Hijab Controversy. आजकल कोई किसी के बारे में कुछ भी बोल देता है. नेता भी इस से अछूते नहीं हैं. सितंबर महीने में हैदराबाद में भाजपा की पार्षद अकुला श्रीवाणी ने एक प्राइवेट स्कूल में जा कर मुसलिम टीचर से कहा कि तुम सालभर हिजाब पहनती हो, किसी ने पूछा क्या?

यह विवाद हैदराबाद के सरूरनगर में एक निजी स्कूल में राखी, बिंदी और हिजाब को ले कर हुआ था. इस से पहले बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ऐसा ही कुछ किया था. उस समय बड़ा बवाल हुआ था, जिस की गरमाहट आज भी उन्हें आंच दे रही है.

दरअसल, साल 2015 में पटना में नियुक्तिपत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान  तब के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच पर एक नवनियुक्त आयुष डाक्टर नुसरत परवीन को नियुक्तिपत्र दे रहे थे. इसी दौरान उन्होंने अचानक नुसरत के हिजाब की ओर इशारा किया और उसे नीचे खींचते दिखाई दिए.

सरकार की ओर से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हो रहा था और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मंच पर उपमुख्यमंत्री और कई सीनियर अफसर भी मौजूद थे.

उस समय राजद और कांग्रेस ने इस घटना को ‘शर्मनाक’ और घृणित बताया था और मुख्यमंत्री से माफी तथा इस्तीफे की मांग की थी.

महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि मुख्यमंत्री जैसे पद पर बैठे इनसान से संवेदनशील और मर्यादित बरताव की उम्मीद होती है. किसी महिला के हिजाब पर हाथ डालना बिलकुल सही नहीं है.

हिजाब या बुरका मुसलिम महिलाओं के लिए केवल कपड़ा नहीं है, बल्कि यह उन की आस्था, पहचान और निजी पसंद का हिस्सा है. किसी महिला का हिजाब उतारने या छूने की कोशिश करना उस की निजता, उस की धार्मिक आजादी और उस के आत्मसम्मान पर सीधा हमला महसूस होता है.

भारतीय संविधान हर नागरिक को गरिमा के साथ जीने का हक देता है. इस में धार्मिक आजादी और निजी जीवन की सुरक्षा भी शामिल है. जब कोई आम इनसान नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री जैसे बड़े पद पर बैठा नेता इस तरह का बरताव करता है, तो मामला और गंभीर हो जाता है.

यह केवल एक इनसान की हरकत नहीं रह जाती, बल्कि सत्ता और महिलाओं के बीच असमान रिश्ते को दिखाती है. मंच पर खड़ी एक युवा डाक्टर, चारों ओर कैमरे, सुरक्षा और बड़े अफसर… ऐसे माहौल में वह न तो खुल कर विरोध कर सकती है और न ही कुछ कह पाने की हालत में होती है.

नारीवादी नजरिए से देखें तो यह घटना उस सोच को दिखाती है जिस में महिलाओं के शरीर और पहनावे को सार्वजनिक चीज मान लिया जाता है. जैसे कोई भी ताकतवर आदमी यह तय कर सकता है कि महिला क्या पहने और कैसे खड़ी रहे. ‘मजाक’ या ‘संवारने’ के नाम पर भी किसी महिला की निजी सीमा को पार करना गलत है. इस से यह संदेश जाता है कि सत्ता में बैठे पुरुष महिलाओं की सहमति के बिना भी उन की देह और पहचान में दखल दे सकते हैं.

चूंकि यह मामला एक मुसलिम महिला और उस के हिजाब से जुड़ा है, इसलिए इसका असर केवल महिला सम्मान तक सीमित नहीं रहता. यह अल्पसंख्यक समुदाय के भीतर डर और असुरक्षा भी बढ़ाता है.

इस तरह की घटना बताती है कि सार्वजनिक जीवन में अनचाहा स्पर्श और शरीर की सीमा जैसे मुद्दों पर जागरूकता कितनी जरूरी है खासकर उन के लिए, जिन्हें समाज आदर्श मानता है.

अगर मुख्यमंत्री खुद यह मान लें कि वे किसी महिला के पहनावे को ठीक करने या हटाने के नाम पर उस की निजी सीमा में दखल दे सकते हैं, तो यह समाज के लिए बेहद खतरनाक उदाहरण बनता है.

वैसे, तब यह दलील दी गई थी कि इस मामले को बढ़ाचढ़ा कर दिखाया जा रहा है, यह जान बूझकर नहीं हुआ, मुख्यमंत्री का इरादा गलत नहीं था. पर यहां सवाल उठता है कि इरादा चाहे जो भी हो, क्या किसी महिला के कपड़े या हिजाब को बिना उस की मरजी छूना सही है? अगर यही काम कोई आम आदमी करता, तो क्या यही नेता उसे भी ऐसे ही बचाते?

असल बात यह है कि ये नेता यह मान कर चल रहे हैं कि सत्ता में बैठे लोगों के लिए नियम अलग होते हैं. उन के लिए महिला की असहजता माने नहीं रखती, संविधान की बातें माने नहीं रखतीं, अल्पसंख्यकों की भावनाएं माने नहीं रखतीं. माने रखती है तो सिर्फ कुरसी और सत्ता से नजदीकी.

सब से ज्यादा दुख की बात यह है कि इन में से कई नेता खुद को अल्पसंख्यकों का हितैषी कहते हैं. लेकिन जब एक मुसलिम महिला की इज्जत और हिजाब का सवाल आता है, तो वही लोग सत्ता के सामने ?ाक जाते हैं. यह सीधासीधा दोहरापन है.

जो लोग इस तरह की घटनाओं को छोटी बात कह देते हैं, उन्हें सम?ाना चाहिए कि महिलाओं के लिए ऐसी घटनाएं छोटी नहीं होतीं. दफ्तर हो, मंच हो या सड़क… जब कोई ताकतवर आदमी महिला की सीमा लांघता है और समाज का एक हिस्सा उसे सही ठहराता है, तो यह हर महिला के लिए डर का संदेश बन जाता है.

सत्ता हमेशा नहीं रहती, लेकिन ऐसे बयानों और ऐसे बचावों की याद लोग लंबे समय तक रखते हैं. अगर किसी सार्वजनिक मंच पर किसी महिला की गरिमा, निजता और पहचान को ठेस पहुंचती है, तो यह केवल एक गलती नहीं रहती. यह पूरे सत्ता तंत्र और लोकतांत्रिक संस्कृति पर सवाल खड़ा करती है. Hijab Controversy

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...