Sports. इस बार के इंडियन प्रीमियर लीग में ‘न्यू बोर्न बेबी’ वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से पूरी लाइमलाइट बटोर ली थी, पर विराट कोहली को ऐसे ही ‘किंग’ नहीं कहते हैं. बड़े मुकाबलों में ‘किंग कोहली’ का बल्ला बोलता है,’ तभी तो उन की 75 रनों की नाबाद पारी से इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के फाइनल मुकाबले में रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हरा कर दूसरी बार खिताब जीत लिया.
गुजरात टाइटन्स की पहले बल्लेबाजी
इस मैच में रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टौस जीत कर गुजरात टाइटन्स को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था, लेकिन उस की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ‘क्वालिफायर टू’ में राजस्थान रौयल्स के खिलाफ गुजरात टाइटन्स को जिताने वाले कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस बार अपनी बल्लेबाजी से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए.
विपक्षी टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने तीसरे ओवर में शुभमन गिल का विकेट लिया, जबकि चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने साई सुदर्शन को आउट कर दिया. शुभमन गिल ने 10 और साई सुदर्शन ने महज 12 रन बनाए थे.
फाइनल मुकाबले में 2 विकेट जल्दी गिरने का असर गुजरात टाइटन्स की शुरुआत पर साफ दिखाई दिया, क्योंकि यह टीम पावरप्ले में 2 विकेट गंवा कर 45 रन ही बना पाई थी.
इस के बाद बल्लेबाज जोस बटलर ने निशांत संधू के साथ मिल कर गुजरात टाइटन्स को संभालने की कोशिश की, पर 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर रसिख सलाम ने निशांत संधू को आउट कर दिया. उन्होंने 18 गेंद में 20 रन ही बनाए.
3 विकेटों के जल्दी गिरने के दबाव में जोस बटलर भी 13वें ओवर में स्पिन गेंदबाज क्रुणाल पंड्या का शिकार बने. तब गुजरात टाइटन्स का स्कोर महज 73 रन था. जोस बटलर 23 गेंद में 19 रन ही बना पाए थे.
इस फाइनल मुकाबले में रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटन्स पर लगातार दबाव बनाए रखा. नतीजतन, गुजरात टाइटन्स ने अपने पहले 5 विकेट 99 रन पर ही गंवा दिए.
हालांकि, बल्लेबाज वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंद में 50 रन की अच्छी पारी खेली और 20 ओवर में गुजरात टाइटन्स के स्कोर को 155 रन तक पहुंचाया.
रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की ओर से गेंदबाज रसिख सलाम डार ने 3 विकेट लिए. वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के हिस्से में 2-2 विकेट आए.
विराट कोहली का जलवा
156 रन के टारगेट का पीछा करते हुए रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की शुरुआत जोरदार रही. गुजरात टाइटन्स के गेंदबाज कगिसो रबाडा के पहले ओवर में बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने 18 रन बटोरे. इस तरह पहले 2 ओवर बाद ही रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु का स्कोर बिना किसी नुकसान के 23 रन हो गया था.
पारी के तीसरे ओवर में विराट कोहली ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ 2 चौके मारे, जबकि चौथे ओवर में उन्होंने कगिसो रबाडा को 3 चौके और एक छक्का जड़ा. इस से पहले 4 ओवर में ही रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु का स्कोर 50 के पार पहुंच गया था.
इस के बाद मोहम्मद सिराज ने 5वें ओवर में वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया. लेकिन तब तक उन्होंने 16 गेंद में 32 रन की तेज पारी खेल कर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिला दी थी.
इस के बाद कसिगो रबाडा ने जल्दी ही बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को पवेलियन वापस भेज दिया था. उन्होंने महज एक रन ही बनाया था.
इस बीच पावरप्ले में ही रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु का स्कोर 70 रन पहुंच गया था. लेकिन इस के बाद 9 ओवर
की दूसरी गेंद पर स्पिनर राशिद खान ने रजत पाटीदार को आउट कर दिया. उन्होंने 15 रन ही बनाए थे. उसी ओवर में राशिद खान ने क्रुणाल पंड्या का विकेट भी ले लिया था.
इस सब के बावजूद विराट कोहली और टिम डेविड के बीच 5वें विकेट के लिए 41 रन की पार्टनरशिप हुई. हालांकि, 132 के स्कोर पर टिम डेविड आउट हो गए. उन्होंने 17 गेंद में 24 रन की छोटी, पर अच्छी पारी खेली थी.
पर विराट कोहली आखिर तक टिके रहे और उन्होंने नाबाद 75 रन बनाए और अपनी टीम को चैंपियनशिप ट्रौफी भी दिलाई.
याद रहे कि रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने पिछले साल भी आईपीएल का खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटन्स ने साल 2022 में यानी आईपीएल के अपने पहले ही सीजन में ट्रौफी अपने नाम की थी.
इस बार की विजेता टीम रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु को 20 करोड़ रुपए इनाम के तौर पर मिले, जबकि उपविजेता रही गुजरात टाइटन्स के हिस्से में साढ़े 12 करोड़ रुपए आए. तीसरे नंबर की टीम राजस्थान रौयल्स को 7 करोड़ रुपए मिले और चौथे नंबर की टीम सनराइजर्स हैदराबाद को साढ़े 6 करोड़ रुपए मिले. इस तरह जो टीम जितने नंबर पर रही, उसे उसी हिसाब से तय रकम मिली.




