Story. आतंकवाद की आग में अपने शौहर को खो कर बेवा बनी उस बुढि़या पर जैसे सारा जमाना ही आतंकवादी बन कर टूट पड़ा. आखिर इंसाफ कहां है? अगर इंसाफ कहीं है, तो उसे पाने के लिए बुढि़या को अपनी बेटियों के जिस्म का सौदा क्यों करना पड़ा?

दिल्ली की यह मेरी पहली यात्रा थी. यहां पहुंचने से पहले मन में बहुत उत्साह था. राजधानी की ऐतिहासिक जगहों को देखने का प्रोग्राम था.

जैसे ही मैं प्लेटफार्म पर उतरा, एक बूढ़ी भिखारिन मेरे पास चली आई और कटोरा आगे बढ़ाते हुए बोली, ‘‘बेवा पर रहम करो बाबू.’’

‘‘चल हट… तुझे और कोई काम नहीं है,’’ कहते हुए मैं आगे बढ़ने लगा.

‘‘हमें यों न ठुकराओ हुजूर,’’ उस की आवाज में गिड़गिड़ाहट थी.

‘‘और क्या तेरी आरती उतारूं? कमा कर खाना सीख, कुछ काम किया कर,’’ मैं ने ठेठ अंदाज में कहा.

‘‘काम मिलता नहीं, तभी तो दरदर की ठोकरें खा रही हूं. जालिमों की वजह से खानाबदोश हो गए, वरना हम भी खानदानी थे,’’ उस ने गरदन झुकाते हुए कहा.

‘दिल्ली में ऐसे ऐरेगैरे हजार मिलेंगे. मुझे इन से क्या? मैं इन्हें नहीं, दिल्ली देखने आया हूं,’ मन से आवाज आई और मैं चलने को आगे बढ़ा. लेकिन वह फिर बोल उठी, ‘‘भीख नहीं देनी तो इन्हें देख लो,’’ उस भिखारिन ने कुरते की जेब से 3 जवान लड़कियों की तसवीरें निकाल कर मेरी ओर बढ़ाईं.

अचानक मेरे हाथ उन तसवीरों की ओर बढ़ गए. तसवीरें हाथ में थीं और मन चेतावनी दे रहा था, ‘होशियार, यह इन की शादी का बहाना बना कर उल्लू बनाएगी.’

‘‘कौन सी पसंद आई?’’ उस ने हौले से पूछा.

‘‘क्या बकती है? भीख की आड़ में देह धंधा? बड़ा अच्छा तरीका निकाला है तू ने. कौन हैं ये?’’ मैं ने रोब से पूछा.

‘‘मेरी बेटियां हैं,’’ उस ने नजरें झुकाते हुए कहा. ‘‘इन से यह धंधा क्यों करवाती हो?’’

‘‘मजबूरी है.’’ ‘‘कैसी मजबूरी?’’

‘‘हम कश्मीरी शरणार्थी हैं. मेरा शौहर आंतकवाद की भेंट चढ़ गया.’’

‘‘वह कैसे?’’ ‘‘वह एक मदरसे में मास्टर था. उस ने मदरसे में आतंकवाद का पाठ पढ़ाने से इनकार कर दिया, तो आतंकवादियों ने उस का कत्ल कर डाला.’’

‘‘तुम्हें यहां कोई मदद नहीं मिल रही? मैं ने सुना है कि सरकार शरणार्थियों को हर तरह की मदद मुहैया करा रही है, फिर तुम यह काम?’’

‘‘आप ने तो केवल सुना है, पर मैं तो न जाने कब से भोग रही हूं.’’ ‘‘कैसे?’’

‘‘सरकारी मदद बहुत कम मिलती है… उस से पेट नहीं भरता, इसलिए जीने की खातिर अच्छाबुरा कुछ तो करना ही पड़ता है.’’

‘‘लेकिन, इस से तो दूसरे सभी काम अच्छे हैं. वैसे तुम सरकार से काम दिलवाने की गुजारिश तो करो.’’

‘‘यहां दरख्वास्त से क्या होता है साहब? सरकारी महकमों में मददगार कोई नहीं, सब खुदगर्ज बैठे हैं. उन की खिदमत किए बिना कोई काम नहीं होता. दूसरे, यहां के लोग हमें काम पर रखने को तैयार नहीं हैं… सब हमें शक की निगाह से देखते हैं. अगर काम आसानी से मिल जाता, तो कौन अपनी जवान बेटियां लोगों की रातें हसीन करने को सौंपता? साहब, मजबूरी का नाम…’’

‘‘यहां कई महिला कल्याण केंद्र और सामाजिक संगठन भी हैं… उन से भी पता कर के देखो, शायद कुछ…’’

‘‘सारे संगठन बस नाम के हैं. कई जगह खाक छानी है. अगर मदद लेनी है, तो पहले कार्यकर्ता की जेब गरम करो, फिर उस की हमबिस्तर बनो… तब जा कर कहीं काम बनता है. हमारे साथ तो हर जगह जोरजुल्म हो रहा है.’’

‘‘अच्छा, जब तुम्हारा पेट हमबिस्तर होने से ही भरना है, तो किसी बड़े अफसर की रातें रंगीन कर के पक्का रोजगार हासिल कर लो. इस तरह रोजाना ग्राहक ढूंढ़ने से तो यही अच्छा रहेगा.’’

‘‘किसी लोभलालच के तले अपने अरमानों को कुचल कर किसी की दया हासिल करने से तो यह हलाल की कमाई ही ठीक है. बदन के बदले रुपया लेना गलत नहीं है.’’

‘‘खैर, जैसी तुम्हारी मरजी. लेकिन एक काम करो, किसी नेता से बात करो तोे शायद कोई रास्ता निकल आए.’’

‘‘एक दिन एक नौजवान आया था. वह मजदूर यूनियन का सदर था. हमें लाल परचा दिया और बोला कि कल वोट क्लब पर आना. वहां हमारी मीटिंग होगी. जाते समय कह भी गया कि कश्मीरी लड़कियां बड़ी खूबसूरत होती हैं. लेकिन वह फिर कभी नहीं आया.’’

‘‘तुम्हारी कोई और औलाद भी है?’’ ‘‘बेटा था.’’

‘‘था का क्या मतलब?’’ ‘‘पुलिस ने कत्ल कर डाला.’’

‘‘पुलिस ने… क्यों?’’ ‘‘एक लंबी कहानी है… क्या करोगे सुन कर.’’

‘‘फिर भी.’’ ‘‘हमारे घर के पास ही पुलिस चौकी थी. उस में एक शराबी दारोगा था. उस की गलत निगाह मेरी बेटी पर पड़ गई. एक दिन तलाशी लेने का बहाना बना कर वह हमारे घर आया. वह बड़ा ही जालिम था.

‘‘मेरे बेटे के सामने ही वह मेरी बेटी से कहने लगा, ‘तुम्हारा जमाल बड़ा बेनजीर है. तुम्हारे नरम और सफेद जिस्म के सामने तो नरगिस भी शरमा कर फीकी पड़ जाए.’

‘‘ये सब बातें मेरे बेटे से सहन न हुईं, इसलिए उस में और दारोगा में झगड़ा हो गया. उस दिन तो वह चला गया, पर कुछ दिनों बाद उस ने सरेबाजार मेरे बेटे को मुठभेड़ में मार डाला.’’

‘‘मुठभेड़ में मार डाला?’’ ‘‘हां, पुलिस ने उस रंजिश के चलते उसे बाजार में आतंकवादी करार दे कर गोली मार दी. मैं ने इस केस की पोल खोलने की काफी कोशिश की, सब फरियादें बेकार गईं. उस के बाद तो उस दारोगा ने खबरदार कर दिया कि तुम्हें मौत के घाट उतार कर तुम्हारी तीनों बेटियों का अपहरण करवा दूंगा.’’

‘‘मजबूर हो कर हमें दिल्ली आना पड़ा. हिंदुस्तानी होते हुए भी हमें हिंदुस्तानी नहीं समझा जाता. जब फटेहाल तंबुओं में बरसात और सर्दी की रातों में फटी जिंदगी सीती हूं, तो कश्मीर का अपना वह घर, बाग, जमीन सब याद हो आते हैं, जो अब शायद उजड़ गए होंगे.

‘‘भीख मांगने और बेटियों को इस गंदे काम की ओर धकेलने के अलावा मेरे पास कोई चारा नहीं रह गया है. जिस दिन कोई ग्राहक मिल जाता है, उस रोज आटेदाल का बंदोबस्त ढंग से हो जाता है, नहीं तो भूखे पेट ही रात काटनी पड़ती है. अब बोलो, तुम्हें कौन सी पसंद है?’’

मैं कुछ जवाब देता, उस से पहले ही एक जवान लड़की दौड़ती हुई आई और कहने लगी, ‘‘अम्मां, दीदी को पुलिस ने पकड़ लिया है. उसे इधर ही रेलवे थाने में ला रही है.’’

‘‘किस जुर्म में?’’ बुढि़या ने सवाल किया. ‘‘पुलिस बोलती है कि उस ने जेब काटी है.’’

‘‘यह तो गलत इलजाम है. मेरी बेटी जिस्मफरोशी कर सकती है, पर किसी की जेब नहीं काट सकती.’’

5-6 पुलिस वाले एक खूबसूरत लड़की को अपने साथ ला रहे थे. उन के पीछे 5-7 कुलियों की भीड़ चली आ रही थी. वह लड़की चीख रही थी, ‘‘मैं बेगुनाह हूं, यह सरासर झूठ है. मैं ने कोई जेब नहीं काटी.’’

‘‘तो सच क्या है?’’ एक कुली की आवाज आई. ‘‘सच यह है कि मैं ने इन को खुश नहीं किया,’’ लड़की शेरनी की मानिंद दहाड़ी.

इस दौरान मुझे अकेला छोड़ बुढि़या न जाने कहां चली गई. मैं चाह कर भी उस की कोई मदद नहीं कर पाया. न जाने कितनी देर तक मैं खड़ा बुढि़या के आंसुओं से भीगी जमीन को देखता रहा और उस के वापस आने का इंतजार करता रहा, पर वह नहीं आई.

दिल्ली दर्शन का मेरा उत्साह ठंडा पड़ चुका था. यहां मैं किसी ऐसी ही दूसरी हकीकत के दर्शन करने से डर रहा था, मेरे कदम धीरेधीरे न जाने क्यों वापसी का टिकट लेने के लिए टिकटघर की ओर बढ़ रहे थे. आंखों के सामने उस लाचार बुढि़या की शक्ल धीरेधीरे भारत मां की तसवीर में तबदील होती जा रही थी. Story

-रामेश्वर गोदारा ‘ग्रामीण’

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...