⚲

Gahri Paith : धर्म की जकड़ में वंचित समाज

Gahri Paith. गंगाजमुना और मंदिर की भरमार वाले देश के सब से गरीब राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश अब चुनावों की तैयारी में लगा है. सवाल सब से अहम यह है कि आबादी का 80 फीसदी से ज्यादा लोग जो पौराणिक ग्रंथों पर बने समाज के शिकार हैं किसे वोट दें? काफी साल पिछड़ों ने समाजवादी पार्टी को वोट दिया और दलितों ने बहुजन समाज पार्टी को. बाद में दोनों वर्गों का बड़ा हिस्सा भारतीय जनता पार्टी को वोट करने लगा कि शायद ऊंची जातियों और मंदिरों के लिए काम करने से उन के भाग के दरवाजे खुल जाएंगे.

असल में पिछड़ों और दलितों के बारे में आज भी ऊंची जातियों का रवैया बदला नहीं है. वे जन्म की वजह आज भी सामाजिक तौर पर दूसरे दर्जे के ही नागरिक हैं. उन्हें दूसरे दर्जे का बनाए रखने के लिए ऊंची जातियों ने भाजपा का भरपूर इस्तेमाल किया है. वोट उन से ली पर सत्ता खुद ले ली जैसी बात अमृतमंथन की कहानी में कही जाती है जिस में अमृतक्लश लगा दैत्यों के हाथ पर विष्णु ने लड़की का मोहिनी अवतार बन कर उन्हें लूट लिया.

भाजपा के सहारे आज भी ऊंची जातियां एक अलग समाज बनाए बैठी हैं और पढ़ेलिखे, स्मार्ट, अच्छे पैसे वाले ओबीसी, एससी, एसटी आज भी दूसरे दर्जे के लोग हैं पर वोट भी देते हैं और आज ऊंची जातियों की मिल्कीयत वाले मंदिरों में भी धड़ाधड़ जा रहे हैं.

2012 के विधानसभा चुनावों में पिछड़ों की पार्टी समाजवादी को 29 फीसदी वोट मिले जो 2014 के चुनावों में घट कर 22 फीसदी रह गए और 2019 के लोकसभा चुनावों में 18 फीसदी रह गए. दलितों की बहुजन समाज पार्टी को 2012 विधानसभा में 26 फीसदी वोट मिले, 2014 के लोकसभा चुनावों में 20 फीसदी और 2019 लोकसभा चुनावों में 10 फीसदी.

दोनों पार्टियों के लोगों ने अपनी पार्टी छोड़ कर पूजापाठी पार्टी भाजपा को वोट दिया. 2024 के लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस साथ लड़े तो उन के वोट बढ़ कर 34+9 फीसदी हो गए. अब सवाल यह है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में क्या करें?

भाजपा का राज कैसा चल रहा है, यह अब मालूम है. पर उन की मंदिर पर पकड़ कम हुई है, इस का पक्का अंदाजा नहीं है. बाबाओं की सभाओं में भीड़ बढ़ रही है और यह भीड़ पिछड़ों और दलितों के कारण ही होती है जो उसी पौराणिकता को वोट देते हैं जो उन्हें सदियों से लूट रही है और भाजपा के सहारे राज कर रही है.

पिछड़ों और दलितों को तय करना होगा कि सदियों की पूजापाठ से देश का कल्याण नहीं हुआ तो आज कैसे हो जाएगा. जब दुनिया के पहले के गरीब चीन, वियतनाम, कंबोडिया, नाइजीरिया, इथियोपिया आज भारत से बेहतर हो गए हैं तो हमारे यहां क्या कमी हैं? कमी है कि हम काम करने वालों को इसलिए इज्जत नहीं देते कि पौराणिक ग्रंथों में लिखा है कि उन्होंने पिछले जन्म में पाप किया था इसलिए वे दुख सह रहे हैं. यह बिलकुल गप है, झूठ है, फरेब है, लूट का तरीका है. पिछड़ों और दलितों के पास अब ज्यादा समय नहीं है. कल को आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस उन्हें वैसे ही नकारा बना सकती है. सत्ता उन के  हाथ में आए यह जरूरी नहीं है.  Gahri Paith

Gahri Paith : दबा दी है गरीब की आवाज

Gahri Paith. लोकतंत्र और संविधान ने जो चीज जनता को दी है वह है शोर मचाने का हक. वैसे तो अंगरेजों ने भी यह हक हमेशा ही दिया वरना न बाल गंगाधर तिलक होते, न गोपाल कृष्ण गोखले और न महात्मा गांधी. जलियांवाला बाग जैसी घटनाएं इक्कादुक्की हुईं जब ब्रिटिश सरकार ने सभा करने वालों पर पुलिस से गोली चलवाई.

आज 2026 में यह हक छीना जा रहा है. दिल्ली जैसे शहर मेें ट्रैफिक और झगड़े का डर दिखा कर जलूस निकालने, जलसा करने, शोर मचाने, प्रोटैस्ट करने पर पुलिस गिरफ्तार कर लेती है और फिर सरकारी वकील की मानते हुए जज जमानत तक  नहीं देते जबकि पकड़े गए लोगों ने न तोड़ाफोड़ की हो, न दंगा मचाया हो.

यह गांवकसबों तक  हो रहा है. गरीब आदमी के पास आज यही तो एक हक है अपनी बात कहने का पर कलक्टर के दफ्तर के आगे भीड़ जमा हो तो पुलिस बुरी तरह पीट डालती है. 5 साल पहले दिल्ली में मुसलिम इलाकों में नए कानूनों पर जिन्होंने जलूस निकाला उन में से बहुतों को आज भी बंद कर रखा है.

गरीबों को आज कहीं भी शोर मचाने नहीं दिया जा रहा. उन के अखबार बंद हो गए. उन के पोस्टर दीवारों पर लगते हैं तो पुलिस जिस का नाम लिखा हो पकड़ ले जाती है कि उस ने शहर को बदसूरत बनाया चाहे उसी के बराबर राधेराधे के टेढ़ेमेढ़े अक्षरों में 20 बार लिखा हो या मोदी और मुख्यमंत्री का टेढ़ासीधा पोस्टर लगा हो.

गरीब की आवाज जो महात्मा गांधी ने बुलंद करवाई थी आज बंद हो गई है. उस की जगह सरकारी नारों या धर्म की दुकानों की भरपूर लूट है. नेताओं के पोस्टर

लग सकते हैं, कार वाले अपनी कारों के विज्ञापन जगहजगह खरीद कर लगा सकते हैं पर गरीब, किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा, डिलीवरी बौय का मुंह बंद कर दिया गया है.

रहीसही कसर मोबाइल ने पूरी कर दी है. गरीब मोबाइल पर इतना चिपका रहता है कि उसे अपना दर्द कहने की फुरसत ही नहीं. वह तो नचनियों को देख कर मस्त रहता है चाहे घर में फाके पड़ें या बीमारी से कोई मरे. यही भारत की असल तसवीर है.Gahri Paith

Gahri Paith: इंश्योरैंस कंपनियों की धांधली   

Gahri Paith. इंश्योरैंस, खासतौर पर थर्ड पार्टी इंश्योरैंस सभी तरह की गाडि़यों के लिए जरूरी है और हर साल उस का प्रीमियम भरना होता है पर इंश्योरैंस कंपनियां किस तरह जराजरा से बहानों से गरीबों का हक लूटना चाहती हैं, उस का एक उदाहरण मध्य प्रदेश का मामला है. मध्य प्रदेश के एक स्कूल में चपरासी की तैयारी कर रहे एक जने को कमर्शियल वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया और अस्पताल पहुंचतेपहुंचते तक उस की मौत हो गई.

अब गरीबों को सदा से कहा गया है कि उन का जीवन और मौत तो पिछले जन्म के कर्मों, दानपुण्य, पूजापाठ पर ही टिके हैं इसलिए जो हुआ वही उस का जिम्मेदार है और उस की बेवा और 3 नाबालिग बच्चे अब भुगतने को तैयार रहें. फिर भी लगता है कि थोड़ीबहुत कानून की जानकारी छनछना कर गरीबों तक पहुंच जाती है. उस की बेवा ने 3 महीने बाद एफआईआर दर्ज करा दी और इंश्योरैंस ट्रिब्यूनल में न्यू इंडिया एश्योरैंस लिमिटेड के खिलाफ क्लेम दायर कर दिया.

ट्रिब्यूनल ने गवाही के आधार पर 57,79,820 के क्लेम की जगह 46,29,132 रुपए का क्लेम मान लिया. अब ऐसी हालत में जब वाहन का बीमा था इंश्योरैंस कंपनी को चुपचाप क्लेम गरीब बेवा और बच्चों को दे देना चाहिए पर वाहनों की इंश्योरैंस कंपनी ऐसा कैसे होने दे सकती है? गरीब का हक मारना बड़ी इंश्योरैंस कंपनियों का एक बहुत आजमाया तरीका है. वे

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहुंच गए. हाईकोर्ट ने जिरह में गवाह का बयान पढ़ना शुरू कर दिया जिसे यह याद नहीं था कि मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट सफेद रंग की थी या काले रंग की. गवाह को 8-10 महीने बाद हुई गवाही में यह भी याद नहीं रहा कि वाहन कितना लंबाचौड़ा था, जबकि अस्पताल की रिपोर्ट थी कि मौत वाहन दुर्घटना से हुई, हाईकोर्ट के साहबान ने गरीब बेवा और 3 बच्चों के 46,29,132 भी छीन लिए. इंश्योरैंस कंपनी खुश. एक और गरीब का निवाला निगल लिया.

बुरा हो मरने वाले की बेवा संजूबाई प्रजापति का जो सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई और हाईकोर्ट के 25 अप्रैल, 2023 के मामले पर सुनवाई कर के 14 जुलाई, 2025 को अपना फैसला भी सुना दिया. आमतौर पर सुप्रीम कोर्ट में 10-15 साल लग जाते हैं अपील की सुनवाई के.

न्यायाधीशों सुधांशु धूलिया व के. विनोद चंद्रन की बैंच ने हाईकोर्ट के फैसले को पलट दिया. सुप्रीम कोर्ट ने कहा जब यह साबित हो चुका है कि एक्सीडैंट हुआ और एक्सीडैंट करने वाले वाहन का इंश्योरैंस था जो न्यू इंडिया इंश्योरैंस कंपनी के प्रीमियम दे रहा था तो मौत पर क्लेम न देने का सवाल ही नहीं उठता. सुप्रीम कोर्ट ने बेवा और बच्चों को सूद समेत क्लेम दिला दिया.

इंश्योरैंस कंपनियां अकसर सुप्रीम कोर्ट तक वाहन दुर्घटनाओं में मौतों पर क्लेम न देने का मामला ले जाती हैं. यह इंश्योरैंस कंपनियों का जुल्म है कि जब उन्हें प्रीमियम मिल रहा है और अपने अफसरों और हजारों एजेंटों को वे पैसे दे रही हैं तो मरने वाले के परिवार को क्लेम न दें. इंश्योरैंस का मतलब ही है कि बहुत सारे मिल कर किसी भी दुर्घटना के शिकार की प्रीमियम की मार्फत सहायता करें पर बीच के अफसर अपनी घौंस जमाए रखने के लिए हमेशा अदालतों में गरीबों को घसीटते रहते हैं.

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में न्यू इंडिया इंश्योरैंस कंपनी ने विकास उपाध्याय, अंकिता कश्यप, रनवीर सिंह और शिवा नागरन जैसे 4-4 वकील रखे थे. वे मुफ्त में तो काम नहीं कर रहे थे. इंश्योरैंस कंपनियों के पास मुकदमेबाजी के लिए पैसा है पर मौत पर भी गरीब को उस का हक देने का नहीं. वैसे बता दें कि न्यू इंडिया इंश्योरैंस कंपनी लिमिटेड अच्छेखासे मुनाफे में चल रही है.

इंश्योरैंस कंपनी को 2025 में 75,43,618 करोड़ रुपए का प्रीमियम मिला और 988 करोड़ रुपए का फायदा हुआ. इस का मतलब है इस मामले जैसे वकीलों पर खर्च, एजेंटों की कमीशनों, अपने हजारों अफसरों के वेतनों के बाद भी कंपनी ने यह मुनाफा कमाया. इंश्योरैंस कंपनी के 5,000 से ज्यादा तो एजेंट हैं जो प्रीमियम पर कमीशन पाते हैं.

कंपनी इंश्योरैंस तो मोटर एक्ट के कारण जबरन हर वाहन का थर्ड पार्टी इंश्योरैंस तो करवा लेती है पर क्लेम देते समय रोड़े लगाती है. 2025 में 1,57,675 क्लेम बकाया थे. 10-10 साल पुराने क्लेम कंपनी की फाइलों में सड़ रहे हैं. अच्छा होता कि सुप्रीम कोर्ट संजूबाई प्रजापति के मामले में चपरासी की बेवा को परेशान करने पर इंश्योरैंस कंपनी के अफसरों पर जुर्माना लगाती कि उन्होंने ट्रिब्यूनल के फैसले को आखिरी क्यों नहीं मान लिया. Gahri Paith

Gahri Paith : पेपर सैट कराने वाले दुर्वासा जैसे

Gahri Paith. जब से भाजपा सरकार आई है पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इस की वजह सीधीसीधी यह है कि अब सरकार में वे लोग हैं जो सोचते हैं कि चूंकि उन के पास धर्म की ढाल है  वे दुर्वासा मुनि की तरह कुछ भी करने की ताकत रखते हैं और सुप्रीम कोर्ट तो क्या खुद मोदी कैबिनेट उन का कुछ बिगाड़ नहीं सकती. ये वही दुर्वासा मुनि हैं जो रामायण की कहानी में बिना पहले बताए राजा राम से मिलने चले आते हैं और लक्ष्मण के रोके जाने पर अयोध्या को जला डालने की धमकी दे देते हैं.

आज के पेपर सैट करने वाले ही नहीं बल्कि एग्जाम चलाने वाले भी खुद को दुर्वासा जैसे सैकड़ों मुनियों की तरह समझते हैं जिन की कहानियां प्रवचनों में जम कर सुनाई जाती हैं और असली पढ़ाई से दूर भागती जनता को वही सच लगता है जो एक भगवाधारी ऊंचे से मंच पर बैठ कर सुनाता है.

भाजपा सरकार ने एकएक कर के सारी पढ़ाई को एक हाथ में दे दिया है. कृष्ण के ‘मैं ही सबकुछ हूं’ की तरह अब सारे फैसले इस के इशारे पर होते हैं. जिन्हें इन फैसलों से नुकसान होना है उन की कोई पूछ नहीं है.

पेपर लीक पहले भी होते थे, बाद में भी होंगे पर वे सब छोटे से दायरे तक रहते हैं. लीक का पता होने पर एक कालेज एडमिशन टैस्ट रातोंरात बदल सकता है. गलती को सुधारा जा सकता है. जब 24 लाख जवान एकसाथ एग्जाम देने निकलें और 10 जगह भी पेपर लीक का मामला उजागर हो जाए तो सारे 24 लाखों का भरोसा टूट जाता है. उन की 2-3 साल की मेहनत पर पानी फिर जाता है.

जब एक नाले में बाढ़ आती है तो नुकसान थोड़ा सा होता है पर जब एक बड़ी नदी पर बने बांध का पानी एकसाथ छोड़ा जाता है या बांध टूटता है तो पानी शहरोंगांवों को बहा ले जाता है. यही हाल एग्जामों का है. हर मैडिकल कालेज अपनी एडमिशन परीक्षा के या 12वीं के नंबरों के हिसाब से एडमिशन दे तो आफत नहीं आ जाएगी. कुछ को हेराफरी का फायदा होगा पर हेराफेरी तो अब भी बंद नहीं होगी. अगर हर मैडिकल कालेज अपने हिसाब से एडमिशन देगा तो तैयारी नहीं करनी होगी, कोचिंग क्लासों में लाखों रुपए खर्च नहीं करने होंगे. अपने बोर्ड की 12वीं के एग्जाम में अच्छे नंबर लाओ और मैडिकल कालेज में सीट पा जाओ.

मैडिकल कालेज में सीट पाना खजाना मिलना नहीं है. खजाना तो पढ़ाई पूरी कर के 5-7 साल प्रैक्टिस कर के मिलना शुरू होता है. अगर कुछ जने हेराफेरी से आ भी जाएं तो वह आफत नहीं होगी जिस की वजह से कौकरोच जनता पार्टी बनी और 20 जुलाई के बाद युवा सैलाब पहले दिल्ली के जंतरमंतर पर उतरा फिर देश के हर शहर में.

भाजपा ने सोचा था कि जवान खून को कांवड़ यात्राओं और रात्रि जागरणों में बिजी रख कर, उन्हें निकम्मा बना कर वह बरसों तक राज करती रहेगी और पंडेपुजारी सिल्क के कपड़े पहन कर हलवापूरी के साथ पिज्जाबर्गर भी खाते रहेंगे.

नीट की परीक्षा में बेईमानी ने सपने तोड़ दिए हैं. सैकड़ों परीक्षाओं के कैंसिल होने की कीमत आज वे जवान लड़केलड़कियां दे रहे हैं जो हिंदू खतरे में है के चक्कर में आ कर मंदिरों के चक्कर लगाने लगे थे. कुछ बनना है, कुछ बनाना है तो कुछ करना होगा, कोरी पूजापाठ से काम नहीं चलेगा. किसान रातदिन मेहनत करता है तो अनाज उगाता है, कोरी पूजा से या कोरे एग्जाम देने से नहीं. भाजपा के बस का न अनाज उगाना रह गया है, न मंदिर चलाना और न ही नीट जैसी एक जंजीर से बंधी परीक्षाएं कराना. Gahri Paith

न करें सेना का इस्तेमाल

लड़ाई की लाठियां बजाना आसान है पर देशों के लिए लड़ाई उतनी ही महंगी होती है जितनी 2 किसानों के लिए जो खेत की हदबंदी पर झगड़ रहे हों. भारतीय सेना पर देश को भरोसा है पर यह भरोसा तभी तक कायम रह सकता है जब तक देश सेना को खासा पैसा देता रहे. खाली पेटों से लड़ाइयां नहीं लड़ी जातीं. देश की जातिप्रथा का छिपा मतलब हमेशा यही रहा है कि पिछड़ों व दलितों को हमेशा खाली हाथ रखो ताकि वे कभी भी पंडों, बनियों, राजपूतों के खिलाफ न खड़े हो सकें.

भारत पाकिस्तान दोनों की सेनाओं के साथ यही हाल है. पाकिस्तान के पास भारत से कम पैसा है पर उसे लगातार अमेरिका, सऊदी अरब, चीन से पैसा मिलता आया है. भारत के नेताओं की अकड़ कुछ ज्यादा रही है और इसलिए सैनिक सहायता हमेशा न के बराबर मिली है. सेना के लिए देश को पेट काट कर सामान खरीदना पड़ा है और अगर राफेल हवाई जहाज यूपीए सरकार ने पहले नहीं खरीदे और मोदी सरकार ने भी आखिर में फैसला किया तो इसलिए कि पैसा दिख नहीं रहा था.

सेना की अपनी जानकारी के हिसाब से पिछले 1 साल में वायु सेना ने अरबों रुपए की लागत के 16 हवाईजहाज दुर्घटनाओं में तकनीकी खराबियों की वजह से खो दिए. इन में 2 मिग बाइसन, 2 जगुआर, 2 मिग 27, मिराज हैलीकौप्टर, 2 हौक, कई ट्रांसपोर्ट हवाईजहाज शामिल हैं. इतने हवाईजहाजों का गिरना और उन में सैनिकों का बिना युद्ध के मरना एक खतरे की घंटी है. मिगों को तो उड़ते ताबूत कहा जाने लगा है. ये रूसी विमान बनावट में ही कमजोर हैं पर चूंकि दूसरे देशों से अच्छे मिल ही नहीं रहे, इन्हें खरीदना पड़ रहा है.

भारत पुराने हवाई जहाज कैरियर व पनडुब्बियां ही खरीद पा रहा है. अब पुराने मिग 29 खरीदने की बात चल रही है. सैनिकों की राइफलें पुरानी हैं. अभी अमेठी में राइफल कारखाने का उद्घाटन करते हुए नरेंद्र मोदी ने यह बात मानी है. सैनिकों के वेतनों व पैंशनों का मामला अटका रहता है. उन्हें अच्छा खाना नहीं मिल पाता. छावनियों की शक्लों को देखें तो पता लग जाएगा कि ज्यादातर बिल्डिंगें अंगरेजों के जमाने की हैं.

एक गरीब देश के लिए सेना पर खर्चा करना आसान नहीं है. उत्तर कोरिया ने इसी वजह से अमेरिका से समझौता किया. जर्मनी और जापान ने दूसरे विश्वयुद्ध के बाद जम कर विकास किया क्योंकि सेना पर खर्च नहीं किया. हमारे यहां सोशल मीडिया पर हल्ला मचाया जा रहा है मार दो, जला दो, खात्मा कर दो, बिना यह सोचे कि इस की कीमत क्या है. मोदी कहते हैं घर में घुसघुस कर मारेंगे, पर किसलिए और किस कीमत पर.

हम देश में गाय को बचाने पर ज्यादा खर्च करने लगे हैं, मंदिरों, कुंभों, आश्रमों, पूजाओं पर भयंकर खर्च कर रहे हैं पर सेना के लिए जेब खाली है. अगर जेब में पैसे नहीं, जो पाकिस्तान के पास भी नहीं, तो लोगों का खयाल रखें. उन्हें लड़ाई के लिए न उकसा कर काम के लिए तैयार करें. सरकार अपनी फाइलों की सुरक्षा करे, धर्म की सुरक्षा के नाम पर सेना का इस्तेमाल करना बंद कर दे तो ठीक रहे.

उत्तर प्रदेश, बिहार और लोकसभा चुनाव साल 2019 के आम चुनाव बिहार व उत्तर प्रदेश के लिए काफी अहमियत रखते हैं. देश के सब से ज्यादा गरीब यहीं बसते हैं और गंगा नदी के बावजूद सदियों से उन की बीमारी, गरीबी, भूख, टूटे मकानों में कोई फर्क नहीं आया है. पगपग पर बिखरे मंदिरों के बावजूद यहां के लोगों की फटेहाल हालत दूर से दिख जाती है.

अगर रेल से सफर कर रहे हों तो गांव के बाद गांव और शहर के बाद शहर कूड़े के बीच बेतरतीब मकान दिखेंगे और उन के बीच आदमी जानवरों की तरह रहते दिखेंगे. ये राज्य वही हैं जहां से मुगलों ने 250 साल राज किया. इन्हीं 2 राज्यों का गुणगान हर शास्त्र में है पर इन की गरीबी यहां से आने वाले प्रधानमंत्रियों, मंत्रियों, राष्ट्रपतियों के होते दूर नहीं हुई. वजह साफ है. ये दोनों राज्य गलत नेताओं को चुनते रहे हैं और जब भी उन्होंने सही नेता चुन लिया तो वह बिगड़ते देर नहीं लगाता.

यह बिगड़ना भ्रष्टाचार नहीं है. भ्रष्टाचार से तो थोड़ा सा नुकसान होता है, कुछ सौ करोड़ों का. असल नुकसान उस निकम्मेपन से होता है जो यहां के नेता अपने लोगों पर थोपते हैं. चुनाव में जो भी जीते उस से यही उम्मीद की जाती है कि वह नौकरी लगवा दे, ठेका दिलवा दे. इस के लिए उस की पूजा की जाती है, जैसे गंगा जमुना मैयाओं की की जाती है. मेहनत करना न नेता जानते हैं, न बताना चाहते हैं. घोर ब्राह्मणवादी सोच इतनी गहरी है कि चाहे समाजवादी लालू प्रसाद यादव का राष्ट्रीय जनता दल हो या अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी या फिर मायावती की बहुजन समाज पार्टी, सब को मंदिरों और पूजा की लगी रहती है.

नरेंद्र मोदी ने गुजरात छोड़ कर यों ही बनारस को चुनाव लड़ने के लिए नहीं अपनाया है. यहीं तो बिहार व उत्तर प्रदेश का दिल है जो आज भी पुरानी सोच, जातिवाद, पाखंड का जहरीला खून दोनों राज्यों में बहाता है. न भाजपा, न कांग्रेस इस सोच या इस तरह की राजनीति को बदलने की बात भी कर रही हैं जो यहां के लोगों को बदबूदार दलदल से निकालने की हो. उलटे भाजपा तो फिर अयोध्या में राम मंदिर का मामला उठा कर दलदल में धकेलने की बात कर रही है.

इन दोनों राज्यों ने पिछले 20-25 सालों में कई तरह की सरकारें देखी हैं पर सब का रवैया एक ही सा है. इन्हीं दोनों राज्यों के लोग दुनियाभर में जा कर नाम और पैसा कमाते हैं पर यहां अपने देश, अपने राज्य में नेताओं की सड़ी सोच की वजह से सड़ी जिंदगी जीने को मजबूर हैं. ये नेता लखनऊ और पटना में ही नहीं हैं, हर गांव में हैं. एक और चुनाव इन दोनों राज्यों की हालत नहीं बदलेगा. अगर यही लोग रहे तो पक्का है कि तीर्थों का उद्धार होगा, जनता को पाताल में ही जगह मिलेगी.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें