Honor Killing . बिहार के छपरा से लखनऊ के गोमतीनगर आने वाली ‘गोमतीनगर एक्सप्रैस’ ट्रेन में एक लड़की की सिरकटी लाश मिलने के बाद सनसनी मच गई थी. वह लाश एक बक्से में रखी गई थी. गोमतीनगर से छपरा तक के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो जो खुलासा हुआ, वह हैरान करने वाला था.
दरअसल, एक पिता ने ही अपनी 16 साल की बेटी को मारा था, जो अपनी 2 बेटियों के प्रेम विवाह से पहले से नाराज था. तीसरी बेटी भी किसी के प्रेम में थी. इस बात से बौखलाए पिता ने बेटी को मार कर उस के टुकड़ेटुकड़े कर दिए.
मामला कुछ यों है कि सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट मुस्तकिल गांव के टोला जयपुर का रहने वाला बिग्गन अंसारी ईरिकशा चलाता था. उस की 3 बेटियां और 2 बेटे थे. 2 बेटियों ने पहले ही लव मैरिज कर ली थी, जबकि तीसरी बेटी भी किसी लड़के से बात करती थी. बिग्गन अंसारी ने बेटी को कई बार समझाया, पर वह नहीं मानी.
जब बिग्गन अंसारी को पुलिस हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई, तो उस ने बताया कि अपनी बेटी के लगातार बागी रुख को देखते हुए उस ने उस की हत्या की साजिश रची थी.
इस कांड से 5 दिन पहले उस ने अपनी पत्नी और दोनों बेटों को एक रिश्तेदार के घर भेज दिया था. घर पर तीसरी बेटी और बूढ़ी मां थीं. फिर बिग्गन ने 16 मई को अपनी बहन नूरजहां और बहनोई मजबुल्लाह को बुलाया, उन्हें अपनी साजिश की जानकारी दी और वे भी लड़की की हत्या की साजिश में शामिल हो गए.
इस के बाद बिग्गन ने अपनी बेटी को 16 मई की शाम मार डाला, फिर किसी धारदार हथियार से उस की लाश के कई टुकड़े कर दिए और बेटी के सिर को गांव के तालाब में फेंक दिया. लाश के बाकी हिस्से को पुराने कपड़े और प्लास्टिक में लपेटा, उन्हें एक बक्से में रखा.
इस के बाद वे तीनों ईरिकशा से तमकुहीराज रोड स्टेशन पहुंचे और उन्होंने छपरागोमतीनगर एक्सप्रैस ट्रेन के स्लीपर कोच एस-1 में बक्से को ठिकाने लगा दिया. पर उस एसी कोच में लगे सीसीटीवी कैमरे में उन सब की तसवीर कैद हो गई. उस फुटेज की मदद से बिग्गन अंसारी को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस की सख्ती के आगे बिग्गन अंसारी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया और उस की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से तालाब से कटा हुआ सिर बरामद किया गया. साथ ही, हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए.




