Sexual Health. इनसान का मन जितना दिखता है, उस से कहीं ज्यादा गहरा और राज से भरा है. हमारे भीतर एक ऐसी दुनिया बसती है, जहां हम अकेले होते हैं, अपने विचारों, इच्छाओं, डर, सपनों और कल्पनाओं के साथ.
इसी भीतरी दुनिया का एक हिस्सा है फैंटेसी यानी कल्पना. यह वह जगह है, जहां नामुमकिन भी मुमकिन लगता है, अधूरा भी पूरा हो जाता है और दबे हुए भाव भी आकार लेने लगते हैं.
जब हम फैंटेसी शब्द सुनते हैं, तो अकसर बच्चों की कहानियां याद आती हैं… परियां, जादू, सुपर हीरो, उड़ते महल और बोलते जानवर. बचपन की फैंटेसी आनंद, रोमांच और हैरानी से भरी होती है, लेकिन जैसेजैसे इनसान बड़ा होता है, उस की कल्पनाएं भी बदलने लगती हैं. अब उन में इच्छाएं होती हैं, भावनाएं होती हैं, अधूरी चाहतें होती हैं और कई बार वे बातें भी होती हैं, जिन्हें वह असली जिंदगी में जी नहीं पाता.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए सरस सलिल का चैनल सब्सक्राइब करें
इसी में एक रूप है सैक्सुअल फैंटेसी. इस शब्द को ले कर समाज में सब से ज्यादा भ्रम है. लोग इसे या तो गलत मान लेते हैं या बीमारी सम?ा लेते हैं या फिर अपराध से जोड़ देते हैं, जबकि सच यह है कि हर सैक्सुअल फैंटेसी गलत नहीं होती. यह इनसान के सामान्य दिमागी प्रोसैस का हिस्सा भी हो सकती है.
कल्पना की निजी दुनिया
सैक्सुअल फैंटेसी का मतलब केवल शारीरिक संबंध की कल्पना नहीं है. यह उस से कहीं बड़ी है. इस में निकटता की चाह, किसी के द्वारा चाहे जाने की इच्छा, रोमांच की तलाश, भावनात्मक जुड़ाव, शक्ति का अनुभव, समर्पण की भावना या प्यार पाने की लालसा भी शामिल हो सकती है.
कई बार इनसान अपनी अलसी जिंदगी में संयमित, जिम्मेदार और नियंत्रित रहता है. वह हर समय नियमों में बंधा रहता है. ऐसे में उस का मन एक ऐसी जगह बनाता है, जहां वह बिना किसी फैसले, आलोचना या सामाजिक दबाव के अपने भीतर की इच्छाओं को महसूस कर सके. यह फैंटेसी की दुनिया है.
यह जरूरी नहीं कि इनसान अपनी हर कल्पना को सच करना चाहता हो. कई बार कल्पना केवल कल्पना होती है… मन की एक निजी फिल्म, जिसे इनसान जीता नहीं, केवल सोचता है.
फ्रायड ने क्या कहा था
मनोविज्ञान के जनक माने जाने वाले सिगमंड फ्रायड का मानना था कि मनुष्य की अनेक इच्छाएं समाज, नैतिकता, डर और नियमों के दबाव में दब जाती हैं. वे इच्छाएं गायब नहीं होतीं, बल्कि सपनों, कल्पनाओं या बरताव के रूप में बाहर आती हैं.
आधुनिक मनोविज्ञान इस विचार को थोड़ा अलग तरीके से देखता है. आज माना जाता है कि हमारा अचेतन मन सीधे शब्दों में नहीं बोलता, बल्कि वह प्रतीकों, संकेतों और कल्पनाओं के माध्यम से अपनी बात कहता है यानी कभीकभी फैंटेसी हमारे भीतर छिपी भावनाओं का संकेत भी हो सकती है.
फैंटेसी की 3 जरूरतें
आधुनिक मनोवैज्ञानिक जस्टिन लेहमिलर की रिसर्च के मुताबिक, ज्यादातर सैक्सुअल फैंटेसी 3 तरह की मनोवैज्ञानिक जरूरतों से जुड़ी होती हैं… कनैक्शन, एक्साइटमैंट और कंट्रोल.
कनैक्शन : कोई मुझे चाहे
हर इनसान चाहता है कि कोई उसे सम?ो, चाहे, स्वीकार करे. यह जरूरत बचपन से शुरू होती है और जिंदगीभर बनी रहती है. कई लोगों की कल्पनाओं में प्यार, अपनापन, निकटता और भावनात्मक जुड़ाव खास होता है.
अगर किसी इनसान ने बचपन में स्नेह की कमी महसूस की हो या किशोरावस्था में प्यार किया हो पर कह न पाया हो, तो उस के भीतर चाहे जाने की इच्छा गहरी हो सकती है. ऐसे लोग अकसर ऐसी कल्पनाएं करते हैं, जहां कोई उन्हें बेहद प्यार करता है, समझता है या उन्हें चुनता है.
यह सामान्य है. समस्या तब शुरू होती है, जब इनसान कल्पना और असलियत का अंतर खो देता है. जब एकतरफा प्यार जुनून बन जाए. कई बार कोई इनसान किसी से प्यार करने लगता है, जबकि सामने वाला उसे पसंद नहीं करता. फिर भी वह अपने मन में एक कहानी बना लेता है कि वह भी मु?ो चाहता है, वह अभी मना कर रही है, एक दिन मान जाएगी. यहीं से फैंटेसी का अंधेरा पक्ष शुरू होता है.
आज ही सब्सक्राइब करें सरिता
आपके लिए स्पेशल छूट

जब इनसान सामने वाले के इनकार को स्वीकार नहीं कर पाता, तब जुनून जन्म लेता है. पीछा करना, धमकाना, हिंसा करना, एसिड अटैक, रेप जैसी घटनाएं कई बार इसी मानसिक गंदी सोच से जुड़ी होती हैं. कुछ लोग यह भ्रम भी पाल लेते हैं कि कोई सैलिब्रिटी उन से प्यार करता है. यह खतरनाक मानसिक हालत हो सकती है.
एक्साइटमैंट : नया, अलग और रोमांचक
इनसान का दिमाग नवीनता से जोश में आता है. कुछ नया, अनिश्चित या रोमांचक होने पर हमारे शरीर में डोपामाइन और एड्रेनालिन जैसे रसायन सक्रिय होते हैं, जो जोश और मजा देते हैं.
समस्या यह है कि रोजमर्रा की एक जैसी जिंदगी से मन जल्दी ऊब जाता है. वही समय, वही दिनचर्या, वही जिम्मेदारियां, तब मन कुछ नया चाहता है. इसी कारण बहुत से लोग अपनी कल्पनाओं में रोमांच खोजते हैं. वे कुछ ऐसा सोचते हैं, जो असली जिंदगी से अलग हो. इस में कोई बुराई नहीं, जब तक यह केवल कल्पना की सीमा में हो और किसी को नुकसान न पहुंचाए.
आज के नौजवानों में यह बेचैनी ज्यादा दिखती है. सुविधाएं बढ़ी हैं, पर संतोष घटा है, इसलिए कई लोग ड्रग्स, तेज रफ्तार, वीडियो गेम, जोखिम भरे बरताव या लगातार नए रिश्तों में थ्रिल खोजते हैं. लेकिन हर रोमांच की एक सीमा होती है. धीरेधीरे मन को उस से भी ज्यादा जोश चाहिए होता है. यहीं से कई बार इनसान गलत रास्तों की ओर मुड़ जाता है.
कंट्रोल : ताकत और समर्पण का खेल
इनसान के भीतर ताकत पाने की इच्छा भी होती है. कई लोग जिंदगी में दबे हुए रहते हैं… बचपन में डांट, बेइज्जती, बुलीइंग या कंट्रोल का अनुभव करते हैं. बड़े हो कर वे ऐसी कल्पनाएं कर सकते हैं, जहां वे ताकतवर हों, किसी पर कंट्रोल रखते हों.
दूसरी ओर कुछ लोग अपनी असली जिंदगी में इतने फैसले लेते हैं, इतने जिम्मेदार होते हैं कि वे अपनी निजी दुनिया में कंट्रोल छोड़ देना चाहते हैं. उन्हें किसी और के नेतृत्व या कंट्रोल में सुख महसूस होता है.
इन दोनों हालात में अपनेआप में कुछ गलत नहीं है, अगर सबकुछ सहमति, सम्मान और सुरक्षा के भीतर हो. समस्या तब है, जब कंट्रोल हिंसा में बदलने लग जाए.
जब किसी इनसान को दूसरे की इच्छा, दर्द या असहमति की परवाह न रहे, जब हिंसा ही जोश का स्रोत बन जाए, जब सहमति खत्म हो जाए, तब यह मानसिक विकार और सामाजिक खतरा बन जाता है.
कब सामान्य, कब असामान्य
यह सब से खास सवाल है. हर फैंटेसी रोग नहीं है. हर कल्पना अपराध नहीं है. हर निजी इच्छा शर्म की बात नहीं है. लेकिन कुछ संकेत बताते हैं कि मामला गंभीर हो सकता है. इनसान कल्पना और असलियत में फर्क न कर पाए. सामने वाले की सहमति को अहमियत न दे. हिंसा, जबरदस्ती या शोषण में आनंद महसूस करे. बिना ऐसी कल्पनाओं के सामान्य जिंदगी न जी पाए. संबंध टूटने लगें, अपराधबोध बढ़े या बरताव खतरनाक हो जाए. कानून तोड़ने की सोच पैदा हो ऐसी हालत में माहिर की मदद जरूरी है.
रिश्तों में ताजगी भी ला सकती है
एक हैल्दी और मैच्योर संबंध में कल्पनाएं कई बार संवाद का हिस्सा बन सकती हैं. वे रिश्तों में ताजगी, नयापन और खुलापन ला सकती हैं. कई जोड़े अपनी भावनाओं और इच्छाओं पर बातचीत कर के एकदूसरे को बेहतर समझते हैं.
कभी केवल प्रिय इनसान की कल्पना ही आत्मीयता बढ़ा देती है..कभी किसी खास हालात की कल्पना उत्साह जगा देती है. यह सब इनसान की स्वाभाविक मानसिक संरचना का हिस्सा है. शर्त सिर्फ एक है कि सम्मान, सहमति और संतुलन.
शर्म नहीं, समझ जरूरी है
हमारा समाज सैक्स और मानसिकता दोनों विषयों पर खुल कर बात करने से बचता है. नतीजा यह होता है कि लोग अपनी सामान्य भावनाओं को भी अपराध सम?ाने लगते हैं और कई बार गंभीर समस्याएं छिपी रह जाती हैं.
जरूरत है समझ की. अगर कोई कल्पना किसी को नुकसान नहीं पहुंचा रही, इनसान की जिंदगी को बाधित नहीं कर रही और उस की निजी मानसिक दुनिया तक सीमित है, तो उसे ले कर अपराधबोध पालना उचित नहीं.
लेकिन अगर कल्पना हिंसा, जुनून, भ्रम या जबरदस्ती में बदल रही है, तो उसे नजरअंदाज करना भी खतरनाक है. आखिर में इनसान का मन कोई अदालत नहीं, जहां हर विचार पर सजा सुनाई जाए. मन एक संसार है, जहां उजाला भी है, अंधेरा भी.
फैंटेसी उसी संसार का हिस्सा है.
वह कभी रचनात्मक होती है, कभी सांत्वना देती है, कभी रोमांच भरती है और कभी भीतर छिपे घावों का संकेत बनती है, इसलिए सैक्सुअल फैंटेसी को केवल अपराध या बीमारी कह देना अधूरा सच है. सही बात यह है कि उसे समझना चाहिए, क्योंकि जब समझ होती है, तभी सीमा भी तय होती है और सुरक्षा भी. Sexual Health




