आज हमारे देश में दिल की बीमारी बहुत तेजी से बढ़ रही है. सब से बड़ी वजह है हमारी बिगड़ी हुई दिनचर्या.

हम समय पर खाना नहीं खाते. नींद पूरी नहीं लेते. दिनभर बैठे रहते हैं और हर समय टैंशन में रहते हैं. इसी वजह से अब 30 से 40 साल के लोगों को भी दिल की बीमारी हो रही है.

यह बात हंस अस्पताल, मेरठ के मैडिकल औफिसर डाक्टर दिव्यांशु सेंगर ने बताई.

दिल की बीमारी होती क्यों है

दिल को खून पहुंचाने वाली नली जब बंद होने लगती है, तो दिल कमजोर हो जाता है. इसे कोरोनरी धमनी रोग कहते हैं. यही दिल की बीमारी की सब से बड़ी वजह है.

इस के अलावा भी दिल की कई बीमारियां होती हैं. जैसे दिल की मांसपेशियों का कमजोर होना, जन्म से दिल में छेद होना, दिल के वाल्व का खराब होना और दिल की धड़कन का बिगड़ना. यह सब उम्र के साथ और बढ़ जाता है.

सिर्फ दिल ही नहीं, पैरों की नसें भी खराब हो रही हैं

दिल की बीमारी का असर पैरों पर भी पड़ता है. पैरों की नली में चरबी जम जाने से खून रुक जाता है. इस से पैर काले पड़ने लगते हैं. कई बार हालत इतनी बिगड़ जाती है कि पैर काटना पड़ जाता है.

शुगर की बीमारी में पैर में घाव हो जाता है. जो जल्दी ठीक नहीं होता. इसे डायबिटिक फुट कहते हैं.

इस के अलावा पैरों की नसें फूल जाती हैं और दर्द करती हैं. इसे वैरिकोज वेन कहते हैं.

किन लोगों को ज्यादा खतरा है

अगर आप में ये आदतें हैं, तो आप को ज्यादा ध्यान देना है :

-देर रात तक जागना.

-तलाभुना, ज्यादा नमक और ज्यादा चीनी खाना.

-बीड़ी, सिगरेट और शराब आदि का नशा करना.

-शुगर, ब्लड प्रैशर और कोलैस्ट्रॉल को नजरअंदाज करना.

-हर समय टैंशन में रहना.

अगर सीने में भारीपन लगे, सांस फूले, चलने पर पैर में दर्द हो, पैर में सूजन आए या पैर का रंग बदले, तो इसे थकान समझ कर टालें नहीं. बल्कि डाक्टर की सलाह लें.

Health

दिल को बचाने के 5 आसान नियम

-रोज 30 मिनट पैदल चलें. सुबह या शाम को तेज कदमों से चलना दिल के लिए सब से अच्छी दवा है.

-खाना हलका करें. नमक, चीनी और तेल कम करें. सब्जी, दाल, फल ज्यादा खाएं. तलाभुना कम खाएं.

-नींद पूरी लें. रोज 7 से 8 घंटे सोएं. सोने से एक घंटा पहले मोबाइल रख दें.

-नशा छोड़ दें. बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और शराब दिल को सब से ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं.

-समय पर जांच कराएं. 40 साल के बाद साल में एक बार ब्लड प्रैशर, शुगर, कोलैस्ट्रॉल और ईसीजी की जांच जरूर कराएं. अगर घर में किसी को दिल की बीमारी रही है, तो जांच और जल्दी शुरू कर दें.

ध्यान रहे कि दिल की बीमारी अचानक नहीं आती. यह धीरेधीरे बनती है और हमारी गलत आदतें उसे बढ़ाती हैं, इसलिए बीमारी का इंतजार मत कीजिए. आज से ही अपनी दिनचर्या ठीक कीजिए. समय पर जांच कराइए.

अगर सीने में दर्द हो, सांस फूले या पैर में कोई बदलाव दिखे, तो घर पर इलाज न करें. तुरंत अस्पताल में डाक्टर को दिखाएं. Health

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...