दैहिक भूख : किस राह पर चल पड़ी थी उसकी बेटी

आज मनोज बहुत खुश था और पहुंच गया यादों में. 4 साल पहले वह नौकरी की तलाश में मुंबई आया था. पढ़लिख कर गांव में रहने का कोई फायदा नहीं था. वहां तो कोई छोटीमोटी नौकरी मिलती या अपनी छोटी सी दुकान खोल कर बैठना पड़ता. इस के अलावा वहां और कुछ था भी नहीं, जिस पर अपनी गुजरबसर की जा सके. यही सोच कर मनोज ने मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ ली थी.

पहले कुछ दिन तो मनोज को एक लौज में रहना पड़ा, फिर धीरेधीरे उसे उस के गांव के लोग मिल गए, जो 3-4 के समूह में साथसाथ रहते थे. मनोज भी उन्हीं के साथ चाल में रहने लगा था.

चाल का मतलब है आधे कच्चेपक्के घरों की वे बस्तियां, जहां संकरी गलियों में छोटेछोटे कमरे होते हैं. पानी के लिए एक सरकारी नल का इंतजाम होता है, जहां बच्चेऔरतें और मर्द सुबह से ही अपनेअपने बरतन ले कर लाइन लगा देते हैं, ताकि वे पूरे दिन के लिए पीने व नहानेधोने का पानी भर सकें.

अब मनोज बड़ी मेहनत से नौकरी कर के पैसा कमा रहा था और एकएक पैसा जोड़ रहा था, ताकि रहने के लिए अपना छोटा सा घर खरीद सके. आज मनोज इसीलिए खुश था, क्योंकि उस ने एक छोटा सा 8 बा 8 फुट का कमरा खरीद लिया था. इधर उस के मातापिता भी काफी समय से जोर दे रहे थे कि शादी कर लो. रहने का ठिकाना हो गया था, सो अब मनोज ने भी इस के लिए हामी भर दी थी.

मां ने गांव में अपने ही रिश्ते में एक लड़की पसंद कर रखी थी, जिस का नाम शिल्पा था. शिल्पा भी राह देख रही थी कि कब मनोज आए और उसे ब्याह कर मुंबई ले जाए.

मनोज गांव गया और फिर चट मंगनी पट ब्याह. वह एक महीने में शिल्पा को ले कर मुंबई आ गया.

शिल्पा मुंबई के तौरतरीके सीख रही थी. वह भी रोज सुबह पानी की लाइन में लग जाती और वहां की मराठी औरतों के साथ बातें कर के थोड़ीथोड़ी मराठी भी सीखने लगी थी.

जब शाम को मनोज दफ्तर से काम कर के खोली में लौटता और शिल्पा को अपनी बांहों में भर कर प्यार भरी बातें करता, तो वह कहती, ‘‘धीरे बोलिए, सब के कमरे आसपास हैं. खिड़की भी तो सड़क पर खुलती है. कोई सुन लेगा तो…’’ मनोज कहता, ‘‘सुन ले तो सुन ले, हम अपनी बीवी से बात कर रहे हैं, कोई चोरी थोड़े ही कर रहे हैं.’’

आसपास की जवान लड़कियां भी कभीकभार शिल्पा को छेड़ कर कहतीं, ‘भाभी, कल भैया से क्या बातें हो रही थीं? हम ने सुना था सबकुछ…’

शिल्पा जवाब में कहती, ‘‘कोई और काम नहीं है तुम्हारे पास, हमारी बातें सुनने के अलावा?’’

इस तरह 4 साल बीत गए और शिल्पा के 2 बच्चे भी हो गए. बड़ी बेटी संध्या और छोटा बेटा वीर. मनोज अपने परिवार में बहुत सुखी था. वह अब एक फ्लैट खरीदना चाहता था, ताकि जब उस के बच्चे बड़े हों तो थोड़े अच्छे माहौल में पलबढ़ सकें. इस के लिए वह एकएक पाई जोड़ रहा था.

शिल्पा और मनोज सोने से पहले रोज नए फ्लैट के बारे में ही बात करते थे. मनोज कहता, ‘‘एक वन बैडरूम का फ्लैट हो जाए बस.’’ शिल्पा कहती, ‘‘हां, तुम नया घर लेने की तैयारी करो. हम उसे सजा देंगे और बाहर नेम प्लेट पर मेरा भी नाम लिखना. घर के दरवाजे पर हम लिख देंगे ‘आशियाना’.’’

मनोज हर छुट्टी के दिन ब्रोकर से मिल कर फ्लैट देख कर आता. कोई बहुत अंदर गली में होता, जहां से मेन रोड पर आने में ही आधा घंटा लग जाए, तो कोई बच्चों के स्कूल से बहुत दूर होता. कोई बहुत पुरानी बिल्डिंग होती, जिस में लीकेज की समस्या होती, तो कोई बहुत अंधेरी सी बिल्डिंग होती और कीमत पूछते ही मकान मालिक भी बड़ा सा मुंह खोल देते. कीमत बड़ी और फ्लैट का साइज छोटा. लोग 30 लाख रुपए तक मांगते.

कहां से लाता मनोज इतने पैसे? सो, 20 लाख रुपए में अच्छी सी लोकेशन देख कर उस ने एक वन बैडरूम फ्लैट खरीद लिया, जिस के आसपास सारी सुविधाएं थीं और रेलवे स्टेशन भी नजदीक था. फ्लैट में रहने से शिल्पा और बच्चे भी मुंबई के रंग में रंगने लगे थे.

मनोज की बेटी संध्या 13वें साल में थी. उस का शरीर अब गोलाई लेने लगा था और वह अब थोड़ा सजधज कर भी रहने लगी थी. ऊपर से टैलीविजन और मीडिया. आजकल के बच्चे वक्त से पहले ही सबकुछ समझने लग जाते हैं. फिर घर में जगह व एकांत की कमी. अब घर छोटा पड़ने लगा था. मनोज अब बच्चों से नजरें बचा कर मौका ढूंढ़ता कि कब शिल्पा के करीब आए और उसे अपने आगोश में ले.

वक्त तेजी से बीत रहा था. संध्या अब कालेज जाने लगी थी और रोजाना नए कपड़े, जूते, बैग वगैरह की मांग भी करने लगी थी. उस की ये सब जरूरतें पूरी करना मनोज के लिए मुश्किल होता जा रहा था.

एक दिन संध्या बोली, ‘‘पापा, मेरी सारी सहेलियां नई फिल्म देखने जा रही हैं, मुझे भी जाना है. मां से कहिए न कि मुझे कुछ रुपए देंगी.’’ मनोज ने कहा, ‘‘देखो संध्या बेटी, तुम्हारी बात बिलकुल सही है. तुम्हें भी घूमनेफिरने की आजादी होनी चाहिए. लेकिन बेटी, हम इतने पैसे वाले नहीं हैं. अभी तुम्हारी पढ़ाईलिखाई के तमाम खर्च हैं और बाद में तुम्हारी शादी के. फिर तुम्हारा छोटा भाई भी तो है. उस के बारे में भी तो सोचना है. आज तो मैं तुम्हें पैसे दे रहा हूं, लेकिन रोजरोज जिद मत करना.’’

संध्या खुशीखुशी पैसे ले कर कालेज चली गई.

शिल्पा मनोज से बोली, ‘‘कैसी बातें करते हैं आप. आज पैसे दिए तो क्या वह रोज नहीं मांगेगी? लड़की को इतनी छूट देना ठीक नहीं है.’’

मनोज बोला, ‘‘बच्चों के लिए करना पड़ता है शिल्पा. ये भी तो बाहर की दुनिया देखते हैं, तो इन का भी मन मचलता है. और अगर हम न दें, तो इन का हम पर से भरोसा उठ जाएगा.’’

अब संध्या तकरीबन हर रोज मनोज से पैसे मांगने लगी थी. कभीकभी मनोज मना कर देता, तो उस दिन संध्या मुंह फुला कर कालेज जाती.

कालेज के बाद या कभीकभी कालेज से छुट्टी कर के लड़केलड़कियां हाथ में हाथ डाले मुंबई के बीच पर घूमते नजर आते. कई बार थोड़े अमीर परिवार के लड़के लड़कियों को अच्छे रैस्टोरैंट में ले जाते, तो कभी फिल्म दिखा कर भी लाते.

मनोज तो संध्या की जरूरत पूरी करने में नाकाम था, सो अब संध्या भी उन लड़कों के साथ घूमने लगी थी. किसी लड़की को बांहों में बांहें डाल कर घुमानाफिराना इस उम्र के लड़कों के लिए बड़े गर्व की बात होती है और लड़कियां सोचती हैं कि यह प्यार है और वह लड़का उन की खूबसूरती का दीवाना है.

संध्या की दूसरी सहेलियां भी ऐसे ही लड़कों के साथ घूमती थीं. एक दिन सभी लड़केलड़कियां गोराई बीच चले गए. बोरीवली से छोटी नाव, जिसे ‘फेरी’ कहते हैं, चलती है, जो एक छोटी सी क्रीक को पार करा देती है और गोराई बीच आ जाता है. यह मछुआरों का गांव है. मछुआरे बहुत ही कम कीमत पर, यों समझिए 2 सौ, 3 सौ रुपयों में कमरे किराए पर दे देते हैं, ताकि लोग बीच से आ कर कपड़े बदल लें और आराम भी कर लें. सो, सारा गु्रप पूरा दिन सैरसपाटा कर के आता और अलगअलग कमरों में बंद हो जाता. यह सारा खर्चा लड़के ही करते थे.

अब यह सब संध्या व उस की सहेलियों व लड़कों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया था. कभीकभी वे लड़के अपने दूसरे दोस्तों को भी वहां ले जाते और संध्या व उस की सहेलियां उन लड़कों से भी हिलमिल गईं. यही तो खास बात है इस उम्र की कि कुछ बुरा तो नजर आता ही नहीं. सब अच्छा ही अच्छा लगता है और अगर मातापिता कुछ कहें, तो उन की बातें दकियानूसी लगती हैं.

लड़केलड़कियां एकदूसरे की सारी जरूरतें पूरी करते, दैहिक भूख व मौजमस्ती. कुछ महीनों तक ऐसा ही चलता रहा, लेकिन एक दिन वहां पर पुलिस की रेड पड़ गई, जिस में संध्या भी पकड़ी गई. फिर क्या था… सभी लड़केलड़कियों को पुलिस स्टेशन ले जाया गया और फोन कर के उन के मातापिता को भी वहां बुलाया गया. मनोज के पास भी पुलिस स्टेशन से फोन आया. वह तो फोन सुनते ही हक्काबक्का रह गया. जल्दी से वह दफ्तर से आधे दिन की छुट्टी ले कर पुलिस स्टेशन पहुंचा.

वहां संध्या को देखा और सारी बात मालूम होते ही उस की आंखों में खून उतर आया. खैर, पुलिस के हाथपैर जोड़ कर वह संध्या को वहां से ले कर घर आया. जब संध्या की मां ने सारी बात सुनी, तो उस ने संध्या को जोरदार तमाचा जड़ कर कहा, ‘‘शर्म नहीं आई तुझे उन लड़कों के साथ गुलछर्रे उड़ाते हुए?’’

संध्या कहां चुप रहने वाली थी. वह कहने लगी, ‘‘19 साल की हूं मैं और बालिग भी हूं. अगर आप और पापा सब कर सकते हैं, तो मैं क्यों नहीं? कितनी बार देखा है मैं ने आप और पापा को…’’

इतना सुनते ही शिल्पा ने संध्या के गाल पर दूसरा तमाचा जड़ दिया और गुस्से में बोली, ‘‘अरे, हम तो पतिपत्नी हैं, पर तुम इस पढ़नेलिखने की उम्र में बिन ब्याहे ही…’

संध्या ने सारी हदें पार कर दीं और बोली, ‘‘तो क्या हुआ जो शादी नहीं हुई तो. तुम लोगों को देख कर बदन में उमंग नहीं जागती? कैसे शांत करूं मैं उसे बिन ब्याहे? अगर वे लड़के मुझे घुमातेफिराते हैं, मेरी जरूरतों का खयाल रखते हैं, तो बुराई भी क्या है इस दैहिक संबंध में? पापा और आप भी तो शादी कर के यही कर रहे हो. सिर्फ एकदूसरे की जरूरतों को पूरा करना. तो क्या इस पर शादी की मुहर लगाना जरूरी है?

‘‘आप लोग तो मेरी जरूरतें पूरी कर नहीं पाते. सिर्फ मैं ही नहीं, आजकल तो अकसर सभी लड़कियां करती हैं यह सब. ‘‘मां, अब तुम लोग पुराने जमाने के हो गए हो. आजकल सब चलता है. कुदरत ने देह दी है, तो उस को इस्तेमाल करने में क्या बुराई है?’’

संध्या की ये बेशर्मी भरी बातें सुनी नहीं जा रही थीं. मनोज तो अपने कानों पर हाथ रख मुंह नीचे किए बैठा था और संध्या लगातार बोले जा रही थी. उस ने तो मौजमस्ती की चाह और अपनी दैहिक भूख को शांत करने के लिए सारी हदें पार कर ली थीं. नएनए लड़कों से दैहिक संबंध बनाने में उसे कोई बुराई नजर न आई. इस का कोई दुख या गिला भी न था उसे.

शिल्पा कोने में दीवार पर सिर टिका कर आंसू बहाए जा रही थी. अब मनोज जुट गया था 2 कमरों का घर ढूंढ़ने में.

नो बौल विद फ्री हिट : प्यार की सच्ची कहानी

कोलकाता से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर समीर ने कुछ  ही दिन पहले नौकरी जौइन की थी. वह वहां के गार्डन रीच वर्कशौप में ट्रेनिंग ले रहा था जो रक्षा मंत्रालय के अधीन भारत सरकार का एक उद्यम है. वहां जहाज निर्माण से ले कर उन के रखरखाव की भी सुविधा है.

कोलकाता के मटियाबुर्ज महल्ला में स्थित गार्डन रीच वर्कशौप देश का जहाज बनाने का प्रमुख कारखाना है. यह मुख्य शहर से दूर है. समीर झारखंड के धनबाद शहर का रहने वाला है, जिसे कोल कैपिटल औफ इंडिया भी कहा जाता है. यही उस की एक साल की ट्रेनिंग थी. कोलकाता में वह धर्मतल्ला में एक कमरे के फ्लैट में एक अन्य युवक के साथ शेयर कर के रहता था.

मटियाबुर्ज धर्मतल्ला से लगभग 13 किलोमीटर दूर है. इस का भी एक इतिहास है, अवध के नवाब वाजिद अली शाह ने अंगरेजों के चंगुल से भाग कर यहीं आ कर शरण ली थी. मटियाबुर्ज बहुत गंदा इलाका था और वहां मुख्यता: अनस्किल्ड लेबर ही रहते थे. ज्यादातर मजदूर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश से आते हैं.

समीर वर्कशौप जाने के लिए फ्लैट से थोड़ी दूर पैदल चल कर धर्मतल्ला बस स्टौप से सुबह 8 बजे की बस पकड़ता था. 9 बजे तक उसे औफिस पहुंचना होता था. उस के फ्लैट से कुछ दूरी पर स्थित एक फ्लैट से एक युवती भी रोज उसी बस को पकड़ती थी.

शुरू में तो समीर को उस में कोई दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन लगातार एक ही स्टैंड से रोज बस पकड़ने, एक ही बस में आनेजाने से समीर का उस युवती के प्रति खासा आकर्षण हो गया था.

वैसे, दोनों में कभी कोई बातचीत नहीं हुई थी, पर कभीकभी नजरें चुरा कर समीर उसे देख लेता था. वह गेहुएं रंग के चेहरे वाली भोलीभाली युवती थी. कभीकभी भीड़ के कारण यदि उसे सीट नहीं मिलती तो वह उस युवती के बगल वाली लेडीज सीट पर जा बैठता था. तब वह युवती थोड़ा और सिमट कर खिड़की से बाहर देखने लगती थी. कभी वह उसे देखती तो समीर झट से अपनी आंखें दूसरी ओर फेर लेता.

समीर उस से बातचीत करना चाहता था पर खुद पहल न कर पाया. उस युवती ने भी उस से आगे बढ़ कर कभी हायहैलो तक न की.

एक दिन अचानक बसों की हड़ताल हो गई. सुबह तो समीर और उस युवती को बस मिल गई थी, पर लौटते वक्त बसें नहीं चल रही थीं. तो समीर अपने बौस की कार से घर आ रहा था. कंपनी की गाड़ी थी, ड्राइवर चला रहा था. कार में पीछे की सीट पर समीर अपने बौस और कंपनी के एक और अफसर के साथ बैठा था तभी समीर ने खिद्दीरपुर बस स्टौप पर उस युवती को देखा. पहले तो उसे संकोच हुआ पर उस ने साहस कर बौस से उस युवती को लिफ्ट देने की विनती की.

बौस ने हंसते हुए पूछा, ‘‘क्या बात है, कोई चक्कर चल रहा है क्या?’’

समीर बोला, ‘‘नो सर, मैं तो उस का नाम भी नहीं जानता. बस, काफी दिनों से हम दोनों एक ही बस पकड़ते हैं. आज तो उसे बस मिलने से रही और टैक्सी की भी डिमांड इतनी ज्यादा है कि वह भी उसे शायद न मिले.’’

ड्राइवर ने कार रोक कर हौर्न बजाया पर युवती ने उन की ओर देखा ही नहीं. तभी समीर ने खिड़की से बाहर सिर निकाल कर आवाज दी. ‘‘हैलो मैडम, आप ही को बोल रहा हूं. आज कोई बस नहीं मिलने वाली और टैक्सी की भी किल्लत है. हमारी कार में बैठ जाएं, बौस हमें धर्मतल्ला स्टौप पर ड्रौप कर देंगे.’’

पहले तो वह संकोच कर रही थी, पर बाद में समीर के कहने पर वह आ कर ड्राइवर की बगल वाली सीट पर थैंक्स कह कर बैठ गई. पिछली सीट पर तो 3 लोग पहले से ही बैठे थे.

धर्मतल्ला स्टौप पर उतर कर समीर और उस युवती ने बौस को थैंक्स कहा. समीर का भी थैंक्स करते हुए वह अपने घर की ओर चल दी. समीर सोच रहा था कि आज वह थैंक्स के अलावा और कुछ भी बात करेगी, पर ऐसा नहीं हुआ. समीर मन ही मन चिढ़ गया और उस ने भी आगे कुछ नहीं कहा. दोनों अपनेअपने घर की ओर चल दिए.

लेकिन अगले दिन बस स्टौप पर समीर ने उस युवती से गुडमौर्निंग कहा तो उस ने होंठों ही होंठों में कुछ कहा और मुसकरा कर सिर झुका कर बस का इंतजार करने लगी. इसी तरह कुछ दिनों तक समीर गुडमौर्निंग कहता और वह होंठ फड़फड़ा कर धीरे से गुडमौर्निंग का जवाब दे देती.

एक बार 2 दिनों से वह युवती बस स्टौप पर नहीं मिली तो समीर का मन बेताब हो गया. तीसरे दिन जब वह मिली तो समीर ने अपने पुराने अंदाज में गुडमौर्निंग कहा. युवती आज खुल कर मुसकराई और उस ने धीरे से गुडमौर्निंग कहा. बस आई और दोनों बस में चढ़े, लेकिन युवती से कोई बात नहीं हो पाई.

अगले दिन जब समीर को युवती की बगल वाली सीट पर बैठने का मौका मिला तो वह उस से पूछ बैठा, ‘‘आप की तबीयत तो ठीक है? आप इधर बीच में 2 दिन नहीं आई थीं.’’

‘‘ऐसे ही, घर में कुछ काम था,’’ युवती ने जवाब दिया.

समीर बोला, ‘‘अच्छा, अपना नाम तो बताएं. मेरा नाम समीर है.’’

फिर दोनों हंस पड़े. दरअसल, समीर की शर्ट की जेब पर उस का आईडी कार्ड टंगा था, जिसे युवती ने पहले ही देख लिया था. अगले दिन बस स्टौप पर समीर ने फिर उस का नाम पूछा तो वह बोली, ‘‘समझ लें, जिस का कोई नाम नहीं होता उसे क्या कहते हैं…’’

‘‘उसे तो अनामिका कहते हैं,’’ समीर बोला. इस बीच कोई लेडी पैसेंजर आ गई और समीर को सीट छोड़नी पड़ी. उस ने खड़ा होते हुए कहा, ‘‘तब तो तुम्हारा नाम अनामिका होना चाहिए.’’

अब दोनों में थोड़ीबहुत बातचीत होने लगी थी और कुछ मेलजोल भी बढ़ गया था. कुछ हफ्ते बाद एक दिन औफिस से समीर को जल्दी छुट्टी मिली तो वह बस से लौट रहा था कि रास्ते से अनामिका भी उसी बस में चढ़ी. दोपहर में बस में उतनी भीड़ नहीं थी तो वह भी समीर के बगल वाली सीट पर बैठ गई और पूछा, ‘‘आज का दिन वर्कशौप में कैसा रहा? इस समय तो कभी तुम्हें लौटते देखा नहीं है.’’

समीर बोला, ‘‘आज तो बौस ने मुझे सरप्राइज दिया है. उन्होंने कहा कि बाकी 2 महीने की ट्रेनिंग रांची के मैरिन इंजन प्लांट में लेनी है. कंपनी की एक फैक्टरी वहां भी है और टे्रनिंग के बाद मेरी पोस्टिंग भी उसी फैक्टरी में होगी. 3-4 दिनों में जाना होगा.’’

अनामिका बोली, ‘‘चलो, अच्छी बात है. तुम्हारी ट्रेनिंग पूरी होने जा रही है. यहां मेरे औफिस में भी मेरे ट्रांसफर की बात चल रही है.’’

अगले दिन समीर को वर्कशौप नहीं जाना था, फिर भी वह रोज की तरह बस स्टौप पर अनामिका से मिलने पहुंच गया. पर आज वह नहीं आई थी. दूसरे दिन वह समीर को उसी स्टौप पर मिली तो उस ने पूछा, ‘‘क्या बात है, मैं कल भी यहां आया था पर तुम नहीं मिलीं?’’

अनामिका बोली, ‘‘कल लड़के वाले मुझे देखने आए थे, इसलिए औफिस नहीं जा सकी थी.’’

समीर ने निराश होते हुए बस ‘ओह’ कहा और चुप हो गया.

अनामिका ने पूछा, ‘‘क्या हुआ?’’

समीर के ‘कुछ नहीं’ कहते ही बस आ गई और अनामिका चढ़ते हुए बोली, ‘‘शाम को 4 बजे वाली बस से लौटूंगी.’’

हालांकि अनामिका ने उसे शाम को स्टौप पर मिलने को नहीं कहा था, पर समीर वहां मौजूद था. शायद अनामिका की भी यही इच्छा रही होगी. उस के बस से उतरते ही समीर बोला, ‘‘चलो, आज बगल वाले कौफी हाउस में बैठ कर कौफी पीते हैं.’’

अनामिका सहर्ष तैयार हो गई. दोनों ने साथ बैठ कर कौफी पी. वहां समीर ने पूछा, ‘‘कल तुम्हें लड़के वाले देखने आए थे न? तो मेरा विकेट तो डाउन हो गया न. मैं क्लीन बोल्ड हो गया.’’

अनामिका बोली, ‘‘नहीं. वह नो बौल थी. तुम आउट होने से बच गए.’’

‘‘क्या मतलब?’’ कहते हुए समीर के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई.

‘‘उन्होंने मुझे रिजैक्ट कर दिया,’’ अनामिका बोली.

‘‘पर ऐसा क्यों किया. जो भी हो, मेरे लिए तो अच्छा ही है. मुझे नो बौल पर एक और चांस तो मिला.’’

अनामिका बोली, ‘‘एक और चांस नहीं, फ्री हिट का मौका भी मिला है.’’

‘‘क्या मतलब?’’ समीर ने पूछा तो वह बैग से एक लिफाफा निकाल कर समीर की ओर बढ़ाती हुई बोली,

‘‘यह देखो, आज मुझे भी ट्रांसफर और्डर मिला है. मेरी पोस्टिंग भी रांची में हुई है, हुआ न नो बौल विद फ्री हिट.’’ और दोनों हंसते हुए कौफी हाउस से निकल पड़े.

सदमा : मन्नू भाई और बालकनी वाली डौली

रविवार की अलसाई सुबह थी. 9 बज रहे थे, मनसुख लाल उर्फ मन्नू भाई अधखुली आंखें लिए ड्राइंगरूम को पार करते हुए अपने फ्लैट की बालकनी में जा पहुंचे और पूरा मुंह खोल कर एक बड़ी सी उबासी ली. तभी उन की नजर सामने पड़ी. उन का मुंह खुला का खुला रह गया.

दरअसल, मन्नू भाई के सामने के फ्लैट, जो तकरीबन 6 महीने से बंद पड़ा हुआ था, की बालकनी में 40-45 साल की एक खूबसूरत औरत खड़ी थी. गुलाबी रंग का गाउन पहने वह अपने गीले बालों को बारबार तौलिए से पोंछते हुए कपड़े सुखा रही थी.

वह औरत पूरी तरह से बेखबर अपने काम में मगन थी, लेकिन मन्नू भाई पूरी तरह से चौकस, अपनी आंखों को खोल कर नयन सुख लेने में मशगूल थे.

‘चांद का टुकड़ा हमारे घर के सामने और हमें खबर तक नहीं’, मन्नू भाई मन ही मन बुदबुदाए.

‘‘अजी कहां हो, चाय ठंडी हो रही है,’’ तभी उन की पत्नी शशि की तेज आवाज आई.

मन्नू भाई तुरंत संभल गए.

‘‘हां, आया,’’ कह कर उन्होंने मन ही मन सोचा, ‘इसे भी अभी ही आना था.’ फिर से मन्नू भाई ने सामने बालकनी की ओर देखा, पर वहां अब कोई नहीं था.

‘इतनी जल्दी चली गई,’ सोचते हुए बुझे मन से मन्नू भाई अंदर कमरे में आ गए और चाय पीने लगे.

मनसुख लाल उर्फ मन्नू भाई एक सरकारी महकमे में थे. घर में सुंदर, सुशील पत्नी शशि, 2 प्यारे बच्चे, एक मिडिल क्लास खुशहाल परिवार था मन्नू भाई का. पर ‘मन्नू भाई’ तबीयत से जरा रूमानी थे. या यों कहिए कि आशिकमिजाज. उन की इसी आदत की वजह से वे कालेज में कई बार पिटतेपिटते बचे थे.

औरतों से बात करना उन्हें बड़ा भाता था. दफ्तर में साथ काम करने वाली औरतें भी उन से इसलिए जरा दूर ही रहती थीं. अपनी पत्नी उन्हें ‘घर की मुरगी दाल बराबर’ लगती थी.

मन्नू भाई खाने के भी बड़े शौकीन थे. इसी वजह से ‘तोंद’ बाहर निकल आई थी, जिसे ‘बैल्ट’ के सहारे सही जगह टिकाए रखने की नाकाम कोशिश वे बराबर करते रहते थे.

सिर पर अब चंद ही बाल बचे थे. नएनए शैंपू, तेल और खिजाब के अंधाधुंध इस्तेमाल से खोपड़ी असमय ही चांद की शेप में आ गई थी, फिर भी वे अपनेआप को किसी ‘फन्ने खां’ से कम नहीं समझते थे.

हर जानपहचान वाली औरत को देखते ही मुसकरा कर नमस्कार करना, आगे बढ़ कर उस का हालचाल पूछना उन की दिनचर्या में शामिल था.

आज का रविवार बड़ा खुशनुमा गुजरा. मन्नू भाई ने बच्चों को डांटा नहीं. पत्नी के हाथ के खाने की जी खोल कर तारीफ की. घर वाले हैरान थे कि आज हो क्या रहा है. असली बात तो मन्नू भाई ही जानते हैं. जब सुबह की इतनी खूबसूरत शुरुआत हो, तो दिन तो अच्छा गुजरना ही था.

सोमवार की सुबह मन्नू भाई तैयार हो कर दफ्तर जाने को निकले, इस से पहले वे 4 चक्कर बालकनी के लगा आए थे. कपड़े जरूर सूख रहे थे, पर वह कहीं नजर नहीं आई. वे मन मसोस कर दफ्तर जाने की तैयारी करने लगे.

‘‘आज आप बारबार बालकनी में क्यों जा रहे हैं? कुछ हुआ है क्या?’’ शशि 2-3 बार सवाल पूछ चुकी थी.

बिना कोई जवाब दिए मन्नू भाई नीचे उतर आए, देखा कि स्कूटर पंचर है. घड़ी की ओर नजर डाली, 9 बज चुके थे. बस से जाने का समय निकल चुका था.

मन्नू भाई ने शशि को फोन मिलाया, ‘‘शशि, कार की चाबी भेज दो. स्कूटर पंचर है.’’

‘‘अच्छा…’’ शशि ने अपनी कामवाली बाई रेणु को चाबी दे कर कहा, ‘‘जा रेणु, नीचे साहब को चाबी दे आ.’’

तभी मन्नू भाई की आंखें खुशी से चमकने लगीं. बाहर गेट पर वह कल वाली ‘पड़ोसन’ खड़ी थी.

आदत के मुताबिक, वे लंबेलंबे डग भरते हुए ठीक उस के सामने जा पहुंचे, ‘‘जी नमस्ते, मैं मन्नू भा… मन्नू…’’ फिर वे संभल कर बोले, ‘‘आप के सामने वाले फ्लैट में रहता हूं. लगता है, आप यहां नई आई हैं.’’

खुले हुए कटे बाल, गोरा रंग… वह चुस्त ड्रैस पहने हुए थी. मन्नू भाई खुशी के मारे कांपने लगे, ‘सिंगल ही है.’ वह बोली, ‘‘हैलो, मैं डौली. जी हां, मैं यहां पर 2-4 दिन पहले ही शिफ्ट हुई हूं.’’

अब तक आंखों से पूरा मुआयना कर चुके मन्नू भाई बोले, ‘‘आप क्या कहीं जा रही हैं. मैं छोड़ देता हूं.’’

‘‘साहब, चाबी…’’ बिना बाई की ओर देखे ही मन्नू भाई ने हाथ बढ़ा कर चाबी ले ली. बाई मुंह बिचकाते हुए चली गई. ‘‘हां, मार्केट तक जाना है. कोई टैक्सी भी नहीं दिख रही,’’ वह बोली.

‘‘अरे, मैं उसी तरफ जा रहा हूं. आइए चलिए,’’ कार का दरवाजा खोल कर बड़े मीठे लहजे में मन्नू भाई ने कहा.

उस औरत ने घड़ी पर नजर डाली, ‘‘ओके थैंक्स,’’ बोल कर वह आगे वाली सीट पर बैठ गई. मन्नू भाई का दिल बल्लियों उछलने लगा. अपने चार बालों पर हाथ फेरा, बैल्ट से पैंट को ऊपर खींच कर जीत की मुसकान के साथ वे स्टेयरिंग पर बैठ गए.

रास्ते में उन्होंने सब पता कर लिया. वह औरत डौली किसी बैंक में अफसर थी. मुंबई से वह अभी यहां प्रमोट हो कर आई थी.

इतने में मार्केट आ गया. ‘थैंक्स’ कह कर वह मुसकराते हुए अपने बैंक की तरफ बढ़ गई और मन्नू भाई… वे तो खुशी के मारे पगला गए, उन की उम्मीद से परे डौली लिफ्ट ले कर उन के साथ आई थी. अभी तक कार में उस के परफ्यूम की महक मौजूद थी.

एक गहरी सांस ले कर मन्नू भाई एक रोमांटिक गाना गुनगुनाते हुए अपने दफ्तर की ओर बढ़ गए.

आजकल मन्नू भाई सुबह जल्दी उठ जाते. शशि हैरान थी. धक्के देदे कर उठाने पर भी उठने वाले उन के पति अपनेआप ही सुबह जल्दी उठ जाते और सुबह की चाय वे बालकनी में बैठ कर ही पीते.

शशि के आते ही वे अखबार में मुंह दे कर बैठ जाते और उस के जाते ही आधा अखबार नीचे सरका कर ‘नयन सुख’ लेने में मशगूल हो जाते.

डौली कभी कपड़े सुखाती, कभी चाय पीती, कभी यों ही दिख ही जाती थी. अब तो गाहेबगाहे मन्नू भाई उसे लिफ्ट भी दे दिया करते थे. जिंदगी में कभी इतनी बहार भी आएगी, यह मन्नू भाई ने सोचा भी न था.

15 दिन मौज से बीते. आज रविवार था. बच्चे जिद कर रहे थे कि आज शाम को घूमने चलेंगे. खुश होते हुए मन्नू भाई ने वादा किया, ‘‘हां, शाम को पक्का चलेंगे.’’

शाम को वे अपनी पत्नी शशि और दोनों बच्चों को ले कर चौपाटी, जो उन के घर के पास ही ‘मिनी शौपिंग माल’ था, पहुंच गए. खाने के शौकीन मन्नू भाई सीधे गोलगप्पे की दुकान पर पहुंचे, ‘‘चल भई खिला दे सब को,’’ और्डर मार कर वे गपागप ‘गोलगप्पे’ खाने में जुट गए.

अभी 4-5 ही खाए थे कि देखा सामने से डौली चली आ रही थी. ‘‘हैलो मन्नूजी,’’ उस ने पास आ कर मुसकरा कर बोला. पत्नी की सवालिया नजरें ताड़ कर मन्नू भाई ने संभल कर बोला, ‘‘जी, नमस्ते.’’

गोलगप्पे वाला तब तक एक और गोलगप्पा मन्नू भाई की ओर बढ़ा कर बोला, ‘‘साहब, यह लो.’’

तभी सामने से एक नौजवान लड़का और एक हैंडसम सा अधेड़ आदमी डौली के पास आ कर खड़े हो गए.

गोलगप्पे वाले से गोलगप्पा ले कर मन्नू भाई ने जैसे ही मुंह में रखा, डौली बोली, ‘‘मन्नूजी, ये हैं मेरे पति और यह मेरा बेटा.’’

इतना सुनते ही गोलगप्पा मन्नू भाई के गले में फंस गया. बड़े जोर का ‘ठसका’ लगा और गोलगप्पे का पानी नाकमुंह से बहने लगा. पानी तीखा था. आंख, नाक, मुंह सब में जलन होने लगी. वे खांसने लगे. इतनी जोर का झटका लगा कि वे अचानक सदमे में आ गए. शशि दौड़ कर पानी ले आई और बोली, ‘‘कितनी बार कहा है कि जरा धीरे खाओ, पर सुनते कहां हो…’’

‘‘जी, मैं इन की पत्नी शशि, ‘‘उस ने डौली से कहा.

‘‘आप से मिल कर खुशी हुई,’’ डौली बोली.

‘‘चलो मम्मी…’’ डौली का बेटा बोला.

‘‘चलो डार्लिंग.’’

डौली ने एक हाथ से बेटे का, दूसरे हाथ से पति का हाथ थामा और बोली, ‘‘बाय मन्नूजी, अपना ध्यान रखना.’’

‘‘कौन थी ये? ये आप को कैसे जानती है?’’ मन्नू भाई की पत्नी शशि सवालों के गोले दाग रही थी और वे सिर झुकाए चुपचाप खड़े डौली को जाते हुए देख रहे थे.

कितना बड़ा सदमा पहुंचा था उन्हें, सिर्फ और सिर्फ उन का मन ही जानता था. क्या समझा था उन्होंने डौली को और वह… क्या निकली, उन के प्यार का फूल खिलने से पहले ही मुरझा गया. रस्तेभर मन्नू भाई चुप रहे. दूसरे दिन सवेरे फिर शशि ने धक्के देदे कर उठाया, ‘‘दफ्तर नहीं जाना क्या?’’ वह फिर हैरान थी. उस की समझ में कुछ नहीं आया.

मन्नू भाई थकहार कर बिस्तर से उठ ही गए, तैयार हो कर स्कूटर की चाबी ले कर जाने लगे.

शशि बोली, ‘‘आज कार नहीं ले जाओगे क्या?’’

वीरान आंखों से मन्नू भाई ने बालकनी की ओर देखा. शीशे का दरवाजा बंद था, फिर मुंह लटका कर चल दिए. वे शशि को कैसे बताते कि उन्हें कितना बड़ा सदमा लगा है. अब न जाने कितने दिन लगेंगे उन्हें इस सदमे से बाहर आने में.

तिगनी का नाच : खूबसूरत लड़कियों की चालबाजी

साहेबान, लोग कहते हैं कि खूबसूरत लड़कियां तो अच्छेअच्छों को तिगनी का नाच नचा देती हैं. एक समय था, जब हम इस बात से बिलकुल सहमत नहीं थे. हमारा मानना था कि मर्द लोग औरतों को तिगनी का नाच नचाते हैं. लेकिन पिछले दिनों हमारे दफ्तर में जो तमाशा हुआ था, उस की बदौलत हमें आज यकीन करना पड़ रहा है कि औरतें मर्दों को न केवल तिगनी का नाच नचा सकती हैं, बल्कि चाहें तो वे पूरी दुनिया पर राज भी कर सकती हैं.

उस दिन सोमवार था. दफ्तर में कदम रखने पर हमें अपनी एडवरटाइजिंग एजेंसी के गिनेचुने चेहरे ट्यूबलाइट की तरह चमकते दिखाई दिए. हम से रहा नहीं गया. हम ने तुरंत अपने दफ्तर के सुपरस्टार कन्हई चपरासी से पूछा, ‘‘क्यों भैया कन्हई, आज सभी के चेहरों पर बोनस मिलने वाली खुशी क्यों दिखाई दे रही है?’’

कन्हई ने फौरन अपने तंबाकू खाने से काले पड़े दांत दिखाए और बोला, ‘‘अविनाश बाबू, आज दफ्तर में दिल्ली वालों की जबान में ‘टोटा’, यूपी वालों की जबान में ‘छमिया’ और बिहार वालों की जबान में ‘कट्टो’ काम करने आ रही है.’’

दफ्तर में काम करने वाली लड़कियों का आनाजाना लगा ही रहता था, इसलिए हम ने कन्हई की बात को हलके तौर पर लिया और अपने काम में लग गए.

ठीक 11 बजे कन्हई की ‘छमिया’ ने दफ्तर में कदम रखा. उस पर नजर पड़ते ही हमें अपने दिल की धड़कन रुकती सी महसूस हुई. सही में ‘कट्टो’ थी वह. लंबा कद, दूध जैसा रंग, सेब जैसे गाल, रसभरे होंठ, बड़ीबड़ी आंखें, कमर तक लंबे बाल और बदन की नुमाइश करते मौडर्न कपड़े.

उसे देखते ही हमें यकीन करना पड़ा कि उस का बस चलता, तो वह पूजा भट्ट की तरह शरीर पर पेंट करा कर दफ्तर आती. दफ्तर की डिगनिटी मेनटेन रखने के लिए उस ने मजबूरी में कपड़े पहने थे.

उस का डैस्क मेरे डैस्क के सामने था, लिहाजा उस पर बैठने के लिए वह थोड़ा झुक गई. उस का झुकना था कि उस के उभार न चाहते हुए भी हमारी आंखों में गड़ कर रह गए.

यह नजारा देख कर हमारा कलेजा मुंह को आने में एक पल भी नहीं लगा. काफी देर तक हम चुपचाप बैठे रहे और अपनी तख्ती जैसी सपाट बीवी को पानी पीपी कर कोसते रहे. वह ‘छमिया’ की तरह हरीभरी क्यों नहीं थी? वह एक तख्ती की तरह क्यों थी?

ऐसी बात नहीं थी कि उस ‘छमिया’ के अंग प्रदर्शन से बस हमारी ही हालत पतली हुई थी. हम से ज्यादा बुरी हालत तो चौबेलालजी की थी. वे रहरह कर सांप की तरह जीभ बाहर निकाल कर अपने सूखे होंठों को तर कर रहे थे.

‘छमिया’ के अंग प्रदर्शन से दिलीप का चश्मा ही चटक गया था. वे अपने बैग से फौरन दूसरा चश्मा नहीं निकालते, तो शायद उन्हें टूटे चश्मे से ही पूरा दिन गुजारना पड़ जाता. ‘छमिया’ की जवानी की नुमाइश ने मीना को हीन भावना के गहरे कुएं में धकेल दिया था, क्योंकि वह भी हमारी बीवी की तरह तख्ती जैसी थी.

ठीक 12 बजे ‘डाकू हलाकू’ ने दफ्तर में कदम रखा. साहेबान, हमारे अन्नदाता बौस दफ्तर में इसी नाम से जाने जाते हैं. उन का चेहरा विलेन अमरीश पुरी की तरह लगता था, लेकिन उस दिन उन की निगाह झुक कर काम कर रही ‘छमिया’ के उभारों पर पड़ी, तो उन का चेहरा कौमेडियन जौनी लीवर की तरह दिखाई देने लगा. उन्होंने फौरन ‘छमिया’ को चैंबर में आने का आदेश दिया.

‘छमिया’ बड़ी अदा से उठी. उस ने हाथों से ही अपना हुलिया ठीक किया और कूल्हे मटकाते हुए ‘डाकू हलाकू’ के चैंबर में घुस गई.

उस की चाल देख कर एक बार तो हमारा भी मन हुआ कि हम अपनी मानमर्यादा को भूल कर उसे वहीं दबोच लें और फिर ‘इंसा का तराजू’ फिल्म शूट कर डालें.

पर चूंकि हम डालडा घी की पैदाइश थे, इसलिए हम ने अपने मन को जबरन मारा और अपने काम में लग गए. 15 मिनट बाद ‘छमिया’ ‘डाकू हलाकू’ के चैंबर से बाहर आई, तो लुटीपिटी दिखाई दे रही थी. उस के सलीके से प्रैस किए कपड़ों पर जगहजगह से सिलवटें दिखाई दे रही थीं.

सीट पर बैठते ही वह भुनभुनाई, ‘‘यह भी कोई बात हुई. काम 2 लोगों का और तनख्वाह एक की. सैक्रेटरी वाला काम कराना था, तो तनख्वाह भी उसी हिसाब से देनी थी…’’

अगले दिन भी यही किस्सा हुआ. ‘छमिया’ ‘डाकू हलाकू’ के चैंबर से भुनभुनाते हुए बाहर आई और अपनी सीट पर बैठ कर बड़बड़ाई, ‘‘नहीं चलेगा. बिलकुल नहीं चलेगा. तनख्वाह एक जने की और काम 2 जनों का. इस टकलू को तिगनी का नाच न नचाया, तो मेरा नाम भी नताशा नहीं.’’

चूंकि हमारे अन्नदाता के हम पर ढेरों एहसान थे, इसलिए हम उन के फेवर में बोले, ‘‘मैडम, हमारे बौस ने भी कच्ची गोलियां नहीं खेली हैं. वे चाहें तो तुम्हें चींटी की तरह मसल सकते हैं.’’

हमारी इस बात पर ‘छमिया’ खूंटा तुड़ी गाय की तरह हमारे करीब आई और भौंहों को सींगों के आकार में ढालते हुए बोली, ‘‘कितने की शर्त लगाते हो?’’

हमारा उस से शर्त लगाने का कोई इरादा नहीं था, फिर भी न जाने कैसे हमारे मुंह से निकल गया, ‘‘सौसौ रुपए की. आप ने हमारे अन्नदाता को तिगनी का नाच नचाया, तो सौ रुपए हमारी तरफ से और उन्होंने आप को चींटी की तरह मसल…’’

‘‘मुझे मंजूर है…’’ हमारी बात पूरी होने से पहले ही वह बोल पड़ी, ‘‘कल आप सौ रुपए तैयार रखना.’’

हम जानते थे कि इस जंग में हार सरासर ‘छमिया’ की होगी, इसलिए हम ने अगले दिन सौ रुपए तैयार रखने का वादा फौरन कर दिया. अगले दिन ‘छमिया’ ने दफ्तर में कदम रखा, तो हमारा दिल मानो धड़कना बंद हो गया. उस कमबख्त ने सच में सौ रुपए हमारी जेब से निकलवाने की सोच रखी थी.

मिनी स्कर्ट और चुस्त टौप में उस की जवानी फूटफूट कर बाहर आ रही थी. उस का डैस्क हमारे डैस्क के सामने था, इसलिए जब वह अपनी जगह पर बैठी, तो हमारी सांसें गले में फंसने लगीं.

हम ने तुरंत पानी के गिलास का सहारा लिया, वरना दफ्तर में यकीनन एंबुलैंस बुलानी पड़ जाती. जैसेतैसे हम ने अपना ध्यान उस की चिकनी टांगों से हटाया और अपने काम में बिजी हो गए. ठीक समय पर ‘डाकू हलाकू’ दफ्तर में आया और ‘छमिया’ को इशारा कर के अपने चैंबर में चला गया.

‘छमिया’ अपनी जगह से उठ कर हमारे सामने आई और हाथ फैला कर बोली, ‘‘जल्दी से सौ रुपए निकालो.’’

हम किसी अडि़यल घोड़े की तरह बिदके, ‘‘पहले ‘डाकू हलाकू’ को तिगनी का नाच तो नचाओ.’’

‘‘मैं वही काम करने जा रही हूं…’’ ‘छमिया’ बड़े सब्र से बोली, ‘‘थोड़ी देर बाद तुम्हारे साहब तुम्हारे सामने बिना कपड़ों के आ गए, तो मेरे खयाल से यह तिगनी का नाच ही होगा?’’

‘‘बिलकुल होगा…’’ हमारा सिर हैंडपंप के हत्थे की तरह हिला, ‘‘लेकिन यह काम तुम्हारे बस का नहीं है.’’

‘‘बहाने मत बनाओ और सौ रुपए का नोट निकाल लो.’’

‘‘सौ रुपए निकालने में हमें कोई हर्ज नहीं है…’’ हम बड़ी उदारता से बोले, ‘‘लेकिन मोहतरमा, हमें पता तो चले कि आप यह तमाशा दिखाने में कैसे कामयाब होंगी?’’

‘‘देखो, मेरे पास क्लोरोफार्म है…’’ ‘छमिया’ बोली, ‘‘तुम्हारे अन्नदाता जब मुझ से सैक्रेटरी वाला काम लेंगे, तब मैं उन्हें किसी तरीके से क्लोरोफार्म सुंघा दूंगी. उन के बेहोश होने के बाद मैं उन के सारे कपड़े अपने कब्जे में करूंगी और फिर कुछ फाइलों में आग लगा कर यहां से रफूचक्कर हो जाऊंगी.’’

हम ‘छमिया’ को यों देखने लगे, मानो वह वाकई यह काम करने जा रही है. थोड़ी देर बाद हमारे मुंह से निकला, ‘‘सारी बात समझ में आ गई, लेकिन फाइलों को आग लगाने वाली बात…’’

‘‘आग लगने पर ही तो तुम्हारा टकलू बिना कपड़ों के बाहर आएगा…’’ वह खीज कर बोली, ‘‘अब तुम मेरा कीमती समय बरबाद न करो और जल्दी से सौ रुपए निकालो.’’

हालांकि ‘छमिया’ का मनसूबा सिक्काबंद था, फिर भी हमें ‘डाकू हलाकू’ पर सौ फीसदी यकीन था. लिहाजा, हम ने अपने बटुए से सौ रुपए निकाले और ‘छमिया’ के हवाले कर दिए.

‘छमिया’ ने सौ का नोट अपनी गुप्त जेब में ठूंसा और हाई हील के सैंडिल ठकठका कर ‘डाकू हलाकू’ के चैंबर में घुस गई.

पौने घंटे बाद छमिया बाहर आई. अपना अंगूठा दिखा कर जब उस ने अपनी जीत की तसदीक की, तो हमारा दिल सौ रुपए के गम में डूबने सा लगा. उस समय ‘छमिया’ के हाथ में एक पौलीथिन बैग था. उस ने बैग में रखे हमारे अन्नदाता के कपड़े दिखाए और वहां से फुर्र हो गई.

तभी हमें अपने अन्नदाता के चैंबर से धुआं बाहर निकलता दिखाई दिया. चूंकि हम जानते थे कि हमारे बौस बेहोशी की हालत में पड़े होंगे, इसलिए हम फौरन अपनी जगह से उठे और उन के चैंबर की तरफ बढ़ गए. इस से पहले कि हम चैंबर का दरवाजा खोल पाते ‘आगआग’ का शोर मचा कर ‘डाकू हलाकू’ अपने चैंबर से बाहर निकल आए. यकीनन छमिया ने उन्हें कम मात्रा में क्लोरोफार्म सुंघाया था.

उस समय वाकई उन की हालत देखने लायक थी. लिहाजा, सभी के मुंह से एक चीख सी निकल गई.

‘डाकू हलाकू’ के जब होशोहवास जागे, तो वे मारे शर्म के छलांगें मार कर स्टोररूम में घुस गए.

साहेबान, ऐसी बात नहीं है कि इस तमाशे में सारा कुसूर ‘डाकू हलाकू’ का था. हम उन्हें जरा भी दोष नहीं देंगे. पर हम इतना जरूर कहेंगे कि मुंह बंधा कुत्ता कभी शिकार नहीं करता. ‘छमिया’ ने डबल तनख्वाह के लालच में भड़काऊ कपड़े पहन कर उन के मुंह खून लगाया था. छमिया यह सब नहीं करती, तो यह तमाशा भी नहीं होता.

आज की तारीख में हमें अन्नदाता ‘डाकू हलाकू’ से पूरी हमदर्दी है, फिर भी तमाशे के दौरान उन की हालत देख कर हम यही कहेंगे कि जिस औरत ने ‘डाकू हलाकू’ को भरे दफ्तर में नंगा कर दिया, वह कोशिश करे तो क्या नहीं कर सकती.

बोली : ठाकुर ने लगाई ईमानदार अफसर की कीमत

नौकर गणेश ने आ कर ठाकुर सोहन सिंह से घबराते हुए कहा, ‘‘हुजूर, थानेदार साहब आए हैं.’’

‘‘क्या कहा, थानेदार साहब आए हैं…’’ चौंकते हुए सोहन सिंह बोले, ‘‘उन्हें बैठक में बिठा दे. मैं अभी आया.’’

‘‘अच्छा हुजूर,’’ कह कर गणेश चला गया.

ठाकुर सोहन सिंह सोचते रह गए कि थानेदार राम सिंह आज उन की हवेली में क्यों आए हैं?

इस क्यों का जवाब उन के पास नहीं था, मगर थानेदार साहब का हवेली में आना कई बुरी शंकाओं को जन्म दे गया.

जब राम सिंह इस थाने के थानेदार बन कर आए थे, तब ठाकुर सोहन सिंह बड़े खुश हुए थे कि नया थानेदार किसी ठाकुर घराने का ही है और ठाकुर होने के नाते वे उन से हर तरह का फायदा उठाते रहेंगे. जैसा कि वे अब तक हर थानेदार से उठाते रहे हैं.

जिस दिन राम सिंह ने इस थाने का काम संभाला, उसी दिन ठाकुर सोहन सिंह अपने आदमियों के साथ उन का स्वागत करने थाने में पहुंच गए थे.

वहां जा कर उन्होंने कहा था, ‘हुजूर, इस थाने में आप का स्वागत है. मैं इस गांव का ठाकुर सोहन सिंह हूं.’

‘हां, मुझे मालूम है,’ थानेदार राम सिंह ने बेरुखी से जवाब दिया था.

‘हुजूर, इस गांव में आप किसी तरह की तकलीफ मत उठाना,’ ठाकुर सोहन सिंह उन के रूखेपन की परवाह न करते हुए बोले थे.

‘तकलीफ किस चिडि़या का नाम है? हम पुलिस वालों के शब्दकोश में यह नाम नहीं होता है,’ थानेदार राम सिंह के लहजे में वही अकड़ थी. वे बोले, ‘कहिए, किसलिए आए हैं आप लोग?’

नया थानेदार इस तरह की बेरुखी से सवाल पूछेगा, इस की सोहन सिंह को जरा भी उम्मीद न थी, इसलिए वे शालीनता से बोले थे, ‘बस, आप के दर्शन करने आए हैं हुजूर. आप से भेंटमुलाकात हो जाए और फिर आप का भी काम चलता रहे, साथ में हमारा भी.’

‘कहने का मतलब क्या है आप का?’ थानेदार राम सिंह गुस्से से उबल पड़े.

‘मतलब यह है हुजूर कि हम तो आप से दोस्ती बढ़ाने आए हैं. दोस्ती का रंग खूब निखरे, इस के लिए यह छोटा सा तोहफा लाए हैं,’ एक आदमी से सूटकेस ले कर थानेदार को देते हुए वे बोले, ‘लीजिए हुजूर, हमारी तरफ से तोहफा.’

‘क्या है इस में?’ थानेदार राम सिंह ने पूछा.

‘कहा न, उपहार…’ होंठों पर दिखावटी हंसी बिखेरते हुए ठाकुर सोहन सिंह ने कहा.

‘देखिए ठाकुर साहब, गांव का आदमी होने के नाते मैं आप की इज्जत करता हूं…’ थानेदार राम सिंह जरा नरम पड़ते हुए बोले, ‘आप घूस दे कर मुझे खरीदने की कोशिश मत कीजिए. चुपचाप यह सूटकेस उठाइए और बाहर चले जाइए.’

उस दिन थानेदार की ऐसी धमकी सुन कर ठाकुर सोहन सिंह का खून अंदर ही अंदर खौल उठा था, मगर वे बोले कुछ नहीं थे.

इस थाने में अभी तक जितने भी थानेदार आए थे, उन सब को ठाकुर सोहन सिंह ने खरीद लिया था. फिर पूरे गांव में उन का दबदबा था. मगर उस दिन वे चुपचाप सूटकेस उठा कर चलते बने थे. उस दिन वे इस थानेदार को खरीद नहीं सके थे, इसी का उन्हें मलाल हो रहा था.

थोड़े दिनों में ही थानेदार राम सिंह की ईमानदारी की छाप थाने में फैल चुकी थी.

गांव का ठाकुर होने के चलते सोहन सिंह का पूरे गांव में दबदबा था. लोगों से जमीनें हड़पना उन का धंधा था. कहने को आजकल सरकार ने राजेरजवाड़े सब छीन लिए हैं, मगर ठाकुर सोहन सिंह का अब भी उस इलाके में दबदबा था.

गरीब गांव वालों को ठाकुर सोहन सिंह कर्ज देते थे. कर्ज न चुकाने पर वे उन की जमीन हड़प लेते थे और फिर उन्हें बंधुआ मजदूर बना लेते थे.

जिस दिन ठाकुर सोहन सिंह को थाने से बाहर किया गया, उस की चर्चा पूरे गांव में फैल गई थी. लिहाजा, लोग अब खुल कर सांस लेने लगे थे.

मगर आज अचानक थानेदार राम सिंह का ठाकुर सोहन सिंह की हवेली में आना कई बुरी शंकाओं को जन्म दे गया, इसलिए झटपट तैयार हो कर बैठक में वे आ कर हाथ जोड़ते हुए बोले, ‘‘पधारिए हुजूर, हमें ही बुला लिया होता. आप ने आने की तकलीफ क्यों की?’’

‘‘ठाकुर साहब, आप के ही गांव के गणपत ने आप के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है,’’ थानेदार राम सिंह बिना किसी भूमिका के बोले.

यह सुन कर ठाकुर सोहन सिंह ने घबराते हुए पूछा, ‘‘मगर रिपोर्ट क्यों लिखाई उस ने?’’

‘‘आप ने उस की जमीन जबरदस्ती हड़प ली है…’’ थानेदार राम सिंह ने बेफिक्र हो कर कहा, ‘‘सुना है, गांव के गरीब किसानों को आप कर्ज देते हैं और बदले में वे अपनी जमीनें गिरवी रखते हैं. आप उन्हें दारू पिला कर कागज पर उन से अंगूठे का निशान लगवा लेते हैं.’’

‘‘नहीं हुजूर, यह झूठ है. उस से तो पूरे होशोहवास में अंगूठे का निशान लगवाया था,’’ ठाकुर सोहन सिंह की बात में गुस्सा था.

‘‘ठाकुर साहब, ठंडे दिमाग से बात कीजिए,’’ थानेदार राम सिंह ने कहा.

‘‘माफ करें थानेदार साहब,’’ नरम पड़ते हुए ठाकुर सोहन सिंह बोले, ‘‘गुस्सैल स्वभाव है न, इसलिए…’’

‘‘अपना स्वभाव बदलिए. लोगों के साथ प्रेम से रहना सीखिए,’’ थानेदार राम सिंह ने कहा.

‘‘देखिए ठाकुर साहब, आप गांव के इज्जतदार आदमी हैं. मैं नहीं चाहता कि गांव का साधारण सा आदमी आप पर कीचड़ उछाले… मेरा इशारा समझ गएन आप?’’

‘‘हां हुजूर, सबकुछ समझ गया…’’ मन में खुश होते हुए ठाकुर सोहन सिंह बोले, ‘‘यह केस रफादफा कर दें, तो मेहरबानी होगी.’’

‘‘मैं ने उस की रिपोर्ट रोजनामचे में नहीं लिखी है, क्योंकि आप की इज्जत का सवाल था,’’ थानेदार राम सिंह ने कहा.

‘‘बहुत अच्छा किया आप ने. आप ने हमारी आपसदारी की लाज रख ली.’’

‘‘पुलिस की नौकरी में आपसदारी नहीं चलती है ठाकुर साहब…’’ सोहन सिंह को नीचा दिखाने के अंदाज में थानेदार राम सिंह ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘मैं आप की मदद करूं और आप मेरी करें, इस बात को समझते हैं न आप?’’

‘‘समझ गया हुजूर, सब समझ गया,’’ फिर सोहन सिंह तिजोरी में से सौसौ की गड्डियां निकाल कर देते हुए बोले, ‘‘लीजिए हुजूर.’’

‘‘समझिए, आप का काम हो गया,’’ गड्डियों को जेब में रखते हुए थानेदार साहब अदा से बोले, ‘‘आप सोच रहे होंगे कि मैं ने यह सब उस दिन क्यों नहीं लिया?’’

‘‘मैं सब समझ गया हुजूर?’’

‘‘क्या समझ गए?’’

‘‘यही कि आप जनता की नजरों में ईमानदार बने रहना चाहते थे…’’ खुश होते हुए ठाकुर सोहन सिंह बोले, ‘‘मगर हुजूर, आप के काम करने का तरीका अनोखा लगा.’’

‘‘हां ठाकुर साहब, जनता में छवि बनाने के लिए ढोंग का सहारा तो लेना ही पड़ता है…’’ थानेदार राम सिंह बोले, ‘‘फिर आप भी जानते हैं, आजकल थानों की बोली लगती है. मैं इस थाने की बोली 6 लाख रुपए की लगा कर आया हूं. लिहाजा, अब मुझे 6 लाख रुपए का इंतजाम करना पड़ेगा. इसलिए तस्कर, चोर और बदमाशों से रिश्ते रखने पड़ेंगे.’’

‘‘वाह हुजूर, वाह. तब तो आप भी हमारी ही बिरादरी के हैं.’’

‘‘हां ठाकुर साहब, हमारी बिरादरी एक है. अब चलने की इजाजत दें,’’ कह कर थानेदार साहब चले गए.

थानेदार के जाते ही ठाकुर सोहन सिंह खुशी से झूम उठे और अपने नौकर गणेश से बोले, ‘‘अरे, ओ गणेश…’’

‘‘हां हुजूर, कहिए…’’ पास आ कर गणेश बोला.

‘‘थानेदार क्या कह गया, सुना कुछ तू ने?’’

‘‘क्या कह गया हुजूर?’’

‘‘अरे, वह भी इस थाने की बोली लगा कर आया है. अब उस से घबराने की कोई जरूरत नहीं…’’ खुशी से ठाकुर सोहन सिंह बोले, ‘‘ईमानदार के वेश में वह भी बेईमान निकला,’’ इतना कह कर वे अलमारी में से शराब की बोतल निकालने लगे.

कुंठा : महेश के मन में आखिर क्या थी कुंठा

महेश की नौकरी भारतीय वायु सेना में बतौर मैडिकल अटैंडैंट लगी थी. वायु सेना सिलैक्शन सैंटर के कमांडर ने कहा, ‘‘बधाई हो महेश, तुम्हें एक नोबेल ट्रेड मिला है. तुम नौकरी के साथसाथ इनसानियत के लिए भी काम कर सकोगे. किसी लाचार के काम आ सकोगे.’’

जो भी हो, महेश की समझ में तो यही आया कि उसे एक अच्छी नौकरी मिल गई है बस.

अस्पताल में तकरीबन 3 महीने की ट्रेनिंग चल रही थी. सबकुछ करना था. मरीजों का टैंपरेचर, ब्लडप्रैशर, नाड़ी वगैरह के रिकौर्ड रखने से ले कर उन्हें बिस्तर पर सुलाने तक की जिम्मेदारी थी. हर बिस्तर तक जा कर मरीजों को दवा खिलानी पड़ती थी. लाचार मरीजों को स्पंज बाथ देना पड़ता था.

महेश तो एक पिछड़े इलाके से था, जहां के अस्पताल के नर्स से ले कर कंपाउंडर, डाक्टर तक मरीजों को डांटते रहते थे. एकएक इंजैक्शन लगाने के लिए नर्स फीस लेती थी. डाक्टरों से बात करने में डर लगता था कि कहीं डांटने न लगें. स्पंज बाथ का तो नाम भी नहीं सुना था. कभी कोई सगा अस्पताल में भरती हुआ, तो उसे एकएक रिलीफ के लिए दाम देते देखा था.

पर यहां तो नर्सों का ‘इंटरनैशनल एथिक्स’ हम पर लागू था. हमें पहले ही ताकीद कर दी गई थी कि किसी मरीज से कभी भी चाय मत पीना, वरना कोर्ट मार्शल हो सकता है. पलपल यही खयाल रहता था कि कैसे नौकरी महफूज रखी जाए.

एक दिन जब महेश अपनी शिफ्ट ड्यूटी पर गया, तो उस से पहले काम कर रहे साथी ने बताया, ‘‘एक मरीज भरती हुआ है. उस का आपरेशन होना है और उसे तैयार करना है.’’

यह कह कर वह साथी चला गया. महेश ने देखा, तो वह बवासीर का मरीज था. महेश ने उसे नुसखे के मुताबिक समझा दिया और दवा दे दी. पर एक बात के लिए महेश दुविधा में पड़ गया कि उस मरीज के गुप्त भाग की शेविंग करनी थी.

उस की शेविंग कैसे की जाए? अब महेश को अफसोस होने लगा कि यह कैसी नौकरी में वह फंस गया. ड्यूटी उस की थी. उस से पूछा जाएगा.

महेश ने एक उपाय निकाला. मरीज को बुलाया. रेजर में ब्लेड लगा कर उस से कहा, ‘‘अंदर से दरवाजा बंद कर लो और पूरा समय ले कर शेविंग कर डालो.’’

उस मरीज ने हामी में सिर हिलाया और रेजर ले कर चला गया. महेश ने संतोष की सांस ली.

दूसरे दिन जब उस मरीज को औपरेशन के लिए जाना था, तब महेश ही ड्यूटी पर था. वह सोच रहा था कि सब ठीक हो. उस के सीनियर ने उस से पूछा, ‘‘क्या मरीज का ‘प्रीऔपरेटिव’ केयर फालो हुआ?’’

महेश ने ‘हां’ में सिर हिला दिया.

उस सीनियर ने स्क्रीन पर लगा कर मरीज की जांच की. महेश के पास आ कर वह चिल्लाया, ‘‘यह क्या है? तुम ने तो मरीज का कोई केयर ही नहीं किया है?’’

यह सुन कर महेश के पैरों तले जमीन खिसक गई. वह बोला, ‘‘सर, मैं ने उसे समझा दिया था.’’

वह सीनियर महेश पर बिगड़ा, ‘‘तुम्हारी समझाने की ड्यूटी नहीं है. तुम्हें खुद करना है और यह तय करना है कि मरीज को तुम्हारी लापरवाही के चलते कोई इंफैक्शन न हो.’’

महेश की बोलती बंद हो गई. अगले ही महीने उसे छुट्टी पर घर जाना था. उसे बड़ी कुंठा होने लगी कि यही सब जा कर घर पर बताऊंगा.

अब वह अपनेआप को बड़ा बेबस महसूस कर रहा था. वह पूरी तरह हार मान कर सीनियर के पास चला गया, ‘‘सर, मुझे तो अपनेआप को नंगा देखने में शर्म आती है और आप मुझ से उस के गुप्त भाग की शेविंग करने को कह रहे हैं.’’

वह सीनियर तुरंत मुड़ा और मरीज को आवाज दी. उस ने शेविंग का सामान उठाया और कमरे में चला गया. थोड़ी देर बाद वे दोनों बाहर आए.

सीनियर ने महेश से कहा, ‘‘मैं ने इस मरीज की शेविंग कर दी है. किसी लाचार की सेवा करना छोटा या घटिया काम नहीं होता. मैडिकल के प्रोफैशन में औरतमर्द या अंगगुप्तांग नहीं होता, बस एक मरीज होता है और उस का शरीर होता है. तो फिर इस शरीर की साफसफाई करने में किस बात की दिक्कत?’’

इतना कह कर सीनियर चला गया. कितनी आसानी से बिना किसी हीनभावना के उस ने सब कर दिया था. यह देख कर महेश को दुख होने लगा कि उस ने पहले ही ये सब क्यों नहीं किया? उस के अंदर कितनी कुंठा है. उस की नौकरी का असली माने तो यही था. यही तो उस का असली काम था, जिसे करने से वह चूक गया था.

सफर में हमसफर : सुमन की उस रात की कहानी

रात के तकरीबन 8 बजे होंगे. यों तो छोटा शहर होने पर सन्नाटा पसरा रहता है, पर आज भारत पाकिस्तान का क्रिकेट मैच था, तो काफी भीड़भाड़ थी. वैसे तो सुमन के लिए कोई नई बात नहीं थी. यह उस का रोज का ही काम था.

‘‘मैडम, झकरकटी चलेंगी क्या?’’

सुमन ने पलट कर देखा. 3-4 लड़के खड़े थे.

‘‘कितने लोग हो?’’

‘‘4 हैं हम.’’

‘‘ठीक है, बैठ जाओ,’’ कहते हुए सुमन ने आटोरिकशा स्टार्ट किया.

सुमन ने एक ही नजर में भांप लिया था कि वे सब किसी कालेज के लड़के हैं. सभी की उम्र 20-22 साल के आसपास होगी. आज सुबह से सवारियां भी कम मिली थीं, इसलिए सुमन ने सोचा कि चलो एक आखिरी चक्कर मार लेते हैं, कुछ कमाई हो जाएगी और शकील चाचा को टैक्सी का किराया भी देना था.

अभी कुछ ही दूर पहुंच थे कि लड़कों ने आपस में हंसीमजाक और फब्तियां कसना शुरू कर दिया. तभी उन में से एक बोला, ‘‘यार, तुम ने क्या बैटिंग की… एक गेंद में छक्का मार दिया.’’

‘‘हां यार, क्या करें, अपनी तो बात ही निराली है. फिर मैं कर भी क्या सकता था. औफर भी तो सामने से आया था,’’ दूसरे ने कहा.

‘‘हां, पर कुछ भी कहो, कमाल की लड़की थी,’’ तीसरा बोला और सब एकसाथ हंसने लगे.

सुमन ने अपने ड्राइविंग मिरर से देखा कि वे सब बात तो आपस में कर रहे थे, पर निगाहें उसी की तरफ थीं. उस ने ऐक्सलरेटर बढ़ाया कि जल्दी ही मंजिल पर पहुंच जाएं. पता नहीं, क्यों आज सुमन को अपनी अम्मां का कहा एकएक लफ्ज याद आ रहा था.

पिताजी की हादसे में मौत हो जाने के चलते उस के दोनों बड़े भाइयों ने मां की जिम्मेदारी उठाने से मना कर दिया था. सुमन ग्रेजुएशन भी पूरी न कर पाई थी, मगर रोजरोज के तानों से तंग आ कर वह भाइयों का घर छोड़ कर अपने पुराने घर में अम्मां को साथ ले कर रहने आ गई, जहां से अम्मां ने अपनी गृहस्थी की शुरुआत की थी और उस बंगले को भाईभाभी के लिए छोड़ दिया.

ऐसा नहीं था कि भाइयों ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की, पर सिर्फ एक दिखावे के लिए. अम्मां और सुमन आ तो गए उस मकान में, पर कमाई का कोई जरीया न था. कितने दिनों तक बैठ कर खाते वे दोनों?

मुनासिब पढ़ाई न होने के चलते सुमन को नौकरी भी नहीं मिली. तब पिताजी के करीबी दोस्त शकील चाचा ने उन की मदद की और बोले, ‘तुम पढ़ने के साथसाथ आटोरिकशा भी चला सकती हो, जिस से तुम्हारी पैसों की समस्या दूर होगी और तुम पढ़ भी लोगी.’

पर जब सुमन ने अम्मां को बताया, तो वे बहुत गुस्सा हुईं और बोलीं, ‘तुम्हें पता भी है कि आजकल जमाना कितना खराब है. पता नहीं, कैसीकैसी सवारियां मिलेंगी और मुझे नहीं पसंद कि तुम रात को सवारी ढोओ.’ ‘ठीक है अम्मां, पर गुजारा कैसे चलेगा और मेरे कालेज की फीस का क्या होगा? मैं रात के 8 बजे के बाद आटोरिकशा नहीं चलाऊंगी.’

कुछ देर सोचने के बाद अम्मां ने हां कर दी. अब सुमन को आटोरिकशा से कमाई होने लगी थी. अब वह अम्मां की देखभाल अच्छे से करती और अपनी पढ़ाई भी करती.

सबकुछ ठीक से चलने लगा, पर आज का मंजर देख कर सुमन को लगने लगा कि अम्मां की बात न मान कर गलती कर दी क्या? कहीं कोई ऊंचनीच हो गई, तो क्या होगा…

तभी अचानक तेज चल रहे आटोरिकशा के सामने ब्रेकर आ जाने से झटका लगा और सुमन यादों की परछाईं से बाहर आ गई.

‘‘अरे मैडम, मार ही डालोगी क्या? ठीक से गाड़ी चलाना नहीं आता, तो चलाती क्यों हो? वही काम करो, जो लड़कियों को भाता है,’’ एक लड़के ने कहा.

तभी दूसरा बोला, ‘‘बैठ यार रोहित. ठीक है, हो जाता है कभीकभी.’’

‘‘सौरी सर…’’ पसीना पोंछते हुए सुमन बोली. अभी वे कुछ ही दूर चले थे कि उन में से चौथा लड़का बोला, ‘‘हैलो मैडम, मैं विकास हूं. आप का क्या नाम है?’’

सुमन ने डरते हुए कहा, ‘‘मेरा नाम सुमन है.’’

‘‘पढ़ती हो?’’

‘‘बीए में.’’

‘‘कहां से?’’

‘‘जेएनयू से.’’

‘‘ओह, तभी मुझे लग रहा है कि मैं ने आप को कहीं देखा है. मैं वहां लाइब्रेरी में काम करता हूं,’’ वह लड़का बोला.

‘‘अच्छा… पर मैं ने तो आप को कभी नहीं देखा,’’ सुमन बेरुखी से बोली.

तभी सारे लड़के खिलखिला कर हंस दिए. रोहित बोला, ‘‘क्या लाइन मार रहा है? ऐ लड़की, जरा चौराहे से लैफ्ट ले लेना, वहां से शौर्टकट है.’’ चौराहे से मुड़ते ही सुमन के होश उड़ गए. वह रास्ता तो एकदम सुनसान था.

सुमन ने हिम्मत जुटा कर कहा, ‘‘पहले वाला रास्ता तो काफी अच्छा था, पर यह तो…’’

‘‘नहीं, हम को तुम उसी रास्ते से ले चलो,’’ रोहित बोला. अब तो सुमन का बड़ा बुरा हाल था. उस के हाथपैर डर से कांप रहे थे.

आज सुमन को अम्मां की एकएक बात सच होती दिख रही थी. अम्मां कहती थीं कि इतिहास में औरतें दर्ज कम, दफन ज्यादा हुई हैं. वे रहती पिंजरे में ही हैं, बस उन के आकार और रंग अलग होते हैं. समाज को औरतों का रोना भी मनोरंजन लगता है. हम औरतों को चेहरे और जिस्म के उतारचढ़ाव से देखा और पहचाना जाता है, इसलिए तुम यह फैसला करने से पहले सोच लो…

तभी पीछे से उन में से एक लड़के ने अपना हाथ सुमन के कंधे पर रखा और बोला, ‘‘जरा इधर से राइट चलना. हमें पैसे निकालने हैं.’’ सुमन की तो जैसे सांस ही हलक में अटक गई. उस का पूरा शरीर एक सूखे पत्ते की तरह फड़फड़ा गया.

सुमन ने कहा, ‘‘आप लोगों ने आटोरिकशा नहीं खरीदा है. मैं अब झकरकटी में ही छोड़ूंगी, नहीं तो मैं आप सब को यहीं उतार कर वापस चली जाऊंगी.’’

‘‘कैसे वापस चली जाओगी तुम?’’ रोहित ने पूछा.

‘‘क्या बोला?’’ सुमन ने अपनी आवाज में भारीपन ला कर कहा.

‘‘अरे, मैं यह कह रहा हूं कि इतनी रात को सुनसान जगह में हम सभी कहां भटकेंगे. हमें आप सीधे झकरकटी ही छोड़ दो,’’ रोहित बोला.

‘‘ठीक है… अब आटोरिकशा सीधा वहीं रुकेगा,’’ सुमन बोली.

सुमन के जिंदा हुए आत्मविश्वास से उन का सारा डर पानी में पड़ी गोलियों की तरह घुल गया. उसे लगा कि उस के चारों ओर महकते हुए शोख लाल रंग खिल गए हों और वह उन्हें दुनिया के सामने बिखेर देना चाहती है. अभी तो उस के सपनों की उड़ान बाकी थी, फिर भी उस ने दुपट्टे से अपना चेहरा ढक लिया और सामने दिखे एटीएम पर आटोरिकशा रोक दिया. विकास हैरानी से सुमन के चेहरे पर आतेजाते भाव को अपलक देखे जा रहा था. सुमन इस से बेखबर गाड़ी का मिरर साफ करती जा रही थी. वह पैसा निकाल कर आ गया और सभी फिर चल पड़े.

बमुश्किल एक किलोमीटर ही चले होंगे, तभी सुमन को सामने खूबसूरत सफेद हवेली दिखाई दी. आसपास बिलकुल वीरान था, पर एक फर्लांग की दूरी पर पान की दुकान थी और मैच भी अभीअभी खत्म हुआ था. भारत की जीत हुई थी. सब जश्न मना कर जाने की तैयारी में थे.

सुमन ने हवेली से थोड़ी दूर और पान की दुकान से थोड़ा पहले आटोरिकशा रोक दिया. सभी वहां झूमते हुए उतर गए, पर विकास वहीं खड़ा उसे देख रहा था.

सुमन गुस्से से बोली, ‘‘ऐ मिस्टर… क्या देख रहे हो? क्या कभी लड़की नहीं देखी?’’

‘‘देखी तो बहुत हैं, पर तुम्हारी सादगी और हिम्मत का दीवाना हो गया यह दिल…’’ विकास बोला.

उन सब लड़कों ने खूब शराब पी रखी थी. तभी उस में से एक लड़के ने पीछे मुड़ कर देखा कि विकास वहीं खड़ा है और उसे पुकारते हुए सभी उस के पास वापस आने लगे.

यह देख सुमन घबरा गई. उधर पान वाला भी दुकान पर ताला लगा कर जाने वाला था.

सुमन तेजी से पलट कर जाने लगी, मगर विकास ने पीछे से उस का हाथ पकड़ लिया और घुटनों के बल बैठ कर बोला, ‘‘क्या तुम मुझ से शादी करोगी?’’

यह सुन कर सारे दोस्त ताली बजाने लगे. गहराती हुई रात और चमकते हुए तारों की झिलमिल में विकास की आंखों में सुमन को प्यार की सचाई नजर आ रही थी.

पता नहीं, क्यों सुमन को विकास पर ढेर सारा प्यार आ गया. शायद इस की वजह यह रही होगी कि बचपन से एक लड़की प्यार और इज्जत से दूर रही हो.

सुमन अपने जज्बातों पर काबू पाते हुए बोली, ‘‘चलो, कल कालेज में मिलते हैं. तब तक तुम्हारा नशा भी उतर जाएगा.’’

तभी उन में से एक लड़का बोला, ‘‘सुमन, हम ने शराब जरूर पी रखी है, पर अपने होश में हैं. हम इतने नशे में भी नहीं हैं कि यह न समझ पाएं कि औरत का बदन ही उस का देश होता है और हमारे देश में हमेशा से औरतों की इज्जत की जाती रही है. चंद खराब लोगों की वजह से सारे लोग खराब नहीं होते.’’

सुमन मुसकराते हुए बोली, ‘‘चलो… कल मिलते हैं कालेज में.’’

इस के बाद सुमन ने आटोरिकशा स्टार्ट किया, मगर उसे ऐसा लग रहा था जैसे चांदसितारे और बदन को छूती ठंडी हवा उस के प्यार की गवाह बन गए हों और वह इस छोटे से सफर में मिले हमसफर के ढेरों सपने संजोए और खुशियां बटोरे अपने घर चल दी.

साहब की चतुराई : चपरासी की बीवी के साथ मस्ती

तबादले पर जाने वाला नौजवान अफसर विजय आने वाले नौजवान अफसर नितिन को अपने बंगले पर ला कर उसे चपरासी रामलाल के बारे में बता रहा था.

नितिन ने जब चपरासी रामलाल की फिल्म हीरोइन जैसी खूबसूरत बीवी को देखा, तो वह उसे देखता ही रह गया. नितिन बोला, ‘‘यार, तुम्हारी यह चपरासी की बीवी तो कमाल की है. तुम ने तो इस के साथ खूब मजे किए होंगे?’’

‘‘नहीं यार, ये छोटे लोग बहुत ही धर्मकर्म पर चलते हैं और इस के लिए अपना सबकुछ कुरबान कर देते हैं. ये लोग पद और पैसे के लिए अपनी इज्जत को नहीं बेचते हैं. मैं ने भी इसे लालच दे कर पटाने की खूब कोशिश की थी, मगर इस ने साफ मना कर दिया था.’’

यह सुन कर नितिन विजय की ओर हैरानी से देखने लगा.

नितिन को इस तरह देख विजय अपनी सफाई में बोला, ‘‘ये छोटे लोग हम लोगों की तरह नहीं होते हैं, जो अपने किसी काम को बड़े अफसर से कराने के लिए अपनी बहन बेटियों और बीवियों को भी उन के साथ सुला देते हैं. हमारी बहनबेटियों और बीवियों को भी सोने में कोई दिक्कत नहीं होती है, क्योंकि वे तो अपने स्कूल और कालेज की पढ़ाई करते समय अपने कितने ही बौयफ्रैंड्स के साथ सो चुकी होती हैं.’’

इतना सुन कर नितिन मन ही मन उस चपरासी की बीवी को पटाने की तरकीब सोचने लगा.

विजय से चार्ज लेने के बाद नितिन अपने सरकारी बंगले में रहने लग गया था. शाम को जब वह अपने बंगले पर आया, तो चपरासी रामलाल उस से बोला, ‘‘साहब, आप को शराब पीने का शौक हो तो लाऊं? पुराने साहब तो रोजाना पीने के लिए बोतल मंगवाते थे.’’

‘‘और क्याक्या मंगवाते थे तुम्हारे पुराने साहब?’’ चपरासी रामलाल बोला, ‘‘कालेज में पढ़ने वाली लड़की भी मंगवाते थे. वे पूरी रात के उसे 2 हजार रुपए देते थे.’’

‘‘ले आना,’’ सुन कर नितिन ने उस से कहा, तो वह उन के लिए शराब की बोतल और उस लड़की को ले आया था.

उस लड़की और उस अफसर ने शराब पी कर रातभर खूब मजे किए. जाते समय नितिन ने उसे 3 हजार रुपए दिए और उस से कहा कि वह चपरासी रामलाल से कहे कि तुम्हारे ये कैसे साहब हैं, जिन्होंने रातभर मेरे साथ कुछ किया ही नहीं था, बल्कि मुझे छुआ भी नहीं था, फिर भी मुझे 3 हजार रुपए मुफ्त में दे दिए हैं.’’

उस लड़की ने चपरासी रामलाल से यह सब कहने की हामी भर ली.

जब वह लड़की वहां से जाने लगी, तो चपरासी रामलाल से बोली, ‘‘तुम्हारे ये साहब तो बेकार ही रातभर लड़की को अपने बंगले पर रखते हैं, उस के साथ कुछ करते भी नहीं हैं, मगर फिर भी उस को पैसे देते हैं. तुम्हारे साहब का तो दिमाग ही खराब है.’’

यह सुन कर चपरासी रामलाल हैरान हो कर उस की ओर देखने लगा, तो वह उस से बोली, ‘‘तुम्हारे साहब ने तो रातभर मुझे छुआ भी नहीं, फिर भी मुझे 3 हजार रुपए दे दिए हैं,’’ कह कर वह वहां से चली गई.

उस लड़की की बातें सुन कर चपरासी रामलाल सोचने लगा था कि उस के अफसर का दिमाग खराब है या वे औरत के काबिल नहीं हैं, फिर भी उन्हें औरतों को अपने साथ सुला कर उन पर अपने पैसे लुटाने का शौक है.

चपरासी रामलाल अपने कमरे पर आ कर बीवी सरला से बोला, ‘‘हमारे ये नए साहब तो बेकार ही अपने पैसे लड़की पर लुटाते हैं.’’

‘‘वह कैसे?’’ सुन कर सरला ने रामलाल से पूछा, तो वह बोला, ‘‘कल रात को मैं साहब के लिए एक लड़की लाया था, लेकिन उन्होंने उस के साथ कुछ भी नहीं किया. यहां तक कि उन्होंने उसे छुआ भी नहीं, मगर फिर भी उन्होंने उसे 3 हजार रुपए दे दिए.’’

यह सुन कर उस की बीवी सरला हैरानी से उस की ओर देखने लगी, तो वह उस से बोला, ‘‘क्यों न अपने इस साहब से हम पैसे कमाएं?’’

‘‘वह कैसे?’’ सरला ने उस से पूछा, तो वह बोला, ‘‘तुम इस साहब के साथ सो जाया करो. यह साहब तुम्हारे साथ कुछ करेगा भी नहीं और उस से मुफ्त में ही हम को पैसे मिल जाएंगे. उन पैसों से हम अपने लिए नएनए गहने भी बनवा लेंगे और जरूरत का सामान भी खरीद लेंगे.

‘‘मेरा कितने दिनों से नई मोटरसाइकिल खरीदने का मन कर रहा है, मगर पैसे न होने से खरीद ही नहीं पाता हूं. जब तुम्हें नएनए गहनों में नए कपड़े पहना कर मोटरसाइकिल पर बिठा कर अपने गांव और ससुराल ले जाऊंगा, तो वे लोग हम से कितने खुश होंगे. हमारी तो वहां पर धाक ही जम जाएगी.’’

‘‘कहीं यह तुम्हारा साहब मुझ से मजे लेने लग गया तो…’’ खूबसूरत बीवी सरला ने अपना शक जाहिर किया, तो वह उसे तसल्ली देते हुए बोला, ‘‘तुम इस बात की चिंता मत करो. वह तुम से मजे नहीं लेगा.’’

पति रामलाल की इस बात को सुन कर बीवी सरला अपने साहब के साथ सोने के लिए तैयार हो गई.

शाम को अपने साहब के लिए शराब लाने के बाद रात को चपरासी रामलाल ने अपनी बीवी सरला को उन के कमरे में भेज दिया.

साहब जब उस पर हावी होने लगे, तो उसे बड़ी हैरानी हो रही थी, क्योंकि उस के पति ने तो उस से कहा था कि साहब उसे छुएगा भी नहीं, मगर उस का साहब तो उस पर ऐसा हावी हुआ था कि… रातभर में साहब ने उसे इतना ज्यादा थका दिया था कि वह सो न सकी.

सरला को अपने पति पर बहुत गुस्सा आ रहा था, लेकिन गुस्से को दबा कर मुसकराते हुए दूसरे दिन अपने पति से वह बोली, ‘‘तुम्हारे साहब ने तो मुझे छुआ भी नहीं. हम ने मुफ्त में ही उन से पैसे कमा लिए.’’

यह सुन कर उस का पति रामलाल अपनी अक्लमंदी पर खुशी से मुसकराने लगा, तो वह उस से बोली, ‘‘मुझे रातभर तुम्हारी याद सताती रही थी. क्यों न हम तुम्हारी बहन नीता को गांव से बुला कर तुम्हारे साहब के साथ सुला दिया करें.

‘‘तुम्हारा साहब उस के साथ कुछ करेगा भी नहीं और उस से मिले पैसों से हम उस की शादी भी धूमधाम से कर देंगे.’’

यह सुन कर रामलाल बीवी सरला की इस बात पर सहमत हो गया. वह उस से बोला, ‘‘तुम इस बारे में नीता को समझा देना. मैं आज ही उसे फोन कर के बुलवा लूंगा.’’

शाम को जब चपरासी रामलाल की बहन नीता वहां पर आई, तो सरला उस से बोली, ‘‘ननदजी, तुम गांव के लड़कों को मुफ्त में ही मजे देती फिरती हो. किसी दिन किसी ने देख लिया, तो गांव में बदनामी हो जाएगी. इसलिए तुम यहीं रह कर हमारे साहब के साथ रातभर सो कर मजे भी लो और पैसे भी कमाओ.’’

यह सुन कर उस की ननद नीता खुशी से झूम उठी थी. रातभर वह साहब के साथ मौजमस्ती कर के सुबह जब उन के कमरे से निकली, तो बहुत खुश थी. साहब ने उसे 5 हजार रुपए दिए थे.

कुछ ही दिनों में चपरासी रामलाल अपने लिए नई मोटरसाइकिल ले आया था और अपनी बीवी सरला और बहन नीता के लिए नएनए जेवर और कपड़े भी खरीद चुका था, क्योंकि उस के साहब अपने से बड़े अफसरों को खुश रखने के लिए उन दोनों को उन के पास भेजने लगे थे.

एक दिन सरला और नीता आपस में बातें करते हुए कह रही थीं कि उन के साहब तो रातभर उन्हें इतने मजे देते हैं कि उन्हें मजा आ जाता है.

उन की इन बातों को जब चपरासी रामलाल ने सुना, तो वह अपने साहब की इस चतुराई पर हैरान हो उठा था. लेकिन अब हो भी क्या सकता था.

रामलाल ने सोचा कि जो हो रहा है, होने दो. उन से पैसे तो मिल ही रहे हैं. उन पैसों के चलते ही उस की अपने गांव और ससुराल में धाक जम चुकी थी, क्योंकि आजकल लोग पैसा देखते हैं, चरित्र नहीं.

अनोखा बंधन : संगीता और अमन का रिश्ता

अमर को रात के 8 बजे मेघदूत होटल में पहुंच जाना था. उस की कंपनी के एक क्लाइंट ने उसे मिलने के लिए यही समय दिया था, पर किसी दूसरे काम में फंस जाने के चलते वह समय पर नहीं पहुंच पाया था.

अमर जब होटल में पहुंचा, तो रात के साढ़े 9 बज गए थे. क्लाइंट कमरा नंबर 12 में ठहरा हुआ था.

अमर ने डोरबैल बजाई, तो खुद क्लाइंट ने दरवाजा खोला. अमर का परिचय पा कर उसे दोचार सुनाते हुए क्लाइंट ने कहा, ‘‘आप को समय पर आना चाहिए था. अभी मैं एक लड़की के साथ बिजी हूं.’’

‘‘सौरी सर, मैं कल दोबारा आ जाऊंगा. बताइए, कितने बजे आऊं?’’

‘‘कल मैं किसी दूसरे काम में बिजी हूं…’’ कुछ सोच कर क्लाइंट ने कहा, ‘‘आप ऐसा कीजिए कि भीतर आ जाइए. फाइल तैयार है. सिर्फ मेरा दस्तखत करना बाकी रह गया है.’’

अमर कमरे में आ गया. जैसे ही अमर की बैड पर नजर पड़ी, तो उस की आंखें फटी की फटी रह गईं. बैड पर कोई और नहीं, बल्कि उस की प्रेमिका रह चुकी संगीता थी. वह अपने बदन पर चादर लपेटे हुए थी.

अमर का मन कमरे से भाग जाने को हुआ, मगर उस ने ऐसा नहीं किया. थोड़ी देर बाद फाइल ले कर अमर क्लाइंट के साथ दरवाजे पर आया. न चाहते हुए भी उस ने पूछ लिया, ‘‘सर, यह लड़की आप की गर्लफ्रैंड है क्या?’’

‘‘नहीं, कालगर्ल है. आज शाम को ही एक दलाल से इसे बुक किया था.’’

अमर को लगा, जैसे किसी ने उसे बहुत ऊंचाई से नीचे फेंक दिया हो. अमर को संगीता से बिछड़े हुए 2 साल हो गए थे. इस बीच उस ने न जाने कहांकहां उसे ढूंढ़ा, मगर वह उसे नहीं मिली.

अमर बिहार के समस्तीपुर जिले के एक गांव का रहने वाला था. ग्रेजुएशन करते ही उसे दिल्ली की एक बड़ी कंपनी में नौकरी मिल गई थी. वह कुंआरा था, इसलिए अपने मातापिता, भाईबहन को गांव में छोड़ कर दिल्ली अकेले ही आया था.

नौकरी जौइन करने के बाद अमर को जिस बिल्डिंग में किराए का फ्लैट मिला था, उसी में संगीता अपने पिता के साथ दूसरी मंजिल पर रहती थी. घर से अमर का दफ्तर बहुत दूर था, इसलिए आनेजाने के लिए उस ने मोटरसाइकिल खरीद ली थी. शुरू में तो नहीं, मगर बाद में अमर ने इस बात पर ध्यान दिया कि शाम को जैसे ही उस की मोटरसाइकिल बिल्डिंग के अहाते में आती है, दूसरी मंजिल की बालकनी में झट से 20-22 साला एक खूबसूरत लड़की आ कर उसे देखने लगती है.

पता करने पर मालूम हुआ कि उस लड़की का नाम संगीता है. धीरेधीरे अमर को लगने लगा कि वह संगीता को प्यार करने लगा है, उस के बिना नहीं रह पाएगा. एक दिन अमर संगीता को अपने दिल का हाल बताने के लिए बेचैन हो गया. जैसे ही वह शाम को दफ्तर सेआया, संगीता को बालकनी में देखा.

अमर ने संकेत से उसे बताया कि वह उस के पास आ रहा है. संगीता ने उसे मना नहीं किया. फिर वह खुश हो कर उस के फ्लैट पर पहुंच गया. संगीता दरवाजे पर खड़ी थी. उस ने मुसकरा कर उस का स्वागत किया, फिर उसे अंदर ले गई.

अमर को बैठा कर संगीता चायनाश्ता लाने के लिए जाने लगी, तो उस ने उसे रोक कर अपने पास बैठा लिया. अमर ने पहले उसे अपने बारे में बताया, फिर कहा कि वह उसे प्यार करता है और शादी करना चाहता है.

‘‘क्या आप को पता है कि मैं विधवा हूं? मेरा डेढ़ साल का एक बेटा है?’’

अमर को संगीता की इस बात पर यकीन नहीं हुआ. उस ने कहा, ‘‘अभी तुम्हारी उम्र 22 साल की होगी. इतनी कम उम्र में तुम्हारी शादी हो गई, बच्चा भी हो गया और विधवा भी हो गई…’’

‘‘मुझे लगता है कि तुम मुझ से शादी नहीं करना चाहती हो, इसलिए ऐसा कह रही हो.’’ संगीता कुछ कहती, उस से पहले ही एक कमरे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई पड़ी.

संगीता उठ कर उस कमरे में चली गई. जब वह आई, तो उस की गोद में एक खूबसूरत बच्चा था.

‘‘यही मेरा बेटा है. इस का नाम रोहित है.’’

यह सुन कर अमर दुखी हो गया.

वह जानता था कि उस के घर वाले हरगिज किसी विधवा से उस की शादी नहीं होने देंगे. ऊपर से वह एक बच्चे की मां भी थी.

‘‘दरअसल, बात यह है कि जब मैं 11वीं कक्षा में पढ़ती थी, तो मुझे एक लड़के से प्यार हो गया था. वह मेरे साथ ही पढ़ता था. ‘‘मेरे पिता को पता चल गया था कि मैं प्यारमुहब्बत के चक्कर में फंस गई हूं. उन्होंने उस लड़के के पिता से शादी की बात कर डाली, फिर मेरी पढ़ाई छुड़वा कर उस लड़के से शादी कर दी गई.

‘‘शादी का एक साल होतेहोते मैं विधवा हो गई. एक सड़क हादसे में मेरे पति की मौत हो गई थी. उस समय मैं पेट से थी. ‘‘उस के बाद मुझ पर कहर टूट पड़ा. ससुराल वालों ने ‘डायन’ कह कर घर से निकाल दिया और मैं मायके आ गई.

‘‘मेरे पिता ने तो इस सदमे को बरदाश्त कर लिया, मगर मेरी मां बरदाश्त न कर सकीं. दिल का दौरा पड़ने से उन की मौत हो गई.

‘‘मां की मौत के बाद मैं ने खुदकुशी करने की कोशिश की, मगर पिता ने मुझे बचा लिया. मुझे समझाया कि बच्चे को हर हाल में जन्म देना होगा और उस के लिए जीना होगा.

‘‘उन्होंने यह भी कहा कि अगर मैं खुदकुशी कर लूंगी, तो उन का क्या होगा? इस बुढ़ापे में उन्हें कौन देखेगा?

‘‘पिता की बात बिलकुल ठीक थी. मैं अपने मातापिता की एकलौती औलाद थी. मैं खुदकुशी कर लेती, तो उन्हें देखने वाला कोई नहीं बचता.

‘‘समय पर मैं ने बच्चे को जन्म दिया और पूरा ध्यान उस की परवरिश पर लगा दिया.

‘‘मैं दूसरी शादी नहीं करना चाहती थी, लेकिन पिता हर हाल में मेरी दूसरी शादी करना चाहते थे. उन का कहना था कि उन की मौत के बाद मुझे कौन देखेगा? ‘‘मजबूर हो कर मैं ने पिता को अपनी दूसरी शादी की सहमति दे दी. लेकिन मेरी यह शर्त थी कि मैं उसी से शादी करूंगी, जो मेरे बेटे को अपना नाम देगा.

‘‘लड़के की तलाश शुरू होती, उस से पहले मैं ने अचानक एक दिन आप को देखा और दिल में बसा लिया.

‘‘मैं चाहती थी कि पहले आप मुझे अपने दिल का हाल बताएं, उस के बाद मैं अपने बारे में सबकुछ आप को बता दूंगी. अब आप जो फैसला करेंगे, मुझे मंजूर होगा.’’

संगीता की आपबीती सुन कर अमर चिंता में पड़ गया. वह आननफानन कोई फैसला नहीं करना चाहता था. घर वालों को मनाने की बात कह कर वह वहां से चला गया. अमर संगीता से शादी करना चाहता था. इस के लिए उस ने गांव जा कर अपने घर वालों को मनाने का फैसला किया, पर वह गांव न जा सका. 2 दिन बाद ही उस का ट्रांसफर दिल्ली से कोलकाता हो गया.

कोलकाता में उसे तुरंत दफ्तर जौइन करना था, इसलिए वह संगीता को ट्रांसफर की सूचना दिए बिना दिल्ली से चला गया. अमर ने सोचा था कि कोलकाता में दफ्तर जौइन करने के बाद वह छुट्टी ले कर गांव जाएगा. उस के बाद खुशखबरी ले कर संगीता से मिलेगा. लेकिन उस का सोचा नहीं हुआ. नए दफ्तर में इतना ज्यादा काम था कि उसे अगले 4 महीने तक छुट्टी नहीं मिली.

संगीता का कोई फोन नंबर उस के पास नहीं था, इसलिए वह उस से बात भी न कर सका. 4 महीने बाद जब अमर को छुट्टी मिली, तो उस ने पहले संगीता से मिलने का विचार किया.

संगीता से मिल कर वह उसे बता देना चाहता था कि वह उस से हर हाल में शादी करेगा और उस के बेटे को अपना नाम देगा. अमर संगीता के फ्लैट पर गया, तो वहां कोई दूसरा था. पूछताछ करने पर पता चला कि उस के जाने के एक महीने बाद ही संगीता के पिता की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी.

उस के बाद संगीता फ्लैट बेच कर अपने मामा के साथ चली गई. उस का मामा कहां रहता था, यह किसी को पता नहीं था. गांव न जा कर अमर उसी दिन से संगीता की तलाश में लग गया. छुट्टी रहने तक उस ने बहुत सी जगहों पर उस की तलाश की, उस के बाद वह कोलकाता चला गया.

अमर कोलकाता आ गया था, मगर उस ने संगीता की तलाश बंद नहीं की थी. इसी तरह 2 साल बीत गए थे. आज अमर क्लाइंट से मिलने मेघदूत होटल गया, तो वहां संगीता को कालगर्ल के रूप में देख कर उसे गहरा धक्का लगा था.

बहुत सोचने के बाद अमर ने संगीता से मिलने का फैसला किया. कुछ दिनों की कोशिश के बाद एक दलाल से अमर को संगीता के घर का पता चल गया. एक दिन शाम के 5 बजे अमर संगीता के फ्लैट पर गया. कालबैल बजाने पर नौकरानी ने दरवाजा खोला.

अमर ने जब उसे अपना परिचय दिया, तो वह उसे दरवाजे पर खड़ा कर संगीता से पूछने चली गई. थोड़ी देर बाद नौकरानी आई और अमर को अपने साथ भीतर ले गई. संगीता एक कमरे में बैठी थी. उस के पास ही उस का बेटा रोहित था. वह खिलौनों के साथ खेल रहा था.

संगीता ने उसे बैठने के लिए कहा, तो वह सोफे पर उस के पास ही बैठ गया.

अमर के कुछ कहने से पहले संगीता ने ही कहा, ‘‘आप तो मुझे छोड़ कर चले गए थे, फिर 2 साल बाद मुझ से मिलने क्यों आए हैं?’’

‘‘मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं, फिर तुम्हें कैसे छोड़ सकता हूं…’’

अमर ने अपनी ट्रांसफर वाली बात बता दी. उस ने उसे यह भी बताया कि वह उस की तलाश में कैसे और कहांकहां भटकता रहा था. संगीता चिंता में पड़ गई. अब तक जिसे वह बेवफा समझ रही थी, वह तो उसे अटूट प्यार करता था. उस के लिए उस ने किसी से शादी भी नहीं की थी.

कुछ सोचने के बाद संगीता ने कहा, ‘‘उस दिन आप मुझ से मिल कर गए तो लगा कि आप जरूर अपने घर वालों को मना कर मुझ से शादी करेंगे. लेकिन जब 2 दिन बाद आप एकदम लापता हो गए, तो मुझे शक हुआ.

‘‘पता करने पर मालूम हुआ कि आप तो अपना ट्रांसफर करा कर कोलकाता चले गए हैं. आप ने फ्लैट भी छोड़ दिया है.

‘‘आप का कोई फोन नंबर भी मेरे पास नहीं था, जो आप से कुछ पूछती. मैं चाहती तो कोलकाता के दफ्तर में जा कर आप से मिल सकती थी, मगर किस हक से मिलती? आप की मैं थी ही कौन?

‘‘एक महीने बाद पिता ने आप के बारे में पूछा, तो छिपा न सकी. कह दिया कि आप मुझ से शादी नहीं करेंगे. ‘‘मैं ने मन ही मन निश्चय कर लिया था कि अब मैं किसी से भी शादी नहीं करूंगी. बेटे की परवरिश में मैं अपनी सारी जिंदगी बिता दूंगी.

‘‘मैं ने अपना फैसला भी पिता को बता दिया. मेरे इस फैसले से पिता को जबरदस्त सदमा पहुंचा और उन की मौत हो गई. ‘‘पिता की मौत पर मामा आए थे. मुझे समझाबुझा कर उन्होंने फ्लैट बेच दिया, फिर मुझे अपने साथ ले गए.

‘‘मेरा ननिहाल कानपुर में था. वहां 2-3 महीने तक सबकुछ ठीकठाक चला, उस के बाद मुझे घर की नौकरानी बना दिया गया. ‘‘मेरा एक ममेरा भाई था. वह मुझ से 2 साल छोटा था. उस की मुझ पर बुरी नजर थी. मैं उस से बच कर रहती थी.

‘‘एक दिन उसे मौका मिल ही गया. घर के सारे लोग किसी रिश्तेदार की शादी में गए थे. वह भी गया था. मगर न जाने कैसे थोड़ी देर बाद ही वह लौट आया और मुझ पर टूट पड़ा.

‘‘उस शैतान से मैं अपनी लाज बचा न सकी. उस ने मेरा रेप कर के ही छोड़ा.

‘‘मैं चुप रहने वालों में से नहीं थी. घर वाले जब रिश्तेदार के यहां से लौट कर आए, तो मैं ने उस की करतूत सभी को बता दी.

‘‘उस के बाद मुझ पर कहर टूट पड़ा. सभी ने मुझे ही कुसूरवार माना.

‘‘फ्लैट का रुपया मामा के पास था. मामा ने बगैर रुपए दिए धक्के मार कर घर से निकाल दिया.

‘‘मैं अपने बेटे के साथ इस उम्मीद से दिल्ली गई थी कि पिता की कंपनी में मुझे नौकरी मिल जाएगी, पर वहां नौकरी नहीं मिली. ‘‘कंपनी में काम कर रहे एक शख्स ने एक पता दे कर यह कह कर मुझे कोलकाता भेज दिया कि वहां नौकरी जरूर मिल जाएगी.

कोलकाता आ कर पता चला कि उस शख्स ने मुझे जिस के पास भेजा था, वह सैक्स रैकेट चलाता था. ‘‘मेरी जिंदगी तो बरबाद हो चुकी थी, अब मैं बेटे की जिंदगी बरबाद नहीं होने देना चाहती थी, इसलिए सैक्स रैकेट से जुड़ गई.

‘‘एक साल बाद मैं उस रैकेट टीम से अलग हो गई. अब मैं अपना काम खुद करती हूं.’’ संगीता चुप हो गई, तो अमर ने कहा, ‘‘जो होना था, वह हो गया. अब तुम मुझ से शादी कर लो.’’ यह सुन कर संगीता हैरान रह गई. संगीता को हैरत में पड़ा देख अमर ने ही कहा, ‘‘मैं तुम से बेहद प्यार करता हूं, इसलिए सबकुछ जानने के बाद भी तुम से शादी करूंगा.

‘‘तुम्हारे लिए मुझे अपने घर वालों से रिश्ता तोड़ना होगा तो तोड़ दूंगा…’’ संगीता ने सोचनेसमझने के लिए अमर से एक दिन का समय लिया. अगले दिन सुबह जब अमर संगीता के घर गया, तो वहां का अजीब सा मंजर देख कर परेशान हो गया.

फ्लैट पर पुलिस थी. संगीता की नौकरानी भी वहां थी. पूछताछ करने पर अमर को पता चला कि संगीता ने रात के किसी पहर में खुदकुशी कर ली थी. सुबहसवेरे जब नौकरानी काम करने आई, तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था. जब संगीता ने दरवाजा नहीं खोला, तो नौकरानी ने पड़ोसी को बताया और उस ने पुलिस को सूचना दी.

पुलिस आई और फ्लैट का दरवाजा तोड़ कर अंदर गई. संगीता सीलिंग फैन से झूल रही थी. संगीता ने पुलिस के नाम सुसाइड नोट लिखा था. उस में लिखा था कि वह अपने काम से खुश नहीं है, इसलिए खुदकुशी कर रही है. संगीता ने एक खत अमर के नाम भी लिखा था. उस खत में लिखा था, ‘पाप का बोझ ले कर अब मैं जीना नहीं चाहती, इसलिए दुनिया से विदा ले रही हूं. उम्मीद है कि मेरे बेटे रोहित को आप अपना नाम देंगे.’

अमर ने पुलिस को बताया कि संगीता उस की बिनब्याही पत्नी थी और रोहित उन दोनों के प्यार की निशानी है. पुलिस ने रोहित को अमर के हवाले कर दिया.

नया द्वार: नये दरवाजे पर खुशियों ने दी दस्तक

एक दिन रास्ते में रेणु भाभी मिल गईं. बड़ी उदास, दुखी लग रही थीं. मैं ने कारण पूछा तो उबल पड़ीं. बोलीं, ‘‘क्या बताऊं तुम्हें? माताजी ने तो हमारी नाक में दम कर रखा है. गांव में पड़ी थीं अच्छीखासी. इन्हें शौक चर्राया मां की सेवा का. ले आए मेरे सिर पर मुसीबत. अब मैं भुगत रही हूं.’’

भाभी की आवाज कुछ ऊंची होती जा रही थी, कुछ क्रोध से, कुछ खीज से. रास्ते में आतेजाते लोग अजीब नजरों से हमें घूरते जा रहे थे. मैं ने धीरे से उन का हाथ पकड़ कर कहा, ‘‘चलो न, भाभी, पास ही किसी होटल में चाय पी लें. वहीं बातें भी हो जाएंगी.’’

भाभी मान गईं और तब मुझे उन का आधा कारण मालूम हुआ.

रेणु भाभी मेरी रिश्ते की भाभी नहीं हैं, पर उन के पति मनोज भैया और मेरे पति एक ही गांव के रहने वाले हैं. इसी कारण हम ने उन दोनों से भैयाभाभी का रिश्ता जोड़ लिया है.

मनोज भैया की मां मझली चाची के नाम से गांव में काफी मशहूर हैं. बड़ी सरल, खुशमिजाज और परोपकारी औरत हैं. गरीबी में भी हिम्मत से इकलौते बेटे को पढ़ाया. तीनों बेटियों की शादी की.

अब पिछले कुछ वर्षों से चाचा की मृत्यु के बाद, मनोज भैया उन्हें शहर लिवा लाए. कह रहे थे कि वहां मां के अकेली होने के कारण यहां उन्हें चिंता सताती रहती थी. फिर थोड़ेबहुत रुपए भी खर्चे के लिए भेजने पड़ते थे.

‘‘तभी से यह मुसीबत मेरे पल्ले पड़ी है,’’ रेणु भाभी बोलीं, ‘‘इन्हीं का खर्चा चलाने के लिए तो मैं ने भी नौकरी कर ली. कहीं इन्हें बुढ़ापे में खानेपीने, पहनने- ओढ़ने की कमी न हो. पर अब तो उन के पंख निकल आए हैं,’’

‘‘सो कैसे?’’

‘‘तुम ही घर आ कर देख लेना,’’ भाभी चिढ़ कर बोलीं, ‘‘अगर हो सके तो समझा देना उन्हें. घर को कबाड़खाना बनाने पर तुली हुई हैं. दीपक भैया को भी साथ लाएंगी तो वह शायद उन्हें समझा पाएंगे. बड़ी प्यारी लगती हैं न उन्हें मझली चाची?’’

चाय खत्म होते ही रेणु भाभी उठ खड़ी हुईं और बात को ठीक तरह से समझाए बिना ही चली गईं.

मैं ने अपने पति दीपक को रेणु भाभी के वक्तव्य से अवगत तो करा दिया था, लेकिन बच्चों की परीक्षाएं, घर के अनगिनत काम और बीचबीच में टपक पड़ने वाले मेहमानों के कारण हम लोग चाची के घर की दिशा भूल से गए.

तभी एक दिन मेरी मौसेरी बहन सुमन दोपहर को मिलने आई. उस ने एम.ए., बी.एड कर रखा था, पर दोनों बच्चे छोटे होने के कारण नौकरी नहीं कर पा रही थी. हालांकि उस के परिवार को अतिरिक्त आय की आवश्यकता थी. न गांव में अपना खुद का घर था, न यहां किराए का घर ढंग का था. 2 देवर पढ़ रहे थे. उन का खर्चा वही उठाती थी. सास बीमार थी, इसलिए पोतों की देखभाल नहीं कर सकती थी. ससुर गांव की टुकड़ा भर जमीन को संभाल कर जैसेतैसे अपना काम चलाते थे.

फिर भी सुमन की कार्यकुशलता और स्नेह भरे स्वभाव के कारण परिवार खुश रहता था. जब भी मैं उसे देखती, मेरे मन में प्यार उमड़ पड़ता. मैं प्रसन्न हो जाती.

उस दिन भी वह हंसती हुई आई. एक बड़ा सा पैकेट मेरे हाथ में थमा कर बोली, ‘‘लो, भरपेट मिठाई खाओ.’’

‘‘क्या बात है? इस परिवार नियोजन के युग में कहीं अपने बेटों के लिए बहन के आने की संभावना तो नहीं बताने आई?’’ मैं ने मजाक में पूछा.

‘‘धत दीदी, अब तो हाथ जोड़ लिए. रही बहन की बात तो तुम्हारी बेटी मेरे शरद, शिशिर की बहन ही तो है.’’

‘‘पर मिठाई बिना जाने ही खा लूं?’’

‘‘तो सुनो, पिछले 2 महीने से मैं खुद के पांवों पर खड़ी हो गई हूं. यानी कि नौ…क…री…’’ उस ने खुशी से मुझे बांहों में भर लिया. बिना मिठाई खाए ही मेरा मुंह मीठा हो गया. तभी मुझे उस के बच्चों की याद आई, ‘‘और शरद, शिशिर उन्हें कौन संभालता है? तुम कब जाती हो, कब आती हो, कहां काम करती हो?’’

‘‘अरे…दीदी, जरा रुको तो, बताती हूं,’’ उस ने मिठाई का पैकेट खोला, चाय छानी, बिस्कुट ढूंढ़ कर सजाए तब कुरसी पर आसन जमा कर बोली, ‘‘सुनो अब. नौकरी एक पब्लिक स्कूल में लगी है. तनख्वाह अच्छी है. सवेरे 9 बजे से शाम को 4 बजे तक. और बच्चे तुम्हारी मझली चाची के पास छोड़ कर निश्ंिचत हो जाती हूं.’’

‘‘क्या?’’

‘‘जी हां. मझली चाची कई बच्चों को संभालती हैं. बहुत प्यार से देखभाल करती हैं.’’

खापी कर पीछे एक खुशनुमा ताजगी में फंसे हुए प्रश्न मेरे लिए छोड़ कर सुमन चली गई. मझली चाची ऐसा क्यों कर रही थीं? रेणु भाभी क्या इसी कारण से नाराज थीं?

‘‘बात तो ठीक है,’’ शाम को दीपक ने मेरे प्रश्नों के उत्तर में कहा, ‘‘फिर भैयाभाभी दोनों कमाते हैं. मझली चाची के कारण उन्हें समाज की उठती उंगलियां सहनी पड़ती होंगी. हमें चाची को समझाना चाहिए.’’

‘‘दीपक, कभी दोपहर को बिना किसी को बताए पहुंच कर तमाशा देखेंगे और चाची को अकेले में समझाएंगे. शायद औरों के सामने उन्हें कुछ कहना ठीक नहीं होगा,’’ मैं ने सुझाव दिया.

दीपक ने एक दिन दोपहर को छुट्टी ली और तब हम अचानक मनोज भैया के घर पहुंचे.

भैयाभाभी काम पर गए हुए थे. घर में 10 बच्चे थे. मझली चाची एक प्रौढ़ा स्त्री के साथ उन की देखभाल में व्यस्त थीं. कुछ बच्चे सो रहे थे. एक को चाची बोतल से दूध पिला रही थीं. उन की प्रौढ़ा सहायिका दूसरे बच्चे के कपड़े बदल रही थी.

चाची बड़ी खुश नजर आ रही थीं. साफ कपड़े, हंसती आंखें, मुख पर संतोष तथा आत्मविश्वास की झलक. सेहत भी कुछ बेहतर ही लग रही थी.

‘‘चाचीजी, आप ने तो अच्छीखासी बालवाटिका शुरू कर दी,’’ मैं ने नमस्ते कर के कहा.

चाची हंस कर बोलीं, ‘‘अच्छा लगता है, बेटी. स्वार्थ के साथ परमार्थ भी जुटा रही हूं.’’

‘‘पर आप थक जाती होंगी?’’ दीपक ने कहा, ‘‘इतने सारे बच्चे संभालना हंसीखेल तो नहीं.’’

‘‘ठहरो, चाय पी कर फिर तुम्हारी बात का जवाब दूंगी,’’ वह सहायिका को कुछ हिदायतें दे कर रसोईघर में चली गईं, ‘‘यहीं आ जाओ, बेटे,’’ उन्होंने हम दोनों को भी बुला लिया.

‘‘देखो दीपक, अपने पोतेपोती के पीछे भी तो मैं दौड़धूप करती ही थी? तब तो कोई सहायिका भी नहीं थी,’’ चाची ने नाश्ते की चीजें निकालते हुए कहा, ‘‘अब ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की उम्र है न मेरी? इन सभी को पोतेपोतियां बना लिया है मैं ने.’’

फिर मेरी ओर मुड़ कर कहा, ‘‘तुम्हारी सुमन के भी दोनों नटखट यहीं हैं. सोए हुए हैं. दोपहर को सब को घंटा भर सुलाने की कोशिश करते हैं. शाम को 5 बजे मेरा यह दरबार बरखास्त हो जाता है. तब तक मनोज के बच्चे शुचि और राहुल भी आ जाते हैं.’’

‘‘पर चाची, आप…आप को आराम छोड़ कर इस उम्र में ये सब झमेले? क्या जरूरत थी इस की?’’

‘‘तुम से एक बात पूछूं, बेटी? तुम्हारे मांपिताजी तुम्हारे भैयाभाभी के साथ रहते हैं न? खुश हैं वह?’’

मेरी आंखों के सामने भाभी के राज में चुप्पी साधे, मुहताज से बने मेरे वृद्ध मातापिता की सूरतें घूम गईं. न कहीं जाना न आना. कपड़े भी सब की जरूरतें पूरी करने के बाद ही उन के लिए खरीदे जाते. वे दोनों 2 कोनों में बैठे रहते. किसी के रास्ते में अनजाने में कहीं रोड़ा न बन जाएं, इस की फिक्र में सदा घुलते रहते. मेरी आंखें अनायास ही नम हो आईं.

चाची ने धीरे से मेरे बाल सहलाए. ‘‘बेटी, तू दीपक को मेरी बात समझा सकेगी. मैं तेरी आंखों में तेरे मातापिता की लाचारी पढ़ सकती हूं, लेकिन जब तुझ पर किसी वयोवृद्ध का बोझ आ पड़े, तब आंखों की इस नमी को याद रखना.’’

दीपक के चेहरे पर प्रश्न था.

‘‘सुनो बेटे, पति की कमाई या मन पर जितना हक पत्नी का होता है उतना बेटे की कमाई या मन पर मां का नहीं होता. इस कारण से आत्मनिर्भर होना मेरे लिए जरूरी हो गया था. रही काम की बात तो पापड़बडि़यां, अचारमुरब्बे बनाना भी तो काम ही है, जिन्हें करते रहने पर भी करने वालों की कद्र नहीं की जाती. घर में रह कर भी अगर ये काम हम ने कर भी लिए तो कौन सा शेर मार दिया? बहू कमाएगी तो सास को यह सबकुछ तो करना ही पड़ेगा,’’ चाची ने एक गहरी सांस ली.

‘‘कब आते हैं बच्चे?’’ दीपक ने हौले से पूछा.

‘‘9 बजे से शुरू हो जाते हैं. कोई थोड़ी देर से या जल्दी भी आ जाते हैं कभीकभी. मेरी सहायिका पार्वती भी जल्दी आ जाती है. उसे भी मैं कुछ देती हूं. वह खुशी से मेरा हाथ बंटाती है.’’

‘‘और भी बच्चों के आने की गुंजाइश है?’’ मैं ने पूछा.

‘‘पूछने तो आते हैं लोग, पर मैं मना कर देती हूं. इस से ज्यादा रुपयों की मुझे आवश्यकता नहीं. सेहत भी संभालनी है न?’’

चाय खत्म हो चुकी थी. सोए हुए बच्चों के जागने का समय हो रहा था. इसलिए ‘नमस्ते’ कह कर हम चलना ही चाहते थे कि चाची ने कहा, ‘‘बेटी, दीवाली के बाद मैं एक यात्रा कंपनी के साथ 15 दिन घूमने जाने की बात सोच रही हूं. अगर तुम्हारे मातापिता भी आना चाहें तो…’’

मैं चुप रही. भैयाभाभी इतने रुपए कभी खर्च न करेंगे. मैं खुद तो कमाती नहीं.

चाची को भी मनोज भैया ने कई बहानों से यात्रा के लिए कभी नहीं जाने दिया था. उन की बेटियां भी ससुराल के लोगों को पूछे बिना कोई मदद नहीं कर सकती थीं. अब चाची खुद के भरोसे पर यात्रा करने जा रही थीं.

‘‘सुनीता के मातापिता भी आप के साथ जरूर जाएंगे, चाची,’’ अचानक दीपक ने कहा, ‘‘आप कुछ दिन पहले अपने कार्यक्रम के बारे में बता दीजिएगा.’’

रेणु भाभी और मनोज भैया की नाराजगी का साहस से सामना कर के मझली चाची ने एक नया द्वार खोल लिया था अपने लिए, देखभाल की जरूरत वाले बच्चों के लिए और सुमन जैसी सुशिक्षित, जरूरतमंद माताओं के लिए.

हरेक के लिए इतना साहस, इतना धैर्य, इतनी सहनशीलता संभव तो नहीं. पर अगर यह नहीं तो दूसरा कोई दरवाजा तो खुल ही सकता है न?

जीवन बहुत बड़ा उपहार है हम सब के लिए. उसे बोझ समझ कर उठाना या उठवाना कहां तक उचित है? क्यों न अंतिम सांस तक खुशी से, सम्मान से जीने की और जिलाने की कोशिश की जाए? क्यों न किसी नए द्वार पर धीरे से दस्तक दी जाए? वह द्वार खुल भी तो सकता है.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें