Hindi Kahani. मेरी उतरन पहनने वाली कविता ने मुझे कुछ ऐसा दे दिया कि…
चारों ओर गहरी खामोशी थी. खामोशी बाहर ही नहीं, बल्कि मेरे भीतर भी थी. अस्पताल में चारों ओर सन्नाटा पसरा था. डाक्टर या नर्सों के जूतों की आवाज ऐसे लगती मानो कई हथौड़े सीने पर बज रहे हों. बाहर शाम का धुंधलका धीरेधीरे गहराता जा रहा था. कुछ वक्त पहले यहां सब थे… मां, बाबूजी और नितिन.
मेरे ठीक सामने एक तसवीर लगी हुई थी, जिस पर फूलों का एक हार चढ़ा था.
अब तो केवल तसवीर ही थी, पर वह नहीं थी. लेकिन नहीं, शायद वह थी इन फूलों में, इस कमरे में और… और… शायद मेरे अपने अंदर ही.
कुछ समय पहले ही मेरी आंखों से पट्टी उतरी थी. डाक्टर ने आंखों पर ज्यादा जोर देने से मना किया था. आंखें बंद करते ही दिल गुजरे दिनों की गहराई में गोते खाने लगता.
मैं अपने मांबाप की एकलौती बेटी थी, इसलिए घरभर की लाड़ली थी. पिताजी का लंबाचौड़ा कारोबार था.
हमारी बड़ी सी हवेली में कई नौकर थे. उन के बीच ‘उन्हें’ भी मैं बचपन से देखती आई थी.
सावित्री और उस की बेटी कविता पिछवाड़े वाले क्वार्टर में रहती थी. मैं ने मां से ही सुना था कि सावित्री पिताजी की फर्म के किसी सफाई मुलाजिम की बीवी थी.
फर्म के एक काम के दौरान सावित्री के पति की मौत हो गई थी. उस का कोई रिश्तेदार नहीं था, इसलिए पिताजी ने दया कर के उसे व उस की बेटी को पिछवाड़े वाला क्वार्टर रहने को दे दिया था. बदले में वह हमारे घर का काम कर दिया करती थी.
मेरी मां गुस्सैल और घमंडी स्वभाव की थीं. उन्हें सावित्री और उस की बेटी का घर में रहना पसंद नहीं था. मां जबतब बातबात पर सावित्री को डांटती रहतीं.
उस दिन मेरा जन्मदिन था. पूरे घर में चहलपहल थी. मां को सुबह से ही फुरसत नहीं थी.
‘‘मांजी, ये कपड़े कहां रखने हैं?’’ नुक्कड़ वाले दर्जी ने आ कर मां से पूछा.
उस दिन सावित्री भी सुबह से ही काम में लगी हुई थी. अचानक कुछ टूटने की आवाज आई. मां भाग कर वहां पहुंचीं, तो देखा कि सावित्री से कपप्लेट का नया कीमती सेट टूट गया था.
मां चिल्लाती हुई उसे डांटने लगीं, ‘‘अरी कमबख्त, करमजली, इतने महंगे प्याले तोड़ दिए. तुझ से कुछ भी काम ढंग से नहीं होता.’’
अचानक मैं भी वहां पहुंच गई और झुक कर प्यालों के टुकड़ों को देखने लगी. हड़बड़ाहट में सावित्री का हाथ अचानक मेरे हाथ से छू गया.
मां पर तो मानो बिजली गिर पड़ी. वह सावित्री पर बरस पड़ीं, ‘‘मेरी बच्ची को छू दिया. जानती नहीं, तेरी जात क्या है…’’ बड़बड़ाती हुई मां मुझे वहां से घसीट कर बाहर ले गईं.
तब मेरे बाल मन में यह सवाल उठा कि मां जब सावित्री से घर की सफाई करवाती हैं, तब भी तो वह चीजों को छूती है. तब तो मां कुछ नहीं कहतीं. पर आज मुझे जरा सा छू दिया, तो मां ने इतना हंगामा खड़ा कर दिया.
धीरेधीरे समय के साथ मैं कब बड़ी हो गई, पता ही न चला. मां की सारी आदतें मेरे अंदर समा चुकी थीं. वैसा ही गुस्सा और घमंड. मुझे अपनी खूबसूरती और अमीरी पर बहुत नाज था.
मैं अपने आगे किसी को कुछ न समझती थी. इस बीच कविता भी मेरी तरह ही खूबसूरत निकल आई थी, इसलिए मुझे हमेशा उस से जलन होती थी. वह मेरे दिए हुए पुराने कपड़ों में भी बहुत खूबसूरत लगती थी. इस से मुझे बहुत चिढ़ होती थी.
मैं भी मां की तरह सावित्री और कविता पर जुल्म ढाने लगी थी. उन को बातबात पर डांटना मेरी आदत बन गई थी.
इस बीच नितिन से मेरी सगाई हो गई. वे लोग तो शादी जल्दी करना चाहते थे, पर मां अभी मुझे अपनी आंखों से दूर नहीं करना चाहती थीं. वह चाहती थीं कि पहले मेरी पढ़ाई पूरी हो जाए, इसलिए शादी की बात कुछ समय के लिए टल गई थी.
अब तो मैं सारा दिन हवा में उड़ती रहती थी. कालेज जाना तो महज खानापूरी थी.
एक दिन मैं थकी हुई कालेज से घर लौटी. कमरे में घुसते ही अचानक मेरी नजर सिंगार मेज पर गई. सारा सामान उलटा पड़ा था. लिपस्टिक कहीं, तो नेलपालिश कहीं. यह देख कर मेरा दिमाग गुस्से से बेकाबू होता जा रहा था.
मुझे लगा कि यह कविता का ही काम होगा, क्योंकि वही मेरे कमरे को साफ किया करती थी.
मैं चीख उठी, ‘‘मां, देखो तो सही कविता ने क्या किया है?’’
मां भागती हुई मेरे कमरे में आईं. तभी कविता डरतेडरते कमरे में दाखिल हुई. मैं ने उसे डांटते हुए एक चांटा रसीद कर दिया और कहा, ‘‘बेशर्म, तुझे इतना ही शौक है तो मंगवा क्यों नहीं लेती अपनी मां से? क्यों करती है इतना फैशन, किसे दिखाती है?’’ मैं गुस्से में अनापशनाप बके जा रही थी.
‘‘दीदी, यह मैं ने नहीं किया,’’ वह रोए जा रही थी, ‘‘मैं सच बोल रही हूं दीदी, ये सब चीजें मैं ने नहीं गिराई हैं.’’
तभी मेरी चचेरी बहिन, जो छुट्टियों में हमारे घर आई हुई थी, शोर सुन कर वहां पहुंची, ‘‘सुमन, यह सामान तो मेरी बेटी मुन्नी ने बिखराया है. उस ने खुद भी अभीअभी मुझे बताया.’’
यह सुनते ही मैं अपनेआप पर झुंझला उठी.
उस रात अचानक कविता को बुखार चढ़ आया. 2-3 दिन ऐसे ही बीत गए, पर बुखार उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था. पिताजी इस बीच कई डाक्टर बदल चुके थे, पर कोई फायदा नहीं हो रहा था. उस की मां दिनभर काम करती रहती, पर किसी से भी अपना दुखड़ा न कहती.
एक दिन मां ने पिताजी को कहा, ‘‘अरे, इस का बुखार तो उतर ही नहीं रहा, न जाने किस का भूत चढ़ आया है. अब तो हद हो गई है. अब इन्हें फौरन यहां से निकाल बाहर करो.’’
पिताजी पहले ही हम मांबेटी के बरताव से दुखी थे, इसलिए उन्होंने फैसला कर लिया कि वह सावित्री व कविता का कहीं और रहने का इंतजाम कर देंगे.
इधर कविता का बुखार बिगड़ रहा था. हार कर पिताजी ने कविता को पास के ही एक अस्पताल में भरती करवा दिया. उस की मां को भी थोड़ी दूर एक कमरा किराए पर दिलवा दिया.
अब हम मांबेटी बहुत खुश रहतीं. उन लोगों के जाने के 2 दिन बाद ही मैं खुशीखुशी पिताजी की नई कार ले कर अकेली ही घूमने निकल पड़ी. पर क्या मालूम था कि वह दिन मेरी आने वाली जिंदगी को अंधेरे में भर देगा. मैं अभी कार चलाती हुई कुछ ही दूर पहुंची थी कि पता नहीं कब मेरी कार एक ट्रक से जा टकराई.
जब होश आया तो पाया कि मैं अपनी आंखें गंवा बैठी थी. मेरे चारों ओर अंधेरा ही अंधेरा था. मां का रोरो कर बुरा हाल था. पिताजी को गहरा सदमा लगा था. मैं खुद अपनी जिंदगी से निराश हो चुकी थी.
पर नहीं, कुछ देर पहले ही तो अपनी इन्हीं आंखों से उस महान लड़की की तसवीर को देखा था, जिस ने मुझे नई जिंदगी दी थी. अब मैं अपनी आंखों से नहीं, बल्कि कविता की आंखों से देख रही थी.
दरअसल, मेरे एक्सिडेंट के कुछ दिन बाद ही कविता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. बहुत कोशिश करने के बाद भी डाक्टर उसे बचा नहीं पाए. सावित्री को मेरे साथ घटे हादसे के बारे में मालूम था.
उस ने मेरे बारे में शायद डाक्टरों को भी बताया था, इसलिए डाक्टरों के कहने पर उस महान औरत ने अपनी एकलौती बेटी का गम भुला कर कविता की आंखें मुझे दान कर दी थीं.
अब तो कविता की आंखें ही मेरी जिंदगी थी. अब तक तो मैं अपने पुराने कपड़े, बेकार चीजें कविता को दे कर अपनेआप को बहुत बड़ा समझती थी. सोचती थी कि मैं बहुत बड़ी दानी हूं, पर सावित्री ने मुझे एक ऐसा ‘अनमोल दान’ दिया था, जिस की कोई कीमत नहीं थी.
मां की और मेरी आंखें सावित्री के आगे शर्म से झुकी हुई थीं. उस महान औरत ने अपनी बेटी का गम भुला कर हमारी जिंदगी खुशियों से भर दी थी. मेरी नजरों के सामने से जातपांत, अमीरीगरीबी, भेदभाव जैसी दीवारें गिर चुकी थीं.
दूर कहीं आकाश में एक नई सुबह की रोशनी फैल रही थी. Hindi Kahani
-अमिता




