Parde ki Duniya-
राजपाल यादव ने पत्नी को बताया हीरा
चैक बाउंस मामले में कोर्टकचहरी के चक्कर काट रहे राजपाल यादव की मुसीबतें कम नहीं हो रही हैं. उन का चैक बाउंस केस मैसर्स मुरली प्रोजैक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है. घोर निराशा के इस समय में उन्होंने अपनी पत्नी के नाम एक भावुक संदेश लिखा है, जो इस तरह है, ‘…अगर मेरी जिंदगी में किसी का सब से बड़ा कर्ज है, तो वह है मेरी प्रिय राधा का. इस कर्ज को मैं हृदय से, खुशीखुशी हमेशा के लिए स्वीकार करता हूं और इस बात पर गर्व भी महसूस करता हूं कि तुम मेरी जिंदगी में आई.
‘जिंदगी की आपाधापी के हर मोड़ पर, हर मुश्किल घड़ी में, बिना आपा खोए, तुम ने मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा… सच में, तुम हमारे परिवार में एक हीरा हो.’
***
इब्राहिम और पलक हुए अलग
सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम और श्वेता तिवारी की बेटी पलक पिछले 3 साल से डेट कर रहे थे, पर अब सुनने में आया है कि उन्होंने आपसी रजामंदी से अलग होने का फैसला किया है. दोनों अब अपने कैरियर पर ध्यान देंगे.
आप को बता दें कि जब साल 2025 में श्वेता तिवारी से इस रिश्ते के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, ‘अब अफवाहों से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. इतने सालों में मैं ने समझ लिया है कि लोगों की याददाश्त सिर्फ 4 घंटे की होती है. उस के बाद वे उस खबर को भूल जाते हैं, तो फिर परेशान क्यों होना?
‘अफवाहों की मानें तो मेरी बेटी हर तीसरे लड़के को डेट कर रही है, और मैं हर साल शादी कर रही हूं. इंटरनैट के हिसाब से तो मेरी पहले ही 3 बार शादी हो चुकी है.’
***
दहशत का दूसरा नाम होगा भूमि पेडनेकर
अपनी पहली फिल्म ‘दम लगा के हईशा’ में एक आम गृहिणी का किरदार निभाने वाली भूमि पेडनेकर ने बाद में कई फिल्मों में शानदार एक्टिंग की और अब वे एक ऐसी फिल्म ला रही हैं, जो दर्शकों का खून सुखा देगी.
भूमि पेडनेकर की नई फिल्म ‘जानीदुश्मन : डर के आगे मौत है’ का ऐलान हुआ है जो एक हौरर फिल्म है. इस में डर, रहस्य और अलौकिक शक्तियों की कहानी देखने को मिलेगी. यह फिल्म अगले साल रिलीज हो सकती है.
श्रीलीला का बंपर धमाका
हाल ही में सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने बौक्स औफिस पर अच्छी कमाई की है. अब उन की नई फिल्म ‘धर्मन’ की भी चर्चा शुरू हो गई है. इस फिल्म से जुड़ी सब से बड़ी खबर यह है कि इस में हीरोइन श्रीलीला भी दिखाई देंगी, जो अभी महज 25 साल की हैं और रजनीकांत से तकरीबन 50 साल छोटी हैं.
याद रहे कि श्रीलीला ने फिल्म ‘पुष्पा 2 : द रूल’ में एक स्पैशल डांस नंबर ‘किसिक’ कर के महफिल लूट ली थी.




