Gahri Paith. लोकतंत्र और संविधान ने जो चीज जनता को दी है वह है शोर मचाने का हक. वैसे तो अंगरेजों ने भी यह हक हमेशा ही दिया वरना न बाल गंगाधर तिलक होते, न गोपाल कृष्ण गोखले और न महात्मा गांधी. जलियांवाला बाग जैसी घटनाएं इक्कादुक्की हुईं जब ब्रिटिश सरकार ने सभा करने वालों पर पुलिस से गोली चलवाई.
आज 2026 में यह हक छीना जा रहा है. दिल्ली जैसे शहर मेें ट्रैफिक और झगड़े का डर दिखा कर जलूस निकालने, जलसा करने, शोर मचाने, प्रोटैस्ट करने पर पुलिस गिरफ्तार कर लेती है और फिर सरकारी वकील की मानते हुए जज जमानत तक नहीं देते जबकि पकड़े गए लोगों ने न तोड़ाफोड़ की हो, न दंगा मचाया हो.
यह गांवकसबों तक हो रहा है. गरीब आदमी के पास आज यही तो एक हक है अपनी बात कहने का पर कलक्टर के दफ्तर के आगे भीड़ जमा हो तो पुलिस बुरी तरह पीट डालती है. 5 साल पहले दिल्ली में मुसलिम इलाकों में नए कानूनों पर जिन्होंने जलूस निकाला उन में से बहुतों को आज भी बंद कर रखा है.
गरीबों को आज कहीं भी शोर मचाने नहीं दिया जा रहा. उन के अखबार बंद हो गए. उन के पोस्टर दीवारों पर लगते हैं तो पुलिस जिस का नाम लिखा हो पकड़ ले जाती है कि उस ने शहर को बदसूरत बनाया चाहे उसी के बराबर राधेराधे के टेढ़ेमेढ़े अक्षरों में 20 बार लिखा हो या मोदी और मुख्यमंत्री का टेढ़ासीधा पोस्टर लगा हो.
गरीब की आवाज जो महात्मा गांधी ने बुलंद करवाई थी आज बंद हो गई है. उस की जगह सरकारी नारों या धर्म की दुकानों की भरपूर लूट है. नेताओं के पोस्टर
लग सकते हैं, कार वाले अपनी कारों के विज्ञापन जगहजगह खरीद कर लगा सकते हैं पर गरीब, किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा, डिलीवरी बौय का मुंह बंद कर दिया गया है.
रहीसही कसर मोबाइल ने पूरी कर दी है. गरीब मोबाइल पर इतना चिपका रहता है कि उसे अपना दर्द कहने की फुरसत ही नहीं. वह तो नचनियों को देख कर मस्त रहता है चाहे घर में फाके पड़ें या बीमारी से कोई मरे. यही भारत की असल तसवीर है.Gahri Paith




