⚲

Hindi Story : अनदेखी का दर्द

Hindi Story. बाएं तरफ के लकवे से पीडि़त होने के कारण पिछले 3 साल से काशी प्रसाद अपने घर के बारामदे में बिछी खाट पर लेटे रहते थे. 60 साल की उम्र में हुई इस बीमारी में उन की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी पत्नी सोमवती पर थी, क्योंकि घर में कोई और नहीं रहता था. काफी इलाज के बाद वे ठीक से बोलने जरूर लगे थे, लेकिन बिना सहारा दिए ज्यादा चलफिर नहीं पाते थे.

ऐसा नहीं है कि काशी प्रसाद की कोई संतान नहीं थी. 5 बेटियां और एक बेटा ऋतुराज था. लेकिन, जब 3 एकड़ की खेती से जिंदगी की बुनियादी जरूरतों ने पूरा होने से इनकार कर दिया तो ऋतुराज पीठ पर बैग लाद कर दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने चला गया. बेटियां अपने ससुराल में बस गई थीं, जो कभीकभार ही मांबाप के पास आती थीं.

काशी प्रसाद खेतीकिसानी करने वाले और उसी के सहारे जिंदगी जीने वाले ठेठ गंवई शख्स थे. जाति से ब्राह्मण भले थे, लेकिन कुछ खास पढ़ेलिखे नहीं थे. हालांकि, जातिगत श्रेष्ठता और 3 एकड़ खेत का मालिक होने का घमंड उन में कूटकूट कर भरा हुआ था.

वे अपने चरित्र में एक ऐसे किसान थे, जिस के लिए खेत ही उस की सब से कीमती जायदाद थी. यही खेत उन के इलाके, गांवसमाज और रिश्तेनाते में उन की सामाजिक और माली हैसियत का मापदंड था. गांव के लोग बेटे ऋतुराज को इसी खेत के कारण अकसर मजाक में जमींदार भाई के उपनाम से भी पुकारते थे.

अपने इन खेतों में काशी प्रसाद जब भी मजदूर लगाते थे तो एक सख्त मालिक की तरह उन मजदूरों की निगरानी करते थे. इलाके में छोटी जातियों के लोग उन के इस सख्त बरताव के कारण बहुत मजबूरी में ही उन के खेतों में काम करने को तैयार होते थे, क्योंकि वे मजदूरों से बहुत हाड़तोड़ काम तो लेते ही थे, जातिगत दंभ के कारण बदजबानी भी कर देते थे. इस दौरान वह एक बेरहम जमींदार की रोल में होते थे, जिस के लिए इस जायदाद और जेब में मौजूद रुपयों से ज्यादा कीमती कुछ भी नहीं था.

हालांकि, इन खेतों सहारे इस परिवार का जीवन 90 के दशक तक तो ठीक से चल गया, लेकिन देश में उदारीकरण का दौर आने के बाद, खेती से होने वाली यह आमदनी तेजी से गिरने लगी.

जब खेतीकिसानी अन्य सैक्टर के मुकाबले हाशिए पर गई तो काशी प्रसाद भी चिंतित जरूर हुए, लेकिन अर्थव्यवस्था में आ रहे इस बदलाव को वक्त के मुताबिक पढ़ नहीं पाए.

हालांकि, अर्थव्यवस्था में किसानों की कमजोर होती इस भूमिका को उन के ही खेतों में काम करने वाले भूमिहीन मजदूरों ने बहुत जल्दी पढ़ लिया और वे नए ठिकाने की तलाश में शहरों की तरफ तेजी से शिफ्ट होने लगे.

दरअसल, मजदूरी बढ़ाए जाने की मांग को किसान इसलिए नहीं मानते थे क्योंकि कोई किसानों की आमदनी में कोई बढ़ोतरी ही नहीं हो रही थी.

असल में, काशी प्रसाद को अतीत में कभी यह लगता ही नहीं था कि उन का परिवार ऐसे दिन भी देख सकता है जब ये खेत उन की जिम्मेदारी उठाने में असहाय हो जाएंगे. जाति से ब्राह्मण होने और 3 एकड़ खेत का मालिक होने के गुरूर ने बेटे ऋतुराज की बेहतर पढ़ाईलिखाई पर भी उन्होंने इसलिए भी कोई ध्यान नहीं दिया क्योंकि वे यह मानते थे कि खेत होने से समाज में शादीब्याह तो हो ही जाएगा और फिर इसे कहां नौकरी करने जाना है.

लेकिन, अब जब खेती में गुजारा करने का कोई ठोस औप्शन नहीं बचा तो अपने 10वीं फेल बेटे ऋतुराज को दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के बाबत जाने से नहीं रोक पाए.

हालांकि, ऋतुराज के दिल्ली जाने के दौरान, काशी प्रसाद के द्वारा गांव में यह अफवाह भी फैलाई गई कि बेटा दिल्ली में बिजनैस करने लगा है, क्योंकि उन का सामंती मन यह स्वीकार करने में शर्मिंदगी महसूस करता था कि 3 एकड़ खेत के मालिक का बेटा, और एक ब्राह्मण दिल्ली में डंडा लिए दूसरों की दुकान की रखवाली करेगा?

एक जमींदार सोच, जिसे इलाके में ऊंची सामाजिक और माली हैसियत वाले पालनहार की तरह देखा और इज्जत दी जाती रही हो, का बेटा दिल्ली में एक मामूली सुरक्षा गार्ड की नौकरी कैसे कर सकता है?

यह व्यवस्था का पहला बड़ा झटका था जिस ने काशी प्रसाद जैसे सामंती मिजाज के लोगों को यह सिखाया कि वक्त के साथ नौकरी देने वाले मालिक भी नौकर बन सकते हैं. समय किसी के साथ पक्षपात नहीं करता है, उस की अपनी गति होती है और उस के मुताबिक खुद को ढालना ही होता है.

असल में, खेती के घाटे में जाने के बाद, काशी प्रसाद अपनी बाकी बची जिंदगी में ऋतुराज को कहीं नई जगह सैटल होते देखना चाहते थे. चूंकि अब उन्हें खेती में कोई ठोस आमदनी और भविष्य नहीं दिख रहा था इसलिए खेतों को बंटाई पर दे कर, मन मसोस कर वक्त, समाज और हालात में आ रहे बदलाव के मुताबिक खुद को समझाने और ढालने में लगे हुए थे.

लेकिन, इस बदलाव से उन्हें गहरा दुख इसलिए था क्योंकि उन की सामाजिक, माली हैसियत साल दर साल अप्रासंगिक होती जा रही थी और समय की आंधी में वे बहुत पीछे होते जा रहे थे.

यही नहीं, काशी प्रसाद को अपनी इस बीमारी से उपजी नाकामी और विकलांगता का कोई खास मलाल नहीं था. वे मानते थे कि चलाचली की शुरू हुई इस बेला में ये सब समस्याएं आना लाजिमी ही हैं, इसलिए इस का कोई मलाल भी नहीं होना चाहिए.

उन्हें मलाल इस बात का था कि अपनी पूरी जिंदगी में जिस श्रेष्ठता बोध को उन्होंने देखा और जिया था, अब वह खत्म होती जा रही है. आखिर यह कैसा दौर आया है कि उन के जैसे लोगों को केवल अप्रासंगिक ही नहीं बनाता जा रहा है, बल्कि पुराने सामाजिक, पारिवारिक संबंधों को केवल पैसे से जुड़े रिश्तों में बदल रहा है.

काशी प्रसाद को इस बात का भी बहुत दुख था कि अब गांवसमाज के लोग उन का हालचाल लेने भी नहीं आते हैं, जबकि उन के दौर में इसी गांवसमाज और जाति के लोगों से संपर्क, संवाद न केवल मजबूत रहता था, बल्कि वह एक जिंदादिल समाज के गवाह रहे थे.

उन के दौर में समाज में सामूहिकता की जो भावना थी वह भी अब मरती जा रही थी. किसी के दुखदर्द में शामिल होने की भावना और सामाजिक भाईचारा जिस तरह जमींदोज हो रहा था, वह उन्हें बहुत तकलीफ देता था.

असल में पिछले कुछ सालों में, समाज में पैसे की अहमियत बढ़ने के साथ जिस तरह का एकाकीपन पसरा था उस से उन्हें पीड़ा थी. उन्होंने, अपने दौर में वह वह समाज देखा था जहां लोग एक दूसरे के दुखसुख में न सिर्फ शामिल होते थे बल्कि समाज में सामूहिकता और मदद करने भावना बहुत मजबूत थी. किसी का छप्पर उठाना हो, शादी विवाह हो, भोज हो या फिर लाश उठाना…

समाज के लोग एकदूसरे की मदद के लिए खुले दिल से तत्पर रहते थे. लेकिन अब कोई किसी का हालचाल पूछने के लिए तैयार नहीं था. आखिर लोग इतना कैसे बदल सकते हैं?

यही नहीं, बदलते वक्त ने पुराने रिश्तेनाते, भाईचारा और सामाजिक संबंधों को बेरहमी से तोड़ डाला था. अब लोग केवल खुद के विकास पर केंद्रित हो गए थे, जहां किसी नैतिकता, सामाजिक बंधन और मान्यताओं और रिश्तों की कोई कद्र नहीं थी. यह सोच उदारीकरण के दौर में बने समाज में बहुत तेजी से उपजी थी, जिस ने समाज को मजबूत करने वाली मान्यताओं को गटर में डाल दिया था.

दरअसल, अपने दौर में काशी प्रसाद समाज के लिए बहुत सहयोगी इनसान थे. जब गांवसमाज में लोगों के यहां शादीब्याह, तिलक, भोज या तेरहवीं आदि के कार्यक्रम होते थे तो उन्हें इस कार्यक्रम में खाना बनाने की जिम्मेदारी दी जाती थी. वे अपनी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाते थे. गांव और पट्टीदारी सब जगह उन्हें इस काम के लिए बुलाया जाता था.

काशी प्रसाद भोजन तैयार करने की एक टीम रखते थे, जो उन के निर्देशन में काम करती थी. इस टीम ने कभी भी इस जिम्मेदारी के लिए किसी से एक पैसे नहीं लिए. उन्होंने कितने विवाह, तिलकोत्सव, भोज, तेरही और अन्य सामाजिक कामों में यही जिम्मेदारी संभाली कि उन्हें संख्या खुद ही याद नहीं थी.

इस के पीछे उन का सिर्फ एक ही तर्क होता था कि अगर कुछ भी गड़बड़ हुआ तो गांव की बड़ी बदनामी होगी. लेकिन, जब आज वे इसी काम को पेशेवर हलवाइयों द्वारा किए जाते हुए देखतेसुनते तो उन्हें बड़ा दुख होता था.

दरअसल, उदारीकरण के दौर में तैयार हुई नई पीढ़ी के पास इन सामाजिक परंपराओं को संजोने, दूसरे के दुखसुख में शामिल होने जैसी भावुक चीजों में कोई रुचि नहीं रह गई थी.

उदारीकरण ने जिस तरह से हर सेवा, सहायता का मुद्रीकरण किया था, उस का ही असर था कि समाज के लिए हमेशा खड़े रहने वाले काशी प्रसाद और उन के जैसे लोग आज खुद को अप्रासंगिक और बेकार समझने लगे थे.

लेकिन, वक्त के साथ बदलाव एक जरूरी चीज है, जिसे रोका नहीं जा सकता था. हालांकि, इस बदलाव में भी काशी प्रसाद जैसे लोगों को अनदेखा, अप्रासंगिक होने से बचाने की जिम्मेदारी भी इसी नए बने समाज की थी, जिस में वह नाकाम हो गया था. अनदेखा और अप्रासंगिक होने की यह टीस काशी प्रसाद जैसे

लोगों के दिल में गांठ बन कर चुभती थी. आखिर, हम अपने पुरखों की अनदेखी करने के अपराधी बन चुके थे. Hindi Story

Funny Story in Hindi : डिजिटल दुआएं

Funny Story in Hindi. राम प्रसाद के बड़े भाई श्याम प्रसाद पिछले 5 दिनों से अस्पताल में थे. पर बड़े भाई का बेटा और पत्नी को मोबाइल से ही फुरसत नहीं थी. क्या श्याम प्रसाद को लोगों की डिजिटल दुआएं लगीं?

राम प्रसाद पिछले 5 दिनों से शहर के एक बड़े प्राइवेट अस्पताल के आईसीयू के दरवाजे के सामने बिछी कुरसियों पर बैठे रहते थे. डाक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक उन के बड़े भाई श्याम प्रसाद के फेफड़ों में पानी भरने की समस्या खड़ी हो रही थी, इसलिए वे वहां भरती थे.

राम प्रसाद की आंखों में नींद आने का नाम नहीं था और उन के चेहरे पर बड़े भाई के खोने का एक गहरा डर साफ दिख रहा था. वे बैठेबैठे पलपल डाक्टरों की टीम को देखते रहते. वे तो खेतमाटी का कीड़ा थे, कभी शहर और अस्पताल का मुख नहीं देखा. बाहर के सब कामकाज उन का बड़ा भाई श्याम प्रसाद ही संभालता था. मातापिता चल बसे थे, दोनों एक ही छत के नीचे गांव में रहते थे.

आज तो 11 बज गए, अभी तक गांव से टिफिन भी नहीं पहुंचा. राम प्रसाद की भाभी एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं और एकलौता बेटा अपने नानके में रह कर वहां पढ़ाईलिखाई कर रहा है. 3 दिन से राम प्रसाद का टिफिन गांव से शहर में मजदूरी करने आते लड़कों के हाथ पहुंच जाता था. शहर के खानपान से वे बहुत ही परहेज करते थे.

कल खाने का टिफिन देते समय लड़कों ने कहा था, ‘‘अंकल, कल तो हम आप का टिफिन ले कर नहीं आ पाएंगे. अपने स्कूल से छुट्टी ले कर आप का भतीजा मोहित घर आ गया है, कल आप का खाने का टिफिन वही ले कर आएगा.’’

रा  म प्रसाद भतीजे की राह देख ही रहे थे कि अचानक अस्पताल के गलियारे में हलचल सी मच गई.  कुछ ही क्षणों के बाद वे देखते हैं कि उन का भतीजा मोहित अपने 2 साथियों के साथ उन के सामने खड़ा है.

राम प्रसाद की नजर भतीजे मोहित के हाथों पर दौड़ी. मोहित के हाथों में खाने का टिफिन नहीं था. एक हाथ में चमचमाता आईफोन और दूसरे हाथ में बालों की सैटिंग करने का जैल.

‘‘मोहित, खाने का टिफिन ले कर नहीं आया क्या?’’ राम प्रसाद ने अपनी भूख का एहसास करते हुए पूछा.

‘‘नहीं चाचू, आप का टिफिन पीछेपीछे मम्मी ले कर आ रही हैं, बस पहुंचने वाली ही होंगी. सुबह भैंस ने लेट दूध दिया था.’’

राम प्रसाद भतीजे से कुछ ओर पूछने वाले ही थे, उन से पहले भतीजा ही पूछ बैठा, ‘‘अच्छा चाचू, पहले यह बताओ कि डैडी की तबीयत कैसी है? मैं ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘प्रे फौर माई डैडी’ का स्टेटस डाल दिया है, जिस में अभी तक 3,000 लाइक आ चुके हैं.’’

राम प्रसाद ने मोहित की ओर हैरानी से देखा, पर उस की आंखें फोन पर गड़ी हुई थीं. इतने में आईसीयू में जाने का समय भी हो गया.

राम प्रसाद के साथ मोहित तुरंत अंदर गया और देखा कि डैडी की आंखें बंद और औक्सीजन लगी हुई थी. सांसों की गति सामान्य नहीं थी और उन से बात करने की भी सख्त मनाही थी.

तभी मोहित ने अपना आई फोन आगे किया और अपना एक उदासी भरा भावुक चेहरा बनाया, ‘क्लिक’. एक सैल्फी पोज लिया. दूसरे एंगल से डैडी की फोटो भी खींच ली.

साथ खड़े राम प्रसाद ने उस के कंधे पर हाथ रख कर कहा ‘‘मोहित बेटा, कल बड़ा डाक्टर कह रहा था कि इस समय दवा और दुआ दोनों की जरूरत है.’’

मोहित ने बिना चाचू की तरफ देखे जवाब दिया, ‘‘चाचू, आप चिंता मत करो. मैं ने अभी अभी गुगल पर सर्च कर के देश के नामीगिरामी डाक्टरों को ट्विटर पर टैग कर दिया है. सोशल मीडिया की ताकत को दुआओं से कम मत सम?ा,’’ और आईसीयू से बाहर निकल आया.

इसी बीच गांव से खाने का टिफिन ले कर मोहित की मम्मी भी पहुंच चुकी थीं. उन्होंने पति का हाल पूछा.

‘‘नहीं, अभी पापा की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ?’’ बेटे ने मम्मी से कहा.

राम प्रसाद खाने का टिफिन ले कर दूसरी तरफ निकल पड़े थे. अगले  कुछ घंटों बाद नर्स ने आ कर खुशखबरी सुनाई, ‘‘श्याम प्रसादजी को जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है. अब आप लोग अपना सामान उठा कर वहां चलिए, औक्सीजन लगी रहेगी और आप लोग भी अपने मरीज का ध्यान रखें.’’

भाई राम प्रसाद के चेहरे पर चमक सी चमक आई और उन्होंने राहत की सांस ली. वे वार्ड में जा कर उन के पास बैठ गए. वे देख रहे थे कि भाभी भाई के पास आईं और उन्होंने अपने चेहरे पर चिंता की लकीरें ओढ़ते हुए हलके से स्वर में कहा, ‘‘आप जल्दी से ठीक हो जाएं… आप के बिना मेरा जीवन अधूरा है,’’ इतना कह कर भाभी ने अपनी आंखें फोन पर गड़ा लीं.

मोहित वार्ड के बैकग्राउंड को चैक कर रहा था. उस ने देखा लाइट कम है, इस में फोटो अच्छी नहीं आएगी. उस ने वहां मौजूद नर्स से बहस कर के डैडी के पीछे वाली खिड़की के परदे हटवाए ताकि फोटो शूट के लिए नैचुरल लाइट मिल सके.

फिर मोहित ने डैडी के हाथ में लगी ग्लुकोज की सूई को इस तरह सैट किया कि वह कैमरे में धुंधली न दिखाई दे. साथ ही एक भावुक पोस्ट लिखी, ‘आप सभी शुभचिंतकों की दुआओं से मेरे डैडी मौत के मुंह से वापस लौट आए हैं और इस मुश्किल समय में मुझे एहसास हुआ कि परिवार ही सबकुछ है.’

अगले पल मोहित वार्ड के दूसरे कोने में बैठ कर फिर फोन की स्क्रीन में जा घुसा, ‘‘शर्मा के लड़के ने अभी तक कमैंट नहीं किया. मौसाजी ने लाइक किया. मामाजी ने लाइक तो किया लेकिन कमैंट नहीं किया…’’  कुछ और लोगों को चैक कर बड़बड़ाने लगा जैसे इस के हाथ से क्रिकेट का वर्ल्ड कप फिसल गया हो.

दूसरी तरफ बैठी मम्मी उठ कर मोहित के पास गईं. उन की भी आंखें फोन पर जमी हुई थीं. उन्होंने मोहित को डांटते हुए पूछा, ‘‘अरे मोहित, तुझे  भी कुछ शर्महया नहीं रहीं. पूरे खानदान और ग्रुप से जुड़े लोग पूछ रहे हैं कि भाभीजी, अब भाई साहब की तबीयत कैसी है? अगर सपोर्ट की जरूरत है तो बेझिझक लिखिए. दूसरा काम छोड़ो… जल्दी लाइव आओ और उन को अपने डैडी की तबीयत बता कर थैंक्स बोलो.’’

इसी बीच श्याम प्रसाद में आंखें खोलने की हिम्मत. उन्होंने मोहित की मम्मी की आवाज सुन कर सूखे होंठों से पुकारा, ‘‘थोड़ा पानी दो…’’

पर वे तो एकांत मैं बैठी फोन में बिजी थीं. राम प्रसाद उठे और उन्होंने पानी का गिलास अपने बड़े भाई के होंठों पर लगाया.

कुछ देर बाद मोहित की मम्मी ने देखा, तो वे फोन बंद कर के उठीं.

‘‘अरे देवरजी, मैं तो इन के लिए सूप ले कर आई थी बाजार से. सोचा कि जब आंखें खोलेंगे तब दूंगी. लो, यह सूप पिला दो. मैं देखूं कि मोहित ने कौन सी फोटो डाली है… मेरी पसंद की साड़ी ठीक लग रही है या नहीं…’’

देवर ने भाभी के चेहरे के भाव को पढ़ कर उन के हाथ में से सूप का गिलास पकड़ा और चम्मच की मदद से भाई को पिलाने लगे.

तब तक सूप ठंडा हो चुका था. देवरजी ने भाभी की तरफ आंखें तरेरीं और सूप को गरम करने कैंटीन में निकल गए.

वैसे भी वे अपनी भाभी और भतीजे के बरताव को देख कर बोर हो गए थे. जलभुन रहे थे.

सूप गरम कर के राम प्रसाद ले आए और भाई को एकएक चम्मच कर के  पिलाने लगे. सूप पिलाते हुए उन की समझ  में नहीं आ रहा था कि भाई की जान आईसीयू में रह कर बची है या डिजिटल सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की दुआओं से.      Funny Story in Hindi

-नेपाल सिंह

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें