⚲

Editorial : गहरी पैठ-कौकरोच से बेचैन ऊंची जातियां

Editorial. दिल्ली की रामलीलाओं ने अब कौकरोचों के पुतलों को भी रावणों के साथ जलाया है. यह सारे देश में हुआ हो तो बड़ी बात नहीं है. और दूसरे शहरों में भी ऐसा हुआ हो तो बड़ी बात नहीं है. यह पुरानी पौराणिक पद्धति है जिसे आज का सवर्ण समाज दलितों पर थोप रहा है और सब से बड़े गुस्से की बात यह है कि इस पुतले को बनाने वाले ब्राह्मण, बनिए, क्षत्रिय नहीं होंगे, दलित और पिछड़े ही होंगे जिन्हें सदियों से समाज ने दुत्कारा है, कौकरोच समझा  है.

गीता के 8वें अध्याय में कृष्ण से कहलवाया गया है कि वासनाओं और कर्मों के कारण मानव कीड़ोंमकोड़ों की तरह पैदा और मरता रहता है. भृतहरि के नीति शतक में इन लोगों को बदबूदार मांस चबाने वाले कुत्तों के समान माना गया है. भगवत पुराण के 10वें स्कंध में ऊंची जातियोें के दान न देने वालों को मल के कीड़े की तरह माना गया है.

आज का ऊंची जातियों का समाज कौकरोच आंदोलन से बेचैन है क्योंकि यहां कौकरोच जनता पार्टी के मंच पर हिंदूमुसलिम, लड़केलड़कियां, ब्राह्मण, दलित, अमीरगरीब साथसाथ खड़े हो कर एग्जामों, बदहाल स्कूलों, वोट चोरी से वर्ण व्यवस्था को बनाए रखने की कोशिश में लगे हैं.

हिंदू धर्म में पूजापाठ, दानदक्षिणा इतना जरूरी नहीं है जितना जातिवाद है. लोग पूजापाठ और दान को कुछ पाने के लिए क्या जातिवाद को कायम रखने के लिए करते हैं.

कौकरोचों की युवाओं में बढ़ती ललक को देख कर ऊंची जातियां बेचैन हैं कि अगर वर्ण व्यवस्था टूट गई तो उन्हें घर बैठे आराम कैसे मिलेगा. देश की नई ईकौमर्स हो या फौरन करैंसी, यह कौकरोचों की देन है जो गंद में रह कर, गंदे रास्तों से चल कर तेज रफ्तार से ऊंची जातियों की सेवा के लिए हाजिर रहते हैं.

कौकरोच हैं तो ही 10 मिनट डिलीवरी हो रही है. कौकरोच हैं तो ही शहरों के अमीरों के इलाकों में सफाई हो रही हैं, कौकरोच हैं तो ही घर में सफाई करने वाली ऊंची जातियों ने कंपनियां बना ली हैं, कौकरोचों को ले कर देशभर में ऊंची जातियों के कौंट्रैक्टरों की बाढ़ आ गई है जो कौकरोचों को रख कर ऊंचों के घरों को साफ करते हैं. ये कौकरोच जबान खोलने लगें तो हिंदू धर्म का फायदा ही क्या है? दानदक्षिणा देने का फायदा ही क्या है?

कौकरोचों को रावणों की तरह जला डालना बड़े पुण्य का काम है. चिंता न करें कौकरोचों को जलाने के लिए बेवकूफ कौकरोच ढेरों में मिल जाएंगे. Editorial

Short Story : ढोंग

पंडित राम प्रसाद ढोंग और छुआछूत को मानने वाले थे. उन की नईनई शादी हुई थी. पंडिताइन को नई सोच पर यकीन था. वे ऊंचनीच और छुआछूत का जरा भी फर्क नहीं मानती थीं.

एक दिन तीखी धूप में तपते हुए पंडितजी बाहर से आए. उन्होंने पंडिताइन से पानी मांगा.

पंडिताइन ने देखा कि रसोई में बालटी, घड़े वगैरह सभी खाली थे. कुएं से पानी लाने में देर होती, इसलिए वे पड़ोस से पानी मांग लाईं.

प्यास लगने की वजह से पंडितजी का बुरा हाल था. ठंडा पानी पी कर उन्होंने राहत की सांस ली और प्यार से पंडिताइन से पूछा, ‘‘बहुत ही शीतल जल है… कहां से लाई हो?’’ ‘‘बगल के कुम्हार के घर से,’’ पंडिताइन ने कहा.

यह सुनते ही पंडितजी आगबबूला हो गए और चिल्लाए, ‘‘कुम्हार के घर से… तुम ने मेरा धर्म बिगाड़ दिया. क्या मेरी बिरादरी वाले सभी मर गए थे, जो कुम्हार का छुआ हुआ पानी मुझे पिला दिया… रामरामराम…’’

पंडिताइन ने हाथ जोड़ कर कहा, ‘‘गलती हो गई महाराज. मैं आगे से खयाल रखूंगी.’’ बात यहीं आईगई हो गई.

अगले दिन नहाधो कर पंडितजी ने अपने धुले हुए कपड़े मांगे. ‘‘मगर मैं ने तो सारे कपड़े जला दिए,’’ पंडिताइन बोलीं.

‘‘कपड़े जला दिए… पागल हो गई हो क्या?’’ पंडितजी ने गुस्से से कहा.

‘‘क्या करती महाराज…’’ पंडिताइन ने समझाया, ‘‘वे कपड़े मुसलिम दर्जी ने सिले थे और उन्हें धोबी ने अपने हाथों से धोया था… फिर मैं जानबूझ कर आप का धर्म कैसे बिगाड़ती?’’

पंडितजी झल्लाए और बोले, ‘‘तुम ने सबकुछ चौपट कर दिया. खैर, खाना लगाओ.’’

पंडिताइन ने थाली में नमक के साथ सूखी रोटियां रख दीं.

‘‘घर में सागसब्जी नहीं है क्या?’’ पंडितजी ने सवाल किया.

‘‘तरकारी तो फेंकनी पड़ गई. कोइरी के हाथों की सब्जी मैं भला आप को कैसे खिलाती? आप तो महान पंडित हैं,’’ पंडिताइन ने जवाब दिया.

खाना खा कर अनमने भाव से पंडितजी हाथ धोने लगे, फिर चारों ओर देख कर उन्होंने पूछा, ‘‘चारपाई कहां है? मैं थोड़ी देर आराम करना चाहता हूं.’’

‘‘आप की चारपाई तो मैं ने जला दी,’’ पंडिताइन का जवाब था.

‘‘चारपाई जला दी… मगर क्यों?’’ यह पूछते हुए पंडितजी की भौंहें तन गईं.

‘‘क्या करती… बढ़ई के हाथों तैयार की गई चारपाई मैं घर में कैसे रखती. अब हमें जमीन पर ही सोना पड़ेगा,’’ पंडिताइन बोलीं.

‘‘तुम पागल हो गई हो, तभी ऐसी हरकतें कर रही हो,’’ पंडितजी गुर्राए.

‘‘पागल तो आप हो गए हैं महाराज,’’ पंडिताइन ने समझाया, ‘‘जिन चीजों के बिना हम जी नहीं सकते, उन के बनाने वालों को ही हम अछूत मानते हैं. यह ढोंग नहीं तो और क्या है? अगर आप सचमुच छुआछूत मानते हैं, तो ऐसी चीजों से परहेज कर के दिखाइए और अगर नहीं, तो छुआछूत, ऊंचनीच जैसी पोंगापंथ फैलाने वाली बातों को दिमाग से दूर फेंकिए.’’

‘‘तुम ने मेरी आंखें खोल दीं. मैं भटक गया था, सचमुच पागल हो गया था. जिन चीजों के बिना हम जी नहीं सकते, उन्हें कैसे छोड़ सकते हैं.

‘‘हमें तो उन सभी लोगों का एहसान मानना चाहिए, जिन्होंने ये चीजें तैयार की हैं. वे हमारी नफरत के नहीं, प्यार के हकदार हैं.

‘‘अब मैं ऊंचनीच का फर्क भुला कर सब को प्यार करूंगा. मैं तुम्हारा एहसानमंद हूं… तुम ने ही तो मुझे सही राह दिखाई है,’’ कहते हुए पंडितजी ने पंडिताइन को गले लगा लिया.

पंडिताइन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. वे पड़ोस में छिपाई हुई चीजों को एकएक कर के घर में लाने लगीं.

पंडितजी अपनी पंडिताइन की चतुराई पर चकित थे. उन्होंने तय कर लिया कि अब वे पूरे गांव को छुआछूत जैसे समाज के कलंक और ढोंग से छुटकारा दिला कर ही दम लेंगे.  Short Story

-भगवती प्रसाद द्विवेदी

Editorial : बिना नेता के बहकाया जा रहा है वंचित समाज

Editorial. आमतौर पर कोई जना नेता तभी बन पाता है जब वह अपने पीछे चल रहे लोगों का भला सोचता हो, कुछ ऐसा करता हो जो पीछे चलने वाले अकेले नहीं कर सकते और उन्हें एक समूह, एक भीड़ की जरूरत हो और उस भीड़ को सही रास्ता दिखाने वाले की. इतिहास में ऐसे लोगों की कमी नहीं रही है जिन्होंने भीड़ को पहले बड़ेबड़े वादों से ऊंचाइयों पर ले जाने का भरोसा दिया पर रास्ते में किसी खाई में फेंक दिया.

अछूतों, एकदम गंदा काम करने वालों, हिंदू वर्ण व्यवस्था से बाहर के लोगों को, जिन्हें संविधान में एससी कहा गया है और आमतौर पर अछूत कहा जाता है, को कांशीराम ने 1970 के आसपास एक मंच पर खड़ा करने की कोशिश की थी. भीमराव अंबेडकर ने पहले इन के हितों की बात की थी पर वे पूरी कांग्रेस को उन की अगुआई करने को तैयार नहीं कर सके.

नेता बिना हजारों सालों से लूटे जाने, पैरों वालों से कुचले जाने और सताए जाने वाले वे लोग जानवरों सा जीवन जी कर भी सेवा करने में लगे रहे क्योंकि उन्हें बहका दिया था कि यह सब उन के पिछले जन्मों का फल हैं. न अंबेडकर, न गांधी, न कांशीराम उन्हें इस सोच से निकाल कर बराबरी की जगह पर खड़ा कर पाए.

उम्मीद थी कि मायावती, जो कांशीराम का दायां हाथ बन गई थीं, कुछ कर पाएंगी पर वे सत्ता सुख की चाशनी चख कर अपने पीछे चल रहे लोगों को भूल गईं. पिछड़ी भीड़ के आगे कोई और उभरा नहीं तो बेबस हो कर वह मायावती के पीछे चलती रही जबकि मायावती उन्हीं लोगों की गोद में जा बैठीं जिन्होंने वर्णव्यवस्था, पिछले जन्म की मूर्खता वाली ?ाठी कहानियां गढ़ी थीं. आज भी इन दलितों का कोई नेता नहीं जबकि इन में से सैकड़ों पढ़लिख कर ऊंची पोस्टों पर आ गए हैं. जिस ने भी कुछ खराखरा कहने की कोशिश की, उसे मायावती की तरह गाड़ीबंगला दे कर खरीद लिया गया.

देश की 25-30 करोड़ आबादी जन्म से मरने तक जानवरों की तरह जीती रहे, यह विज्ञान और तकनीक के युग में धब्बा है. मायावती भी जिम्मेदार हैं और पीछे की भीड़ भी. यह भीड़ उसी तरह की मूर्ख है जैसे 1930 से 1945 तक जरमनों की भीड़ हिटलर के पीछे चली. उसी तरह की भीड़ है जैसी चीनियों की माओ के पीछे चली. जैसी आज उत्तर कोरिया के किम जोंग उन के पीछे चल रही है.

दलित किसी भी तरह से किसी भी ब्राह्मण से कम नहीं हैं. न अक्ल में, न बल में, न मेहनत में. उलटे वे ब्राह्मणों से ज्यादा तेज हैं पर बस सही नेता और सही रास्ते से भटक रहे हैं. मायावती उन्हें एक गंदी खाई के बाद दूसरी गंदी गहरी खाई में धकेल रही हैं. कुछ अलग हो कर सीधे भगवाइयों के साथ मिल गए हैं पर वहां और बुरी हालत है. वे अपने जैसों के सही नेता नहीं हैं और इसलिए हर समय अपमान सहते हैं, भेदभाव सहते हैं.  Editorial

Hindi Social Story : साहस

Hindi Social Story. सदियों से लकीर के फकीर बने समाज के दकियानूसी लोगों को जब सूरज ने जातपांत की अंधेरी गुफा से निकाल कर रोशनी की ओर ले जाने की कोशिश की,  तो उस के अपने ही राह में रोड़े अटकाने आ खड़े हुए. क्यों?

दरवाजा बंद होने की आवाज पर सूरज चौंक कर पलटा. सामने वही लोग खड़े थे, जिन के आने की उसे उम्मीद थी. वे 4 थे और चारों ही ऊंची जाति के हट्टेकट्टे नौजवान थे.

उन लोगों के हाथों में तरहतरह के हथियार थे. उन की आंखों में उस के लिए नफरत भरी थी.

वैसे सूरज खुद भी एक ऊंची जाति से ताल्लुक रखता था, लेकिन उस का गरीबों, दलितों और पिछड़ी जाति के लोगों से संबंध रखना ऊंची जाति के लोगों को पसंद नहीं था. यही वजह थी कि वे लोग उस के कट्टर दुश्मन हो गए थे.

छेदीलाल का परिवार पुश्तों से दीनदयाल के यहां बेगारी करता आया था. जानवरों को दानापानी देना, खेत जोतना, फसल उगाना, काटना और इसी तरह के और भी कई काम वे लोग बरसों से करते आए थे, लेकिन बदले में उन्हें भरपेट खाना भी नहीं मिलता था. इतना ही नहीं, उन की बहूबेटियों की इज्जत भी लूटी जाती थी.

दीनदयाल और उस का बेटा सुरेश वहशी थे. सुरेश ने जोरजबरदस्ती से छेदीलाल की बेटी मालती की जिंदगी बरबाद कर दी थी.

जब मालती फरियाद ले कर दीनदयाल के पास गई, तो उस ने छेदीलाल को पीटपीट कर अधमरा कर दिया और मालती को सरेआम नंगा घुमाया.

उस वक्त दीनदयाल को सूरज ने ही रोका था. उसी ने उन दरिंदों को ललकारा था, ‘चाचा दीनदयाल, इस तरह किसी औरत को बेइज्जत करने का हक आप को किस ने दिया है?’

‘सूरज, इन नाली के कीड़ों के लिए तुम्हारे जैसे ऊंची जाति के लड़के के मुंह से ये शब्द अच्छे नहीं लगते.’

‘नाली के कीड़े? लेकिन इसी नाली में जब तुम्हारा लायक बेटा सुरेश अपनी नाक डुबोने गया था, तब उसे मालूम नहीं था कि ये नाली के कीड़े हैं. अगर ये ‘अछूत’ हैं, तो इन के उगाए गए अनाज को तुम क्यों छूते हो?’

‘अरे, रंगीन तितलियां देख कर नए खून में उबाल आ ही जाता है,’ दीनदयाल ने कहा.

‘तुम्हारे जैसे बाप ही अपनी औलाद को औरत को तितली सम झने की सीख दिया करते होंगे. लेकिन मैं तो यही जानता हूं कि दुनिया की हर औरत की इज्जत की जानी चाहिए, फिर वह चाहे किसी भी धर्म या जाति की हो.’

इस के बाद सूरज शिकायत ले कर थाने गया. लेकिन थानेदार ने दक्षिणा की उम्मीद में आनाकानी की. फिर सूरज बीडीओ से मिला, तो वे उसे साथ ले कर थाने में गए.

बीडीओ को देखते ही थानेदार ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर ली और दीनदयाल और उस के बेटे सुरेश को गिरफ्तार कर लिया. केस चला और सुरेश को जेल भेज दिया गया.

तभी से दीनदयाल के हिमायती लोग सूरज से खार खाए बैठे थे. वे बराबर उस के ऊपर हमला करने की ताक में रहते थे.

उधर सूरज के बीडीओ साहब से गहरे संबंध बन गए थे. एक दिन वे दोनों बैठे थे, तभी उन में जातपांत पर चर्चा छिड़ गई.

सूरज ने पूछा, ‘साहब, आप किस जाति से हैं?’

‘नाम से पता नहीं चलता क्या?’ उन्होंने पूछा.

‘साफ नहीं.’

‘मेरा धर्म, मेरा ईमान, मेरी जात… सबकुछ इनसानियत है.’

‘इस का उदाहरण?’

‘मेरी पत्नी भील जाति की है…’ कुछ देर बाद वे बोले, ‘मेरा खयाल है कि इस बार 26 जनवरी को अलगअलग जातियों के नौजवान लड़केलड़कियों के ब्याह रचाए जाएं. तुम्हारा क्या विचार है?’

‘आप का विचार बहुत अच्छा है. मैं हर कदम पर आप के साथ हूं,’ सूरज ने कहा.

जब गांव वालों को इस बात का पता चला, तो ऊंची जाति वाले सूरज के कट्टर दुश्मन बन गए.

आज वे तैयारी कर के आए थे. उसी समय बीडीओ साहब भी सूरज के घर आने वाले थे.

उन चारों नौजवानों ने सूरज के इर्दगिर्द घेरा सा बना लिया.

एक ने ऊंची आवाज में कहा, ‘‘चीर कर रख दो इस को… इस पर दलितों के उद्धार का भूत चढ़ा है. मारो इस को.’’

‘‘बेवकूफ हो तुम सभी. मेरा नाम सूरज है…और मेरी गरमी बरदाश्त करने की ताकत तुम में से किसी में भी नहीं है,’’ सूरज ने गरजते हुए कहा.

‘मारो इसे,’ वे चारों एक आवाज में चीख पड़े और उस पर टूट ही पड़ने वाले थे कि कमरे में एक और आवाज उभरी, ‘‘हिलना मत, वरना कुत्ते की मौत मारे जाओगे,’’ बीडीओ साहब के गार्ड ने उन लोगों की ओर पिस्तौल तानते हुए कहा.

अगले दिन एक सादे समारोह में बीडीओ साहब ने बोलना शुरू किया, ‘‘सदियों से हम सब एक अंधेरे में जिए जा रहे हैं, जिस का नंगा रूप आप सभी खुली आंखों से साफ देख रहे?हैं. जिन्हें हम अछूत और दलित कहते हैं, वही मेहनतकश लोग हमारी जिंदगी की राहों में कदमकदम पर हमारा साथ निभाते हैं.

‘‘मैं ऊंची जाति वालों से पूछना चाहूंगा कि दलित औरतों को बांहों में भरते समय इन की ऊंची जाति की अकड़ कहां चली जाती है? तब तो इन्हें जरा भी शर्म नहीं आती. जब ये रात के अंधेरे में चुपके से दलित औरतों को अपना बना सकते हैं, तो दिन के उजाले में क्यों नहीं? समाज के सामने क्यों नहीं? हमेशा के लिए क्यों नहीं?

‘‘आज जमाना बदल रहा है…नए खून को इनसानियत के नाम पर लगे इस कलंक को मिटाना है. आइए, आगे बढि़ए और अपने जीवनसाथी को चुनिए.’’

दीनदयाल की बेटी स्नेह सब से आगे थी. उसे आगे बढ़ता देख कर ऊंची जाति के कई और जवान लड़केलड़कियां भी आगे बढ़े.

सूरज ने भी मालती का हाथ थाम लिया था.

दीनदयाल अपने दोनों हाथ जोड़ते हुए बीडीओ साहब से बोला, ‘‘हम अंधेरे में थे साहब. आप ने हमारी आंखें खोल दी हैं. मैं अपनी बेटी के फैसले का स्वागत करता हूं. अब हमारे गांव में छुआछूत नाम की बीमारी कभी भी अपने पैर नहीं पसारेगी.’’

दीनदयाल के इतना कहते ही वहां खुशी का माहौल छा गया.    Hindi Social Story

-अनंत राज सिंह

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें