⚲

Political Satire: नेताजी कहिन जनता से, भूखे मत मरना

Political Satire. गांव में अफरातफरी थी. लोगों की आंखें आसमान की तरफ लगी थीं. वे आसमान में पानी के लिए नहीं, बल्कि इसलिए टकटकी लगाए हुए थे, क्योंकि वहां हैलीकौप्टर से मंत्रीजी आने वाले थे.

मंत्रीजी वहां इसलिए आ रहे थे, क्योंकि अखबारों में यह खबर छपी थी कि उस गांव में कुछ लोग भूख से मर गए हैं. मंत्रीजी को इस बात पर कतई यकीन नहीं था कि कोई भूख से मरा होगा.

उन का मानना था कि आदमी अपने कर्मों से मरता है, भूख तो केवल एक बहाना है. इस में सरकार क्या करे. पर वे अपने मन की इन बातों को लोगों के सामने जाहिर नहीं करना चाहते थे. इस से वोट बैंक पर बुरा असर पड़ सकता था.

फिलहाल मंत्रीजी जिला हैडक्वार्टर पहुंच चुके थे. अफसरों के साथ बैठक और लंच के बाद गांव के दौरे पर जाने का कार्यक्रम था. बाहर विरोधी दल के लोग काले झंडे दिखा रहे थे. पुलिस दूर से ही उन्हें डंडे दिखा रही थी.

अभी तक केवल देखनेदिखाने का ही खेल चल रहा था. आगे क्याक्या होना था, यह किसी को पता नहीं था. भीतर अफसरों के साथ मंत्रीजी की मीटिंग चल रही थी. मंत्रीजी ने मिनरल वाटर का घूंट भरा. दिन में वे केवल मिनरल वाटर ही पीते थे.

उन्होंने बड़े अफसर से सवाल किया, ‘‘क्या यह सच है कि आप के जिले में लोग भूख से मरे हैं  ऐसी खबर छपने पर आप को शर्म आनी चाहिए. आप को पता है कि ऐसी खबरों से सरकार और हमारी इमेज पर कितना बड़ा धब्बा लग सकता है ’’

पीछे खड़ा एक छोटा अफसर, जिस का तबादला मंत्रीजी ने रुकवा दिया था, बुदबुदाया, ‘‘सर्फ ऐक्सल है न.’’ उधर मंत्रीजी कह रहे थे, ‘‘भूख से मरे या प्यास से, खबर तो नहीं छपनी चाहिए थी. कौन है जनसंपर्क अधिकारी  उसे तत्काल सस्पैंड करो, समझे. बोलिए, क्या कहना चाहते हैं आप ’’ उस अधिकारी ने बड़ी तमीज से अर्ज किया, ‘‘सर, यह खबर सरासर गलत है.

कुछ लोग मरे जरूर हैं, पर भूख से नहीं, वे उलटीसीधी चीजें खाने से मरे हैं. इस में प्रशासन की कोई गलती नहीं है. उन की पोस्टमार्टम रिपोर्टों में भी लिखा हुआ है कि उन के पेट में आम की गुठलियां पाई गई थीं, जो जहरीली थीं.

‘‘सर, वे लोग बहुत चालाक थे, यानी आम के आम और गुठलियों के दाम. भूख से मरने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता.’’

मंत्रीजी ने ऐसे सिर हिलाया, जैसे उन के मन की बात कह दी गई हो. वे बोले, ‘‘लगता तो यही है, यह सरकार को बदनाम करने की साजिश है. इस के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और विदेशियों का हाथ हो सकता है. क्या इस बारे में आप लोगों ने पता लगाया है ’’ अधिकारी महोदय ने जवाब दिया, ‘‘श्रीमानजी, हम भी इस की जांच करा रहे हैं.’’

मंत्रीजी ने पूछा, ‘‘क्या इस जिले में अनाज की कोई कमी है ’ अधिकारी बोले, ‘‘नहीं सर, गोदाम भरे पड़े हैं. सैकड़ों टन अनाज तो बाहर ही सड़ गया है. ऐसी हालत में भूख से मरने का तो सवाल ही नहीं उठता.’’

मंत्रीजी झुंझला कर बोले, ‘‘पर सवाल तो उठ ही गया है. विरोधी लोग चीखचीख कर रोज यही सवाल उठा रहे हैं. उस का क्या करोगे ’’ अफसर समझदार था. वह जानता था कि ऐसी हालत में चुप रहना ही समझदारी है.

मंत्रीजी ने फिर पूछा, ‘‘क्या मरने वाले गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के सदस्य थे’’

अधिकारी महोदय ने जवाब दिया, ‘‘बिलकुल नहीं श्रीमानजी, गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के लोगों का भूख से मरना नामुमकिन है. क्योंकि इस सूची में शामिल सभी लोगों के पास 10-15 एकड़ जमीन और नौकरी है. इन में से कुछ आप के दल के हैं और कुछ दूसरे रसूख वाले लोग हैं.

‘‘भूख से मरने वालों… सौरी सर, मेरा मतलब है कि आम की गुठली खा कर मरने वालों का तो नाम भी इस सूची में नहीं था. फिर गरीबी की वजह से मरना…  श्रीमानजी, यह अफवाह है.’’

मंत्रीजी ने सिर हिलाया और बोले, ‘‘हमें भी ऐसा ही लगता है. हम ने देश की बड़ीबड़ी पत्रपत्रिकाओं में इश्तिहार दे कर देश की जनता को यह बता दिया है कि हमारे यहां अनाज की कोई कमी नहीं है. गोदाम अनाजों से भरे पड़े हैं.’’

यह सुन कर सब लोग खुश हो गए. फिलहाल अपना पेट भरने का समय हो गया था. एक अधिकारी, जो इस के इंतजाम में सुबह से ही जुटा हुआ था, बोला, ‘‘सर, लंच का समय हो गया है. लंच करने चलिए, वरना पत्रकार घेर लेंगे. हम ने उन के खानेपीने का इंतजाम अलग से किया है. हम उन्हें आप की फिक्र से भी वाकिफ करा देंगे.’’

मंत्रीजी भी थक चुके थे, इसलिए मीटिंग बरखास्त करते हुए बोले, ‘‘ठीक है, तो लंच कर लिया जाए.’’

मंत्रीजी लंच के लिए चले गए, तो उन के साथ बड़ेबड़े अफसर और उन की पार्टी के कुछ छुटभैए नेता भी डाइनिंग रूम में घुस गए.

वहां दरवाजे पर एक आदमी खड़ा था, जो चेहरा पहचान कर ही लोगों को घुसने दे रहा था. एकदो लोगों से उस की कुछ बहस भी हुई. जो घुस गए, वे अपनी कामयाबी पर इठलाने लगे. जो रह गए, वे भड़ास निकाल रहे थे.

एक आदमी कुछ ज्यादा ही बोल रहा था, ‘‘देखो, वहां लोग भूखे मर रहे हैं और यहां मुरगमुसल्लम के साथ काजूकिशमिश पर हाथ साफ किए जा रहे हैं.’’

एक अफसर ने जब यह सुना, तो हाथ पकड़ कर उसे भीतर खींच लाया और उस के मुंह में एक पूरा भुना हुआ मुरगा ठूंस दिया. उस का मुंह बंद हो गया.

मंत्रीजी चटकारे ले कर खाना खा रहे थे. वे बोले, ‘‘खाना बढि़या बना है. रसोइया होशियार लगता है.’’

खाने का इंतजाम करने वाले अफसर की बांछें खिल गईं. उस ने कहा, ‘‘जी हां सर, काफी पुराना रसोइया है. अब तक सैकड़ों मंत्रियों और अफसरों को खाना खिला चुका है.

‘‘वह जानता है कि किस मौके पर क्या पकाना चाहिए. बाढ़ के समय मछली, सूखे के समय मुरगा और चक्रवात के समय दूसरे पक्षियों के बड़े जायकेदार आइटम पकाता है.

‘‘सर, आज जो मुरगे पके हैं, वे उसी गांव से मंगाए गए थे, जिस का आप को दौरा करना है.’’

मंत्रीजी बोले, ‘‘अच्छा, उसी गांव का मुरगा है. अरे भाई, जब वहां खाने को इतने मुरगे थे, तो लोगों को आम की गुठलियां खाने की क्या जरूरत थी. मुरगा भी तो खा सकते थे,’’ कह कर मंत्रीजी ने जोरदार ठहाका लगाया.

लंच के बाद थोड़ी देर आराम कर के मंत्रीजी का हैलीकौफ्टर उड़ा. अफसरों की कारों और जीपों का काफिला लंच के फौरन बाद ही रवाना हो गया था. उस गांव के लोगों के इंतजार की घडि़यां खत्म हुईं. हैलीकौप्टर नीचे उतरा.

मंत्रीजी हैलीकौप्टर से उतर कर आए. लोग उन को देख कर खुश हो गए.

मंत्रीजी के साथ हैलीकौप्टर से बड़ेबड़े बंडल भी उतारे गए. जनता ने समझा, शायद मंत्रीजी अपने साथ राहत का सामान लाए हैं, जबकि ऐसा होता नहीं है. आमतौर पर राहत की घोषणा दौरे के बाद राजधानी में पत्रकार सम्मेलन में की जाती है. यहां भी कुछ ऐसा नहीं था. वह सामान राशन नहीं कुछ और था.

अफसरों और पार्टी कार्यकर्ताओं को मंत्रीजी निर्देश दे रहे थे, ‘‘देखिए, इन बंडलों में ‘कोई भूख से नहीं मरेगा’ इश्तिहार वाले अखबार और पोस्टर हैं, जिस में हमारी सरकार ने बताया है कि देश में कितना अनाज है. साथ ही, गरीबों को मुफ्त अनाज देने की कितनी योजनाएं हैं. इन्हें सारे गांव में बंटवा दीजिए.

‘‘ध्यान रहे, उन परिवारों को, जिन के यहां मौतें हुई हैं, ये पोस्टर काफी तादाद में दें. गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को इन सब की 4-4 प्रतियां दी जाएं. इस में लापरवाही हुई, तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी.

‘‘चलिए, अब मालाएं रहने भी दीजिए, गरदन दुखने लगी है. सभा की जगह कहां है  वैसे भी हमें काफी देर हो गई है.’’

आखिर मंत्रीजी सभा की जगह पर पहुंचे. सभी छुटभैए नेता सरकार और मंत्रीजी की शान में तारीफ के पुल बांध रहे थे.

उस के बाद मंत्रीजी ने माइक संभाला, ‘‘भाइयो और बहनो, जब हमें यह पता चला कि इस गांव के कुछ लोग भूख से मरे हैं, तो हमें बेहद दुख हुआ. पर यहां आ कर मालूम हुआ है कि

वे भूख से नहीं, आम की जहरीली गुठली खा कर मरे हैं, तो हमें चैन आया. उन्हें आम की गुठली नहीं खानी चाहिए थी.

‘‘देखिए, देश के गोदाम अनाजों से भरे पड़े हैं. अनाज की कोई कमी नहीं है. अनाज गोदामों में पड़ापड़ा सड़ रहा है. यह मरने वालों की जल्दबाजी है. उन्हें हमारे इश्तिहार का इंतजार करना चाहिए था.

‘‘हम लोग टैलीविजन पर और अखबारों में जनता को समझाते हैं कि गंदा पानी नहीं पीना चाहिए और उलटासीधा भोजन नहीं करना चाहिए. कितनी बड़ी कंपनियां मिनरल वाटर और फास्ट फूड बना रही हैं. हमें उन का इस्तेमाल करना चाहिए. पर जो हो गया, सो हो गया.

‘‘हमें मरने वालों को ले कर गहरी हमदर्दी है. मैं अपने साथ ढेर सारे पोस्टर और अखबार लाया हूं, जिन में देश के बड़ेबड़े नेताओं के बयान और सरकारी इश्तिहार छपे हैं कि इस देश में अनाज की कोई कमी नहीं है.

‘‘आप लोगों तक शायद ये चीजें नहीं पहुंच पाती हैं, वरना आप लोग मरते नहीं. मेरा मतलब उन लोगों से है, जो मर गए हैं.

‘‘हमारे देश में ऐसे कई संतमहात्मा हुए हैं, जो महीनों तक कुछ नहीं खाते थे या घासपात चबा कर जिंदा रहते थे. आप भी उन्हीं संतों की संतान हैं. इस तरह भूख से मरना आप को शोभा नहीं देता. इस से देश बदनाम होता है.

मरने के और भी कई रास्ते हैं. ‘‘मेरी आम जनता से अपील है कि वह भूख से न मरे, क्योंकि हमारे देश के गोदामों में अनाज भरा पड़ा है. ये इश्तिहार और पोस्टर इस बात के गवाह हैं. मुझे यकीन है कि सरकार की इस कार्यवाही से अब कोई भूखा नहीं मरेगा. ‘जय हिंद’.’’ भूखे लोगों के मुंह से धीरे से ‘जय हिंद’ निकला.

कुछ दिनों बाद उस गांव में कुछ और लोग मर गए. उन के पोस्टमार्टम के बाद सरकार ने बयान दिया कि उन लोगों की मौत भूख से नहीं हुई, क्योंकि उन के पेट में ‘भूख से कोई नहीं मरेगा’ के इश्तिहारों और पोस्टरों की कतरनें मौजूद थीं. Political Satire

Story in Hindi : इज्जत की कीमत

Story in Hindi. गां व की भुखमरी से परेशान हो कर सुलखान ने बीवी सुगिया को साथ ले कर दिल्ली जाने का इरादा कर लिया.

गांव में भीषण सूखा पड़ा था. 2 साल से लगातार बादल धोखा दे रहे थे. खेतों में हरियाली की जगह धूल उड़ने लगी, तो किसानों की उम्मीदों का धुआं निकल गया.

सरकारी कर्जों के मिलने में लगने वाली देरी और घूसखोरी ने किसानों की छोटीमोटी जोतें गिरवी रख कर उन्हें सूदखोरों के आगे सलाम मारने पर मजबूर किया.

जब 4 बच्चों को सल्फास खिला कर सुखबीर की बेवा जनका ने जान दे दी, तो सुलखान ने भी गांव से हाथ जोड़ लिए. मांबाप थे नहीं, घरवाली सुगिया को किस के भरोसे छोड़ता.

सुगिया का नाम लेते ही उस की आंखों में अबीरगुलाल उड़ने लगता. जब वह इस घर में आई थी, तो मां ने बलाएं लेते हुए उस से कहा था, ‘दूधो नहाओ, पूतों फलो.’

पड़ोस की लड़कियां उसे घेरे रहतीं. जब औरतें बतियातीं, ‘सुलखान के आंगन में चांद उतर आया है.’ तब उसे अपना टूटा छप्पर और घर की मिट्टी की दीवारें महल से कम नहीं लगती थीं.

उस दिन सवेरे जब 2 ?ोलों में कपड़ेलत्ते ले कर वह गांव छोड़ रहा था, तो गांव के किनारे वाले पीपल के पास उल्लू बोल रहा था. उसे लगा जैसे पुरखों का गांव अब अपना वजूद खो कर शहरों में चला जाएगा.

एकएक गरीब आदमी शहर भागेगा, तो क्या शहर वाले नोट की जगह अनाज भी छापने लगेंगे, जो सब का पेट भरेगा. पैसे की खनक भी तभी काम करेगी, जब धरती अनाज उगलेगी.

उसे लगा, सारी दौड़धूप कहीं बेकार न जाए. पर अब वह लौट नहीं सकता था. न गांव में जिंदगी दिखाई दे रही थी, न अनदेखे शहर पर भरोसा जम रहा था.

स्टेशन 2 किलोमीटर दूर रह गया था, जब गांव के प्रधान गनगौर सिंह की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी.

प्रधान की नजर सुगिया पर पड़ गई. सुगिया के चर्चे तो खूब सुने थे, मगर उस की खूबसूरती से रूबरू होने का मौका आज मिला, तो वे ठगे से रह गए.

वे सोचने लगे कि सुलखान वाकई खुशनसीब है. सुगिया के बोल सुनने और उसे निहारने को मन हिलकोरे मारने लगा. अपने घर में बैठी गेहूं के बोरे जैसी घरवाली से सुगिया की तुलना करने पर उन्हें लगा कि उन का सबकुछ बेकार है. मोटरसाइकिल रोक कर वे बोले, ‘‘सवेरेसवेरे कहां चले सुलखान?’’

‘‘जहां नसीब ले जाएगा. अब तो गांव में गुजर नहीं. यहां रह कर तो भूखे मरना है. मैं कामचोर नहीं, पर यहां मजदूरी भी तो नहीं,’’ सुलखान ने जमीन पर गठरी रखते हुए कहा.

‘‘खैर, हरेक को तो काम नहीं दिया जा सकता है, पर देखता हूं. तुम जैसा भला आदमी गांव छोड़ देगा, तो मेरी प्रधानी बेकार. कल से गांव के पूरब वाले तालाब की खुदाई होगी. तुम वहां काम करना. कहां दूसरे शहर में ठोकरें खाते घूमोगे,’’ प्रधान ने एहसान जताया.

‘‘मगर, सुगिया को तो मेहनत वाला काम करने की आदत नहीं है. मैं अकले भले ही कर लूं. रुपए कितने मिलेंगे,’’ एक ही सांस में सुलखान ने अपने सारे शक जाहिर कर दिए.

‘‘सुगिया को काम करने की कौन कहता है? इतने मजदूर चलते हैं, यह 4 बालटी पानी भर कर रख ले. जो पीना चाहेगा, पिएगा. इस में तो इसे खास तकलीफ नहीं होगी. तुम मिट्टी खोदने का काम करना. दोनों को मजदूरी सौसौ रुपए मिलेगी. सरकार ने पानी पिलाने के लिए कमजोर तबके की औरतों को ही रखने को कहा है. नीम के पेड़ की छाया में बालटी रख कर बैठी रहे,’’ प्रधान ने अपना पासा फेंका.

सुगिया को कानों पर भरोसा नहीं हो रहा था. वह बोल गई, ‘‘सच कह रहे हो प्रधानजी?’’

सुगिया की आवाज में जैसे मिठास घुली थी. चांदी की घंटी जैसी खनकती आवाज ने उन्हें घरवाली की फटे बांस जैसी आवाज की याद दिला दी. वे बोले, ‘‘सोलह आने सच. यह लो 2 सौ रुपए, 2-4 दिन का इंतजाम कर लो.’’

रुपए लिए तो सुलखान की आंखें छलछला आईं. वह सुगिया के साथ गांव लौट आया.

सवेरे से ताल पर सैकड़ों फावड़े चलने लगे. चिलचिलाती धूप में मजदूर एड़ीचोटी का पसीना एक कर के जुटे और देखते ही देखते तालाब के किनारों पर खुदी मिट्टी का ढेर लगा कर पटरियों में बदलने लगे.

सुगिया पानी भर कर पेड़ के नीचे बोरा बिछा कर बैठ गई. ज्यादातर लोग दूर लगे हैंडपंप पर ताजा पानी की चाह में चले जाते थे. सुगिया के पास बहुत कम लोग आते थे.

प्रधानजी ने अपनी चारपाई उसी के पास पेड़ के नीचे डलवा रखी थी. काम पर नजर डालने के बाद वे हर बार उसी चारपाई पर आ कर बैठ जाते, पान मसाले की पुडि़या फाड़ते और एक पुडि़या सुगिया की ओर उछाल देते.

सुगिया आदत न होने की बात कहती, तो हंस कर कहते, ‘‘खा कर देखो, दिल बागबाग हो जाएगा.’’

‘‘नशा चढ़ गया तो?’’ सुगिया हंस कर कहती.

‘‘तुझ  से ज्यादा नशा इस में थोड़े ही है,’’ कह कर प्रधान आंख दबा कर मुसकराते.

इन दांवपेंचों से अनजान सुगिया को अपनी खूबसूरती की तारीफ अच्छी लगती और वह लजा कर आंखें झपका का लेती. चार बातें अच्छी लगतीं, तो एकाध अटपटी भी वह सह लेती. कुल मिला कर वह सोचती थी कि सुनसुन कर भी अपना काम चले, तो ठीक ही है.

उसे ज्यादा अटपटा उस दिन जरूर लगा, जब प्रधान ने मजदूरी देने के बहाने अपनी चौपाल पर बुलाया और साथ आए सुलखान को सिगरेट लाने के बहाने भेज कर उस का हाथ पकड़ कर उस की उंगली में एक अंगूठी पहना दी.

सुगिया के हाथ खींचने की कोशिश पर वे बोले, ‘‘क्या मेरा इतना भी हक नहीं कि तुम्हें अंगूठी दे सकूं? मैं इतना पराया हूं क्या?’’

‘‘पर इस के दाम कहां से दूंगी? खाने के लाले पड़े हैं,’’ सुगिया ने अपना संकोच जाहिर किया.

‘‘तुम से दाम मांगता कौन है? अदा करने की जिद ही हो, तो तुम दोनों काम करते ही हो. आगे भी कर देना,’’ प्रधान मुसकराए.

‘‘हां, यह ठीक है,’’ सुगिया की सांस में सांस आई.

‘‘मैं तो तेरे लिए साड़ी और पायल भी लाया था, पर तू इतने में ही बिदकने लगी. जानती है, औरतें मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बन रही हैं, पर तू कुएं की मेढकी बनी रहना चाहती है.

‘‘मैं तो सोचता हूं, अगली बार औरत की सीट हो, तो तुझे  ही प्रधान बना दूं. शान से हुकूमत करना,’’ प्रधानजी ने सावधानी से अपनी बिसात बिछानी शुरू की.

‘‘आप तो मुझे आसमान पर चढ़ा रहे हैं,’’ सुगिया को प्रधान की बातें मन ही मन अच्छी लग रही थीं, पर वह इन बातों का भरोसा नहीं कर पा रही थी.

‘‘तू घबराती क्यों है? आजकल औरतें आदमी के साथ कंधे से कंधा मिला कर काम करती हैं. एक तुम हो, जो अपने खोल में ही सिमटी रहने की जिद पर हो,’’ प्रधान ने उस की पीठ पर हाथ रखते हुए कहा.

इस बार सुगिया ने कोई एतराज नहीं किया. वह अपने वजूद के गरूर से भर कर गुलाबी नजरों से प्रधान को देखने लगी.

तब तक सुलखान आ गया. उसे देख कर प्रधान ने कहा, ‘‘सुलखान, तुम्हारी घरवाली है बड़ी समझेदार. इसे अगले चुनाव तक कुछ न कुछ बनवा देना है.’’

सुलखान का बस चलता तो सुगिया को आसमान पर बैठा देता, इसलिए यह बात उसे भली लगी. सुगिया के घर साड़ीपायलें आईं और साथ ही, प्रधान की नरेगा के काम की जांच आई.

प्रधान ने सुगिया को सिखापढ़ा कर समझाया कि उसे जांच अधिकारी के सामने उस के काम की तारीफ करनी है. प्रधान ने बताया कि सही जवाब देने पर उसे पंचायत मित्र की नौकरी दिला देंगे.

जांच के एक दिन पहले प्रधान ने चौपाल में पंचायत सैके्रटरी के साथ जम कर शराब पी और समझाने के बहाने शाम को सुगिया को बुलाया.

सुगिया और सुलखान दोनों को यह बात अखरी, मगर मना करने का मतलब भुखमरी झेलना था, इसे दोनों अच्छी तरह समझाते थे.

जब दोनों वहां पहुंचे, तो नशे में बेखबर प्रधान को उन के आने की आहट नहीं मिली. दोनों प्रधान की बड़बड़ाहट सुन कर थोड़ा दूर ही ठहर गए.

प्रधान की बातें उन्हें बिच्छू के डंक से भी तीखी लगीं. वह सैके्रटरी से कह रहे थे, ‘‘अपने पास सुगिया तुरुप का पत्ता है. अच्छेअच्छे अफसरों का ईमान डोल जाएगा. उसे पेश कर दूंगा, सारा झमेला पार हो जाएगा. बस, अफसर शौकीन तबीयत वाला होना चाहिए.’’

‘‘वह झिझकेगी तो नहीं, सारी बात पुख्ता कर ली है?’’ सैक्रेटरी ने शंका जाहिर की.

‘‘उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया है और यहां झिझक दूर करने के लिए ही तो बुलाया है. सुलखान भी उस के साथ आएगा, पर उसे शराब लाने के बहाने एक किलोमीटर दूर ठेके पर भेज देंगे. फिर हम दोनों सुगिया की झिझक दूर करेंगे. चीखीचिल्लाई तो हजार 5 सौ से उस का मुंह बंद कर देंगे. फिर तो वह मना नहीं करेगी,’’ प्रधान ने सुरूर में कहा.

प्रधान की नीचता पर सुलखान का रोमरोम सुलग उठा. सुगिया वहीं से चीख कर बोली, ‘‘प्रधानजी, वह दिन कभी नहीं आएगा. मैं मजदूरी कर के भी रह लूंगी, मगर इज्जत का सौदा कभी नहीं करूंगी.

‘‘सुगिया न सही, अपनी बहिनबेटी पेश कर के तुम नीलामी बचा ही लोगे. तुम्हारे लिए औरत की इज्जत की यही तो कीमत है. तुम्हारे जैसे लोग बहिनबेटी पर लालच को तरजीह देते हैं.’’

प्रधान और सैक्रेटरी दोनों ने हड़बड़ा कर बाहर जहाँ झाका, तो उन के होश उड़ गए. उन्हें लगा कि सुगिया ने उन के मुंह पर थूक दिया है. इतनी मुश्किल से तैयार सुगिया फुर्र हो गई थी और भयानक कल मुंह फैलाए खड़ा था.

उन्हें गांव के छले हुए लोग यमदूतों की तरह अपने चारों ओर मुंह फैलाते नजर आने लगे. उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझ  रहा था. Story in Hindi

-मदन मोहन पांडेय

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें