Story in Hindi: किशना गोंड था और रुक्मिणी संथाल. दोनों में प्यार हुआ तो दोनों समुदायों की दुश्मनी आड़े आई. दोनों ने मंदिर में शादी कर ली. पर रुक्मिणी का यह कदम बड़ा दुखदायी साबित हुआ. आगे क्या हुआ इस प्रेम विवाह में?
उसे आज भी अच्छी तरह याद है वह दिन जब वह नन्ही सी पायल को अपने सीने से लगाए नंगे पांव सिर पर लकडि़यों का बोझ उठाए, बाजार में बेचने के लिए कोसों पैदल चलती थी. न खाने का ठिकाना, न रहने का. अल्हड़पने में की गई गलती की इतनी बड़ी सजा. पिता कबीले के सरदार थे. उन का अपना रसूख था. उन के लिए यह बात नागवार थी कि उन की बेटी गोंड समुदाय के लड़के से बिनब्याही मां बन जाए.
आदिवासी गोंड समुदाय के सख्त कायदेकानून के चलते पिता ने उस का त्याग करने का फैसला सुनाया था. ऐसे हाल में लड़की को बेसहारा छोड़ देना, मां का दिल कांपा तो जरूर था पर पिता के आदेश के आगे उस की एक न चली थी.
13 साल की उम्र, रुक्मिणी ने जोबन की दहलीज पर पांव रखा ही था, रूप और लावण्य उस के अंगअंग से बरसने को उतावला था. वह मां के साथ जंगल में किसी हिरनी की तरह फर्लागें भरती. आदिवासी समुदाय के लोगों का जल, जंगल और जमीन से अटूट वास्ता है.
जंगल के सारे पंछी और जानवर, डालपात, फलफूल उसे अपने ही लगते. वह पक्षियों की आवाज निकालती, हिरनों के पीछे भागती, बंदरों को चिढ़ाती और मस्ती में झूमती. पेड़ों पर चढ़ना, फलफूल तोड़ना, लकड़ी काटना उस की दिनचर्या का हिस्सा थे. वह खेतीबारी करने में भी मां का हाथ बंटाती.
एक दिन एक पक्षी की आवाज का पीछा करता, पास के गांव का लड़का किशना, वहां से गुजरा. पक्षी तो उसे कहीं दिखाई नहीं दिया पर अपनी ही धुन में मगन इक सुंदर लड़की पक्षियों की आवाज निकालती दिखाई दी.
अचानक जब रुक्मिणी ने पीछे देखा, किसी अनजान को खड़ा देख पहले तो वह सहम गई और फिर हिरनी के जैसे तेजी से भाग गई.
अब किशना रोज उस ओर निकल आता, पक्षी तो नहीं, पक्षियों की आवाज निकालने वाली की कशिश उसे खींच लाती, वह उसे पत्तों के झुरमुट से छिप कर देखता और आवाज सुनता. एक दिन उस ने उस से बात करने का मन बना लिया.
‘‘ऐ सुन, नाम क्या है तेरा?’’ ‘‘रुक्मिणी…’’ उस दिन न वह घबराई और न शरमाई, ‘‘तू क्यों इधर आया?’’
‘‘तू जो पक्षियों की आवाज निकालती है, वही मुझे खींच लाई.’’
‘‘अच्छी लगी तुझे ?’’ ‘‘हां, और तू भी.’’
वह कुछ शरमा गई और फिर जोर से खिलखिला कर हंस दी.
अब रोज ही दोनों की बातें होने लगीं. एक दिन भी एकदूसरे को न देखते तो कुछ अच्छा न लगता. दिल की तड़प और बेचैनियां बढ़ने लगीं.
प्यार छिपछिप कर करने का मजा ही अलग है. मां को कुछ और बताती पर किशना के साथ जंगल में घंटों अकेले दूर निकल जाती.
एक दिन किशना ने कह ही दिया, ‘‘ऐ रुकी, एक बात अपने दिल की तुझे बताऊं… तू रुक्मिणी और मैं किशना… मैं श्यामल और तू गोरी… जोरू बनेगी मेरी?’’
रुक्मिणी थोड़ा रुक कर बोली, ‘‘और मांबाबा…’’
‘‘तुम्हारे मां बाबा के साथ भी बात कर लूंगा… चल, हम दोनों आज ही मंदिर में ब्याह कर लेते हैं,’’ किशना ने कहा.
‘‘नहीं बाबा, ऐसे नहीं. हम तो मांबाबा की मरजी से ही ब्याह रचाएंगे.’’ ‘‘इस का मतबल, तू प्यार नहीं करती मुझ से?’’ ‘‘अरे, करती हूं रे, पर बाबा से डर लगता है.’’
‘‘कह न, तेरे बाबा से भी पूछ लूंगा,’’ और उस दिन मंदिर में दोनों ने हाथ पकड़ कर शिवलिंग के 7 चक्कर लगाए और एकदूसरे के हो गए,
शाम को रुक्मिणी जब घर लौटी तो मां ने पूछा, ‘‘इतनी देर कहां कर दी? यह गले में माला कैसी है… किस ने दी? ऐसी माला पहनने का मतलब भी जानती है? जिस के साथ ब्याह होता है, वही ऐसी माला पहनाता है.’’
रुक्मिणी ने कोई जवाब नहीं दिया, बस बकरी के बच्चे के साथ खेलती रही.
अब किशना जब भी रुक्मिणी से मिलता अपनी हवस मिटाता, पर मांबाबा से बात करने पर वह उसे टाल जाता, क्योंकि किशना गोंड और संथाल समुदाय की दुश्मनी से वाकिफ था और रुक्मिणी का बाबा कबीले का सरदार है इस बात को भी वह अच्छी तरह जानता था.
समय बीतने लगा और रुक्मिणी के पेट में एक नया जीव भी पलने लगा. मां की खोजी नजरों ने उस के पेट के उभरते आकार को देख भांप ही लिया और एक दिन उस को पास बुला उस का कुरता ऊपर उठा कर देखा, सिर पर हाथ मार कहा, ‘‘यह पाप की गठरी कहां से लाई? कौन संग मुंह काला किया?’’ और उस दिन मां ने उसे बहुत मारा. रोतेरोते उस ने मां को सारी बात बता दी.
इस के बाद मां ने रुक्मिणी का बाहर आनाजाना बंद कर दिया और उस के बाबा से बात की.
‘‘क्या कह रही हो तुम? वह जानती है कि संथाल संग गोंड समुदाय की बीसियों बरस पुरानी दुश्मनी चली आ रही है…
‘‘गए बरस घनश्याम की बेटी नैना ने भी अपनी मरजी से दूसरे कबीले में ब्याह किया, उसे भी हम ने कबीले से बाहर कर दिया. अब रुक्मिणी के लिए हम दूसरा फैसला कैसे ले सकते हैं.
‘‘कबीला हमारा पहला परिवार है और सरदार का फैसला सब के लिए समान होता है. अब यह हमारे घर में नहीं रह सकती.
दूसरी तरफ किशना ने अपने मांबाबा के सामने रुक्मिणी को अपनी औरत मानने से इनकार कर दिया, जो रुक्मणी पर दोहरा वार था. जिस के बच्चे की वह मां बनी वह भी उसे बीच राह में छोड़ कर चला गया. कहां जाए, क्या करे, कुछ खबर नहीं थी.
अगर रुक्मिणी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंगला दीदी का साथ न मिला होता, तो न जाने उस का क्या होता.
मंगला दीदी रुक्मिणी के जीवन में एक फरिश्ता बन कर आईं, उन्होंने ही उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया और उस की देखभाल की.
बस्ती के पास ही रुक्मिणी ने छप्पर डाल लिया था. मंगला दीदी का घर और दफ्तर पास में ही था.
मंगला दीदी के पति की 4 साल पहले एक हादसे में मौत हो गई थी, 2 छोटे बच्चों की जिम्मेदारी उन के कंधे पर आ पड़ी थी. एक नौकरी थी, इस बात का ही हौसला था उन्हें.
नन्ही पायल को सीने से लगाए लकड़ी काटना, सलीके से गट्ठर बांध, सिर पर रख नंगे पैर बाजार में ले जा कर बेचना और दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना, रुक्मिणी जीवन की गाड़ी को खींचने की कोशिश कर रही थी.
हिंदी पत्रिका की एक टीम गांव में घूम रही थी. पत्रिका के कवर पेज के लिए संपादक को एक ऐसी फोटो की जरूरत थी जो गांवदेहात या किसी मजदूरी करती औरत की हो.
रुक्मिणी लकडि़यों का गट्ठर सिर पर लाद नन्ही पायल को सीने से लगाए नंगे पांव बाजार लकडि़यां बेचने चल दी.
कैमरामैन की निगाह जैसे ही रुक्मिणी पर पड़ी उस ने रुक्मिणी की फोटो कैमरे में कैद कर ली और पत्रिका के कवर पेज पर चंद लाइनों के साथ छाप दी :
अपने कर्तव्यों को समर्पित,
औरत, जननी है,
कमजोर नहीं,
शक्ति है,
यही सृष्टि है.
कुछ दिन बाद आंगनबाड़ी दफ्तर के टेबल पर पड़ी पत्रिका देख मंगला अवाक रह गईं, ‘‘अरे, यह फोटो तो रुक्मिणी की है. इस की फोटो पत्रिका के कवर पर कैसे?’’
मंगला ने पत्रिका पर छपी तसवीर रुक्मिणी को दिखाई, ‘‘रुक्मिणी, यह कौन है?’’
‘‘अरे दीदी, यह तो हम हैं.’’ ‘‘देख तेरे बारे में क्या लिखा है.’’ ‘‘क्या लिखा है दीदी?’’
मंगला दीदी ने रुक्मिणी को उस तसवीर के साथ छपी लाइनों के बारे में समझाते हुए कहा, ‘‘अगर तू चाहे तो सबकुछ कर सकती है.’’
‘‘सच दीदी… पर मेरा साथ कौन देगा?’’ रुक्मिणी ने कहा.
‘‘मैं तेरा साथ दूंगी. और आज से तेरा नाम शक्ति है, मैं तुझे शक्ति नाम से ही बुलाऊंगी.’’
‘‘दीदी, आप मेरे मांबाबा से भी बढ़ कर हो,’’ और रुक्मिणी की आंखों से जलधारा बह निकली.
मंगला दीदी की सोहबत में रह कर रुक्मिणी कुछ पढ़नालिखना भी सीख गई और कुछ हिसाब करना भी. उस का रहनसहन भी बदलता जा रहा था.
धीरेधीरे पायल भी बड़ी होने लगी. मंगला दीदी के बच्चों का उसे साथ मिल गया था. मंगला दीदी ने ही रुक्मिणी को लकड़ी काटना छोड़ कर कुछ और काम करने की सलाह दी. वे 1-2 बार उसे शहर भी ले गईं, बाजार भी दिखा लाईं.
आदिवासियों के लिए जंगल ही उन की जीविका का स्रोत होता है, रुक्मिणी ने भी अपने नए काम की शुरुआत जंगल से ही की.
रुक्मिणी जंगल से बांस और नारियल के पत्तों को लाती. अब वह टोकरी चटाई, छाज, मूढ़े, झाड़ू और सजावटी सामान बनाने लगी. इन सब कामों को वह अपनी मां को करते देखती थी, इसलिए ज्यादा मुश्किल नहीं आई. अपने पैरों पर खड़े होने की जिद और सीखने की ललक उस में कूटकूट कर भरी थी, और जहां चाह हो, राहें निकल ही आती हैं.
1-2 दुकानदारों से बात कर मंगला दीदी ने रुक्मिणी का बना वह सामान शहर तक पहुंचा दिया.
काम की ज्यादा मांग होने पर रुक्मिणी 1-2 लड़कियों को काम पर रख लेती पर सामान समय पर भेजती.
आज रुक्मिणी 40 साल की हो गई, थोड़ा जमीन का टुकड़ा भी ले लिया, पायल भी 10वीं पास हो गई और मां के साथ काम में हाथ बंटाती है. अपने पुराने दिनों को याद रखने के लिए रुक्मिणी ने पत्रिका की वह फोटो काट कर कर अपने घर की दीवार पर लगा रखी है.
आज मंगला दीदी तो नहीं रहीं, पर उन की याद हमेशा रुक्मिणी की रहनुमाई करती है. उस ने मंगला दीदी द्वारा दिए गए नाम से ही शक्ति समूह बनाया है. आज इस संगठन में 30 लड़कियां काम करती हैं. जैसे मंगला दीदी ने उस के जीवन को एक नई दिशा दी वैसे ही वह दूसरों के लिए काम करने की कोशिश करती है.Story in Hindi
-मनजीत कौर ‘मीत’




