Story. जानकी देवी ने बड़ी मेहनत से जिंदगी में अपना मुकाम बनाया था. उम्र के इस पड़ाव पर डाक्टर देराश्री ने अपने दिल के राज उन के सामने खोले. अब जानकी देवी को एक फैसला लेना था. ऐसा क्या बताया था डाक्टर देराश्री ने कि वे चिंता में पड़ गईं?

लौ टते हुए डाक्टर देराश्री के पैर अपनेआप उस पीले मकान की ओर उठ गए थे. बाहर बरामदे में ही जानकी देवी बैठी हुई थीं. नीचे फर्श पर बालजी की पत्नी रामी मालिश का तेल बना रही थी. एक बार तो वे अंदर जाते हुए ठिठके, फिर खंखारे, ताकि सब का ध्यान उन की तरफ चला जाए.

‘‘अरे, कौन… डाक्टर साहब… मैं आप के ही बारे में सोच रही थी,’’ जानकी देवी बोलीं.

‘‘क्यों? क्या हो गया?’’ डाक्टर साहब हैरत से मुसकराए. ‘‘साहब, आप की दवा से आराम आया है, इसीलिए,’’ जानकी देवी से पहले रामी बोली.

‘‘अच्छा, मैं भी यही पूछना चाह रहा था. अभी क्लिनिक बंद कर आ ही रहा था कि तभी आप का ध्यान आ गया.’’ ‘‘चलो, ध्यान तो आया,’’ जानकी देवी बोलीं.

तब तक ऊपर से किराएदार अंकिता नीचे आ गई थी. वह बोली, ‘‘आंटीजी,  मेरा कूलर खराब हो गया है. उस का पंप नहीं चल रहा है.’’

‘‘तुम ने बिना पानी डाले फैन चलाया होगा,’’ जानकी देवी ने कहा. ‘‘पर अब?’’ अंकिता ने पूछा.

‘‘तुम्हीं अब ठीक कराओ. मैं ने तो चलती हालत में कूलर दिया था.’’

‘‘अब आप ही अपने बिजली वाले को बुला दें. वह आ कर देख तो लेगा.’’ ‘‘ठीक है,’’ कह कर जानकी देवी मुसकराईं और उन्होंने मोबाइल उठा कर फोन कर दिया.

‘‘डाक्टर साहब, आप तो बताएं कि क्या लेंगे? यहां तो बड़ा मकान है, सुबह से ही काम लगा रहता है. कहां तक संभालूं… ऊपर का हिस्सा लड़कियों को किराए पर दे रखा है. यहीं कोचिंग ले रही हें. इस से घर कर खर्चा निकल जाता है. बिजली, पानी, बाइयों के खर्च, सभी सामने रहते हैं…

‘‘वैसे, बालजी सब देख लेता है. पुराना नौकर है. अब तो घर का ही सदस्य बन गया हे. जब मैं स्कूल में थी, तब यह मेरे ही पास था. जब यह भी वहां से रिटायर हो गया तो मेरे ही पास आ गया. अब यही मेरे सुखदुख का साथी है.

‘‘अरे रामी, पानी तो ला. मैं तो फालतू की बातों में लग गई. हां, कुछ लेंगे? मैं भी तो आप को भूल ही गई, आप सीधे क्लिनिक से आ रहे हैं.’’

यह ऐसा सवाल था जिस पर डाक्टर देराश्री का चौंक जाना स्वाभाविक था. उन्होंने सुबह से आज सचमुच कुछ भी नहीं खाया था. बहू द्वारा बारबार हो रही अनदेखी से वे दुखी थे. वे आज भी बिना नाश्ता किए घर से बाहर निकल आए थे.

‘‘आप के चेहरे से तो लग रहा है कि आप आज ज्यादा परेशान हैं. सुबह से कुछ खाया ही नहीं होगा. अजी, आप डाक्टर हैं तो क्या, मैं भी टीचर रही हूं…’’ कह कर जानकी देवी हंसीं, ‘‘जा रामी, अंदर से नाश्ता भी ले आ. खाली पानी ले कर मत आना.’’

डाक्टर देराश्री चुप थे. जो भीतर का दर्द था, वह बाहर झलक आया था.

जानकी देवी बचपन से पढ़ने में बहुत तेज थीं. बीए में उन्होंने अंगरेजी, संस्कृत और अर्थशास्त्र लिया था. वे प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी भी कर रही थीं कि तभी एक हादसे में उन के पिता नहीं रहे. उन्हें लगा मानो उन की जिंदगी पर एक पहाड़ आ कर गिर पड़ा हो. पिता ही उन का सहारा थे. वे सरकारी मुलाजिम थे. छोटा भाई पढ़़ने में उतना होशियार नहीं था.

मां ने कहा था, ‘‘जानकी, तू होशियार है. तुझे अपनेआप नौकरी मिल जाएगी.’’

इस के बाद जानकी देवी के ‘‘भाई को पिता की जगह पर क्लर्क की नौकरी मिल गई थी. घर का माहौल बदल गया था. अब घर का खर्चा भाई के पास आ गया था.

मां का भी अब स्वभाव बदल गया था. उन्हें अपने बेटे के ब्याह की चिंता थी. जब पिता जिंदा थे तब वे जानकी देवी को एमए बाहर से कराना चाह रहे थे. पर अब घर का माहौल बदल गया था.

भाई के मन में दबा हुआ गुस्सा अब फूट पड़ा था, ‘‘क्या करेगी पढ़ कर… मां, इस की शादी की तैयारी करो. अभी तो पिताजी का पैसा आया है, लड़के वाले आ जाएंगे. क्या करेगी पढ़ कर… अब हमें बाहर एमए नहीं करवाना. बाहर कितना खर्चा आएगा…’’

जानकी देवी ने चुप रहना ही बेहतर समझा. वे अपनी पढ़ाई में डूब गईं.

बीए का नतीजा आया. जैसी उन्हें उम्मीद थी, उन्होंने फर्स्ट क्लास में इम्तिहान पास किया था, पर सवाल आगे पढ़ने का था.

जानकी देवी ने अपने ही शहर में एमए संस्कृत में दाखिला ले लिया था. भाई ने कहा था कि वह प्रोफैसर लाल से मिल कर आया है. उन्होंने कहा है कि एमए में फर्स्ट डिवीजन तो आ ही जाएगी. इस साल स्कूलों में खूब पोस्ट आ रही हैं. एमए कर के बीएड करा देंगे. पक्की नौकरी हो जाएगी तो शादी में भी दिक्कत नहीं आएगी.

जानकी देवी ने अपनी इच्छाओं पर तभी से पत्थर रख दिया था. कालेज जाना और घर आ कर अपनी पढ़ाई में लग जाना. एमए भी हो गई, फिर बीएड के लिए नजदीक के दूसरे शहर में जाना पड़ा.

भाई ने कहा था कि पत्राचार से बीएड कर लो, पर उन्होंने मना कर दिया. भाई ने कहा कि बाहर पढ़ाने के पैसे नहीं हैं, तो मां भी बेटे के साथ हो गईं.

तब पहली बार जानकी देवी ने मुंह खोला था और तब अपने पैर घर से बाहर निकाले थे, ‘‘मां, मेरी पढ़ाई पर आप का ज्यादा खर्चा नहीं आएगा. मैं ने बात कर ली है. मुझे प्राइवेट ज्योति स्कूल में नौकरी मिल गई है.

‘‘मेरी सहेली पुष्पा के मामा का पास में घर है, वहां एक कमरा किराए पर मिल गया है. उन का ही बीएड कालेज है. वहां दाखिला हो गया है. मैं वहां की फीस का खर्चा निकाल लूंगी.

मेरे बीए के विषय काम आ गए हें. बड़े शहर में अंगरेजी का ही बोलबाला है. मुझे  नौकरी मेरे अंकों के आधार पर मिली है. मैं आप पर और भाई पर आंच नहीं आने दूंगी.

‘‘मैं ने पिताजी से सीखा है कि कैसे भी हालात हों, तुम सामना करना, भागना मत. मैं पिताजी की यह बात हमेशा याद रखती हूं. आप चाहें तो मेरे साथ चल सकती हैं, पर मैं अब 2 दिन बाद जा रही हूं.’’

मां अवाक थीं. भाई ने घर में तूफान खड़ा कर दिया था, ‘‘मां, देख लो. घर से बाहर जा रही है, कुछ उलटासीधा हो गया तो कौन जिम्मेदार होगा? यहां तो मैं ध्यान रख रहा था, वहां पचासों लोग होंगे. अगर आग लगेगी तो धुआं भी उड़ेगा और सब जगह फैल जाएगा.

‘‘पड़ोस में सक्सेनाजी की लड़की उषा पढ़़ने गई थी. उस ने जो गुल खिलाए, उन का पूरा परिवार बरबाद हो गया. उन का लड़का मेरे साथ ही काम करता है. किसी से आंख नहीं मिला पाता. उस ने वहीं शादी भी कर ली.

‘‘बाद में पता लगा, उस का पति प्यारेलाल उस जाति का था, हम जिन्हें अपने घर में नहीं आने देते. अगर वह बैंक में मैनेजर हो गया, तो क्या हुआ, वह कायस्थ तो नहीं हो गया. वह उसी बैंक में क्लर्क है.

‘‘वे दोनों अपनी कार में आए थे. कैसे हम लोगों ने उन्हें दूर रखा. हमारी जात के लिए तो बड़ी नौकरी है ही नहीं, बड़ी नौकरी इन्हीं लोगों को मिलती हैं. हमारे घरों की लड़कियां उन का पद और पढ़ाई देख कर उधर चली जाती हैं पर नाक तो हमारे समाज की कटती है.

‘‘यह चाहती क्या है… मुझे समाज ने अपने प्रकोष्ठ का संयोजक बनाया है. यह ज्यादा पढ़ गई, तो क्या हुआ. आज परिवार की पहचान तो मुझ से ही है.’’

मां चुप रह गई थीं. उषा की मां उन की ही सहेली थीं. वे रोज उन के साथ सुबह पार्क में घूमने आती थीं, शाम को मंदिर भी जाती थीं.

वे ही कह रही थीं, ‘‘बड़ी बेटी की शादी में घर का सारा जमा पैसा खर्च हो गया, फिर भी लड़के वाले नाराज रहते हैं. 2 बच्चे हो गए हैं, उस के बाद भी आएदिन उस का पति घर से पैसा लाने का दबाव डालता है. बेटी बहुत सीधी है. कहती है कि घर आ गई तो परिवार की कितनी बदनामी होगी. पर ससुराल वाले जान कर भी अनजान बने हुए हैं.

‘‘उषा ने क्या बुरा किया. धीरज बहुत ही अच्छा लड़का है. उस ने उषा को भी बैंक का इम्तिहान दिलाया. उस का भी चयन हो गया. धीरज बड़े बैंक का मैनेजर है, उन का अपना मकान है, कार है.

‘‘बहनजी, आप से क्या छिपाना, अपने सुरेश को बैंक से बिजनैस का लोन उन्होंने दिलाया है. दामाद क्या है बेटा है. बेटी भी अपनी ससुराल वालों का पूरा ध्यान रखती है. उस के सासससुर साथ ही रहते हैं.’’

‘‘ बेटा राजेश, यह मेरी बेटी है. तू चिंता मत कर. मुझे  इस पर विश्वास है. इस के पिता होते, तो यह अफसर बनती. मैं इसे रोकूंगी नहीं. अभी मैं भी इस के साथ जा रही हूं और इस का घर जमा कर लौट आऊंगी. वहां का आसपड़ोस भी देख आऊंगी,’’ मां तब यही कह पाई थीं.

राजेश चुप रह गया. तब जानकी देवी ने पहली बार घर से बाहर कदम रखा था. सुबह अपने कालेज पढ़ने जातीं, वहां से आ कर स्कूल में पढ़ातीं, शाम को बच्चों की कोचिंग करतीं. मां को उन के साथ रहते हुए लगने लगा था कि उन्होंने जो गलती की थी, जानकी चुपचाप उन्हें इस बात का अहसास करा गई हैं. अगर जानकी पहले ही पढ़ने आ जातीं, तो कंपीटिशन में आ कर जरूर अफसर बन जातीं, पर जानकी चुप थीं.

बीएड करते ही जानकी देवी सरकारी शिक्षक की परीक्षा में बैठ गईं. पहले ही प्रयास में उन का चयन हो गया. वे अपने ही शहर में नौकरी में आ गई थीं.

समय कब बदलता है, कोई नहीं बता सकता. मां ने ही जानकी देवी को बताया था कि पड़ोस में उन के पिता के दोस्त दिवाकरजी रहते हैं. उन का बेटा सुरेश शाजापुर में इंजीनियर है. वे अपने बेटे के लिए तुम्हारा रिश्ता मांग रहे हैं. मैं क्या कह पाती? मैं ने यही कहा कि आप जानकी से ही बात कर लें. दोनों की नौकरी अलगअलग राज्य में रहेगी, तो इन का घर कैसे बस पाएगा?

दिवाकरजी खुद आ कर जानकी देवी से मिल गए थे. वे बोले, ‘‘बेटा, तुम यहीं रहो. तुम बहुत जल्दी प्रधानाध्यापिका भी बन जाओगी. सुरेश यहां आता रहेगा. कभी तुम वहां चली जाना. तुम्हारे पिता रमेशजी मेरे दोस्त थे, मेरे साथ ही नौकरी में आए थे. तुम हमेशा मेरी बेटी की तरह ही मेरे पास रहोगी.’’

जानकी चुप ही रह गईं और कुछ दिन के बाद वे विवाह बंधन में बंध गईं.

धीरेधीरे जानकी देवी का अपना घर भी बस गया था. अनिल और सुनील 2 बेटे थे. वे दोनों ही पढ़ने में तेज थे. वे भी तब एक ही नगर में सिमट कर रह गई थीं. फिर लोक सेवा आयोग की नियुक्तियां आईं, उन का प्रधानाध्यापिका पद पर चयन हो गया.

सुरेशजी उसी तरह अपना घर संभाल रहे थे. दोनों बच्चे अब कोचिंग के लिए पड़ोस के शहर में चले गए थे. जानकी देवी ही जा कर उन की व्यवस्था देख आती थीं.

एक दिन अचानक जानकी देवी के औफिस में सुरेशजी के औफिस से फोन आया था कि उन की तबीयत खराब है, वे अस्पताल में हैं. डाक्टर ने उन्हें इंदौर जाने को कहा है.

जानकी देवी सीधी शाजापुर को रवाना हो गईं. पर जब तक वे वहां पहुंचीं, सुरेशजी उन्हें आखिरी सांसें लेते हुए मिले.

सुरेशजी के जाने के बाद जानकी देवी ने अपने दोनों बेटों को संभाला. बड़ा बेटा अनिल आईआईटी कर के मुंबई में किसी बड़ी कंपनी में लग गया था, जबकि छोटा बेटा सुनील भी बीटैक कर के उज्जैन की बिजली कंपनी में इंजीनियर था.

इस बड़े मकान में जानकी देवी पहले की तरह अकेली ही रह गई थीं. मां भी कब की साथ छोड़ कर चली गई थीं. भाई कभीकभार हालचाल पूछने चला आता था. उस का हाथ हमेशा खाली ही रहता था. जब तक मां जिंदा थीं, वह उन की पूरी पैंशन रख लेता था. अब कभी न कभी वह बहन के पास मदद को चला आता था.

पीछे के कमरे खाली पड़े थे. स्कूल का पुराना सेवक बालजी और उस की पत्नी रामी को उन्होंने उधर रहने को कह दिया था. बाहर का काम बालजी कर लेता था, रामी ने घर संभाल लिया था.

जानकी देवी उम्र के तीसरे पड़ाव के नजदीक आ चुकी थीं. बाहर बरामदे में बैठी पत्रपत्रिकाएं पढ़ती थीं या फिर सड़क पर आनेजाने वाले परिचित लोगों से दुआसलाम करती रहती थीं. दोनों बेटे साल में कभीकभी 1-2 दिन के लिए चले आते थे. उन की बहुओं का और बच्चों का मन इस छोटे से कसबे में लगता ही नहीं था.

कई दिनो से जानकी देवी के पैरों में सूजन बढ़ गई थी. चलनाफिरना बंद हो गया था.

उस दिन छोटे बेटे सुनील का फोन था, ‘‘मां, अब यह बड़ा मकान निकाल दो. अच्छा फ्लैट मिल रहा है. मैं ने बात की थी. बिल्डर का फोन आया था. वह नीचे का बड़ा फ्लैट दे रहा है. मैं ने भैया से बात की है. वे भी मुंबई में अपना फ्लैट बुक करा रहे हैं. इन दिनों भाव ठीक है. बैंक लोन भी कम हो गया हैं. अभी हमें जरूरत है, मदद मिल जाएगी.’’

जानकी देवी मुसकरा कर रह गईं. रामी पूछ रही थी, ‘‘भैया का फोन था? क्या कह रहे थे? कब आ रहे हैं?’’

जानकी देवी चुप ही रहीं. यहां तो उन के ही उजड़ने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. उन का ध्यान भाई पर गया, वह भी तो यही कहने आया था.

जानकी देवी का यह मकान बीच बाजार में था. जब उन्होंने यह प्लौट नीलामी में लिया था, तब उधर से सड़क निकाली जा रही थी. कुछ पैसा उन के पास जमा था, कुछ सुरेशजी ले आए थे और कुछ लोन ले लिया था.

सुरेशजी ने तब बहुत मेहनत की. मकान का नक्शा उन्होंने ही बनाया था. दोमंजिला मकान था, पर बाहर से खुला हुआ था. बरामदा दिया था. जीना उन्होंने पीछे की तरफ से दिया था. हवाधूप का पूरा इंतजाम था. दोनों बेटे यहीं पढ़ें, यहीं शादी हुई, पर यह अचानक क्या हो गया है, वे अवाक रह गई थीं.

पिता ने कहा था, ‘‘बेटी, कैसी भी समस्या हो, भागना मत. फिर जो मन कहे वैसा करना.’’

जानकी देवी तभी से पिता की सीख को अपने आचरण में उतारती चली आई थीं.

‘‘अरे, यह मेरा अपना घर है. मुझे  यहां रहने दो. जब मर जाऊं तब बेच आना,’’ वे बड़बड़ाईं.

‘‘क्या आप ने कुछ कहा?’’ रामी ने पूछा.

‘‘मां, वहां आप को कुछ हो गया तो हम क्या कर पाएंगे?’’ बेटे का फोन था, ‘‘मैं ने डाक्टर जैन से बात की है. आप का बीपी आजकल हाई रहता है. आप यहां आ जाओ. कायदे से चैकअप हो जाएगा. दवाएं कहीं भी लेते रहो,’’ बड़े  बेटे का मुंबई से फोन था.

‘‘बेटा, चैकअप तो यहां भी हो जाता है. डाक्टर देराश्री ही मुझे  जैन नर्सिंगहोम ले गए थे. सारे टैस्ट करा लिए हैं. चिंता की कोई बात नहीं है. बालजी और रामी मेरे पास ही हैं. दवाएं चल रही हैं. अब मुझ बाहर क्या करना है… कहां जाना है… मुझ यहां कोई तकलीफ नहीं है.’’

फोन बंद हो गया था. जानकी देवी मुसकराईं. चैकअप तो हो जाएगा, फिर उस के बाद कहां जाना होगा, उज्जैन सुनील के पास.

जानकी देवी शांत कुरसी पर बैठ गईं. लगा पैर का दर्द शायद ऊपर तक आ रहा हो. उन्हें लगा, वे बच्चों के खेल के मैदान की फुटबाल हो गई हैं. दोनों तरफ 2 गोल हैं. जहां उन की किक लगनी है, किसी न किसी गोल में गिरना है. जब छोटा किक देगा, तो बड़े के पाले में गिरेंगी. जब बड़ा किक देगा तो छोटे के पाले में गिरेंगी. उन्हें अपने ऊपर हंसी आ ही गई.

तभी रामी ने उन का घुटना पकड़ते हुए कहा, ‘‘डाक्टर साहब तो नाश्ता कर चुके हैं, आप कहां खो गईं?’’

‘‘क्या?’’ कहते हुए जानकी देवी सकपकाईं. डाक्टर देराश्री भी चौंके, ‘‘मैं देख रहा था. आप बहुत देर से अपने विचारों में खो गई थीं. आप की तबीयत तो ठीक है न? ज्यादा सोचना सेहत के लिए नुकसानदेह है.’’

‘‘अच्छा…’’ कह कर जानकी देवी हंसीं, ‘‘मैं सोच कहां रही थी…’’ ‘‘तो?’’ डाक्टर ने पूछा.

‘‘आप से क्या छिपाना. बच्चों के फोन आए थे. वे मुझ  से रामपुरा छोड़ने को कह रहे हैं. कहते हैं कि बुढ़ापा है, बीमारी है, कुछ हो गया तो…’’

‘‘अरे, मेरा बेटा भी यही कह रहा है, बहू भी यही कहती है. मैं अपना पूरा मकान उन्हें दे चुका हूं, बस बाहर का कमरा मेरे पास है, जहां कुछ दवाएं हैं. एक छोटा सा क्लिनिक है, बैंच लगा रखी है, लोग आ जाते हैं. बाजार की डिस्पैंसरी में चला जाता हूं.

‘‘बहू कहती है कि अब मकान पुराना हो गया है. रिनोवेशन कराना है. जब तक पत्नी जिंदा थी, पूरा मकान मेरा था. उस के जाने के बाद सालों हो गए, मैं मकान के भीतर आज तक नहीं गया. गलती मेरी ही थी. पत्नी के जाने के बाद मैं ने ही दबाव डाल कर इन्हें यहां बुला लिया था. बेटे का तबादला कराया. बहुत दौड़धूप की, पर अब…’’ कहते हुए उन की आंखें छलछला आई थीं.

‘‘उदास मत होइए डाक्टर साहब, यह भी आप का ही घर है,’’ जानकी देवी बोलीं.

‘‘क्या?’’ डाक्टर ने पूछा. ‘‘हां, इस उम्र में हम ही एकदूसरे के काम नहीं आएंगे, तो जमाना हमें ही कूड़े के ढेर पर फेंक देगा. हम बूढ़े हैं, बीमार हैं, हमें ही एकदूसरे की जरूरत है. किसी का कोई दोष नहीं.

‘‘स्नेह के महीन धागों की इसी उम्र में जरूरत होती है. जोकुछ हमारे पास है, प्रेम, सहयोग वही एकदूसरे का दे सकते हैं. हम और आप अलग नहीं हैं, मित्रता की हर उम्र में जरूरत है. जब तक हम हैं, हम हम ही रहेंगे. हम फुटबाल नहीं हैं, जो मैदान में पड़ी हुई हो, जो भी किक लगाए और चलता बने.’

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...