एक समय में वीरेंद्र का नरकटियागंज सहित पूरे बेतिया में दबदबा था. इसलिए कमलेश उर्फ बिट्टू जायसवाल ने वीरेंद्र से शरण मांगी थी. उसे उम्मीद थी कि वीरेंद्र उसे पुलिस और प्रियंका के घर वालों से बचाने में मदद करेगा.
बताया जाता है कि जब बिट्टू और प्रियंका भाग कर उस के पास आए थे, तब कुछ दिन बाद वीरेंद्र ने बिट्टू को अपने घर से भगा दिया और प्रियंका से जबरन शादी कर ली.
प्रियंका से उस के 3 बच्चे भी हुए. लेकिन जब वीरेंद्र प्रियंका के साथ लखनऊ रहने आ गया, तब वहीं खुशबून तारा उस की जिंदगी में आ गई, जिसे वह नरकटियागंज से ही जानता था.
वीरेंद्र दिल में बसा चुका था प्रियंका को प्रियंका को वीरेंद्र ने पहली बार बिट्टू की नरकटियागंज के चौराहे पर स्थित पान की दुकान पर देखा था. उसे देखते ही वह उस पर फिदा हो गया था. दुकान पर प्रियंका बिट्टू की वजह से नियमित आती थी.
एक दिन आधी रात को वीरेंद्र ने बिट्टू और प्रियंका को साथ अपने घर आया देखा तो वह चौंक गया. वह अभी कुछ सवाल करता, इस से पहले ही कमलेश ने उसे कुछ दिनों तक प्रियंका के साथ रहने के लिए शरण मांगी.
उन्होंने बताया कि दोनों मंदिर में शादी कर चुके हैं, जिस का दोनों के परिवार में विरोध होगा. प्रियंका ठाकुर खानदान की है और वह वैश्य समाज से आता है. उन की शादी को प्रियंका के घर वाले कभी नहीं स्वीकारेंगे.वीरेंद्र को भी यह बात अच्छी नहीं लगी कि ऊंची जाति की कोई लड़की अपने नीचे की जाति वाले से अंतरजातीय विवाह करे. वह खुद ठाकुर था, लेकिन प्रियंका की वजह से उस ने अपने बड़े घर के एक हिस्से में उन दोनों को रहने की इजाजत दे दी.
प्रियंका को शादी के लिए कर लिया राजी अगले रोज ही वीरेंद्र ने प्रियंका को हिफाजत से रखने के बहाने से कमलेश उर्फ बिट्टू को चले जाने के लिए कहा. उस ने वादा किया कि उस की अमानत के तौर पर प्रियंका सुरक्षित रहेगी. बिट्टू उस की बातों में आ गया.
बिट्टू के जाने के बाद वीरेंद्र ने प्रियंका से न केवल अपने दिल की बात कही, बल्कि उसे समाज से बाहर किसी से शादी करने को ले कर डरायाधमकाया भी. वीरेंद्र ने इलाके में अपनी हैसियत और पैसा का हवाला देते हुए उस के साथ शादी करने का दबाव बनाया.
प्यार में अंधी प्रियंका घर से भाग चुकी थी.
उस के लिए दोबारा घर लौटना असंभव दिखा. उसे संरक्षण देने वाला व्यक्ति प्रेमी से कहीं ज्यादा वफादार लगा और वह वीरेंद्र से शादी करने को तैयार हो गई.उन्हीं दिनों वीरेंद्र के सामने बिहार छोड़ने की मजबूरी आ गई. वह प्रियंका के साथ लखनऊ आ गया. बिट्टू को जब पता चला कि उस की प्रेमिका प्रियंका पर वीरेंद्र ने कब्जा कर लिया है तो वह ठगा से महसूस करने लगा और भीतर ही भीतर वीरेंद्र से दुश्मनी भी पाल ली.
प्रियंका अभी अपनी शादी की 2 वर्षगांठ भी नहीं मना पाई थी कि उस का सामना सौतन खुशबून तारा से हो गया.
वीरेंद्र से शादी करने के बाद खुशबून ने अपना धर्म भी बदल लिया. इस का जम कर विरोध करते हुए प्रियंका बातबात में वीरेंद्र को जलील करने लगी.
फिरदौस गैंगस्टर का शूटर होने के चलते अभिमान में रहता था. वह अपना ठेका लेने या दूसरे के ठेके में से हिस्सा लेने की ताक में लगा रहता है. नहीं मिलने पर उस से दुश्मनी कर बैठता था. इस का शिकार वीरेंद्र भी हो चुका था.
वीरेंद्र को छोटेमोटे विवाद तो आपस में लेनदेन के बाद निपट जाते थे, लेकिन 2011 में हुआ विवाद थाना और अदालत तक जा पहुंचा. एक ठेके को ले कर वीरेंद्र के खिलाफ स्थानीय थाने में मामला दर्ज हो गया. जब उस ने महसूस किया कि बिहार में रहते हुए ठेकेदारी में काफी अड़चनें आ रही हैं, तब उस ने राज्य छोड़ने की योजना बना ली.
वीरेंद्र लखनऊ तो आ गया, लेकिन वह पिछली जिंदगी की परेशानियों से उबर नहीं पाया. पेशागत दुश्मनी बनी रही और दुश्मन पीछे लगे रहे. उन्हीं दिनों खुशबून तारा भी वीरेंद्र के संपर्क में आ गई थी और साथ रहने लगी. पहले से दुश्मन बना बैठा फिरदौस वीरेंद्र के साथ एक बार फिर रेलवे की ठेकेदारी हासिल करने को ले कर टकरा गया.
एक घटना सन 2014 की है, जो वीरेंद्र के लिए काफी नुसानदायक साबित हुई. एक काम के सिलसिले में उस का नरकटियागंज आना हुआ था. वहां घात लगाए दुश्मनों ने उस पर हमला कर दिया था.उस हमले में वह बच गया था, लेकिन शंभु राम नामक व्यक्ति की हत्या हो गई थी. हत्या का आरोप वीरेंद्र पर ही लगा जरूर, लेकिन उस का दबदबा भी बढ़ गया.
कुछ समय बाद ही बेतिया में 1 करोड़ 19 लाख के ठेके के विवाद में वीरेंद्र पर फायरिंग हो गई, जिस में एक महिला समेत 5 अन्य व्यक्तियों को जेल भेज दिया गया. उन में एक को छोड़ कर बाकी की जमानत हो गई थी.ठेके के विवाद में ही 2 जुलाई, 2019 को वीरेंद्र पर जानलेवा हमला लखनऊ के चारबाग जीआरपी स्टेशन के पास हुआ. उसे 2 युवतियों से मिलने के बहाने से बुलाया गया था. उस हमले में वह बच गया था, लेकिन कुछ गोलियां उस के पैरों में जा लगी थीं. रीढ़ की हड्डी को नुकसान हुआ था, जिस से वह दिव्यांग हो गया था.
तब दर्ज मुकदमे में प्रियंका और बिट्टू के अलावा अलावा 3 अन्य आरोपी शादाब अख्तर, फिरदौस और मिराज खातून बनाए गए थे. उस के बाद से वीरेंद्र और उन की दुश्मनी की जड़ें और गहरी हो गई थीं. हालांकि वीरेंद्र सतर्क हो गया था और सुरक्षा के लिए उस ने 3 गार्ड रख लिए थे.
वीरेंद्र की निगाह में बिट्टू के साथ प्रियंका भी खटकने लगी थी. हालांकि तब तक प्रियंका 3 बच्चों की मां भी बन चुकी थी. बात प्रियंका के तलाक तक की पहुंच गई थी, किंतु कोरोना प्रकोप के चलते मार्च 2020 में लौकडाउन लग गया और उन के तलाक की अरजी अदालती फाइलों में ही दबी रही.
घर में रहते हुए वीरेंद्र का घर कलह का अखाड़ा बन चुका था. वीरेंद्र का कामधंघा भी रुका हुआ था. वीरेंद्र उन दिनों काफी मानसिक तनाव में आ चुका था. किसकिस को संभाले, यह तय नहीं कर पा रहा था.
लौकडाउन खत्म होने के बाद साल 2021 के मध्य से वीरेंद्र कामकाज में जुट गया था, लेकिन उस का कभी इलाज के सिलसिले में दिल्ली जाना होता तो कभी कोर्ट की सुनवाई के सिलसिले में बिहार जाना पड़ता था. उन सब समस्याओं से निपट कर जब घर लौटता तब प्रियंका और खुशबून तारा की जलीभुनी बातें सुनने को मिलती थीं.
आखिरकार, एक दिन उस ने प्रियंका को कह दिया कि जहां जाना चाहे जाए, तलाक की अरजी मंजूर होते ही वह उसे उस का हक दे देगा.
प्रियंका ने पूर्व प्रेमी के साथ रची साजिश फिर एक दिन प्रियंका अपने एक बच्चे को ले कर मायके चली आई. उस के कुछ दिनों बाद उस ने पुराने प्रेमी कमलेश जायसवाल उर्फ बिट्टू से मिल क र खतरनाक योजना बना डाली. वारदात में कोई चूक न होने पाए, इस के लिए फिरदौस ने प्रियंका के साथ वीरेंद्र के घर के आसपास जा कर मुआयना तब किया था, जब वीरेंद्र इलाज के सिलसिले में खुशबून तारा के साथ दिल्ली गया हुआ था.
इस हत्याकांड के बाद 3 जुलाई, 2022 को बिहार के सीवान जिले के बड़हरिया कस्बे से क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीम ने भाड़े के शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था, किंतु तीनों मुख्य आरोपी पकड़ में नहीं आ पाए थे. उन्हें बड़े ही नाटकीय ढंग से पकड़ा गया था. इस बारे में डीसीपी (ईस्ट) प्राची सिंह ने जांच टीम को कुछ अहम सुराग दिए थे.
प्राची सिंह के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद फरार आरोपियों ने जियामऊ होटल में रात गुजारी थी. उन्हें फिरदौस ने रात में जश्न की एक पार्टी दी थी. पुलिस को वहीं पास में ही स्थित बक्शी का तालाब के निकट झाड़ी से मोबाइल फोन मिला था. उस से मिले नंबरों को सर्विलांस में लगा कर काल डिटेल्स निकाली गई थी. उसी आधार पर हमलावर पकड़े गए थे.
11 जुलाई, 2022 को एसटीएफ की टीम ने उसी काल डिटेल्स के आधार पर शाहजहांपुर जा कर वीरेंद्र के सुरक्षा गार्ड सतीश और देवेंद्र को भी पकड़ लिया था. पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लखनऊ ले आई. उन्होंने पूछताछ में बताया कि 25 जून की घटना से वे काफी डर गए थे. इस कारण वे फरार हो गए थे कि कहीं उन का नाम भी ठेकेदार की हत्या में न आ जाए.
बहरहाल, इस मामले में हत्या का मास्टरमाइंड कमलेश जायसवाल उर्फ बिट्टू जायसवाल की 25 जुलाई को पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिस से कमलेश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे सिविल अस्पताल में भरती करवा दिया गया. इस दौरान उस का एक साथी भाग गया था, संभवत: वह फिरदौस हो.
पुलिस ने कमलेश उर्फ बिट्टू जायसवाल पर 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था. उस के पास से एक तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई. इस के खिलाफ बिहार के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं.
कथा लिखे जाने तक इस हत्याकांड के 2 आरोपी प्रियंका और फिरदौस फरार चल रहे थे. आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया



