Humor. मिस सेजल की उम्र 30 पार हो चुकी थी, लेकिन उन की शादी नहीं हुई थी. जब वे 17-18 साल की थीं, तब महल्ले के तकरीबन सारे लड़के उन के ऊपर फिदा थे. आतेजाते मुसकराते और उन को लव लैटर देते थे. उन को देख कर आहें भरते थे, लेकिन मिस सेजल किसी को भाव नहीं देती थीं.
मिस सेजल जब कालेज जाती थीं, तो कितने ही आवारा और मजनू किस्म के लड़के उन को देख कर मुस्कुरा कर मरमर जाते थे, लेकिन वे पलट कर देखती तक नहीं थीं.
इस वजह से मिस सेजल के बारे में धीरेधीरे महल्ले के लड़कों में यह बात फैल गई कि वे बहुत हद तक नकचढ़ी हैं और आसानी से किसी के हाथ नहीं आने वाली हैं.
जब मिस सेजल 24-25 साल की हुईं, तो उन के मांबाप को उन की शादी की चिंता हुई. मिस सेजल के पिताजी पड़ोसियोंरिश्तेदारों वगैरह के कहने पर इधरऊधर लड़का देखने जाते थे, लेकिन मिस सेजल को तो अपने सपनों का राजकुमार चाहिए था, जो लाखोंकरोड़ों में एक हो.
मिस सेजल अपने मांबाप की एकलौती औलाद थीं. मांबाप ने उन को बड़े नाजों से पाला था. उन की हर बात मांबाप मानते थे.
मिस सेजल के लिए जब लड़का देखने की शुरुआत हुई, तो लड़के वालों के लिए उन की बहुत सी शर्तें थीं. यह इतिहास में शायद पहली बार हो रहा था कि एक लड़की की शर्तों पर शादी होनी थी. और जो इन शर्तों को पूरा करता, वही मिस सेजल का पति बनता.
मिस सेजल ने शादी को कभी गंभीरता से नहीं लिया. आसपड़ोस, नातेरिश्तेदार सब लोग 30 की उम्र होने के बाद जोर देने लगे, लेकिन मिस सेजल के कान पर जूं नहीं रेंग रही थी. वे पहले कैरियर बनाना चाह रही थीं. इसी खब्त में उन के शादी के दिन निकलने लगे.
मिस सेजल को लगता था कि शादी ही तो है, कोई बहुत बड़ी चीज तो है नहीं. ताजमहल नहीं है, जिस को बनवाने में 20 साल लगे थे. पलक झपकते ही हो जाएगी. कामयाब होने के बाद तो लोग उन के आगेपीछे शादी करने के लिए घूमेंगे.
खैर, इसी उधेड़बुन में समय निकलता रहा. मिस सेजल का न तो कैरियर बन सका, न ही शादी ही हो सकी. लिहाजा, उन को भी लगा कि चलो कैरियर तो न बना सकी, अब शादी कर ही लेनी चाहिए.
लेकिन मिस सेजल ऐसीवैसी लड़की नहीं थीं. वे व्यवस्था से टकराने वाली और कुछकुछ क्रांतिकारी थीं. उन्होंने कानून की पढ़ाई की थी. लिहाजा, उन के खून में हमेशा गरमी रहती थी.
मिस सेजल की शादी के लिए बहुत सी शर्तें थीं, जैसे लड़का पानबीड़ी, सिगरेट, तंबाकू जैसी किसी नशीली चीज का सेवन न करता हो. शराबियों से तो मिस सेजल को सख्त नफरत थी.
इतना ही नहीं, लड़का अकेला होना चाहिए यानी उस के कोई भाईबहन नहीं होने चाहिए. लड़का गांव में नहीं रहता हो, बल्कि शहर में रहता हो. घर अच्छा होना चाहिए, फिल्मी दुनिया में लगाए गए सैटों की तरह. घर अच्छी जगह पर होना चाहिए. लड़का गोराचिट्टा होना चाहिए. लड़के की कमाई 20-25 लाख रुपए सालाना होनी चाहिए. मतलब, लड़का लाखों में एक नहीं, बल्कि करोड़ों में एक हो.
मिस सेजल की और भी कई छोटीबड़ी शर्तें थीं, जैसे शादी के बाद मिस सेजल को खाना बनाना, कपड़े धोना, बरतन मांजना, घर की साफसफाई करना न पड़े. उन को तो कदमकदम पर नौकरचाकर दिखने वाला घर चाहिए था.
इस के अलावा शादी के तुरंत बाद मिस सेजल को मां नहीं बनना था. 5-7 साल के बाद ही वे मां बनना चाहेंगी. वे बच्चे को अपना दूध पिलाना पसंद नहीं करेंगी, बल्कि डब्बे का दूध पिलाएंगी… और भी बहुतकुछ.
जब अब मिस सेजल 35 की नहीं, बल्कि 40 साल की हो गई हैं और उन की डिमांड के मुताबिक लड़का नहीं मिल रहा है, तो उन के मांबाप ने स्वयंवर का आयोजन किया है. जो लोग मिस सेजल की शर्तों के साथ शादी करना चाहते हैं, वे तुरंत संपर्क करें.
इस स्वयंवर की घोषणा हुए भी 2 साल बीत गए हैं, लेकिन किसी ने स्वयंवर में आने का कष्ट नहीं उठाया. लिहाजा, औनलाइन आवेदन भेजने की तारीख को अगले 5 साल के लिए बढ़ा दिया गया है.




