Hindi Story. जैसे ही यमुना देवी बाहर निकलीं, पुलिस की एक जीप ठीक घर के सामने आ कर रुकी. उस में से एक महिला पुलिस अफसर व उस के साथ 2-3 पुलिस वाले भी उतरे. साथ में थी यमुना देवी की बहू प्रमिला.

यमुना देवी घबरा उठीं. बहू तो अपने मायके गई हुई थी. पुलिस के साथ कैसे? उन्हें शक हुआ.

महिला पुलिस अफसर आगे बढ़ कर बोलीं, ‘‘यमुना देवी का मकान यही है?’’ ‘‘हां साहब, यही है. मैं ही यमुना देवी हूं.’’

‘‘ओह, तो आप हैं,’’ प्रमिला को दिखाते हुए उन्होंने पूछा, ‘‘यह आप की बहू है?’’ ‘‘हां साहब.’’

‘‘इस ने आप के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है कि आप ने इस को घर से निकाल दिया.’’ ‘‘यह बात तो झूठी है साहब. मैं भला क्यों निकालूंगी?’’ यमुना देवी जरा पिघल कर बोलीं.

‘‘यानी तुम्हारी बहू झूठी है. चलो, गाड़ी में बैठो,’’ जब पुलिस महिला अफसर ने यह बात कही, तब यमुना देवी घबरा उठीं.

वह हाथ जोड़ते हुए बोलीं, ‘‘साहब, सच कहती हूं. मैं ने अपनी बहू को नहीं निकाला. यह अपनी मरजी से मायके गई थी.

‘‘बुढि़या, तुझे झूठ बोलते शर्म नहीं आती,’’ डांटती हुई पुलिस महिला अफसर बोलीं, ‘‘तू इसे दहेज के लिए बारबार सताती रहती थी. सताती थी कि नहीं…

‘‘अरे बोलती क्यों नहीं? तेरी चुप्पी इस बात का सुबूत है कि तू इसे दहेज के लिए परेशान करती थी. यह बेचारी मायके दहेज लेने गई, फिर नहीं आई. चल थाने.’’

‘‘नहीं साहब, मुझे मत ले जाओ,’’ हाथ जोड़ कर यमुना देवी बोलीं. ‘‘तब बहू को बहू की तरह क्यों नहीं रखती हो? तुम्हारी कोई बेटी है?’’

‘‘हां, है.’’ ‘‘कितनी हैं?’’ ‘‘2 हैं साहब.’’ ‘‘दोनों की शादी कर दी?’’ ‘‘जी हां.’’

‘‘क्या उन के ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते हैं?’’ ‘‘नहीं करते.’’

‘‘तो तू अपनी बहू को दहेज के लिए क्यों परेशान करती है?’’ ‘‘नहीं… मैं बिलकुल परेशान नहीं करती.’’

‘‘झूठ मत बोल. सच बता कि तू दहेज के लिए परेशान करती है कि नहीं?’’ ‘‘अब… समधीजी अपनी मरजी से दे देवें तब…’’

‘‘किसी बेटी के बाप को तुम मजबूर करोगे, तब वह अपनी बेटी की खुशी के लिए मजबूरीवश देगा ही न, इसलिए झूठ मत बोल. अपना अपराध कबूल कर ले,’’ कह कर महिला पुलिस अफसर ने जब दबाव डाला, तब यमुना देवी की हालत पतली हो गई. इधर महल्ले के सारे लोग इकट्ठा हो कर यह तमाशा देख रहे थे.

यमुना देवी बोलीं, ‘‘माफ करो साहब, अब कभी परेशान नहीं करूंगी.’’

‘‘करोगी, जरूर करोगी. लालच आखिर जाएगा नहीं. जब तक तुम जैसी औरतें इस समाज में हैं, तब तक तुम दहेज के लिए अपनी बहुओं को सताती रहोगी… क्यों, सताओगी कि नहीं?’’

यमुना देवी कोई जवाब नहीं दे पाईं. एक अपराधी की तरह चुपचाप खड़ी रहीं.

महल्ले वालों के सामने यमुना देवी का जो अपमान हो रहा था, उस से वह मन ही मन शर्मसार हो रही थीं. बहू पर भीतर ही भीतर इतना गुस्सा आ रहा था कि उस की चोटी पकड़ कर महल्ले में घुमाएं, मगर कानून के आगे वह बेबस थीं.

महिला पुलिस अफसर बोलीं, ‘‘चलो, जीप में बैठो. तुम ने अपराध कबूल कर लिया. तुम्हारे नाम अदालत में मुकदमा दायर होगा. फिर काटती रहना अदालत के चक्कर.’’

‘‘मुझे माफ कर दो,’’ यमुना देवी गिड़गिड़ाती हुई बोलीं. ‘‘सरकार ने दहेज का जो कानून बनाया है, उस से अब बच नहीं सकोगी. मुकदमा चलेगा. वह भी न जाने कितने सालों तक. कोर्टकचहरी के चक्कर लगालगा कर तुम परेशान हो जाओगी. तब पता चलेगा बहू को दहेज के लिए सताना कितना महंगा पड़ा,’’ महिला पुलिस अफसर ने अपना बोलना जारी रखा, ‘‘तुम अपराधी हो, इसलिए जीप में बैठो और थाने चलो. और प्रमिला, तुम जाओ घर के भीतर. तुम्हें जब कचहरी बुलाएंगे, तब आना.’’

प्रमिला भीतर जाने लगी, तो यमुना देवी बोलीं, ‘‘बहू, यह तुम ने क्या किया?’’ ‘‘मैं ने वही किया, जो एक बहू को करना चाहिए,’’ प्रमिला ने अकड़ कर जवाब दिया.

‘‘देख बहू, यह रिपोर्ट वापस ले ले.’’ ‘‘वापस ले लूं. अम्मांजी, कितना सताया है तुम ने?’’

‘‘अब नहीं सताऊंगी बहू.’’ ‘‘मैं कैसे मान लूं कि आप नहीं सताएंगी. आप सताएंगी, जरूर सताएंगी.’’

‘‘क्यों घर को तमाशा बना रही हो बहू… देखो, महल्ले वाले हमारा मजाक उड़ा रहे हैं.’’

‘‘आप भी तो मेरे साथ तमाशा कर रही थीं.’’ ‘‘जो कुछ हुआ, उसे भूल जाओ. यहां महल्ले में हमारी कितनी बेइज्जती हो रही है.’’

‘‘आप जब मेरी बेइज्जती करती थीं, उस समय खयाल नहीं आया,’’ कह कर प्रमिला भीतर चली गई.

इस समय उस के ससुर दफ्तर में, तो पति तरुण एक रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे, इसलिए घर में यमुना देवी के अलावा कोई नहीं था.

दरअसल, उस ने यह सारा तमाशा यमुना देवी के लिए किया था.

यमुना देवी भी प्रमिला के साथ भीतर जाना चाहती थीं, मगर महिला पुलिस अफसर रोकते हुए बोलीं, ‘‘रुक जाइए अम्मांजी, आप की जगह अब घर में नहीं, जेल है. चलिए, मेरे साथ.’’

‘‘मैं हाथ जोड़ती हूं. अब बहू को कभी नहीं सताऊंगी,’’ हाथ जोड़ कर यमुना देवी बोलीं.

‘‘यह तो कचहरी का मामला बन चुका है. अब तो कचहरी में ही फैसला होगा. आप चलती हैं कि जबरन जीप में बैठाऊं,’’ महिला अफसर की आवाज में आदेश था.

यमुना देवी बोलीं, ‘‘ठीक है, आप मुझे ले जाना चाहती हैं, मैं जाने को तैयार हूं. मगर मुझे एक बार घर में जाने की इजाजत दे दो.’’

‘‘ठीक है, आप घर में हो कर आइए. तब तक मैं जीप में आप का इंतजार करती हूं.’’

यमुना देवी घर के भीतर चली गईं. महिला पुलिस अफसर जीप में आ कर बैठ गईं. महल्ले वाले आसपास खड़े हो कर मजा ले रहे थे. इस समय यमुना देवी का गुस्सा भीतर ही भीतर सातवें आसमान पर था, मगर पुलिस और कानून के आगे वह बेबस थीं. इधर सारी भीड़ यमुना देवी को कोस रही थी. जब वह बाहर निकलीं, उन के हाथ में बैग था. वह जीप में पीछे बैठ गईं. क्षणभर में ही जीप धूल उड़ाती हुई चल दी.

जीप अभी कुछ ही दूर गई थी कि अचानक उस महिला पुलिस अफसर ने जीप रोक दी. फिर वह बोलीं, ‘‘अम्मांजी, थाने में जाने के पहले एक बार फिर सोच लीजिए.’’

‘‘क्या?’’ यमुना देवी बोलीं. ‘‘आप बहू के खिलाफ मुकदमा लड़ेंगी… या फिर समझौता कर इस मामले को यहीं रफादफा करेंगी,’’ उस अफसर ने पूछा.

‘‘मैं मुकदमा वगैरह नहीं लड़ना चाहती…’’ ‘‘तो ठीक है, आप 10 हजार रुपए दे दें. तुम्हारी बहू की शिकायती अर्जी तुम्हारे सामने फाड़ती हूं,’’ महिला पुलिस अफसर अपना रोब जमाते हुए बोलीं.

यह सुन यमुना देवी ऊपर से नीचे तक कांप उठीं. कुछ देर बाद महिला पुलिस अफसर फिर बोलीं, ‘‘क्या सोचा है आप ने? मुकदमा लड़ना है… या मामले को यहीं रफादफा करना है? आखिरी मौका दे रही हूं.’’

‘‘मैं मुकदमा नहीं लड़ना चाहती हूं,’’ कह कर बैग में से 10 हजार रुपए की गड्डी निकाल कर उस महिला अफसर को पकड़ा दी.

महिला पुलिस अफसर ने बैग में रुपए रख अर्जी निकाली और उसे फाड़ कर वह बोलीं, ‘‘ठीक है, बहू को परेशान मत करना.’’

‘‘नहीं करूंगी… अब जाऊं,’’ हाथ जोड़ती हुई यमुना देवी बोलीं. ‘‘हां, जाओ.’’

यमुना देवी जीप से उतर गईं. महिला पुलिस अफसर ने जीप स्टार्ट कर दी. जीप अभी कुछ दूर ही चली थी कि एक महिला पुलिस ने पूछा, ‘‘मैडम, यह क्या किया आप ने?’’

‘‘वही किया, जो एक पुलिस अफसर को करना चाहिए.’’

‘‘मगर आप ने बहू से भी रिपोर्ट लिखाने के पैसे ले लिए और सास से भी.’’

‘‘पुलिस के इस जंगल के कानून को ये लोग नहीं समझते हैं, इसलिए हम लोग अपने तरीके से अपना काम करते हैं… समझी?’’

‘‘समझ गई मैडम,’’ फिर उन दोनों के बीच कोई बात नहीं हुई. जीप थाने की ओर दौड़ती जा रही थी. Hindi Story

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...