⚲

Short Story in Hindi : बिंदिया

Short Story in Hindi. ठाकुर वीर सिंह की हवेली दुलहन की तरह सजी थी. बिजली वाले रंगबिरंगे बल्ब लगा कर हवेली को जगमगा रहे थे. फूल वाले उसे फूलों से सजा रहे थे और हलवाई कई तरह के पकवान बना रहे थे, जिन की खुशबू चारों ओर फैल रही थी.

हवेली के अंदर सिर्फ एक ही नाम पुकारा जा रहा था, ‘बिंदिया… बिंदिया… बिंदिया…’

हलवाई बोल रहा था, ‘‘बिंदिया बहू, भोजन तैयार है…’’

माताजी पुकार रही थीं, ‘‘बेटी बिंदिया, भोग का समय हो रहा है.’’

तभी ऊपर से आवाज आई, ‘‘बिंदिया भाभी, दूल्हे का सूट कहां रखा है?’’

हवेली के छोटे ठाकुर शक्ति सिंह की शादी हो रही थी और बरात जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन बिंदिया को घड़ी भर की भी फुरसत नहीं थी. वह अपनी सूझबूझ  से सारे काम बखूबी निबटा रही थी.

इसी बीच नौकरानी ने कहा, ‘‘बीबीजी, आप को बाबूजी बुला रहे हैं.’’

बिंदिया ने रसोई में जा कर भोजन का थाल सजा कर भोग लगाया, फिर शक्ति सिंह का सूट अलमारी से निकाल कर सीधे बाबूजी के पास पहुंची और बोली, ‘‘आप ने मुझे बुलाया बाबूजी?’’

बाबूजी ने कहा, ‘‘मैं ने तुम्हें इसलिए बुलाया था कि देखना किसी भी काम में कोई कमी न रह जाए. शादी का सारा काम तुझे ही संभालना है.’’

बिंदिया ने हंसते हुए कहा, ‘‘बाबूजी, आप परेशान न हों. मैं सब संभाल लूंगी.’’

बिंदिया के जाने के बाद बाबूजी सोच में डूब गए और उन्हें 3 साल पुरानी घटना याद आने लगी…

एक बार जब ठाकुर वीर सिंह अपनी पत्नी के साथ शहर जा रहे थे, तो रास्ते में तेज रफ्तार से आते एक ट्रक ने उन की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी थी. उस हादसे में उन की पत्नी की टांग में बहुत चोट आई थी. ज्यादा खून निकलने से वे बेहोश हो गई थीं.

जैसेतैसे उन्होंने अपनी पत्नी को अस्पताल पहुंचा दिया था, पर उन्हें यह चिंता हो रही थी कि इस अनजान शहर में कौन उन की मदद करेगा. उन की पत्नी को जिस ग्रुप का खून चढ़ाया जाना था, वह अस्पताल में मौजूद नहीं था.

तब नर्स ने उन्हें खून देने वालों की लिस्ट थमाते हुए एक पते की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘आप इस पते पर जाइए, आप का काम हो जाएगा.’

ठाकुर वीर सिंह उसी वक्त उस पते पर जा पहुंचे. उन्होंने उस छोटे से घर का दरवाजा खटखटाया.

जल्दी ही 20-21 साला एक लड़की ने दरवाजा खोल कर पूछा, ‘कहिए, आप को किस से मिलना है?’

तब ठाकुर साहब ने सारी घटना बताई, जिसे सुनते ही लड़की ने अस्पताल जा कर अपना खून दे दिया.

खून मिल जाने से ठाकुर वीर सिंह की पत्नी की जान तो बच गई, पर कमजोरी के चलते लड़की की हालत खराब हो गई.

जब वह लड़की ठीक हो गई, तब ठाकुर साहब ने उसे बुला कर रुपए देने की कोशिश की, तो उस ने कहा, ‘बाबूजी, आप मुझे  जो रुपए दे रहे हैं, इन के सहारे मैं समाज में कितने दिन इज्जत से जी सकूंगी.

‘आप तो जानते हैं कि जब एक जवान लड़की के सिर से उस के मांबाप का साया उठ जाता है, तो समाज के भूखे भेडि़ए उसे ललचाई नजरों से देखने लगते हैं और मौका पा कर उसे नोचने लगते हैं, इसलिए आप मुझे रुपए नहीं, बल्कि कोई काम दे दीजिए.’

पहली बार ठाकुर साहब ने उस लड़की को गौर से देखा. वह उन्हें सुंदर व सुशील लगी. उन्होंने मन ही मन उसे अपने बड़े बेटे अजीत सिंह की पत्नी बनाने का फैसला किया और कहा, ‘बेटी, क्या तुम हमारे साथ गांव चलोगी? जब तक मेरी पत्नी चलफिर नहीं सकती, तुम्हें उन की सेवा करनी पड़ेगी… जब तुम कहीं और जाना चाहोगी, मैं भेज दूंगा.’

ठाकुर साहब ने अपनी पत्नी को मन की बात बताई, तो वे भी राजी हो गईं.

बिंदिया की सेवा और मालिश से ठकुराइन की टांग 2 महीने में ही पूरी तरह ठीक हो गई. फिर जल्दी ही उन्होंने उसे अपनी बहू बना लिया.

ठाकुर साहब अपने छोटे बेटे की शादी भी एक गरीब परिवार में कर रहे थे, जिसे बिंदिया ने ही पसंद किया था और कहा था, ‘बाबूजी, आप ने जैसे मुझ  गरीब को अपनी बहू बनाया, उसी तरह इस लड़की को भी अपना लीजिए.

‘गरीब पैसे का नहीं, प्यार का भूखा होता है. उसे जो प्यार करता है, उस पर वह सबकुछ न्योछावर कर देता है…’

यही सोचतेसोचते ठाकुर साहब की आंखों से आंसू निकल पड़े.

तभी बिंदिया की आवाज आई, ‘‘बाबूजी, जल्दी से खाना खा लीजिए. बरात के जाने का वक्त हो रहा है.’’

यह सुन कर उन्होंने जल्दी से अपनी आंखें पोंछीं और बिंदिया का सपना पूरा करने चल पड़े.  Short Story in Hindi

– अनिल सोनी

Railway Accident Story : परोपकार

Railway Accident Story. सुबह के 5 बजे थे. ठंडीठंडी हवा चल रही थी. बांस के जंगल से चिडि़यों के चहचहाने की आवाजें आ रही थीं.

ऐसे सुहावने मौसम में गौरव रेलवे लाइन के किनारेकिनारे टहल रहा था कि अचानक उस के कानों में किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी. वह चौंक कर इधरउधर देखने लगा. उस दर्द भरी आवाज को सुन कर वह समझ नहीं पा रहा था कि यह आवाज कहां से आ रही है.

कुछ देर बाद गौरव ने देखा कि रेलवे लाइन के बीचोंबीच एक नौजवान तड़पते हुए करवटें बदल रहा था. शायद वह चलती गाड़ी से नीचे गिर गया था.

हिम्मत बांध कर गौरव उस के नजदीक पहुंचा. उस ने देखा कि 25 साल का एक नौजवान तकरीबन बेहोशी की हालत में आहें भर रहा था.

इसी बीच जब गौरव ने पीछे मुड़ कर देखा, तो उस की नजर आने वाली गाड़ी पर पड़ी. गाड़ी पूर्व केबिन पार कर चंद मिनटों में ही वहां से गुजरने वाली थी. थोड़ी ही देर में उस नौजवान की जिंदगी खत्म हो सकती थी.

गौरव ने उस घायल नौजवान को गोद में उठा कर लाइन के किनारे लिटा दिया. इतने में एक मालगाड़ी रेल की पटरी के सीने को चीरती हुई वहां से गुजर गई.

चूंकि वह नौजवान बहुत घायल था, इसलिए अब गौरव के सामने उस की जिंदगी बचाने का सवाल था.

तभी वहां से एक आदमी गुजरा. गौरव ने उस आदमी से कहा, ‘‘सुनो भाई, यह नौजवान मर रहा है… अगर चाहें, तो हम दोनों इसे बचा सकते हैं.’’

राहगीर बोला, ‘‘गाड़ी से गिरा हुआ आदमी आमतौर पर नहीं बचता. अगर रास्ते में कहीं मर गया, तो पुलिस के सामने बयान देतेदेते मेरी हालत पतली हो जाएगी. मैं आप से हाथ जोड़ता हूं कि मुझे इस लफड़े में न डालिए.’’

‘‘कुछ नहीं होगा भाई. तुम्हारी थोड़ी सी मदद से इसे नई जिंदगी मिल सकती है,’’ गौरव ने समझाने के लहजे में कहा.

पर उस राहगीर ने एक न सुनी. तब गौरव दौड़ादौड़ा पास ही बने रेलवे के पूर्व केबिन पर गया. उस ने केबिनमैन को वारदात के बारे में बताया, ‘‘एक नौजवान किसी ट्रेन से गिर कर बेहोशी की हालत में है. उस के सिर और मुंह पर चोटों के निशान हैं. अगर जल्दी से उसे अस्पताल न पहुंचाया गया, तो उस की मौत हो सकती है.’’

नौजवान की हालत के बारे में सुन कर केबिनमैन का दिल दया से भर उठा. उस ने फौरन स्टेशन मास्टर को फोन किया.

स्टेशन मास्टर ने पूछा, ‘‘तुम्हें इस घटना की जानकारी किस ने दी है?’’

‘‘पास खड़े एक आदमी ने…’’  ‘‘उस का नाम क्या है?’’ ‘‘गौरव.’’

‘‘उस से घटना की एक लिखित रिपोर्ट ले लो. मैं स्टेशन से जल्द ही स्ट्रेचर भिजवा रहा हूं.’’

20 मिनट बाद स्टेशन से स्ट्रेचर उठाए 2 आदमी आ गए. गौरव भी उस घायल नौजवान की मदद के लिए साथ हो लिया.

कुछ ही देर के बाद वे स्टेशन पर पहुंच गए. घायल नौजवान की जेब में दिल्ली से कटिहार तक का टिकट था. पैंट की जेब में 32 सौ रुपए थे. सभी कुछ स्टेशन में जमा हो गया था और उस नौजवान को रेलवे अस्पताल को सौंप दिया गया था.

3 घंटे बाद नौजवान को होश आया. जब उस ने अपना पताठिकाना बताया, तो 2 दिन बाद उस के घर वाले भी आ पहुंचे.

शाम को उस नौजवान ने बताया, ‘‘मैं दिल्ली की एक कंपनी में काम करता हूं. बहिन की शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव जा रहा था. दिल्लीकटिहार एक्सप्रेस में बड़ी भीड़ थी. गरमी से बचने के लिए मैं दरवाजे पर हैंडल पकड़ कर बैठ गया. भोर की पुरवइया में झपकी आ गई. इसी वजह से मेरा यह हाल हुआ.

‘‘मेरे गिरने के बाद किसी ने गाड़ी की चेन भी नहीं खींची और रेलगाड़ी हवा से बातें करती हुई अपने मुकाम की ओर बढ़ती रही. आजकल आदमी के भीतर इनसानियत मरती जा रही है. वह दूसरों के दर्द में शरीक नहीं होना चाहता. वह बेकार में परेशानी नहीं उठाना चाहता. सोचता है, कौन मेरा अपना है. हर आदमी खुदगर्ज हो गया है.’’

घर लौटने के बाद गौरव की बीवी ने घबरा कर पूछा,  ‘‘तुम्हारे कुरते पर खून के धब्बे कैसे लग गए?’’

‘‘घबराओ नहीं… मुझे कुछ नहीं हुआ है.’’ ‘‘आखिर बताओ भी तो कि कुरते पर खून के धब्बे कहां से लगे?’’

‘‘एक नौजवान को बचाते हुए…’’ ‘‘तुम टहलने जाते हो या बेमतलब परेशानी मोल लेने?’’ बीवी ने तमक कर कहा.

‘‘कैसी बातें करती हो गार्गी. मैं ने एक जख्मी आदमी की जान बचाई है.   क्या दुनिया में आदमी की जिंदगी से भी बढ़ कर कोई चीज है?’’ गौरव ने समझाते हुए कहा.

‘‘आजकल आदर्श झाड़ने से काम नहीं चलता.’’ ‘‘क्यों बेकार की बातें करती हो… आखिर इनसानियत भी कोई चीज है या नहीं?’’

‘‘मैं तुम्हारी बात मानती हूं, पर आजकल परोपकार का जमाना नहीं है.’’ ‘‘गार्गी, तुम इतना जान लो कि जो परोपकार करना नहीं जानता, वह इनसान कहलाने का हकदार ही नहीं है.’’

15 दिनों बाद घायल नौजवान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई. वह अब ठीक हो गया था. हां, पैर में गहरी चोट आने के चलते वह कुछ लंगड़ा कर चल रहा था. स्टेशन मास्टर ने खबर भिजवाई थी, ‘‘तुम्हारा रुपया मेरे दफ्तर में जमा है, आ कर ले जाओ.’’

शुक्रवार को वह नौजवान स्टेशन आया. गौरव को भी वहां बुलाया गया था. स्टेशन मास्टर ने उस नौजवान को 32 सौ रुपए सौंपते हुए कहा, ‘‘तुम इन्हीं शख्स की मेहरबानी से बचे हो, वरना कट कर मर गए होते त्रिभुवन.’’

वह नौजवान हाथों में रुपए लिए गौरव के पैरों पर गिर गया और आंखों में आंसू भर कर कहने लगा, ‘‘आप का परोपकार मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा बाबूजी.’’    Railway Accident Story

–वेदप्रकाश पांडेय

Emotional Hindi Story : आंसू – आखिर कौन था वह अजनबी

Emotional Hindi Story-

”कुमारी सुनीता, आप की पूरी फीस जमा है. आप को फीस जमा करने की आवश्यकता नहीं है,” बुकिंग क्लर्क अपना रेकौर्ड चैक कर के बोला. ”मगर मेरी फीस किस ने जमा कराई है. वह भी पूरे 50 हजार रुपए,” सुनीता हैरानी से पूछ रही थी.

”मैडम, आप की फीस औनलाइन जमा की गई है,” क्लर्क का संक्षिप्त सा उत्तर था. वह हैरानपरेशान कालेज से वापस लौट आई. उस की मां बेटी का परेशान चेहरा देख कर पूछ बैठी, ”क्या बात है बेटी?”

”मां, किसी व्यक्ति ने मेरी पूरी फीस जमा करा दी है,” वह हैरानी से बोली. ”किस ने और क्यों जमा कराई?” सुनीता की मां भी परेशान हो उठी.

”पता नहीं मां, कौन है और बदले में हम से क्या चाहता है?” बेटी की परेशानी इन शब्दों में टपक रही थी. उस की मां सोच में पड़ गई. आजकल मांगने के बाद भी मुश्किल से 5-10 हजार रुपए कोई देता है वह भी लाख एहसान जताने के बाद. इधर ऐसा कौन है जिस ने बिना मांगे 50 हजार रुपए जमा करा दिए. आखिर, बदले में उस की शर्त क्या है?

”खैर, जाने दो जो भी होगा दोचार दिनों में खुद सामने आ जाएगा,” मां ने बात को समाप्त करते कहा. दोनों मांबेटी खाना खा कर लेट गईं. सुनीता की मां एक प्राइवेट हौस्पिटल में 4 हजार रुपए मासिक पर दाई की नौकरी करती है. आज से 15 साल पहले एक रेल ऐक्सिडैंट में वह पति को खो चुकी थीं. तब सुनीता मुश्किल से 5-6 साल की रही होगी. तब से आज तक दोनों एकदूसरे का सहारा बन जी रही हैं. सुनीता को पढ़ाना उस का एक फर्ज है. बेटी बीए कर रही थी.

सुनीता ने अपने पिता को इतनी कम उम्र में देखा था कि उसे उन का चेहरा तक ठीक से याद नहीं है. कोई नातेरिश्तेदार इन से मिलने नहीं आता था. ऐसे में यह कौन है जो उस की फीस भर गया? दोनों मांबेटी की आंखों में यह प्रश्न तैर रहा था. पिता के नाम के स्थान पर दिवंगत रामनारायण मिश्रा लिखा था मगर वे कौन थे और कैसे थे, इस की चर्चा घर में कभी नहीं होती थी. मगर आज.

सुनीता के चाचा, मामा, मौसा या किसी दूसरे रिश्तेदार ने आज तक कभी एक रुपए की मदद नहीं की, ऐसी स्थिति में इतनी बड़ी रकम की मदद किस ने की. बहरहाल, सुनीता उत्साह के साथ पढ़ाई में जुट गई. दोचार वर्षों में वह बैंक, रेलवे या कहीं भी नौकरी कर के घर की गरीबी दूर कर देगी. वह मां को इस तरह खटने नहीं देगी. मां ने विधवा की जिंदगी में काफी कष्ट झेला है.

सुनीता उस दिन अचकचा गई जब उस के प्राचार्य ने उसे एक खत दिया. और कहा, ”बेटी, आप के नाम यह पत्र एक सज्जन छोड़ गए हैं, आप चाहें तो इस पते पर उन से संपर्क कर सकती हैं या फोन पर बात कर सकती हैं.” ”जी, धन्यवाद सर,” कह कर वह उन के कैबिन से बाहर आ गई और सीधा घर जा कर खत पढ़ा. उस में लिखा था, ”बेटी, आप की फीस मैं ने भरी है, बदले में मुझे तुम से कुछ भी नहीं चाहिए, न ही तुम्हें यह पैसा लौटाना है.” नीचे उन के हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर था.

सुनीता की मां ने जब वह नंबर डायल किया तो तुरंत जवाब मिला, ”जी, आप सुनीता या उस की मां?” ”मैं उस की मां बोल रही हूं. आप ने मेरी बेटी की फीस क्यों भरी?”

”जी, इसलिए कि मुझे इन के पिता का कर्ज चुकाना था.” वह संक्षिप्त उत्तर दे कर चुप हो गया. ”ऐसा कीजिए आप मेरे घर आ जाइए.”

”ठीक है, रविवार को दोपहर 1 बजे मैं आप के घर आऊंगा,” कह कर उस व्यक्ति ने फोन काट दिया. रविवार को वह समय पर हाजिर हो गया. करीब 28-30 वर्ष का वह नौजवान आकर्षक व्यक्तित्व का स्वामी था. वह बाइक से आया और सुनीता की मां को मिठाई का डब्बा दे कर नमस्कार किया.

सुनीता ने भी उसे नमस्कार किया और पास में बैठते हुए अपना प्रश्न दोहराया. ”मैं ने फोन पर बताया तो था कि आप का ऋण चुकता किया है,” वह सरल स्वर में बोला था.

”कैसा ऋण? दोनों मांबेटी चौंकी थीं. ”ऐसा है कि रामनारायणजी ने मेरे पिताजी की 3 हजार रुपए की मदद की थी. उस के बाद मेरे पिताजी जब तक वह पैसा लौटाते तब तक रामनारायणजी गुजर चुके थे. परिवार का कोई ठिकाना नहीं था. मेरे पिताजी ने आप लोगों को बहुत ढूंढ़ा पर खोज नहीं पाए,” वह स्पष्ट स्वर में जवाब दे रहा था, मैं पढ़लिख कर नौकरी में आ गया और स्टेट बैंक की उसी शाखा में आ गया जहां आप लोगों का खाता है. साथ ही, वहीं सुनीता के कालेज का भी खाता है. मुझे यहीं आप का परिचय और आप की माली हालत का पता चला. मैं ने आप की मदद का निश्चय किया और फीस भर दी.”

”मगर आप अपनेआप को छिपा कर क्यों रखना चाहते थे,” यह सुनीता का प्रश्न था. ”वह इसलिए कि मुझे बदले में कुछ भी नहीं चाहिए था और जमाने को देखते हुए मुझे चलना था.”

”फिर सामने क्यों आए?” यह सुनीता की मां का प्रश्न था. ”जब आप लोगों को परेशान देखा, खास कर आप का यह डर की पता नहीं इस आदमी की छिपी शर्त क्या है? मैं ने आप का ऋण चुकाया था, डराना मेरा पेशा नहीं है. सो, सामने आ गया.”

अब उस के इस जवाब से वे दोनों मांबेटी, आश्चर्य से भर उठीं. ”मैं अब निकलना चाहूंगा. आप लोग चिंता न करें. मैं ने अपने पिताजी का ऋण चुकाया है,” वह उठते ही बोला.

”ऐसे कैसे? वह भी 3 हजार के 50 हजार रुपए?” अभी भी सुनीता की मां समझ नहीं पा रही थी. ”3 हजार रुपए नहीं, उन 3 हजार रुपए से मेरे पिता ने मेरी जान बचाई, मेरा इलाज कराया. मैं जीवित हूं, तभी आज बैंक में काम कर रहा हूं. गरीबी की हालत में मेरे पिताजी की रामनारायणजी ने मदद की थी. आज मेरे पास सबकुछ है, बस, पिताजी नहीं हैं,” वह भावुक हो कर बोल रहा था.

”फिर तुम यह पैसा वापस क्यों नहीं लेना चाहते?” यह सुनीता की मां का प्रश्न था. ”उपकार के बदले प्रत्युपकार हो गया. सो कैसा पैसा?” वह स्पष्ट बोला.

”फिर भी.” सुनीता की मां समझ नहीं पा रही थी कि क्या कहे? ”कुछ नहीं आंटीजी, आप ज्यादा न सोचें. अब मुझे इजाजत दें,” इतना कह कर वह चल दिया.

दोनों मांबेटी उसे जाता देख रही थीं. इन की आंखों से खुशी के आंसू झर रहे थे. ”मां, आज भी ऐसे लोग हैं,” सुनीता बोली.

”हां, तभी तो वह हमारी मदद कर गया.” ”मैं नौकरी कर के उन का पैसा वापस कर दूंगी,” वह भावुक हो कर बोली.

”बेटी, ऐसे लोग बस देना जानते हैं, लेना नहीं. सो, फीस की बात भूल जाओ. हां, बैंक में मेरा परिचय हो गया है, काम जल्दी हो जाएगा,” मां के बोल दुनियादारी भरे थे. दोनों मांबेटी की आंखों में आंसू थे जो एक ही वक्त में 2 अलग सोच पैदा कर रहे थे. मां जहां पति को याद कर रो रही थी जिन के दम पर आज 50 हजार रुपए की मदद मिली, वहीं बेटी को यह व्यक्ति फरिश्ता नजर आ रहा था. काश, वह भी किसी की मदद कर पाती. 50 हजार रुपए कम नहीं होते.

अब बस, दोनों की आंखों से आंसू बह रहे थे. Emotional Hindi Story

Emotional Hindi Story : मेरे घर आई एक नन्ही परी

Emotional Hindi Story. ट्रेन की सीट पर कमर टिकाए नीरज ने खिड़की से बाहर भागते हुए दृश्यों को देखा. शाम ढल रही थी और सूरज की आखिरी सुनहरी किरणें खेतों पर अपनी विदाई लिख रही थीं. वह अपने काम से लौट रहा था. एक लंबा, थका देने वाला सफर, जिस के आखिर में घर और अपनी बूढ़ी मां का इंतजार था.

डब्बे में मुसाफिरों का शोर और सामान बेचने वालों की आवाजें आ रही थीं. तभी एक पतली, दबी हुई आवाज ने नीरज का ध्यान भंग किया.

‘‘बाबूजी… कुछ खाने को दे दो. 2 दिन से कुछ खाने को नहीं मिला.’’

नीरज ने मुड़ कर देखा. दरवाजे के पास, मुश्किल से 7-8 साल की एक लड़की, फटेमैले कपड़े पहने, कांपती हुई खड़ी थी. उस की आंखें बड़ी और गहरे रंग की थीं, जिन में एक अजीब सी शून्यता और डर भरा हुआ था. उस का चेहरा मैल से सना था, लेकिन उस पर एक मासूमियत थी, जो दिल को चीर रही थी.

इस तरह की और वीडियो देखने के लिए सरस सलिल का चैनल सब्सक्राइब करें

मुसाफिर उस लड़की को अनदेखा कर रहे थे, कुछ झिड़की दे रहे थे और कुछ ने सिक्के फेंक कर जैसे अपना फर्ज पूरा कर दिया था. लड़की हर तिरस्कार को चुपचाप सह रही थी, जैसे यह उस के रोजमर्रा का हिस्सा हो.

नीरज को लगा, जैसे किसी ने उस के अंदर कुछ निचोड़ दिया हो. यह सिर्फ गरीबी नहीं थी, बल्कि यह असुरक्षा और अकेलेपन का वह बोझ  था, जिसे वह लड़की अपने कंधों पर ढो रही थी. भीख मांगना उस की मजबूरी थी, लेकिन आंखों में जो अपमान सहने का भाव था, वह नीरज से देखा नहीं गया. उस ने अपने झोले से बिसकुट का एक पैकेट निकाला और उसे बुलाया, ‘‘ओ लड़की, इधर आ.’’

लड़की सहम कर रुकी, उसे लगा जैसे कि अब डांट पड़ेगी. पर नीरज की आवाज में प्यार था. वह धीरे से उस के पास आई. ‘‘यह लो, कुछ खा लो.’’

उस लड़की ने बिना कुछ कहे, बिसकुट का पैकेट ले लिया था. उस की गोरी, गंदी उंगलियां कांप रही थीं. नीरज ने देखा कि वह लड़की बिसकुट के पैकेट को कस कर पकड़े हुए है.

‘‘तेरा नाम क्या है?’’ नीरज ने पूछा. ‘‘काजल,’’ उस लड़की ने तकरीबन फुसफुसाते हुए जवाब दिया. ‘‘अकेली है?’’

काजल ने बस सिर हिला दिया. वह अनाथ थी. कौन उसे इस नरक में धकेल गया, कहां से आई, उसे कुछ याद नहीं था. बस ट्रेन, भीख और हर रात का डर यही उस की दुनिया थी.

नीरज ने उस लड़की को बगल में बैठने की जगह दे दी. वह उसे ट्रेन में, उसी डर और असुरक्षा के बीच वापस नहीं छोड़ सकता था.

अब सुबह होने वाली थी, ट्रेन बक्सर स्टेशन पर आ कर रुकी. नीरज ने गहरी सांस ली और एक फैसला लिया कि काजल के लिए कुछ करना चाहिए.

‘‘काजल, क्या तू मेरे साथ मेरे घर चलेगी?’’ नीरज ने पूछा. काजल ने ऊपर देखा. उस की आंखों में अविश्वास था. क्या कोई उसे डांटेगा नहीं, मारेगा नहीं?

‘‘मैं तुझे  भीख नहीं मंगवाऊंगा. मैं तुझे  अपनी बहन मानूंगा. तुझे  पढ़ाई कराऊंगा. तू मेरे घर में सुरक्षित रहेगी, मेरी मां के पास.’’

आज ही सब्सक्राइब करें सरिता 
 आपके लिए स्पेशल छूट.

सरिता

शायद नीरज की आवाज में वह सच्चाई थी, जिस ने काजल के अंदर सालों से जमी बर्फ को पिघला दिया. वह चुपचाप खड़ी रही, फिर धीरे से अपना सिर ‘हां’ में हिला दिया.

नीरज जब काजल को ले कर घर पहुंचा, तो उस की मां, राधा देवी चौंक गईं. ‘‘यह कौन है?’’ मां ने पूछा.

नीरज ने उन्हें पूरी कहानी बताई. राधा देवी, जो बचपन से ही दूसरों के दुख को अपना दुख समझती थीं, ने एक पल की भी देरी नहीं की. ‘‘ला बेटा, मेरी परी को अंदर ला. यह अब हमारी बेटी है.’’

राधा देवी ने काजल को नहलाया, उसे साफ कपड़े पहनाए. जब मैल उतरा, तो उस की खूबसूरती सामने आई. लेकिन उस से भी ज्यादा खास, काजल की आंखों का डर धीरेधीरे कम होने लगा.

अगले दिन नीरज ने काजल के नाम से एक फार्म भरा. ‘काजल’ अब भी उस का नाम था, लेकिन उस के आगे जुड़ गया ‘काजल वर्मा’.

‘‘आज से तू मेरी बहन है. मेरा नाम तेरा नाम है,’’ नीरज ने प्यार से कहा.

काजल पहली बार खुल कर मुसकराई. वह मुसकान इतनी शुद्ध और प्यारी थी कि नीरज को लगा जैसे उस के सालों की थकान उतर गई हो.

अब घर में काजल को प्यार मिलता था. उसे भूखा नहीं रहना पड़ता था. उसे सम्मान मिलता था. नीरज और राधा देवी ने उसे स्कूल भेजा. शुरू में, उसे पढ़ने में मुश्किल हुई, लेकिन उस की सीखने की जबरदस्त इच्छाशक्ति ने हर बाधा को पार कर लिया.

स्कूल में बच्चे उसे नहीं चिढ़ाते थे, क्योंकि वह अब ‘भीख मांगने वाली लड़की’ नहीं थी, बल्कि वह नीरज वर्मा की बहन थी. यह नाम, यह पहचान उस के लिए किसी राजसी ताज से कम नहीं थी.

साल बीतते गए. काजल ने सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि संगीत में भी महारत हासिल की. वह एक आत्मविश्वास से भरी, हंसमुख और समझदार लड़की बन गई थी.

एक दिन, जब काजल अपने इम्तिहान में टौप कर के घर आई, तो उस ने राधा देवी और नीरज के पैर छूए.

‘‘भाई, मां… आप ने मुझे  सिर्फ एक छत और खाना नहीं दिया. आप ने मुझे  एक जिंदगी दी, एक नाम दिया. मैं आज जो कुछ भी हूं, वह सिर्फ आप की वजह से हूं.’’

राधा देवी ने उसे गले लगा लिया. ‘‘नहीं बेटी, तू कुदरत का तोहफा है. तू हमारी जिंदगी में आई और हमारी बेटी की कमी पूरी हो गई.’’

नीरज, जो कोने में खड़ा था, उस की आंखें नम थीं. वह आज भी उस रात को याद करता है जब उस ने उस ट्रेन के डब्बे में डर से कांपती काजल को देखा था. उस ने बस एक असहाय बच्चे को सहारा दिया था, लेकिन बदले में उसे मिला था एक बहन का अटूट प्यार और अपनी इनसानियत पर गर्व करने का मौका.

Hindi Story: गली के कुत्ते

Hindi Story: रात के तकरीबन साढ़े 10 बज रहे थे. शहर की सड़कों पर हलकीहलकी ठंड उतर आई थी. सड़क किनारे बंद होती दुकानें. झिलमिलाती स्ट्रीट लाइट्स. बीचबीच में भागते आटोरिकशा और मोटरसाइकिलें. यह वही शहर था, जो कभी पूरी तरह सोता नहीं था. बस, कुछ घंटों के लिए आंखें मूंद लेता था.
आर्या औफिस से लौटते हुए बस से उतर कर पैदल घर की ओर बढ़ रही थी. बस स्टौप से घर तक का रास्ता मुश्किल से 10 मिनट का था. पर इन 10 मिनट में वह रोज न जाने कितनी दुआएं पढ़ लेती थी.
आर्या के कानों में ईयरफोन नहीं थे. मोबाइल भी हाथ में नहीं था, क्योंकि उस ने बहुत पहले सीख लिया था कि रात की सड़कें सजग रहने वालों का इम्तिहान लेती हैं.

उस गली में कदम रखते ही आर्या ने हलकी सी सीटी बजाई. सीटी की आवाज सुनते ही गली के कोने से
3-4 कुत्ते निकल आए. ये कोई नए कुत्ते नहीं थे. ये वही थे जिन्हें वह महीनों से जानती थी. औफिस से लौटते वक्त वह अकसर उन के लिए बिसकुट ले आती थी. वीकैंड पर उन्हें रोटी खिलाए बिना उस के दिन की शुरुआत नहीं होती थी. जब भी महल्ले के डौग लवर्स उन कुत्तों को टीका लगवाने का इंतजाम करते, आर्या भी बढ़चढ़ कर उन की मदद करती. कुत्तों के इलाज और देखभाल में अकसर वह सब से आगे रहती. बरसात में उन के लिए टिन की शैड बनवाने का विचार भी उसी का था. उस छोटे से इंतजाम ने सर्दी और बारिश में गली के कुत्तों को बड़ी राहत दी थी. यही वजह थी कि वे आर्या की आहट पहचानते थे. उसे अपना मानते थे.

आर्या भी जानती थी कि ये कुत्ते भरोसेमंद हैं, क्योंकि ये अपनी हद जानते हैं. हवस की आग में ये पागल हो कर इधरउधर नहीं भटकते और सब से जरूरी बात यह कि ये गली को अपना घर मानते थे. इन दिनों कुत्तों को ले कर शहर में खूब विवाद चल रहा था. अखबारों में सुर्खियां थीं. टीवी डिबेट में शोर था. कोई कहता था सड़क के कुत्ते खतरनाक हैं. कोई उन्हें हटाने की मांग कर रहा था. पर आर्या जानती थी कि असल खतरा दांतों से नहीं, नीयत से होता है. गली के एक बुजुर्ग अकसर कहते थे, ‘‘बेटा, जिस कुत्ते को रोज खाना मिलता है और इलाज होता है, वह गली का पहरेदार बन जाता है.’’ उन की यह बात आर्या के दिल में उतर गई थी.

जैसे ही वह थोड़ा आगे बढ़ी, पीछे से बाइक का इंजन दहाड़ा. 2 लड़के थे. सिर पर हैलमैट नहीं. चेहरे पर बेहूदा आत्मविश्वास. एक ने कहा, ‘‘ओए देख, नाइट शिफ्ट वाली आ रही है.’’ दूसरा हंसा, ‘‘चल, मजे लेते हैं.’’ आर्या का दिल जोर से धड़कने लगा. उस ने कदम तेज कर दिए. पीछे से फिर आवाज आई, ‘‘डर क्यों रही हो जानेमन, हम तो आशिक हैं तुम्हारे. इन कुत्तों से कितना दिल लगाओगी, थोड़ा हम से भी लगा लो. कसम से मजा बहुत आएगा.’’ आर्या के मन में एक वाक्य कौंध गया, ‘गली का कुत्ते गली के इन वहशी लड़कों से कहीं बेहतर होते हैं. वे कम से कम इज्जत की हद जानते हैं.’ उस ने फिर से सीटी बजाई. इस बार आवाज तेज थी. कुत्ते तुरंत उस के चारों ओर आ गए. एक आगे. 2 पीछे. एक बगल में. बाइक जैसे ही पास आई, कुत्तों ने एक साथ भौंकना शुरू कर दिया. तेज, आक्रामक, चेतावनी भरी लहजे में.
एक लड़का घबरा गया, ‘‘अबे चल, ये काट लेंगे.’’ दूसरा भी बोला, ‘‘छोड़ यार, आज नहीं.’’

बाइक लड़खड़ाई और वापस मुड़ गई. गालियां देते हुए वे दोनों अंधेरे में गायब हो गए. आर्या वहीं खड़ी रह गई. उस के हाथ कांप रहे थे. पर इस बार डर से ज्यादा गुस्सा था. उस ने ?ाक कर कुत्तों के सिर पर हाथ फेरा. वह पूंछ हिलाने लगे. जैसे कह रहे हों, ‘तुम निश्चिंत रहो, यह हमारी गली है और हम तुम्हारे साथ हैं.’
घर पहुंचते ही मां ने पूछा, ‘‘आज फिर देर हो गई.’’ आर्या बोली, ‘‘हां मां, कुछ छिछोरे कुत्ते पीछे लग गए थे.’’ मां ने पूछा, ‘‘सब ठीक तो है न?’’ आर्या ने कहा, ‘‘हां मां, गली के कुत्ते साथ थे.’’ मां हलकी मुस्कुराईं, ‘‘अच्छा है. आजकल इनसानों से ज्यादा वही भरोसेमंद हैं.’’ अगले दिन औफिस में आर्या ने जब यह सारी घटना सुनाई. किसी ने कहा, ‘‘समाज के लिए असली खतरा ये 2 टांगों वाले कुत्ते ही हैं, जो
दुनिया को अपनी हवस के चश्मे से देखते हैं.’’

किसी ने कहा, ‘‘नगरनिगम को इन कुत्तों पर भी नकेल कसने की योजना लानी चाहिए. सड़क पर घुमते वहशी जानवर सोसाइटी के लिए बड़ा खतरा हैं.’’ आर्या शांत स्वर में बोली, ‘‘सच में, खतरनाक वे कुत्ते नहीं हैं जिन्हें रोटी नहीं मिलती, बल्कि खतरनाक वह ठरक है जिसे न संस्कार मिलता है, न सही इलाज.’’
उस दिन से कुत्तों के लिए आर्या के मन में इज्जत बढ़ गई थी. गली के कुत्तों के लिए अब और लोग आगे आने लगे थे. सही देखभाल मिलने पर कुत्तों का बरताव और संतुलित हो गया. धीरेधीरे गली बदलने लगी. मनचले गायब हो गए. रातें थोड़ी सुरक्षित हो गईं. आर्या अब निडर हो कर घर लौटती है. वह जानती है. इस गली में कुत्ते सिर्फ जानवर नहीं हैं. वे पहरेदार हैं. दोस्त हैं और कई बार इनसानों से ज्यादा इनसान हैं.
इस सड़क पर आज भी 2 तरह के कुत्ते हैं. एक वे जो भूख में भौंकते हैं और दूसरे वे जो हवस में नोंचने को दौड़ते हैं. पहले वाले गली की शान हैं, दूसरे समाज का कलंक.                   

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें