Hindi Story. है न अजीब नाम, पिंटू पंगा.  इस शख्स की कहानी भी अजीब है. कोई इसे पागल कहता है, तो कोई विश्वास का मारा. ऐसा क्या हुआ था पिंटू के साथ कि…

पिंटू पंगा. उम्र यही कोई 35 साल. ऊपर से बाल खिचड़ी. खिचड़ी में भी सफेदी ज्यादा. चिंताओं की चुन्नटों भरा माथा. गड्ढा क्या, पाताल में धंसी आंखें. बत्तीसी में फिलहाल यही कोई 10-12 दांत ही बचे होंगे…

आज पिंटू की जो हालत है, उस में उस की आदतों, लापरवाहियों का भी योगदान है. लेकिन कुलमिला कर वह विश्वास का मारा है.

आज गड्ढे में धंसे जो गाल नजर आते हैं, उस की वजह उस की नशे की आदत तो है ही, साथ ही वे जख्म, जो उसे मिले हैं, कम नहीं हैं. ये जख्म समाज, शासन व प्रशासन से उसे मिले. अत्याचार के शिकार की जीतीजागती मिसाल है पिंटू पंगा.

कभी पिंटू के पास एक ट्रैक्टर था. यह ट्रैक्टर उस की रोजीरोटी का जरीया था. एक दिन यही ट्रैक्टर धोखे से उस के दोस्त ने हथिया लिया और फिर शुरू हो गया उस पर मुसीबतों के टूटने का अटूट सिलसिला.

आज पिंटू की हालत पागलों जैसी हो चुकी है. सबकुछ बिखर चुका है. वह, उस का परिवार…

पहले वह अकसर घर से भाग जाता. कभी लखनऊ, कभी इलाहाबाद, तो कभी दिल्ली.

कहीं भी जाता, कुछ दिनों बाद वह ‘स्वदेश’ वापस लौट आता और फिर लोगों को सुनाता अपने ‘परदेश प्रवास’ के बारे में.

10 साल पहले.

पिंटू को एक बहुत अच्छा दोस्त कम पार्टनर मिल गया. उस ने ट्रैक्टर उसी के हवाले कर दिया. दोस्त घर बैठे अच्छेखासे पैसे दे जाता. पिंटू पड़ापड़ा खाता रहता.

लेकिन कुछ दिनों बाद…

दोस्त ने धोखा दे दिया. ट्रैक्टर हथिया लिया. कभी पड़ापड़ा खाता था, अब पड़ापड़ा करवटें बदलता रहता.

दोस्ती में उसे धोखा मिला था. वह रोते हुए कहता, ‘‘मुझे ऐसे आदमी ने धोखा दिया है, जिस का पूरा परिवार अपनी बेईमानियों को ले कर बदनाम था. मैं ने फिर भी उस पर यह सोचते हुए भरोसा किया कि जरूरी तो नहीं वह भी बेईमान होगा.’’

पिंटू ने अपने साथ हुई इस दगाबाजी को पहले अपने लेवल पर सुलझाने की कोशिश की. लेकिन ट्रैक्टर हड़पने वाला शख्स शहर छोड़ चुका था और उस के परिवार वालों ने पिंटू को इस बारे में किसी तरह से मदद करने से साफ मना कर दिया. सभी का कहना था, ‘हम से पूछ कर तुम ने ट्रैक्टर दिया था…’

कभी पढ़ाई के समय गुजारे हसीन पलों को ध्यान में रखते हुए पिंटू ने अपना ट्रैक्टर अपने उस दोस्त को बिना किसी लिखापढ़ी के सौंप दिया था. अब पिंटू अपने साथ हुए धोखे के बारे में किसी से कहता, तो अगला कहता, ‘‘सुबूत लाओ.’’

पिंटू सुबूत कहां से लाता? वह ठगा गया था. इस ठगी ने उस के वजूद को हिला कर रख दिया था.

फिर सालों पिंटू इधरउधर भटकता रहा. समाजसेवी, असर रखने वाले, दबाव बनाने वाले, नेता, शासन, प्रशासन… सभी से वह मिला. रोया, गिड़गिड़ाया, जहर खाने व आत्मदाह करने की धमकी भी दी, फोन कराए, बीहड़ में कूद कर बागी बनने की भी कही. बीवीबच्चों को ले कर पुलिस अफसरों से भी मिला.

कभी आश्वासन, तो कभी दुत्कार. कभी हमदर्दी, तो कभी ‘कह दो हैं नहीं’. तो कभी ‘फिर मिलना’. कहने का मतलब एक लंबे समय तक तो पिंटू ‘फुटबाल’ ही बना रहा.

इस दौरान उसे नएनए ‘फ्लेवर’ के लोग मिले. कोई कहता कि पिलाओ, तो पिंटू पिलाता. कोई कहता कि खिलाओ, पिंटू कर्ज ले कर खिलाता. फिर खापी कर लोग चंपत हो जाते और पिंटू की फाइल वहीं की वहीं पड़ी रह जाती.

खानापीना तो फिर भी चल जाता, मदद करने के बहाने लोग उस के ‘घर’ में झांकने लगे थे.

अगर कोई कमजोर हो, तो लोग उस का मजा लेने लगते हैं, हंसने लगते हैं. पिंटू अपना ट्रैक्टर वाला दुखड़ा लोगों से कहता, तो लोग उस के मुंह पर 3 बार ‘च… च… च…’ करते और उस के जाते ही कहते, ‘दिमाग खराब हो गया है इस का.’

ट्रैक्टर खोने, आमदनी का साधन छिनने के बाद पिंटू परेशान हो उठा था. फिर बीच में आई पुलिस. पुलिस ने दोनों तरफ से खाया और ट्रैक्टर जो ट्राली के था… की एवज में दोस्त के परिवार वालों से पिंटू को 25-30 हजार रुपए इस आश्वासन के साथ दिलवाए कि जल्दी और मिल जाएंगे.

पिंटू के ट्रैक्टर की पंचायत शहर कोतवाली में हुई थी. उस समय जो कोतवाल था, उस का कुछ दिनों बाद ट्रांसफर हो गया और पिंटू आजतक अपने ट्रैक्टर की बाकी रकम के लिए भटक रहा है. न जाने कब तक भटकता रहेगा.

ट्रैक्टर के जो रुपए पिंटू को हासिल हुए थे, उन में से एक बड़ा हिस्सा उस की बीवी की बीमारी में लग गया. कुछ गुलछर्रों में उड़ गया. बहुत दिनों की फाकामस्ती के बाद रुपए आने पर मन निरंकुश हो ही जाता है. बाकी पैसा जो मिला, पिंटू ने घर में ही परचून की दुकान खोल ली.

कम पूंजी की मार. आमदनी से ज्यादा खर्च. दुकान खोलने व बंद करने में लापरवाही. आखिरकार पिंटू को दुकान बंद करनी पड़ी. नतीजतन, आजकल पिंटू सड़क पर है.

पिंटू के पास घर है, द्वार है, गांव में अच्छीखासी खेती है. कई बार उस से कहा गया कि खेती में मन लगाओ. टै्रक्टर को भूल जाओ. हादसों का नाम ही जिंदगी है.

थोड़ी देर की हां… हुं के बाद पिंटू फिर अपने ढर्रे में आ जाता, ‘‘मैं यह करूंगा. वह करूंगा. मुख्यमंत्री को लिखूंगा. प्रधानमंत्री से मिलूंगा. मेरा लाखों का ट्रैक्टर सरेआम हथिया लिया गया और जमाना उलटे मुझे ही कुसूरवार ठहराता है? कहां है कानून? कैसा कानून? अंधा है कानून? पैसे वालों का है कानून…’’ कहतेकहते फट पड़ता पिंटू.

एक दिन पिंटू किसी से ‘मानवाधिकार’ वालों का पता पूछ रहा था. उस दिन तो हद ही हो गई. चाय की दुकान पर वह कह रहा था, ‘‘मुंबई जाऊंगा. लोगों को अपनी कहानी सुनाऊंगा. यकीनन, मेरी कहानी पर बनी फिल्म हिट जाएगी. ये फिल्म वाले कुछ पैसेवैसे देंगे न?’’

इधर, 1-2 साल से लोगों ने लोगों के पंगे में अपनी टांग फंसाना और शुरू कर दिया. सिपाही ने पैसे की जगह रिकशे वाले के थप्पड़ जमाया, तो वह सिपाही से भिड़ गया. तहसील में बनते आमदनी सर्टिफिकेट में होती धांधली को देख कर तहसीलदार से भिड़ गया. यानी हर जगह बेवजह ‘पंगा’ मोल लेना उस की आदत बन चुकी है. अकसर वह पिट जाता है. जेल भी जा चुका है, लेकिन दिल है कि मानता नहीं.

एक दिन उस के पड़ोसी ने पूछा, ‘‘यार पिंटू, यह ठीक है कि तुम नाइंसाफी होते देख कर लोगों की भलाई के लिए बीच में कूद पड़ते हो, लेकिन अपनी भी तो सोचो. भलाई के बदले तुम्हें क्या मिलता है?’’

‘‘गांधीजी को क्या मिला था?’’ पलट कर पिंटू ने पूछा, तो पड़ोसी की बोलती बंद हो गई थी.

अब ‘पंगा’ मोल लेना पिंटू की आदत बन चुकी है. फिलहाल वह शहर में ‘पिंटू पंगा’ के नाम से मशहूर हो चुका है. ट्रैक्टर वाला पिंटू पंगा…

पिंटू के पिता जेल में नौकरी करते थे. उन का जेलर से पंगा हो गया. जेलर ने उन्हें लंबा लाद दिया. पिंटू छोटा था. पिताजी ने नई जगह ज्वाइनिंग नहीं ली और जेलर के खिलाफ मोरचा खोल दिया.

अब पिंटू कोशिश कर रहा है कि पिताजी की नौकरी से संबंधित कुछ कागजात मिल जाएं, तो उसे पिताजी के फंड वगैरह के लाखों रुपए मिल सकते हैं.

यह दुनिया ऊपर से कितनी अच्छी दिखती है, लेकिन सच में न जाने कितने पिंटू ‘पिंटू पंगा’ में बदल कर जीने के लिए मजबूर हैं और जिस की मूल वजह समाज में फैला भ्रष्टाचार और अत्याचार है.

इधर पिंटू के हाथ में स्थायी रूप से एक बड़ा सा झोला रहता है. झोले में कागजपत्तर होते हैं. अकसर उसे कचहरी, तहसील, कोतवाली… यानी इंसाफ की इमारतों के आसपास देखा जा सकता है. ज्यादातर दूसरों की मदद के सिलसिले में. बड़ी शान से वह कहता फिरता है… ‘‘ऐसा कोई दफ्तर नहीं है, जहां मैं ने ‘पंगा’ न फैलाया हो.’’

पिंटू में ऐसा कुछ नहीं था, जिसे आदर्श कहा जा सके. उस का जिस्म लुंजपुंज है. कम पढ़ालिखा होने के चलते उस की भाषा में भी खिंचाव नहीं है. लिबास पहनने के मामले में भी वह लापरवाह है, लेकिन बावजूद इन सब के उस के पास एक मासूम दिल है, जो अपने से ज्यादा दूसरों के लिए धड़कता है. आज कितने लोग हैं, जो दूसरों की लड़ाई लड़ते हैं? ‘समय नहीं है…’ हमारे पास यह जवाब होता है. लेकिन जमाने द्वारा सताए जाने के बावजूद पिंटू अपने वजूद का इस्तेमाल दूसरों के लिए कर रहा है.  Hindi Story

-कुमार

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...