसरों पर जो गंभीर आरोप लगाए हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं. एससी समाज के अफसरों को प्रशासनिक तौर पर किस तरह का उत्पीड़न झेलना पड़ता है, वाई. पूरन कुमार इस बात का उदाहरण हैं.

वाई. पूरन कुमार की खुदकुशी के कुछ ही दिनों के अंदर रोहतक में हरियाणा पुलिस के एएसआई संदीप कुमार लाठर ने सर्विस रिवौल्वर से खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर ली. संदीप कुमार ने 6 मिनट का वीडियो और 4 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा. इन में उन्होंने वाई. पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. इस घटना से एडीजीपी वाई. पूरन कुमार की खुदकुशी का मामला और पेचीदा हो गया है.

एससी समाज से निकले आईपीएस वाई. पूरन कुमार भ्रष्टाचार में शामिल थे या नहीं यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा, पर अगर वे भ्रष्ट अफसर थे तो भी उन के साथ हुए जातीय भेदभाव से इनकार नहीं किया जा सकता.

अगर वाई. पूरन कुमार जैसे बड़े सरकारी अफसर ही जातिवाद की सोच का शिकार हो सकते हैं, तो निचले लैवल पर एससी मुलाजिमों के हालात का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. एससी तबके को कार्पोरेट सैक्टर में भी कोई राहत नहीं है. वहां भी हर लैवल पर भेदभाव होता है.

विवेक राज जो बैंगलुरु में एक कार्पोरेट अफसर थे. वे लाइफस्टाइल इंटरनैशनल प्राइवेट लिमिटेड में पोस्टेड थे. विवेक राज को उन के अपर कास्ट सीनियरों द्वारा इतना उत्पीड़न झेलना पड़ा कि उन्होंने साल 2023 में खुदकुशी कर ली थी. पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई.

पिछले 10 सालों में आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों में 20 से ज्यादा एससी छात्रों ने जातिवाद के चलते खुदखुशी की. वैसे भी एससी छात्रों के साथ जाति आधारित भेदभाव तो प्राथमिक कक्षाओं से शुरू हो जाता है. यही वजह है कि देश की बड़ी यूनिवर्सिटियों तक एससी तबके के छात्रों का पहुंचना भी मुश्किल होता है.

एससी तबके के छात्रों का प्राइमरी लैवल से ऊंची पढ़ाई तक पहुंचने का फीसदी काफी कम है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 में एससी छात्रों का ग्रौस इनरोलमैंट रेशियो प्राइमरी लैवल (कक्षा 1-5) पर 96.8 फीसदी, सैकंडरी लैवल (कक्षा 9-10) पर 80.6 फीसदी और हायर सैकंडरी लैवल (कक्षा
11-12) पर 57.9 फीसदी है. इस के बाद ऊंची पढ़ाईलिखाई (18-23 साल) में एससी छात्रों का ग्रौस इनरोलमैंट रेशियो महज 25.9 फीसदी है.

इस का मतलब है कि प्राइमरी लैवल से शुरू करने वाले एससी छात्रों में से तकरीबन 26 फीसदी ही देश की बड़ी यूनिवर्सिटियों या उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंच पाते हैं, जबकि बाकी स्टूडैंट्स इस से आगे नहीं बढ़ पाते.

देश के टौप संस्थानों जैसे आईआईटी या आईआईएम में पहुंचने वाले स्टूडैंट्स का फीसदी तो 0.1 फीसदी से भी कम है, क्योंकि इन टौप की यूनिवर्सिटियों में सीटें सीमित होती हैं और रिजर्वेशन के बावजूद कंपीटिशन ज्यादा होता है.

इतनी जद्दोजेहद के बाद कुछ छात्र इन यूनिवर्सिटियों तक पहुंच भी गए तो उन्हें हर कदम पर जातिवाद झेलना पड़ता है या उन की संस्थागत हत्याएं कर दी जाती हैं. साल 2016 में रोहित वेमुला और साल 2023 में दर्शन सोलंकी इस बात के उदाहरण हैं.

घोड़ी चढ़ने का हक नहीं

गुजरात के सांदीपाडा गांव में आकाश कोटडिया नाम के एससी नौजवान की शादी थी. गांव के ही कुछ ऊंची जाति के लोगों ने आकाश को शादी के दौरान घोड़ी पर चढ़ने से मना कर दिया. मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा.

हालांकि, यह मामला फरवरी, 2020 का है, लेकिन इस मामले में खास बात यह है कि आकाश आर्मी का जवान था और जम्मूकश्मीर में तैनात था. वह कुछ दिन पहले छुट्टी ले कर शादी के लिए गांव आया था.

16 दिसंबर, 2024 को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दलित पुलिस कांस्टेबल के बेटे नंदराम सिंह की बरात के दौरान ऊपरी जाति के तकरीबन 40 लोगों ने हमला किया. उन्होंने दूल्हे को घोड़ी से जबरन उतार दिया. जातिवादी गालियां दीं. डीजे सिस्टम तोड़ा. औरतों से छेड़छाड़ की और बरातियों पर पथराव किया. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और 5 लोगों को गिरफ्तार किया.

फरवरी, 2022 को मध्य प्रदेश के छतरपुर में 24 साल के दलित पुलिस कांस्टेबल दयाचंद अहिरवार की बरात में ऊपरी जातियों ने जम कर हंगामा किया और दूल्हे को घोड़ी से उतार दिया. अगले दिन प्रशासन ने भारी पुलिस सुरक्षा में उन्हें घोड़ी पर चढ़ाया.

इन तीनों मामलों में दूल्हे आर्मी या पुलिस में थे, इसलिए इन तीनों मामलों में पुलिस ने सक्रिय भूमिका निभाई और मामला सुर्खियों में आया. आम एससी तबके के ऐसे अनेक मामले तो खबरों में ही नहीं आ पाते या इन मामलों में कोई मुकदमा ही दर्ज नहीं होता.

इन वारदात को रोकने के लिए कई जिलों में ‘समानता समितियां’ बनाई गई हैं और एससी दूल्हों को पुलिस सुरक्षा दी जाती है फिर भी हर साल दर्जनों ऐसे मामले दर्ज किए जाते हैं.

संविधान के अनुच्छेद 17 में अस्पृश्यता को गैरकानूनी घोषित किया गया है, लेकिन एनसीआरबी डाटा के मुताबिक हर 20 मिनट में एससी तबके के खिलाफ ऐसे अपराध दर्ज होते हैं.

राष्ट्रपति होते हुए जातीय भेदभाव

रामनाथ कोविंद, जो 2017 से साल 2022 तक भारत के 14वें राष्ट्रपति रहे, केआर नारायणन के बाद वे भारत के दूसरे ऐसे राष्ट्रपति थे जो एससी तबके से आते थे. वे भाजपा द्वारा समर्थित राष्ट्रपति थे. यही वजह थी कि रामनाथ कोविंद की नियुक्ति को भाजपा ने ‘दलित उत्थान’ के प्रतीक के रूप में पेश किया था.

साल 2018 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जगन्नाथ पुरी मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करना चाहते थे, लेकिन मंदिर के पुजारियों ने उन्हें रोक दिया था. मंदिर के परंपरागत नियमों के अनुसार गैरहिंदू या निचली जाति के लोगों को गर्भगृह में जाने की इजाजत नहीं है.

इसी तरह वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जो संथाल जनजाति से आती हैं, भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं, जो 2022 में राष्ट्रपति चुनी गईं.

जून, 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा की. एक तसवीर वायरल हुई, जिस में वे मंदिर के गर्भगृह के बाहर पूजा करती दिखीं, जबकि केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और धर्मेंद्र प्रधान गर्भगृह के अंदर पूजा करते दिखे. आदिवासी होने के कारण उन्हें गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया गया.

हालांकि, विवाद बढ़ने पर मंदिर के पुजारियों ने साफ किया कि राष्ट्रपति के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ, बल्कि उन्होंने ऐसा करते हुए सामान्य प्रोटोकौल का पालन किया.

सितंबर, 2023 में नए संसद भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया. इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को न्योता ही नहीं दिया गया, जबकि देश का राष्ट्रपति संसद के दोनों सदनों का सर्वोच्च प्रतिनिधि होता है. इस हिसाब से नए बने संसद का उद्घाटन राष्ट्रपति को ही करना चाहिए.

तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ हुए इस भेदभाव को ‘सनातन धर्म आधारित जातीय भेदभाव’ कहा और दावा किया कि आदिवासी महिला होने के चलते उन्हें इस समारोह से दूर रखा गया.

इस राष्ट्रपति के साथ जातीय भेदभाव

केआर नारायणन भारत के 10वें राष्ट्रपति (1997से 2002) थे, जो एससी बैकग्राउंड से आए थे. वे केरल के उ झावूर गांव में एक अछूत परिवार में जनमे थे. उन की पूरी जिंदगी भारत की जाति व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है. उन्होंने प्राइमरी ऐजूकेशन से ले कर हायर ऐजूकेशन और फिर लैक्चरर की नौकरी तक में सताया जाना और भेदभाव झेला और राष्ट्रपति बनने के बाद भी वे जातीय तानों का शिकार बने रहे.

साल 1943 में ट्रावणकोर यूनिवर्सिटी (अब केरल यूनिवर्सिटी) से एमए करने के बाद केआर नारायणन को उन की जाति के चलते लैक्चरर की नौकरी से निकाल दिया गया था. डिगरी समारोह में भी उन्हें बेइज्जत किया गया था. अपने आत्मसम्मान के लिए उन्होंने डिगरी लेने से ही इनकार कर दिया था.

बाद में, राष्ट्रपति बनने पर केआर नारारणयन उसी यूनिवर्सिटी में लौटे और अपने भाषण में उन्होंने कहा था, ‘‘मैं उन जातिवादियों को यहां नहीं देख पा रहा हूं, जिन्होंने मु झे अछूत होने के चलते नौकरी से निकाल दिया था.’’

साल 1948 में लंदन स्कूल औफ इकोनौमिक्स से अपनी पढ़ाई पूरी कर के केआर नारायणन आईएफएस के लिए चुने गए थे, लेकिन यहां भी वे सताए जाने का शिकार हुए थे. भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में प्रवेश के लिए उन्हें ऊपरी जातियों के अफसरों का विरोध झेलना पड़ा था. तब डाक्टर बीआर अंबेडकर की मदद से वे आईएफएस में शामिल हुए.

साल 1997 में भारत के 10वें राष्ट्रपति के चुनाव में केआर नारायणन को 95 फीसदी वोट मिले थे, लेकिन तब उन पर आरोप लगे थे कि उन का चुनाव एससी कोटे के चलते हुआ न कि उन की काबिलीयत से. एक विदेशी यात्रा के दौरान उन्हें जहर देने की साजिश रची गई थी. इस साजिश के लिए दक्षिणपंथी ताकतों की भूमिका नजर आई थी.

गुजरात दंगों को रोकने के लिए राष्ट्रपति केआर नारायणन ने प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से सेना भेजने की मांग की थी, लेकिन उन की बात पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी. यही वजह थी कि साल 2002 में दूसरे कार्यकाल के लिए उन का नाम प्रस्तावित हुआ, लेकिन भाजपा ने उन्हें दोबारा राष्ट्रपति नहीं बनने दिया था. केआर नारायणन ने बाद में इसे साजिश बताया था.

ओहदे पर जाति भारी

एससीएसटी तबका सदियों से अछूत रहा है. भारत के गांव अछूतों के लिए यातना केंद्र रहे हैं. यही वजह थी कि डाक्टर भीमराव अंबेडकर ने अछूतों को शहरों में बस जाने पर जोर दिया. शहरों में बस जाने से अछूतपन खत्म नहीं होता, लेकिन गांवों की बजाय रोजगार के मौके ज्यादा थे.

आजादी के बाद एससी तबके ने बड़ी तादात में शहरों की ओर पलायन किया. राहत जरूर मिली, लेकिन शहरों में भी सताया जाना खत्म नहीं हुआ.

लोकतांत्रिक नियमों के मुताबिक पढ़ाईलिखाई के दरवाजे सब के लिए खुले थे, लेकिन अछूतों के लिए सामाजिक नियम इतने कठोर थे कि उन के लिए स्कूल तक पहुंचना आसान नहीं था. गांव हो या शहर एससी तबके की पढ़ाईलिखाई के मामले में दोनों जगह जातिवादी सोच कायम रही.

इस सब के बावजूद एससी तबके के लोग ऊंची तालीम की दहलीज तक पहुंचे और सिस्टम का हिस्सा बने, लेकिन उन्हें सताए जाने का दर्द भी झेलना पड़ा.

आज भी एससीएसटी तबके के लिए मुश्किलें कम नहीं हुई हैं. शुरुआती पढ़ाईलिखाई तक पहुंच आसान हुई है, लेकिन इस से आगे का रास्ता बेहद मुश्किल है. इन मुश्किल रास्तों पर चलते हुए कुछ लोग सिस्टम का हिस्सा बन भी रहे हैं, तो वहां भी जातिवाद उन का पीछा नहीं छोड़ रहा है. सब से बड़ा सवाल यह है कि क्या इस जातिवाद को खत्म करने का कोई समाधान है?

समाधान यही है की एससीएसटी तबके को पढ़ाईलिखाई की अहमियत को सम झना होगा. प्राइमरी लैवल की पढ़ाईलिखाई में 97 फीसदी एससी बच्चे पहुंच रहे हैं, लेकिन ऊंची पढ़ाईलिखाई में यही रेशियो महज 26 फीसदी रह जाता है.

एससी तबके को सब से पहले प्राइमरी से ऊंची पढ़ाईलिखाई के बीच के इस ड्रौपआउट रेशियो को कम करना होगा. जो समाज जितना कमजोर होता है, उस के लिए संघर्ष उतना ही बड़ा होता है.

यूनिवर्सिटी की पढ़ाई तक जितने ज्यादा एससी छात्र पहुंचेंगे, उन को सताया जाना उतना ही कम होगा. नौकरियों में भी ज्यादा से ज्यादा हिस्सेदारी हासिल करनी होगी. हर लैवल पर संगठन को मजबूत करना होगा, ताकि भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई जा सके.

एससी तबके के सांसदों और विधायकों पर लगातार दबाव बनाए रखना होगा, ताकि वे सिर्फ सत्ता सुख न भोगें, बल्कि समाज के हित में काम करें. समय लगेगा, लेकिन हालात जरूर बदलेंगे.

रहनसहन में बदलाव जरूरी

एससीएसटी और मुसलिम तबके मुख्यधारा से कटे हुए नजर आते हैं, तो इस में किस का दोष है? भारत के कल्चर का हिस्सा होते हुए भी कल्चर से अलग दिखने की नौटंकी क्यों? यहीं से समस्याएं शुरू होती हैं.

एससीएसटी और मुसलिम तबका खुलेपन और नएपन से परहेज करता है. मुसलिम अपने अकीदों के आगे किसी तरह का सम झौता नहीं कर पाते तो एससी तबका भी इसी रास्ते पर निकल पड़ा है.

एससीएसटी और मुसलिम तबके को शहरों में घर किराए पर लेना मुश्किल होता है, तो इस की वजह सिर्फ मकान मालिकों के अंदर भेदभाव भरी सोच ही नहीं है. ये लोग खुद ही मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाते.

खानपान, पहनावा और रहनसहन की आदतें नहीं बदल पाते. साफसफाई के तौरतरीके नहीं सीख पाते. घर में लड़ाई झगड़े, घर की औरतों को पीटना, घर में हमेशा शोरशराबा होना और ज्यादा बच्चे होना यह आम बात होती है, इसीलिए इन्हें कोई किराए पर नहीं रखता.

वर्ग संघर्ष कितना जरूरी

दुनिया के किसी भी समाज में इनसानों की कीमत उस की प्रोडक्टिविटी से तय होती है. परिवार भी ऐसे ही चलते हैं. आज के समय परिवार में जो जितना प्रोडक्टिव होता है उस की इज्जत भी उसी हिसाब से होती है.

परिवार का जो सदस्य प्रोडक्टिव नहीं तो वह अपने परिवार में ही हाशिए पर चला जाएगा. कोई समाज अगर प्रोडक्टिव नहीं है, तो वह भी बाकी समाजों के बीच हाशिए पर चला जाएगा.

जो जाति या समाज टौप पर है, तो उस ने अपनी जायज या नाजायज प्रोडक्टिविटी को साबित किया है और जो जाति या समाज हाशिए पर है, वह अपनी प्रोडक्टिविटी को साबित नहीं कर पाया. यही लोग वर्ग संघर्ष की बात करते हैं. किसी भी संघर्ष की कीमत होती है. जिन के पास बहुतकुछ है वे आसानी से अपना दबदबा नहीं छोड़ेंगे और जिन के पास कुछ नहीं वे किसी भी संघर्ष के लायक भी नहीं हैं, इसलिए वर्ग संघर्ष की बात ही बेमानी है.

इज्जत और सा झेदारी के लिए अपने भीतर का संघर्ष जरूरी है. प्रोडक्टिविटी में भागीदार बनना जरूरी है. इस के लिए प्रोडक्टिव होना जरूरी है. आज जमाना बदल गया है. क्रांतियां किताबों में ही अच्छी लगती हैं. धरातल पर तो जू झना होता है. एससीएसटी और मुसलिम समाज को यह बात सम झनी होगी. बराबरी के हकदार बराबरी के लोग ही होते हैं. यह कड़वी हकीकत है.

‘घेटो’ की घुटन से बाहर निकलना जरूरी

16वीं सदी में इटली के वेनिस शहर में यहूदियों को अलगथलग इलाकों, जिन्हें ‘घेटो नुओवो’ (यहूदियों की नई बस्ती) कहा जाता था, में रहने के लिए मजबूर किया गया था. ये इलाके दूर से पहचाने जा सकते थे.

इटली से ही ‘घेटो शब्द इतना मशहूर हुआ कि यह अमेरिका के नीग्रो गुलामों की अलगथलग बस्तियों के लिए भी इस्तेमाल होने लगा. ब्रिटिश, डच और फ्रांसीसी उपनिवेशों में किसी कबीलाई समुदाय या धार्मिक अल्पसंख्यक को जबरन साथ रहने के लिए मजबूर किया जाता, तो यही इलाके घेटो बन जाते थे.

घेटो की घुटनभरी गलियों में कोई भी बाहरी नहीं घुसना चाहता था. अमेरिका में घेटो गुलामों की फैक्टरियां थीं, तो यूरोप के घेटो यहूदियों को अलगथलग रखने के डिटैंशन कैंप थे. यहां केवल एकजैसे लोग रहते थे, जो घेटो में पैदा होते और यहीं मर जाते थे.

आज भी शहरोंकसबों के आसपास ऐसे इलाके मौजूद होते हैं, जो अनपढ़ता, गरीबी और अपराध के लिए बदनाम होते हैं. ये इलाके आज के घेटो हैं. अमेरिका में अफ्रीकीअमेरिकी या हिस्पैनिक समुदाय के लोग जिन इलाकों में रहते हैं, उन्हें आज भी घेटो कहा जाता है.

भारत में भी ऐसे ‘घेटो’ की कमी नहीं है. यहां तो सदियों से घेटो मौजूद रहे हैं. गांव हो या शहर एससी तबके के लिए हर लैवल पर घेटो बनाए गए थे. शहरों के घेटो आगे चल कर झुग्गी झोंपडि़यों में बदल गए. हर गांव में एक घेटो नजर आ जाएगा.

शहरों में मुसलिम बहुल इलाकों को ही देख लीजिए. ये भी घेटो ही हैं. कई दलित बहुल महल्ले भी ऐसे ही हैं, जहां घुसने में भी घुटन होती है, जबकि वहां ये लोग आराम से जीते हैं. आज के इन घेटो की पहचान खराब बुनियादी ढांचे, अनपढ़ता, सेहत से जुड़ी सेवाओं की कमी और अपराध दर में बढ़ोतरी से होती है.

भारत के घेटो एससीएसटी और मुसलिमों के लिए किसी डिटैंशन कैंप से कम नहीं हैं. आखिर मजबूरी क्या है? घेटो की दीवारों को तोड़ कर मुख्यधारा तक पहुंचना मुश्किल तो नहीं है, लेकिन घेटो में जीने की आदत पड़ गई है. यहां से निकलने का एकमात्र जरीया पढ़ाईलिखाई है, लेकिन इन समाजों को तालीम की सम झ ही नहीं है.

समस्या आप की, हल भी आप ही निकालें

एससीएसटी तबके के साथ इतिहास में गलत हुआ या आज भी गलत हो रहा है, इस बात का रोना रोते रहने से कुछ नहीं बदलेगा. मुसलिम बादशाहों ने हजार साल तक इस देश पर हुकूमत की, इस बात पर इतराने से मुसलिमों के आज के हालात नहीं बदल जाएंगे. एससीएसटी तबके और मुसलिमों को यह तय करना होगा कि वर्तमान में उन के समाज की परफौर्मैंस और प्रोडक्टिविटी क्या है?

यह इस बात से तय होगा कि आप के समाज में पढ़ाईलिखाई और सम झदारी का लैवल क्या है?

पढ़ाईलिखाई और सम झदारी का रास्ता मुश्किल है, लेकिन इस के अलावा और कोई रास्ता ही नहीं है. हालात का रोना रोते रहने से हालात नहीं बदलते. नेता आते हैं और अपना उल्लू सीधा कर गायब हो जाते हैं. समाज इन नेताओं का पिछलग्गू बना रहता है. समस्या आप की है, तो बदलाव भी खुद से शुरू करना होगा. Social Inequality

Indian Society: काले रंग से दबती दलित बालाएं

Indian Society: लहू का रंग लाल होता है, पर ‘ऊंचे’ होने का घमंड पालने वाले कुलीन तबके को अपने ‘ब्लू ब्लड’ पर नाज रहा है. अब आप पूछेंगे कि यह ‘ब्लू ब्लड’ क्या बला है, तो इसे हम आसान शब्दों में समझ सकते हैं कि 17वीं सदी में स्पेन देश के कुलीन वर्ग के लोगों की गोरी चमड़ी में खून की नसें नीली दिखती थीं, क्योंकि उन का धूप से ज्यादा वास्ता नहीं पड़ता था, तो उन नसों को वे ‘ब्लू ब्लड’ कहते थे.

बाद में पूरे यूरोप के ऐसे कुलीन वर्ग को अपने ‘ब्लू ब्लड’ पर नाज हो गया था, जो आम जनता से खुद को अलग समझ कर उन्हें उन के काले, मटमैले रंग के चलते खुद से छोटा समझते थे.

इस कालेगोरे के भेद के चक्कर में समाज में एक सोच पनपती है कि जिस का रंग ‘कालिया’ वह गुलाम और जिस का रंग ‘दूधिया’ वह बादशाह. यह होता है रंगभेद जो पूरी दुनिया में फैला हुआ है. आधी आबादी खासकर नई उम्र की लड़कियों में यह रंगभेद उन के विचारों की जड़ों में मट्ठा का काम करता है.

आम लड़कियों की तो छोडि़ए, नामचीन लेखिका और समाजसेवी अरुंधति राय का दर्द ही सुन लीजिए, ‘‘मैं पतली थी, एक महिला थी और सांवली थी… 3 ऐसी खासीयतें जो केरल के लोगों को स्वीकार नहीं हैं.’’

यह सब अरुंधति राय ने अपनी पुस्तक ‘गौड औफ स्मौल थिंग्स’ के लिए ब्रिटेन का ‘बुकर पुरस्कार’ जीतने के तुरंत बाद मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था.

इसी साल मार्च महीने की बात है. तब केरल की चीफ सैक्रेटरी शारदा मुरलीधरन ने रंगभेद पर अपनी आपबीती शेयर करते हुए बताया था कि कैसे सांवले रंग के चलते उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ा. फेसबुक पर उन्होंने लिखा था कि कैसे एक अनजान शख्स ने उन के औफिस में उन के रंग को ले कर
टिप्पणी की. उस शख्स ने कहा कि शारदा का कार्यकाल उन के पति वी. वेणु जितना ‘काला’ है, उतना ही उन के पति का ‘सफेद’ है.

शारदा मुरलीधरन ने लिखा कि मैं 50 सालों से इस सोच के साथ जी रही हूं कि मेरा रंग अच्छा नहीं है. हमारे समाज में गोरे रंग को ज्यादा अहमियत दी जाती है, इसलिए सांवले रंग के लोगों को भेदभाव का सामना करना पड़ता है. यह भेदभाव स्कूलकालेज और औफिस में भी होता है.

शारदा मुरलीधरन ने आगे बताया कि जब वे 4 साल की थीं, तो उन्होंने अपनी मां से कहा था कि ‘मुझे वापस अपनी कोख में डाल दो और फिर से गोरा और सुंदर बना कर बाहर निकालो’.

यह जो गोरा और सुंदर होने की डिमांड या गुहार है न, बड़ी खतरनाक है. तभी तो गोरा करने की क्रीम इश्तिहार बाजार पर काबिज हैं. अगर लड़की काले रंग की है, तो वह अपने घरपरिवार, महल्ले, काम की जगह पर जगहंसाई का पात्र बनती है और अगर वही लड़की हफ्ते तक गोरा करने की क्रीम लगा लेती है, तो समाज में आगे की लाइन में खड़ी दिखती है. पहले हर बात में झिझकने वाली अब हिम्मत के साथ अपनी बात रखती है. नतीजा, घरपरिवार के साथसाथ बाकी सब भी खुश.

यहां गलती तथाकथित ‘गोरा’ बनाने वाली क्रीम की नहीं है, बल्कि उस सोच की है जो किसी को ‘काली कलूटी बैगन लूटी’ कहने को अपनी बड़ाई मानती है. फिर आप सोचिए कि उन लड़कियों की क्या हालत होती होगी जो वंचित समाज से हैं, जहां पैदा होना ही कलंक है और अगर लड़की ‘काली’ निकल आई, तो फिर समझ उस का जीना मुहाल.

इन समाज की पक्के रंग की लड़कियां दोहरी मार झेलती हैं. उन्हें उन के रंग के चलते पढ़नेलिखने से तो दूर रखा जाता ही है, शादीब्याह में भी जल्दी निबटा दिया जाता है.

‘फीयरलैस फ्रीडम’ नामक किताब की लेखिका और नारीवादी कार्यकर्ता कविता कृष्णन ने बीबीसी दिनभर पौडकास्ट में रंग के मुद्दे पर कहा था, ‘‘भारत में रंग के मुद्दे का संबंध अंगरेजों या आजादी से नहीं, बल्कि जाति से ज्यादा है. यह माना जाता है कि जिन का रंग ज्यादा काला है, काले की तरफ है, वह एक तरह से मेहनत करने वाला वर्ग है. उस में जो सब से उत्पीडि़त लोग हैं, दलित हैं, उन का रंग वैसा होता है और जो अभिजात वर्ग है, उस का रंग सफेद होता है.

‘‘खासकर महिलाओं को उन के रंग के हिसाब से देखा जाना, यह चलता आ रहा है और यह सामान्य है. इस के खिलाफ समाज में जो आंदोलन होना चाहिए था, वह नहीं हुआ है.’’

महिलाओं को उन के रंग से देखा जाना और यह सामान्य बात है, सारे रंगभेद की जड़ इसी वाक्य में छिपी है. लड़का अगर काला है तो कोई बात नहीं, पर अगर लड़की जरा सी भी दबे रंग की है, तो घर पर ही उस के रूपरंग का पोस्टमार्टम कर दिया जाता है.

‘ज्यादा चाय मत पिया कर’, ‘भूतनी, पता नहीं हमारे घर में पैदा हो गई’, ‘अब कौन इस से ब्याह करेगा’, ‘इस की तो अगली नस्ल भी बिगड़ जाएगी’ जैसी तोहमतें लगा दी जाती हैं लड़कियों पर, जिस से वे ऐसे दबाव में जीने लगती हैं कि उन्हें गोरे रंग वाले के आसपास रहना भी शाप जैसा लगता है.

नतीजतन, वे घरघुन्नी बन कर रह जाती हैं. स्कूल जाने की उन की हिम्मत नहीं होती है. वे कागज पर पैंसिल से ककहरा लिखने के लिए खुद को लायक नहीं समझती हैं. पैंसिल से एक बात याद आई, ‘पैंसिल टैस्ट’.

एक वह दौर था जब दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद का बोलबाला था. तब ‘पैंसिल टैस्ट’ हुआ करता था, जिसे इनसान के ‘गोरे’ या ‘रंगीन’ होने का पैमाना समझ जाता था. ‘पैंसिल टैस्ट में उस इनसान के बालों में पैंसिल घुसाई जाती थी, जिस का नस्लीय समूह अनिश्चित था. अगर पैंसिल जमीन पर गिर जाती, तो इनसान ‘पास’ हो जाता और उसे ‘गोरा’ माना जाता. अगर पैंसिल बालों में उलझ जाती, तो उस इनसान के बाल गोरा होने के लिए बहुत घुंघराले माने जाते और उसे ‘रंगीन’ (मिश्रित नस्लीय विरासत वाला) के रूप में वर्गीकृत किया जाता.

‘रंगीन’ के रूप में वर्गीकरण से किसी इनसान को ‘काले’ माने जाने वाले इनसान की तुलना में ज्यादा हक मिलते थे, लेकिन ‘गोरा’ माने जाने वाले इनसान की तुलना में कम हक और फर्ज मिलते थे.

इस ‘पैंसिल टैस्ट’ से समझ लीजिए कि आप की चमड़ी के रंग से आप को हक और फर्ज मिलते थे. कालों को ‘दास’, ‘गुलाम’ बनाने और कहने की प्रथा इसी रंग की बदौलत कामयाब रही थी.

भारत में इस तरह का कोई ‘पैंसिल टैस्ट तो नहीं हुआ, पर आज भी वंचित समाज की लड़कियां रंग के फेर में ऐसी उलझाई गई हैं कि वे स्कूल में पैंसिल पकड़ने से डरती हैं. वे खुद को ‘गुलाम’ समझने लगती हैं. घर में परिवार वालों की, मजदूरी या खेतिहरी में जमींदार की और ससुराल में पति की.

सवाल उठता है कि क्या जब देश खुद को हर मामले में ‘विश्वगुरु’ कहलाने की कवायद में लगा है, तो क्या वंचित समाज की लड़कियों को अपने पक्के रंग के चलते आईने के सामने आने में झिझकते रहना होगा? नहीं, क्योंकि रंग तो कुदरत की देन है और गोरा रंग होने का यह मतलब कतई नहीं है कि बंदा दिल का भी साफ ही होगा.

लिहाजा, सूरत से ज्यादा सीरत पर फोकस करना चाहिए. इस के लिए स्कूलों और समाज में रंगभेद विरोधी शिक्षा और समानता की अहमियत को बढ़ावा देना जरूरी है. रंग के चक्कर में हीनता का बोध मन में लिए फिरने वाली लड़कियों को यह समझना होगा कि काला या पक्का रंग भी खूबसूरत होता है और किसी के कहने भर से आप बदसूरत नहीं हो सकतीं.

अगर काला रंग इतना ही बुरा होता तो सूडान की मौडल न्याकिम गैटवेच को दुनिया यों ही सिरआंखों पर नहीं बिठाती. वे फिलहाल दुनिया की तथाकथित सब से काली मौडल हैं, जिन्हें ‘क्वीन औफ डार्कनैस’ का खिताब मिला हुआ है.

न्याकिम गैटवेच अपने काले रंग पर फख्र करते हुए कहती हैं, ‘‘मुझे कितना भी पैसा मिल जाए, मैं अपने स्किन कलर के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करूंगी.’’

ऐसी ही हिम्मत हर उस लड़की को दिखानी चाहिए, जिसे उस के रंग की वजह से दबाया जाता है. याद रखिए, चमड़ी पर होने वाली बीमारी ‘सफेद दाग’ की सफेदी कोई नहीं चाहता है, पर आंखों पर लगा काजल हर किसी को अपनी ओर खींच लेता है. जैसे ‘ब्लू ब्लड’ एक सोच है, वैसे ही ‘क्वीन औफ डार्कनैस’ भी सोच ही है, जो न्याकिम गैटवेच को उन के काले रंग के बावजूद दुनियाभर में मशहूर कर देती है. Indian Society

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें