⚲

Political Satire in Hindi : रोजगार के मौके – हर चुनाव का यही मुद्दा

Political Satire in Hindi. तकरीबन हर चुनाव में ‘रोजगार के मौके’ एक अहम मुद्दा होता है. नेता चुनाव प्रचार के दौरान नौजवानों को रोजगार देने और रोजगार के मौके देने का वादा करते हैं. यह बात और है कि चुनावी मौसम के खत्म होते ही नेताओं के वादों का सैलाब बरसाती नदी की तरह सूख जाता है.

राकेश मेरे पड़ोस में ही रहता था. स्कूल भेजा गया, पर पढ़ाई पूरी न कर पाया. अब जिस देश में बड़ेबड़े डिगरीधारी घर बैठे हैं, वहां राकेश को नौकरी मिलने का तो सवाल ही नहीं उठता. जबरदस्ती पिता की राशन की दुकान पर बैठा दिया गया, लेकिन राकेश का दिल न लग पाया आटादाल बेचने में और इस वजह से इतना बड़ा नुकसान हो गया कि दुकान ही बंद हो गई और बेटे के साथ बाप भी बेरोजगार हो गया.

वह तो भला हो दादा का जो सरकारी स्कूल में पढ़ाते थे, इसलिए आटा दाल बेचना तो बंद हो गया लेकिन घर में आटा दाल की कमी न हुई.

अब लड़का घर बैठा था लेकिन दादी को परपोते का मुंह देखे बिना इस दुनिया से जाना मंजूर नहीं था तो राकेश की शादी करा दी गई. कुछ सालों में ही वह 2 बच्चों का बाप बन गया और ‘मरती हुई दादी’ अभी तक खैर से हैं.

राकेश की जिंदगी में सबकुछ था सिवा रोजगार के. कई चुनावी मौसम आएगए लेकिन रोजगार का कोई मौका न आया. कई साल बेमतलब की खाक छानने के बाद उस ने खुद ही रोजगार के मौके तलाश लिए और ‘हिंदुत्व की रक्षा’ का बीड़ा उठा लिया. राकेश धर्म के रखवालों की नजर में आ गया और एक हिंदूवादी संगठन का सदस्य हो गया.

10वीं जमात फेल राकेश अब राकेश कुमार योगी के नाम से मशहूर है. कल तक वह हर जगह कोसा जाता था, आज इज्जतदार है. उस ने साबित किया कि रोजगार के मौके खुद ही बनाने होते हैं, कोई सरकार नहीं देती.

अब दिलीप को ही देख लीजिए. वे काफी पढ़ेलिखे हैं. कई अखबारों में भी काम कर चुके हैं लेकिन नौकरी में टिक नहीं पाते. संपादक से अकसर अनबन हो जाती है. या तो वे खुद ही निकल जाते हैं या फिर निकाल दिए जाते हैं.

लेकिन सूचना का अधिकार का कानून उन के लिए वरदान साबित हो गया. पत्रकारिता छोड़ दी और बन गए सामाजिक कार्यकर्ता. भ्रष्टाचार से संबंधित सूचनाएं इकट्ठी करते हैं और अदालत में जनहित याचिका दायर करते हैं.

अब जिस का ‘हित’ अहित हो सकता है वो दिलीप को कुछ ‘दे’ कर समाज की इस सेवा में अपने योगदान के साथ साथ दिलीप जी की मदद भी कर देता है. एक पंथ दो काज हो रहे हैं. समाज की ‘सेवा’ भी हो रही है और खुद का भी काम हो रहा है. आखिर भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए ‘इनाम’ तो उन्हें मिलना ही चाहिए. उन के बेटे अंगरेजी स्कूल में मुफ्त में पढ़ते हैं. स्कूल के पास कुछ जरूरी कागजात नहीं हैं और दिलीप याचिका न दायर कर दें कहीं. स्कूल का नाम खराब हो जाएगा और भी कई मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी. इस से तो अच्छा है कि दिलीप के बेटों को ‘शिक्षा दान’ ही दे दिया जाए.

दिलीप अपनी चिंता से मुक्त हो कर ‘समाजसेवा’ में लगे हुए हैं और देश की बदहाली की वजह पर चिंता जाहिर करते हुए पाए जाते हैं.

रोजगार के मौकों की कमी को कुसूरवार ठहरा कर बेरोजगार रहना कोई सही बात है क्या? और मान लीजिए कि नौकरी मिल भी गई तो कितना पैसा कमा लेगा कोई, इसलिए नौजवानों के लिए सही है कि वे मौके की कमी को ले कर सरकार को न कोसें बल्कि समाजसेवा से जुड़ जाएं.

अब जिन लोगों ने ‘सांसारिक मायामोह’ का त्याग कर दिया है वे अपने कपड़ों का रंग बदल कर रोजगार के नए मौके पैदा कर लेते हैं लेकिन सभी तो सांसारिक माया त्याग नहीं सकते क्योंकि परिवार के भरणपोषण की जिम्मेदारी है.

अब एक मास्टरजी ने बहुत कोशिश की कि लड़का कहीं सैट हो जाए. ‘ऊपर’ से भी कुछ देने को तैयार थे लेकिन कहीं बात न बनी. लड़के को न जाने कहां से आत्मबोध हुआ कि समाज में क्रांति लाना बहुत जरूरी है. वह भी कलम से. बस, एक साप्ताहिक अखबार निकाल कर संपादक बन बैठा और क्रांति की शुरुआत छोटे व्यापारियों के छोटे गुनाहों से परदा हटाने की हुई.

मास्टरजी शुरू में बहुत नाराज हुए लेकिन जब देखा कि सच में ‘क्रांति’ हो गई तब वह चुप हो गए. घर का पूरा हुलिया ही बदल दिया लड़के ने. नया टैलीविजन, नया सोफा, नई गाड़ी… ‘क्रांति’ की कहानी कहते थे.

कहां मास्टरजी लड़के को 15,000 रुपए की नौकरी दिला के सैट कराना चाहते थे लेकिन लड़का दिमाग वाला निकला, इसलिए रोजगार के मौके खुद ही तलाश करने चाहिए, न कि सरकार को कुसूरवार ठहराने में समय बरबाद करना चाहिए. Political Satire in Hindi

Social Media Satire : फेसबुक खंडे ट्विटर द्वीपे : लड़ाई हट के होनी चाहिए

Social Media Satire. दिनरात मेरे जैसे जिस भी लिच्चड़ को जहां भी देखो, जब भी देखो, कोई सपने से लड़ रहा है तो कोई अपने से लड़ रहा है. कोई धर्म से लड़ रहा है तो कोई सत्कर्म से लड़ रहा है. कोई प्रेम के  चलते खाप से लड़ रहा है तो कोईकोई जेबखर्च के लिए बाप से लड़ रहा है. फौजी बौर्डर पर लड़ रहा है तो मौजी संसद में लड़ रहा है. कोई ईमानदारी से लड़ रहा है तो कोई अपनी लाचारी से लड़ रहा है. कोई बीमारी से लड़ रहा है तो कोई अपनी ही खुमारी से लड़ रहा है.

आप जैसा हाथ में फटा नोट लिए महंगाई से लड़ रहा है तो मोटा आदमी अपनी बीजी फसल की कटाई से लड़ रहा है. कुंआरा पराई लुगाई से लड़ रहा है तो शादीशुदा उस की वफाई से लड़ रहा है. मतलब हरेक अपने को लड़ कर व्यस्त रखे हुए है. जिस की बाजुओं में दम है वह बाजुओं से लड़ रहा है. जिस की बाजुओं में दम नहीं वह नकली बट्टेतराजुओं से लड़ रहा है.

लड़ना हर जीव का मिशन है. लड़ना हर जीव का विजन है. मेरे जैसे जीव की क्लास का वश चले तो वह मरने के बाद भी लड़ता रहे.

मित्रो, हर दौर में कुछ करना हमारा धर्म रहा हो या न रहा हो, पर लड़ना हम मनुष्यों का धर्म जरूर रहा है. लड़ना हमारा कर्म रहा है. लड़ना हमारे जीवन का मर्म रहा है. लड़ना हमारे जीवन के लक्ष्य का चरम रहा है. लड़ना सब से बड़ा सत्कर्म रहा है. हम लड़तेलड़ते पैदा होते हैं और लड़तेलड़ते मर जाते हैं.

मेरे बाप के दौर की अपनी लड़ाई थी. निहायत शरीफ किस्म की. पर गया अब वह जमाना जब बंदा रोटी से लड़ता था. गया अब वह जमाना जब बंदा लंगोटी से लड़ता था. गया अब वह जमाना जब बंदा धोती से लड़ता था. गया अब वह जमाना जब बंदा खेत से लड़ता था. गया अब वह जमाना जब बंदा पेट से लड़ता था.

कुल मिला कर हम सभी अपनेअपने समय में अपनेअपने साहसदुसाहस के हिसाब से लड़ते रहे हैं. हमारे हाल देख कर उम्मीद की जानी चाहिए कि आगे भी हमजैसे कारणअकारण दिलोजान से लड़ते रहेंगे.

अब उन्हें ही देखिए, वे बूढ़े हो गए. पर उन का लड़ना नहीं गया. मुंह में एक असली दांत तक नहीं, पर दूसरे के जिस्म में दांतों का गड़ना नहीं गया. हम महल्ले में पानी की बाल्टी के लिए लड़े तो वे कुरसी के लिए संसद में, जिस में जितनी ताकत उस ने उतनी बड़ी कुरसी एकदूसरे पर दे मारी. जिस के बाजुओं में कम ताकत, उस ने फाइल ही उन के मुंह पर दे मारी. कुरसी लड़ाई में टूट गई बेचारी, पर उन्होंने लड़ने की हिम्मत न हारी.

बंधुओ, हम सांस लिए बिना रह सकते हैं, पर लड़े बिना नहीं रह सकते. अगर हम एक मिनट को लड़ना बंद कर दें तो दूसरे ही पल हमारा दम घुट जाए. हमारा जिंदा रहने के लिए लड़ना बहुत जरूरी है. तभी तो हर आदमी अपनी हिम्मत के हिसाब से लड़ रहा है.

पर अब समय तेजी से बदल रहा है, भाईसाहब. सो, लड़ने के तरीके भी बदल रहे हैं. कुछ ज्ञानजीवी कहते हैं कि हम महामानव होने के युग में प्रवेश कर गए हैं. हम सभ्य हैं, ऐडवांस हैं, साहब. सो, अब हम लड़ते नहीं, भिड़ते हैं. लड़ने के परंपरागत तरीके, माफ कीजिएगा, अब तथाकथित सभ्यों ने छोड़ दिए हैं.

आप आज भी जो परंपरागत ढंग से लड़ रहे हो तो अपने को पिछड़ा मान लीजिए, प्लीज. मन को लड़ते हुए भी शांति मिलेगी. इस से पहले कि कोई आप को आप के मुंह पर ही पिछड़ा, गंवार, जाहिल और जो भी मन में आए बक कर मदमाता चला जाए, आप अपने लड़ने के तौरतरीके को जरा मौडर्न बना लें. खुद जाहिल ही रहें तो कोई बात नहीं. आज की तारीख में बंदा इंसानियत से कम, लड़नेभिड़ने के तरीकों से अधिक जानापहचाना जाता है.

आज के तथाकथित सभ्य अपने हाथपांव की उंगलियों के नाखून हाथपांव की उंगलियों में दिखाते नहीं, उन्हें दिमाग में सजाते हैं. आज के स्वयंभू सभ्य बड़ी सफाई से लड़ते हैं, बड़ी गहराई से लड़ते हैं, बड़ी चतुराई से लड़ते हैं. किसी को दिखता नहीं. पर मत पूछो वे लड़तेलड़ते कैसेकैसे आपस में भिड़ते हैं. अपनों की रहनुमाई में अपनों से ही मौका हाथ लगते ही पूरी ईमानदारी से सारे रिश्तेनाते भुला मन की गहराइयों से भिड़ते हैं. पर आमनेसामने हो कर नहीं, छिप कर. छिप कर लड़ना संभ्रांतों की प्रिय कला हो गई है. कमबख्त तकनीक ने कुछ और सिखाया हो या न हो, पर छिपछिप कर एकदूसरे से लड़ना कम, भिड़ना बड़े सलीके से जरूर सिखाया है.

आज के लड़ने में सिद्धहस्त, धुरंधर लड़ाके फेसबुक पर लड़ते हैं, बच्चों की तरह ट्विटर पर भिड़ते हैं. फेसबुक के घोड़े, ट्विटर के रथ पर चढ़ कर एकदूसरे पर अचूक वार करते हैं. पर जब एकदूसरे के आमनेसामने होते हैं तो ऐसे गले मिलते हैं कि न ही पूछो तो भला.

वे लड़ने के लिए बाजुओं, टांगों का नहीं, तकनीक का दुरुपयोग करते हैं. इधर से वे ट्विटर पर शब्दभेदी बाण चलाते हैं तो उधर से वे ट्विटर के माध्यम से ही उन के बाण को धूल चटाते हैं. इधर से वह शब्द उन के मुंह पर मारता है तो उधर से वह चार शब्दों का तमाचा ट्विटर पर रसीद कर देता है. तमाचा पढ़ने वाला तिलमिला उठता है तो तमाचा लिखने वाला खिलखिला उठता है. आज के लड़ाके ट्विटर पर एकदूसरे से भिड़े होते हैं, हालांकि ऐसे तो मेरे गांव के मेले में आपस में झोटे भी नहीं भिड़ते थे.

देखते ही देखते ट्विटर पर, फेसबुक पर बेमसला तीसरा विश्वयुद्ध शुरू हो जाता है. एक अपने को जीत का श्रेय ले अपने को ट्विटर का सब से बड़ा नायक बता खुद ही अपनी पीठ थपथपाता है तो दूसरा उस को कायर बता कर अपने दिमाग को खुद ही बहलाताफुसलाता है.

इसलिए ज्ञान के युग में शान से जीना है तो हे दोस्त, तू भी लड़नेभिड़ने के नए तरीके अपना मौडर्न हो जा. अपनों से फेसबुक, ट्विटर पर लड़तेभिड़ते परमपद पा. चल उठ, देश के लिए नहीं, फेसबुक, ट्विटर के लिए शहीद हो जा. आने वाली पीढि़यां तेरे गुणगान गाएंगी. तुझ में अपने समय का अवतार पाएंगी.Social Media Satire

Hindi Vyangya Kahani : बाबाजी की समाधि

Hindi Vyangya Kahani. गांव में नए बाबाजी क्या आए, सब की नजरों में छा गए. वे जमीन के भीतर समाधि लगाने में माहिर थे. एक दिन विधायकी का चुनाव लड़ने का सपना देखने वाले गुड्डू भैया ने उन्हें अपने यहां बुलाया, पर बीच रास्ते में…

मई की तपती दोपहरी में बरगद के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर 4 लोग ताश खेल रहे थे और कुछ लोग घेरा बना इस खेल को देख रहे थे. 3 लोगों के पत्ते फेंकने के बाद आखिर में हुकुम का इक्का फेंक कर पत्तों को अपने कब्जे में लेते हुए गांव के किस्सू महाराज ने सामने बैठे गुड्डू भैया से पूछा, ‘‘गुड्डू भैया, कल कहां गायब हो गए थे… तुम्हारे बिना तो इस खेल में मजा ही नहीं आता.’’

‘‘बाजू के गांव के मंदिर में कोई बाबाजी आए हैं, उन से मिलने गया था  महाराजजी,’’ गुड्डू भैया ने पत्ते परोसते हुए कहा.

‘‘होगा कहीं का भगोड़ा बाबा, नामपता नहीं पूछा उस से? अपने देश में बाबाओं की कमी थोड़े है,’’ किस्सू महाराज मुंह बनाते हुए बोले.

‘‘किस्सू महाराज, ये समाधि वाले बाबाजी हैं. हफ्तेभर जमीन के अंदर रह कर साधना करते हैं और जब बाहर आते हैं तो उन के दर्शन के लिए बड़ी भीड़ जुटती है. लोगों की हर तरह की समस्या का निदान चुटकियों में  कर देते हैं,’’ गुड्डू भैया ने कहा.

‘‘मगर यह तो बताओ कि तुम क्या मांगने गए थे चमत्कारी बाबा से? कहीं चुनाव लड़ने का इरादा तो नहीं है?’’ किस्सू महाराज ने तंज कसते हुए कहा.

‘‘महाराज, हम तो उन के दर्शन करने गए थे. कहते हैं कि बाबाओं के चरणों की धूल से भी सबकुछ मिल जाता है,’’ कंछेदी ने पूरी श्रद्धा प्रकट करते हुए कहा.

वैसे महाराज का नाम किशोर पंडित था, मगर गांव के लोग उन्हें किस्सू महाराज कह कर बुलाते थे.

किस्सू महाराज गांव के मंदिर में पुजारी थे. मंदिर के नाम से 15 एकड़ जमीन लगी हुई थी, जिस पर किस्सू महाराज काश्तकारी करते थे.

किस्सू महाराज ज्यादा पढ़ेलिखे नहीं थे. गांव में उन के बापदादा की पुरोताही मिल गई थी. शादीब्याह और धार्मिक आयोजन में गांव के जजमान उन्हें खूब दानदक्षिणा देते थे.

नए चमत्कारी बाबा के किस्सों ने किस्सू महाराज को चिंता में डाल दिया था. उन्हें डर लगने लगा था कि कहीं ये बाबा उन की दुकान बंद न करवा दें.

गांव में आए बाबाजी ने जमीन में गड्ढा खोद कर 7 दिन तक समाधि लेने का ऐलान किया गया तो आसपास के कई गांवों के लोगों की भीड़ बाबाजी को देखने के लिए उमड़ पड़ी.

बाबा के साथ आए उन के चेले पूरे 2 दिन तक मंदिर के पास की खाली जमीन खोदने में लगे रहे. तीसरे दिन पूजापाठ के ताम झाम के साथ बाबाजी जब गड्ढे में उतरे तो बड़ी तादाद में जमा भीड़ ने बाबाजी के जयकारे लगाने शुरू कर दिए.

बाबा के गड्ढे में प्रवेश करने के बाद गड्ढे के ऊपर लकडि़यों के सहारे धातु की चादरें रख कर उस के ऊपर मिट्टी डाल कर एक टीला बना दिया. टीले के ऊपर  झंडा लगा कर बाबा की तसवीर रख दी गई.

बाबाजी के चेले लाउडस्पीकर की मदद से बाबा के समाधि लेने की गाथा का बखान करने लगे. गांव के लोग में बाबा की तसवीर पर नारियल, फलफूल और रुपए चढ़ाने की होड़़ सी लग गई.

देखतेदेखते 7 दिन का समय बीत गया. 8वें दिन जब बाबा के समाधि से बाहर निकलने का दिन आया तो आसपास के गांवों के अलावा दूरदराज के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.

हर किसी के मन में बाबा के समाधि से बाहर आने के देखने की उत्सुकता थी. जैसे ही बाबा के चेलों ने समाधि की मिट्टी को हटा कर धातु की चादर और लकडि़यां अलग की तो बाबाजी गड्ढे के अंदर आसन जमाए मिले. वहां पर मौजूद भीड़ ने बाबाजी के जय के नारे लगाते हुए उन के ऊपर फूलों की बरसात कर दी.

बाबाजी का समाधी स्टंट एकदम कामयाब रहा और उन के भक्तों की संख्या देखते ही देखते बढ़ गई. खूब चढ़ावा चढ़ने लगा तो भक्तों ने मंदिर के बाजू में ही उन के रहने के लिए एक कमरा बनवा दिया. आसपास के गांव के अलावा दूरदराज तक बाबा का नाम प्रसिद्ध हो गया.

एक दिन गांव के गुड्डू भैया भी अपने लावलश्कर के साथ बाबाजी के दरबार में पहुंचे.

गुड्डू भैया रेत खदान के ठेकेदार थे, जो गांव की नदी से गैरकानूनी रूप से रेत निकाल कर शहरों में बेच कर लाखों रुपए की कमाई कर रहे थे.

उस दिन बाबाजी के चरणों में नतमस्तक हो कर गुड्डू भैया बोले, ‘‘बाबाजी, आप की कृपा हो जाए तो मैं विधायक का चुनाव लड़ना चाहता हूं.’’

‘‘विधायक तो तुम बन जाओगे, मगर दानदक्षिणा लगेगी,’’ बाबाजी ने कहा.

गुड्डू भैया ने अपने कुरते की जेब से 500 रुपए की एक नोटों की गड्डी बाबाजी की तरफ बढ़ाते हुए कहा, ‘‘बाबा, एक बार विधायक बन जाने दो, आप के इस स्थान को आश्रम बना दूंगा.’’

नोटों की गड्डी हाथों में लेते हुए बाबाजी ने गुड्डू को जीतने का आशीर्वाद दे दिया. हालांकि, बाबाजी के पास चुनाव जीतने की मुराद ले कर जो भी आता, वे सभी को जीतने का आशीर्वाद दे देते और बदले में खूब दानदक्षिणा बटोर लेते.

इस बार चुनाव में गुड्डू भैया एक दल से टिकट पा गए. पिछले 15 साल से विधायक की कुरसी पर चिपके मुन्ना पहलवान का इस बार जनता ने विरोध कर दिया. इस का कारण 15 सालों में गांवगांव शराब के ठेके खोल कर अपने लोगों को ठेका दिला कर मुन्ना पहलवान ने खूब रुपए कमा लिए थे.

गांवगांव शराब की दुकान खुलने से गांव में अशांति फैलने लगी. मेहनतमजदूरी करने वाले मर्द शाम होते ही मजदूरी का पैसा शराब में उड़ाने लगे और घर आ कर बीवीबच्चों को परेशान करने लगे.

गांव वालों ने इस वजह से मुन्ना पहलवान का विरोध कर गुड्डू भैया को चुनाव जिता दिया. गुड्डू भैया ने यही मान लिया कि बाबाजी का आशीर्वाद मिलने से वे विधायक बन गए, फिर  क्या वह बाबाजी के पक्के चेले बन गए.

दुख, बीमारी से ले कर संतान सुख चाहने वाले भी लोग बाबाजी के दरबार में हाजिरी लगाने लगे. और तो और अब वे भक्तों के दुखदर्द दूर करने गांव से बाहर भी जाने लगे.

गुड्डू भैया विधायक बनते ही अब मंत्री बनने का सपना देखने लगे. गुड्डू भैया मानते थे कि राजनीति में सीनियर हो कर अनुभव लेने के बजाय धार्मिक बन कर पार्टी आलाकमान को खुश रख कर मंत्री बनना आसान है. पड़ोसी राज्यों में इस तरह के उदाहरण वे देख चुके थे.

गुड्डू भैया ने सोचा कि एक बार बाबाजी के चरण घर में पड़ जाएं तो उन की यह मुराद पूरी हो जाएगी. उन्होंने एक रोज बाबाजी से अपने घर पधारने का अनुरोध किया तो बाबाजी भी खुशी से राजी हो गए.

बाबाजी जानते थे कि जो चेला यहां हजारों की दक्षिणा दे जाता है, उस के घर जाने में तो लाखों मिलेंगे.

एक रोज बाबाजी गुड्डू भैया की लग्जरी कार से उन के घर जा रहे थे. रास्ते में गुड्डू भैया के खेत भी थे तो गुड्डू भैया ने उन से खेत देखने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘बाबा, खेत में 2-3 जगह बोर कर चुके, मगर पानी नहीं निकल रहा. आप खेत में चल कर बता दीजिए कि बोरवैल की लिए सही जगह कहां रहेगी.’’

बाबाजी ने गुड्डू भैया के निवेदन को स्वीकार कर लिया और वे कार से उतर कर खेत में चलने लगे.

बाबाजी चेलेचपाटों के साथ जा रहे थे कि खेत की मेंड़ से उन के कदम फिसल गए और वे एक खाली छोड़े बोरवैल में गिर गए.

बोरवैल करीब 100 फुट गहरा था. गुड्डू भैया ने महीने भर पहले ही यह बोरवैल बनवाया था, मगर बीच में चट्टान आ जाने की वजह से उस में पानी नहीं निकला. बोरवैल बनाने वालों ने उसे ढकने के बजाय वैसा ही खुला छोड़ रखा था.

गुड्डू भैया ने तत्काल ही पुलिस और तहसीलदार को बाबाजी के बोरवैल में गिरने की सूचना दी तो प्रशासन के आला अफसर भी दौड़े चले आए.

बाबाजी के भक्तों की भीड़ जेसीबी मशीन बुलाने की मांग करने लगी. वहीं पर किस्सू महाराज भी मौजूद थे, जो मन ही मन खुश नजर आ रहे थे, क्योंकि इन्हीं बाबाजी की वजह से उन की दुकानदारी कम हो गई थी.

किस्सू महाराज कहने लगे, ‘‘बाबाजी तो हफ्तों जमीन के अंदर समाधि में रहने के आदी हैं. आप लोग उन की चिंता न करें. वे कुछ दिन रहने के बाद अपने प्रताप से बाहर निकल आएंगे.’’

तहसीलदार को चिंता थी कि कहीं बाबाजी मर गए तो उन के चेले उत्पात न मचा दें, लिहाजा उन्होंने अपने मातहतों को जेसीबी मशीन लाने का निर्देश दे दिया.

जेसीबी मशीन के साथ पूरा प्रशासनिक अमला 3 दिनों तक रातदिन मिट्टी निकालने में लगा रहा.

3 दिन बाद बाबाजी को बोरवैल से बाहर निकाला गया तो लोगों को भरोसा था कि समाधि में लीन रहने वाले बाबाजी सकुशल होंगे.

डाक्टरों की टीम ने जब उन का चैकअप किया तो पाया कि बाबाजी की सांसें उखड़ चुकी थीं.

बाबाजी के अंधभक्त आंसू बहा रहे थे. गुड्डू भैया के खुले छोड़े गए बोरवैल को कोस रहे थे. कुछ लोग तो यहां तक कह रहे थे कि दूसरों की समस्या का चमत्कारों से निदान करने वाले बाबाजी खुद को नहीं बचा सके.

गुड्डू भैया ने मौके की नजाकत को देखते हुए बाबाजी के मृत शरीर को लोट कर प्रणाम किया और ऐलान कर दिया, ‘‘इसी बोरवैल के गड्ढे में बाबाजी को दफना कर उन की भव्य समाधि बनाई जाएगी.’’

मौके पर मौजूद गुड्डू भैया के समर्थक बाबाजी की जयजयकार करने लगे थे. Hindi Vyangya Kahani

Short Story in Hindi : स्वप्नधारी बाबा की जय

Short Story in Hindi . मैं मरता क्या न करता. न चाहते हुए भी स्वप्नधारी बाबा के पास घुटनों के बल सपरिवार गया.

हम सब उन के चरणों में नतमस्तक हुए तो उन्होंने पूछा, ‘‘कहो, क्या चाहते हो सरकार?’’

मैं ने कहा, ‘‘मैं सरकार नहीं बाबा, वोटर हूं. और वोटर भी वह जिस के वोट का बटन कोई और ही दबाता है. मेरे तो बस उंगली में स्याही ही लगती है. हमें रोटी चाहिए बाबा… रोटी.’’

‘‘क्या बोले बेटा… जरा ऊंचा बोलो. दिल्ली के कानों की तरह मेरे कान भी ऊंचा सुनते हैं,’’ बाबा ने कहा तो मैं ने सपरिवार उन के कान में एकसाथ कहा, ‘रोटी, बाबा रोटी…’

बाबा हाथ नचाते हुए बोले, ‘‘वह तो खाद्य सुरक्षा बिल ने दे दी है.

‘‘और बोलो क्या चाहिए? एक सपना लूंगा और पलक झपकते ही समस्या का समाधान कर दूंगा. अपनी खुद की समस्या को छोड़ वोटर की हर समस्या का समाधान है मेरे पास. तुम मेरे पास आ गए, गलती की. मोबाइल फोन पर ही अपनी समस्या बता दी होती. मैं जनता की हर समस्या का समाधान डीटीएच से ही कर देता हूं.’’

‘‘डीटीएच बोले तो…?’’ मैं ने दांतों तले उंगली दबाते हुए पूछा.

कमबख्त उंगली भी दांत से कट गई. दांतों ने कई दिनों से रोटी जो नहीं काटी थी.

‘‘डीटीएच बोले तो डायरैक्ट टू होम. कबूतरों के गले में संदेश बांध कर भेजने का समय गया. डाकिए भी अब गए ही समझो. अब तो हाईटैक जमाना है, हाईटैक. घर में टैलीविजन के पास बैठेबैठे औनलाइन समस्या का समाधान.

‘‘धर्मपत्नी से धोखा मिलना, सौतन के लिए घरवाली को शर्तिया मनाना, अपने निर्वाचन क्षेत्र के नेता पर वशीकरण, दोस्तों से छुटकारा, पैसे दे कर नौकरी पक्की करवाना, भाग कर मैरिज करवाना… गड़े पैसे को निकलवाने में तो मेरी मास्टरी है बेटा.

‘‘बस, मेरे बैंक खाते में समस्या के हिसाब से पैसे जमा कराओ और अपनी समस्या का हल मेरे खाते में पैसे जमा हो जाने के मैसेज से पहले पाओ.’’

मैं ने घिघियाते हुए पूछा, ‘‘सरकार को भी आप ने ही कंगाली से निकालने के लिए गड़े पैसों के बारे तो नहीं बताया है स्वप्नधारी बाबा?’’

‘‘नहीं, वह तो मेरे चेले ने बताया है. देखो न, मैं गुरु गुड़ रह गया, चेला चीनी हो गया. चेला दिन में सपने ले कर सरकार को मालामाल बनाता है तो गुरु दिन में सपने ले कर वोटर को चराता है, सौरी लखपति बनाता है.

‘‘मैं साफसाफ देख रहा हूं कि तुम्हारे घर की दक्षिण दिशा की ओर दीवार के पास जहां तुम लोग टिन का सड़ा पतरा लगा कर नहाते हो वहीं तुम्हारे बुजुर्गों ने सोना दबा कर रखा है.

‘‘अब तुम्हारी कंगाली गई बेटा. अब तो नंगे नहाओ, फलोफूलो. जाओ, बाजार से गैंती, फावड़ा घर ले जाओ और अपनी गरीबी भगाओ,’’ कह कर बाबा ने अपनी तो आंखें बंद कीं पर मेरी यह सुन कर आंखें ही नहीं जबान भी बंद हो गई.

मैं ने बड़ी मुश्किल से अपने हाथ से अपनी जबान खींच कर पूछा, ‘‘पर बाबा, मेरे पास तो गैंती, फावड़े के लिए भी पैसे नहीं हैं…’’

‘‘तो उधार ले जाओ. लाला से कह देना कि जब गड़ा खजाना निकलेगा तो सूद समेत लौटा देंगे. अब तुम्हारे दिन फिरने वाले हैं भक्त. मैं अपने को भी न देख पाने वाली अपनी आंखों से बिलकुल साफ देख रहा हूं कि अब तुम्हारे परिवार के नोटों के बिस्तर पर सोने के दिन आ गए हैं बच्चा.

‘‘जाते ही सब से पहले अपने घर के फटेपुराने बिस्तर जलाओ. टैलीविजन वालों को बताओ. अखबार वालों को बताओ. अपनी तंगदिमागी को देशदुनिया की खबर बनाओ. पूरे इलाके में अपनी सरकार की तरह जयजयकार कराओ. 21वीं सदी में रहने के बाद भी 15वीं सदी में चले जाओ. कंगाली है ही बुरी चीज. गधे पर भी विश्वास करना पड़ता है, इसलिए सोचो मत बस विश्वास करो. इस के सिवा और चारा भी क्या बचता है…

‘‘पर हां, अभी जो मेरी फीस नहीं दी तो कल तक किसी से उधार ले कर मेरे बैंक खाते में जमा करवा देना, नहीं तो बुजुर्गों के खजाने पर तुम्हारा नहीं नागों का ही राज रहेगा.’’

‘‘पर बाबा, मेरे पास अभी तो आप की फीस चुकाने के पैसे भी नहीं हैं.’’

‘‘तो कोई बात नहीं. त्योहार का सीजन है. एक ग्राहक फ्री में ही सही. बाकियों को भी मेरे पास भेजो, सोच लूंगा फीस मिल गई.’’

मैं अपने गांव आया. मैं ने उधार में गैंती, फावड़े ले कर अपने लैवल पर घर में बाबा की बताई दिशा में खुदाई की शुरुआत बाबा का नाम ले कर करने की घोषणा की तो बिन न्योते ही गांव में मीडिया वाले यों मंडराने लगे, जैसे…

मेरे गांव में दर्शकों का तांता लगा है. गांव वालों की चाय, बीड़ी की दुकानें चल निकली हैं. बाबा की बताई गई दिशा में खुदाई जोरों पर है. घर की बताई खुदाई वाली दीवार ही नहीं उस के साथ वाली दीवार भी गिरने को तैयार है, पर मेरा भी सरकार की तरह हौसला बुलंद है.

जनता और जिन से मैं ने उधार लिया है उन का ध्यान तो बंट गया है. हमारे लिए यही क्या कम है? जय हो स्वप्नधारी बाबा की, जय हो हमारे जैसों की. Short Story in Hindi

Social Humor. एक दु:खी आत्मा से मुलाकात

Social Humor. अगर मेयर बन जाते, विधायक बन जाते या फिर सांसद बन जाते तो सारे दु:ख मिट जाते.जीवन तर जाता.मगर किस्मत में शायद दु:खी रहना ही बदा है.

सुबह सवेरे सामना हो गया. चेहरे पर दुख के बादल उमड़ घुमड़ रहे थे. हमें देखा तो चेहरा और भी सुकुड़ गया बोले, भैया, रोहरानंद! मेरा देश गर्त में जा रहा है ?

रोहरानंद को सहानुभूति उमड़ी-” क्यों भैय्या! क्या हो गया, सब कुछ तो ठीक-ठाक नजर आता है।आखिर क्या हो गया ?”

दु:खी आत्मा मानो तड़फ उठी-” क्या हो गया ? क्या तुम्हें कुछ भी गलत  दृष्टिगोचर नहीं हो रहा ??”

रोहरानंद ने कहा -” ऐसा तो चलता रहता है और ऐसा ही चलता रहेगा .हम जैसे आम आदमी को भला क्या विशिष्ट दृष्टिगोचर होने लगेगा.”

दु:खी आत्मा ने दु:खी स्वर में कहा- “अगरचे, हम महापौर होते, सांसद होते तो, यह सब कतई नहीं होता जो शहर में इन दिनों हो रहा है.”

रोहरानंद – “क्या अनर्थकारी हुआ है जरा हम भी सुने.”

दु:खी आत्मा- “अगरचे हम महापौर बनते तो शहर का कायाकल्प हो गया होता. विधायक बनते, विधानसभा क्षेत्र का चेहरा बदल देते और अगर सांसद बनते तो संसदीय क्षेत्र का कायाकल्प हो जाता.”

रोहरानंद –  “आप दूसरों को भी  समय  दीजिए, अभी समय ही कितना व्यतीत हुआ है.”

दुखी आत्मा -” एक एक दिन बहुत होता है ,इतना समय क्या कम है.हमें तो एक बार बना दीजिए 4 दिन मे सब ठीक कर कर देंगे.”

रोहरानंद -” अच्छा, 4 दिन क्या 100 दिन  में क्या कुछ चमत्कार कर दिखाते .”

दुखी आत्मा – “देखो!सच तो यह है कि सबसे पहले मैं स्वयं अपना दु:ख दूर करता. चुनाव में एक करोड़ रुपए बहा डाला, उसकी रिकवरी करता.”

रोहरानंद – “अर्थात स्वयं लाल होते, फिर जनता को लाल करते…

दु:खी आत्मा -” भैय्या! क्या बताएं तुम अपने आदमी हो  तुमसे क्या छिपाना. इन दो वर्षों में ही मैं स्वयं सुखी हो ही जाता अपने खासुल खास समर्थकों को भी सुखी कर डालता.तुम्हें भी मालामाल कर डालता.”

रोहरानंद- ( हंसते हुए )” तो फिर आपको महापौर पर विधायक पर बाण छोड़ने का क्या अधिकार है. शहर की किस्मत अच्छी है जो तुम न महापौर हुए. ना विधायक बने.”

दु:खी आत्मा – “नहीं, नहीं ,यह नगर का दुर्भाग्य है भाई . मैं ना दु:खी रहता, न किसी को दु:खी रहने देता.मैं स्वयं तो दोनों हाथों से रुपए समेटता, अपने समर्थकों को भी निहाल कर देता.”

रोहरानंद- “मुझे तो आपकी बात पर राई भर भी एतबार नहीं है, हां अगर जीत जाते तो खुद मालामाल अवश्य हो जाते.”

दु:खी आत्मा -” नहीं, नहीं , मुझ पर विश्वास करो. मैं भ्रष्टाचार करता और जी भर कर करता और सभी नगरवासियों को अपना पिछलग्गू बनाकर दिखा देता.”

रोहरानंद -” भैय्या! जनता समर्थक यूं ही नहीं बनती, उसके लिए नगर का विकास करना पड़ता है. काम करना पड़ता है. महापौर का दायित्व है नगर की साफ-सफाई,सड़कों की मरम्मत सौन्दरीकरण,जल पानी इत्यादि का ध्यान रखें. जनता तब पिछलग्गू होती है.”

दुखी आत्मा -” जनता यह सब नहीं देखती, जनता सिर्फ मुस्कुराता चेहरा देखती है.तब मैं सदा मुस्कुराता रहता. जनता मुस्कुराता देख स्वयं  मुस्कुराती…”

रोहरानंद – “मगर, तुम्हें देखकर तो कोई भी नहीं कह सकता कि तुमने जिंदगी में कभी मुस्कुराया भी होगा. जब  देखो तुम्हारा मुंह लटका रहता है.

दुखी आत्मा -” ( आर्त स्वर में ) मैं पहले ऐसा नहीं था.”

रोहरानंद – “तुम्हें देख कर लगता है तुम जन्मजात दुखी हो.

दुखी आत्मा -” नहीं, नहीं, ऐसा नहीं है . पहले मैं भी एक मस्तमौला और खुशगवार मौसम की भांति खुशनुमा इसां था .”

रोहरानंद -” अच्छा, तो यह पराजित होने के पश्चात के हालात हैं…”

दुखी आत्मा- “( गहरी नि:श्वास छोड़कर ) हां, मैं मेयर चुनाव हारने के बाद से ऐसा हो गया हूं.”

रोहरानंद- “भैय्या! अब मुझे तुमसे बड़ी सहानुभूति है.”

दुखी आत्मा – “ऐसा है तो मेरा साथ दो…”

रोहरानंद -“मैं आम आदमी हूं. मैं भला क्या साथ दूं.”

दुखी आत्मा -“मुझे तुमसे कुछ नहीं चाहिए, बस एक चीज… सिर्फ एक चीज…

रोहरानंद – “अच्छा चलो, बताओ.”

दु:खी आत्मा -” सिर्फ इतना करो भैय्या! तूम भी मेरी तरह दु:खी हो जाओ .चेहरा लटका लो. चेहरे पर पीड़ा उभार लो .कोई भी देखें तो समझ जाए कि तुम भी दुखी आत्मा हो.”

रोरहरानंद – “( आश्चर्य से ) मगर इससे क्या होगा ?”

दु:खी आत्मा – “मेरी आत्मा को सुकून मिलेगा. मैं एक-एक करके शहर को अपने साथ ऐसे ही दु:खी कर अपना बहुमत बनाऊंगा .और एक दिन मेरे साथ इतने लोग हो जाएंगे की महापौर की कुर्सी हिलने लगेगी.”

रोहरानंद – “वाह! क्या तरकीब निकाली है. मगर मैं तो धर्म संकट में फंस गया.”

दु:खी आत्मा – “देखो! तुम अपनी जुबां से फिर नहीं सकते, तुमने मेरा साथ देने का वादा किया है.”

रोहरानंद – “मगर, यह तो षड्यंत्र कर रहे हो, मैं भला क्यों साथ दूं. मैं तो आम आदमी हूं. मेरा तुमसे लेना दो न देना एक. अर्थात मुझे क्या लाभ ?”

दु:खी आत्मा – “जिस दिन में बहुमत में आऊंगा, यानी महापौर बनूंगा तुम्हें खुश कर दूंगा.”

रोहरानंद – “मगर, मैं तो आज भी खुश हूं और कल भी था. और मैं जानता हूं तुम कल भी दुखी थे, आज भी हो,और कल भी रहोगे.” Social Humor

Political Satire : रामराज्य – यही गुरु विश्वगुरु बनाएंगे

Political Satire. बाड़मेर के किसान छात्रावास में छात्राओं द्वारा हवनयज्ञ करते हुए देख कर आप को मान लेना चाहिए कि अब रामराज्य का आगाज हो गया है. अब स्कूलों में किताबकौपियों का भारी थैला कंधे पर लाद कर बच्चों को नहीं ले जाना पड़ेगा. इस देश के बड़ेबड़े शिक्षाविद व बुद्धिजीवी काफी समय से गंभीर चिंता जता रहे थे कि नन्हेनन्हे कंधों पर ज्यादा बोझ ठीक नहीं है, लेकिन वे इस का समाधान नहीं खोज पाए.

हमें रामराज्य के आविष्कारी पुरोधाओं का शुक्रिया अदा करना चाहिए कि अब छात्रावासों में रातरातभर आंखें फाड़ कर बच्चों को पढ़ने की जरूरत नहीं होगी, सिर्फ एक साप्ताहिक यज्ञ किया और बन गए एकदम वैज्ञानिक टाइप समझदार प्रोफैशनल. न किताबों का खर्च, न कौपियों का खर्च. पंडितजी एक शास्त्र ले कर आएंगे और हवनकुंड से निर्मित विशेष चक्रीय वातावरण में बच्चों को बैठा कर उन के दिमाग में डेटा ट्रांसफर कर देंगे. स्कूलों में तो बचपन में हम ने भी खूब चिल्लाचिल्ला कर सरस्वती वंदना की थी. अगर गुरुजी को होंठ हिलते नहीं दिखते थे तो डंडों की बौछार हो जाती थी और अगर जोर से गुरुजी को आवाज सुनाई दे जाती तो वे मुसकरा देते थे. ऐसा लगता जैसे सरस्वती का स्वर व विद्या हमारे बदले गुरुजी के दिमाग में घुस रही हो और गुरुजी को ठंडेठंडे नवरत्न तेल वाली कूलिंग का अनुभव हो रहा हो.

अभी कुछ दिनों पहले बाड़मेर के ही एक स्कूल की प्रार्थना का वीडियो देख रहा था, जिस में गुरुजी हारमोनियम बजा रहे थे. दिल को ऐसा सुकून मिल रहा था कि भई, भाड़ में जाए संविधान व धर्मनिरपेक्षता. हमें तो रामराज्य ही चाहिए. आप खुद सोचो कि छोटेछोटे बच्चे उठ कर हनुमान चालीसा पढ़ें, स्कूलों में तुलसीदास की चौपाइयां गाते लड़केलड़कियां नाचते रहें, शांत फिजाओं में वानर एकाएक उड़ने लग जाएं, बीचबीच में पुष्पक विमान के करतब दिखते रहें, हम घर से बाहर निकलें और आदमी के शरीर पर हाथी का सिर लगे विशेषटाइप के इंसान घूमते नजर आएं तो हमें और क्या चाहिए.

क्या करेंगे वैज्ञानिक शिक्षा से. हर जगह महंगाई का रोना. गाडि़यों के लिए महंगे पैट्रोलडीजल के चक्कर में हमारा तेल निकला जा रहा है. ऐसे में बिना ईंधन के पुष्पक विमान दोबारा उड़ने लगेंगे तो कितनी खुशी की बात होगी. नदियोंसमुद्रों को पार करने के लिए वानरभालू हम इंसानों के लिए पुल बनाएंगे. ग्लोबल वार्मिंग से मुक्ति के लिए हनुमानजी को बोल दें, वे 4-5 दिनों के लिए सूरज को ही गटक जाएंगे.

मालगाडि़यों व ट्रकों में बेतहाशा ईंधन फूंका जा रहा है, सड़कों पर पैसे बरबाद किए जा रहे हैं. आप सोचो, एक हाथ से द्रोणगिरि पर्वत को उठा कर उड़ने वाले हनुमानजी अकेले ही मालढुलाई का काम नहीं कर देंगे. सर्जिकल स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक चीखने की अब जरूरत ही नहीं रहेगी. हनुमानजी अकेले ही इसलामाबाद को आग लगा कर फूंक आएंगे. हथियारों की होड़ में देश का अकूत धन फूंका जा रहा है जबकि हमारे पास महामृत्युंजय जाप से दुश्मनों को खत्म करने वाले पंडितों की भरमार है. इन का उपयोग करेंगे तो पैसों की बचत होगी व हंगर इंडैक्स में शतक मारने की जलालत से इस देश को मुक्ति मिल जाएगी.

रोज मीडिया को हम गालियां देते हैं कि ये बिके हुए लोग हैं. तो सोचो, मीडिया का काम खुद नारदमुनि करने लगेंगे तो विश्वसनीयता में चारचांद लगेंगे कि नहीं. महाभारत वाला संजय बिना डिश के खर्चे के घटनाओं का लाइव टैलीकास्ट करेगा तो कितना मजा आएगा. तोड़नेमरोड़ने और एडिटिंग के सारे आरोपों से मुक्ति मिल जाएगी. बिगड़ते लिंगानुपात से जूझते देश में जब मिट्टी के घड़ों से लड़कियां निकलने लगेंगी तो एक तो हर कुंआरे के लिए पत्नी का इंतजाम हो जाएगा, दूसरा, मेरे जैसे ठालेबैठे व फोन में माथा मार रहे युवा लोग हल ले कर खेतों में जाएंगे तो किसानों की आय दोगुनी तो क्या, दसगुनी हो जाएगी.

अब बाड़मेर वाले गुरु ही इस देश को विश्वगुरु बनाएंगे. दिल्ली ने तो अकर्मण्यता की चादर ओढ़ ली है. ऐसे में वीरों की धरती वाले मरुस्थल के महापुरुष ही इस देश का कल्याण करेंगे.Political Satire

Swachh Bharat Satire : अस्वच्छता देश के हित में

Swachh Bharat Satire. आजकल जिसे देखो वही राष्ट्रहित में देश को अस्वच्छ बनाने में दिलोजान से जुटा है. कइयों ने तो इस कार्यक्रम की नब्ज और फायदे पहचान कर अपने पुराने सारे काम बंद कर देश को अस्वच्छ करने का नया काम शुरू कर दिया है. प्रोग्राम ताजाताजा है, इसलिए इस काम मेें अभी कमाई की अपार संभावनाएं हैं. वैसे भी, राष्ट्र स्तर पर जब कोई नया काम शुरू होता है तो उस में रोजगार के अपार अवसर हों या नहीं, पर कमाई की अपार संभावनाएं जरूर प्रबल रहती हैं. तब कमाई के हुनरी दाएंबाएं चोखी कमाई कर ही लेते हैं और हर नए प्रोग्राम से अपने बैंक खातों को ठीकठाक भर लेते हैं. अस्वच्छता से भी कमाई निकल आएगी. किसी दिमागदार ने क्या सपने में भी ऐसा सोचा था? नहीं न? कम से कम मैं ने तो ऐसा नहीं सोचा था कि अपने देश का कूड़ा भी इनकम के उम्दा सोर्स पैदा करने का हुनर रखता है.

वे कल कई दिनों बाद मिले. सुना था कि उन्होंने देश को अस्वच्छ करने का ठेका भर रखा है. इसलिए दिख नहीं रहे. ठेका भरें क्यों न, वे कुशल ठेकेदार हैं. हर किस्म के ठेके उन के आगेपीछे घूमते हैं. वैसे इस देश में बिना ठेके के कोई भी काम पूरा नहीं होता. काम चाहे बनाने का हो, चाहे गिराने का. हर जगह ठेके की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है. इसीलिए तो हर किस्म की सरकार को ठेकेदार पर अपने से भी अधिक भरोसा होता है. इस देश में विकास और विनाश के मामले में उतनी भूमिका प्रकृति की नहीं, जितनी ठेके वालों की है. उन के बिना अपना देश टस से मस नहीं हो सकता. देश के सारे काम मरने से ले कर जीने तक के ठेके पर ही चल रहे हैं. दूसरी ओर मरने वाले, जीने वाले दिनरात अपने हाथ मल रहे हैं. बातों ही बातों में उन्होंने अपनी व्यस्तता व्यक्त करते हुए मेरी जेब से मेरा रूमाल निकाल अपना पसीना पोंछते कहा, ‘‘यार, जब से देश को अस्वच्छ करने का काम चला है, सिर खुजाने तक का वक्त नहीं निकाल पा रहा हूं. पता नहीं यह देश कब अस्वच्छ होगा? होगा भी या नहीं?’’ वाह, चेहरे पर क्या गंभीर आवरण. काश, ऐसा आचरण हमारा भी होता.

वे ठेकेदार वाले चेहरे का मूड छोड़, दार्शनिक वाले मूड में आए, तो मैं अपनी बगलें झांकने लगा. इस देश में कोई किसी मूड में हो या न हो, हर शख्स दार्शनिक वाले मूड में जरूर रहता है और अवसर न मिलने के बाद भी वह अपनी दार्शनिकता को झाड़ने का मौका निकाल ही लेता है. हम किसी और चीज में माहिर हों या नहीं, पर मौका निकालने में बड़े माहिर हैं. हमारी सब से बड़ी विशेषता भी यही है जो हमें दूसरों से अलग करती है. ‘‘जब तक हम रहेंगे, इस देश को स्वच्छ कोई नहीं कर सकता. मित्रो, अगर अफसरों के बदले भगवान के हाथ किन्हीं खाली हाथों में सौ झाड़ू पकड़ा दें और वे आगेआगे झाड़ू लगाते रहें तो दांत निपोरते उन के पीछेपीछे उन के ही खास बंदे कूड़ा डालते रहेंगे. अस्वच्छता का प्रोजैक्ट इस देश में कभी न खत्म होने वाला अनंतकालीन प्रोजैक्ट है. इसीलिए इस में कमाई की अपार संभावनाएं भी हैं,’’ मैं ने कहा तो उन्होंने अपने कंधे उचकाए, ‘‘नहीं, ऐसी तो बात नहीं, दोस्त. सरकार अस्वच्छता के प्रति पूरी तरह दृढ़संकल्प है. अब देखो न, सरकार ने पशुओं तक को तय कर दिया है कि वे सड़क पर एक तय वजन से अधिक गोबर नहीं कर सकेंगे. देखा, हमारी सरकार अस्वच्छता के प्रति कितनी वचनबद्ध है?’’

यह सुन कर न हंसा गया न रोया गया. वैसे किसी और जगह तो बंदा हंस सकता है, रो सकता है, पर जब अपनी ही चुनी सरकार के निर्णय पर बंदा हंसने लगे तो फजीहत सरकार की नहीं, डायरैक्टली-इनडायरैक्टली बंदे की ही होती है. ‘‘पर पशुओं के गोबर को तोल कर कौन पता लगाएगा कि उस ने तय मानकों के बराबर ही उस दिन का गोबर सड़क पर किया है?’’ मेरे लिए यह सवाल बहुत बड़ा था.

‘‘सरकारी मशीनरी काहे को है दोस्त? सारा दिन तो कुरसियों पर बैठ एकदूसरे को उल्लू ही बनाती रहती है. अब से सब तराजू ले कर हर पशु के पीछे…’’ इन दिनों वे इस सरकार के खास बंदे हैं, सो, सरकार की तरफ से फटाक से फाइनल फैसला दे डाला. ‘‘अपने यहां आदमी भले ही आदमी न हो, पर मान लो, जो समझदार पशु ने लाख रोकने के बाद भी निर्धारित सीमा से अधिक गोबर सड़क पर कर दिया तो?’’

‘‘अगर ऐसा पाया गया तो पशु के मालिक को सजा दी जाएगी,’’ एक और कड़ा फैसला. ‘‘पशु के मालिक को सजा…यह कहां का न्याय है, सर? गोबर करे कोई, और भरे कोई?’’

‘‘देखो जनाब, देश को अस्वच्छ रखने के लिए किसी को तो सजा देनी ही पड़ेगी न? अब पशु किस का है? मालिक का ही न? ऐसे में देश को अस्वच्छ बनाने के लिए या तो वह अपने पशु को समझाए या…’’ ‘‘पर किसी के समझाने से इस देश में समझता ही कौन है, चाचा?’’

‘‘नहीं समझता, तो सजा भुगते.’’ ‘‘पर पशु की सजा उस के मालिक को क्यों?’’

‘‘देखिए, सजा तो किसी न किसी को होनी ही है. सजा का काम हर हाल में होना है. उसे यह थोड़े ही देखना है कि वह किसे हो रही है. किसी को भी, बस, सजा हो जाए, ताकि कानून बना रहे…’’

वे अभी अपनी बात पूरी भी नहीं कर पाए थे कि मैं ने साफ देखा कि सामने से लोग एक बंदे को गधे पर बैठा कर ला रहे थे. सोचा, किसी और के रंग के, रंगेहाथों पकड़ा गया होगा बेचारा. बिन पहुंच वालों के साथ अकसर ऐसा ही होता रहता है अपने समाज में. कमजोर के हाथ बिना रंग ही रंग दिए जाते हैं, उसे कोई भरोसा दे. और रंगे हाथों वाले पुलिस थाने के बाहर लगे नल में अपने हाथ उन्हीं का साबुन ले धोते रहते हैं. ‘‘यह क्या हो गया? क्या किया इस ने?’’

तो पास वाला मुसकराता बोला, ‘‘अरे, कुछ नहीं साहब, होना क्या?? इस का पशु दैनिक निर्धारित गोबर से अधिक गोबर कर देश को अस्वच्छ कर रहा था. पकड़ा गया, सो…पशु तो पशु है, सर. पर अगर कुछ समझदार को सजा दो तो वह सुधर जरूर जाता है. यही कानून का विधान है.’’Swachh Bharat Satire

Political Humor : नूरजहां की मिस्टेक

Political Humor. किस्सा कुछ इस तरह से है कि जब मुख्यमंत्री कल्लू सिंह अपनी बीवी जलेबी देवी को अपना ताज दे कर तिहाड़ को गए, तो बहुत लोगों के मन में यह शक पैदा हो गया कि उन की पत्नी इतने बड़े पद को संभाल पाएंगी या नहीं. कल्लू सिंह 8वीं जमात से ज्यादा नहीं पढ़ सके थे, पर बोलचाल व वादविवाद में वे सब के गुरु थे.

जलेबी देवी अपने मिडिल पास शिक्षा मंत्री दुखहरन से भी कम पढ़ीलिखी थीं यानी प्राइमरी फेल थीं. पर वे बातव्यवहार, स्टाइल और अंगरेजी में दोनों से सुपीरियर पड़ रही थीं.

जनताजनार्दन या बड़े अफसरों का उन को ‘मैडम’ कहते कहते मुंह नहीं थकता था. वैसे, जलेबी देवी के इस बदलाव में आईएएस पीए संत तुषार देव यानी एसटीडी उर्फ संतू का बहुत बड़ा हाथ था.

पीए संतू जलेबी देवी को चक्करदार राजनीतिक भंवरों, नुकीली संवैधानिक चट्टानों और तूफानी विरोधी थपेड़ों से बचा कर निकाल लेता था. कम ही लोगों को पता था कि मैडम के पास ईयरफोन भी है, जिस से वे अपनी हिदायतें गाहेबगाहे डायल किया करती थीं.

फर्ज कीजिए, किसी सभा में मैडम का भाषण उबाल बिंदु पर उछाल लगाने वाला हो, तभी ईयरफोन में इंस्ट्रक्शन आ जाता ‘डाउनडाउन’ और वे तत्काल नोज डाइव मार कर नीचे आ जातीं. पर काफीकुछ रटाएसिखाए जाने के बावजूद ऐसा होता कि एसटीडी को ‘कटकट’ कह कर पैकअप कराना पड़ता.

जैसे उस दिन जब सरकारी अस्पताल के जच्चाबच्चा विंग के उद्घाटन के मौके पर जलेबी देवी ने यों कहना शुरू किया, ‘‘देवियो और सज्जनो, यहां मैटरनिटी अस्पताल खोल दिया गया है. जितने बच्चे चाहे पैदा कीजिए, कोई डर नहीं.

‘‘दाई से नाल कटवाने की जरूरत नहीं है. इन दाइयों ने हमारे 3 बच्चे मरवा दिए, नहीं तो इस समय हमारे 17 बच्चे होते. है कोई, जो आज के जमाने में इतने…’’ तभी एसटीडी को बड़े जोर से ‘कटकट’ कह कर उन के भाषण को खत्म कराना पड़ा.

शुरूशुरू में तो जलेबी देवी अपने चतुर पीए संतू की बातें मान लिया करती थीं, पर जैसेजैसे दिन बीतते गए और उन्हें अपनी पोजीशन और पावर का एहसास हुआ, तो वे उस की हिदायतें दरकिनार करने लगीं.

भला हो राज्य की भोलीभाली जनता का, जिस ने जलेबी देवी के कहे को कभी कान नहीं दिया. कान दिया तो उन के अच्छे कामों को, जिन में लगान माफी से ले कर तार काटे जाने की माफी भी शामिल थी.

तकरीबन 2 सौ लोगों को उन्होंने गबन, डकैती, बलात्कार, हत्या जैसे मामलों में जेल जाने से बचाया होगा. कितने अपढ़ बेरोजगारों को निगमों का चेयरमैन, कितने ही जाली डिगरी वालों को वाइसचांसलर बना दिया. क्या इन सब का कोई हिसाब है?

पर बुरा हो उन के विरोधियों का, जिन्हें उन के हर अच्छे काम में ऐब नजर आता. और तो और उन की अपनी पार्टी में भी पंचानन राय और तिलकुट यादव जैसे कई जयचंद थे, जिन्हें जलेबी देवी का दबदबा खाए जा रहा था.

पर धन्य हो भेड़ का दूध पीए जलेबी देवी के कलेजे का, जो सभी दांवपेंचों से बेखबर राज्य की खड़बडि़या मोटरगाड़ी को मर्सिडीज बैंज की शान से लहराए चली जा रही थीं.

जैसे आज ही अविश्वास प्रस्ताव के गहराए बादल को दरकिनार कर उन्होंने 3-4 उद्घाटन के फीते काट डाले और लच्छेदार भाषण दे डाले. हर जगह नियमपूर्वक ‘जब तक सूरज चांद रहेगा…’ वाले नारे के साथ तालियां पिटवा दीं.

भाई के दसलखी ‘ब्यूटी पार्लर’ के उद्घाटन के बाद तो उन्होंने बाकायदा अपना कायाकल्प ही करा डाला. पर ‘ब्यूटी पार्लर’ से निकलते ही एक दिक्कत आ गई. नदी पार गंजी गांव में 5 दलितों की हत्या की खबर आई.

यह सुन कर जलेबी देवी का मूड बिगड़ गया. शाम को बांगड़ू गवर्नर की इफ्तार पार्टी में बिरियानी उड़ानी थी. अब पहले गंजी गांव जाना पड़ेगा. वहां से लौटने पर पता नहीं कितना मेकअप बचा रह पाएगा.

वैसे, पुलिस महानिरीक्षक उन के वहां जाने के पक्ष में नहीं थे. पर पार्टी उपाध्यक्ष राम नगीना ने चेतावनी दी, ‘‘आप को हारना हो, तो मत जाइए.’’

जब जलेबी देवी ने अपने पीए संतू की राय ली, तो उस ने कहा, ‘‘वहां जाने में कोई हर्ज नहीं, पर मेकअप डाउन करना पड़ेगा.’’

जलेबी देवी बोलीं, ‘‘इतनी मेहनत से तो मेकअप कराया था, अब सब गंवा दें?’’

सो लेदे कर काफिला गंजी गांव की ओर बढ़ा. रास्ते में पीए संतू ने लाचारी के भाव के बावजूद जलेबी से ‘खून की आखिरी बूंद’ वाला डायलौग बारबार बुलवा कर चैक किया और कई दूसरी हिदायतें भी दीं, जैसे गले से भर्राई आवाज कैसे निकालनी चाहिए.

दोपहर बाद मुख्यमंत्री का दल घटना वाली जगह पर पहुंच गया. वहां हायतोबा मची हुई थी. प्रशासन के खिलाफ भीड़ नारे लगा रही थी. एक जगह माले नेता राम कटार माइक से आग उगल रहे थे.

भीड़ इतनी थी कि पुलिस कोई भी कार्यवाही करने से हिचक रही थी.

राम कटार ने अपना भाषण बीच में रोक कर गरजती आवाज में भीड़ से पूछा, ‘‘पहचानो… ये कौन हैं?

अरे, ये तो नूरजहां हैं.’’ भीड़ के बीच हंसी की एक लहर दौड़ गई.

‘‘बेगम नूरजहां यहां आई हैं, इंसाफ बांटने. समझे? जहांगीरी इंसाफ तो जानते ही हो, कितना मशहूर है. पहले भी नमूना देख चुके हो,’’ राम कटार चुनचुन कर जहर बुझे बाण जनता के दिल में उतार रहे थे.

‘जलेबी देवी हायहाय’ भीड़ ने नारा बुलंद किया. अफसर चौकन्ने हुए और पुलिस की एक टुकड़ी राम कटार को शांत कराने के लिए लपकाई गई, पर राम कटार लातघूंसों की मार के बावजूद माइक छीने जाने तक जलेबी देवी की अच्छी गत बना चुके थे.

‘‘बड़ी पीर है इन के जिगर में. देखते नहीं हो,’’ वे चिल्लाते रहे, ‘‘लिपस्टिकपाउडर सब गवाह हैं… मारे दुख के अपने आधे बाल कटा दिए हैं. जहांगीर होते, तो पूरा सिर मुंड़वा के आते. नूरजहां बीवी होने के नाते आधे पर काम चला रही हैं.’’

थोड़ी देर बाद राम कटार और उन के साथियों का बंदोबस्त हो जाने के बावजूद भीड़ में जोश बढ़ता जा रहा था.

पीए संतू ने राय दी कि मैडम का अब यहां रुकना ठीक नहीं. जल्द से जल्द इन्हें इस झंझट से निकाल बाहर करना चाहिए. पर राम नगीना ने जोर दिया कि यहां आ कर बिना बोले चले जाना ठीक नहीं है. जनता में गलत संदेश जाएगा.

मैडम के बोलते ही भीड़ शांत हो जाएगी, ऐसा उन्हें यकीन था. शोरगुल के बीच उन्होंने जलेबी देवी को माइक पकड़ा दिया और चिल्लाचिल्ला कर भीड़ को बता दिया कि मुख्यमंत्री आप लोगों से कुछ कहना चाहती हैं.

आखिरकार जलेबी देवी ने अभ्यास की गई भर्राई आवाज में कहना शुरू किया, ‘‘प्यारे भाइयो और बहनो…’’

कड़ी धूप में उन के ऊपर की गई कलाकारी का रंग दूरदूर तक चमक रहा था. एक किनारे पोस्टमार्टम के लिए तैयार की गई पांचों लाशें जमीन पर पड़ी थीं और दूसरी ओर…

अचानक एक जूता जलेबी देवी के सिर पर आ गिरा, जिस से उन का चश्मा दूर जा गिरा और बाल बिखर गए. जब तक वे संभलतीं, तब तक और कई जूतेचप्पलों ने उन का बाकी का हुलिया बदल दिया. पुलिस डंडा फटकारते हुए दंगाइयों की ओर बढ़ी.

गंदे नारों से आसमान गूंजने लगा. ‘हत्यारिन, चोर, पापिन…’ चोट और बेइज्जती से तिलमिलाई जलेबी देवी का सारा सब्र जाता रहा. वे गला फाड़ कर चीखीं, ‘‘मार के बिछा दो सबों को… फिर हम देख लेंगे… किसी को पहनेओढ़े नहीं देख सकते हैं… अच्छा हुआ मर गए. और भी मरे होते तो अच्छा था…’’

पीए संतू ने उन के हाथों से माइक छीन कर दूर फेंका और सिक्योरिटी वालों की मदद से उन्हें तत्काल बाहर निकाल कर रवाना किया. पर कई मीडिया वाले जलेबी देवी की चुनिंदा गालियों और उन के दलित प्रेम की बानगी अंत तक रेकौर्ड करते रहे.

शाम की खबरों में इस महाभारत की खबरें प्रसारित हो गईं और 2 सहयोगी पार्टियों की समर्थन वापसी से सरकार गिर गई.

यह अलग बात है कि 6 महीने बाद ही कल्लू सिंह की अद्भुत कुशलता के चलते जलेबी देवी फिर से पद पर आसीन हो कर जनकल्याण में जुट गईं.

लेकिन उन्होंने अपना मिस्टेक को नहीं दोहराया. अब वे खूनी घटना वाली जगहों पर बिना मेकअप वाले रूप में ही जाती हैं. गंजी गांव में तो 5 खून पर ही महाभारत मच गया था, पर अब 12-13 लाशों पर भी उतना कुहराम नहीं मचता. पीए संतू के डायरैक्शन में वे राज्य को और ज्यादा मजबूती और शांति की ओर बढ़ा रही थीं. Political Humor

Story in Hindi: ऐरावत का इंतजार – क्या देश में आ पाया ऐरावत

Story in Hindi. महाराजा ने एकाएक ऐलान किया कि वे देश में ऐरावत हाथी लाएंगे. महाराजा के ऐलान पर किसी को शक करने की जरूरत ही नहीं पड़ी. महाराजा जो कहें वही सही. सभी ने महाराजा की तारीफ की. कहने लगे जो ऐरावत हम ने पुराणों में पढ़ा है वह अब हमारे सामने होगा. दूध जैसा सफेद. दूब खाने वाला. उस के पंख होंगे. पलक झपकते ही चाहे जहां उड़ कर जा सकेगा. सुबहसुबह उस के दर्शन करने से दिन अच्छा जाता है.

लेकिन विकास का शिकार बने आदिवासियों को एकदम यकीन नहीं हुआ. उन्होंने सोचा कि जब उन के जंगलों की हजामत की जा रही थी और जमीन का सीना खोदा जा रहा था तब तो उन्होंने कोई सोने का हिरन नहीं देखा था. तो यह ऐरावत हाथी कैसे आ सकता है? वे सब मिल कर गांव के मास्टरजी के पास पहुंचे.

‘‘मास्टर साहब, क्या यह सच है कि अपने यहां पंख वाला ऐरावत हाथी आने वाला है?’’

‘‘क्या बकते हो?’’ मास्टर साहब ने नाराज हो कर कहा.

गांव वालों ने कहा कि लेकिन हमारे महाराजा का तो यही कहना है.

मास्टर साहब कई सालों से इस खुले शौचालय वाले गांव में रह रहे थे. इस वजह से उन की पत्नी शहर में रह रही थी. दूसरे गांवों में तो कागजों पर कई शौचालय बन चुके थे, लेकिन यहां तो वह भी नहीं. कई बार तबादले की कोशिश की लेकिन यहीं सड़ रहे थे.

इस बार पक्की उम्मीद थी. आखिर में मास्टर साहब ने महाराजा के जन्मदिन पर स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम करवाया और उन्हें शुभकामना संदेश भिजवाया. ऐसे में महाराजा के ऐरावत हाथी लाने की बात पर शक करना यानी देशद्रोह माना जा सकता है.

मास्टर साहब डर गए. उन्होंने हा कि जब महाराजा कह रहे हैं तो जरूर ऐरावत हाथी आएगा.

गांव वालों को विश्वास नहीं हुआ. वे सरपंच के पास गए. सरपंच किसी जमाने में हिंदी साहित्य के अच्छे छात्र माने जाते थे. भक्तिकाल उन की रगरग में समाया हुआ था.

उन्होंने भी महाराजा की बात का समर्थन किया. उन्होंने गांव वालों को समझाया कि ऐरावत की लीद में औषधि गुण होते हैं. इसे शरीर पर चुपड़ने से चमड़ी की बीमारी नहीं होती. इस के मूत्र से स्नान करने से गंगा नहाने जितना पुण्य मिलता है.

महामंत्री ने राज खोला कि रावण के पास भी ऐरावत हाथी था, लेकिन ऐन दशहरे के दिन वह नाराज हो कर राम की सेना में चला गया, इसलिए रावण की मौत हो गई.

महाराजा के शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐरावत सिर्फ दूध पीता है और हीरेमोती खाता है. वह हथिनी की गंध पा कर ही अपने शरीर से बच्चा पैदा करता है.

उधर महाराजा ने प्रजा को बताया कि देश के स्वर्णिम काल में ऐरावत हाथी थे, लेकिन पिछली खानदानी राजशाही के पापाचार के चलते वे खत्म हो गए.

उन्होंने आगे कहा कि खानदानी महाराजा तो अरबी गधा तक नहीं ला पाए, लेकिन हम देश का पुराना गौरव वापस लाएंगे. जो अभी भूंक रहे हैं वे देखेंगे कि भले दिन आएंगे और देश में ऐरावत की धूम होगी.

उन्होंने वेदों का हवाला देते हुए कहा कि सूरदास ने भी अपनी कविता रामलला नहछू में ऐरावत का जिक्र किया है. इस पर उन के दीवान ने उन के कान में कहा कि तुलसीदास रामभक्त थे इसलिए उन्होंने रामलला नहछू कविता लिखी.

सूरदास तो कृष्ण भक्त थे. महाराजा ने बिना रुके उसी जोश में कहा कि सूरदास ने कृष्णलला नहछू में ऐरावत हाथी के गुण लिखे हैं.

उन्होंने आगे कहा कि वे देश का स्वर्णकाल वापस लाने को कृतसंकल्प थे. वह ऐरावत पर सवार हो कर आएगा. ऐरावत किसी ऐसेवैसे देश से नहीं बल्कि सूरज के देश से लाएंगे. वे खुद उसे लाने जाएंगे.

अब तो गांव में सिर्फ ऐरावत हाथी की बातें होने लगीं. आखिर महाराजा जो कह रहे हैं. उन के हाथ में जादू है. जानते नहीं, कैसे उन्होंने देखते ही देखते गंदा पैसा गायब कर दिया था. कैसे वे बिना बताए बेधड़क दुश्मन के देश में घुस गए थे और हलवा खा आए थे. अब वे गटर को पवित्र नदी बना कर ही रहेंगे.

महाराजा की जादूगरी के किस्से गरमागरम पकौडि़यों की खुशबू की तरह फैलने लगे. इस वजह से इंद्रदेव की नाराजगी और उस वजह से किसानों की आत्मा का परमात्मा से मिलन, रोजगार की बाट जोहते नौजवान, सस्ती दालरोटी की उम्मीद लगाए गरीब जैसे मुद्दे इतिहास में जमा हो गए.

सभी ऐरावत पर सवार होने की सोचने लगे. बगैर जाने कि वे उस पर सवार होने की हैसियत रखते भी हैं या नहीं. वह कैसे पंख फड़फड़ाते हुए पलक झपकते ही कहां से कहां पहुंच जाएगा. वह बादलों से भी ऊपर उड़ेगा. ऊपर से धरती कैसी दिखेगी, यही सोचसोच कर वे रोमांचित हो रहे थे.

ऐरावत के स्वागत की तैयारियां होने लगीं. वह कोई ऐरागैरा हाथी तो था नहीं इसलिए उस के रास्ते भी खास होने थे. गंदगी भरी धरती पर तो वह चल ही नहीं सकता. उस के लिए रेशम की चादरें बिछाई जाएंगी. धरती के नीचे, धरती पर और धरती के ऊपर भी.

देश में तो इतना रेशम नहीं था इसलिए विदेशों से रेशम की चादरें मंगवाने की कोशिशें की जाने लगीं. सौदा पक्का करने के लिए महाराजा खुद विदेश दौरे पर रहने लगे. सारा देश मानो ऐरावत के सपनों में खो गया.

Political Humor : गठबंधन संस्कार

Political Humor. गुलाबचंद महीनेभर के सफर के बाद थकेमांदे घर वापस आए थे. अटैची को रख कर सोफे पर अधलेटे हुए ही थे कि मेज पर रखे शादी के एक न्योते पर नजर पड़ गई. गुलाबचंद ने पास बैठी अपनी श्रीमतीजी से पूछा, ‘‘यह न्योता किस का है?’’

श्रीमतीजी बोलीं, ‘‘आप के बचपन के लंगोटिया यार मंत्रीजी आज ही दे गए हैं. उन के लाड़ले की शादी अपने इलाके के सांसदजी की बेटी से चट मंगनी पट ब्याह वाली तर्ज पर तय हो गई है. आप को बरात में चलने के लिए कह गए हैं.’’ खुशी और हैरानी से न्योते के कार्ड को जैसे ही उठाया, लिफाफे पर लिखी गई इबारत पर नजर पड़ते ही गुलाबचंद के दिमाग में अजीब सी हलचल मच गई. उन के मुंह से निकल पड़ा, ‘‘छपाई में इतनी बड़ी गलती हो गई और मंत्रीजी का इस पर ध्यान ही नहीं गया…’’

श्रीमतीजी भी कुछ चौंक कर बोलीं, ‘‘क्या गलती हो गई? मैं ने तो इसे अभी तक छुआ भी नहीं है. आप के आने के तकरीबन घंटाभर पहले ही तो दे गए हैं मंत्रीजी.’’ गुलाबचंद ने वह कार्ड श्रीमतीजी को थमा दिया. देखते ही वे भी हैरानी से सन्न रह गईं.

बात थी ही कुछ ऐसी. लिफाफे के बाहर और भीतर ‘पाणिग्रहण संस्कार’ की जगह ‘गठबंधन संस्कार’ छपा था. इस कमबख्त एक शब्द के चलते गुलाबचंद महीनेभर की थकान भूल से गए और उन्होंने श्रीमतीजी से कहा, ‘‘मंत्रीजी को फोन मिलाओ.’’

श्रीमतीजी ने कहा, ‘‘अभीअभी थकेमांदे इतने दिनों बाद आए हो… पहले फ्रैश हो कर कुछ चायनाश्ता कर लो, बाद में आराम से मंत्रीजी से बात करना.’’ श्रीमतीजी की बात को तरजीह देते हुए गुलाबचंद फ्रैश होने चल दिए, लेकिन ‘गठबंधन संस्कार’ दिमाग से निकलने का नाम ही नहीं ले रहा था. उन्होंने मंत्रीजी को मोबाइल फोन से नंबर मिला ही डाला.

फोन पर मंत्रीजी का छोटा सा वाक्य कानों में पड़ा, ‘गुलाबचंदजी, इस समय पार्टी की एक जरूरी मीटिंग चल रही है, जो देर रात तक चलने की उम्मीद है. सुबह मुलाकात होगी…’

दूसरे दिन सुबह जब गुलाबचंद नाश्ता कर ही रहे थे कि मंत्रीजी का फोन आ गया, ‘हैलो गुलाबचंदजी, मैं आप का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं… जल्दी आ जाओ.’ मंत्रीजी का फोन सुन कर गुलाबचंद ने जल्दबाजी में नाश्ता किया और जैसेतैसे गरमगरम चाय पी. बड़े ही उतावलेपन के साथ, बिना कपड़े बदले, जिस हालत में थे, उसी हालत में वे मंत्रीजी के घर की ओर चल पड़े.

‘गठबंधन संस्कार’ शब्द उन्हें अब भी दुखी कर रहा था. ‘सोलह संस्कारों’ के बाद यह ‘सत्रहवां गठबंधन संस्कार’ कब से, कहां से आ गया है? जैसे नए जमाने के फिल्म वाले पुराने फिल्मी गीतों को ‘रीमिक्स’ कर के उन्हें मौडर्न बना रहे हैं, उसी तरह ‘सोलह संस्कारों’ को रीमिक्स कर के मौडर्न तो नहीं बनाया जा रहा है? इसी उधेड़बुन में गुलाबचंद मंत्रीजी के दरवाजे पर पहुंचे. देखा कि मंत्रीजी दरवाजे पर ही खड़ेखड़े अपनी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं से बतिया रहे थे. गुलाबचंद को देखते ही मंत्रीजी कार्यकर्ताओं से विदा लेते हुए उन्हें घर के अंदर ले गए.

उन्होंने मंत्रानी को आवाज लगाई, ‘‘देखो, आज घर पर कौन पधारा है?’’ मंत्रानी ने रसोई से निकलते हुए जैसे ही गुलाबचंद को देखा, बड़ी खुश हो कर बोलीं, ‘‘इतने दिनों तक कहां रहे गुलाबचंदजी? हम लोग बड़ी बेसब्री से आप का इंतजार कर रहे थे…’’

मंत्रानी कुछ और कहने जा रही थीं कि गुलाबचंद बीच में बोल पड़े, ‘‘भाभीजी, मुझे तो भाई साहब से कुछ दूसरी ही शिकायत है और इतनी बड़ी है कि घर आ कर जैसे ही शादी के कार्ड पर नजर पड़ी…’’ ‘‘रहने दो गुलाबचंदजी…’’ मंत्रीजी ने उन की बात को काटते हुए कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि तुम्हें किसकिस बात को ले कर मुझ से शिकायत है…’’

इसी बीच भाभीजी यानी मंत्रानी जलपान ले कर आ गईं. जलपान करते हुए मंत्रीजी ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘‘पहली बड़ी शिकायत तो यह है कि शादी के कार्ड को देखते ही तुम गुस्से में आपे से बाहर हो गए होंगे… और दूसरी शिकायत जिस में तुम उलझे हुए हो कि लड़की वाले विपक्षी पार्टी में होने के साथसाथ मेरे घोर राजनीतिक विरोधी ही नहीं, दुश्मन भी हैं. मेरा उन से हमेशा छत्तीस का ही आंकड़ा रहा है. क्यों, है न यही बात?

‘‘बात यह थी कि एक दिन हमारे भावी समधी सांसदजी ने अपने एक भरोसेमंद हमराज द्वारा बातोंबातों में राजनीतिक स्टाइल की चाशनी में मेरे सामने प्रस्ताव रखा कि अगर मैं सांसदजी की बेटी से अपने एकलौते लाड़ले की सगाई कर दूं तो सांसदजी अपने खास विधायकों से बिना शर्त मेरी पार्टी को समर्थन दिलवा देंगे. बाद में सही मौका आने पर वे अपनी पार्टी का मेरी पार्टी में विलय भी कर लेंगे. ‘‘तुम तो जानते ही हो कि मेरी पार्टी अल्पमत में रहते हुए कितनी मुश्किलों से सरकार चला रही है. मेरी सरकार की कुरसी के गठबंधन में इतनी बेमेल गांठें हैं कि अगर एक गांठ भी खुल जाए तो सबकुछ इस कदर बिखर जाएगा कि भविष्य में दोबारा कुरसी पर बैठने की शायद ही नौबत आए.

‘‘ऐसी मजबूर हालत में अगर समधी सांसदजी हमें समर्थन दे रहे हैं और वे अपनी पार्टी का मेरी पार्टी में विलय कर लेते हैं तो हमारी हालत ऐसी हो जाएगी कि गठबंधन की अगर 2-4 गांठें खुल भी जाएं, टूट जाएं तब भी सरकार चलाने में मेरी पार्टी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. ‘‘और एक राज की बात तुम्हें चुपके से कह रहा हूं… मौका आने पर अपनी ही पार्टी में जोड़तोड़ करवा कर मैं खुद ही मुख्यमंत्री बनने के चक्कर में लग गया हूं. इन्हीं सब राजनीतिक पैतरों को ध्यान में रखते हुए उन का ‘औफर’ आते ही मैं ने तुरंत हां कर दी और शादी का मुहूर्त निकलवा लिया.

‘‘गठबंधन संस्कार… यही शब्द तुम्हें दुखी कर रहा है न? चूंकि यह शादी राजनीति की बिसात पर हो रही है, जहां हर वक्त अपने फायदे के लिए मौके की तलाश रहती है, आज का दोस्त कल का दुश्मन और आज का विरोधी, कल का समर्थक बन जाता है, इसी माहौल में यह रिश्ता तय हुआ है. ‘‘इन बातों के ध्यान में आते ही मेरे दिमाग में ‘पाणिग्रहण संस्कार’ की जगह ‘गठबंधन संस्कार’ का जन्म हुआ.

‘‘भावी समधी सांसदजी ने भी यह रिश्ता राजनीति की बिसात पर तय किया है और नेता का क्या भरोसा? काम सधने के बाद कब पलटी मार जाए? कौनसी नई शर्त थोप दे? इन्हीं सब बातों को ध्यान में रख कर ही मैं ने ‘गठबंधन संस्कार’ शब्द का इस्तेमाल किया है. ‘‘सांसदजी ने शर्त रखी थी कि अगर मैं उन की लड़की की सगाई अपने लड़के से कर दूं तो पहले वे अपने विधायकों का बिना शर्त समर्थन मेरी पार्टी को देंगे और मौका आने पर वे अपनी पार्टी का विलय मेरी पार्टी में करेंगे. अगर उन्हें सामान्य रूप में यह रिश्ता तय करना होता तो वे सीधेसीधे मुझ से कह सकते थे. राजनीति अपनी जगह, रिश्ता अपनी जगह. रिश्तों को तो राजनीति से संबंध रखना ही नहीं चाहिए. सामान्य रूप में मैं इस रिश्ते को नकार भी सकता था, लेकिन उन की इस बात पर मेरे नकारने की गुंजाइश ही न रही.

‘‘रही रिश्तों की राजनीति की बात. मान लो कि शादी हो जाने के बाद वे ऊपर से समर्थन तो करते रहते लेकिन विलय वाली बात को यह कह कर नकारते रहते कि अभी सही समय नहीं आया या विलय तभी करेंगे जब मैं मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने करीबियों की बलि दे कर उन के विधायकों को मलाईदार पदों पर बैठा दूं. अगर मैं ऐसा मजबूरन कर भी दूं तब भी वे मुझे चैन से नहीं रहने देंगे. हमेशा समर्थन वापसी का डर दिखाते हुए एक न एक नई शर्त मुझ से मनवाते रहेंगे. ‘‘इन हालात में मैं क्या करता? इन्हीं सब पैतरों की काट करने के लिए मैं ने ‘गठबंधन संस्कार’ लिखवाया है.

‘‘हिंदू धर्म में ‘पाणिग्रहण संस्कार’ होने के बाद आसानी के साथ रिश्ता तोड़ा नहीं जा सकता. भविष्य में सांसदजी के अडि़यलपन पर अगर रिश्ता तोड़ने के बारे में विचार करता तो दहेज के नाम पर सताने की तलवार आसानी से मेरा गला काट सकती है. मन मसोस कर समधीजी की ऊलजुलूल शर्त मुझे माननी पड़ती, लेकिन ‘गठबंधन संस्कार’ में ऐसा हरगिज नहीं हो सकता.

‘‘राजनीति में अलगअलग पार्टी की बेमेल गांठों का बंधन कब बंधे, कब खुले या टूटे, कहा नहीं जा सकता और इस जुड़ने, खुलने या टूटने में हमारा संविधान चुप है, कानून लाचार है… ‘‘इस समय हमारी पार्टी सरकार चला रही है, कल सुबह के अखबार में आप हैडिंग पढ़ सकते हैं कि कल की फलां विपक्षी पार्टी ने आज सत्ता हथिया ली है.

‘‘अब अगर राजनीति में इस ‘गठबंधन’ शब्द का इस्तेमाल न होता तो सत्ता का जोड़तोड़ भी इतनी आसानी से न होता. कानून इजाजत ही नहीं देता. ‘‘ठीक यही बात ‘गठबंधन संस्कार’ में है. ‘गठबंधन संस्कार’ कब तक दांपत्य जीवन में जुड़ा रहे और कब यह संस्कार दांपत्य जीवन से अलग हो जाए… इस पर कानून या समाज या फिर सरकार का कोई बंधन नहीं है, जबकि ‘पाणिग्रहण संस्कार’ में बंधन ही बंधन हैं. धर्म, समाज, कानून सब ‘पाणिग्रहण संस्कार’ को जकड़े हुए हैं.

‘‘अब अगर समधी सांसदजी पार्टी का समर्थन वापसी का जरा सा भी तेवर भविष्य में दिखाएंगे तो उन के तेवर को उन्हीं के ऊपर साधते हुए मैं भी ‘गठबंधन संस्कार’ को भंग करने, तोड़ देने की चेतावनी दूंगा. यह एक ऐसा हथियार होगा जिस के बलबूते मैं समधी सांसदजी को जब तक जीवन में राजनीति रहेगी, तब तक उन पर ताने रहूंगा और वे बेबस बने रहेंगे, चुप रह कर समर्थन देते रहेंगे. ‘‘मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं ‘गठबंधन संस्कार’ को सदन में एक नया विधेयक पास करा कर कानूनी जामा पहना दूंगा.’’ अपने नेता दोस्त के ऐसे विचार सुन कर गुलाबचंद सन्न रह गए और उलटे पैर घर लौट गए. Political Humor.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें