⚲

Heart Touching Story : अपना  घर

Heart Touching Story. ‘‘बाप रे, आप का घर तो बहुत बड़ा है. इतने बड़े घर में अकेली कैसे रहती हैं? डर नहीं लगता क्या?’’ रश्मि ने बूढ़ी हो चुकीं मालकिन लक्ष्मीजी से पूछा.

‘‘डर तो नहीं लगता है, पर बहुत अकेलापन महसूस होता है. क्या करूं… सेठजी को मरे तकरीबन 2 साल होने को आए हैं. दोनों बेटे विदेश चले गए हैं. एक आस्ट्रेलिया में, तो दूसरा अमेरिका में. शादी भी वहीं कर ली है. अब मैं अकेली इस अपार धनदौलत की चौकीदार बनी बैठी हूं.”

‘‘खैर, तुम को एक काम के लिए बुलाया था. रश्मि, मुझे एक माहिर और भरोसेमंद ड्राइवर ला दो. मेरा पुराना ड्राइवर अपनी बीवी की बीमारी की खबर पा कर फौरन गांव चला गया है. जल्दी में मुझे कोई दूसरा ड्राइवर भी नहीं दे गया है.”

‘‘ड्राइवर के बगैर न तो मैं डाक्टर के पास जा सकती हूं, न मंदिर. कभीकभार रिश्तेदारों के यहां भी चली जाया करती हूं, पर ड्राइवर के बिना सब रुका पड़ा है. अब इस बुढ़ापे में हिम्मत नहीं होती है. सांस की मरीज हूं, सो अलग.’’

‘‘अच्छा मांजी, मैं जरूर देखूंगी कि आप की इस परेशानी को हल कर सकती हूं या नहीं.’’

रश्मि घर आ कर सोचने लगी कि इतने में उस की भाभी ने आ कर पूछा, ‘‘रश्मि, क्या सोच रही हो?’’

‘‘भाभी, क्या आप को मां की मालकिन की याद है? मां के गुजरने के बाद जिन्होंने मुझे सहारा दे कर बड़ा किया था, आज मैं यों ही उन का हालचाल पूछने चली गई, तो उन्होंने मुझे एक अच्छा भरोसेमंद ड्राइवर ला देने की बात कही. क्या करूं, कुछ समझ नहीं आता?’’

‘‘क्यों… तुम्हारे भाई साहब के दोस्त का छोटा भाई राजू भी तो ड्राइवर है, जो कई महीनों से खाली बैठा है. उसे ही भेज दो.’’ ‘‘आप ने ठीक कहा भाभी, उसी को भेजती हूं.’’

किसी ने दरवाजे पर दस्तक दी. मालकिन लक्ष्मीजी ने पूछा, ‘‘कौन?’’ चौकीदार ने दरवाजे से कहा, ‘‘मालकिन, आप ने ड्राइवर के लिए कहा था क्या? रश्मि ने एक लड़के को भेजा है. उस के भाई की जानपहचान वाला है. नाम है राजू.’’

राजू पहले किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था. उस ने कभी इतना शानदार घर नहीं देखा था. सेठानी का कमरा देख कर उस की तो आंखें ही चौंधिया गईं. उस ने सेठानीजी को नमस्ते कर ड्राइवर की नौकरी वाली बात बताई.

लड़के का अच्छा बरताव देख लक्ष्मीजी का दिल पसीज गया. उन्होंने उसे 3 हजार रुपए महीना व मुफ्त क्वार्टर दे कर अपने पास रख लिया.

राजू मन लगा कर काम करने लगा. लक्ष्मीजी घर से कम ही बाहर जाती थीं. फिर भी हफ्ते में 2-3 चक्कर तो लग ही जाते थे. राजू सेठानीजी के ऐशोआराम के दिखावे से बहुत प्रभावित था. उस के मन में धीरेधीरे इस दौलत को पाने के लिए लालच पैदा हो रहा था.

कई बार उस के मन में होता कि वह कोई भारी रकम चुरा कर भाग जाए और गरीबी की इस जिंदगी से छुटकारा पा ले, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाता था. घर में और भी कई नौकरचाकर थे. वे सभी पुराने और भरोसेमंद थे, सो पकड़े जाने का खतरा भी बहुत था.

लक्ष्मीजी को सांस की तकलीफ थी. उन को रहरह कर अस्थमा इनहेलर इस्तेमाल करना पड़ता था. बगैर उस पंप के उन की हालत बहुत ही खराब हो जाती थी.

राजू ने देखा कि मालकिन के पास ऐसे कई पंप हैं. एक सोने के कमरे में, एक गाड़ी में व एक बैठक में भी रखा रहता था. घर पर कोई मिलने आए, तो मालकिन जरूरत पड़ने पर वहीं बैठेबैठे पंप उठा कर मुंह में ठूंस लिया करती थीं.

राजू ने यह गौर किया था कि पंप के बिना मालकिन मर भी सकती हैं. उस के मन में यह बात जम गई थी.

दिन बीतते गए. राजू के काम और बरताव से लक्ष्मीजी बहुत खुश थीं. उन के मन में धीरेधीरे उस के लिए स्नेह का भाव जागने लगा था.

कई दिनों से काफी सर्दी हो रही थी. इस की वजह से लक्ष्मीजी की तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब थी. वह अपने बेडरूम में एक आरामकुरसी पर बैठी थीं. राजू पास ही बैठा इधरउधर की बातें कर उन का दिल बहला रहा था. नौकरचाकर सब नीचे रसोईघर में थे.

तभी अचानक लक्ष्मीजी को दमे का जबरदस्त दौरा आया. उन का मानो दम ही घुटने लगा. वह हांफती हुई इधरउधर हाथ फैलाती पंप ढूंढ़ने लगीं. राजू की तरफ कातर आंखों से देखा कि वह उन को पंप पकड़ा दे.

अचानक राजू को लगा कि यह अच्छा मौका है. अगर वह पंप नहीं देगा, तो मालकिन कुछ ही मिनटों में चल बसेंगी और वह अच्छा माल बटोर कर पीछे के दरवाजे से भाग निकलेगा. इस तरह हमेशाहमेशा के लिए गरीबी से छुट्टी.

इसी समय उसे अपनी मरी हुई दादी की याद आ गई, जो कहा करती थीं, ‘दया करने से ही सुख मिलता है. गलत करोगे, तो पछताना पड़ता है.’

ऐसी बातों से तो राजू कोसों दूर था. वह एक नंबर का चोर भी था. गाड़ी से पेट्रोल चुराना और उस के छोटेमोटे पुरजे निकाल कर बेच देना तो उस के बाएं हाथ का खेल था.

चोरी पकड़े जाने की वजह से ही उस की पिछली नौकरी गई थी. पर देखने में वह भोला था और बातें भी खूब बना लिया करता था. लोगों को उस पर भरोसा होते देर नहीं लगती थी. ऐसे ही उस ने इस मालकिन को भी पटा रखा था.

पर आज वह क्या करेगा, दया दिखाएगा या उन को मर जाने देगा? उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था. उस का मरा हुआ जमीर फिर से जागा.

दरअसल, राजू की दादी अपने आखिरी दिनों में बहुत ही लाचार थीं. दादाजी के गुजरने के बाद वह एकदम बेसहारा और अकेली पड़ गई थीं. घर में कोई उन्हें नहीं पूछता था. बिलकुल इस मालकिन की तरह अकेली थीं वह.

अचानक मालकिन कराहीं और छटपटाते हुए राजू के उस हाथ की ओर इशारा किया, जिस में उस ने पंप पकड़ रखा था. राजू को एहसास हुआ, मानो दादी ही उस का हाथ पकड़ रही हैं और पंप मालकिन के मुंह में ठूंस दिया.

पंप से थोड़ी देर में मालकिन को कुछ होश आया और उन्होंने आंखें बंद रख कर ही कहा, ‘‘डाक्टर…’’

राजू झट उठा और फोन कर फैमिली डाक्टर बासु को खबर कर दी. डाक्टर बासु आए और लक्ष्मीजी को आक्सिजन पर रख दिया.

अब तक तो घर के सारे नौकरचाकर कमरे में इकट्ठा हो गए थे और राजू की खूब तारीफ कर रहे थे.

डाक्टर बासु ने भी चलते हुए राजू की पीठ थपथपाई. पर राजू खुद जानता था कि उस के मन में क्या था.

कुछ दिनों में लक्ष्मीजी ठीक तो हुईं, पर उन की सेहत पहले से कहीं ज्यादा गिर गई थी. राजू को उन्होंने अपना बेटा मान लिया था. घर में उस की खूब खातिरदारी होने लगी थी.

अब राजू खूब मन लगा कर उन की सेवा करता था. एक साल बाद एक दिन उन्होंने राजू को अकेले में बुला कर कहा, ‘‘बेटा, मैं तो अब इस दुनिया से चलने के इंतजार में हूं. मरने से पहले मैं तुम से कुछ कहना चाहती हूं.

‘‘मैं ने अपना वसीयतनामा तैयार कर लिया है और सारी जायदाद तुम्हारे नाम कर दी है. तुम अपनी समझ से घर के नौकरों व दफ्तर के मुलाजिमों को कुछ पैसा दे देना. कारोबार तुम्हीं संभालना और सारा धन जनसेवा में लगाना, खासकर बेसहारा बूढ़ों की सेवा में.

‘‘मेरा यह घर बहुत बड़ा है. आधे में बढ़ी औरतों के लिए और बाकी आधे में बूढ़ों के लिए वृद्धाश्रम बना देना. इस दुनिया में लोग अपने लिए जीते हैं, लेकिन बेटे, तुम दूसरों के लिए जीना. मेरा आशीर्वाद सदा तुम्हारे साथ रहेगा.’’

यह सुन कर राजू दंग रह गया. मालकिन ने यह क्या किया? चोर के हाथ खजाना सौंप दिया?

इस के कुछ ही दिनों बाद मालकिन गुजर गईं. सबकुछ उन्हीं के कहे मुताबिक हुआ. घर 2 हिस्सों में बंट गया. एक तरफ बूढ़ी औरतें तो दूसरी तरफ बूढ़े रहने लगे, बिलकुल अपने घर जैसे.

वे अपनी मरजी से खातेपीते, कभी खुद बनाते, कभी रसोइए से बनवाते. आपस में मिलजुल कर रहते. एकदूसरे का सुखदुख बांटते. जिस का मन होता, वह बगीचे में जा कर बागबानी भी करता.

इन सब का सेवक था राजू. वह सब की देखभाल करता था. कभी उन के बीच कोई आपसी मतभेद पैदा हो जाता, तो उन्हें भी निबटाता था. यह उस का ‘अपना घर’ था. घर के बाकी सदस्य भी उस को अपना सगा व घर को ‘अपना घर’ समझते थे.

लक्ष्मीजी के भरोसे ने चोर, घमंडी राजू को, जिस ने एक बार उन की जान लेने की बात भी सोची थी, शरीफ राजू में बदल दिया था.  Heart Touching Story

प्रेरणा

Short Story in Hindi. बाजार में बहुत चहलपहल थी, पर रोहित को कोई ऐसा आदमी नहीं दिखाई दिया, जिस पर आसानी से हाथ साफ किया जा सके.

तकरीबन एक घंटे से वह बाजार के एक छोर पर अपने शिकार के इंतजार में खड़ा था. शाम हो चुकी थी. धीरेधीरे चारों ओर अंधेरा छाने लगा था. रोहित अब निराश हो चला था.

अचानक रोहित की आंखें चमक उठीं. अभीअभी एक दुकान से एक युवती निकली थी. वह एक हाथ में पर्स और दूसरे हाथ में कपड़ों का लिफाफा उठाए हुए थी.

रोहित बिना एक पल गंवाए तेजी से चलने लगा और उस युवती से टकरा गया. अगले ही पल युवती का पर्स उस के हाथ में था.

वह युवती जरा सी लड़खड़ाई, पर उस ने फुरती से रोहित की कलाई को कस कर पकड़ लिया. रोहित ने कलाई छुड़ाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी, पर कामयाब न हुआ. युवती के शिकंजे से वह खुद को आजाद न करा सका.

तभी युवती दांत पीसते हुए धीमी आवाज में बोली, ‘‘ज्यादा होशियार बनने की कोशिश मत करो, नहीं तो मैं शोर मचा दूंगी. चुपचाप मेरे साथ चलो…’’

रोहित उस का हुक्म मानने को मजबूर था. पहली बार वह रंगेहाथ पकड़ा गया था. वह युवती उसी तरह उस का हाथ पकड़े बाजार से बाहर आ गई. वहीं उस की कार खड़ी थी.

‘‘बैठो…’’ युवती ने उसे आगे की सीट का दरवाजा खोल कर भीतर धकेल दिया और खुद दूसरी ओर से ड्राइवर वाली सीट पर बैठी और कार सड़क पर दौड़ा दी.

रोहित बेहद डर गया. उसे लग रहा था कि युवती उसे सीधे पुलिस स्टेशन ले जाएगी, लेकिन तकरीबन 10 मिनट के बाद कार एक आलीशान बंगले के सामने रुकी. वह लड़की उसे भीतर ले गई और बैठक में बिठा कर खुद कहीं चली गई.

रोहित ने राहत की सांस ली और बैठक की सजावट को देखने लगा. दीवारों पर महापुरुषों की तसवीरें लगी हुई थीं. बीच की मेज पर किताबें और पत्रपत्रिकाएं रखी हुई थीं.

‘‘ऐ मिस्टर, कहां खो गए?’’ अचानक युवती ने उस के सामने बैठते हुए पूछा.

रोहित जैसे नींद से जागा और उसे देख कर चौंका. इस बार वह कपड़े बदल कर आई थी और बहुत खूबसूरत लग रही थी.

‘‘मेरा नाम रीमा है. मैं कालेज में जूडोकराटे की चैंपियन रह चुकी हूं,’’ उस ने मुसकराते हुए कहा.

‘‘वह तो मैं देख ही चुका हूं,’’ रोहित ने अपनी कलाई हिलाते हुए कहा. उसी समय नौकर चाय रख गया.

‘‘अपना नाम बताने की तकलीफ करोगे?’’ रीमा ने पूछा. ‘‘जी, रोहित.’’

‘‘कहां रहते हो?’’ ‘‘सेक्टर 26 में.’’

‘‘परिवार में और कौनकौन हैं?’’ ‘‘एक मां हैं और 2 छोटी बहिनें.’’

‘‘पढ़ेलिखे कितने हो?’’ ‘‘जी, बीए पास हूं.’’

‘‘अच्छा,’’ रीमा ने हैरानी से कहा, ‘‘फिर यह उठाईगीरी का धंधा क्यों करते हो?’’

‘‘जी, पेट के लिए कुछ न कुछ तो करना ही पड़ता है. नौकरी कहीं मिलती नहीं. मैं ने बहुत कोशिश की कि कोई अच्छा सा काम करूं, पर…’’

‘‘अरे, काम का घाटा नहीं है, पर काम करने वाले चाहिए,’’ वह कहने लगी, ‘‘तुम हैंडसम हो, पढ़ेलिखे हो. कोशिश करोगे, तो नौकरी जरूर मिलेगी.’’

‘‘जी…’’ रोहित ने सिर उठा कर देखा और उस की बातों को समझने की कोशिश करने लगा.

‘‘इस ‘जी’ से काम नहीं चलेगा. अभी से ठान लो और मेहनत कर के आसमान को छू लो,’’ युवती दोबारा बोली.

इस बीच चाय खत्म हो चुकी थी.

‘‘सचमुच, आप ने मेरी आंखें खोल दी हैं. मैं हमेशा आप का एहसानमंद रहूंगा,’’ रोहित ने मुसकरा कर कहा. रीमा की बातों ने उस पर जादू सा असर किया था.

रीमा ने मेज से एक किताब उठाई और उसे देते हुए कहा, ‘‘यह मेरा पहला कहानी संग्रह है. इसे जरूर पढ़ना.’’

‘‘बहुतबहुत शुक्रिया,’’ रोहित ने किताब ली और जाने के लिए उठ खड़ा हुआ. रीमा उसे गेट तक छोड़ने आई.

‘‘सुनो,’’ वह बोली. ‘‘जी,’’ रोहित के कदम रुक गए.

‘‘आतेजाते रहना. ये रुपए रख लो, काम आएंगे,’’ रीमा ने उसे सौ रुपए का एक नोट देते हुए कहा.

‘‘जी नहीं, अब इस की जरूरत नहीं है. रास्ता आप ने दिखा दिया है, मंजिल मैं खुद ढूंढ़ लूंगा,’’ रोहित ने हाथ जोड़ कर हंसते हुए कहा और चला गया.

अब रोहित की जिंदगी में काफी बदलाव आ गया था. उस ने सोच लिया था कि वह एक अच्छा आदमी बनेगा. अगले दिन उस ने अखबार में एक इश्तिहार पढ़ा. एक फैक्टरी में क्लर्क की जरूरत थी. रोहित ने अर्जी भेज दी.

रोहित का चुनाव हो गया. उस ने उसी दिन रीमा को चिट्ठी लिखी कि उसे एक फैक्टरी में काम मिल गया है.

रोहित पूरी लगन और ईमानदारी से काम करने लगा. वह सब से पहले दफ्तर पहुंच जाता और शाम को भी देर तक काम करता रहता. हालांकि उसे तनख्वाह बहुत कम मिलती थी, फिर भी उस से गुजारा हो ही जाता था. मालिक उस के काम से बहुत खुश था.

एक दिन दोपहर को रोहित अपने काम में मगन था कि चपरासी ने आ कर कहा, ‘‘आप को मालिक बुला रहे हैं.’’

वह कुछ सोचता हुआ उठा और आगे बढ़ा. जैसे ही वह मालिक के केबिन में पहुंचा, हैरानी से उछल पड़ा. सामने मालिक के साथ रीमा भी बैठी हुई थी.

‘‘रीमाजी… आप और यहां?’’ रोहित के मुंह से निकला.

रीमा भी हैरान थी. वह बोली, ‘‘अरे, आप हमारी ही फैक्टरी में काम करते हैं और मुझे पता ही नहीं.’’

मालिक ने रोहित को कुरसी पर बैठने का इशारा किया और रीमा से कहा, ‘‘बेटी, यही वह नौजवान है, जिस ने इतने थोड़े समय में अपनी कड़ी मेहनत और लगन से फैक्टरी के काम को आगे बढ़ाया है. मैं इसे असिस्टेंट मैनेजर बना रहा हूं.’’

‘‘ठीक है पापा,’’ रीमा मुसकराते हुए बोली, ‘‘आप की बात सुन कर मैं बहुत खुश हूं.’’

रोहित की मेहनत और लगन रंग लाई. असिस्टेंट मैनेजर का पद संभालते ही उस ने मजदूरों की हड़ताल जैसे गंभीर मुद्दे भी अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के चलते सुलझा लिए. इस से फैक्टरी का कारोबार काफी बढ़ गया.

रोहित अब रीमा और उस के पिता की आंखों का तारा बन गया था. रीमा अब उस में दिलचस्पी लेने लगी थी. धीरेधीरे उन की दोस्ती बढ़ती गई.

एक दिन रीमा ने रोहित को अपने घर पार्टी पर बुलाया. रोहित जब वहां पहुंचा, तो रीमा को घर में अकेली पाया.

रोहित ने घड़ी में समय देखते हुए कहा, ‘‘शायद मैं जल्दी आ गया हूं. अभी तो यहां कोई नहीं पहुंचा…’’

‘‘यहां कोई पार्टी नहीं है. मैं ने तुम से झूठ कहा था.’’ ‘‘फिर मुझे यहां क्यों बुलाया गया है?’’ रोहित ने हैरानी से पूछा.

‘‘तुम से जरूरी बात कहनी है,’’ रीमा ने बोलना शुरू किया, ‘‘मैं ने तुम्हें अपने जीवनसाथी के रूप में चुन लिया है. पापा को भी मैं ने अपना फैसला बता दिया है. क्या तुम मेरा साथ दोगे?’’

रोहित हैरानी से बोला, ‘‘रीमाजी, आप और मुझ से…’’ ‘‘हां, मैं इस बारे में तुम्हारी राय जानना चाहती हूं.’’

‘‘रीमाजी, मेरी प्रेरणा तो आप ही हैं. आप ने ही मुझे यह नई जिंदगी दी है. अगर आप मेरी जिंदगी में न आई होतीं, तो मैं न जाने कब तक उसी कीचड़ में पड़ा होता,’’ रोहित उस की आंखों में झांकता हुआ बोला, ‘‘मैं आप से कुछ नहीं मांगता हूं, पर आप मेरे दिल में बस कर मेरी जिंदगी का एक हिस्सा बन गई हैं. अगर आप इसे रिश्ते का नाम देना चाहती हैं, तो मैं भला कैसे इनकार कर सकता हूं…’’

रीमा ने शरमाते हुए अपना कोमल हाथ रोहित के हाथ पर रख दिया.    Short Story in Hindi

-सुरेश कुमार प्रेम

पिंटू पंगा

Hindi Story. है न अजीब नाम, पिंटू पंगा.  इस शख्स की कहानी भी अजीब है. कोई इसे पागल कहता है, तो कोई विश्वास का मारा. ऐसा क्या हुआ था पिंटू के साथ कि…

पिंटू पंगा. उम्र यही कोई 35 साल. ऊपर से बाल खिचड़ी. खिचड़ी में भी सफेदी ज्यादा. चिंताओं की चुन्नटों भरा माथा. गड्ढा क्या, पाताल में धंसी आंखें. बत्तीसी में फिलहाल यही कोई 10-12 दांत ही बचे होंगे…

आज पिंटू की जो हालत है, उस में उस की आदतों, लापरवाहियों का भी योगदान है. लेकिन कुलमिला कर वह विश्वास का मारा है.

आज गड्ढे में धंसे जो गाल नजर आते हैं, उस की वजह उस की नशे की आदत तो है ही, साथ ही वे जख्म, जो उसे मिले हैं, कम नहीं हैं. ये जख्म समाज, शासन व प्रशासन से उसे मिले. अत्याचार के शिकार की जीतीजागती मिसाल है पिंटू पंगा.

कभी पिंटू के पास एक ट्रैक्टर था. यह ट्रैक्टर उस की रोजीरोटी का जरीया था. एक दिन यही ट्रैक्टर धोखे से उस के दोस्त ने हथिया लिया और फिर शुरू हो गया उस पर मुसीबतों के टूटने का अटूट सिलसिला.

आज पिंटू की हालत पागलों जैसी हो चुकी है. सबकुछ बिखर चुका है. वह, उस का परिवार…

पहले वह अकसर घर से भाग जाता. कभी लखनऊ, कभी इलाहाबाद, तो कभी दिल्ली.

कहीं भी जाता, कुछ दिनों बाद वह ‘स्वदेश’ वापस लौट आता और फिर लोगों को सुनाता अपने ‘परदेश प्रवास’ के बारे में.

10 साल पहले.

पिंटू को एक बहुत अच्छा दोस्त कम पार्टनर मिल गया. उस ने ट्रैक्टर उसी के हवाले कर दिया. दोस्त घर बैठे अच्छेखासे पैसे दे जाता. पिंटू पड़ापड़ा खाता रहता.

लेकिन कुछ दिनों बाद…

दोस्त ने धोखा दे दिया. ट्रैक्टर हथिया लिया. कभी पड़ापड़ा खाता था, अब पड़ापड़ा करवटें बदलता रहता.

दोस्ती में उसे धोखा मिला था. वह रोते हुए कहता, ‘‘मुझे ऐसे आदमी ने धोखा दिया है, जिस का पूरा परिवार अपनी बेईमानियों को ले कर बदनाम था. मैं ने फिर भी उस पर यह सोचते हुए भरोसा किया कि जरूरी तो नहीं वह भी बेईमान होगा.’’

पिंटू ने अपने साथ हुई इस दगाबाजी को पहले अपने लेवल पर सुलझाने की कोशिश की. लेकिन ट्रैक्टर हड़पने वाला शख्स शहर छोड़ चुका था और उस के परिवार वालों ने पिंटू को इस बारे में किसी तरह से मदद करने से साफ मना कर दिया. सभी का कहना था, ‘हम से पूछ कर तुम ने ट्रैक्टर दिया था…’

कभी पढ़ाई के समय गुजारे हसीन पलों को ध्यान में रखते हुए पिंटू ने अपना ट्रैक्टर अपने उस दोस्त को बिना किसी लिखापढ़ी के सौंप दिया था. अब पिंटू अपने साथ हुए धोखे के बारे में किसी से कहता, तो अगला कहता, ‘‘सुबूत लाओ.’’

पिंटू सुबूत कहां से लाता? वह ठगा गया था. इस ठगी ने उस के वजूद को हिला कर रख दिया था.

फिर सालों पिंटू इधरउधर भटकता रहा. समाजसेवी, असर रखने वाले, दबाव बनाने वाले, नेता, शासन, प्रशासन… सभी से वह मिला. रोया, गिड़गिड़ाया, जहर खाने व आत्मदाह करने की धमकी भी दी, फोन कराए, बीहड़ में कूद कर बागी बनने की भी कही. बीवीबच्चों को ले कर पुलिस अफसरों से भी मिला.

कभी आश्वासन, तो कभी दुत्कार. कभी हमदर्दी, तो कभी ‘कह दो हैं नहीं’. तो कभी ‘फिर मिलना’. कहने का मतलब एक लंबे समय तक तो पिंटू ‘फुटबाल’ ही बना रहा.

इस दौरान उसे नएनए ‘फ्लेवर’ के लोग मिले. कोई कहता कि पिलाओ, तो पिंटू पिलाता. कोई कहता कि खिलाओ, पिंटू कर्ज ले कर खिलाता. फिर खापी कर लोग चंपत हो जाते और पिंटू की फाइल वहीं की वहीं पड़ी रह जाती.

खानापीना तो फिर भी चल जाता, मदद करने के बहाने लोग उस के ‘घर’ में झांकने लगे थे.

अगर कोई कमजोर हो, तो लोग उस का मजा लेने लगते हैं, हंसने लगते हैं. पिंटू अपना ट्रैक्टर वाला दुखड़ा लोगों से कहता, तो लोग उस के मुंह पर 3 बार ‘च… च… च…’ करते और उस के जाते ही कहते, ‘दिमाग खराब हो गया है इस का.’

ट्रैक्टर खोने, आमदनी का साधन छिनने के बाद पिंटू परेशान हो उठा था. फिर बीच में आई पुलिस. पुलिस ने दोनों तरफ से खाया और ट्रैक्टर जो ट्राली के था… की एवज में दोस्त के परिवार वालों से पिंटू को 25-30 हजार रुपए इस आश्वासन के साथ दिलवाए कि जल्दी और मिल जाएंगे.

पिंटू के ट्रैक्टर की पंचायत शहर कोतवाली में हुई थी. उस समय जो कोतवाल था, उस का कुछ दिनों बाद ट्रांसफर हो गया और पिंटू आजतक अपने ट्रैक्टर की बाकी रकम के लिए भटक रहा है. न जाने कब तक भटकता रहेगा.

ट्रैक्टर के जो रुपए पिंटू को हासिल हुए थे, उन में से एक बड़ा हिस्सा उस की बीवी की बीमारी में लग गया. कुछ गुलछर्रों में उड़ गया. बहुत दिनों की फाकामस्ती के बाद रुपए आने पर मन निरंकुश हो ही जाता है. बाकी पैसा जो मिला, पिंटू ने घर में ही परचून की दुकान खोल ली.

कम पूंजी की मार. आमदनी से ज्यादा खर्च. दुकान खोलने व बंद करने में लापरवाही. आखिरकार पिंटू को दुकान बंद करनी पड़ी. नतीजतन, आजकल पिंटू सड़क पर है.

पिंटू के पास घर है, द्वार है, गांव में अच्छीखासी खेती है. कई बार उस से कहा गया कि खेती में मन लगाओ. टै्रक्टर को भूल जाओ. हादसों का नाम ही जिंदगी है.

थोड़ी देर की हां… हुं के बाद पिंटू फिर अपने ढर्रे में आ जाता, ‘‘मैं यह करूंगा. वह करूंगा. मुख्यमंत्री को लिखूंगा. प्रधानमंत्री से मिलूंगा. मेरा लाखों का ट्रैक्टर सरेआम हथिया लिया गया और जमाना उलटे मुझे ही कुसूरवार ठहराता है? कहां है कानून? कैसा कानून? अंधा है कानून? पैसे वालों का है कानून…’’ कहतेकहते फट पड़ता पिंटू.

एक दिन पिंटू किसी से ‘मानवाधिकार’ वालों का पता पूछ रहा था. उस दिन तो हद ही हो गई. चाय की दुकान पर वह कह रहा था, ‘‘मुंबई जाऊंगा. लोगों को अपनी कहानी सुनाऊंगा. यकीनन, मेरी कहानी पर बनी फिल्म हिट जाएगी. ये फिल्म वाले कुछ पैसेवैसे देंगे न?’’

इधर, 1-2 साल से लोगों ने लोगों के पंगे में अपनी टांग फंसाना और शुरू कर दिया. सिपाही ने पैसे की जगह रिकशे वाले के थप्पड़ जमाया, तो वह सिपाही से भिड़ गया. तहसील में बनते आमदनी सर्टिफिकेट में होती धांधली को देख कर तहसीलदार से भिड़ गया. यानी हर जगह बेवजह ‘पंगा’ मोल लेना उस की आदत बन चुकी है. अकसर वह पिट जाता है. जेल भी जा चुका है, लेकिन दिल है कि मानता नहीं.

एक दिन उस के पड़ोसी ने पूछा, ‘‘यार पिंटू, यह ठीक है कि तुम नाइंसाफी होते देख कर लोगों की भलाई के लिए बीच में कूद पड़ते हो, लेकिन अपनी भी तो सोचो. भलाई के बदले तुम्हें क्या मिलता है?’’

‘‘गांधीजी को क्या मिला था?’’ पलट कर पिंटू ने पूछा, तो पड़ोसी की बोलती बंद हो गई थी.

अब ‘पंगा’ मोल लेना पिंटू की आदत बन चुकी है. फिलहाल वह शहर में ‘पिंटू पंगा’ के नाम से मशहूर हो चुका है. ट्रैक्टर वाला पिंटू पंगा…

पिंटू के पिता जेल में नौकरी करते थे. उन का जेलर से पंगा हो गया. जेलर ने उन्हें लंबा लाद दिया. पिंटू छोटा था. पिताजी ने नई जगह ज्वाइनिंग नहीं ली और जेलर के खिलाफ मोरचा खोल दिया.

अब पिंटू कोशिश कर रहा है कि पिताजी की नौकरी से संबंधित कुछ कागजात मिल जाएं, तो उसे पिताजी के फंड वगैरह के लाखों रुपए मिल सकते हैं.

यह दुनिया ऊपर से कितनी अच्छी दिखती है, लेकिन सच में न जाने कितने पिंटू ‘पिंटू पंगा’ में बदल कर जीने के लिए मजबूर हैं और जिस की मूल वजह समाज में फैला भ्रष्टाचार और अत्याचार है.

इधर पिंटू के हाथ में स्थायी रूप से एक बड़ा सा झोला रहता है. झोले में कागजपत्तर होते हैं. अकसर उसे कचहरी, तहसील, कोतवाली… यानी इंसाफ की इमारतों के आसपास देखा जा सकता है. ज्यादातर दूसरों की मदद के सिलसिले में. बड़ी शान से वह कहता फिरता है… ‘‘ऐसा कोई दफ्तर नहीं है, जहां मैं ने ‘पंगा’ न फैलाया हो.’’

पिंटू में ऐसा कुछ नहीं था, जिसे आदर्श कहा जा सके. उस का जिस्म लुंजपुंज है. कम पढ़ालिखा होने के चलते उस की भाषा में भी खिंचाव नहीं है. लिबास पहनने के मामले में भी वह लापरवाह है, लेकिन बावजूद इन सब के उस के पास एक मासूम दिल है, जो अपने से ज्यादा दूसरों के लिए धड़कता है. आज कितने लोग हैं, जो दूसरों की लड़ाई लड़ते हैं? ‘समय नहीं है…’ हमारे पास यह जवाब होता है. लेकिन जमाने द्वारा सताए जाने के बावजूद पिंटू अपने वजूद का इस्तेमाल दूसरों के लिए कर रहा है.  Hindi Story

-कुमार

Hindi Short Story : मिली इज्जत

Hindi Short Story. उमर अहमद गांव के प्राइमरी स्कूल के 10 साल पुराने टीचर थे. वे अपने छात्रों को बड़े प्यार से पढ़ाते आ रहे थे. उन का अपना एक रुतबा था.

स्कूल की छुट्टी के बाद उन्होंने अपने कमरे की खिड़की से बाहर झांका, तो देखा कि 10-12 साल के मासूम बच्चे हवा के झोंकों से दौड़े चले जा रहे थे. उन्हें लगा, जैसे 40 साल पहले का समय और उन का बचपन लौट आया हो. उन की भूरी आंखें भर आईं, तो उन्होंने कुरते की जेब से रूमाल निकाल कर आंसू पोंछ लिए.

वे भी ऐसे ही अपने छोटे भाई प्यारे अहमद के साथ स्कूल आयाजाया करते थे. अगले दिन वे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे कि अचानक उन का एक छात्र इस्माइल आ गया.

‘‘सब खैरियत तो है न?’’ उमर अहमद को चिंता हुई. ‘‘जी सर,’’ इस्माइल ने मुसकरा कर जवाब दिया.

‘‘फिर यहां क्यों आए? तुम्हें तो इस समय स्कूल में होना चाहिए था,’’ उन की हैरानी बढ़ती जा रही थी.

‘‘सर, अम्मी ने कहा था कि यह कार्ड आप को दे दूं,’’ इस्माइल ने गुलाबी कार्ड आगे बढ़ाया.

उमर अहमद की चिंता मिटी, फिर वे कार्ड लेते हुए बोले, ‘‘कैसा कार्ड है? किस सिलसिले में है?’’

‘‘सर, मेरी बहिन लाज की अगले हफ्ते शादी है. आप अपने पूरे परिवार के साथ जरूर आना. अच्छा, मैं चलता हूं,’’ वह मुसकराता हुआ चला गया. उमर अहमद कुछ कहना चाहते थे, मगर शायद इस्माइल जल्दी में था.

प्यारे अहमद अपने बडे़ भाई की इज्जतनवाजी पर खुश हो रहे थे. चूंकि वे ज्यादा पढ़ेलिखे नहीं थे, इसलिए ऐसी इज्जत उन्हें नहीं मिलती थी. प्यारे अहमद के अब्बा उन के अनपढ़ होने पर हमेशा ताने देते रहते थे. उन्हें डांटते भी बहुत थे. अब्बा की डांटफटकार सुन कर वे घंटों खेत में बैठ कर सोचते, ‘मैं पढ़ा क्यों नहीं?’

बचपन में वे उमर अहमद के साथ पढ़ने जाते थे, लेकिन एक दिन टीचर के पूछे गए सवाल का जवाब न देने पर उन की खूब पिटाई हुई, तभी वे अपनी किताबें टीचर के मुंह पर मार कर घर भाग आए और सब के मनाने के बाद भी कभी स्कूल नहीं गए.

उमर अहमद ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और आज टीचर बन गए थे. प्यारे अहमद की नजरों में यही बातें घूमती रहती थीं.

एक हफ्ते बाद उमर अहमद अपने परिवार के साथ इस्माइल की बहिन लाज की शादी में शरीक होने गए. वहां का नजारा ही अलग था. अच्छीखासी तैयारी भी की गई थी. बल्बों ने रोशनी फैलाई हुई थी. मगर एक तरफ सन्नाटा था. वहां सब सहमे हुए से खड़े थे.

उमर अहमद को शक हुआ. थोड़ी देर वे ऐसे ही खड़े रहे, तभी शोर के साथ बच्चे सामने के दरवाजे से निकल कर उन के पास बरामदे में आ खड़े हुए. बच्चों की आंखों में एक चमक थी.

‘‘सर, हमें माफ कर दें,’’ एक बच्ची भीड़ चीर कर सामने आ कर बोली. उमर अहमद ने बड़े प्यार से झुक कर कहा, ‘‘किसलिए?’’ वे अपनी छात्रा सना को पहचान गए थे, जो तीसरी क्लास में पढ़ती थी.

‘‘सर, मेरी बहिन का रिश्ता टूट गया,’’ इस्माइल बोला. इस्माइल उदास था, मगर उस की आंखों में चमक थी.

‘‘क्या?’’ उमर अहमद झटके से खड़े हो गए और प्यारे अहमद बुरी तरह चौंक उठे.

‘‘वह लड़का अनपढ़ था, जो हमें पसंद नहीं आया,’’ यह जुमला इस्माइल की अम्मी का था. घर के तमाम बुजुर्ग भी वहां मौजूद थे.

‘‘अनपढ़ छोडि़ए, वह तो हमारी लाज से छोटा और किशोर था,’’ इस्माइल के अब्बा ने कहा.

‘‘अरे छोडि़ए, वह सही नहीं था. हमारी बेटी अभी तो आगे पढ़ना चाहती है,’’ इस्माइल की दादी ने गर्मजोशी से कह कर लाज को अपने गले से लगा लिया. ऐसा कहते समय दादी के चेहरे पर किसी तरह की शिकन नहीं थी. वहां सिर्फ मुहब्बत झलक रही थी.

प्यारे अहमद ने लाज को देखा. कितनी सुकून भरी नजर आ रही थी वह. पढ़ाई के मामले में कितनी संजीदगी से सोच रही थी. प्यारे अहमद ने लाज से सीख ली. उम्र का क्या, 25 साल ही थी.

लाज के परिवार वालों ने उन की अच्छी खातिरदारी की और मुसकरा कर विदा किया.

प्यारे अहमद ने घर आ कर अपनी पुरानी किताबें और कलम उठाई. उन्हें ले कर वे खेत की ओर निकल गए. उन का इरादा अब पढ़ने का था, क्योंकि उन्हें उन की खोई हुई इज्जत मिल चुकी थी.  Hindi Short Story

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें