आज मेरे यूट्यूब चैनल की पहली पेमेंट आई थी. मैं बहुत खुशी थी. जिंदगी में पहली बार अपनी कमाई को अपने हाथों में लेने का सुख अलग ही था.आज मैं ने खीर बनाई. अपने ढाई साल के बेटे मेहुल को खिलाई. फिर उसे पलंग पर सुला दिया. मैं भी उस के पास लेट गई.
इतने में श्रेया का फोन आया.श्रेया मेरे बड़े जेठ की बेटी थी और मुझ से 3 साल बड़ी. मेरे लिए वह मेरी सहेली और बड़ी बहन से कम नहीं थी.श्रेया ने मुझे पहली पेमेंट आने पर बधाई दी. मैं ने उसे धन्यवाद दिया. बात होने के बाद मैं फिर मेहुल के पास लेट गई.मैं ने जोकुछ भी किया, अपने बेटे के लिए किया. मैं बेटे को सहलाते हुए यादों की गलियों में खो गई.मेरे घर में मेरे पिता, मां और बड़े भाई राहुल समेत मैं यानी रितिका 4 ही लोग थे. मेरे पापा हलवाई थे. हमारे घर का खर्चा आराम से चलता था.
मैं 7 साल की थी, जब पिताजी हमें हमेशा के लिए छोड़ कर चले गए. मैं अपने पिता के बहुत करीब थी. मैं बहुत रोई थी. मां का भी रोरो कर बुरा हाल था. भैया भी बहुत उदास थे. वे 13 साल के थे और 7वीं क्लास में पढ़ते थे.धीरेधीरे हम सब ने खुद को संभाला. मम्मी सिलाई का काम कर के हम दोनों भाईबहन को पालने लगीं. मेरे भाई का पढ़ने में मन नहीं लगता था.
वह किसी होटल में बरतन धोने का काम करने लगा. मेरी पढ़ने में दिलचस्पी थी. मेरी जिद देख कर मम्मी ने मुझे पढ़ने भेजा.समय तेजी से बीता. मेरे भैया की शादी रीना नाम की लड़की से हो गई. कुछ दिन तो घर का माहौल अच्छा रहा, पर बाद में रीना भाभी ने अपने लक्षण दिखाने शुरू कर दिए.रीना भाभी हर वक्त घर में कलह बनाए रखतीं. मेरी पढ़ाई को ले कर मुझे ताने देती रहतीं.
इन्हीं तानों के चलते मेरा मन भी पढ़ाई से ऊब गया.रीना भाभी के जब पहला बच्चा हुआ, तो उस की देखभाल के बहाने मेरी पढ़ाई छुड़वा दी गई.इतने में मेरा मुंहबोला मामा मेरी मां के पास आया. उस ने मां को मेरे लिए गुजरात के किसी परिवार में रिश्ता बताया. तब मैं खुद भी शादी कर के परिवार के इस माहौल से निकलना चाहती थी. वे लोग बिना दहेज के शादी करने को तैयार थे.
बदले में एक लाख रुपए देने के लिए तैयार थे. मम्मी व भैया शादी के लिए तैयार हो गए.मैं ने अपने होने वाले पति को कभी नहीं देखा था. मामा ने एक लाख में से 50,000 रुपए मम्मी को थमा दिए. बाकी के 50,000 शादी की तैयारी में खर्च हो गए.
मंदिर में हमारी शादी हुई. मैं तब भी अपने पति का चेहरा ठीक से देख नहीं पाई. घूंघट और रीतिरिवाज आड़े आए. न ही मायके वालों ने चेहरा देखने की जहमत उठाई.मैं शादी कर के अपनी ससुराल गुजरात आ गई. जब मैं ने अपनी ससुराल में कदम रखा, तब मेरी उम्र 16 साल की थी. मेरे गृहप्रवेश के बाद शादी की सारी रस्में की गईं. मैं कुछ डरी सी, सहमी सी, शरमाती हुई घर की कुछ औरतों के साथ अपने कमरे में चली आई.मुझे उन्हीं औरतों से पता चला कि मेरे आदमी की उम्र 39 साल है.
मेरे सासससुर की उम्र मेरे दादादादी जितनी है. मेरे जेठ और जेठानी मेरे मम्मीपापा की उम्र के हैं. मेरे जेठ के बच्चे मेरी उम्र के हैं. मैं ने तो अभी ठीक से जाना ही नहीं था कि उन औरतों में से किस के साथ मेरा कौन सा रिश्ता है? बातों से ही समझ में आया उन में से एक मेरी ननद और एक मेरी जेठानी थी. मेरा दिल अंदर से कांप उठा.थोड़ी देर बाद मेरे पति कमरे में आए.
मैं ने उन्हें ध्यान से देख. उम्र के इस दौर में वे जवान तो नहीं लगते थे. मैं इसे घर वालों के साथ धोखा भी नहीं मानती थी. रुपयों की चमक ने उन्हें अंधा कर दिया था. उन्होंने इन्हें देखने की जहमत ही नहीं उठाई थी. देखते तो पता चल जाता कि वे 22 साल के नहीं हैं, बल्कि अधेड़ हैं. मेरे पिताजी होते तो वे ऐसा कभी नहीं होने देते. यह बेमेल ब्याह था.मेरी सुहागरात का समय आया. मैं पीरियड में थी. पीरियड के समय दर्द से बेहाल थी. मुझे रोना आ रहा था. मैं ने अपने पति को बताया भी, लेकिन उन्होंने जबरदस्ती मुझ से संबंध बनाया. उन्हें मेरे शरीर के दर्द और पीरियड होने से कोई मतलब नहीं था.
मैं मुरदा सी हो गई थी. पति संतुष्ट हो कर सो गए, लेकिन मैं नहीं सो पाई. मेरी आंखों में बहुत सारा पानी था, जो तकिए के साथ मेरी पूरी जिंदगी को भिगो कर चला गया. मैं पूरी रात बैठी रोती रही.अगली सुबह मैं ने सुना कि ससुराल वालों ने मुझे 2 लाख रुपए में खरीदा था. डेढ़ लाख मेरे मुंहबोले मामा ने रख लिए और 50,000 मेरी मां को दे दिए.
यह कैसी मां और कैसे मामा हैं?पति आते और एक मुरदा के साथ सैक्स कर के सो जाते. मुझे घर की सारी औरतें मुरदा लगीं. बहुत बार मरने का खयाल मन में आया, लेकिन मैं मरने की हिम्मत न जुटा पाई.धीरेधीरे मुझे पता चला कि इस घर में सब से ज्यादा मेरी ननद की चलती है.
ननद के 3 बेटियां हैं. बूढ़े सासससुर हैं. पति भी हैं, जो पेंटिंग का काम करते हैं, फिर भी मेरी ननद ज्यादातर अपने मायके में पड़ी रहती है. मेरी इस ननद की उम्र 41 साल है. लड़के की चाहत में वह लड़कियों की सेना तैयार कर रही है.मैं ने अपनी ब्याही गई सखियों से सुना था कि जब घर में बहू आ जाती है, तो सभी औरतें घर में काम करने की हड़ताल कर लेती हैं.
मेरे साथ भी ऐसा हुआ. मेरी मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि पूरे घर के काम की जिम्मेदारी मुझ पर आ पड़ी. मैं पूरे घर का काम कर के खाना खाती थी. थोड़ी सी गलती हो जाती, तो ननद मुझ पर चिल्लाती. मैं पीड़ा से भर जाती. मन में अनेक तीखे सवाल उठते.
उन में से एक यह भी था कि यही बात प्यार से भी तो समझाई जा सकती थी?मुझे खरीदा भी गया है तो इस के पैसे मेरे ससुर और पति ने दिए होंगे? ननद का मुझ पर इस तरह चिल्लाने का कोई हक नहीं है. पर एक दिन कुछ अलग हुआ. मैं रो रही थी कि किसी ने मेरे कंधे पर हाथ रखा. मैं ने पीछे मुड़ कर देखा तो हैरान रह गई कि यह अनजान लड़की कौन है? अपना परिचय दिया तो पता चला कि वह मेरे जेठ की बेटी श्रेया थी. उस दिन हम पहली बार मिले थे.



