Story in Hindi. चौधरी लखनपाल मोबाइल पर तकरीबन चीख उठा. चेहरे पर उलझन और परेशानी के भाव गहरे हो उठे. जबान से गंदीगंदी गालियां उबल पड़ीं. ऐसा लग रहा था, बात करने वाला अगर लखनपाल के सामने होता, तो वह जरूर उस का गला दबा देता. एक हाथ में मोबाइल, दूसरे हाथ की मुट्ठी बुरी तरह कसी हुई थी.
इतनी गरमागरमी होने पर भी दूसरी तरफ से भरपूर दबीदबी आवाज उभरी, ‘‘चौधरी साहब, मुझे झिड़कते ही रहोगे या मेरी गलती भी बताओगे?’’
‘‘तेरी अक्ल मारी गई है या औरतों की दलाली का धंधा करना नहीं आता. कल रात कैसी आवारा औरत को भेज दिया,’’ शब्दों को चबाते हुए लखनपाल ने मन के भावों को उगला.
‘‘क्या फूलवती ने आप को खुश नहीं किया?’’
‘‘अरे छबीले, तू खुशी की बात करता है, फूलवती ने तो मुझे और थानेदार चमन लाल को बरबाद कर के रख दिया है.
‘‘तू ऐसा कर, अभी अपने आदमी भेज और फूलवती को उठा कर हमारे पुराने कुएं वाले ठिकाने पर ले आ.’’
‘‘ठीक है चौधरी साहब, मैं अभी कुछ आदमी ले कर जाता हूं. उस ने आप की इज्जत नहीं, मेरा धंधा खराब किया है. मैं उस की खाल खींच लूंगा.’’
‘‘बातें बाद में बनाना, पहले उसे उठा कर ला,’’ दहाड़ते हुए चौधरी ने आदेश दिया और मोबाइल बंद कर दिया.
लखनपाल बारबार मेज पर बिखरी तसवीरें देख कर परेशान हो रहा था. उसे अपना रुतबा, रुपयापैसा, जमीनजायदाद सबकुछ लुटता नजर आ रहा था.
चौधरी लखनपाल को रहरह कर अपनी घरवाली सीता देवी का खौफ सता रहा था. वह पहले ही उस की ऐयाशी, बदमाशी, आवारगी से परेशान थी. उस ने चेतावनी दे रखी थी कि जिस दिन उसे पराई औरतों के साथ ऐयाशी करने का सुबूत मिल गया, उसी दिन उसे अपनी जायदाद से बेदखल कर देगी.
लखनपाल मन ही मन अपने मरे हुए बाप को कोस रहा था, जिस ने मरने से पहले अपनी जायदाद सीता देवी के नाम कर दी थी.
सीता देवी पहले तो उस की दबंगई सहन कर जाती थी, मगर अब उस के दोनों बेटे जवान हो चुके थे. दोनों बेटे उस से ज्यादा मां को इज्जत देते थे.
अब तो सीता देवी जमीनजायदाद से होने वाली आमदनी व बैंकों में जमा पैसों का हिसाब रखने लगी थी.
इतना सब होने के बावजूद लखनपाल अपनी बुरी आदतों से बाज नहीं आता था. लेकिन कल रात जो फूलवती ने कर दिखाया था, ऐसा तो उस ने सपने में भी नहीं सोचा था. उस शातिर औरत ने रात को मनाई रंगरलियों को कैमरे में कैद कर लिया था.
लखनपाल की ऐयाशियों की मुंह बोलती तसवीरें उस के सामने टेबिल पर बिखरी थीं. सारे फोटो फूलवती ने कुरियर से भेजे थे. तसवीरों में थानेदार चमन लाल भी था. उस के भी कई फोन आ चुके थे.
अब चौधरी लखनपाल को अपने साथसाथ चमन लाल की नौकरी की चिंता सता रही थी. थानेदार चमन लाल ने अकसर उस के हर बुरे काम में साथ दिया था.
चौधरी लखनपाल के बाप के समय से गांव का गरीब मजदूर भालू राम उन के खेतों में काम करता था. अब तो भालू राम मर चुका था. उस का बेटा लाल सिंह उस के खेतों में काम करता था.
लाल सिंह को तनख्वाह के नाम पर दो वक्त की रोटी, 2 जोड़ी कुरतापाजामा, सस्ते से जूतेचप्पल, तो कभी नकद 100-150 सौ मिलने से वह खुश हो जाता था.
अनपढ़ व भोलाभाला लाल सिंह अकेला था. मांबाप मजदूरी करतेकरते मर गए थे. भाईबहिन कोई था नहीं.
अचानक लाल सिंह की जिंदगी में बहार आ गई. उस की जिंदगी खुशियों से जगमगा उठी. उसे एक खूबसूरत बीवी जो मिल गई थी.
मामला कुछ यों था कि चौधरी लखनपाल के खेतों में धान लगाने के लिए कुछ मजदूर बाहर से आए थे. उन में 40 साला मजीद खान भी था. वह शराब बहुत पीता था. एक रात जहरीली शराब पी कर वह मर गया. पीछे उस की खूबसूरत बीवी सलमा रह गई.
लेकिन हकीकत में सलमा भी मजीद खान की ब्याहता नहीं थी. चोरी से उस के साथ घर से भाग कर आई थी. विधवा होने पर भी सलमा वापस घर जाना नहीं चाहती थी.
सलमा जवान व खूबसूरत होने के साथसाथ होशियार और चालाक भी थी. लखनपाल के खेतों में काम करने वाले कितने मजदूरों ने उस का हाथ थामना चाहा, मगर सलमा ने किसी को घास नहीं डाली. धीरेधीरे लखनपाल भी उस के करीब आता जा रहा था.
दोनों की आंखें चार हुईं, तो लखनपाल ने सलमा को पुराने कुएं के पास ही मकान में रख लिया. अब उस की रातें वहीं कटने लगी. वह सीता देवी की तरफ से बेखबर हो गया. उस ने सलमा को लालच दिया कि वह अपनी बीवी को तलाक दे कर उस से शादी कर लेगा.
सलमा मान गई. उसे अपना बरबाद हुआ भविष्य उजला लगने लगा. लखनपाल रात को चोरीछिपे आता, हमबिस्तर हो जाता. उस ने तो सलमा को रखैल बना लिया था. मगर सलमा को रखैल बनना मंजूर नहीं था. 2-4 महीने गुजरने पर वह लखनपाल को शादी करने पर मजबूर करने लगी.
लखनपाल सीता देवी से कोरे कागजों पर दस्तखत करा के सारी जायदाद अपने नाम करा कर हत्या करने के चक्कर में था.
एक रात गहरी नींद में सीता देवी के हाथ का अंगूठा लगवाने की कोशिश में था कि सीता देवी की नींद उखड़ गई. शोर मचा दिया, तो दोनों बेटे भी जाग गए.
अब तो सीता देवी ने रात को सोना भी अलग शुरू कर दिया. वह पति की नीयत भांप गई थी. पुराने कुएं के मकान में सलमा को रखने की बात भी फैलने लगी, तो लखनपाल को एक तरकीब सूझी. उस ने आननफानन सलमा की शादी लाल सिंह से करा दी. सलमा को घर बसाने के लिए थोड़ाबहुत रुपया भी दे दिया.
सलमा ने अब लाल सिंह को ही अपना पति मान लिया था. उसे यह भी महसूस हो गया, पैसे वाले लोग उस की जवानी लूट सकते हैं, समाज में इज्जत नहीं दिला सकते.
लखनपाल सोच रहा था कि फिलहाल मौका संभाल लो, फिर देखा जाएगा. लाल सिंह तो उस का गुलाम है. उसे रात में भगा दिया करेगा और अपनी इच्छा पूरी करता रहेगा. वह उस के सामने जबान खोल नहीं सकता.
लाल सिंह तो खुशी के मारे झूम उठा था. जिंदगी में जवान खूबसूरत औरतों को देखा जरूर था, पर उन का प्यार पाना तो एक सपने जैसा था.
लखनपाल ने 2-4 महीने तो कुछ कहा नहीं, मगर समय गुजरने पर सलमा को फिर वह हमबिस्तर होने पर मजबूर करने लगा.
सलमा ने हमबिस्तर होने से मना कर दिया, तो वह तिलमिला उठा.
लखनपाल ने अपने दोस्त थानेदार चमन लाल से बात की, तो उस ने योजना समझाई.
4-5 दिन बाद चमन लाल ने 2 सिपाहियों के साथ लाल सिंह की झोंपड़ी में छापा मारा. शराब की 2 बोतलें, चरस, अफीम वगैरह बरामद कर के पुलिस उसे थाने ले गई. सलमा बहुत रोईगिड़गिड़ाई, पर थानेदार चमन लाल ने उस की एक न सुनी.
सलमा ने गांव में कितने ही लोगों से फरियाद की, पर किसी ने मदद नहीं की. आखिरकार सलमा लखनपाल के पास मदद के लिए गई. वह तो इसी इंतजार में था.
सलमा की फरियाद पर वह आगे बढ़ा और उसे बांहों में कसते हुए बोला, ‘‘मेरी जान, मुझे नाराज कर के तू सुखी नहीं रह सकती. अब तो घरवाले को थाने से बाहर निकालने का एक ही रास्ता है. मेरी प्यास बुझा, तेरे लालू को ले आएंगे,’’ कहते हुए लखनपाल सलमा के बदन से खेलने लगा.
मजबूर सलमा अपने घरवाले को थाने से घर लाने के लिए 7-8 दिन तक लखनपाल की रातें रंगीन करती रही, मगर लखनपाल ने अपना वादा पूरा नहीं किया.
सलमा लखनपाल के इरादे भांप गई. उस ने पति को छुड़ाने का दूसरा रास्ता तलाश करना शुरू कर दिया.
उसे किसी औरत ने बताया कि पुरानी बस्ती में कुछ बदनाम औरतें रहती हैं. उन के संबंध पुलिस वालों से भी हैं. शायद उस की मुसीबत का हल वहां मिल जाए.
उस दिन लखनपाल ने गुलछर्रे उड़ाने के लिए थानेदार चमन लाल को भी बुला लिया. लखनपाल को यकीन था कि वह आएगी, मगर सलमा उस रात नहीं आई. दोनों पर शराब का नशा हावी था. सलमा को बुलाने नौकर भेजा, तो पता चला कि सलमा घर में नहीं थी.
तब लखनपाल ने छबीले को आदेश दिया कि वह खूबसूरत औरत का इंतजाम करे. छबीले ने पुरानी बस्ती की बदनाम औरत फूलवती का इंतजाम कर दिया.
फूलवती सजसंवर कर अपनी एक सहयोगी के साथ आ पहुंची. दोनों ने उस का भरपूर स्वागत किया.
फूलवती एक बीयरबार में डांस भी करती थी. कातिल अदाएं दिखाते हुए उस ने ऐसा डांस किया कि थानेदार चमन लाल उस पर मरमिटा.
लखनपाल ने थानेदार चमन लाल के साथ मिल कर हजारों रुपए फूलवती की जवानी पर लुटा दिए. दोनों नशे में चूर फूलवती की नशीली अदाओं पर फिदा हो गए. थानेदार चमन लाल ने फूलवती को कुछ भी मांगने को कहा.
समय की नजाकत समझ फूलवती ने कहा कि थाने में फोन कर के वह लाल सिंह को छोड़ने को कह दे.
थानेदार चमन लाल ने फूलवती को गोद में बिठा कर थाने फोन किया और कहा कि लाल सिंह को फौरन छोड़ दिया जाए.
सुबह देर तक चमन लाल और लखनपाल सोते रहे. रात का नशा अभी उन के दिलोदिमाग पर छाया हुआ था. फूलवती अपनी सहयोगी औरत के साथ उन के जागने से पहले जा चुकी थी.
दोपहर के समय एक कुरियर वाला एक लिफाफा दे गया. उस पर लखनपाल का नाम लिखा था. भेजने वाले का नामपता गायब था.
लिफाफा खुला, उस में से कितने ही फोटो फर्श पर गिरे और बिखर गए. फोटो में अपनी और चमन लाल की फूहड़ तसवीरें देख वह सिर से पांव तक कांप गया.
कुछ ही देर में थानेदार चमन लाल जलाभुना वहां आ गया. उसे देख कर लग रहा था कि वह अभी रो पड़ेगा. आते ही वह लखनपाल पर बरस पड़ा, ‘‘अरे चौधरी, अपने साथ तू ने मुझे भी बरबाद कर दिया. कैसी आवारा औरत को बुलाया था. मेरी नौकरी गई, बलात्कार के आरोप में सजा होगी सो अलग. कुछ सोचा है अपने बचाव के लिए?’’
‘‘उस जालिम बदमाश ने मुझे भी बुरी तरह फंसा दिया है. मेरी घरवाली और दोनों बेटे मुझे घर से निकाल देंगे. बचने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा,’’ हारे हुए जुआरी की तरह लखनपाल ने अपनी बेबसी जाहिर की.
‘‘अब तुम अपनी बरबादी का मातम मनाते रहोगे या बचने का भी रास्ता तलाशोगे,’’ थानेदार चमन लाल की आवाज बेदम हो उठी थी.
‘‘मैं ने फूलवती के पीछे अपने आदमी लगा दिए हैं. मुझे सलमा पर भी शक हो रहा है कि कहीं वह भी इस खेल में शामिल तो नहीं. इतना बड़ा ड्रामा अकेली फूलवती नहीं कर सकती. सलमा मेरे भेद जानती है. उसे भी उठाने को आदमी भेज देते हैं, फिर तो फूलवती को काबू में करना आसान हो जाएगा.’’
‘‘जल्दी कर जो करना है, मेरे दिमाग ने काम करना बंद कर दिया है,’’ लाचारी में डूबा चमन लाल शब्दों को चबाते हुए बोला.
लखनपाल ने तत्काल 8-10 आदमी सलमा और लाल सिंह को उठा लाने को भेज दिए, क्योंकि लाल सिंह को थानेदार चमन लाल के कहने पर छोड़ दिया गया था.
3 घंटे के इंतजार के बाद भेजे हुए आदमी खाली हाथ लौट आए. उन्होंने बताया कि सारे गांव का चप्पाचप्पा छान मारा, पर लाल सिंह, सलमा और फूलवती का कहीं पता नहीं चला. थोड़ी देर बाद ही छबीले का फोन भी आ गया. उस ने भी अपनी नाकामी का रोना रोया.
छबीले की नाकामी की सूचना पर लखनपाल ने मोबाइल पर ही गालियों की बौछार कर दी. वे दोनों मिल कर अपने बचाव का रास्ता तलाश रहे थे कि लखनपाल का मोबाइल बज उठा.
‘‘कौन बोल रहा है? आवाज साफ सुनाई नहीं दे रही?’’
‘‘क्यों? अपनी तसवीरें देख कर आवाज सुनने की ताकत नहीं रही. मैं फूलवती बोल रही हूं. हमारा अपहरण कर के हत्या करने को आदमी भेज दिए हैं तुम ने.
‘‘अब तुम भी सुनो… तुम्हारे साथसाथ थानेदार चमन लाल की भी तसवीरें पुलिस, पत्रकारों, टीवी चैनल को दे दी हैं. पुलिस ने तुम्हारी पुराने कुएं वाली हवेली को घेर लिया है.’’
दूसरी तरफ से फूलवती ने इतना बताया और फोन काट दिया.
लड़खड़ाते कदमों से लखनपाल के साथ थानेदार चमन लाल ने हवेली की तीसरी मंजिल की खिड़की से झांक कर देखा, तो वाकई पुलिस ने हवेली को घेर लिया था.Story in Hindi.




