Gahri Paith. जब से भाजपा सरकार आई है पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इस की वजह सीधीसीधी यह है कि अब सरकार में वे लोग हैं जो सोचते हैं कि चूंकि उन के पास धर्म की ढाल है वे दुर्वासा मुनि की तरह कुछ भी करने की ताकत रखते हैं और सुप्रीम कोर्ट तो क्या खुद मोदी कैबिनेट उन का कुछ बिगाड़ नहीं सकती. ये वही दुर्वासा मुनि हैं जो रामायण की कहानी में बिना पहले बताए राजा राम से मिलने चले आते हैं और लक्ष्मण के रोके जाने पर अयोध्या को जला डालने की धमकी दे देते हैं.
आज के पेपर सैट करने वाले ही नहीं बल्कि एग्जाम चलाने वाले भी खुद को दुर्वासा जैसे सैकड़ों मुनियों की तरह समझते हैं जिन की कहानियां प्रवचनों में जम कर सुनाई जाती हैं और असली पढ़ाई से दूर भागती जनता को वही सच लगता है जो एक भगवाधारी ऊंचे से मंच पर बैठ कर सुनाता है.
भाजपा सरकार ने एकएक कर के सारी पढ़ाई को एक हाथ में दे दिया है. कृष्ण के ‘मैं ही सबकुछ हूं’ की तरह अब सारे फैसले इस के इशारे पर होते हैं. जिन्हें इन फैसलों से नुकसान होना है उन की कोई पूछ नहीं है.
पेपर लीक पहले भी होते थे, बाद में भी होंगे पर वे सब छोटे से दायरे तक रहते हैं. लीक का पता होने पर एक कालेज एडमिशन टैस्ट रातोंरात बदल सकता है. गलती को सुधारा जा सकता है. जब 24 लाख जवान एकसाथ एग्जाम देने निकलें और 10 जगह भी पेपर लीक का मामला उजागर हो जाए तो सारे 24 लाखों का भरोसा टूट जाता है. उन की 2-3 साल की मेहनत पर पानी फिर जाता है.
जब एक नाले में बाढ़ आती है तो नुकसान थोड़ा सा होता है पर जब एक बड़ी नदी पर बने बांध का पानी एकसाथ छोड़ा जाता है या बांध टूटता है तो पानी शहरोंगांवों को बहा ले जाता है. यही हाल एग्जामों का है. हर मैडिकल कालेज अपनी एडमिशन परीक्षा के या 12वीं के नंबरों के हिसाब से एडमिशन दे तो आफत नहीं आ जाएगी. कुछ को हेराफरी का फायदा होगा पर हेराफेरी तो अब भी बंद नहीं होगी. अगर हर मैडिकल कालेज अपने हिसाब से एडमिशन देगा तो तैयारी नहीं करनी होगी, कोचिंग क्लासों में लाखों रुपए खर्च नहीं करने होंगे. अपने बोर्ड की 12वीं के एग्जाम में अच्छे नंबर लाओ और मैडिकल कालेज में सीट पा जाओ.
मैडिकल कालेज में सीट पाना खजाना मिलना नहीं है. खजाना तो पढ़ाई पूरी कर के 5-7 साल प्रैक्टिस कर के मिलना शुरू होता है. अगर कुछ जने हेराफेरी से आ भी जाएं तो वह आफत नहीं होगी जिस की वजह से कौकरोच जनता पार्टी बनी और 20 जुलाई के बाद युवा सैलाब पहले दिल्ली के जंतरमंतर पर उतरा फिर देश के हर शहर में.
भाजपा ने सोचा था कि जवान खून को कांवड़ यात्राओं और रात्रि जागरणों में बिजी रख कर, उन्हें निकम्मा बना कर वह बरसों तक राज करती रहेगी और पंडेपुजारी सिल्क के कपड़े पहन कर हलवापूरी के साथ पिज्जाबर्गर भी खाते रहेंगे.
नीट की परीक्षा में बेईमानी ने सपने तोड़ दिए हैं. सैकड़ों परीक्षाओं के कैंसिल होने की कीमत आज वे जवान लड़केलड़कियां दे रहे हैं जो हिंदू खतरे में है के चक्कर में आ कर मंदिरों के चक्कर लगाने लगे थे. कुछ बनना है, कुछ बनाना है तो कुछ करना होगा, कोरी पूजापाठ से काम नहीं चलेगा. किसान रातदिन मेहनत करता है तो अनाज उगाता है, कोरी पूजा से या कोरे एग्जाम देने से नहीं. भाजपा के बस का न अनाज उगाना रह गया है, न मंदिर चलाना और न ही नीट जैसी एक जंजीर से बंधी परीक्षाएं कराना. Gahri Paith




