क्या करें जब ऑफिस में आपको बौस धमकाए

आज युवाओं की सब से बड़ी समस्या यह है कि वे किसी की नहीं सुनते, उन्हें किसी का ऊंची आवाज में बोलना बरदाश्त नहीं होता. औफिस हो या घर उन्हें तो बस अपने स्टाइल में जीना पसंद है तभी तो यदि बौस उन्हें जरा सी भी कड़क आवाज में कुछ कह देता है तो वे गुस्से से तमतमा जाते हैं. ऐसे में वे बौस को खरीखोटी सुनाने से भी गुरेज नहीं करते. मन ही मन वे जौब छोड़ने तक का फैसला कर बैठते हैं. लेकिन क्या कभी जब आप को बौस ने धमकाया तब आप ने खुद का आकलन किया कि आखिर बौस ने आप को धमकाया क्यों? क्या वास्तव में आप की गलती थी या फिर मामूली सी बात पर आप को झाड़ दिया. कई बार बौस आप को आगे बढ़ाने के लिए या आप की ग्रोथ के लिए भी डांटते हैं, लेकिन गुस्से में होने के कारण आप उन के भीतर छिपी भावना को नहीं पहचान पाते और इसे बौस की दादागीरी या हुक्म चलाना समझ बैठते हैं.

इसलिए जब भी बौस आप को किसी बात के लिए डांटें तो खुद में तो सुधार लाएं ही साथ ही निम्न बातों को भी नजरअंदाज न करें :

गलती न दोहराएं

एक बार जिस बात के लिए आप को बौस से डांट पड़ी हो अगली बार उस गलती को दोहराने की कोशिश न करें, क्योंकि बारबार गलती करने पर माफी मिले, यह जरूरी नहीं.

यदि बौस ने आप को किसी काम को करने की डैडलाइन दे रखी है तो आप कोशिश करें कि डैडलाइन से पहले ही उस काम को पूरा कर लें, क्योंकि इस से एक तो आप को बौस की नाराजगी नहीं झेलनी पड़ेगी साथ ही आप काम के प्रति सीरियस हैं, यह भी पता चलेगा.

एक बात और, जब हम किसी काम को दबाव या हड़बड़ी में करते हैं तो उस में गलती के चांसेज ज्यादा होते हैं. इस से अच्छा है कि समय पर और सही ढंग से काम पूरा करें.

इस का एक फायदा और भी है कि अगर कभी अचानक किसी जरूरी काम से आप को बाहर जाना पड़े तो आप अपने बौस से काम पूरा होने के कारण छुट्टी मांगने का हक भी रख पाएंगे.

बौस से पड़े डांट तो न करें डिस्कस

गलती होने पर तो बौस की डांट खानी ही पड़ती है, लेकिन कई बार बेवजह डांट भी पड़ती है, जो सहन करनी पड़ती है, इस डांट का हर जगह ढिंढोरा पीटना कि पता नहीं खुद को क्या समझते हैं, मेरी इन्सल्ट कर दी, खुद को तो कुछ आताजाता नहीं वगैरावगैरा कह कर जब आप इस तरह की बातें ग्रुप में शेयर करते हैं तो भले ही उस समय आप के साथ काम करने वाले आप की हां में हां मिला कर आप को सही ठहराएं, लेकिन हो सकता है कि उन में से कोई बौस का खास हो, जो आप से मीठीमीठी बातें कर के सब उगलवा ले, लेकिन बाद में उन्हीं बातों को बौस के सामने मिर्चमसाला लगा कर पेश कर दे जिस से आप की इमेज और खराब हो जाए.

जब बौस भी अपनी ऐसी आलोचना सुनेंगे तो हो सकता है कि आप को सबक सिखाने के लिए किसी ऐसे कार्य में उलझा दें कि उस के बाद आप खुद ही जौब छोड़ने पर मजबूर हो जाएं. इसलिए अच्छा यही है कि बौस की डांट व बात को अपने तक ही सीमित रखें.

काम में परफैक्शन लाएं

टैक्नोलौजी के इस युग में हमें सबकुछ रैडीमेड मिल जाता है यानी सारा मैटर नैट से पकापकाया मात्र एक क्लिक से ले सकते हैं, लेकिन उस से काम में परफैक्शन नहीं आएगा और हो सकता है कि आप की चोरी भी पकड़ी जाए, तो ऐसे में बैस्ट तरीका यही है कि आप अपने काम में क्वालिटी लाने के लिए रिसर्च वर्क करें न कि डैस्क वर्क. जब आप किसी एक टौपिक पर कई जगह से कलैक्शन करेंगे तो रिजल्ट तो बैस्ट निकलेगा ही और बौस चाह कर भी आप के काम में कमी नहीं निकाल पाएंगे.

कायदेकानून न तोड़ें

औफिस में एकजैसा काम करतेकरते हम बोरिंग सा फील करने लगते हैं. ऐसे में रीफ्रैश होने के लिए इधरउधर जा कर एकदूसरे की सीट पर खडे़ हो जाते हैं, जिस से हम दूसरों का समय तो खराब करते ही हैं साथ ही कुछ की नजरों में भी खटकने लगते हैं. फोन पर लाउडली बात करना, पूरा दिन व्हाट्सऐप पर लगे रहना, औफिस आवर्स में फेसबुक पर चैट करने में व्यस्त रहना, यदि औफिस में पंचिंग मशीन नहीं है तो रजिस्टर में गलत टाइम ऐंटर करना, बीचबीच में बिना बताए कई बार औफिस से बाहर जाना जैसी बातें औफिस रूल्स का खुलेआम उल्लंघन हैं.

ऐसे कर्मचारी को देख कर बाकी स्टाफ का भी गलत काम करने का हौसला बढ़ता है. इस से बेहतर है कि लंच टाइम व टी ब्रेक में ही मौजमस्ती करें, जिस से कोई आप को टोकने न पाए और आप की गुडविल भी बनी रहे.

कूल माइंड से हैंडिल करें सिचुएशन

ह्यूमन नेचर ऐसा होता है कि जब कोई धो रहा होता है तब गुस्सा आना स्वाभाविक है. ऐसे में हम गलत भी बोल जाते हैं लेकिन ठीक उसी तरह अगर बौस आप पर झल्ला रहे हों तो आप उस समय शांत रहें.

भले ही आप तब मन ही मन किलसें कि मुझे जिस बात के लिए डांट पड़ी वह गलती तो मैं ने की ही नहीं और अगर मैं ने इस समय अपना पक्ष रखा तो बौस वाट लगा देंगे, ऐसे में आप भड़ास निकालने के लिए उलटासीधा बोलना शुरू कर देते हैं, लेकिन समझदारी इसी में है कि उस वक्त शांत रहें और समय अनुकूल होने पर अपनी बात रखें.

चेहरे को मन का दर्पण न बनने दें

कहते हैं चेहरा मन का दर्पण होता है, क्योंकि मन के भाव चेहरे पर साफ दिखाई देते हैं, लेकिन जब आप बौस के सामने खड़े हों और किसी बात पर बौस आप को डांटें, चाहे वह बात गलत हो और आप को सुन कर गुस्सा भी आ रहा हो, तब भी चेहरे पर गुस्से वाले ऐक्सप्रैशन न आने दें और नौर्मल रहने का प्रयास करें.

तुरंत जौब बदलने की न सोचें

जब तक चैलेंज को ऐक्सैप्ट नहीं करेंगे तब तक आगे कैसे बढ़ पाएंगे. मुश्किल से मुश्किल सिचुऐशन बिना भयभीत हुए हैंडिल करें. यह नहीं कि चैलेंज मिलते ही या बौस की डांट पड़ते ही जौब छोड़ने का मन बना लें. हां, बेहतर जौब जरूर सर्च करते रहें.

फैमिली लाइफ प्रभावित न हो

जब कभी हमें औफिस में डांट पड़ती है तो हम उस का गुस्सा घर पर उतारते हैं. कभी खाना नहीं खाते, तो कभी घर वालों से भी ऊंची आवाज में बात करते हैं, अकेले गुमसुम बैठे रहते हैं जिसे देख कर घर वाले परेशान होते हैं. इसलिए औफिस की बातों को औफिस में ही छोड़ने की कोशिश करें, क्योंकि कभीकभार आप उदास होंगे तब आप को अवश्य ही घर से सहानुभूति भी मिल जाएगी, लेकिन अगर आप उसे रूटीन बना लेंगे तब आप को वहां से भी सपोर्ट मिलना बंद हो जाएगा.

एचआर से शेयर करें प्रौब्लम

यदि आप को अपने बौस से कोई प्रौब्लम है और वे भी आप की कोई बात सुनने को तैयार नहीं हैं तो सीधे औनर के पास जाने से अच्छा है कि एचआर को बताएं कि आप को अपने बौस से तालमेल बैठाने में दिक्कत हो रही है, खुल कर अपनी बात रखें. अवश्य आप को सही राह मिलेगी.

लेकिन यदि आप सीधे ओनर के पास पहुंच जाएंगे तो बात बजाय संभलने के और बिगड़ेगी और ऐसे में आप का अपने हैड के साथ काम करना भी मुश्किल हो जाएगा. इसलिए गुस्से से अच्छा है कि सोचसमझ कर फैसला लें.

शोषण न सहें

बौस यदि आप पर काम का ज्यादा बोझ डालें, आप की जरा सी गलती पर अपशब्द कहने लगें, ड्यूटी आवर्स में काम न दे कर छुट्टी के वक्त ढेर सारे काम थमा दें और उन्हें आज ही खत्म करने की बात कहें या फिर लेटनाइट काम करवाने के बावजूद ड्रौपिंग सर्विस न दें व छुट्टी देने से मना करें, तो ऐसे में आप पहले तो उन के सामने अपनी बात रखें, लेकिन फिर भी यदि आप को लगे कि उन से कहने का कोई फायदा नहीं, तो आप जौब चेंज करने के बारे में सोचें.

नौकरी में बौस की थोड़ीबहुत तो सुननी ही पड़ती है, लेकिन अगर काम के नाम पर शोषण हो तो उस औफिस को बाय कहने में ही भलाई होगी. यह सोच कर न घबराएं कि कैसे ऐडजस्ट करेंगे नई जगह पर, क्योंकि अगर आप में काबिलीयत है तो आप को ऐडजस्टमैंट में भी ज्यादा समय नहीं लगेगा.

जब बौस कराएं पर्सनल काम

यदि बौस आप को काम के बीच में बारबार डिस्टर्ब करें जैसे कि नैट से मूवी टिकट बुक करवा दो, मेरे बेटे या बेटी का होमवर्क कर दो, प्रोजैक्ट पूरा कर दो वगैरावगैरा, जिस से आप अपना औफिस वर्क समय पर न कर पाएं तो आप एकाध बार तो खुशीखुशी इस काम को कर दें, लेकिन अगर आप को लगता है कि बौस ने इसे रूटीन बना लिया है तो उन्हें नम्रता से निवेदन कर कहें कि आप के पर्सनल कार्य करने से मेरी क्रिएटिविटी प्रभावित हो रही है.

आप की यह बात सुन कर बौस भी समझ जाएंगे कि अगर मैं ने अपने पर्सनल कार्य करवाने जारी रखे तो बात ओनर तक पहुंच सकती है. आप का इतना कहना ही उन में डर पैदा कर देगा, क्योंकि इस के कारण आप की प्रोफैशनल लाइफ प्रभावित हो तो यह सही नहीं है.

बौस भी इन बातों का रखें खयाल

– कर्मचारियों को प्रैशर में न रखें.

– अगर किसी कर्मचारी ने गलत काम भी किया है तो पहले उसे आराम से समझाएं, यदि मिस्टेक रिपीट हो तब सख्ती बरतें.

– सिर्फ एक कर्मचारी की बात सुन कर बाकी कर्मचारियों के प्रति अपनी राय न बनाएं. अपनी सुनी व देखी बात पर ही विश्वास करें.

– कर्मचारियों की प्रौब्लम को नजरअंदाज न करें.

– अगर किसी कर्मचारी ने कोई आइडिया दिया है तो यह कह कर उस की इंसल्ट न करें कि तुम से तो मुझे ऐसे ही बकवास आइडिया की उम्मीद थी बल्कि उसे मोटीवेट करें कि तुम ने अच्छा सोचा है, लेकिन इस से और बेहतर सोचो, जिस से कंपनी को फायदा हो. आप की ऐसी बात सुन कर वह अपना बैस्ट देने की कोशिश करेगा.

– बौस का मतलब आप दादागीरी न समझें वरना कर्मचारी आप की रिस्पैक्ट करना छोड़ देंगे.

– सब के साथ एकजैसा व्यवहार करें.

– अगर आप ने किसी काम को करने के लिए डैडलाइन दे रखी है तो उस से पहले कर्मचारियों को नौक न करें, क्योंकि इस से वे खुद को ज्यादा प्रैशर में फील करने के कारण काम में मन नहीं लगा पाएंगे.

– अपनी बौस वाली पर्सनैलिटी मैंटेन कर के रखें.

आतंकवाद के मसले पर सोचे पाकिस्तान

कहा जाता है कि चिट्ठियां आधी मुलाकात होती हैं. लेकिन यह कथन उन चिट्ठियों पर ही लागू होता है, जो इंसानों के आपसी रिश्तों को जोड़ती हैं. लेकिन देशों के रिश्तों में जो चिट्ठियां लिखी जाती हैं या जो संदेश भेजे जाते हैं, वहां इंसानी रिश्तों जैसी गरमी की उम्मीद व्यर्थ है. वहां चिट्ठियां या संदेश अक्सर महज प्रोटोकॉल भर होते हैं, यानी ऐसी औपचारिकता, जिसे निभाया ही जाना था. ऐसी चीजों में बहुत ज्यादा अर्थ खोजा जाए, तो मामला अनर्थ की ओर ही बढ़ता है.

पाकिस्तान में इमरान खान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जो संदेश भेजा है, उसका सार इतना ही है. पड़ोसी देश में आए नए प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भेजना उनका कूटनीतिक दायित्व था, जिसे उन्होंने बदस्तूर निभाया भी. जाहिर है, ऐसे संदेश में दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की उम्मीद भी व्यक्त होनी ही थी.

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि ‘भारत उम्मीद कर रहा है कि पाकिस्तान के साथ रचनात्मक और अर्थपूर्ण ढंग से बात आगे बढ़ेगी’. यह संदेश भेजते समय न तो प्रधानमंत्री मोदी और न ही विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को उम्मीद होगी कि इसे वार्ता का प्रस्ताव मान लिया जाएगा. लेकिन हुआ ऐसा ही.

न जाने किसी उत्साह में पाकिस्तान के नव-नियुक्त विदेश मंत्री शाह मुहम्मद कुरैशी ने इसे वार्ता का प्रस्ताव मान लिया. इतना ही नहीं, उन्होंने मीडिया को भी बताया कि भारतीय प्रधानमंत्री ने वार्ता का प्रस्ताव भेजा है. कुरैशी का यह बयान हैरत में डालने वाला इसलिए भी था कि इमरान खान के लिए सियासत नई चीज हो सकती है, कुरैशी के लिए वह नई चीज नहीं है. और तो और, कुरैशी तीन साल के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी रह चुके हैं.

बेशक कुरैशी की मीडिया से बातचीत का विषय यह नहीं था, मंत्री पद संभालने के बाद वह पहली बार पत्रकारों से बात कर रहे थे. इस बातचीत में उन्होंने खासकर भारत और अफगानिस्तान से रिश्ते सुधारने की बात रखी. उन्होंने यह भी कहा कि भारत के साथ ऐसी निरंतर वार्ता चलनी चाहिए, जिसमें कोई बाधा न आए. और इसी के साथ उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री के वार्ता प्रस्ताव की बात भी जोड़ दी, जिसका नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने तुरंत ही खंडन कर दिया. मंत्रालय ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री ने तो पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को औपचारिक बधाई संदेश भेजा था, वार्ता का प्रस्ताव नहीं.

ऐसा अतिउत्साह में हुआ, भूलवश हो गया या फिर जान-बूझकर, किसी भी तरह से भारत-पाकिस्तान की वार्ता का मुद्दा एक बार फिर सतह पर आ गया है. यह सच है कि भारत ने पाकिस्तान के साथ वार्ता से कभी इनकार नहीं किया है. बल्कि हर बार उसने तमाम चीजों को भुलाकर बातचीत के लिए न सिर्फ हामी भरी है, बल्कि उसकी शुरुआत भी की है. लेकिन हर बार कोई बड़ी आतंकवादी वारदात हो जाती है और बातचीत टूट जाती है. इसकी वजह से इधर काफी समय से भारत का रुख यही रहा है कि बातचीत तभी हो सकती है, जब पाकिस्तान आतंकवादियों को समर्थन देना और भारत में उनका निर्यात करना बंद करेगा.

कुरैशी जिस निरंतर और अटूट वार्ता की बात कर रहे हैं, वे इन्हीं स्थितियों में हो सकती है. रिश्ते सुधारने की बात खुद इमरान खान भी कर चुके हैं, अगर वह सचमुच गंभीर हैं, तो उन्हें सबसे पहले आतंकवाद के मसले पर सोचना होगा.

पत्नी की अनोखी शर्त

18 मार्च, 2018 को सुबह के यही कोई 10 बजे थे. चिमियावली गांव के निकट गेहूं के खेत में गांव वालों ने एक महिला व उस के 100 मीटर दूर एक बच्चे की नग्न अवस्था में सिर कटी लाश पड़ी देखीं. यह गांव उत्तर प्रदेश के जिला संभल के थाना कोतवाली के अंतर्गत आता है.

गांव वालों ने यह बात गांव के चौकीदार रामरतन को बताई. चौकीदार रामरतन तुरंत उस खेत में पहुंच गया जहां लाशें पड़ी थीं. 2-2 लाशें देख कर वह भी चौंक गया. उस ने फोन द्वारा इस की सूचना थानाप्रभारी अनिल समानिया को दे दी. 2 लाशों की खबर मिलते ही अनिल समानिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए.

उन्होंने दोनों लाशों का निरीक्षण किया तो वहां पड़े खून से लग रहा था कि उन की हत्याएं वहीं पर ही की गई थीं. दोनों के सिर धड़ से गायब थे. साथ में उन के ऊपर कोई कपड़ा भी नहीं था. मृत महिला के एक हाथ की खाल भी कुछ जगह से गायब थी.

इस से यह अनुमान लगाया कि उस महिला के हाथ पर उस का नाम या पहचान की कोई चीज गुदी हुई होगी. महिला की पहचान न हो सके, इसलिए हत्यारे ने हाथ के उतने हिस्से की खाल ही काट दी थी. अपने उच्चाधिकारियों को इस लोमहर्षक मामले की जानकारी देने के बाद थानाप्रभारी आसपास के क्षेत्र में दोनों मृतकों के सिर तलाशने लगे.

इस काम में गांव वाले भी उन का साथ दे रहे थे. काफी खोजबीन के बाद भी उन के सिर नहीं मिल सके. लेकिन वहां पर मृतकों के कपड़े और चप्पलें जरूर मिल गईं, 2 जोड़ी चप्पलों के अलावा वहां छोटे बच्चे की एक जोड़ी चप्पलें और मिली. जब मरने वाले 2 लोग हैं तो यह तीसरी जोड़ी चप्पल किस बच्चे की है, यह बात पुलिस नहीं समझ सकी.

बिना सिर के लाशों की शिनाख्त करना आसान नहीं था. थानाप्रभारी द्वारा सिरविहीन 2 लाशों की सूचना एसपी रविशंकर छवि और एएसपी पंकज कुमार पांडे को दे दी गई. कुछ देर में दोनों पुलिस अधिकारी भी चिमियावली गांव के उस गेहूं के खेत में पहुंच गए, जहां दोनों लाशें पड़ी थीं.

अधिकारियों ने मौका मुआयना करने के बाद गांवों वालों से लाशों की शिनाख्त के लिए बात की उन्हें मृतकों के कपड़े दिखाए. लेकिन कोई भी उन्हें नहीं पहचान सका.

मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया. घटनास्थल पर मिले सारे सबूतों को पुलिस ने जब्त कर लिया. घटनास्थल की काररवाई निपटाने के बाद पुलिस ने दोनों लाशों को सुरक्षित रखवाने के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया और चौकीदार रामरतन की तरफ से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली.

सिर विहीन 2 लाशें मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे शहर में फैल गई. सभी लोग आपस में यही चर्चा कर रहे थे कि पता नहीं शव किस के हैं. न मालूम मृतक कहां के रहने वाले थे. उधर थानाप्रभारी भी इस बात को ले कर परेशान थे कि इन लाशों की शिनाख्त कैसे कराई जाए. शिनाख्त के बाद ही हत्यारों तक पहुंचा जा सकता था.

लिहाजा शिनाख्त के लिए जिले के समस्त थानों में वायरलैस द्वारा इन अज्ञात लाशों के मिलने की सूचना प्रसारित कर यह जानकारी जाननी चाही कि कहीं किसी थाने में एक महिला और बच्चे की गुमशुदगी तो दर्ज नहीं है. पर पुलिस की इन कोशिशों से भी कोई सफलता नहीं मिली. आखिर पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर  उन का अंतिम संस्कार करा दिया.

8-10 दिन बीत गए लेकिन मृतकों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी. थानाप्रभारी के दिमाग में यह बात भी आई कि कहीं दोनों मृतक किसी दूसरे जिले के रहने वाले तो नहीं हैं. इस के बाद एसपी के माध्यम से सिरविहीन 2 लाशों के बरामद करने की सूचना सीमावर्ती जिलों के थानों में भी भेज दी गई.

society

इसी बीच पहली अप्रैल, 2018 को थानाप्रभारी को चिमियावली गांव के पास बहने वाली सोन नदी के किनारे एक महिला का सिर पड़े होने की जानकारी मिली तो वह वहां पहुंच गए और सिर को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वह सिर 18 मार्च को बरामद हुई सिरविहीन महिला की लाश का है या नहीं, इस की पुष्टि डीएनए जांच के बाद ही हो सकती थी.

इस के 8 दिन बाद यानी 8 अप्रैल को पुलिस ने मोहम्मदपुर मालनी गांव के जंगल से एक बच्चे का सिर बरामद कर लिया. उस का मांस जंगली जानवर खा चुके थे. अब इस बात की आशंका प्रबल हो गई कि यह दोनों सिर पूर्व में बरामद की गई दोनों लाशों के ही होंगे.

मुरादाबाद बरेली परिक्षेत्र के एडीजी प्रेमप्रकाश को जब यह जानकारी मिली तो उन्होंने मुरादाबाद रेंज के आईजी विनोद कुमार से बात कर इस मामले को गंभीरता से लेने को कहा.

एडीजी प्रेमप्रकाश बहुत सुलझे हुए अफसर थे. जब वह मुरादाबाद के एसएसपी थे तो उन्होंने चर्चित किडनी कांड को सुलझा कर डा. अमित को सलाखों के पीछे पहुंचाया था. इस के अलावा उन्होंने बावन खेड़ी में एक ही परिवार के 7 लोगों की निर्मम तरीके से की गई हत्या के मामले को सुलझा कर शबनम और उस के प्रेमी को जेल भिजवाया था. एडीजी की इस दोहरे मर्डर पर भी निगाह बनी हुई थी.

एडीजी प्रेमप्रकाश का निर्देश मिलते ही आईजी विनोद कुमार ने संभल के एसपी रविशंकर छवि और एएसपी पंकज कुमार पांडे के साथ मीटिंग कर इस केस को जल्द से जल्द खोलने के लिए कहा. इस के बाद तो थानाप्रभारी अनिल समानिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम इस केस को खोलने में जुट गई. उन्होंने मुखबिरों को भी लगा दिया.

14 अप्रैल को चिमियावली गांव के चौकीदार रामरतन ने थानाप्रभारी अनिल समानिया को सटीक सूचना देते हुए कहा कि गांव के हिस्ट्रीशीटर कलुआ के घर 3-4 साल की एक लड़की आई हुई है. वह लड़की बारबार रोरो कर कहती है कि मुझे मेरी मम्मी से मिलवाओ. यह बात मुझे गांव की औरतों ने बताई है. उन औरतों में भी इस बात की चर्चा है कि कलुआ के परिवार में यह लड़की पता नहीं कहां से आ गई.

इतना सुनते ही थानाप्रभारी का माथा ठनका. उन के दिमाग में एक बात घूम गई कि उन दोनों के शवों के पास भी पुलिस को 1 छोटे बच्चे की एक जोड़ी चप्पलें मिली थीं. अनिल समानिया ने बगैर देर किए गांव चिमियावली का रुख किया. वह कलुआ के घर पहुंच गए. उन्हें वहां 4 साल की बच्ची दिखी. बच्ची के बारे में उन्होंने पूछा तो कलुआ ने बताया, ‘‘यह बच्ची मेरी खाला की लड़की है.’’

‘‘यह तुम्हारे पास क्यों है?’’ थानाप्रभारी ने पूछा.

‘‘साहब, यह मेरी लड़की अरमाना के साथ आ गई है. कुछ दिन यहां रह कर अपने घर चली जाएगी.’’

कलुआ पहले बदमाश था. अब वह करीब 80 साल का बुजुर्ग था. उन्होंने सोचा कि शायद यह सच बोल रहा होगा. क्योंकि जवानी में चाहे कितना भी बड़ा अपराधी रहा हो, उम्र की इस ढलान पर आदमी सीधा व सच ही चलता है.

 

थानाप्रभारी ने घटनास्थल से जो छोटे बच्चे की चप्पलें बरामद की थीं उन्हें वह अपने साथ लाए थे. वह कार में रखी थीं. एसआई वीरेंद्र सिंह से उन्होंने चप्पलें मंगा कर उस बच्ची को दिखाईं तो वह उन चप्पलों को देख कर खुश हो गई. उस ने कहा, ‘‘यह चप्पलें तो मेरी है.’’ बच्ची फिर बोली, ‘‘मेरी मम्मी कहां हैं.’’

‘‘मम्मी आ गई, बाहर है.’’ अनिल समानिया ने कहा तो वह बच्ची अपनी मां को देखने के लिए बाहर की तरफ भागी. इस के बाद अनिल समानिया का चेहरा गुस्से से लाल हो गया. वह कलुआ से बोले, ‘‘मुझे तुम से ऐसी उम्मीद नहीं थी कि इस उम्र में भी…’’ इतना सुनते ही कलुआ ने नजरें नीची कर लीं.

वह बोला, ‘‘साहब, मजबूरी ऐसी आ गई थी कि मैं बेबस हो गया था. क्या बताऊं साहब यह सब करतूत मेरे दामाद वाहिद की है. यदि उस ने मेरी बेटी को धोखा न दिया होता तो मुझे इस उम्र में यह सब करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता.’’

उस ने इस दोहरे हत्याकांड का जुर्म स्वीकार कर लिया. उस ने बताया मरने वाली महिला का नाम ममता था और दूसरा उस का 10 साल का बेटा करनपाल था. ममता उस के दामाद वाहिद की पहली पत्नी थी. इस बहुचर्चित केस के खुलने पर अनिल समानिया ने राहत की सांस ली और इस की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी.

केस खुलने की सूचना मिलते ही एसपी रविशंकर छवि थाने पहुंच गए. उन के सामने कलुआ से पूछताछ की गई तो पता चला कि ममता और उस के बेटे की हत्या में कलुआ के अलावा उस की पत्नी सूफिया, बेटी अरमाना, दामाद वाहिद और दामाद का भाई गुड्डू शामिल थे.

पुलिस ने दबिश दी तो गुड्डू के अलावा सारे आरोपी गिरफ्त में आ गए. इन सभी से पूछताछ करने के बाद इस दोहरे हत्याकांड की जो कहानी सामने आई वह दिल दहला देने वाली थी.

ममता मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के गांव लहराबल की मूल निवासी थी. उस के पिता अखबारों के हौकर थे. उन के परिवार में पत्नी के अलावा ममता एकलौती बेटी थी. उन की घरगृहस्थी ठीकठाक चल रही थी. लेकिन उसी दौरान वह हत्या के एक मामले में जेल चले गए. उसी दौरान उन की पत्नी का भी देहांत हो गया. ऐसे में ममता बेसहारा हो गई तब नातेरिश्तेदारों ने उस की देखभाल की.

ममता के पिता जब जमानत पर जेल से बाहर आए तो वह शाहजहांपुर से बेटी के साथ गाजियाबाद आ गए. यह बात करीब 12 साल पहले की है. पिता ने किराए का मकान ले कर मेहनतमजदूरी की. ममता भी जवान हो चुकी थी. इसी दौरान सुनील नाम के एक युवक से ममता की आंखें लड़ गईं.

वक्त के साथ दोनों के प्यार के दरिया में बहुत आगे तक तैर चुके थे. बाद में उन्होंने शादी कर ली. सुनील टैक्सी ड्राइवर था. ममता के पिता इस शादी के खिलाफ थे. पर ममता ने उन की भावनाओं की कद्र नहीं की. सुनील के साथ गृहस्थी बसा कर वह खुश थी. वह 2 बच्चों की मां भी बन गई. जिस में बड़ा बेटा करनपाल था और छोटी बेटी मंजू.

बेटी के फैसले से पिता इतने आहत हुए कि उन का भी देहांत हो गया. ममता के पति सुनील में भी बदलाव आ गया. वह शराब पीने लगा. ममता उसे पीने से मना करती तो वह उस से झगड़ा करता और पिटाई भी कर देता था. अब वह ममता पर शक करने लगा कि उस का किसी के साथ चक्कर चल रहा है.

पति के इस व्यवहार पर ममता भी तनाव में रहने लगी. फिर एक दिन ममता पर ऐसी विपत्ति आन पड़ी, जिस की उस ने कल्पना तक नहीं की थी. जिस सुनील के लिए ममता ने अपने पिता तक को त्याग दिया था, एक दिन वही सुनील ममता और उस के दोनों बच्चों को छोड़ कर कहीं चला गया और फिर कभी वापस नहीं आया.

ममता बेसहारा हो गई थी. अकेली औरत का वैसे भी लोग जीना मुश्किल कर देते हैं. ममता के पास तो 2 बच्चे भी थे. वह घर का खर्चा कहां से और कैसे चलाती. इस मोड़ पर फंस कर वह कई लोगों द्वारा छली गई. ममता ने भी हालात से समझौता कर लिया था. इसी बीच वह मेरठ में रहने वाले कलुआ नाम के औटो ड्राइवर के संपर्क में आई.

कलुआ के बराबर वाले मकान में वाहिद नाम का युवक रहता था. वाहिद भी आटो चलाता था. वह अविवाहित था इसलिए ममता ने उस के साथ ही गृहस्थी बसाने की सोच ली. वाहिद भी ममता को प्यार करता था. वह उस के साथ निकाह करने को तैयार हो गया.

वाहिद ममता और उस के दोनों बच्चों को ले कर मेरठ से नोएडा आ गया. वहीं पर इसलाम धर्म के रीतिरिवाज से वाहिद ने ममता से निकाह कर लिया. इस से पहले ममता का नाम बदल कर शाहीन रख दिया गया था. बड़े बेटे करनपाल का नाम बदल कर समीर व लड़की मंजू का नाम जैनब रख दिया था.

वाहिद का भाई गुड्डू ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी गांव में रहता था, जो वेल्डिंग का काम करता था. वाहिद, ममता और उस के बच्चे को ले कर वहीं पर पहुंच गया. वह सब रहने लगे. वाहिद आटो चलाने गाजियाबाद चला जाता था, जबकि ममता ग्रेटर नोएडा के फ्लैटों में साफसफाई का काम करने निकल जाती थी. दोनों की कमाई से घर ठीकठाक चल रहा था.

वाहिद और ममता की शादी की बात सिर्फ गुड्डू ही जानता था. इस के अलावा वाहिद के घर के किसी भी सदस्य को पता नहीं था कि वाहिद ने 2 बच्चों की मां से शादी कर ली है.

वाहिद मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की तहसील बिसौली के गांव भमौरी का रहने वाला था. वाहिद  ने उस का नाम शाहीन जरूर रख दिया था, लेकिन वह उसे ममता के नाम से ही बुलाता था.

एक दिन वाहिद ने ममता उर्फ शाहीन से कहा, ‘‘ममता यहां ग्रेटर नोएडा में महंगाई ज्यादा है. ऐसा करते हैं कि हम लोग उधर ही चलते हैं. वहां गांव में मेरा अपना घर है, जमीनजायदाद भी है, मैं वहीं आटो चला लूंगा.’’

ममता उर्फ शाहीन ने पति वाहिद की बात पर कोई एतराज नहीं किया. इस पर वाहिद ममता और दोनों बच्चों को ले कर बिसौली के नजदीक चंदौसी शहर पहुंच गया. चंदौसी के मोहल्ला वारिश नगर में उस ने एक मकान किराए पर ले लिया. यह करीब 6 महीने पहले की बात है. चूंकि चंदौसी से उस का गांव भी नजदीक ही था, इसलिए वह अकेला अपने मांबाप से मिलने गांव भी जाता रहता था.

society

उसी दौरान वाहिद के घर वालों ने संभल जिले के गांव चिमियावली के रहने वाले कलुआ की बेटी अरमाना से उस का रिश्ता तय कर दिया. उस समय वाहिद ने घर वालों को यह तक बताने की हिम्मत नहीं की थी कि उस ने शादी कर रखी है. रिश्ता तय होने के बाद वह कईकई दिन अपने गांव में रुक कर आता.

ममता ने इस बात पर कभी चर्चा तक नहीं की कि वह इतने दिन गांव में क्यों रुकता है. न ही उसे उस की शादी तय होने की कोई भनक लगी. वह तो उस पर अटूट विश्वास करती थी. आननफानन में वाहिद का अरमाना से निकाह भी हो गया. इस के बावजूद ममता अनभिज्ञ बनी रही.

जब वाहिद हफ्ता दो हफ्ता बाद ममता के पास लौटता तो वह कह देता कि वह मुरादाबाद में रह कर आटो चला रहा है, इसलिए वहीं रुक जाता है. वह ममता को खर्च के पैसे देता रहता था.

एक दिन ममता अचानक ही अपने दोनों बच्चों को ले कर वाहिद के गांव भमौरी पहुंच गई. भमौरी गांव चंदौसी के पास ही थी. वहां पर ममता को पता चला कि उस के पति ने उसे धोखे में रख कर संभल की एक लड़की से निकाह कर लिया है.

यह जानकारी मिलते ही ममता आगबबूला हो गई. उस ने गांव में हंगामा करना शुरू कर दिया. उस ने पूरे गांव वालों को बताया कि मैं वाहिद की निकाह की हुई बीवी हूं. ससुराल में पहला हक मेरा बनता है. मुझ से तलाक लिए बगैर उस ने दूसरी शादी कैसे कर ली. इतना ही नहीं ममता ने पुलिस से शिकायत करने की धमकी भी दी.

उस के हंगामे से पूरा गांव जमा हो गया. इस मामले में गलती वाहिद की ही थी पर ममता के थाने जाने के बाद बात बढ़ने की संभावना थी. इसलिए परिवार वालों ने गांव वालों के सहयोग से ममता को समझाना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा कि वाहिद की दूसरी पत्नी के साथ वह भी रह सकती है. उसे घर में रहने के लिए जगह दे दी जाएगी.

गांवदेहात में जानवरों के बांधने और उन का चारा रखने की जगह को घेर कहते हैं. ममता को अपना और बच्चों का पेट भरना था, इसलिए वह घेर में रहने के लिए तैयार हो गई. वह वहीं रहने लगी पर वाहिद की दूसरी पत्नी अरमाना को ममता का वहां रहना नागवार लगता था. वह ममता को एक पल भी देखना पसंद नहीं करती थी. जिस की वजह से वाहिद और अरमाना में झगड़ा रहने लगा.

रोजाना के झगड़ों से तंग आ कर अरमाना अपने मायके चिमियावली चली गई. वाहिद कई बार अरमाना को लाने के लिए अपनी ससुराल गया लेकिन अरमाना व उस के घर वालों ने साफ मना कर दिया था कि जब तक ममता वहां रहेगी अरमाना यहां से नहीं जाएगी.

वाहिद ने कहा कि ठीक है, वह ममता को चंदौसी में किराए पर लिए कमरे पर पहुंचा देगा. वैसे भी ममता उस से कह भी रही थी कि उसे यहां तबेले में रहना अच्छा नहीं लगता. लेकिन अरमाना इस के लिए भी तैयार नहीं हुई.

उस ने पति वाहिद से साफ कह दिया था कि जब तक ममता और उस के बच्चे जीवित रहेंगे वह ससुराल नहीं जाएगी. उसे उन तीनों के मरने का सबूत भी चाहिए. यानी जिस दिन वह उन के कटे हुए सिर उसे दिखा देगा वह उस के साथ चली चलेगी.

पत्नी की इस जिद पर वाहिद परेशान हो गया. तब उस के ससुर कलुआ और सास सूफिया ने उसे समझाते हुए कहा कि यह कोई बहुत बड़ा काम नहीं है. थोड़े दिमाग से काम लोगे तो बड़ी आसानी से हो जाएगा. तुम किसी तरह ममता और उस के बच्चों को यहां लाओ, बाकी काम हम देख लेंगे.

उस के बाद वाहिद अपने गांव भमौरी लौट आया. वह ममता को ठिकाने लगाने का प्लान बनाने लगा. अपने प्लान में उस ने अपने भाई गुड्डू को भी शामिल कर लिया था. अपनी योजना से उस ने अपने ससुर कलुआ को भी  अवगत करा दिया. वाहिद की सास सूफिया ने इस के लिए बड़े छुरे का इंतजाम कर लिया.

योजना के मुताबिक 17 मार्च, 2018 की शाम वाहिद ममता और उस के बच्चों को ले कर भमौरी से बस द्वारा संभल पहुंच गया. गुड्डू भी उस के साथ था. वाहिद ने ममता को बताया था कि उस के दोस्त के यहां दावत है.

संभल से वह लोग आटो में चिमियावली गांव के लिए बैठे. रास्ते में वाहिद ममता और बच्चों के साथ आटो से उतर गया और कहा कि अब शौर्टकट से पैदल चलते हैं, जल्दी पहुंच जाएंगे. ममता उस की साजिश से अनजान थी. वह गेहूं के खेत के किनारे के संकरे रास्ते से चलने लगा.

पैदल चलने पर ममता के पेट में दर्द हुआ तो वाहिद ने पहले से अपने साथ लाई नशे की गोलियों में से एक गोली ममता को खिला दी. कुछ देर में जब ममता बेहोशी की हालत में आ गई तो वाहिद ने अपने ससुर कलुआ को आवाज दे कर बुला लिया. कलुआ खेत में छिपा बैठा था.

जब ममता निढाल हो कर जमीन पर गिर गई तो गुड्डू, कलुआ और वाहिद ने मिल कर ममता का गला काट कर धड़ से सिर अलग कर दिया. उस समय उस का 10 वर्षीय बेटा करन वहीं खड़ा था. वह डर की वजह से वहां से भागा तो वाहिद ने उसे पकड़ लिया.

उन लोगों ने उस बच्चे का भी गला काट कर सिर धड़ से अलग कर दिया. ममता के हाथ पर उस का नाम गुदा हुआ था. पहचान मिटाने के लिए वाहिद ने हाथ की वह खाल ही काट कर अलग कर दी जहां नाम लिखा था.

उसी दौरान ममता की 4 वर्षीय बेटी मंजू वाहिद की टांगों से चिपकी खड़ी थी. वह कह रही थी कि पापा चलो भूख लग रही है. पापा मुझे टौफी दिलवाओ. वैसे भी वाहिद रोजाना मंजू के लिए टौफी ले कर आता था. वाहिद सब से ज्यादा प्यार मंजू को ही करता था.

वाहिद जब मंजू को भी मारने चला तो कलुआ ने कहा, नहीं यह नासमझ है. इस को हम लोग पाल लेंगे. इस ने क्या बिगाड़ा है.

वाहिद ने जेब से बड़ी पालिथिन थैली निकाल कर दोनों के सिर उस में रख लिए और अपनी ससुराल चिमियावली आ गया. वहां पर वाहिद ने अपनी सास सूफिया व पत्नी अरमाना को कटे सिर दिखाए. सिर देखने पर उन्हें उन के मरने का यकीन हुआ. इस के बाद वह उन दोनों सिरों को गांव के नजदीक बहने वाली सोत नदी के किनारे रेत में अलगअलग दबा आया.

पुलिस ने वाहिद, कलुआ, अरमाना, सूफिया को गिरफ्तार कर लिया. अभियुक्तों की गिरफ्तारी की सूचना पर एडीजी प्रेमप्रकाश भी बरेली से संभल पहुंच गए.

प्रैस कौन्फ्रैंस आयोजित कर उन्होंने इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर पत्रकारों को जानकारी दी. बाद में पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया. कथा लिखने तक गुड्डू की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.

– कथा पुलिस सूत्रों आधारित

क्राइम पेट्रोल देख कर घिनौना अपराध

बुधवार 2 मई की रात के लगभग 9 बजे कोटा के पुलिस अधिकारियों की बैठक चल रही थी. मुख्य मुद्दा था मार्बल व्यवसाई परिवार के बेटे विशाल मेवाड़ा के अपहरण और फिरौती का. कोटा में नित नए अपराधों से सकपकाई पुलिस के लिए यह गंभीर चुनौती थी.

दरअसल, वाकया कुछ ऐसा था जो ढाई साल पहले घटित रुद्राक्ष हांडा कांड के अंदेशों को बल दे रहा था, जिस में फिरौती के लिए किए गए अपहरण में बच्चे की हत्या भी कर दी गई थी. पुलिस अधीक्षक अंशुमान भोमिया ने एक पल अपने अधीनस्थ अफसरों पर सरसरी नजर दौड़ाने के बाद कहना शुरू किया, ‘‘आप के सामने फिर एक नया इम्तिहान है. हमें एकएक कदम बहुत सोचसमझ कर उठाना होगा.’’

बुधवार 2 मई की शाम करीब 7 बजे बोरखेड़ा के थानाप्रभारी महावीर सिंह जिस समय अपने थाने में बैठे थे, तभी लगभग 45-46 साल की रुआंसी औरत कमरे में दाखिल हुई. कुलीन और संपन्न परिवार की लगने वाली उस महिला के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं. महावीर सिंह ने उसे सांत्वना देते हुए पूछा, ‘‘क्या बात है, आप कौन हैं और इस तरह परेशान और घबराई हुई क्यों हैं?’’

‘‘परेशानी की तो बात यह है थानेदार साहब, मेरा बेटा गायब है, उस का अपहरण कर लिया गया है.’’ महिला ने अपनी बात सिलसिलेवार बतानी शुरू की, ‘‘साहब, मेरा नाम भूलीबाई है. मैं मार्बल कारोबारी बनवारी लाल मेवाड़ा की पत्नी हूं. मेरा 19 साल का बेटा विशाल मेवाड़ा कोटा के योगीराज पौलीटेक्निक कालेज में पढ़ रहा था. वह वहां से गायब हो गया.’’

महावीर सिंह ने उन्हें पानी का गिलास थमाते हुए कहा, ‘‘आप निश्चिंत हो कर पूरी बात बताइए.’’

एक ही बार में पानी का गिलास खाली कर के महिला ने कहना शुरू किया, ‘‘हम खैराबाद कस्बे में रहते हैं. मेरा बेटा विशाल कोटा में रह कर पौलीटेक्निक कालेज में पढ़ रहा था. पति बनवारीलाल कारोबार के सिलसिले में सूरत गए हुए हैं. अपहर्त्ताओं ने मंगलवार पहली मई को मेरे पति को मोबाइल पर फोन कर के 15 लाख की फिरौती मांगी है.’’

पलभर रुकने के बाद भूलीबाई ने कहना शुरू किया, ‘‘पति को मोबाइल पर पहला फोन दोपहर बाद 4 बजे आया, जिस में एक आदमी ने विशाल के अपहरण करने की इत्तिला देते हुए 15 लाख की रकम का इंतजाम करने को कहा और इस के साथ ही फोन काट दिया. करीब 15 मिनट बाद फिर उसी आवाज में धमकी भरा फोन आया कि पुलिस को खबर की तो विशाल को जान से मार दिया जाएगा. इस के साथ ही फोन बंद हो गया.’’

‘‘फिर उस के बाद कोई फोन आया?’’ थानाप्रभारी महावीर सिंह के स्वर में हैरानी का भाव स्पष्ट था.

‘‘रात 11 सवा 11 बजे मेरे पति का फोन आया. उन्होंने बताया कि 11 बज कर 1 मिनट पर उन के पास आए फोन काल में कहा गया था कि रकम कहां ले कर आना है, इस बाबत अगले दिन शाम 4 बजे बताएंगे और इस के साथ ही फोन बंद कर दिया.’’

‘‘आप के पति ने उन्हें क्या जवाब दिया?’’

society

‘‘क्या कहते,’’ भूलीबाई ने सुबकते हुए कहा, ‘‘मेरे पति ने तो बड़ी आजिजी के साथ कहा कि तुम को जो रकम चाहिए, हम देंगे. बस हमारे बेटे को कुछ नहीं होना चाहिए.’’

लेकिन अगले ही पल भूलीबाई ने जो कहा, वह चौंकाने वाला था. उन्होंने बताया, ‘‘मेरे पति इस बात को ले कर हैरान थे कि फोन करने वाला जो कोई भी था, हमारे बेटे के मोबाइल से ही फोन कर रहा था.’’ इस के साथ ही भूलीबाई फूटफूट कर रोने लगी.

गहरी सांस लेते हुए महावीर सिंह ने कहा, ‘‘कोई और बात जो आप कहना चाहें.’’

‘‘हां साहब,’’ भूलीबाई ने जैसे याद करते हुए कहा, ‘‘साहब, मुझे फोन करने से पहले मेरे पति ने विशाल के मामा को फोन कर के विशाल के अपहरण की खबर देने के साथ उस के कमरे पर जा कर उसे तलाश करने को कहा था. उस का मामा दिनेश कोटा में ही रहता है. दिनेश ने विशाल के कमरे पर जा कर देखा तो वह वहां नहीं मिला. दिनेश ने मेरे पति को तो यह बात बताई ही, मुझे भी फोन कर के कोटा आने को कहा.’’

बोरखेड़ा थानाप्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही फौरन इस घटना और घटनाक्रम के बारे में पुलिस अधीक्षक अंशुमान भोमिया को जानकारी दी. इस के बाद तत्काल पुलिस सक्रिय हो गई. आननफानन में पुलिस अधिकारियों की बुलाई गई बैठक की वजह यही थी.

भोमिया साहब को मालूम था कि इतने संपन्न परिवार के बेटे के अपहरण की बाबत जब लोगों को पता चलेगा तो लोग पुलिस को आड़े हाथों लेने से पीछे नहीं हटेंगे.

अपहरण के इस मामले में किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है, यह सोच कर पुलिस अधीक्षक अंशुमान भोमिया ने क्षेत्राधिकारी नरसीलाल मीणा और राजेश मेश्राम के अलावा सर्किल इंसपेक्टर श्रीचंद सिंह, महावीर सिंह, आनंद यादव, मुनींद्र सिंह, लोकेंद्र पालीवाल, विजय शंकर शर्मा और एसआई महेश कुमार, एएसआई दिनेश त्यागी, कमल सिंह और प्रताप सिंह के नेतृत्व में 7 टीमों का गठन किया और विशाल के अपहर्त्ताओं का पता लगाने की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर कुमार को सौंप दी.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर कुमार के निर्देश पर स्पैशल स्टाफ ने बड़ी संख्या में लोगों से गहनता से पूछताछ की. करीब 100 से अधिक टीवी फुटेज निकाले, लेकिन कोई काम की बात मालूम नहीं हो सकी.

पुलिस को तब हैरानी हुई, जब विशाल के कुछ दोस्तों ने बताया कि उन के पास विशाल का फोन आया था. उस ने हम से 2-3 सौ रुपए की जरूरत बताते हुए पैसों की मांग की थी. लेकिन इस से पहले कि उस से इतनी छोटी रकम मांगने की वजह पूछते, उस का फोन संपर्क टूट गया.

पुलिस ने अंडरवर्ल्ड को भी खंगाला लेकिन लाख सिर पटकने के बावजूद पुलिस ऐसे किसी शातिर गिरोह का पता नहीं लगा सकी, जिस से इस मामले में कोई जानकारी मिल पाती. इस मामले में पुलिस ने फिरौती के लिए कुख्यात गिरोहों का पुलिस रिकौर्ड भी टटोला.

तमाम पुलिस रिकौर्ड जांचने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर कुमार इस नतीजे पर पहुंचे कि विशाल के अपहरण में कम से कम किसी नामी गिरोह का हाथ नहीं है.

पौलीटेक्निक की पढ़ाई करते हुए विशाल बोरखेड़ा के इलाके की आकाश नगर कालोनी में उसी कालेज में पढ़ने वाले मनोज मीणा के साथ किराए के कमरे में रहता था. पुलिस ने मनोज की गतिविधियों को पूरी तरह टटोला, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध बात नजर नहीं आई.

जिस समय पुलिस विशाल के रूम पार्टनर मनोज मीणा समेत अन्य दोस्तों से गहनता से पूछताछ कर रही थी, तभी इस बात का पता चला कि विशाल के दोस्ताना रिश्ते विक्रांत उर्फ हिमांशु, प्रदीप और विजेंद्र भाटी उर्फ लकी से कुछ ज्यादा ही गहरे थे.

विशाल के मकान मालिक के मुताबिक इन तीनों लड़कों का विशाल के पास वक्तबेवक्त कुछ ज्यादा ही आनाजाना था. यह सूचना मिलते ही पुलिस ने उन्हें पूछताछ के घेरे में ले लिया, लेकिन हर सवाल पर तीनों पुलिस को छकाते रहे. पुलिस को लगा भी कि कहीं यह उस का भ्रम तो नहीं, फिर भी पुलिस ने अपनी जांच की दिशा नहीं बदली.

अब तक विशाल के पिता बनवारी लाल मेवाड़ा सूरत से कोटा लौट आए थे. उन्होंने पुलिस की जानकारी में इजाफा करते हुए बताया कि उन्हें मंगलवार को दोपहर बाद 4 बजे, फिर सवा 4 बजे तथा बाद में रात को 11 बज कर एक मिनट पर फोन आए थे.

रात को आने वाले फोन काल में अपहर्त्ताओं का कहना था कि फिरौती की रकम ले कर उन्हें दरा के निकट रेलवे क्रौसिंग पर पहुंचना होगा. कब, यह बाद में बताएंगे. अपहर्त्ता का यह भी कहना था कि रकम मिलने के एक घंटे बाद ही विशाल को छोड़ दिया जाएगा.

बनवारी लाल ने यह सब बताते हुए पुलिस से यह शंका भी जाहिर की कि फोन काल जब विशाल के मोबाइल से की जा रही थीं तो क्या उसे सुरक्षित मान लिया जाना चाहिए.

गुरुवार 3 मई की सुबह जब पुलिस इसी मुद्दे पर मंथन कर रही थी, तभी एक ग्रामीण की सूचना ने अधिकारियों को स्तब्ध कर दिया. सूचना बोरखेड़ा से करीब 20 किलोमीटर दूर नोताड़ा और मानस गांव के वन क्षेत्र के बीच बहने वाली नदी की कराइयों में एक लाश पड़ी होने की थी.

हजार अंदेशों में घिरी पुलिस के लिए यह सूचना चौंकाने वाली थी. पुलिस टीम तुरंत वहां के लिए रवाना हो गई. पुलिस के साथ विशाल के पिता बनवारीलाल भी थे. चंद्रलोई नदी का यह तटीय क्षेत्र हालांकि कुदरती रूप से मनोहारी था, जहां शहरी कोलाहल से ऊबे लोगों या फिर सैलानियों का आनाजाना था.

क्षेत्राधिकारी राजेश मेश्राम चंद्रलोई नदी की कराइयों के पास जीप रुकवा कर अपनी टीम के साथ नीचे उतर गए. तभी उन की नजर 3-4 फुट ऊंची झाडि़यों की कतार की तरफ चली गई. वहां पर एक युवक औंधा पड़ा नजर आया.

पुलिस के जवानों ने शव को सीधा किया तो बनवारीलाल वहीं पछाड़ खा कर गिर गए. शव विशाल का ही था. उस का चेहरा कुचल दिया गया था. लाश नमक की परत में लिपटी हुई थी. राजेश मेश्राम लाश पड़ी होने की स्थिति देख कर एक पल में ही भांप गए कि हत्या कहीं और की गई थी, लेकिन पुलिस को भटकाने के लिए लाश को यहां ला कर फेंका गया होगा.

society

विशाल की हत्या बहुत ही निर्ममतापूर्वक की गई थी. उस की गरदन किसी तेजधार हथियार से रेती गई थी. संघर्ष का कोई चिह्न नहीं था. घटनास्थल की सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राजेश मेश्राम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उसी दिन पोस्टमार्टम के बाद लाश मृतक के पिता को सौंप दी गई.

यह अजीब इत्तफाक था कि अभी शव के पंचनामे की काररवाई हो ही रही थी कि राजेश मेश्राम को एएसपी से सूचना मिली कि पूछताछ में अपराधी टूट गए हैं और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

अपराध का यह तानाबाना 3 सनकी और खुराफाती लड़कों ने बुना था. आईटीआई डिप्लोमा कर चुका विक्रांत उर्फ हिमांशु बोरखेड़ा का ही रहने वाला था. आईटीआई में डिप्लोमा कर चुका विक्रांत इस हद तक सनकी था कि सनक में वह अपनी कलाइयों में ब्लेड मार कर खुद ही कई जगह अपने हाथों को जख्मी कर चुका था.

बृजेंद्र सिंह भाटी उर्फ लकी कोटा के नजदीकी कस्बे कैथून का रहने वाला था. वह औटोमोबाइल से जुड़ी एक कंपनी में काम करता था और बोरखेड़ा में ही किराए पर कमरा ले कर रह रहा था.

तीसरा साथी प्रदीप उर्फ बिन्नी रोजीरोजगार के लिए गोलगप्पों का ठेला लगाता था. बिन्नी भिंड का बाशिंदा था और कोटा की मन्ना कालोनी में रह रहा था. सनक में तीनों एक से बढ़ कर एक थे. तीनों लगभग 18 से 20 साल की उम्र के थे.

पूछताछ में पता चला कि तीनों की हसरतों के पखेरू आसमानी उड़ान भरते रहे, नतीजतन मौजमस्ती और अय्याशी के शौक के लिए जितना भी कमाते थे, पूरा नहीं पड़ता था. तीनों की इस मंडली में विशाल शामिल हुआ तो बोरखेड़ा में ही रहने वाले विक्रांत उर्फ हिमांशु की बदौलत.

दारूबाजी के महंगे शौक में संपन्न बाप का बेटा विशाल उन के लिए काफी काम का था. विक्रांत, बृजेंद्र और प्रदीप की साझा ख्वाहिश थी तो एक ही कि कोई ऐसा शख्स हाथ चढ़ जाए, जिस से इतना पैसा मिल सके कि मौजममस्ती के लिए तरसना न पड़े.

नशे के सुरूर में एक दिन विशाल का काल ही उस की जुबान पर बैठ गया और वह कह बैठा, ‘‘आज की पार्टी मेरी तरफ से.’’

‘‘किस खुशी में?’’ पूछने पर विशाल ने कह दिया, ‘‘आज ही मेरे पिता को एक बड़े सौदे में भारीभरकम रकम मिली है. इसलिए जश्न होना चाहिए.’’

फिर क्या था, तीनों की आंखों में लालच चमक उठा. पार्टी खत्म होने के बाद तीनों सनकी सिर जोड़ कर बैठे तो बदनीयती जुबान पर आ गई. तीनों की जुबान पर एक ही बात थी, ‘अगर यह बड़ी रकम हमारे हाथ आ जाए तो मजे ही मजे हैं.’ लेकिन सवाल था कि कैसे?

कैसे का आइडिया भी अनायास ही मिल गया. उन के लिए संयोग था और विशाल के लिए दुर्भाग्य कि इत्तफाक से तीनों आपराधिक घटना पर आधारित क्राइम पैट्रोल सीरियल देखते थे. एक कहानी ऐसी ही एक घटना पर आधारित थी, जिस में पैसों की खातिर 3 सिरफिरे अपने दोस्त से ही दगा करते हैं और उस की हत्या कर देते हैं.

फिरौती की घटना पर बुनी गई इस कहानी ने इन तीन तिलंगों को भी दगाबाजी की राह दिखा दी. योजना बनाई गई कि शराब की पार्टी में विशाल को इतनी पिला दी जाए कि वह होश खो बैठे. फिर उसे काबू में कर के उस के पिता से 15 लाख की फिरौती मांगी जाए.

तीनों का मानना था कि एकलौती औलाद के लिए एक दौलतमंद बाप 15 लाख क्या 15 करोड़ भी दे सकता है.

सवाल था कि विशाल बुलाने पर तयशुदा ठिकाने पर आ भी जाए और अपना मोबाइल भी इस्तेमाल न करना पड़े. यह योजना मंगलवार को कामयाब भी हो गई.  इन लोगों ने सुबह 10 बजे बोरखेड़ा पहुंच कर एक सब्जी वाले के मोबाइल से फोन कर के विशाल को बुलाया और वहां से उसे बृजेंद्र के रामराजपुरा स्थित खेत पर ले गए.

सब्जी वाले को यह कह कर विश्वास में लिया कि भैया, हमारे मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई है, इसलिए एक जरूरी फोन कर लेने दो. सब्जी वाला झांसे में आ गया. दोपहर 12 बजे रामराजपुरा पहुंच कर दारू का दौर चला तो विशाल को जम कर दारू पिलाई गई, ताकि वह होश खो बैठे. ऐसा ही हुआ भी.

नशे में बेसुध विशाल के मोबाइल से बृजेंद्र ने पहले विशाल को अपने कब्जे में होने की बात की, फिर 15 लाख की मांग करते हुए धमकी दी कि पुलिस को इत्तला दी तो बेटा जिंदा नहीं बचेगा. असहाय पिता बनवारीलाल ने सहमति जता दी तो उसे पैसे पहुंचाने का निर्धारित स्थान भी बता दिया गया.

एसपी भोमिया साहब ने पूछा, ‘‘जब बाप ने फिरौती की रकम देने का भरोसा दे दिया था तो बेटे को क्यों मारा?’’

एसपी ने आंखें तरेरते हुए हड़काया तो विक्रांत ने उगल दिया, ‘‘हमें डर था कि रकम देने के बाद विशाल हमारा भेद खोलने से नहीं चूकेगा. इसलिए उसे मारना पड़ा.’’

‘‘कैसे और कब?’’ एसपी ने पूछा, ‘‘दरिंदे बन गए तुम लोग? कैसे मारा?’’

‘‘हत्या तो हम ने चाकुओं से कर दी थी. बाद में पहचान मिटाने के लिए उस पर नमक भी लपेट दिया. लेकिन…’’ उस ने बिन्नी और लक्की की तरफ देखते हुए कहा, ‘‘ये दोनों संतुष्ट नहीं थे, इसलिए लोहे की रौड से उस के चेहरे पर इतने वार किए कि लाश पहचान में न आ सके. साहब, विशाल की हत्या तो हम ने 2 बजे ही कर दी थी.’’

‘‘फिर?’’

‘‘फिर…’’ अटकते हुए विक्रांत ने बताया, ‘‘इस के बाद लाश को बोरे में भरा और बाइक पर लाद कर नार्दर्न बाईपास के पास चंद्रलोई नदी की कराइयों में डाल आए और घर आ कर सो गए.’’

‘‘नींद आ गई तुम्हें?’’ एसपी भोमिया उन्हें नफरत भरी नजर से देखते हुए बुरी तरह बरस पड़े, ‘‘तुम ने तो शैतान को भी मात दे दी. लानत है तुम पर.’’

एसपी भोमिया ने मामले का रहस्योद्घाटन करते हुए मीडिया से कहा, ‘‘कैसी विचित्र बात है, ऐसे सीरियल से लोग जागरूक कम होते हैं लेकिन अपराधियों को अपराध के नए तरीके सीखने का मौका मिल जाता है.’’

कथा लिखे जाने तक तीनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में थे.

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

निकम्मेपन को बढ़ावा देती दान देने की परंपरा

उस दिन नोएडा के सेक्टर 15 से निकलना हुआ. वहां देखा कि एक रिटायर आई.ए.एस. अधिकारी के आलीशान बंगले के बाहर बहुत भीड़ लगी थी. पूछने पर पता चला कि वहां आज ब्रह्मभोज है. उस बंगले के आसपास ब्राह्मण मक्खीमच्छर की तरह भिनभिना रहे थे. भरपेट भोजन करने के बाद मोटी दक्षिणा ले कर व तिलक लगवा कर अपनी राह यह कहते हुए चल दिए कि दाता यजमान को और दे. ब्राह्मणों के चेहरे खिले हुए थे क्योंकि खाते समय थोड़ा माल अपने परिवार के लिए भी रख लिया था.

पितृपक्ष में अमीर हो या गरीब सभी के यहां यह नजारा देखने को मिलता है. जनता के लिए चाहे खुशी का मौका हो या गम का, पंडित को घर बुला कर खिलाना व दक्षिणा देना जरूरी सा है. जन्म से ले कर मृत्यु तक जितने संस्कार हैं उन में ही नहीं बल्कि गृहप्रवेश, भूमिपूजन आदि में भी ये ब्राह्मण जम कर फायदा उठाते हैं. इन सभी मौकों पर ब्राह्मणों को मुंहमांगा दान दिया जाता है.

ब्राह्मणों को दान देने का यह ढकोसला नया नहीं है तो वजह यही कि उन्होंने अपनी कमाई के इस तरीके के महत्त्व को शास्त्रों में भी जरूरी बता दिया है. हिंदू धर्म में व्यर्थ के तपों के विधान के चलते वानप्रस्थ और संन्यास के नाम पर इन पंडितों की एक बड़ी फौज खड़ी हो गई. त्याग, तप, भक्ति के नाम पर लाखों मुफ्तखोर भिखारी, साधु बन गए और बिना हाथपैर हिलाए मौज मारते रहे. इन के लिए हमारे धर्मग्रंथ और शास्त्र भी कम जिम्मेदार नहीं हैं जिस में दान को ले कर कई तरह की व्यर्थ की उक्तियां प्रचलित की गई हैं. जैसे :

दानेन भूतानि वशीभवन्ति,

दानेन वेराण्यपि यान्ति नाशम्।

परोपि बन्धुत्वमुर्दति दानैर्दानं,

हि सर्वव्यसनानि हंति॥      -अज्ञेय

(अर्थात दान से सभी प्राणी वश में हो जाते हैं, दान से शत्रुता का नाश हो जाता है. दान से पराया भी अपना हो जाता है. अधिक क्या कहें, दान सभी विपत्तियों का नाश कर देता है.)

दान से अगर सभी प्राणी वश में हो जाते हैं तो हमारे ये राजनेता जो धनधान्य से परिपूर्ण हैं और दानपुण्य भी बहुत करते हैं, फिर क्यों ये एकएक वोट के लिए गांवगांव मारेमारे फिरते हैं? अगर दान से पराया भी अपना हो जाता है तो आज इतना हाहाकार क्यों मचा है? भाईभाई की जान का दुश्मन क्यों है?

मनु ने भी ब्राह्मणों का कर्तव्य निश्चित करते हुए कहा है :

अध्यापनध्ययनं यजनं याजनं तथा,

दान प्रतिग्रहं चैव ब्रह्मणामकल्पयत्.

(अर्थात वेदों का अध्ययन और अध्यापन, धार्मिक अनुष्ठान, कर्मकांड, यज्ञ आदि करनाकराना तथा दान और प्रतिग्रह लेना ब्राह्मणों के निर्धारित कार्य हैं.)

ब्राह्मणों ने अपने लाभ के लिए आत्मापरमात्मा, स्वर्गनरक, जन्ममरण के सिद्धांतों के जाल में समाज को फंसा कर उस का खूब शोषण किया और इस काम में उन का साथ राजामहाराजाओं ने दिया जिस के चलते धीरेधीरे ये रीतिरिवाज और फिर परंपराएं बनती चली गईं.

शुरू में ब्राह्मणों ने शोषण का साधन यज्ञों को ही बनाया और पूरे समाज में यह प्रचार कर दिया कि हर गृहस्थ को जन्म से मरण तक सुखदुख के हर मौके पर दान करना जरूरी है. गरीबों के खून- पसीने से जमा की गई दौलत को राजामहाराजा आएदिन यज्ञों के नाम पर लुटाते रहते थे. यही नहीं राजामहाराजाओं द्वारा अपने पुरोहितों को धन, संपत्ति, घोड़े, हाथी, रथ, दासदासियां आदि भी दानस्वरूप दिए जाते थे.

इस तरह के दान के प्रमाण ऋग्वेद में मिलते हैं. जैसे :

‘‘हे अग्ने, अत्यंत दान करने वाले राजसूय यज्ञकर्ता चसयमान के पुत्र अभ्यवर्ती ने हमें दासियों सहित रथ और 20 गाएं दान में दीं.’’

– ऋग्वेद-6-27-8

वृहदारण्यकोपनिषद 6-2-7 में सत्यकेतु ब्राह्मण का पिता अरुणि रचयिता दान में मिले धनदौलत का गौरवगान करते हुए लिखता है :

‘‘मेरे पास सोना, पशुधन, घोड़े, दासदासियां तथा कपड़े हैं.’’

इस तरह की धारणाएं धीरेधीरे लोगों के मन में बैठा दी गईं और फिर ब्राह्मणों को दान देने का यह चलन हर अवसर व त्योहार पर शुरू हो गया, जो समय के साथ हमारे रीतिरिवाजों व परंपराओं में शामिल हो गया. इन रीतिरिवाज और परंपराओं को, जो पहले अपनी खुशी व इच्छा से शुरू की गई थीं, बाद में निभाना समाज के लिए मजबूरी बन गया.

खाने को आप के घर रोटी हो या न हो, आप के बच्चे भले ही भूखे हों, लेकिन पिता के श्राद्ध के अवसर पर ब्राह्मणों को 36 तरह के पकवानों का भोज कराना जरूरी है. इस के लिए आप चोरी करें या फिर डकैती डालें, इस से ब्राह्मणों को कोई फर्क नहीं पड़ता. धर्मभीरु जनता ऐसा इसलिए करती है क्योंकि इन ब्राह्मणों ने आम जनता के मन में यह डर बिठा दिया है कि यदि ब्राह्मण नाराज हो गए तो उन्हें पाप लगेगा और फिर नरक में भी स्थान नहीं मिलेगा.

देवी भागवत पुराण में यमराज और सावित्री का विस्तृत वार्त्तालाप है, जिस में 86 नरक कुंडों का विवरण देते हुए  यमराज ने सावित्री से कहा था :

‘‘जो मूर्ख मनुष्य घर आए ब्राह्मण को भोजन नहीं कराता वह सप्तकुंड नामक नरक में जाता है और वहां उसे सात जन्मों तक कई तरह के कष्ट भोगने पड़़ते हैं.’’

पाप से बचने और स्वर्ग में स्थान पाने का उपाय भी ब्राह्मणों ने खुद ही सुझा दिया. नरक के दुखों की कल्पना से भयभीत जनता में ब्राह्मणों ने शास्त्रों के जरिए यह प्रचार करा दिया कि अमुक ब्राह्मण को दान करो, पाप से मुक्ति मिल जाएगी और स्वर्ग में स्थान सुरक्षित हो जाएगा. यह प्रचार कर ब्राह्मणों ने अपने लिए दानपुण्य की व्यवस्था कर ली. यही कारण है कि हिंदू समाज इतना भ्रष्ट, पापी और बेईमान हो गया क्योंकि कहीं न कहीं ब्राह्मणों ने लोगों के मन में यह बात भी बिठा दी कि पाप कितना भी बड़ा क्यों न हो, ब्राह्मण को सोनाचांदी और गोदान करने या गंगा में डुबकी लगाने से छुटकारा मिल जाता है.

सवाल यह है कि जब कुछ हजार रुपए की एक गाय ब्राह्मण को दान करने भर से पापों से मुक्ति मिल सकती है तो क्यों न इस का फायदा उठाया जाए. राजाओं ने, अमीर जमींदारों ने ढेरों पाप किए और ब्राह्मणों को सोनाचांदी, गो दान कर पापों से मुक्ति पा ली.

इस के अलावा चंद्रलोक और विष्णुलोक में प्रवेश पाना हो तो पौराणिक ग्रंथों में इस के बहुत ही सरल उपाय बताए गए हैं जैसे, दूध, चांदी, स्वर्ण, वस्त्र, फल और जल ब्राह्मणों को देने वाले पुण्यात्मा पुरुष चंद्रलोक में जाते हैं. पवित्र ब्राह्मण को स्वर्ण, गो और ताम्र दान करने वाले सद्पुरुष सूर्यलोक में जाते हैं. ब्राह्मण को सुंदर स्वच्छ छत्र दान करने वाला व्यक्ति हजारों वर्षों तक वरुण लोक में आनंद करता है.

ऐसी अनेक भ्रम की बातें ब्राह्मणों के द्वारा समाज में फैलाई गई हैं, तो पुराणों और धर्मशास्त्रों में हर जगह ब्राह्मण को दान देने का महत्त्व बताया गया है. यदि आप ने ब्राह्मण के अलावा किसी को दान कर दिया तो उस का कोई फल नहीं मिलेगा. पौराणिक गं्रथों के अनुसार महत्त्व दान का नहीं, ब्राह्मण को देने का है. इस तरह की अनेक बातें पौराणिक ग्रंथों में लिख कर ब्राह्मणों को स्वर्गनरक का ठेकेदार बना दिया गया है.

वैसे तो पंडेपुजारी पूरे साल ही दानदक्षिणा ले कर अपना घर भरते हैं. पर आश्विन मास के 15 दिनों को पितृपक्ष घोषित कर के श्राद्धकर्म के लिए निश्चित कर देने के पीछे भी ब्राह्मणों की सोचीसमझी चाल ही थी कि खरीफ की फसल कट जाने के बाद किसानों के पास दक्षिणा देने की कमी नहीं होगी, यही सोच कर ब्राह्मणों ने श्राद्धप्रथा शुरू की.

मनुस्मृति 3-17 के अनुसार, यजमान को हर रोज पितरों का श्राद्ध करना चाहिए और उन के नाम पर ब्राह्मणों को दूध, फल, कंदमूल आदि देने चाहिए. साल भर इन ब्राह्मणों को चाहे सूखी रोटी भी नसीब न हो लेकिन श्राद्ध के दिनों में ये ठूंसठूंस कर पकवानों का भोग लगाते हैं.

पंडितों के द्वारा सुझाई गई यह श्राद्ध प्रथा भी कैसी अनोखी परंपरा है, जिस पिता के जिंदा रहते किसी को उन की पसंद का खयाल नहीं आता और जब वह नहीं रहते तो एकाएक हम पंचांग तलाशने लगते हैं कि किस तिथि को उन का श्राद्ध पड़ेगा. हर साल पितृपक्ष में उन की मृत्यु की तिथि को उन की पसंद की चीजें बना कर पंडितों को खिलाई जाती हैं. लेकिन जब तक वह जिंदा रहते हैं क्या हम कभी यह सोचते हैं कि उन्हें खाने में क्या पसंद है? उन की तकलीफ क्या है? कल तक जिन कंधों को पकड़ कर हम चले थे आज वे उम्र के साथ झुक गए हैं? उन का शरीर जब थक जाता है तो हम उन्हें अकेला छोड़ देते हैं. उन्होंने जो कुछ हमारे लिए किया वह उन का कर्तव्य था और हम जो उन के लिए करें वह एहसान है और शायद उन के इसी कर्तव्य और एहसान का बोझ उतारने का तरीका इन पंडितों ने समाज को दिखा दिया है, श्राद्ध परंपरा के रूप में.

श्राद्ध की तरह और भी कई परंपराएं हैं जो ब्राह्मणों ने लोगों को मूर्ख बनाने के लिए प्रचलित कराई हैं और इस तरह अपने लिए आजीवन बिना कुछ किए सुखसुविधा से रहने का मजबूत आधार तैयार किया हुआ है.

इसी तरह का एक त्योहार संक्रांति है. आज के संदर्भ में देखें तो इस त्योहार का केवल एक ही अर्थ है, ब्राह्मणों को दान देना.

इस दिन ब्राह्मणों को तिल, गुड़, गरम वस्त्र, कंबल आदि खानेपीने व पहनने की चीजें दान में देने का विशेष पुण्य बताया गया है. भारत में रहने वाले ज्यादातर हिंदू लोग दानपुण्य करते ही हैं. एक सामान्यतया हिंदू यदि 5 रुपए भी दान में देता है तो समझिए हर साल अरबों रुपए परजीवी ब्राह्मणों की झोली में अनायास ही चले आते हैं.

सावन माह की शुरुआत के साथ ही पंडितों द्वारा आम जनता को अपने जाल में फंसा कर बेवकूफ बनाने का धंधा जोर पकड़ने लगता है. इन दिनों मंदिरों में रुद्राभिषेक का आयोजन शुरू होता हैऔर रुद्राभिषेक के लिए पंडितों का रेट 551 रुपए व 5 प्रकार के कपड़े या 1,100 रुपए हैं.

इसी तरह ग्रहण संस्कार है. आज के पढ़ेलिखे लोग अच्छी तरह जानते हैं कि ग्रहण होने की वजहें क्या हैं, फिर भी ग्रहण के समय हजारों लोग स्नान और दानपुण्य करते हुए देखे जा सकते हैं. अगर गंगा में स्नान करने से इतना ही लाभ होता है तो नदी की सारी मछलियों और दूसरे जल जीवों को तो स्वर्ग में ही पहुंच जाना चाहिए. लेकिन सच तो यह है कि स्नान करने से फायदा होने के बजाय जल प्रदूषण अवश्य साल दर साल बढ़ता ही जा रहा है और इसी का नतीजा है कि हर साल लाखों नहीं करोड़ों रुपए इन नदियों को साफ करवाने में सरकार को खर्च करने पड़ रहे हैं.

इन ब्राह्मणों को अपने आज का पता हो या न हो, पर आम जनता का भूत और भविष्य बताने में ये ऐसे माहिर हैं मानो मृत्यु के बाद दूसरे जन्म तक का इन्होंने ठेका ले लिया हो. जब इन के हाथ में इतनी बड़ी शक्ति है तो फिर इस दुनिया में अभी भी इतने गरीब, दुखी, लाचार, निराश लोग क्यों हैं? ये पंडित लोग एक जादू की छड़ी घुमा कर सब को अमीर और सुखी क्यों नहीं बना देते. लेकिन सच यही है कि यह सब इन के बस में नहीं है. अगर होता तो इन्होंने सब से पहले अपना खुद का उद्धार किया होता.

आप मंदिरों में दानपुण्य के नाम पर हजारों रुपए चंदा पंडेपुजारियों को दे सकते हैं तथा यज्ञहवन में अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर सकते हैं और कीर्तनजागरण करवाने के लिए हजारोंलाखों का चंदा इकट्ठा कर सकते हैं लेकिन किसी बीमार या लाचार व्यक्ति के इलाज के नाम पर पैसा खर्च करने वाला दानी ढूंढ़ने पर भी नहीं मिलेगा.

सच तो यह है कि इनसान की सेवा सब से बड़ी सेवा है और इस से मन को शांति मिलती है. किसी मंदिर में लाखों का दान दे कर भगवान को खुश करने के बजाय किसी गरीब की बेटी की शादी करा दें तो इनसान व समाज दोनों की सेवा का फल मिलेगा. जनता को यह समझना होगा कि अगर किसी को दान देना ही है तो फिर हट्टेकट्टे ब्राह्मण ही क्यों? दान देना ही है तो उन गरीबों, लाचार, अनाथ, लूलेलंगड़ों को दें, जो कुछ करने लायक नहीं हैं. सरकार को यह सोचना चाहिए कि जब वह भीख मांगने पर प्रतिबंध लगा सकती है तो ब्राह्मणों के निकम्मेपन को बढ़ावा देती इस दान की परंपरा पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगा देती.

स्वर्ग और नरक : एक पाखंड

स्वर्ग और नरक हिंदू धर्म की बहुत पुरानी अवधारणा है. हिंदू धर्म शास्त्रों में कुछ इस तरह का काल्पनिक चित्रण किया गया है कि हर हिंदू स्वर्ग पहुंचने के बारे में सोचता है, वह भी जीतेजी नहीं मरने के बाद. धर्म के कथित ठेकेदार, पंडित, पुजारी इस बात का समर्थन करते आए हैं कि पंडित तो सीधे स्वर्ग में ही जा कर विराजते हैं और बेचारे दलित नरक में जा कर पकौड़ा बनाते हैं. आइए, इस स्वर्ग व नरक की यात्रा करें और खुद देखें कि सचाई क्या है.

मैं घोर नरक में जाना चाहता हूं तो यह जरूरी है कि इस के लिए मुझे कोई जघन्य पाप करना होगा. क्योंकि शास्त्रों के अनुसार जितना बड़ा पाप उसी के अनुसार नरक में स्थान मिलता है. मान लीजिए कि मैं ने किसी की हत्या कर दी. क्या यह अपराध नरक जाने के लिए पर्याप्त है? शायद नहीं, तो मान लीजिए कि मैं ने किसी का बलात्कार कर दिया. अभी भी मेरा अपराध अगर पर्याप्त न हो तो मैं किसी मंदिर में जा कर किसी देवता की मूर्ति को लात मार कर उस का अपमान कर आया. अब यह तो पंडितों के अनुसार घोर पाप हुआ न. अब तो मेरा नरक में जाना तय है.

फर्ज कीजिए कि आज मैं मर गया. आप मेरा क्या करेंगे? यही न कि जलाएंगे.

अब चिता सज गई है. मेरा मृत शरीर चिता पर पड़ा है और बेटे द्वारा चिता में आग लगा दी गई है.

यहां सवाल उठता है कि क्या जलेगा? सब से पहले मेरी चमड़ी फिर मांस व खून और उस के बाद हड््डियां बिखर जाएंगी. आप उन हड््डियों को भी नदी में प्रवाहित कर देंगे.

अब बची है सिर्फ  आत्मा. शास्त्रों के अनुसार यम के दूत आए और मेरी आत्मा को रस्सी के फंदे में बांध कर नरक की तरफ चल दिए. नरक में आग जल रही है और कड़ाहे चढ़े हुए हैं. कड़ाहों में पड़ा तेल खौल रहा है. जिस में मेरी आत्मा को तल कर पकौड़ा बनाया जाएगा और माननीय यमराज उस से नाश्ता करेंगे. संभव यह भी है कि मेरी आत्मा को सीधे आग में जलाया जाए, लेकिन कृष्ण तो कहते हैं कि आत्मा को न तो दुख होता है न सुख. आत्मा को न तो काटा जा सकता है और न ही जलाया जा सकता है. यह तो अजरअमर है. इसीलिए इस आत्मा को कोई दुख या सुख होता ही नहीं है.

हां, दुख या सुख की अनुभूति जिस शरीर को होती है वह तो पहले ही जल चुका है. अब आत्मा को चाहे कड़ाही में तलिए या आग में जलाइए, उसे क्या फर्क पड़ता है.

मैं तो सोचता हूं कि बेचारे यमराज और उन के दूत नाहक ही अपना समय बरबाद कर रहे हैं, मेरी आत्मा तो जघन्य पाप करने के बाद भी चैन से बैठी है. आत्मा तो बेचारी हंस भी नहीं सकती, क्योंकि हंसने के लिए भी शरीर चाहिए. शरीर तो पहले ही मिट गया. चुपचाप बैठ कर यमराज और उस के दूतों की बेवकूफी देखने के अलावा यह आत्मा और क्या कर सकती है.

नरक की छोडि़ए, स्वर्ग की बात करते हैं. स्वर्ग में आनंद ही आनंद है, लेकिन यह आनंद महसूस कौन करेगा? आनंद महसूस करने वाला शरीर तो जमीन पर छूट गया. अब आत्मा बेचारी क्या आनंद महसूस करे. ऊपर से मुसीबत यह कि उर्वशी और मेनका मेरी आत्मा के सामने नृत्य कर रही हैं.

उर्वशी और मेनका ने पूरे कपड़े पहन रखे हैं या टेलीविजन धारावाहिकों की तरह आधे कपड़े पहन रखे हैं, इस का तो कोई मतलब ही नहीं रह गया. न भी पहने हों तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता. बेचारी आत्मा क्या कर लेगी. यही उर्वशी और मेनका अगर पृथ्वी पर नाचतीं तो आनंद ही कुछ और होता.

क्या आप को नहीं लगता कि स्वर्ग और नरक की कल्पना किसी बेवकूफ ने की होगी, और अगर शास्त्रों में इस का वर्णन है तो वह शास्त्र भी किसी बेवकूफ ने ही लिखे होंगे.

हिंदुओं के स्वर्ग और नरक की तरह मुसलमानों के यहां जन्नत की व्यवस्था है, बल्कि उन की जन्नत तो हिंदुओं के स्वर्गनरक से एक कदम आगे है. वहां हूरें (अप्सराएं) हैं और साथ ही दूध और शहद की नदियां भी बह रही हैं. जितना चाहो, छक कर पिओ लेकिन पिए कौन? जिस शरीर को पीना है वह तो बेचारा नीचे कब्र में दफन है और कीड़ेमकोड़ों के साथ कबड्डी खेल रहा है.

आत्मा बेचारी तो दूध पीने से रही और जब जन्नत में बैठ कर अप्सराओं का नाच ही देखना है, वह भी कम कपड़ों में तो पृथ्वी पर ही देख लेने में क्या बुराई है. पृथ्वी पर तो कुछ उपयोग भी हो जाता, और कुछ नहीं तो नयनों को ही कुछ सुकून मिल जाता. लेकिन नहीं साहब, पृथ्वी पर आप यह सब करें तो पाप और स्वर्ग या जन्नत में यह सब करने की खुली छूट.

वाह रे मेरे स्वर्ग और नरक. वाह रे मेरे पापपुण्य. वाह रे मेरे जन्नतदोजख. उस पर हमारे पंडित और मौलवी स्वर्गनरक और जन्नतदोजख का जबरदस्त समर्थन करते हैं और धार्मिक पुस्तकों की दुहाई देते रहते हैं. इतने बेवकूफ लोग पंडित कैसे बन गए?

सचाई कुछ और है. पंडित या मौलवी बेवकूफ बिलकुल नहीं हैं. वे बहुत शातिर दिमाग हैं. स्वर्गनरक या जन्नतदोजख की सारी अवधारणा शोषण के लिए बनाई गई है. लोगों को इन काल्पनिक जगहों का भय दिखाते रहो, पैसे ऐंठते रहो और अपनी दुकानदारी कायम रखो. हजारों सालों से वे यही कर रहे हैं और हजारों सालों तक उन्हें यही करना है.

स्वर्ग हो या नरक, जन्नत हो या दोजख, ये तो उन के धंधे के मूल आधार हैं. यह आप को देखना है कि आप स्वर्गनरक के नाम पर इस्तेमाल होते हैं या नहीं, आप बेवकूफ बनते हैं या अक्लमंद. अगर बेवकूफ हैं और वही बने रहना चाहते हैं तो पंडितों व मौलवियों के शोषण जाल से कभी भी बाहर न आ पाएंगे.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें