Emotional Story in Hindi. हर लड़की का सपना होता है अपना छोटा सा घर, जिस में खुशियों का भंडार हो, हंसमुख व बेहद चाहने वाला पति हो. उन्हीं हसीन सपनों को अपने दिल में सजा कर सरला भी दुलहन बन पालकी में बैठ अपने साजन के घर आ गई.
वह खुशनुमा सुहागरात थी. गुलाब की खुशबुओं में डूबी रात उस की जिंदगी के नए राज खोलने वाली थी.
एक महीने दोनों इश्क की हवाओं में उड़ते रहे. पता ही नहीं चला कि कितना सफर गुजर गया.
धीरेधीरे योगेंद्र के बरताव में तबदीलियां आने लगीं. ज्यादातर वह अपना समय बाहर गुजारने लगा. एक रात वह घर देर से लौटा. सरला दुखी मन लिए इंतजार में तारे गिन रही थी.
‘‘योगेंद्र, मुझे तड़पाने में तुम को क्या सुख मिलता है?’’ सरला ने कहा.
‘‘मैं कई दिनों से परेशान हूं,’’ योगेंद्र बोला.
‘‘तुम्हें दिल में कोई कष्ट या मन में कोई उलझन हो, तो मैं तुम्हारा सहारा बनूंगी. दूर भागने से समस्या का हल तो नहीं होगा,’’ सरला बोली.
‘‘मैं ने तुम से सच्चा प्यार पाया, पर एक कसक बाकी रह गई.’’
‘‘वह क्या?’’ ‘‘तुम ने शादी से पहले की बातें जाहिर नहीं होने दीं. तुम उन्हें कब तक पचा सकोगी?’’
‘‘तुम क्या जानना चाहते हो?’’
‘‘कभीकभी तुम्हें विचारों में खोया देख कर चिंता होने लगती है कि कहीं किसी पुराने साथी का प्यार तो नहीं सताने लगा?’’ उस ने हंस कर कहा.
‘‘ऐसी कोई बात नहीं,’’ वह एकदम घबरा गई, उसे लगा कि कहीं योगेंद्र उस के पुराने साथी के बारे में जान न गया हो.
‘‘चुप क्यों हो गई सरला?’’
‘‘मैं ने सोचा, अगर तुम को किसी बात के लिए शक होने लगा, तो उस का हल खुद ही ढूंढ़ लो, मेरे पास सफाई देने के लिए कोई शब्द नहीं हैं. कोई सजा देना चाहो, वह भी कबूल होगी.’’
‘‘सजा का सवाल तब उठता है, जब कोई गुनाह किया हो. मैं ने तुम पर कोई दोष तो नहीं लगाया.’’
‘‘शादी से पहले की बातें जो भी रही हों, मेरी या तुम्हारी, उन्हें कुरेद कर बाहर निकालने से दुख के सिवा कुछ नहीं मिलता. तुम मुझे बेवफा समझते हो?’’
‘‘रात बहुत हो चुकी है, सो जाओ. फिर कभी बात करेंगे,’’ कहते हुए योगेंद्र नींद की गोद में चला गया. सरला बगल में लेटी थी, किंतु नींद कोसों दूर जा चुकी थी.
सरला आंखें मूंद कर यादों में खोने लगी. शादी से पहले वह प्रदेश विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर की असिस्टैंट थी. लोग मकान बनाने का नक्शा पास कराने के सिलसिले में पहले उसी से मिला करते थे.
मकान के सिलसिले में अनसुल नाम का नौजवान अकसर उस के पास आया करता था. वह कभीकभी छोटीमोटी गिफ्ट भी साथ ले आता था. इस तरह दोनों में मेलजोल बढ़ता गया.
दफ्तर से छुट्टी के बाद एक रोज वह शाम को रैस्टोरैंट पहुंची, तो अनसुल को वहां बैठे देखा, जो स्नैक्स के साथसाथ कौफी की चुसकी भी ले रहा था. वह भी वहीं बैठ गई.
बातोंबातों में सरला ने कहा, ‘आप मेरे दफ्तर में जिस काम से आते हैं, वह काम इतना आसान नहीं. आप किसी तरह का कोई गिफ्ट मत लाया करें, वरना लोग दूसरा मतलब लगा देंगे.’
‘आगे से ध्यान रखूंगा.’
‘वैसे, आप करते क्या हैं?’ ‘मकान बनवाना, खरीदनाबिकवाना यानी दलाली का काम.’
‘तब तो आप की बहुत कमाई होगी?’
‘यों ही समझ लीजिए. आप अपने यहां मेरा काम कराती रहेंगी, तो कुछ पैसा आप को मिल जाया करेगा.’
‘शुक्रिया,’ कह कर वह वहां से चल पड़ी.
फिर वह अकसर उस से मिलने जाने लगी. वह उसे बड़ा सज्जन आदमी लगा, क्योंकि उस ने कोई गलत फायदा उठाने की कोशिश नहीं की.
उस के बीते हुए दिनों के बारे में जब सरला ने जानना चाहा, तो उस ने अपने बचपन से ले कर अब तक का चिट्ठा खोल कर रख दिया.
सरला को उस की कहानी सुन कर दुख हुआ. उस से हमदर्दी हो गई थी. धीरेधीरे दोनों का मेलजोल बढ़ने लगा.
एक दिन सरला ने उस से कहा, ‘मैं तुम्हें बहुत प्यार करने लगी हूं. इतना जानती हूं कि तुम ने मुझे अपना लिया, तो सबकुछ छोड़ कर तुम्हारे पास आ जाऊंगी. तुम्हें पाने के लिए मैं कुछ भी कर सकती हूं. कब शादी करोगे?’
‘सरला, मैं तुम से प्यार करता हूं, पर किसी वजह से शादी नहीं कर सकूंगा.’
‘ऐसी कोई वजह नहीं हो सकती कि तुम मुझ से शादी करने से कतराओ,’ सरला ने नाराज हो कर कहा.
‘अगर नहीं मानती, तो सोचना पड़ेगा,’ कह कर वह एक महीने के लिए कहीं चला गया.
लौटने पर अनसुल ने बताया, ‘सचाई यह है कि मैं जिस मकान का नक्शा पास कराने के लिए दौड़धूप कर रहा था, वह मकान मेरा नहीं, दूसरे का था. मैं कोई ठेकेदारी नहीं करता. अभी मैं नौकरी की तलाश में घूम रहा हूं. तुम से शादी कर के तुम पर बोझ बन कर रहना मुझे गवारा नहीं होगा.’
‘तुम ने मुझ से झूठ क्यों बोला? बहरहाल, मैं सिफारिश कर के तुम्हें नौकरी दिलवा दूंगी.’
‘ऐसी बात है, तो मेरी रिश्ते में एक बड़ी विधवा बहिन हैं. उन के यहां काफी नौकरचाकर हैं. हम उन से शादी की बात कर लें, तो बेहतर होगा.’
‘वे कहां पर हैं?’ ‘गाजियाबाद में.’
अनसुल ने सरला को एक बड़े से मकान में ले जा कर अपनी सुशीला नाम की विधवा बहिन से मिलवाया. वहां सरला की काफी खातिरदारी हुई.
तीसरे दिन अनसुल बोला, ‘तुम यहां रुको. मैं एक दिन बाद दिल्ली का काम निबटा कर लौटूंगा.’
सरला ने मान लिया, पर 3 दिन बाद भी जब वह नहीं आया, तो सरला ने उस की बहिन से पूछा.
उन्होंने बताया, ‘अनसुल अच्छा आदमी नहीं है. सच तो यह है कि मैं उस की बहुत दूर की मामूली रिश्तेदार हूं. पति नहीं रहे, तो ससुराल वालों ने मुझे घर से निकाल दिया.
‘मैं कुछ मनचले लोगों के चक्कर में फंस गई, तो अनसुल ने आगे बढ़ कर उन बदमाशों से मेरी इज्जत बचाई. इस के बाद मैं ने उसे अपना हमदर्द समझते हुए अपने 2 कमरे के किराए के मकान में कुछ दिनों के लिए रख लिया.
‘एक रात मैं गहरी नींद में सोई थी. अनसुल ने आ कर मुझे अपनी बांहों में कस लिया. मैं ने बहुत मना किया, लेकिन वह नहीं माना. एक बार वैसा हो गया, तो मेरी देह की प्यास बढ़ गई.
‘मैं ने खुद उसे अपने को सौंपते हुए उस से वादा लिया कि वह मुझ से शादी कर लेगा, लेकिन वह झांसा देता रहा. उस ने कमाई का दूसरा जरीया निकाला. मेरे जिस्म को बेचने लगा.
‘मुझे बाद में पता चला कि जिन बदमाशों ने मेरे साथ छेड़खानी की थी, वे अनसुल के दोस्त थे. उस ने उन्हें इशारा किया कि वे मुझ से छेड़छाड़ करें, ताकि वह मुझे उन के पंजे से छुड़ा कर एहसान लाद सके.
‘मैं उस की चाल नहीं समझी और बुरी तरह फंस गई. वह अभी तक मुझे शादी का झांसा देता रहा. उस ने मुझे कालगर्ल बना दिया. तब से मेरी यही रोजी बन गई. वह तुम्हें भी फुसला कर वही पेशा कराने लाया होगा. एक बार उस के चंगुल में फंस गई, तो वापस नहीं जा सकोगी.
‘अनसुल तुम्हारे लिए दिल्ली में बड़ा ग्राहक ढूंढ़ने गया है, लौट आया तो वापस नहीं जा सकोगी.
‘मुझे हैरानी हो रही है कि तुम जैसी पढ़ीलिखी और सरकारी नौकरी करने वाली कैसे उस लफंगे के जाल में फंस कर यहां तक चली आई.
‘तुम बेहद खूबसूरत हो, अगर चाहो तो तुम भी यहां रह कर देह धंधा कर सकती हो. आगे पैसा ही पैसा. कालगर्ल को बहुत कम लोग पहचानते हैं.’
सरला को अनसुल से सख्त नफरत हो गई. वह वापस घर आ गई. उस की मां ने योगेंद्र से उस का रिश्ता पक्का कर दिया था. दोनों की शादी हो गई.
सरला को शक था कि शादी के बाद भी अनसुल उस की सुखी जिंदगी में आग लगाने की कोशिश करेगा, जिस से योगेंद्र का मन उचट जाएगा और वह उस पर शक करने लगेगा.
‘‘सरला, नींद नहीं आ रही है क्या? किस सोच में खोई हुई हो?’’ सरला को हिलाते हुए योगेंद्र ने पूछा, तो वह यादों से बाहर निकल आई.
योगेंद्र बड़े प्यार से उसे अपनी बांहों में भर कर हंसने लगा, ‘‘मैं ने तो यों ही तुम से मजाक किया था. क्या तुम डर गई? मानो चोर की दाढ़ी में तिनका. तुम बेवफा नहीं हो.’’
सरला की आंखों से आंसू बहने लगे थे, दिल धड़कने लगा था.
‘‘पगली, सच्चा प्यार करने वाला पति कभी इस तरह शक की निगाह से मनोरंजन न करे, तो जिंदगी का मजा ही नहीं आता.
‘‘मुझे तुम पर पूरा भरोसा है. उसी भरोसे को ले कर हमें जिंदगी जीनी होगी,’’ कहते हुए योगेंद्र ने प्यार से सरला को बांहों में भर लिया. Emotional Story in Hindi
Hindi Story. केसर खाने का डब्बा उठाए झोपड़ी से बाहर आ गया. आंगन में खड़ी पुरानी साइकिल को आगे धकेलते हुए वह थोड़ी दूर चला था. पता नहीं क्यों आज उस के कदम आगे नहीं बढ़ रहे थे. उस ने साइकिल को वहीं खड़ा किया और झोपड़ी के अंदर आ गया.
केसर कच्चे फर्श को बुहारती अपनी पत्नी चमेली को बांहों में भर कर चूमने लगा. वह हैरान था कि आज उसे घरवाली पर इतना प्यार क्यों आ रहा है?
‘‘अरेअरे, यह क्या पागलपन है? चलो, काम पर जाओ. शाम को घर का राशन भी लाना है,’’ इतना कह कर चमेली ने रोमांटिक हुए केसर को झोपड़ी से बाहर धकेल दिया.
‘‘चमेली, आज मुझे घर पर रहने दो. मेरा काम पर जाने का कतई मन नहीं हो रहा है. अच्छा, मैं आज के बाद कभी छुट्टी नहीं करूंगा,’’ केसर चमेली की साड़ी का पल्लू थाम कर गिड़गिड़ाया. आज उसे चमेली बेहद खूबसूरत लग रही थी.
‘‘मैं ने कह दिया न कि अब तुम काम पर जाओ. तुम्हारी भलाई इसी में है. दो पैसे कमाओ, जिस से घर चले,’’ कहते हुए चमेली गुस्से के मारे झुंझला उठी थी.
चमेली के खूबसूरत चेहरे पर बेरुखी के भाव गहरे हो गए थे. केसर जितना भी कमाता था, शराब में उड़ा देता था. घर में हमेशा तंगी रहती थी.
पति के साथ वह भी ईंटों के भट्ठे पर काम करती थी. आजकल भट्ठे पर काम नहीं था, सो चमेली घर में ही रहती थी.
गांव के पास के जंगल में पेड़ों की कटाई चल रही थी. केसर वहां काम पर जाता था.
जब ईंटों के भट्ठे पर काम शुरू हो जाएगा, तब चमेली भी केसर के साथ काम पर जाया करेगी.
चमेली की खरीखोटी सुन कर केसर मन मार कर खटारा साइकिल धकेलते हुए काम पर चला गया. चमेली भी अपने काम में लग गई.
तभी एक नौजवान झोपड़ी में आया. उस ने भी चमेली को बांहों में कस लिया. चमेली ने उसे भी दूर धकेला और मुंह फुला कर खड़ी हो गई.
‘‘अरे, बहुत नाराज हो मुझ से?’’ उस आदमी ने बड़े प्यार से पूछा.
‘‘नाराज होने की तो बात है. 2 दिन की कह कर गए थे, पूरे 10 दिन लगा कर आए हो,’’ चमेली ने उस आदमी को उलाहना दिया.
‘‘मेरी जान, 10 दिन तो लगने थे. तेरे लिए पक्का मकान खरीद कर आया हूं. अब तू उस बंगले में मेरे साथ रहेगी,’’ बताते हुए उस नौजवान ने चमेली को अपनी बांहों में कस लिया. चमेली भी उस से लिपट गई, मानो उसी की घरवाली हो.
चमेली ने खुश होते हुए पूछा, ‘‘तुम सच कह रहे हो न?’’
‘‘हां…हां, मेरी जान. हम आज ही इस गांव से चले जाएंगे. कुछ रुपएगहने साथ ले चलना. सीधे रेलवे स्टेशन आ जाना. मैं वहीं पर मिलूंगा,’’ उस नौजवान ने समझाया, तो चमेली बोली, ‘‘तब तो मैं अपने मुन्ने को भी साथ ले चलूंगी.’’
‘‘तुम यह गलती क्यों कर रही हो? पहले अपनेआप को बसा लें, फिर मुन्ने की सोचेंगे. हां, गहनेरुपए जरूर लेती आना,’’ कहते हुए वह नौजवान चला गया.
दरअसल, वह नौजवान मोहन कई महीनों से जाल बुन रहा था. उसे यकीन हो गया था कि अगर वह खूबसूरत चमेली को 4-5 महीने अपने पास रख कर किसी कोठे वाली को बेचेगा, तो 25-50 हजार रुपए कमा ही लेगा.
वैसे, चमेली 10-12 हजार रुपए नकद और 10 हजार के गहने भी साथ ले आएगी. कुल मिला कर 70 हजार का फायदा होगा… साथ में जवानी के मजे भी.
मोहन मन ही मन हिसाब लगाता हुआ अपनी कामयाब योजना पर खुश हो रहा था.
चमेली ने संदूक से अपने जमा किए रुपए और गहने निकाले. 3-4 जोड़ी कपड़े भी निकाल कर गठरी में बांध लिए. आज उसे नशेड़ी पति केसर को छोड़ कर प्रेमी मोहन के साथ शहर जो जाना था.
दरअसल, सालभर पहले एक शाम केसर अपने साथ मोहन को लाया था. केसर के हाथ में शराब की बोतल थी और साथ में प्याजटमाटर के अलावा नमकीन का एक पैकेट था.
केसर चमेली को प्याज और टमाटर पकड़ाते हुए बोला, ‘अरे चमेली, मैं अपने ठेकेदार के चचेरे भाई मोहन को साथ लाया हूं. यह रात को हमारे साथ रहेगा. तू पहले सलाद काट दे, फिर हमारे लिए रोटी बना देना. हम जरा लालपरी का मजा लेते हैं.’
केसर शराब की बोतल उठाए झोपड़ी के अंदर चला गया. मोहन ने चमेली को देखा, तो ठगा सा रह गया.
चमेली का गदराया बदन, तीखे नैननक्श और बलखाती कमर देख कर पहली नजर में ही वह उस का दीवाना हो गया.
मोहन को प्यासी निगाहों से अपनी ओर ताकते देख कर चमेली भी रोमांचित हो उठी थी.
केसर के साथ बैठा मोहन बातें तो कर रहा था, मगर उस की निगाहें चमेली पर थीं. उस ने आधी से ज्यादा शराब केसर को पिला दी.
मोहन लड्डू लाया था. चमेली को लड्डू बहुत पसंद थे. उस ने खाना बनाया और अपने साथ मुन्ने को खिला कर झोपड़ी के अंदर ही एक कोने में घासफूस के बिस्तर पर चादर ओढ़ कर सो गई.
रात काफी गुजर चुकी थी. केसर इतनी ज्यादा शराब पी गया था कि उसे रोटी खाने का होश नहीं था.
मोहन ने खाना खाया और झोपड़ी का दरवाजा बंद किया.
झोपड़ी में उस के सोने के लिए बिस्तर का कोई बंदोबस्त नहीं था. वह चुपके से रोशनी बु?ा कर चमेली के पास सो गया. अंधेरे में नींद की खुमारी में चमेली पहचान नहीं पाई कि साथ सोया केसर है या कोई और.
उस रात का एहसास अजीब था. चमेली सुबह उठी, तो उजाले में देखा कि केसर कोने में बेसुध पड़ा था.
मोहन बाहर आंगन में टहल रहा था. चमेली को देख कर वह मुसकराया. चमेली भी हौले से मुसकरा दी. मोहन केसर से अच्छा मर्द था.
इस तरह दोनों में जिस्मानी संबंध बना, जो धीरेधीरे गहरे प्यार में तबदील हो गया.
उन दोनों के ताल्लुकात पर केसर का ध्यान तो नहीं गया, मगर आसपास के लोगों में चमेली की बदनामी होने लगी. तब मोहन ने गांव से शहर भाग चलने की सलाह दी.
चमेली ने शर्त रखी थी कि शहर में पक्का मकान ले कर दे. साथ ही, शादी करे. यह शर्त मोहन मान गया था.
चमेली भरी दोपहरी में मुन्ना के स्कूल से आने से पहले अपनी गठरी बगल में दबाए घर से निकल आई. वह शाम 5 बजे रेलवे स्टेशन पहुंच गई. वहां पर मोहन कहीं नजर नहीं आया.
चमेली की आंखें भीड़ में मोहन को तलाश रही थीं. कुछ देर इंतजार के बाद वह थक गई, तो भीड़ से दूर खड़ी हो कर हर आनेजाने वाले को देख रही थी, तभी एक बूढ़ी भिखारिन ने चमेली से पूछा, ‘‘बेटी, अपने घर वाले को ढूंढ़ रही हो?’’
‘‘हां माई…’’ चमेली ने जवाब दिया.
‘‘गांव से पहली बार आई हो?’’ बुढि़या ने हमदर्दी से पूछा.
‘‘हां,’’ चमेली ने जवाब दिया.
‘‘कौन सा गांव है तुम्हारा?’’ बुढि़या ने प्यार से पूछा.
‘‘धौलपुर,’’ चमेली ने बताया, तो बुढि़या के झुर्रियों वाले उदास चेहरे पर घायल सी मुसकान उभरी और जल्दी ही गायब हो गई.
‘‘घबराओ नहीं. जब तक तुम्हारा मर्द नहीं आ जाता, तुम मेरे पास बैठो. मैं भी कभी धौलपुर में रहती थी,’’ उस बुढि़या की आवाज में दर्द था.
‘‘पर मैं ने तुम्हें कभी गांव में नहीं देखा?’’
‘‘तू कैसे देखती बेटी? जब मैं तुम्हारी उम्र की गांव में ब्याह कर आई थी, उस समय तू पैदा भी नहीं हुई होगी. बड़ी दुखभरी कहानी है मेरी,’’ बुढि़या ने कराहते हुए बताया.
‘‘कैसा दुख माई? मुझे सुनाओ न,’’ चमेली ने अपनापन जताते हुए पूछा.
‘‘तू कहती है, तो सुन बेटी. शायद मेरी गलतियों की कहानी सुन कर कोई बहकने से बच जाए,’’ कहते हुए बुढि़या ने अपनी कहानी सुनानी शुरू कर दी, ‘‘आज से 25-30 साल पहले मेरी यानी मेवा की शादी गांव के ही एक छबीला नामक नौजवान के साथ हुई थी. छबीला जमींदार के खेतों में काम करता था. उस ने मुझे भी जमींदार की हवेली में काम पर लगा दिया.
‘‘उन्हीं दिनों शहर से एक पटवारी जमीनों के सिलसिले में गांव आता और जमींदार की हवेली में ठहरता था. उस की सेवा करने का जिम्मा मुझ पर रहता था. वह पटवारी ऐयाश था. उस ने बहलाफुसला कर मुझे अपने जाल में फांस लिया.
‘‘एक दिन मैं लोकलाज छोड़ कर पटवारी के साथ शहर आ गई.
‘‘पटवारी ने वादा किया था कि शादी कर के वह मुझे पत्नी बना कर रखेगा, मगर उस ने तो रखैल बना दिया.
‘‘जब मैं ने एतराज किया, तो मुझे एक कोठे वाली के पास बेच दिया.’’
अपनी आपबीती सुनाते हुए बुढि़या की आंखों से आंसू बहने लगे थे.
चमेली को लगा, कहीं न कहीं उस की कहानी भी बुढि़या से मिलतीजुलती है. कहीं मोहन भी पटवारी वाला खेल तो नहीं खेल रहा, वरना रुपएगहने साथ लाने को क्यों कहा?
तभी उसे एक जानीपहचानी आवाज सुनाई दी, ‘‘अरे चमेली, तू यहां बैठी क्या कर रही है? मैं तुझे कब से खोज रहा हूं? ला, यह गठरी मुझे दे दे,’’ मोहन ने आते ही गठरी ले ली, तो चमेली चौंक उठी. उसे लगा कि मोहन उस की जवानी के साथसाथ उस के रुपएगहने भी चाहता है.
‘‘खबरदार, जो मेरी गठरी को हाथ लगाया. धोखेबाज कहीं के, हट मेरे रास्ते से,’’ दहाड़ते हुए चमेली ने अपनी गठरी छीन कर बगल में दबा ली.
‘‘चमेली, यह गठरी मुझे दे दे. मैं कोई चोर…’’ मोहन ने इतना ही कहा था कि चमेली ने 3-4 थप्पड़ उस के गाल पर जड़ दिए.
चमेली के अचानक बदले तेवर देख कर मोहन सकते में आ गया था.
यह देख कर भिखारिन बुढि़या के चेहरे पर संतोष के भाव तैर गए.
शाम का धुंधलका बढ़ने लगा था. चमेली के कदम वापस गांव की तरफ बढ़ रहे थे. Hindi Story
Revenge story in hindi. उस रात का मंजर याद आते ही सईदा के तनबदन में अंगारे भर गए. उस ने चादर से अपना शरीर लपेट कर बांहों से चेहरा छिपा लिया और दहाड़ें मार कर रो पड़ी.
उस समय जब सईदा के साथ ऐसा हादसा गुजरा, वह इमारत की आखिरी मंजिल के कमरे में थी, जहां से चिल्लाने की आवाज नीचे तक नहीं पहुंच सकती थी.
इलाहाबाद के एक डिगरी कालेज में सईदा और दिलशाद छात्र थे. दोनों का मिलनाजुलना बढ़ता रहा, जिस ने एक रोज इश्क का रूप ले लिया. सईदा दिलशाद की मुहब्बत में गिरफ्तार हो चुकी थी.
एक दिन दिलशाद ने कहा, ‘‘सईदा, हम लोग बैठेबैठे बोर हो चुके हैं. चलो, बाहर घूम लें. होटल में चल कर खाना खाएंगे, फिर लौट आएंगे.’’
‘‘दिलशाद, कुछ देर में रात हो जाएगी. बेहतर होगा कि हम लोग दूसरे दिन का प्रोग्राम बना लें,’’ सईदा बोली.
‘‘इस वक्त मन हो तो चलो, फालतू बातों से कोई फायदा नहीं.’’
‘‘जिद करते हो तो चलो, लेकिन मेरा ज्यादा समय मत खराब करना.’’
दोनों चल दिए. रात का खाना होटल में खाया. ज्यादा रात होने लगी, तो दिलशाद ने कहा, ‘‘सईदा, मुझे अपने फ्लैट में कुछ जरूरी काम याद आ गया है. चलो, पहले उसे पूरा कर लूं, फिर तुम्हें घर तक छोड़ दूंगा.’’
‘‘मैं बाहर खड़ी रहूंगी. तुम अपना काम जल्द निबटा कर आ जाना,’’ सईदा ने कहा.
‘‘बाहर खड़ी रह कर क्या करोगी? कोई चोरउचक्का आ गया, तो नाहक परेशान करेगा. मुझे ज्यादा समय नहीं लगेगा,’’ वह हंस कर बोला.
दोनों लिफ्ट से दिलशाद के फ्लैट पर चले गए.
दिलशाद ने अपनी मुहब्बत का वास्ता दे कर सईदा को इतना मजबूर कर दिया कि उसे कुछ देर तक रुकना पड़ा.
बातोंबातों में वह उसे जिस्मानी संबंध बनाने को मजबूर करने लगा. तब सईदा को शक हुआ. उस ने इनकार करते हुए कहा, ‘‘शादी से पहले यह सब ठीक नहीं.’’
दिलशाद रूठ कर बोला, ‘‘तुम्हारे दिल में मेरे लिए सच्ची मुहब्बत नहीं है, इसलिए शादी का बहाना ढूंढ़ लिया. अगर तुम्हें एतराज है, तो चलो पहले तुम्हें घर छोड़ आऊं.’’
‘‘डार्लिंग, इस तरह नाराज मत हो.’’ ‘‘मैं तुम्हें मजबूर नहीं करता. कुछ देर रुको. कौफी पी कर चलेंगे.’’
दिलशाद ने गरमागरम कौफी ला कर सईदा को दी. कौफी पीने के बाद सईदा बेसुध हो गई.
जब सईदा होश में आई, तो उस ने अपने कपड़े ढीले पाए. वह दिलशाद की बांहों में पड़ी थी.
दिलशाद उसे बेतहाशा प्यार कर रहा था. सईदा भी सब भूल कर पूरे जोश के साथ दिलशाद से लिपट गई.
दिलशाद ने सिगरेट जलाई और कमरे से बाहर चला गया. उसी समय कमरे की बिजली चली गई. घुप अंधेरा छा गया. उस का चाहने वाला वापस लौट कर अंधेरे में फिर से उस के जिस्म से लिपट गया.
बैडरूम के अंधेरे में केवल उन की सांसों की गूंज थी. अचानक सईदा को उस अंधेरे में अजीब सा एहसास हुआ. उस के हाथ दिलशाद की कलाइयों पर थे. उसे यों लगा, जैसे ये दिलशाद की कलाइयां नहीं, किसी और की हों. उस के हाथ तेजी से दिलशाद के कंधों, गरदन और चेहरे पर दौड़ गए.
सईदा ने अंधेरे में आंखें फाड़ कर देखा, पर कुछ नजर नहीं आया, लेकिन उस के कांपते हाथ बहुतकुछ महसूस कर चुके थे. एक पल के लिए उस ने ऐसा महसूस किया, जैसे उस की धड़कन बंद हो जाएगी.
‘‘तुम कौन हो?’’ वह चीखी.
उस आदमी ने तेज सांस ली और कमरे का गेट खोल कर बाहर चला गया.
सईदा चीख कर बेहोश हो गई. होश में आने पर उस ने दिलशाद को कुरसी पर बैठे सिगरेट पीते देखा.
उस ने गुस्से में पूछा, ‘‘तुम्हारे अलावा दूसरा साया किस का था, जिस ने मुझ पर घोर जुल्म किया?’’
दिलशाद ने कहा, ‘‘वह मेरा जिगरी दोस्त था. सईदा, जो कुछ हुआ, उसे भूल जाओ. शादी तो मैं तुम से ही करूंगा. वह मेरा दोस्त दुग्गल ईरानी शुरू से ही मेरी हर चीज में साझेदार था. वह अपनी माशूका का प्यार मुझे दिलाता था. मैं ने अपनी माशूका का प्यार उसे दे कर सारा कर्ज चुका दिया. यकीन करो, फिर कभी तुम्हें ऐसी शिकायत का मौका नहीं दूंगा.’’
‘‘तुम्हारे कहने का मतलब मेरी समझ में अच्छी तरह आ गया. तुम लोग किसी लड़की से मुहब्बत न कर के फरेब करते रहे हो. मुझे भी भरोसे में ले कर तुम ने मेरे साथ अच्छा नहीं किया. इतना बड़ा गुनाह किया, जिस की जितनी भी सजा दी जाए, कम होगी.’’
‘‘तुम्हारी हर सजा मंजूर होगी. बस, रूठना बंद करो और आगे अपना वही प्यार लेतीदेती रहो.’’
‘‘शर्म नहीं आती ऐसी बातें जबान से निकालते हुए. क्या अब भी उम्मीद करते हो कि तुम मुझ से कभी प्यार पा सकोगे? लानत है, तुम्हारी जिंदगी पर…’’ वह चिल्लाई.
दिलशाद ने आगे बढ़ कर सईदा को अपनी बांहों में लेना चाहा, तो वह चीख पड़ी, ‘‘खबरदार, जो तुम ने मुझे छूने की कोशिश की. तुम औरत को नहीं जानते. जब आग और शोला बन कर किसी पर गिरती है, तो उस पर कयामत आ जाती है, जिसे आदमी बरदाश्त नहीं कर सकता.
‘‘तुम इनसान नहीं हैवान हो, जिस के सीने में दिल नहीं है. अब तो तुम प्यार के काबिल नहीं रह गए. मेरी इज्जत का खजाना तुम दोनों ने मिल कर लूट लिया,’’ फिर वह लिफ्ट से उतर कर चली गई. कुछ दिनों तक वह कालेज नहीं गई.
एक रोज वह कैंटीन में उदास बैठी चाय पी रही थी. दिलशाद उस के पास आ कर बैठ गया. उस ने काफी मिन्नत की, माफी मांगी, ‘‘जो हुआ उसे भूल जाओ.’’
‘‘दिलशाद, तुम दोनों ने मेरे साथ जो किया, शायद उसी की वजह से मेरे बूढ़े बाप पर कहर टूट पड़ा. उन का इंतकाल हो गया. थोड़ी सी जमीन जो उन के पास थी, किसी दूसरे ने उन की बीमारी की हालत में लिखवा कर घर में चोरी करा दी,’’ सईदा मायूसी से बोली.
‘‘यह सब सुन कर मुझे सदमा पहुंचा,’’ दिलशाद ने कहा.
‘‘अब तो मेरे गांव में भी कुछ नहीं बचा, इसलिए कालेज छोड़ कर इतनी दूर चली जाऊंगी, जहां से फिर यहां लौटना मुश्किल होगा,’’ सईदा मायूसी से बोली.
‘‘मैं पैसों का इंतजाम कर दूंगा. कालेज छोड़ने की जरूरत नहीं होगी,’’ दिलशाद ने दिलासा देते हुए कहा.
‘‘मुझे अब पढ़ना ही नहीं है. पैसों की जरूरत नहीं पड़ेगी. मुझे इतना गरीब मत समझो कि भीख मांगनी पड़े,’’ सईदा बोली.
‘‘तुम ने तय कर लिया है, तो जोर नहीं दे सकता. केवल यही फरियाद करूंगा कि एक रोज मेरे गरीबखाने पर आखिरी डिनर ले कर ही जाना,’’ वह नाटकीय अंदाज में बोला.
‘‘शायद यह तुम्हारी दूसरी चाल होगी, ताकि तुम मेरे जिस्म से खिलवाड़ कर सको,’’ सईदा ने हिकारत से कहा.
‘‘मैं कान पकड़ कर वादा करता हूं, फिर वैसा नहीं होगा,’’ दिलशाद बोला.
‘‘ठीक है, अगर तुम ने फिर से वही बेहूदा हरकत करनी चाही, तो मैं तुम्हारे फ्लैट की आखिरी मंजिल से कूद पड़ूंगी और तुम्हें हत्या के इलजाम में जेल जाना पड़ेगा,’’ सईदा ने धमकी दी.
‘‘भरोसा रखो, ऐसी नौबत नहीं आएगी. वैसे, कब जा रही हो?’’ दिलशाद ने पूछा.
‘‘2 दिन बाद,’’ सईदा ने कहा.
‘‘तो कल शाम को मेरी दावत कबूल करो,’’ दिलशाद ने गुजारिश की.
‘‘एक शर्त पर. तुम अपने दोस्त दुग्गल ईरानी को भी दावत में बुलाओगे, जिसे मैं उस के अत्याचार करते समय नहीं देख पाई थी. अंधेरे में वह भाग गया था. वह मुझ से माफी मांग लेगा, तो मुझे जातेजाते सुकून मिलेगा.
‘‘किसी तीसरे को मत बुलाना, वरना मेरी चेतावनी याद रखना,’’ सईदा ने धमकी के अंदाज में कहा.
‘‘तुम जैसा चाहती हो, वैसा ही होगा. तुम कल रात 8-9 बजे के बीच आ जाना.’’
‘‘मेरी इज्जत तो लूट ही ली गई, अब किसी का डर नहीं,’’ सईदा ने कहा.
उसी प्रोग्राम के मुताबिक टेबल के एक ओर सईदा बैठी थी और दूसरी ओर दिलशाद और दुग्गल ईरानी बैठे थे. खाना टेबल पर सजा था. दुग्गल ईरानी ने हाथ जोड़ कर माफी मांगी और तीनों खाना खाने लगे.
‘‘तुम दोनों समझते हो कि किसी औरत की इज्जत लूट लेने के बाद माफीनामे से उस की वही रौनक फिर लौट आएगी, पर ऐसा नहीं है. औरत खिलौना नहीं है कि जब चाहा खेला और फेंक दिया.
‘‘मैं भी एक इज्जतदार औरत थी, जिसे तुम लोगों ने मिनटों में धोखा दे कर तबाह कर दिया,’’ हंसते हुए सईदा खाना खाने के साथसाथ कहती जा रही थी.
‘‘तुम लोग औरत को नहीं जानते, वह बड़ी नरम, कमजोर और बुजदिल भी कही जाती है, लेकिन जब वह इंतकाम लेने पर तुल जाती है, तो उस समय उस से खतरनाक और खौफनाक कोई चीज नहीं होती.’’
सईदा ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘अब तुम लोगों ने माफी मांग ही ली है, तो बात खत्म हो गई. वैसे, हम लोग इस वक्त 8वीं मंजिल पर आखिरी डिनर ले रहे हैं. तुम लोग अगर मेरे साथ कोई ज्यादती करना चाहोगे, तो मेरी चीखपुकार नीचे तक नहीं पहुंचेगी.’’
‘‘क्या तुम ऐसी उम्मीद करती हो?’’ दिलशाद नाटकीय लहजे में बोला.
‘‘किसी का क्या भरोसा? पिछली बार भी तो भरोसे पर ही यहां मुझे लाया गया था. खैर, छोड़ो उन बातों को. मैं भी तुम लोगों के लिए अपने हाथ से बनाई खीर लाई हूं. इजाजत हो तो दूं. इस में कोई नशा नहीं, जो मुझे कौफी में दिया गया था.’’
सईदा ने 2 डब्बों के ढक्कन खोले. एक डब्बे की खीर उस ने दिलशाद के चेहरे पर फेंकी और दूसरे डब्बे की खीर बिना समय गंवाए दुग्गल ईरानी के चेहरे पर फेंक कर चिल्लाई, ‘‘हैवानो, देख लो तुम लोगों द्वारा बेइज्जत की गई औरत का इंतकाम. तुम दोनों दर्द से चिल्लाते रहोगे, पर कोई यहां तक जल्दी नहीं पहुंच सकेगा.
‘‘जब तक तुम दोनों नीचे पहुंचोगे, तुम्हारी आंखें जवाब दे चुकी होंगी. मुझे तुम लोग कभी नहीं पा सकोगे.’’
अपनी बात पूरी कर के सईदा ने बाहर निकल कर दरवाजे की सिटकिनी बंद की और चली गई. दोनों डब्बों में खीर के बजाय तेजाब था.
दिलशाद और दुग्गल ईरानी कमरे में चिल्लातेछटपटाते और तड़पते रहे. एक रोज सईदा भी उन दोनों के जोरजुल्म से खूब छटपटाई थी.
दिलशाद और दुग्गल ईरानी से बदला लेने के लिए शायद सईदा के पास केवल यही एक आखिरी साधन बचा था. Revenge story in hindi
Short Story in Hindi.नए जमाने के एक प्रेमी ने जब अपनी प्यारी और चुलबुली प्रेमिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, तो उस की प्रेमिका ने अपनी शर्तों की लिस्ट उस के सामने पेश कर दी. ‘‘ठीक है. मैं तुम्हारा प्रस्ताव स्वीकार करती हूं. लेकिन, क्या तुम मेरी शर्तों के मुताबिक शादी के बाद मुझे खुश और सुखी रखोगे?’’
प्रेमी ने उस के नजदीक सरकते हुए कहा, ‘‘तुम जल्दीजल्दी अपनी शर्तें बताओ. मैं हर हाल में तुम्हें खुश और सुखी रखूंगा.’’
प्रेमिका ने एक मीठी मुसकान अपने गुलाबी होंठों पर लाते हुए कहा, ‘‘मैं नए जमाने की लड़की हूं. मुझे नएनए डिजाइन के बदलते फैशन के कपड़े पहनने का शौक है. क्या तुम मेरा यह शौक पूरा करोगे?’’
‘‘हां, बिलकुल. तुम अपनी दूसरी शर्त बताओ?’’ प्रेमी उतावला हुआ जा रहा था. ‘‘मुझे घूमनेफिरने का भी शौक है. क्या तुम मुझे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा कर घुमाने ले जाओगे? पैट्रोल पर पैसा खर्च करते वक्त अगर चीखोगेचिल्लाओगे, तो मैं तुम्हारे दिमाग की चकरी यानी पहिया घुमा दिया करूंगी,’’ प्रेमिका के गुलाबी होंठों पर फैली मीठी मुसकान में अब मजाक भी शामिल हो चुका था. ‘‘हांहां, मैं तुम्हें हफ्ते में 2-3 दिन दूर या नजदीक कहीं घुमानेफिराने ले जाया करूंगा. तुम अपनी तीसरी शर्त भी पेश करो?’’ वह बेकरार हुआ जा रहा था.
‘‘सुनो, आगे सुनो. शादी के बाद तुम मुझ से लड़ाईझगड़ा मत करना. गाली तो कभी मत देना. मैं तुम्हारे घर में जा कर कपड़े नहीं धोऊंगी. झाड़ूपोंछा नहीं लगाऊंगी. बरतन साफ नहीं करूंगी. बोलो, मेरी यह शर्त भी मंजूर है?’’ ‘‘डार्लिंग, तुम्हें कपड़े धोने, झाड़ूपोंछा लगाने, बरतन साफ करने का काम नहीं करना पड़ेगा. हमारे घर में ये सब काम एक बाई करती है…
‘‘हां, यह बताओ कि चाय या कौफी बना कर पिला दिया करोगी? खाना बना कर खिला दिया करोगी? कहीं बेलन का इस्तेमाल एक मिसाइल की तरह तो नहीं किया करोगी?’’ ‘‘मेरे महबूब, मैं उन मौडर्न लड़कियों में से नहीं हूं, जिन्हें चायकौफी बनाना नहीं आता. खाना पकाना नहीं आता. जिन का पकाया भोजन खा कर कोई भी बीमार हो जाए.
‘‘मैं ने अपनी मरजी से खाना वगैरह बनाने का काम अच्छी तरह सीखा हुआ है. बड़ेबड़े शैफ भी मेरी मम्मी का मुकाबला नहीं कर सकते.’’ ‘‘यों तो प्यारमुहब्बत में कोई शर्त नहीं होनी चाहिए. खैर… तुम्हारी कोई और शर्त हो, तो वह भी बताओ?’’ अपनी होने वाली सास की तारीफ सुन कर प्रेमी जैसे जलभुन गया था. उस की आवाज ही बदल गई थी. आवाज में खनक जैसे कहीं खो गई थी.
प्रेमिका सतर्क हुई, ‘‘क्या हुआ? अभी से रंग बदलने लगे? मेरी शर्तें सुनसुन कर बेचैन क्यों हो रहे हो? ऐ मेरे जानू, आजकल घर बसाना खालाजी का घर नहीं है कि कोई भी मुंह उठाए इस में घुसा चला आए.’’ प्रेमिका ने चुटकी लेते हुए आगे कहा, ‘‘मेरी अगली शर्त यह है कि मुझे मेकअप करने का बढि़या व महंगा सामान ले कर दिया करोगे या मुझे खुद खरीदने दिया करोगे. मुझे सजनेसंवरने का भी बहुत ज्यादा शौक है. मंजूर है?’’
‘‘तुम अपना यह शौक भी बेफिक्र हो कर हमारे घर में पूरा कर सकती हो. तुम कहोगी, तो मैं आसमान के तारे तोड़ कर तुम्हारी मांग में सजा दिया करूंगा, मेरी जानेमन. मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं.’’ ‘‘देखो, फिल्मी डायलौग बोल कर मुझे लुभाने की कोशिश मत करो. यों भी मुझे मक्खनबाजी पसंद नहीं है. इस से दिमाग मोटा हो जाता है. यह तो शादी के बाद ही पता चलेगा कि तुम्हारा मेरे प्रति प्यार और लगाव कितने साल तक पूरे रंग में कायम रहता है.
‘‘कई मर्दों का प्यार घटिया और सस्ते मेकअप के सामान की तरह जल्दी फीका पड़ जाता है, बल्कि ऐक्सपायरी दवा की ऐलर्जी की तरह तड़पाने लगता है, सताने लगता है.’’ ‘‘ऐ मेरी महबूबा, कैसी बातें करती हो? मैं दूसरे मर्दों जैसा नहीं हूं. मुझ पर भरोसा रख कर अपनी अगली शर्त भी लगे हाथ पेश करो?’’
‘‘मुझे लैपटौप और स्मार्ट फोन पर अपनी फ्रैंड्स के साथ चैटिंग करने से न तो तुम रोकोगे और न ही तुम्हारे परिवार का कोई और सदस्य ऐसा करेगा. बोलो, मंजूर है?’’ ‘‘हां, मंजूर है. आगे बोलो?’’ प्रेमी ने पूरा मुंह खोल कर उबासी लेते हुए कहा. अपनी प्रेमिका की शर्तें सुनसुन कर उस के कानों में ‘सांयसांय’ की आवाज गूंजने लगी थी.
‘‘मैं ने अपने घर में रूखासूखा भोजन कभी नहीं खाया. दालें व सब्जियां महंगी होने के बावजूद तुम रोज बदलबदल कर चीजें लाया करोगे. और हां, साथ में अदरक, धनिया, टमाटर व सलाद का सामान भी. बिना सलाद के भोजन का क्या स्वाद?’’ ‘‘हमारा पूरा परिवार बेशक भूखे पेट रहे, लेकिन तुम्हें खानेपीने को मिलेगा.’’
‘‘शाबाश, मेरे प्रेमी. तुम सचमुच मुझे बहुत ज्यादा प्यार करते हो,’’ खुशी में प्रेमिका ने उसे चूम लिया. प्रेमी के मन में तरंगें पैदा हो गईं. पूरे तन में जैसे बिजली का हलका सा करंट दौड़ गया. प्रेमी के प्यार के लोहे को गरम देख कर प्रेमिका ने घर में एयरकंडीशनर फिट कराने की शर्त भी रख दी.
यह शर्त सुन कर प्रेमी के लहू में आया उबाल ठंडा पड़ गया. वह उस के पास से झट उठ खड़ा हुआ और बोला, ‘‘तुम्हारी बाकी सभी शर्तें मुझे स्वीकार हैं, लेकिन एयरकंडीशनर फिट कराने वाली शर्त मंजूर नहीं, क्योंकि बिजली इतनी ज्यादा महंगी हो चुकी है कि लोग पंखेकूलर चलाने में भी डरने लगे हैं. ‘‘बिजली के भारीभरकम बिल अदा करने में नाकाम रहने पर मेरे पापा घर छोड़ कर कहीं चले गए हैं. लाख ढूंढ़ने पर भी वे आज तक हमें नहीं मिले. मेरी मम्मी का रोरो कर बुरा हाल हो गया. क्या तुम चाहती हो कि शादी के बाद मैं भी घर छोड़ कर चला जाऊं और फिर कभी वापस न आऊं?’’
अब प्रेमिका का उतरा चेहरा देखने लायक था. Short Story in Hindi
Relationship Story in Hindi. बिजनौर की अवंतिका की शादी मेरठ के पौश इलाके गंगानगर के रहने वाले रिटायर्ड जेलर दीपचंद्र सिंह चहल के बड़े बेटे राहुल से तय हुई तो वह खुशी से झूम उठी. उस की ससुराल वालों का खूब नाम था. पैसे की कोई कमी न थी. बहुओं को सास का बड़ा डर सताता है, यहां तो सास ही नहीं थी. वे बहुत पहले इस दुनिया से कूच कर गई थीं. हां, उस का एक देवर जरूर था लेकिन उसे तो घर की बड़ी बहू बनने का मौका मिल रहा था.
जेलर दीपचंद्र का ज्यादातर समय जेल की कोठरियों को देख कर बीता था. उन की सोच अभी भी जेलर वाली ही थी. इस की झलक उन के बड़े मकान में दिखाई पड़ती थी. उनके दुमंजिले मकान में जेल की कोठरियों की तरह कमरे ही कमरे थे. घर की मेन एंट्री पर एक बड़ा मजबूत सा लोहे का गेट लगा था. कोई अजनबी उस मकान में घुस जाए तो उसे भूलभुलैया ही सम झ बैठे. उन्होंने उस मकान में किराएदारों को भी ऐसे ही ठूंसठूंस कर रखा हुआ था जैसे जेल में कैदी. हर कमरे में किराएदार ही किराएदार.
जेलर दीपचंद्र ने वहीं बीच में एक औफिसनुमा कमरा बना रखा था जहां से वे पूरे मकान और किराएदारों पर नजर रखते थे. उसी कमरे में वे सुबह नाश्ता पानी करने के बाद बैठ जाया करते थे. किराएदारों वाला रजिस्टर चैक करते थे कि किस का किराया आया और किस का नहीं. वहीं पर वे अपने मेहमानों या दूसरे लोगों से मिला करते थे. सुबह और शाम को पूरे मकान का एक राउंड वे जरूर ही लगाया करते थे.
उन्होंने अपने दोनों बेटों राहुल और सागर को दवाओं के कारोबार में लगा रखा था. एक बड़ा मैडिकल स्टोर मेन रोड पर खुलवा रखा था. उन का बड़ा बेटा राहुल अल्ट्रामौडर्न था. दोस्तों के संग कौकटेल पार्टी, हुक्का पार्टी करना उस का शौक था. पैसे की कोई कमी थी नहीं इसलिए राहुल की मौजमस्ती में भी कोई कमी आड़े नहीं आती थी.
अवंतिका राहुल को पहली ही नजर में भा गई थी. दीपचंद्र का नाम इतना बड़ा था कि उन की शोहरत की आड़ में राहुल के सब ऐब ढक गए थे. जब किसी रिश्तेदार ने अवंतिका के पिता को इशारों ही इशारों में बताया था कि राहुल शराब पीता है तो उन्होंने तपाक से कहा, ‘‘अरे भाई, आजकल शराब कौन नहीं पीता? ये तो बड़े लोगों के शौक हुआ करते हैं.’’
लेकिन यह बात उन्होंने अवंतिका से जानबू झ कर छिपाई. उन्हें डर था कि उन की बेटी की शादी एक अमीर परिवार में हो रही है, राहुल के शराब पीने की बात पर कहीं कोई अड़चन पैदा न हो जाए.
अवंतिका और राहुल की शादी मेरठ के एक बड़े होटल में बड़ी धूमधाम के साथ हो गई. बड़ी नामीगिरामी हस्तियां इस शादी समारोह में शामिल हुईं. पुलिस महकमे के आला अफसर वरवधु को आशीर्वाद देने के लिए पधारे.
अवंतिका को तो अपनी इस शादी पर बड़ा गुमान हो रहा था कि उस का शादी समारोह कितने शानदार ढंग से हो रहा है.
लेकिन सुहागरात को ही अवंतिका के सपने तब चकनाचूर हो गए जब राहुल नशे की हालत में उस के पास पहुंचा. वह बहकीबहकी बातें कर रहा था और होशोहवास में नहीं था. वह तो उस की हालत को देख कर ही घबरा उठी. वह बैड के एक कोने में सिमट कर बैठ गई और वह नशेडि़यों की तरह हरकतें करता रहा और फिर बेसुध हो गया.
सुहागरात को ही अवंतिका के सारे अरमान ताश के पत्तों की तरह बिखर गए. हालांकि, नशा उतरते ही सुबह के समय राहुल ने उस से माफी मांग ली लेकिन अब माफी मांगने से कोई फायदा होने वाला नहीं था. एक लड़की जिस रात को अपनी जिंदगी की सब से खास रात मानती है, वह तो गुजर चुकी थी.
राहुल ने इस की भरपाई करने की बहुत कोशिश की. वह अवंतिका को एक लंबे टूर पर गोवा और अंदमान निकोबार द्वीप समूह ले कर गया. उस की हर ख्वाहिश पूरी करने की कोशिश की. अवंतिका ने भी उसे दिल से माफ कर दिया और जीवन में मधुर रस घोलने की कोशिश की. कुछ खट्टेमीठे अनुभवों के साथ 2 साल गुजर गए और वह एक बेटी सान्वी की मां भी बन गई.
अवंतिका के कहने से राहुल ने शराब पीना कम तो कर दिया था, लेकिन बंद नहीं किया था. किसीकिसी दिन तो वह यारदोस्तों के संग इतनी पी लेता था कि उसे संभालना तक मुश्किल हो जाता था. तब अवंतिका को लगता था कि उस की जिंदगी नरक बन गई है.
कोई भी औरत अपने आदमी को बिस्तर पर कभी भी बेसुध देखना नहीं चाहती. उस की भी तो अपनी इच्छाएं होती हैं. एक ओर भरा बंधा यौवन और दूसरी ओर बेसुध पड़ा आदमी. दिनभर का रोमांटिक मूड पलभर में स्वाह. आखिर कौन औरत ऐसा चाहेगी?
लेकिन नशे की आदत कुत्ते की टेढ़ी दुम की तरह होती है. न दुम सीधी होती है और न ही नशा छूटता है. राहुल के साथ भी ऐसा ही था. आएदिन वह नशे की हालत में घर पहुंचता. उस का छोटा भाई सागर ही उसे उठा कर बिस्तर तक लाता. कभीकभी अवंतिका को भी नशे में चूर राहुल को उठाने में सागर की सहायता करनी पड़ती. उस समय सागर के हाथों का स्पर्श उसे अलग ही आनंद देता था.
एक दिन अवंतिका ने सागर से कहा, ‘‘देवरजी, ऐसा कब तक चलेगा? आप अपने भाई को शराब पीने से रोकते क्यों नहीं? इन्हें सम झाते क्यों नहीं?’’
‘‘भाभी, मैं तो बहुत मना करता हूं लेकिन भैया मानते ही नहीं. शाम होते ही इन पर न जाने कौन सा फुतूर सवार हो जाता है कि पिए बिना रहते ही नहीं.’’
‘‘देवरजी, ऐसे काम नहीं चलने वाला. कितनी ही रातें तुम्हारे भैया के चक्कर में मु झे जाग कर गुजारनी पड़ती हैं.’’
‘‘तो भाभी, आप जागती क्यों हो? सो जाया करो.’’
‘‘इन्हें इस हालत में छोड़ कर देवरजी, आप सम झो तो सही मु झे नींद ही कैसे आएगी?’’
धीरेधीरे इन बातों का दायरा बढ़ने लगा. अवंतिका को अपने देवर सागर से बातें करने में अजीब सा सुकून मिलता. इस सुकून का दायरा भी धीरेधीरे बढ़ कर बांहों की पनाह तक पहुंच गया. सागर का कमरा बराबर में ही था. जब राहुल बिस्तर पर नशे में चूर पड़ा होता था तब अवंतिका सागर की बांहों में असीम सुकून पा रही होती थी.
ससुर दीपचंद्र को जब इस की भनक लगी तो उन्होंने चुप रहना ही बेहतर सम झा. ये हालात देख कर उन्होंने अपने औफिस को ही अपना बैडरूम बना लिया. घर के अंदर आना कम से कम कर दिया मानो ऐसा कर के वे अवंतिका और सागर के संबंधों को अपनी मौन स्वीकृति दे रहे हों. अब वे अपना ज्यादातर समय वहीं गुजारने लगे.
राहुल को जब अवंतिका और सागर के संबंधों का पता चला तो उस के पैरों तले से जमीन खिसक गई लेकिन वह क्या करे गलती खुद उस की थी. लेकिन कौन मर्द होगा जो अपनी पत्नी को दूसरों की बांहों में होने की बात सुन कर चुप रह जाए. वह तो अंदर ही अंदर सुलग रहा था और मौका मिलते ही भड़क उठा, ‘‘अवंतिका, ऐसा नीच काम कोई गिरी हुई औरत ही कर सकती है जो तुम कर रही हो.’’
अवंतिका भी इस लांछन को सुन कर चुप रहने वाली नहीं थी. वह भी फट पड़ी, ‘‘मु झे नीच औरत कहने में तो तुम्हें शर्म नहीं आती लेकिन ये हालात पैदा किस ने किए? रात में शराब के नशे में चूर बिस्तर पर आ कर पड़ जाते हो उस का क्या?’’
‘‘तो तुम यह सब करोगी क्या?’’
‘‘मैं ब्याहता हूं कोई संन्यासिनी नहीं. मेरे बदन को भी भूखप्यास लगती है. अगर नशे में ऐसे ही चूर रहना था तो शादी ही क्यों की?’’
ऐसा कह कर अवंतिका अपनी बिटिया सान्वी को ले कर किचन में चली गई और राहुल सिर पकड़ कर वहीं बैठ गया. इस बेवफाई से वह बुरी तरह टूट गया. अब तो वह अपना गम भुलाने के लिए कभी भी पीनी शुरू कर देता. न वह दिन देखता, न रात.
अब उस का मन किसी काम में भी नहीं लगता. सारी दुनिया उसे बेगानी सी लगती. हर समय वह अवंतिका को झिड़कता रहता. उसे दुत्कारता रहता. न जाने क्याक्या बड़बड़ाता रहता. अवंतिका भी उस के प्रति ढीठ बन गई थी. उस ने राहुल की चिंता ही करनी छोड़ दी. वह जोकुछ भी कहता उसे वह एक कान से सुनती दूसरे से निकाल देती.
राहुल को लगता था जैसे उस के दिमाग ने काम करना बंद कर दिया हो. उसे पता था कि घर में वह 24 घंटे अपनी पत्नी की निगरानी नहीं कर सकता. सागर की जगह कोई और होता तो शायद वह उसे गोली से ही उड़ा देता, लेकिन छोटे भाई पर वह गोली कैसे चलाए? उस पर गोली चलाने की बात सोच कर ही उस की रूह कांप जाती.
जिस भाई के साथ उस ने इतने साल इतने प्रेम से गुजारे, आज वह उस पर गोली चला कर उस की जान लेले… नहींनहीं, वह ऐसा नहीं कर सकता. इस से बेहतर तो यही है कि वह खुद अपनी जान देदे. अब उस के जीवन में हताशा और निराशा के सिवा कुछ नहीं बचा था.
दीपचंद्र सबकुछ जान कर भी अनजान बने हुए थे. वे घर की बात को घर में ही रखना चाहते थे. वे जानते थे कि ये हालात इतने खतरनाक और काबू से बाहर हो चुके हैं कि कभी भी कुछ भी हो सकता है.
उन्हें पता था कि राहुल ने अगर शराब पीनी नहीं छोड़ी तो अवंतिका अब कभी उस की नहीं हो सकेगी. राहुल के सामने यही बड़ी समस्या थी कि वह शराब के नशे का दास बन चुका था और दासत्व की बेडि़यों में जकड़ा आदमी कभी कुछ नहीं कर सकता.
दीपचंद्र सोचते बहुत थे, लेकिन करते कुछ नहीं थे. यहां तक कि उन्होंने अवंतिका से भी इस मसले पर कभी खुल कर बात नहीं की. वे तो सागर के लिए आने वाले रिश्तों को भी इसीलिए टालते रहे कि पता नहीं आगे क्या हो.
एक दिन राहुल ने अवंतिका और सागर को एक साथ देख लिया. वह उस समय भी नशे में था लेकिन उन दोनों को साथ देख कर उस का नशा काफूर हो गया. वह अपने ऊपर से कंट्रोल खो बैठा और घर में रखी लाइसैंसी बंदूक उठा लाया.
वह अवंतिका को गोली मारना चाहता था लेकिन सागर के बीच में आ जाने से उस का निशाना चूक गया. फिर भी कुछ छर्रे अवंतिका को लग ही गए.
सागर और दीपचंद्र अवंतिका को तुरंत अस्पताल ले कर गए जहां डाक्टरों ने कड़ी मशक्कत से उस के शरीर में घुसे छर्रों को निकाला. पुलिस केस भी दर्ज हुआ, लेकिन दीपचंद्र ने अपने असर और पैसे से केस ही बदलवा दिया.
अब केस यह बना कि अवंतिका घर की सफाई करते समय बंदूक को एक जगह से उठा कर दूसरी जगह रख रही थी तभी लापरवाही से बंदूक का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई, जिस के कारण कुछ छर्रे अवंतिका को लगे. इस तरह से पुलिस केस रफादफा हो गया.
लेकिन लोग इतने भोले नहीं थे. सच्चाई धीरेधीरे सब को पता चल रही थी. अवंतिका ने सबकुछ हिम्मत से सहन किया. वह अभी भी इस इंतजार में थी कि राहुल संभल जाए तो वह अपने देवर की शादी किसी और से करा दे, लेकिन वह इतनी होशियार भी थी कि अगर उस का पति नहीं सुधरता है तो वह देवर को अपना बना कर रखेगी और उस की शादी में अड़ंगे लगाएगी. किसी भी सूरत में वह उस की शादी नहीं होने देगी.
इस तरह से वह अपने जीवन को सुरक्षित रखेगी भले ही दुनिया कुछ भी कहे. वह सागर को अपने पति की तरह ट्रीट करने लगी थी. कोई क्या कह रहा था उस ने इस की चिंता करनी बंद कर दी थी.
राहुल ने जब से उन दोनों को साथ देखा था तब से वह और ज्यादा टूट गया था. वह खुद को संभाल नहीं पा रहा था. अब दुनिया में उस का एक ही सहारा था और वह थी शराब. अब वह हर समय नशे में डूबा रहता.
उस ने बाहर आनाजाना भी छोड़ दिया था. नशा उतरते ही उस की आंखों के सामने वही घातक दृश्य घूमने लगता जिस में उस ने अपनी पत्नी को सागर के साथ गलबहियां करते देखा था. यह उस के लिए असहनीय था. इस के बाद वह फिर से जाम पर जाम चढ़ाने लगता और अवंतिका को गंदीगंदी गालियां बकने लगता.
अवंतिका पर इन गालियों का रत्तीभर भी असर नहीं होता, बल्कि वह इन गालियों को सुन कर खुद को और मजबूत कर रही होती. उसे तो इस लाचार ओर शराबी आदमी पर तरस ही आता. उसे पता था कि वह शराब पीने और गालियां बकने के अलावा कुछ नहीं कर सकता.
दीपचंद्र ने इन हालात का आकलन कर के मन में बहुतकुछ सोच लिया था. इसी आधार पर वे न तो राहुल को कुछ सम झाते और न ही उसे डाक्टर के पास ले कर जाते. इस मामले में वे बिलकुल निष्क्रिय हो गए थे और अवंतिका के साथ मजबूती से खड़े थे. उन्हें पता था कि राहुल पूरी तरह से बरबाद हो चुका है और इस के लिए वह खुद जिम्मेदार है. उस का इस दुनिया में रहना न रहना बराबर है. इस के लिए उन्होंने अपने कलेजे पर पत्थर रख लिया था, आखिर बेटा तो वह उन्हीं का था.
ज्यादा शराब पीने के चलते आखिरकार राहुल का जिगर जवाब दे गया. अवंतिका और परिवार के दूसरे सदस्यों को इस का अंदाजा पहले से ही था. जब वे उसे अस्पताल ले कर गए तो वह मरने की हालत में पहुंच चुका था. उस का चैकअप कर डाक्टरों ने अपने हाथ खड़े कर दिए. घर पहुंचते ही वह मर गया. वह हड्डियों का ढांचा मात्र बचा था.
दिखाने के लिए सब रोए, लेकिन मन ही मन सब ने चैन की सांस ली कि एक मुसीबत टली. कुदरत ने आखिरकार अपना अनोखा फैसला कर ही दिया था. कमजोर को जाना है, मजबूत को जीवन का आनंद लेना है. प्रकृति की नजर में राहुल कमजोर साबित हुआ और अवंतिका मजबूत.
अब अवंतिका के लिए कोई रोकटोक नहीं थी. राहुल का जाना अवंतिका के लिए ही नहीं सब के लिए अंदरूनी खुशियां ले कर आया था. खराब और कमजोर किसी को बरदाश्त नहीं चाहे परिवार हो समाज हो या कुदरत. दुनिया में रहना तो काबिल बनना ही होगा. नकारा लोग खुद ब खुद हाशिए पर चले जाते हैं.
राहुल की तेरहवीं होते ही दीपचंद्र ने अवंतिका के मातापिता को बुला कर उन से बात की. अवंतिका और सागर से उन्होंने पहले ही बात कर ली थी. सब यही चाहते थे कि घर की दौलत और सम्मान के साथ घर में ही रहे.
दीपचंद्र ने सम झदारी दिखाते हुए एक सादा समारोह आयोजित कर के अवंतिका और सागर को शादी के बंधन में बांध दिया, लेकिन कोर्ट में कानूनी कार्यवाही करना वे नहीं भूले. उन की शादी का रजिस्ट्रेशन करवा कर सर्टिफिकेट हासिल किया जिस से भविष्य में कोई अड़चन न आए.
अवंतिका की जिंदगी में फिर से इतनी मुसीबतों के बाद खुशियों की बहार आ गई थी. वह जिंदगी के नए सवेरे में ताजगी और उमंग भरने के लिए सागर के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से स्पेन के लिए उड़ चली जहां उसे अपना हनीमून मनाना था. पुरानी जिंदगी और यादों को दफन करना था और नई जिंदगी को गुलाबों की बगिया की तरह महकाना था. Relationship Story in Hindi
Story in Hindi. अमित और मेनका चुपचाप बैठे हुए कुछ सोच रहे थे. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करना चाहिए. तभी कालबेल बजी. मेनका ने दरवाजा खोला. सामने नरेन को देख चेहरे पर मुसकराहट लाते हुए वह बोली, ‘‘अरे जीजाजी आप… आइए.’’
‘‘नमस्कार. मैं इधर से जा रहा था तो सोचा कि आज आप लोगों से मिलता चलूं,’’ नरेन ने कमरे में आते हुए कहा. अमित ने कहा, ‘‘आओ नरेन, कैसे हो? अल्पना कैसी है?’’
नरेन ने उन दोनों के चेहरे पर फैली चिंता की लकीरों को पढ़ते हुए कहा, ‘‘हम दोनों तो ठीक हैं, पर मैं देख रहा हूं कि आप किसी उलझन में हैं.’’ ‘‘ठीक कहते हो तुम…’’ अमित बोला, ‘‘तुम तो जानते ही हो नरेन कि मेनका मां बनने वाली है. दिल्ली से बहन कुसुम को आना था, पर आज ही उस का फोन आया कि उस को पीलिया हो गया है. वह आ नहीं सकेगी. सोच रहे हैं कि किसी नर्स का इंतजाम कर लें.’’
‘‘नर्स क्यों? हमें भूल गए हो क्या? आप जब कहेंगे अल्पना अपनी दीदी की सेवा में आ जाएगी,’’ नरेन ने कहा. ‘‘यह ठीक रहेगा,’’ मेनका बोली.
अमित को अपनी शादी की एक घटना याद हो आई. 4 साल पहले किसी शादी में एक खूबसूरत लड़की उस से हंसहंस कर बहुत मजाक कर रही थी. वह सभी लड़कियों में सब से ज्यादा खूबसूरत थी. अमित की नजर भी बारबार उस लड़की पर चली जाती थी. पता चला कि वह अल्पना है, मेनका की मौसेरी बहन.
अब अमित ने अल्पना के आने के बारे में सुना तो वह बहुत खुश हुआ. मेनका को ठीक समय पर बच्चा हुआ. नर्सिंग होम में उस ने एक बेटे को जन्म दिया.
4 दिन बाद मेनका को नर्सिंग होम से छुट्टी मिल गई. शाम को नरेन घर आया तो परेशान व चिंतित सा था. उसे देखते ही अमित ने पूछा, ‘‘क्या बात है नरेन, कुछ परेशान से लग रहे हो?’’
‘‘हां, मुझे मुंबई जाना पड़ेगा.’’ ‘‘क्यों?’’
‘‘बौस ने हैड औफिस के कई सारे जरूरी काम बता दिए हैं.’’ ‘‘वहां कितने दिन लग जाएंगे?’’
‘‘10 दिन. आज ही सीट रिजर्व करा कर आ रहा हूं. 2 दिन बाद जाना है. अब अल्पना यहीं अपनी दीदी की सेवा में रहेगी,’’ नरेन ने कहा. मेनका बोल उठी, ‘‘अल्पना मेरी पूरी सेवा कर रही है. यह देखने में जितनी खूबसूरत है, इस के काम तो इस से भी ज्यादा खूबसूरत हैं.’’
‘‘बस दीदी, बस. इतनी तारीफ न करो कि खुशी के मारे मेरे हाथपैर ही फूल जाएं और मैं कुछ भी काम न कर सकूं,’’ कह कर अल्पना हंस दी. 2 दिन बाद नरेन मुंबई चला गया.
अगले दिन शाम को अमित दफ्तर से घर लौटा तो अल्पना सोफे पर बैठी कुछ सोच रही थी. मेनका दूसरे कमरे में थी. अमित ने पूछा, ‘‘क्या सोच रही हो अल्पना?’’
‘‘कुछ नहीं,’’ अल्पना ने कहा. ‘‘मैं जानता हूं.’’
‘‘क्या?’’ ‘‘नरेन के मुंबई जाने से तुम्हारा मन नहीं लग रहा?है.’’
‘‘ऐसी बात नहीं है. वे जिस कंपनी में काम करते हैं, वहां बाहर जाना होता रहता है.’’ ‘‘जैसे साली आधी घरवाली होती है वैसे ही जीजा भी आधा घरवाला होता है. मैं हूं न. मुझ से काम नहीं चलेगा क्या?’’ अमित ने अल्पना की आंखों में झांकते हुए कहा.
‘‘अगर जीजाओं से काम चल जाता तो सालियां शादी ही क्यों करतीं?’’ कहते हुए अल्पना हंस दी. 5-6 दिन इसी तरह हंसीमजाक में बीत गए. एक रात अमित बिस्तर पर बैठा हुआ अपने मोबाइल फोन पर टाइमपास कर रहा था. जब आंखें थकने लगीं तो वह बिस्तर पर लेट गया.
तभी अमित ने आंगन में अल्पना को बाथरूम की तरफ जाते देखा. वह मन ही मन बहुत खुश हुआ. जब अल्पना लौटी तो अमित ने धीरे से पुकारा.
अल्पना ने कमरे में आते ही पूछा, ‘‘अभी तक आप सोए नहीं जीजाजी?’’ ‘‘नींद ही नहीं आ रही है. मेनका सो गई है क्या?’’
‘‘और क्या वे भी आप की तरह करवटें बदलेंगी?’’ ‘‘मुझे नींद क्यों नहीं आ रही है?’’
‘‘मन में होगा कुछ.’’ ‘‘बता दूं मन की बात?’’
‘‘बताओ या रहने दो, पर अभी आप को एक महीना और करवटें बदलनी पड़ेंगी.’’ ‘‘बैठो न जरा,’’ कहते हुए अमित ने अल्पना की कलाई पकड़ ली.
‘‘छोडि़ए, दीदी जाग रही हैं.’’ अमित ने घबरा कर एकदम कलाई छोड़ दी.
‘‘डर गए न? डरपोक कहीं के,’’ मुसकराते हुए अल्पना चली गई. सुबह दफ्तर जाने से पहले अमित मेनका के पास बैठा हुआ कुछ बातें कर रहा था. मुन्ना बराबर में सो रहा था.
तभी अल्पना कमरे में आई और अमित की ओर देखते हुए बोली, ‘‘जीजाजी, आप तो बहुत बेशर्म हैं.’’ यह सुनते ही अमित के चेहरे का रंग उड़ गया. दिल की धड़कनें बढ़ गईं. वह दबी आवाज में बोला, ‘‘क्यों?’’
‘‘आप ने अभी तक मुन्ने के आने की खुशी में दावत तो क्या, मुंह भी मीठा नहीं कराया.’’ अमित ने राहत की सांस ली. वह बोला, ‘‘सौरी, आज आप की यह शिकायत भी दूर हो जाएगी.’’
शाम को अमित दफ्तर से लौटा तो उस के हाथ में मिठाई का डब्बा था. वह सीधा रसोई में पहुंचा. अल्पना सब्जी बनाने की तैयारी कर रही थी. अमित ने डब्बा खोल कर अल्पना के सामने करते हुए कहा, ‘‘लो साली साहिबा, मुंह मीठा करो और अपनी शिकायत दूर करो.’’
मिठाई का एक टुकड़ा उठा कर खाते हुए अल्पना ने कहा, ‘‘मिठाई अच्छी है, लेकिन इस मिठाई से यह न समझ लेना कि साली की दावत हो गई है.’’ ‘‘नहीं अल्पना, बिलकुल नहीं. दावत चाहे जैसी और कभी भी ले सकती हो. कहो तो आज ही चलें किसी होटल में. एक कमरा भी बुक करा लूंगा. दावत तो सारी रात चलेगी न.’’
‘‘दावत देना चाहते हो या वसूलना चाहते हो?’’ कह कर अल्पना हंस पड़ी. अमित से कोई जवाब न बन पड़ा. वह चुपचाप देखता रह गया.
एक सुबह अमित देर तक सो रहा था. कमरे में घुसते ही अल्पना ने कहा, ‘‘उठिए साहब, 8 बज गए हैं. आज छुट्टी है क्या?’’ ‘‘रात 2 बजे तक तो मुझे नींद ही नहीं आई.’’
‘‘दीदी को याद करते रहे थे क्या?’’ ‘‘मेनका को नहीं तुम्हें. अल्पना, रातभर मैं तुम्हारे साथ सपने में पता नहीं कहांकहां घूमता रहा.’’
‘‘उठो… ये बातें फिर कभी कर लेना. फिर कहोगे दफ्तर जाने में देर हो रही है.’’ ‘‘अच्छा यह बताओ कि नरेन की वापसी कब तक है?’’
‘‘कह रहे थे कि काम बढ़ गया है. शायद 4-5 दिन और लग जाएं. अभी कुछ पक्का नहीं है. वे कह रहे थे कि हवाईजहाज से दिल्ली तक पहुंच जाऊंगा, उस के बाद ट्रेन से यहां तक आ जाऊंगा.’’ ‘‘अल्पना, तुम मुझे बहुत तड़पा रही हो. मेरे गले लग कर किसी रात को यह तड़प दूर कर दो न.’’
‘‘बसबस जीजाजी, रात की बातें रात को कर लेना. अब उठो और दफ्तर जाने की तैयारी करो. मैं नाश्ता तैयार कर रही हूं,’’ अल्पना ने कहा और रसोई की ओर चली गई. एक शाम दफ्तर से लौटते समय अमित ने नींद की गोलियां खरीद लीं. आज की रात वह किसी बहाने से मेनका को 2 गोलियां खिला देगा. अल्पना को भी पता नहीं चलने देगा. जब मेनका गहरी नींद में सो जाएगी तो वह अल्पना को अपनी बना लेगा.
अमित खुश हो कर घर पहुंचा तो देखा कि अल्पना मेनका के पास बैठी हुई थी. ‘‘अभी नरेन का फोन आया है. वह ट्रेन से आ रहा है. ट्रेन एक घंटे बाद स्टेशन पर पहुंच जाएगी. उस का मोबाइल फोन दिल्ली स्टेशन पर कहीं गिर गया. उस ने किसी और के मोबाइल फोन से यह बताया है. तुम उसे लाने स्टेशन चले जाना. वह मेन गेट के बाहर मिलेगा,’’ मेनका ने कहा.
अमित को जरा भी अच्छा नहीं लगा कि नरेन आ रहा है. आज की रात तो वह अल्पना को अपनी बनाने जा रहा था. उसे लगा कि नरेन नहीं बल्कि उस के रास्ते का पत्थर आ रहा है. अमित ने अल्पना की ओर देखते हुए कहा, ‘‘ठीक है, मैं नरेन को लेने स्टेशन चला जाऊंगा. वैसे, तुम्हारे मन में लड्डू फूट रहे होंगे कि इतने दिनों बाद साजन घर लौट रहे हैं.’’
‘‘यह भी कोई कहने की बात है,’’ अल्पना बोली. ‘‘पर, नरेन को कल फोन तो करना चाहिए था.’’
‘‘कह रहे थे कि अचानक पहुंच कर सरप्राइज देंगे,’’ अल्पना ने कहा. अमित उदास मन से स्टेशन पहुंचा. नरेन को देख वह जबरदस्ती मुसकराया और मोटरसाइकिल पर बिठा कर चल दिया.
रास्ते में नरेन मुंबई की बातें बता रहा था, पर अमित केवल ‘हांहूं’ कर रहा था. उस का मूड खराब हो चुका था. भीड़ भरे बाजार में एक शराबी बीच सड़क पर नाच रहा था. वह अमित की मोटरसाइकिल से टकराताटकराता बचा. अमित ने मोटरसाइकिल रोक दी और शराबी के साथ झगड़ने लगा.
शराबी ने अमित पर हाथ उठाना चाहा तो नरेन ने उसे एक थप्पड़ मार दिया. शराबी ने जेब से चाकू निकाला और नरेन पर वार किया. नरेन बच तो गया, पर चाकू से उस का हाथ थोड़ा जख्मी हो गया. यह देख कर वह शराबी वहां से भाग निकला.
पास ही के एक नर्सिंग होम से मरहमपट्टी करा कर लौटते हुए अमित ने नरेन से कहा, ‘‘मेरी वजह से तुम्हें यह चोट लग गई है.’’ नरेन बोला, ‘‘कोई बात नहीं भाई साहब. मैं आप को अपना बड़ा भाई मानता हूं. मैं तो उन लोगों में से हूं जो किसी को अपना बना कर जान दे देते हैं. उन की पीठ में छुरा नहीं घोंपते.
‘‘शरीर के घाव तो भर जाते हैं भाई साहब, पर दिल के घाव हमेशा रिसते रहते हैं.’’ नरेन की यह बात सुन कर अमित सन्न रह गया. वह तो हवस की गहरी खाई में गिरने के लिए आंखें मूंदे चला जा रहा था. नरेन का हक छीनने जा रहा था. उस से धोखा करने जा रहा था. उस का मन पछतावे से भर उठा.
दोनों घर पहुंचे तो नरेन के हाथ में पट्टी देख कर मेनका व अल्पना दोनों घबरा गईं. अमित ने पूरी घटना बता दी. कुछ देर बाद अमित रसोई में चला गया. अल्पना खाना बना रही थी.
नरेन मेनका के पास बैठा बात कर रहा था. अमित को देखते ही अल्पना ने कहा, ‘‘जीजाजी, आप तो बातोंबातों में फिसल ही गए. क्या सारे मर्द आप की तरह होते हैं?’’
‘‘क्या मतलब…?’’ ‘‘लगता है दिल हथेली पर लिए घूमते हो कि कोई मिले तो उसे दे दिया जाए. आप को तो दफ्तर में कोई भी बेवकूफ बना सकती है. हो सकता है कि कोई बना भी रही हो.
‘‘आप ने तो मेरे हंसीमजाक को कुछ और ही समझ लिया. इस रिश्ते में तो मजाक चलता है, पर इस का मतलब यह तो नहीं कि… अब आप यह बताइए कि मैं आप को जीजाजी कहूं या मजनूं?’’ ‘‘अल्पना, तुम मेनका से कुछ मत कहना,’’ अमित ने कहा.
‘‘मैं किसी से कुछ नहीं कहूंगी पर आप तो बहुत डरपोक हैं,’’ कह कर अल्पना मुसकरा उठी. अमित चुपचाप रसोईघर से बाहर निकल गया. Story in Hindi
Inspirational Story in Hindi. कमलेश चाय पीती जा रही थीं और एकटक सामने बैठी गिरिजा देवी की ओर देखती जा रही थीं. वे सोचने लगीं कि ऐसी बात उन से कैसे पूछी जाए. किसी लड़की के चरित्र की बात पूछने पर रिश्तों में कड़वाहट भी आ सकती है और रिश्ता टूट भी सकता है.
अगर वे लड़की के बारे में नहीं पूछतीं, तो जो उन्होंने सुना है, वह गलत नहीं माना जा सकता.
यह बात अगर महल्ले में फैल गई कि उन की होने वाली बहू पेट गिरा कर आई है, तो चुल्लूभर पानी में डूब मरने वाली बात होगी. कोई उन्हें बोलने तक नहीं देगा. आखिर वे क्या करें?
चाय पी कर कमलेश ने कप ट्रे में रख दिया. गिरिजा देवी ट्रे को ले कर अंदर चली गईं. वे होने वाली समधिन के लिए रसोई में नाश्ते का इंतजाम करने लगीं.
कमलेश ने यह बात अपने बेटे उमेश को भी बताई थी, पर उमेश ने कहा था, ‘मां, मैं रजनी को अच्छी तरह से जानता हूं. वह सुशील और अच्छे संस्कारों वाली लड़की है. हमारा संबंध तोड़ने के लिए आप से किसी ने चुगली की है.’
उमेश की बात सुन कर कमलेश को तब चुप रह जाना पड़ा था.
उमेश और रजनी एक ही कालेज में पढ़ते थे. दोनों पक्के दोस्त थे. दोनों बहुत अच्छी पेंटिंग बनाते थे. पेंटिंग की वजह से ही दोनों में दोस्ती हुई थी. फिर दोनों एकदूसरे के घर आनेजाने लगे थे. इस दौरान उमेश ने रजनी को अच्छी तरह जांचापरखा था. उस के चरित्र पर शक की तो कोई गुंजाइश ही नहीं थी.
यही वजह थी कि रजनी से शादी करने की बात भी अपने घर वालों से खुद उमेश ने ही चलाई थी. किसी मौडर्न मातापिता की तरह उमेश के मातापिता ने भी बिना किसी विरोध के यह रिश्ता स्वीकार कर लिया था, इसीलिए मां के मुंह से यह बात सुन कर कि रजनी पेट गिरा कर आई है, उमेश को यकीन नहीं हुआ था.
गिरिजा देवी हलवा और बिसकुट ले आई थीं. वे बोलीं, ‘‘लो समधिनजी, नाश्ता करो.’’
‘‘मुझे भूख नहीं है, आप खाओ.’’ ‘‘यह तो हलका भोजन है. बिना भूख के भी चल जाएगा.’’
कमलेश खाने लगीं. गिरिजा देवी सामने रखी कुरसी पर बैठ गईं.
‘‘इस तरह मत बैठो, आप भी तो खाओ समधिनजी,’’ कमलेश ने प्यार से कहा, तो गिरिजा देवी भी खाने लगीं.
कमलेश एक स्कूल में टीचर थीं. उन के पति का देहांत हो गया था, इसलिए उमेश की शादी में पिता की भूमिका वही निभा रही थीं. रजनी के बारे में शक भरी बातें उन की एक सहेली ने बताई थीं, इसलिए सचाई जानने के लिए वे यहां चली आई थीं.
गिरिजा देवी के पति आगरा में बैंक में नौकरी करते थे, इसलिए उन का सामना सीधा समधिन से हुआ था, पर डर रही थीं कि बात कैसे शुरू करें. कहीं बात झूठी निकली तो.
फिर भी कमलेश ने हिम्मत बांध कर कह डाला, ‘‘समधिनजी, मुझे आप से कुछ बातें करनी हैं.’’
गिरिजा देवी ने हंस कर कहा, ‘‘किस बारे में?’’
कमलेश मन को मजबूत करते हुए बोलीं, ‘‘रजनी के बारे में.’’
गिरिजा देवी के चेहरे पर तुरंत हैरानी के भाव छा गए. वे बोलीं, ‘‘हां बोलो, क्या बातें करनी हैं?’’
‘‘मैं ने सुना है कि रजनी पेट गिरा कर…’’ कहतेकहते कमलेश के शब्द गले में ही अटक गए.
मगर गिरिजा देवी साफसाफ बोलीं, ‘‘समधिनजी, आप ने ठीक ही सुना है.’’
कमलेश ने समझा कि गिरिजा देवी नाराज हो गईं, इसलिए वे बोलीं, ‘‘इस में बुरा मानने वाली कोई बात नहीं है. हम ने तो किसी से यह सुना था. अब आंखों देखी मक्खी तो निगली नहीं जा सकती. इसीलिए आप के पास आई हूं कि यह तो पता चले कि इस बात में कितनी सचाई है.’’
‘‘मैं भी सच कह रही हूं समधिनजी कि यह बात पूरी तरह सच है,’’ गिरिजा देवी ने मजबूती से कहा.
यह सुन कर कमलेश के चेहरे पर कठोरता छा गई. उन्होंने नाश्ते की प्लेट एक ओर सरका दी और गुस्से में बोलीं, ‘‘तो फिर यह बात तुम ने सगाई से पहले हमें क्यों नहीं बताई? हमारे साथ इतना बड़ा धोखा क्यों किया?
‘‘आप ने कैसे सोच लिया कि रजनी हमारे घर की बहू हो जाएगी? बात कैसी भी हो, एक न एक दिन सभी को पता लग जाती है.’’
‘‘वह तो ठीक है समधिनजी. आप ने जो सुना है, वह सच है और केवल उसे सुन कर कोई भी सास किसी लड़की को अपने बेटे की बहू नहीं बना सकती, मगर आप ने अधूरा सच सुना है.’’
‘‘अब पूरा सच सुनने की मुझे जरूरत भी नहीं है. जब मैं ने यह बात सुनी थी, तो मैं ने इस पर यकीन नहीं किया था. लेकिन जब तुम ही इसे सच बता रही हो, तो यह रिश्ता तोड़ना पड़ रहा है,’’ कहते हुए कमलेश कुरसी से उठ कर खड़ी हो गईं.
गिरिजा देवी ने उन का हाथ पकड़ लिया और बोलीं, ‘‘आप यह रिश्ता तोड़ दें, मुझे कोई दुख नहीं है, पर क्या अब यह नहीं जानना चाहोगी कि रजनी मां कैसे बनी?’’
‘‘लाई होगी किसी का पाप, हमें इस से क्या?’’
‘‘उमेश को यह रिश्ता तोड़ने की ठोस वजह भी तो बतानी होगी.’’
‘‘हां, बताइए…’’ कमलेश फिर से बैठ गईं.
गिरिजा देवी ने कहना शुरू किया, ‘‘आज से 3 साल पहले रजनी 12वीं में पढ़ रही थी. वह अपने गांव जा रही थी. वह मेरे साथ थी. रात का समय था. बस अपनी पूरी रफ्तार से चल रही थी. अचानक रास्ते में बस को रुकती देख हम चौंक गए. कुछ बंदूकधारी लोग
बस में चढ़ आए थे. उन्होंने सब सवारियों को बंदूक का निशाना बना कर नीचे उतार लिया.
‘‘सभी से रुपए और गहने लूट लिए. औरतों से जबरन बलात्कार किया गया, जिस का शिकार हम दोनों को होना पड़ा. तकरीबन आधा घंटा उन्होंने यह खौफनाक खेल खेला.
‘‘रजनी तो इस हादसे से बेहोश हो चुकी थी. कई महीनों बाद रजनी ने महसूस किया कि उस के पेट में उन दरिंदों का पाप पल रहा है.
‘‘पर शर्म और झिझक की वजह से उस ने यह बात किसी को नहीं बताई. जब 4-5 महीने का पेट हो गया, तब एक दिन मुझे बताया. एक नर्सिंग होम में जा कर तब इस का पेट गिरवाया.’’
यह सुनतेसुनते कमलेश के चेहरे की कठोरता न जाने कहां गायब हो गई.
गिरिजा देवी बोलीं, ‘‘समधिनजी, आप यह रिश्ता भले ही तोड़ दें, हमें कोई एतराज नहीं है, पर यह बात किसी और को मत बताना. इस घटना की वजह से रजनी की कई सगाई टूट चुकी हैं. उमेश और रजनी की दोस्ती की बात सुन कर हमें उम्मीद बंधी थी कि अब सगाई नहीं टूटेगी.
‘‘आप समझदार हैं, टीचर हैं, अब आप ही बताइए कि इस में रजनी का क्या कुसूर है?
‘‘गहराई से सोचें कि यह हादसा आप के साथ हुआ होता, तब आप पर क्या बीतती? आप अपने दिल पर हाथ रख कर सोचें कि क्या यह रिश्ता तोड़ कर आप रजनी के साथ इंसाफ कर रही हैं? अगर आप की सोच से यह ठीक है, तो आप यह रिश्ता तोड़ सकती हैं.’’
गिरिजा देवी की बात सुन कर कमलेश हैरान रह गईं. उन्होंने गिरिजा देवी का कंधा थपथपा कर कहा, ‘‘समधिनजी, इस बात के लिए माफी चाहती हूं कि मैं ने आप का दिल दुखाया. मैं सच से वाकिफ नहीं थी, इसलिए गुस्से में न जाने क्याक्या कह गई.
‘‘अब आप कोई चिंता नहीं करें. मैं सब संभाल लूंगी. आप शादी की तैयारियां कीजिए.’’
कमलेश की बात सुन कर गिरिजा देवी का दिल एकदम हलका हो गया. उन की निगाह दीवार पर टंगी रजनी द्वारा बनाई गई उस पेंटिंग पर चली गई, जिस में ऊपर लिखा था, ‘औरत ही औरत को मुक्ति दिला सकती है.’
‘‘कैसा लगा लड़का तुम्हें?’’ नंदराम ने अपनी बीवी प्रभावती से पूछा.
‘‘और तो सब ठीक है, पर…’’ प्रभावती हिचक गईं.
‘‘तो अपनी संगीता ही कहां की…’’ यह कहते हुए नंदराम भी हिचके. प्रभावती कुछ सोचती हुई सी चुप ही रहीं.
नंदराम प्रभावती के साथ सुबह पैसेंजर रेलगाड़ी से ही गए थे और लड़का देख कर शाम तक वापस इसलिए आ जाना चाहते थे कि वे लड़की को घर पर अकेली नहीं छोड़ना चाहते थे.
एक बार वे दोनों गलती कर चुके थे. बात तब की है, जब उन्होंने मकान के बाहर की बैठक इंटर कालेज में नए आए अंगरेजी के टीचर कीर्ति बाबू को किराए पर दे दी थी. संगीता प्राइवेट बीए कर रही थी. अंगरेजी पूछने वह उस एमए पास टीचर कीर्ति से बैठक में जाने लगी थी.
एक दिन प्रभावती ने संगीता और उस टीचर के बीच बैठक के एकांत में कुछ ऐसावैसा देख लिया था.
नंदराम को सावधान करती हुई वे बोली थीं, ‘मास्टर कीर्ति की आदतें अच्छी नहीं हैं. लालच छोड़ो और उसे किराए की बैठक से निकाल बाहर करो.’
प्रभावती की बात को नंदराम समझ गए. लिहाजा, दूसरे दिन ही उन्होंने उस टीचर को निकाल बाहर किया.
बुरा यह हुआ कि नंदराम के पुश्तैनी दुश्मन जयकिशन बाबू, जिन का घर गली में ठीक नंदराम के घर के सामने था, ने अपना बाहर का कमरा उस टीचर को किराए पर दे दिया.
किराए पर देते हुए जयकिशन बाबू ने टीचर कीर्ति बाबू से कहा, ‘हमारा होनहार लड़का हाईस्कूल में है. कसबे के सभी लड़कों की तरह वह भी अंगरेजी में कमजोर है. उसे अपनी तरह फर्राटेदार अंगरेजी सिखा दें.’’
एक दिन प्रभावती ने पति नंदराम को बताया, ‘कीर्ति बाबू पड़ोसी के चबूतरे पर लगे हैंडपंप से जब पानी भरते हैं, तो संगीता ऊपर छत पर चढ़ कर मुंडेर से उन्हें देखने के लिए झांकती है.’
यह सुनते ही नंदराम परेशान हो गए. नातेरिश्तेदारों के यहां उस के रिश्ते के लिए दौड़ लगाने लगे. जल्दीजल्दी में जो भी लड़का जहां भी मिले, वे संगीता को ब्याह कर कसबे से बाहर कर बदनामी से बचने की कोशिश में जुट गए.
वे मन ही मन सोचा करते, ‘आदमी किसी से नहीं हारता, पर अपनी औलाद से हार जाता है.’
एक दिन संगीता को प्रभावती के सामने नंदराम ने समझाने और जिंदगी की ऊंचनीच बताने की कोशिश की, तो संगीता समझ गई कि पापा यह सब उस से क्यों कह रहे हैं.
पिता से तो उस ने कुछ नहीं कहा, पर बाद में वह मां से बोली, ‘किसी से तो करेंगे हमारी शादी. कीर्ति बाबू क्या बुरे हैं? नौकरी से लगे हैं, देखनेसुनने में भी अच्छे हैं. फर्राटेदार अंगरेजी बोलते हैं.
‘बड़े घर के लड़के हैं. पिता की खासी जमीनजायदाद है. घर पर मोटरसाइकिल है. खुद के पास मोबाइल फोन रहता है. वे होनहार हैं. जल्दी अच्छी जगह पहुंच जाएंगे.’
‘पर वे तो पहले से ही शादीशुदा हैं. सुना है, बीवी बहुत पढ़ीलिखी और किसी अच्छी नौकरी से लगी है. कीर्ति बाबू से ज्यादा कमाती है, पर कीर्ति बाबू के साथ रह कर वह अपनी नौकरी नहीं कर सकती थी और वह नौकरी छोड़ने को राजी नहीं है.
‘कीर्ति बाबू को ससुराल में घरजंवाई बन कर रहना पसंद नहीं, इसलिए नौकरी पर यहां चले आए. लाख अच्छे हों वे, पर हैं तो शादीशुदा…’ प्रभावती बोलीं.
‘क्या फर्क पड़ता है इस से?’ संगीता ने मुंहफट हो कर कहा, ‘बीवी बहुत नकचढ़ी है. अपनी नौकरी और बाप के पैसे का घमंड है उसे. सीधेसच्चे कीर्ति बाबू उस से ब्याह कर के बुरे फंस गए हैं. आजकल शहरों में ऐसे तमाम लोग हैं, जो नौकरी की जगह अलग औरत रखते हैं और शहर में दूसरी औरत…’
‘पागल हुई है क्या? दिमाग खराब है तेरा?’ मां ने फटकारा, ‘ऐसी ऊलजलूल बातें कहीं सोची जाती हैं? कल को बीवी के बच्चे होंगे, तब तू क्या करेगी? बीवी दबंग हुई, तो जूतमपैजार करेगी तुझ से. पुलिस में जा धमकेगी. इतनी बात तू नहीं समझ पा रही?’
अब जब लौट कर वे दोनों स्टेशन पर उतरे, तो नंदराम ने बीवी से फिर बात छेड़ी, ‘‘संगीता जरूर पूछेगी. क्या कहोगी?’’
‘‘कुछ भी कहें, पर संगीता इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं होगी,’’ प्रभावती बोलीं, ‘‘लड़का ज्यादा पढ़ालिखा नहीं है. शहर में बरतनों की दुकान करता है.’’
‘‘पर कमाता ठीकठाक है. संगीता को सारे सुख मिलेंगे,’’ नंदराम बोले.
प्रभावती बोलीं, ‘‘ऐसे लड़के को वह कभी भी पसंद नहीं करेगी.’’
‘‘जिस लड़के को देखा था, वह 2 भाई थे. बड़े भाई को बदमाशों ने पैसे के लालच में अपहरण कर लिया था. यह लड़का पुलिस में रिपोर्ट कर आया. बदमाशों ने पैसे की मांग रखी. पुलिस भी बदमाशों से मिली हुई थी. इस लड़के के मन में लालच आ गया. पैसा नहीं दिया. नतीजा यह हुआ कि उन्होंने बड़े भाई की हत्या कर दी. अब पूरी दुकान और मकान का खुद मालिक है.’’
‘‘जो भाई अपने सगे भाई को दगा दे सकता है, वह तुम्हारी संगीता को दगा नहीं देगा, इस बात का क्या भरोसा है?’’ प्रभावती ने शक जाहिर किया.
‘‘तो क्या हम उसे कीर्ति बाबू को सौंप दें?’’ नंदराम बुरी तरह झल्लाए, ‘‘उस की पहले से बीवी है. कल को मार कर भगा देगी वह, फिर खिलाना बेटी को अपने घर बैठा कर जिंदगीभर.’’
‘‘और भी 2-4 लड़के सुने हैं हम लोगों ने. उन्हें क्यों न देखा जाए?’’ प्रभावती ने कहा.
‘‘और तब तक अपनी संगीता के पैर डगमगा गए तो? वह कीर्ति बाबू के साथ ज्यादा उलझ गई तो? कुछ ऊंचनीच हो गई, तो कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे. कसबे को तो देख ही रही हो. बात फैलते देर नहीं लगेगी,’’ कुछ सोच कर वे बोले, ‘‘हम तो कहते हैं, लंगड़ा है तो क्या हुआ, बरतनों की चलती दुकान है. खासा कमा लेता है. अब सारी जायदाद का अकेला मालिक है.
‘‘शक्लोसूरत और पहननाओढ़ना क्या मतलब रखता है आजकल? संगीता को इस शादी के लिए तैयार करना ही चाहिए.’’
हालांकि वे खुद समझ रहे थे, संगीता कैसे भी राजी नहीं होगी इस संबंध के लिए. कहीं कुछ उलटासीधा कर बैठी, तो लड़की से भी हाथ धो बैठेंगे.
वही हुआ. प्रभावती ने संगीता को हंसते हुए सबकुछ सामान्य ढंग से बताया. देखे हुए लड़के की तमाम खूबियां गिनाईं, पर कमियों को भी छिपाया नहीं. आखिर रिश्ते का सवाल था. लड़की बरात आने पर बिदक गई, तो कसबे में बड़ी बदनामी होगी. 2-3 बरातें ऐसे अनमेल संबंधों के चलते लड़कियां दरवाजे से लौटा चुकी हैं. संगीता ने भी ऐसा किया, तो क्या होगा?
संगीता सहेली के घर जाने के बहाने कसबे के कालेज में चली गई और कीर्ति बाबू को जा कर सबकुछ बता दिया.
यह सुन कर कीर्ति बाबू मुसकराए और बोले, ‘‘जिंदगी में चलतेचलते तमाम सवाल हमें ऐसे ही घेर कर खड़े हो जाते हैं संगीता… और अकसर हम परेशानी में पड़ जाते हैं, हम यह तय नहीं कर पाते कि क्या करें, क्या न करें.’’
‘‘लेकिन, हमें जवाब तो तलाशने पड़ेंगे सर… आप बताइए कि हम क्या करें?’’ संगीता ने पूछा.
‘‘यह तुम्हारी जिंदगी है. इस का फैसला तुम्हें करना चाहिए. जिस फैसले पर पहुंचो, उस पर तुम्हें मजबूत रहना चाहिए. तुम क्या सोच रही हो?’’ वे संगीता की आंखों में ताक रहे थे.
संगीता ने सिर झुका लिया और बोली, ‘‘मैं तो आप के अलावा किसी के बारे में कुछ नहीं सोच पा रही.’’
‘‘लेकिन मेरे बारे में तुम्हें सब पता है. तुम मुझे अच्छी लगती हो, इस में शक नहीं. लेकिन हर चीज जो हमें अच्छी लगे, जरूरी नहीं है, वह हासिल भी हो जाए. हासिल करने की हिम्मत भी मुझ में नहीं है… मेरी बीवी झगड़ालू है, यह मैं अच्छी तरह से जानता हूं. वह मेरी और तुम्हारी जिंदगी नरक बना देगी, इस का एहसास मुझे है.’’
‘‘तब? तब क्या मैं आप को पाने के सपने न देखूं?’’ संगीता ने सवाल पूछा.
कीर्ति बाबू काफी देर तक चुप रहे, फिर बोले, ‘‘मांबाप से कहो कि तुम्हारे लिए कोई और अच्छा लड़का देखें, जो तुम्हारे लायक हो… तुम उस के साथ खुश रह सको,’’ मन मार कर कीर्ति बाबू ने संगीता को सलाह दी.
‘‘गांव में आप को ले कर मेरी बदनामी शुरू हो गई है. बात कल को बढ़ जाएगी,’’ संगीता बोली, ‘‘लड़का मिलना आसान तो नहीं है. समय लग सकता है और मैं आप से मिले बिना रह नहीं सकती… ऐसे में क्या होगा?’’
‘‘पिताजी से कहो, तुम्हें पढ़ने के लिए शहर भेज दें,’’ कीर्ति बाबू बोले, ‘‘वहां मन लगा कर पढ़ो. कंप्यूटर सीखो. हुनर बढ़ाओ और जब रिश्ता ठीक सा मिल जाए, ब्याह कर लेना.
‘‘मैं भी नहीं चाहता कि यह नौकरी तुम्हारी वजह से खो बैठूं. नौकरी न रही, तो बीवी मुझ पर और दबाव डालेगी कि उस के साथ रहूं, जो मैं नहीं चाहता.’’
उम्मीद नहीं थी कि कीर्ति बाबू उसे इस तरह टरका देंगे. वह उन्हें साहसी मान रही थी. उन के साथ बिना शादी के ही रहने को तैयार हो रही थी, पर अब तो हालात ही बदल गए थे.
संगीता ने घर आ कर मां से कहा, ‘‘जहां आप लोग लड़का देख आए हैं, उसी से रिश्ता तय कर दीजिए…’’
नंदराम ने सुना, तो उन्हें अपने कानों पर यकीन नहीं हुआ, पर वे बहुत खुश हो गए और शहर चले गए. Emotional Story in Hindi
Hindi Short Story. ‘‘मुझे बचा लीजिए. कुछ गुंडे मेरे पीछे पड़े हैं,’’ एक हांफती लड़की को उस नौजवान ने चौंकते हुए देखा, जो अचानक सामने से भागती हुई उस की मोटरसाइकिल से टकराई थी.
मोटरसाइकिल वाले नौजवान ने पूछा, ‘‘तुम कौन हो?’’ ‘‘नजराना,’’ नौजवान के सवाल को भांपते हुए नजराना ने फौरन कहा.
‘‘बैठो…’’ उस नौजवान के कहने पर नजराना जल्दी से मोटरसाइकिल पर बैठ गई.
वह नौजवान नजराना को अपने घर ले आया था, क्योंकि रात के 11 बजे उसे कहीं छोड़ना मुनासिब नहीं लगा.
‘‘पानी पी लो,’’ नौजवान ने पानी का गिलास उसे थमाया और खुद उस के सामने कुरसी पर बैठ गया.
नजराना ने एक सहमी हुई नजर उस पर डाली, फिर एक सांस में पूरा गिलास खाली कर दिया. उस ने खाली गिलास कांपते हाथों में दबोच लिया और घूरघूर कर पूरे घर को देखने लगी.
खूबसूरत बरामदा था, दीवार पर बड़ीबड़ी तसवीरें लगी थीं. कमरा कुछ बुजुर्गों की तसवीरों से सजा हुआ था. बरामदे के ठीक बीच में एक बड़ा सा सोफा रखा था.
‘‘देखिए, यहां आप को डरने की कोई जरूरत नहीं है. आप मेरे घर में पूरी तरह से महफूज हैं,’’ वह नौजवान मुसकरा कर बोला और चंद सवाल करने लगा, ‘‘आप कहां रहती हैं?’’
‘‘मैं उत्तर प्रदेश के एक गांव की हूं,’’ नजराना ने खाली गिलास मेज पर रखा और धीरे से बोली.
‘‘यहां दिल्ली में कैसे?’’ यह सुन कर वह चुप रही.
‘‘कहां जाना है? आप के मांबाप का क्या नाम है? जब तक आप बताएंगी नहीं, तब तक मैं आप को वहां भला कैसे पहुंचाऊंगा?’’ उस नौजवान ने पूछा, तो जवाब में नजराना फूटफूट कर रोने लगी.
‘‘मेरा कोई नहीं है. मुझे कहीं नहीं जाना,’’ नजराना थोड़ी देर बाद कुछ सोच कर बोली.
‘‘क्यों?’’ वह नौजवान हैरान होते हुए बोला. ‘‘मैं घर से भागी हुई लड़की हूं.’’
‘‘क्या?’’ यह सुन कर उस नौजवान को जोर का झटका लगा.
‘‘हां, मैं घर से भागी हुई हूं, पर मुझे घर से भागने पर मेरे अपने ही घर वालों ने मजबूर किया था,’’ नजराना को पहली बार कोई ऐसा मिला था, जिस से वह अपने दिल का हाल बताने पर मजबूर हो गई थी.
नजराना ने बताया, ‘‘हम 4 बहिनें थीं. घर में सब से बड़ी मैं ही थी. मां की एक बेटे की आस में 4 लड़कियों ने घर में कदम रख लिया था.
‘‘अब्बा को हम से कोई लगाव नहीं था. अम्मां की गालीगलौज व मारपीट के साथ हम बड़ी हो गईं.
‘‘अम्मां का जुल्म बढ़ता गया. दहेज की खातिर मेरा रिश्ता टूट गया. तब मेरा वजूद ही कहीं खो गया था.
‘‘एक दिन अम्मां ने मुझे बहुत मारापीटा और कहा, ‘जा, कहीं जा कर डूब मर या किसी के साथ अपना मुंह काला कर के भाग जा. यहां से कम से कम मेरे सीने का बोझ तो कम होगा. न जाने कौन से जन्म का हम से बदला ले रही है. इतनी लड़कियां देने के बजाय 4 बेटे ही दे देता.’
‘‘मैं ने घर की सारी जिम्मेदारी संभाल रखी थी. मगर इस तरह रोजरोज मां की गालियां, मारपीट सह कर मेरा दिलोदिमाग खराब हो गया. खुद को खत्म करने के इरादे से मैं तनहा घर से निकल गई, लेकिन जैसा मैं ने सोचा था, ऐसा बिलकुल नहीं हुआ. मैं दुनिया जितनी आसान समझती थी, वैसी थी नहीं.
‘‘रास्ते में मुझे कुछ शराबियों, जुआरियों ने पकड़ लिया. वे मुझे बेचने के इरादे से शहर ले आए, पर मैं अपनी इज्जत बड़ी मुश्किल से बचा कर भाग निकली.’’
‘‘तुम अब कहां जाओगी?’’ उस नौजवान ने नजराना की आपबीती सुनने के बाद पूछा.
‘‘किसी ने कहा है कि लड़की उस कटी पतंग की तरह होती है, जिसे हर कोई अपनी जागीर समझ कर लूटने के लिए दौड़ पड़ता है. ऐसे हालात में मैं ने देख लिया है कि जमाना कितना भी बदल जाए, मगर औरत को हर रूप में मर्द की जरूरत होती है, चाहे वह भाई हो, बाप हो या शौहर का साथ.
‘‘हर औरत का आखिरी ख्वाब एक छत होती है. न तो मेरे पास छत है और न ही किसी मर्द का साथ. बस, अब मैं इज्जत के साथ मरना चाहती हूं,’’ कहते हुए वह भावुक हो गई.
‘‘अगर आप चाहें तो… मेरा मतलब है, आप गलत बात कर रही हैं मरने की. आप मुझे अच्छी लगीं, जो आप ने अपनेपन से मुझे सब सचसच बता दिया.
‘‘आज रात आप चाहें तो…’’ वह नौजवान कुछ आगे कहना चाह रहा था, तभी अंदर से कुछ गिरने की आवाज आई, तो दौड़ कर वह कमरे में भागा.
नौजवान के पीछे नजराना भी भागी. अंदर कमरे में एक बूढ़ी औरत बिस्तर के करीब नीचे बेसुध पड़ी थी. उस का चेहरा एकदम पीला लग रहा था.
नौजवान ने फौरन उस बूढ़ी औरत को उठा कर बिस्तर पर लिटाया और डाक्टर को बुलाने के लिए तुरंत फोन किया.
नौजवान ने बगल वाले कमरे से नजराना से पानी लाने को कहा. वह दौड़ती हुई उस कमरे में पहुंची और झटपट पानी ले कर आ गई. उस का हर दर्द हर गम जैसे छूमंतर हो गया था.
अब उसे नौजवान का दर्द अपना सा लग रहा था. बूढ़ी औरत नौजवान की अम्मी थीं. वे हाई ब्लड प्रैशर की मरीज थीं. डाक्टर ने आ कर अम्मी का चैकअप किया और दवाएं दीं.
नजराना रातभर अम्मी की सेवा में लगी रही. नौजवान भी अपनी अम्मी की देखभाल कर रहा था, मगर सुबह होते ही कमरे से निकल कर वह कुछ परेशान सा लग रहा था, फिर सिर झटक कर नहाने चला गया.
जब अम्मी की आंख खुली, तो देखा कि नजराना उन के सिरहाने बैठी उन का सिर दबा रही थी.
अम्मी बोलीं, ‘‘क्या नाम है तुम्हारा?’’ उन के सपाट लहजे से नजराना को बिलकुल हैरानी नहीं हुई थी. रात से ही उस के मन में हजारों खयाल उमड़घुमड़ रहे थे कि नौजवान की अम्मी के सवालों का वह कैसे जवाब देगी.
‘‘बेटी, तुम ने नाम नहीं बताया,’’ अम्मी के दोबारा पूछने पर वह चौंक कर अपनी सोच से बाहर आ गई और धीरे से बोली, ‘‘जी, नजराना.’’
अम्मी ने हौले से कहा, ‘‘मेरा नवेद लाखों में एक है. किसी तरह की बुराई उस में नहीं है. लेकिन दुनिया इतनी भी अच्छी नहीं है, यह तो तुम जान ही चुकी हो,’’ अम्मी नजराना का सहारे ले कर बैठ गईं.
उस नौजवान का नाम नवेद है, यह नजराना जान गई थी, मगर अम्मी के मुंह से अपने बारे में जान कर वह सन्न रह गई.
‘‘नजराना, इतनी हैरान मत हो. मैं ने सब सुन लिया है. तुम्हारी अम्मी ने ठीक नहीं किया. एक औरत हो कर एक औरत पर जुल्म करे.
‘‘बेटी, मैं मानती हूं, तुम ने जो किया था, सही था, पर जुल्म देख कर भागना जुर्म है, बहादुरी वह है, जो जुल्म को भगा दे,’’ अम्मी ने समझाया, तो नजराना सिर हिला कर रह गई.
अम्मी ने उसे बांहों में समेट लिया, तभी नवेद चायनाश्ते के साथ अंदर आया.
अम्मी के साथ नजराना को यों देख नवेद के दिल में सुकून सा उतर गया.
‘‘नवेद,’’ अम्मी ने पुकारा. ‘‘जी, अम्मी…’’ नवेद ने इतमीनान से कहा, ‘‘आप की तबीयत कैसी है?’’
‘‘मैं ठीक हूं, क्योंकि मेरी बेटी ठीक है,’’ अम्मी ने अपने दिल की बात कही.
‘‘मैं समझा नहीं,’’ नवेद ने कहा. ‘‘मेरी बेटी को इस के घर छोड़ कर आओ. नजराना की अम्मी से कहना कि मैं उन से मिलने आऊंगी. मुझे उन से एक खास बात करनी है,’’ अम्मी के कहने पर नवेद के चेहरे पर शरारती मुसकराहट फैल गई थी. Hindi Short Story
Story in Hindi. तमाम लोगों की भीड़ के बावजूद यहां हर इनसान अकेला है. हर दिन एक अकेला इनसान भीड़ में भागता है. भीड़ में होता है एक अकेला इनसान. तमाम ऊंचीऊंची बिल्डिंगें होने के बावजूद यहां भी झोंपड़पट्टियां हैं. इन झोंपड़पट्टियों से नहीं दिख पाती बिल्डिंग की छत, पर बिल्डिंग की एक खिड़की से दिख जाती हैं सारी झोंपड़पट्टियां.
ऐसी ही एक झोंपड़पट्टी में मैं रहता हूं और ऊंचीऊंची बिल्डिंगों का चौकीदार हूं. चौकीदार हूं का मतलब यह नहीं कि मैं सिर्फ चौकीदार ही हूं, क्योंकि कभीकभी हम जो होते हैं वह दिखता नहीं और जो नहीं होते वह प्रमुखता से दिख जाता है.
खैर, मुझे किसी ने चौकीदारी करने के लिए नहीं कहा था. मैं बीएससी पास हूं, स्वभाव का गुस्सैल हूं. मैं झारखंड से यहां हीरो बनने आया था. यों तो झारखंड और बिहार से लाखों की तादाद में लोग यहां मजदूरी करने आते हैं, पर मैं यहां मजदूर बनने कभी नहीं आया था, पर मुंबई एक ऐसा शहर है जो आप से क्या न करवा ले. कभीकभी महानगर में जो आप होते हैं उस से इतर आप कुछ और हो जाते हैं.
यह मेरी कहानी नहीं है, इसलिए अपनी बात को विराम दे कर मैं कहानी को वहां ले कर चलता हूं, जहां से कहानी की शुरुआत हुई थी. तो यह कहानी कुछ इस तरह शुरू हुई थी. हां, कहानी शुरू करने के पहले आप सब से यही इजाजत लेना चाहूंगा कि अगर मेरी जरूरत होने पर वहां मुझे हाजिर होना पड़ेगा. इस में आप सब को कोई एतराज नहीं होना चाहिए. तो कहानी की तरफ आगे बढ़ते हैं.
यहां चौकीदार लगते ही मेरी मुलाकात एक चौकीदार लड़की से हुई जिस का नाम प्रियंका जैसवाल था.
मैं ने अपने जीवन में पहली बार किसी लड़की को चौकीदार की ड्रैस पहने देखा था. वह नीली फुल शर्ट और ब्लैक पैंट, कमर पर काली बैल्ट और पैरों में सेफ्टी शूज पहने हुई थी. इस से पहले मैं ने लड़कियों को या तो स्कूल के कपड़े, सलवारसूट या साड़ी में ही देखा था.
यह अलग बात है कि मैं ने सिनेमा में लड़कियों को पुलिस की ड्रैस में देखा था जो बहुत ही खूबसूरत दिखती थीं, पर प्रियंका चौकीदार की ड्रैस में बिलकुल भी खूबसूरत नहीं लगती थी. एक तो उस का कद नाटा और दूसरा शरीर उस का थोड़ा भरा हुआ था. भोजपुरी फिल्मों की हीरोइनों की तरह. उस के चेहरे पर मुंहासे भी थे.
मगर इस बिल्डिंग के 2 दरवाजों के हर चौकीदार प्रियंका को अपने पास ही बुला कर बैठना चाहते थे.
प्रियंका बोलने में खूब तेजतर्रार थी. हमेशा हंसने की कोशिश करती थी. पर उस की आंखों में दर्द दिखता था. वह खुश नहीं है, साफ दिखता था. उस की आंखें साफ बताती थीं कि वह बहुतकुछ सह और झेल चुकी है. उस की हर हंसी के पीछे एक दर्द भी रोता था.
प्रियंका मुझ से तकरीबन सालभर पहले से यहां काम कर रही थी. मैं चौकीदारी में नयानया लगा था. मैं खुद को चौकीदार की ड्रैस पहने बहुत शर्मिंदगी महसूस करता था. हमेशा डराडरा सा रहता था कि कोई मुझे इस तरह देखेगा तो क्या सोचेगा?
मैं ऐसे आदमी से भी शरमाता जो मुझे जानता तक न हो, जिस का दूरदूर तक मेरे इस काम से कोई मतलब नहीं था. सच तो यह था कि इस शहर में किसी को किसी के काम से कोई मतलब नहीं था. यहां तक कि मैं प्रियंका को देख कर भी शर्मिंदगी महसूस करता था कि यह मेरे बारे क्या सोचती होगी, जबकि वह मेरे बारे में कुछ नहीं सोचती थी. वह खुद चौकीदार थी.
खैर, यह मैं पहले ही बता चुका हूं कि यह कहानी मेरी नहीं है. यह कहानी प्रियंका की है, पर मैं इस कहानी में हाजिर हूं, तो बीचबीच में आता रहूंगा. बिलकुल भी मैं इस कहानी का हीरो नहीं बनूंगा. यह अलग बात है कि मैं मुंबई में फिल्मों में हीरो जरूर बनने आया था. फिलहाल बन गया हूं, चौकीदार, क्योंकि केवल खुद को नहीं, बल्कि सपने को भी जिंदा रखने के लिए पैसों की जरूरत होती है.
एक बार प्रियंका ने मुझे कहा, ‘‘आप गेट नंबर 2 पर ड्यूटी करने चले जाइए. आप को बता देने के लिए सुपरवाइजर ने मुझे कहा था.’’
वैसे तो मुझे इस बात पर बहुत गुस्सा आया कि यह गांव की गंवार लड़की हम जैसे पढ़ेलिखें लड़कों को काम पर लगा रही है. यह सुपरवाइजर हमें डायरैक्ट भी तो बोल सकता था.
तकरीबन 4 घंटे बाद प्रियंका का फिर फोन आया, ‘‘आप एक नंबर गेट पर आ जाइए.’’
मैं गेट नंबर एक पर आ गया. प्रियंका की ड्यूटी भी वही लगी थी.
मैं उस के पास रोब से खड़ा हो गया. उस ने मुझे देखते ही कहा, ‘‘दरअसल, गेट नंबर 2 पर जाने के लिए सुपरवाइजर ने तुम्हें नहीं कहा था, बल्कि गेट नंबर 2 का सिक्योरिटी गार्ड मुझे आने के लिए कह रहा था, इसलिए तुम्हें भेज दिया. क्या कुछ कह रहा था तुम्हें?’’
‘‘नहीं, जैसे मेरा जाना उसे पसंद नहीं आया. पर तुम क्यों नहीं गई?’’
‘‘कुछ नहीं, मेरे चेहरे के मुंहासे देख कर कह रहा था. पूछा, तुम्हारी शादी हो गई है? मैं ने कहा नहीं हुई. इसलिए तुम्हारे चेहरे पर मुंहासे हैं. इस का इलाजमुझे पता है.’’
मैं मुसकराया और पूछा, ‘‘तुम्हारी शादी नहीं हुई अभी तक?’’ ‘‘नहीं, तुम्हारी शादी हो गई हैं?’’
‘‘अरे नहींनहीं, अभी शादी कौन करेगा.’’ ‘‘तुम्हारे चेहरे पर भी मुंहासे हैं.’’
‘‘खूब इलाज करता हूं. बारबार मुंह भी धोता हूं फिर भी हो जाते हैं. इस की वजह से कितनी जगह काम नहीं मिल पाता.’’
‘‘कौन सा काम नहीं मिल रहा है?’’ उस ने पूछा. ‘‘फिल्मों में.’’
‘‘अच्छा तो तुम कलाकार हो… फिर यहां कैसे?’’ ‘‘जैसे तुम यहां हो, वैसे मैं भी हूं.’’ ‘‘मेरी तो मजबूरी है.’’
‘‘मेरी भी मजबूरी है.’’ ‘‘इस बिल्डिंग में भी कई फिल्म कलाकार रहते हैं. मेरे पास फिल्म डायरैक्टर शुक्लाजी का नंबर भी है. वे मुझे नौकरी दे रहे थे.’’
‘‘कैसी नौकरी?’’ ‘‘उन की कोई हवेली है, वहां कोई रहता नहीं है. मुझे कह रहे थे तुम वहां रहो, उस की देखभाल करो. कह रहे थे कि महीने का 20,000 देंगे.’’
‘‘फिर तुम ने वह नौकरी क्यों नहीं की?’’ ‘‘नहीं, कौन अकेले उस वीरान हवेली में रहेगा.’’
‘‘तुम मुंबई कैसे आ गई?’’ ‘‘बहुत लंबी कहानी है.’’ ‘‘मैं वह लंबी कहानी सुनना चाहता हूं.’’
‘‘पर क्यों?’’ ‘‘ताकि तुम्हें जान सकूं.’’ ‘‘मुझे जान कर क्या करोगे? मैं तुम्हारे क्या काम आ सकती हूं?’’
‘‘इस अजनबी शहर में एकदूसरे को जानना ही बहुत बड़ी बात होगी.’’
तब तक एक कार आ कर रुकती है. प्रियंका को कहता है, ‘‘गेट खोल दीजिए भाभीजी.’’
‘‘अरे सरजी, अभी आप का कोई भैया नहीं है, तो मैं भाभी नहीं हुई हूं. दीदी बोला कीजिए,’’ गेट खोलते हुए प्रियंका ने कहा. गेट खुलते ही कार चली गई.
मैं ने फिर कहा, ‘‘तो बताओ.’’ ‘‘मैं ने एमए किया है.’’ ‘‘क्या?’’ जैसे मैं दोबारा सुनना चाहता था.
‘‘वही जो तुम ने सुना. अब सुनो… चारों तरफ कैमरे लगे हैं. मैं अंदर रूम में हूं, तुम गेट पर रहो.’’
‘‘और कहानी’’ ‘‘पहले नौकरी बचाओ.’’
इस बार मैं प्रियंका के कहे मुताबिक काम पर लग गया. इस बार मुझे तनिक भी नहीं लगा कि मैं पढ़ालिखा हूं, बल्कि यह लगा कि मैं पढ़ेलिखे लोगों के साथ हूं.
शाम को प्रियंका जाने लगी तो मैं भी जाने लगा, लेकिन उस ने कपड़े बदल लिए थे. वह सलवारसूट में थी, जैसा मैं गांव की लड़कियों को देखता था एकदम वैसी ही.
यों तो लड़कियों की उम्र पूछना जुर्म है, पर मैं ने वह जुर्म किया. मैं ने प्रियंका की उम्र पूछी, पर उस ने मुझे तुरंत जवाब दिया, ‘‘28 की हो गई हूं.’’
‘‘तुम्हारी कितनी हुई?’’ ‘‘मैं तो 25 साल का हूं अभी.’’ ‘‘तुम्हारी शादी हुई नहीं?’’ ‘‘मेरे बारे में छोड़ो, तुम अपनी बताओ. तुम ने शादी क्यों नहीं की?’’
‘‘बस जब करना चाहती थी तब हुई नहीं अब शादी नहीं करना चाहती, अकेले ठीक हूं. वैसे मैं अकेली भी नहीं हूं, मेरे पास टैडी बियर है. हमेशा उस के चेहरे पर मुसकान रहती है. चाहे मैं दुखी रहूं, उदास रहूं, गुस्से में रहूं. वह हरपल हंसता रहता है और उस की हंसी देख कर मैं भी खुश हो जाती हूं. वह मुझे खुश रखने की प्रेरणा है.’’
‘‘तो तुम ने इस मुंबई शहर में अकेले रह कर भी जीने का अच्छा तरीका सीखा है. मुझे भी यह हुनर सिखाओ न…’’ ‘‘सीख जाओगे, क्योंकि समय सब सिखा देता है, जैसे मुझे सिखाया.’’
‘‘पर मैं जानना चाहता हूं कि आखिर तुम्हारी शादी क्यों नहीं हुई और किस ने तुम्हें अकेला छोड़ दिया.’’
अब हम उस मोड़ पर आ गए जहां से हम दोनों को अलग होना था. बात अधूरी, हम दोनों कल मिलेंगे बोल कर, अपनेअपने रास्ते हो लिए.
मैं जिस चाल में रह रहा था उस में 4 लड़के रहते थे. कमरे में सामान अस्तव्यस्त रहता था, अजीब सी गंध फैली रहती थी. यह माहौल नींद के लिए तो बिलकुल भी नहीं था, पर हम सब गहरी नीद में सोते थे. हम में से किसी को भी एकदूसरे के खर्राटे का कोई असर नहीं पड़ता था.
वह रात बहुत लंबी लगी क्योंकि मैं सुबह होने का इंतजार करता रहा. कभी खूब नींद आती, कभी अचानक खुल जाती, कभी न नींद में होता, न जागा होता, बस आंखें बंद रहतीं.
अगले दिन मैं ने सोचा कि प्रियंका की सारी कहानी आज जरूर सुन लूंगा और आप सब को बता दूंगा, क्योंकि मैं जानता हूं कि आप सब भी मेरी तरह प्रियंका की कहानी जानने के लिए बेचैन होंगे.
पर जैसे ही मैं प्रियंका के पास पहुंचा, वह मुझे देख मुसकराते हुए बोली, ‘‘गुड मौर्निंग.’’ ‘‘गुड मौर्निंग… कैसी हो?’’
‘‘मैं ठीक हूं. सुनो न, तुम 2 नंबर गेट पर चले जाना. मेरी ड्यूटी आज वहीं लगी है.’’
मैं जान गया था कि वह उस बंदे के पास नहीं जाना चाहती है और सच पूछो तो मैं भी प्रियका को छोड़ कर जाना नहीं चाहता था, लेकिन मैं गया क्योंकि अब मैं भी नहीं चाहता था कि प्रियंका उस बंदे के पास जाए.’’
मैं जैसे ही उस बंदे के पास गया उस का जैसे मुंह उतर गया हो.
मैं ने उस से बात करने की कोशिश की, ‘‘आप के भी मुहांसे हैं. क्या आप की शादी नहीं हुई?’’ मेरी इस बात से वह बंदा चौक गया, ‘‘क्या बदतमीजी है…’’
‘‘नहीं मुमुझे भी मुहांसे हैं, शादी मेरी भी नहीं हुई है. मुझे पता चला कि आप को इस का इलाज पता है. वैसे, प्रियंका इस का इलाज कराना चाहती है.’’
अब वह बंदा पहले से भी ज्यादा चौंका, जैसे किसी ने बिजली का झटका दिया हो, ‘‘तुम बदमाशी कर रहे हो.’’ ‘‘नहीं बदमाशी नहीं कर रहा, अब मुझे मुंहासे वाली बात कैसे पता चलती.’’
‘‘सही कह रहे हो?’’ ‘‘हां, आज रात 10 बजे समुद्र के किनारे एकदम कोने की झाडि़यां के पास जो बड़ा सा पत्थर है वहां तुम्हें बुलाया है.’’ उस बंदे ने फिर कहा, ‘‘सही कह रहे हो न?’’
‘‘हां, अच्छा अब बताओ कि तुम्हारी शादी हो गई है?’’ ‘‘कुछ महीने पहले पत्नी बीमार हो गई थी, फिर मर गई.’’ ‘‘ठीक शाम को आना मत भूलिएगा.’’
शाम को ड्यूटी पूरी कर मैं प्रियंका के साथ निकला.
रास्ते में पूछा, ‘‘हां, तो तुम ने शादी क्यों नहीं की?’’ ‘‘मतलब तुम बिना जाने मुझे छोड़ोगे नहीं.’’ ‘‘कुछ ऐसा ही समझ . कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें जानना जरूरी होता है.’’
‘‘तो सुनो, वह गांव क्या था खपरिहंवा कटहरलुहनी गांव से हट कर 4-5 घरों का एक गांव बन गया था, मगर उन घरों को भी खपरिहंवा का ही हिस्सा माना जाता है.
‘‘खपरिहंवा गांव की एक ही समस्या थी. कितनी सरकारें आईं और गईं, मगर मुझे और मेरी 2 छोटी बहनों, मां को शौच के लिए खेतों में ही जाना पड़़ता था. अमूमन पूरे गांव का यही हाल है.
‘‘पता नहीं मेरे पापा ने घर बनाते समय उस में शौचालय क्यों नहीं बनवाया? मगर सच तो यह था कि अभी तक उस घर का पलस्तर तक नहीं हो पाया था. किसी तरह कुछ पैसे जोड़ कर उन्होंने 2 कमरे और एक बरामदा बना दिया था. हैंडपंप के पास ही नहाने के लिए छोटा सा बाथरूम बनवा दिया था. उस की भी छत नहीं थी. ऊपर चद्दर डाल दी गई थी. मगर मैं अपने पापा से भी ज्यादा राजाजी पर गुस्सा निकालती थी.’’
‘‘राजाजी कौन?’’ मैं ने बीच में बात को काट कर पूछा.
‘‘राजाजी मनकापुर के सांसद थे. जब मैं स्कूल से पढ़ कर घर लौटती… गांव पहुंचतेपहुंचते गुस्से से भर जाती थी. गांव से ले कर शहर तक कच्ची सड़क गड्ढों से भरी पड़ी है. मैं समझ नहीं पाती कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क.
उस कच्ची सड़क पर मुझे साइकिल चलाने में बहुत तकलीफ होती. कई बार साइकिल से उतर कर पैदल चलने लगती है. इस दौरान मैं साइकिल से कई बार चढ़तीउतरती.
‘‘मुझे याद है मैं 9वीं क्लास में थी. स्कूल खत्म होने के बाद मैं मनकापुर शहर अपनी सहेली के जन्मदिन में उस के घर चली गई थी. लौटते वक्त देर हो गई. अंधेरा हो गया. उस दिन अंघेरे में साइकिल चलाना मेरे लिए मुसीबत बन गया. एक तो रास्ते में कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था ऊपर से गड्ढे.
‘‘मैं साइकिल से गिर पड़ी. उस दिन मेरे नाजुक अंग से खून का रिसाव हो गया. उस दिन से आज तक मैं गुस्से से भरी पड़ी हूं. रिसाव की वजह से नहीं क्योंकि मुझे बाद में समझ आ गया था कि गिरने की वजह से नहीं यह तो प्रकृति का नियम है जो हर लड़की के साथ होता है. गुस्सा तो इस बात का था कि मैं उस दिन के बाद से घर जल्दी लौट आती, किसी कार्यक्रम में नहीं जाती.’’
‘‘कैसा कार्यक्रम?’’ ‘‘मुझे जितना कविता लिखने में अच्छा लगता है, उस से कहीं ज्यादा मंच पर पढ़ना.’’
‘‘अच्छा तो तुम कविता लिखती हो वाह, फिर तो हम दोनों कलाकार हैं. खैर, फिर… ’’
प्रियंका ने अपनी कहानी जारी रखी, पर मेरा प्रतिरूप मुझे से निकल कर बाजार में कुछ जरूरी चीज खरीदने लगा था. मेरे प्रतिरूप ने एक हथौड़ा खरीदा, जिस के एक तरफ से कील ठोंकी और दूसरी तरफ से निकाली जा सकती थी.
कब हम उस मोड़ पर आ गए जहां से हम दोनों को अलग होना था. पता नहीं यह मोड़ कब आ गया. कहानी अधूरी रह गई. मुझे इस मोड़ पर भी बहुत गुस्सा आता था. पता नहीं मोड़ क्यों बनाए जाते हैं, बिछड़ने के लिए? थोड़ी देर सुस्ताने के लिए? इकट्ठा होने के लिए?
मैं बाजार में हथौड़ा लिए घूम रहा था. रात के 10 बज रहे थे. तेज लहरों, हवा और मेरी तेज सांसों की आवाज के सिवा कोई नहीं था.
सुनसान जगह पर वही चौकीदार था. उस ने मुझे देखते ही कहा, ‘‘प्रियंका कहां है?’’
मैं ने बैग से हथौड़ा निकाल कर उस के सिर पर जोर से 2 वार कर दिए. इस से पहले कि वह कुछ और सोच पाता, मैं ने तीसरी बार हथौड़ा उस के सिर पर मारा. मुझे यह काम सिर्फ 5 मिनट में खत्म करना था.
वह चौकीदार लहूलुहान हो कर गिर पड़ा. मैं उस की लाश को खींचते हुए समुद्र के बहुत अंदर तक ले कर गया. क्योंकि समुद्र बड़ीबड़ी चीजों को निगल जाता है, यह तो एक छोटी सी लाश थी. इस समुद्र ने उस को पलभर में ही कब अपने अंदर समा लिया, पता ही नहीं चला.
हो सकता है इस की लाश को कुछ छोटीमोटी मछलियां खा जाएंगी या कोई शार्क या कोई व्हेल मछली. मैं ने हथौड़े को भी समुद्र की उस गहराई में जोर से उछाल फेंका.
कुल 5 मिनट के अंदर काम खत्म कर मैं समुद्र के एकदम किनारेकिनारे चलने लगा. जैसेजैसे मेरे पैरों के निशान रेत पर पड़ते जाते, वैसेवैसे लहर उन्हें मिटाती जा रही थी.
मेरा प्रतिरूप घर आ गया. मेरा प्रतिरूप लोमड़ी की तरह चालाक, चीते की तरह तेज और सांप की तरह जहरीला है. मेरे प्रतिरूप की और भी कई सारी खासीयतें हैं, जो मुझे भी नहीं पता, क्योंकि कभीकभी मैं अपने प्रतिरूप से खुद डर जाता हूं. कभीकभी बहुत खुश होता हूं.
अगले दिन खूब खामोशी थी. मैं और प्रियंका एक ही गेट पर थे. हम लंच के समय भी एकसाथ थे. लंच के वक्त मैं ने प्रियंका से अधूरी कहानी पूरी करने को कहा, पर इस बार प्रियंका ने कहा, ‘‘तुम अपने बारे में कुछ बताओ.’’
चूंकि मैं ने कहानी के शुरुआत मैं ही कहा था, यह कहानी मेरी नहीं प्रियंका की है, पर जैसे की मैं ने कहा था अगर मेरी जरूरत हुई तो मैं वहां हाजिर होऊंगा, कुछ समय के लिए मैं प्रियंका की कहानी जानने के लिए हाजिर हो रहा हूं.
‘‘वैसे तो हम पंजाब से हैं पर पिताजी शुरू से चासनाला में रह रहे थे. पिताजी ट्रक ड्राइवर थे. किसी छोटी सी ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते. वे ट्रक ले कर दूरदूर जाया करते थे. अकसर वे 2-3 दिन बाद वापस आते. मेरे लिए ढेर सारी चीजें लाते. पिताजी चाहते थे कि मैं पढ़लिख कर खूब बड़ा आदमी बनूं. उन्होंने मुझे अच्छे अंगरेजी स्कूल में डाला था.
‘‘एक बार पिताजी राजस्थान से ट्रक ले कर आ रहे थे. बौर्डर पर उस ट्रक की पूरी चैकिंग होने लगी. पिताजी आराम से ट्रक में बैठे थे. मगर तभी उन्हें आभास हुआ कि आज कुछ ज्यादा ही चैकिंग हो रही है. पिताजी के ट्रक में रखे माल से 500 ग्राम कोकीन बरामद हुई. पिताजी को पकड़ लिया गया.
‘‘वे पुलिस को बताते रहे कि उन्होंने कुछ नहीं किया, मगर पुलिस वालों ने पिताजी की एक न सुनी और उन्हें जेल में बंद कर दिया गया. उस समय मैं सिर्फ 5 साल का था. मां की हालत ऐसी हो गई जैसे काटो तो खून नहीं.
‘‘कोर्ट के एक वकील ने मां से कहा कि अगर आप 25 लाख रुपए का इंतजाम करती हैं तो आप के पति बाइज्जत बरी हो जाएंगे.
‘‘मां के पास उस वक्त तो 2,500 भी नहीं थे. मां ने अपने सारे गहने बेच कर भी 2 साल तक केस लड़ती रहीं, मगर पिताजी को 12 साल की जेल हो गई.
‘‘मां महल्ले के एक लड़के को ले कर पिताजी से जेल में मिलने जाया करती थीं. मां कई बार उस लड़के के साथ पिताजी से मिलने गई थीं, फिर एक दिन पिताजी ने कहा, ‘तुम मुझे मिलने मत आया करो. तुम मेरा इंतजार करो. बेटे की पढ़ाई पर ध्यान दो.’
‘‘पिताजी यह जानते थे कि घर में पैसे कहां से आएंगे, मगर मां ने लोगों के घर में चौकाबरतन का काम शुरू कर दिया. मां ने मुझे फिर एक सरकारी स्कूल में डाल दिया.
‘‘तकरीबन 6 सालों बाद पिताजी लौट आए. तब मैं ने उन से पूछा था, ‘पिताजी, क्या आप सच में ट्रक में ड्रग्स ले कर आ रहे थे?’
‘‘तब उन्होंने कहा था, ‘बेटा, ट्रांसपोर्ट से जो सामान लोड होता है, बस मैं वही ले कर चलता हूं. यह ट्रांसपोर्ट मालिक की कोई बदमाशी होगी.’
‘‘फिर पिताजी चासलाना की एक प्राइवेट कोयला खदान में डंपर चलाने लगे और फिर से हम सब की जिंदगी थोड़ी पटरी पर आ गई. मगर इन 6 सालों में मैं ने, मां और पिताजी ने कितना दर्द सहा, मैं पिता के प्यार से वंचित रहा, जिसे अब भी भरा जाना मुश्किल है, शब्दों में बयां नहीं कर सकते.
‘‘बाद में पता चला कि उस ट्रांसपोर्ट के मालिक को किसी ने चाकू से 6 वार कर के मार दिया था…’’
लंच का टाइम बीत गया था. प्रियंका के टिफिन में रोटियां वैसी ही थीं. पेट खाली था पर आंखें आंसुओं से भर गई थीं. आंसुओं ने पेट भर दिया था.
‘‘आज मेरा मन बहुत हलका हो गया है. अब तक मुझे लगता था कि मैं ही अकेली हूं इस शहर में जिसे दुख के सिवा कुछ नहीं मिला. क्या सचमुच इस दुनिया का हर आदमी अकेला है?’’
सच में उस दिन प्रियंका मेरे पास ही बैठी रहना चाहती थी, पर गेट नंबर 2 पर एक आदमी की कमी की वजह से मुझे गेट नंबर 2 पर जाना पड़ा.
शाम हो चुकी थी. जैसे प्रियंका की कहानी आज सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि शहर की भीड़ में हर अकेला आदमी सुन रहा था. 1-1 अकेले आदमी से एक भीड़ बनती है. भीड़ में फिर भी होता है आदमी अकेला.
आज इस अकेलेपन का फायदा सब से ज्यादा मोबाइल को हुआ है. हर आदमी लोगों की भीड़ के बीच मोबाइल में लगा हुआ है. मोबाइल में एक अकेले आदमी को रील में रोते देख, उस की मदद को हर अकेला आदमी हो जाता हैं तैयार. भले ही एक अकेला आदमी उस के सामने रोते हुए मिल जाए, तो नहीं होती किसी को भी उस की फिक्र.
तो आप सब से भी गुजारिश है कि कुछ पल के लिए आप भी मोबाइल छोड़ प्रियंका की कहानी सुनें, इस तरह आप भी दे सकते हैं किसी एक अकेले आदमी को सहारा.
‘‘मुझे कविता लिखने में अच्छा लगता है उस से कहीं ज्यादा मंच पर पढ़ना, क्योंकि मैं मानती हूं, आप जितनी अच्छी कविता पढ़ेंगे, इस धरती की हवा उतनी शुद्ध होगी, पत्ते खूब हरे होंगे, फल बहुत मीठे होंगे, नफरत कम होगी, क्योंकि अच्छी बातें सब नकारात्मक बातों को मार देती हैं. मैं सोचती हूं आने वाले समय में लोग मुझे याद रखें या न रखें, पर मेरी कविता हमेशा याद रहेगी.
‘‘एक बार मैं लखनऊ कविता पाठ से वापस लौट रही थी. उस दिन भी मैं काफी लेट हो गई थी. अंधेरे रास्ते को किसी तरह पार कर घर पहुंची थी. घर पहुंचतेपहुंचते रात के 9 बज गए थे. खैर, बाहर जितना गड्ढों का डर था उस से कहीं ज्यादा मुझे बड़े भाई साहब का डर था. वे मुझे जल्द से जल्द ब्याह कर लेने के लिए कहते थे, पर मैं पढ़लिख कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी.
‘‘तब भाई साहब कहते, ‘अपने पैरों पर ही तो खड़ी हो. दूसरों के पैर से कौन खड़ा रहता है.’
‘‘वे मेरे हर काम से चिढ़ते हैं. हर बार चिढ़ कर एक ही बात कहते, ‘तू ब्याह कर जा यहां से.’
‘‘वे डरते थे कि यह ब्याह नहीं कर रही है इस का मतलब जरूर किसी लड़के के साथ चक्कर में है. वे मुझे खुलेआम धमकी देते, ‘जो भी करना है कर, मगर किसी के साथ भागी तो तेरी जान ले लूंगा.’
‘‘उस दिन भी मैं लखनऊ अपने बड़े भाई को बिना बताए गई थी. दरअसल, बड़ा भाई फैजाबाद में एक शराब के ठेके पर काम करता था.
15 दिनों में एक बार घर आता था या यों समझिए कि जब मूड करे तब घर आता था. आते ही हम सब बहनों पर शासन चलाने लगता था. घर में मांपापा कुछ नहीं कहते थे.
‘‘लखनऊ भी मैं अपने पापा को बोल कर चली गई थी, मगर मां बड़े भाई साहब के लौटने पर बेटे को पूरी रिपोर्ट देती थीं. इस बात पर फिर वह हम बहनों की पिटाई कर देता था, मगर मुझ से तो वह बहस तक ही सीमित रहता था. फिर पापा ने मुझे छूट दे रखी थी, क्योंकि उन्हें अपने नालायक बेटे से ज्यादा मुझ पर नाज है. उन की सोच भाई से अच्छी है.
‘‘इसी सोच ने उन्हें बेटे से अलग रखा है. पापा यह भी मानते हैं कि बेटे के नालायक होने के पीछे वे खुद भी एक वजह हैं. जब बच्चे छोटे थे तब वे कमाने के लिए मुंबई निकल आए थे. उस वक्त मुंबई बौम्बे हुआ करता था. चपरासी की नौकरी से महज 7,000 रुपए तनख्वाह मिलती थी जिस में से वे 2,000 रख कर 5,000 घर भेज देते थे.
‘‘10 बीघा खेत था जिस से अनाज हो ही जाता था. उन दिनों जब पापा मुंबई में थे तो लोग उन की कदकाठी को देख कर फिल्मों में भी ट्राई करने के लिए कहते थे. अमिताभ बच्चन जैसी लंबाई और बाल थे. धर्मेंद्र जैसा शरीर, किशोर कुमार जैसी आवाज. किशोर कुमार के गाने बड़े ध्यान से गाते थे. रूम में रह रहे अपने पार्टनरों को गाना सुनाया करते थे.
‘‘वे दुख की वजह से गाना अच्छा गा लेते थे या सुख की वजह से वे खुद नहीं समझ पाते थे. आज उन्हें लगता है दुख, कमी, पीड़ा ही इनसान को कलाकार बना देती है.
आज उन्हें लगता है कि बेटी प्रियंका को भी दुखों ने कवि बना दिया है. वे कभीकभी पछताते हैं कि उन्होंने भी उस समय मुंबई में फिल्मों में ट्राई किया होता तो शायद जिंदगी कुछ और होती. कई बार उन का मन हुआ था कि वे भी फिल्म स्टूडियो जाएं, मगर कुछ न कुछ सोच कर रुक गए. आज उन्हें लगता है मन जो कहे वह जरूर करना चाहिए ताकि आगे अफसोस न करना पड़े. उन्हें लगता है मन की न करने से मन भारी हो जाता है. मन भार से इतना दब जाता है कि फिर उस की मौत हो जाती है. फिर सारी इच्छाए मर जाती हैं.
‘‘मेरे पिताजी शिवकुमार को कई बार लगने लगा था कि उन के शरीर से कुछ अजीब गंध आने लगी है. नहाने के बाद भी वे ऐसा ही महसूस करते, मगर शर्म से कभी अपने दोस्तों को बताते नहीं थे. उलटा दोस्तों से थोड़ा दूरदूर रहते थे.
‘‘वे अपनी पत्नी यानी मेरी मां को गांव के पीसीओ से फोन कर बताते, ‘मेरे शरीर से हमेशा गंध आती है,’ तो मां हमेशा समझाती थीं, ‘ऐसी कोई बात नहीं है.’
‘‘फिर पिताजी इत्र की शीशी खरीद कर ले आए. सब दोस्त उन के परफ्यूम लगाने पर चिढ़़ाते, ‘लगता है मुंबई में कोई पट गई है.’
‘‘इन सब बातों से पिताजी और बीमार हो गए. आखिर में गांव चले आए. गांव की हवा और पत्नी के साथ रात बिताने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि उन के शरीर से कोई गंध नहीं आती.
‘‘यहां आ कर आखिर कब तक खाली बैठते, अपने काम मे लग गए. गांव का एक दोस्त जो गांजा बेचने का काम करता था उस के साथ गांजा बेचना शुरू कर दिया. साथ ही दिनभर खेतों में काम भी करते.
‘‘गांजा बेचतेबेचते पीने की भी लत लग गई. भर दोपहरी गांजा पी कर खेतों में काम करते रहते. रहीसही कसर गांजा और धूप ने पूरी कर दी. रात में सोते समय उन्हें लगने लगा कुछ अजीब सी आवाजें आ रही हैं. नींद से उठ कर बैठ जाते. कई रातों से वे सो नहीं पा रहे थे. उन की दिमागी हालत एकदम ही खराब हो गई. दवाओं का सहारा लेना पड़ गय.
‘‘डाक्टरों ने बता दिया कि सब नशा करने से हो रहा है. सब से पहले मां ने उन का गांजा छुड़वाया. कड़ी निगरानी रखने लगीं. बच्चों को भी निगरानी रखने के लिए कहा. पर घर की माली हालत पहले ही डांवांडोल थी. अब और भी बदतर होने लगी. घर की छोटीछोटी जरूरतों के लिए हाथ फैलाने पड़ गए. मां, मेरा भाई ऐसे ही खेती ठीक से देख नहीं पा रहे थे. मन किया तो कुछ कर लिया, नहीं तो सोए रहे. खेत आधे अनाज पर दे दिया गया. ऐसे में मैं ने नौकरी करने की सोची.
‘‘उस वक्त मैं 12वीं जमात ही पास थी. मैं शहर में काम की तलाश में निकली. चारों तरफ प्राइवेट स्कूल थे. सरकारी हिंदी स्कूल से पास होने की वजह से उन स्कूलों में मुझे
कहीं नौकरी नहीं मिल रही थी. कुछ स्कूल के प्रिंसिपल पूछते, ‘कंप्यूटर जानती हो?’
‘‘मैं धीरे से सिर न में हिला देती. कुछ एकाध स्कूल वाले मुझे फाइल रखनेरखाने के काम के लिए कहते. मैं उस के लिए राजी होती, मगर उस में भी मुझे यह कह कर भेज दिया जाता कि आप को बाद में बताएंगे.
‘‘खैर, मुझे तो उस वक्त अंगरेजी स्कूल के प्रिंसिपल पर गुस्सा न आ कर अपने पिताजी पर खूब गुस्सा आता था कि अगर अच्छे स्कूल से पढ़ाया होता तो आज यह हालत नहीं होती.
‘‘उन्हीं दिनों शहर में कपड़ों की बड़ी कंपनी की दुकानें खुली थीं. मुझे किसी ने वहां काम करने के लिए कहा. मैं वहां काम करने के लिए राजी हुई, पर भाई का विरोध शुरू हो गया. फिर वहां भी नहीं जा पाई.
‘‘मुझे लगा कि बिना अंगरेजी सीखे कुछ नहीं हो सकता. कालेज से लौटने के बाद अंगरेजी सीखने लगी. मन ही मन खुद से अंगरेजी में बात करती. आईने के सामने अंगरेजी बोल कर बातें करती. ऐसे ही वक्त जब मैं अपनी अंगरेजी मजबूत करने में लगी थी, तो मेरे शहर में 5वीं तक एक प्राइवेट स्कूल का उद्घाटन हुआ. यह बात पता चली तो मैं स्कूल पहुंच गई. स्कूल में वहां के प्रिंसिपल से मिली. उस स्कूल में मुझे हिंदी टीचर की नौकरी मिल गई. तनख्वाह के नाम पर मुझे सिर्फ 1,200 रुपए ही मिलने शुरू हुए.
‘‘कुछ दिनों बाद ही मुझे गांव में कुछ ट्यूशन भी मिल गईं. ट्यूशन से भी मुझे 1,000 रूपए आने लगे. करीब 6 महीने काम करने के बाद मैं ने कुछ पैसे जमा कर लिए. 3,000 की पूंजी लगा कर मैं ने अपने घर के बाहर के एक कमरे में लैमनचूस, चौकलेट, बिसकुट जैसे छुटपुट सामान रख कर एक छोटी सी दुकान खोल ली और अपने पिताजी को दुकान में बैठने के लिए कहा.
‘‘धीरेधीरे दुकान भी चल पड़़ी. दुकान में सामान भी बढ़ा दिया गया. घर की जरूरी चीजें दुकान से ही ले ली जाती थीं. बस, इन्हीं सब बातों से पिता को मुझे काफी गर्व होता. मगर उन्हें भी मेरे ब्याह की चिंता रहती, क्योंकि मेरे साथ की सभी लड़कियों का ब्याह हो गया था. मगर चिंता इस बात की थी कि लड़के वालों से कहीं ज्यादा मैं नहीं चाहती कि किसी ऐरेगैरे नत्थू खैरे से शादी करूं.
‘‘दरअसल, मैं चाहती थी कि खुद अपने पैरों पर खड़ी हो जाऊं या फिर मेरा पति इतना सबल हो कि मेरे आने वाले कल के सारे सपने पूरे कर सके. कई बार तो मेरे आसपास की भाभियां भी कहती, ‘प्रियंका, क्या तेरा दुलहन बनने का मन नहीं करता?’
‘‘पर मैं इस बात से शरमाती नहीं थी. मैं कहती, ‘जब समय होगा दुलहन बन जाऊंगी.’
‘‘पिताजी यही सोचते कि अगर प्रियंका की कोई पसंद हो तो वह मुझे बता दे तो मैं बेटी को वहीं ब्याह दूं. ऐसा भी नहीं था कि मेरी अपनी कोई पसंद नहीं थी. मेरी अपनी पसंद थी. 12वीं के इम्तिहान के बाद मैं अपने मामा के पास लखनऊ गई थी. वहां मुझे मामा के बेटे के दोस्त देव को देखने पर पहली ही नजर में प्यार का अहसास हुआ था. कुछ दिनों के बाद हम दोनों फेसबुक के जरीए आपस में जुड़ गए. फिर मैसेंजर से हायहैलो करना शुरू कर दिया. हायहैलो से बात आगे बढ़ी तो हम दोनों ने एकदूसरे को अपनाअपना फोन नंबर दिया. हम दोनों में बातें होना शुरू हुईं. फिर मिलनाजुलना भी हुआ.
‘‘हमारा प्यार अपने परवान पर था. जीनेमरने की कसमें खाई जा रही थीं. एकदूसरे से कभी न बिछड़ने के वादे किए जा रहे थे. चेहरे पर हलकेहलके मुंहासे आ गए थे. चूंकि मनकापुर में भी उस के रिश्तेदार थे इसलिए वह गांव में भी लंबे समय तक रहता.
‘‘एक दिन मांपिताजी खेतों में गए हुए थे. घर पर कोई नहीं था. देव अचानक मेरे घर आ गया और मेरे बहुत नजदीक आ गया. मैं ने 12वीं में ही अपना कुंआरापन खो दिया.
‘‘उस दिन सिर्फ बिस्तर ही नहीं, मेरी आंखों के सामने सब कुछ लाललाल दिखने लगा था. उस ने मुझे एक गोली दी और कहा कि खा लो. मैं ने खा ली. फिर वह चला गया.
‘‘उस दिन मैं खूब रोई कि यह मैं ने क्या किया. पर यह सिलसिला चल पड़ा. उसे जब भी मौका मिलता वह मेरे साथ बस यही सब करता और मुझे छोटी गोली खिला कर चला जाता. न जाने उस ने मुझे कितनी बार गर्भनिरोधक गोलियां खिलाई थीं.
‘‘3 साल के बाद जब मैं बीए पास कर चुकी थी. देव मेकैनिकल डिप्लोमा कर एक प्राइवेट कंपनी में काम पर लग गया था. ऐसे ही एक वक्त जब घर में सब कोई ब्याह करने की जिद कर रहा था, तब मैं ने देव के सामने शादी का प्रस्ताव रखा. देव ने कहा, ‘अभी मैं सरकारी नौकरी की कोशिश में हूं, जब लग जाएगी तब ब्याह करूंगा.’
‘‘उ स दिन मुझे यह बात अच्छी लगी थी. मुझे लगा था कि मेरी पसंद सही है. यही है मेरे सपनों का राजकुमार. पर सच में तो यह एक सपने का ही राजकुमार था. उस की रेलवे में नौकरी तो लग गई, पर मैं उस की नहीं हो पाई.
‘‘नौकरी लगने के बाद उस के मांबाप ने भी दहेज की डिमांड की जो मेरे पिता कभी नहीं दे पाते. सो देव ने भी मुझे मांबाप के खिलाफ ब्याह करने से मना कर दिया.
‘‘मैं भावनात्मक रूप से टूट रही थी. मैं ने देव को फोन लगाया. मैं ने उस से पूछा, ‘अगर तुम्हें दहेज ही चाहिए था तो मेरे शरीर से क्यों खेले? सिर्फ दहेज ही तुम्हारे लिए सबकुछ है? क्या तुम यह नहीं समझते कि शादी के पहले किसी लड़की से संबंध बना कर उसे छोड़ देना एक लड़की को कितना तोड़ सकता है?’
‘‘वह बोला, ‘मैं तुम्हारी भावनाओं से नहीं खेल रहा, बस मांपापा नहीं मान रहे हैं और मैं मांपापा की मंजूरी से ही शादी करना चाहता हूं.’
‘‘मैं ने देव को कई बार मनाने की कोशिश की पर वह नहीं माना. आखिर में उस ने मेरा फोन उठाना बंद कर दिया.
‘‘एक दिन मैं अपनी छत पर चली गई. देव को छत से फोटो भेजी और कहा कि अगर तुम ने मेरी बात नहीं मानी तो मैं छत से कूद जाऊंगी.
‘‘पर उस का कोई जवाब नहीं आया. और मैं छत से कूद गई. मगर कमबख्त देव की तरह मुझे यमराज भी नहीं ले कर गए. जब होश आया तो मैं सरकारी हस्पताल के आईसीयू में गंभीर हालत में भरती थी.
‘‘जैसे ही मैं होश में आई भैया, मां सब मुझे कहने लगे, ‘तुम देव के खिलाफ पुलिस में बयान दो.’
‘‘पर पुलिस को मैं ने कोई बयान नहीं दिया. मैं नहीं जानती मैं ने ऐसा क्यों किया. पर मैं ने उस दिन के बाद ठान लिया कि अब ब्याह ऐसे लड़के से करूंगी जो मेरी भावनाओं को समझे, मेरे प्रेम को समझे.
‘‘मैं ने यह भी सोच लिया कि अपने घर वालों पर बोझ नहीं बनूंगी. आत्मनिर्भर बनूंगी. मैं नौकरी की तलाश में लग गई.’’
हम फिर से उसी मोड़ पर आ गए थे. मगर आज मोड़ हमें रोक नहीं पाया.
प्रियंका ने कहा, ‘‘आओ तुम्हें अपना रूम दिखाती हूं.’’
‘‘अरे वाह, फिर तो तुम्हारे हाथ की चाय भी पिऊंगा.’’ ‘‘जरूर,’’ वह बोली. मैं ने धीरे से कहा, ‘‘फिर आगे क्या हुआ?’’
‘‘मेरे भैया शहर में एक घर बना रहे थे. यह पैसा वे कहां से ला रहे थे, पता नहीं. अचानक भैया को पुलिस ने पकड़ लिया. भैया को गैरकानूनी रूप से शराब बेचने, नकली शराब बनाने के जुर्म में पकड़ लिया गया. और भी न जाने कौनकौन से जुर्म उन पर लगा दिए गए, जो उन्होंने किए भी नहीं थे. यहां तक कि शहर के घर को कुर्क कर दिया गया.
‘‘भैया को छुड़ाने के लिए घर का सारा सामान एक के बाद एक बिकना शुरू हो गया. बैंक से लोन लिया गया. 3 सालों से केस चल रहा है.
‘‘घर की हालत ऐसी हो गई कि खाने के लाले पड़ गए. फिर छोटी बहन मुंबई कमाने आ गई. यहां किसी रैस्टोरैंट में लग गई. फिर मुझे बहन के चक्कर में मुंबई आना पड़ा. पर कहीं नौकरी मिल नहीं रही थी.
‘‘एक अखबार में नौकरी का इश्तिहार देख कर किसी को कुछ बताए बिना इंटरव्यू देने के लिए मैं बोरीवली निकल गई. कई लड़कियों के बाद मेरा भी नंबर आया. औपचारिक पूछताछ के बाद उन्होंने कहा, ‘मनकापुर से मुंबई बहुत दूर है. मुंबई में है कोई जानने वाला?’
‘‘मैं ने कहा, ‘सर, जानने वाला न भी होता तो भी मैं नौकरी करूंगी. जानने वाले अपनेआप हो जाएंगे.’
‘‘उन्होंने पूछा, ‘ऐसा क्यों?’
‘‘मैं ने कहा, ‘सर, मेरे पिता किसान हैं. तबीयत खराब होने की वजह से किसानी भी नही होती. छोटी सी दुकान है. थोड़ीबहुत खेती भी हो जाती है. इन सब से खानापीना, ओढ़ना हो जाता है बस. मगर मेरी शादी के लिए मांगी गई दहेज की डिमांड पूरी नहीं हो पाती. सो, मैं ने फैसला किया कि दहेज लेने वाले लड़के से ब्याह नहीं करूंगी, न ही घर वालों के ऊपर बोझ बनूंगी.’
‘‘इंटरव्यू लेने वाले को लगा जैसे किसी ने उसे बहुत जोर का चांटा रसीद कर दिया है. उस का चश्मा खुल कर गिर गया. गालों पर पांचों उंगलियों की छाप पड़ गई हो…
‘‘और अब यहां तुम्हारे साथ हूं. हम दोनों बहनें हर महीने मां को पैसे भेज देती हैं.’’
हम कमरे में पहुंच गए थे. प्रियंका के हाथ की बनी प्याली से ज्यादा माहौल गरम हो चुका था. हम दोनों एकदूसरे के चेहरे के मुंहासे देख रहे थे.
मैं और प्रियंका एकदूसरे के बहुत करीब थे. मैं ने अपने होंठों को प्रियंका के होंठों पर रख दिया था. चाय की प्याली ठंडी होने लगी थी. उस दिन प्रियंका को लगा था, उसे वह लड़का मिल गया हैं जो उस की भावनाओं को समझे, प्रेम को समझे.
चाय की प्याली जितनी ठंडी हुई थी बिस्तर को हम दोनों ने उतना ही गरम कर दिया था… धीरेधीरे हम दोनों के चेहरे से मुंहासे खत्म होने लगे थे.
एक आखिरी बात… क्योंकि मेरा प्रतिरूप बहुत गुस्सैल है. उस ने देव को ढूंढ़ने के लिए लखनऊ की ट्रेन पकड़ ली थी.
मेरे प्रतिरूप ने मुझ से कहा, ‘क्या आप को नहीं लगता देव जैसे लड़कों को सजा मिलनी चाहिए? न जाने वह ऐसी ही किसी और लड़की की जिंदगी खराब कर देगा.’
मेरे प्रतिरूप ने मुझ से कई सारे सवाल उस रात ही किए थे.