⚲

तीन युग – भाग 3 : क्या थी आसिफ की कहानी

तब नईमा बी झूठी मुसकान चेहरे पर सजा लेतीं, ‘‘अरे, मैं खाली बैठ कर क्या करूं, तबीयत घबराने लगती है… कामकाज से दिल बहला रहता है. फिर दुलहन के अभी अरमानों भरे दिन हैं, बाद में तो उसे ही अपना घरबार संभालना है.’’ लेकिन बुढ़ापा और गम दोनों ही नईमा बी को भीतर ही भीतर घुन की तरह चाटते गए. कोई अपना नहीं था, जिस से वह अपना दुखदर्द कहतीं.

तसल्ली के दो बोल बोलने वाला कोई नहीं था. नजमा जब तक यहां रही, मां का दुख हलका करने की कोशिश करती रही, पर जल्दी ही वह अपने पति के पास दुबई चली गई. आखिरकार अंदर ही अंदर गम सहते हुए नईमा बी बिस्तर पर पड़ गईं. शुरूशुरू में दिखावे को आसिफ ने मां का इलाज करवाया, पर उन के दिल के जख्मों को कोई न भर सका. वे सुबह से ही कुछ उदास सी थीं.

बच्चे स्कूल जा चुके थे. घर में सन्नाटा था. आसिफ तैयार हो कर दुकान पर जा रहा था, तभी दालान में पड़ी नईमा बी बोलीं, ‘‘बेटा, इस दवा से भी कोई फायदा नहीं हुआ. डाक्टर से कहना, कोई अच्छी दवा लिख दे…’’ ‘‘कहां तक बूढ़ी जान पर पैसा खर्च करेंगे आप? अरे, आज मरे, कल दूसरा दिन… यह हिसाब होता है बूढ़ों का. मेरी मानिए, दवादारू का चक्कर छोडि़ए. आखिर हमें भी तो अपने बच्चों के लिए सोचना है… उन की जिंदगी बनानी है…’’ नईमा बी की बात काटते हुए बहू आगे बढ़ आई थी और आसिफ बिना कोई जवाब दिए बाहर निकल गया.

इस तरह उन का इलाज भी उस दिन से बंद हो गया. मौत के इंतजार में वे टूटी खाट पर पड़ी पलपल गिना करतीं. दो रोटी सुबह और दो शाम को मिल जाती, पेट का दोजख भरने को. दूसरी किसी चीज की जरूरत भी कहां रह गई थी भला उसे. कूड़े की तरह कोने में पड़ी रहतीं नईमा बी. एक नईमा बी खुद, दूसरे शौहर, तीसरा बेटा… जिंदगी का कल, आज और कल. बचपन, जवानी और बुढ़ापा तीनों युगों ने ठगा था उन्हें. अचानक मुंडेर पर बैठा कौआ जोर से कांवकांव करने लगा. नईमा बी टूटी खाट पर पड़ी गुजरे जमाने की उलझी डोर को बीच में ही छोड़ कर गीली आंखों को पोंछने लगीं. फिर आसमान की तरफ देखते हुए वे सोचने लगीं, ‘शायद जिंदगी इसी को कहते हैं.’

तीन युग – भाग 2 : क्या थी आसिफ की कहानी

‘‘भई, अब तो नईमा अप्पी भी परवीन बाजी की तरह खूब चमचमाती साडि़यां पहना करेंगी. झुमके, झाले और पता नहीं क्याक्या, इन की बराबरी भला कहां कर पाएंगे हम लोग…’’ नईमा बनावटी ठंडी सांस भर फिर से गोटा टांकने लगी. ‘‘अप्पी, हम से मिलने रोज आना दूल्हा भाई के साथ,’’ छोटी नाजिया की बात पर सब बहनें हंस पड़ीं. ‘‘परवीन बाजी तो रोज आती हैं अपने दूल्हा के साथ… तुम क्यों नहीं आओगी?’’ नाजिया बेचारी खिसिया कर बोली.

‘‘आऊंगी नाजो, मैं भी आया करूंगी रोज,’’ गालों पर शर्म की लाली बिखेरती नईमा ने जवाब दिया. उस की आंखों में परवीन का चेहरा चमक गया, ‘वाकई परवीन की तरह मैं भी खूब सजधज कर मायके आया करूंगी, बल्कि उस से भी ज्यादा.’ परवीन नईमा के पड़ोस में रहती थी. दोनों बचपन की सहेलियां थीं. परवीन के घर काफी पैसा था. उस के बाप की कपड़े की दुकान थी. परवीन का घर भी शानदार था. पैसे की रेलपेल थी, सो छोटी सी उम्र में उस के लिए अच्छेअच्छे पैगाम आने लगे थे. पढ़ाई के बीच ही उस की शादी भी हो गई. वह तीसरेचौथे रोज सजधज कर अपने पति के साथ गाड़ी में मायके आती थी. ‘मैं भी उन के साथ खूब घूमा करूंगी,’

नईमा हर समय खोई रहती थी. पर सपने कभी सच नहीं होते. इस बात का एहसास नईमा को शादी के चंद दिनों बाद ही होने लगा था. नईमा के पति की बिजली के सामान की छोटी सी दुकान थी, जिस में वह दिनरात खटता रहता. उस से 2 छोटे भाई थे. एक मोटर का काम सीख रहा था, दूसरा पढ़ने जाता था. बाप अपने जमाने के बेहतरीन कारीगर थे, पर अब नजर बेकार हो जाने के चलते कुछ नहीं करते थे. इस तरह सारे घर की जिममेदारी जाकिर मियां पर थी, जिस से वह अकसर परेशान और चिढ़चिढ़ा रहता था. एक सास थी, जिन की जबान दिनभर चलती रहती थी और निशाना बेचारी नईमा बनती. उन की मिलने वाली कोईर् न कोई रोज आ जाती और बूढ़ी सास तेरीमेरी बहूबेटियों के बहाने नईमा को सौ बातें सुनाती रहतीं. इन्हीं तानों की मार के डर से बेचारी नईमा कई कई महीनों तक मायके जाने का नाम न लेती. सुबह से रात तक बावर्चीखाने में जुटी रहती.

पर तारीफ के दो बोल तक उस की झोली में न आते. मायके की याद आती, भाईबहन, मांबाप सब याद आते, लेकिन सास की जहरीली बातें याद कर वह कांप जाती कि पता नहीं कब उन पर या उन के मायके वालों पर भी कोई इलजाम लग जाए. कभीकभी जाकिर मियां ही जब मूड में होते तो 1-2 दिन के लिए बीवी को मायके छोड़ आते. पर बुढि़या जल्दी ही किसी न किसी बहाने से बुलवा लेती. सारा घर जो चौपट हो जाता था. रात तक नईमा थकहार कर आंखें बंद करती तो दिल किसी नन्हे बच्चे की तरह मचल उठता, ‘‘कहां हैं वे सुनहरे सुख, जिन के सपने देखे थे?’’

ऐसे में परवीन का हंसता हुआ चेहरा उस के सामने आ जाता. परवीन तो खूबसूरत भी नहीं थी, पढ़ाई भी अधूरी थी. फिर कैसे जिंदगी की सारी खुशियां उस की झोली मे उतर आई थीं, सौगात बन कर. दूसरी ओर खुद उन में क्या कमी थी, जो दुखों के सिवा उस के दामन में कुछ भी नहीं था. मोतियों की लड़ी टूट कर उस की आंखों से बिखरने लगती,

‘‘आखिर मेरी जिंदगी में ही अरमानों का खून क्यों लिखा है?’’ वह खुद से सवाल कर बैठती. वक्त का पहिया अपनी रफ्तार से चलता रहा. नईमा के आंगन के 2 फूल आसिफ और नजमा अब जवान हो चुके थे. सासससुर गुजर चुके थे. दोनों देवर अपने कदम जमा कर घरगृहस्थी चला रहे थे. जाकिर मियां की दिनरात की मेहनत रंग लाई थी.

उन की छोटी सी बिजली की दुकान काफी बड़ी बन चुकी थी. कई आदमी उन के पास नौकरी करते थे. जाकिर मियां की शुमार पैसे वालों में होने लगी थी. लेकिन वह तहेदिल से नईमा की मेहनत और कुरबानी के कायल थे. नईमा खुद भी अब नमकीन चेहरे वाली सलोनी न रह गई थी. अपनी जवानी उन्होंने पति और बच्चों पर कुरबान कर दी थी, शायद इस उम्मीद के सहारे कि यह कुरबानी कभी बेकार नहीं जाएगी. सारी जिंदगी खूनपसीना बहा कर जो पूंजी उन्होंने जमा की है, वह अनमोल है. कभीकभी नईमा सोचती कि चलो, तमाम जिंदगी कड़ी धूप में झुलसने के बाद अब वह बेटे के सहारे ठंडी छाया में जिंदगी के बचे दिन गुजार देगी. काफी पैसा आ जाने के बाद भी नईमा ने उसी तरह गुजरबसर कर घर में अपनी हैसियत ऊंची की थी. दहेज दे कर बड़े चाव से अपनी बेटी नजमा की शादी बड़े घर में की थी.

अपनी नाकाम तमन्नाएं अपनी बेटी के रूप में पूरी की. मुंहमांगा दहेज दे कर बेटी की ससुराल वालों का नईमा ने हमेशा के लिए मुंह बंद कर दिया था, ताकि उस की बेटी पर कभी दुखों का साया भी न पड़े. नजमा की शादी कर उस ने सुख की सांस लेनी चाही, पर सुख हमेशा की तरह दूर थे, उस की पहुंच से. जाकिर मियां अचानक बीमार पड़ गए. ऐसे पलंग से लगे कि जल्दी ही दुनिया छोड़ दी. गम का पहाड़ नईमा पर आ गिरा. पर जल्दी ही खुद को संभाला.

बाप का साया सिर पर से उठने के बाद कहीं आसिफ गलत राहों पर न चल दे, इसलिए अपने गमों को भुला कर उस ने बेटे के लिए लड़की की तलाश करना शुरू कर दिया. लोगों ने उस की ऊंची हैसियत के मुताबिक बड़ेबड़े घरों के एक से बढ़ कर एक लड़कियों के रिश्ते बताए.

लेकिन नईमा को अपने बीते दिन याद थे. उस ने अच्छी से अच्छी बड़े घर की लड़कियों को ठुकरा कर गरीब घर की लड़की अपनाई. ब्याह कर घर लाते ही अपनी कुल जमापूंजी उस की झोली में डालते हुए कहा, ‘‘दुलहन, यह सबकुछ आज से तुम्हारा है.’’ पर शायद नईमा बी की जिंदगी में सुख था ही नहीं, बहू ने जो पैसे की चमक देखी तो अपनी औकात ही भूल गई. चंद दिनों में ही आसिफ को ऐसी पट्टी पढ़ाई कि मां की सूरत देखना भी भूल गया. बेचारी नईमा बी सारा दिन बावर्चीखाने में घुटती रहती, पर बेटा पलट कर न पूछता कि मां तुम क्यों काम कर रही हो? पड़ोस की औरतें कहतीं, ‘अरे खाला, अब तो बहू ले आई हो, कुछ तो बुढ़ापे में आराम कर लो.’

तीन युग – भाग 1 : क्या थी आसिफ की कहानी

ढीली सी खाट पर दीवार की ओर करवट बदलते हुए नईमा बी ने ठंडी सांस भर कर आंखें बंद कर लीं. दोपहर ढल रही थी, पर वे ‘दो रोटी’ की अभी तक झूठी आस लगाए पड़ी थीं. वे सोचने लगीं, ‘लगता है, दुलहन अभी तक सो कर नहीं उठी. नाहक ही उस वक्त मैं ने खाने को मना कर दिया. अरे, जब दे रही थी तो खा लेती. अब सारी भी गई और आधी भी… अब मरो, भूखे पेट.’ खुद को कोसते हुए सूख रहे गले को तर करने के लिए नईमा बी ने पास की तिपाई पर रखी सुराही से पानी पीना चाहा,

तो वह भी भिखारी के कटोरे की तरह खाली पड़ी थी. किसी तरह हिम्मत बटोर कर हिलतेकांपते वजूद के साथ वे सुराही ले कर नल पर भरने के लिए चल पड़ीं. नईमा बी जैसे ही सुराही भर कर चलने को हुईं, कदम डगमगा गए. बीमार हड्डियां सूखी टहनी की तरह चरमराईं और वे फर्श पर ढेर हो गईं. बूढ़ी हड्डियां बिखर गईं तो खैर कोई गम नहीं, मुसीबत तो यह हुई कि सुराही भी टूट गई. कुछ टूटने की आवाज जब बहू के कानों से टकराई, तो वह कमरे का दरवाजा खोल कर बाहर निकल आई. सामने फर्श पर नईमा बी पड़ी कराह रही थीं. किसी तरह मुंह बना कर बहू ने उन्हें खाट पर घसीट कर पहुंचाया, फिर बड़बड़ाने लगी, ‘‘किस ने कहा था आप से इधरउधर घूमने को…

बूढ़ी हो गई हैं, लेकिन चैन से एक जगह बैठा नहीं जाता.’’ पैर पटकती हुई वह अपने कमरे में वापस चली गई, मगर एक गहरी धुंध ने नईमा बी की धुंधली आंखों को और भी धुंधला कर दिया. उस के सीने पर रखा बोझ कुछ और ज्यादा भारी हो गया. आज अगर अपना बेटा मुझे कुछ समझता होता तो भला बहू की यह मजाल कि ऐसी बातें सुनाए. जब अपना ही सिक्का खोटा हो तो दूसरे के सिर कुसूर क्या मढ़ना, टूटे दिल को समझाने की कोशिश में नईमा बी के जख्म हरे होने लगे.

बूढ़ी आंखों से आंसू बहने लगे. वे गुजरे दिनों में भटकने लगी थीं… आसिफ चेहरा ऊपर उठाए खड़ा मुसकरा रहा था. नईमा बी उस की दुलहन की बलाएं लेते हुए बोलीं, ‘‘कहीं नजर न लग जाए मेरी बच्ची को.’’ आसिफ की दुलहन की मुंहदिखाई में उन्होंने अपने सारे जेवरात और चाबियां उस की झोली में डाल दीं, ‘‘लो दुलहन, संभालो अपना हक… मुझे अब इन झंझटों से छुट्टी दो, बहुत थक चुकी हूं.’’ जिस लड़की को नईमा बी ने अपना सबकुछ सौंप दिया था, वह दो वक्त की रोटी को भी तरसा देगी. इस का तो गुमान भी न था. दर्द से नईमा बी कराह रही थीं. यादों का एक सिलसिला तार दर तार आगे बढ़ता जा रहा था… घर का माहौल एक बार फिर से बोझिल हो गया था.

दालान में अब्बाअम्मी मुंह लटकाए बैठे कुछ बातें कर रहे थे. एक ठंडी सांस के साथ अम्मी ने बात खत्म की, ‘‘पता नहीं, इस लड़की में क्या खराबी है, हर जगह से इनकार हो जाती है.’’ बावर्चीखाने में जाती हुई नईमा बी ने समझ लिया कि इस बार भी शिकस्त उस के हिस्से में आई है. एक दिन अम्मी तख्त पर बैठी पान लगा कर मुंह में रख रही थीं कि महल्लेभर की बड़ी बी चुपके से हवा की तरह आईं और अम्मी के कान में कुछ कहसुन कर चली गईं. तब अम्मी ने उसे आवाज दी, ‘‘अरे नईमा, जरा तख्त की चादर बदल दो और हां, अब की ईद का जोड़ा पहन कर कायदे से शाम को तैयार हो जाना, मेहमान आने वाले हैं.’’ उस शाम 2-3 औरतें सजधज कर बड़ी बी के साथ उस के घर आई थीं.

कई तरह का नाश्ता लगा उन के आगे रखा गया. हर तरह से उन औरतों ने नईमा को देखापरखा, नापातोला, आपस में खुसुरफुसुर की और फिर चली गईं. ‘देखो, इस बार क्या हाथ आता है?’ कोठरी में कपड़े बदलते हुए नईमा ने सोचा. रात पलंग पर लेटेलेटे छत को घूरते हुए वह अपनेआप को एक बार फिर एक नई हार के लिए तैयार करने लगी थी. लेकिन नहीं, इस बार वह जीत गई थी. उन लोगों ने उसे पसंद कर लिया था. बड़ी बी सुबह ही दौड़ी आई थीं, यह खुशखबरी ले कर. एक बहुत बड़ा बोझ नईमा के दिल पर से उतर गया. खुशी से उन का मन खिलाखिला जा रहा था.

किसी पल वह आकाश को छूता, तो किसी पल हवाओं में तैरता, इठलाता. नईमा देखने में खूबसूरत थी, पर अब तक सिर्फ इसलिए रिश्ता तय नहीं हो पाया था, क्योंकि वह गरीब मांबाप की बेटी थी. लेकिन अब जो उम्मीद का चिराग रोशन हुआ तो घरभर में खुशियों की लहर दौड़ गई. अब्बा भी खुश नजर आने लगे थे. बेचारे लड़कियों को पार लगाने के खयाल से अधमरे हुए जा रहे थे. एक का जो रिश्ता तय हुआ तो अधिक छानबीन की जरूरत भी नहीं समझी. खुद नईमा का दिल अब बड़ा हलकाफुलका हो गया था. अब घर की गरीबी उसे काटने को नहीं दौड़ती थी, न ही फटे बदरंग कपड़ों से उसे चिढ़ होती थी और न ही एक ही कमरे में छोटे भाईबहनों का शोर मचाना बुरा लगता था.

अब तो उस की दुनिया ही बदलने वाली थी. रंगबिरंगे, सुनहरे, सजीले सपने दिनरात उस की आंखों में बसेरा किए रहते. एक दिन अम्मी ने पुराने संदूक से काफी कपड़ा निकाला. वह अब्बा से बोलीं, ‘‘इन कपड़ों को इसी दिन के लिए रखा हुआ था मैं ने. इतना पैसा कहां है, जो सबकुछ बाजार से खरीदती फिरूं. तांबे के बरतन तो मेरे ही दहेज के रखे हुए हैं… ‘‘थोड़ेथोडे सब लड़कियों में बांट दूंगी. थोड़ाबहुत पैसा घर का खर्च काटछांट कर बचाया है, उस से तुम ऊपरी इंतजाम कर लेना.’’ शादी में खर्च से परेशान अब्बा को अम्मी के इन शब्दों से बड़ी राहत मिली. घर में काम जल्दीजल्दी निबटा कर चारों बहनें शादी के कपड़े सिलने बैठ जातीं. रात में दुपट्टों में गोटा टांका जाता और आपस में हंसीमजाक भी होता. नईमा से छोटी सादिया सूई में धागा डालते हुए बोली.

Hindi Story: कर्ज – संजय किस बात को लेकर खुश था

Hindi Story: होस्टल में आज जश्न का माहौल था. आखिर मैडिकल की पढ़ाई पूरी कर के सब डाक्टर जो बन गए थे. संजय तो बहुत ज्यादा खुश था. डाक्टर की डिगरी पाना उस के लिए सपने से कम नहीं था. गांव के जिस छोटी सोच से भरे माहौल में वह पलाबढ़ा था, वहां डाक्टरी की पढ़ाई करना ही अपनेआप में बड़ी कामयाबी थी.

यह सब तो उस के पिता की मेहनत का नतीजा था. वे चाहते थे कि उन के बीच से ही कोई डाक्टर हो कर समाज के गरीब लोगों को अच्छा इलाज मुहैया करा सके.

‘‘अरे डाक्टर संजय, तुम यहां अकेले और उदास क्यों बैठे हो? आज तो तुम्हारे और हम सब के लिए सब से बड़ी खुशी का दिन है. हमारे सपने जो पूरे होने जा रहे हैं,’’ पढ़ाई के दौरान उस की सब से अच्छी दोस्त रही भूमिका ने कहा.

संजय भूमिका के सवाल पर मुसकरा दिया. वह उस हाल के बाहर गलियारे में अकेला बैठा था, ताकि कोई उसे न देख पाए. वह खुशी उस अकेले की नहीं थी, बल्कि उस में उस के परिवार, गांव के सब दोस्त, आसपड़ोस में रहने वाले उन सब लोगों का हिस्सा थी, जिन्होंने उस के दाखिले में अपना योगदान दिया था.

‘‘अब चलो भी. पार्टी खत्म होने वाली है. इस के बाद सब लोग बैठ कर अपनी आने वाली जिंदगी पर चर्चा करेंगे. आज इकट्ठा बैठने का आखिरी दिन जो है,’’ संजय को चुप देख कर भूमिका ने फिर कहा.

संजय आटोमैटिक मशीन सा उठ कर भूमिका के साथ हो लिया.

सब लोग हाल में एक जगह कुरसियां डाल कर बैठे थे. पार्टी शायद खत्म हो गई थी. सब को घर जाने की जल्दी जो थी. संजय को उन से भी ज्यादा जल्दी थी.

‘‘अरे आओ डाक्टर संजय…’’ क्लास में हमेशा कोई न कोई परेशानी का सबब रहे विकी ने कुरसी से उठा कर स्वागत के अंदाज में कहा, ‘‘आप ने पार्टी में शिरकत नहीं की, इस का हमें दुख है. क्या यह क्लास में की गई हमारी सब गलत हरकतों की सजा थी, जो हमारी क्लास के टौपर ने हमें अपनी कंपनी के काबिल नहीं समझा?’’

‘‘ऐसी कोई बात नहीं है. मैं तो बस इस खुशी के पल पर यकीन लाने की कोशिश कर रहा था,’’ संजय ने यह बात बड़ी गंभीरता के साथ कही.

‘‘आज से हम सब के रास्ते अलग होंगे. मैं सब लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और एक आग्रह करता हूं कि हम जहां रहें, साथ गुजारे

इन 4 सालों को न भूलें. कोई भी मौका मिले तो सैलिब्रेट करें,’’ विकी ने कहा, जिस पर सब ने तालियां बजा कर उस की बात का समर्थन किया, फिर सब

उठ कर अपनेअपने कमरे की तरफ चल दिए अपना सामान समेट कर घर जाने

के लिए.

संजय अपना बैग उठा कर कमरे से बाहर आया, तो अर्जुन उस के साथ

हो लिया.

‘‘तुम तो बाहर किसी अच्छे देश में सैटल हो जाओगे. भूल मत जाना. फोन करूंगा तो उठा लिया करना,’’ अर्जुन ने संजय से कहा. वह क्लास का सब से कमजोर स्टूडैंट था, मगर बेहद सज्जन और मिलनसार भी था.

‘‘तुम्हें ऐसा क्यों लगता है कि तुम्हें ही फोन करने की जरूरत पड़ेगी. मैं ही फोन कर के तुम्हारा हालचाल पूछता रहूंगा,’’ कह कर संजय हंस दिया.

संजय बाहर आया. भूमिका गर्ल्स होस्टल से अपना सामान उठाए उस का इंतजार कर रही थी.

भूमिका के लिए आज का दिन दोगुनी खुशी ले कर आया था. एक तो वह खुद डाक्टर होने जा रही थी, ऊपर से उस के बैच का सब से अव्वल रहा लड़का उस का मंगेतर था. दोपहर को जब उस ने ये दोनों बातें फोन पर अपने पापा को बताई थीं, तो उन्होंने संजय

को घर चाय पर ले कर आने को कह दिया था.

भूमिका और संजय एकसाथ मैट्रो स्टेशन पहुंचे. संजय दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाली साइड के प्लेटफार्म पर जाने लगा, तो भूमिका ने उसे रोक दिया और बोली, ‘‘पापा, तुम से मिलना चाहते हैं.’’

‘‘मैं घर के लिए लेट हो जाऊंगा. बहुत दूर जाना है,’’ संजय ने मजबूरी जाहिर की.

‘‘बस थोड़ी देर की ही तो बात है,’’ भूमिका ने कहा.

‘‘ठीक है,’’ कुछ सोच कर संजय ने कहा, फिर वे दोनों मैट्रो में सवार हो कर फरीदाबाद पहुंच गए.

भूमिका के पिता सैशन कोर्ट में रजिस्ट्रार थे. उन का घर बेहद आलीशान था. वे घर पहुंचे तो भूमिका की फैमिली ने उन दोनों का गर्मजोशी के साथ

स्वागत किया.

‘‘भूमिका तुम्हारी बहुत तारीफ किया करती है, खासतौर से तुम्हारे अच्छे बरताव और पढ़ने के जुनून के बारे में,’’ चाय पीते हुए भूमिका के पापा ने कहा.

‘‘तुम क्लास में अव्वल आए हो. तुम कहां जा कर काम करना चाहोगे, यह पसंद करने के लिए आजाद हो.

‘‘भूमिका हमेशा से अमेरिका में बसना चाहती थी. हालांकि यह इतने अच्छे नंबर नहीं ला पाई, फिर भी मैं ने अपने लैवल पर इंतजाम किया है. वहां के एक अच्छे लैवल के हौस्पिटल में

30 लाख के पैकेज पर इसे रख लिया जाएगा. तुम चाहोगे तो वे तुम्हारी शर्तों पर रखने को तैयार हो जाएंगे,’’ उन्होंने गंभीरता से कहा.

संजय ने कोई जवाब नहीं दिया.

‘‘मैं खुश हूं कि मेरी सारी चिंताएं खत्म हो गईं. वैसे, कब जाने का इरादा है तुम्हारा?’’ भूमिका के पापा ने पूछा.

‘‘मैं पहले अपने गांव जाना चाहता हूं?’’ संजय ने धीरे से कहा.

‘‘ओह कम औन संजय, गांव में क्या रखा है. क्यों नहीं मम्मीपापा को यहीं बुला लो. अब तो तुम कहीं भी रहना अफोर्ड कर सकते हो. भूल जाओ उस गंदगी से भरी गांव की जिंदगी को,’’ भूमिका की आवाज में हिकारत का

भाव था.

‘‘कैसे भूल जाऊं…’’ संजय ने जैसे अपनेआप से कहा, ‘‘जिस दिन मैं दिल्ली डाक्टर बनने के लिए आया था, तब पूरे गांव में उत्सव का माहौल था. लोगों ने उम्मीद की थी कि अब कोई बीमार होगा, तो इलाज के लिए बहुत दूर शहर न जाना पड़ेगा. कोई बीमार होगा तो यह डर न रहेगा कि उस का बच जाना नामुमकिन है.

‘‘आज पापा का फोन आया, तो उन्होंने यह सुन कर कि मैं ने डाक्टर की पढ़ाई पूरी कर ली है, सरपंच से पैसे उधार लिए हैं, ताकि मेरे लिए क्लिनिक का इंतजाम हो सके. मैं उन की उम्मीद हूं, क्या फिर भी गांव न जाऊं?’’

‘‘तो क्या विदेश जाने का इरादा नहीं है?’’ भूमिका के पापा ने सवाल किया.

‘‘जब मेरे पास दाखिले के पैसे नहीं थे, तब गांव के सब लोगों ने मिल कर जमा किए थे. दिल्ली आने का भाड़ा नहीं था तो बिरजू चाचा ने टिकट का इंतजाम किया, क्योंकि एक महामारी में बिना इलाज के उन्होंने अपना एकलौता जवान बेटा खो दिया था. मेरी पढ़ाई और कामयाबी में विदेश की जरा सी भूमिका नहीं है.’’

‘‘गांव में रहोगे तो न अच्छा

घर खरीद पाओगे और न ही गाड़ी. जिंदगी बरबाद हो जाएगी,’’ भूमिका के पापा बोले.

चाय खत्म हो गई थी. संजय उठा और अपना बैग कंधे पर रख लिया.

‘‘सोच लो, मैं एक ऐसे आदमी के हाथ में अपनी बेटी का हाथ नहीं दूंगा

जो इतना भी न कमा सके कि घर

और गाड़ी ही खरीद पाए,’’ भूमिका के पापा बोले.

‘‘पढ़ाई शुरू करते समय मेरी ख्वाहिशों मे बंगलागाड़ी नहीं, बल्कि गांव के वे गरीब लोग थे, जो हमेशा से अच्छे इलाज से दूर रहे हैं और भूमिका से प्यार करने के पीछे तो किसी वजह का कोई वजूद ही नहीं था,’’ संजय ने दोटूक कहा और चल दिया. किसी ने उसे रुकने के लिए भी नहीं कहा.

संजय देर रात अपने गांव लौटा था. तब सब सो रहे थे. सुबह उठा तो उस ने देखा कि पूरा गांव घर के बाहर जमा था. बड़ों ने उसे अपना आशीर्वाद दिया और नौजवानों ने कंधे पर उठा कर पूरे गांव का चक्कर लगाया.

अगले 10 दिन गांव में खाली पड़े पंचायतघर को अस्पताल की शक्ल देने में लगे. गांव के बड़ेबूढ़े, बच्चेऔरतें सब ने अपना योगदान दिया.

उस दिन अस्पताल का उद्घाटन था. गांव के सरपंच ने इस का जिम्मा खुद संभाला था. आसपास के गांवों के प्रधान बुलाए गए थे और मुख्य अतिथि थे इलाके के विधायक.

तकरीबन सभी मेहमान आ चुके थे, बस विधायकजी का इंतजार था कि एक लग्जरी गाड़ी सभा स्थल के सामने आ कर रुकी. सब लोग उधर देखने लगे. सब से पहले गाड़ी से भूमिका और उस के पापा उतरे और उन के पीछे अर्जुन.

तीनों स्टेज के करीब पहुंचे, तो संजय ने आगे बढ़ कर उन का स्वागत किया और उन्हें स्टेज पर ले गया.

उसी समय विधायकजी भी पहुंचे,

जिन्हें सरपंच ने सम्मान सहित स्टेज पर बैठा दिया.

कार्यक्रम शुरू हुआ और लोग 1-1 कर अपने विचार रखने लगे. फिर संजय के आग्रह पर भूमिका के पिता उठे और माइक के सामने जा खड़े हुए.

‘‘मैं यहां खुद आया हूं, लेकिन खुश हूं कि समय रहते आप के बीच पहुंच पाया. संजय जितना पढ़ाई में अव्वल है, उस से ज्यादा दुनियादारी में होशियार है.

‘‘मेरी बेटी ने इस के साथ रह कर पढ़ाई की और अपनी बेटी के भविष्य को ले कर मैं ने बहुत सारे सपने देखे. उन सपनों में संजय भी था. फिर जब एक दिन मैं इस से मिला तो मैं ने पाया कि स्वार्थी हो कर सपने देखना बहुत आसान होता है. उन में बस गिनेचुने अपने लोग होते हैं, इसलिए ऐसे सपने आमतौर पर पूरे हो ही जाते हैं.

‘‘जब से हम ने स्वार्थी होना शुरू किया है, हम उन लोगों को नजरंदाज करने लगे हैं, जो हमारे सपनों को पूरा करने में साधन बने. पहले समाज, फिर दोस्तरिश्तेदार और मांबाप. सब को छोड़ कर सपने पूरे करने की ऐसी परंपरा चल निकली है कि अपने देश में पढ़ कर कोई यहां सेवा देना ही नहीं चाहता, क्योंकि यहां पैसे कम मिलते हैं, लेकिन संजय अलग है.

‘‘जब संजय ने बताया कि वह अपने घरपरिवार, दोस्तरिश्तेदार, समाज और देश का कर्ज उतारने के लिए यहीं मरीजों का इलाज करना चाहता है, तो मेरे मन में इस के प्रति सम्मान का वही भाव पैदा हुआ जो एक महान इनसान के लिए होता है.

‘‘आज मैं यहां बिन बुलाए 2 वजह से हाजिर हुआ हूं. एक तो बेटी का बाप हूं और संजय से अच्छा लड़का मैं कहीं दूसरी जगह तलाश नहीं कर पाऊंगा. दूसरी बात यह कि बेटी के अलावा मेरा कोई नहीं है. धनदौलत के नाम पर जोकुछ है, सब इस का है. इस की इच्छा है कि यहां गांव में एक अच्छा सा अस्पताल खोला जाए और इस के लिए मैं 50 लाख रुपए का दान करता हूं,’’ कह कर उन्होंने एक चैक स्टेज के कोने में खड़े संजय को पास बुला कर उसे थमा दिया.

इस बात पर भीड़ ने देर तक ताली बजा कर खुशी जाहिर की. आखिर में विधायकजी के समापन भाषण के साथ सभा खत्म हो गई.

‘‘बेटा, आप दोनों मिल कर अच्छे से लोगों की सेवा करना,’’ गाड़ी में बैठने को तैयार भूमिका के पापा ने कहा.

‘‘दोनों नहीं तीनों,’’ पीछे से अर्जुन बोला.

‘‘क्या तुम भी…?’’ भूमिका ने हंसते हुए पूछा.

‘‘और नहीं तो क्या. मैं क्लास में फिसड्डी रहा. कोई अच्छी सी नौकरी क्या मिलेगी. इस से तो अच्छा है कि अपने सीनियर की छत्रछाया में रहूं,’’ अर्जुन ने कहा, तो सब ठहाका लगा कर हंस दिए. Hindi Story

Monsoon Special: रहे चमकता अक्स

‘‘ओके… बाय चुनचुन नहीं टुनटुन…’’ रितेश के कहते ही सब जाते हुए खूब हंसे, पर अनन्या का मन छलनी हुआ जा रहा था. उदास मन से वह अपने कमरे में आ कर बैठ गई.

रात को सोने के लिए जब वह बैड पर लेटी तो रजत के करीब जा कर उस के सीने में अपना मुंह छिपाए कुछ देर यों ही चुपचाप लेटी रही.

‘‘क्या हुआ? तबीयत तो ठीक है? दोस्तों के साथ गप्पें मारते हुए ज्यादा ही थक गईं शायद?’’ रजत उस की पीठ पर हाथ रख कर बोला.

अनन्या अपना चेहरा रजत की ओर घुमाते हुए बोली, ‘‘एक बात पूछूं रजत… क्या तुम्हें बुरा नहीं लगता कि मैं इतनी मोटी हो गई हूं. फेस भी बदलाबदला सा लग रहा है…तुम ने तो एक स्लिमट्रिम, गोरी लड़की से शादी की थी…

7-8 महीनों में ही वह क्या से क्या हो गई.’’ ‘‘हा… हा… हा…’’ पहले तो रजत ने एक जोरदार ठहाका लगाया. फिर मुसकरा कर अनन्या की ओर देखते हुए बोला, ‘‘ओह अनन्या, कैसा सवाल है यह? यह सच है कि तुम्हें एक बीमारी हो गई है और उस में वेट कंट्रोल में नहीं रहता…पर यह बताओ कि क्या हम हमेशा वैसे ही दिखते रहेंगे जैसे शादी के वक्त थे? क्या जब बुढ़ापे में मैं गंजा हो जाऊंगा या फिर मेरे दांत टूट जाएंगे तो तुम्हें खराब लगने लगूंगा?’’

‘‘तुम मुझे प्यार तो करते हो न?’’ अनन्या के चेहरे पर निराशा अभी भी झलक रही थी. रजत एक बार फिर खिलखिला पड़ा, ‘‘अनन्या तुम इतनी समझदार हो कि मैं कब तुम से पूरी तरह जुड़ गया मैं ही नहीं समझ पाया. तुम मेरी केयर तो करती ही हो, मुझ से अपने मन की हर बात शेयर करती हो, बिना वजह कभी भी झगड़ा नहीं करतीं… और इतना क्वालिफाइड होने के बाद भी घर का काम करना पड़े तो नाकभौं नहीं सिकोड़ती… तुम सच में अपने नाम की तरह ही सब से बिलकुल अलग, बहुत खास हो.’’

‘‘पर इस से पहले तो आप ने कभी ऐसा कुछ नहीं कहा?’’ रजत की प्रेममयी बातें सुन भावविभोर हो अनन्या बोली.

‘‘मैं हूं ही ऐसा… बोलना कम और सुनना बहुत कुछ चाहता हूं… अनन्या यकीन करो, मुझे बिलकुल तुम सा ही पार्टनर चाहिए था.’’

अनन्या मंत्रमुग्ध हुए जा रही थी.

‘‘एक बात और कहूंगा…अपने शरीर का ध्यान रखना हम सब के लिए जरूरी है… पर बाहरी सुंदरता कभी मन पर हावी नहीं होनी चाहिए… तुम जब भी मेरे इस मन में झांक कर अपनी सूरत देखोगी, तुम्हें अपनी वही सूरत दिखाई देगी जो कल थी. आज भी वही और आने वाले कल भी.’’

‘‘ओह रजत… कुछ नहीं चाहिए मुझे अब… कोई मुझे कुछ भी कहता रहे परवाह नहीं… बस तुम्हारे दिल के आईने में मेरा अक्स यों ही चमकता रहे.’’

अनन्या नम आंखों को मूंद कर रजत से लिपट गई. रजत के प्रेम की लौ में पिघल कर वह स्वयं को बहुत हलका महसूस कर रही थी.

विनविन सिचुएशन: जब सोमेश और रम्या के बीच बने शारीरिक संबंध

‘‘विनविनसिचुएशन वह होती है जिस में सभी पक्ष फायदे में रहें. जैसे हम ने किसी सामान को बनाने में 50रुपए लगाए और उसे 80 रुपए में बेच दिया, तो यह हमारे लिए फायदे का सौदा हुआ. लेकिन अगर वही सामान कोई व्यक्ति पहले

क्व90 में खरीदता था और अब हमारी कंपनी उसे क्व80 में दे रही है, तो यह उस का भी फायदा हुआ यानी दोनों पक्षों का फायदा हुआ. इसे कहते हैं विनविन सिचुएशन,’’ सोमेश कंपनी के नए स्टाफ को समझा रहा था.

12 साल हो गए सोमेश को इस कंपनी में काम करते हुए. अब नए लोगों को ट्रेनिंग देने का काम वही संभालता था. 12 सालों में पद, कमाई के साथसाथ परिवार भी बढ़ गया था उस का. हाल ही में वह दूसरी बार बाप बनने के गौरव से गर्वित हुआ था, लेकिन खुशी से ज्यादा एक नई जिम्मेदारी बढ़ने का एहसास हुआ था उसे. सालोंसाल वही जिंदगी जीतेजीते उकता गया था वह. उस की पत्नी रूमी बच्चों में ही उलझी रहती थी.

लंच टाइम में सोमेश जब खाना खाने बैठा, तो टिफिन खोलते ही उस ने बुरा सा मुंह बनाया, ‘‘लगता है आज फिर भाभीजी ने टिंडों की सब्जी बनाई है,’’ नमनजी के मजाक में कहे ये शब्द उसे तीर की तरह चुभ गए, क्योंकि सचमुच रूमी ने टिंडों की ही सब्जी दी थी टिफिन में.

कुछ खीजता हुआ सोमेश यों ही कैंटीन के काउंटर की ओर बढ़ गया.

‘‘सर, आप अपना टिफिन खुला ही भूल आए मेज पर,’’ एक खनकती हुई आवाज पर

उस ने मुड़ कर देखा. कंपनी में नई आई हुई लड़की रम्या उस का टिफिन उठा कर उस

के पास ले आई थी. यों कंपनी में और भी लड़कियां थीं, लेकिन सोमेश उन सब पर

थोड़ा रोब बना कर ही रखता था. इतने बेबाक तरीके से कोई लड़की उस से कभी बात नहीं करती थी.

‘‘सर, यह लीजिए मैं इसी टेबल पर आप का टिफिन रख देती हूं.’’

‘‘सर, आप अगर बुरा न मानें तो मैं भी इधर ही खाना खा लूं? उस बड़ी वाली मेज पर तो जगह ही नहीं है.’’

सोमेश ने बड़ी टेबल की ओर नजर दौड़ाई. सचमुच नए लोगों के आ जाने से बड़ी टेबल पर खाली जगह नहीं बची थी. उस ने सहमति में सिर हिलाया.

टिफिन रखते हुए रम्या के मुंह से निकल गया, ‘‘वाह, मेरी पसंदीदा टिंडों की सब्जी,’’

और फिर सोमेश की ओर देख कर कुछ ठिठक गई और चुपचाप अपना टिफिन खोल कर खाना खाने लगी.

बरबस ही सोमेश की नजर भी रम्या के टिफिन में रखे आलू के परांठों पर पड़ गई. रम्या बेमन से आलू के परांठे खा रही थी और सोमेश भी किसी तरह सूखी रोटियां अचार के साथ निगल रहा था.

‘‘सर, आप सब्जी नहीं खा रहे?’’ आखिरकार रम्या बोल ही पड़ी.

‘‘मुझे टिंडे पसंद नहीं, सोमेश ने बेरुखी से कहा तो रम्या ने उस की ओर आश्चर्य से देखा.’’

रम्या की निगाहों से साफ जाहिर था कि उस की पसंदीदा सब्जी की बुराई सुन कर उसे अच्छा नहीं लगा.

‘‘खाना फेंकना नहीं चाहिए सर,’’ रम्या ने किसी दार्शनिक की तरह कहा तो सोमेश को हंसी आ गई, ‘‘अच्छा, तो तुम ही खा लो यह टिंडों की सब्जी.’’

‘‘सच में ले लूं सर?’’ रम्या को जैसे मनचाही मुराद मिल गई.

‘‘हांहां, ले लो और तुम क्या मुझे आलू का परांठा दोगी?’’ रम्या की बेफिक्री से सोमेश भी थोड़ा बेतकल्लुफ हो गया था.

‘‘अरे बिलकुल सर, मैं तो बोर हो गई हूं आलू के परांठे खाखा कर. सुबह जल्दी में ये आसानी से बन जाते हैं. सब्जी बनाने के चक्कर में देर होने लगती है.’’

‘‘तुम खुद ही खाना बनाती हो क्या?’’

‘‘जी सर, अकेली रहती हूं तो खुद ही बनाना पड़ेगा न.’’

‘‘तुम अकेली रहती हो?’’

‘‘जी सर, मां को इलाज के लिए मामाजी के पास छोड़ा हुआ है.’’

सोमेश रम्या से अनेक सवाल पूछना चाहता था, लेकिन तभी कैंटीन में लगी बड़ी सी घड़ी की ओर उस का ध्यान गया. लंच टाइम खत्म होने वाला था. लंच के बाद उस की मैनेजर के साथ मीटिंग थी. उस ने अपना टिफिन रम्या की ओर खिसका दिया. बदले में रम्या ने भी 4 परांठों का डब्बा उस की ओर बढ़ा दिया.

लंच के बाद मीटिंग में मैनेजर ने उस से नए स्टाफ की जानकारी ली और पूछा कि इन में से किस नए मैंबर को तुम अपनी टीम में शामिल करना चाहते हो. चूंकि सभी नए लोगों की योग्यता एक सी ही थी और किसी को भी काम करने का पुराना अनुभव नहीं था, इसलिए उसे किसी के भी अपनी टीम में जुड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला था.

‘‘जैसा आप ठीक समझें सर,’’ सोमेश ने औपचारिक अंदाज में कहा.

‘‘तो फिर मैं रम्या को तुम्हारी टीम में दे रहा हूं, क्योंकि नमनजी ने दीपक को लिया है, जो उन का कोई दूर का रिश्तेदार लगता है. और देवेंद्र का स्वभाव तो तुम जानते ही हो कि उस के साथ कोई लड़की काम करना ही नहीं चाहती,’’ मैनेजर साहब ने जैसे पहले से ही सोच रखा था.

‘‘ठीक है सर,’’ सोमेश ने स्वीकृति में सिर हिलाया.

अगले दिन से रम्या सोमेश की टीम से जुड़ गई. थोड़ा और बेतकल्लुफ होते हुए अब रम्या उस के टिफिन से मांग कर खाना खाने लग गई.

‘‘आज शाम को जल्दी आ जाना, छोटे बेटे को टीका लगवाने जाना है,’’ औफिस के लिए निकलते हुए सोमेश को पीछे से रूमी की आवाज सुनाई दी. आज्ञाकारी पति की तरह सिर हिलाते हुए सोमेश ने गाड़ी स्टार्ट की.

शाम को औफिस से निकलते समय बारिश हो रही थी. सोमेश जल्दी से पार्किंग में खड़ी गाड़ी की ओर बढ़ा, लेकिन कुछ बूंदें उस पर पड़ ही गईं. गाड़ी में बैठ कर वह थोड़ा ही आगे बढ़ा था कि उस की नजर सामने एक दुकान के पास बारिश से बचने की कोशिश में किनारे खड़ी रम्या पर पड़ी.

इंसानियत के नाते उस ने गाड़ी उधर रोक दी और अंदर बैठे हुए ही रम्या को आवाज लगाई, ‘‘गाड़ी में आ जाओ वरना भीग जाओगी. अकेली रहती हो, बीमार हो गई तो देखभाल कौन करेगा?’’

बारिश से बचतीबचाती रम्या आ कर उस की गाड़ी में उस की बगल में बैठ गई. उस के सिर से पानी टपक रहा था.

‘‘ओह तुम तो काफी भीग गई हो,’’ सोमेश ने संवेदना दिखाते हुए कहा, ‘‘तुम्हारा घर कहां है?’’

‘‘पास ही है सर, पैदल ही आ जाती हूं. आज बारिश हो रही थी वरना आप को कष्ट नहीं देती.’’

बातों ही बातों में दोनों ने एकदूसरे को अपने परिवार के बारे में बता डाला. सोमेश को यह जान कर बड़ा आश्चर्य हुआ कि पिता के होते हुए भी अपनी बीमार मां की देखभाल का जिम्मा रम्या के ऊपर है.

‘‘क्या तुम्हारे पिताजी साथ में नहीं रहते?’’ सोमेश को रम्या के प्रति गहरी संवेदना हो आई.

‘‘नहीं सर, पिताजी मां के पूर्व सहपाठी उमेश अंकल को उन का प्रेमी मान कर उन पर शक करते हैं.’’

‘‘अच्छा, अगर रिश्तों में इतनी कड़वाहट है, तो वे तलाक क्यों नहीं ले लेतीं? कम से कम उन्हें अपने खर्च के लिए कुछ पैसे तो मिलेंगे.’’

‘‘वही तो सर, मां की इसी दकियानूसी बात पर तो मुझे गुस्सा आता है. पति साथ न दे तब भी वे उन्हें परमेश्वर ही मानेंगी.’’

बातोंबातों में वे रम्या के घर से आगे निकल गए. इसी बीच रूमी का फोन आ गया, ‘‘सुनो, बाहर बारिश हो रही है, ऐसे में बच्चे को बाहर ले कर जाना ठीक नहीं. हम कल चलेंगे उसे टीका लगवाने’’ जल्दीजल्दी बात पूरी कर रूमी ने फोन काट दिया.

‘‘सर, आप को वापस मोड़ना पड़ेगा, मेरा घर पीछे रह गया.’’

‘‘कोई बात नहीं, कह कर सोमेश ने गाड़ी मोड़ ली. वैसे भी अब घर जल्दी जा कर करना ही क्या था.’’

तभी रम्या को जोर की छींक आई.

‘‘बारिश में बहुत भीग गई हो, लगता है तुम्हें जुकाम हो गया है,’’ सोमेश को रम्या की चिंता होेने लगी.

रम्या का घर आ गया था. उस ने शिष्टाचारवश कहा, ‘‘सर, 1 कप चाय पी कर जाइए.’’

ऐसी बारिश में सोमेश को भी चाय की तलब हो आई थी. अत: रम्या के पीछे उस के छोटे से कमरे वाले घर में चला गया.

‘‘मैं अभी आई,’’ कह कर रम्या सामने लगे दरवाजों में एक के अंदर चली गई. कुछ देर तक वापस नहीं आई तो सोमेश खुद ही उधर जाने लगा. कुछ आगे जाने पर उसे दरवाजे की दरार में से रम्या नजर आई. अचानक ही रम्या की निगाहें भी उस से टकरा गईं. उस ने जल्दी से दरवाजा बंद किया, लेकिन कपड़े बदलती रम्या की एक झलक सोमेश को मिल चुकी थी.

‘‘माफ कीजिएगा सर, दरवाजे की चिटकनी खराब है… अकेली रहती हूं, इसलिए सही करवाने का समय ही नहीं मिलता.’’

फिर नजरें झुकाए हुए ही वह चाय बना कर ले आई. चाय का कप लेते हुए एक बार फिर सोमेश की निगाहें रम्या से चार हो गईं. इस बार रम्या ने नजरें नहीं झुकाईं, बल्कि खुद को आवेश के पलों में बहक जाने दिया.

अरसे का तरसा सोमेश रम्या का खुला निमंत्रण पा कर पागल ही हो बैठा.

कुछ पलों को वह यह भी भूल गया कि वह शादीशुदा है और उस के 2 बच्चे भी हैं.

जब तक वह कुछ सोचसमझ पाता, तीर कमान से निकल चुका था. वह खुद से नजरें नहीं मिला पा रहा था. रम्या ने उसे संयत किया. ‘‘इतना परेशान होने की जरूरत नहीं है सर, यह तो शरीर की स्वाभाविक जरूरत है. मेरा पहले भी एक बौयफ्रैंड था… आज का अनुभव मेरे लिए कोई नया नहीं है. आप कहें तो मैं इस बारे में किसी से कुछ नहीं कहूंगी.’’

रम्या की बात सुन कर सोमेश ने किसी तरह खुद को संभाला और बिना कुछ कहे अपने घर का रास्ता लिया.

अब सोमेश हर पल बेचैन रहने लगा.

रम्या की उपस्थिति में उस की यह बेचैनी और भी बढ़ जाती जबकि रम्या बिलकुल सामान्य रहती. वह रम्या के सान्निध्य के बहाने ढूंढ़ता रहता.

घर छोड़ने के बहाने वह कई बार रम्या के घर गया. रम्या बड़ी सहजता से उस की ख्वाहिश पूरी करती रही. बदले में सोमेश भी उसे कंपनी में तरक्की पर तरक्की देता रहा और देता भी क्यों नहीं? रम्या पूरी तरह से  विनविन सिचुएशन का मतलब जो समझ चुकी थी.

धन्नो : भानुमती किस कमी से परेशान रहती थी

भानुमती नाम था उन का. निम्नमध्य- वर्गीय परिवार, परिवार माने पूरे डेढ़ दर्जन लोग, कमाने वाला इकलौता उन का पति और वे स्वयं राजस्थान के एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका.

‘‘जब देखो तब घर में कोहराम छिड़ा रहता है,’’ वे अकसर अनु से कहती थीं. अनु उन से आधी उम्र की थी. उस की नियुक्ति प्रिंसिपल के पद पर हुई थी. भानुमती अकसर देर से स्कूल आतीं और जब आतीं तो सिर पर पट्टी बंधी रहती. सिर में उन के सदैव दर्द रहता था. चिड़चिड़ा स्वभाव, स्कूल आती थीं तो लगता था किसी जंग के मैदान से भाग कर आई हों.

उन्हें अनुशासन में बांधना असंभव था. अनु उन से एक सुहृदया बौस की तरह पेश आती थी. यही कारण था कि सब की अप्रिय, भानुमतीजी अपने जीवन की पोथी उस के सामने खोल कर बैठ जाती थीं.

एक दिन प्रार्थना सभा में वे चक्कर खा कर गिर पड़ीं. तुरंत चिकित्सा आदि की गई तो पता चला कि पिछले 24 घंटे से उन्होंने एक बूंद पानी भी नहीं पिया था. वे 7 दिन से व्रत कर रही थीं. स्कूल आना बेहद जरूरी था क्योेंकि परीक्षा चल रही थी. समय ही नहीं जुटा पाईं कि अपना ध्यान रख सकें. जब उन्हें चाय आदि पिला कर स्वस्थ किया गया तो एकदम से फफक पड़ीं.

‘‘आज घर में 10 रुपए भी नहीं हैं. 7 अपने बच्चे, 2 हम, सासससुर, 1 विधवा ननद व 4 उस के बच्चे. सब के तन पर चादर तानतेतानते चादर ही फट गई है, किसकिस का तन ढकूं? किसकिस के पेट में भोजन डालूं? किसकिस के पैरों को पत्थरकंकड़ चुभने से बचाऊं? किस को पढ़ाऊं, किस को नहीं? सब जरूरी हैं. एक का कुरता सिलता है तो दूसरे की सलवार फट जाती है. एक की रोटी सिंकती है तो दूसरे की थाली खाली हो जाती है. और ये लक्ष्मीमाता मेरे घर के दरवाजे की चौखट से कोसों दूर…वहां विष्णु के पैर दबा रही हैं. खुद तो स्वर्णजडि़त ताज पहने, कमल के फूल पर विराजमान हैं और यहां उन के भक्तों को कांटों के गद्दे भी नसीब नहीं होते…’’

न मालूम क्याक्या बड़बड़ा रही थीं. उस दिन तो जैसे किसी वेगवती नदी का बांध टूट गया हो. उन्होंने किसी को नहीं छोड़ा. न ऊपर वाले को न नीचे वाले को….

थोड़ा स्वस्थ होने पर बोलीं, ‘‘चाय का यह घूंट मेरे गले में दिन भर बाद उतरा है पर किसी को फिक्र है मेरी? पति तो इस भीड़ में ऐसे खो गए हैं कि मेरी शक्ल देख कर भी मुझे पहचान नहीं पाएंगे. बस, बच्चे पैदा कर डाले, वह भी 7. आज के जमाने में जहां लोगों के घर 1 या 2 बच्चे होते हैं, मेरे घर में दूसरों को देने लायक ऐक्स्ट्रा बच्चे हैं. 6 बेटियां हैं, परंतु उन्हें तो बेटा चाहिए, चाहिए तो बस चाहिए, आखिर 7वां बेटा हुआ.

‘‘सच पूछो तो मैडम, मुझे अपनी कोखजनों से कोई लगाव नहीं है, कोई ममता नहीं है. आप कहेंगी कि कैसी मां हूं मैं? बस, मैं तो ऐसी ही हूं…रूखी. पैसे का अभाव ब्लौटिंग पेपर की तरह समस्त कोमल भावनाओं को सोख गया है. पानी सोख लेने वाला एक पौधा होता है, ठीक उसी तरह मेरे इस टब्बर ने पैसों को सोख लिया है,’’ वे रोती जा रही थीं और बोलती जा रही थीं.

‘‘जीवन में कुछ हो न हो, बस पैसे का अभाव नहीं होना चाहिए. मुझे तो आजकल कुछ हो गया है, पेड़ों पर लगे पत्ते रुपए नजर आते हैं. मन करता है, उन्हें तोड़ लाऊं. सड़क पर पड़े ईंट के टुकड़े रुपयों की गड्डी नजर आते हैं और नल से पानी जब खाली लोहे की बालटी में गिरता है तो उस में भी पैसों की खनक जैसी आवाज मुझे सुनाई देती है.’’

उस दिन उन की यह दशा देख कर अनु को लगा कि भानुमतीजी की मानसिक दशा बिगड़ रही है. उस ने उन की सहायता करने का दृढ़ निश्चय किया. मैनेजमैंट के साथ मीटिंग बुलाई, भानुमतीजी की सब से बड़ी लड़की जो कालेज में पढ़ रही थी, उसे टैंपोररी नौकरी दिलवाई, दूसरी 2 लड़कियों को भी स्कूल के छोटे बच्चों के ट्यूशन दिलवाए.

अनु लगभग 8 साल तक उस स्कूल में प्रिंसिपल रही और उस दौरान भानुमतीजी की समस्याएं लगभग 50 फीसदी कम हो गईं. लड़कियां सुंदर थीं. 12वीं कक्षा तक पढ़ कर स्वयं ट्यूशन करकर के उन्होंने कुछ न कुछ नौकरियां पकड़ लीं. सुशील व कर्मठ थीं. 4 लड़कियों की सहज ही बिना दहेज के शादियां भी हो गईं. 1 बेटी डाक्टरी में निकल गई और 1 इंजीनियरिंग में.

ननद के बच्चे भी धीरेधीरे सैटल हो गए. सासससुर चल बसे थे, पर उन का बुढ़ापा, भानुमतीजी को समय से पहले ही बूढ़ा कर गया था. 47-48 साल की उम्र में 70 साल की प्रतीत होती थीं भानुमतीजी. जब कभी कोई बाहर से सरकारी अफसर आता था और शिक्षकों का परिचय उन से करवाया जाता था, तो प्राय: कोई न कोई अनु से प्रश्न कर बैठता था :

‘‘आप के यहां एक टीचर काफी उम्र की हैं, उन्हें तो अब तक रिटायर हो जाना चाहिए.’’

उन की उम्र पता चलने पर, उन के चेहरे पर अविश्वास के भाव फैल जाते थे. जहां महिलाएं अपनी उम्र छिपाने के लिए नईनई क्रीम, लोशन व डाई का प्रयोग करती हैं वहीं भानुमतीजी ठीक इस के विपरीत, न बदन पर ढंग का कपड़ा न बालों में कंघी करना. लगता है, वे कभी शीशे में अपना चेहरा भी नहीं देखती थीं. जिस दिन वे मैचिंग कपड़े पहन लेती थीं पहचानी नहीं जाती थीं.

‘‘महंगाई कितनी बढ़ गई है,’’ वे अकसर कहती रहती थीं. स्टाफरूम में उन का मजाक भी उड़ाया जाता था. उन के न मालूम क्याक्या नाम रखे हुए थे… उन्हें भानुमतीजी के नाम से कोई नहीं जानता था.

एक दिन इंटरस्कूल वादविवाद प्रतियोगिता के सिलसिले में अनु ने अपने नए चपरासी से कहा, ‘‘भानुमतीजी को बुला लाओ.’’

वह पूरे स्कूल में ढूंढ़ कर वापस आ गया. तब अनु ने उन का पूरा नाम व क्लास लिख कर दिया, तब कहीं जा कर वे आईं तो अनु ने देखा कि चपरासी भी हंसी को दबा रहा था.

अनु ने वादविवाद का विषय उन्हें दे दिया और तैयारी करवाने को कहा. विषय था : ‘टेलीविजन धारावाहिक और फिल्में आज साहित्य का स्थान लेती जा रही हैं और जिस प्रकार साहित्य समाज का दर्पण होता जा रहा है वैसे ही टेलीविजन के धारावाहिक या फिल्में भी.’

वादविवाद प्रतियोगिता में बहुधा टीचर्स की लेखनी व वक्ता का भावपूर्ण भाषण होता है. 9वीं कक्षा की नीति प्रधान, भानुमतीजी की क्लास की थी. उस ने ओजपूर्ण तर्क रखा और समस्त श्रोताओं को प्रभावित कर डाला. उस ने अपना तर्क कुछ इस प्रकार रखा था :

‘टेलीविजन धारावाहिक व फिल्में समाज का झूठा दर्पण हैं. निर्धन किसान का घर, पांचसितारा होटल में दिखाया जाता है. कमरे में परदे, सोफासैट, खूबसूरत पलंग, फर्श पर कालीन, रंगीन दीवारों पर पेंटिंग और बढि़या स्टील के खाली डब्बे. भारी मेकअप व गहनों से लदी महिलाएं जेवरात की चलतीफिरती दुकानें लगती हैं.’

व्यंग्यात्मक तेवर अपनाते हुए नीति प्रधान पुरजोर पौइंट ढूंढ़ लाई थी, टेलीविजन पर गरीबी का चित्रण और वास्तव में गरीबी क्या होती है?

‘गरीब के नए कपड़ों पर नए कपड़ों का पैबंद लगाया दिखाते हैं. वे तो अकसर ऐसे लगते हैं जैसे कोई बुटीक का डिजाइन. गरीबी क्या होती है? किसी गरीब के घर जा कर देखें. आजकल के युवकयुवतियां घुटनों पर से फटी जीन्स पहनना फैशन मानते हैं, तब तो गरीब ही सब से फैशनेबल हैं. बड़ेबड़े स्टेटस वाले लोग कहते हैं :

‘आई टेक ब्लैक टी. नो शुगर प्लीज.’

‘अरे, गरीब के बच्चे सारी जिंदगी ब्लैक टी ही पीते रहे हैं, दूध और शक्कर के अभाव में पलतेपलते वे कितने आधुनिक हो गए हैं, उन्हें तो पता ही नहीं चला. आजकल अकसर लोग महंगी होलव्हीट ब्रैड खाने का ढोल पीटते हैं. अरे, गरीब तो आजीवन ही होलव्हीट की रोटियां खाता आया है. गेहूं के आटे से चोकर छान कर रोटियां बनाईं तो रोटियां ही कम पड़ जाएंगी. और हां, आजकल हर वस्तु में रिसाइक्ंिलग शब्दों का खूब इस्तेमाल होता है, गरीब का तो जीवन ही रिसाइकल है. सर्दी की ठिठुरती रातों में फटेपुराने कपड़ों को जोड़ कर जो गुदड़ी सिली जाती है उसे कोई फैशनेबल मेमसाहब अपना बटुआ खाली कर खरीद कर ले जाएंगी.’

धन के अभाव का ऐसा आंखोंदेखा हाल प्रस्तुत करने वाला और कौन हो सकता था? प्रतियोगिता में नीति प्रथम घोषित हुई थी.

अनु को दिल्ली आए अब 10-12 वर्ष हो गए थे. अब तो वह शिक्षा मंत्रालय में, शिक्षा प्रणाली के योजना विभाग में कार्य करने लगी थी. अत: उस स्कूल के बाद छात्रों व अध्यापकों के साथ उस की नजदीकियां खत्म हो गई थीं. अकसर अनु को वहां की याद आती थी. उस स्कूल की लगभग सभी अध्यापिकाएं….सब के जीवन में कहीं न कहीं कोई न कोई कमी तो थी ही. कोई स्वास्थ्य से परेशान तो कोई अपने पति को ले कर दुखी. कोई समाज से तो कोई मकान से.

जहां सब सुख थे, वहां भी हायतौबा. मिसेज भंडारी बड़े हंसमुख स्वभाव की महिला थीं, संपन्न, सुंदर व आदरणीय. उन्हें ही अनु कार्यभार सौंप कर आई थी. वे अकसर अपनी सास के बारे में बात करती और कहती थीं, ‘‘मेरी सास के पास कोई दुख नहीं है, फिर भी वे दुख ढूंढ़ती रहती हैं, वास्तव में उन्हें सुखरोग है.’’

एक दिन अनु दिल्ली के एक फैशनेबल मौल में शौपिंग करने गई थी. वहां अचानक उसे एक जानापहचाना चेहरा नजर आया. करीने से कढ़े व रंगे बाल, साफसुथरा, मैचिंग सिल्क सलवार- सूट, हाथों में पर्स. पर्स खोल कर रुपयों की गड्डी निकाल कर काउंटर पर भुगतान करते हुए उन के हाथ और हाथों की कलाइयों पर डायमंड के कंगन.

‘‘भानुमतीजी, आप…’’अविश्वास के बीच झूलती अनु अपलक उन्हें लगभग घूर रही थी.

‘‘अरे, अनु मैडम, आप…’’

दोनों ने एकदूसरे को गले लगाया. भानुमती के कपड़ों से भीनीभीनी परफ्यूम की खुशबू आ रही थी.

अनु ने कहा, ‘‘अब मैं मैडम नहीं हूं, आप सिर्फ अनु कहिए.’’

अनु ने देखा 4-5 बैग उन्हें डिलीवर किए गए.

‘‘आइए, यहां फूडकोर्ट में बैठ कर कौफी पीते हैं,’’ अनु ने आग्रह किया.

‘‘आज नहीं,’’ वे बोलीं, ‘‘बेटी आज जा रही है, उसी के लिए कुछ गिफ्ट खरीद रही थी. आप घर आइए.’’

अनु ने उन का पता और फोन नंबर लिया. मिलने का पक्का वादा करते हुए दोनों बाहर निकल आईं. अनु ने देखा, एक ड्राइवर ने आ कर उन से शौपिंग बैग संभाल लिए और बड़ी सी गाड़ी में रख दिए. अनु की कार वहीं कुछ दूरी पर पार्क थी. दोनों ने हाथ हिला कर विदा ली.

भानुमतीजी की संपन्नता देख कर अनु को बहुत खुशी हुई. सोचने लगी कि बेचारी सारी जिंदगी मुश्किलों से जूझती रहीं, चलो, बुढ़ापा तो आराम से व्यतीत हो रहा है. अनु ने अनुमान लगाया कि बेटा होशियार तो था, जरूर ही अच्छी नौकरी कर रहा होगा. समय निकाल कर उन से मिलने जरूर जाऊंगी. भानुमतीजी के 3-4 फोन आ चुके थे. अत: एक दिन अनु ने मिलने का कार्यक्रम बना डाला. उस ने पुरानी यादों की खातिर उन के लिए उपहार भी खरीद लिया.

दिए पते पर जब अनु पहुंची तो देखा बढि़या कालोनी थी. गेट पर कैमरे वाली सिक्योरिटी. इंटरकौम पर चैक कर के, प्रवेश करने की आज्ञा के बाद अनु अंदर आई. लंबे कौरीडोर के चमकते फर्श पर चलतेचलते अनु सोचने लगी कि भानुमतीजी को कुबेर का खजाना हाथ लग गया है. वाह, क्या ठाटबाट हैं.

13 नंबर के फ्लैट के सामने दरवाजा खोले भानुमतीजी अनु की प्रतीक्षा में खड़ी थीं. खूबसूरत बढि़या परदे, फर्नीचर, डैकोरेशन.

‘‘बहुत खूबसूरत घर है, आप का.’’

कहतेकहते अचानक अनु की जबान लड़खड़ा गई. वह शब्दों को गले में ही घोट कर पी गई. सामने जो दिखाई दिया, उसे देखने के बाद उस में खड़े रहने की हिम्मत नहीं थी. वह धम्म से पास पड़े सोफे पर बैठ गई. मुंह खुला का खुला रह गया. गला सूख गया. आंखें पथरा गईं. चश्मा उतार कर वह उसे बिना मतलब पोंछने लगी. भानुमतीजी पानी लाईं और वह एक सांस में गिलास का पानी चढ़ा गई. भानुमतीजी भी बैठ गईं. चश्मा उतार कर वे फूटफूट कर रो पड़ीं.

‘‘देखिए, देखिए, अनुजी, मेरा इकलौता बेटा.’’

हक्कीबक्की सी अनु फे्रम में जड़ी 25-26 साल के खूबसूरत नौजवान युवक की फोटो को घूर रही थी, उस के निर्जीव गले में सिल्क के धागों की माला पड़ी थी, सामने चांदी की तश्तरी में चांदी का दीप जल रहा था.

‘‘कब और कैसे?’’

सवाल पूछना अनु को बड़ा अजीब सा लग रहा था.

‘‘5 साल पहले एअर फ्रांस का एक प्लेन हाइजैक हुआ था.’’

‘‘हां, मुझे याद है. अखबार में पढ़ा था कि पायलट की सोच व चतुराई के चलते सभी यात्री सुरक्षित बच गए थे.’’

‘‘जी हां, ग्राउंड के कंट्रोल टावर को उस ने बड़ी चालाकी से खबर दे दी थी, प्लेन लैंड करते ही तमाम उग्रवादी पकड़ लिए गए थे परंतु पायलट के सिर पर बंदूक ताने उग्रवादी ने उसे नहीं छोड़ा.’’

‘‘तो, क्या वह आप का बेटा था?’’

‘‘हां, मेरा पायलट बेटा दुष्यंत.’’

‘‘ओह,’’ अनु ने कराह कर कहा.

भानुमतीजी अनु को आश्वस्त करने लगीं और भरे गले से बोलीं, ‘‘दुष्यंत को पायलट बनने की धुन सवार थी. होनहार पायलट था अत: विदेशी कंपनी में नौकरी लग गई थी. मेरे टब्बर का पायलट, मेरी सारी जिंदगी की जमापूंजी.’’

‘‘उस ने तो बहुत सी जिंदगियां बचा दी थीं,’’ अनु ने उन के दुख को कम करने की गरज से कहा.

‘‘जी, उस प्लेन में 225 यात्री थे. ज्यादातर विदेशी, उन्होंने उस के बलिदान को सिरआंखों पर लिया. मेरी और दुष्यंत की पूजा करते हैं. हमें गौड तुल्य मानते हैं. भूले नहीं उस की बहादुरी और बलिदान को. इतना धन मेरे नाम कर रखा है कि मेरे लिए उस का हिसाब भी रखना मुश्किल है.’’

अनु को सब समझ में आ गया.

‘‘अनुजी, शायद आप को पता न होगा, उस स्कूल की युवा टीचर्स, युवा ब्रिगेड ने मेरा नाम क्या रख रखा था?’’

अस्वस्थ व अन्यमनस्क होती हुई अनु ने आधाअधूरा उत्तर दिया, ‘‘हूं… नहीं.’’

‘‘वे लोग मेरी पीठ पीछे मुझे भानुमती की जगह धनमती कहते थे, धनधन की माला जपने वाली धन्नो.’’

अनु को उस चपरासी की शरारती हंसी का राज आज पता चला.

‘‘कैसी विडंबना है, अनुजी. मेरे घर धन आया तो पर किस द्वार से. लक्ष्मी आई तो पर किस पर सवार हो कर…उन का इतना विद्रूप आगमन, इतना घिनौना गृहप्रवेश कहीं देखा है आप ने?’’

: मधु

थैंक्यू मम्मी-पापा: बेटे के लिए क्या तरकीब निकाली?

‘‘हां, बोलो तानिया, कैसी हो,’’ फोन उठाते ही वरुण ने तानिया का स्वर पहचान लिया.

‘‘मैं तो ठीक हूं, पर तुम्हारी क्या समस्या है वरुण?’’ तानिया ने तीखे स्वर में पूछा.

‘‘कैसी समस्या?’’

‘‘वह तो तुम्हीं जानो पर तुम से बात करना तो असंभव होता जा रहा है. घर पर फोन करो तो मिलते नहीं हो. मोबाइल हमेशा बंद रहता है,’’ तानिया ने शिकायत की.

‘‘आज पूरा दिन बहुत व्यस्त था. बौस के साथ एक के बाद एक मीटिंगों का ऐसा दौर चला कि सांस लेने तक की फुरसत नहीं थी. मीटिंग में मोबाइल तो बंद रखना ही पड़ता है,’’ वरुण ने सफाई दी.  ‘‘बनाओ मत मुझे. तुम जानबूझ कर बात नहीं करना चाहते. मैं क्या जानती नहीं कि तुम अपनी कंपनी के उपप्रबंध निदेशक हो. तुम्हें फोन पर बात करने से कौन मना कर सकता है?’’

‘‘प्रश्न किसी और के मना करने का नहीं है पर जो नियमकायदे दूसरों के लिए बनाए गए हैं, उन का पालन सब से पहले मुझे ही करना पड़ता है,’’ वरुण ने सफाई दी.

‘‘यह सब मैं कुछ नहीं जानती. पर मैं बहुत नाराज हूं. फोन करकर के थक गई हूं मैं.’’

‘‘छोड़ो ये गिलेशिकवे और बताओ कि किसलिए इतनी बेसब्री से फोन पर संपर्क साधा जा रहा था?’’

‘‘वाह, बात तो ऐसे कर रहे हो जैसे कुछ जानते ही नहीं. याद है, आज संदीप ने तुम्हारे स्वागत में बड़ी पार्टी का आयोजन किया है.’’

‘‘याद रहने, न रहने से कोई अंतर नहीं पड़ता. मैं ने पहले ही कहा था कि मैं पार्टी में नहीं आ रहा. आज मैं बहुत व्यस्त हूं. व्यस्त न होता तो भी नहीं आता. मुझे पार्टियों में जाना पसंद नहीं है.’’

‘‘क्या कह रहे हो? संदीप बुरा मान जाएगा. उस ने यह पार्टी विशेष रूप से तुम्हारे लिए ही आयोजित की है.’’

‘‘जरा सोचो तानिया, पिछले 10 दिन में हम जब भी मिले हैं, किसी न किसी पार्टी में ही मिले हैं. तुम्हें नहीं लगता कि कभी हम दोनों अकेले में ढेर सारी बातें करें. एकदूसरे को जानेंसमझें?’’

‘‘कितने पिछड़े विचार हैं तुम्हारे, बातें तो हम पार्टी में भी कर सकते हैं और एकदूसरे को जाननेसमझने को तो पूरा जीवन पड़ा है,’’ तानिया ने अपने विचार प्रकट किए तो वरुण बुरी तरह झल्ला गया. पर वह कोई कड़वी बात कह कर कोई नई मुसीबत मोल नहीं लेना चाहता था.

ये भी पढ़ें- आत्मनिर्णय: आज की नई पीढ़ी क्या हम बड़ों से ज्यादा समझदार हो गई है?

‘‘ठीक है, तो फिर कभी मिलेंगे. बहुत सारी बातें करनी हैं तुम से,’’ वरुण ने लंबी सांस ली थी.

‘‘क्या, पार्टी में नहीं आ रहे तुम?’’ तानिया चीखी.

‘‘नहीं.’’

‘‘ऐसा मत कहो, तुम्हें मेरी कसम. आज की पार्टी में तुम्हारी मौजूदगी बेहद जरूरी है.’’

‘‘केवल एक ही शर्त पर मैं पार्टी में आऊंगा कि आज के बाद तुम मुझे किसी दूसरी पार्टी में नहीं बुलाओगी,’’ वरुण अपना पीछा छुड़ाने की नीयत से बोला था.

‘‘जैसी आप की आज्ञा महाराज,’’ तानिया नाटकीय अंदाज में हंस कर बोली.  वरुण पार्टी में पहुंचा तो वहां की तड़कभड़क देख कर दंग रह गया था. ज्यादातर युवतियां पारदर्शी, भड़काऊ परिधानों में एकदूसरे से प्रतिस्पर्धा करती नजर आ रही थीं.

तानिया को देख कर पहली नजर में तो वरुण पहचान ही नहीं सका. कुछ देर के लिए तो वह उसे देखता ही रह गया था.

‘‘अरे, ऐसे आश्चर्य से क्या घूर रहे हो?’’ तानिया खिलखिलाई थी, ‘‘कैसा लग रहा है मेरा नया रूपरंग? आज का यह नया रूपरंग, साजसिंगार खासतौर पर तुम्हारे लिए है. बालों का यह नया अंदाज देखो और यह नई ड्रैस. इसे आज के मशहूर डिजाइनर सुशी से डिजाइन करवाया है,’’ तानिया सब के सामने अपनी प्रदर्शनी कर रही थी. पर वरुण के मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला था.

‘‘क्या कर रही हो तुम? क्यों लोगों के सामने अपना तमाशा बना रखा है तुम ने. अपना नहीं तो कम से कम मेरे सम्मान का खयाल करो,’’ वरुण उसे एक ओर ले जा कर बोला था.

‘‘क्यों, क्या हुआ? तुम तो ऐसे नाराज हो रहे हो जैसे मैं ने कोई अपराध कर डाला होे. खुद तो कभी मेरी प्रशंसा में दो शब्द बोलते नहीं हो और मेरे पूछने पर यों मुंह फुला लेते हो,’’ तानिया आहत स्वर में बोली थी.

‘‘तुम्हें दुखी करने का मेरा कोई इरादा नहीं था. पर फिर भी…’’

‘‘फिर भी क्या?’’

‘‘मैं अपनी भावी पत्नी से थोड़े शालीन व्यवहार की उम्मीद रखता हूं और तुम्हारी यह ड्रैस? इस के बारे में जो न कहा जाए वह कम है,’’ वरुण शायद कुछ और भी कहता कि तभी संदीप अपने 2 दूसरे मित्रों के साथ आ गया था.

‘‘हैलो वरुण,’’ संदीप ने बड़ी गर्मजोशी से आगे बढ़ कर हाथ मिलाया था.

‘‘आज आप को यहां देख कर मुझे असीम प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है. मैं ने यह पार्टी आप के सम्मान में आयोजित की है. आप के न आने से इस सब तामझाम का कोई अर्थ ही नहीं रह जाता,’’ संदीप ने कहा और वहां मौजूद अतिथियों से उस का परिचय कराने लगा. तानिया भी उस के साथ ही अपने दोस्तों से वरुण का परिचय करा रही थी.

‘‘इन से मिलिए, ये हैं डा. पंकज राय. शल्य चिकित्सक होने के साथ ही तानिया के अच्छे मित्र भी हैं,’’ एक युवक से परिचय कराते हुए कुछ ठिठक सा गया था संदीप.  ‘‘डा. पंकज से इन का परिचय मैं स्वयं कराऊंगी. मेरे बड़े अच्छे मित्र हैं. 2 वर्ष तक हम दोनों साथ रहे हैं. एकदूसरे को जाननेसमझने का प्रयत्न किया. जब लगा कि हम एकदूसरे के लिए बने ही नहीं हैं तो अलग हो गए,’’ तानिया ने विस्तार से डा. पंकज का परिचय दिया.  ‘‘तानिया ठीक कहती है. मैं ने तो इसे सलाह दी थी कि हमारे साथ रहने की बात आप को न बताए. पर यह कहने लगी कि आप संकीर्ण मानसिकता के व्यक्ति नहीं हैं. वैसे भी आजकल तो यह सब आधुनिक जीवन का हिस्सा है,’’

डा. पंकज ने अपने विचार प्रकट किए थे.  कुछ क्षणों के लिए तो वरुण को लगा कि उस का मस्तिष्क किसी प्रहार से सुन्न हो गया है. पर दूसरे ही क्षण उस ने खुद को संभाल लिया. वह कोई भी उलटीसीधी हरकत कर के लोगोें के उपहास का पात्र नहीं बनना चाहता था.  पर मन में एक फांस सी गड़ गई थी जो लाख प्रयत्न करने पर भी निकल नहीं रही थी. अच्छा था कि वरुण के चेहरे के बदलते भावों को किसी ने नहीं देखा.

ये भी पढ़ें- Short Story: बट स्टिल आई लव हिम

हाथ में शीतल पेय का गिलास थामे वह एक ओर पड़े सोफे पर बैठ गया.  पिछले कुछ समय की घटनाएं चलचित्र की तरह वरुण के मानसपटल से टकरा रही थीं. 10-12 दिन पहले ही बड़ी धूमधाम से तानिया से उस की सगाई हुई थी. बड़े से पांचसितारा होटल में मानो आधा शहर ही उमड़ आया था. तानिया के पिता जानेमाने व्यवसायी थे. विधानपरिषद के सदस्य होने के साथ ही राजनीतिक क्षेत्र में उन की अच्छी पैठ थी. सगाई से पहले वरुण 3-4 बार तानिया से मिला था. उसे लगा कि तानिया ही उस के सपनों की रानी है, जिस की उसे लंबे समय से प्रतीक्षा थी. अपने सुंदर रंगरूप और खुले व्यवहार से किसी को भी आकर्षित कर लेना तानिया के बाएं हाथ का खेल था.  वरुण के मातापिता ने तानिया को देखते ही पसंद कर लिया था. वरुण का परिवार भी शहर के संपन्न परिवारों में गिना जाता था. पर उस के मातापिता ‘सादा जीवन उच्च विचार’ के पक्षधर थे. सगाई के अवसर की तड़कभड़क देख कर उस के मित्रों और संबंधियों ने दांतों तले उंगली दबा ली थी. वरुण और उस के मातापिता ने भी इसे स्वाभाविक रूप से ही लिया था. पर अब वरुण को लग रहा था कि सबकुछ बहुत जल्दबाजी में हो गया. उसे तानिया को अच्छी तरह जाननेसमझने के बाद ही कोई निर्णय लेना चाहिए था.  तानिया की कई सहेलियां व दोस्त थे. उस ने खुद ही वरुण को सबकुछ स्पष्ट रूप से बता दिया था. शायद उस के इस खुले स्वभाव ने ही प्रारंभ में उसे प्रभावित किया था. आज जब युवा खुलेआम एकदूसरे से मिलतेजुलते हैं तो उन में मित्रता होना स्वाभाविक है. वह अब तक स्वयं को खुली मानसिकता का व्यक्ति समझता था, पर आज की घटना ने उसे पूर्ण रूप से उद्वेलित कर दिया था.

हर समय अपने पुरुष मित्रों की बातें करना, उन के गले में बाहें डाल कर घूमना, उन के साथ बेशर्मी से हंसना, खिलखिलाना, तानिया के ऐसे व्यवहार को वह सहजता से नहीं ले पा रहा था. मन ही मन स्वयं को भी झिड़क देता था.  ‘समय बहुत तेजी से बदल रहा है वरुण राज. उस के कदम से कदम मिला कर नहीं चले तो औंधे मुंह गिरोगे,’ वह खुद को ही समझाता. कभीकभी तो उसे लगता मानो वह संकीर्ण मानसिकता का शिकार है, जो आधुनिकता का जामा पहन कर भी स्त्री की स्वतंत्रता को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं आ सका.  पर आज नहीं, आज तो उसे लगा कि यह उस की सहनशक्ति से परे है. वह इतना आधुनिक भी नहीं हुआ कि समाज की समस्त वर्जनाओं को अस्वीकार कर के उच्छृंखल जीवनशैली अपना ले. उस के धीरगंभीर स्वभाव और अनुशासित जीवनशैली की सभी प्रशंसा करते थे.

धीरेधीरे सबकुछ शीशे की तरह साफ होता जा रहा था. वरुण को लगने लगा कि उसे ग्लैमर की गुडि़या नहीं जीवनसाथी चाहिए, जो शायद तानिया चाह कर भी नहीं बन सकेगी.  वरुण अपने गंभीर खयालों में खोया था कि एक हाथ में सिगरेट और दूसरे में गिलास थामे तानिया लहराती हुई आई.  ‘‘हे, वरुण, तुम यहां बैठे हो? मैं ने तुम्हें कहांकहां नहीं ढूंढ़ा. चलो न, डांस करेंगे,’’ वरुण को देखते ही उस ने आग्रह किया था.  वरुण तुरंत ही उठ खड़ा हुआ था. ‘‘तानिया यह सब क्या है? तुम तो कह रही थीं कि तुम तो सिगरेटशराब को छूती तक नहीं?’’ वरुण ने तीखे स्वर में प्रश्न किया था.  ‘‘मैं तो अब भी वही कह रही हूं. यह सिगरेट तो केवल अदा के लिए है. मुझे तो एक कश लेते ही इतने जोर की खांसी उठती है कि सांस लेना कठिन हो जाता है. तुम भी लो न. अच्छा लगता है. दोनों साथ में फोटो खिचवाएंगे. और यह तो केवल शैंपेन है, महिलाओें का पेय.’’

‘‘धन्यवाद, मैं ऐसे अंदाज दिखाने में विश्वास नहीं रखता,’’ वरुण ने मना किया तो तानिया उसे डांसफ्लोर तक खींच ले गई. तानिया देर तक वहां थिरकती रही, वरुण ने कुछ देर उस का साथ देने का प्रयत्न किया फिर कक्ष से बाहर आ गया. बाहर की ठंडी सुगंधित मंद पवन ने उसे बड़ी राहत दी. वह कुछ देर वहीं बैठ कर आकाश में बनतीबिगड़ती आकृतियों को देखता रहा.  पीनेपिलाने, नाचनेगाने और देर रात तक पार्टी गेम्स खेलने के बाद जब भोजन शुरू हुआ तो सुबह के 4 बज गए थे. वरुण की भूख मर चुकी थी.  तानिया से विदा ले कर जब तक घर पहुंचा तो पौ फटने लगी थी.

‘‘यह घर आने का समय है?’’ उस की मां शोभा देवी झल्लाई थीं.

‘‘मां, तानिया के मित्रों की पार्टी थी. रात भर गहमागहमी चलती रही. मैं थोड़ी देर सो जाता हूं. 3 घंटे के बाद जगा देना. 9 बजे तक कार्यालय पहुंचना है. आवश्यक कार्य है,’’ थके उनींदे स्वर में बोल कर वरुण अपने कमरे में सोने चला गया.  ‘‘आ गया तुम्हारा बेटा?’’ प्रात: टहलने के लिए तैयार हो रहे वरुण के पिता मनोहर ने व्यंग्यपूर्ण स्वर में पत्नी से कहा. ‘‘हां, आ गया,’’ शोभा ने बुझे स्वर में कहा था.

‘‘देख लो, साहबजादे के लक्षण ठीक नजर नहीं आ रहे.’’

‘‘हम दोनों चाह कर भी कुछ नहीं कर सकते. पढ़ालिखा समझदार है वरुण. अच्छे पद पर है. विवाह भी हम ने उस की पसंद पर छोड़ दिया है. सब देखसुन कर उस ने तानिया को पसंद किया था. पढ़ीलिखी सुंदर स्मार्ट लड़की है. दोनों आनंद से जीवन बिताएं, इस से अधिक हमें क्या चाहिए.’’

‘‘वह भी होता नजर नहीं आ रहा. तुम्हें नहीं लगता कि हमारे और उन के सामाजिक स्तर में बड़ा अंतर है.’’

‘‘होंगे वे बड़े लोग, हम भी उन से किसी बात में कम नहीं हैं. वैसे भी यदि वरुण प्रसन्न है तो तुम क्यों अपना दिल जला रहे हो,’’ शोभा ने बात को वहीं विराम देना चाहा था.

‘‘वह भी ठीक है. काजीजी दुबले क्यों…’’ ठहाका लगाते हुए मनोहर बाबू टहलने के लिए पार्क की ओर चल पड़े.

ये भी पढ़ें- नश्तर: पति के प्यार के लिए वे जिंदगीभर क्यों तरसी थी?

कुछ दिन इसी ऊहापोह में बीत गए. वरुण अंतर्मुखी होता जा रहा था.  उस दिन डिनर के समय वरुण अपने ही विचारों में खोया हुआ था. शोभा देवी कुछ देर तक उसे ध्यान से देखती रही थीं.

‘‘वरुण,’’ उन्होंने धीमे स्वर में पुकारा.

‘‘हां, मां, कहिए न, क्या बात है?’’

‘‘बात क्या होगी, तेरी सगाई क्या हुई हम तो तुम से बात करने को तरस गए. बात क्या है बेटे?’’

‘‘कुछ नहीं मां. ऐसे ही कुछ सोचविचार कर रहा था.’’

‘‘सोचविचार बाद में करना. कभी हम से भी बात करने का समय निकाला करो न.’’

‘‘कैसी बात कर रही हो मां. कहिए न, क्या कहना है?’’

‘‘तानिया के पापा का फोन आया था. वे विवाह की तिथि पक्की कर के चटपट इस जिम्मेदारी से मुक्ति पाना चाहते हैं.’’

‘‘ऐसी जल्दी भी क्या है मां? अभी 10 दिन पहले ही तो सगाई हुई है. थोड़े दिन साथ घूमफिर लें, एकदूसरे को समझ लें, फिर विवाह के बारे में सोचेंगे.’’

‘‘क्या कह रहा है बेटे, सगाई के बाद कोई लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करता. वैसे भी कितना समय चाहिए तुम्हें एकदूसरे को जानने के लिए?’’ शोभा देवी हैरानपरेशान स्वर में बोली थीं.

‘‘मां, हमारे विचारों में कोई समानता नहीं है. मुझे नहीं लगता कि यह विवाह एक दिन भी चल पाएगा. जीवन भर की तो कौन कहे,’’ वरुण रूखे स्वर में बोला था.

‘‘यह क्या कह रहा है बेटे? ये सब तो सगाई से पहले सोचना था.’’

‘‘उसी भूल की तो सजा पा रहा हूं मैं. सच कहूं तो सगाई के बाद से मैं ने एक दिन भी चैन से नहीं बिताया. मां, यह सगाई तोड़ दो. इस विवाह से न मैं खुश रहूंगा, न तानिया. हम दोनों के विचारों और जीवनशैली में जमीनआसमान का अंतर है.’’

शोभा देवी स्तब्ध रह गईं. जब मनोहर बाबू ने भोजन कक्ष में प्रवेश किया तो वहां बोझिल चुप्पी छाई थी.

‘‘क्या बात है. आज मांबेटे का मौनव्रत है क्या?’’ उन्होंने उपहास किया था.

‘‘मौनव्रत तो नहीं है पर पूरी बात सुनोगे तो तुम्हारे पांवों तले से धरती खिसक जाएगी,’’ शोभा देवी रोंआसे स्वर में बोली थीं.

‘‘फिर तो कह ही डालो. हम भी इस अलौकिक अनुभूति का आनंद उठा ही लें.’’

‘‘तो सुनो, वरुण तानिया से विवाह नहीं करना चाहता. चाहता है कि इस सगाई को तोड़ दिया जाए.’’

‘‘क्या? यह सच है वरुण?’’

‘‘जी पापा, मैं विवाह के बंधन को अपने लिए ऐसा पिंजरा नहीं बना सकता जिस में मेरा अस्तित्व मात्र एक परकटे पंछी सा रह जाए.’’  मनोहर बाबू यह सुन कर मौन रह गए थे. वरुण के स्वर से उस की पीड़ा स्पष्ट हो गई थी.  ‘‘ठीक है, जैसी तुम्हारी इच्छा. अभी तो केवल सगाई हुई है. यदि तुम समझते हो कि तुम दोनों की नहीं निभ सकती तो सगाई को तोड़ देने में ही सब की भलाई है.’’

ये भी पढ़ें- महकी रात की रानी: अमोली को कौन सा राज पता चल गया?

मनोहर बाबू और शोभा ने तानिया के मातापिता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी. काफी विचारविमर्श के बाद उस संबंध को वहीं समाप्त करने का निर्णय लिया गया.  दोनों पक्षों ने एकदूसरे को दी हुई वस्तुओं की अदलाबदली कर संपूर्ण प्रक्रिया की इतिश्री कर डाली.  आज बहुत दिनों के बाद शोभा देवी ने वरुण के चेहरे पर स्वाभाविक चमक देखी थी. मन में गहरी टीस होने पर भी उस के चेहरे पर संतोष था.

गलतफहमी : शिखा अपने भाई के लिए रितु को दोषी क्यों मानती थी

औफिस का समय समाप्त होने में करीब 10 मिनट थे, जब आलोक के पास शिखा का फोन आया.‘‘मुझे घर तक लिफ्ट दे देना, जीजू. मैं गेट के पास आप के बाहर आने का इंतजार कर रही हूं.’’

अपनी पत्नी रितु की सब से पक्की सहेली का ऐसा संदेश पा कर आलोक ने अपना काम जल्दी समेटना शुरू कर दिया.

अपनी दराज में ताला लगाने के बाद आलोक ने रितु को फोन कर के शिखा के साथ जाने की सूचना दे दी.

मोटरसाइकिल पर शिखा उस के पीछे कुछ ज्यादा ही चिपक कर बैठी है, इस बात का एहसास आलोक को सारे रास्ते बना रहा.

आलोक ने उसे पहुंचा कर घर जाने की बात कही, तो शिखा चाय पिलाने का आग्रह कर उसे जबरदस्ती अपने घर तक ले आई.

उसे ताला खोलते देख आलोक ने सवाल किया, ‘‘तुम्हारे भैयाभाभी और मम्मीपापा कहां गए हुए हैं ’’

‘‘भाभी रूठ कर मायके में जमी हुई हैं, इसलिए भैया उन्हें वापस लाने के लिए ससुराल गए हैं. वे कल लौटेंगे. मम्मी अपनी बीमार बड़ी बहन का हालचाल पूछने गई हैं, पापा के साथ,’’ शिखा ने मुसकराते हुए जानकारी दी.

‘‘तब तुम आराम करो. मैं रितु के साथ बाद में चाय पीने आता हूं,’’ आलोक ने फिर अंदर जाने से बचने का प्रयास किया.

‘‘मेरे साथ अकेले में कुछ समय बिताने से डर रहे हो, जीजू ’’ शिखा ने उसे शरारती अंदाज में छेड़ा.

‘‘अरे, मैं क्यों डरूं, तुम डरो. लड़की तो तुम ही हो न,’’ आलोक ने हंस कर जवाब दिया.

‘‘मुझे ले कर तुम्हारी नीयत खराब है क्या ’’

‘‘न बाबा न.’’

‘‘मेरी है.’’

‘‘तुम्हारी क्या है ’’ आलोक उलझन में पड़ गया.

‘‘कुछ नहीं,’’ शिखा अचानक खिलखिला के हंस पड़ी और फिर दोस्ताना अंदाज में उस ने आलोक का हाथ पकड़ा और ड्राइंगरूम  की तरफ चल पड़ी.

‘‘चाय लोगे या कौफी ’’ अंदर आ कर भी शिखा ने आलोक का हाथ नहीं छोड़ा.

‘‘चाय चलेगी.’’

‘‘आओ, रसोई में गपशप भी करेंगे,’’ उस का हाथ पकड़ेपकड़े ही शिखा रसोई की तरफ चल पड़ी.

चाय का पानी गैस पर रखते हुए अचानक शिखा का मूड बदला और वह शिकायती लहजे में बोलने लगी, ‘‘देख रहे हो जीजू, यह रसोई और सारा घर कितना गंदा और बेतरतीब हुआ पड़ा है. मेरी भाभी बहुत लापरवाह और कामचोर है.’’

‘‘अभी उस की शादी को 2 महीने ही तो हुए हैं, शिखा. धीरेधीरे सब सीख लेगी… सब करने लगेगी,’’ आलोक ने उसे सांत्वना दी.

‘‘रितु और तुम्हारी शादी को भी तो 2 महीने ही हुए हैं. तुम्हारा घर तो हर समय साफसुथरा रहता है.’’

‘‘रितु एक समझदार और सलीकेदार लड़की है.’’

‘‘और मेरी भाभी एकदम फूहड़. मेरा इस घर में रहने का बिलकुल मन नहीं करता.’’

‘‘तुम्हारा ससुराल जाने का नंबर जल्दी आ जाएगा, फिक्र न करो.’’

शिखा बोली, ‘‘भैया की शादी के बाद से इस घर में 24 घंटे क्लेश और लड़ाईझगड़ा रहता है. मुझे अपना भविष्य तो बिलकुल अनिश्चित और असुरक्षित नजर आता है. इस के लिए पता है मैं किसे जिम्मेदार मानती हूं.’’

‘‘किसे ’’

‘‘रितु को.’’

‘‘उसे क्यों ’’ आलोक ने चौंक कर पूछा.

‘‘क्योंकि उसे ही इस घर में मेरी भाभी बन कर आना था.’’

‘‘यह क्या कह रही हो ’’

‘‘मैं सच कह रही हूं, जीजू. मेरे भैया और मेरी सब से अच्छी सहेली आपस में प्रेम करते थे. फिर रितु ने रिश्ता तोड़ लिया, क्योंकि मेरे भाई के पास न दौलत है, न बढि़या नौकरी. उस के बदले जो लड़की मेरी भाभी बन कर आई है, वह इस घर के बिगड़ने का कारण हो गई है,’’ शिखा का स्वर बेहद कड़वा हो उठा था.

‘‘घर का माहौल खराब करने में क्या तुम्हारे भाई की शराब पीने की आदत जिम्मेदार नहीं है, शिखा ’’ आलोक ने गंभीर स्वर में सवाल किया.

‘‘अपने वैवाहिक जीवन से तंग आ कर वह ज्यादा पीने लगा है.’’

‘‘अपनी घरगृहस्थी में उसे अगर सुखशांति व खुशियां चाहिए, तो उसे शराब छोड़नी ही होगी,’’ आलोक ने अपना मत प्रकट किया.

‘‘न रितु उसे धोखा देती, न इस घर पर काले बादल मंडराते,’’ शिखा का अचानक गला भर आया.

‘‘सब ठीक हो जाएगा,’’ आलोक ने कहा.

‘‘कभीकभी मुझे बहुत डर लगता है, आलोक,’’ शिखा का स्वर अचानक कोमल और भावुक हो गया.

‘‘शादी कर लो, तो डर चला जाएगा,’’ आलोक ने मजाक कर के माहौल सामान्य करना चाहा.

‘‘मुझे तुम जैसा जीवनसाथी चाहिए.’’

‘‘तुम्हें मुझ से बेहतर जीवनसाथी मिलेगा, शिखा.’’

‘‘मैं तुम से प्यार करने लगी हूं, आलोक.’’

‘‘पगली, मैं तो तुम्हारी बैस्ट फ्रैंड का पति हूं. तुम मेरी अच्छी दोस्त बनी रहो और प्रेम को अपने भावी पति के लिए बचा कर रखो.’’

‘‘मेरा दिल अब मेरे बस में नहीं है,’’ शिखा बड़ी अदा से मुसकराई.

‘‘रितु को तुम्हारे इरादों का पता लग गया, तो हम दोनों की खैर नहीं.’’

‘‘उसे हम शक करने ही नहीं देंगे, आलोक. सब के सामने तुम मेरे जीजू ही रहोगे. मुझे और कुछ नहीं चाहिए तुम से… बस, मेरे प्रेम को स्वीकार कर लो, आलोक.’’

‘‘और अगर मुझे और कुछ चाहिए हो तो ’’ आलोक शरारती अंदाज में मुसकराया.

‘‘तुम्हें जो चाहिए, ले लो,’’ शिखा ने आंखें मूंद कर अपना सुंदर चेहरा आलोक के चेहरे के बहुत करीब कर दिया.

‘‘यू आर वैरी ब्यूटीफुल, साली साहिबा,’’ आलोक ने उस के माथे को हलके से चूमा और फिर शिखा को गैस के सामने खड़ा कर के हंसता हुआ बोला, ‘‘चाय उबलउबल कर कड़वी हो जाएगी, मैडम. तुम चाय पलटो, इतने में मैं रितु को फोन कर लेता हूं.’’

‘‘उसे क्यों फोन कर रहे हो ’’ शिखा बेचैन नजर आने लगी.

‘‘आज का दिन हमेशा के लिए यादगार बन जाए, इस के लिए मैं तुम तीनों को शानदार पार्टी देने जा रहा हूं.’’

‘‘तीनों को  यह तीसरा कौन होगा ’’

‘‘तुम्हारी पक्की सहेली वंदना.’’

‘‘पार्टी के लिए मैं कभी मना नहीं करती हूं, लेकिन रितु को मेरे दिल की बात मत बताना.’’

‘‘मैं न बताऊं, पर इश्क छिपाने से छिपता नहीं है, शिखा.’’

‘‘यह बात भी ठीक है.’’

‘‘तब रितु से दोस्ती टूट जाने का तुम्हें दुख नहीं होगा ’’

‘‘ऐसा कुछ नहीं होगा, क्योंकि मेरा इरादा तुम्हें उस से छीनने का कतई नहीं है.

2 लड़कियां क्या एक ही पुरुष से प्यार करते हुए अच्छी सहेलियां नहीं बनी रह सकती हैं ’’

‘‘तुम्हारे इस सवाल का जवाब रितु से पूछ कर दूंगा,’’ आलोक ने हंसते हुए जवाब दिया और फिर अपनी पत्नी को फोन करने ड्राइंगरूम की तरफ चला गया.

रितु और वंदना सिर्फ 15 मिनट में शिखा के घर पहुंच गईं. दोनों ही गंभीर नजर आ रही थीं, पर बड़े प्यार से शिखा से गले मिलीं.

‘‘किस खुशी में पार्टी दे रहे हो, जीजाजी ’’

‘‘शिखा के साथ एक नया रिश्ता कायम करने जा रहा हूं, पार्टी इसी खुशी में होगी,’’ आलोक ने शिखा का हाथ दोस्ताना अंदाज में पकड़ते हुए जवाब दिया.

शिखा ने अपना हाथ छुड़ाने का कोई प्रयास नहीं किया. वैसे उस की आंखों में

तनाव के भाव झलक उठे थे. रितु और वंदना की तरफ वह निडर व विद्रोही अंदाज में देख रही थी.

‘‘किस तरह का नया रिश्ता, जीजाजी ’’ वंदना ने उत्सुकता जताई.

‘‘कुछ देर में मालूम पड़ जाएगा, सालीजी.’’

‘‘पार्टी कितनी देर में और कहां होगी ’’

‘‘जब तुम और रितु इस घर में करीब 8 महीने पहले घटी घटना का ब्योरा सुना

चुकी होगी, तब हम बढि़या सी जगह डिनर करने निकलेंगे.’’

‘‘यहां कौन सी घटना घटी थी ’’ शिखा ने चौंक कर पूछा.

‘‘उस का ब्योरा मैं बताना शुरू करती हूं, सहेली,’’ रितु ने पास आ कर शिखा का दूसरा हाथ थामा और उस के पास में बैठ गई, ‘‘गरमियों की उस शाम को वंदना और मैं ने तुम से तुम्हारे घर पर मिलने का कार्यक्रम बनाया था. वंदना मुझ से पहले यहां आ पहुंची थी.’’

घटना के ब्योरे को वंदना ने आगे बढ़ाया, ‘‘मैं ने घंटी बजाई तो दरवाजा तुम्हारे भाई समीर ने खोला. वह घर में अकेला था. उस के साथ अंदर बैठने में मैं जरा भी नहीं हिचकिचाई क्योंकि वह तो मेरी सब से अच्छी सहेली रितु का जीवनसाथी बनने जा रहा था.’’

‘‘समीर पर विश्वास करना उस शाम वंदना को बड़ा महंगा पड़ा, शिखा,’’ रितु की आंखों में अचानक आंसू आ गए.

‘‘क्या हुआ था उस शाम ’’ शिखा ने कांपती आवाज में वंदना से पूछा.

‘‘अचानक बिजली चली गई और समीर ने मुझे रेप करने की कोशिश की. वह शराब के नशे में न होता तो शायद ऐसा न करता.

‘‘मैं ने उस का विरोध किया, तो उस ने मेरा गला दबा कर मुझे डराया… मेरा कुरता फाड़ डाला. उस का पागलपन देख कर मेरे हाथपैर और दिमाग बिलकुल सुन्न पड़ गए थे. अगर उसी समय रितु ने पहुंच कर घंटी न बजाई होती, तो बड़ी आसानी से तुम्हारा भाई अपनी हवस पूरी कर लेता, शिखा,’’ वंदना ने अपना भयानक अनुभव शिखा को बता दिया.

‘‘मुझे विश्वास नहीं हो रहा है इस बात पर,’’ शिखा बोली.

‘‘उस शाम वंदना को तुम्हारा नीला सूट पहन कर लौटना पड़ा था. जब उस ने वह सूट लौटाया था तो तुम ने मुझ से पूछा भी था कि वंदना सूट क्यों ले गई तुम्हारे घर से. उस सवाल का सही जवाब आज मिल रहा है तुम्हें, शिखा,’’ रितु का स्पष्टीकरण सुन शिखा के चेहरे का रंग उड़ गया.

‘‘तुम दोनों ने यह बात आज तक मुझ से छिपाई क्यों ’’ शिखा रोंआसी हो उठी.

‘‘समीर की प्रार्थना पर… एक भाई को हम उस की बहन की नजरों में गिराना नहीं चाहते थे,’’ वंदना भी उठ कर शिखा के पास आ गई.

‘‘मैं समीर की जिंदगी से क्यों निकल गई, इस का सही कारण भी आज तुम्हें पता चल गया है. मैं बेवफा नहीं, बल्कि समीर कमजोर चरित्र का इंसान निकला. उसे अपना जीवनसाथी बनाने के लिए मेरे दिल ने साफ इनकार कर दिया था. वह आज दुखी है, इस बात का मुझे अफसोस है. पर उस की घिनौनी हरकत के बाद मैं उस से जुड़ी नहीं रह सकती थी,’’ रितु बोली.

‘‘मैं तुम्हें कितना गलत समझती रही,’’ शिखा अफसोस से भर उठी.

आलोक ने कहा, ‘‘मेरी सलाह पर ही आज इन दोनों ने सचाई को तुम्हारे सामने प्रकट किया है, शिखा. ऐसा करने के पीछे कारण यही था कि हम सब तुम्हारी दोस्ती को खोना नहीं चाहते हैं.’’

शिखा ने अपना सिर झुका लिया और शर्मिंदगी से बोली, ‘‘मैं अपने कुसूर को समझ रही हूं. मैं तुम सब की अच्छी दोस्त कहलाने के लायक नहीं हूं.’’

‘‘तुम हम दोनों की सब से अच्छी, सब से प्यारी सहेली हो, यार,’’ रितु बोली.

‘‘मैं तो तुम्हारे ही हक पर डाका डाल रही थी, रितु,’’ शिखा की आवाज भर्रा उठी, ‘‘अपने भाई को धोखा देने का दोषी मैं तुम्हें मान रही थी. इस घर की खुशियां और सुखशांति नष्ट करने की जिम्मेदारी तुम्हारे कंधों पर डाल रही थी.

‘‘मेरे मन में गुस्सा था… गहरी शिकायत और कड़वाहट थी. तभी तो मैं ने आज तुम्हारे आलोक को अपने प्रेमजाल में फांसने की कोशिश की. मैं तुम्हें सजा देना चाहती थी… तुम्हें जलाना और तड़पाना चाहती थी… मुझे माफ कर दो, रितु… मेरी गिरी हुई हरकत के लिए मुझे क्षमा कर दो, प्लीज.’’

रितु ने उसे समझाया, ‘‘पगली, तुझे माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं, क्योंकि हम तुम्हें किसी भी तरह का दोषी नहीं मानते हैं.’’

‘‘रितु ठीक कह रही है, साली साहिबा,’’ आलोक ने कहा, ‘‘तुम्हारे गुस्से को हम सब समझ रहे थे. मुझे अपनी तरफ आकर्षित करने के तुम्हारे प्रयास हमारी नजरों से छिपे नहीं थे. इस विषय पर हम तीनों अकसर चर्चा करते थे.’’

‘‘आज मजबूरन उस पुरानी घटना की चर्चा हमें तुम्हारे सामने करनी पड़ी है. मेरी प्रार्थना है कि तुम इस बारे में कभी अपने भाई से कहासुनी मत करना. हम ने उस से वादा किया था कि सचाई तुम्हें कभी नहीं पता चलेगी,’’ वंदना ने शिखा से विनती की.

‘‘हम सब को पक्का विश्वास है कि तुम्हारा गुस्सा अब हमेशा के लिए शांत हो जाएगा और मेरे पतिदेव पर तुम अपने रंगरूप का जादू चलाना बंद कर दोगी,’’ रितु ने मजाकिया लहजे में शिखा को छेड़ा, तो  वह मुसकरा उठी.

‘‘आई एम सौरी, रितु.’’

‘‘जो अब तक नासमझी में घटा है, उस के लिए सौरी कभी मत कहना,’’ रितु ने उस के मुंह पर हाथ रख दिया.

‘‘साली साहिबा, वैसे तो तुम्हें प्रेमिका बना कर भी मैं खुश रहता, पर…’’

‘‘शक्ल देखी है कभी शीशे में  मेरी इन सहेलियों को प्रेमिका बनाने का सपना भी देखा, तो पत्नी से ही हाथ धो बैठोगे,’’ रितु बोली.

आलोक मुसकराते हुए बोला, तो फिर दोस्ती के नाम पर देता हूं बढि़या सी पार्टी… हम चारों के बीच दोस्ती और विश्वास का रिश्ता सदा मजबूत बना रहे.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें