Story. हेडमास्टर बहुत दुखी थे. उन का सिर झुका हुआ था. वह बोले, ‘‘टेस्ट में तुम्हारी दूसरी पोजीशन है… निराश मत होना. बोर्ड के इम्तिहान असली कसौटी हैं. तुम अव्वल आओगी. जाओ, मेहनत करो.’’

‘‘सर, मैं हर साल क्यों दूसरी पोजीशन पर फेंक दी जाती हूं?’’

‘‘मैं स्कूल में नौकर हूं. पंडित मोहन लाल मालिक हैं. विनीता उन की बेटी है. वह फर्स्ट आई नहीं है, उसे यह पोजीशन दी गई है. मैं मजबूर हूं. पर बोर्ड में उन की नहीं चलेगी. मेरा सिर झुका है… तुम ही उसे उठाओगी.’’

हेडमास्टर साहब जानबूझ कर जातपांत की बात टाल गए थे.

मैं सोचने लगी, ‘वह करें भी तो क्या करें? मुझे स्कूल से निकाल देने का हुक्म था उन्हें. ममता स्कूल को गंदा कर देगी. जाति की मानमर्यादा भंग करेगी.

‘पर वह हुक्म टालते रहे. धर्म से उपजी गालियां झेलते रहे. स्कूल से निकाली न जाऊं, इसलिए हमेशा मुझे दूसरी पोजीशन देते रहे.’

मैं अपनी पीड़ा पी गई. अपने में नई ताकत पैदा की और बोर्ड के इम्तिहान की तैयारी में लग गई.

बापू ने काम का बोझ बढ़ा लिया. उन्हें पैसे की चिंता थी. वह अकसर कहते, ‘‘सोने चली है क्या? अभी दीए में काफी तेल है. यह जूता जब तक सिलता हूं, तू भी बैठ… कुछ देर और पढ़ ले.’’

नतीजा अच्छा निकला. चमनगढ़ का नाम चमका. एक दलित बाला क्लास में सब से ऊपर थी.

आगे की पढ़ाई के लिए मैं शहर जा रही थी. बापू ने सीख दी, ‘‘बेटी, अपने सुखदुख को चुपचाप सह लेना. ताने सुन लेना. गुस्सा न करना, जंग जीत कर आना… समाज का मौसम बदलना चाहता है. झोंपड़ीझोंपड़ी धूप खिलना चाहती है, सब्र रखना. बदलाव की एक कड़ी तुम भी बनना…’’

बीए का मेरा आखिरी साल था. उस दिन मुझे समाजशास्त्र की क्लास में ‘समाज और धर्म’ पर लेख पढ़ना था. प्रोफेसर सत्यकाम तिलक लगाए बैठे थे.

मैं अपना लेख पढ़ने लगी, ‘‘धर्म अपना असली रूप खो चुका है. धर्म पाखंड हो गया है. काम कारोबार हो गया है. आदर्श बहुत पीछे छूट गए हैं. स्वर्ग का रास्ता दक्षिणा में है. काशी करवट में है, सती होने में है. छुआछूत में है, जातपांत में है. जनेऊ बंधन में है, संस्कार जाति में है… यहां धर्म नहीं. पंडित ज्ञानी नहीं. धर्म के नाम पर पाखंड ने समाज को गंदा कर दिया है…’’

मैं अपना लेख पूरा पढ़ भी नहीं पाई थी कि प्रोफेसर सत्यकाम चीखे, ‘‘बंद करो यह बकवास. ममता, तुम धर्म

को नहीं मानती हो क्या? उग्रवादी हो क्या? नास्तिक रूस का हाल देखा? टुकड़ेटुकड़े बिखर गए. रूस के टूटने से सीख लो. अभी भी वक्त है. नास्तिकता से उबरो, धर्म की राह पर चलो.’’

मैं चुप रह गई, पर मेरा दिल प्रोफेसर सत्यकाम से पूछ रहा था, ‘बताओ सत्यकाम, छोटी जातियों का दमन धर्म है? क्या नई ब्याहता की डोली ‘आशीष’ के लिए हवेली पर उतरवाना धर्म है? हमारी जाति के लोगों के गले में घंटी टांगना धर्म है? सत्यकाम, तुम्हारा झूठ भी सच हो जाता है. धर्म के नाम पर तुम कोई भी अधर्म कर सकते हो, लेकिन कब तक?’

मेरे सवालों का उन के पास कोई जवाब नहीं है, मैं यह जानती थी. उन की आंखों पर पाखंड का चश्मा चढ़ा था, वह भी 5 हजार साल पुराना.

नए आए प्रोफेसर घनश्याम की वह पहली क्लास थी. वह पसीने से तरबतर थे. घबराहट पर काबू पाने की कोशिश करते रहे. स्मार्ट बनते हुए मुझ से पूछा, ‘‘ममता, कोई सवाल पूछना है?’’ ‘‘नहीं, पर एक बात कहनी है सर.’’

‘‘कहो.’’ ‘‘सर, आप अकबर के बारे में पढ़ा रहे हैं, लेकिन नाम बाबर का ले रहे हैं.’’

पूरी क्लास में हंसी फूट पड़ी. घनश्यामजी झेंप गए. क्लास खत्म होने पर उन्होंने मुझ से पूछताछ की, ‘‘कहां की रहने वाली हो?’’ ‘‘सर, चमनगढ़ की…’’

‘‘इसीलिए तुम को बात करने की तमीज नहीं. चमनगढ़ के पास ही मेरा गांव है बामन टोला. चमनगढ़ वालों को मैं अच्छी तरह जानता हूं. उन की तरह तुम भी ढोल पीटना जानती हो. क्लास खत्म होने के बाद तुम मुझे मेरी गलती नहीं बता सकती थीं? अरे, पढ़लिख गई हो, कुछ तो अच्छे संस्कार सीखो. मेरे पिता पंडित मोहन लाल तो तुम जैसों से बात करना भी पाप समझते हैं…’’

मैं ने कोई जवाब नहीं दिया. ताने के रूप में दी गई सलाह भी सुन ली. उन की बातें उन के संस्कारों की कोख से उपजी थीं. उन के संस्कारों के मुताबिक हम लोग इनसान नहीं थे.

घनश्याम ने उस दिन के बाद से मुझ से बात करना बंद कर दिया. वैसे भी वे द्रोणवंशी थे. मुझे अपनी शिष्या मान कर असल में वह एकलव्य का अंगूठा कटवा लेने वाले द्रोण की बेइज्जती कर रहे थे.

आईएएस के इम्तिहान का वह पहला दिन था. मैं इम्तिहास के सेंटर पहुंची. वहां घनश्यामजी मिल गए. उन्हें नमस्कार किया, पर वह कुछ बोले नहीं. मुंह फेर लिया.

इम्तिहान दे कर मैं बाहर निकली. गेट पर प्रोफेसर सत्यकाम स्कूटर लिए खड़े थे.

‘‘तुम आईएएस का इम्तिहान दे रही हो?’’ उन्होंने पूछा. ‘‘हां.’’

इसी बीच वहां घनश्यामजी पहुंच गए. हीनता उन के दिमाग में उफन रही थी. वह बोल पड़े, ‘‘यह तो 30 फीसदी भी ला कर आईएएस हो जाएगी. असली इम्तिहान तो हम लोगों का होता है.’’

मैं चुप न रह सकी, बोली, ‘‘सर, आप भरम में हैं. इस इम्तिहान में क्या, मैं ने किसी भी इम्तिहान में अपनी जाति का फायदा नहीं उठाया. मैं जाति प्रथा नहीं मानती.’’

दोनों प्रोफेसर चुपचाप खिसक गए. मैं दुखी हो उठी. बापू की सीख भूल गई कि सचाई बताने की जरूरत नहीं होती. वह तो खुद उजागर होती है. खैर, मैं आईएएस के इम्तिहान में कामयाब रही. घनश्यामजी फेल हो गए.

नौकरी पर जाने के पहले चमनगढ़ पहुंची. बापू खुशी से निहाल थे. हेडमास्टर साहब तो बारबार रो पड़ते. फूलन चाचा ने ढोल पकड़ लिया, महफिल जम गई. पूरा चमनगढ़ गा उठा, ‘उगतई सूरजवा मोरे अंगनवा…’

उधर पंडित मोहन लाल मंदिर में बांच रहे थे, ‘‘एक और छोटी जाति की लड़की आईएएस बन गई है. संस्कारहीन को हक मिल गया. अरे, इस से अच्छा तो अंगरेजों का राज था, तब कुलीन लोग ही नौकरी के हकदार थे.

‘‘अंगरेजों का राज गया, जनतंत्र आया. धर्मजाति की मर्यादा पर अब रोज चोट पड़ती है. घोर कलयुग आ गया. अब सूखा पड़ेगा, बाढ़ आएगी, लोग मरेंगे. कोई बचाने वाला नहीं होगा…’’

सूदन मामा ने पंडितजी को बीच में ही टोक दिया, ‘‘आप ही तो कहते थे कि जबजब धर्म की हानि होती है, भगवान अवतार लेते हैं. बुलाइए किसी अवतार को. बजाइए अपना धर्म शंख, बचाइए अपनी जाति, संस्कार… बचाइए अपना…’’

पंडितजी इस बात को बरदाश्त न कर पाए. एकदम उबल पड़े. उन की पवित्र खड़ाऊं सूदन मामा पर बरसने लगी.

मामा लहूलुहान हो कर चमनगढ़ लौटे. उन्हें देख कर मैं रो पड़ी. तभी लखन चाचा की पुकार सुनाई दी, ‘‘अरे, उत्तरी बांध टूट गया… बामन टोला में पानी घुस गया… भागने की तैयारी करो… चलो, कर्ण के टीले पर… चलो, जल्दी चलो…’’

गांव में भगदड़ मच गई. सारे लोग कर्ण के ऊंचे टीले पर पहुंच गए. टीले पर से मैं बाढ़ के पानी का उफान देखने लगी. सहम गई. दूर एक नाव दिखी, भंवर में फंसी. उस नाव पर पंडित मोहन लाल और उन का पूरा परिवार बैठा था.

नाव धीरेधीरे गहरे पानी की ओर बढ़ती जा रही थी. घनश्यामजी के हाथ से पतवार छूट गई थी. पंडिताइन और विनीता चीख रही थीं.

पंडितजी ‘हरहर गंगे’ नहीं रट रहे थे. गंगा आज उन्हें माता नहीं, विमाता लग रही थी. वैसे भी वह किसी देवीदेवता में श्रद्धा नहीं रखते थे, सब दिखावे के लिए करते थे. साहूकारी का धंधा था, गहने बंधक रखते और सूद पर रुपया देते.

उन के कर्ज के भंवर से न कभी कोई गहना मुक्त होता और न कर्जदार. वही पंडितजी परिवार समेत गंगा के भंवर में फंस चुके थे. अब वे भंवर के बंधक थे.

पंडितजी की खड़ाऊं से घायल सूदन मामा ने हल्ला किया, ‘‘पंडितजी की नाव उलट गई है. उन को और उन के परिवार को बचाना होगा. चलो राधे, चलो हरिया…’’

राधे चाचा उबल पड़े, ‘‘उन्हें डूब जाने दो. वे द्रोणवंशी हैं… वे क्यों कर्ण के टीले पर शरण लेंगे? फिर हमारे छूने से उन का धर्म भ्रष्ट हो जाएगा. उन्होंने ही तो कहा था कि बाढ़ आएगी, लोग मरेंगे, कोई बचाने वाला नहीं होगा. हम उन की बात को क्यों झुठलाएं?’’

सूदन मामा पानी में कूदते हुए बोले, ‘‘पंडित की तरह मत बोल राधे.’’

इस के बाद फूलन चाचा, राधे चाचा, हरिया, रमना, बिजना के साथ मैं खुद भी पानी में उतर गई.

उफनती गंगा में तैरनानहाना मेरा शौक था, वही काम आ गया. विनीता को मैं बचा लाई कर्ण के टीले पर. पंडित, पंडिताइन और घनश्यामजी भी बचा लिए गए.

उस दिन मैं ने कर्ण के टीले पर कुछ द्रोणों को पिघलते देखा. Story

-दिलीप कुमार तेतरवे

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...