⚲

Short Story : काश मेरा भी

आज फिर अनीता छुट्टी पर है. इस का अंदाज मैं ने इसी से लगा लिया कि वह अभी तक तैयार नहीं हुई. लगता है कल फिर वह बौस को अदा से देख कर मुसकराई होगी. तभी तो आज दिनभर उसे मुसकराते रहने के लिए छुट्टी मिल गई है. मेरे दिल पर सांप लोटने लगा.

काश, मेरा भी बौस होता…बौसी नहीं…तो मैं भी अपनी अदाओं के जलवे बिखेरती, मुसकराती, इठलाती हुई छुट्टी पर छुट्टी करती चली जाती और आफिस में बैठा मेरा बौस मेरी अटेंडेंस भरता होता…पर मैं क्या करूं, मेरा तो बौस नहीं बौसी है.

बौस शब्द कितना अच्छा लगता है. एक ऐसा पुरुष जो है तो बांस की तरह सीधा तना हुआ. हम से ऊंचा और अकड़ा हुआ भी पर जब उस में फूंक भरो तो… आहा हा हा. क्या मधुर तान निकलती है. वही बांस, बांसुरी बन जाता है. ‘‘सर, एक बात कहें, आप नाराज तो नहीं होंगे.

आप को यह सूट बहुत ही सूट करता है, आप बड़े स्मार्ट लगते हैं,’’ मैं ऐसा कहती तो बौस के चेहरे पर 200 वाट की रोशनी फैल जाती है. ‘‘ही ही ही…थैंक्स. अच्छा, ‘थामसन एंड कंपनी’ के बिल चेक कर लिए हैं.’’ ‘‘सर, आधे घंटे में ले कर आती हूं.’’ ‘‘ओ के, जल्दी लाना,’’ और बौस मुसकराते हुए केबिन में चला जाता.

वह यह कभी नहीं सोचता कि फाइल लाने में आधा घंटा क्यों लगेगा. पर मेरी तो बौसी है जो आफिस में घुसते ही नाक ऊंची कर लेती है. धड़मधड़म कर के दरवाजा खोलेगी और घर्रर्रर्रर्र से घंटी बजा देगी, ‘‘पाल संस की फाइल लाना.’’ ‘‘मेम, आज आप की साड़ी बहुत सुंदर लग रही है.’’

वह एक नजर मेरी आंखों में ऐसे घूरती है जैसे मैं ने उस की साड़ी का रेट कम बता दिया हो. ‘‘काम पूरा नहीं किया क्या?’’ ठां… उस ने गरम गोला दाग दिया. थोड़ी सी हवा में ठंडक थी, वह भी गायब हो गई, ‘‘फाइल लाओ.’’ दिल करता है फाइल उस के सिर पर दे मारूं.

‘‘सर, आज मैं बहुत थक गई हूं, रात को मेहमान भी आए थे, काफी देर हो गई थी सोने में. मैं जल्दी चली जाऊं?’’ मैं अपनी आवाज में थकावट ला कर ऐसी मरी हुई आवाज में बोलती जैसी मरी हुई भैंस मिमियाती है तो बौस मुझे देखते ही तरस खा जाता. ‘‘हां हां, क्यों नहीं. पर कल समय से आने की कोशिश करना,’’ यह बौस का जवाब होता.

लेकिन मेरे मिमियाने पर बौसी का जवाब होता है, ‘‘तो…? तो क्या मैं तुम्हारे पांव दबाऊं? नखरे किसी और को दिखाना, आफिस टाइम पूरा कर के जाना.’’ मन करता है इस का टाइम जल्दी आ जाए तो मैं ही इस का गला दबा दूं. ‘‘सर, मेरे ससुराल वाले आ रहे हैं, मैं 2 घंटे के लिए बाहर चली जाऊं,’’ मैं आंखें घुमा कर कहती तो बौस भी घूम जाता, ‘‘अच्छा, क्या खरीदने जा रही हो?’’ बस, मिल जाती परमिशन.

पर यह बौसी, ‘‘ससुराल वालों से कह दिया करो कि नौकरी करने देनी है कि नहीं,’’ ऐसा जवाब सुन कर मन से बददुआ निकलने लगती है. काश, तुम्हारी कुरसी मुझे मिल जाती तो…लो इसी बात में मेरी बौसी महारानी पानी भरती दिखाई देती.

उस दिन पति से लड़ाई हो गई तो रोतेरोते ही आफिस पहुंची थी. मेरे आंसू देखते ही बौसी बोली, ‘‘टसुए घर छोड़ कर आया करो.’’ लेकिन अगर मेरा बौस होता तो मेरे आंसू सीधे उस के (बौस के) दिल पर छनछन कर के गरम तवे पर ठंडी बूंदों की तरह गिरते और सूख जाते.

वह मुझ से पूछता, ‘क्या हुआ है? किस से झगड़ा हुआ.’ तब मैं अपने पति को झगड़ालू और अकड़ू बता कर अपने बौस की तारीफ में पुल बांधती तो वह कितना खुश हो जाता और मेरी अगले दिन की एक और छुट्टी पक्की हो जाती.

कोई भी अच्छी ड्रेस पहनूं या मेकअप करूं तो डर लगने लगता है. बौसी कहने लगती है, ‘‘आफिस में सज कर किस को दिखाने आई हो?’’ अगर बौस होता तो ऐसे वाहियात सवाल थोड़े ही करता? वह तो समझदार है, उसे पता है कि मैं उस के दिल के कोमल तारों को छेड़ने और फुसलाने के लिए ही तो ऐसा कर रही हूं.

वह यह सब जान कर भी फिसलता ही जाएगा. फिसलता ही जाएगा और उस की इसी फिसलन में उस की बंद आंखों में मैं अपने घर के हजारों काम निबटा देती. पर मेरी किस्मत में बौस के बजाय बौसी है, बासी रोटी और बासी फूल सी मुरझाई हुई.

उस के होेते हुए न तो मैं आफिस टाइम पर शौपिंग कर पाती हूं, न ही ससुराल वालों को अटेंड कर पाती हूं, न ही घर जा कर सो पाती हूं, न ही अपने पति की चुगली उस से कर के उसे खुश कर पाती हूं और न ही उस के रूप और कपड़ों की बेवजह तारीफ कर के, अपने न किए हुए कामों को अनदेखा करवा सकती हूं. अगर मेरा बौस होता तो मैं आफिस आती और आफिस आफिस खेलती, पर काम नहीं करती.

पर क्या करूं मैं, मेरी तो बौसी है. इस के होने से मुझे अपनी सुंदरता पर भी शक होने लगा है. मेरा इठलाना, मेरा रोना, मेरा आंसू बहाना, मेरा सजना, मेरे जलवे, मेरे नखरे किसी काम के नहीं रहे. इसीलिए मुझे कभीकभी अपने नारी होने पर भी संदेह होने लगा है. काश, कोई मेरी बौसी को हटा कर मुझे बौस दिला दे, ताकि मुझे मेरे होने का एहसास कराये. Short Story

लेखक-  सुनीता कपूर

Office Humor : रामभरोसे उर्फ समोसे

Office Humor. रामभरोसे ने जब डिफैंस अकाउंट्स डिपार्टमैंट में जौइन किया तब औफिस वालों को लगा कि चलो एक नया ऊर्जा से भरपूर मुलाजिम और मिला, तो अब काम फटाफट निकलेगा. पर यह किसे पता था कि थोड़े समय में ही रामभरोसे अपने सीनियर रहमतलाल को जम कर पीट देंगे.

हुआ यों कि रामभरोसे के बारे में पूरी जानकारी नहीं होने के बावजूद रहमतलाल अकसर सीनियर होने का रोब झाड़ते, ऊलजुलूल सवाल पूछते, जबकि रामभरोसे को फुजूल बात करने की आदत तो थी नहीं.

रहमतलाल की बातों को सुन कर  बेचारे रामभरोसे रो दिए. नतीजा यह हुआ कि अपने सीनियर रहमतलाल को बढि़या से धो दिए, क्योंकि नौकरी में आने से पहले से ही उन का उसूल था, जबजब रोते उस को दम भर धोते. उन का रोना मतलब किसी को धोना. रहमतलाल को धो कर अपनी पुरानी परंपरा को दोबारा जिंदा कर दिया.

औफिस के इतिहास में यह एक नायाब घटना थी, जो किसी नए मुलाजिम द्वारा पुराने घाघ मुलाजिम को धोया गया हो. अब पता चला सब को कि रामभरोसे किसी को धोने में पहले से ही एक्सपर्ट हैं. सामने वाले को चाह कर भी बदले में इन को पीटने के लिए कोई राह नहीं सूझती. वजह यह कि उन की बौडी लाखों में एक है. 10 लोगों पर अकेले भारी पड़ते हैं. विशालकाय शरीर के स्वामी हैं.

इस घटना के घटते ही रामभरोसे को पूरा औफिस जान गया, इसलिए अब औफिस में जिस किसी मुद्दे पर बात होती, तो इन से एक बार जरूर सलाह ले ली जाती.

हालांकि, रामभरोसे दिल के बहुत बढि़या आदमी थे. वे किसी से बात करते तो कभीकभार ही. वे काम से काम रखते थे. काम खूब करते थे. उन का मानना था जब इस के लिए ही नौकरी पाई है, तो काम से परहेज क्या करना. उन के साथ काम करने वालों ने यह अंदाजा लगाया कि कमबख्त काम तो करता है, लेकिन इस को नौकरी मिली कैसे?

औफिस बड़ा था. तकरीबन हजार से ऊपर लोग वहां काम करते थे. पर किसी को जौइन करने के बाद इतने कम समय में इतनी लोकप्रियता नहीं मिली जितना कि रामभरोसे को मिली. लोकप्रियता अच्छी बातों से मिली हो या बुरी बातों से, लोकप्रियता, लोकप्रियता होती है.

औफिस में शुरू के दिनों में रामभरोसे को उन के हावभाव, बात करने के लहजे के चलते अनेक नामों से नवाजा गया था, जैसे सुमो, समुराय, गूंग, लंगूर आदिआदि… पर जिस वजह से उन को लोकप्रियता मिली उस का तो अभी तक जिक्र ही नहीं किया.

रामभरोसे कुछ ही दिनों के बाद काम सीख कर ऐसे खुर्राट हो गए कि पुराने महारथियों ने उन के सामने घुटने टेक दिए. काम निबटाने में अच्छेअच्छों को पछाड़ दिया.

यों तो औफिस में कैंटीन भी थी, पर चाय के सिवा खाने का कुछ और सामान नहीं बनता था. चाय पीना तो मजबूरी में होता था. पहले चाय नहीं पीते थे, लेकिन जब से औफिस के आदमी हुए तब से समयसमय पर चाय भी भरपूर मात्रा में लेने लगे थे. वजह यह कि औफिस में चाय के लिए 2 बार ब्रेक मिलता था, फिर रामभरोसे यह मौका क्यों गंवाएं?

एक दिन बातों ही बातों में रामभरोसे के अफसर जहमतलाल उन से बोले, ‘‘रामभरोसेजी, आप चाय भी धुआंधार पीते हैं.’’

‘‘जी… जी सर, हम चाय बहुत ज्यादा पीते हैं.

जहमतलाल समझाने के स्वर में बोले, ‘‘जैसा कि चाय के बारे में सभी जानते हैं. चाय के ज्यादा सेवन से भूख मरती है.’’

‘‘क्या करूं सर, एक कप से संतोष ही नहीं होता.’’

‘‘तो यह आप की बहुत बड़ी कमजोरी है रामभरोसेजी.’’

‘‘सर, हर इनसान में कोई न कोई कमजोरी छिपी रहती है.’’ ‘‘खानेपीने के मामले में और क्याक्या कमजोरियां हैं आप की?’’

‘‘सर, आप यह क्यों पूछ रहे हैं?’’

‘‘इसलिए कि कैंटीन में चाय के साथसाथ कुछ खानेपीने वाले सामान  रखने की बात चल रही है…’’ अफसर महोदय कुछ और कहते इस के पहले ही रामभरोसे यह मौका हाथ से कैसे जाने देते… उन्होंने तपाक से कहा, ‘‘ऐसे तो खाने में किसी से परहेज नहीं है, पर समोसा खाने में जो मजा आता है वह किसी और चीज में नहीं आता. समोसा बनना चाहिए सर.’’

‘‘बनेगा…’’ जहमतलाल ने कहा, ‘‘क्योंकि तुम्हारा यह नेक विचार दूसरे मुलाजिमों से मैच कर रहा है रामभरोसेजी.’’

इतना सुनते ही रामभरोसे जड़ से खुश हो गए. औफिस 5 दिन का होता था, सो 5 दिनों में कैंटीन में अलगअलग आइटम बनता था. जिस दिन समोसा बनता रामभरोसे का ज्यादातर समय उस दिन कैंटीन में बीतता. ऐसा लगता रामभरोसे और समोसे का जन्मजन्मांतर का रिश्ता हो.

रामभरोसे उस दिन खूब समोसा खाते. भोजन में भी उस दिन समोसा ही लेते. भरपेट खा कर जब डकार लेते तो लगता डकार नहीं, बल्कि सिंह की दहाड़ हो. फिर तो उन के नामों की सूची में एक और नाम जुड़ गया समोसा पांडे यानी रामभरोसे उर्फ समोसे.

यह नाम रामभरोसे पर इतना चस्पां कि पिछले दिए गए के सारे नाम फीके पड़ गए या यों कहें कि काल के ग्रास में समा गए. रामभरोसे अब समोसे हो गए. यह नाम इतना मशहूर हुआ कि उन का असली नाम समोसे में ही खो गया. Office Humor

–राजेंद्र कुमार सिंह

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें