Readers Problem-

सवाल:  मैं 18 साल की लड़की हूं और आंध्र प्रदेश के हैदराबाद शहर में रहती हूं. मैं एक अच्छे कालेज के पहले साल में पढ़ रही हूं. मैं ह्यूमन रिसोर्स के क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहती हूं, पर मु झे इस फील्ड की ज्यादा जानकारी नहीं है. मु झे क्या करना चाहिए?

जवाब : आप जो भी डिगरी कोर्स करें उस में ह्यूमन रिसोर्स का कोई विषय जरूर लें, मसलन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमैंट या एचआर प्लानिंग ऐसे 16 प्रमुख विषय हैं जो आप अपने इंटरैस्ट के हिसाब से चुन सकती हैं. एचआर के लिए किसी एक खास विषय में डिगरी का होना जरूरी नहीं होता.

बेहतर होगा कि आप हैदराबाद के किसी अच्छे इंस्टीट्यूट या कालेज में संपर्क कर डिटेल से जानकारी लें. इस के लिए मल्ला रेड्डी सैंटर फौर मैनेजमैंट स्टडीज, केएलएच ग्लोबल बिजनैस स्कूल और सिम्बायोसिस सैंटर फौर मैं मैनेजमैंट स्टडीज बेहतर रहेंगे.

और भी दर्जनों कालेज व इंस्टीट्यूट हैदराबाद में हैं, कहीं से भी जानकारी हासिल कर आगे क्या करना है यह तय करें. इस क्षेत्र में अच्छा कैरियर बनाया जा सकता है.

***

सवाल: मैं 21 साल का लड़का हूं और उत्तराखंड में चकराता इलाके में रहता हूं. यह एक छोटा सा खूबसूरत हिल स्टेशन है ओर यहां काफी सैलानी आते हैं. पर मैं ने नोटिस किया है कि बहुत से लोग पहाड़ों पर आ कर गंदगी फैलाने की जैसे होड़ लगा देते हैं. वे इधरउधर कचरा फैलाते हैं.

एक बार तो एक परिवार इंदौर, मध्य प्रदेश से यहां आया था. जब उन्होंने सड़क पर प्लास्टिक की बोतल फेंकी, तो मैं ने पूछ लिया कि आप का शहर तो भारत भर में सब से साफ माना जाता है, तो फिर यह सब आप यहां क्यों कर रहे हैं?

मेरे इस सवाल से वे सब शर्मिंदा हो गए. हमें ऐसा क्या करना चाहिए कि लोग इस तरह गंदगी फैलाने से बचें?

जवाब: इसी तरह सैलानियों को शर्मिंदा करते रहिए, जिस से उन्हें सबक मिले. इस के लिए चकराता में और जहांजहां हो सके होर्डिंग्स लगाइए कि ‘पर्यटक कृपया हिल स्टेशन पर गंदगी न फैलाएं’. कुछ लोग मिल कर यह काम अपने हाथ में भी ले सकते हैं, जिन की ड्यूटी यह हो कि वे खाली वक्त में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और दूसरे पब्लिक प्लेस पर साफसफाई और स्वच्छता का मैसेज हैंडबिल्स वगैरह के जरीए दें.

सच्ची सलाह के लिए कैसी भी परेशानी टैक्स्ट या वौइस मैसेज से भेजें. मोबाइल नंबर : 08826099608   

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...