Gahri Paith. गंगाजमुना और मंदिर की भरमार वाले देश के सब से गरीब राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश अब चुनावों की तैयारी में लगा है. सवाल सब से अहम यह है कि आबादी का 80 फीसदी से ज्यादा लोग जो पौराणिक ग्रंथों पर बने समाज के शिकार हैं किसे वोट दें? काफी साल पिछड़ों ने समाजवादी पार्टी को वोट दिया और दलितों ने बहुजन समाज पार्टी को. बाद में दोनों वर्गों का बड़ा हिस्सा भारतीय जनता पार्टी को वोट करने लगा कि शायद ऊंची जातियों और मंदिरों के लिए काम करने से उन के भाग के दरवाजे खुल जाएंगे.

असल में पिछड़ों और दलितों के बारे में आज भी ऊंची जातियों का रवैया बदला नहीं है. वे जन्म की वजह आज भी सामाजिक तौर पर दूसरे दर्जे के ही नागरिक हैं. उन्हें दूसरे दर्जे का बनाए रखने के लिए ऊंची जातियों ने भाजपा का भरपूर इस्तेमाल किया है. वोट उन से ली पर सत्ता खुद ले ली जैसी बात अमृतमंथन की कहानी में कही जाती है जिस में अमृतक्लश लगा दैत्यों के हाथ पर विष्णु ने लड़की का मोहिनी अवतार बन कर उन्हें लूट लिया.

भाजपा के सहारे आज भी ऊंची जातियां एक अलग समाज बनाए बैठी हैं और पढ़ेलिखे, स्मार्ट, अच्छे पैसे वाले ओबीसी, एससी, एसटी आज भी दूसरे दर्जे के लोग हैं पर वोट भी देते हैं और आज ऊंची जातियों की मिल्कीयत वाले मंदिरों में भी धड़ाधड़ जा रहे हैं.

2012 के विधानसभा चुनावों में पिछड़ों की पार्टी समाजवादी को 29 फीसदी वोट मिले जो 2014 के चुनावों में घट कर 22 फीसदी रह गए और 2019 के लोकसभा चुनावों में 18 फीसदी रह गए. दलितों की बहुजन समाज पार्टी को 2012 विधानसभा में 26 फीसदी वोट मिले, 2014 के लोकसभा चुनावों में 20 फीसदी और 2019 लोकसभा चुनावों में 10 फीसदी.

दोनों पार्टियों के लोगों ने अपनी पार्टी छोड़ कर पूजापाठी पार्टी भाजपा को वोट दिया. 2024 के लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस साथ लड़े तो उन के वोट बढ़ कर 34+9 फीसदी हो गए. अब सवाल यह है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में क्या करें?

भाजपा का राज कैसा चल रहा है, यह अब मालूम है. पर उन की मंदिर पर पकड़ कम हुई है, इस का पक्का अंदाजा नहीं है. बाबाओं की सभाओं में भीड़ बढ़ रही है और यह भीड़ पिछड़ों और दलितों के कारण ही होती है जो उसी पौराणिकता को वोट देते हैं जो उन्हें सदियों से लूट रही है और भाजपा के सहारे राज कर रही है.

पिछड़ों और दलितों को तय करना होगा कि सदियों की पूजापाठ से देश का कल्याण नहीं हुआ तो आज कैसे हो जाएगा. जब दुनिया के पहले के गरीब चीन, वियतनाम, कंबोडिया, नाइजीरिया, इथियोपिया आज भारत से बेहतर हो गए हैं तो हमारे यहां क्या कमी हैं? कमी है कि हम काम करने वालों को इसलिए इज्जत नहीं देते कि पौराणिक ग्रंथों में लिखा है कि उन्होंने पिछले जन्म में पाप किया था इसलिए वे दुख सह रहे हैं. यह बिलकुल गप है, झूठ है, फरेब है, लूट का तरीका है. पिछड़ों और दलितों के पास अब ज्यादा समय नहीं है. कल को आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस उन्हें वैसे ही नकारा बना सकती है. सत्ता उन के  हाथ में आए यह जरूरी नहीं है.  Gahri Paith

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...