Filmi Story: फिल्म ‘हेरीफेरी’ में अक्षय कुमार के किरदार राजू को तिकड़मबाज दिखाया गया था जो किसी भी तरीके से अमीर बनना चाहता है. अब इस फिल्म के डायरैक्टर प्रियदर्शन ने कहा है कि अक्षय कुमार असली जिंदगी में भी राजू जैसा शैतान है, जो पैसों के पीछे पागल है.
एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने बताया कि पहले फिल्मों में एक्शन सीन करने का ही मौका मिला था, इतना शैतान और पैसों के पीछे पागल राजू के जैसा किरदार कभी नहीं मिला. यही कारण था कि मैं ने राजू को चुना. इस पर डायरैक्टर प्रियदर्शन ने कहा कि अक्षय कुमार असल जिंदगी में भी ‘राजू’ जैसे ही शैतान हैं और पैसों के पीछे पागल हैं. याद रहे कि तकरीबन 25 साल लंबे गैप के बाद अक्षय कुमार और
डायरैक्टर प्रियदर्शन एकसाथ दर्शकों को हंसाने के लिए ‘भूत बंगला’ फिल्म ले कर आ रहे हैं.
मोनालिसा को धमकी
महाकुंभ में माला बेचने की रील से फेमस हुई नीली आंखों वाली मोनालिसा को अचानक से एक फिल्म मिली और वे लगातार सुर्खियों में बनी रहीं. फिलहाल वे अपनी शादी को ले कर चर्चा में हैं.
दरअसल, मोनालिसा ने कुछ दिन पहले ही फरमान खान के साथ भाग कर शादी की थी. अब दोनों ने कहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है और वे सिक्योरिटी चाहते हैं. दोनों ने सरकार से गुहार लगाई है. मोनालिसा और फरमान दोनों ने मदद की अपील करते हुए कहा, ‘मैं यह वीडियो एक लैटर के साथ सभी को मेल कर रही हूं तो प्लीज हमारी मदद करो… हमें खुलेआम जान से मारने और काटने की धमकी दी जा रही है.’
नोरा फतेही के गाने पर बवाल
हिंदी फिल्मों में आइटम डांसर बन कर नोरा फतेही ने खूब नाम कमाया है, पर अब उन के एक गाने पर बवाल हो गया है, इतना ज्यादा कि उसे यूट्यूब से भी हटा दिया गया है. नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ फिल्म ‘केडी– द डेविल’ का है, पर इस गाने के बोल और डांस को ले कर लोगों ने कड़ा एतराज जताया. इस गाने के बोल को बेहूदा और डबल मीनिंग बताया. साथ ही, गाने की कोरियोग्राफी को भी भड़काऊ करार दिया.




